छत्तीसगढ़ (ऑर्काइव)
आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मवेशियों की हुई मौत, मचा हड़कंप
27 Sep, 2023 11:01 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कोरबा में लगातार पिछले तीन दिनों से रुक रुककर झमाझम बारिश और आकाशी बिजली का कहर देखने को मिल रहा है। जिसके कारण आम लोगों के जीवन पर काफी असर पड़ रहा है।
जानकारी के मुताबिक, सर्वमंगला रोड कनकी स्थित सोनपुरी गांव में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से आधा दर्जन से अधिक मवेशियों की मौत हो गई। बुधवार की सुबह लगभग छह बजे मवेशी गांव के आसपास थे। जहां अचानक तेज बारिश होने लगी, इसके बाद सभी मवेशी गांव के पास महुआ पेड़ के नीचे चले गए। अचानक आकाशी बिजली गिरने से आधा दर्जन से अधिक मवेशियों की मौत हो गई। वहीं, कुछ मवेशी बच गए। ग्रामीण जब खेत पर काम करने गए उनकी नजर पड़ी। तब उन्होंने इसकी सूचना गांव में जाकर मवेशियों के मालिक को दी।
छत्तीसगढ़िया ओलंपिक में हर वर्ग की प्रतिभा निखर कर आ रही सामने
26 Sep, 2023 11:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : राज्य स्तरीय छत्तीसगढ़िया ओलंपिक का आगाज हो गया। रोमांच से भरपूर छत्तीसगढ़ी संस्कृति में रची-बसी पारंपरिक खेलों की इस प्रतियोगिता में खिलाड़ी एक-दूसरे से पूरी जोर आजमाईश करते हुए नजर आए। गरियाबंद जिले के बेद बाई, गोमती ध्रुव, मीरा कंवर और चम्पा कंवर ने बताया कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल परम्परागत खेलों को बढ़ावा दे रहे हैं। बचपन की यादे ताजा हो गई। उन्होंने बताया कि जिला स्तर से चयनित होकर संभाग स्तर पर पहुंचे और अब राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता में शामिल हुए। मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि यहां खिलाड़ियों को रहने और खाने की अच्छी व्यवस्था की गई है।
बेद बाई, गोमती, मीरा और चम्पा कंवर ने कहा बचपन की यादें हो गई ताजा
छत्तीसगढ़िया ओलंपिक राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने आए बिलासपुर के विक्रम यादव, दुर्गेश साहू, लवकेश यादव, संजय कैवर्त ने बताया कि छत्तीसगढ़ ने पारम्परिक खेल को बढ़ावा देकर सभी वर्ग के खिलाड़ियों को आगे बढ़ा रहे हैं और इससे खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला है। 40 वर्ष की अधिक उम्र की महिला एवं पुरूष भी खेल प्रतियोगिता में शामिल हुए है।
बेद बाई, गोमती, मीरा और चम्पा कंवर ने कहा बचपन की यादें हो गई ताजा
राज्य स्तरीय छत्तीसगढ़िया ओलंपिक के तहत नेताजी सुभाष स्टेडियम रायपुर में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन किया गया हैै। जिला स्तर के पश्चात् संभाग स्तर से चयनित होकर खिलाड़ी प्रतियोगिता में भाग लिए है। इनमें प्रदेश के 360 खिलाड़ी और 12 कोच मैनेजर शामिल है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के मैदान प्रभारी चेतन कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता को तीन आयु वर्ग में बांटा गया है। इनमें अंडर-18 बालक-बालिका, 18 से 40 वर्ष की महिला-पुरूष और 40 वर्ष से अधिक महिला-पुरूष के लिए कुल 30 खो-खो प्रतियोगिता रखी गई है। इनमें से चयनित प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय खिलाड़ी को अंतिम दिवस पुरस्कृत किया जाएगा।
दर्शकों ने भी आज के खेल का पूरा आनंद लिया और खिलाड़ियों की भरपूर हौसला अफजाई की। 5 चरणों में अपनी खेल प्रतिभा का उम्दा प्रदर्शन कर खिलाड़ी 6 वें चरण राज्य स्तरीय छत्तीसगढ़िया ओलंपिक में प्रवेश किए हैं। 27 सितंबर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में खिलाड़ी 5 संभाग रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, बस्तर और सरगुजा का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। प्रशासन ने इस खेल आयोजन के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए हैं।
विश्व पर्यटन दिवस पर विशेष लेख : पर्यटन के असीम संभावनाओं का गढ़ कोरिया अंचल
26 Sep, 2023 11:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : जब हम अपने देश से किसी दूसरे देश में पर्यटन के लिए जाते हैं या कोई अन्य देश से हमारे देश में पर्यटन के लिए आता है तो देशों के बीच परस्पर मैत्री संबंधों का विस्तार होता है और दोनों देशों की सांस्कृतिक, राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक विकास की गति सुनिश्चित होती है। विश्व पर्यटन संगठन संयुक्त राष्ट्र संघ की ही एक अंगीकृत संस्था है, जिसकी स्थापना साल 1976 में हुई थी। इस संस्था का मुख्यालय मेड्रिड स्पेन में है लेकिन इसको बनाने का संविधान 27 सितंबर 1970 को ही पारित हुआ था जिस कारण इस दिन हर साल विश्व पर्यटन दिवस मनाया जाता है।
इसी कड़ी में हम छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग खासकर कोरिया जिले के आसपास के पर्यटन स्थलों का जिक्र करने जा रहे हैं। अविभाजित मध्यप्रदेश राज्य में 25 मई 1998 को कोरिया को जिला का दर्जा मिला था। जिला कोरिया का नाम यहां के पूर्व रियासत कोरिया से लिया गया है। जिला बनने से पहले यह क्षेत्र सरगुजा जिले के अंतर्गत था।
प्रकृति की गोद में बसे और हरियाली की चादर से ढंके कोरिया जिला विभिन्न विविधताओं से भरे हैं।
वर्षा ऋतु में जब प्रकृति अपने सौन्दर्य की चरम-सीमा पर होती है तो कोरिया जिले की कुछ महत्वपूर्ण नदियों पर बनने वाली जलप्रपात को भी सुन्दरता प्रदान करती है। यह जलप्रपात स्वतः ही अपनी सुन्दरता बिखेरती है।कोरिया जिले के आसपास कई ऐसे जलप्रपात हैं, जो विहंगम दृश्यों को परिचित कराती है और उस जगह से नजर हटाने का मन भी नहीं करती। हसदेव नदी के उद्गम स्थल भी कोरिया जिले को माना जाता है। कोरिया जिले के आसपास घासीदास राष्ट्रीय उद्यान, हसदेव नदी पर गौरघाट, च्युल जलप्रपात, अकुरी नाला जलप्रपात, अमृतधारा जलप्रपात, गेज परियोजना, झुमका बोट, कोरिया पैलेस आदि हैं, तो रामगढ़ स्थित जोगीमारा एवं सीताबंेगरा गुफा में मर्यादा पुरूषोत्तम श्रीराम ने माता सीता और भाई लक्ष्मण के साथ प्रवास किया था।
माना जाता है कि रामगढ़ स्थित गुफाओं में श्रीराम की महर्षि विश्रवा से भंेट हुई। इस स्थान पर एक प्राचीन नाट्यशाला स्थित है। माना जाता है कि यहां की पहाड़ियों पर कालिदास ने मेघदूतम महाकाव्य की रचना की है। यहां स्थित गुफा में प्राचीन शैलचित्र में अंकित है। वैसे तो सम्पूर्ण सरगुजा संभाग अपनी प्राकृतिक सौन्दर्य से परिपूर्ण है। सरगुजा जिले के महेश्पुर, उदयपुर से केदमा मार्ग पर जाना पड्ता है। यहां दसवीं शताब्दी की प्राचीन शिव मंदिर, छेरिका देउर के विष्णु मंदिर, आठवीं शताब्दी तीर्थकर वृषभ नाथ प्रतिमा जैसे अनेक स्थल हैं। सरगुजा जिले में ही देवगढ प्राचीन काल की ऋषि यमदग्नि की साधना स्थल रही है। इसके अलावा अनेक मठ, पुरातात्विक कलात्मक मूर्तियां एवं प्राकृतिक सौंदर्य है। रामगढ पर्वत टोपी आकार में है। इसी जिले में ही प्राकृतिक वन सुषमा के बीच कैलाश गुफा स्थित है। इसे संत रामेश्वर गहिरा गुरूजी ने पहाड़ी चटटानो को ताराश कर निर्मित करवाया है। मैनपाट को छत्तीसगढ का शिमला कहा जाता है। मैंनपाट विन्ध पर्वतमाला पर स्थित है। यहां सरभंजा जल प्रपात, टाइगर प्वाइंट, मछली प्वांइट प्रमुख दर्शनीय स्थल हैं।
रिहन्द एवं मांड नदी का उदगम स्थल भी मैनपाट से हुआ है। इसे छत्तीसगढ़ का तिब्बत भी कहा जाता हैं। यहां तिब्बती लोगों का जीवन एवं बौध मंदिर आकर्षण का केन्द्र है। जशपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, मनेन्द्रगढ़- चिरमिरी-भरतपुर जिले भी प्राकृतिक खूबसूरती के लिए जाना जाता है। सरगुजा संभाग में ही तातापानी जो प्राकृतिक रूप से निकलते गरम पानी के लिए प्रसिद्ध है। डीपाडीह 8वीं से 14वीं शताब्दी के शैव एवं शाक्य संप्रदाय के पुरातात्विक अवशेष बिखरे हुए हैं। यहां अनेक शिवलिंग, नदी तथा देवी दुर्गा की कलात्मक मूर्ति स्थित है।
शासन-प्रशासन की मदद से पर्यटकों के लिए कई पर्यटन क्षेत्रांे को चिन्हांकित कर उसे पर्यटनीय क्षेत्र के रूप में विकसित भी किया जा रहा है ताकि ज्यादा से ज्यादा पर्यटक यहां आकर इस जलप्रपात, हरियाली और घने वनों को निहार सके।
व्यक्ति के जीवन और देश व राज्य के विकास में पर्यटन की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। ऐसे में लोगों को पर्यटन के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें पर्यटन के लाभ और महत्व के बारे में बताया जाना जरूरी है। पर्यटन का प्रभाव सांस्कृतिक स्तर पर भी विशेष रुप से पड़ता है, क्योंकि सांस्कृतिक स्थलों पर पर्यटन को बढ़ावा देना सभ्यता और संस्कृति के विकास का जरिया है।
मौजूदा छत्तीसगढ़ के भूपेश सरकार ने राम वन गमन पर्यटन परिपथ शुरू किया है तो छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति, परम्परा, आस्था, खेलकूद व खान-पान को बढ़ावा देने के लिए भी अनेक योजनाएं शुरू की है ताकि छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक खूबसूरती और यहां की जीवनशैली को और बेहतर तरीके से समझा और जाना जा सके। जरूर कोरिया अंचल की सैर कीजिये और प्रकृति के बीच रहने का आनन्द लीजिए।
वनों के संवर्धन और सुरक्षा में वन विभाग के अमले की महती भूमिका- अकबर
26 Sep, 2023 11:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री मोहम्मद अकबर ने आज राजधानी के शंकर नगर स्थित अपने निवास कार्यालय में आयोजित स्टार अंलकरण कार्यक्रम में उप वन क्षेत्रपाल से वन क्षेत्रपाल के पद पर पदोन्नत 58 अधिकारियों को अलंकृत कर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
वन मंत्री अकबर ने स्टार अलंकरण कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ वन सम्पदा के मामले में एक समृद्ध राज्य है। वनों के संरक्षण तथा संवर्धन और विकास में विभाग और इसके अमले का महत्वपूर्ण योगदान होता है। इसके मद्देनजर हमारी सरकार द्वारा राज्य में विगत वर्षों के दौरान विभाग के साथ ही यहां कार्यरत अमले के हित में भी अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। इसके तहत विभाग में अधिकारियों और कर्मचारियों के पदोन्नति आदि कार्य नियमित क्रम में लगातार हो रहे है। इस तरह सभी कार्यों को सर्वाेच्च प्राथमिकता के साथ पूरा किया जा रहा है।
वन मंत्री अकबर ने कहा कि छत्तीसगढ़ में वन विभाग में विगत वर्षों के दौरान सिर्फ वनों के संरक्षण तथा संवर्धन को ही बढ़ावा नहीं मिला है, बल्कि यहां वनवासियों की उन्नति की दिशा में भी निरंतर कार्य हो रहे है। यही वजह है कि विगत दो वर्षों से छत्तीसगढ़ लघु वनोपजों के संग्रहण तथा प्रसंस्करण आदि कार्यों में देश में लगातार अव्वल बना हुआ है। इसके फलस्वरूप छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर 09 पुरस्कारों से सम्मानित भी किया गया है।
कार्यक्रम को वन विभाग के प्रमुख सचिव मनोज पिंगुआ ने भी संबोधित किया और सभी पदोन्नत अधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक अनूप विश्वास, अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक संजीता गुप्ता, अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक कौशलेन्द्र कुमार, मुख्य वन संरक्षक राजू आगासिमनी, वनमंडलाधिकारी विष्वेश कुमार सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
विधासभा उपाध्यक्ष ने अड़ेगा रीपा में प्राकृतिक गोबर पेंट इकाई का किया शुभारंभ
26 Sep, 2023 11:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : गोबर पेंट निर्माण करने वाली महिला समूह को प्रदान किया 1 लाख रुपए का चेकगोबर पेंट निर्माण करने वाली महिला समूह को प्रदान किया 1 लाख रुपए का चेक
विधानसभा उपाध्यक्ष संतराम नेताम ने कोण्डागांव जिले में छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत ग्राम पंचायत अड़ेगा के महात्मा गांधी ग्रामीण औद्योगिक पार्क में प्राकृतिक गोबर पेंट इकाई का शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने गोबर पेंट निर्माण कर रही महिला समूह को 01 लाख रुपए का चेक प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन भी किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष देवचंद मातलाम सहित अनेक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधानसभा उपाध्यक्ष संतराम नेताम ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मंशा के अनुरूप ग्रामीण क्षेत्रों में निवासरत महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम व आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से गोबर पेंट इकाई की शुरुआत हुई है। निश्चित रूप से समूह की महिलाओं को गोबर पेंट निर्माण एवं बिक्री से भरपूर लाभ मिलेगा साथ ही इससे होने वाले आय से महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत बनेंगी। इस अवसर पर उन्होंने अड़ेंगा में गोंडवाना समाज भवन का भूमिपूजन, देवगुड़ी भवन और कंवर समाज भवन का लोकार्पण तथा प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला भवन में प्रोजेक्टर का शुभारंभ भी किया गया। कार्यक्रमों को जिला पंचायत अध्यक्ष देवचंद मातलाम ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में उर्दू अकादमी बोर्ड के सदस्य सगीर कुरैशी, जनपद उपाध्यक्ष गिरधारी सिन्हा, सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे।
रायपुर में तैयार हुई छत्तीसगढ़ की पहली टेनिस अकादमी
26 Sep, 2023 10:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : छत्तीसगढ़ में खेलों को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है और इसके लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मंशा के अनुसार विश्वस्तरीय खेल मैदान भी तैयार किए जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम और अंतर्राष्ट्रीय हाकी स्टेडियम के बाद खेलों के लिए अब एक और बड़ी सौगात मिलने जा रही है। ये सौगात रायपुर में टेनिस अकादमी के रूप में प्रदेश की जनता को मिलने जा रही है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बुधवार 27 सितंबर को टेनिस स्पोर्ट्स अकादमी ( छात्रावास एवं प्रशासनिक भवन) का लोकार्पण करेंगे। इस दौरान खेल एवं युवा कल्याण मंत्री उमेश पटेल तथा लोक निर्माण मंत्री ताम्रध्वज साहू भी उपस्थित रहेंगे। रायपुर के लाभांडी में 17.15 करोड़ रूपए की लागत से तैयार ये टेनिक अकादमी छत्तीसगढ़ की पहली और सबसे बड़ी अकादमी होगी।
27 सितंबर को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल करेंगे टेनिस अकादमी का लोकार्पण
4 एकड़ क्षेत्र में स्थापित की गयी टेनिस स्पोर्ट्स अकादमी को तीन मुख्य हिस्सों में विभाजित किया गया है। पहला भाग एडमिन बिल्डिंग है जो तीन मंजिला है। इसमें रूम, हाल, जिम, वीआईपी लाउंज के साथ ही मीडिया सेंटर के साथ ही 500 की दर्शक क्षमता के साथ अनेक सुविधाएं होंगी। दूसरे हिस्से के रूप में अकादमी की हास्टल बिल्डिंग है। यह भी तीन मंजिला है जिसमें कार्यालय, अधीक्षक रूम, पार्किंग, किचन, डायनिंग जैसी अनेक सुविधाएं होगी। तीसरे हिस्से के रूप में मुख्य स्टेडियम है जहां 2500 दर्शकों के बैठने की क्षमता है।
*टेनिस अकादमी की विशेषताएं*
टेनिस एकेडमी अंतर्गत 1 नग मुख्य टेनिस कोर्ट (सिंथेटिक) एवं 5 नग प्रेक्टिस टेनिस कोर्ट (सिंथेटिक) का प्रावधान किया गया है।
टेनिस एकेडमी का निर्माण कुल 4 एकड़ क्षेत्रफल अंतर्गत किया गया है।
टेनिस कोर्ट निर्माण हेतु अल्ट्रा कुशन 9 लेयर सिंथेटिक सरफेस उपयोग किया गया है।
मुख्य टेनिस कोर्ट की दर्शक क्षमता 2000 एवं मुख्य भवन अंतर्गत व्ही आई पी दर्शक क्षमता 500 रखी गई है।
दर्शक बैठक व्यवस्था हेतु स्टेडियम चेयर का प्रावधान रखा गया है।
स्टेडियम अंतर्गत कुल वाहन पार्किंग क्षमता 150 नग रखी गई है।
मुख्य टेनिस कोर्ट अंतर्गत कुल 40000.00 वॉट क्षमता लाइट 1500 लक्स लेवल एवं प्रत्येक प्रेक्टिस कोर्ट अंतर्गत 4900 वॉट क्षमता लाइट 500 लक्स लेवल अंतर्राष्ट्रीय मानक अनुसार ब्रांड कास्टिंग सुविधा हेतु लगाई गई है।
टेनिस एकेडमी अंतर्गत निर्बाध विद्युत प्रवाह हेतु 315 के व्ही के सबस्टेशन एवं आपातकालीन विद्युत प्रवाह हेतु 165 केव्हीए क्षमता के डी जी सेट का भी प्रावधान किया गया है।
टेनिस एकेडमी में हॉस्टल एवं मुख्य भवन में आवश्यकतानुसार एयर कंडिशनिंग की भी व्यवस्था की गई है।
खिलाडियों हेतु हॉस्टल भवन अंतर्गत कुल 46 नग रूम की व्यवस्था की गई है जिसके अंतर्गत 92 खिलाडियों के रुकने की व्यवस्था है। साथ ही
खिलाडियों के भोजन हेतु डायनिंग हॉल भी निर्मित किया गया है।
छत्तीसगढ़ में फिर से बदलने वाला है मौसम का मिजाज
26 Sep, 2023 11:42 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज फिर से बदलने वाला है और मानसूनी तंत्र के साथ ही चक्रवात के प्रभाव से पांच-छह अक्टूबर तक लगातार बारिश की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि मंगलवार को भी प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा के साथ ही बिजली भी गिर सकती है। हालांकि तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा। वहीं दूसरी ओर अगले महीने 12 अक्टूबर तक प्रदेश से दक्षिण पश्चिम मानसून की विदाई संभावित है। देश के कुछ क्षेत्रों में तो सोमवार से ही मानसून की विदाई शुरू हो गई।
सोमवार दोपहर को अचानक ही मौसम का मिजाज बदला और रायपुर सहित प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश हुई। इसके चलते मौसम में भी ठंडकता बनी हुई है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि आने वाले दिनों में भी मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रहेगा। सितंबर माह में हुई बारिश के चलते प्रदेश में अब बारिश की स्थिति अच्छी हो गई है। एक जून से लेकर 25 सितंबर तक की स्थिति में प्रदेश में 1000 मिमी से ज्यादा बारिश हो चुकी है। इसमें बीजापुर में सर्वाधिक और सरगुजा में सबसे कम बारिश हुई है।
राजस्थान से मानसून की विदाई
दक्षिण पश्चिम मानसून की विदाई दक्षिण पश्चिम राजस्थान से 25 सितंबर सोमवार को हो गई। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार मानसून की विदाई रेखा नोखरा, जोधपुर, बाड़मेर तक है।
शादी के पांच महीने बाद दहेज के लिए पति ने पत्नी को किया प्रताड़ित, मामला दर्ज
26 Sep, 2023 11:39 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
शादी के पांच महीने बाद ही एसईसीएल के कर्मचारी ने अपनी पत्नी को दहेज के लिए परेशान करना शुरू कर दिया। इसकी शिकायत पर पुलिस ने मामले को परामर्श केंद्र में भेज दिया। समझाइश के बाद भी पति और ससुराल वालों के व्यवहार में बदलाव नहीं आया। इस पर महिला थाने में पति और ससुराल वालों के खिलाफ प्रताड़ना का जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया गया है।
महिला थाना प्रभारी भारती मरकाम ने बताया कि किरण राठौर की शादी पांच महीने पहले कोरबा जिले के दीपका अंतर्गत कृष्णानगर में रहने वाले संदीप राठौर से हुई थी। महिला का पति एसईसीएल में सुपरवाइजर है। शादी के बाद से ही पति और ससुराल वालों ने महिला को दहेज के लिए परेशान करना शुरू कर दिया। ससुराल वालों की प्रताड़ना से परेशान महिला ने इसकी शिकायत पुलिस से की।
पुलिस ने मामले को परामर्श केंद्र में भेज दिया। यहां पर पति और ससुराल वालों को समझाईश दी गई। इसके बाद भी उनके व्यवहार में बदलाव नहीं आया। पीड़ित की शिकायत पर महिला थाने में पति संदीप राठौर, सास लक्ष्मीन राठौर और ससुर संतोष राठौर के खिलाफ प्रताड़ना का मामला दर्ज किया गया है।
ट्रैक मरम्मत के चलते फिर से लोकल ट्रेनें दस दिनों के लिए रद
26 Sep, 2023 11:34 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के विभिन्न सेक्शनों में गतिशीलता के उन्नयन और सुरक्षा संबंधी रखरखाव, ट्रैक मरम्मत के चलते फिर से रेलवे प्रशासन ने 16 लोकल ट्रेनों को मंगलवार 26 सितंबर से छह अक्टूबर तक यानि दस दिनों के लिए रद कर दिया है। इससे पहले रेलवे ने 28 से अधिक एक्सप्रेस और लोकल ट्रेनों को रद कर रखा है। यात्रियों की परेशानी खत्म भी नहीं हुई थी कि फिर से 16 लोकल ट्रेनों के रद होने यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है।
रायपुर रेल मंडल से मिली जानकारी के अनुसार 26 सितंबर से पांच अक्टूबर तक रायपुर से चलने वाली ट्रेन नंबर 08746 रायपुर-गेवरा रोड मेमू पैसेंजर स्पेशल,27 सितंबर से छह अक्टूबर तक गेवरा रोड से चलने वाली ट्रेन नंबर 08745 गेवरा रोड-रायपुर मेमू पैसेंजर स्पेशल,26 सितंबर से पांच अक्टूबर तक बिलासपुर एवं शहडोल से चलने वाली ट्रेन नंबर 08740/08739 बिलासपुर-शहडोल-बिलासपुर मेमू पैसेंजर स्पेशल, 26 सितंबर से पांच अक्टूबर तक रायपुर से चलने वाली ट्रेन नंबर 08729 रायपुर-डोगरगढ़ मेमू पैसेंजर स्पेशल, 27 सितंबर से छह अक्टूबर तक डोगरगढ़ से चलने वाली ट्रेन नंबर 08730 डोगरगढ़-रायपुर मेमू पैसेंजर स्पेशल, 26 सितंबर से पांच अक्टूबर तक रायपुर एवं दुर्ग से चलने वाली ट्रेन नंबर 08701/08702 रायपुर-दुर्ग-रायपुर मेमू पैसेंजर स्पेशल, 26 सितंबर से पांच अक्टूबर तक इतवारी एवं बालाघाट से चलने वाली ट्रेन नंबर 08714/08715 इतवारी-बालाघाट-इतवारी मेमू पैसेंजर स्पेशल,26 सितंबर से पांच अक्टूबर तक गोंदिया एवं कटंगी से चलने वाली ट्रेन नंबर 07805/07806 गोंदिया-कटंगी-गोंदिया डेमू पैसेंजर स्पेशल, 26 सितंबर से पांच अक्टूबर तक गोंदिया से चलने वाली ट्रेन नंबर 07809 गोंदिया-कटंगी पैसेंजर स्पेशल, 27 सितंबर से छह अक्टूबर तक कटंगी से चलने वाली ट्रेन नंबर 07810 कटंगी-गोंदिया पैसेंजर स्पेशल, 26 सितंबर से पांच अक्टूबर तक गोंदिया से चलने वाली ट्रेन नंबर 08806 गोंदिया-वड़सा मेमू पैसेंजर स्पेशल, 27 सितंबर से छह अक्टूबर तक वड़सा से चलने वाली ट्रेन नंबर 08808 वड़सा-चांदा फोर्ट मेमू पैसेंजर स्पेशल, 27 सितंबर से छह अक्टूबर तक चांदा फोर्ट से चलने वाली ट्रेन नंबर 08805 चांदा फोर्ट-गोंदिया मेमू पैसेंजर स्पेशल,26 सितंबर से पांच अक्टूबर तक रायपुर से चलने वाली ट्रेन नंबर 08721 रायपुर-डोगरगढ़ मेमू पैसेंजर स्पेशल, 26 सितंबर से पांच अक्टूबर तक डोगरगढ़ से चलने वाली ट्रेन नंबर 08723 डोगरगढ़-गोंदिया मेमू पैसेंजर स्पेशल और 27 सितंबर से छह अक्टूबर तक गोंदिया से चलने वाली ट्रेन नंबर 08724 गोंदिया-रायपुर मेमू पैसेंजर स्पेशल रद रहेगी।
29 से सारनाथ और नौतनवा एक्सप्रेस भी रद, अगले महीने पटरी पर लौटेंगी रद ट्रेनें
रेलवे के ब्लाक पर ब्लाक लेने से रेल यातायात इन दिनों पूरी तरह से गड़बड़ाया हुआ है। इसके चलते ट्रेने रद होने से जहां रिजर्वेशन काउंटरों पर सबसे अधिक टिकट रिफंड लेने लोगों की भीड़ लग रही है। वहीं रोज हजारों यात्रियों को परेशान होना पड़ रहा है। 29 सितंबर से सारनाथ और नौतनवा एक्सप्रेस जैसी ट्रेनें भी रद होने जा रही हैं। यह हालात छह अक्टूबर तक बनी रहेगी। रेलवे के प्रमुख लाइनों पर इन दिनों काम चल रहा है। नई दिल्ली जाने और वहां से आने वाली दर्जनभर ट्रेनें पटरी पर नहीं लौट पाई है, क्योंकि झांसी स्टेशन में काम चल रहा है।
रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि 30 सितंबर तक नईदिल्ली की ट्रेनों का परिचालन सामान्य होगा।इसी तरह न्यू कटनी स्टेशन में ब्लाक के चलते रायपुर, बिलासपुर, अंबिकापुर से चलने वाली 24 ट्रेनें रद हैं।इन ट्रेनों के यात्रियों का टिकट रद हो जाने के बाद अब कंफर्म टिकट के लिए और ट्रेन चलने का इंतजार यात्रियों को करना पड़ रहा है। ऐसा ही हाल बिलासपुर जोन के बिलासपुर, रायपुर और नागपुर की 20 से ज्यादा ट्रेनें इसी महीने रद हुई है।
अब ये ट्रेनें हो रहीं रद
दो अक्टूबर को लखनऊ तरफ से और तीन अक्टूबर को रायपुर से ट्रेन नंबर 12536 रायपुर-लखनऊ गरीबरथ, 29 सितंबर से तीन अक्टूबर तक छपरा से और 30 सितंबर से चार अक्टूबर तक दुर्ग स्टेशन से सारनाथ एक्सप्रेस रद रहेगी। इसी तरह 27, 28 और 29 सितंबर को दुर्ग से ट्रेन नंबर 18201 दुर्ग-नौतनवा एक्सप्रेस,29, 30 सितंबर और एक अक्टूबर को नौतनवा तरफ से जबकि एक और तीन अक्टूबर को 18203 दुर्ग-कानपुर बेतवा एक्सप्रेस रद रहेगी। दो और चार अक्टूबर को यह ट्रेन कानपुर से रद रहेगी।
29 से नागपुर-इटारसी के रास्ते चलेगी अमरकंटक
न्यू कटनी में ब्लाक की वजह से 29 सितंबर से तीन अक्टूबर तक दुर्ग से ट्रेन नंबर 12853 दुर्ग-भोपाल अमरकंटक एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग वाया दुर्ग-गोंदिया-नागपुर-इटारसी मार्ग से चलेगी। इसी रास्ते से भोपाल तरफ से 30 सितंबर से चार अक्टूबर तक आएगी। 29 सितंबर से तीन अक्टूबर तक ट्रेन नंबर 15231 बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग वाया कटनी-जबलपुर-कछपुरा-गोंदिया मार्ग से चलेगी,जबकि 29 सितंबर से तीन अक्टूबर तक ट्रेन नंबर 15232 गोंदिया-बरौनी एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग वाया गोंदिया-कछपुरा-जबलपुर-कटनी मार्ग से चलेगी।
आज रायपुर पहुंचेगी भाजपा की परिवर्तन यात्रा
26 Sep, 2023 11:26 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बस्तर संभाग के दंतेवाड़ा से शुरू हुई भाजपा की परिवर्तन यात्रा मंगलवार को दोपहर दो बजे रांवाभांठ स्थित मां बंजारी माता मंदिर से प्रवेश करेगी। प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव के साथ केंद्रीय मंत्री डा भागवत कराड़ परिवर्तन यात्रा की अगुवाई करेंगे। शहर के अलग-अलग 80 स्थानों पर स्वागत किया जाएगा। 80 से अधिक स्थानों पर मंच लगाया जाएगा एवं भाजपा सहित मोर्चा प्रकोष्ठों द्वारा यात्रा का स्वागत किया जाएगा।
परिवर्तन यात्रा करीब 48 किमी की यात्रा तय करते हुए जयस्तंभ चौक स्थित शहीद वीर नारायण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण-पुष्पांजलि अर्पित के साथ संपन्न होगी। परिवर्तन यात्रा मां बंजारी मंदिर से प्रारंभ होकर व्यास तालाब, बुधवारी बाजार, उरला चौक, सरोना होते हुए रिंग रोड नंबर 2 से भनपुरी चौक पहुंचेगी।
यहां भनपुरी मंडल के कार्यकर्ता और लोग सांस्कृतिक नृत्य, बाजे -गाजे के साथ स्वागत करेंगे। भनपुरी चौक से पाटीदार भवन होते हुए यात्रा रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के वीर शिवा जी वार्ड खमतराई में प्रवेश करेगी। पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में करीब 20 से अधिक स्थानों पर स्वागत मंच बनाए गए हैं।
परिवर्तन यात्रा दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के सुंदर नगर में प्रवेश करेगी, जहां से लाखेनगर, पुरानी बस्ती, कंकाली पारा, सदर बाजार, सिटी कोतवाली, कालीबाड़ी सिद्धार्थ चौक, टैगोर नगर होते हुए रायपुर ग्रामीण विधानसभा होते हुए उत्तर विधानसभा में प्रवेश कर फाफाडीह, एमजी रोड, शारदा चौक, जय स्तंभ चौक पर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह की प्रतिमा स्थल पर पुष्पांजलि कार्यक्रम के बाद संपन्न होगी। परिवर्तन यात्रा की तैयरियों को अंतिम रुप दिया गया है। राजधानी में परिवर्तन यात्रा के लिए प्रभारी की जिम्मेदारी विधायक बृजमोहन अग्रवाल और पूर्व मंत्री राजेश मूणत को सौंपी गई है।
आरंग (वि)। भाजपा की परिवर्तन यात्रा रविवार को प्रात: राजिम से प्रारंभ होकर चंपारण होते हुए आरंग नगर पहुंची, जहां पर हजारों की संख्या में जनसमूह ने इसका स्वागत किया। इसके बाद विशाल आमसभा का आयोजन आरंग में किया गया। आमसभा में विशेष रूप से भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव, रायपुर सांसद सुनील सोनी, गुरु बालदास साहेब, गौरीशंकर अग्रवाल, चंद्रशेखर साहू, शिवरतन शर्मा, महेश गागड़ा, अशोक बजाज, विमल चोपड़ा, राजेश साहू, टंकराम साहू उपस्थित हुए।
अरुण साव ने सभा को संबोधित करते हुए राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने देश में 55 से 60 सालों तक राज किया, लेकिन गरीब, किसान, जनता का ध्यान नहीं रखा, उनके लिए कोई कार्य नहीं किया, परंतु जब से एक गरीब मां का बेटा, रेलवे स्टेशन में चाय बेचने वाला का बेटा प्रधानमंत्री बना है, तब से देश में निरंतर विकास के कार्य हो रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि सड़क, स्कूल, पुल-पुलिया बनाने का कार्य सरकार का होता है, पर आज तक इस सरकार ने ऐसा कोई कार्य छत्तीसगढ़ में नहीं किया है।
भूपेश कैबिनेट की सीएम आवास में बैठक आज
26 Sep, 2023 10:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की अध्यक्षता में उनके रायपुर निवास कार्यालय में आज सुबह 11 बजे मंत्रिपरिषद की बैठक आयोजित की गई है। मुख्यमंत्री बघेल मंत्रिपरिषद की बैठक के बाद दोपहर 12.30 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग द्वारा बेमेतरा और कोरिया जिले के चिटफंड निवेशकों को राशि का अंतरण करेंगे। मुख्यमंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग द्वारा विभिन्न जिलों में विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण भी करेंगे।
सीएम करेंगे प्रदेश के पहले गन्ना आधारित एथेनाल प्लांट का लोकार्पण
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 26 सितंबर को विडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से कबीरधाम में 141 करोड़ रुपये की लागत से प्रदेश का पहला गन्ना आधारित एथेनाल प्लांट का भी लोकार्पण करेंगे। इसके अलावा जिले के विकास के लिए 355 करोड़ 49 लाख 94 हजार रुपये के 133 कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया जाएगा। इनमें 154 करोड़ 69 लाख 02 हजार रुपये की लागत से 50 कार्याें का लोकार्पण और 200 करोड़ 80 लाख 92 हजार रुपये के 83 कार्यों का शिलान्यास शामिल है। इस अवसर पर वन मंत्री मोहम्मद अकबर इस वर्चुअल लोकार्पण कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।
पतरापाली के चमेली स्व सहायता समूह के लिए मछली पालन बना सामुहिक आजीविका का स्त्रोत
25 Sep, 2023 11:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जशपुरनगर : छत्तीसगढ़ राज्य आजीविका मिशन बिहान योजना के अंतर्गत् संचालित पत्थलगांव विकासखण्ड के पतरापाली के चमेली स्व सहायता समूह ने मछली पालन को सामुहिक आजीविका का स्रोत बना लिया है। ग्राम पंचायत पतरापाली में कुल 22 समूह है। इसके आधार पर 2 ग्राम संगठन भी बने हैं चमेली स्व सहायता समूह एक संगठित व सक्रिय समूह है। जिसमें अलग-अलग जाति समुदाय के सदस्य सम्मिलित हैं। इस समूह के सदस्य आपस में मिलजुल कर कार्य करते हैं। आवश्यकता पड़ने पर एक दूसरे का सहयोग करने से पीछे नहीं हटते हैं समूह के सदस्यों में अच्छा तालमेल पारदर्शिता होने के कारण समूह प्रगति की ओर है।
स्व सहायता समूह के द्वारा ग्राम पंचायत में स्थित तालाब में मत्स्य विभाग के समायोजन से तालाब में मछली बीज डाला गया है इसके लिए समय-समय पर आवश्यक जानकारी व मछली हेतु चारा इत्यादि भी दिया जाता है तथा समूह के द्वारा मछली पकड़ने का कार्य स्वयं से किया जाता है। प्रत्येक साप्ताहिक लगने वाली बाजार में मत्स्य की बिक्री कर दी जाती है। इस प्रकार से सामूहिक आमदनी लगभग 60 हजार रुपये हो चुके हैं। समूह भी पूर्ण रूप से आर्थिक रूप से मजबूत व आय के स्रोत में अग्रसर है।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ शासन द्वारा गौठानों को स्वावलंबी बनाने के लिए सार्थक प्रयास किया जा रहा है और स्व सहायता समूह की महिलाओं को प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ा जा रहा है। गौठानों में मुर्गी पालन, बकरी पालन, मशरूम उत्पादन, बांस की टोकरी निर्माण, बटेर पालन, बाड़ी विकास, साग सब्जी का उत्पादन, राईस मिल, पोल निर्माण, सरसो तेल, हेचरी पालन, सेनेटरी पेड निर्माण सहित अन्य गतिविधियों में शामिल करके समूह की महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। जिला पंचायत के एनआर.एल.एम. बिहान द्वारा भी स्व सहायता समूह के महिलाओं को सशक्त बानने के उद्देश्य से आर्थिक गतिविधियों में जोड़ने का कार्य निरंतर किया जा रहा है। ताकि महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सके। जिले के विभिन्न विभागों द्वारा भी रीपा के तहत् परिवारों और समूह की महिलाओं को विभाग की योजना से लाभान्वित कर अतिरिक्त आमदनी अर्जित करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
पिथौरा में मॉडल कृष्ण कुंज को किया गया साकार
25 Sep, 2023 11:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महासमुंद : नगर पंचायत पिथौरा में विकसित कृष्ण कुंज प्रदेश के लिए एक मॉडल कृष्ण कुंज के रूप में विकसित किया गया है। यहां कृष्ण कुंज की अवधारणा को साकार किया गया है। पिथौरा के कृष्ण कुंज में 0.40 एकड़ क्षेत्र में 160 पौधें रोपे गए हैं। वाकिंग ट्रेक, झूला और दीवारों में मनमोहक चित्रांकन भी किया गया है। जिससे वास्तव में कृष्ण कुंज एक सुंदर वाटिका के रूप में नगर की पहचान के रूप में उभरा है। जिसकी सुंदरता देखते ही बनती है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा कृष्ण कुंज वृक्षारोपण कार्यक्रम की योजना राज्य के समस्त नगरीय निकायों में हरियाली बढ़ाने की पहल हेतु लागू किया गया है। जिसका उद्देश्य वन उद्यान विकसित कर सांस्कृतिक एवं जीवनोपयोगी वृक्षों की अमूल्य विरासत का संरक्षण एवं शहरी क्षेत्रों में निवासरत लोगों में हरियाली के प्रति आकर्षण बढ़ाना, प्रदूषण मुक्त हेतु प्राकृतिक वातावरण व सुंदरता उपलब्ध कराना है। वनमंडलाधिकारी पंकज राजपूत ने बताया कि इसी तारतम्य में महासमुंद वनमंडल के नगर पंचायत पिथौरा में कृष्णकुंज विकसित कर बरगद, पीपल, नीम और कदंब, रीठा, सिंदूरी, गुलमोहर, बेल, आंवला जैसे सांस्कृतिक महत्व के जीवनोपयोगी 160 वृक्षों का रोपण किया गया है। राज्य शासन द्वारा जन्माष्टमी के अवसर पर विगत वर्ष कृष्ण कुंज योजना की शुरुआत की गई थी। जिले में नगरीय निकाय पिथौरा में वन विभाग द्वारा नगर के बीच में रिक्त स्थान को कृष्ण कुंज निर्माण के लिए चयन किया गया। यह पूरे राज्य के लिए एक मॉडल कृष्ण कुंज है। यहां वनों में पाए जाने वाले विभिन्न प्रजातियों के औषधीय, फलदार एवं फूल वाले पौधों का रोपण किया गया है। वर्तमान में रोपित पौधे 7-8 फीट ऊंचाई के हो चुके हैं।
कृष्ण कुंज नाम के मुताबिक यहां धार्मिक आस्था का ख्याल रखते हुए तीन मंदिरों का निर्माण भी किया गया है। जिसमें राधा-कृष्ण की प्रतिमा स्थापित की गई है। जहां लोग आस्था पूर्वक दर्शन और पूजा के लिए यहां पहुंचते हैं। कृष्ण कुंज को एक आकर्षक और पर्यावरणीय दृष्टि से उपयोगी एक उद्यान के रूप में विकसित किया गया है
छत्तीसगढ़ राज्य बहुत तेजी से आर्थिक उन्नति की ओर हो रहा अग्रसर
25 Sep, 2023 11:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : छत्तीसगढ़ राज्य में जिला को निर्यात केन्द्र बनाने के लिए आज एक निजी होटल में भारत सरकार वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय डायरेक्टरेट जनरल ऑफ़ फॉरेन ट्रेड (डीजीएफटी) एवं जिला प्रशासन रायपुर के संयुक्त तत्वाधान में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अबिनाश कुमार मिश्रा और विदेश व्यापार नागपुर के अपर महानिदेशक डॉ.व्ही.श्रमन की अध्यक्षता में किया गया। डीजीएफटी नागपुर के अंतर्गत 49 जिले शामिल है। इनमें महाराष्ट्र के 12 और मध्यप्रदेश के 04 और छत्तीसगढ़ के 33 जिलों को एक निर्यात केन्द्र में बदलने के लिए कार्यशाला का आयोजन किया गया था।
जिला एक निर्यात केन्द्र बनाने के लिए कार्यशाला आयोजित
जिला पंचायत रायपुर के सीईओं अबिनाश मिश्रा ने कार्यशाला को सम्बोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य को धान का कटोरा के नाम से जाना जाता है। यहां बड़ी संख्या में किसान धान की पैदावार करते हैं। छत्तीसगढ़ राज्य बहुत तेजी से आर्थिक उन्नति की ओर अग्रसर हो रहा है। रायपुर में भी पहले की अपेक्षा वर्तमान में व्यापार में तेजी आई है और बड़े बाजार के रूप में उभर कर रायपुर आगे बढ़ रहा है। राज्य में भी चावल के साथ स्टील, एल्युमिनियम, लोहा के साथ वन संपदा भरपूर मात्रा में पाई जाती है अब विदेशों से भी इसकी मांग की जा रही है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य को औद्योगिक रूप के साथ आगे बढ़ाने के साथ ही छोटे एंव मध्यम उद्योग को बढ़ावा दिया जाना है। ताकि लोगों को स्थानीय स्तर बेहतर रोजगार मिल सके। कार्यशाला का उद्देश्य है कि राज्य के अन्य सामग्रियों को भी विदेशों में निर्यात करके बढ़ावा दिया जाए।
व्ही. श्रमन ने अपने सम्बोधन में कहा कि निर्यात को बढ़ावा देने के लिए नागपुर के अंतर्गत वर्तमान में 49 जिला को निर्यात केन्द्र को बनाया गया है। छत्तीसगढ़ के रायपुर में पहला कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाल में सभी जानकारी आपको ऑनलाइन अपडेट घर बैठे पंजीयन करने के आसान तरीके है। इसके साथ ही पोर्ट इकोस्पोर्ट, कस्टम ड्यूटी, बैंकिंग कार्य, डाकघर निर्यात, कन्टेनर के माध्यम से निर्यात, ई-कॉमर्स कस्टम ड्यूटी, बिल एंट्री, सिपिंग बिल, अंतर्राष्ट्रीय व्यापार, आदि जानकारी दी गई है। जहां विशेषज्ञों के द्वारा ई-कॉमर्स निर्यात घर बैठे ऑनलाईन की जानकारी, बैकिंग सुविधा आदि डीजीएफटी के टीम के द्वारा बताया गया।
इस अवसर पर डीजीएफटी डॉ. व्ही. श्रमन, बैंक ऑफ महाराष्ट्र के जोनल मैंनेजर प्रशांत कुमार राजू, ब्रांच मैनेजर ईसीजीसी संग्राम केसरी बिसोई, इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स के राजन ठोकर, भारतीय डाक विभाग, जिला उद्योग विभाग के अधिकारी संजय गजघाटे, सोनाली मोरई और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
सड़क दुर्घटनाओं में घायलों का हो त्वरित उपचार: मुख्य सचिव
25 Sep, 2023 11:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने कहा है कि सड़क दुर्घटनाओं में घायलों के त्वरित उपचार की व्यवस्था एवं सहायता सुनिश्चित होनी चाहिए। उन्होंने यह निर्देश आज यहां मंत्रालय में सड़क सुरक्षा परिदृश्य की राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं के नियंत्रण एवं रोकथाम के लिए सुरक्षित यातायात व्यवस्था सहित इसके लिए प्रभावी कार्ययोजना के तहत आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए। मुख्य सचिव ने छत्तीसगढ़ के विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्ग और राजमार्गों के आस-पास स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में चिकित्सा व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की। मुख्य सचिव ने यातायात शिक्षा एवं सड़क सुरक्षा जागरूकता के लिए भी सभी जरूरी कार्य करने के निर्देश अधिकारियों को दिए है।
मुख्य सचिव ने राज्य के विभिन्न जिलों में संचालित मेडिकल कॉलेजों तथा जिला चिकित्सालयों में ट्रामा सेंटर की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने कहा है कि जिलों के सभी अस्पतालों में सड़क दुर्घटना में घायलों के लिए प्रारंभिक उपचार की व्यवस्था उपलब्ध होना चाहिए। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को अस्पतालों में मौजूद चिकित्सा उपकरणों एवं एम्बूलेंस में मौजूद चिकित्सा उपकरणों का लगातार निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। मुख्य सचिव ने अधिकारियों से कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग एवं राजमार्गों के आस-पास स्थित सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में एम्बूलेंस अनिवार्य रूप से होना चाहिए। इसकी समुचित व्यवस्था एवं निगरानी करने के निर्देश स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को दिए गए है। इसी तरह से यातायात शिक्षा के तहत स्कूलों में यातायात शिक्षा के लिए सड़क सुरक्षा से संबंधित प्रशिक्षण के संबंध में अधिकारियों का आवश्यक निर्देश दिए। शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि एन.सी.सी., एन.एस.एस. तथा भारत स्काउट गाईड के कैडेट्स एवं छात्रों के माध्यम से जागरूकता संबंधी कार्यों के साथ सुगम यातायात हेतु उनकी सेवाएं भी ली जा रही है। बैठक में सचिव परिवहन एस.प्रकाश, स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन तथा सचिव चिकित्सा शिक्षा पी.दयानंद सहित अन्य अधिकारी शामिल हुए।