छत्तीसगढ़ (ऑर्काइव)
जूनियर डॉक्टर की हड़ताल से अस्पतालों में ओपीडी और इमरजेंसी सेवाएं प्रभावित होंगी
19 Jan, 2023 12:11 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ के जूनियर डॉक्टर आज से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर रहेंगे। जूनियर डॉक्टर के हड़ताल पर जाने से ओपीडी और इमरजेंसी सेवाएं प्रभावित होंगी। बता दें कि 3000 जूनियर डाक्टर गुरूवार से हड़ताल पर जा रहे हैं। एम्स की तर्ज पर जूनियर डाक्टर एसोसिएशन ने दोगुनी छात्रवृत्ति देने की मांग रखी है।
सुबह आठ बजे से धरना-प्रदर्शन सभी जूनियर डॉक्टरों द्वारा शुरू किया जाएगा। जूनियर डाक्टरों का कहना है कि छत्तीसगढ़ के मुकाबले अन्य राज्यों में जूनियर डॉक्टरों को अधिक छात्रवृत्ति मिल रही है। डाक्टरों की इस हड़ताल की वजह से अंबेडकर अस्पताल में व्यवस्था बिगड़ने की आशंका बनी हुई है। जूनियर डाक्टरों के हड़ताल पर जाने से अस्पताल की ओपीडी और इमरजेंसी सेवाएं प्रभावित होंगी।
पिछले दो वर्षों से लगातार कर रहे हैं मांग
जूनियर डाक्टर एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. प्रेम चौधरी, डॉ. अमन अग्रवाल, डॉ. मुरारी कुमार साहू, डॉ. आयुष वर्मा, डॉ. राम प्रसाद, डॉ. एम मनीष, डॉ. विपीन कुमार लहरे, डॉ. अविनाश कुशवाहा, डॉ. हिमांशु सिन्हा ने बताया कि छात्रवृत्ति बढ़ाने की मांग को लेकर पिछले दो वर्षों से लगातार शासन से मांग कर रहे हैं। इस दौरान कई बार पत्राचार भी किया गया। लेकिन सिर्फ आश्वासन के अलावा कुछ नहीं हुआ। वहीं पिछले चार वर्षों से जूनियर डाक्टर के मानदेय में कोई वृद्धि नहीं हुई है।
जूनियर डाक्टरों का कहना है कि अन्य राज्यों में छत्तीसगढ़ की तुलना में अधिक छात्रवृत्ति मिल रही है। ऐसे में सरकार यहां भी शिष्यावृत्ति में बढ़ोतरी करे। डाक्टर प्रेम चौधरी, सचिव डाक्टर अमन अग्रवाल ने कहा कि जब तक छात्रवृत्ति नहीं बढ़ाई जाती है, आंदोलन खत्म नहीं होगा।
थर्ड जेंडर के जीवन पर आधारित फिल्म 'किरण' का इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में हुआ चयन
19 Jan, 2023 12:02 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ी फिल्म का चयन स्वीडन के स्टॉकहोम सिटी फिल्म फेस्टिवल में किया गया है। किरण फिल्म जो कि थर्ड जेंडर के जीवन पर आधारित है, इसका चयन पहले जयपुर के इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल और ब्रिटेन के लिफ्ट ऑफ फिल्म फेस्टिवल में भी हो चुका है। इस फिल्म का यह तीसरा इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल है जहां पर इस फिल्म को चयनित किया गया है।
इस संदर्भ में जब हमने इस फिल्म के निर्माता निर्देशक और अभिनेता अखिलेश पांडे से बात की तो उन्होंने बताया कि यह उनके लिए बड़ा हर्ष का विषय है कि उनकी फिल्म को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहा जा रहा है। उनकी फिल्म का चयन इतने बड़े फेस्टिवल्स में लगातार हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह फिल्म सामान्य छत्तीसगढ़ी फिल्मों से जरा हटकर है और इस फिल्म को बनाकर उन्होंने एक नए तरह का प्रयोग किया है।
इसके अलावा उन्होंने बताया कि आने वाले समय में यह फिल्म और भी बहुत सारे अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल्स में चयनित हो सकती है और वह इस फिल्म के माध्यम से छत्तीसगढ़ी फिल्मों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का प्रयास कर रहे हैं इसके लिए उन्होंने अपनी संपूर्ण टीम को बधाई दी है। कहा है कि अगर सारी टीम के लोग एक साथ मिलकर काम नहीं करते तो यह फिल्म बनना संभव नहीं हो पाती। इसलिए सभी सदस्य बधाई के पात्र हैं।
इस फिल्म के कार्यकारी निर्देशक मुंबई के सावन वर्मा है। कास्टिंग डायरेक्टर मनमोहन पात्रे, प्रोडक्शन मैनेजर अभिषेक गौतम और संपादन दरस विश्वकर्मा के द्वारा किया गया है। इस फिल्म की मुख्य भूमिका अखिलेश पांडे, संजय श्रीवास्तव, किरण सिंह, आरसी गुप्ता, आनंद तांबे, डॉक्टर आरती पांडे, संजय दुबे, डॉक्टर अरुण पटनायक, डॉक्टर नत्थू लाल पटेल, डॉ अंजू शुक्ला, दिनेश सिंह राजपूत, सोनू महंत, मनोज ठाकुर, सनी मनीष भटेजा, आराध्या सिन्हा, सोनल अग्रवाल, दिशा सिंह राजपूत, श्वेता दुबे, सोनम दुबे, अजय शर्मा, एस विश्वनाथ राव, दिनेश पांडे, रामअवतार निर्मलकर, सुमित दुआ, चंचल सलूजा, सुनील दत्त मिश्रा, शैलेंद्र तिवारी, भवर बंजारे, मोनू रजक आदि हैं।
नशे में धुत जेठ ने गर्भवती बहू से दुष्कर्म कर की हत्या
18 Jan, 2023 06:12 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में गर्भवती महिला की हत्या मामले में पुलिस ने उसके जेठ को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी जेठ नशे की हालत में महिला के कमरे में घुसा और दुष्कर्म का प्रयास किया। महिला के विरोध करने पर उसके नाक, मुंह और सिर पर घूंसे से वारकर जान ले ली। हत्या का खुलासा आरोपी के भांजे से पूछताछ के बाद हुआ। महिला का शव मंगलवार सुबह उसके ही कमरे में बेड पर मिला था। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।
कमरे में सुबह मिला था शव
जानकारी के मुताबिक, इंदु चौक निवासी पीटर सिंह दिव्यांग है। वह चौक के पास ही फास्ट फूड का ठेला लगाता है। करीब तीन साल पहले उसकी शादी सत्या सिंह (21) से हुई थी। घर में उसकी पत्नी और परिवार के अन्य सदस्य रहते थे। सत्या गर्भवती थी। सोमवार रात पीटर नागपुर चला गया था। कमरे में सत्या थी। अगले दिन सुबह जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिजन देखने पहुंचे। वहां बेड पर सत्या का शव पड़ा हुआ था।
वारदात की रात ही पीटर सिंह के नागपुर जाने की बात को लेकर पुलिस को उस पर संदेह था। इस पर पुलिस ने उसे झांसा दिया और वापस लौटने को कहा। पीटर जैसे ही राजनांदगांव पहुंचा, पहले से इंतजार में लगी पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ की गई तो पीटर ने बताया कि वह कृत्रिम पैर लगवाने के लिए जा रहा था। तभी उसे रास्ते में इस घटना की जानकारी हुई। इस पर वह लौट रहा था। पुलिस उसे साथ ही लेकर मौके पर पहुंची।
वारदात के बाद पुलिस घर के सभी सदस्यों से पूछताछ कर रही थी। इस दौरान पीटर के भांजे बंटी ने बताया कि उसकी मामी रात को कमरे में सो रही थीं। तभी बड़ा मामा प्रकाश सिंह कमरे में आया। शराब के नशे में वह मामी से जबरदस्ती करने लगा। मामी ने विरोध किया, मैंने भी उन्हें समझाया, लेकिन नहीं मान रहे थे। इसलिए वह कमरे से बाहर निकल गया और दूसरी जगह जाकर सो गया। उसके बाद कि जानकारी उसे नहीं है।
आरोपी प्रकाश की सिंह शराब पीने का आदी है। करीब चार-पांच माह पहले उसकी पत्नी छोड़कर चली गई है। इसके बाद से वह बहू सत्या के ऊपर बुरी नीयत रखने लगा था। वारदात वाले दिन उसने दुष्कर्म का प्रयास किया। नाकाम रहा तो सत्या की पीट-पीटकर जान ले ली। सत्या के पति पीटर चार भाई हैं। इसमें सबसे बडा भाई लुईस कोरिया जिले मे रहता है। दूसरा आरोपी प्रकाश सिंह साथ में ही रहता था। जबकि तीसरा आकाश दो दिन से बाहर था।
कैंसर मरीज से हुई लूट मामले में पुलिस ने किया चार आरोपियों को गिरफ्तार
18 Jan, 2023 05:52 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में चार दिन पहले कैंसर मरीज से हुई लूट मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। कैंसर मरीज इलाज के लिए ऑटो से भिलाई जा रहा था। इस दौरान रास्ते में ऑटो चालक और उसके साथियों ने बुजुर्ग मरीज से रुपयों से भरा बैग छीन लिया था। इसके बाद उसे रास्ते में उतारकर भाग निकले थे। पुलिस करीब 500 ऑटो और 50 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद आरोपियों तक पहुंची।
जानकारी के मुताबिक, राजनांदगांव की पूनम कॉलोनी निवासी सुरेंद्र सिंह (68) कैंसर के मरीज हैं। वह 13 जनवरी को भिलाई के नेहरू नगर स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में उपचार कराने के लिए आए थे। दुर्ग बस स्टैंड पर उतरकर सुरेंद्र सिंह ने ऑटो ली और अस्पताल जाने के लिए निकले। इस दौरान बुजुर्ग के पास बैग में 35 हजार रुपये थे। रास्ते में वाईसेप ब्रिज के पास ट्रैफिक प्वाइंट से ऑटो चालक मुड़ गया और दुर्ग की ओर लौटने लगा।
बुजुर्ग ने कहा कि उन्हें भिलाई जाना है, लेकिन ऑटो चालक ने मना कर दिया। थोड़ा आगे जाकर बुजुर्ग को उतरने के लिए कहा। फिर उनका मोबाइल और रुपयों से भरा बैग लूटकर भाग निकले। पुलिस ने ऑटो नंबर के आधार पर मालिक का आरटीओ से जानकारी जुटाई। इससे बेमेतरा निवासी सूर्य प्रकाश का होने का पता चला। पुलिस पहुंची तो उसने बताया कि साल 2016 में ही उसने दुर्ग मोटर से एक्सचेंज कर दूसरी गाड़ी ले ली थी।
एसपी डॉ. अभिषेक पल्लव ने बताया कि पुलिस दुर्ग मोटर की ब्रांच पहुंची तो पता चला कि वह बंद हो चुकी है। जिसके चलते उसकी अन्य ब्रांच में भी रिकार्ड नहीं है। इसके बाद पुलिस ने पुराने ऑटो की तस्दीक शुरू की। सीसीटीवी फुटेज से खुर्सीपार शोरूम के पीछे ऑटो संदिग्ध हालत में मिल गई। पुलिस टीम ऑटो के पास ही छिपकर चालक का इंतजार कर रही थी। कुछ समय बाद चालक आते दिखाई दिया तो पुलिस ने दबोच लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी चालक ने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने आरोपी जैकी सिंह, मुबारक हुसैन, हरदीप सिंह और डोमनिक फ्रांसिक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास लूट के 19 हजार रुपये और मोबाइल फोन बरामद किया है। बाकी रकम को आरोपियों ने कपड़े खरीदने और नशे में खर्च कर दी थी।
मेकॉज में जूनियर डॉक्टरों की कल रहेगी हड़ताल
18 Jan, 2023 05:41 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ के बस्तर में जूनियर डॉक्टर कल यानी गुरुवार से हड़ताल पर जा रहे हैं। इस दौरान संभाग के सातों जिलों के अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों पर सेवाएं बाधित रहेंगी। जूनियर डॉक्टर रुटीन जांच के साथ ही इमरजेंसी सेवाओं में भी काम नहीं करेंगे। डॉक्टरों का यह विरोध मानदेय नहीं बढ़ाए जाने को लेकर है। बताया जा रहा है कि जूनियर डॉक्टरों का यह विरोध और हड़ताल पूरे प्रदेश में होगी।
दरअसल, जूनियर डॉक्टर विरोध स्वरूप 17 जनवरी से हाथों में काली पट्टी बांधकर काम कर रहे हैं। इसके बाद बुधवार सुबह 8 बजे उन्होंने कार्यबहिष्कार कर दिया। इसके चलते मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। खासकर ज्यादा दिक्कत जगदलपुर मेडिकल कॉलेज (मेकॉज) में मरीजों के सामने आई है। दूर-दराज से आए मरीजों को उपचार के लिए घंटों इंतजार के बाद भी भटकना पड़ा है।
मेकॉज के डॉक्टरों ने बताया कि प्रदेश के जूनयिर रेसीडेंट डॉक्टरों को दिया जा रहा मानदेय अन्य राज्यों की तुलना में काफी कम है। इसे बढ़ाने के लिए पिछले दो साल से पात्राचार कर रहे हैं। कई बैठकें हुईं और प्रस्ताव बनाकर भेजा गया, लेकिन आश्वासन के अलावा कुछ नहीं मिला। छत्तीसगढ़ में पोस्ट पीजी, बांड डॉक्टर्स को अपनी श्रेणी से कम ही नहीं, बल्कि अपने से निचली श्रेणी से भी कम मानदेय दिया जा रहा है।
इंद्रावती नदी पर पुल निर्माण का विरोध..
18 Jan, 2023 02:33 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर। छत्तीसगढ़ में बीजापुर जिले के अंदरूनी इलाके फुंडरी में इंद्रावती नदी पर पुल निर्माण का काम चल रहा है। इस पुल निर्माण काम का ग्रामीण विरोध कर रहे हैं। इंद्रावती नदी पर पुल निर्माण के विरोध में महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ के आदिवासी समुदायों के सदस्य पिछले 14 दिनों से राज्य की सीमा पर डेरा डाले हुए हैं। उनका कहना है कि यहां मूलभूत सुविधाएं नहीं हैं। यहां पुल निर्माण से जल-जंगल-जमीन की लूट आसान हो जाएगी। इसलिए लगातार आदिवासी समुदाय के लोग विरोध में उतरे हुए हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि बिना ग्राम सभा की अनुमति से नदी पर पुल बनाने का काम किया जा रहा है। इस काम को बंद किया जाए। दरअसल इंद्रावती नदी पर पुल के बनने से अबूझमाड़ के ग्रामीण जिला और ब्लॉक मुख्यालय जुड़ जाएंगे। आदिवासी समुदाय के नेता लालसु नोगोती ने कहा कि यहां छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के 20-25 गांवों के लोग रहते हैं। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि आजादी के 75 साल बाद भी यहां बुनियादी सुविधाएं नहीं हैं।
इसलिए ऐसे में इंद्रावती नदी पर पुल निर्माण सिर्फ 'जल-जंगल-जमीन' की लूट के लिए हैं। आदिवासी समुदाय के लोग वहां लगातार 4 जनवरी से ही विरोध कर रहे हैं। आदिवासी समुदाय के नेता लालसु नोगोती ने कहा कि बुनियादी सुविधाएं के आभाव में हमारा इरादा है कि अनिश्चितकाल के लिए विरोध करें।एटापल्ली के सहायक कलेक्टर शुभम गुप्ता का मानना है कि विरोध नहीं होना चाहिए । उनका कहना है कि लोगों को पहले यह जान लेना चाहिए कि पुल निर्माण क्यों जरूरी है। शुभम गुप्ता ने कहा कि जहाँ तक मुझे पता है, यह छत्तीसगढ़ के क्षेत्र में बनाया जा रहा है।
इससे महा-छत्तीसगढ़ सीमा पर लोगों को आने-जाने में कठिनाई का सामना नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने आगे कहा कि मुझे नहीं लगता कि निर्माण रोकना सही है। हम लोगों से बात करेंगे और इस बात पर जोर देंगे कि पुल क्यों महत्वपूर्ण है।इंद्रावती नदी पर कुल चार पुल प्रस्तावित थे। जिनमें से एक दंतेवाड़ा जिले के पाहुरनार का पुल बन चुका है। CM भूपेश बघेल ने पाहुरनार के पुल का उद्घाटन भी कर दिया है। इसके अलावा बड़े करका घाट, फुंडरी समेत एक अन्य जगह पुल निर्माण का काम चल रहा है। इंद्रावती नदी पर पुल ना होने की वजह से ग्रामीण लकड़ी की छोटी डोंगी से इंद्रावती नदी को पार करते थे। पुल बनने के बाद ग्रामीणों को राहत मिलेगी।
डबल मर्डर केस में पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, पांच आरोपी गिरफ्तार..
18 Jan, 2023 02:22 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर | राजधानी रायपुर में पंडरी थाना इलाके में दो युवक की हत्या के मामले में बड़ी कामयाबी मिली है। राजधानी के दलदल सिवनी इलाके में बीती रात दो युवकों की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने सूचना मिलते जांच शुरू कर दी थी। जांच में सामने आया कि हत्या पुरानी रंजिश को लेकर हुई थी।पुलिस ने हत्या में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। हत्या में शामिल एक आरोपी अभी अस्पताल में भर्ती है, जिसकी गिरफ्तारी होनी बाकी है। इसके साथ ही अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
बहरहाल पंडरी थाना में सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।गिरफ्तार आरोपियों में त्रिशाल दुबे उर्फ प्रिंस दुबे पुत्र प्रफुल्ल दुबे, दीपक साहू पुत्र टीकाराम साहू, धनेन्द्र साहू पुत्र रामजी साहू, पारसमणी साहू उर्फ बोडा पुत्र कृष्ण साहू, नागेश उर्फ लक्की गोस्वामी पुत्र सुरेश गोस्वामी शामिल हैं। इसके अलावा आरोपी गोकुल नंदन साहू पुत्र भागवत राम घटना में घायल हो गया था, उसका उपचार अस्पताल में जारी है।
आरोपी की हालत में सुधार होने पर गिरफ्तारी की जाएगी।झुरूराम निषाद ने थाना पंडरी में मामला दर्ज कराया था। रिपोर्ट में बताया कि दलदल सिवनी बिजली ऑफिस के सामने रात करीब 10:20 बजे कुछ लोगों ने उसके पुत्र गोकुल निषाद और जीतू को चाकू मारकर घायल कर दिया। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। दोनों की इलाज के दौरान मौत हो गई।
ड्राइवर को झपकी आने के चलते तीर्थ यात्रियों से भरी बस पलटी..
18 Jan, 2023 02:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जशपुर | छत्तीसगढ़ के जशपुर में बुधवार सुबह तीर्थ यात्रियों से भरी बस पलट गई। हादसे में तीन तीर्थ यात्री घायल हुए हैं। तीनों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया है। बताया जा रहा है कि बस चालक को झपकी आने के चलते हादसा हुआ है। फिलहाल जनहानि की अभी तक कोई सूचना नहीं है।
हादसा तपकरा थाना क्षेत्र में हुआ है।जानकारी के मुताबिक, बेमेतरा जिले से तीर्थ यात्री बस में सवार होकर झारखंड के बैजनाथ धाम गए थे। वहां से सभी दर्शन के बाद जांजगीर-चांपा के चंद्रपुर स्थित मां चंद्रहासिनी के दर्शन के लिए जा रहे थे। बुधवार सुबह करीब 8 बजे बस सिंगीबहार गांव के पास पहुंची थी कि अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। इसके बाद चीख-पुकार मच गई।
स्थानीय ग्रामीणों ने हादसा देखा तो पुलिस को सूचना दी और बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने अपनी गाड़ी से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। गनीमत रही कि बस की रफ्तार तेज नहीं थी, इसके कारण कोई जनहानिक फिलहाल नहीं हुई है। तीनों घायल बेमेतरा के रहने वाले बताए जा रहे हैं। अभी तक उनके नाम सामने नहीं आ सके हैं। पुलिस फिलहाल हादसे की जांच कर रही है। साथ ही तीर्थ यात्रियों से भी पूछताछ की जा रही है। वहीं बाकी यात्रियों को दूसरे साधन से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया जा रहा है।
Murder: बेड पर मिली गर्भवती महिला की लाश..
17 Jan, 2023 09:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिलासपुर | छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक गर्भवती महिला की उसके ही घर में हत्या कर दी गई। महिला का शव मंगलवार सुबह कमरे में बेड पर पड़ा मिला है। उसके चेहरे और गले पर खून लगा हुआ था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हत्या का सही कारण सामने आ सकेगा। महिला का पति नागपुर जाने की बात कहकर देर रात निकला था। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, इंदु चौक निवासी पीटर सिंह दिव्यांग है। वह चौक के पास ही फास्ट फूड का ठेला लगाता है। घर में उसकी नव विवाहिता पत्नी सत्या सिंह (21) और परिवार के अन्य सदस्य रहते हैं। सत्या गर्भवती थी। रात को सभी लोग खाना खाकर सोने के लिए चले गए। अगले दिन मंगलवार को काफी देर तक जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिजन उसे देखने के लिए पहुंचे।
महिला का पति पीटर सिंह संदिग्ध हालत में लापता है। पुलिस पूछताछ में परिजनों ने बताया कि पीटर रात करीब 11 बजे नागपुर जाने की बात कहकर घर से निकला है। उन्हें इस बात की जानकारी नहीं है कि सत्या तब जिंदा थी या उसकी हत्या हो चुकी थी। हालांकि उन्होंने यह जरूर बताया कि रात में पति-पत्नी के बीच झगड़ा भी हुआ था। सुबह उन्होंने बहू को बेसुध हालत में बेड पर पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी।
महिला सत्या के चाचा रमाकांत ने बताया कि सुबह करीब 8 बजे उन्हें घटना की सूचना दी गई। बताया गया कि बाथरूम जाने के दौरान पैर फिसला और बैड से सिर टकराकर वह गिर पड़ी। जब हम घर पहुंचे तो देखा कि बेड से लेकर दरवाजे तक खून के निशान थे। सत्या के सारे कपड़े धूल से सने हुए थे। उसके चेहरे पर कई जगह कट के निशान भी हैं। रमाकांत ने कहा कि यह हादसा नहीं है। उनकी बेटी की हत्या की गई है।
CM भूपेश बघेल ने राजीव गांधी प्रतिमा का किया अनावरण..
17 Jan, 2023 08:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कोरबा | कोरबा के दौरे पर मंगलवार को पहुंचे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एक्शन में दिखाई दिए। उन्होंने एक किसान की शिकायत पर पटवारी को निलंबित कर दिया। किसान का कहना था कि उसका वन अधिकार पट्टा नहीं बना है। इसके चलते वह करीब तीन साल से परेशान है। इस पर सीएम नाराज हो गए और उन्होंने पटवारी को सस्पेंड करने का आदेश जारी कर दिया। मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया और कई घोषणाएं भी कीं।
मुख्यमंत्री बघेल ने कटघोरा क्षेत्र के ग्राम रंजना में पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न स्व. राजीव गांधी की प्रतिमा का अनावरण किया। यह प्रतिमा तीन टन वजनी और 12.5 फीट ऊंची है। प्रतिमा का निर्माण ग्राम पंचायत की ओर से कराया गया है। मुख्यमंत्री ने अनावरण के बाद राजीव गांधी की प्रतिमा पर फूल-माला अर्पित की। इस दौरान राजीव गांधी अमर रहे नारे लगवाए। मुख्यमंत्री के आगमन पर कांग्रेस सेवा दल के सदस्यों ने उन्हें सूत का धागा पहनाकर स्वागत किया।
सार्वजनिक स्थान पर आरोपी ने किया फायर, पुलिस ने किया गिरफ्तार..
17 Jan, 2023 11:20 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर | छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक बार फिर गोली चली है। मामले में पुलिस ने 60 साल के शख्स को पकड़ा है। यह पूरा मामला थाना न्यू राजेंद्र नगर का है।पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति गोविंद सारंग परिसर के सामने सार्वजनिक जगह पर बंदूक से गोली चला रहा है | सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान कार में एक व्यक्ति मिला।पुलिस के पूछने पर उसने अपना नाम उमेश सिंह बताया।उसने अपनी 315 बोर राइफल से सार्वजनिक स्थान पर फायर करनी की बात कबूल की।पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
शॉर्ट सर्किट से दुकान में आग लगने से करोड़ों का सामान जलकर राख..
17 Jan, 2023 11:10 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भाटापारा | बलौदा बाजार जिले के भाटापारा पलारी में सोमवार की रात करीब 9:00 बजे पलारी थाना इलाके के अमेंरा गांव के साहू बोरवेल एवं पंप हाउस की दुकान में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। इस आग से पंप हाउस में करोड़ों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।दुकान में प्लास्टिक पाइप सबमर्सिबल पंप ऑयल एवं नदी फिटिंग का सामान जलकर राख हो गया।
बता दें कि अमेरा गांव के देवनाथ साहू की बलौदा बाजार रायपुर मुख्य मार्ग पर साहू पंप एवं बोरवेल के नाम से दुकान है। दुकान में शॉर्ट सर्किट की वजह से भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली की काबू पाने का मौका ही नहीं मिला।दमकल की चार गाड़ियों ने रात 12:00 बजे आग पर काबू पाया। दुकान संचालक के मुताबिक आग से लगभग सवा करोड़ रुपये का सामान जलकर राख हो गया। पलारी पुलिस घटना की जांच में जुटी है।
Murder : पुरानी रंजिश में दो युवकों के बीच हुआ विवाद,चाकूबाजी में दोनों की मौत..
17 Jan, 2023 10:20 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर | छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक बार फिर चाकूबाजी की घटना सामने आई है, जहां पुरानी रंजिश के चलते दो युवकों में विवाद हो गया। दोनों युवकों की मौत हो गई।जानकारी के अनुसार, मामला पंडरी थाना इलाके के दलदलसीवनी इलाके का है, एक मृत युवक का नाम गोकुल निषाद, तो दूसरे का जितेंद्र है, दूसरे युवक ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ा।पुलिस ने बताया कि मामला शराब पीने के दौरान हुए विवाद का है, जिसके बाद पुरानी रंजिश के चलते जमकर चाकूबाजी हुई। एक युवक ने मौके पर दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
INDvsNZ ODI 2023: मैच से पहले सुरक्षा का लिया गया जायजा..
17 Jan, 2023 10:10 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर । भारत का तीसरा बड़ा क्रिकेट स्टेडियम नवा रायपुर अंतराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम है। यहां पहली बार 21 जनवरी को इंटरनेशनल क्रिकेट मैच खेला जाएगा। भारत और न्यूजीलेंड के बीच होने वाले क्रिकेट मैच की तैयारी का जायजा लेने के लिए कलेक्टर डा. सर्वेश्वर भुरे ने एसएसपी प्रशांत अग्रवाल के साथ स्टेडियम की व्यवस्था और सुरक्षा का जायजा लिया।बता दें कि 19 जनवरी को भारतीय टीम रायरपुर पहुंच जाएगी और 20 जनवरी को अभ्यास करेंगी।
मैच की बढ़ती डिमांड को देखते हुए एक बार फिर मैच के लिए आनलाइन टिकट की बिक्री शुरू की जाएगी। मैच को लेकर 16 जनवरी को छतीसगढ़ क्रिकेट एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कलेक्टर और एसएसपी के साथ बैठक स्टेडियम में बैठक की।इस बैठक में सुरक्षा व्यवस्था से लेकर दर्शकों की सुविधाओं को लेकर चर्चा की गई। स्टेडियम की साफ-सफाई, कुर्सियों की मरम्मत से लेकर वालंटियर्स, सुरक्षा, मैच के दौरान सभी एंट्री गेटों पर अग्निशमन और मेडिकल स्टाफ के साथ एंबुलेंस की व्यवस्था रहेगी।
स्टेडियम के पार्किंग में दोपहिया वाहनों से लेकर चारपहिया वाहन रखने की सुविधा होगी। दोपहिया वाहनों के लिए केनल 10 रुपये और चारपहिया के लिए महज 30 रुपये खर्चे करने होंगे। अच्छी मोबाइल कनेक्टीविटी के लिए कलेक्टर ने जियो और एयरटेल कंपनियों के अस्थायी टावर की भी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है।
इसके अलावा आसपास बनाए जा रहे पार्किंग एरिया का भी निरक्षण किया जा रहा है। बायो टायलेट के साथ-साथ आपात चिकित्सा व्यवस्था भी सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए है।मैच की पूरी सुरक्षा का जिम्मा आइजी शेख आरिफ के पास है। सुरक्षा में एक डीआइजी, एक एआइजी, चार एसपी, 15 एएसपी, 28 डीएसपी, 60 टीआइ, 86 एसआइ और एएसआइ, 110 प्रधान आरक्षक और 130 आरक्षकों की तैनाती रहेगी।
Accident: पिकअप से टकराए बाइक सवार युवक,1 की मौत, 2 घायल..
16 Jan, 2023 02:05 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में शनिवार देर रात हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा तेज रफ्तार बाइक के पिकअप से टकराने के चलते हुआ है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक का पैर कटकर अलग हो गया। उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसा बस्तर थाना क्षेत्र में हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, बालेंगा निवासी वीरेंद्र अपने दो अन्य साथियों के साथ बाइक पर शनिवार रात जगदलपुर की ओर जा रहा था। अभी वह राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर पहुंचे थे कि सड़क किनारे अंधेरे में खड़ी सब्जी से भरे पिकअप से टकरा गए। हादसे में वीरेंद्र का पैर कटकर अलग हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और घायलों को डायल-112 से सभी को अस्पताल ले गई। वहां उपचार के दौरान वीरेंद्र ने दम तोड़ दिय।
थाना प्रभारी लीलाधर राठौर ने बताया कि पिकअप वाहन सब्जी भरकर सुकमा जाने के लिए खड़ा था। रात के अंधेरे में दिखाई नहीं दिया और बाइक सवार उससे भिड़ गए। अन्य दोनों युवकों को भी गंभीर चोटें आई हैं। घायलों को स्थानीय अस्पताल ले गए, लेकिन उनकी हालत गंभीर देख मेकॉज रेफर कर दिया गया। वीरेंद्र का कटा पैर भी बोरे में लेकर पहुंचे थे। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।