छत्तीसगढ़ (ऑर्काइव)
छत्तीसगढ़ : कुष्ठ रोग पीड़ित जिंदा पिता को गांव के बाहर पहुंचाया श्मशान...
24 Jan, 2023 12:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। मैनपुर के मदांगमुड़ा गांव में कुष्ठ रोग से ग्रस्त जिंदा पिता को श्मशान घाट पहुंचा दिया गया है। पीड़ित के बेटों ने श्मशान के मुहाने पर एक कच्ची झोपड़ी बना दी, उसी में बुजुर्ग रहता है। दो वक्त का भोजन घर से उसकी बुजुर्ग पत्नी पहुंचाती है। 12 दिनों से श्मशान घाट में रह रहे बीमार बुजुर्ग को अब मौत का इंतजार है।
दरअसल पांच साल से 65 वर्षीय गुंचु यादव कुष्ठ रोग से पीड़ित है। कुष्ठ उन्मूलन के लिए व्यापक कार्यक्रम चलने के बावजूद मरीज को सरकारी इलाज नसीब नहीं हुआ। मजदूर परिवार अपने हैसियत के मुताबिक उसका इलाज निजी अस्पतालों में करा कर थक चुका। पीड़ित के घर में रहने पर ग्रामीणों को भी एतराज था। ग्रामीणों की दलील थी कि यह रोग अन्य लोगों में फैल जाएगा। ताने और तंगी से लड़ते हुए थक चुके बेटों ने पिता को आखिरकार घर के बाहर रखने का फैसला लिया। कुष्ठ रोग को ग्रामीण और परिजन जिस नजरिए से देख रहे थे, उससे बेटों को आशंका हो गई कि मरने के बाद कंधा देने वाले भी नहीं आएंगे।
मजबूर बेटों ने सामाजिक श्मशान घाट के किनारे ही पिता का ठिकाना बना दिया। दिसंबर माह में स्वास्थ्य विभाग ने 20 दिनों तक कुष्ठ उन्मूलन और जागरूकता कार्यक्रम चलाया था, रोगी की पहचान के लिए सर्वे भी कराया था, लेकिन विभाग की नजर बुजुर्ग पर नही पड़ी।
भिलाई में जीएन केमिकल फैक्ट्री लगी भीषण आग, मची अफरातफरी...
24 Jan, 2023 11:48 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ के भिलाई में रविवार देर रात एक केमिकल फैक्ट्री में आग लग गई। फायरकर्मियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके चलते बड़ा हादसा टल गया। आशंका है कि अलाव से निकली चिंगारी स्क्रैप तक पहुंची और इससे आग लग गई। हादसा जामुल थाना क्षेत्र औद्योगिक नगर में हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, लाइट इंडस्ट्रीयल एरिया में जीएन केमिकल नामकी फैक्ट्री में रात करीब 2.30 बजे आग लग गई। इसकी जानकारी मिलने पर फैक्ट्री संचालकक अचल बसंल मौके पर पहुंच गए और फायरब्रिगेड को सूचना दी। इस पर एक टीम को भेजा गया। टीम पहुंची तो देखा कि फैक्ट्री की ओर आग फैल रही थी। इस पर उन्होंने पानी और फोम की मदद से समय रहते आग पर काबू पा लिया।
दमकल कर्मियों ने फैक्ट्री में रखे ऑल कंटेनर और लोहे के सामानों में लगी आग बुझाई। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में बाहर की ओर काफी मात्रा में स्क्रैप पड़ा हुआ है। इसमें लकड़ी सहित अन्य सामान भी था, जो आग की चपेट में आया। आशंका है कि ठंड से बचने के लिए कुछ लोग वहां अलाव ताप रहे थे। वह अलाव जलता हुआ छोड़कर चले गए होंगे। वहां से निकली चिंगारी से आग फैल गई। अभी नुकसान का आंकलन नहीं किया जा सका है।
भिलाई में हाईटेंशन तार की चपेट में आने से एक महिला की मौत, मां-बेटी की हालत गंभीर...
23 Jan, 2023 05:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसढ़ के भिलाई में करंट लगने से एक महिला की मौत हो गई। जबकि मां-बेटी झुलस गईं। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामला भिलाई-3 थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, उम्दा रोड निवासी कोमल जैन के मकान में साफ-सफाई का काम चल रहा था। उनके मकान के ऊपर से ही 11 केवी की हाईटेंशन लाइन गई हुई है। साफ-सफाई के लिए वह दो महिलाओं को लेकर आए थे। कोमल की पत्नी कुमुद जैन के साथ दोनों महिलाएं सामान को नीचे से ऊपर के फ्लोर पर पहुंचा रही थीं। इस दौरान कुमुद एक लोहे का पाइप लेकर ऊपर जा रही थीं, तभी तार की चपेट में आ गया।
इसके चलते कुमुद बुरी तरह से झुलस गईं। उनको बचाने के लिए कामिनी रामपुरिया और उसकी बेटी दिशा भी संपर्क में आ गए। हादसा होते देख तीनों को स्थानीय प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने कुमुद को मृत घोषित कर दिया। वहीं कामिनी रामपुरिया और उसकी बेटी दिशा का इलाज जारी है। फिलहाल इस मामले में पुलिस ने जांच शुरू में जुट गई है।
नेता प्रतिपक्ष के बेटे पलाश चंदेल की गिरफ्तारी के पुलिस ने मारा छापा, युवती से दुष्कर्म का है आरोप...
23 Jan, 2023 04:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ के नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल के बेटे पलाश चंदेल की पुलिस को तलाश है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने रविवार रात जांजगीर-चांपा स्थित आवास और अन्य स्थानों पर छापा मारा। करीब ढाई घंटे चले सर्च ऑपरेशन के बाद भी पुलिस खाली हाथ लौट गई। पलाश चंदेल पर आदिवासी युवती से दुष्कर्म करने और गर्भपात कराने का आरोप है।
जानकारी के मुताबिक, रायपुर पुलिस के केस डायरी जांजगीर पुलिस को सौंपे जाने के बाद एसपी ने स्पेशल टीम का गठन कर दिया। इस टीम ने रविवार रात पलाश की गिरफ्तारी के लिए उसके घर पर छापा मारा। इसके साथ ही राइस मिल और आसपास के अन्य ठिकानों पर भी कार्रवाई की गई। हालांकि पलाश पुलिस के हाथ नहीं लगा। पुलिस वहां मकान में लगे सीसीटीवी फुटेज और रिश्तेदारों के यहां भी तलाश कर रही है।
युवती ने करीब चार दिन पहले 19 जनवरी को रायपुर में एफआईआर दर्ज कराई थी। इसके बाद रायपुर पुलिस ने केस डायरी जांजगीर भेज दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी एसपी विजय अग्रवाल ने एसडीओपी चंद्रशेखर परमा के नेतृत्व में एक स्पेशल जांच टीम का गठन किया है। इसने साइबर एक्सपर्ट और एफएसएल टीम के साथ शनिवार को भी घटना स्थल का निरीक्षण किया और सबूत एकत्र किए थे।
नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल के बेटे पलाश चंदेल पर एक आदिवासी युवती ने दुष्कर्म का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि जांजगीर-चांपा के नैला निवासी पलाश चंदेल ने उससे दुष्कर्म किया। जब वह गर्भवती हो गई तो गर्भपात करा दिया। महिला सरकारी नौकरी में है और फेसबुक के जरिए उसकी पहचान पलाश से हुई थी। युवती भी जांजगीर की रहने वाली है। युवती ने अनुसूचित जाति आयोग में भी शिकायत की है।
अंबिकापुर में जंगली हाथी ने युवक को कुचलकर मार डाला, दोस्त ने भागकर बचाई जान...
23 Jan, 2023 12:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर शहर में जंगली हाथी ने शनिवार रात एक युवक को कुचलकर मार डाला। सुबह युवक का शव गाड़ाघाट बांसबाड़ी के पास पड़ा हुआ मिला। सूचना पर वनविभाग के अधिकारी एवं पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जंगली हाथी पिछले तीन दिनों से शहर के पास डेरा जमाए हुए है। अभी भी गाड़ाघाट के आगे लालमाटी के जंगल में मौजूद है।
जानकारी के मुताबिक, गाड़ाघाट निवासी प्रकाश केरकेट्टा (32) पुत्र रामलाल शनिवार रात अपने एक दोस्त के साथ बाइक पर ससुराल कोरबा के मोरगा जाने के लिए निकला था। दोनों रास्ते में ही गाड़ाघाट स्थित दुकान से शराब खरीदने के बार पीने के लिए बांसबाड़ी के पास चले गए। वहां दोनों ने शराब पी। इस बीच जंगली हाथी पहुंच गया। नशे प्रकाश केरकेट्टा भाग नहीं पाया और उसे हाथी ने कुचल दिया। घटना की जानकारी अगले दिन रविवार सुबह वन विभाग को मिली।
प्रकाश केरकेट्टा के साथ निकले युवक ने बताया कि दोनों ने रात को बांसबाड़ी में शराब पी थी। इस दौरान हाथी पहुंच गया तो दोनों भागने लगे। हाथी ने उन्हें दौड़ाया और एक गड्ढे में हाथी गिर गया था। इसका फायदा उठाकर वह भाग निकला, लेकिन प्रकाश ज्यादा नशे की हालत में होने के कारण नहीं भाग पाया और उसे हाथी ने कुचल दिया। डीएफओ पंकज कमल ने शव को देखकर हाथी द्वारा कुचलने की पुष्टि की है। शव को पीएम के लिए भेज दिया गया है।
कोरबा में मेंटेनेंस ट्रॉली-मेमू ट्रेन की भीषण टक्कर, कर्मचारियों ने कूदकर बचाई जान...
23 Jan, 2023 11:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ के कोरबा में शनिवार दोपहर चांपा की ओर जा रही लोकल मेमू ट्रेन के सामने अचानक से मेंटेनेंस ट्रॉली लिए कर्मचारी आ गए। ट्रेन के चालक ने देखा तो ब्रेक लगाया, लेकिन तब तक मेंटेनेंस ट्रॉली से उसकी टक्कर हो गई। इस बीच ट्रेन को सामने से आता देखकर कर्मचारियों ने ट्रॉली से कूदकर अपनी जान बचाई। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद ट्रेन को फिर से रवाना किया गया है। फिलहाल जांच के निर्देश दिए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, कोरबा रेलवे स्टेशन से दोपहर 1.30 बजे मेमू लोकल (ट्रेन नं. 08733) स्पेशल बिलासपुर के लिए रवाना हुई। बताया जा रहा है कि ट्रेन बालपुर-चांपा के बीच सिवनी के पास किलोमीटर नंबर 667 पर दोपहर करीब ढाई से तीन बजे के बीच पहुंची थी। इसी दौरान ट्रेन के सामने अचानक मेंटेनेंस ट्रॉली आ गई। यह देखकर मेंटेनेंस ट्रॉली पर सवार कर्मचारी कूद गए और अपनी जान बचाई। वहीं चालक ने भी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन टक्कर हो गई।
हालांकि घटना में कोई चोटिल नहीं हुआ है। ट्रेन के इंजन के पहियों में खराबी आ गई। उसे सुधार के बाद ट्रेन को आगे रवाना किया गया है। वहीं इस घटना के बाद कोरबा और बालपुर स्टेशन के अफसरों ने जानकारी से इनकार कर दिया। देर रात इस संबंध में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर के सीनियर डीसीएम विकास कश्यप की ओर से बताया गया कि हादसे में कोई नुकसान नहीं हुआ है। घटना को लेकर संरक्षा विभाग को जांच करने के निर्देश दे दिए गए हैं।
रायपुर : वरिष्ठ कांग्रेस नेता, भाटापारा के पूर्व विधायक राधेश्याम शर्मा का निधन...
23 Jan, 2023 11:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ : वरिष्ठ कांग्रेस नेता, भाटापारा के पूर्व विधायक राधेश्याम शर्मा का सोमवार सुबह निधन हो गया। राधेश्याम शर्मा सन् 1993 से 1998 में कांग्रेस से विधायक रहे। पूर्व विधायक की अंतिम यात्रा दोपहर तीन बजे समता कॉलोनी रायपुर से मारवाड़ी श्मशान घाट तक निकलेगी।
उनके निधन पर सीएम भूपेश बघेल, समेत सभी मंत्रियों पीसीसी अध्यक्ष मोहन मरकाम ने शोक प्रकट करते हुए विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की है।
राजनांदगांव में दिनदहाड़े पिस्टल दिखाकर सिविल इंजीनियर के घर लूट, सीसीटीवी में कैद हुए बदमाश..
23 Jan, 2023 10:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में बदमाशों ने शनिवार को एक सिविल इंजीनियर के घर में लूट की। बदमाश घर का ताला तोड़कर अंदर घुसे हुए थे। इसके बाद 50 हजार रुपये लूटकर भाग निकले। भागते हुए बदमाश सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए। मामला लालबाग थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, शहर से करीब सात किमी दूर नेशनल हाईवे-53 पर गार्डन सिटी कॉलोनी है। इस कॉलोनी में सिविल इंजीनयर पंकज साहू रहते हैं। वह शनिवार को किसी काम से बाहर गए हुए थे और घर में ताला लगा हुआ था। वह दोपहर करीब दो बजे लौटे तो देखा कि घर का दरवाजा खुला हुआ है और एक युवक बाइक लेकर बाहर खड़ा था। पंकज ने उससे खड़े होने का कारण पूछा तो बोला कि घूमने के लिए आया हूं।
इसके बाद पंकज घर के अंदर जैसे ही घुसा उसने पीछे से आकर पिस्टल तान दी और अपने साथी के साथ मिलकर बाथरूम में बंद कर दिया। इसके बाद अलमारी में रखे 50 हजार रुपये लेकर भाग निकले। पंकज किसी तरह से बाथरूम का दरवाजा तोड़कर बाहर निकला और परिजनों के साथ ही पुलिस को भी जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची, लेकिन बदमाश भाग चुके थे। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को चेक करने पर उसमें बाइक सवार बदमाश भागते हुए दिखाई दिए हैं। वहीं पुलिस सीसीटीवी फुटेज से बदमाशों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
छत्तीसगढ़ : तेंदुआ ने किया बकरी का शिकार, बकरी चरा रहे किसान ने भागकर बचाई जान...
22 Jan, 2023 05:01 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) जिले मेंतेंदुए ने एक बकरा और बकरी का शिकार किया है। खास बात यह है कि तेंदुआ दोनों जानवरों को चरवाहों के सामने से ही खींच कर ले गया। इसके बाद से ग्रामीणों ने दहशत है। वहीं वन विभाग ने ग्रामीणों को जंगल की ओर जाने से मना किया है।
जानकारी के मुताबिक, चरवाहे अपने मवेशियों को मनेंद्रगढ़ वन मंडल के जनकपुर क्षेत्र में गए थे। वहां ग्राम बरछा और मेहदौली के लगे जंगल में पशुओं को चरा रहे थे, तभी तेंदुए ने हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि जिस समय तेंदुए ने जानवरों पर हमला किया, तब चरवाहे महज 10 मीटर की दूरी पर थे। तेंदुआ बकरे-बकरी को खींच कर ले गया और मार दिया।
चार दिन पहले पकड़ी गई थी मादा तेंदुआ
वन विभाग की टीम ने चार दिन पहले एक मादा तेंदुआ को पकड़ा था। मादा तेंदुआ मुर्गा खाने के चक्कर में पिंजरे में घुसी और कैद हो गई। सात दिनों से टीम ने तेंदुए को पकड़ने की कोशिश में लगी थी। इससे पहले तेंदुआ तीन लोगों को मार चुका था। हालांकि पकड़ा गया तेंदुआ ही आदमखोर है, यह स्पष्ट नहीं हो सका। टीम को नर तेंदुए और उसके शावक की भी तलाश है।
कोरबा में बारातियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलटी, एक की मौत, छह घायल...
22 Jan, 2023 04:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ के कोरबा में शनिवार देर रात बारातियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। इनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। हादसा हरदीबाजार थाना क्षेत्र में हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, सीपत क्षेत्र के नवागांव से बाराती मुरली गांव आए थे। देर रात सभी बाराती ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर लौट रहे थे। अभी वे गांव से निकले ही थे कि तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला गया। सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस भी पहुंच गई।
इसके बाद सभी घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने विद्यानंद (45) को मृत घोषित कर दिया। जबकि गुलाब सिंह, गणपत सिंह, हरीश कुमार, शिव कुमार, सियाराम और बंसराम घायल हो गए। इनमें से तीन की हालत गंभीर होने पर बिलासपुर रेफर कर दिया गया है। थाना प्रभारी मयंक मिश्रा ने बताया कि पंचनामा कार्रवाई कर शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। परिजनों को सूचना दे दी गई है।
बीजापुर में स्वास्थ्य विभाग के 16 कर्मचारियों की की नियुक्ति निरस्त...
22 Jan, 2023 04:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ के बीजापुर में स्वास्थ्य विभाग के 16 कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं। इनमें स्वास्थ्य संयोजक से लेकर आया तक शामिल हैं। आरोप है कि पूर्व CMHO सुनील भारती ने भर्ती में गड़बड़ी की थी। उन्होंने स्वीकृत पदों से ज्यादा नियुक्तियां कर दी थीं। इसकी जांच के बाद जिला प्रशासन ने एक्शन लिया है।
पूर्व सीएमएचओ सुनील भारती ने ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजिका, फार्मासिस्ट ग्रेड -02, लैब असिस्टेंट, वार्ड ब्याय, वार्ड आया सहित अलग-अलग पदों पर भर्तियां की थीं। इसके बाद इन भर्तियों पर सवाल उठने लगे थे। मामले की शिकायत बस्तर कमिश्नर और कलेक्टर से की गई। इस पर कलेक्टर राजेंद्र कुमार कटारा जांच टीम का गठन कर दिया।
प्रभारी सीएमएचओ अजय रामटेके ने बताया की जांव में शिकायत सही मिली। शासन की ओर से स्वीकृत पदों से ज्यादा अभ्यर्थियों की नियुक्तियां कर दी गईं। उनकी नियुक्तियों को प्रशासन ने निरस्त कर दिया। इसमें ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजिका, लैब असिस्टेंट, फार्मासिस्ट ग्रेड- 2, चौकीदार, धोबी, आया, वार्ड बॉय, मेस सर्वेट शामिल हैं।
आपसी विवाद में पड़ोसी ने घर में घुसकर किया मां-बेटी पर टंगिया से हमला, युवती की हालत गंभीर...
22 Jan, 2023 01:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में शनिवार देर शाम एक महिला की उसके ही पड़ोसी ने हत्या कर दी। आरोपी ने घर में घुसकर महिला और उसकी बेटी पर टंगिया से वार कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। मामला सकरी थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम पेंडारी निवासी मंगलू राम कुर्रे ऑटो चलाता है। उसके पड़ोसी जमुना आनंद के परिवार से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा है। शनिवार को मंगलूराम रोज की तरह ऑटो चलाने गया था। शाम करीब 6 बजे मंगलू की बेटी सुचित्रा कॉलेज से घर लौटी तो जमुना अनंत के परिवार के लोग किसी बात पर उसकी पत्नी शैलबाई कुर्रे से विवाद और गाली-गलौज कर रहे थे। इस पर दोनों घर के अंदर चले गए।
आरोप है कि तभी जमुना अनंत टंगिया लेकर मंगलूराम के घर में घुस गया। उसने शैलबाई और उसकी बेटी सुचित्रा पर हमला कर दिया। फिर वहां से भाग निकला। आसपास के लोगों ने देखा तो किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। थोड़ी देर में डायल-112 की टीम पहुंची और दोनों को सिम्स लेकर गए। वहां डॉक्टरों ने शैलबाई को मृत घोषित कर दिया। जबकि उसकी बेटी का उपचार जारी है। पुलिस आरोपी को पकड़कर उससे पूछताछ कर रही है।
बिलासपुर में पेड़ से टकराकर कार में लगी भीषण आग, तीन लोग जिंदा जले...
22 Jan, 2023 12:25 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में रतनपुर थाना इलाके के पोड़ी पेट्रोल टंकी के पास बड़ा सड़क हादसा हुआ है। यहां एक कार पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार में आग लग गई। आग लगने से कार में सवार तीन लोगों की जलकर मौत हो गई। शनिवार देर रात 1:00 बजे यह घटना हुई।
राहगीरों की सूचना पर रतनपुर पुलिस घटनास्थल पहुंची। बताया जा रहा है कि कार में इतनी जबरदस्त आग थी कि कार सवार लोगों को बचाया नहीं जा सका। फिलहाल कार में सवार लोग कहां के हैं, इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है। पुलिस जानकारी जुटा रही है।
रायपुर : किचन सामग्री की दुकान में लगी भीषण आग, 2 लाख का सामान जलकर खाक...
22 Jan, 2023 11:32 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के फूल चौक में भीषण आग लगने से एक किचन सामग्री की दुकान जलकर पूरी तरह से खाक हो गई। घटना रविवार सुबह 6 बजे के आस-पास की है। घटना में दो गाड़ी भी जलकर पूरी तरह से राख हो गई है। सूचना पर फायर ब्रिगेड की दो गाडियां मौके पर पहुंची। वहीं एक कार के भी जलने की बात कही जा रही है। आग लगने से घर में कुछ लोग फंसे हुए हैं, जिन्हें बाहर निकालने की कोशिश की जा रही है। राहत की बात ये है कि किसी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि दमकल टीम को बिजली के तारों की वजह से आग बुझाने में काफी परेशानी का सामना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि हादसे के बाद बिजली विभाग से संपर्क किया गया था, लेकिन वहां से कोई भी जिम्मेदार कर्मचारी-अधिकारी घटना के एक घंटे बाद भी मौके पर नहीं पहुंचा। लोगों ने शार्टसर्किट की वजह से आग लगने की आशंका जताई है।
ट्रक और पिकअप ने दो बाइक सवारों को मारी टक्कर, 5 की मौत
21 Jan, 2023 05:58 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ के कोरिया में शुक्रवार रात हुए अलग-अलग हुए दो सड़क हादसों में पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एलआईसी के एक अफसर भी शामिल हैं। पहला हादसा ट्रक के बाइक दो लोगों और दूसरा पिकअप के स्कूटी सवार तीन युवकों को मारने से हुआ है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने सभी के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं ट्रक और पिकअप को पुलिस ने जब्त कर लिया है। दोनों ही हादसे चरचा थाना क्षेत्र में हुए हैं।
फूलपुर के जूनापारा में अंबिकापुर-कटनी नेशनल हाईवे-43 पर रात करीब 8.15 बजे पिकअप ने बाइक को टक्कर कार दी। टक्कर लगते ही बाइक सवार दोनों लोग सड़क पर जा गिरे और उनकी मौत हो गई। मृतकों की पहचान बैकुंठपुर स्थित एलआईसी दफ्तर में पदस्थ अमित कुजूर और वहीं के चपरासी विशेष सिंह के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तीन की मौत हुई है। हालांकि पुलिस उसके बारे में कुछ बता नहीं पा रही है।
वहीं दूसरा हादसा भी हाईवे-43 पर सरडी चौक के पास देर रात हुआ। इसमें एक ट्रक ने स्कूटी सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में बैकुंठपुर निवासी चंद्रसेन यादव व दीपक पाल और रायगढ़ निवासी संजीव नायक की मौत हो गई। तीनों युवकों की उम्र 22 से 23 साल बताई जा रही ही है। तीनों युवकों का शव हादसे के बाद देर रात तक सड़क पर ही पड़ा रहा। इसके बाद पुलिस पहुंची और तीनों के शवों को भी पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
हादसे को लेकर अभी ज्यादा जानकारी नहीं आ सकी है। पुलिस ने सभी के परिजनों को सूचित कर दिया है। बताया जा रहा है कि दोनों हादसे इतने जबरदस्त थे कि बाइक और स्कूटी के परखच्चे उड़ गए। उनके पुर्जे और पहिये सड़क पर दूर तक जाकर गिरे। वहीं सड़क पर खून ही खून बिखरा हुआ था। हादसे में पिकअप चालक भी घायल हुआ है। युवकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ऐसे में पुलिस भी पूछताछ नहीं कर पा रही है।