उत्तर प्रदेश (ऑर्काइव)
झारखंड बोर्ड का बड़ा फैसला, इन जगहों को नहीं बनाए जाएंगा, 10वीं-12वीं की परीक्षा के सेंटर
22 Nov, 2023 04:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) की ओर से मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा को लेकर बड़ी घोषणा हुई है। जैक बोर्ड की ओर से इस बार एक भी डिग्री कॉलेज को परीक्षा केंद्र नहीं बनाने का फैसला किया है। जैक की ओर से परीक्षा केंद्रों के लिए वीक्षकों की सूची भी तैयार की जा रही है। साथ ही बोर्ड परीक्षा का मॉडल प्रश्न पत्र दिसंबर तक जैक की वेबसाइट पर जारी कर दिया जाएगा। झारखंड काउंसिल ऑफ एजुकेशनल रिसर्च एंड ट्रेनिंग (जेसीईआरटी) ने मॉडल पेपर तैयार कर लिया है। इसे जैक को सौंप दिया गया है।
फॉर्म भरने की तिथि की घोषणा
मैट्रिक व इंटरमीडिएट परीक्षा 2024 के लिए पहले ही फॉर्म भरने की तिथि की घोषणा की जा चुकी है। आवेदन 16 नवंबर से दो दिसंबर तक भरा जाएगा। जैक ने परीक्षा की तिथि की भी घोषणा कर दी है, जो छह से 26 फरवरी तक चलेगी। परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली में मैट्रिक व दूसरी पाली में इंटरमीडिएट की परीक्षा ली जाएगी। जैक द्वारा आयोजित दसवीं बोर्ड की परीक्षा को लेकर ऑनलाइन निबंधन शुरू हो गया है। परीक्षा अगले साल फरवरी में होनी है।
आवेदन भरने की अंतिम तिथि दो दिसंबर तक
जैक ने इस संबंध में अधिसूचना जारी करते हुए बताया है कि आवेदन भरने की अंतिम तिथि दो दिसंबर तक है। परीक्षा शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि छह दिसंबर है। छात्र चालान के माध्यम से इसे जमा कर सकते हैं। बिलंब शुल्क के साथ परीक्षा फार्म भरने की तिथि तीन दिसंबर से नौ दिसंबर तक है। बैंक चालान से शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 12 दिसंबर निर्धारित है।
यूपी में 1600 मेगावॉट की नई विद्युत परियोजना स्थापित करेगी योगी सरकार
22 Nov, 2023 03:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ । प्रदेश में विद्युत उत्पादन बढ़ाने के लिए योगी सरकार 1600 मेगावॉट की नई उत्पादन इकाई ‘अनपरा-ई’ का निर्माण करेगी। उत्तर प्रदेश राज्य उत्पादन निगम ने सोमवार को निगम की बोर्ड मीटिंग में इस प्रस्ताव को अनुमोदित कर दिया है। इसकी स्वीकृति हेतु प्रस्ताव जल्द ही शासन को भेजा जाएगा।
उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन एवं राज्य विद्युत उत्पादन निगम के अध्यक्ष डॉ आशीष गोयल ने बताया कि इन इकाईयों के निर्माण में लगभग 18624 करोड़ रुपए का व्यय अनुमानित है। इसे एनटीपीसी एवं उत्पादन निगम लि. के संयुक्त उपक्रम मेजा उत्पादन निगम लि. के अन्तर्गत स्थापित किया जाएगा। अभी तक अनपरा में अनपरा-अ, अनपरा-ब, अनपरा-द की कुल 2630 मेगावॉट की इकाइयां उत्पादन निगम की हैं तथा अनपरा-स 1200 मेगावाट की परियोजना है। अध्यक्ष ने उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उत्पादन निगम की समीक्षा बैठक की जिसमें उन्होंने उत्पादन निगम लि. की नई तापीय परियोजनाओं ओबरा ‘सी’ (2गुणा660 मेगावाट) एवं जवाहरपुर (2गुणा660 मेगावाट) की प्रथम इकाईयों में चल रहे कोल फायरिंग ट्रायल को सम्पन्न कराते हुए इन इकाईयों से नियमित रूप से जल्द विद्युत उत्पादन प्रारम्भ करने के निर्देश दिए।
डा. गोयल ने उत्तर निगम लि. की नई तापीय परियोजना पनकी (1गुणा660 मेगावाट) की इकाई के 18 नवंबर को सम्पन्न हुये ब्वायलर लाइटअप के उपरान्त इकाई से आगामी ग्रीष्म काल तक विद्युत उत्पादन प्रारम्भ करने के निर्देश दिए। साथ ही आगामी ग्रीष्म काल में प्रदेश की जनता को अबाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित किए जाने के लिए निगम के अनपरा, पारीछा एवं ओबरा तापीय परियोजनाओं पर इकाईयों की चल रही एवं आगामी ओवरहॉलिंग को शेड्यूल के अनुसार माह जनवरी-24 तक पूर्ण किए जाने के निर्देश दिए। अनपरा की बन्द चल रही इकाई सं.-04 (500 मेगावाट) में एलपी टरबाइन की समस्या को दूर करते हुए इसे अति शीघ्र भार पर लाएं। निगम की इकाईयों को लम्बी अवधि में बन्द होने से बचाने के लिए क्रिटीकल-इंश्योरेंस स्पेयर्स क्रय करें। उत्पादन निगम लि. के ताप विद्युत गृहों द्वारा उत्सर्जित राख को भारत सरकार पर्यावरण मंत्रालय के नियमों की अनुरूपता में उपयोग करने हेतु आवश्यक कार्यवाही की जाए।
साथ ही उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि निगम में नई भर्तियों के अन्तर्गत नए 43 लेखा लिपिक, 04 मुख्य रसायनज्ञ, 04 अपर निजी सचिव, 08 सहायक समीक्षा अधिकारियों एवं 30 कम्प्यूटर सहायकों को निर्गत किए गए नियुक्त पत्रों के सापेक्ष इन्हें निगम में ज्वाइन कराने के लिए आवश्यक कार्यवाही शीघ्र सम्पन्न हो। निगम में नए 123 सहायक अभियंताओं को नियुक्ति पत्र शीघ्र निर्गत करने के निर्देश दिए गए। निगम में चल रही अन्य नयी भर्तियों को ससमय सम्पन्न कराते हुए नियुक्ति की कार्यवाही यथाशीघ्र सम्पन्न कराई जाए। उत्पादन निगम लि. की आगामी नई तापीय परियोजनाओं ओबरा ‘सी’ (2गुणा660 मेगावाट) एवं जवाहरपुर (2गुणा660 मेगावाट) एवं पनकी (1गुणा660 मेगावाट) के परिचालन एवं अनुरक्षण हेतु सभी आवश्यक अनुबन्धों को शीघ्र निर्गत कराएं।
परिवार की हर बच्ची का मिलेगा, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना
22 Nov, 2023 03:19 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
विश्व बाल दिवस के अवसर पर मंगलवार को यूनिसेफ, झारखंड के बाल पत्रकारों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर संवाद किया। बच्चों ने मुख्यमंत्री से अपने शैक्षणिक अनुभवों और गतिविधियों को साझा किया तथा इस क्रम में कई सवाल भी किए।
एक परिवार से दो बच्चियों को लाभ देने की बाध्यता खत्म
मुख्यमंत्री ने बच्चों को विश्व बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बच्चों से मिलकर उन्हें काफी अच्छा लगता है। उनसे काफी कुछ जानने, समझने और सीखने का मौका मिलता है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना में एक परिवार से दो बच्चियों को सिर्फ लाभ देने की बाध्यता खत्म होगी।
योजना से परिवार की सभी बच्चियों को जोड़ा जाएगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चियों के सशक्तीकरण और उनको पढ़ाई से जोड़े रखने के लिए सरकार ने सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना शुरू की है। इस योजना का लाभ ज्यादा से ज्यादा बच्चियों को मिले इसलिए इसमें एक ही परिवार से अधिकतम दो बच्चियों को लाभ देने की बाध्यता खत्म की जाएगी। इस योजना से एक ही परिवार में सभी बच्चियों को जोड़ा जाएगा।
पढ़ने-लिखने से बढ़ेगा सोच का दायरा: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने बाल पत्रकारों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि परिस्थितियां चाहे जैसी भी हो, पढ़ाई से नाता नहीं तोड़ें। कहा, अगर पढ़े-लिखे होंगे तो उचित-अनुचित का अंतर समझ सकेंगे। आपकी सोच का दायरा बढ़ेगा और उचित निर्णय ले सकेंगे।
मौके पर ये भी रहे उपस्थित
मुख्यमंत्री से संवाद करने के लिए रांची जिले के विभिन्न प्रखंडों के छह सरकारी विद्यालयों के 20 बाल पत्रकार आए थे। मौके पर बच्चों ने अपने द्वारा बनाई गई ग्रीटिंग कार्ड भी मुख्यमंत्री को सप्रेम भेंट की। मौके पर सीएम के प्रधान सचिव वंदना दादेल, मुख्यमंत्री के सचिव विनय चौबे, मुख्यमंत्री के वरीय आप्त सचिव सुनील कुमार श्रीवास्तव, यूनिसेफ झारखंड की प्रमुख डा. कनीनिका मित्रा आदि थे।
अब ‘डिजिटली’ होंगे परिवहन निगम के सभी अनुबंध, समय व संसाधनों की होगी बचत
22 Nov, 2023 02:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ । राज्य की योगी सरकार प्रदेश में डिजिटलाइजेशन पर लगातार जोर दे रही है। प्रदेश के ज्यादात्तर विभागों की कार्यप्रणाली को डिजिटल कर दिया गया है। ऐसे मेें, अब योगी सरकार ने उत्तर प्रदेश परिवहन निगम द्वारा सभी अनुबंधों को डिजिटल माध्यम से निष्पादित करने का फैसला किया है। इस उद्देश्य से परिवहन निगम ने आईओयूएक्स फर्म के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर किए हैं। मालूम हो कि अभी तक निगम द्वारा अनुबन्धों को भौतिक रूप से डॉक्यूमेंट्स तैयार करके पूर्ण किया जाता रहा है जिससे जटिल पेपरवर्क के कारण समय और रेवन्यू का नुकसान होता था। साथ ही, एकरूपता का भी अभाव रहता था। इसी विषमता को दूर करने व आधुनिक कार्यप्रणाली को अंगिकार करने के उद्देश्य से विभाग में डिजिटलाइजेशन की प्रक्रिया को बढ़ावा दिया जा रहा है।
उत्तर प्रदेश परिवहन निगम में अनुबन्धों के डिजिटल होने से इनकी समयबद्ध मॉनिटरिंग होगी। इससे निगम को होने वाले सभी प्रकार के नुकसान से बचाया जा सकता है। इस प्रक्रिया से सप्लायर्स द्वारा दी गई बैंक गारंटी, डॉक्यूमेंट्स की समाप्ति तिथि की चेकिंग, ड्राइवरों के ड्राइविंग लाइसेंस, कंडक्टर्स एवं अन्य कर्मचारियों के अन्य संबंधित डॉक्यूमेंट्स की एक्सपाइरी डेट की मॉनीटरिंग काफी आसान हो जाएगी। अभी तक इसके अभाव में निगम को काफी परेशानी होती थी। नये एमओयू से निगम को अपने सभी काम करने में आसानी होगी। साथ ही ड्राइवर, कंडक्टर एवं अन्य कर्मचारियों को कांट्रेक्ट आधार पर नियुक्ति, विभिन्न ढाबा, कैन्टीन, रेस्टोरेंट्स, बस स्टेशन पर स्थित दुकानें के अनुबंध, निगम में विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के साथ होने वाले अनुबन्ध, बसों एवं स्टाफ कार इत्यादि के अनुबन्ध के सभी लीगल एवं कामर्शियल कॉन्ट्रैक्ट्स को डिजिटल किया जाएगा। इससे न केवल पेपरवर्क में कमी आएगी बल्कि निगम के खर्च और समय की भी बचत होगी।
जंगल में चचेरी बहनों संग दो युवकों ने किया दुष्कर्म 'चिल्लाओ मत नहीं तो जान ले लेंगे'...
22 Nov, 2023 02:03 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पत्ता लाने जंगल गई दो चचेरी बहनों के साथ जान मारने की धमकी देकर दो युवकों ने दुष्कर्म किया, जबकि एक अन्य युवक ने पूरे घटना का वीडियो बना लिया। दोनों पीड़िता तिसरी के एक गांव की हैं। पीड़िता 13 और 17 साल की हैं। इसे लेकर किशोरियों के स्वजन ने मंगलवार को तिसरी थाने में शिकायत अंकित कराई है।
दो युवकों ने दो चचेरी बहनों संग किया दुष्कर्म
आवेदन में पीड़िता के माता-पिता ने कहा है कि सोमवार की दोपहर दोनों बहनें गांव के समीप जंगल में बकरी के लिए पत्ता लाने गई हुई थी। इस बीच गांव के ही 22 वर्षीय सचिन यादव, 20 वर्षीय अरुण यादव और 20 वर्षीय उदय यादव वहां आ धमका तथा किशोरियों को जान से मारने का भय दिखाकर सचिन यादव ने 13 वर्ष की किशोरी और अरुण यादव ने 17 वर्ष की किशोरी के साथ दुष्कर्म किया।
तीसरे ने बनाया वीडियो और किया वायरल
इस दौरान उदय यादव ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया। इसके बाद उसने कुछ वीडियो प्रसारित भी कर दी। थाना प्रभाारी प्रदीप कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
जमशेदपुर में एनएच 33 पर सड़क हादसे में किसान की मौत, टायर जलाकर किया प्रदर्शन
22 Nov, 2023 02:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जमशेदपुर के मानगो से घाटशिला की ओर जाने वाली एनएच 33 पर भिलाई पहाड़ी के पास ट्रेलर की चपेट में आने से किसान चरण बेसरा की मौत हो गई।
राजमार्ग पर घंटों बाधित रहा यातायात
घटना के बाद ग्रामीणों ने मुआवजा की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। जगह-जगह टायर जलाकर प्रदर्शन किया। जिससे एनएच पर लंबा जाम लग गया। एनएच 33 के दोनों तरफ घंटों आवागमन बाधित रहा।
उचित मुआवजे की मांग को लेकर अड़े ग्रामीण
घटना की जानकारी पर एमजीएम थाना की पुलिस मौके पर पहुची। ग्रामीणों से वार्ता किया, लेकिन उचित मुआवजा बिना ग्रामीणों ने जाम हटाने से इंकार कर दिया। शव उठाने से भी इंकार कर दिया। समाचार लिखे जाने तक वार्ता जारी है।
झारखंड विधानसभा का आज स्थापना दिवस, रामचन्द्र सिंह उत्कृष्ट विधायक सम्मान से सम्मानित होंगे
22 Nov, 2023 01:36 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
झारखंड विधानसभा का 23वां स्थापना दिवस बुधवार को मनाया जाएगा। स्थापना दिवस समारोह का उद्घाटन राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन करेंगे। इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन उपस्थित रहेंगे। समारोह के दौरान मनिका के कांग्रेस विधायक रामचन्द्र सिंह को भगवान बिरसा मुंडा उत्कृष्ट विधायक पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा देश की सीमा की रक्षा में शहीद जवानों और उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया जाएगा।
समारोह की शुरुआत विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो स्वागत भाषण से करेंगे। विधानसभा के चयनित छह उत्कृष्ट पदाधिकारी, कर्मचारी को स्वर्गीय कपिलेश्वर प्रसाद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। इनमें झारखंड विधानसभा के संयुक्त सचिव मिथिलेश कुमार मिश्रा, अवर सचिव विष्णु पासवान, प्रशाखा पदाधिकारी नीलेश कुमार सिंह व नियाज अहमद, वरीय सचिवालय सहायक तापस कुमार यादव और अनुसेवक माइकल लकड़ा शामिल हैं।
कल सुरों की महफिल सजाएंगे कलाकार
विधानसभा स्थापना दिवस समारोह का समापन गुरुवार को सांस्कृतिक कार्यक्रम से होगा। इस अवसर पर झारखंड के लोकगीतों की प्रस्तुति होगी। इसके अलावा पार्श्व गायक जावेद अली, हास्य कलाकार रविंद्र जानी, गजल गायक कुमार सत्यम सांस्कृतिक संध्या को यादगार बनाएंगे।
अपने साथ अस्तित्व में आए राज्यों से आगे बढ़ेगा झारखंड : विधानसभा अध्यक्ष
झारखंड विधानसभा के 23 वर्षों के कार्यकाल पर विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो ने कहा कि अब समय आ गया है कि झारखंड अपने साथ अस्तित्व में आए राज्यों से भी विकास के मामले में आगे बढ़े। राज्य में विकास की गति तेज हुई है। इसमें और तेजी आएगी। विधानसभा की कार्यवाही भी गरिमामयी तरीके से चल रही है। ऐसा भी होता है कि कई बार विधायक आक्रामक होकर विधायी व्यवहार से थोड़ा अलग हो जाते हैं, लेकिन कुल मिलाकर देखा जाए तो झारखंड विधानसभा सही तरीके से चल रहा है। दल-बदल से संबंधित मामलों पर उन्होंने कहा कि इसके समाधान करने के लिए वह सदैव तत्पर हैं।
प्रोटेम स्पीकर ने 20 नवंबर 2000 को ली थी शपथ
झारखंड विधानसभा का स्थापना दिवस 22 नवंबर को मनाने की परंपरा है। वर्ष 2000 में इसी दिन प्रथम विधानसभा अध्यक्ष इंदर सिंह नामधारी ने शपथ ग्रहण किया था और विधानसभा के पहले सत्र की शुरुआत हुई थी। झारखंड विधानसभा की आधिकारिक वेबसाइट पर 20 नवंबर को विधानसभा स्थापित होने का उल्लेख है। वस्तुत: 20 नवंबर, 2000 को प्रोटेम स्पीकर विशेश्वर खां को राज्यपाल ने शपथ दिलाई थी। इसके अगले दिन उन्होंने तत्कालीन विधायकों के शपथ ग्रहण की औपचारिकता पूरी की। 22 नवंबर, 2000 को पहले विधानसभा अध्यक्ष इंदर सिंह नामधारी को शपथ ग्रहण के साथ ही पहले सत्र की शुरुआत हुई। आरंभ से इसी दिन को स्थापना दिवस के तौर पर मनाया जाता है।
जनरथ और बोलेरो की आमने-सामने टक्कर, बच्चे समेत पांच की मौत, 10 गंभीर घायल
22 Nov, 2023 01:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चित्रकूट । उप्र के चित्रकूट जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग के बगरेही गांव के पास जनरथ और बोलेरो की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बच्चे समेत पांच यात्रियों की मौत हो गई है, जबकि 10 घायल हुए हैं। सूचना मिलते ही आला पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तीन एम्बुलेंस से घायलों को जिला अस्पताल और रामनगर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, तीन को प्रयागराज रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, मृतक मध्यप्रदेश निवासी है, शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि जनरथ बस चित्रकूट से प्रयागराज जा रही थी। वहीं, बोलरो चित्रकूट की ओर लौट रही थी। घटना का मुख्य कारण बताया जा रहा है कि बोलेरो अचानक गलत साइड आ गई, जिससे भिड़ंत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी, कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। तीन की मौके पर ही मौत हो गई।
झारखंड के साहिबगंज में अवैध खनन की जांच में तेजी; आठ लोगों पर CBI केस दर्ज
22 Nov, 2023 01:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) झारखंड के साहिबगंज में अवैध खनन मामले की जांच कर रही है। केंद्रीय जांच एजेंसी ने आठ लोगों के खिलाफ अनुसूचित जाति/ अनुसूचित जनजाति अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। सीबीआई की तरफ से जारी बयान में कहा गया कि कार्रवाई शिकायतकर्ता बिजय हांसदा को धमकी देने के मामले में इन लोगों पर कानून की संबंधित धाराओं के तहत आरोप लगाए गए हैं।
किन लोगों पर दर्ज हुआ मामला, कहां हो रही प्राकृतिक संपदा की चोरी
रिपोर्ट के मुताबिक पूरा मामला अवैध खनन से जुड़ा है। सीबीआई ने पंकज मिश्रा के अलावा पवित्र कुमार यादव, संजय यादव और पांच अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सीबीआई ने इन लोगों पर कथित तौर पर साहिबगंज (झारखंड) में प्राकृतिक संपदा की चोरी के आरोप लगाए हैं।
मुख्य गवाह को धमकी देने का आरोप, सीबीआई ने मामला दर्ज किया
नींबू पहाड़ इलाके में अवैध उत्खनन मामले पर आई रिपोर्ट्स के अनुसार उस इलाके से पत्थर का अवैध खनन धड़ल्ले से हो रहा है। पूरा मामला लगभग एक हजार करोड़ रुपये का बताया जा रहा है। इस पर नकेल कसने की आवाज उठाने वाले स्थानीय लोगों को धमकी दिए जाने की बातें भी सामने आ चुकी हैं। मुख्य गवाह बिजय हांसदा ने इस मामले में धमकी दिए जाने का आरोप लगाया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार वह अपनी गवाही से पलट चुका है। हांसदा की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए केंद्रीय जांच ब्यूरो ने आरोपियों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
दो केंद्रीय एजेंसियों को पूरे मामले की जांच का जिम्मा
बता दें कि बिजय हांसदा साहिबगंज में हो रही कथित चोरी के मामले में मुख्य गवाह थे, लेकिन प्रवर्तन निदेशालय की जांच शुरू होने से पहले ही मुख्य गवाह का पलटना केंद्रीय जांच एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती है। अवैध खनन मामले में अब ईडी पूरे मामले की जांच अपने हाथ में ले सकती है। करीब 1000 करोड़ रुपये के इस मामले में जल्द ही जांच टेकओवर करने कार्रवाई की जाएगी।
हाईप्रोफाइल मामला, लगभग 1000 करोड़ की मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप
साहिबगंज अवैध खनन को लेकर मीडिया में आई खबरों में दावा किया गया है कि मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से जांच कर रही ईडी इस मामले में झारखंड पुलिस की भूमिका की जांच भी करेगी। आरोप गवाहों को धमकी दिए जाने का लगा है। दो केंद्रीय एजेंसियों की जांच के बीच इस मामले में सियासी पेंच भी है। ऐसा इसलिए क्योंकि मुख्य गवाह विजय हांसदा नींबू पहाड़ गांव के प्रधान हैं। आरोपियों में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा जैसे हाईप्रोफाइल लोगों के नाम शामिल हैं। इन लोगों पर सत्ता का दुरुपयोग कर अवैध खनन कराने और आर्थिक लाभ कमाने के आरोप लगे हैं।
काशी विश्वनाथ की तर्ज पर बनेगा बांके बिहारी कॉरिडोर
22 Nov, 2023 12:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मथुरा । इलाहाबाद हाईकोर्ट द्वारा श्री ठाकुर बांके बिहारी के कॉरिडोर निर्माण का रास्ता साफ होने के बाद अब कान्हा की नगरी मथुरा के भी दिन बहुरने वाले हैं। अब यहां भी वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर की तर्ज पर बांके बिहारी कारिडोर बनेगा। बिहारीजी कॉरिडोर निर्माण होने के बाद एक साथ 10 हजार लोग आराध्य के दर्शन कर सकेंगे। कॉरिडोर 5.65 एकड़ क्षेत्र में प्रस्तावित है।
विवरण के मुताबिक कॉरिडोर बिहारीजी मंदिर के सामने 5.65 एकड़ क्षेत्र में प्रस्तावित है, जो जमीन की भौगोलिक स्थिति के चलते दो हिस्सों में होगा। इसे विद्यापीठ और परिक्रमा मार्ग से जोड़ा गया है। प्रस्तावित कॉरिडोर में बिहारी जी के भक्तों की प्रत्येक सुविधा का ध्यान रखा गया है। इसमें एक साथ 10 हजार लोगों की मौजूदगी हो सकेगी। इस पर करीब 505 करोड़ रुपये के खर्च का आकलन किया गया है, जिसके लिए करीब 276 से अधिक दुकान और मकानों का अधिग्रहण किया जाएगा। इसमें 149 आवासीय, 66 व्यावसायिक, 57 मिश्रित भवन हैं। कॉरिडोर के साथ ही श्रीबांकेबिहारी मंदिर के परिक्रमा मार्ग को भी नया स्वरूप दिया जाना है। इसके लिए भी बिहारीजी के आसपास की जमीन भी आपसी सहमति से ली जानी है। श्रीबांकेबिहारी मंदिर के लिए प्रस्तावित कॉरिडोर बनने के बाद श्रद्धालुओं की राधारमण, मदन मोहन देव तक पहुंच बहुत आसान हो जाएगी। ये दोनों ही प्राचीन मंदिर कॉरिडोर में पहुंच भक्तों को साफ नजर आएंगे। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की योजना बिहारीजी मंदिर तक आने वाले भक्तों को सुगमता पूर्वक अन्य प्राचीन मंदिरों तक पहुंचाने का भी है।
गौरतलब है कि बीती 18 सितंबर को इलाहाबाद हाईकोर्ट में बिहारीजी कॉरिडोर को लेकर सुनवाई हुई थी। इस सुनवाई पर कोर्ट के समक्ष जिला प्रशासन ने कॉरिडोर का प्रेजेंटेशन दिया था। इससे बताया गया कि अभी बांके बिहारी मंदिर परिसर मदन मोहन मंदिर ट्रस्ट के नाम पर है। प्रस्तावित कॉरिडोर गेट संख्या एक से लेकर यमुना क्षेत्र की ओर 5.65 एकड़ जमीन आपसी सहमति से लेकर उस पर कॉरिडोर का निर्माण कराएगी। इससे पहले उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष इसका प्रेजेंटेशन दिया था।
छठ मनाने गए थे बिहार, क्वार्टर की हालात देखते ही उड़े होश
21 Nov, 2023 06:31 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रामगढ़ के वेस्ट बोकारो ओपी क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नही ले रहा है। पिछले दो माह के अंदर चोरी की कई घटनाएं हुई है, जिसे रोक पाने में पुलिस अभी तक नाकाम है। इसी कड़ी में सीसीएल परेज पूर्वी उत्खनन परियोजना के प्रिंस कॉलोनी के क्वार्टर 30 में चोरों ने जमकर उत्पात मचाया। इस संबंध में भुक्तभोगी सीसीएकर्मी संजय राम ने बताया कि शनिवार को बिहार के औरंगाबाद स्थित देव में छठ पूजा मनाने पूरा परिवार गए थे। सोमवार को जब क्वार्टर पहुंचा तो देखा कि मेन गेट सहित घर के तमाम दरवाजे का ताला टूटा पड़ा है।
पीड़ित ने क्या कहा
क्वार्टर के अंदर जाने पर देखा घर का सारा सामान बिखरा पड़ा हुआ है। मै और मेरी पत्नी बैजंती देवी छानबीन की तो पलंग के दराज में लगभग पांच लाख रुपये के गहने गायब थे। उसमें रखे 35 हजार रुपये भी नहीं थे। इसके अलावे बक्शे में रखे लगभग एक लाख रुपये के तांबा व पीतल के बर्तन नहीं थे। यह घटना शनिवार या रविवार रात को हुई है। घटना की सूचना सोमवार को ही वेस्ट बोकारो ओपी पुलिस को दिया। इस घटना में मेरे बेटे रौशन कुमार का चप्पल भी पहनकर चोर चला गया, जो 80 कॉलोनी में फेंका हुआ मिला। वहीं, इस घटना में पीड़ित की पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना के बाद भी देर से पहुंची पुलिस- पीड़ित
इस घटना को लेकर आस-पास के कॉलोनी में रहने वाले परिवारों के बीच दहशत का माहौल हो गया है। पीड़ित ने कहा कि इस घटना की जानकारी पुलिस को सोमवार के दिन ही दिए है। हालांकि, पुलिस ने काफी देर बाद मंगलवार को घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की।
रविदास समाज के लोगों ने चढ़ाई दी थी बलि, मुस्लिम समाज ने किया हंगामा
21 Nov, 2023 05:18 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गोमिया के अइयर गांव के बेहराटोला में रविवार की रात रविदास समाज के लोगों ने अपनी पारंपरिक पूजा की। इस दौरान सुअर की बलि चढ़ाई। इस बीच कोई जानवर मांस का एक टुकड़ा लेकर उस ओर चला गया, जहां मुस्लिम समाज के लोगों का घर है। इसे लेकर उन्होंने हंगामा कर दिया। नतीजा यह रहा कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पुलिस ने किसी प्रकार दोनों पक्षों को समझाकर शांत किया।
सात साल में एक बार दी जाती है सुअर की बलि
इस घटना से अइयर गांव में तनाव फैल गया। छठ महापर्व को देखते हुए एसपी ने खुद मोर्चा संभाल लिया। कई थाने की पुलिस बुला ली। रविदास समाज के लोगों ने बताया कि सात साल में एक बार धनकटनी (धान काटने) से पूर्व अपने इष्ट देवता की पूजा-अर्चना कर प्रथा अनुसार हम सुअर की बलि देते हैं। पूजा संपन्न हो गई थी। हम सभी अन्य काम में लगे थे। तभी कोई जानवर सुअर के मांस के कुछ टुकड़े ले भागा, उन्हें इधर-उधर ले जाकर छोड़ दिया। इसकी हमें जानकारी नहीं मिली।
सुअर का मांस देख घरों से निकले मुस्लिम
दूसरी ओर सुअर के मांस का टुकड़ा देख मुस्लिम समाज के लोगों में गुस्सा छा गया। वे घरों से निकल विरोध करने लगे। इधर सोमवार को बेरमो एसडीओ शैलेश कुमार, एसडीपीओ बीएन सिंह, बीडीओ महादेव महतो सहित ललपनिया ओपी, गोमिया, जगेश्वर बिहार, महुआटांड़ थाने की पुलिस बल की मौजूदगी में दोनों पक्षों के प्रबुद्ध लोगों की बैठक की गई। दोनों पक्षों को शांत कराया गया। बैठक के दौरान जमीन विवाद का भी मामला सामने आया है। सर्वसम्मति से निर्णय हुआ कि आदिवासियों के धर्म महासम्मेलन के बाद इस मामले का शांतिपूर्ण हल तलाशा जाएगा।
दोनों पक्षों की ओर से ललपनिया ओपी में जमीन विवाद का आवेदन दिया गया है। कोदवाटांड़ पंचायत के मुखिया बबलू हेंब्रम, ललपनिया के पूर्व मुखिया बबुली सोरेन, अनिल हांसदा, कौलेश्वर सोरेन, श्यामदेव सोरेन, जलील अंसारी, नयूम अंसारी, मिराज अंसारी, महमूद अंसारी, मुख्तार अंसारी, यूनुस अंसारी आदि थे।
अइयर गांव में दो पक्षों के बीच कुछ अपशिष्ट को लेकर विवाद हुआ था, विवाद का समाधान कर मामला शांत कराया है। इस दौरान जमीन विवाद का भी मामला प्रकाश में आया है। अंचलाधिकारियों की मौजूदगी में सीमांकन कराया जाएगा। इस विवाद को भी सुलझा दिया जाएगा- बीएन सिंह, एसडीपीओ, बेरमो।
सील नर्सिंग होम में चल रहा था इलाज, झोलाछाप डॉक्टर ने ली गर्भवती महिला की जान
21 Nov, 2023 05:03 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पलामू के रेहला में एक झोलाछाप डॉक्टर द्वारा संचालित जेपी नर्सिंग होम में इलाज के दौरान रविवार को एक महिला की मौत हो गई। मृतक की पहचान 32 वर्षीय सोनी देवी के रूप में की गई। घटना के बाद परिजन ने इसकी सूचना रेहला थाना पुलिस को दी, लेकिन पुलिस के पहुंचने के पहले ही झोलाछाप डॉक्टर दंपती फरार हो गए। बताया जा रहा है कि इस नर्सिंग होम को पांच महिला पहले स्वास्थ्य विभाग ने सील कर दिया था। इधर, मौत के बाद महिला के शव के साथ परिजन एवं स्थानीय लोग नर्सिंग होम के बाहर धरने पर बैठ गए और वे झोलाछाप अलाउद्दीन अंसारी व शबिला प्रवीन को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे।
आलाधिकारियों ने कार्रवाई का दिया आश्वासन
घटना की सूचना मिलने के बाद इंस्पेक्टर प्रियंका आनंद, विश्रामपुर चिकित्सा प्रभारी राजेंद्र कुमार, रेहला थाना प्रभारी नेमधारी रजक घटनास्थल पर पहुंचे और सभी लोगों को समझा-बुझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच भेजा। साथ ही उन्होंने मृतका के परिजन की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर फर्जी चिकित्सक पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
मिली जानकारी के अनुसार, पांच महीने पहले रेहला थाना क्षेत्र में घोरडीहा गांव के धर्मेंद्र राम ने हाइड्रोसील का गलत ऑपरेशन किए जाने के बाद इस झोलाछाप अलाउद्दीन अंसारी और अस्पताल संचालक पर प्राथमिकी दर्ज कराई थी। वहीं, जांच के बाद तत्कालीन सिविल सर्जन अशोक कुमार ने एक जुलाई को अस्पताल को सील कर दिया था। इसके बावजूद अलाउद्दीन अंसारी अस्पताल में न सिर्फ मरीजों का इलाज कर रहा था, बल्कि ऑपरेशन भी कर रहा था।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बादामपहाड़ से दो ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
21 Nov, 2023 05:01 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चक्रधरपुर मंडल से बादाम पहाड़ स्टेशन से मंगलवार को तीन नई ट्रेनों का उद्घाटन करने के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने गृह नगर क्षेत्र बादामपहाड़ पहुंच गई हैं। यहां राष्ट्रगान से कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इसके बाद राष्ट्रपति ने बादाम पहाड़-टाटानगर मेमू को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। इसके कुछ देर बाद महामहिम ने दूसरे ट्रेन बादाम पहाड़ राउरकेला साप्ताहिक एक्सप्रेस को भी रवाना किया। मौके पर राष्ट्रपति ने अमृत भारत स्टेशन योजना का भी शिलान्यास किया।
मौके पर ये सभी गणमान्य हुए शामिल
अब 18049 बादाम पहाड़ शालीमार एक्सप्रेस का उद्घाटन होना है। इस खास मौके पर उनके साथ उड़ीसा के राज्यपाल रघुवर दास, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, उड़ीसा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक और केंद्रीय राज्यमंत्री विश्वेश्वर टुडू शामिल हुए हैं।
कार्यक्रम में भाग लेने बच्चे भी पहुंचे
कार्यक्रम को लेकर सुबह से दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार मिश्रा चक्रधरपुर मंडल के रेल मंडल प्रबंधक अरुण जे राठौड रेलवे के कई वरीय अधिकारी मौके पर उपस्थित हैं। कार्यक्रम के लिए बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे भी बुलाए गए हैं।
राष्ट्रपति मुर्मू दिखाएंगी हरी झंडी
गौरतलब है कि चक्रधरपुर मंडल से चार नई ट्रेन शुरू हो रही हैं। इसमें से बादाम पहाड़ के लिए तीन, जबकि राउरकेला-टाटानगर के लिए एक मेमू स्पेशल शामिल है।
बादाम पहाड़ के लिए शालीमार से दो एक्सप्रेस ट्रेन, जबकि टाटानगर से एक मेमू ट्रेन 21 नवंबर से शुरू हो रही है। इन तीन नई ट्रेनों को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगी।
आदिवासियों को लेकर राष्ट्रपति मुर्मू ने मोदी सरकार की तारीफ में पढ़े कसीदे,
21 Nov, 2023 04:49 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
केंद्र सरकार आदिवासी, खासकर महिलाओं के सर्वांगीण विकास के लिए संकल्पित है। इसका जीवंत उदाहरण मैं खुद हूं, जो ओडिशा के छोटे से गांव से निकल कर आज दिल्ली के सबसे ऊंचे पद पर बैठी हूं। मंगलवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने ये बातें कहीं। अपने गृह क्षेत्र में मंगलवार को तीन नई ट्रेनों (बदामपहाड़-टाटानगर मेमू, बदामपहाड़-शालीमार साप्ताहिक व बदामपहाड़ राउरकेला साप्ताहिक एक्सप्रेस) को रवाना करने के बाद जनता को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि मैं ओडिशा की माटी में ही पली-बढ़ी हूं। आज भले ही ऊंचे पद पर हूं, लेकिन मैं इस माटी को कभी नहीं भूल सकती।
केंद्र सरकार के कार्यों की राष्ट्रपति ने की प्रशंसा
राष्ट्रपति ने केंद्र सरकार के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार के नेतृत्व में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, रेल सहित हर क्षेत्र का सर्वांगीण विकास हो रहा है। यह तभी संभव है, जब सबका साथ व सबका विश्वास हो। राष्ट्रपति ने कहा कि मयूरभंज अंचल के सर्वांगीण विकास को लेकर मैंने जो सपना देखा था, वह आज पूरा हो रहा है। नई ट्रेनों के परिचालन होने से न सिर्फ मयूरभंज अंचल झारखंड और पश्चिम बंगाल से सीधे जुड़ेगा, बल्कि व्यापार के नए रास्ते भी खुलेंगे। इसके साथ ही यात्री सुविधाओं में भी बढ़ोतरी होगी।
'आदिवासी भाई-बहनों के विकास का काम कर रही केंद्र सरकार'
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार आदिवासी भाई-बहनों के विकास के लिए काफी काम कर रही है। शिक्षा के क्षेत्र में की जा रही पहल इसका उदाहरण है। मयूरभंज अंचल को तीन नई ट्रेन देने के लिए उन्होंने रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव सहित केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया।
इस दौरान राष्ट्रपति बदामपहाड़ से ट्रेन में बैठकर अपने गृह क्षेत्र मयूरभंज जिला स्थित रायरंगपुर स्टेशन पहुंचीं। राष्ट्रपति ने अमृत भारत योजना के अंतर्गत बदामपहाड़ स्टेशन के 12 करोड़ की लागत से पुनर्विकास योजना का शिलान्यास, रायरंगपुर डाक विभाग के नए कार्यालय का उदघाटन व डाक विभाग के स्मारक विशेष आवरण का विमोचन भी किया।
ये लोग रहे उपस्थित
इस अवसर पर ओडिशा के राज्यपाल रघुवर दास, रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, जलशक्ति मंत्रालय के राज्य मंत्री विश्वेश्वर टुडू समेत कई बड़े नेता उपस्थित थे।