उत्तर प्रदेश (ऑर्काइव)
Winter : कड़ाके की ठंड से 24 घंटे में 22 लोगों की हार्ट अटैक से मौत..
6 Jan, 2023 12:37 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कानपुर । शहर और आस-पास जिलों में तेजी से गिर रहे तापमान के कारण हृदय और मस्तिष्क से जुड़े मरीजों की संख्या में तेजी देखने को मिल रही है। गुरुवार देर शाम तक एक दिन में 22 लोगों की जान हार्ट अटैक से गई। वहीं, तीन ऐसे मरीजों की मौत हुई जो ब्रेन स्ट्रोक का शिकार हुए।हृदय रोग संस्थान की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक, दो जनवरी से अब तक 56 लोगों की मौत हार्ट अटैक के कारण हुई है। तापमान में गिरावट का असर उम्रदराज के साथ युवाओं में देखने को मिल रहा है।
हृदय रोग संस्थान के साथ एलएलआर अस्पताल की ओपीडी में हार्ट अटैक और ब्रेन स्ट्रोक के मरीजों की संख्या अधिक आ रही है।
लक्ष्मीपत सिंहानिया हृदय रोग संस्थान के निदेशक डा. विनय कृष्णा ने बताया कि गुरुवार को लक्ष्मीपत सिंहानिया हृदय रोग संस्थान में हृदय रोग की समस्या को लेकर 723 मरीज आए। इसमें 41 मरीजों को भर्ती किया गया। हालांकि 15 ऐसे मरीज रहे जिनकी मौत अस्पताल पहुंचने से पहले हो गई। वहीं, सात मरीजों की मौत इलाज के दौरान हुई।
गुरुवार को उन्नाव की 65 वर्षीय संध्या, कल्याणपुर की 74 वर्षीय रजोल और कन्नौज के 70 वर्षीय जाकिर की मौत ब्रेन स्ट्रोक के कारण हुई। स्वजन उन्हें गंभीर स्थिति में एलएलआर अस्पताल लेकर पहुंचे जिनकी मौत ब्रेन स्ट्रोक के कारण हुई।शहर में अलग-अलग स्थानों पर ठंड की चपेट में आकर दो लोगों की जान चली गयी। घटनाएं क्षेत्र के रायपुरवा और बजरिया थानाक्षेत्रों में हुई।लगातार गिर रहा पारा रोज नए रिकार्ड बना रहा है।
रायपुरवा थानाक्षेत्र में चंद्रिका देवी मंदिर के पास रहने वाले 80 वर्षीय राजाराम सड़क किनारे पान मसाला बेचते थे।बुधवार देर शाम अचानक वह बेसुध हो गये इस पर राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी तो उन्हें एलएलआर अस्पताल ले जाया गया जहां से उन्हें कार्डियोलाजी रेफर कर दिया गया।जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया पोस्टमार्टम में ठंड की वजह से हार्ट अटैक की पुष्टि हुई है।
वहीं बजरिया थानाक्षेत्र में गीतापार्क में मंगलवार को कल्याणपुर के अवधपुरी निवासी 70 वर्षीय चंद्र गुप्ता की अचानक हालत बिगड़ गयी थी।इलाकाई लोगों की सूचना पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने उन्हें उर्सला अस्पताल में भर्ती कराकर स्वजन को सूचना दी थी। जहां बुधवार देर रात उनकी मौत हो गयी पोस्टमार्टम में ठंड से हार्ट अटैक की पुष्टि हुई है।
डाक्टरों के मुताबिक, अस्पताल में ऐसे मरीजों की संख्या अधिक रही। जो लंबे समय से हृदय रोग से पीड़ित रहे हैं। इनमें उच्च रक्तचाप, अत्याधुनिक मधुमेह के कारण उम्रदराज लोगों की नसों में खून के थक्के जमने के कारण नस फटने की समस्या आ रही है। वहीं, एलएलआर अस्पताल की ओपीडी में भी देर रात तक सीने में दर्द की समस्या लेकर लगभग 25 मरीज ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे। जिन्हें बेहतर इलाज के लिए हृदय रोग संस्थान भेजा गया।
माघ मेले का पहला स्नान पर्व आज, संगम में उमड़ा आस्था का सैलाब सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
6 Jan, 2023 09:11 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
प्रयागराज । माघ मेले में पड़ने वाले पहले स्नान पर्व पौष पूर्णिमा के पर्व पर गंगा यमुना और अदृश्य सरस्वती की त्रिवेणी पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। कड़ाके की ठंड के बावजूद ब्रह्म मुहूर्त से ही श्रद्धालु संगम की त्रिवेणी में स्नान कर दान पुण्य कर रहे हैं। पौष पूर्णिमा के पावन पर्व पर संगम की त्रिवेणी में स्नान और दान का विशेष महत्व है। ऐसी मान्यता है कि पौष पूर्णिमा पितरों की पूर्णिमा है और यह कल्याण पर्व है।
इस मौके पर आस्था से लोग कल्याण की समस्त कामनाओं को लेकर तीर्थराज प्रयाग आते हैं। इस दिन से ही संगम की रेती पर चलने वाले माघ मेले में कल्पवासी पितरों के मोक्ष और कामनाओं की पूर्ति का संकल्प लेकर कल्पवास की शुरुआत करते हैं। जो कि माघी पूर्णिमा के स्नान पर्व तक चलता है। वैश्विक महामारी कोरोना के नए वैरिएंट की आहट के बीच आयोजित हो रहे माघ मेले में आए कल्पवासी जीवन और मृत्यु के बंधनों से मुक्ति की कामना को लेकर अलौकिक शक्ति और ऊर्जा प्राप्त करने के लिए संगम की रेती में एक माह तक कठिन तप और जप करेंगे।
पौष पूर्णिमा पर श्रद्धालु व्रत रखकर स्नान दान और पूजा-पाठ करते हैं। जिससे घर में सुख-समृद्धि बढ़ती है और नकारात्मकता खत्म होती है। इस दिन जरूरतमंदों को अन्न और कपड़े दान करते हैं। ऐसा माना जाता है कि पौष पूर्णिमा के दिन कच्चे फल और सब्जियों का भी दान करना चाहिए। संगम की रेती पर शुक्रवार 6 जनवरी को पौष पूर्णिमा के पहले स्नान पर्व के साथ माघ मेले की शुरुआत हो रही है।
संगम नगरी में 6 जनवरी से 18 फरवरी को महाशिवरात्रि तक 44 दिनों तक चलने वाले माघ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं कल्प वासियों और साधु-संतों के स्वागत के लिए सज धज कर तैयार हो चुकी है। माघ मेले में योगी सरकार की ओर से श्रद्धालुओं के स्वागत में जगह-जगह होर्डिंग लगाए गए हैं। इन होर्डिंग में पीएम मोदी और सीएम योगी की तस्वीरें लगी हुई है। इसके जरिए माघ मेला 2023 में आने वाले श्रद्धालुओंसाधु-संतों और कल्प वासियों का स्वागत किया जा रहा है।
महाकुंभ 2025 में आने का भी लोगों को निमंत्रण दिया जा रहा है। योगी सरकार 2023 के माघ मेले को 2025 महाकुंभ के रिहर्सल के तौर पर पेश कर रही है। यही वजह है कि माघ मेले में सरकार की ओर से लगाए गए होर्डिंग्स लोगों के बीच चर्चा का सबब बने हुए हैं। इन होर्डिंग्स के जरिए मेले के आयोजन को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता भी दिख रही है।
Jharkhand: आठ नक्सलियों ने किया सरेंडर, सभी की उम्र 18 से 22 साल के बीच..
5 Jan, 2023 05:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
झारखंड : भाकपा (माओवादी) की केंद्रीय समिति के सदस्य मिशिर बेसरा से जुड़े आठ माओवादियों ने बुधवार को यहां सुरक्षा बलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने बताया कि झारखंड पुलिस और सीआरपीएफ के अधिकारियों के सामने आत्मसमर्पण करने वाली तीन महिलाओं सहित प्रतिबंधित संगठन के सभी सदस्यों की उम्र 18 से 22 साल के बीच है।आईजी (ऑपरेशन) अमोल वी होमकर ने बताया कि ये सभी कई मामलों में वांछित हैं और राज्य सरकार की आकर्षक आत्मसमर्पण नीति के साथ संयुक्त सुरक्षा बलों के दंपत्ति द्वारा निरंतर अभियान ने उन्हें आत्मसमर्पण करने के लिए प्रेरित किया।
मिशिर बेसरा उर्फ सागर के सिर पर एक करोड़ रुपये का इनाम है।उन्होंने बताया कि झारखंड पुलिस, केंद्रीय बल झारखंड से नक्सलियों का सफाया करने का प्रयास कर रहे हैं। 4 जनवरी 2023 झारखंड पुलिस और सीआरपीएफ के लिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि आठ माओवादियों ने आत्मसमर्पण कर दिया है। उन्होंने कहा कि आत्मसमर्पण करने वालों को माओवादियों को समाज की मुख्यधारा में लाने की सरकारी योजना के तहत उनके पुनर्वास की सुविधा दी जाएगी। उन्हें नीति के तहत व्यावसायिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
सरेंडर करने वाले नक्सलियों में सरायकेला-खरसावां जिले के रायजामा निवासी सरिता उर्फ मुंगली उर्फ सरिता सरदार उर्फ सनिता (20) शामिल है। उसके खिलाफ छह मामले दर्ज हैं। सोमवारी कुमारी उर्फ टोनी उर्फ सोनारी मुंडा (21), हथियार छोड़ने वाली एक अन्य महिला माओवादी और रांची के तामार की रहने वाली है, उसके खिलाफ दो मामले दर्ज हैं। तीसरी जिसे संजू पूर्ति उर्फ रोशनी पूर्ति (19) नाम से जाना जाता है, वह पश्चिमी सिंहभूम के चिरियाबेरा की रहने वाली है। पुलिस ने कहा कि आत्मसमर्पण करने वाले अन्य लोगों में जयराम बोदरा (21), मरतम अंगारिया (21), तुंगीर पूर्ति (18), पातर कोड़ा (18) और कुसु सिरका (22) शामिल हैं।
Weather: कोहरे में छिपा ताजमहल,पर्यटकों की पूरी नहीं हुई रात में दीदार की ख्वाहिश..
5 Jan, 2023 01:50 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
आगरा | आगरा में लगातार तीसरे दिन भी बुधवार की सुबह घना कोहरा छाया रहा। जीरो दृश्यता के साथ रात में कड़ाके की ठंड ने लोगों को गलन भरी सर्दी का एहसास करा दिया। कोहरे के कारण ताजमहल का रात में दीदार करने की ख्वाहिश रखने वालों को मायूस होना पड़ा। यमुना किनारे ताजमहल पर कोहरे की चादर शाम सात बजे से ही छा गई, जिससे रॉयल गेट के रेड सैंड स्टोन प्लेटफार्म से ताजमहल का दीदार नहीं हो पाया। रात में अंधेरा और कोहरे की चादर के कारण लोगों को ताज की झलक तक नजर नहीं आई। ताजमहल के वरिष्ठ संरक्षण सहायक प्रिंस वाजपेयी ने बताया कि पर्यटकों की संख्या कम रही है।
कोहरे को देखते हुए ही शरद पूर्णिमा से पहले बृहस्पतिवार के लिए टिकटों की बुकिंग कम हुई है। आज सुबह भी कोहरा छाया रहा। कोहरे के साथ सूरज पर बादलों का पहरा है। सुबह 10 बजे तक सूर्यदेव के दर्शन नहीं हो सके।आगरा में बुधवार को अधिकतम तापमान 13.9 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 8 डिग्री नीचे हैं। धूप खिलने के बाद भी दोपहर में चली शीतलहर के कारण लोगों को सर्दी से राहत नहीं मिली।
न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री नीचे है। शाम को पांच बजे के बाद सूर्यास्त होते ही फिर से कोहरा छाने लगा।बृहस्पतिवार को कोल्ड डे कंडीशन बनी हुई है। रातभर घना कोहरा छाया रहा। सुबह भी कोहरे में लिपटी रही, जिससे हाईवे पर वाहन रेंगकर चले। गलन ने लोगों को बेहाल कर दिया। न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस पहुंचने से लोग ठिठुरते नजर आए।हाल ये रहा कि घर से बाहर निकले लोग अलाव का सहारा ढूंढते रहे।
वहीं चौराहों पर तैनात यातायात पुलिसकर्मी भी सर्दी से परेशान नजर आए।सड़कों पर सुबह दस बजे भी शाम जैसा नजारा दिखाई दिया। काम से बाहर निकले बाइक सवारों को काफी परेशानी उठानी पड़ी।मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र के मुताबिक अगले तीन दिनों में सुबह कोहरा छाया रहेगा। घने कोहरे के कारण सुबह दृश्यता बेहद कम रहेगी, वहीं दिन में धूप खिलने के आसार हैं, पर शाम को फिर जल्दी कोहरा शुरू हो सकता है। इस दौरान न्यूनतम तापमान में भी गिरावट के आसार हैं।
Fire : शार्ट सर्किट के चलते चप्पल सोल फैक्ट्री में लगी भीषण आग..
5 Jan, 2023 01:44 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कानपुर | पनकी इंडस्ट्रियल एरिया तीन नंबर में जी- 60 स्थित एक चप्पल सोल फैक्ट्री में शार्ट सर्किट के चलते गुरुवार तड़के भीषण आग लग गई। कंट्रोल रूम की सूचना पर मौके पर पहुंची दमकल की 10 गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। हालांकि इस दौरान लाखों का माल जलकर स्वाह हो गया। गनीमत रही कि आग ज्यादा विकराल होती, इससे पहले ही उस पर काबू पा लिया गया।
काकादेव शास्त्री नगर निवासी संतोष कुमार की पनकी इंडस्ट्रियल एरिया भाग तीन में रबर ग्राइंडिंग के नाम से चप्पल सोल की फैक्ट्री है। गुरुवार तड़के फैक्ट्री के अंदर लगे इलेक्ट्रिक पैनल में शार्ट सर्किट हुआ। जिससे निकली चिंगारियों ने वहां रखी माल पैकिंग की जाने वाली पालिथीन को अपनी चपेट में ले लिया। जिसके चलते आग की लपटें उठने लगी । देखते ही देखते इलेक्ट्रिक पैनल के दूसरी ओर जमा सोल कटिंग से निकली रबर को भी आग ने अपनी चपेट में ले लिया। जिसके बाद फैक्ट्री से ऊंचे-ऊंचे आग के गोले उठने लगी।
फैक्टरी को आग से धधकात देख दहशत में आसपास की फैक्ट्रियों में काम कर रहे कर्मचारी भी बाहर आ गए। मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल की 10 गाड़ियों ने करीब दो घंटे के अथक प्रयास के बाद पानी का छिड़काव कर आग पर काबू पाया। हालांकि आग बुझने के बाद भी फैक्ट्री से काला जहरीला धुंआ उठता रहा। जिसे रोकने के लिए दमकल की गाड़ियां निरंतर प्रयास में लगी हुई है। पनकी एसीपी निशांक शर्मा ने बताया कि फैक्ट्री में रखे अन्य ज्वलनशील माल को समय रहते हटा लिया गया। वही दमकल की गाड़ियों ने भी मौके पर पहुंचकर पूरी तरह से आग पर काबू पा लिया गया है। घटना में कोई घायल नहीं हुआ है।
Crime: दो करोड़ की चरस के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार..
5 Jan, 2023 01:33 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नेपाल से चरस लेकर भारतीय सीमा में दाखिल हुई महिला को पुलिस व एसएसबी की संयुक्त टीम ने दबोच लिया। आरोपित के पास से पांच किलोग्राम चरस बरामद हुई है। इसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत दो करोड़ रुपये बताई जा रही है। महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने उसे न्यायालय भेज दिया है। महिला हिमांचल प्रदेश की रहने वाली है।अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अशोक कुमार ने बताया कि बुधवार को रुपईडीहा एसओ श्रीधर पाठक व एसएसबी की संयुक्त टीम भारत-नेपाल सीमा पर सघन चेकिंग कर रही थी। इस दौरान रुपईडीहा चेक पोस्ट पर नेपाल की तरफ से एक महिला भारतीय सीमा पर आती हुई दिखी।
महिला के हाव भाव को देखकर जवानों को उस पर शक हुआ। टीम को देखकर वह तेजी से कस्बा की तरफ बढ़ने लगी। इस पर टीम में शामिल महिला जवानों ने घेराबंदी करते हुए उसे रोक लिया गया।महिला से पूछताछ करने पर पता चला कि महिला हिमांचल प्रदेश के कुल्लू जिले के छलाल सोसन निवासी माया उर्फ सपना पत्नी बाल बहादुर है। महिला के पास मौजूद बैग की तलाशी लेने पर उसमें पांच किलोग्राम चरस बरामद किया गया।
बेलरी लक्ष्मणपुर भेड़हिया निवासी इंद्रजीत उर्फ जिताऊ की पुत्री बिन्ना (28) का विवाह 10 वर्ष पूर्व उसी के गांव के बद्री से हुआ था। आरोप है कि शादी के बाद से बेटी को प्रताड़ित कर बाइक की मांग कर रहा था। मंगलवार को भी बेटी से मारपीट की। उसे जहरीला पदार्थ खिला दिया गया। बेटी को जब तक उपचार के लिए ले जाया जाता तब तक उसने दमतोड़ दिया। मृतका के पिता ने दामाद बद्री व सास, ससुर व अन्य लोगों बेटी की हत्या का आरोप लगाकर तहरीर दी है। थानाध्यक्ष ने बताया कि कार्रवाई की जाएगी।
CM योगी के मुंबई दौरे का दूसरा दिन आज..
5 Jan, 2023 01:31 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दो दिनी मुंबई दौरे का आज दूसरा दिन है, जहां सुबह 9 बजे उन्होंने मुंबई स्थित होटल ताज में अलग-अलग बैंकों के अधिकारीगणों से मुलाकात की। इसके बाद दोपहर 12 बजे ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट-2023 के रोड शो में शामिल हुए। कार्यक्रम के मुताबिक, आज शाम 6 बजे वह फिल्म इंडस्ट्री के निर्माता और निर्देशकों संग मुलाकात करेंगे, यह मुलाकात भी होटल ताज में ही होगी। इससे पहले बुधवार शाम को वह UP DIASPORA के सत्र में सम्मिलित हुए थे, जहां कई विषयों पर बात हुई थी। यहां उन्होंने उत्तर प्रदेश मूल के उद्यमियों को अपने मूल प्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित करते हुए कहा कि अब उत्तर प्रदेश के शासन प्रशासन में निवेशकों का भरोसा बढ़ा है।
दुनियाभर से निवेशक उत्तर प्रदेश की ओर आ रहे हैं। इसलिए आप भी अपने मूल प्रदेश में निवेश करके देश को पांच खरब की अर्थव्यवस्था बनाने में योगदान कीजिए।सीएम योगी फरवरी के दूसरे सप्ताह में यूपी सरकार द्वारा आयोजित किए जा रहे ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (जीआइएस) में निवेशकों को आमंत्रित करने बुधवार को अपने दो दिवसीय दौरे पर मुंबई पहुंचे। उन्होंने अपने भाषण की शुरुआत यह कहते हुए की कि हम धर्म के प्रदेश के अर्थ के प्रदेश में निवेश आमंत्रित करने आए हैं। यह समिट 10 से 12 फरवरी तक लखनऊ में होगी जिसमें देश-विदेश के निवेशक हिस्सा लेंगे। देसी निवेशकों को आमंत्रित करने के लिए देश के विभिन्न शहरों में हो रहे रोड शो की शुरुआत मुंबई से करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष में भारत को दो ऐसे अवसर प्राप्त हुए हैं, जो इस ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट को और विशेष बना सकते हैं।
एक तो यह कि जिस देश में भारत पर 200 वर्षों तक राज किया, आज हम उसी को पछाड़कर दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुके हैं। दूसरा, आज भारत को जी-20 के देशों के नेतृत्व का अवसर प्राप्त हुआ है। ये दुनिया के वे 20 बड़े देश हैं, जहां दुनिया की 60 प्रतिशत आबादी निवास करती है। इनका दुनिया के 85 प्रतिशत जीडीपी पर अधिकार है। इनका दुनिया के 90 प्रतिशत पेटेंट पर भी अधिकार है।
योगी ने यह भी याद दिलाया कि उनकी सरकार बनने के दो वर्ष बाद ही दुनिया में कोरोना जैसी महामारी की शुरुआत हो गई थी। इसके बावजूद जब दुनिया रुकी हुई थी, तो उप्र अपने यहां निवेश करवा रहा था। मुंबई में यूपी मूल के लोगों की आबादी 35 लाख से अधिक है। इनमें बड़ी संख्या प्रवासी श्रमिकों की भी है। सीएम योगी ने कि कहा कि हम संकट के साथी हैं। हम चुनौतियों से भागने वाले नहीं है।
कोरोना महामारी के दौरान जब सब तरफ पलायन हो रहा था, तो उत्तर प्रदेश ने न सिर्फ अपने यहां से पलायन रोका। बल्कि देश के विभिन्न हिस्सों से यूपी लौटे करीब 40 लाख प्रवासियों को भी आश्रय दिया। उन्होंने कहा कि अब निवेशकों को उत्तर प्रदेश के शासन प्रशासन पर भरोसा है कि यहां कोई फाइल अटकेगी नहीं। उन्हें अब यूपी की सुरक्षा व्यवस्था पर भी भरोसा है कि कोई उन्हें परेशान नहीं कर सकेगा। उन्होंने कहा कि मैं आपको आश्वस्त करने आया हूं कि किसी की तरफ से कोई शिकायत आई तो उसकी जवाब देही तय की जाएगी। मुख्यमंत्री ने उप्र मूल के लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि एक समय उत्तर प्रदेश के लोगों को पहचान का संकट था। उन्हे खुद को उत्तर प्रदेश का बताने में झिझक होती थी, लेकिन अब परिस्थिति बदल चुकी है। अब उत्तर प्रदेश के लोग गर्व से बताते हैं कि वे किस प्रदेश के हैं।
माघ मेले के लिए चलाई जाएंगी 2800 अतिरिक्त बसें..
4 Jan, 2023 02:11 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ | जनवरी-फरवरी में आयोजित प्रयागराज माघ मेले के लिए उप्र परिवहन निगम 2800 अतिरिक्त बसें चलाएगा। इसके अलावा निकट के तीर्थस्थलों के लिए भी अतिरिक्त 80 बसें चलाई जाएंगी। इसके लिए एमडी संजय कुमार ने क्षेत्रवार बसों का आवंटन कर दिया है।एमडी के मुताबिक मेले में मौनी अमावस्या एवं बसंत पंचमी के स्नान पर भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। ऐसे में 20 जनवरी से 27 जनवरी तक संचालन पर मुख्य फोकस रहेगा।
छह फरवरी तक 2800 बसों के संचालन के अलावा 200 बसों को रिजर्व में रखा जाएगा। प्रयागराज के निकटवर्ती तीर्थस्थल काशी, विंध्याचल, चित्रकूट एवं अयोध्या के लिए भी 80 बसों की अतिरिक्त व्यवस्था रहेगी।इसके अलावा प्रयागराज को 550, गोरखपुर क्षेत्र को 380, आजमगढ़ को 360, लखनऊ को 300, वाराणसी को 300, अयोध्या को 220, चित्रकूट को 230, कानपुर को 260, देवीपाटन को 150 और झांसी को 50 बसों का आवंटन किया गया है।
एमडी ने कहा है कि किसी भी मार्ग पर प्राइवेट बसों को परमिट न दिया जाए।इस संबंध में सभी क्षेत्रीय प्रबंधक अपने-अपने यहां आयुक्त एवं जिलाधिकारियों से बात करेंगे। इसके साथ ही अस्थाई बस स्टेशन निर्माण करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी बसों को चाक चौबंद कराने और सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने को कहा गया है।
विराट कोहली पत्नी अनुष्का शर्मा संग वृंदावन पहुंचे, लिया बाबा नीम करोली का आशीर्वाद..
4 Jan, 2023 02:02 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मथुरा | क्रिकेटर विराट कोहली पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ बुधवार की सुबह ठाकुर बांकेबिहारी की नगरी वृंदावन पहुंचे। उन्होंने बाबा नीम करोली की समाधि स्थल के दर्शन किए। विराट और अनुष्का आश्रम में करीब एक घंटे तक रुके। बाबा नीम करोली का आशीर्वाद किया। समाधि स्थल के दर्शन के बाद कुटिया में ध्यान भी लगाया। फैंस को ऑटोग्राफ दिया। उनके साथ फोटो भी खिंचाए। इसके बाद विराट और अनुष्का मां आनंदमयी आश्रम रवाना हो गए।
उनका कार्यक्रम पूरी तरह गोपनीय रखा गया है। आनंदमयी आश्रम में मीडिया को प्रवेश नहीं दिया गया है।विराट और अनुष्का का वृंदावन आने का कार्यक्रम बुधवार दोपहर को था, लेकिन वे सुबह-सुबह ही बाबा नीम करोली आश्रम पहुंच गए। उनका कार्यक्रम इतना गोपनीय रहा कि किसी को भनक तक नहीं लगी। बताया जा रहा है कि विराट और अनुष्का के मथुरा आने से पहले ही यहां एक सितारा होटल में कमरे बुक किए गए हैं।बाबा नीम करोली आश्रम में विराट और अनुष्का को प्रसाद के रूप में कंबल भेंट किया। दोनों ने बाल भोग का प्रसाद भी ग्रहण किया। आश्रम में विराट कोहली ने अपने एक प्रशंसक को बैट पर ऑटोग्राफ भी दिया।
बता दें कि विराट कोहली और अनुष्का दोनों की ही बाबा नीम करोली महाराज में काफी श्रद्धा है। नवंबर 2022 में विराट कोहली और अनुष्का शर्मा ने उत्तराखंड के कुमाऊं स्थित कैंची धाम पहुंचकर बाबा नीम करोली महाराज के दर्शन किए थे।बता दें कि बाबा नीम करोली महाराज को भक्त हनुमान जी का अवतार मानते हैं। देश-विदेश से हजारों भक्त उनकी समाधि स्थल के दर्शन करने आते हैं।माना जा रहा है कि विराट-अनुष्का ब्रज के प्रमुख मंदिरों में भी दर्शन करने जा सकते हैं। बांकेबिहारी मंदिर में उनके पहुंचने की संभावना है।
सुप्रीम कोर्ट ने आजम खां के केस को यूपी से बाहर केस ट्रांसफर करने की मांग खारिज..
4 Jan, 2023 01:57 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
समाजवादी पार्टी के नेता आजम खां को सुप्रीम कोर्ट से झटका लगा है। दरअसल, सपा नेता ने एक याचिका दायर कर सर्वोच्च न्यायालय से अपील की थी कि उनके खिलाफ यूपी में दर्ज कुछ केसों को दूसरे राज्यों में ट्रांसफर कर दिया जाए। कोर्ट ने उनकी इस मांग को नकारते हुए उन्हें हाईकोर्ट जाने के लिए कहा और निर्देश दिए कि उनकी याचिका पर जल्दी सुनवाई की जा सकती है।
वकील कपिल सिब्बल के माध्यम से कोर्ट में पेश हुए आजम खां ने कहा, "मुझे राज्य में न्याय नहीं मिलेगा। मुझे जबरदस्ती सताया जा रहा है। यह कोई जज नहीं, बल्कि राज्य कर रहा है। एक राज्य के अंदर हर जगह स्थिति एक जैसी ही रहेगी।" इस पर चीफ जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़, जस्टिस पीएस नरसिम्हा और जस्टिस एसए नजीर की बेंच ने कहा कि आजम खां के खिलाफ आपराधिक केसों को ट्रांसफर करने के लिए और पुख्ता वजहें चाहिए होंगी।
बेंच ने कहा, "जब हम किसी केस को ट्रांसफर करते हैं तो हमें ज्यादा बड़ी वजहों को देखना होता है। हम आपको इलाहबाद हाईकोर्ट जाने की स्वायत्ता देते हैं।" गौरतलब है कि आजम के खिलाफ यूपी में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और हाल ही में एक केस में दोषी पाए जाने पर उनकी विधानसभा सदस्या भी जा चुकी है।
बिकरू कांड: आरोपी खुशी दुबे को सुप्रीम कोर्ट से मिली जमानत..
4 Jan, 2023 01:47 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कानपुर | बिकरू कांड के आरोपियों की मदद करने के आरोप में कानपुर देहात जिला जेल में बंद खुशी दुबे को सुप्रीम कोर्ट से सशर्त जमानत मिल गई है। इस दौरान कोर्ट ने कहा कि बिकरू कांड के समय खुशी नाबालिग थीं। अब उन्हें जेल में रखने की जरूरत नहीं है।बता दें कि दो जुलाई 2020 की रात बिकरु गांव में गैंगेस्टर विकास दुबे और उसके गुर्गों ने पुलिस टीम पर हमला कर सीओ समेत आठ पुलिसकर्मियों की हत्या कर दी थी।
इस घटना से दो दिन पहले ही अमर दुबे से शादी कर खुशी बिकरु गांव पहुंची थी। पुलिस ने उसे भी आरोपी बना जेल भेजा था।बिकरू गांव में दो जुलाई की रात पुलिस ने गैंगस्टर विकास दुबे को पकड़ने के लिए पुलिस ने दबिश दी थी। विकास व उसके गुर्गों ने पुलिस टीम पर हमला कर सीओ व एसओ समेत आठ पुलिसकर्मियों की हत्या कर दी थी। विकास दुबे समेत छह बदमाश पुलिस मुठभेड़ में मारे गए थे।
बिहार में कोरोना विस्फोट, गया में 11 एक्टिव केस, पटना समेत 5 जिलों में 16 मरीज कोरोना संक्रमित...
4 Jan, 2023 12:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार : बौद्ध धर्म गुरु दलाई लामा के दर्शन हेतु गया पहुंचे विदेशी सैलानियों के जरिए बिहार के गया तक पहुंचा कोरोना अब राज्य के पांच शहरों में फैल चुका है। गया में सबसे ज्यादा एक्टिव 11 केस हैं। इस बीच पटना में दो, अरवल, भागलपुर और दरभंगा में एक-एक केस सामने आया है। पटना में केस निकलने के बाद कोरोना के बुरी तरह फैलने का खतरा रहता है। अब तक कोरोना की जितनी भी लहरें आईं, उसमें सबसे तेज संक्रमण पटना में ही फैला है और सबसे ज्यादा मौतें भी यहीं हुईं।
राज्य के स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी ताजा अपडेट में दिख रहा ट्रेंड बता रहा है कि अलर्ट रहने की जरूरत लगातार बढ़ रही है। 31 दिसंबर को हुई 50,873 जांच में सिर्फ एक पॉजिटिव केस सामने आया था, जबकि पहली जनवरी को 20,089 ही जांच के बावजूद दो पॉजिटिव केस सामने आए थे। इसके बाद 02 जनवरी को 49,241 की रिपोर्ट में तीन पॉजिटिव केस सामने आए। 03 जनवरी को रात में जारी रिपोर्ट के अनुसार राज्य में कोविड के 16 एक्टिव केस हैं।
प्रयागराज में वाहन चेकिंग कर रहे ARTO को तेज रफ्तार कार ने कुचला, हालत गंभीर..
3 Jan, 2023 01:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
प्रयागराज : नैनी के नए यमुना ब्रिज पर कार की टक्कर से एआरटीओ प्रवर्तन भूपेश कुमार गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उनके सिर में गंभीर चोट आई है। आनन फानन में उन्होंने जीवन ज्योति हास्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां हालत नाजुक देख उन्हें लखनऊ मेदांता के लिए रेफर कर दिया गया है। चिकित्सकों के मुताबिक शुरुआती 15 दिन एआरटीओ के लिए अहम हैं। घटना की जानकारी होते ही डीएम, आरटीओ सहित तमाम अफसर मौके पर पहुंच गए। घटना के बाद चालक कार लेकर फरार हो गया है। पुलिस उसकी खोजबीन में जुटी है।
एआरटीओ प्रवर्तन भूपेश कुमार गुप्ता मंगलवार को भोर में नए यमुना पुल पर अपनी टीम के साथ वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। भोर में करीब पांच बजे एक गाड़ी के नंबर प्लेट का फोटो खींचने के लिए जैसे ही वह सड़क पार कर रहे थे कि तेज रफ्तार एक कार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में एआरटीओ दूर गिरे। इससे उनके सिर में गंभीर चोटे आई।
घटना के बाद चालक कार लेकर फरार हो गया। कर्मचारियों ने एआटीओ को तत्काल जीवन ्ज्योति हास्पिटल रामबाग में भर्ती कराया। सिर से लगातार रक्तस्राव हो रहा था। हालत गंभीर देख उन्हें मेदांता के लिए रेफर कर दिया गया। घटना के बाद तमाम अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
Bharat Jodo Yatra में शामिल नहीं होंगे अखिलेश-मायावती..
3 Jan, 2023 01:43 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ । कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की प्रदेश में मंगलवार को भारत जोड़ो यात्रा के प्रवेश से पूर्व ही सियासी समकीरणों की नई तस्वीर सामने आने लगी है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव व बसपा सुप्रीमो मायावती ने राहुल के उनकी यात्रा में शामिल होने के आग्रह को स्वीकार नहीं किया है। हालांकि यात्रा के लिए शुभकामनाएं देकर राजनीतिक संदेश देने का प्रयास जरूर किया है।
हरियाणा में प्रवेश करेगी यात्रा
कांग्रेस के प्रांतीय अध्यक्ष नसीमुद्दीन सिद्दीकी का कहना है कि राहुल गांधी की यात्रा मंगलवार दोपहर 12 बजे गाजियाबाद के लोनी बार्डर से प्रदेश में प्रवेश करेगी।राहुल गांधी यूपी में तीन दिनों में 62 किलोमीटर पदयात्रा करेंगे। तीनों दिन कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव प्रियंक वाड्रा भी शामिल रहेंगी।यात्रा चार जनवरी को बागपत व पांच जनवरी को शामली में होगी, जिसके बाद कैराना (शामली) से पानीपत (हरियाणा) में प्रवेश करेगी।नौ राज्यों से होते हुए राहुल की यात्रा लगभग तीन हजार किलोमीटर की दूरी तय कर उत्तर प्रदेश में प्रवेश करेगी। यात्रा को लेकर सियासत भी जारी है।सपा अध्यक्ष अखिलेश ने चार दिन पहले कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के सवाल पर कहा था कि हम भावना से उनकी यात्रा के साथ हैं
लेकिन भाजपा और कांग्रेस में कोई अंतर नहीं है।सपा के मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने बताया कि अखिलेश यात्रा में शामिल नहीं होंगे। रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी पहले ही यात्रा में शामिल होने से इनकार कर चुके हैं।सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी ने भी यात्रा में शामिल न होने का निर्णय किया है। बसपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता धर्मवीर चौधरी पहले ही स्पष्ट कह चुके हैं कि बसपा, कांग्रेस की यात्रा के समर्थन में नहीं है। चौधरी ने कहा था कि कांग्रेस शासित राज्यों में भी दलितों का उत्पीड़न कम नहीं हो रहा है।
यात्रा से पहले गीत जारी
प्रदेश कांग्रेस ने एक गीत भी जारी किया है, जो इंटरनेट मीडिया पर प्रस्सारित है। इस मिट्टी की बात एक है, लोग एक हैं चांद एक है यूपी के जज्बात एक हैं। भेदभाव की बातें छोड़ो आओ मिलकर भारत जोड़ो .... गीत के माध्यम से लोगों को यात्रा से जुड़ने के लिए प्रेरित करने का प्रयास है।
क्या बोले अखिलेश
अखिलेश ने सोमवार को ट्वीट कर कहा,'' प्रिय राहुल जी, ''भारत जोड़ो यात्रा'' में न्योते के लिए धन्यवाद और ''भारत जोड़ो'' की मुहिम की सफलता के लिए हार्दिक शुभकामनाएं .''। अखिलेश ने लिखा, ''भारत भौगोलिक विस्तार से ज्यादा एक भाव है, जिसमें प्रेम, अहिंसा, करुणा, सहयोग और सौहार्द ही वो सकारात्मक तत्व हैं, जो भारत को जोड़ते हैं। आशा है यह यात्रा हमारे देश की इसी समावेशी संस्कृति के संरक्षण के मकसद से अपने लक्ष्य को हासिल करेगी।'
क्या बोलीं मायावती
बसपा प्रमुख मायावती ने भारत जोड़ो यात्रा के लिए राहुल गांधी को शुभकामनाएं दीं हैं। उन्होंने कहा कि इस यात्रा में शामिल होने के लिए लिखी गई चिट्ठी के लिए धन्यवाद।
Cold Wave Alert: 7 जनवरी तक यूपी में घने कोहरे के साथ कोल्ड डे का अलर्ट जारी..
3 Jan, 2023 01:31 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ । नए साल की दस्तक के साथ ही कड़ाके की सर्दी का असर भी शुरू हो गया है।। नए वर्ष का स्वागत मौसम ने घने कोहरे और ठंडी हवाओं के साथ किया। मंगलवार सुबह से ही लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, गाजियाबाद में घना कोहरा छाया हुआ है। बर्फीली हवाओं के चलने से गलन भी बढ़ गई है। मौसम विभाग ने भी सात जनवरी तक देशभर के 27 जिलों में घने कोहरे और शीत दिन के लिए चेतावनी जारी की है। वहीं 31 जिलों में कोहरे से सचेत रहने का पूर्वानुमान जारी किया है।
रात में और गिरेगा पारा, बढ़ेगी ठंड
आंचलिक मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक एम निदेशक के अनुसार, वर्तमान में बंगाल की खाड़ी के साथ साथ पहाड़ों से भी हवा प्रदेश की ओर चल रही है। इस कारण पश्चिमी जिलों में शीत दिन के साथ दिन के तापमान में अधिक बदलाव नहीं हो रहा है। वहीं दिनभर धुंध की स्थिति भी बनती दिख रही है। आने वाले तीन दिनों तक मौसम में कोई खास बदलाव नहीं होगा। हालांकि बर्फीली हवा चल से गलन महसूस होगी। तीन दिन के बाद अधिकतम तापमान में कुछ बढ़ोतरी नजर आ सकती है। वहीं रात में पारा गिर सकता है।
तापमान में पांच से छह डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई
सोमवार को राजधानी का अधिकतम तापमान लगभग चार डिग्री तक गिरकर 17 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज हुआ वहीं न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस पर रहा। प्रदेशभर में ठंडी हवाओं के चलते अधिकतम तापमान में पांच से छह डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। सबसे अधिक तापमान आगरा में 18.8 डिग्री सेल्सियस और अलीगढ़ में 17.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान में कुछ बढ़ोतरी दर्ज हुई। सबसे कम तापमान फतेहपुर में पांच डिग्री सेल्सियस और कानपुर नगर में 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, मंगलवार को लखनऊ और आसपास के जिलों में घने से अत्यधिक घने कोहरे के लिए चेतावनी जारी की गई है। वहीं, शीत दिन की भी प्रदेश भर में आशंका हो सकती है। अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8.0 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।