उत्तर प्रदेश (ऑर्काइव)
योगी सरकार ने 33408 किसानों का एक लाख तक के कर्जमाफी का आदेश जारी किया
8 Jan, 2023 06:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ । वर्ष 2023 में योगी सरकार ने 33408 किसानों का एक लाख तक के कर्जमाफी का आदेश जारी कर दिया है। 2017 में योगी सरकार की कर्जमाफी योजना की कुछ तकनिकी खामियों से किसानों को इसका लाभ नहीं मिल पाया था। अब सरकार ने उन खामियों को दूर करते हुए कर्जमाफी का आदेश जारी करते हुए फंड भी रिलीज कर दिया है।
वाराणसी पहुंचे यूपी के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने मीडिया से बातचीत में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 2017 में योगी सरकार बनने के बाद कर्जमाफी का ऐलान किया गया था। उस दौरान लाखों किसानों के एक लाख तक के ऋण को माफ किया गया था लेकिन 33408 किसान कुछ खामियों की वजह से इस लाभ से वंचित रह गए थे। अब उन छूटे हुए किसानों के भी 190 करोड़ रुपये का कर्ज माफ किया जाएगा।
प्रेस को संबोधित करते हुए मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि साल 2023 को अंतर्राष्ट्रीय मिलेट यानी की मोटे अनाज वर्ष के रूप में मनाने जा रहा है। ऐसे में योगी सरकार ने भी 4 साल में 68 हजार हेक्टेयर क्षेत्रफल में मिलेट की खेती का लक्ष्य रखा है। 15 जनवरी को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसका शुभारंभ भी करेंगे। उन्होंने बताया कि सरकार मिलेट की खेती के लिए किसानों को जागरूक करेगी।
शीतलहर से यूपी में कक्षा 8 तक के सभी स्कूल 14 जनवरी तक बंद रहेंगे
8 Jan, 2023 05:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ। यूपी में शीतलहर जारी है। कड़ाके की ठंड को देखते हुए स्कूलों में छुटि्टयां बढ़ा दी गई हैं। बनारस गोरखपुर कुशीनगर समेत कई जिलों के स्कूलों में स्कूल अगले कुछ दिन तक और बंद रहेंगे। इससे पहले कई जिलों में रविवार तक छुट्टी घोषित हुई थी। भीषण शीतलहर व ठंड के मद्देनजर बनारस के डीएम एस राजलिंगम के निर्देश पर कक्षा 8 तक के सभी स्कूलों को 14 जनवरी तक बंद रखने का निर्देश दिया है। यह आदेश सभी प्राथमिक स्कूल सीबीएसई आईसीएसई और बदरसा बोर्ड समेत सभी स्कूलों पर लागू होगा।
गोरखपुर में 12वीं तक के स्कूल 10 जनवरी तक बंद रहेंगे। जिन स्कूलों में प्री बोर्ड या प्रैक्टिकल परीक्षाएं चल रही हैं वहां छात्रों को सुबह 10 बजे से बुलाया जा सकता है। वहीं कुशीनगर में पहली से 8वीं तक की कक्षाएं 14 जनवरी तक बंद रखने के आदेश दिए गए हैं।
लखनऊ जिले में शीतलहर के चलते पहली से 8वीं तक के सभी स्कूल 9 से 14 जनवरी तक बंद रहेंगे। यह आदेश लखनऊ के जिलाधिकारी ने जारी किया है। आदेश में लिखा गया है कि यह छुट्टी शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के सभी स्कूलों पर यह आदेश लागू होगा। गौतमबुद्ध नगर जिले में शीतलहर के कारण स्कूलों में छुट्टी 15 जनवरी तक कर दी गई है। वहीं दिल्ली में 8वीं तक के स्कूल भी 15 जनवरी तक बंद रखने के आदेश दिए गए हैं। यूपी के हाथरस जिले में स्कूल 10 जनवरी तक बंद रखने के स्कूल दिए गए हैं।
प्राणि उद्यान ने जानवरों के लिए हीटर व कंबलों का इंतजाम किया
8 Jan, 2023 04:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ। यूपी में कड़ाके की ठंड के बीच लखनऊ के नवाब वाजिद अली शाह प्राणि उद्यान ने जानवरों को राहत पहुंचाने के लिए हीटर और कंबलों का इंतजाम किया है। लखनऊ प्राणि उद्यान के निदेशक विष्णु कांत मिश्रा ने रविवार को कहा राजधानी में ठंड के प्रकोप से चिड़ियाघर के जानवर भी अछूते नहीं हैं। जानवरों को राहत के लिए उनके बाड़े में हीटर लगवाए गए हैं। साथ ही कंबल का भी प्रबंध किया गया है। उन्होंने बताया कि बाघ बब्बर शेर और भालुओं के बाड़े में हीटर और कंबल के अलावा पुआल भी डाला गया है ताकि उस पर बैठने से उन्हें गर्मी मिल सके। उन्होंने बताया कि सरीसृप नस्ल के जीवों के बाड़े में भी हीटर लगाए गए हैं क्योंकि उन्हें अपने शरीर का तापमान बनाए रखने के लिए ऊष्मा की लगातार जरूरत होती है। मिश्रा के मुताबिक सर्दी से बचाव के लिए चिड़ियाघर के जानवरों और परिंदों के आहार में भी बदलाव किया गया है। उन्हें अधिक वसा और प्रोटीन वाला खाना दिया जा रहा है।
अमेठी के जिला निर्वाचन कार्यालय में लगी आग, कई महत्वपूर्ण फाइलें जलकर राख...
8 Jan, 2023 03:01 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
उत्तर प्रदेश : अमेठी जिले के कलेक्ट्रेट की प्रथम मंजिल पर स्थित निर्वाचन कार्यालय में रविवार सुबह अचानक आग लग गई। कार्यालय से धुआं उठता देख कलेक्ट्रेट में तैनात होमगार्ड ने इसकी सूचना अफसरों को दी। कई महत्वपूर्ण फाइलें जलकर राख हो गए।
सूचना मिलते ही एडीएम अजीत कुमार सिंह व एसडीएम राकेश कुमार मौके पर पहुंचे। अफसरों की मौजदगी में कर्मचारियों ने कार्यालय का ताला तोड़ा। इसी बीच मौके पर पहुंचे फायर वाहन ने किसी तरह आग पर काबू पाया।
आग किस कारण से लगी इसकी जांच की जा रही है। एएसपी हरेंद्र कुमार व सीओ मयंक द्विवेदी भी मौके पर पहुंचे। एडीएम ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। किसी कर्मी की लापरवाही मिलेगी तो उसके खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पुलिस मुख्यालय में चाय पीने से किया इनकार...
8 Jan, 2023 02:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता व ट्विटर एडमिन को शनिवार को लखनऊ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इसके विरोध में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पुलिस मुख्यालय पहुंच गए। उन्होंने गिरफ्तारी का विरोध किया और कहा कि सरकार की तानाशाही नहीं चलेगी। वो अपने समर्थकों के साथ पुलिस मुख्यालय में ही बैठ गए। इस बीच बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता पुलिस मुख्यालय पहुंचे और योगी सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। सपाइयों का कहना था कि तानाशाही नहीं चलेगी। पुलिस भाजपा के इशारे पर काम कर रही है और सपा के किसी भी नेता को गिरफ्तार कर ले रही है।
पुलिस मुख्यालय में मौजूद सपा अध्यक्ष को वहां मौजूद अधिकारियों ने चाय ऑफर की। जिस पर अखिलेश यादव ने इनकार कर दिया। उन्होंने कहा, 'आप जहर मिला दोगे तो... हमें आप पर भरोसा नहीं।' बहुत कहने पर अखिलेश ने कहा कि हम बाहर से चाय मंगवा लेंगे और कप आपका ले लेंगे। इतना कहकर उन्होंने अपने कार्यकर्ता से चाय मंगवाई।
शनिवार सुबह अभद्र टिप्पणी करने के आरोप में समाजवादी पार्टी के ट्विटर एडमिन मनीष जगन अग्रवाल को लखनऊ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ लखनऊ के हजरतगंज थाने में तीन मुकदमें दर्ज हैं। मामले की जानकारी पर गिरफ्तारी के विरोध में सपा कार्यकर्ता पुलिस मुख्यालय पहुंच गए और वहीं बैठ गए। उन्होंने कार्यकर्ता को रिहा करने की मांग की।
अभद्र टिप्पणी करने के आरोप में सपा का ट्विटर एडमिन गिरफ्तार, पुलिस मुख्यालय पहुंचे अखिलेश यादव...
8 Jan, 2023 02:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के ट्विटर एडमिन मनीष जगन अग्रवाल को लखनऊ पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया है। उन पर ट्विटर के जरिए अभद्र टिप्पणी करने का आरोप है गिरफ्तारी के विरोध में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पुलिस मुख्यालय पहुंच गए हैं। इसकी जानकारी होते ही बड़ी संख्या में सपा नेता भी मुख्यालय पहुंचे और भाजपा व योगी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। मनीष जगन अग्रवाल के खिलाफ हजरतगंज थाने में तीन मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
उनकी गिरफ्तारी को लेकर सपा ने आक्रोश जताया है और मांग की है कि जल्द से जल्द रिहा करें। इस बीच सपा कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन और नारेबाजी शुरू कर दी।
अखिलेश यादव पुलिस मुख्यालय के बाद जिला जेल पहुंच गए हैं। सपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए हैं। उनकी पुलिस से झड़प हो गई। उन्हें तितर-बितर करने के लिए पुलिस को हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा है।लखनऊ पुलिस द्वारा सपा कार्यकर्ता की गिरफ्तारी निंदनीय एवं शर्मनाक है।
कोहरे के चलते फर्रुखाबाद में रोडवेज बस और ट्रक में भीषण टक्कर, दो की मौत, कई घायल...
8 Jan, 2023 12:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में रविवार को भीषण सड़क हादसा हुआ। फर्रुखाबाद से दिल्ली की ओर सवारियां लेकर जा रही साहिबाबाद डिपो की बस घने कोहरे में ट्रक से टकरा गई। आमने-सामने भिड़ंत होने पर बस व ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 11 यात्री घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया। गंभीर रूप से घायल करीब 6 यात्रियों को जिला मुख्यालय स्थित लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया है। डीएम व एसपी ने मौके पर पहुंचकर घायलों से जानकारी की।
उन्होंने सीएमओ को घायलों का उचित उपचार करने के निर्देश दिए। जानकारी के अनुसार साहिबाबाद डिपो की बस दिल्ली से सुबह 5:30 बजे सवारियां लेकर आई थी। चालक व परिचालक सुबह 7:30 बजे बस में सवारियां लेकर दिल्ली की ओर रवाना हुए। जैसे ही बस नवाबगंज मंजना मार्ग पर पहुंची उसी समय सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई।
हादसे में ट्रक चालक गोविंद पुत्र बबलू सिंह निवासी धसों कल्याणपुर थाना गढ़िया रंगीन जनपद शाहजहांपुर व रोडवेज बस चालक लखन कुमार शर्मा पुत्र बसंत लाल शर्मा निवासी महमूदपुर जमालपुर जनपद अलीगढ़ की मौत हुई है। जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा व सीएमओ डॉक्टर अवनींद्र कुमार लोहिया अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना।
बंगाल के पूर्व राज्यपाल केशरी नाथ त्रिपाठी का निधन, लंबे समय से थे बीमार...
8 Jan, 2023 12:01 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
प्रयागराज : पूर्व राज्यपाल केशरी नाथ त्रिपाठी का 88 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। शनिवार को उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। रविवार की सुबह उन्होंने घर पर ही अंतिम सांस ली। परिजन आज उन्होंने लखनऊ पीजीआई ले जाने वाले थे।
दो दिन पूर्व ही पूर्व राज्यपाल केशरी नाथ त्रिपाठी को प्रयागराज स्थित एक्यूरा क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल से घर लाया गया था। वहां चिकित्सक उनपर नजर रखे हुए थे। उन्हें ऑक्सीजन के साथ ही पेय पदार्थ भी नली की मदद से दिया जा रहा था।
शनिवार को दिक्कत बढ़ने के बाद चिकित्सकों ने लखनऊ ले जाने की सलाह दी थी। परिवार केे सदस्यों ने बताया कि आज उन्हें पीजीआई लखनऊ ले जाने की तैयारी थी। लेकिन उससे पहले ही उनका निधन हो गया।
दुष्कर्म मामले में IAS संजीव हंस और पूर्व विधायक गुलाब यादव पर केस दर्ज...
8 Jan, 2023 11:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार कैडर के आईएएस अधिकारी संजीव हंस और राजद के पूर्व विधायक गुलाब यादव के खिलाफ दुष्कर्म के मामले में दानापुर एसीजेएम कोर्ट ने एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया। कोर्ट में दोनों पर लगे आरोपों पर पुलिस ने प्रारंभिक जांच रिपोर्ट पेश किया।
जांच रिपोर्ट में पाया गया है कि आईएएस अधिकारी संजीव हंस और गुलाब यादव पीड़ित महिला के साथ दिल्ली के एक होटल में मौजूद थे। 2021 में एक महिला ने आरोप लगाया था कि आईएएस संजीव हंस और पूर्व विधायक गुलाब यादव ने उसके साथ दुष्कर्म किया है। महिला का कहना है कि गुलाब यादव ने उसे ब्लैकमेल कर दिल्ली के होटल में बुलाया, जहां आईएएस अधिकारी संजीव हंस भी मौजूद थे। दोनों ने नशीला पदार्थ खिलाकर दुष्कर्म किया।
यूपी में शीतलहर का प्रकोप जारी, छाया रहेगा कोहरा...
8 Jan, 2023 11:10 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ : शीतलहर से कांप रहे प्रदेश में ठंड शनिवार को और बढ़ी। पारे में हर जगह भारी गिरावट दर्ज की गई। न्यूनतम दो डिग्री तापमान के साथ चुर्क और कानपुर सबसे ठंडे रहे। बरेली में पारा 2.9 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़का।
मौसम विज्ञान के मुताबिक रविवार को भी प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में शीतलहर और घने कोहरे का प्रकोप जारी रहेगा। इसके बाद मौसम में कुछ सुधार संभव है। शनिवार को प्रदेश के कुछ हिस्सों में धूप भी खिली पर गलन इस कदर हावी थी कि लोगों ने घरों में ही रहना मुनासिब समझा। इस गलन के पीछे अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 10 डिग्री से ज्यादा का अंतर होना बताया गया। गाजीपुर में तो दिन का तापमान 20.7 डिग्री तक पहुंच गया। जबकि अन्य शहरों में यह 10 से 13 के बीच रहा। शाम होते-होते कई जिले फिर कोहरे की आगोश में समा गए।
यहां चार डिग्री से नीचे पारा
इटावा 3.8, फतेहरपुर 3.2, मुजफ्फरनगर तीन, आगरा 3.2, लखनऊ, झांसी, शाहजहांपुर और मेरठ में चार डिग्री।
बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, गोंडा समेत प्रदेश के तराई वाले जिलों में भीषण सर्दी का दौर जारी है। इन जिलों के ग्रामीण क्षेत्रों में लोग दिन भर अलाव के पास बैठे दिखे। इन जिलों में न्यूनतम तापमान पांच से सात डिग्री में बीच रिकॉर्ड किया गया।
जमुई में पत्नी से विवाद में सिपाही ने गोली मार कर की आत्महत्या...
8 Jan, 2023 11:05 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार : जमुई के सदर थाना में पदस्थापित एक सिपाही ने शनिवार की दोपहर खुद को गोली मार कर आत्महत्या कर ली। आननफानन में परिजन उसे सदर अस्पताल ले गए, जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया। पटना के रास्ते में ही सिपाही की मौत हो गई। इधर, यह सूचना बेगूसराय में सिपाही की साली तक पहुंची तो उसने कीटनाशक खा लिया।
मृतक सिपाही की पहचान बेगूसराय जिले के चेरिया बरियारपुर गांव निवासी कृष्णदेव चौधरी के पुत्र गुंजन कुमार के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि गुंजन कुमार नगर थाना क्षेत्र में किराए का मकान लेकर अपनी पत्नी और बच्चों के साथ रहते थे। शुक्रवार की रात्रि गश्ती ड्यूटी पूरी कर शनिवार की सुबह करीब 3 बजे अपने रूम पर पहुंचे। इसके बाद उनका उनकी पत्नी के साथ विवाद होने लगा। आसपास के लोगों ने बताया कि घटना से पूर्व भी रूम में दोनों पति-पत्नी के बीच विवाद हो रहा था। इसी दौरान दिन के करीब 1 बजे गोली चलने की आवाज आई। गोली की आवाज सुनते ही लोग उधर दौड़ पड़े। तभी मृतक की पत्नी रूम से चिल्लाते हुए बाहर निकली कि मेरे पति ने गोली मार ली है।
चार घंटे बाद साली ने खाया जहर
उधर, घटना की सूचना गुंजन की साली को भी मिली। घटना के करीब चार घंटे बाद उसकी साली प्रियंका कुमारी ने कीटनाशक दवा खा ली। आननफानन में परिजनों ने उसे भी सदर अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल प्रियंका की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रियंका बेगूसराय के बरौनी निवासी ओम प्रकाश चौधरी की पुत्री है। लोग बताते हैं कि गुंजन और उसकी पत्नी में चार दिनों से विवाद चल रहा था। प्रियंका का कहना है कि मैं अपनी बहन को विधवा नहीं देखना चाहती हूं, इसीलिए कीटनाशक दवा खा ली है।
इनामी पूर्व बसपा मंत्री याकूब व उसका बेटा इमरान दिल्ली से गिरफ्तार
7 Jan, 2023 09:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मेरठ। बहुजन समाज पार्टी के पूर्व मंत्री याकूब कुरैशी व उसके बेटे को मेरठ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अवैध मीट प्लांट का संचालन करने में करीब 9 महीने से याकूब कुरैशी और उसकी फैमिली फरार थी। अब 50000 का इनामी याकूब व उसका बेटा इमरान दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया गया है।
31 मार्च 2021 को पुलिस ने याकूब कुरैशी की फैक्ट्री अल्पाइन मीटेक्स प्राइवेट लिमिटेड पर छापा मारकर एक बड़े रैकेट का खुलासा किया था। अल फहीम मीटेक्स प्राइवेट लिमिटेड में अवैध तरीके से मीट प्लांट संचालन किया जा रहा था। खराब मीट पैक करके विदेश भेजा जा रहा था। पुलिस ने करोड़ों का मीट फैक्ट्री में से बरामद किया था। जिसके बाद से याकूब कुरैशी और उसके परिवार समेत 14 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया था।
पुलिस ने इस परिवार पर गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया और करोड़ों की संपत्ति कुर्क कर ली। जिसके बाद याकूब कुरैशी पर पहले 25000 और अब 50000 का इनाम घोषित किया गया था। पिछले 9 महीने से याकूब और उसका बेटा इमरान कुरेशी फरार था। पुलिस ने अब तक गैंगस्टर एक्ट के तहत याकूब कुरैशी और उसके परिवार की करोड़ों की संपत्ति कुर्क कर ली है। जिसके बाद अब दिल्ली के चांदनी महल थाना क्षेत्र से उसकी गिरफ्तारी की गई है। फिलहाल पुलिस उसे कस्टडी में रखकर पूछताछ कर रही है।
ओमप्रकाश राजभर ने 10 रुपये सदस्यता शुल्क देने पर 3 वर्ष सुरक्षा का वादा किया
7 Jan, 2023 08:17 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बलिया। ओमप्रकाश राजभर ने बलिया के रसड़ा में सुभासपा कार्यकर्त्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी का सदस्य बनने पर 3 साल की गारंटी और वारंटी दी जाएगी। उन्होंने पार्टी को 10 रुपये सदस्यता शुल्क देने पर 3 वर्ष सुरक्षा का वादा किया। राजभर ने पार्टी का सदस्य बनने वालों के हर सुख-दुख में शामिल होने की गारंटी भी दी।
वीडियो वायरल होने के बाद सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर बस्ती पहुंचे। वहां उन्होंने अपनी पार्टी के 3 साल के सदस्यता के बदले सुरक्षा वाले बयान पर कहा कि लोग बाल की खाल निकाल रहे हैं। हमारी पार्टी का सदस्यता शुल्क 10 रुपये हैं। हम 10 रुपये में सदस्य बनाते हैं तो 3 साल की गारंटी लेते हैं। तीन साल के अंदर कोई भी दुख होगा सुख होगा हमारा नेता आप के यहां जाएगा। हम इसलिए लोगों को समझाते हैं। हम जातिगत जनगणना चाहते हैं। हम एक समान अनिवार्य फ्री शिक्षा के लिए आप का सहयोग चाहते हैं। हम प्रदेश में शराब बंदी और घरेलू बिजली फ्री के लिए आप का सहयोग चाहते हैं। अगर यह चीज सही है तो हम से जुड़िए और 10 रुपये में सदस्य बनिए।
उन्होंने कहा कि गठबंधन तो होंगे। चुनाव अभी दूर हैं जब नजदीक आएगा तो उस पर फैसला होगा। अभी हम लोग महिला अधिकार रैली निकाल रहे हैं। यात्रा के माध्यम से अपनी पार्टी को जनता से जोड़ने की कवायद होती है। भारत जोड़ो यात्रा पर उन्होंने कहा कि भारत कहां टूटा है जो उस को फेविकोल लगाकर जोड़ने जा रहे हैं। महिलाओं के आरक्षण पर उन्होंने कहा कि महिलाओं को राजनीति और नौकरी में 50 प्रतिशत आरक्षण मिलना चाहिए।
राजभर ने कहा कि बेशक राहुल गांधी जी मेहनत कर रहे हैं और उस का रिजल्ट भी उन को मिल रहा है। यात्रा के माध्यम से जहां तक वो अपना संदेश पहुंचा रहे हैं लोगों का साथ मिल रहा है वहीं राहुल गांधी के 2024 में प्रधानमंत्री के सवाल पर राजभर हंसने लगे और कहा कि अभी वह बहुत दूर हैं। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के बाद सबसे ज्यादा विकास का काम कांग्रेस ने किया। लाख पार्टियां सत्ता में आएं लेकिन जितना काम कांग्रेस ने किया कोई नहीं कर सकता। आजादी के बाद देश की तमाम आवश्यकताएं थीं उन्हें देखकर कांग्रेस ने काम किया। आज उसी को लोग आगे बढ़ा रहे हैं।
सहारा व चिट फंड कंपनियों से ठगे गए लोगों ने भारत भुगतान यात्रा निकाली
7 Jan, 2023 07:16 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
झांसी। यूपी झांसी में सहारा व विभिन्न चिट फंड कंपनियों से ठगे गए लोगों द्वारा भारत भुगतान यात्रा निकाली गई। इसमें हजारों उपभोक्ताओं ने प्रदर्शन किया। इससे पहले उन्होंने एलाइट चौराहा पर प्रदर्शन किया। उसके बाद एलाइट चौराहे से मंडलायुक्त कार्यलाय तक पैदल यात्रा निकाली। इन लोगों ने चिट फंड कंपनियों में अपना फंसा हुआ पैसा वापस करने की मांग की।
मीरा सोनी ने रोते हुए कहा कि उन्होंने जो पैसा सहारा में लगाया था वह पूरा डूब गया है। उन्होंने 5 लाख रुपए जमा किए थे। लेकिन आज तक कुछ भी वापस नहीं मिला और आज वह पैसे-पैसे के लिए मोहताज हैं। एक अन्य महिला मालती देवी ने बताया कि उनके पति ने सहारा में 10 लाख रुपए जमा किए थे और अब उनके पति का देहांत हो गया है इससे उनके लिए घर तक चलाना मुश्किल हो गया है बच्चों की फीस भी नहीं जमा कर पा रही हैं।
एडीएम संजय पांडेय ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार सहारा के निवेशकों को क्रमबद्ध तरीकों से पैसा लौटाया जाएगा। इसके लिए बड्स एक्ट भी पारित किया गया है। शासन द्वारा भेजे गए नोटिफिकेशन के अनुसार अधिकारी नियुक्त हैं। जल्द ही तहसील स्तर पर सभी के आवेदन लिए जाएंगे और उन पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
हनीमून मनाने उत्तराखंड गए पति की पत्नी प्रेमी के साथ हुई फरार
7 Jan, 2023 06:14 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अलीगढ़। यूपी के अलीगढ़ जिले में हनीमून मनाने उत्तराखंड गए पति के उस समय होश उड़ गए जब उसकी पत्नी अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। पत्नी ने भागने से पहले पति को नशीली चीज सुंघाकर बेहोश किया। अब पति को पता चला है कि उसकी पत्नी ने पहले ही लव मैरिज कर रखी थी। वह अब पुलिस के चक्कर लगा रहा है।
जानकारी के मुताबिक मामला सिविल लाइन थाना इलाके का है। यहां एक युवक की शादी पिछले साल 28 नवंबर को आगरा कैंट में रहने वाली युवती के साथ हुई थी। पूरा शादी समारोह अलीगढ़ के ही गेस्ट हाउस में हुआ था। शादी के बाद 8 दिसंबर को पति-पत्नी हनीमून के लिए देहरादून रवाना हो गए। यहां के बाद वह मसूरी गए और फिर ऋषिकेश पहुंचे। बताया जाता है कि ऋषिकेश के जिस होटल में दोनों रुके थे वहीं रात को महिला ने पति को नशीली चीज सुंघा दी। वह उसे बेहोश करके भाग गई। युवक को जब होश आया तो उसके पैरों के नीचे से जमीन निकल गई। उसे पत्नी कहीं दिखाई नहीं दी तो उसने होटल स्टाफ से पूछताछ की। उसके बाद भी जब महिला का पता नहीं चला तो पुलिस को खबर की गई।
इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फूटेज खंगाले। इस फूटेज में युवती अकेले ही कहीं जाती दिखाई दे रही है। उसके बाद उसका कुछ पता नहीं चला। आनन-फानन में युवक ने अपने घर फोन किया और वापस अलीगढ़ पहुंचा। उसने लड़की के घरवालों से पूछताछ की तो वह टालमटोल करने लगे। बाद में पता चल गया कि लड़की ने पहले ही लव मैरिज कर रखी थी।