उत्तर प्रदेश (ऑर्काइव)
गृहमंत्री अमित शाह 22 फरवरी को स्वामी सहजानंद सरस्वती जयंती समारोह में होंगे शामिल..
21 Jan, 2023 01:53 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह रविवार को बिहार आ रहे हैं। अमित शाह राजधानी पटना में स्वामी सहजानंद सरस्वती जयंती समारोह में हिस्सा लेंगे। बापू सभागार में होने वाले इस समारोह को किसान-मजदूर समागम के नाम से जाना जाता है। बड़ी संख्या में राज्य के किसान गृहमंत्री का स्वागत करेंगे।किसान मजदूर समागम के संयोजक और बिहार से राज्यसभा सांसद विवेक ठाकुर ने शाह के दौरे की पुष्टि की है।
उन्होंने बताया कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 22 फरवरी को बिहार आ रहे हैं। शाह बापू सभागार में स्वामी सहजानंद सरस्वती जयंती समारोह में हिस्सा लेंगे। शाह इस दौरान प्रदेश के किसानों को संबोधित करेंगे।विवेक ठाकुर ने आगे कहा, "स्वामी सहजानंद सरस्वती भारत के सबसे बड़े किसान नेता थे। उन्हें पिछली सरकारों में जो सम्मान मिलना था, वो नहीं दिया गया। उनकी जयंती के अवसर पर अमित शाह बिहार और देश के किसानों को संदेश देंगे कि मोदी सरकार किसानों के लिए असली कामगार है। जहां भी किसानों के साथ अन्याय होगा, केंद्र सरकार किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है।"
विवेक ठाकुर ने किसानों के मुद्दे पर नीतीश कुमार की सरकार पर निशाना भी साधा। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों में बिहार के किसानों की उपेक्षा हुआ है। महागठबंधन सरकार जिस तरह से किसानों के साथ व्यवहार कर रही है, वो हमारे लिए एक बड़ी चिंता का विषय है।उन्होंने आगे कहा, "राज्य के 50 फीसदी से ज्यादा लोग कृषि पर निर्भर हैं। इसके बावजूद नीतीश कुमार सरकार किसानों की आवाज सुनने को तैयार नहीं है। किसान सिर्फ पुलिस की बर्बरता और सरकार की उदासीनता का सामना कर रहे हैं। बीजेपी को ये स्वीकार नहीं है।
चंदौली लोक सभा से लगातार तीन बार सांसद रहे आनंद रत्न मौर्य का निधन...
21 Jan, 2023 01:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
उत्तर प्रदेश : चंदौली लोकसभा से लगातार तीन बार सांसद रहे आनंद रत्न मौर्य का शुक्रवार देर रात निधन हो गया। आनंद चंदौली लोकसभा से लगातार तीन बार (1991, 96, 98) सांसद बनकर एक कीर्तिमान बनाया था जिसे चंदौली लोकसभा में आज तक कोई भी नहीं तोड़ पाया है। पूर्व सांसद आनंद, पूर्व प्रधानमंत्री अटल विहारी वाजपेयी की सरकार में चंदौली के काफी चर्चित चेहरे रहे थे।
चंदौली के पूर्व सांसद आनंद रत्न मौर्य पिछले काफी समय से किड्नी की बीमारी से ग्रस्त थे और इन दिनों दिल्ली स्थित एक निजी अस्पताल में उनका डायलिसिस चल रहा था इसी दौरान शुक्रवार देर रात उन्होंने अपनी आखिरी सांसें ली। आनंद मौर्य की गिनती मृदुभाषी व विनम्र स्वभाव के नेताओं में होती थी जिसके फलस्वरूप वह चंदौली से लगातार तीन बार जीतने में सफल रहे थे। आनंद रत्न मौर्य का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव, बनारस स्थित चिरईगांव लाया जा रहा है।
उत्तर प्रदेश : CM आवास पर तैनात PAC जवान की गोली लगने से मौत, जांच में जुटी पुलिस...
21 Jan, 2023 11:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ : रमाबाई स्थल में बने पीएसी कैंप में शुक्रवार शाम सिपाही विपिन कुमार (25) की गोली लगने से मौत हो गई। जिस वाहन से वह ड्यूटी से कैंप लौटा था उसी में उसका खून से सना शव मिला। सूचना पर पहुंची आशियाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और उसके परिजनों को जानकारी दी। विपिन वर्तमान में मुख्यमंत्री आवास पर तैनात था। मूलरूप से अलीगढ़ के थाना खैर के अंडला स्थित तेहरा निवासी विपिन कुमार 2021 बैच का पीएसी का सिपाही था। पीएसी की 12वीं बटालियन में उसकी तैनाती थी। वह रमाबाई स्थल पर बने पीएसी कैंप में रहता था। बीते दस दिसंबर से विपिन की ड्यूटी सीएम आवास पर थी।
आशियाना प्रभारी निरीक्षक अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि शनिवार सुबह विपिन ड्यूटी पर गया था। शाम छह बजे ड्यूटी के बाद सरकारी वाहन से वह कैंप पहुंचा था। कुछ ही देर बाद गाड़ी के भीतर गोली चलने की आवाज आई। जब साथी सिपाही पहुंचे तो विपिन खून से लथपथ पड़ा मिला। साथी सिपाही व अफसर उसे लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने बताया कि विपिन की कुछ समय पहले ही मौत हो चुकी है। डीसीपी पूर्वी हृदेश कुमार ने बताया कि घटनास्थल की फोरेंसिक जांच कराई जा रही है।
गोली इंसास राइफल से चली है। फोरेंसिक टीम ने असलहे को जांच के लिए कब्जे में ले लिया है। उससे फिंगर प्रिंट लिए गए हैं। फिलहाल पुलिस हत्या, हादसा व खुदकुशी के पहलू पर जांच कर रही है। हालांकि शुरुआती जांच के बाद उच्चाधिकारी हत्या की आशंका पूरी तरह नकार रहे हैं। हादसा या खुदकुशी की आशंका अधिक जता रहे हैं। गोली विपिन की गर्दन में लगी और सिर को चीरती हुई निकली। फोरेंसिक जांच में एक तथ्य लगभग स्पष्ट है कि गर्दन से राइफल सटी थी, उसी वक्त गोली चली। बाकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह समेत अन्य तथ्य स्पष्ट होगी।
अगले सप्ताह होनी थी विपिन की शादी
विपिन के परिवार में उसके पिता रामऔतार, मां और दो बहने हैं। वह इकलौता लड़का था। पिता किसान हैं। विपिन की कमाई से ही घर का खर्च चलता था। पुलिस के मुताबिक, अगले सप्ताह विपिन की शादी होने वाली थी। वह 23 जनवरी से छुट्टी पर जाने वाला था।
औरैया में दर्दनाक हादसा, कच्ची दीवार ढहने से दंपती व बालक की मौत..
21 Jan, 2023 09:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
औरैया । कुदरकोट क्षेत्र के गांव गोपियापुर में शुक्रवार की देर रात छप्पर सहित कच्ची दीवार ढहने से दंपती समेत परिवार के छह लोग दब गए। जो सो रहे थे। दीवार गिरने की आवाज सुन पड़ोसी पहुंचे तो दबे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया गया। मलबे से बाहर निकालते तब तक दंपती समेत एक बच्चे की मौत हो चुकी थी। अन्य घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिधूना लाया गया। जहां से उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई के लिए रेफर कर दिया गया। घायलों में तीन बच्चे रहे।
रात तकरीबन पौने 12 बजे की घटना है। मकान काफी पुराना होने की वजह से हादसा हुआ। छप्पर सहित दीवार भरभरा कर गिर पड़ी। चारपाई पर सो रहे 40 वर्षीय इंद्रवीर और पत्नी 38 वर्षीय शकुंतला सहित 12 वर्षीय विकास, आकाश, अनुराग व अंशु दब गए। दीवार गिरने की आवाज सुनकर आस-पड़ोस के लोग पहुंचे। उन्होंने मलबे में दबे दंपती सहित बच्चों को बाहर निकाला। इस दौरान शकुंतला और इंद्रवीर सहित विकास की आंखें हमेशा के लिए बंद हो चुकी थीं। वहीं अन्य बच्चों की हालत नाजुक रही।
घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिधूना में भर्ती कराया गया। जहां से उन्हें सैफई के लिए रेफर कर दिया गया। घटना की जानकारी होने पर क्षेत्राधिकारी महेंद्र प्रताप सिंह से पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने जानकारी की। वह देर रात घटनास्थल पर पहुंच गईं। चारू निगम ने बताया कि हादसे में दंपती समेत तीन की मौत की जानकारी मिली है। अन्य घायलों की भी हालत नाजुक है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।
इंवेस्टर्स समिट में पीएम मोदी हो सकती हैं शामिल..
20 Jan, 2023 05:26 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ | राजधानी लखनऊ में 10 से 12 फरवरी के मध्य होने जा रही उत्तर प्रदेश ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट को भव्य बनाने की तैयारी की जा रही है। योगी सरकार की तरफ से इस आयोजन को अन्य राज्यों के लिए एक मिसाल के तौर पर पेश किया जाएगा। आयोजन में देश और दुनिया भर के दिग्गज तो भाग लेंगे ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू समेत इसमें 20 से ज्यादा केंद्रीय मंत्रियों के भी शामिल होने की संभावना है।यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के उद्घाटन समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि होंगे, जबकि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि सम्मिलित होंगी।
इसके अलावा प्रदेश सरकार की ओर से गृह मंत्री अमित शाह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत 20 केंद्रीय मंत्रियों को भी इस महाआयोजन के लिए निमंत्रण भेजा जा रहा है।उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस आयोजन के माध्यम से 17 लाख करोड़ रुपए के निवेश जुटाने का लक्ष्य रखा है। प्रधानमंत्री मोदी के विजन के अनुरूप मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश को न सिर्फ वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लिए संकल्पित हैं, बल्कि वह प्रदेश को देश के ग्रोथ इंजन के तौर पर भी देख रहे हैं।
प्रदेश सरकार के विभाग यूपीजीआईएस के लिए कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने में जुट गए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रतिदिन 8 सेशन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें पहला इनॉगरल सेशन होगा, जबकि बाद में अलग-अलग सेक्टर व पार्टनर कंट्री से जुड़े सेशन होंगे। दिन के अंत में कल्चरल फंक्शन का आयोजन किया जाएगा।केंद्र सरकार के मंत्रियों की इस आयोजन में बड़ी भूमिका रहने वाली है। कार्यक्रम की प्रस्तावित रूपरेखा के अनुसार पहले दिन भारत सरकार में इलेक्ट्रॉनिक्स एंड आईटी मिनिस्टर अश्विनी वैष्णव, वुमेन एंड चाइल्ड डेवलपमेंट मिनिस्टर स्मृति ईरानी, टूरिज्म मिनिस्टर जी किशन रेड्डी, एफपीआई मिनिस्टर पशुपति कुमार पारस, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, एमएनआरई मिनिस्टर राजकुमार सिंह अलग-अलग सेशन में हिस्सा लेंगे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और रिटायर्ड एयरचीफ मार्शल आरकेएस भदौरिया यूपी में डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के संबंध में होने वाले सेशन का हिस्सा हो सकते हैं।
सुप्रीम कोर्ट : आरक्षण को सही तरीके से लागू करने के लिए जातिगत जनगणना जरूरी..
20 Jan, 2023 01:39 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार सरकार द्वारा पूरे राज्य में जाति आधारित जनगणना कराने के फैसले के खिलाफ लगी याचिकाओं पर विचार करने से सुप्रीम कोर्ट ने इनकार कर दिया है। शीर्ष न्यायालय ने कहा कि याचिकाकर्ताओं को संबंधित उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाने और कानून के अनुसार, उचित उपाय खोजने की स्वतंत्रता प्रदान है तो पहले वहीं जाएं।
इसी के साथ अब बिहार में जातिगत जनगणना कराना जारी रह सकेगा।जस्टिस बीआर गवई और जस्टिस विक्रम नाथ की पीठ ने कहा कि याचिकाएं विचार करने योग्य नहीं है और याचिकाकर्ताओं को संबंधित उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाने की स्वतंत्रता है। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि यह एक प्रचार हित याचिका है।
सुप्रीम कोर्ट की पीठ ने कहा कि हम विशेष जाति को कितना आरक्षण दिया जाना चाहिए, इस बारे में निर्देश कैसे जारी कर सकते हैं। जजों ने कहा कि हम इस तरह के निर्देश जारी नहीं कर सकते हैं और इन याचिकाओं पर विचार नहीं कर सकते हैं।
शीर्ष अदालत ने एक एनजीओ और अन्य द्वारा दायर तीन याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए कहा कि याचिकाकर्ता उचित उपाय के लिए पटना उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटा सकते हैं।
पीठ ने आदेश दिया कि सभी याचिकाओं को वापस ले लिया गया मानकर खारिज किया जाता है और कानून में उचित उपाय खोजने की स्वतंत्रता दी जाती है। बता दें कि 11 जनवरी को शीर्ष अदालत ने कहा था कि वह इस मामले को 20 जनवरी को सुनेगी, क्योंकि याचिकाकर्ताओं में से एक ने मामले की तत्काल लिस्टिंग का उल्लेख किया था।
जनवरी के अंतिम सप्ताह में तीन दिन लगातार बंद रहेंगे बैंक..
20 Jan, 2023 01:32 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गोरखपुर। माह के अंतिम तीन दिन लगातार बैंक बंद रह सकते हैं। 29 को रविवार तो 30 और 31 जनवरी को यूनाइटेड फोरम आफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर बैंक अफसरों और कर्मियों की हड़ताल प्रस्तावित है। ऐसे में यदि आपका कोई आवश्यक कार्य है, तो इससे पहले ही निपटा लें, वरना परेशान होना पड़ सकता है।यूनाइटेड फोरम आफ बैंक यूनियन्स ने अखिल भारतीय स्तर पर 30 व 31 जनवरी को हड़ताल का आह्वान किया है।
दो दिवसीय इस हड़ताल में सभी बैंकों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल होंगे। यूनियन के संयोजक यूपीएन सिंह ने बताया कि 20 जनवरी से बैंक संगठनों द्वारा नियमित आंदोलन का कार्यक्रम बनाया गया है। पहले दिन समस्त बैंकों के अधिकारी-कर्मचारी बैंक रोड स्थित स्टेट बैंक आफ इंडिया के प्रांगण में दोपहर दो बजे प्रदर्शन करेंगे। शाम पांच बजे बैंक आफ इंडिया के तारामंडल स्थित जोनल आफिस पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सप्ताह में पांच बैंकिंग दिवस की शुरुआत, पिछले सेवानिवृत्त बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए पेंशन, शेष मुद्दों का समाधान, बेहतर ग्राहक सेवा सुनिश्चित करने के लिए बैंकों के सभी संवर्गों में भर्ती, पुरानी पेंशन योजना की बहाली 12वें द्विपक्षीय समझौते (वेतन का पुर्ननिर्धारण) है भारतीय संघ यूनियन से बातचीत शुरू किया जाना हमारी प्रमुख मांगें हैं।
गाजीपुर पहुंचे जेपी नड्डा और CM योगी आदित्यनाथ, चुनाव प्रचार का करेंगे आगाज...
20 Jan, 2023 01:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
वाराणसी : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वाराणसी दौरे पर हैं। आज राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और सीएम योगी गाजीपुर में चुनाव का शंखनाद करेंगे। सीएम योगी आदित्यनाथ और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा गाजीपुर पहंच गए हैं। प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का हेलीकॉप्टर पुलिस लाइन में उतरा। वहां भाजपा नेताओं ने बुके देकर दोनों का भव्य स्वागत किया। इसके बाद सीएम और राष्ट्रीय अध्यक्ष कुर्था पवहारी बाबा के आश्रम स्थल पर दर्शन पूजन के लिए पहुंचे।
सीएम योगी और जेपी नड्डा ने शुक्रवार सुबह वाराणसी में बाबा विश्वनाथ के दर्शन किए। साथ ही काशी कोतवाल बाबा काल भैरव के दरबार में हाजिरी लगाई। बाबा काल भैरव का विधि विधान से पूजन अर्चन और आरती करने के बाद जेपी नड्डा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ मंदिर से बाहर निकले। जेपी नड्डा और योगी आदित्यनाथ ने कुल्हड़ में चाय की चुस्की ली।
जेपी नड्डा और सीएम योगी के 20 जनवरी यानि आज गाजीपुर के पवहारी बाबा आश्रम में दर्शन पूजन एवं आईटीआई मैदान में जनसभा का कार्यक्रम निर्धारित है। गुरुवार को एडीजी राजकुमार, आईजी के सत्यनरायण, जिलाधिकारी आर्यका अखौरी और पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने पुलिस लाइन सभागार में जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। वहीं सुरक्षा को लेकर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। एडिशनल, सीओ, पीएसी और पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है।
वाराणसी में फिर छाया घना कोहरा, तापमान में भारी गिरावट...
20 Jan, 2023 12:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
वाराणसी : ठंड कंपा रही है। शुक्रवार को एक बार फिर मौसम बदल गया। सुबह से ही घने कोहरे की चादर छायी रही। इसी का नतीजा रहा कि गलन अधिक लग रही थी। सुबह जहा घना कोहरा छाया रहा वही पछुआ हवाओं में भी नमी अधिक रही। इस वजह से ठंड भी अधिक लग रही। इस बीच तापमान में उतार चढाव बना है। न्यूनतम तापमान भी 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि मौसम वैज्ञानिक एसएन पांडे का कहना है कि दो दिन तो ऐसे ही मौसम रहेगा लेकिन इसके बाद पश्चिमी विक्षोभ की वजह से मौसम बदलेगा। तापमान में कमी के साथ ही ठंड बढ़ने के आसार हैं।
राष्ट्रीय अध्यक्ष JP नड्डा और CM योगी गाजीपुर के लिए रवाना, चुनाव प्रचार का करेंगे आगाज...
20 Jan, 2023 12:20 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
वाराणसी : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वाराणसी दौरे पर हैं। लोकसभा चुनाव 2024 के लिए भाजपा ने कमर कस ली है। आज राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और सीएम योगी गाजीपुर में चुनाव का शंखनाद करेंगे।
बाबा विश्वनाथ के दर्शन किए
सीएम योगी और जेपी नड्डा ने शुक्रवार सुबह वाराणसी में बाबा विश्वनाथ के दर्शन किए। साथ ही काशी कोतवाल बाबा काल भैरव के दरबार में हाजिरी लगाई। बाबा काल भैरव का विधि विधान से पूजन अर्चन और आरती करने के बाद जेपी नड्डा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ मंदिर से बाहर निकले। जेपी नड्डा और योगी आदित्यनाथ ने कुल्हड़ में चाय की चुस्की ली।
जेपी नड्डा और सीएम योगी के 20 जनवरी यानि आज गाजीपुर के पवहारी बाबा आश्रम में दर्शन पूजन एवं आईटीआई मैदान में जनसभा का कार्यक्रम निर्धारित है। गुरुवार को एडीजी राजकुमार, आईजी के सत्यनरायण, जिलाधिकारी आर्यका अखौरी और पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने पुलिस लाइन सभागार में जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। वहीं सुरक्षा को लेकर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। एडिशनल, सीओ, पीएसी और पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है।
देवरिया में दुकान से टकराया अनियंत्रित ट्रेलर, तीन लोगों की मौत, एक गंभीर रूप से घायल...
20 Jan, 2023 12:10 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद के मदनपुर थाना स्थित बरांव चौराहे पर एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर दुकान से टकरा गया। हादसे में दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि दो घायल हो गए।जानकारी होने पर कई थानों की पुलिस के अलावा आलाधिकारी भी मौके पर पहुंच गए।
सुबह करीब पौने आठ बजे सरकारी देसी शराब की दुकान के निकट सेल्समैन अशोक यादव, दुकानदार सुधीर सिंह, पतरु सहित करीब छह लोग अलाव सेंक रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बरहज की ओर से आ रही ट्रेलर अचानक अनियंत्रित हो गई और बहसुआं गांव निवासी साइकिल सवार पारस पांडेय (50) पुत्र रामजी पांडेय को टक्कर मार दी।
अलाव सेंक रहे लोग जब तक कुछ समझ पाते ट्रेलर उनकी ओर घूम गई और अशोक मद्धेशिया की दुकान से जा टकराई। जिसमें अलाव सेंक रहे बहसुआं गांव निवासी गौरी गोंड़ (60) पुत्र सूर्यनाथ, सुनील मद्धेशिया (45) पुत्र लालसाहब ट्रेलर के पहिया के नीचे आ गए। जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पारस पांडेय की रास्ते में मौत हो गई। हादसे में ड्राइवर भी बुरी तरह से घायल हो गया है। मौके पर पहुंचे प्रशासन ने घंटों जद्दोजहद के बाद जेसीबी आदि से नीचे दबे लोगों को बाहर निकलवाया।
29 दिन तक फंदे से लटकी रही लाश, लटके - लटके लाश बनी कंकाल..
19 Jan, 2023 04:50 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कानपुर | कानपुर के बिल्हौर में पति से विवाद के बाद ननद के घर चली गई महिला गुरुवार को जब लौटी तो कंकाल बन चुका पति का शव फंदे से लटका मिला। आशंका जताई जा रही है कि शव करीब 29 दिन से फंदे से लटका था। आबादी से दूर स्थित घर में बाहर से ताला लगा था। इस वजह से किसी को घटना की भनक भी नहीं लगी।
मामला अरौल थाना क्षेत्र के गिलवट अमीनाबाद गांव का है। सुदामा शर्मा (30) पत्नी कीर्ति शर्मा और दो बच्चों के साथ रहता था। पिता शिवकुमार और दो भाइयों से संपत्ति का बंटवारा होने के बाद गांव से थोड़ा दूर नए घर में रहने लगा था। पत्नी कीर्ति ने बताया कि 18 दिसंबर को पति से विवाद हो गया था। इसके बाद वह दोनों बच्चों के साथ ननद के घर उत्तरीपुरा चली गई थी। 21 दिसंबर तक पति से मोबाइल फोन पर बात होती रही।
इसके बाद से पति से कोई बात नहीं हुई। आशंका है कि 21 दिसंबर को ही पति ने घर के बाहर के दरवाजे पर ताला डाल दिया। इसके बाद किसी तरह अंदर जाकर फंदे से लटक गया। कई दिन से बात न होने पर जब वह लौटी तो पति का शव लटकता मिला। थानाध्यक्ष अरुण कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था। शव 25 से 30 दिन पुराना लग रहा है।
बसों में ऑनलाइन टिकट बुकिंग फिर से शुरू..
19 Jan, 2023 01:55 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गाजियाबाद । उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) की ओर से रात आठ बजे के बाद की बसों में ऑनलाइन टिकट बुकिंग की सुविधा फिर से शुरू कर दी गई है। इससे लोगों को राहत मिली है। साथ ही नियमित समय से बसों का संचालन भी शुरू हो रहा है।यूपीएसआरटीसी मुख्यालय की ओर से बीती 20 दिसंबर को आदेश जारी किया था कि कोहरे में हादसे न हो इसके लिए रात आठ बजे के बाद बसों का संचालन नहीं किया जाएगा। हालांकि 21 दिसंबर को रात आठ बजे के बाद बसों का संचालन न होने का फैसला वापस ले लिया गया था ।
लेकिन रात में कोहरे के कारण कम दृश्यता होने पर बसों को सुरक्षित स्थान - टोल प्लाजा, बस डिपो, पुलिस चौकी, होटल पर रोकना था।कोहरे के कारण रात आठ बजे के बाद नियमित चलने वाली बसों में ऑनलाइन टिकट बुकिंग 20 दिसंबर से बंद थी। जिन लोगों ने पहले से टिकट बुक किया था उनका पैसा वापस किया गया। दरअसल आदेश थे कि कोहरे में यात्रियों की संख्या पर्याप्त न होने पर बसों का संचालन नहीं किया जाएगा।
अब कोहरा पड़ना कम हो गया है। बसें नियमित चल रही हैं।यूपीएसआइरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक एके सिंह ने बताया कि अब बसों का संचालन पहली की तरह होने लगा है। यात्रियों की संख्या भी बढ़ गई है। 16 जनवरी से नियमित निर्धारित रूट पर चलने वाली ऐसी व साधारण बसों में ऑनलाइन टिकट बुकिंग शुरू हो गई है। इससे यात्रियों को राहत मिली है।
सहेली के घर से लौट रही छात्रा का अपहरण कर किया सामूहिक दुष्कर्म
19 Jan, 2023 11:52 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कानपुर, जागरण संवाददाता। सहेली के घर से लौट रही 11वीं की छात्रा का कार में सवार युवकों ने अपहरण कर उसे सूनसान इलाके में स्थित निर्माणाधीन मकान में ले जाकर दो दिनों तक सामूहिक दुष्कर्म कर उसका अश्लील वीडियो बनाया। अरोपितों ने पीड़िता से कहा कि अगर किसी के सामने मुंह खोलने पर वीडियो प्रचलित कर जिंदगी बर्बाद कर देंगे। दो दिन बाद पीड़िता को उसका फोन वापस कर भेजा। रास्ते में पुलिस को वह मिली,जिसके बाद घटना की जानकारी स्वजन को हुई। वहीं, स्वजन ने छात्रा के गायब होने पर बर्रा थाने में अपहरण का मुकदमा भी दर्ज कराया था। वहीं, पुलिस घटना को संदिग्ध मान रही है।
बर्रा थाना क्षेत्र निवासी महिला ने बताया कि उनकी 16 वर्षीय बेटी 11वीं की छात्रा है। शनिवार दोपह बेटी क्षेत्र में रहने वाली सहेली के घर गई थी। शाम करीब सात बजे वह वहां से घर लौट रही थी। तभी खाड़ेपुर-जरौली रोड पर सफेद रंग की कार उसके पास पहुंची और उसमें सवार युवकों ने बेटी को कार में खींच लिया। वे लोग बेटी का मुंह दबाकर उसे किसी सूनसान इलाके के एक निर्माणाधीन मकान में ले गए, कार में चार लोग थे, जबकि दो अन्य लोग भी आ गए।
सभी ने बेटी को डरा धमकाकर उसके साथ बारी-बारी दुष्कर्म किया और उसका अश्लील वीडियो बनाया। उन लोगों ने बेटी को शनिवार और रविवार को बंधक बनाकर दुष्कर्म किया व सोमवार को उसे उसका अश्लील वीडियो दिखा पुलिस या किसी के भी सामने मुंह खोलने पर उसे प्रचलित करने और परिवार को जान से मारने की धमकी देकर उसे वहां से जाने दिया।
मां के मुताबिक, बेटी का फोन बंद था, जिस पर उसने एक घर में अपना फोन चार्ज किया। जैसे ही फोन चालू हुआ पुलिस को उसकी लोकेशन मिली और पुलिस को जरौली में मिल गई। इसके बाद स्वजन भी बर्रा थने पहुंचे। जहां पीड़िता ने आपबीती बताई। थाना प्रभारी मानवेन्द्र सिंह ने बताया कि छात्रा की मां ने रविवार को उसके लापता होने अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। सामूहिक दुष्कर्म के आरोपों की जांच हो रही है। मजिस्ट्रेटी बयान के आधार पर मुकदमे की धारा बढ़ा आरोपितों पर कार्रवाई की जाएगी।
बिजली थाने के सामने भिड़े एसई व एक्सईएन
19 Jan, 2023 11:39 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिजली निगम के अधीक्षण अभियंता (एसई) ग्रामीण द्वितीय और अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) ग्रामीण द्वितीय बिजली थाना के सामने भिड़ गए। केवाइसी अपडेट करने की सूचना देने को लेकर मोबाइल फोन पर शुरू हुआ विवाद कार्यालय तक पहुंच गया। इतना ही नहीं गाली गलौच के बाद हाथापाई तक की नौबत आ गई। कर्मचारियों ने दोनों को अलग कराया। एसई ने पूरे मामले की जानकारी मुख्य अभियंता आशु कालिया को भी दे दी है। हालांकि दोनों ने लिखित शिकायत नहीं की है
यह है पूरा मामला
सोमवार रात आठ बजे बिजली निगम के प्रबंध निदेशक ने गोरखपुर जोन के मुख्य अभियंता, अधीक्षण व अधिशासी अभियंताओं के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग की थी। उन्होंने केवाइसी के बारे में जानकारी मांगी। प्रगति ठीक न मिलने पर नाराजगी जताते हुए मंगलवार दोपहर तक उपभोक्ताओं का नंबर दर्ज करने को कहा। ऑनलाइन बैठक के बाद एसई ग्रामीण द्वितीय रमेश कुमार श्रीवास्तव ने एक्सईएन ग्रामीण द्वितीय सोमदत्त शर्मा को फोन कर कनेक्शन की आइडी बनाने के बारे में जानकारी मांगी।
यह है आरोप
आरोप है कि एक्सईएन ने खुद के रोगी होने का हवाला देते हुए बताया कि मैं दवा खाकर सोने जा रहा हूं। इस पर एसई ने कहा कि निगम के काम में रुचि नहीं है तो लिखकर कार्यालय से संबद्ध हो जाइए। इस पर दोनों की फोन पर नोकझोंक हुई। मंगलवार सुबह एसई और एक्सईएन कार्यालय पहुंचे तो बिजली थाना के सामने आमने-सामने हो गए। रात की बात को लेकर दोनों में फिर नोकझोंक शुरू हो गई। आरोप है कि एक्सईएन ने अभद्र भाषा का भी इस्तेमाल किया।
एसई रमेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि एक्सईएन यदि स्वस्थ नहीं हैं तो लिखकर दे देना चाहिए। एक्सईएन सोमदत्त शर्मा का कहना है कि कोई बात नहीं हुई है। उधर, मुख्य अभियंता आशु कालिया ने कहा कि एसई ने फोन पर जानकारी दी है। अभी लिखित शिकायत नहीं मिली है।