उत्तर प्रदेश (ऑर्काइव)
फरवरी से जुलाई तक रात में बंद किया जाएगा अमौसी एयरपोर्ट..
24 Jan, 2023 05:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ | अमौसी एयरपोर्ट पर बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने का काम फरवरी से शुरू होगा। तीन नए टैक्सी वे से लेकर रनवे विस्तार से पहले की तैयारियों को पूरा करने का काम शुरू किया जाएगा। इसके लिए फरवरी से जुलाई तक रात में रनवे बंद रहेगा।चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के प्रवक्ता ने बताया कि रनवे का विस्तार करने से पहले तमाम तरह की तैयारियां होती हैं, जिन्हें पूरा करना होगा।इसके लिए फरवरी से रनवे पर काम शुरू किया जाएगा।
प्रवक्ता ने आगे बताया कि एयरपोर्ट पर तीन अतिरिक्त लिंक टैक्सी-वे का निर्माण कराया जाएगा।रनवे के सिरों को अपग्रेड किया जाएगा और एयरसाइड परिचालन दक्षता में सुधार लाने के कार्य कराए जाएंगे। इसके लिए 23 फरवरी से 11 जुलाई तक एयरपोर्ट रात 9.30 बजे से सुबह छह बजे तक बंद रहेगा। इस दौरान विमानों की आवाजाही नहीं होगी।अमौसी एयरपोर्ट पर रनवे विस्तार की योजना पिछले एक दशक से अटकी हुई है। अभी रनवे की लंबाई 2700 मीटर है, जिसकी लंबाई पांच सौ मीटर बढ़ाई जाएगी। इससे यूरोप व अमेरिका की उड़ानों के लिए रास्ते खुल सकेंगे।
सपा नेता सरताज अहमद की चाकू से गोदकर हत्या..
24 Jan, 2023 05:42 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
शाहजहांपुर | शाहजहांपुर के मीरानपुर कटरा में मेडिकल स्टोर संचालक सरताज अहमद की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। मंगलवार की सुबह उनका शव घर के अंदर खून से लथपथ मिला। घर में सामान बिखरा पड़ा था। एसपी एस. आनंद ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेजने के साथ जांच शुरू कर दी है।मीरानपुर कटरा के मोहल्ला सराय निवासी 50 साल के सरताज अहमद सपा के पूर्व नगर अध्यक्ष थे। उनका मेडिकल स्टोर है। सोमवार रात उनकी पत्नी रिश्तेदारी में गई हुईं थीं।
मंगलवार सुबह जब वह लौटीं तो आवाज देने पर भी गेट नहीं खुला। किसी तरह उन्होंने दरवाजा खुलवाया। घर के अंदर सरताज का शव पड़ा था। पति का शव देखकर वह चीख पड़ीं।सूचना पाकर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। घर के अंदर सामान भी बिखरा पड़ा मिला। एसपी एस. आनंद भी मौके पर पहुंचे। घटना की जानकारी ली। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी है।
एसपी ने बताया कि मामले की गहराई से पड़ताल की जा रही है। पुलिस सभी बिंदुओं पर काम कर रही है।सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने सपा के पूर्व नगर अध्यक्ष सरताज अहमद के निवास पहुंचकर परिवार वालों को सांत्वना दी। उन्होंने वारदात पर आक्रोश व्यक्त करते हुए घटना के जल्द खुलासे की मांग की। साथ में पूर्व विधायक राजेश यादव, निवर्तमान जिलाध्यक्ष तनवीर खान, पूर्व एमएलसी अमित यादव रिंकू, पूर्व चेयरमैन सुकेश गुप्ता आदि लोग रहे।
यूपी में महसूस किए गए भूकंप के झटके..
24 Jan, 2023 05:38 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुरादाबाद । दिल्ली में भूकंप के झटकों के साथ यूपी के संभल, मुरादाबाद, अमरोहा और रामपुर में दोपहर करीब 2:30 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। अचानक से धरती डोलने की वजह से लोग घरों से बाहर निकल आए। शाहजहांपुर में भी भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए हैं। इसी के साथ बरेली में भी भूकंप के हल्के झटके आये हैं।बता दें कि भूकंप की अनुमानित तीव्रता 5.4 बताई जा रही है। इसी के साथ भूकंप के असर वाले देशों में नेपाल, भारत और चीन हैं। इसका केन्द्र नेपाल से 12 कि.मी. दूर कालिका बताया जा रहा है।
रामचरितमानस पर टिप्पणी कर फंसे SP नेता स्वामी प्रसाद मौर्य, हजरतगंज में हुआ केस दर्ज...
24 Jan, 2023 04:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के एमएलसी स्वामी प्रसाद मौर्य रामचरितमानस पर विवादित बयान देकर कानूनी मुश्किल में फंस गए हैं। मंगलवार को उनके खिलाफ लखनऊ की हजरतगंज कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
स्वामी प्रसाद के खिलाफ आईपीसी की धारा 295 ए ,298, 504, 505(2),153 ए के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है। उनके खिलाफ ऐशबाग के शिवेंद्र मिश्रा ने मुकदमा कराया है।
स्वामी प्रसाद के विवादित बयान को लेकर भाजपा सपा पर हमलावर हो गई है। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा है कि स्वामी प्रसाद मौर्य सपा सरकार के भोंपू हैं। अखिलेश यादव बताएं कि स्वामी प्रसाद के बयान पर उनका क्या मत है। इस बयान से करोड़ों रामभक्तों की भावनाएं आहत हुई हैं। यदि अखिलेश यादव स्वामी प्रसाद मौर्य के बयान से सहमत नहीं हैं तो वह सपा से निष्कासित होंगे और यदि सहमत हैं तो स्वामी सपा में बने रहेंगे।
उन्होंने कहा कि सपा शासन में ही राम भक्तों पर गोलियां चलाईं गई थी। बिहार में लालू की पार्टी के नेता जो काम कर रहे हैं वही काम सपा के लोग कर रहे हैं।
आगरा के सिकंदरा में कूलर फैक्टरी में लगी भीषण आग, लाखों का हुआ नुकसान...
23 Jan, 2023 01:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
आगरा के सिकंदरा में कैलाश मंदिर मार्ग पर रविवार रात को कूलर की फैक्टरी में भीषण आग लग गई। सूचना पर कई दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे में आग पर काबू पाया गया। आग लगने की वजह से शॉर्ट सर्किट होने की संभावना है। देर रात नुकसान का आकलन किया जा रहा था।
जानकारी अनुसार आग तकरीबन 11:30 बजे लगी थी। क्षेत्र के लोगों ने धुआं निकलता देख पुलिस को सूचना दी। इस पर दमकल को बुला लिया गया। कर्मचारियों ने आग बुझाने के प्रयास किए। मगर आग काफी फैल चुकी थी। रात तकरीबन 12:30 बजे आग पर काबू कर लिया गया। थाना सिकंदरा के प्रभारी निरीक्षक आनंद कुमार शाही का कहना है कि आग लगने की वजह का पता नहीं चल सका है। शॉर्ट सर्किट की संभावना है। अभी यह पता नहीं चल सका है कि फैक्टरी किसकी है। उसमें कितना नुकसान हुआ है।
मिर्जापुर में राजधानी एक्सप्रेस हादसा में सीनियर सेक्शन इंजीनियर और टेक्नीशियन निलंबित...
23 Jan, 2023 01:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में झिंगुरा रेलवे क्रासिंग के पास राजधानी एक्सप्रेस की इंजन से क्रेन की टक्कर मामले में पहली बार बड़ी कार्रवाई हुई है। रेलवे ने सीनियर सेक्शन इंजीनियर और टेक्नीशियन को निलंबित कर दिया है। मामले में आरोपी क्रेन चालक और सुपरवाइजर पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं। हादसे की जांच अभी रेलवे की संरक्षा टीम कर रही है।
13 जनवरी की शाम झिंगुरा रेलवे क्रासिंग के पास सियालदह-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या-12314) एक क्रेन से टकरा गई। पायलट ने समय रहते इमरजेंसी ब्रेक लगा दिया जिससे बड़ा हादसा टल गया। ट्रेन से टकराने के बाद क्रेन का एक हिस्सा ओएचई से टकरा गया जिससे तार के साथ ही एक पोल भी टूट गया।
क्रेन से टक्कर के बाद ट्रेन का इंजन क्षतिग्रस्त हो गया और अप व डाउन लाइन पर परिचालन प्रभावित हो गया। मामले में क्रेन चालक और सुपरवाइजर को आरपीएफ की टीम दोषी पाए जाने पर गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अब रेलवे के सीनियर सेक्शन इंजीनियर केपी मिश्रा और टेक्नीशियन धर्मवीर को निलंबित किया गया है।
पीआरओ अमित सिंह ने बताया कि हादसे के बाद ही सीनियर सेक्शन इंजीनियर व टेक्नीशियन को निलंबित किया गया है। इन लोगों की देख रेख में ही कार्य हो रहा था इसलिए निलंबित किया गया। मामले की जांच रेलवे संरक्षा टीम कर रही है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
लखनऊ में सीएम योगी आदित्यनाथ ने किया नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण...
23 Jan, 2023 01:03 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में परिवर्तन चौक पर सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि आजादी के आंदोलन के दौरान अनेक ऐसे अवसर आए थे जिसके माध्यम से नेताजी सुभाष चंद्र बोस भारत की राजनीति में स्थापित हो सकते थे। मगर इससे इतर उन्होंने हमेशा क्रांति का मार्ग चुना।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश के हर नागरिक के मन में देशभक्ति का भाव पैदा हो और हम सब अपनी राष्ट्रीयता के मार्ग का अनुसरण करते हुए राष्ट्र प्रथम के भाव को सदैव निखार सकें, उसके वे सदौव पक्षधर थे।
चाचा के साथ शारीरिक संबंध बनाकर आठवीं की छात्रा बन बैठी मां..
23 Jan, 2023 09:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
झारखण्ड | गुमला सदर अस्पताल में शुक्रवार की रात कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की आठवीं की छात्रा मां बनी। विद्यालय में पेट दर्द की शिकायत पर उसे सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने एक बच्ची को जना। घटना की सूचना के बाद महकमा में हड़कंप मच गया। लोग गढ़वा की घटना को याद करने लगे। जब मामले की पड़ताल की गई, तब अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
घटना की जानकारी मिलने के बाद विद्यालय प्रबंधन, शिक्षा विभाग, बाल कल्याण समिति, पुलिस प्रशासन सकते में आ गए। जब जांच में पता चला कि बच्ची का विद्यालय में जिस वक्त नामांकन हुआ था उससे पहले ही वह गर्भवती थी। ठंड के दिनों में गर्म वस्त्र पहनने के कारण पता नहीं चल रहा था।बच्ची के साथ गांव में रिश्ते में चाचा लगने वाले जिस शख्स के साथ प्रेम प्रसंग था उसे लेकर गांव में कई बैठकें हो चुकी थीं।
ग्रामीणों ने बच्ची को गांव से दूर भेजने के लिए विद्यालय में नामांकन कराया था। लेकिन विद्यालय प्रबंधन से इस बात को छिपाया गया कि बच्ची गर्भवती है।डीईओ सुशील शेखर कुजूर की अध्यक्षता में चार सदस्यीय टीम ने कस्तूरबा में घटित घटना के बारे में जानकारी हासिल की। उन्होंने कहा कि छात्रा अगस्त माह में कस्तूरबा में नामांकन कराया था। गांव के अपने रिश्तेदार से ही उसका शारीरिक संबंध था।
इसी वर्ष सितंबर माह में उसका नामांकन हुआ था।सीडब्ल्यूसी ने भी मामले का संज्ञान लिया और बाल कल्याण समिति के सदस्य सदर अस्पताल के प्रसव कक्ष में पीड़िता से पूछताछ की। पूछताछ के बाद बताया कि फिलहाल नवजात और उसकी मां दोनों ही सीडब्ल्यूसी के संरक्षण में रहेंगे।
बाबा राम रहीम के डेरे में लोगों के प्रवेश पर रोक, नियमों का उल्लंघन किया तो कारवाई...
22 Jan, 2023 06:01 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बागपत में डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम के तीसरी बार 40 दिन का पैरोल लेकर बरनावा आश्रम पहुचने पर रविवार को काफी लोग पहुंचे, लेकिन उन्हें अंदर प्रवेश नहीं दिया गया। रोहतक की सुनारिया जेल में उम्र कैद की सजा काट रहा डेरा प्रमुख तीसरी बार 40 दिन का पैरोल लेकर शनिवार को बरनावा के डेरा सच्चा सौदा आश्रम में पहुचा है। उसके यहां आने की सूचना पर रविवार को साध संगत आश्रम पर पहुंची, लेकिन डेरे के जिम्मेदार लोगों उन्हें अंदर प्रवेश नहीं दिया।
पुलिस ने साध संगत को उनके द्वारा यूट्यूब चैनल पर आने की बात की और कहा कि घर पर रहकर ही राम रहीम को सुने और नियमों का पालन करते हुए वापस लौट जाने की अपील की। सीओ बागपत डीके शर्मा ने कहा कि आश्रम पर पुलिस फोर्स के अलावा पीएसी भी लगाई गई है। पैरोल के नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा। अगर नियमों का उल्लंघन किया गया तो कारवाई की जाएगी।
डेरा प्रमुख गुरमीत सिंह ने रविवार को कार में स्वयं ड्राइविंग करते हुए संपूर्ण डेरे का भ्रमण किया। इस दौरान उसने खेती बाड़ी, जामुन के बाग, फुलवारी, कैंटीन, लंगर-घर, पशुशाला को देखा और सेवादारों लोगों को साफ सफाई अभियान चलाने व कोविड के नियमों का पालन करने की बात कही।
वाराणसी : नमो घाट से शुरूहुई CNG बोट रैली, केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी ने दिखाई हरी झंडी...
22 Jan, 2023 05:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
वाराणसी : गंगा के जरिए ग्रीन एनर्जी का संदेश देने के लिए आज वाराणसी में सीएनजी बोट रैली का आयोजन है। नमो घाट पर अब से थोड़ी ही देर बाद सीएनजी बोट रैली का शुभारंभ केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी और ऊर्जा मंत्री एके शर्मा करेंगे। नमो घाट से रविदास घाट तक बोट रैली में सीएनजी युक्त 100 नौकाएं भाग लेंगी। साथ ही पेट्रोलियम मंत्रालय से संबंधित विभागों की सीएनजी बोट रेस का भी आयोजन होगा।
कार्यक्रम के दौरान जी-20 आयोजन के लिए भी लोगों को जागरूक किया जाएगा। रैली में भाग लेने के लिए नाविकों को फ्री सीएनजी गैस दी जाएगी। रैली के दौरान नमो घाट से रविदास घाट तक यात्री नावों का संचालन बंद रहेगा। निर्णायक मंडली में कोट्टयम, केरल से छह लोगों को आमंत्रित किया गया है, जो इस पूरे रैली पर निगरानी रखेंगे।
नई दिल्ली के अपर महानिदेशक और पेट्रोलियम मंत्रालय के प्रवक्ता राजीव जैन ने बताया कि भारत के जी-20 की अध्यक्षता के दौरान बेंगलुरु में 6-8 फरवरी 2023 तक ‘ग्रोथ, कोलैबोरेशन, ट्रांजिशन’ विषय पर एनर्जी वीक 2023 मनाया जा रहा है, जिसका नाम ‘काशी के रंग ऊर्जा के संग’ है।
इसका उद्देश्य लोगों को जीरो इमिशन ऊर्जा और सीएनजी के प्रति जागरूक करना है। गेल के महाप्रबंधक सुशील कुमार ने बताया कि बनारस में विश्व का पहला तैरता सीएनजी स्टेशन नमो घाट पर बनाया गया है। इसी को देखते हुए सीएनजी बोट रैली का आयोजन किया जा रहा है।
विशिष्ट अतिथि गंगा आरती के समय दशाश्वमेध घाट और उसके उपरांत चेत सिंह घाट पर लौटेंगे, जहां लेजर शो का आयोजन किया गया है। रैली का समापन नमो घाट पर होगा, जहां पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया है।
उसरी चट्टी हत्याकांड में माफिया मुख्तार अंसारी के खिलाफ 21 साल बाद दर्ज हुआ मुकदमा..
22 Jan, 2023 03:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गाजीपुर : 21 साल पहले हुए उसरी चट्टी हत्याकांड में वादी और मुख्य गवाह मुख्तार अंसारी पर ही हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ है। मृत ठेकेदार मनोज राय के पिता शैलेंद्र राय की तहरीर पर एडीजी के निर्देश पर कार्रवाई हुई है। ऐसे में मुख्तार के खिलाफ दर्ज मुकदमों की संख्या 61 हो चुकी है। बीते 20 जनवरी को मुकदमा दर्ज होते ही उसरी चट्टी हत्याकांड की तस्वीर ही बदल दी है।
ठेकेदार मृत मनोज राय के पिता बिहार के बक्सर सगरा राजापुर निवासी शैलेंद्र कुमार राय ने तहरीर में बताया कि 14 जुलाई 2001 की शाम को सुरेंद्र शर्मा (मुख्तार का ड्राइवर), शाहिद, गौस मोइनुद्दीन और कमाल घर आए और पुत्र मनोज को ले गए। 15 जुलाई 2001 की शाम घर मनोज की हत्या की सूचना मिली थी। पुत्र की ससुराल भांवरकोल के अवथही में थी। वह मुख्तार के लिए ठेकेदारी का काम करता था। उसने कुछ टेंडर अपने मन से डाल दिया था। इसको लेकर अनबन थी और मुख्तार अंसारी नाराज थे। मृत ठेकेदार के पिता शैलेंद्र राय ने एडीजी प्रशांत कुमार से मिलकर पीड़ा रखी। उन्होंने मुख्तार पर पुत्र की हया का आरोप लगाया। साथ ही मुख्तार के गुर्गों पर घर जाकर धमकाने का आरोप भी लगाया। मामले को गंभीरता से लेते हुए एडीजी के आदेश पर मुकदमा दर्ज हुआ। मुहम्मदाबाद कोतवाल अशोक मिश्रा ने बताया कि उसरी चट्टी कांड में मृत ठेकेदार मनोज राय के पिता शैलेंद्र राय ने मुख्तार अंसारी पर पुत्र की हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। उन्होंने आरोप लगाया कि टेंडर को लेकर अनबन थी और मुख्तार अंसारी नाराज थे।
15 जुलाई 2001 को मुख्तार अंसारी अपने निर्वाचन क्षेत्र मऊ जा रहे थे। दोपहर 12. 30 बजे उसरी चट्टी पर उनके काफिले पर पहले से तैयार हमलावरों ने स्वचलित हथियारों से फायरिंग की थी। इसमें मुख्तार अंसारी के सरकारी गनर रामचंदर उर्फ प्रदीप की मौके पर मौत हो गई थी। इसमें अन्य दो की भी मौत हुई थी। इस मामले में मुख्तार अंसारी ने बृजेश सिंह और त्रिभुवन सिंह को नामजद करते अन्य 15 अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया था।
मुरादाबाद में तमंचे के बल पर दो दोस्तों ने युवती से किया सामूहिक दुष्कर्म...
22 Jan, 2023 01:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुरादाबाद के कटघर थाना इलाके में घर में घुसकर दो दोस्तों ने एक युवती के साथ तमंचे के बल पर सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोप है विरोध करने पर आरोपियों ने पीड़िता और उसकी मां के साथ मारपीट की। पुलिस ने पीड़िता की मां की तहरीर पर केस दर्ज किया है। जिसमें महिला ने बताया कि कटघर के विजय नगर निवासी अनिकेत छह माह पहले उसकी बेटी को शादी का झांसा देकर अपने साथ ले गया था। आरोपी ने उसे अपने घर में छिपाकर रखा और उससे देह व्यापार कराने की कोशिश की। पीड़ित ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और घर से निकाल दी।
आरोपी ने युवती से शादी कने से भी इंकार कर दिया था। दो दिन पहले आरोपी अनिकेत, अपने दोस्त अरविंद और अपनी दो बहन और मां के साथ उसके घर में घुस आया। आरोपियों ने आते ही मां बेटी के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद आरोपी अनिकेत और अरविंद युवती को तमंचे के बल कमरे में ले गए और सामूहिक दुष्कर्म किया।
इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से भाग गए। कटघर थाना प्रभारी राजेश सोलंकी ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। अब तक की जांच में सामने आया कि युवती अपनी मर्जी से युवक के साथ गई थी। अब उसकी मां ने केस दर्ज कराया है। विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएंगे। उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दहेज हत्या के दोषी पति को दस साल की कैद..
21 Jan, 2023 05:44 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुरादाबाद । निकाह के महज तीन साल बाद ही महिला ने अपने सुसराल वालो से तंग आकर आत्महत्या का रास्ता चुन लिया था।मृतका के पिता की तहरीर पर मुक़दमा दर्ज होने के बाद अदालत ने दोषी करार दिए गए पति को दस साल के कठोर कारावास की सजा के साथ उस पर आठ हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया है।थाना गलशहीद क्षेत्र के रहने वाले मोहम्मद दिलशाद पुत्र यामिन ने बहुत ही हर्षोल्लास के साथ अपनी बेटी रशीदा उर्फ भूरी का निकाह लंगड़े की पुलिया सीधी सराय के रहने वाले फैजान पुत्र अकरम के साथ किया था।
दिलशाद ने थाना गलशहीद मे 16 अगस्त 2016 को मुकदमा दर्ज कराया था जिसमें उसने कहा कि उसकी बेटी को आए दिन पति फैजान ससुर अकरम, जेठ जीशान दहेज के लिए परेशान करते और उसे मारते पीटते थे।इससे तंग आकर रशीदा ने 16 अगस्त 2016 की शाम फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जिसकी सूचना हमे पड़ोसियों के द्वारा मिली। इस मामले में पुलिस ने आरोपित पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था और फैजान के खिलाफ ही आरोप पत्र अदालत में प्रस्तुत किया। मुक़दमे की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट संख्या प्रथम योगेंद्र चौहान की अदालत में की गई।
सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता अशोक यादव ने बताया कि मुकदमे में मृतका की मौसी मुमताज पत्नि रईस जो कि मृतका की सुसराल के पास ही रहती है उसने अपने बयानों में निकाह से लेकर घटना के बीच की सारी बात अदालत में बताई जिसे बचाव पक्ष भी झुठला नहीं सका। अदालत ने पत्रावली पर मौजूद साक्ष्यों के आधार पर फैजान को दहेज हत्या का दोषी करार देते हुए उसे दस साल के कठोर कारावास की सजा के साथ उस पर आठ हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया है
मौनी अमावस्या पर अयोध्या, काशी, प्रयागराज में उमड़ा आस्था का सैलाब..
21 Jan, 2023 05:29 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ । प्रयागराज, वाराणसी, कानपुर, चित्रकूट में गंगा किनारे और अयोध्या में पवित्र सरयू में आज मौनी अमावस्या के पावन पर्व पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। प्रयागराज में जहां अब तक एक करोड़ से अधिक श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगा चुके हैं वहीं अयोध्या काशी में भी भक्तों के स्नान और ध्यान का क्रम जारी है |प्रयागराज माघ मेला में मौनी अमावस्या स्नान पर्व पर आस्था का ज्वार फूट पड़ा है।
विपरीत मौसम भी श्रद्धालुओं की श्रद्धा को नहीं डिगा सका। शनिवार भोर से शुरू हुए इस महास्नान में लाखों स्नानार्थियों ने पवित्र त्रिवेणी में पुण्य की डुबकी लगा। प्रयागराज मेला प्राधिकरण की ओर से दावा किया गया कि सुबह 12 बजे तक एक करोड़ लाख लोगों ने स्नान किया। मेला भीड़ बढ़ने पर क्राउड कंट्रोल मैनेजमेंट और ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान सुबह आठ बजे ही लागू कर दिया गया।
संगम जाने वाले प्रमुख मार्गों को बंद कर दिया गया है। स्नानार्थियों को अन्य 16 स्नान घाटों पर भेजा जा रहा है। संगम समेत सभी घाटों पर स्नान करने के बाद फौरन वहां से चले जाने के लिए पब्लिक एड्रेस सिस्टम से बोला जा रहा है। उधर श्रद्धालुओं पर हेलीकाप्टर से पुष्प वर्षा कराया जा रहा है।
वाराणसी में शुक्रवार देर रात बारिश के बाद ठंड का असर बढ़ गया, लेकिन शनिवार को मौनी अमावस्या के मौके पर इस ठंड पर लोगों की आस्था भारी पड़ी और पश्चिम वाहिनी मां गंगा के तट पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। बड़ी संख्या में लोगों ने मां गंगा में डूबकी लगाकर घर-परिवार के लिए मंगलकामना की। आज सुबह से ही लोगों की भीड़ बलुआ तट होने लगी थी।
लव मैरिज के खिलाफ थे स्वजन, इकलौती बेटी की हत्या की..
21 Jan, 2023 01:59 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मैनपुरी जिले के गांव मौजेपुर निवासी अशोक यादव के घर में कई दिन से विवाद चल रहा था। झगड़े की आवाजें घर के बाहर भी सुनाई देती थी। गांव के लोग पहले ही अनहोनी की आशंका से परेशान थे। शुक्रवार का युवती की हत्या के बाद गांव के लोग हैरान हैं। ग्रामीणों के मुताबिक ज्योति जिस युवक से विवाह करना चाहती थी, उसकी रिश्तेदारी ज्योति के पड़ोस में है। करीब एक साल पहले उसकी ज्योति के साथ नजदीकियां बढ़ी थी।
इसके बाद युवक ने अक्सर मौजेपुर आना शुरू कर दिया।आरंभ में तो किसी को ज्योति और युवक के संबंधों को लेकर संदेह नहीं हुआ। बाद में दोनों के बीच अक्सर बातचीत होते देख लोग चर्चाएं करने लगे थे। फोन पर ज्योति अपने प्रेमी के साथ अक्सर बात करती रहती थी। दोनों के बीच संबंधों को लेकर गांव में होने वाली चर्चा को लेकर ज्योति के स्वजन अपने आप को अपमानित महसूस कर रहे थे। उन्होंने ज्योति को युवक से दूरी बनाने के लिए कहा था। लेकिन वह किसी की बात सुनने के लिए तैयार नहीं थी।
युवक से दूर करने के लिए स्वजन जल्द से जल्द ज्योति का विवाह करना चाहते थे। दो दिन पहले ही ज्योति की गोद भराई की रस्म हुई थी। ज्योति के स्वजन शादी की तैयारियों में जुटे हुए थे। लेकिन ज्योति की जिद के चलते रोज घर में कलह हो रही थी। गुरुवार देर रात तक झगड़े के बाद अचानक शांति हो जाने के बाद पड़ोस के लोगों को अनहोनी की आशंका सता रही थी। गांव के ही किसी व्यक्ति ने ज्योति की हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी थी।