उत्तर प्रदेश (ऑर्काइव)
मुख्यमंत्री योगी के निर्देश, निराश्रित नहीं होगा एक भी गोवंश...
3 Apr, 2023 04:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिया कि गोवंश पालकों और गोआश्रय स्थलों को हर माह तय समय पर डीबीटी से धनराशि दी जाए। पशुपालन, दुग्ध उत्पादन, विक्रय, नस्ल सुधार आदि की विभागीय मंत्री द्वारा साप्ताहिक समीक्षा की जाए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को आयोजित एक उच्चस्तरीय बैठक में निराश्रित गोवंश आश्रय स्थलों के प्रबंधन और प्रदेश में दुग्ध उत्पादन व संग्रह की अद्यतन स्थिति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पशु संवर्धन, संरक्षण के लिए सेवाभाव के साथ सतत प्रयासरत है। गोवंश सहित सभी पशुपालकों के प्रोत्साहन के लिए सरकार द्वारा अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। पात्र लोगों को इसका लाभ मिलना सुनिश्चित कराया जाए।
जनभावनाओं का सम्मान करते हुए राज्य सरकार द्वारा निराश्रित गोवंश का संरक्षण करते हुए उनके चारे-भूसे के लिए भी आवश्यक प्रबंध किया गया है। वर्तमान में संचालित 6719 निराश्रित गोवंश संरक्षण स्थलों में 11 लाख 33 हजार से अधिक गोवंश संरक्षित हैं। बीते 20 जनवरी से 31 मार्च तक संचालित विशेष अभियान के तहत 1.23 लाख गोवंश संरक्षित किए गए। यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रदेश के सभी ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में कोई भी गोवंश निराश्रित न हो।
जिला संभल, मथुरा, मीरजापुर, शाहजहांपुर, संतकबीरनगर, अमरोहा, गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद और फर्रुखाबाद में सर्वाधिक गोवंश संरक्षित किए गए हैं। गोवंश संरक्षण के लिए जारी नियोजित प्रयासों के अच्छे परिणाम मिल रहे हैं। चरणबद्ध रूप से सभी जिलों में इसी प्रकार निराश्रित गोवंश का बेहतर प्रबंधन किया जाए।
गोवंश संरक्षण के लिए संचालित मुख्यमंत्री सहभगिता योजना के आशातीत परिणाम मिले हैं। अब तक 01 लाख 77 हजार से अधिक गोवंश इस योजना के तहत आमजन को सुपुर्द किए गए हैं। और कुपोषित बच्चों वाले परिवार को दूध की उपलब्धता के लिए पोषण मिशन के अंतर्गत 3,598 गोवंश दिए गए हैं। गोवंश की सेवा कर रहे सभी परिवारों को ₹900 प्रतिमाह की राशि हर महीने उपलब्ध करा दी जाए। इसमें कतई विलम्ब न हो। डीबीटी के माध्यम से धनराशि सीधे परिवार को भेजी जाए। गोवंश सत्यापन के लिए स्थानीय स्तर पर उपजिलाधिकारी स्तर के अधिकारी को नामित किया जाए।
अंत्येष्टि स्थल और श्मशान घाट पर गोवंश उपला और गोइठा का उपयोग किया जाए
मुख्यमंत्री योगी ने निर्देश दिया कि अंत्येष्टि स्थल और श्मशान घाट पर उपयोग की जाने वाली कुल लकड़ी में 50 प्रतिशत गोवंश उपला और गोइठा का उपयोग किया जाए। यह उपला और गोइठा निराश्रित गोवंश स्थल से उपलब्ध कराया जाएगा। गोइठा से होने वाली आय उस गोवंश स्थल के प्रबंधन में उपयोग हो सकेगी। सभी 17 नगर निगमों और नगर पालिका वाले जिला मुख्यालयों पर कैटल कैचर वाहन की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने गोवंश नस्ल सुधार के कार्यक्रमों को बढ़ाये जाने की जरूरत है। विकास खंड पर स्थापित वृहद गो-आश्रय स्थल इस कार्य के लिए उपयोगी हो सकते हैं। पशुपालकों को आपातकालीन सहायता के लिए टॉल फ्री हेल्पलाइन नंबर का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। यहां कभी भी कोई भी पशुपालक चिकित्सक से परामर्श प्राप्त कर सकता है। ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों को इस सेवा के बारे में अधिकाधिक जानकारी दी जाए, ताकि लोग इस सेवा का लाभ उठा सकें। पशुपालन, दुग्ध उत्पादन, विक्रय, नस्ल सुधार आदि सम्बंधित विषयों की संबंधित विभागीय मंत्री द्वारा साप्ताहिक समीक्षा की जाए। लक्ष्य निर्धारित करें, उसके सापेक्ष प्रयास करें।
बिहार : दिनदहाड़े हुई घटना, पैक्स अध्यक्ष को गोली मारकर बदमाशों ने लूटे 4 लाख....
3 Apr, 2023 01:44 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पूर्वी चंपारण के कोटवा थाना क्षेत्र के बेलवा माधव के पास सोमवार की सुबह बेखौफ बदमाशों ने पैक्स अध्यक्ष सह ट्रक ओनर को गोली मारकर 3.50 लाख रुपये लूट लिए। जख्मी ट्रक मालिक का इलाज मोतिहारी के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। सूचना पर कोटवा तथा डुमरियाघाट थाना की पुलिस मौके पर पहुंच गई है।
इधर, सदर डीएसपी रामपुकार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम बदमाशों के पीछे दौड़ी है। बताया गया है कि चिरैया थाना के अहिरौलिया गांव निवासी ट्रक ओवर सह पैक्स अध्यक्ष संजय राय अपने दोस्त ट्रक ओनर पवन गुप्ता के साथ नैनो कार से आरा जा रहे थे। आरा में फूलों की ट्रक ओवरलोडिंग में पकड़ी गई थी।
उसे छुड़ाने के लिए जुर्माना की राशि लेकर घर से निकले थे। जैसे ही दोनों बेलवा के पास पहुंचे, दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए पहले हवा में एक राउंड फायरिंग की। फिर संजय को गोली मारी और कैश लेकर फरार हो गए ।
सदर डीएसपी ने बताया कि घटना की सूचना पर पूरे जिले की नाकेबंदी कर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है । एसपी के निर्देश पर एसआईटी टीम का गठन किया गया है । फिलहाल संजय राय खतरे से बाहर हैं।
गैस सिलिंडर में रिसाव से लगी भीषण आग, मासूम समेत दो की मौत...
3 Apr, 2023 01:31 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
फर्रुखाबाद में देवी जागरण के बाद घर में प्रसाद बनाते वक्त गैस लीक होने से सिलिंडर में आग लग गई। चपेट में आने से मासूम बच्चे और एक बुजुर्ग की मौत हो गई। जबकि 16 लोग गंभीर रूप से झुलस गए। इनमें दो की हालत नाजुक है। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में बड़ा हादसा हुआ है। घर में हुए देवी जागरण के बाद गैस रिसाव होने से मासूम और महिला की मौत हो गई। जबकि 16 लोग झुलस गए। झुलसे हुए लोगों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
कोतवाली कायमगंज के गांव भटासा के रहने वाले रामौतार के घर रात में देवी जागरण हुआ था। सुबह घर में ही खाना बन रहा था। गैस रिसाव से कमरे और घर में गैस भर गई। अचानक इसमें आग लगने से वहां मौजूद 16 लोग झुलस गए। 62 वर्षीय शांति देवी पत्नी ब्रजभान और चार वर्षीय आर्यान्श पुत्र मुकेश की मौके पर ही मौत हो गई।
झुलसे लोगों को सीएचसी लाया गया। जहां से लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। लोहिया अस्पताल में हालत गंभीर होने पर अनुज और अमरावती को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। जबकि नितिन और अमित कुमार का इलाज चल रहा है।
काशी नागरी प्रचारिणी सभा में हुए चुनाव के परिणाम, छह अप्रैल को घोषित होगा...
3 Apr, 2023 12:23 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हिंदी का गढ़ कही जाने वाली काशी नागरी प्रचारिणी सभा के चुनाव का परिणाम छह अप्रैल को घोषित होगा। नौ जून 2022 को मतदान हुआ था। चुनाव जीतने वाला वाराणसी के साथ ही नई दिल्ली और हरिद्वार के परिसर का अध्यक्ष भी होगा।अंतरराष्ट्रीय महत्व की हिंदीसेवी संस्था नागरी प्रचारिणी सभा का पुराना वैभव फिर से लौटेगा। 19 सालों के बाद संस्था को नई कार्यकारिणी मिलने की उम्मीदें जगी हैं। इससे वाराणसी के साहित्य जगत व बुद्धिजीवियों में भी खुशी है। एक साल पहले हुए प्रचारिणी के चुनाव के परिणाम छह अप्रैल को आएंगे।
हिंदी का गढ़ कही जाने वाली नागरी प्रचारिणी सभा को छह अप्रैल को नई कार्यकारिणी मिल जाएगी। इसके बाद संस्थान में शोध और साहित्यिक गतिविधियां फिर से शुरू हो जाएंगी। नागरी प्रचारिणी सभा का मुद्रण और प्रकाशन विभाग अरसे से बंद है। ऐसे में नई कार्यकारिणी से उम्मीद है कि वो इसका फिर से संचालन शुरू करे।
अगर सभा द्वारा प्रकाशित सभी पुस्तकें आज भी उपलब्ध हो जाएं तो हिंदी साहित्य के विद्यार्थियों और शोधार्थियों समेत वृहत्तर हिंदी संसार लाभान्वित होगा। साथ ही उनकी बिक्री से होने वाली आय से सभा की आर्थिक स्थिति भी सुधारी जा सकेगी। चुनाव जीतने वाला वाराणसी के साथ ही नई दिल्ली और हरिद्वार के परिसर का अध्यक्ष भी होगा।
नए अध्यक्ष और कार्यकारिणी के सामने चुनौतियां भी होंगी। इसमें आर्यभाषा पुस्तकालय के जीर्णोद्धार के साथ ही 128 वषोZं की हिंदी की थाती को सहेजना प्रमुख है। सभा का मुख्य भवन जिसमें हिंदी का सबसे पुराना आर्यभाषा पुस्तकालय है, वह सवा सौ साल पुरानी एक हेरिटेज इमारत है। इसको तत्काल सघन देखरेख और सरंक्षण की जरूरत है, जबकि रखरखाव के अभाव में वह जीर्णशीर्ण होकर गिरने की कगार पर है। भूतल पर उसका एक हिस्सा ढह भी गया है।
चुनाव में दूसरे पक्ष से खड़े संस्कृतिकर्मी व्योमेश शुक्ल ने बताया कि अगर उनकी कार्यकारिणी चुनाव जीतती है तो उनकी प्राथमिकता में आर्यभाषा पुस्तकालय का जीर्णोद्धार शामिल है। इसके साथ ही पुस्तकालय में उपलब्ध पांडुलिपियों, पुस्तकों, हस्तलेखों का इंटेलैक्चुअल ऑडिट कराएंगे। राज्य और केंद्र सरकार से बातचीत कर जरूरत के अनुरूप परिसर का सुंदरीकरण भी कराया जाएगा। सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की तरह प्रचारिणी सभा को विकसित किया जाएगा। कर्मचारियों के वेतन संबंधी मामलों को हल करना, नई नियुक्तियां और आय के स्रोत विकसित करना प्राथमिकता में होंगी। देश भर के साहित्यसेवी व बुद्धिजीवियों को सीधे नागरी प्रचारिणी से जोड़ा जाएगा।
15 साल से चल रहा विवाद अब अंत की ओर
नागरी प्रचारिणी सभा में पिछले 15 वर्षों से चल रहा कानूनी विवाद अब पटाक्षेप की तरफ है। संस्कृतिकर्मी व्योमेश शुक्ल की लिखित आपत्ति पर चुनाव के बाद अब मतगणना भी कराई जाएगी। सहायक निबंधक सोसाइटीज को 2004 की साधारण सभा के सदस्यों की सूची के आधार पर जिला प्रशासन की देखरेख में चुनाव नौ जून 2022 में हुआ था।
भाषा और साहित्य का अनूठा संग्रहालय
प्रेम मूर्ति पूज्य दीपक महाराज की कथा में हुआ राम गुणगान...
3 Apr, 2023 11:59 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पार्वती माता से हम सब को सीख लेनी चाहिए उन्हें पता था कि भगवान भोलेनाथ भले ही भभूत लपेट कर बरात में आ गए हैं। लेकिन दुनिया के सबसे ज्ञानी और विद्वान भगवान भोलेनाथ हैं वो परम राम भक्त हैं।
प्रेम मूर्ति पूज्य दीपक महाराज जी ने कहा कि श्रीराम की कथा मन की व्यथा को हरती है। जीवन का उद्धार करती है। इसलिए कथा का अनुसरण जरूर करना चाहिए। कथा व्यास ने कहा कि प्रभु श्रीराम का आचरण सबसे उच्च कोटि का है उनके आचरण तक कोई नहीं पहुंच पाया है। इसलिए उन्हें मर्यादा पुरषोत्तम श्रीराम कहा जाता है। बाल स्वरूप भगवन राम अपने माता पिता को प्रतिदिन सुबह प्रणाम करते थे। फिर उनकी आज्ञा लेकर कार्य करते थे।
कथा व्यास ने माता पार्वती और भगवान शिव की कथा का भावपूर्ण वर्णन किया। पूज्य दीपक महाराज ने कहा कि माता पार्वती ने हजार वर्ष तपस्या की। इसके बाद भगवान भोलेनाथ का वरण किया। भोले के बारात में भूत पिचाश सब बाराती थे। सर्पों से उनका श्रंगार किया गया। बिच्छू का कुंडल बनाया और फिर बरात चल पड़ी। भगवान भोलेनाथ के स्वरूप को देखकर माता पार्वती की मां मैना बेहोश हो गईं। उन्होंने कहा की मेरी बेटी के लिए ये कैसा वर है। मगर, माता पार्वती ने भगवान भोलेनाथ से विवाह किया।
कथा व्यास ने कहा कि पार्वती माता से हम सब को सीख लेनी चाहिए उन्हें पता था कि भगवान भोलेनाथ भले ही भभूत लपेट कर बरात में आ गए हैं। लेकिन दुनिया के सबसे ज्ञानी और विद्वान भगवान भोलेनाथ हैं वो परम राम भक्त हैं। इसलिए आज की बेटियों को भी विवाह के समय कोई भी निर्णय सोच समझ कर लेना चाहिए। अपने माता-पिता के आदेश के बिना कोई कदम नहीं उठाना चाहिए। कई बार अपने मन से निर्णय लेते हैं तो उन्हें घातक कदम उठाना पड़ जाता है। कथा संस्कार देती है। कथा सीख देती है, कथा जीवन में संस्कार लाती है। इसलिए शहर से लेकर गांव तक सभी जगह प्रभु श्रीराम की कथाएं होती हैं।
कोल विधायक अनिल पाराशर भी कथा में पहुंचे। उन्होंने कहा की प्रभु श्रीराम हमारे जीवन के आधार हैं। हम लोगों ने श्री राम मंदिर आंदोलन में अहम भूमिका निभाई। मगर, पीएम मोदी और सीएम योगी की बदौलत अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर का निर्माण हो रहा है। उन्होंने कहा की राम जीवन के आधार हैं। जीवन के हर पहलु में राम हैं। इसलिए राम को कभी नहीं भूले। पार्षद और वरिष्ठ अधिवक्ता अनिल सेंगर ने भी महाराज जी को माल्यार्पण किया। मुख्य यजमान रमेश चंद्र सिंह पत्नी सुशीला सिंह, वीरेंद्र सिंह, पत्नी ने व्यास पूजन किया। इस दौरान बंटी जादौन, बंटी यादव, भगवान स्वरूप आदि मौजूद थे।
दादा की हत्या का बदला लेने के लिए अर्पित ने पूर्व प्रधान को मारी थी गोली...
3 Apr, 2023 11:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
एसएसपी ने बताया कि शनिवार की रात 1.30 बजे के करीब पुलिस वाहनों की चेकिंग कर रही थी। एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि पुलिस द्वारा रामपुर हनुमान मंदिर तिराहा पर एक बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया, उसी दौरान अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। खुद को बचाते हुए पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की तो एक बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह गिर गया।
दादा श्रीप्रकाश शुक्ला की हत्या का बदला लेने के लिए कनईल के अर्पित ने हिस्ट्रीशीटर पूर्व प्रधान शशि मौली शुक्ला को गोली मारी थी। वारदात को अर्पित ने अपने बुआ के नाबालिग लड़के और दोस्तों के साथ मिलकर अंजाम दिया।पुलिस ने अर्पित के बुआ के लड़के सहित चार आरोपियों को दबोच कर घटना का पर्दाफाश किया है। एक आरोपी आजमगढ़ के संजरपुर के आकाश को मुठभेड़ में दाहिने पैर में पुलिस की गोली लगी है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस की जांच में सामने आया है कि सभी बदमाश व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर वारदात कर रहे हैं। हालांकि, अन्य पकड़े गए आरोपियों का आपराधिक इतिहास नहीं है, लेकिन मारपीट की घटनाएं कर चुके हैं। पुलिस ग्रुप में जुड़े अन्य बदमाशों की कुंडली भी खंगाल रही है। घटना में शामिल कनईल निवासी अर्पित और रामगढ़ताल इलाके के कजाकपुर न्यू कॉलोनी निवासी देवेश द्विवेदी अभी फरार हैं।
एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर व एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने पुलिस लाइंस में प्रेस कांफ्रेंस कर पकड़े गए बदमाशों के बारे में जानकारी दी। एसएसपी ने बताया कि कनईल गांव के शशि मौली शुक्ला कजाकपुर थाना क्षेत्र रामगढ़ताल में अपने मकान का निर्माण करा रहे थे। 29 मार्च को पूर्व की रंजिश में अर्पित शुक्ला ने साथियों के साथ आया और शशि मौली शुक्ला के ऊपर फायर कर दिए, जिसमें शशि मौली शुक्ला को चार गोली लगी।
केस दर्ज कर पुलिस ने जांच की तो सामने आया कि अर्पित उर्फ अमन शुक्ला के दादा श्रीप्रकाश शुक्ला की हत्या 1995 में हुई थी, जिसमें शशि मौली शुक्ला मुल्जिम बने थे और जेल गए थे। अर्पित शुक्ला जब बड़ा हुआ तो अपने दादा की हत्या का बदला लेने के लिए अपने गांव के नाबालिग लड़के व आजमगढ़ में रहने वाले अपने बुआ के लड़के (बाल अपचारी) से बात की और फिर वारदात को अंजाम दिया।
बिहार : 11 हजार वोल्ट के तार से टकराई ओवरलोडेड बस....
3 Apr, 2023 11:02 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भागलपुर-हंसडीहा मार्ग पर हुसैनाबाद के पास रविवार को सुबह दस बजे 11 हजार वोल्ट का तार ओवरलोडेड बस से टकराने के बाद टूट गया, जिससे भगदड़ जैसे हालात हो गए। तार टूटकर पहले रिक्शा पर और फिर सड़क पर जा गिरा। रिक्शा से कूदकर चालक ने अपनी जान बचाई। करीब 20-25 मीटर तक तार चलती बस के साथ सड़क पर आगे तक चला गया। तार में करंट प्रवाहित हो रहा था।
घर्षण के कारण सड़क पर धुआं निकलने लगा। जान बचाने के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे। कई राहगीर करंट की चपेट में आने से बाल-बाल बचे। इस दौरान इस मार्ग पर 10-12 मिनट के लिए भगदड़ की स्थिति बनी रही। इसकी वजह से भागलपुर-हंसडीहा एनएच 133-ई पर यातायात प्रभावित हो गया।
तार टूटने से प्रभावित रहा यातायात
सूचना मिलने पर मोजाहिदपुर पुलिस मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने इसकी सूचना मोजाहिदपुर पावर हाउस को दी। इसके बाद फीडर को बंद कर इलाके की बिजली काटी गई। अभियंता लाइनमैन के साथ हुसैनाबाद पहुंचे। एक घंटे मशक्कत के बाद तारों को जोड़ा गया। इसके बाद फीडर को चालू कर बिजली आपूर्ति शुरू की गई। इस दौरान इस मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा।
बस लेकर भागने में सफल रहा चालक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यात्रियों से भरी बस के ऊपर काफी सामान लदा था। एक पर एक सामान चढ़ाकर रखने की वजह से यह हादसा हुआ। सामानों में फंसने से तार टूटकर गया गया। ऐसे में बस के यात्री भी करंट की चपेट में आ सकते थे। हालांकि, एक बड़ा हादसा होने से टल गया। मोजाहिदपुर सब डिवीजन के सहायक अभियंता जितेंद्र कुमार ने बताया कि बस काफी स्पीड में थी। चालक बस लेकर भागने में सफल रहा। बस की पहचान नहीं हो पाई है। तार गिरने से किसी तरह की हताहत नहीं हुई है।
तीन साल की बच्ची के पेट से निकला बालों का गुच्छा..
2 Apr, 2023 04:29 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ | केजीएमयू में तीन साल की बच्ची के पेट से बालों का गुच्छा निकाला गया है। यह बच्ची लगातार उल्टी और पेट दर्द से परेशान थी। कई जगह इलाज कराने के बावजूद जब राहत नहीं मिली तो बच्ची को केजीएमयू के पीडियाट्रिक सर्जरी विभाग में भर्ती कराया गया। जांच करने पर पता चला कि बच्ची के पेट में बालों का गुच्छा जमा हो गया है। इसके बाद विभागाध्यक्ष प्रो. जेडी रावत ने सर्जरी कर उसके पेट से बाल निकाले। अब बच्ची स्वस्थ और खा-पी रही है।
प्रो. जेडी रावत ने बताया कि बस्ती निवासी अरविंद यादव अपनी तीन साल की बच्ची को लेकर काफी परेशान थे। बच्ची पिछले करीब तीन महीने से पेटदर्द और उल्टी से परेशान थी। बस्ती के विभिन्न अस्पतालों में इलाज से फायदा न होने पर वे उसे केजीएमयू लेकर आए। बातचीत करने पर पता चला कि बच्ची को बाल खाने की आदत लग गई थी। जमीन पर गिरे हुए बाल खाने के साथ ही वह अपने सिर के बाल भी खा लेती थी। इसकी वजह से उसे यह समस्या हो गई।
पेट में दूरबीन डालकर जांच करने पर पता चला कि उसके पेट में बालों का गुच्छा बन गया है। इसे देखते हुए तुरंत ऑपरेशन का निर्णय लिया गया। एनेस्थीसिया विभाग के डॉक्टरों के सहयोग से उसके पेट में चीरा लगाकर बालों का गुच्छा निकाला गया। चार दिन बाद बच्ची ने खाना-पीना शुरू कर दिया। अब वह पूरी तरह स्वस्थ है। ऑपरेशन करने वाली टीम में प्रोफेसर जेडी रावत, डॉ. सुधीर सिंह और डॉ. निरपेक्ष त्यागी तथा एनेस्थीसिया टीम में प्रो. जीपी सिंह, डॉ. प्रेमराज सिंह और ओटी टीम में सिस्टर वंदना और सिस्टर अंजू ने सहयोग दिया।
स्थापना दिवस पर भाजपा शुरू करेगी 'सामाजिक न्याय सप्ताह'..
2 Apr, 2023 04:22 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ : छह अप्रैल को भाजपा अपने स्थापना दिवस के अवसर पर सामाजिक न्याय सप्ताह का शुभारंभ करेगी। यह कार्यक्रम 14 अप्रैल को बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर की जयंती तक मनाया जाएगा। रविवार को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी व महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह वर्चुअल माध्यम से पार्टी पदाधिकारियों, जिला प्रभारियों, जिलाध्यक्षों व अभियान से जुड़े अन्य पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश देंगे।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने पार्टी पदाधिकारियों का आह्वान किया कि पार्टी संगठन की योजना के अनुसार सामाजिक न्याय सप्ताह के तहत विभिन्न प्रकार के सामाजिक एवं जन सेवा के कार्यक्रम आयोजित किए जाएं और इसमें समाज के सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। छह अप्रैल को स्थापना दिवस वाले दिन पार्टी कार्यकर्ता अपने-अपने बूथों पर सुबह नौ बजे एकत्र होकर पार्टी का ध्वज लगाएंगे।बूथ पर ही सामूहिक रूप से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के उद्बोधन को वर्चुअल माध्यम से सुनाए जाने की व्यवस्था की जाएगी।
सामाजिक न्याय सप्ताह के अंतर्गत युवा मोर्चा द्वारा जिला व मंडल स्तर पर चिकित्सा शिविर, सहभोज आयोजित किए जाएंगे। वहीं स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा। आठ अप्रैल को अनुचूजित जनजाति मोर्चा द्वारा जनजाति बाहुल्य क्षेत्रों में जनजाति युवाओं को आत्मनिर्भर करने हेतु सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे और रोजगार के संबंध में जानकारी दी जाएगी। नौ अप्रैल को पार्टी का किसान मोर्चा प्राकृतिक खेती पर जनजागरण अभियान चलाया जाएगा।
इसके अलावा 10 अप्रैल को महिला मोर्चा द्वारा अनुसूचित जाति की महिलाओं के साथ जिला स्तर पर सहभोज कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। पार्टी के पिछड़ा वर्ग मोर्चा द्वारा 11 अप्रैल को जिला स्तर पर महात्मा ज्योतिबा फुले की जन्म जयंती पर उनके द्वारा किए गए कार्यों को लेकर संगोष्ठी आयोजित की जाएगी व पिछड़ों के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किए गए कार्यों की चर्चा की जाएगी। 12 अप्रैल को सभी नगर निगम, नगर पालिका व नगर पंचायत के सभी वार्डों में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।
छात्रवृत्ति घोटाले में ED ने दर्ज किया मनी लांड्रिंग का केस..
2 Apr, 2023 04:05 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ । प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने छात्रवृत्ति घोटाले में शैक्षिणक व मेडिकल संस्थानों पर छापेमारी के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों का परीक्षण करने के उपरांत मामले में आरोपितों के विरुद्ध प्रिवेंशन आफ मनी लांड्रिंग एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। ईडी को लखनऊ समेत छह शहरों में की गई छापेमारी के दौरान घोटाले की रकम से बेनामी संपत्तियां खरीदे जाने की जानकारी भी सामने आई थी।ईडी का शिकंजा अब संस्थानों के संचालकों पर कसेगा। जल्द नोटिस देकर उन्हें तलब किए जाने की तैयारी है। लखनऊ की हजरतगंज पुलिस ने भी ईडी से जुटाई गई जानकारियों के आधार पर 18 नामजद समेत अन्य आरोपितों के विरुद्ध एफआइआर दर्ज की है।
ईडी दिल्ली व लखनऊ की टीमों ने केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं के तहत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, दिव्यांग व अल्पसंख्याक छात्र-छात्राओं को प्रदान की जाने वाली छात्रवृत्ति के घपले को लेकर 17 फरवरी को छह शहरों में छापेमारी की थी। सामने आया था कि था कि घोटालेबाजों ने छात्रवृत्ति की रकम हड़पने के लिए फिनो पेमेंट बैंक में तीन हजार से अधिक खाते खोले थे। जांच में 75 करोड़ रुपये से अधिक की हेराफेरी सामने आई थी।
लखनऊ स्थित एसएस इंस्टीट्यूट आफ मैनेजमेंट, हाजिया कालेज आफ फार्मेसी, हाजिया इंस्टीट्यूट आफ फार्मेसी/सेंट्रल इंस्टीट्यूट आफ फार्मेसी, लखनऊ इंस्टीट्यूटी आफ मैनेजमेंट एंड एजूकेशन, फर्रुखाबाद स्थित डा.ओम प्रकाश गुप्ता इंस्टीट्यूट आफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलाजी, हरदोई स्थित डा.भीमराव अंबेडकर फाउंडेशन एंड जीविका कालेज आफ फार्मेसी, आरपी इंटर कालेज, ज्ञानवती इंटर कालेज व जगदीश प्रसाद वर्मा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय व अन्य ठिकानों पर छापेमारी के दौरान 36.51 लाख रुपये नकद, 957 डालर, बड़ी संख्या में सिम कार्ड व कई दस्तावेज बरामद हुए थे।
ओलावृष्टि से 1.02 लाख किसानों की फसल प्रभावित..
2 Apr, 2023 03:50 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ । प्रदेश में वर्षा व ओलावृष्टि से 10 जिलों में 1.02 लाख किसानों की फसल प्रभावित हुई है। 15 मार्च से लेकर अभी तक किए गए सर्वे में यह आंकड़े सामने आए हैं। इन जिलों में कुल 34,137 हेक्टेयर कृषि क्षेत्रफल प्रभावित हुआ है और किसानों को 563 करोड़ रुपये मुआवजा दिया जाएगा।वहीं आकाशीय बिजली गिरने, डूबने तथा मानव व वन्य जीव संघर्ष में सात लोगों की मौत हुई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी जिलों के जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वह वर्षो व ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को तत्काल मदद पहुंचाएं।
राज्य आपदा मोचन निधि से आपदा में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को सहायता राशि प्रदान करें।लखनऊ, गाजीपुर, हरदोई व वाराणसी में आकाशीय बिजली से एक-एक व्यक्ति की मौत हुई, बहराइच में डूबने से दो व्यक्तियों की और लखीमपुर खीरी में मानव-वन्य जीव संघर्ष में एक व्यक्ति की मौत हुई है। विगत चौबीस घंटे में नौ जिलों पीलीभीत, बरेली, सीतापुर, अलीगढ़, मुरादाबाद, सोनभद्र, हमीरपुर, संभल व उन्नाव में ओलावृष्टि होने की जानकारी सरकार को मिली है। फिलहाल राहत व बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।
बिहार : अज्ञात महिला और बच्ची का खेत में मिला शव, जांच शुरू.....
1 Apr, 2023 05:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जिले के रफीगंज गोह पथ से तिनेरी मोड़ के बधार में एक 30 के करीब महिला और आठ साल की बच्ची का शव मिला। इससे इलाके में हड़कंप में मच गया। सूचना पर टिकारी डीएसपी गुलशन कुमार के नेतृत्व में एफ एस एल की टीम घटनास्थल पर पहुंची।
पुलिस ने महिला और बच्ची के शव पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज भेज दिए हैं। देखने में दोनों मां-बेटी लगती हैं। हालांकि, अभी तक शवों की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
जानकारी के मुताबिक, तिनेरी निवासी जानवर चराने वाले चरवाहा और किसान अपने खेतों पर काम के लिए जा रहे थे, तभी उन्होंने तिनेरी मोड़ से दो सौ गज की दूरी पर एक अज्ञात महिला और करीब आठ साल की बच्ची का शव पड़ा देखा और शोर मचाना शुरू कर दिया। आसपास के किसान भी दौड़ कर शव के पास पहुंच गए। पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। किसानों ने स्थानीय आंती थाना पुलिस को सूचना दी।
थानाध्यक्ष अजय कुमार अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। टिकारी डीएसपी गुलशन कुमार ने भी सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया। साथ ही एफएसएल जांच टीम को बुलाकर मामले की जांच शुरू कर दी।
डीएसपी गुलशन कुमार ने बताया कि शवों को देखने से दोनों मां और बेटी लग रही हैं। सिर पर चोट के निशान हैं। ऐसा लग रहा है कि मां-बेटी की हत्या कर कहीं से शवों को लाकर यहां फेंका गया है। फिलहाल, कई एंगल से जांच की जा रही है।
झारखण्ड : रांची सहित कई जिलों में झमाझम बारिश, कल से बदलेगा मौसम का मिजाज....
1 Apr, 2023 04:18 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
राज्य में शुक्रवार की शाम मौसम का मिजाज बदल गया। रांची, धनबाद, गुमला, लोहरदगा सहित कई जिलों में झमाझम बारिश हुई। बोकारो में कुछ जगह पर ओले गिरे।
रांची में तेज हवाओं के साथ हुई मूसलाधार बारिश हुई। शुक्रवार शाम होते ही राजधानी में मूसलाधार वर्षा रिकार्ड की गई है। इस दौरान कई जगहों पर तेज हवाओं के कारण पेड़ की डालियां सड़क पर गिरी। जिसके कारण शहर में कई क्षेत्रों में घंटों बिजली गुल रही।
वहीं, शाम को हुई बारिश के कारण न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की कमी रिकॉर्ड की गई है। इधर, शनिवार को भी दोपहर के बाद तेज हवाओं के साथ मौसम खराब होने की संभावना है।
धनबाद में भी आंधी के साथ मूसलाधार बारिश हुई। मार्च के अंतिम दिन सुबह से धूप-छांव की आंख-मिचौनी के बाद देर शाम गरज के साथ झमाझम बारिश हुई। तेज हवा, जोरदार गर्जन और झमाझम बारिश देख शहरवासी बोल उठे कि यह मौसम का मार्च एंडिंग है।
गुमला जिला में मौसम का मिजाज शुक्रवार को भी बदला रहा। बीते गुरुवार की रात जोरदार बारिश के बाद शुक्रवार की सुबह आसमान में बादल छाया रहा। हल्का बुंदाबांदी के बाद मौसम कुछ देर के लिए साफ हुआ लेकिन शाम में जोरदार वर्षा और वज्रपात हुई। वर्षा से जगह जगह जल जमाव हो गया। आंधी से कई जगह पेड़ की डालियां टूटी और बिजली के पोल और तार भी गिर गए।
लोहरदगा में मिली गर्मी से राहत
वहीं, लोहरदगा जिले में बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। बारिश होने से तापमान में गिरावट आ गई है। लोहरदगा जिले में शनिवार को अधिकतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। तापमान में गिरावट आई है। गर्मी में कमी आने की वजह से लोगों ने राहत महसूस की है। हालांकि, तेज हवा की वजह से आम की फसल को काफी ज्यादा नुकसान पहुंचा है।
एक अप्रैल को भी हल्के और मध्य दर्जे की बारिश के साथ कहीं-कहीं ओले पड़ सकते हैं। तापमान में दो-तीन डिग्री की गिरावट हो सकती है।
कैसा रहेगा कल का मौसम
मौसम विभाग के चेतावनी के अनुसार 2 से 6 अप्रैल तक मौसम शुष्क रहेगा। झारखंड के मध्य झारखंड और उत्तर-दक्षिणी झारखंड के जिलों में कुछ जगहों पर वर्षा रिकॉर्ड की जा सकती है। शुक्रवार को सुबह से आसमान में नमी देखने को मिल रही थी। दोपहर के बाद मौसम में बदलाव देखने को मिला।
पुलिया से टकराई बेकाबू बाइक, दो की दर्दनाक मौत...
1 Apr, 2023 04:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
फतेहपुर जिले के जहानाबाद में ओवरटेक करने में दो बाइक सवार पुलिया से टकरा गए। हादसे में दोनों ने घटना स्थल पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम हाउस भिजवाया। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। शनिवार दोपहर शिवकुमार पाण्डेय (70) अपने चचेरे भाई विजय शंकर पाण्डेय (45) के साथ बाइक से अपने रिश्तेदार बृजमोहन अवस्थी निवासी घनश्यामपुर थाना जहानाबाद के यहां जा रहे थे।
मुगल मार्ग हाईवे पर दिलीप कुमार स्मारक महाविद्यालय के पास एक वाहन को ओवरटेक करते हुए आगे निकलने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर पुल से टकरा गई। बाइक काफी दूर तक रगड़ती चली गई, जिससे दोनों बाइक सवारों के सिर में गहरी चोट आई। घटना स्थल पर ही दोनों ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुलिस आयुक्त से मिलकर बिलख पड़ीं आकांक्षा दुबे की मां...
1 Apr, 2023 03:39 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
आकांक्षा दुबे की मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटी वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस के हाथ अभी तक आरोपी भोजपुरी सिंगर समर सिंह और उसका भाई संजय सिंह नहीं लगे हैं। शुक्रवार को आकांक्षा की मां मधु दुबे पुलिस आयुक्त मुथा अशोक जैन से मिलने पहुंचीं।
भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की मौत मामले में वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस घटना के 7 दिनों के बाद भी आरोपियों से काफी दूर है। हर कोई इस मामले का सच जानना चाहता है। शुक्रवार को सारनाथ थाने में धरना-प्रदर्शन करने वाली आकांक्षा दुबे की मां मधु दुबे शनिवार को पुलिस आयुक्त मुथा अशोक जैन के कार्यालय पहुंचीं।
पुलिस आयुक्त से न्याय की गुहार लगाई। कहा कि समर सिंह और संजय सिंह ने आकांक्षा को मारा है। मेरी बेटी को इंसाफ दीजिए साहेब। इतना कहकर वो बिलख पड़ीं। रोते-रोते बदहवास हो गईं। महिला पुलिसकर्मियों ने मधु दुबे को सहारा दिया। पुलिस आयुक्त ने ढाढस बंधाया। इसके साथ ही उन्होंने आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया।
भदोही जिले के बरदहां गांव निवासी छोटेलाल दुबे की बेटी आकांक्षा दुबे का शव बीते रविवार को सारनाथ के एक होटल में फंदे से लटका मिला था। वह भोजपुरी फिल्म की शूटिंग के लिए आई थीं। इस मामले में आकांक्षा की मां ने भोजपुरी गायक समर सिंह व उसके सहयोगी संजय के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा सारनाथ थाने में दर्ज कराया है।
आरोपी समर से मिली है पुलिस
शुक्रवार को पुलिस आयुक्त से मिलने पहुंचीं मधु दुबे ने आरोप लगाया कि समर सिंह अक्सर आकांक्षा से मारपीट करता था। पैसे हड़प लेता था। उसे किसी और के साथ काम नहीं करने देता था। वह किसी और के साथ काम करती थी तो प्रताड़ित करता था। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस आरोपियों से मिल गई है। इस कारण गिरफ्तारी नहीं हो सकी।
आकांक्षा दुबे की मां को मिला लोक कलाकारों का साथ
भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की मां को भदोही जिले के लोक कलाकारों का साथ मिला है। शनिवार को आकांक्षा दुबे के पैतृक आवास बरदहां पहुंचे लोक कलाकारों ने शोक संवेदना प्रकट की और न्याय की इस लड़ाई में साथ देने का वादा किया। लोक कलाकारों ने सरकार से इस मामले में निष्पक्ष जांच के साथ ही आरोपियों के गिरफ्तारी की मांग की। यह भी कहा कि परिजनों को पांच करोड़ का मुआवजा मिलना चाहिए। वादा किया कि जरूरत पड़ी तो लोक कलाकार सीएम योगी से भी मिलेंगे।