उत्तर प्रदेश (ऑर्काइव)
झारखंड : दर्दनाक हादसा, ट्रैक्टर के नीचे दबकर चालक की मौत; जांट में जुटी पुलिस....
28 Apr, 2023 02:19 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
झारखंड के लोहरदगा जिले में दर्दनाक हादसा हो गया। शहर के भंडरा थाना क्षेत्र के धनामुंजी स्कूल के समीप गुरुवार को ट्रैक्टर के नीचे दबकर चालक की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद भंडरा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के उपरांत स्वजनों को सौंप दिया है।
कैसे हुआ हादसा
बताया जाता है कि लोहरदगा जिले के सदर थाना क्षेत्र के भुजनियां गांव निवासी लेयाकत अंसारी (45 वर्ष) का कुट्टी काटने की मशीन है, जिसे ट्रैक्टर की सहायता से लेकर वह भंडरा थाना क्षेत्र के धानामुंजी गांव जा रहा था।
इस दौरान धनामुंजी स्कूल के समीप अचानक से ट्रैक्टर का इंजन खराब हो गया, जिसे वह बनाने लगा, तभी ट्रैक्टर का इंजन तेज हो गया और ट्रैक्टर पलट गया। इस हादसे में चालक लेयाकत नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
मौके पर पहुंची पुलिस
स्थानीय ग्रामीणों ने मामले की सूचना भंडरा थाना पुलिस को दी। भंडरा थाना प्रभारी गौतम कुमार यादव ने तत्काल पुलिस पदाधिकारी को भेजकर लेयाकत को इलाज के लिए भंडरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से उसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल लोहरदगा रेफर कर दिया गया था।
रास्ते में तोड़ा दम
इसी क्रम में स्वजन लेयाकत को लोहरदगा सदर अस्पताल न लाकर बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स ले जा रहे थे। तभी रास्ते में लेयाकत की मौत हो गई। इसके बाद शव को लोहरदगा सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के उपरांत स्वजनों को सौंप दिया गया। भंडरा थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सूडान से यूपी में अब तक 94 नागरिकों की हुई वापसी
28 Apr, 2023 02:10 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ | सूडान में गृहयुद्ध संकट में फंसे भारतीयों की स्वदेश वापसी के लिए शुरू किए गए 'ऑपरेशन कावेरी' के तहत अब तक यूपी के भी 94 लोगों की सकुशल घर वापसी हो चुकी है। इनमें प्रदेश के विभिन्न जिलों को नागरिक शामिल हैं। प्रदेश सरकार द्वारा पहली खेप में स्वदेश लाए गए 63 लोगों को जहां उनके घरों तक पहुंचा दिया गया है। वहीं, बृहस्पतिवार को भी सूडान से वापसी करने वाले 31 लोगों को सरकार की ओर से विभिन्न वाहनों से घर के लिए रवाना कर दिया गया है।
इनमें देवरिया के 12, कुशीनगर के 13, गोरखपुर के 5 नागरिकों और सिद्धार्थनगर के 1 नागरिक शामिल हैं।बता दें कि सूडान से वापस लाए जा रहे प्रदेश के नागरिकों को घर तक भेजने के लिए प्रदेश सरकार की ओर खान-पान और ठहरने के साथ ही उन्हें घर तक पहुंचाने के लिए अधिकारियों को लगाया गया है। ये अधिकारी विदेश मंत्रालय से लगातार संपर्क बनाकर यूपी के नागरिकों को एयरपोर्ट से घर तक पहुंचाने की व्यवस्था में जुटे हुए हैं। इसी कड़ी में बृहस्पतिवार को सूडान से वापसी करने वाले सभी 31 लोगों को घर के लिए रवाना किया गया है।
बिहार : हाजीपुर में ट्रेन से 5 किलो सोने के साथ दो तस्करों को किया गिरफ्तार....
28 Apr, 2023 01:52 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
डीआरआई ने हाजीपुर में कामाख्या-गोमतीनगर सप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन से 4 किलो 996 ग्राम विदेशी सोने के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। दोनों को हाजीपुर से पटना लाया गया और उनसे पूछताछ के बाद डीआरआई की टीम ने रिसीवर को भी उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से 40 लाख रुपये बरामद किए गए हैं।
न्यू जलपाईगुड़ी से गोरखपुर लेकर जाना था सोना
डीआरआई की यह कार्रवाई बुधवार को शुरू हुई। सूचना मिली कि म्यांमार से बुलियन तस्करी कर सोने की बड़ी खेप को भारत लाया गया है। इस खेप को गोरखुपर वाया कहीं और भेजना है। सूचना पुख्ता होने पर पता चला कि दो तस्कर सोना लेकर न्यू जलपाईगुड़ी रेलवे स्टेशन से ट्रेन में सवार हुए हैं।
डीआरआई की टीम हाजीपुर में पहले से मौजूद थी। जैसे ही ट्रेन हाजीपुर पहुंची टीम ने ट्रेन से दोनों तस्करों को दबोच लिया और उनके पास से सोना भी बरामद कर लिया। पूछताछ के बाद दोनों तस्करों ने गोरखपुर में मौजूद रिसीवर के बारे में जानकारी दी। गुरुवार को टीम वहां पहुंची और रिसीवर को भी गिरफ्तार कर लिया।
तीनों की निशानदेही पर कई और की तलाश
डीआरआई ने तीनों की पहचान उजागर नहीं की है। इनकी निशानदेही पर गैंग के कुछ अन्य तस्करों की पहचान की जा रही है। इसके पूर्व भी डीआरआई ने पटना में मुंबई जाने वाली ट्रेन से सोना तस्करों को गिरफ्तार किया था। सोना भी बरामद हुआ और बाद में गिरोह के कई अन्य लोगों की गिरफ्तारी भी हुई थी।
राज्यों की विधायिकाओं को प्रभावी बनाने के लिए मुंबई में जुटेंगे देश भर के विधायक
28 Apr, 2023 12:58 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ । विभिन्न राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों की विधानसभा और विधान परिषद सदस्य एक छत के नीचे बैठकर अपनी और अपने राज्यों की विधायिकाओं की कार्यप्रणाली को बेहतर और प्रभावशाली बनाने तथा उनकी कार्यक्षमता संवर्धन के लिए मंथन करेंगे। उन्हें यह अवसर मिलेगा मुंबई के जियो वल्र्ड कन्वेंशन सेंटर में 15 से 17 जून तक आयोजित होने वाले राष्ट्रीय विधायक सम्मेलन में।विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने गुरुवार को बताया कि तीन दिवसीय सम्मेलन का आयोजन महाराष्ट्र की शैक्षणिक संस्था एमआइटी और राष्ट्रीय छात्र संसद संयुक्त रूप से करेंगे। पिछले वर्ष उन्होंने इस तरह का सम्मेलन कराए जाने का सुझाव दिया था।
लोकसभा अध्यक्ष रहे शिवराज पाटिल, सुमित्रा महाजन, मीरा कुमार और मनोहर जोशी तथा विधानसभा अध्यक्षों व विधान परिषद के सभापतियों ने भी राज्यों की विधायिकाओं को सहयोग, संरक्षण और मजबूती देने के लिए एक राष्ट्रीय संगठन की परिकल्पना की थी जो इस सम्मेलन के रूप में साकार होगी।महाना ने कहा कि उद्देश्य यह है कि विधायक क्षेत्रीय अस्मिता से ऊपर उठकर राष्ट्रीय क्षितिज पर भी सोचें। सम्मेलन में 80 सत्र आयोजित होंगे।महाना ने बताया कि सम्मेलन में लोकसभा के पूर्व अध्यक्ष, राजनीतिक दलों के नेता, आध्यात्मिक गुरु, उद्योग जगत के अगुआ, पत्रकार और विधिवेत्ता शामिल होंगे।
सम्मेलन में विधायकों को विधानसभा क्षेत्र के विकास, सुशासन, जमीनी स्तर पर किये जा रहे अभिनव प्रयोगों तथा लोकतांत्रिक सहभागिता और जवाबदेही के संदर्भ में हुए उल्लेखनीय कार्यों की जानकारी दी जाएगी।
उत्तर प्रदेश विधान सभा में 14 प्रतिशत विधायक युवा हैं जिनकी आयु 40 वर्ष से कम है। ऐसे विधायकों की संख्या 54 है। पांच विधायकों की आयु 25 से 30 वर्ष तक है। विधान सभा में उच्च शिक्षित विधायकों की संख्या 100 से अधिक है। उत्तर प्रदेश विधान सभा की ओर से प्रकाशित 18वीं विधान सभा की सदस्य परिचय पुस्तक में यह तथ्य सामने आए हैं।
पश्चिमी यूपी के 30 से अधिक जिलों में सूरज की तपिश होगी कम
28 Apr, 2023 12:49 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ । यूपी के तीस से अधिक जिलों में आज बारिश की संभावना है। कानपुर लखनऊ सहित आसपास के सभी जिलों में सुबह से धूप निकलने के साथ ही आसमान में बादल भी छाए हुए हैं।दिन के साथ बढ़ती धूप की तपिश को बादलों की आवाजाही कम करने की कोशिश कर रही है लेकिन फिर भी गर्मी का एहसास है। बता दें कि गुरुवार को राजधानी समेत प्रदेश भर में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज हुई। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार से मध्य प्रदेश से सटे यूपी के जिलों समेत प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में तेज हवा के साथ बारिश और बदली के आसार हैं।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एम दानिश के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के कारण हवा का असर अब प्रदेश के मध्य हिस्सों में भी आ रहा है। इसके चलते शुक्रवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के साथ मध्य प्रदेश से सटे सभी जिलों में आंधी पानी के लिए चेतावनी दर्ज की गई है। वहीं, तीन मई तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी के साथ छुटपुट बरसात दर्ज हो सकती है।अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी दो से पांच डिग्री तक की गिरावट दर्ज की जाएगी।गुरुवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
प्रदेश के अधिकतर जिलों में दिन के तापमान में एक से दो डिग्री तक की बढ़त दर्ज की गई। सर्वाधिक तापमान सुल्तानपुर और झांसी में 39.1 डिग्री और प्रयागराज में 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान में भी बढ़त जारी रही।सबसे कम तापमान अयोध्या में 18 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज किया गया।मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार शुक्रवार को लखनऊ और आसपास के जिलों में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी । प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बौछार पड़ सकती है। अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज हो सकता है।
सीएम योगी आज कई चुनावी सभा को करेंगे संबोधित
28 Apr, 2023 11:43 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ | नगर निगम चुनाव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को सीतापुर लखीमपुर, बलरामपुर और गोरखपुर में चुनावी सभा करेंगे। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य वाराणसी का चुनावी दौरा करेंगे। वहीं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी गाजियाबाद व मेरठ में चुनावी बैठक करेंगे।भाजपा के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी हिमांशु दुबे ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह 11.40 बजे सीतापुर स्थित नैमिषारण्य मिश्रिख मेला मैदान, दोपहर 1 बजे लखीमपुर खीरी स्थित राजकीय इंटर कालेज मैदान और दोपहर 2.30 बजे बलरामपुर स्थित छोटा परेड ग्राउंड में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करेंगे।
योगी शाम 4.55 बजे गोरखपुर के राप्तीनगर स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर जूनियर हाई स्कूल में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे।उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शुक्रवार को वाराणसी में प्रवास पर रहेंगे। मौर्य सुबह 10.30 बजे चौकाघाट वाराणसी में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। वहीं दोपहर 1 बजे भाजपा क्षेत्रीय कार्यालय काशी, केशरीपुर रोहनियां वाराणसी में नवमतदाता सम्मेलन में शामिल होंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी शुक्रवार को सुबह 11 बजे गाजियाबाद में मुख्य चुनाव कार्यालय का उद्घाटन करेंगे। शाम 4 बजे नगर निगम चुनाव संचालन समिति तथा पार्टी पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे।
पिता-पुत्र ने की भतीजे की निर्मम हत्या, पिटाई के बाद दबाया गला
28 Apr, 2023 11:03 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कन्नौज जिले में जमीन के विवाद में एक युवक की पहले पिटाई की गई। उससे जब मन हीं भरा तो गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या का आरोप युवक के चाचा व पुत्र पर लगा है। युवक की हालत नाजुक होने पर उसे जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।उधर, वारदात के बाद आरोपी पिता-पुत्र मौके से फरार हो गए। पीड़ित परिवार की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
मामला सदर कोतवाली के तिर्वा रोड के करीब हैवतपुर-कटरा का है। बताया जा रहा है कि यहां के रहने वाले छोटे खां का भाइयों से जमीन का विवाद था।गुरुवार को वह मकान बनाने के लिए नींव की खोदाई करवा रहे थे। इस पर भाई अकबर अली ने विरोध किया। अकबर अली का पुत्र सलमान भी विरोध के लिए पहुंच गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष में पहले तो बहस हुई फिर मामला गालीगलौज से होता हुआ मारपीट तक पहुंच गया।
इस पर छोटे खां का पुत्र राजू (20) वहां पहुंच गया। वह पिता को चाचा व पुत्र से बचाने लगा। आरोप है कि इस दौरान चाचा अकबर व पुत्र सलमान ने राजू की बुरी तरह से पिटाई कर दिया। उसका गला भी दबा दिया। उसकी हालत बिगड़ी, तो दोनों मौके से फरार हो गए।परिवार के लोग राजू को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इससे परिवार में कोहराम मच गया।
निकाय चुनाव से पहले सुनारिया जेल से बरनावा आश्रम पहुंच सकता है राम रहीम
27 Apr, 2023 04:35 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
यूपी में निकाय चुनाव से पहले डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम बरनावा आश्रम में आ सकता है। उसकी पैरोल के लिए यहां से रिपोर्ट भेज दी गई है और उसमें किसी तरह की कोई आपत्ति नहीं होने की बात कही गई है।डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को दुष्कर्म मामले में कोर्ट ने 2017 में सजा सुनाई थी और उसके बाद हत्या के एक मामले में अदालत ने उम्रकैद की सजा सुनाई थी। तभी से गुरमीत राम रहीम रोहतक की सुनारिया जेल में बंद है।
वह वर्ष 2022 में 17 जून को एक महीने व 15 अक्तूबर को 40 दिन का पैरोल लेकर बरनावा आश्रम में आया था। इसके बाद वह जनवरी 2023 में 40 दिन की पैरोल पर बरनावा आश्रम में आया। अब उसने फिर से पैरोल मांगी और उसकी रिपोर्ट भी यहां से भेज दी गई है।इससे यह माना जा रहा है कि वह यूपी में पहले चरण के निकाय चुनाव से पहले बरनावा आश्रम में पहुंच सकता है। इसको लेकर ही तैयारियां की जा रही हैं।डेरा सच्चा सौदा के पंजाब व हरियाणा के अलावा यूपी के काफी जिलों में अनुयायी हैं और वह अनुयायी चुनाव को काफी हद तक प्रभावित करते हैं। अगर डेरा प्रमुख उनको कोई संदेश देते है तो उसका असर निकाय चुनाव में दिख सकता है।
15 जून से मुंबई में होगी नेशनल लेजिस्लेटिव कांफ्रेंस
27 Apr, 2023 04:20 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ | यूपी के विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा कि मुंबई में नेशनल लेजिस्लेटिव कांफ्रेंस का आयोजन 15 जून से किया जाएगा। जिसमें देश की अलग-अलग विधानसभाओं के सदस्य शामिल होंगे।कांफ्रेंस में देश भर के आईएएस, आईपीएस, शिक्षाविछ और मीडियाकर्मी भी शामिल होंगे।उन्होंने बताया कि कांफ्रेंस में 80 सत्र होंगे। आयोजन में यूपी के 200 विधायक, सांसद और एमएलसी शामिल होंगे।
केस रफादफा कराने को उद्योगपति से छह करोड़ की डील करने में फंसा महाठग
27 Apr, 2023 04:12 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ | महाठग संजय राय शेरपुरिया दिल्ली के एक बड़े उद्योगपति से छह करोड़ रुपये की डील में फंसा है। उद्योगपति का केंद्रीय जांच एजेंसी का केस/जांच रफादफा कराने का संजय ने ठेका लिया था। केंद्रीय जांच एजेंसी व नोएडा एसटीएफ को इसकी जानकारी हुई। तफ्तीश कर साक्ष्य जुटाए और मंगलवार को विभूतिखंड इलाके से उसे दबोच लिया।एसटीएफ इंस्पेक्टर की तहरीर पर धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेज तैयार कर इस्तेमाल करने की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया। अब उसका इतिहास खंगाला जा रहा है।
कई बड़ी हस्तियां भी जांच की जद में आ गई हैं। संजय राय मूलरूप से गाजीपुर जिले का रहने वाला है।वर्तमान में वह दिल्ली में रहता है। गुजरात में बड़ा कारोबार रहा है। यूपी, दिल्ली व गुजरात में उसका नेटवर्क है। एसटीएफ सूत्रों के मुताबिक, उद्योगपति गौरव डालमिया की जांच केंद्रीय जांच एजेंसी कर रही है। गौरव किसी के जरिये संजय राय के संपर्क में आया। संजय राय ने दावा किया वह केंद्रीय जांच एजेंसी का मामला रफादफा करवा देगा।
इसके लिए उसने गौरव से छह करोड़ की डील की। ये रकम संजय को पहुंच गई। चूंकि केंद्रीय जांच एजेंसी पहले से ही प्रकरण में सक्रिय थी, इसलिए उसको इसकी भनक लग गई। एसटीएफ की नोएडा यूनिट को भी जानकारी दी गई। एसटीएफ ने अपने स्तर से तफ्तीश की। संजय राय के बैंक खातों का विवरण निकाला। उसके बाद तलाश शुरू की थी। गिरफ्तारी करने के बाद एसटीएफ के इंस्पेक्टर सचिन ने केस दर्ज कराया। विवेचना अब विभूतिखंड पुलिस करेगी।
हादसा : स्कूल बच्चों से भरी वैन खाई में गिरी, आधा दर्जन बच्चे घायल
27 Apr, 2023 02:29 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में आज सुबह हादसा हो गया। बच्चों से भरी एक वैन खाई में जा गिरी। गनीमत यह रही कि वैन पलटी नहीं, यदि वाहन पलट जाता तो बड़ी अनहोनी हो सकती थी। फिलहाल आधा दर्जन बच्चे घायल बताए जा रहे हैं।प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह सात बजे ज्ञानंदा अकादमी स्कूल की बस अचानक खाई में जा गिरी। वैन के गिरते ही अफरातफरी मच गई। स्थानीय तुरंत मदद के लिए दौड़े और घायलों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्दाबाद भेजा गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है।मामले की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन के लोग भी मौके पर पहुंचे। वह हादसे की जांच कर रहे, वहीं घायलों बच्चों के माता-पिता तक हादसे की जानकारी पहुंची तो कोहराम मच गया। आनन फानन में बच्चों के स्वजन अस्पताल पहुंचे।
बिहार की राजधानी में आज नहीं चल रहे ऑटो-रिक्शा....
27 Apr, 2023 01:57 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना में आज ऑटो रिक्शा और ई रिक्शा चालक एक दिवसीय हड़ताल पर रहेंगे जिस वजह से आमजन की परेशनी बहुत अधिक बढ़ जाएगी। शहर के लगभग 40 हजार ऑटो रिक्शा सड़कों पर नहीं चलेंगे। हालांकि हडताल करने वालों ने इमरजेंसी सेवा यानी अस्पताल और स्कूल के ऑटो का परिचालन को जारी रखेंगे। ऑटो से जुड़े अधिकांश संगठनों ने बुधवार को पटना जंक्शन, जीरो माइल, बस स्टैंड, गांधी मैदान सहित अन्य स्थानों पर हड़ताल को सफल बनाने के लिए जनसंपर्क अभियान चलाया है। ऑटो रिक्शा एवं ई रिक्शा संयुक्त संघर्ष मोर्चा के नेताओं का कहना है कि रूट परमिट के फैसले को वापस लिया जाय और यातायात पुलिस के द्वारा ऑटो के पीछे से तस्वीर लेकर जुर्माना लगाना बंद करे।
झारखंड : दर्दनाक हादसा, ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार महिला की हुई मौत.....
27 Apr, 2023 01:38 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
झारखंड के हजारीबाग जिले के बरही में दर्दनाक हादसा हो गया। घटना खोड़ाहर पंचायत अंतर्गत कदवा गांव स्थित एनएच -33 पर हुई, जहां बुधवार को मालवाहक एक ट्रक ने एक बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।
इसमें बाइक पर सवार कदवा ग्राम निवासी परमेश्वर यादव की 50 वर्षीय पत्नी शांति देवी की मौत हो गई। वहीं बाइक को चला रहा उनका 33 वर्षीय पुत्र सुरेंद्र कुमार यादव गंभीर रूप से घायल हो गया।
दोनों रिश्ते में मां-पुत्र हैं जिनको ग्रामीणों द्वारा बरही अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने शांति देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल उनके पुत्र सुरेंद्र कुमार यादव को प्राथमिक उपचार बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया।
कैसे हुआ हादसा
घटना के संबंध में ग्रामीणों ने बताया कि मां -पुत्र अपनी बाइक से बरही बाजार से वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी क्रम में उक्त ट्रक कदवा स्थित संगम लाइन होटल प्रांगण से अचानक निकला और सड़क पर चढ़ने के दौरान बाइक को चपेट में ले लिया।
बाइक को घसीट ले गया ट्रक
ट्रक बाइक को कुछ दूर तक घसीट कर ले गया। इस दौरान हल्ला सुनकर ट्रक चालक ट्रक रोक कर घटना से भाग गया। इधर अनुमंडलीय अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल रहा। घायल सुरेंद्र यादव को रेफर किया गया। वहीं बरही थाने की पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा।
बिहार : जमुई में दो ट्रकों में टक्कर के बाद लगी भीषण आग....
27 Apr, 2023 01:13 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जिले के चकाई-गिरिडीह मुख्य मार्ग में जम्हरा मोड़ के समीप गुरुवार की सुबह दो ट्रकों में जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद ट्रक में आग लग गई। इस घटना में बेटे के सामने ही ट्रक चालक पिता जिंदा जल गए।
मृतक चालक की पहचान खगड़िया जिले के नया गांव निवासी डब्लू सिंह के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में तीन लोग घायल हो गए। दुर्घटना अहले सुबह पांच बजे के करीब की है।
मृतक चालक के बेटे और घायल उपचालक सोनू सिंह ने बताया कि उसके पिता खगड़िया से मकई लादकर राउरकेला जा रहा रहे थे। इसी दौरान चकाई-गिरिडीह मुख्यमार्ग में जम्हरा मोड़ के समीप विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक से आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में पिता ट्रक में दबकर फंस गए।
बेटे ने खौफनाक मंजर याद करते हुए बताया कि टक्कर के बाद ट्रक में आग लग गई। पिता डब्लू सिंह ट्रक में जिंदा जल गए। मैंने किसी तरह ट्रक से बाहर निकलकर जान बचाई। दूसरे ट्रक का खलासी घायल हो गया। खलासी झाझा थाना क्षेत्र के कैथाजोर निवासी रूपेश यादव ने बताया कि वह छत्तीसगढ़ से साबुन लादकर सोनो जा रहा था। घटना के बाद घायल अवस्था में ही चालक अरविंद यादव मौके से भाग निकला।
दो घायल सदर अस्पताल रेफर
टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के गांव के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना चकाई पुलिस को दी। सूचना पाकर चकाई थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार अपनी टीम और अग्निशामक वाहन के साथ मौके पर पहुंचे। तीन घायलों को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायल खलासी को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
दुर्घटना के बाद रोड रहा जाम
इधर, भीषण आग को देखते हुए चंद्रमंडी और सिमुलतला थाना से भी अग्निशामक वाहन को बुलाया गया। बाद में जमुई से भी बड़ा अग्निशामक वाहन मौके पर पहुंचा। चार घंटे की काफी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया गया। घटना के बाद कुछ देर के लिए आवागमन भी बाधित रहा।
तेजी से बदलेगा मौसम, प्रदेश भर में 30 अप्रैल को बारिश की संभावना
27 Apr, 2023 11:19 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ । चिलचिलाती धूप से दिन के समय तापमान बढ़ने लगा है। इसके चलते घर से बाहर निकलना मुश्किल होता जा रहा है मौसम विभाग के अनुसार 28 अप्रैल तक तापमान में बढ़ोतरी जारी रहेगी 29 अप्रैल को प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में मध्यम बरसात होने के आसार हैं। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक दानिश के अनुसार ईरान और इराक से चलकर आने वाला नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो चुका है। इसके चलते गुरुवार से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दिल्ली से सटे जिलों में हल्की फुल्की बरसात होगी।बुधवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
प्रदेश का सर्वाधिक तापमान झांसी में 37.4 डिग्री और आगरा और हमीरपुर में 37.2 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज किया गया वही प्रदेश का न्यूनतम तापमान बरेली में 17.6 डिग्री और मुजफ्फरनगर में 17.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, गुरुवार को लखनऊ और आसपास के जिलों में आसमान साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज हो सकता है।अप्रैल के माह में 22 दिन तक भीषण गर्मी और लू का सामना कर चुके लोगों को राहत भरे मौसम का अभी कुछ दिन और आनंद मिलेगा। बदले मौसम से लोगों को अभी चार दिन और राहत मिलने के आसार हैं। मौसम विभाग की मानें तो 29 अप्रैल से एक मई तक बूंदाबांदी और वर्षा की संभावना है। इससे तापमान में और गिरावट आ सकती है।