उत्तर प्रदेश (ऑर्काइव)
बिहार के 38 जिलों में 2 दिन तक बारिश का अलर्ट....
30 Apr, 2023 12:36 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार के सभी जिलों में रविवार और सोमवार को बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। आज पटना समेत कई जिलों में सुबह हल्की बूंदाबूंदी ने मौसम सुहाना कर दिया। कई इलाकों में आसमान में बादल भी दिखे। मौसम विभाग ने एक अप्रैल तक पटना, गया, भागलपुर, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, वैशाली, चंपारण, सुपौल, अररिया समेत 38 जिलों में अलर्ट जारी किया है। इन जिलों के एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना जताई है।
अगले 4 दिनों तक लोगों को गर्मी से राहत
मौसम विभाग की माने अगले 4 दिनों तक गर्मी से राहत मिलेगी। इसमें उत्तर-पश्चिम उत्तर-मध्य, उत्तर-पूर्व बिहार में 2 मई तक बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं दक्षिण-पश्चिम, दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पूर्व बिहार में एक मई तक बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वही उत्तर-पश्चिम, उत्तर-मध्य, दक्षिण-पश्चिम, दक्षिण-मध्य बिहार में एक या दो स्थानों पर 3 मई तक बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। 2 मई को बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय, भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर, खगड़िया समेत 19 जिलों में मौसम शुष्क बने रहेंगे। वह 3 मई को पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा समेत 14 जिलों में एक या दो स्थानों पर बारिश के आसार हैं।
पिछले 24 घंटे में बक्सर सबसे गर्म जिला रहा
तापमान की बात करें तो बिहार के कई जिलों का तापमान 39.4 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। शनिवार मध्य रात्रि कुछ इलाकों में बारिश की सूचना मिली। कई इलाकों में रविवार अहले सुबह तापमान 23 से 28 डिग्री के बीच दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटे में पटना 38.6 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं गया 37.9 डिग्री, भागलपुर 37.4 डिग्री, मुजफ्फरपुर 34.6 डिग्री और पूर्णिया का तापमान 36.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
मई के अंत तक घोषित हो सकती हैं नई बिजली दरें
30 Apr, 2023 11:23 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ | प्रदेश में नई बिजली दरें मई के अंत तक घोषित हो सकती हैं। सभी निगमों की सुनवाई करने के बाद नियामक आयोग समीक्षा में जुट गया है। वहीं उपभोक्ता परिषद का दावा है कि किसी भी कीमत पर दरें नहीं बढ़ने दीं जाएंगी। प्रदेश के विद्युत निगमों की ओर से बिजली दर में करीब 18 से 23 फीसदी बढ़ोतरी का प्रस्ताव दिया गया है। इस पर पूर्वांचल, पश्चिमांचल, मध्यांचल, दक्षिणांचल में नियामक आयोग सुनवाई कर चुका है।सुनवाई के दौरान निगमों ने बिजली दर बढ़ाने के लिए खर्च से लेकर महंगाई तक का तर्क दिया है। वहीं उपभोक्ता परिषद का तर्क है कि निगमों पर उपभोक्ताओं का करीब 25133 करोड़ जमा हैं। ऐसे में बिजली दरें कम की जानी चाहिए।अब सुनवाई के बाद नियामक आयोग हर पक्ष से मिले सुझाव की समीक्षा में जुटा है।वहीं उपभोक्ता परिषद के अध्यक्ष अवधेश कुमार वर्मा ने कहा उन्होंने खुद हर सुनवाई में हिस्सा लिया है। उपभोक्ताओं के हित में बिजली दर बढ़ोतरी का हर स्तर पर विरोध किया जाएगा। अब आगे देखना यह होगा कि विद्युत नियामक आयोग इस पर क्या फैसला लेता है।
पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर भीषण हादसा, 5 की मौत
30 Apr, 2023 11:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
आजमगढ़।पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर एक बार फिर बड़े हादसे का गवाह बना। देर रात करीब साढ़े 12 बजे अहरौला क्षेत्र में स्टोन नं 213 के समीप लखनऊ से गाजीपुर की तरफ जा रही बोलरो पीछे से एक बांस लदे ट्रैक्टर ट्रॉली में घुस गई।घटना में बोलेरो सवार तीन महिलाओं समेत 5 की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य महिला किरण को गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले आया गया। जहां से उसे वाराणसी रेफर कर दिया गया। सभी पीड़ित देवरिया जनपद के महुआडीह के निवासी हैं।घटना की सूचना के बाद मौके पर एसपी सिटी शैलेंद्र लाल पहुंच गए थे। उन्होंने बताया कि पीड़ितों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। ट्रैक्टर चालक को हिरासत में ले लिया गया है। पीड़ित परिजन की तहरीर पर मुकदमा लिखा जाएगा।
बिहार : भोजपुर में पंचायत समिति सदस्य की गोली मारकर की हत्या, मर्डर की आशंका....
29 Apr, 2023 04:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोजपुर जिले के उदवंतनगर थाना क्षेत्र के बेलाऊर गांव में शुक्रवार की देर रात एक पंचायत समिति सदस्य की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वे पहली बार पंचायत समिति का चुनाव जीते थे।
मृतक की पहचान 35 वर्षीय दीपक साह उर्फ दीपक गुप्ता बेलाऊर गांव निवासी नंद किशोर गुप्ता के बेटे के रूप में हुई। वे पेशे से मिठाई दुकानदार भी थे। मृतक के शरीर पर गोली के निशान पाए गए हैं ।
सूचना पर पहुंची पुलिस शुरुआती जांच में इस घटना को बदले और आपसी लड़ाई से जोड़कर देख रही है। इधर, रात दस बजे वारदात की सूचना मिलने के बाद आरा सदर एएसपी चन्द्र प्रकाश और प्रशिक्षु डीएसपी काजल जयसवाल घटनास्थल पर पहुंच कर मामले की छानबीन कर रहे हैं। हमलावर पांच-छह की संख्या में थे।
पत्नी ने कहा-पार्टी के बहाने बुलाकर की गई हत्या
मृतक की पत्नी मीना देवी ने बताया कि उनका पुत्र आयुष का एक आरा में दोस्त है, जिसका अवैध पिस्टल खराब हो गया था। आयुष ने गांव के ही ऋषि नामक युवक को दोस्त का पिस्टल बनाने के लिए दिया था। इसके बाद आयुष का दोस्त लगातार ऋषि से अपना पिस्टल दिलवाने का मांग कर रहा था।
मीना देवी ने आगे बताया कि उक्त लड़के करीब चार महीने से लगातार ऋषि को बोल रहे थे कि उसका पिस्टल दे दो। अगर नहीं देना है तो वह भी बोल दो। हम लोग उसका पैसा दे देंगे लेकिन ऋषि बराबर आजकल कह टाल मटोल कर देता था। उसने शुक्रवार की सुबह उसने कहा था कि शाम में दे दे दूंगा।
मृतक की पत्नी ने बताया कि ऋषि ने उनके पति से कहा था कि शाम में जब आप पार्टी मनाकर आइएगा, उसी समय पिस्तौल भी लौटा देंगे। उनके पति दीपक को गांव में ही स्थित ठाकुर टोली में पार्टी मनाने के लिए बुलाया गया था। इसके बाद वह अपने एक अन्य साथी के साथ ठाकुर टोली चले गए। तभी कुछ देर बाद उन्हें सूचना मिली कि उन्हें गोली मार दी गई है।
सूचना पाकर परिजन घटनास्थल पर पहुंचे, जहां उन्होंने देखा कि उन लोगों ने दीपक की गोली मारकर हत्या कर दी है। वे खून से लथपथ मृत अवस्था में जमीन पर गिरे पड़े थे। इसके बाद उन्होंने इसकी सूचना स्थानीय थाना को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए उसे सदर अस्पताल भेज दिया। इसके बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
गांव के युवक पर हत्या का आरोप
मृतक की पत्नी मीना देवी ने गांव के ही ऋषि नामक युवक और उसके अन्य दोस्तों पर अपने पति की गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगाया है। दूसरी मृतक के बेटे के अनुसार चुनाव जितने के बाद से ही धमकी दे रहे थे।
बिहार : मुजफ्फरपुर में पोखर में मिला युवक का शव....
29 Apr, 2023 02:28 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार के मुजफ्फरपुर के सकरा थाना क्षेत्र स्थित बिशनपुर बघनगरी गांव में एक युवक का शव पोखर में मिला है। शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। इसके बाद स्थानीयों ने मामले की जानकारी सकरा थाना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान मनियारी थाना क्षेत्र के बगड़ा निवासी मो. मुर्तजा के रूप में हुई है। मृतक के परिजनों का कहना है कि मो. मुर्तजा की पत्नी का अपने गांव के ही एक युवक से प्रेम संबंध था। इस बात को लेकर कई बार झगड़ा भी हुआ था। उस बीच महिला ने अपने पति को मरवा देने या चुप कराने की बात भी कही थी।
मुर्तजा सालों से अपनी ससुराल में ही रह कर मजदूरी का काम करता था। किसी तरह अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। लेकिन पत्नी वहां इसलिए रहती थी कि गांव के ही युवक से उसका प्रेम प्रसंग था। मृतक के दो बच्चे भी हैं।
वहीं, स्थानीय लोगों ने भी इस हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग की बात ही जाहिर की है। लोगों का कहना है कि प्रेम प्रसंग के कारण ही पत्नी और प्रेमी ने मिलकर उसकी हत्या की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की तफ्तीश में जुटी है। घटना के बाद से परिजनों में मातम छाया हुआ है।
बिहार : फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, पटना समेत प्रदेश में आंधी-बारिश के आसार....
29 Apr, 2023 02:04 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
राजधानी समेत प्रदेश के मौसम में शुक्रवार को बदलाव देखने को मिला। बीते तीन-चार दिनों से प्रदेश में पुरवा हवा चल रही है। इसके साथ ही हल्की बारिश के कारण मौसम सुहाना हो गया था। वहीं, शुक्रवार को पछुआ के कारण मौसम का तेवर तल्ख हो गया।
राजधानी समेत अन्य जिलों में शुष्क हवा के कारण तापमान में वृद्धि होने से लोग गर्मी से परेशान रहे। पटना समेत प्रदेश के सभी जिलों के अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। पटना के अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री ऊपर चढ़ने के साथ 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि 41.6 डिग्री सेल्सियस के साथ बक्सर में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान मौसम में एक बार बदलाव आएगा। प्रदेश भर में बादलों की आवाजही बनी रहेगी। तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट की संभावना है। रविवार और सोमवार को पटना सहित प्रदेश भर में आंधी-पानी का अलर्ट है। इस दौरान हवा की गति 30-40 किमी प्रतिघंटा रहने की संभावना है।
बीते 24 घंटों के दौरान गया और बांका जिले के अलग-अलग स्थानों पर बारिश हुई। बांका के चंदन में 1.8 मिमी, गया के फतेहपुर में 1.8 मिमी, गया के बजीरगंज में 0.6 मिमी, गया शहर में 0.2 मिमी बारिश दर्ज की गई।
इसके अलावा पटना समेत प्रदेश के आसपास इलाकों में सुबह के समय बादल छाए रहे। वहीं, दोपहर बाद कड़ी धूप से लोग परेशान रहे। शाम के समय ठंडी हवा के कारण लोगों को थोड़ी राहत मिली।
प्रमुख शहरों का तापमान
पटना 38.6, गया 37.9, भागलपुर 37.4, पूर्णिया 36.6, वाल्मीकि नगर 38.0, मुजफ्फरपुर 34.6, छपरा 36.2, दरभंगा 36.0, सुपौल 36.2, फारबिसगंज 35.6, सबौर 34.2, डेहरी 38.0, मोतिहारी 37.5, शेखपुरा 38.3, जमुई 37.1, बक्सर 41.6, भोजपुर 39.4, औरंगाबाद 39.1, बेगूसराय 36.3, बांका 36.8, कटिहार 36.2, नवादा 37.6, अररिया 34.6, जीरादेई 37.0, किशनगंज 34.0 सेल्सियस
यूपी में पूरे दाम पर खरीदा जाएगा मौसम से खराब गेहूं
29 Apr, 2023 01:40 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ | प्रदेश सरकार ने किसानों के हित में बड़ा फैसला किया है। बेमौसम बारिश, ओलावृष्टि और आंधी-तूफान से खराब हुआ गेहूं भी न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीदा जाएगा। केंद्र ने हाल ही में टूटे-सिकुड़े और कम चमक वाले गेहूं को सरकारी क्रय केंद्रों पर खरीदने की सहमति तो दे दी थी, पर समर्थन मूल्य में कटौती की शर्त के साथ। दाम में इस अंतर की भरपाई राज्य सरकार करेगी।प्रदेश में विभिन्न खरीद एजेंसियों के 5674 क्रय केंद्रों पर 2125 रुपये प्रति क्विंटल की दर से किसानों से गेहूं खरीदा जा रहा है। मार्च में हुई बेमौसम बारिश व ओलावृष्टि से बड़े पैमाने पर गेहूं की गुणवत्ता प्रभावित हुई थी। इसलिए यूपी सरकार ने केंद्र से खराब गुणवत्ता के गेहूं को बिना किसी कटौती के एमएसपी पर खरीदने का अनुरोध किया था।
केंद्र के मानक के अनुसार अधिकतम 6 फीसदी सिकुड़े-टूटे दाने वाला गेहूं की एमएसपी पर खरीदा जा सकता है।केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय ने यूपी के अनुरोध पर 13 अप्रैल को कमतर क्वालिटी का गेहूं भी खरीदने की सहमति दे दी। साथ ही कहा कि सिकुड़न व टूटन अधिकतम 18 प्रतिशत ही स्वीकार की जाएगी। 6 फीसदी की सीमा से ज्यादा सिकुड़न व टूटन होने पर हर दो फीसदी पर 5.31 रुपये प्रति क्विंटल की दर से कटौती होगी। केंद्रीय मंत्रालय ने अपने आदेश में यह भी कहा कि गेहूं के दानों की चमक 10 प्रतिशत तक कम होने पर कोई कटौती नहीं होगी।
10-80 प्रतिशत तक चमक कम होने पर दाम में प्रति क्विंटल 5.31 रुपये की दर से कटौती होगी।इसमें किसानों की उस मांग को उठाया गया था कि खराब क्वालिटी के दाम में अंतर की भरपाई प्रदेश सरकार करे। यूपी के खाद्य एवं रसद विभाग के आयुक्त सौरभ बाबू ने शुक्रवार को जारी आदेश में कहा है कि शासन ने मौसम से खराब गेहूं के गुणवत्ता मानकों में छूट दे दी है। 80 प्रतिशत की सीमा तक चमकविहीन और 18 प्रतिशत तक की सीमा तक सिकुड़े व टूटे हुए दाने वाले गेहूं की खरीद बिना किसी कटौती के समर्थन मूल्य पर की जाएगी। मानक पूरे करने वाले गेहूं की खरीद भी यथावत जारी रहेगी।
सीएम योगी ने गोरखनाथ मंदिर में किया रुद्राभिषेक
29 Apr, 2023 01:02 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गोरखपुर | निकाय चुनाव में भाजपा की ओर माहौल बनाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय दौरे पर गोरखपुर आए हुए हैं। शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने आवास में ही रुद्राभिषेक किया। इस दौरान उन्होंने देवाधिदेव भगवान शिव से संपूर्ण विश्व के कल्याण, उद्धार, समृद्धि एवं शांति के लिए प्रार्थना की।बता दें कि शनिवार सुबह मुख्यमंत्री की दिनचर्या परंपरागत रही। आवास से निकलने के बाद सबसे पहले उन्होंने बाबा गोरखनाथ के दरबार में पहुंचकर विधि-विधान के साथ बाबा की पूजा-अर्चना की।
उसके बाद मुख्यमंत्री अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि स्थल पर गए और उनका आशीर्वाद लिया। सीएम योगी आज जनता दरबार में फरियादियों से नहीं मिले।हमेशा की तरह उन्होंने मंदिर परिसर का भ्रमण किया और व्यवस्था को लेकर जरूरी निर्देश दिए। आधा घंटा गोशाला में गायों के साथ गुजारने के बाद उन्होंने पालतू कुत्ते गुल्लू को बिस्किट खिलाने के साथ ही उसे दुलारा-पुचकारा। उसके बाद मुख्यमंत्री रुद्राभिषेक के लिए अपने आवास के शक्तिपीठ में पहुंचे। वहां आचार्यगण पहले से तैयारी के साथ बैठे थे।
फैशन डिजाइनर ने फंदे पर लटककर की आत्महत्या, नौकरी छूटने से थी परेशान
29 Apr, 2023 11:58 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुरादाबाद | इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट कर मुरादाबाद की फैशन डिजाइनर मुस्कान नारंग (25) ने फंदे पर लटक कर आत्महत्या कर ली। वीडियो में मुस्कान बोल रही है कि ये मेरी आखिरी वीडियो है। प्लीज किसी को ब्लेम मत करना। शुक्रवार सुबह उसका शव मकान की छत पर बने स्टोर रूम में दुपट्टे के जरिए पंखे से लटका मिला।सिविल लाइंस के नवीन नगर निवासी चंद्र प्रकाश नारंग डिस्पोजल क्रॉकरी व्यापारी हैं। उनकी तीन बेटियों और एक बेटे में सबसे बड़ी बेटी मुस्कान मुंबई की एक कंपनी में फैशन डिजाइनर थी। होली पर मुस्कान घर आई थी। इसके बाद वह वापस मुंबई नहीं गई।
बृहस्पतिवार रात उसने परिवार के साथ खाना खाया। इसके बाद वह सोने चली गई। परिवार के अन्य सदस्य भी अपने-अपने कमरों में सो गए। शुक्रवार सुबह आठ बजे देखा तो मुस्कान अपने कमरे में नहीं थी। कमरे का दरवाजा भी खुला था।मां उमा, छोटी बहन महक और चंचल छत पर पहुंची तो उन्होंने देखा कि स्टोर रूम में पंखे से दुपट्टे के सहारे मुस्कान का शव लटका हुआ था। इससे परिवार में चीख पुकार मच गई। कुछ ही देर में आस पड़ोस के लोग भी मौके पर पहुंच गए। फंदे से शव नीचे उतारा गया और निजी चिकित्सक को बुलाकर चेकअप कराया गया लेकिन मुस्कान की सांसें थम चुकी थी।
परिवार के लोगों ने पुलिस को बताया कि होली से पहले उसकी नौकरी छूट गई थी। इसके बाद मुस्कान घर आ गई थी। पुलिस को एक वीडियो मिली है। जिसे मुस्कान आत्महत्या करने से पहले इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया था। जिसमें वो कार में ड्राइविंग सीट पर बैठी दिख रही है। जिसमें उसने हाय गाइज से अपनी बात की शुरू की।आगे बोली, ये मेरी आखिरी वीडियो होगी। इसके बाद शायद आप लोग मुझे न देख सकें। लोग बोलते हैं कि अपनी प्रॉब्लम शेयर करो, शेयर करने से सब सही हो जाता है। बट ऐसा कुछ नहीं होता यार, मैंने बहुत कुछ किया। सबको समझाने की कोशिश की।
बहनों को पेरेंट्स को दोस्तों को लेकिन सब मुझे उलटा समझाने लगे।और जो ये मैं आज कर रही हूं। सब अपनी मर्जी से कर रही हूं। इसमें किसी का कोई इनवॉल्वमेंट नहीं है। प्लीज इसमें आप किसी को ब्लेम न करें। मेरे जाने के बाद। मतलब लोग मुझे बोलते हैं तुममें सेल्फ कॉन्फिडेंस नहीं हैं। तुममें ये नहीं है, तुममें वो नहीं है। बहुत सेल्फ कॉन्फिडेंस हैं यार मुझमें। बहुत ज्यादा। आज निकल गईं हूं कार की चॉबी लेकर। बहुत समझाया सब को गाड़ी चला लूंगी लेकिन कोई नहीं मानता। सीट बेल्ट बांध ली है और चॉबी लगा रही हूं। गुड बाय गाइज।
परिवार के लोगों ने पुलिस को बताया कि मुस्कान नारंग ने फैशन डिजाइनिंग का कोर्स करने के बाद मुंबई की एक कंपनी में नौकरी लगी थी। होली से पहले उसकी नौकरी छूट गई थी। इसके बाद मुस्कान घर आ गई थी। इसके बाद से वह परेशान चल रही थी। परिवार के लोग भी उसे काफी समझाते थे लेकिन वह किसी की बात मानने को तैयार नहीं होती थी।
आगरा में वाहन चेकिंग के दौरान मिला 23 लाख का गांजा
29 Apr, 2023 11:49 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
आगरा के थाना मंटोला पुलिस ने शनिवार को हाथी घाट रोड से ट्रक में गांजा लेकर जा रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया। ओडिशा से हरियाणा 1.54 क्विंटल गांजा ले जाया जा रहा था। इसे ट्रक की केबिन में बने एक अलग गुप्त केबिन में छिपाकर रखा गया था। इसे सीट के पीछे बनाया गया था। अनुमानित कीमत 21.56 लाख रुपये बताई जा रही है।डीसीपी विकास कुमार ने बताया कि शनिवार को मंटोला पुलिस ने सूचना के आधार पर ट्रक को पकड़ा। तलाशी में कहीं गांजा नहीं दिखा। ट्रक चालक राजस्थान के गांव गड़ाना निवासी सुरेश को गिरफ्तार कर कड़ाई से पूछताछ की गई।
उसने बताया कि गांजा सप्लाई करने के लिए हमने चालक केबिन में एक अलग से गुप्त केबिन बनवा रखा है। उसे खोलकर गांजा बरामद किया गया।चालक ने बताया कि हरियाणा निवासी बागड़ी और दोस्त कालू के साथ मिलकर ओडिशा से सस्ते में गांजा खरीदकर लाते हैं। हरियाणा में अच्छे दामों में बेच देते हैं। दो महीने पहले 2.25 क्विंटल गांजा ले आए थे। इस बार बागड़ी ओडिशा से ट्रक में गांजा लोड कराकर जहाज से वापस आ गया। कालू और मैं वहां से इसे लेकर हरियाणा जा रहे थे।
बसपा सांसद अफजाल व मुख्तार अंसारी पर गैंगस्टर केस में आज सुनाया जाएगा फैसला
29 Apr, 2023 11:16 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गाजीपुर । अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम/एमपी-एमएलए कोर्ट में सांसद अफजाल अंसारी व मुख्तार अंसारी पर चल रहे 15 साल पुराने गैंगस्टर के मुकदमे में फैसला शनिवार (आज) सुनाया जा सकता है। इस फैसले को लेकर जहां जनपद के लोगों को उत्सुकता है, वहीं पुलिस-प्रशासन सतर्क है।22 नवंबर 2007 को मुहम्मदाबाद पुलिस ने भांवरकोल और वाराणसी के मामले को गैंग चार्ट में शामिल करते हुए सांसद अफजाल अंसारी और मुख्तार अंसारी के खिलाफ गिरोह बंद अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कराया था।
इसमें सांसद अफजाल अंसारी जमानत पर हैं। 23 सितंबर 2022 को सांसद अफजाल अंसारी एवं मुख्तार अंसारी के विरुद्ध न्यायालय में प्रथम दृष्टया आरोप तय हो चुका है।अभियोजन की तरफ से गवाही पूरी होने के बाद बहस पूरी हो गई। फैसले के लिए कोर्ट ने 15 अप्रैल की तिथि नियत की थी, लेकिन पीठासीन अधिकारी के अवकाश पर होने के कारण फैसला नहीं आ सका। शनिवार को फैसला सुनाने की तिथि निर्धारित की गई है।
हमीरपुर : सड़क किनारे खेल रहे मासूम को कुत्ते ने काटा
29 Apr, 2023 11:04 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पिछले कुछ समय से देशभर में सड़कों पर आवारा कुत्तों का आतंक तेजी से बढ़ रहा है। हालांकि, बीते दिनों में कई ऐसे मामले सामने आए हैं जिसमें पालतू कुत्तों ने भी लोगों को अपना शिकार बनाया है। ऐसे में लोग अब घर के बाहर अगर कुत्ते दिखें तो अकेले निकलने से डरने लगे हैं। कई मामलों में तो लोगों की मौत हो जा रही है। कुत्तों के हमलों का सबसे ज्यादा शिकार मासूम बच्चे हो रहे हैं।
सदर कोतवाली के पुराना बेतवा घाट मोहल्ला निवासी श्यामकिशोर की जिला मुख्यालय के अस्पताल रोड पर दुकान हैं। दुकान पर उसका तीन वर्षीय पुत्र शिवाजी भी था, जो सड़क किनारे खेल रहा था। तभी वहां से एक आवारा कुत्ता निकला। जिसने बच्चे के बाएं हाथ को मुंह में भर लिया और लहूलुहान कर दिया।
वहां मौजूद लोगों ने कुत्ते को किसी तरह से भगाया और घायल बच्चे को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। इस मामले में ईओ नगर पालिका अनुपम शुक्ला का कहना है कि आवारा कुत्तों के पकड़ने की कोई व्यवस्था पालिका के पास नहीं है। फिर भी उच्च अधिकारियों को इस घटना से अवगत कराया रास्ता निकाला जाएगा।
बिहार : नौ दिनों में आठ डिग्री गिरा राजधानी का तापमान, छाये रहेंगे बादल....
28 Apr, 2023 04:48 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
राजधानी पटना समेत राज्य के कई हिस्सों में मौसम विभाग ने बारिश की संभावना जताई है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान पटना समेत प्रदेश के गया, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय, जहानाबाद, बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद, अरवल जिले के एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है।
गर्मी से राहत जारी रहेगी
हाल के दिनों में बिहार के लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली है। राज्य में 20 अप्रैल के बाद से अबतक करीब 10 डिग्री सेल्सियस तक तापमान गिर चुका है। बारिश और बादलों ने राज्य को चिलचिलाती गर्मी से राहत दिलाई है।
छाये रहेंगे बादल, बारिश की संभावना
मौसम विज्ञान के अनुसार एक तक राज्य में बारिश और बादल छाये रहने के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। चक्रवातीय परिसंचरण का क्षेत्र बनने के साथ बादलों का डेरा, पूर्वी हवा का प्रवाह होने के कारण पटना समेत प्रदेश में वर्षा की गतिविधियां बने होने के कारण अधिकतम तापमान में गिरावट जारी है।
अस्पतालों में बढ़ गई थी मरीजों की संख्या
बीते 12 अप्रैल के बाद से ही बिहारवासी चिलचिलाती गर्मी से परेशान थे। 12 अप्रैल से लेकर 20 अप्रैल के दौरान राज्य का तापमान 40 डिग्री सेल्शियस के पार चला गया था। भीषण गर्मी और लू के कारण राज्य के अस्पतालों में मरीजों की संख्या में भी तेजी देखने को मिली थी। हालांकि 20 अप्रैल के बारिश ने गर्मी से राहत दिलाई है।
होटल बुकिंग के नाम पर ठगे 57 हजार रुपये, पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
28 Apr, 2023 04:20 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ | केदारनाथ में होटल बुकिंग के नाम पर जालसाजों ने एक व्यक्ति से 57 हजार रुपये ठग लिए। वहीं साइबर जालसाजों ने एक अन्य व्यक्ति को बैंककर्मी बन जाल में फंसाया और 72 हजार रुपये की चपत लगा दी। ठगी का शिकार हुए दोनों ही पीड़ितों ने आलमबाग और आशियाना थाने में केस दर्ज कराया है।आलमबाग कैलाशपुरी में जितेंद्र विक्रम सिंह अपने परिवार संग रहते हैं। उनके मुताबिक उनका बेटे सुमित को केदारनाथ यात्रा के लिए होटल बुक कराना था। ऑनलाइन सर्च करने पर उसे सुनील गेस्ट हाउस का नंबर मिला। नेट से मिले नंबर पर कॉल करने पर भारी भीड़ होने का हवाला देते हुए सुनील गेस्ट हाउस कर्मी सुमित से ऑनलाइन रुपये भेजने के लिए कहा। आरोपी ने करीब 57 हजार रुपये जमा करा लिए।
इसके बाद ना तो आरोपी ने कमरा बुकिंग का कोई मेसेज भेजा और न ही फोन उठाया। कई बार कॉल करने पर आरोपी ने फोन भी बंद कर दिया।छानबीन करने पर जितेंद्र विक्रम सिंह को ठगी का पता चला। अब उन्होंने इस संबंध में आलमबाग थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। इसके अलावा आशियाना रजनीखंड में अशोक कुमार पांडेय रहते हैं। उनका एक्सिस और आईसीआईसीआई बैंक में खाता है। चंद रोज पहले उनके पास एक अनजान नंबर से कॉल आई। फोनकर्ता ने बैंककर्मी बनकर उनसे बात की और एक एप डाउनलोड़ कराई। साथ ही एप के माध्यम से उनके खातों से संबंधित गोपनीय जानकारी हासिल कर दोनों खाते से 72 हजार रुपये निकाल लिए। रुपये कटने का मेसेज आने पर अशोक कुमार को ठगी का एहसास हुआ। 26 अप्रैल को उन्होंने आशियान थाने में केस दर्ज कराया।
कॉलेज के चेयरमैन को गोली मारने वाला छात्र और उसका दोस्त गिरफ्तार
28 Apr, 2023 03:41 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बरेली के फरीदपुर में लोटस इंस्टीट्यूट के चेयरमैन अभिषेक अग्रवाल को गोली मारने वाले बीफार्मा तृतीय वर्ष के छात्र श्रेष्ठ सैनी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। प्रेमनगर के ब्रह्मपुरा निवासी उसके दोस्त सक्षम को भी पुलिस ने पकड़ा है। अभी तमंचा बरामद नहीं हो सका है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।आरोपी छात्र श्रेष्ठ ने बताया कि दादा ने मां को 50 हजार रुपये दिए थे। इसमें से मां ने उसे 20 हजार रुपये फीस के लिए दे दिए। उसने इनमें से साढ़े बारह हजार रुपये सक्षम को देकर उससे तमंचा व कारतूस खरीदे थे। श्रेष्ठ सैनी ने बताया कि वह केवल चेयरमैन को धमकाने गया था, वहां छीनाझपटी में गोली चल गई।
लोट्स इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट के चेयरमैन अभिषेक अग्रवाल को बुधवार दोपहर उनके कॉलेज परिसर स्थित ऑफिस में गोली मार दी गई थी। गोली उनके दाहिने गाल को रगड़ते हुए निकल गई। उन्हें भोजीपुरा स्थित मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका ऑपरेशन किया। उनकी हालत खतरे से बाहर है।सीसीटीवी फुटेज के जरिये आरोपी की पहचान बीफार्मा के छात्र श्रेष्ठ सैनी के रूप में हुई। उसे मोबाइल लाने पर कॉलेज के कर्मचारी से अभद्रता के आरोप में निलंबित किया गया था। वारदात को अंजाम देने के बाद वो फरार हो गया था। पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही थी। गुरुवार रात पुलिस ने आरोपी छात्र और उसके दोस्त को गिरफ्तार कर लिया।