मध्य प्रदेश (ऑर्काइव)
फसलो पर भारी पड़ सकता है मौसम का बदलता मिजाज
3 Mar, 2023 02:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। मौसम का बदलता मिजाज फसलों की सेहत पर भारी पड़ रहा है, ओर इसने किसानो के चेहरे पर चिंता की लकीरे ला दी है। अचानक गर्मी तेज होने होने से पैदावार में कमी की आशंका है। किसानो का मानना है कि इस साल की जनवरी मे मौसम काफी सर्द रहा लेकिन फरवरी सबसे गर्म होने से फसलों का नुकसान हो सकता है, और जहां पर गेहूं की फसल लगभग तैयार है, वहॉ इसका असर देखने को मिलेगा। कृषि अधिकारियो का भी मानना है कि अधिक तापमान गेंहू की फसल के लिए अच्छा संकेत नही है, लेकिन रात मे ठंडक बनी रहने से उत्पादन में कमी की संभावना कम है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि उत्तर भारत में एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस है। इस कारण राजस्थान के दक्षिण-पश्चिम हिस्से में चक्रवाती हवा का घेरा बना है। इसके असर से मध्यप्रदेश में भी बादल छा रहे हैं। वहीं एक दो दिनो मे अधिकतर शहरों में गर्मी का असर बढ़ जाएगा। हालांकि बीते दिन बादल छाने और हल्की बूंदाबांदी के कारण कई शहरों के दिन के तापमान में गिरावट आई है। अनुमान है कि 3 मार्च के बाद आसमान साफ होने से तापमान में बढ़ोत्तरी होगी। मार्च के दूसरे पखवाड़े में लू जैसी स्थिति बनेगी।
धर्म-धम्म सम्मेलन में बोले सीएम शिवराज, भगवान बुद्ध ने दुनिया को दिखाया शांति का मार्ग
3 Mar, 2023 02:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । राजधानी के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में सातवां धर्म-धम्म सम्मेलन आज से शुरू होने जा रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने इस सम्मेलन का शुभारंभ किया। पांच मार्च तक चलने वाले इस आयोजन में भूटान, श्रीलंका, इंडोनेशिया, नेपाल और भारत के संस्कृति मंत्री भाग लेंगे। सम्मेलन 'नए युग में मानववाद का सिद्धांत" विषय पर हो रहा है। उद्घाटन कार्यक्रम में राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान प्रदेश की संस्कृति मंत्री उषा ठाकुर और सांची बौद्ध-भारतीय ज्ञान अध्ययन विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. नीरजा गुप्ता भी मौजूद हैं। कार्यक्रम के दौरान 'द पेनारोमा ऑफ इंडियन फिलोसफर्स एंड थिंकर्स' पुस्तक का विमोचन किया गया।
बच्चा-बच्चा गाता है धर्म की जय हो - शिवराज
कार्यक्रम में अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि यह मध्यप्रदेश का सौभाग्य है कि 7वें धर्म धम्म सम्मेलन का आयोजन इस धरती पर हो रहा है। यहां पधारे सभी गणमान्यजनों और नागरिकों का प्रदेश वासियों की ओर से स्वागत करता हूं। भारत अत्यंत प्राचीन और महान राष्ट्र है। एक ही चेतना समस्त जड़ और चेतन में विद्यमान है, यही भारत का मूल चिंतन है। इसीलिए भारत में कहा गया कि "सियाराम मय सब जग जानी", "अयं निजः परो वेति गणना लघुचेतसाम्। उदारचरितानां तु वसुधैव कुटुम्बकम्"।। भारत के गांव-गांव में बच्चा-बच्चा यह उद्घोष करता है कि 'धर्म की जय हो, अधर्म का नाश हो, प्राणियों में सद्भावना हो और विश्व का कल्याण हो।' सीएम शिवराज ने आगे कहा कि भगवान बुद्ध कह गए हैं कि 'युद्ध नहीं शांति, घृणा नहीं प्रेम, संघर्ष नहीं समन्वय, शत्रुता नहीं मित्रता' और यही वो मार्ग है जो भौतिकता की अग्नि में दग्ध विश्व मानवता को शांति का दिग्दर्शन कराएगा। मुझे कहते हुए प्रसन्नता है कि धर्म धम्म का पहला सिद्धांत सभी जीवों के साथ दया और सम्मान के साथ व्यवहार करना है। एक ही चेतना सब में है। सीएम शिवराज ने कहा कि धर्म-धम्म सम्मेलन में अलग-अलग बिंदुओं पर विद्वान गंभीर चिंतन और मनन करेंगे। मुझे पूरा विश्वास है कि इस चिंतन से जो अमृत निकलेगा, वो दुनिया को शाश्वत शांति के पथ का दिग्दर्शन कराने में सफल होगा।
तीन दिवसीय इस सम्मेलन के दौरान 115 शोध पत्र पढ़े जाएंगे। परिचयात्मक (कीनोट) सत्र में राम जन्मभूमि न्यास के सचिव स्वामी गोविंद देव गिरी महाराज, श्रीलंका के प्रो. कोटापितिये राहुल अनुष्का थेरो और स्वामीनारायण शोध संस्थान अक्षरधाम के महोमुखोपाध्याय साधु भद्रेश दास अपने विचार व्यक्त करेंगे। मुख्य सत्र में अमेरिका से प्रो. डेविड फ्राले, ब्रिटेन के डा. इयान बेकर, दक्षिण कोरिया के प्रो. जियो ल्योंग ली, थाइलैंड से डां. सुपची वीरपुचांग, चिन्मय मिशन के स्वामी मित्रानंद और पंजाब केंद्रीय विवि के चासंलर प्रो. जगबीर सिंह मौजूद रहेंगे।
हमीदिया अस्पताल का कार्डियोलाजी डिपार्टमेंट ट्रामा भवन में शिफ्ट
3 Mar, 2023 01:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। हमीदिया अस्पताल के कार्डियोलाजी डिपार्टमेंट को लेकर जारी मशक्कत समाप्त हो गई है। मरीजो के लिये यह काफी राहत की बात है कि कार्डियोलाजी डिपार्टमेंट अब बंद नहीं किया जायेगा, अस्पताल प्रबंधन इसे ट्रामा के इमरजेंसी भवन में शिफ्ट करने का निर्णय लिया है, जिसकी कवायद भी शुरु हो गई है। अब थोड़े दिनो बाद ही नये स्थान पर कार्डियोलाजी डिपार्टमेंट मरीजो का उपचार शुरु कर देगा। वहीं इमरजेंसी व ट्रामा अब हमीदिया के नए भवन में शिफ्ट होगा। जानकारी के अनुसार दिल के मरीजो को एंजियोग्राफी और एंजियोप्लास्टी समेत पेसमेकर लगाने के हर महीने औसतन 95 आपरेशन होते हैं।
भोपाल पहुंचीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, धर्म-धम्म सम्मेलन का करेंगी शुभारंभ
3 Mar, 2023 12:34 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । राजधानी के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में सातवां धर्म-धम्म सम्मेलन आज से शुरू होने जा रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु इस सम्मेलन का शुभारंभ करेंगी। पांच मार्च तक चलने वाले इस आयोजन में भूटान, श्रीलंका, इंडोनेशिया, नेपाल और भारत के संस्कृति मंत्री भाग लेंगे। सम्मेलन 'नए युग में मानववाद का सिद्धांत" विषय पर हो रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु दोपहर करीब साढ़े ग्यारह बजे विशेष विमान से दिल्ली से भोपाल पहुंचीं। राजा भोज विमानतल के स्टेट हैंगर पर राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उनका आत्मीय स्वागत किया। यहां से राष्ट्रपति मुर्मु कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना हो गईं। इस कार्यक्रम में शिरकत करने के बाद वह वापस दिल्ली रवाना हो जाएंगी। कार्यक्रम में राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी शामिल होंगे।
गौरतलब है कि धर्म-धम्म के वैश्विक विचारों को एक मंच प्रदान करने वाले इस सम्मेलन में 15 देशों से 350 से अधिक विद्वान शामिल हो रहे हैं। इसमें भूटान, मंगोलिया, श्रीलंका, इंडोनेशिया, थाइलैंड, वियतनाम, नेपाल, दक्षिण कोरिया, मॉरिशस, रूस, स्पेन, फ्रांस, अमेरिका और ब्रिटेन की सहभागिता रहेगी। इसमें 115 शोध पत्र पढ़े जाएंगे। परिचयात्मक (कीनोट) सत्र में राम जन्मभूमि न्यास के सचिव स्वामी गोविंद देव गिरी महाराज, श्रीलंका के प्रो. कोटापितिये राहुल अनुष्का थेरो और स्वामीनारायण शोध संस्थान अक्षरधाम के महोमुखोपाध्याय साधु भद्रेश दास अपने विचार व्यक्त करेंगे। मुख्य सत्र में अमेरिका से प्रो. डेविड फ्राले, ब्रिटेन के डा. इयान बेकर, दक्षिण कोरिया के प्रो. जियो ल्योंग ली, थाइलैंड से डां. सुपची वीरपुचांग, चिन्मय मिशन के स्वामी मित्रानंद और पंजाब केंद्रीय विवि के चासंलर प्रो. जगबीर सिंह मौजूद रहेंगे
दोस्त के कहने पर लड़की बन रहा है दोस्त
3 Mar, 2023 12:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
फीमेल हार्मोन से बदल रही है शक्ल सूरत
भोपाल । एक अनोखा मामला न्यायालय तक पहुंचा। इस मामले में दो छात्र आपस में पहले दोस्त बने। उसके बाद दोनों के बीच प्यार पनपा। दोस्त, दूसरे दोस्त को पिछले जन्म की गर्लफ्रेंड मानकर उसे हार्मोन थेरेपी से महिला बनने के लिए उकसाया। गर्लफ्रेंड बना युवक हार्मोन थेरेपी के जरिए महिला बनने के लिए लगातार थेरेपी लेने लगा। जिसके कारण कुछ ही महीनों में उसमे हार्मोनल चेंज देखने को मिलने लगे। परिवार के लोगों को शंका हुई, तो उन्होंने पूछताछ की। दोनों दोस्त आपस में कदम वापस लेने के लिए तैयार नहीं है।
फीमेल बनने के लिए हारमोंस ले रहे युवा के पिता ने कई बार समझाया। जब नहीं माना, तो पिता ने एक संस्था में गुहार लगाई। जहां काउंसलिंग हुई। इसका भी कोई परिणाम नहीं निकला। इसके बाद गर्लफ्रेंड बने युवक के पिता ने जिला कोर्ट में परिवाद लगाने की तैयारी की है।
जो लड़का बॉयफ्रेंड बना है। वह अपनी गर्लफ्रेंड को पाने के लिए कुछ भी करने के लिए तैयार है। उसने हार्मोन थेरेपी के लिए अभी तक 80000 रूपये खर्च कर दिए हैं। इसे कहते हैं पिछले जन्म का प्यार।अब यह मामला न्यायालय की शरण में जा रहा है।
पांच मार्च को लांच होगी मप्र मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना, प्रपत्र भरवाने की होगी शुरूआत
3 Mar, 2023 12:23 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना गरीब बहनों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएगी। यह अति महत्वपूर्ण योजना है। इसे जमीन पर क्रियान्वित करने के लिए सभी को जुटना है। यह बात गुरुवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने योजना के शुभारंभ कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कही। मुख्यमंत्री आवास कार्यालय में योजना के लांच की तैयारियों संबंधी वीडियो कांफ्रेसिंग से महिला-बाल विकास विभाग, समस्त कमिश्नर, कलेक्टर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, आयुक्त नगर पालिका निगम एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारियों से जानकारी प्राप्त कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना के प्रपत्र भरवाने के लिए अमले को प्रशिक्षित कर इस कार्य में दक्ष बनाया जाए। भोपाल में पांच मार्च को राज्य स्तरीय कार्यक्रम में योजना लांच की जाएगी। कार्यक्रम में भोपाल के अलावा निकटवर्ती जिलों की बहनें भी शामिल होंगी।
मुख्यमंत्री चौहान कार्यक्रम में स्वयं एक बहन का प्रपत्र भरवा कर उपस्थित बहनों को योजना की जानकारी देंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला-बाल विकास विभाग ने जिला स्तर पर योजना के क्रियान्वयन के लिए विस्तृत निर्देश भेजे हैं। जिलों में इस माह प्रत्येक वार्ड और ग्राम स्तर पर लगाए जाने वाले शिविरों में बहनें एकत्र होंगी। योजना की तैयारियों में कहीं से कोई गड़बड़ी की शिकायतें न आएं। प्रशासनिक अमला मिशन मोड में कार्य करें। कोई भी पात्र बहनें छूटें नहीं। फार्म भरने की प्रक्रिया सरल हो। जनप्रतिनिधि भी सहभागी बनें। उल्लेखनीय है कि योजना से गरीब वर्ग की महिलाएं प्रतिमाह एक हजार रुपए प्राप्त करेंगी। योजना के लिए पात्रता संबंधी जिला स्तर तक पूरा विवरण भेजा गया है।
कांग्रेस ने विस अध्यक्ष के विरुद्ध पेश किया अविश्वास प्रस्ताव, कमल नाथ के दस्तखत नहीं, नरोत्तम ने कसा तंज
3 Mar, 2023 12:17 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । मप्र विधानसभा में बजट सत्र का आज पांचवां दिन है। गुरुवार को विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम द्वारा कांग्रेस विधायक जीतू पटवारी को सत्र की बाकी अवधि से निलंबित किए जाने से कांग्रेस बौखलाई हुई है। सदन और विस परिसर में विपक्षी विधायकों द्वारा हंगामे के आसार को देखते हुए शुक्रवार को विधानसभा में आज मीडिया पर पाबंदी लगा दी गई है। मीडियाकर्मियों को विधानसभा में पत्रकार दीर्घा के अलावा कहीं भी आने-जाने से रोक दिया गया। कल पटवारी के विरुद्ध हुई कार्यवाही के विरोध में कांग्रेस पूरी तरह से उनके साथ खड़ी हो गई। गुरुवार को सदन की कार्यवाही स्थगित होने के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ के आवास पर विधायक दल की बैठक हुई। इसमें अध्यक्ष की कार्यवाही को अलोकतांत्रिक बताते हुए उनके विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव लाने का निर्णय लिया गया। शुक्रवार को विधानसभा की कार्यवाही प्रारंभ होते ही नेता प्रतिपक्ष डॉक्टर गोविंद सिंह ने कहा कि हमने अध्यक्ष के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव दे दिया है। इसकी स्वीकार्यता को लेकर चर्चा कराई जाए। इस पर संसदीय कार्यमंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि पहले हमारी बात भी सुन ली जाए, इसके बाद ही कोई बात हो। कांग्रेस नेता सज्जन वर्मा ने कहा कि हमें अध्यक्ष पर विश्वास नहीं है इसलिए उन्हें आज से ही नैतिकता के आधार पर छोड़ देनी चाहिए। चर्चा शुरू होते ही दोनों पक्षों की ओर से हंगामा हुआ और फिर सदन की कार्यवाही 10 मिनट के लिए स्थगित कर दी गई। सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि सरकार बजट सत्र चलाना ही नहीं चाहती है। यही कारण है कि हंगामा कराया जा रहा है बजट को बिना चर्चा ही पारित कराने का षड्यंत्र किया जा रहा है। इस पर संसदीय कार्य मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस विधायक जीतू पटवारी के निलंबन में अध्यक्ष की कोई भूमिका ही नहीं है प्रस्ताव मेंने स्वयं रखा था सदन में बहुमत के आधार पर निर्णय किया है अविश्वास प्रस्ताव को लेकर नियम प्रक्रिया से हैं हम अपनी बात रखें फिर विपक्ष अपनी बात रखें इस दौरान उन्होंने एक मार्शल को हटाए जाने को लेकर इशारा किया तो विपक्ष के सभी सदस्य खड़े होकर विरोध जताने लगे उन्होंने कहा कि संसदीय कार्य मंत्री गुंडागर्दी पर उतर आए हैं यह नहीं चलेगा इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने कहा कि मेरे सामने अभी अविश्वास प्रस्ताव नहीं आया है। जब आएगा, तब देखेंगे।
नरोत्तम ने कसा तंज
उधर, सदन की कार्यवाही स्थगित होने के दौरान संसदीय कार्यमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने सदन से बाहर आकर मीडियाकर्मियों से बातचीत में इस अविश्वास प्रस्ताव को लेकर तंज किया। उन्होंने कहा कि अविश्वास प्रस्ताव पर कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष व विधायक कमलनाथ जी ने नही किए दस्तखत। आधे विधायको के भी हस्ताक्षर नही है प्रस्ताव में। बेचारे जीतू पटवारी को कांग्रेस ने अकेला छोड़ा। जीतू पटवारी मामले में कांग्रेस की हालत शोले फ़िल्म की तरह हुई ..आधे इधर जाओ.. आधे उधर जाओ..बाकी मेरे पीछे आओ।
इससे पहले विधानसभा की कार्यवाही शुरू होने से पूर्व संसदीय कार्य मंत्री डा. नरोत्तम मिश्रा ने विधानसभा अध्यक्ष के प्रति अविश्वास प्रस्ताव लाने को लेकर कहा कि उनकी भूमिका आंशिक है। प्रस्ताव मेरे द्वारा लाया गया था। अध्यक्ष ने उन्हें निलंबित नहीं किया, बल्कि मेरे प्रस्ताव पर सदन ने यह निर्णय लिया है। अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाना उनके ज्ञान को दिखाता है। हम सभी को ताकत सदन से ही मिलती है, लेकिन जिस तरह का आचरण उनके द्वारा किया गया, वह इसके पूर्व कभी नहीं हुआ।
मार्च के दूसरे पखवाड़े के बाद गर्मी पकड़ेगी गति
3 Mar, 2023 11:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । एमपी में मौसम के मिजाज लगातार बदल रहा हैं। हालांकि मौसम विभाग ने शुक्रवार के बाद से इस पश्चिमी विक्षोभ का असर कम होने के आसार जताए हैं। जिसके बाद एक बार फिर पारा बढ़ने लगेगा।
आईएमडी के अनुसार होली से पहले तापमान में 3 से 4 डिग्री का उछाल आएगा है। इसके बाद फिर पारा 40 डिग्री तक जाने के आसार हैं। इतना ही नहीं प्रदेश में लू भी असर दिखाने लगेगी। बता दें मार्च के पहले पखवाड़े यानि शुरूआती 15 दिनों में प्रदेश के अधिकांश शहरों का तापमान 38 से 39 डिग्री तक पहुंचने जा सकता है। वहीं 16 मार्च से तापमान 40-42 डिग्री से ज्यादा रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने जो अनुमान लगाया है उसके अनुसार मार्च के महीने में रात का न्यूनतम तापमान 26 डिग्री के पार पहुंच सकता है। वहीं दूसरे पखवाड़े की बात करें तो यहां के बुंदेलखंड, बघेलखंड, ग्वालियर समेत भोपाल, इंदौर, उज्जैन संभाग में लू असर दिखाएगी। वहीं 5 मार्च को फिर नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके मौसम में फिर बदलाव आने लगेगा।
किसानों के माथे पर चिंता की लकीरे: प्रदेश में मौमस के बदलते तेवर से जहां लोगों में कौतूहल बना हुआ हैं, वहीं प्रदेश के हजारों किसानों के माथे पर चिंता की लकीरे साफ दिख रही है। लगातार तेज हो रही गर्मी से गेंहू की फसल पर असर हो सकता है। इसलेकर किसानों की चिंता बढ़ने लगी है। वहीं सरकार भी इसलेकर चिंतित दिख रही है।
5 मार्च को लान्च होगी मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना
2 Mar, 2023 11:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना गरीब बहनों के जीवन में सकरात्मक बदलाव लाएगी। यह अति महत्वपूर्ण योजना है। इसे जमीन पर क्रियान्वित करने के लिए सभी को जुटना है।
भोपाल में रविवार, 5 मार्च को राज्य स्तरीय कार्यक्रम में योजना विधिवत लांच की जाएगी। कार्यक्रम में भोपाल के अलावा निकटवर्ती जिलों की बहनें भी शामिल होंगी। मुख्यमंत्री चौहान कार्यक्रम में स्वयं एक बहन का प्रपत्र भरवा कर उपस्थित बहनों को योजना की जानकारी प्रदान करेंगे।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि महिला-बाल विकास विभाग ने जिला स्तर पर योजना के क्रियान्वयन के लिए विस्तृत निर्देश भेजे हैं। बहनों के प्रपत्र भरवाने के दौरान बैंक खाते को आधार से लिंक करवाने, आधार एनरोलमेंट और उसके अपडेशन के साथ अन्य तकनीकी आवश्यकताओं की पूर्ति के बारे में भी बताया गया है। प्रपत्र भरवाने वाले अमले को इस कार्य का पूर्ण प्रशिक्षण दिया जाए, जिससे वे योजना के लिए पात्र बहनों की समुचित सहायता कर सकें।
मुख्यमंत्री चौहान आज निवास कार्यालय समत्व भवन में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के लांच की तैयारियों संबंधी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से महिला-बाल विकास विभाग, समस्त कमिश्नर्स,कलेक्टर्स, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, आयुक्त नगर पालिका निगम एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारियों से जानकारी प्राप्त कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना के प्रपत्र भरवाने के लिए अमले को प्रशिक्षित कर इस कार्य में दक्ष बनाया जाए।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना बहुआयामी और एक मिशन है। ग्रामीण और शहरी क्षेत्र की सामान्य वर्ग की गरीब बहनों के साथ ही अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग की बहनों को न्याय देने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि महिलाएँ अब इस योजना से आर्थिक उन्नयन प्राप्त कर परिवार के स्तर पर महत्वपूर्ण निर्णय लेने की प्रक्रिया में प्रभावी होंगी।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि जिलों में इस माह प्रत्येक वार्ड और ग्राम स्तर पर होने वाले शिविरों में बहनें एकत्र होंगी। योजना की तैयारियों में कहीं से कोई गड़बड़ी की शिकायतें न आएँ। प्रशासनिक अमला मिशन मोड में कार्य करें। कोई भी पात्र बहनें छूटे नहीं। फार्म भरने की प्रक्रिया सरल हो। जन-प्रतिनिधि भी सहभागी बनें। प्रपत्र भरवाने के कार्य में पूरी पारदर्शिता हो। उल्लेखनीय है कि योजना से गरीब वर्ग की महिलाएँ प्रतिमाह 1000 रूपए प्राप्त करेंगी। योजना के लिए पात्रता संबंधी जिला स्तर तक पूरा विवरण भेजा गया है। प्रमुख सचिव महिला-बाल विकास दीपाली रस्तोगी ने प्रेजेंटेशन दिया। मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री चौहान 4 मार्च को रीवा जिले के मऊगंज से करेंगे संबल योजना में अनुग्रह सहायता राशि का अंतरण
2 Mar, 2023 11:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 4 मार्च को रीवा जिले के मऊगंज से मुख्यमंत्री जन-कल्याण संबल योजना 2.0 और मध्यप्रदेश भवन एवं संनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल अंतर्गत 605 करोड़ रूपए की अनुग्रह सहायता का वितरण करेंगे। प्रदेश के 27 हजार 310 श्रमिक परिवार को अनुग्रह सहायता की राशि उनके खाते में अंतरित की जायेगी। साथ ही अन्य योजना के हितग्राहियों को भी लाभ दिया जाएगा। मुख्यमंत्री चौहान ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंस द्वारा रीवा के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कार्यक्रम की रूपरेखा पर विचार किया।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मऊगंज में विभिन्न योजनाओं में हितग्राहियों को लाभान्वित करने के लिए आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाए। कार्यक्रम गरिमामय हो। प्रदेश के अन्य निकाय भी कार्यक्रम के प्रसारण से जोड़े जाएँ। कलेक्टर रीवा ने बताया कि 704 करोड़ 27 लाख रूपए की लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन भी होगा। जन-प्रतिनिधि और नागरिक भी कार्यक्रम के प्रति उत्साहित हैं। स्वतंत्रता के बाद पहली बार जन-कल्याण की दृष्टि से इतना महत्वपूर्ण कार्यक्रम मऊगंज में होने जा रहा है। कार्यक्रम स्थल पर विकास प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। मुख्य सचिव श्री इकबाल सिंह बैंस और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने सफल विकास यात्रा और जन-कल्याण के प्रयासों के लिए कलेक्टर्स को दी बधाई
2 Mar, 2023 10:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में सफल रही विकास यात्रा और मुख्यमंत्री जन-सेवा अभियान में कलेक्टर्स और उनके अमले ने सराहनीय कार्य किया है। इसके लिए कलेक्टर्स बधाई के पात्र हैं।
मुख्यमंत्री चौहान ने आज मुख्यमंत्री निवास कार्यालय समत्व भवन से वीडियो कॉन्फ्रेंस द्वारा कलेक्टर्स और अन्य अधिकारियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आम जनता के कल्याण के लिए विकास यात्रा उपयोगी रही। विभिन्न जिलों के जन-प्रतिनिधि और नागरिकों से भी एक स्वर में यही सुनने को मिला कि विकास यात्रा और मुख्यमंत्री जन-सेवा अभियान अद्भुत रहा। मुख्यमंत्री चौहान ने आशा व्यक्त की कि आम जनता के कल्याण से जुड़ी योजनाओं के बेहतर अमल के लिए भविष्य में भी इसी तरह कार्य सम्पन्न होगा।
राष्ट्रपति मुर्मु करेंगी 7वें अंतर्राष्ट्रीय धर्म-धम्म सम्मेलन का उद्घाटन
2 Mar, 2023 10:02 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु शुक्रवार को दोपहर 12:20 बजे 7वें अंतर्राष्ट्रीय धर्म-धम्म सम्मेलन का उद्घाटन कुशाभाऊ ठाकरे सभागार भोपाल में करेंगी। राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, संस्कृति मंत्री उषा ठाकुर और साँची बौद्ध-भारतीय ज्ञान अध्ययन विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. नीरजा गुप्ता शामिल होंगी।
नए युग में मानववाद के सिद्धांत पर केंद्रित सम्मेलन 3 से 5 मार्च तक होगा। धर्म-धम्म के वैश्विक विचारों को एक मंच प्रदान करने वाले इस सम्मेलन में 15 देशों से 350 से अधिक विद्वान शामिल हो रहे हैं। इसमें भूटान, मंगोलिया, श्रीलंका, इंडोनेशिया, थाइलैंड, वियतनाम, नेपाल, दक्षिण कोरिया, मॉरिशस, रूस, स्पेन, फ्रांस, अमेरिका और ब्रिटेन की सहभागिता रहेगी।
4 मुख्य सत्र में 25 विद्वान का होगा संबोधन
तीन दिवसीय सम्मेलन में 4 मुख्य सत्रों में 25 विद्वान अपने विषय का निरूपण करेंगे। इसी दौरान 15 समानान्तर-सत्र भी होंगे, जिसमें सम्मेलन की थीम "नए युग में मानववाद का सिद्धांत" पर केंद्रित 115 शोध-पत्र पढ़े जाएंगे।
पहले दिन उद्घाटन-सत्र के अतिरिक्त एक अनूठा मंत्री सत्र भी होगा, जिसमें 5 देशों के मंत्री सांस्कृतिक सामंजस्य और विभिन्न विषयों पर चर्चा करेंगे। इस सत्र में भूटान, श्रीलंका, इंडोनेशिया, नेपाल और भारत के मंत्री शामिल होंगे। कीनोट-सत्र में राम जन्म-भूमि न्यास के सचिव स्वामी गोविंद देव गिरी महाराज, श्रीलंका के प्रो. कोटापितिये राहुल अनुष्का थेरो और स्वामीनारायण शोध संस्थान अक्षरधाम के महोमुखोपाध्याय साधु भद्रेश दास अपने विचार व्यक्त करेंगे। मुख्य-सत्र में अमेरिका से प्रो. डेविड फ्रॉले, ब्रिटेन के डॉ. इयान बेकर, दक्षिण कोरिया के प्रो. जियो ल्योंग ली, थाइलैंड से डॉ. सुपची वीरपुचांग, चिन्मय मिशन के स्वामी मित्रानंद और पंजाब केंद्रीय विवि के चासंलर प्रो. जगबीर सिंह मौजूद रहेंगे।
यह सम्मेलन भारत से प्रतिपादित मानवीय मूल्यों के वैश्विक असर को रेखांकित करता है। पश्चिम के देशों में भारतीय संस्कृति और दर्शन से प्रतिपादित सिद्धातों के प्रति बहुत जिज्ञासा है और साँची विश्व विद्यालय इसी दिशा में शोध और अध्ययन पर केंद्रित है।
सम्मेलन के दौरान होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों में मध्यप्रदेश की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर की प्रस्तुति की जाएगी। इसमें जनजातीय नृत्य और देश-विदेश में प्रसिद्धि पा चुके मध्यप्रदेश की धूलिया जनजाति के गुदुमबाजा का भी प्रदर्शन होगा। साथ ही माँ नर्मदा को समर्पित लोकगीतों की प्रस्तुति भी होगी।
कांग्रेस विधायक जीतू पटवारी की टिप्पणी पर हंगामा, तीन बार सदन स्थगित, अध्यक्ष ने किया निलंबित
2 Mar, 2023 09:29 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान गुरुवार को जमकर हंगामा हुआ। कांग्रेस विधायक व पार्टी के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भाजपा कार्यकर्ताओं को सरकार के खर्च पर खाना खिलाने का मुद्दा उठाया। साथ ही गुजरात के जू में बाघ, घडियाल आदि भेजने और बदले में चिड़िया, भेड़ व बकरी खरीदने की बात कही। इस पर सदन में इतना हंगामा हुआ कि तीन बार सदन की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी। संसदीय कार्यमंत्री डा.नरोत्तम मिश्रा ने पटवारी को निलंबित करने का प्रस्ताव रखा। विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने उन्हें खेद जताने के लिए कहा, जिसे उन्होंने अस्वीकार कर दिया और फिर पटवारी को बजट सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित कर दिया गया। उधर, कांग्रेस विधायक दल ने इस कार्यवाही को विपक्ष की आवाज दबाने का कदम बताते हुए विधानसभा अध्यक्ष के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव लाने का निर्णय लिया है। पटवारी ने राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में साढ़े सात हजार शस्त्र लाइसेंस देने, प्रदेश के ऊपर बढ़ते ऋण, ब्याज अदायगी में बड़ी राशि व्यय करने, किराए का विमान लेने में करोड़ों रुपये व्यय करने, शासकीय धन से भाजपा कार्यालय में चाय, नाश्ता व भोजन कराने, गुजरात के जामनगर स्थित रिलायंस के जू को पांच बाघ, पांच शेर, घड़ियाल, दो लोमड़़ी भेजने का मुद्दा उठाया। जू में वन्य प्राणी भेजने के बदले में छिपकली, चिड़िया, तोते लेने और भेड़-बकरी खरीदने की बात कही। साथ ही दूध के व्यवसाय से जुड़ी एक टिप्पणी भी की, जिसे बाद में विलोपित कर दिया गया। इस पर संसदीय कार्यमंत्री ने आपत्ति की और दस्तावेज पटल पर रखने की बात कही। कहा कि प्रदेश में शेर है ही नहीं, ऐसी बातें कहकर पटवारी सदन को गुमराह कर रहे हैं। पहले भी इन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को भोजन कराने की बात कही थी। इसके दस्तावेज रखवाए जाएं। हम इनके विरुद्ध विशेषाधिकार हनन का नोटिस देंगे। जब पटवारी ने आरोपों से संबंधित दस्तावेज पटल रखने के लिए सदन के अधिकारियों को दिए तो हंगामा हुआ और यह बढ़ता ही गया। इसके कारण तीन बार सदन की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी। करीब एक घंटे कार्यवाही स्थगित होने के बाद जब पुन: शुरू हुई तो संसदीय कार्य मंत्री ने पटवारी को सदन की शेष बैठकों के लिए निलंबित करने का प्रस्ताव रखा। इसके बाद अध्यक्ष ने उन्हें निलंबित कर दिया। इसके विरोध में कांग्रेस सदस्यों ने हंगामा किया और सदन की कार्यवाही शुक्रवार 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
पटवारी के साथ खड़ी हुई कांग्रेस, कमल नाथ ने कहा-लोकतंत्र की हत्या हो रही
पटवारी के विरुद्ध हुई कार्यवाही के विरोध में कांग्रेस पूरी तरह से उनके साथ खड़ी हो गई। सदन की कार्यवाही स्थगित होने के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ के आवास पर विधायक दल की बैठक हुई। इसमें अध्यक्ष की कार्यवाही को अलोकतांत्रिक बताते हुए उनके विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव लाने का निर्णय लिया गया। कमल नाथ ने मीडिया से चर्चा में कहा कि आखिर सरकार सदन में चर्चा से क्यों भागना चाहती है। सदन को चलाने में इनकी कोई रुचि नहीं है। ये पहले से तय करके आए थे कि सदन नहीं चलने देना हैं। ये विपक्ष की आवाज घोंटना चाहते हैं। हम भ्रष्टाचार पर सवाल पूछेंगे, इसलिए सदन नहीं चलने देना चाहते हैं।प्रदेश के लिए यह दुख का दिन है। पटवारी ने जो प्रश्न पूछे वे सब रिकार्ड में हैं। भाजपा कार्यालय में खाना खिलाया गया, यह तो शासन के जवाब में है। नेता प्रतिपक्ष डा.गोविंद सिंह ने कहा कि भाजपा कार्यालय में खाना खिलाने उत्तर तो सरकार का है। इसे पटल पर रखा तो साजिश रचकर सदन न चलने दिया। अध्यक्ष ने भाजपा सरकार का मोहरा बनकर निर्णय दिया। पटवारी ने कहा कि मैंने जो भी बात कही, वह दस्तावेजों में है। हम सरकार के भ्रष्टाचार को यूं ही उठाते रहेंगे और मेरे बारे में जो भी निर्णय लेना है, वह पार्टी लेगी।
इनका कहना है
सदन को हम लोकतंत्र का मंदिर कहते हैं। पक्ष और विपक्ष को इसी से ताकत मिलती है पर पटवारी झूठ का सहारा लेकर पूरे प्रदेश को गुमराह कर रहे हैं। एक मामला पहले से विशेषाधिकार समिति में विचाराधीन है। आज भी उन्होंने असत्य बोला। वे लगातार झूठे आंकड़े और किस्से सुनाते रहे। इसे लेकर प्रस्ताव रखा था, जिस पर उन्हें अध्यक्ष ने बजट सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित कर दिया।
- डा. नरोत्तम मिश्रा, मंत्री संसदीय कार्य।
मुख्यमंत्री चौहान ने स्व. नंदकुमार की पुण्य-तिथि पर नमन किया
2 Mar, 2023 06:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पूर्व सांसद तथा भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष स्व. नंदकुमार सिंह चौहान की पुण्य-तिथि पर उनका स्मरण किया। मुख्यमंत्री चौहान ने निवास कार्यालय स्थित सभागार में उनके चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की।
नंदकुमार सिंह चौहान का जन्म 8 सितम्बर 1952 को शाहपुर बुरहानपुर में हुआ था। उन्हें संसदीय कार्यवाही, संगठनात्मक कौशल में योगदान और संगठन को प्रदेश में मजबूत बनाने के प्रयासों के लिए याद किया जाता है। उनका पूरा जीवन सामाजिक कार्यों के प्रति समर्पित रहा। वे लोकप्रिय जननेता थे। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत शाहपुर के नगर पालिका अध्यक्ष के रूप में की थी। उनका अवसान 2 मार्च 2021 को हुआ।
लाड़ली बहना योजना के शुभारंभ पर नगरीय निकायों में लगेंगे 23,360 पौधे
2 Mar, 2023 06:27 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
413 नगरीय निकायों में बनेगी शिव वाटिका
नगरीय विकास एवं आवास मंत्री सिंह ने दिये कार्यवाही के निर्देश
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अपने जन्म-दिवस 5 मार्च को 'लाड़ली बहना योजना' का शुभारंभ करेंगे। इस दिन सभी 413 नगरीय निकायों में "शिव वाटिका" बनाई जाएँगी। शिव वाटिका में 23 हजार 360 पौधे लगाये जायेंगे। नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने यह जानकारी देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री चौहान के जन्म के 64 वर्ष (23 हजार 360 दिन) 5 मार्च को पूरे होंगे। इसी उपलक्ष्य में 23 हजार 360 पौधे लगाने का निर्णय लिया गया है। पौध-रोपण सुबह 8 बजे से सभी नगरीय निकायों में होगा।
मंत्री सिंह ने प्रमुख सचिव नगरीय विकास एवं आवास नीरज मंडलोई को 5 मार्च को होने वाले पौध-रोपण की सभी तैयारियाँ समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने तैयारियों की समीक्षा भी की। इस दौरान आयुक्त नगरीय प्रशासन एवं विकास भरत यादव और आयुक्त नगरपालिक निगम भोपाल के.व्ही.एस. चौधरी उपस्थित थे।
नगरीय विकास मंत्री सिंह ने कहा कि शिव वाटिका में महिलाओं द्वारा प्राथमिकता से पौध-रोपण किया जायेगा। उन्होंने कहा कि पर्यावरण-संरक्षण और संवर्धन के लिए हर क्षण समर्पित हमारे मुख्यमंत्री के लिए पौध-रोपण जन्मदिन का सबसे बड़ा उपहार है। पौध-रोपण की तैयारी 3 मार्च से शुरू हो जायेगी। स्थानीय प्रजाति के पौधों को प्राथमिकता से लगाया जायेगा।
कार्यक्रम में शहर के प्रबुद्ध नागरिक, जन-प्रतिनिधि, महिला स्वयंसेवी संगठन, प्रबुद्ध महिलायें, महिला पार्षद आदि की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये हैं।