मध्य प्रदेश (ऑर्काइव)
केंद्र सरकार के जैम पोर्टल से मेडिसिन किट खरीदेगी प्रदेश सरकार
4 Mar, 2023 10:11 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । मध्यप्रदेश के 97 हजार 135 आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए शिवराज सरकार जल्द ही मेडिसिन किट खरीदेगी। इस मेडिसिन किट में पेट दर्द, बुखार और चोट लगने में उपयोग होने वाली दवाएं, पट्टी रहेंगी।
प्रदेश के 84 हजार 465 आंगनबाड़ी केंद्र के लिए यह किट 1500 रुपये और 12 हजार 670 मिनी आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए 750 रुपये में खरीदी जाएगी। इसके लिए कलेक्टर की अध्यक्षता में समिति बनेगी, जो तय मापदंडों के आधार पर केंद्र सरकार के जैम पोर्टल से किट खरीदेगी। यह खरीद सक्षम आंगनबाड़ी एवं पोषण-2 अभियान के अंतर्गत होगी।
प्रदेश में 84 हजार 465 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं। इनके लिए 12 करोड़ 66 लाख 97 हजार 500 रुपये में किट खरीदी जाएगी। वहीं 12 हजार 670 मिनी आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए खरीदी जाने वाली किट पर 95 लाख 2500 रुपये खर्च करने की तैयारी हैं। किट पर सरकार 13 करोड़ 62 लाख रुपये खर्च करेगी। दरअसल मोदी सरकार ने अगस्त 2022 में सक्षम आंगनबाड़ी और पोषण-2 की गाइड लाइन जारी की है, जिसमें मेडिसिन खरीदने के निर्देश हैं।
मध्य प्रदेश की जल सखी अनीता चौधरी आज दिल्ली में राष्ट्रपति के हाथों होंगी सम्मानित
4 Mar, 2023 10:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। जल संरक्षण और उसके सदुपयोग का संदेश देकर महिलाओं को जागरूक करने वालीं छिंदवाड़ा के गढ़मऊ की अनीता चौधरी को आज (शनिवार) नई दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू स्वच्छ सुजल शक्ति सम्मान- 2023 से सम्मानित करेंगी।
अनीता को यह पुरस्कार जल जीवन मिशन में किए जा रहे अनुकरणीय प्रदर्शन और उत्कृष्ट योगदान के लिए दिया जा रहा है।
यह सम्मान पाने वाली वे मध्य प्रदेश की एक मात्र महिला होंगी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जल सखी अनीता चौधरी को स्वच्छ सुजल शक्ति सम्मान-2023 के लिए बधाई दी है। गांव में समूह जलप्रदाय योजना के प्रांरभ से ही अनीता चौधरी ग्राम जल व स्वच्छता तदर्थ समिति की सदस्य हैं। अनीता सृष्टि स्व सहायता समूह की भी सदस्य हैं। जल सखी के रूप में भी कार्य करते हुए उन्होंने राजस्व वसूली के चुनौतीपूर्ण कार्य को बखूबी निभाया और गांव में 100 प्रतिशत जल कर वसूली का कार्य किया है। उन्होंने गांव में हर घर में नल कनेक्शन के लिए लोगों को प्रेरित किया। उनके इस प्रयास से ग्राम गढ़मऊ हर घर जल ग्राम घोषित है।
प्रदेश में 8 कोरोना संक्रमित मिले, 6 इंदौर और 2 भोपाल में
4 Mar, 2023 09:11 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। मध्यप्रदेश में लंबे समय बाद कोरोना के आठ नए मरीज सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी हेल्थ बुलेटिन के अनुसार इंदौर में छह और भोपाल में दो नए संक्रमित मिले हैं।
यह मामले 459 लोगों के सैंपलों की जांच में सामने आए हैं। इसके साथ ही राज्य में सक्रिय मरीजों की संख्या 15 हो गई है। इंदौर में 8, भोपाल में 6 और ग्वालियर में एक सक्रिय मरीज है।
दरअसल, मध्य प्रदेश में कोरोना के मामले धीरे-धीरे कम होते गए और जनवरी के मध्य तक प्रदेश पूरी तरह कोरोना से मुक्त हो गया था, लेकिन पिछले तीन दिन से यहां नए मामले मिलने का सिलसिला फिर से शुरू हो गया। इसकी वजह लोगों का इस महामारी के प्रति लापरवाहीपूर्ण रवैया है, क्योंकि कोरोना से संबंधित प्रतिबंध समाप्त होने के बाद मास्क-सैनेटाइजर के उपयोग के साथ-साथ दो गज की दूरी के नियम का पालन भी बंद हो गया है। लोग अब भीड़-भीड़ में जाने से भी नहीं कतराते हैं।
इंदौर में बीते तीन दिन में कोरोना के आठ नए मामले सामने आए हैं। यहां बुधवार को कोरोना का एक, गुरुवार को एक मरीज मिलने के साथ ही शुक्रवार को इनकी संख्या बढ़कर छह हो गई है। इंदौर में कुल आठ सक्रिय मरीज हो गए हैं। इसके अलावा भोपाल में दो नए मामलों के साथ सक्रिय मरीजों की संख्या छह हो गई है। एक मरीज ग्वालियर में भी उपचाररत है। हैरत की बात यह है कि कोरोना वायरस के बढ़ते मरीजों की संख्या के बावजूद भी स्वास्थ्य विभाग की तरउ से न तो बुलेटिन जारी की गई और न ही लोगों को सतर्क रहने की सूचना दी गई है। जानकारों का कहना है कि अभी भी स्वास्थ्य विभाग की ओर से लापरवाही बरती गई तो शहर में एक बार फिर कोरोना के मरीजों की संख्या बढ़ सकती है।
पुलिस थानों में दें साइन लेंग्वेज की बेसिक ट्रेनिंग : नि:शक्तजन आयुक्त रजक
3 Mar, 2023 11:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : नि:शक्तजन कल्याण आयुक्त संदीप रजक ने कहा है कि दिव्यांग अपना पक्ष खुद रख सकें इसके लिए प्रदेश के सभी थानों में साइन लेंग्वेज की बेसिक ट्रेनिंग कराई जाये। सभी थानों में दो व्हील चेयर, रेम्प, रेलिंग और ब्रेल साइनेज की व्यवस्था भी सुनिश्चित हो। रजक ने यह बात जबलपुर में केंट थाना के निरीक्षण के दौरान कही। उन्होंने कहा है कि विभिन्न श्रेणी के दिव्यांगजन विशेष रूप से बौद्धिक दिव्यांगजन के साथ घटित होने वाली घटनाओं के प्रति पुलिस विशेष संवेदनशीलता के साथ काम करे। सभी श्रेणी के दिव्यांगजन से संबंधित प्रशिक्षण से दिव्यांग महिलाएँ अपनी शिकायत बेहतर ढंग से रख सकेंगी।
रजक ने नवनिर्मित जिला दिव्यांग पुनर्वास केन्द्र का निरीक्षण भी किया। भवन में सीसीटीवी कैमरा और लिफ्ट सुविधा के लिए केन्द्र शासन की सिपडा योजना में प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल में प्रत्येक सोमवार को होने वाले मेडिकल बोर्ड में डीडीआरसी के विषय-विशेषज्ञ अवश्य उपस्थित रहें। उन्होंने दिव्यांगजन को ट्रायसिकिल और कान की मशीन का वितरण किया।
मुख्यमंत्री चौहान 27 हजार 310 श्रमिकों के खातों में अंतरित करेंगे संबल योजना के 605 करोड़ रूपये
3 Mar, 2023 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 4 मार्च को रीवा के मऊगंज में संबल योजना के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में 27 हजार 310 श्रमिक परिवारों को 605 करोड़ रूपये की अनुग्रह सहायता राशि सिंगल क्लिक से अंतरित करेंगे। योजना में निर्माण श्रमिकों के 3509 प्रकरणों में 75 करोड़ और संबल योजना के 23 हजार 801 प्रकरणों में 530 करोड़ रूपये की सहायता राशि हितग्राही के खाते में अंतरित की जायेगी।
श्रम सचिव संजय जैन ने बताया कि म.प्र. भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मण्डल तथा म.प्र. शहरी एवं ग्रामीण असंगठित कर्मकार कल्याण मण्डल द्वारा प्रदेश के असंगठित क्षेत्र में कार्यरत श्रमिकों एवं उनके परिवार के लिए अनेक योजनाएँ संचालित की जा रही हैं। इसमें अनुग्रह सहायता योजना में दुघर्टना में मृत्यु होने पर 4 लाख रूपये एवं सामान्य मृत्यु होने पर 2 लाख रूपये की सहायता दी जाती है। स्थायी अपंगता पर 2 लाख रूपये, आंशिक स्थायी अपंगता पर एक लाख तथा अंतिम संस्कार सहायता के रूप में 5 हजार रूपये प्रदान किये जाते हैं। संबल योजना में महिला श्रमिकों को प्रसूति सहायता के रूप में 16 हजार रूपये दिये जाते हैं और श्रमिकों के बच्चों को नि:शुल्क शिक्षा भी उपलब्ध करायी जा रही है।
प्रदेश में असंगठित क्षेत्र में कार्यरत लाखों श्रमिकों के लिए संबल अत्यंत महत्वपूर्ण योजना है। योजना में श्रमिक को जन्म से लेकर मृत्यु तक आर्थिक सहायता प्राप्त होती है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा शुरू की गई यह योजना वास्तविक अर्थों में श्रमिकों का संबल है। योजना का देश के कई राज्यों ने अनुकरण किया है। प्रदेश के लाखों निर्माण श्रमिकों के लिए भी म.प्र. भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मण्डल द्वारा 18 योजनाएँ संचालित की जा रही हैं।
शासकीय सेवा में चयन जीवन का दुर्लभ और सौभाग्यशाली क्षण : मुख्यमंत्री चौहान
3 Mar, 2023 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि शासकीय सेवा में चयन जीवन का दुर्लभ और सौभाग्यशाली क्षण है। शासकीय सेवा जनता की सेवा का अवसर है। बेहतर काम कर के दिखायें। आपके काम से आपका मान बढ़े और किसानों की भी जिन्दगी बदले। जुनून और उत्साह से काम करें। मुख्यमंत्री चौहान निवास कार्यालय समत्व भवन में उद्यानिकी एवं खाद्य प्र-संस्करण विभाग में नव चयनित 126 वरिष्ठ उद्यान विकास और उद्यान विस्तार अधिकारियों को नियुक्ति आदेश वितरित कर रहे थे। उद्यानिकी एवं खाद्य प्र-संस्करण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) भारत सिंह कुशवाह सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि जब मैं मुख्यमंत्री बना तब प्रदेश में प्रति व्यक्ति आय 13 हजार थी, जो अब बढ़ कर एक लाख 40 हजार रूपए हो गई है। इसमें कृषि का बड़ा योगदान है। किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए फसल चक्र बदल कर बागवानी फसलों के उत्पादन को प्रोत्साहित किया जा रहा है। मध्यप्रदेश को दुनिया का सबसे अच्छा राज्य बनाना मेरा जुनून है। इसके लिए केवल कृषि ही नहीं, उद्योग और व्यवसाय पर भी ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जीवन बहुत छोटा है, इसलिए ऐसा काम करें कि लोग याद रखें। माता-पिता को भी आप पर गर्व हो। मुख्यमंत्री चौहान ने चयनित उद्यान विस्तार अधिकारियों का कहानियों और प्रसंगों से उत्साहवर्धन किया।
राज्य मंत्री कुशवाह ने कहा कि मुख्यमंत्री चौहान के कुशल नेतृत्व में कृषि को लाभ का धंधा बनाया जा रहा है। उद्यानिकी फसलों द्वारा किसान अपनी आय दोगुनी कर सकते हैं। प्रदेश को कई बार कृषि कर्मण पुरस्कार मिला है। मेरा विश्वास है कि इसी तरह उद्यानिकी के क्षेत्र में भी पुरस्कार मिलेगा। राज्य सरकार किसानों के साथ अधिकारी-कर्मचारियों की चिंता भी कर रही है। रोजगार के अवसर बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री चौहान का नव-चयनित उद्यान विकास और विस्तार अधिकारियों ने तालियाँ बजा कर अभिवादन किया।
होली का रंगबिरंगा नजारा नजर आ रहा है बाजारो में
3 Mar, 2023 08:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पिचकारी, रंगो से गुलजार हुआ बाजार
भोपाल। रंगो का त्यौहार होली के नजदीक आने के साथ ही बाजारो का नजारा भी काफी रंग बिरंगा नजर आने लगा है। शहर के चारों और लगने वाले बाजारो मे नई-नई पिचकारियों रंगो की सजावट हो गई है। शहर के जुमेराती, चौक, न्यू मॉर्केट, बैरागढ़, करोंद के सभी छोटे-बड़े बाजार रंग-बिरंगी पिचकारियों से सज गए हैं। सात मार्च को होलिका दहन के बाद आठ मार्च को होली खेली जाएगी। इस बार बाजार मे करीब दौ सौ से अधिक तरह की पिचकारियां आई हैं। लेकिन बच्चो को अपने पसंदीदा कार्टून कैरैक्टर के फोटो छपी पिचकारी काफी पसंद आ रही है। होली के लिये दिल्ली व मुंबई से थोक व्यवसायी अपना माल लेकर भोपाल आये है। जिनसे शहर सहित जिले के आसपास जगह-जगह होली से पहले अस्थाई दुकानें लगाने वाले फुटकर विक्रेता पिचकारियों को खरीदकर ले जा रहे हैं। यह पिचकारिया केवल बच्चों के लिये नहीं बल्कि बड़े लोगों के हिसाब भी बनाई गई हैं। जिनकी कीमत देढ़ हजार तक हैं। जानकारी के अनुसार शहर के चारो और अलग-अलग इलाकों में करीब 10 हजार से अधिक अस्थाई दुकानें होली से चार-पांच दिन पहले लगती हैं। इस बार करीब पॉच करोड़ का कारोबार होने की आश व्यापरी वर्ग द्वारा जताई जा रही है।
कांग्रेस विधायक जीतू पटवारी के निलंबन पर हो सकता है पुनर्विचार- गिरीश गौतम
3 Mar, 2023 07:52 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने कहा कि जीतू पटवारी के निलंबन पर पुनर्विचार भी हो सकता है। इसके लिए यदि किसी भी पक्ष से पहल की जाती है तो नियमानुसार विचार कर निर्णय लिया जा सकता है। इसके पहले भी ऐसा हो चुका है। राकेश चतुर्वेदी और कल्पना परूलेकर की सदस्यता अमर्यादित आचरण करने के कारण समाप्त कर दी गई थी। स्थान भी रिक्त घोषित हो गए थे और चुनाव आयोग को इसकी सूचना भी दे दी थी, लेकिन निर्णय पर पुनर्विचार हुआ और दोनों की सदस्यता बहाल कर दी गई थी। विधानसभा अध्यक्ष ने शुक्रवार को सदन में कहा कि अभिभाषण पर चर्चा के दौरान व्यवस्था बनाने के लिए सदस्यों विशेषकर जीतू पटवारी से शालीनता के साथ अपनी बात रखने का बार-बार अनुरोध किया गया। पटवारी से अपने कथन के संबंध में खेद व्यक्त कर प्रकरण समाप्त करने का भी प्रयास किया गया, लेकिन स्थिति सामान्य नहीं हो सकी।
महिला दिवस के उपलक्ष्य में प्रदेशभर की यातायात व्यवस्था महिला पुलिसकर्मी संभालेंगी
3 Mar, 2023 07:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। 6 मार्च को महिला दिवस के उपलक्ष्य में प्रदेशभर की यातायात व्यवस्था महिला पुलिसकर्मी संभालेंगी। महिला सशक्तिकरण का संदेश देने के लिए पुलिस विभाग द्वारा यह पहल की जा रही है। महिला दिवस पर सुबह 8 बजे से प्रदेश के विभिन्न शहरों में महिला पुलिसकर्मी चौक-चौराहों पर तैनात रहेंगी। इस दौरान वह वाहन चालकों को नियमों का पालन करने के लिए समझाइश भी देती नजर आएंगी। इसका उद्देश्य महिलाओं के आत्मसम्मान और आत्मविश्वास को बढ़ाना है। गौरतलब है कि हर साल 8 मार्च को विश्व महिला दिवस मनाया जाता है, लेकिन इस वर्ष महिला दिवस के दिन ही होली होने के कारण 6 मार्च को यातायात विभाग द्वारा यह पहल की जाएगी।राजधानी भोपाल के साथ ही इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन और प्रदेश के अन्य शहरों में उपलब्ध पुलिसबल की सहायता से महिला अधिकारी एवं कर्मचारी यातायात नियंत्रण के कार्य को संचालित करेंगी। प्रदेश के शहरों के सभी चौराहों पर महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी ही लगाई जाएगी। इसमें महिला पुलिस आरक्षक से लेकर अधिकारी रैंक की महिला पुलिसकर्मी शामिल होंगी। इस संबंध में पुलिस महानिदेशक महोदय के माध्यम से निर्देश जारी किए गए हैं।
राष्ट्रपति मुर्मु को राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने दी विदाई
3 Mar, 2023 07:27 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु राजधानी भोपाल में अल्प प्रवास के बाद शुक्रवार की दोपहर विशेष विमान से नई दिल्ली के लिये रवाना हुई। राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उन्हें भावभीनी विदाई दी।
इस दौरान जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा एवं जनजातीय कार्य और अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री मीना सिंह ने आभार व्यक्त करते हुए राष्ट्रपति को विदाई दी। मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस, पुलिस महानिदेशक सुधीर सक्सेना, भोपाल कमिश्नर मालसिंह भयड़िया, कलेक्टर भोपाल अविनाश लवानिया और जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद थे।
भारतीय चेतना का मूल स्वर रही है धर्म-धम्म की अवधारणा : राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु
3 Mar, 2023 07:11 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु ने कहा है कि मानवता के दुख के कारण का बोध कराना और उस दुख को दूर करने का मार्ग दिखाना, पूर्व के मानववाद की विशेषता है, जो आज के युग में और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। धर्म-धम्म की अवधारणा भारतीय चेतना का मूल स्वर रही है। हमारी परंपरा में कहा गया है कि जो सबको धारण करता है, वह धर्म है। धर्म की आधार-शिला पर ही पूरी मानवता टिकी हुई है। राग और द्वेष से मुक्त होकर मैत्री, करूणा और अहिंसा की भावना से व्यक्ति और समाज का विकास करना, पूर्व के मानववाद का प्रमुख संदेश रहा है। नैतिकता पर आधारित व्यक्तिगत आचरण और समाज व्यवस्था पूर्व के मानववाद का ही व्यावहारिक रूप है। नैतिकता पर आधारित इस व्यवस्था को बचाए रखना और मजबूत करना हर व्यक्ति का कर्त्तव्य माना गया है। धर्म-धम्म की हमारी परंपरा में "सर्वे भवंतु सुखिन:" की प्रार्थना हमारे जीवन का हिस्सा रही है। यही पूर्व के मानववाद का सार-तत्व है और आज के युग की सबसे बड़ी जरूरत भी है। यह सम्मेलन मानवता की एक बड़ी जरूरत को पूरा करने की दिशा में सार्थक प्रयास है। यही कामना है कि समस्त विश्व समुदाय पूर्व के मानववाद से लाभान्वित हो। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु कुशाभाऊ ठाकरे हाल भोपाल में 7वें अंतरराष्ट्रीय धर्म-धम्म सम्मेलन के उद्घाटन कर रही थी।
राष्ट्रपति मुर्मु ने किया श्रद्धेय कुशाभऊ ठाकरे जी का स्मरण
राष्ट्रपति मुर्मु ने धर्म-धम्म सम्मेलन के लिए राज्य सरकार, साँची विश्वविद्यालय और इंडिया फाउंडेशन की सराहना की। राष्ट्रपति ने श्रद्धेय कुशाभऊ ठाकरे का स्मरण करते हुए कहा कि इस सभागार को कुशाभाऊ ठाकरे का नाम दिया गया है। जन-सेवा के कार्य में धर्म-धम्म के आदर्शों के अनुरूप नि:स्वार्थ और संपूर्ण समर्पण का उदाहरण प्रस्तुत करने वाले ठाकरे जी का स्मरण सभी को नैतिकता, धर्म और सेवाभाव से जोड़ता है।
धर्म-धम्म के भाव को स्पष्टत: प्रदर्शित करते हैं हमारे राष्ट्रीय प्रतीक
राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि हमारे देश की परंपरा में समाज व्यवस्था और राजनैतिक कार्य-कलापों में प्राचीन काल से ही धर्म को केन्द्रीय स्थान प्राप्त है। स्वाधीनता के बाद हमने जो लोकतांत्रिक व्यवस्था अपनाई उस पर धर्म-धम्म का गहरा प्रभाव स्पष्ट दिखाई देता है। हमारे राष्ट्रीय प्रतीकों से यह स्पष्टत: प्रदर्शित होता है। अंतर्ऱाष्ट्रीय धर्म-धम्म सम्मेलन में विभिन्न देशों के प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं, जो धर्म-धम्म के विचार की वैश्विक अपील का प्रतीक है।
धर्म-धम्म चिंतन से सद्भाव को बढ़ावा मिलेगा
राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा है कि हमारे भारतीय दर्शन की मान्यता इस विश्वास में निहित है कि विश्व सबके लिए है। युद्ध की कोई आवश्यकता ही नहीं है। मानवता के कल्याण के लिए शांति, प्रेम और एक-दूसरे के प्रति विश्वास आवश्यक है। राज्यपाल ने कहा कि हमारे देश की सदियों पुरानी परंपरा विश्व शांति और मानव जाति के कल्याण में विश्वास रखती है और उसे बढ़ावा देती है। नैतिक और व्यवहारिक क्षेत्र में बौद्ध दृष्टिकोण भी मानव जाति की भलाई के लिए महत्वपूर्ण है। समृद्ध समाज, राष्ट्र एवं विश्व निर्माण के लिए भारतीय सांस्कृतिक और सभ्यतागत अंतर्संबंधों की सदियों से चली आ रही चिंतन परम्परा पर बदलते समय और परिप्रेक्ष्य में नई दृष्टि से विचार समय की ज़रूरत है। वैश्विक परिदृश्य में अतिवाद, विस्तारवाद, जलवायु परिवर्तन के प्रतिकूल प्रभावों से मानवता को बचाने के मार्ग भारतीय ज्ञान एवं ऋषियों के चिन्तन में ही मिलेंगे। उन्होंने कहा कि धर्म-धम्म चिंतन से प्राचीन सभ्यताओं के बीच विचारों के परस्पर विनिमय से सद्भाव को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि हिंसा और युद्ध से कराहते विश्व के लिए बुद्ध एक समाधान हैं।
साँची विश्वविद्यालय की स्थापना प्रदेश के लिए सौभाग्य का विषय - मुख्यमंत्री चौहान
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि साँची विश्वविद्यालय की स्थापना प्रदेश के लिए सौभाग्य का विषय है। यहाँ भारतीय ज्ञान और बौद्ध दर्शन के अध्ययन के अवसर सृजित होंगे। पूर्व के मानववाद का मूल चिंतन है कि एक ही चेतना समस्त जड़ और चेतन में विद्वान हैं, सारी धरती एक ही परिवार है। हमारे यहाँ जिओ और जीने दो और "धर्म की जय हो-अर्धम का नाश हो-प्राणियों में सद्भाव हो और विश्व का कल्याण हो" का विचार सर्वत्र व्याप्त है। भारतीय संस्कृति में पशु-पक्षियों, नदियों, वृक्षों और पहाड़ों को भी पूजा गया है। दशावतार की अवधारणा में यह स्पष्टत: परिलक्षित होता है। भारतीय परंपरा में सारी धरती को एक परिवार माना गया है।
सभी जीवों के साथ दया और सम्मान तथा आंतरिक शांति और निर्विकार भाव विकसित करना आवश्यक
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि धर्म और धम्म का पहला सिद्धांत है सभी जीवों के साथ दया और सम्मान का व्यवहार हो, दूसरे सिद्धांत में ज्ञान और बोध पर बल दिया गया है, तीसरे सिद्धांत में आंतरिक शांति और निर्विकार भाव विकसित करने की आवश्यकता निरूपित की गई है। यह विद्वानों की सभा है, सम्मेलन में अलग-अलग विषयों पर गंभीर चिंतन होगा। चिंतन से जो निष्कर्ष निकलेंगे वह विश्व को शाश्वत शांति के पथ पर अग्रसर करने में सहायक सिद्ध होंगे। गौतम बुद्ध ने युद्ध नहीं शांति, घृणा नहीं प्रेम, संघर्ष नहीं समन्वय, शत्रुता नहीं मित्रता को जीवन में आवश्यक माना है। यही वह मार्ग है जो भौतिकता की अग्नि में दग्ध मानवता को शाश्वत शांति के पथ का दिग्दर्शन करायेगा। अत: निश्चित ही धम्म-धर्म सम्मेलन विश्व के लिए उपयोगी सिद्ध होगा।
भारत भूमि, प्रकाश, ज्ञान और सीखने की भूमि है
राम-जन्म-भूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरि महाराज ने कहा कि भारत भूमि, प्रकाश, ज्ञान और सीखने की भूमि है। हम किसी पर आक्रांता नहीं हुए, हमने सभी विचारों और विश्वासों का स्वागत किया है। धम्म और धर्म भविष्य के विश्व की आशा के केन्द्र हैं। यहाँ से निकला प्रकाश मानवता के कल्याण का मार्ग प्रशस्त करेगा। प्रारंभ में साँची विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. नीरजा गुप्ता ने सम्मेलन के उद्देश्य और आगामी कार्यक्रमों के संबंध में जानकारी दी।
राष्ट्रपति मुर्मू ने राज्यपाल मंगूभाई पटेल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की उपस्थिति में सम्मेलन का उद्घाटन किया। पुलिस बैंड द्वारा राष्ट्र-गान की धुन का वादन किया गया। साँची विश्वविद्यालय के गीत की विजुअल प्रस्तुति भी हुई। राष्ट्रपति मुर्मु को मुख्यमंत्री चौहान ने अंगवस्त्रम्, प्रतीक-चिन्ह शंकराचार्य जी का चित्र और एकात्म धाम पर केन्द्रित पुस्तक भेंट की। राज्यपाल पटेल को आर्गेनाइजिंग कमेटी के को-चेयर प्रो. एस.आर. भट्ट ने प्रतीक-चिन्ह तथा अंगवस्त्रम् भेंट किया। मुख्यमंत्री चौहान को साँची बौद्ध विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. नीरजा गुप्ता द्वारा प्रतीक-चिन्ह भेंट किया गया।
राष्ट्रपति ने किया "द पेनारोमा ऑफ इण्डियन फिलॉस्फर्स एण्ड थिंकर्स" पुस्तक का विमोचन
राष्ट्रपति मुर्मु ने प्रो. एस.आर.भट्ट द्वारा लिखित पुस्तक "द पेनारोमा ऑफ इण्डियन फिलॉस्फर्स एण्ड थिंकर्स" का विमोचन किया। कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में "नए युग में मानववाद का सिद्धांत" विषय पर हुए सम्मेलन में 5 देशों के मंत्री, 15 देशों के विद्वान, चिंतक और शोधार्थी सम्मिलित हो रहे हैं। धर्म-धम्म के वैश्विक विचारों को एक मंच प्रदान करने वाला यह सम्मेलन 5 मार्च तक चलेगा।
उद्घाटन-सत्र में शामिल हुए भूटान और श्रीलंका के मंत्री तथा इंडोनेशिया के उप राज्यपाल
कार्यक्रम में प्रदेश की संस्कृति मंत्री ऊषा ठाकुर, भूटान के गृह और सांस्कृतिक मामलों के मंत्री उगेन दोरजी, श्रीलंका के संस्कृति औऱ धार्मिक मामलों के मंत्री विदुर विक्रमनायके, श्रीलंका के प्रो. राहुल अनुनायक थेरा, इंडोनेशिया के उप राज्यपाल प्रो. डॉ. आईआर तोजोकोर्डो ओका अर्थ अरदाना सुकवती उपस्थित थे। पाँच मार्च तक चलने वाले 7वें अंतर्राष्ट्रीय धर्म -धम्म सम्मेलन में विभिन्न देशों में सांस्कृतिक सामंजस्य और अन्य विषयों पर चर्चा के लिए भारत सहित इंडोनेशिया, श्रीलंका, नेपाल और भूटान के संस्कृति मंत्री भाग ले रहे हैं। सम्मेलन में ब्रिटेन, अमेरिका, फ्रांस, स्पेन, मॉरीशस, दक्षिण कोरिया, नेपाल, वियतनाम, थाईलैंड, इंडोनेशिया, श्रीलंका, मंगोलिया और भूटान के विद्वान और शोधार्थी भी सहभागिता कर रहे हैं।
मिलावाट के खिलाफ विशेष अभियान चलाने की तैयारी में विभाग
3 Mar, 2023 06:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । त्यौहारों का मौसम करीब आने के साथ ही प्रदेश में दूध उत्पादों में मिलावट का दौर शुरू हो गया है। इसकारण है कि खाद्य एवं सुरक्षा विभाग की नजर दूध उत्पादों में मिलावट करने वालों पर है। मिलावट करने वाले कारोबारियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाने वाला है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा प्रशासन डॉ. सुदाम खाड़े ने नकली, मिलावटी दूध और इससे बने अन्य दुग्ध उत्पादों की रोकथाम के लिए सभी जिला कलेक्टर को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।
डॉ. खाड़े ने सभी कलेक्टर से कहा है कि अपने जिले में मिलावटी, नकली दूध और इससे बने मावा, पनीर आदि दुग्ध उत्पादों का निर्माण, संग्रह और विक्रय करने वाले कारोबारियों के विरूद्ध विशेष अभियान संचालित कर कार्यवाही करें।
जिलाधिकारियों को लिखे पत्र में कहा है, कि मिलावट से मुक्ति अभियान में मिलावट करने वालों के विरुद्ध कार्यवाही की जा रही है। अधिकांश जिलों से मिलावटी दूध, नकली दूध और नकली, मिलावटी दूध से बने खाद्य पदार्थों की शिकायतें मिली हैं। इन शिकायतों पर तत्काल कार्यवाही कर विशेष अभियान संचालित करें। जिलाधिकारियों से कहा गया है कि वे अपने जिले में खाद्य सुरक्षा अधिकारी, प्रभारी चलित खाद्य प्रयोगशाला और स्थानीय पुलिस प्रशासन के साथ सघन जांच करें और दोषी पाई गई संबंधित दुकान एवं व्यक्ति पर कार्यवाही की जाये।
कांग्रेस के हंगाममें बीच विधानसभा को 13 मार्च तक के लिए स्थगित
3 Mar, 2023 05:52 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नरोत्तम के खिलाफ अवमानना प्रस्ताव लाएगी कांग्रेस
भोपाल । मध्यप्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के 5वें दिन की कार्यवाही कुल मिलाकर 1 घंटे भी नहीं चली और विधानसभा को 13 मार्च तक के लिए स्थगित किया गया। विपक्ष कांग्रेस विधायक जीतू पटवारी के निलंबन के खिलाफ सदन में आक्रामक रवैया अख्तियार किए हुए था। पक्ष विपक्ष दोनों के बीच तीखी तकरार सदन में दिखाई दी। कांग्रेस ने विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश किया और संसदीय कार्यमंत्री नरोत्तम मिश्रा के खिलाफ अवमानना प्रस्ताव लाने की तैयारी में है।
शुक्रवार सुबह से विधानसभा में विपक्ष, विधायक जीतू पटवारी के निलंबन के खिलाफ जमकर हंगामा हुआ। साथ ही कांग्रेस ने विधानसभा अध्यक्ष गौतम के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव भी प्रस्तुत किया। सदन के भीतर कांग्रेस और भाजपा नेताओं के बीच तीखी नोकझोंक हुई। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष डॉक्टर गोविंद सिंह ने मंत्री नरोत्तम मिश्रा पर विधानसभा की नियम पुस्तिका उन्हें और विपक्ष के विधायकों को फेंक कर मारने का आरोप लगाया। साथ ही कांग्रेस ने नरोत्तम के खिलाफ अवमानना प्रस्ताव लाने की बात भी कही।
कार्यवाही स्थगित होने के बाद नेता प्रतिपक्ष सिंह ने कहा मध्यप्रदेश विधानसभा के इतिहास में आज काला दिन है। संसदीय कार्य मंत्री मिश्रा ने संसदीय परंपराओं को तार तार किया। नियम पुस्तिका को मेरे और विपक्ष के साथियों के ऊपर फेंक कर मारा। सिंह ने कहा हमारी मांग हैं, आप पटवारी को सत्ता के दबाव में निलंबित करते हैं, तब नरोत्तम को भी निलंबित करें। लेकिन हमारी मांग पर अध्यक्ष ने कोई निर्णय नहीं लिया। सत्तापक्ष की मांग पर तुरंत कार्यवाही की, सरकार भ्रष्टाचार और घोटाले में डूबी हुई है।
कांग्रेस नेता सज्जन सिंह वर्मा ने कहा अध्यक्ष एकतरफा कार्रवाई कर रहे हैं। पटवारी को निलंबित किया जाता हैं, लेकिन संसदीय कार्य मंत्री के खिलाफ कार्यवाही नहीं होती। अविश्वास प्रस्ताव पेश हो गया, तब अध्यक्ष को आसंदी पर बैठने का नैतिक अधिकार नहीं था। हमारी मांग की थी आप कुर्सी से हटे और किसी अन्य व्यक्ति को बैठाकर सदन की कार्यवाही चलने दें। कमलनाथ के अविश्वास प्रस्ताव पर हस्ताक्षर न होने पर वर्मा ने कहा वह जोबट में आदिवासियों के बीच हैं।
सदन की कार्यवाही स्थगित होने के बाद गृह मंत्री मिश्रा ने कहा पटवारी पर जो कार्रवाई हुई थी वह मतदान से हुई थी। कांग्रेस की किताब फेंकने के आरोप पर उन्होंने सफाई देकर कहा चपरासी बीच में आ गया था, उस हटाने के लिए हाथ उठाया था, तब किताब फिसल गई। उन्हें लगा कि मैंने किताब उन पर फेंकी है, तब उसके लिए मैं खेद व्यक्त करता हूं।
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भाई शालिग्राम को कोर्ट से बड़ी राहत
3 Mar, 2023 05:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छतरपुर । बागेश्वर धाम के महंत धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भाई शालिग्राम को कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। न्यायाधीश उपेंद्र प्रताप सिंह (विशेष न्यायाधीश, एससी,एसटी एक्ट) ने शालिग्राम को जमानत दी है। धीरेंद्र शास्त्री के भाई शालिग्राम और उसके साथी राजाराम तिवारी पर दलित परिवार को धमकाने और मारपीट के आरोप थे। दोनों को 25-25 हजार रुपये के मुचलके पर जमानत दी गई है।
इसके पहले बमीठा पुलिस ने शालिग्राम गर्ग को गिरफ्तार कर साथी तिवारी के साथ विशेष न्यायाधीश उपेंद्र प्रताप सिंह के न्यायालय में पेश किया गया। पेश करने के पश्चात फरियादी को न्यायालय ने सुनवाई की। उसके पश्चात आरोपी के वकील शासकीय अधिवक्ता के द्वारा तर्क रखे। 4 घंटे बाद धीरेंद्र शास्त्री के भाई को जमानत मिल गई।
बता दें कि धीरेंद्र कृष्ण के भाई पर 11 फरवरी को दलित परिवार को धमकाने और मारने का आरोप है। घटना का एक वीडियो भी वायरल हुआ था जिसके आधार पर शालिग्राम आईपीसी की धारा 294, 323, 506, 427 सहित एसटी-एसटी अधिनियम की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया था।
पथरिया के सीतानगर में नकल कराने के लिए 5000 की रिश्वत लेते शिक्षक गिरफ्तार
3 Mar, 2023 02:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
दमोह दमोह जिले के पथरिया तहसील अंतर्गत ग्राम सीतानगर में एक जन शिक्षक को बोर्ड परीक्षा में नकल कराने के नाम पर 5000 रुपये की रिश्वत लेते हुए लोकायुक्त डीएसपी ने रंगेहाथों गिरफ्तार किया है। लोकायुक्त डीएसपी प्रफुल्ल श्रीवास्तव ने बताया कि पथरिया तहसील अंतर्गत पुलिस चौकी नरसिंहगढ़ के तहत रामू पुत्र नन्हे भाई रैकवार द्वारा लोकायुक्त में शिकायत की गई थी कि जन शिक्षा केंद्र नरसिंहगढ़ में पदस्थ जन शिक्षक घनश्याम अहिरवार पुत्र पन्नालाल अहिरवार निवासी देवलाई थाना पथरिया द्वारा उसकी बेटी को बोर्ड परीक्षा में नकल करवाने के एवज में सात हजार रुपये की राशि की मांग की थी। जिसमें पहली किस्त के रूप में 2 हजार रुपये जन शिक्षक पूर्व में ले चुका था। शेष पांच हजार रुपये की राशि शुक्रवार को देने की बात हुई थी। जिसके तहत आवेदक की शिकायत पर लोकायुक्त सागर की टीम द्वारा सीता नगर के समीप जन शिक्षक घनश्याम अहिरवार को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। लोकायुक्त की टीम में डीएसपी प्रफुल्ल श्रीवास्तव,राजेश खेडे, निरीक्षक बीएम द्विवेदी, आशुतोष व्यास अजय क्षेत्रीय सुरेंद्र सिंह संजीव अग्निहोत्री संतोष गोस्वामी आदि प्रमुख रहे।