देश (ऑर्काइव)
हरियाणा में नशे की समस्या को जड़ से खत्म करने की तैयारी
12 Jul, 2023 12:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चंडीगढ़ । हरियाणा के मुख्य सचिव संजीव कौशल ने कहा कि प्रदेश में नशे की समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए ड्रग की आपूर्ति और मांग की श्रृंखला को तोड़ने के लिए ड्रग तस्करों पर कड़ा शिकंजा कसाता जा रहा है। प्रदेश में चल रहे नशा मुक्ति केंद्रों पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है और जिन केंद्रों में किसी भी प्रकार की अनियमितताएं पाई जा रही हैं या केंद्रों में नशे की दवाओं का दुरुपयोग किया जा रहा है, इसतरह के केंद्रों के लाइसेंस रद्द किए जा रहे हैं। उन्होंने पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए कि ड्रग तस्करी में शामिल आरोपियों की संपत्ति को अटैच करने की विस्तृत रिपोर्ट मुख्यालय को दे। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को ड्रग ओवरडोज से होने वाली मृत्यु के पोस्टमार्टम से संबंधित विशेष मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) जल्द से जल्द तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही, नशा मुक्ति केंद्रों द्वारा नशा पीड़ितों के ईलाज के लिए दवाओं के उपयोग की मात्रा से संबंधित भी एक स्टैंडर्ड ट्रीटमेंट गाइडलाइन्स तैयार की जाएं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री लाल के मार्गदर्शन में जिलों में राहगीरी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन राहगीरी कार्यक्रमों में भी हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के अधिकारी शामिल हों और युवाओं को नशे की बुराई के बारे में बताएं। इस प्रकार के कार्यक्रम लोगों को जागरूक करने का अच्छा माध्यम बन रहे हैं। बैठक में बताया गया कि समय-समय पर अधिकारियों द्वारा किए गए नशा मुक्ति केंद्रों के निरीक्षण के परिणामस्वरूप सेवा विभाग द्वारा प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार 2 नशा मुक्ति केंद्रों का लाइसेंस रद्द किया गया और संचालकों पर नियमानुसार कार्रवाई की गई है। इसके अलावा, 3 अन्य मामलों में कार्रवाई की जा रही है।
बैठक में जानकारी दी गई कि पंचकूला में भी एक नशा मुक्ति केंद्र पर औचक निरीक्षण किया गया था, जहां पर अनियमितताएं पाई गई, जिसमें यह सामने आया कि नशा पीड़ितों के ईलाज के लिए सरकार की ओर से मिलने वाली दवाओं को लेने के लिए मरीजों के फर्जी आधार कार्ड दिखाए गए।
‘चंद्रयान-3 की लांचिंग पर पीएम मोदी की मौजूदगी पर संशय
12 Jul, 2023 11:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) अधिक ईंधन एवं कई सुरक्षित उपायों से लैस ‘चंद्रयान-3 का शुक्रवार (14 जुलाई) को प्रक्षेपण करने के साथ चंद्रमा पर उतरने का एक और प्रयास करने को तैयार है। इसके लिए चांद पर एक बड़ा ‘लैंडिंग स्थल निर्दिष्ट किया गया है। इसरो ने कहा कि इस बार हमने विफलता-आधारित डिजाइन का विकल्प चुना है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कुछ चीजें गलत होने पर भी लैंडर चंद्रमा पर सफलतापूर्वक उतर सके। मिशन ‘चंद्रयान-3 की लॉन्चिंग में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी क्या शामिल होने वाले हैं। इस सवाल पर इसरो अध्यक्ष एस सोमनाथ ने कहा कि उन्हें लॉन्चिंग के लिए आमंत्रित किया गया है, लेकिन फिलहाल यह कंफर्म नहीं है कि वह इस मौके पर मौजूद रहने वाले हैं या नहीं। इसरो चीफ सोमनाथ ने कहा कि प्रधानमत्री मोदी सहित सभी उच्च अधिकारियों को आमंत्रित किया गया है, अब वे चंद्रयान-3 मिशन की लॉन्चिंग में शामिल होते हैं, या नहीं हम इस पर कुछ नहीं कह सकते।
बता दें कि इससे पहले साल 2019 में चंद्रयान-2 मिशन के लॉन्च में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल हुए थे। 22 जुलाई, 2019 को लांच किया गया चंद्रयान-2 सफल नहीं हो सका था और चांद पर लैंड करते ही वह क्रैश कर गया था। उस समय के. सिवान इसरो के अध्यक्ष थे और मिशन के फेल होने पर वे भावुक होकर रो पड़े थे, तब प्रधानमंत्री ने उन्हें संभाला और हौसला बढ़ाया था।
सोमनाथ ने कहा कि हमने बहुत सी विफलताओं को देखा-सेंसर की विफलता, इंजन की विफलता, एल्गोरिदम की विफलता, गणना की विफलता। इसलिए, जो भी विफलता हो, हम चाहते हैं कि यह आवश्यक वेग और निर्दिष्ट मान पर उतरे। इसलिए, अंदर अलग-अलग विफलता परिदृश्यों की गणना और योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया गया है।
उन्होंने चंद्रयान-2 के लैंडर ‘विक्रम के ‘सॉफ्ट लैंडिंग करने में असफल रहने का ब्यौरा साझा कर कहा कि जब इसने चंद्रमा की सतह पर 500 मीटर गुणांक 500 मीटर के निर्दिष्ट लैंडिंग स्थल की ओर उतरना शुरू किया, तब इसके वेग को धीमा करने के लिए डिजाइन किए गए इंजनों में उम्मीद से अधिक बल विकसित हो गया। अधिक बल उत्पन्न होने से कुछ ही अवधि में त्रुटियां पैदा हो गईं। इस बार हमने उन सभी विफलताओं से सीखा है। उन्होंने कहा कि चंद्रयान-3 में ईंधन भी अधिक है, जिससे इसमें यात्रा करने या पथ-विचलन को संभालने या वैकल्पिक लैंडिंग स्थल पर जाने की अधिक क्षमता है।
पटियाला वासियों के लिए 24 घंटे बेहद खतरनाक, लोगों के बैडरूमों तक पानी घुसा
12 Jul, 2023 10:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटियाला । पटियाला नदी और छोटी नदी का पानी बैक मारने के कारण करीब 40 प्रतिशत पटियाला में पानी घुसा है और पूरी तरह बाढ़ जैसा माहौल है तथा लोगों में भारी दहशत है। वीवीआईपी एरिया में लोगों के बैडरूमों तक भी पानी घुस गया है। पानी का बहाव इतना ज़्यादा है कि उसने बचाव कार्यों को भी फीका कर दिया है। यदि स्थिति ओवरकंट्रोल हुई तो अंदर वाला पटियाला भी बुरी तरह डूब सकता है।
पटियाला नदी का डीयर पार्क के नजदीक बनाया गया बांध शहर वाली तरफ से टूट गया है। इस बांध को दोबारा जोड़ने के लिए तुरंत फौज को बुलाया गया है जिससे इस बांध को तुरंत बंद किया जाए क्योंकि यह पुल बड़ी नदी और छोटी नदी को अलग-अलग करने के लिए लगाया था, लेकिन इसके टूटने के कारण पानी छोटी नदी में जा रहा है और छोटी नदी सीधे तौर पर पूरे शहर को डुबा देती है।
नए बस स्टैंड के सामने स्थित प्राईवेट अस्पताल से आज तड़के करीब साढ़े 3 बजे पार्क अस्पताल में भर्ती 9 मरीज ऑक्सीजन पर थे को सरकारी राजिंद्रा अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहीं सेना द्वारा गोपाल कॉलोनी, अर्बन एस्टेट फेज 2 सहित कई इलाकों में राहत और बचाव कार्य किया जा रहा है।
इसी बीच पिछले दो दिनों से डिप्टी कमिश्नर साक्षी साहनी रातभर ग्राउंड जीरो पर डटी रहीं। उन्होंने राजपुरा के एक निजी अस्पताल से मरीजों को शिफ्ट करवाया और चितकारा विश्वविद्यालय से 910 छात्रों को निकाला। इस तरह 48 घंटों से वह ग्राउंड जीरो पर टीम पटियाला का नेतृत्व करते नजर आए।
भारत उन संस्कृतियों और धर्मों का मिश्रण रहा है, जो सदियों से सद्भाव से रह रही हैं - अजीत डोभाल
12 Jul, 2023 09:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने कहा कि हिंदुस्तान में सभी धर्मों का बराबर का हक है। भारत उन संस्कृतियों और धर्मों का मिश्रण रहा है, जो सदियों से सद्भाव से रह रही हैं। डोभाल दिल्ली के इंडिया इस्लामिक कल्चरल सेंटर में एक कार्यक्रम में बोल रहे थे।
एनएसए अजीत डोभाल ने कहा- देश में धार्मिक समूहों के बीच इस्लाम महत्वपूर्ण गौरव का स्थान रखता है। भारत सभी मसलों के हल के लिए सहनशीलता, बातचीत और सहयोग को बढ़ावा देता है। भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। यह लोकतंत्र की जननी होने के साथ ही विविधता की भूमि भी है।
उन्होंने भारत और सऊदी अरब के बीच संबंधों की सराहना करते हुए कहा- ये संबंध साझा सांस्कृतिक विरासत, सामान्य मूल्यों और आर्थिक संबंधों के चलते बने हैं। कार्यक्रम में मुस्लिम वर्ल्ड लीग के महासचिव शेख डॉ। मोहम्मद बिन अब्दुलकरीम अल-इस्सा भी शामिल हुए। डोभाल ने उन्हें उदारवादी इस्लाम की ग्लोबल आवाज और विद्वान बताया।
अजीत डोभाल ने कहा, भारत दुनिया में दूसरी सबसे बड़ी मुस्लिम आबादी का घर है। भारतीय मुस्लिम आबादी इस्लामिक सहयोग संगठन के 33 से अधिक सदस्य देशों की संयुक्त आबादी के लगभग बराबर है। उन्होंने कहा कि हिंदू धर्म और इस्लाम की गहरी आध्यात्मिक सामग्री लोगों को एक साथ लाई है। उन्होंने कहा कि ये कोई संयोग नहीं है कि लगभग 20 करोड़ मुस्लिम होने के बावजूद वैश्विक आतंकवाद में भारतीय नागरिकों की भागीदारी अविश्वसनीय रूप से कम रही है।
अजीत डोभाल ने कहा कि भारत कई दशकों से आतंकवाद का शिकार रहा है। देश ने 2008 (मुंबई हमले) सहित कई आतंकवादी हमलों का सामना किया है। भारत अपने सुरक्षा तंत्र को मजबूत करने और आतंकवादी गतिविधियों को रोकने के लिए अन्य देशों के साथ सहयोग करने सहित विभिन्न माध्यमों से आतंकवाद से लड़ने के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहा है।
जब मुंबई के एक डॉक्टर ने 1.40 लाख रुपये में खरीदे 25 प्लेट समोसे
12 Jul, 2023 09:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई। शीर्षक पढ़कर आप चौंकिए मत ये खबर पूरी तरह से सच है कि एक डॉक्टर को समोसा का ऑर्डर देना महंगा पड़ गया. दरअसल अब ऑनलाइन का जमाना है. डिजिटलीकरण के युग में आजकल हर कोई खाना समेत सभी जरूरी चीजें ऑनलाइन ऑर्डर करता है। इससे समय की भी बचत होती है. लेकिन इससे धोखाधड़ी की घटनाएं भी खूब बढ़ी हैं. ऐसी ही एक घटना मुंबई के केईएम अस्पताल के एक डॉक्टर के साथ घटी जब उन्हें 25 प्लेट समोसे के लिए 1.40 लाख रुपये चुकाने पड़े. यह घटना शनिवार सुबह की है. इस संबंध में भोईवाड़ा पुलिस स्टेशन में धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज की गई है। पुलिस साइबर ठगों की तलाश कर रही है. मिली जानकारी के अनुसार केईएम अस्पताल के 27 वर्षीय एक डॉक्टर ने अपने सहकर्मियों के साथ कर्जत में पिकनिक की योजना बनाई थी। इसके लिए उन्होंने गूगल से रेस्टोरेंट का नंबर लिया और 25 प्लेट समोसे का ऑर्डर दिया. इस दौरान रेस्टोरेंट मालिक ने उनसे 1500 रुपये एडवांस में देने को कहा. इसके बाद डॉक्टर को व्हाट्सएप पर एक मैसेज आया. इस बात की पुष्टि हो गई कि समोसे का ऑर्डर लिया गया है. अग्रिम राशि भुगतान के लिए एक बैंक खाता नंबर भी दिया गया. डॉक्टर को यह भी बताया गया कि भुगतान के लिए उन्हें एक ट्रांजेक्शन आईडी बनानी होगी। डॉक्टर ने आरोपियों के बताए अनुसार ऐसा किया तो डॉक्टर के बैंक खाते से पहले 28,807 रुपए, फिर अन्य रकम मिलाकर कुल 1.40 लाख रुपए उड़ा लिए गए। इसके बाद जैसे ही उन्हें ठगे जाने का एहसास हुआ तो डॉक्टर ने भोईवाड़ा पुलिस स्टेशन में जाकर शिकायत दर्ज कराई. भोईवाड़ा पुलिस ने आईपीसी और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया है और आगे की जांच शुरू कर दी है।
कुदरत का क्रोध...दरके पहाड़, नदियों में आया उफान, हिमाचल, उत्तराखंड, दिल्ली, यूपी और पंजाब में मचा हाहाकार
12 Jul, 2023 08:36 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
24 घंटे में 109 मौतें
उत्तराखंड में मप्र के 3 पर्यटकों की जान गई, हिमाचल में 500 लोग फंसे, दिल्ली में बाढ़ का खतरा
नई दिल्ली । मानसून में इनदिनों कुदरत का क्रोध जमकर बरस रहा है। बारिश के कारण पहाड़ दरक रहे हैं। नदियों में उफान आ गया है। हिमाचल, उत्तराखंड, दिल्ली, यूपी और पंजाब में 6 दिनों से लगातार बारिश हो रही है। हिमाचल में 24 घंटे में 39 जगह लैंडस्लाइड हुआ। ब्यास नदी के उफान के चलते इमारतें बह गईं, पुल ढह गए। पिछले 24 घंटों में देश के अलग-अलग राज्यों में 106 लोगों की जान चली गई। यूपी में 45, हिमाचल में 27, जम्मू-कश्मीर में 10, दिल्ली में पांच और राजस्थान और हरियाणा में एक-एक की मौत हुई है। वहीं उत्तराखंड के उत्तरकाशी में मप्र के टूरिस्ट की गाडिय़ों पर पहाड़ से टूटकर पत्थर गिर गए। इस हादसे में मप्र के तीन टूरिस्ट की मौत हो गई। वहीं 10 लोग घायल हुए हैं।
हिमाचल प्रदेश में हालात भयावह हो चुके हैं। बारिश, भूस्खलन और बाढ़ के चलते यहां अब तक 27 लोगों के मारे जाने की खबर है। बड़ी संख्या में लोग बेघर हो चुके हैं। पिछले 24 घंटे के अंदर 40 जगहों पर भूस्खलन की घटनाएं हुईं। ब्यास नदी उफान पर है। इसके किनारे बनीं कई इमारतें ढह गईं। पुल भी ढह गए। यूपी, उत्तराखंड, पंजाब, दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश में भी हालात बेकाबू होते दिख रहे हैं। आंकड़ों पर नजर डालें तो पिछले 24 घंटों में देश के अलग-अलग राज्यों में 106 लोगों की जान चली गई।
हिमाचल प्रदेश में सबसे खराब हालात
हिमाचल प्रदेश में लगातार चार दिनों से हो रही बारिश ने हाहाकार मचा दिया है। दो दिन के भीतर 27 लोगों की जान जा चुकी है। सोमवार को आठ और लोगों की मौत हो गई है, जबकि छह उफनती नदियों और नालों में बह गए हैं। बीते 24 जून को हिमाचल पहुंचा मानसून अब तक 63 लोगों की जान ले चुका है। भूस्खलन के चलते प्रदेश में मंगलवार सुबह 10:00 बजे तक 1239 सडक़ें बाधित थीं। 2577 बिजली ट्रांसफार्मर भी ठप पड़े हैं। 1418 जल आपूर्ति योजनाएं भी बंद पड़ी हैं। संबंधित विभाग इनकी बहाली में जुटे हैं।
उत्तराखंड में पुल बहा
भारी बारिश के बाद मंगलवार सुबह उत्तराखंड में चीन सीमा क्षेत्र के जोशीमठ-मलारी हाईवे पर जुम्मा में पुल बह गया। जिस कारण सीमा क्षेत्र में स्थानीय लोगों के साथ ही सेना के जवानों की आवाजाही भी रुक गई है। साथ ही नीति घाटी का देश से संपर्क टूट गया है। बता दें कि नीती घाटी के उच्च हिमालय क्षेत्रों में अतिवृष्टि से जोशीमठ से करीब 50 किलोमीटर दूर जुम्मा नाले में सोमवार को बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई थी। नाले में मलबे के साथ भारी बोल्डर भी बहकर आए थे। एक भारी-भरकम बोल्डर जुम्मा गांव के पास स्थित मोटर ब्रिज के नीचे अटक गया था। जिससे पुल को खतरा बताया जा रहा था।
उत्तर प्रदेश में 45 लोगों की मौत
यूपी में भी बारिश ने आफत ला दी है। आज भी प्रदेश के 65 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इनमें से 12 जिलों में भीषण बारिश की चेतावनी है। सोमवार को बारिश से जुड़े हादसों में चार लोगों की मौत हो गई है। यही नहीं, बाढ़ में फंसे अब तक 225 लोगों को रेस्क्यू किया गया है। पिछले 48 घंटे में 45 लोगों की मौत हो चुकी है।
अमरनाथ यात्रा पर आतंकी हमले की साजिश....
11 Jul, 2023 03:35 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
राजौरी: अमरनाथ यात्रा में खलल डालने के आतंकियों के एक और षड्यंत्र को सुरक्षाबलों ने सोमवार को विफल कर दिया। राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा पर नौशहरा में घुसपैठियों के दल के एक आतंकी को सुरक्षाबलों ने ढेर कर दिया। आतंकी का शव एलओसी के पास से बरामद कर लिया गया है। सुरक्षाबलों की जवाबी कार्रवाई में एक से दो जख्मी भी हुए हैं जो जान बचाकर पाकिस्तान की ओर भाग निकले हैं। सेना के जवानों ने पूरे क्षेत्र को घेर कर तलाशी अभियान को शुरू कर दिया है। वहीं सेना कि देर रात तक तलाशी जारी थी।
पाकिस्तान की तरफ से आतंकियों की घुसपैठ की यह कोशिश नौशहरा के झंगड़ सेक्टर में हुई है। इस सेक्टर में सोमवार की सुबह तीन से चार आतंकियों के दल ने घुसपैठ का प्रयास किया। सेना के जवानों ने इस दल की गतिविधियों को पहले ही भांप लिया था। आतंकियों ने जैसे ही भारतीय क्षेत्र में पैर रखने का प्रयास किया तो सेना के जवानों ने उन्हें ललकारा और हथियार डालने को कहा।
इस पर आतंकियों ने सेना के जवानों पर गोलीबारी शुरू कर दी। सेना के जवानों ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। इसमें एक आतंकी एलओसी पर ही ढेर हो गया। सेना की जवाबी कार्रवाई में एक से दो आतंकी घायल भी हुए हैं। अपने एक साथी की मौत से डरे शेष आतंकी भी जान बचाकर पाकिस्तान की ओर भाग खड़े हुए। इसके बावजूद सेना के जवानों ने पूरे क्षेत्र को घेर कर बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान को शुरू कर दिया। अगर कोई आतंकी भारतीय क्षेत्र में दाखिल हुआ है तो उसे ढेर कर दिया जाएगा।
SC ने कहा- 'हिंसा खत्म करना केंद्र और राज्य सरकार का काम'...
11 Jul, 2023 03:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली: मणिपुर के इंफाल पश्चिम और कांगपोकपी जिलों के दो गांवों में सोमवार को हिंसक झड़पें हुईं जिसमें एक नागरिक की मौत और दो अन्य घायल हो गए हैं। गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को कहा कि मणिपुर में हिंसा बढ़ाने के मंच के रूप में शीर्ष अदालत का इस्तेमाल नहीं किया जा सकता है। साथ ही संघर्ष कर रहे जातीय समूहों से अदालती कार्यवाही के दौरान संयम बरतने को कहा।
न्यायालय ने यह भी स्पष्ट किया कि वह हिंसा खत्म करने के लिए राज्य की कानून-व्यवस्था अपने हाथ में नहीं ले सकता है। कहा कि जातीय संघर्ष और हिंसा का अंत करना केंद्र और मणिपुर सरकार की जिम्मेदारी है। यह एक मानवीय मुद्दा है। प्रधान न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ और जस्टिस पीएस नरसिम्हा की पीठ ने गैर सरकारी संगठन 'मणिपुर ट्राइबल फोरम' की ओर से पेश वरिष्ठ वकील कोलिन गोंजाल्विस से कहा, हम इस मामले में सुनवाई नहीं करना चाहते।
सुप्रीम कोर्ट ने लगाई मणिपुर शासन को फटकार
राज्य में हिंसा और अन्य समस्याएं बढ़ाने के लिए सुप्रीम कोर्ट का उपयोग एक मंच के तौर पर नहीं किया जा सकता। पीठ ने मणिपुर के मुख्य सचिव द्वारा दाखिल स्थिति रिपोर्ट पर गौर करने के बाद गोंजाल्विस, अन्य संगठनों की ओर से पेश वकीलों और मणिपुर हाई कोर्ट के बार एसोसिएशन से मंगलवार तक हिंसा खत्म करने के लिए सकारात्मक सुझाव देने को कहा। पीठ ने कहा, हमें स्थिति को बेहतर बनाने के लिए कुछ सकारात्मक सुझाव दीजिए और हम केंद्र तथा मणिपुर सरकार से इस पर गौर करने के लिए कहेंगे।
शीर्ष अदालत ने मणिपुर सरकार की ओर से पेश सालिसिटर जनरल तुषार मेहता से जून में जारी एक परिपत्र पर निर्देश लेने को कहा, जिसमें उसने राज्य सरकार के कर्मचारियों को ड्यूटी पर उपस्थित होने या वेतन में कटौती का सामना करने के लिए कहा था।
सुप्रीम कोर्ट ने तीन जुलाई को मणिपुर सरकार को जातीय हिंसा से प्रभावित राज्य में पुनर्वास सुनिश्चित करने और कानून व्यवस्था की स्थिति में सुधार के लिए उठाए गए कदमों की विस्तृत जानकारी वाली एक अद्यतन स्थिति रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया था। राज्य में मैती और कुकी समुदायों के बीच झड़पों में अब तक कम से कम 150 लोगों की मौत हो चुकी है तथा सैकड़ों अन्य घायल हो गए हैं।
इंटरनेट बहाली को लेकर मणिपुर सरकार की याचिका पर सुनवाई आज
इंटरनेट की सीमित बहाली को लेकर मणिपुर हाई कोर्ट के आदेश के खिलाफ राज्य सरकार द्वारा दाखिल याचिका पर सुप्रीम कोर्ट 11 जुलाई को सुनवाई करेगा। प्रधान न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ और जस्टिस पीएस नरसिम्हा की पीठ ने राज्य सरकार की याचिका पर सुनवाई के लिए सहमति जताई। सालिसिटर जनरल तुषार मेहता ने शीघ्र सुनवाई की मांग करते हुए कहा कि राज्य में परिस्थिति तेजी से बदल रही है।
भूस्खलन से जम्मू-श्रीनगर हाईवे बंद....
11 Jul, 2023 02:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जम्मू। मौसम साफ होते ही पहलगाम के बाद अगले दिन सोमवार सुबह बालटाल मार्ग से भी श्री अमरनाथ यात्रा को बहाल कर दिया गया। बालटाल से सुबह करीब 15 हजार यात्री और पहलगाम से भी छह हजार से अधिक श्रद्धालुओं को पवित्र गुफा की तरफ रवाना किया गया। इसके साथ दोनों तरफ से हेलीकाप्टर सेवा भी शुरू हो गई, लेकिन रामबन जिला में कई जगह भूस्खलन से जम्मू-श्रीनगर हाईवे बंद रहने के कारण जम्मू से तीसरे दिन भी जत्था रवाना नहीं किया गया।
प्रशासन ने देर शाम साफ कर दिया कि मंगलवार तड़के भी जम्मू से रवाना नहीं होगा। इस समय कठुआ, सांबा, जम्मू, ऊधमपुर और रामबन जिले के चंद्रकोट तक करीब 40 हजार श्रद्धालु यात्रा पर जाने का इंतजार कर रहे हैं। अकेले जम्मू में ही 21 हजार से ज्यादा शिवभक्तों को भगवती नगर यात्री निवास के अलावा अन्य सामुदायिक केंद्रों व धार्मिक स्थालों पर ठहराया गया है।
श्रद्धालु इस बात पर अडिग हैं कि बर्फानी बाबा के दर्शन कर के ही वापस लौटेंगे। इसी तरह यात्रा कर चुके करीब 35 हजार श्रद्धालु कश्मीर से भी वापसी के लिए हाईवे खुलने का प्रतीक्षा कर रहे हैं।
वहीं, सोमवार को 24,200 श्रद्धालुओं ने पवित्र गुफा में माथा टेका। इस वर्ष एक दिन में दर्शन करने वालों की सबसे बड़ी संख्या है। इसके साथ ही अब तक एक लाख 17 हजार से ज्यादा शिवभक्त बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं। यात्रा 31 अगस्त को संपन्न होगी।
सुबह धूप निकलने पर प्रशासन व श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड ने जब बालटाल से यात्रा को रवाना करने का फैसला लिया तो तीन दिन से आधार शिविर में इंतजार कर रहे श्रद्धालुओं के चेहरे खिल उठे। हर-हर महादेव के जयघोष लगाते हुए श्रद्धालु बढ़ते गए। वहीं, शाम तक करीब चार हजार श्रद्धालु दर्शन करके बालटाल वापस भी पहुंच गए थे।
कहां-कहां ठहराए गए हैं श्रद्धालु
रामबन जिला में कई जगह भूस्खलन से बंद हुए जम्मू-श्रीनगर हाईवे को खोलने का काम युद्धस्तर पर जारी है। तीन दिन से हाईवे बंद होने से श्रद्धालु जम्मू संभाग में विभिन्न शिविरों में फंसकर रह गए हैं। इस समय प्रदेश के प्रवेशद्वार कठुआ जिला में करीब 4235, सांबा में तीन हजार, जम्मू में सबसे अधिक करीब 21 हजार, ऊधमपुर में ढाई हजार से अधिक श्रद्धालु और रामबन जिला के चंद्रकोट में भी पांच हजार के लगभग श्रद्धालु रुके हुए हैं।
इसी तरह अमरनाथ यात्रा करने के बाद बालटाल और पहलगाम के अलावा कश्मीर में अन्य शिविरों में भी करीब 35 हजार श्रद्धालु वापसी करने के लिए हाईवे खुलने के इंतजार में हैं। कुछ श्रद्धालु वापसी के लिए हवाई सेवा का भी रुख कर रहे हैं, लेकिन टिकट महंगी होने से सभी के लिए यह संभव नहीं हो पा रहा है।
गंगनानी के पास भूस्खलन, मलबे में दबे यात्रियों के तीन वाहन, चार की मौत
11 Jul, 2023 02:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
उत्तराखंड में आज भी मौसम खराब बना हुआ है। देर रात गंगोत्री हाईवे बंद होने के कारण यात्रियों के वाहन गंगनानी के समीप खड़े थे। तभी अचानक भूस्खलन हो गया और पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा एक टेम्पो ट्रेवल्स सहित तीन वाहनों पर गिर गया। मलबे में तीन वाहन दब गए। जिसमें एक महिला समेत चार लोगों की मौत हो गई। सभी यात्री मध्य प्रदेश के बताए जा रहे हैं। वहीं, अभी तक सात घायलों को अस्पताल भेजा गया है।
आपदा स्वयं सेवी राजेश रावत ने देर अकेले ही घटना में घायल लोगों का रेस्क्यू किया। वहीं, मंगलवार सुबह हाईवे खुलने पर एसडीआरएफ की टीम पर भी मौके पर पहुंची। बीआरओ के अधिकारी मेजर वीएस वीनू ने बताया की भटवाड़ी से गंगनानी के बीच 20 किमी के क्षेत्र में गंगोत्री हाईवे पर सात स्थानों पर भूस्खलन हुआ था। जिसे पूरी रात तेज बारिश के बीच कड़ी मशक्कत के बाद खोला गया।भटवाड़ी एसडीएम चत्तर सिंह चौहान ने बताया कि घटना में एक टेम्पो ट्रैवलर, एक टवेरा और एक स्विफ्ट डिजायर मलबे में दबे हैं। मृतकों में एक महिला भी शामिल है। सात घायलों में दो गंभीर हैं और पांच सामान्य घायल हैं।
Article 370 मामले में रोजाना सुनवाई करेगा सुप्रीम कोर्ट...
11 Jul, 2023 01:32 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 हटाने के खिलाफ दायर याचिकाओं पर अब सुप्रीम कोर्ट में दो अगस्त से रोजाना सुनवाई होगी। मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली पांच सदस्यीय संविधान पीठ मामले में अपना फैसला सुनाएगी। अदालत ने मामले में दस्तावेज जमा करने, विभिन्न पक्षों द्वारा लिखित दलीलें देने के लिए 27 जुलाई तक का समय दिया है।
शेहला रशीद की याचिका स्वीकार
इसके साथ ही अदालत ने शेहला रशीद को अनुच्छेद 370 को लेकर चुनौती देने वाली याचिकाकर्ताओं की सूची से अपना नाम हटाने की याचिका स्वीकार कर ली है, जबकि आईएएस अधिकारी शाह फैसल को लिस्ट से अपना नाम हटाने के लिए आवेदन करने को कहा है।
केंद्र सरकार ने किया अनुच्छेद 370 का बचाव
इससे पहले, केंद्र सरकार ने सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने का बचाव किया है। केंद्र ने अदालत में ताजा हलफनामा दायर किया है। हलफनामे में कहा गया कि अनुच्छेद 370 हटने के बाद पूरे क्षेत्र ने शांति, विकास और संपन्नता का अभूतपूर्व युग देखा है। अनुच्छेद 370 निरस्त करने के ऐतिहासिक संवैधानिक कदम से क्षेत्र में विकास, प्रगति, सुरक्षा और स्थिरता आई है जो अनुच्छेद-370 लागू रहने के दौरान नदारद थी।
जम्मू-कश्मीर में सुधरी सुरक्षा की स्थिति
केंद्र ने ये भी कहा है कि जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा की स्थिति में पहले से काफी सुधार हुआ है, पत्थरबाजी की घटनाएं अब शून्य हैं। इतना ही नहीं, अब आतंकवाद विरोधी कार्रवाइयों के परिणामस्वरूप आतंकी ईको-सिस्टम खत्म हो गया है। ये सब केंद्र की नीतियों के कारण संभव हो पाया है।
केंद्र सरकार के मुताबिक, 2018 में जम्मू-कश्मीर में 228 आतंकी घटनाएं घटी थीं। इसके अलावा 143 घुसपैठ, 1,769 कानून-व्यवस्था उल्लंघन की घटनाएं हुई थीं। इन घटनाओं में 91 सुरक्षाकर्मी मारे गए थे। 2022 में 125 आतंकी घटनाएं, 14 घुसपैठ और 50 कानून-व्यवस्था उल्लंघन की घटनाएं घटीं। इन घटनाओं में 31 सुरक्षाकर्मी मारे गए। सरकार ने ये भी बताया कि आतंकी घटनाओं में 45.2 प्रतिशत, घुसपैठ में 90.2 प्रतिशत, कानून-व्यवस्था उल्लंघन में 97.2 प्रतिशत तथा सुरक्षाकर्मियों के मारे जाने में 65.9 प्रतिशत की कमी आई है।
अनुच्छेद 370 हटाकर बने दो केंद्र शासित प्रदेश
गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने पांच अगस्त 2019 को जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 को निरस्त कर दिया था। अनुच्छेद-370 हटाकर केंद्र ने जम्मू-कश्मीर को दो केंद्र शासित प्रदेशों लद्दाख और जम्मू-कश्मीर में विभाजित कर दिया था।
मैसूर में 15 महिलाओं से की शादी, संबंध और फिर असली खेल किया शुरू...
11 Jul, 2023 01:05 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मैसूर। मैसूरु में एक सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने एक ऐसे धोखेबाज को गिरफ्तार किया है, जो वैवाहिक साइटों पर विधवाओं, तलाकशुदा महिलाओं और अविवाहित ज्यादा उम्र की महिलाओं को निशाना बना रहा था। वह पहले ऐसी महिलाओं से शादी रचाता और बाद में उनके गहने और नकदी लेकर फरार हो जाता था। वह अब तक 15 महिलाओं से शादी कर उन्हें अपना शिकार बना चुका है। आरोपित की पहचान 35 वर्षीय महेश तनोर्वा के रूप में हुई है। वह बेंगलुरु का रहने वाला बताया गया है।
पुलिस के संज्ञान में यह मामला एक पीड़ित महिला की शिकायत के बाद आया। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपित ने शादी के बाद हेमलता नामक महिला पर क्लिनिक खोलने के लिए 70 लाख रुपये उधार देने का दबाव बनाया।
उसने पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी भी दी। जब बात नहीं बनी तो वह हेमलता के सोने के आभूषण और 15 लाख रुपये नकद चुराकर फरार हो गया। इस संबंध में हेमलता ने महेश के खिलाफ पुलिस से शिकायत की थी। जांच में पता चला कि उसने महिलाओं का विश्वास हासिल कर 15 बार शादी की थी और सोने के गहने और पैसे लेकर भाग चुका है।
अब इस बात की जांच हो रही है कि आरोपित के विरुद्ध अन्य महिलाओं ने शिकायत क्यों नहीं दर्ज कराई। पुलिस अन्य पीडि़त महिलाओं को भी तलाश रही है। आरोपित महेश महिलाओं से संपर्क बनाने के लिए स्वयं को चिकित्सक बताता था।
अपने को एक सम्मानित चिकित्सक के रूप में पेश करते हुए वह पहले विश्वास हासिल करता और बाद में शादी कर लेता था। पुलिस ने बताया कि आरोपित के पास से दो लाख रुपये नकद, दो कार, एक सोने का कंगन, एक अंगूठी, दो सोने की चूडि़यां, एक हार और सात मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
आज होगी भारत व मालदीव के विदेश मंत्रियों की बैठक...
11 Jul, 2023 12:35 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। मंगलवार को भारत और मालदीव के विदेश मंत्रियों की एक महत्वपूर्ण बैठक होने वाली है। मालदीव के विदेश मंत्री अबदुल्ला शाहिद ओर विदेश मंत्री एस जयशंकर के बीच हुई होने वाली इस बैठक में भारत की मदद से इस पड़ोसी देश में लगाई जाने वाली नई परियोजनाओं पर विचार होगा। हाल के महीनों में मालदीव में कई भारत विरोधी प्रदर्शन हुए हैं। वैसे ये प्रदर्शन राजनीतिक वजहों से हो रहे हैं लेकिन भारत इस मुद्दे को उठा सकता है।
अमेरिका खोलने जा रहा अपना दूतावास
विदेश मंत्रालय की तरफ से बताया गया है कि जयशंकर और शाहिद के बीच बैठक में दूसरे द्विपक्षीय, क्षेत्रीय व अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी बात होगी। भारत मालदीव को एक अहम पड़ोसी देश के तौर पर देखता है। पीएम नरेन्द्र मोदी की सरकार ने मालदीव के साथ रिश्तों को काफी महत्वपूर्ण जगह दी है। हिंद प्रशांत क्षेत्र के कूटनीतिक गतिविधियों केंद्र बनने की वजह से भी मालदीव की अहमियत बढ़ गई है। इस छोटे से द्वीप देश में अमेरिका अपना दूतावास खोलने जा रहा है।
सितंबर, 2023 में होंगे मालदीव में आम चुनाव
अमेरिका भारत के साथ मिल कर भी मालदीव को कई तरह से मदद देने की संभावनाओं पर काम कर रहा है। मालदीव की पूर्व की सरकारों पर चीन का प्रभुत्व रहा है लेकिन मौजूदा सरकार के कार्यकाल में भारत के साथ रिश्ते काफी मजबूत हुए हैं। सितंबर, 2023 में मालदीव में आम चुनाव है और इसकी वजह से ही वहां की विपक्षी पार्टियां भारत विरोधी गतिविधियों में लगी हुई हैं।
बैंकों के धोखाधड़ी मामले में CBI ने जगमोहन गर्ग को गिरफ्तार किया....
11 Jul, 2023 12:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। सीबीआई ने 289.15 करोड़ रुपये के बैंक धोखाधड़ी मामले में तिरुपति इंफ्राप्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक जग मोहन गर्ग को गिरफ्तार किया है। यह आरोप लगाया गया है कि कंपनी ने पश्चिमी दिल्ली में एक हाई-एंड होटल परियोजना के लिए, लिए गए ऋण राशि को अवैध रूप से डायवर्ट किया।
CBI ने 2022 को कंपनी के खिलाफ FIR दर्ज की थी
अधिकारियों ने बताया कि गर्ग को विशेष सीबीआई अदालत के समक्ष पेश किया गया जिसने उसे 13 जुलाई तक एजेंसी की हिरासत में भेज दिया। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने जनता के एक संघ को कथित तौर पर ₹ 289.15 करोड़ (2014 के आंकड़ों के अनुसार जब खाता एनपीए घोषित किया गया था) का नुकसान पहुंचाने के लिए 25 मई, 2022 को कंपनी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। अधिकारियों ने कहा कि बैंक ऑफ इंडिया के नेतृत्व में सेक्टर बैंकों ने अवैध रूप से ऋण राशि का दुरुपयोग किया। कंसोर्टियम में अन्य बैंक यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, केनरा बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा और यूको बैंक हैं।
बैंक ऑफ इंडिया ने आरोप लगाया है कि बढ़ते बकाया के कारण 13 दिसंबर, 2021 तक बैंकों को संचयी घाटा 979 करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। बैंकों के संघ ने नई दिल्ली के पश्चिम विहार में वाणिज्यिक स्थानों के साथ होटल रेडिसन ब्लू के निर्माण के लिए 2009 और 2014 के बीच कंपनी को ₹ 300 करोड़ का सावधि ऋण दिया । बैंक ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि कंपनी ने 2012 में तनाव दिखाना शुरू कर दिया था और खाते को बचाने के कई प्रयासों के बाद, यह 2014 में गैर-निष्पादित परिसंपत्ति (एनपीए) में बदल गया।
इसमें आरोप लगाया गया है कि कंपनी, उसके प्रमोटरों और उसके निदेशकों ने बेईमान इरादों के साथ, धोखाधड़ी और संदिग्ध लेनदेन को नियोजित करके ऋण देने वाले बैंकों को गलत तरीके से नुकसान पहुंचाया है और खुद को गलत लाभ पहुंचाया है, मुख्य रूप से परियोजना से उत्पन्न आय को डायवर्जन और हेराफेरी करके।
CBI को कई आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद हुए
अपनी शिकायत में, बैंक ऑफ इंडिया ने यह भी कहा कि उन्होंने (तिरुपति इंफ्राप्रोजेक्ट्स) ऋण देने वाले बैंकों की सहमति के बिना तीसरे पक्ष के साथ बिक्री समझौता किया और बैंकों द्वारा नियुक्त फोरेंसिक ऑडिटर द्वारा बताए गए गलत बयान दिए। "आगे आरोप लगाया गया कि आरोपियों ने ऋणदाता बैंकों को सूचित किए बिना उक्त होटल-सह-वाणिज्यिक भवन के कई वाणिज्यिक/खुदरा/कार्यालय स्थानों को विभिन्न पार्टियों को बेच दिया था, और इन खरीदारों से प्राप्त धन को दूसरे स्थानों पर भेज दिया गया था।"
एफआईआर दर्ज होने के बाद, केंद्रीय एजेंसी ने पिछले साल 27 मई को आरोपियों के परिसरों की तलाशी ली, जिससे कई आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद हुए। प्रवक्ता ने कहा, "जांच के दौरान, सीबीआई ने कई गवाहों, कर्जदार कंपनी के अधिकारियों, बैंक अधिकारियों आदि से पूछताछ की थी।"
696 बूथों पर पुनर्मतदान के बाद आज आएंगे चुनाव के नतीजे....
11 Jul, 2023 11:35 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल में मंगलवार को वोटों की गिनती होने वाली है। 696 पंचायत बूथों पर पुनर्मतदान के बाद, 8 जुलाई को मतदान में कथित धांधली, बूथ कैप्चरिंग और चुनावी हिंसा के बीच हुए 8 और 10 जुलाई में संपन्न हुए मतदान की मतगणना के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए है। मंगलवार सुबह 8 बजे से मतगणना की प्रक्रिया शुरू होगी।
चुनाव के इन नतीजों से यह भी संकेत मिलेगा कि अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले राज्य की प्रमुख विपक्षी पार्टी भाजपा पश्चिम बंगाल में कहां खड़ी है।
पुनर्मतदान कराने का निर्णय मतपेटी से छेड़छाड़ और हिंसा के व्यापक आरोपों के बाद लिया गया, जिसके परिणामस्वरूप कम से कम 19 लोगों की जान चली गई।
मतगणना केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में केंद्रीय बलों की तैनाती
चुनाव के वोटों की गिनती में सबसे पहले, ग्राम पंचायतों के लिए वोटों की गिनती की जाएगी, उसके बाद जिला समितियों और जिला परिषदों के लिए डाले गए वोटों की गिनती की जाएगी।
सभी मतगणना केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में केंद्रीय बलों की तैनाती होगी, जिसकी निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की जाएगी।