देश (ऑर्काइव)
सब कुछ ठीक रहा.....तब 23 अगस्त के आसपास चंद्रमा पर चंद्रयान-३ की सॉफ्ट लैंडिंग संभव
14 Jul, 2023 05:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । भारतीय अंतरिक्ष एजेंसी (इसरो) की योजना के मुताबिक चंद्रयान-3 की लांच की तैयारी में जुटा हैं। इसरो के अध्यक्ष सोमनाथ और इसके बड़े अधिकारी चंद्रयान की लॉन्चिंग की तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने अंतरिक्ष केंद्र के पास चंगलम्मन देवी मंदिर में लांच से पहले प्रार्थना की।
इसरो के अध्यक्ष सोमनाथ ने कहा कि ‘चंद्रयान-3 अपनी लंबी यात्रा शुक्रवार को शुरू करेगा और पृथ्वी की परिक्रमा करेगा, इसके बाद यह 30 दिनों में धीरे-धीरे अगले चरण में चंद्रमा की यात्रा करेगा। यदि सब कुछ ठीक रहा, तब हम 23 अगस्त के आसपास या उसके बाद के दिनों में चंद्रमा पर सॉफ्ट लैंडिंग की उम्मीद कर रहे हैं। चंद्रयान-1 और चंद्रयान-2 मिशन के बारे में उन्होंने कहा कि पहला भारतीय चंद्र मिशन छह महीने से अधिक समय तक चला था और चंद्रमा पर पानी की मौजूदगी पाई थी। जबकि चंद्रयान-2 मिशन में पानी तरल अवस्था में पाया गया था और चंद्रमा पर इसकी पुष्टि भी की।
इसरो अध्यक्ष ने कहा कि पिछला प्रत्येक मिशन अपने तरीके से सफल रहा। उन्होंने कहा कि ‘मुझे चंगलम्मा देवी (मंदिर की प्रमुख देवी) के आशीर्वाद की जरूरत है, इसलिए मैं चंद्रयान-3 मिशन की सफलता के लिए प्रार्थना करने के लिए यहां आया हूं। इससे पहले दिन में इसरो मुख्यालय के अधिकारियों की टीम ने तिरुमाला में प्रतिष्ठित वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में पूजा-अर्चना की थी। जिसे आमतौर पर तिरूपति मंदिर के रूप में जाना जाता है।
एस. सोमनाथ की अध्यक्षता में इसरो का मकसद उन विशिष्ट देशों की सूची में शामिल होना है, जिन्होंने चंद्रमा की सतह पर ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ में महारत हासिल कर ली है। वर्ष 2008 में पहले चंद्र मिशन के साथ शुरू हुई चंद्रयान श्रृंखला के बारे में एक अनोखी समानता उसका तमिलनाडु से संबंध है। तमिलनाडु में जन्मे मयिलसामी अन्नादुरई और एम. वनिता के क्रमश: चंद्रयान-1 और चंद्रयान-2 का नेतृत्व करने के बाद अब विल्लुपुरम के मूल निवासी पी. वीरमुथुवेल तीसरे मिशन का नेतृत्व कर रहे हैं।
चंद्रयान-3 की सफल लॉन्चिंग, दुनिया की नजरें मून मिशन पर
14 Jul, 2023 03:23 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
श्रीहरिकोटा । इसरो के वैज्ञानिकों की कड़ी मेहनत के बाद आखिरकार आज चंद्रयान-3 चांद की ओर रवाना हो गया है। भारत के लिए यह ऐतिहासिक पल था, जब चंद्रयान-3 इतिहास रचने के लिए चांद पर जा रहा है। इसरो के इस मिशन पर पूरी दुनिया की नजर थी। चंद्रयान-3 को श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन स्पेस सेंटर से दोपहर 2:35 बजे लॉन्च किया गया।
चंद्रयान-3 का ऐसे देखें लाइव प्रसारण
चंद्रयान-3 की लॉन्चिंग को इसरो के ऑफिशियल वेबसाइट पर लाइव देख सकते हैं। साथ ही दूरदर्शन पर भी इसका लाइव प्रसारण किया जाएगा। इसरो के पूर्व निदेशक के सिवन ने एएनआई को बताया कि मिशन चंद्रयान-3 की सफलता से भारत के पहले मानव अंतरिक्ष मिशन गगनयान जैसे कार्यक्रमों का मनोबल बढ़ेगा। ऐसी उम्मीद जताई जा रही है कि चंद्रयान-3 चांद की सतह पर 23 अगस्त को लैंडिंग कर सकता है।
चांद के दक्षिणी ध्रुव पर जमी हुई बर्फ खोजेगा चंद्रयान-3
चंद्रमा के साउथ पोल पर अपना मिशन किसी भी देश ने आज तक नहीं भेजा है। यदि सब कुछ ठीक रहता है तो चंद्रमा के साउथ पोल पर उतरकर चंद्रयान इतिहास रच देगा। चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव का अधिकांश हिस्सा हमेशा अंधेरे में रहता है क्योंकि वहां सूरज की रोशनी नहीं पहुंचती है। इस जगह पर तापमान शून्य से 235 डिग्री तक नीचे रहता है। ऐसे में चंद्रयान-3 इस स्थान पर जमी हुई बर्फ की खोज करेगा।
मिशन पर टिकी दुनिया की निगाहें (चंद्रयान-3 Live)
भारत के चंद्रयान-3 मिशन पर पूरी दुनिया की निगाहें टिकी हुई है। इसरो के वैज्ञानिकों को पूरी उम्मीद है कि चंद्रयान-3 को इस बार पूरी सफलता मिलेगी। चंद्रयान-3 मिशन को सफलता मिल जाती है तो अमेरिका, चीन और तत्कालीन सोवियत संघ के बाद भारत चौथा देश बन जाएगा, जिसने चंद्रमा पर सॉफ्ट लैंडिंग की महारत हासिल की है। 'चंद्रयान-3' के प्रक्षेपण के लिए गुरुवार को ही 25.30 घंटे की उलटी गिनती शुरू हो गई है और वो पल जल्द ही आने वाला है, जब चंद्रयान-3 चांद की ओर रुख करेगा।
यमुना का जलस्तर बढ़ने के बाद तीन वाटर ट्रीटमेंट प्लांट बंद, सीएम केजरीवाल ने वजीराबाद प्लांट का लिया जायजा
14 Jul, 2023 01:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । यमुना का जल स्तर बढ़ने के बाद दिल्ली जल बोर्ड को मजबूरन गुरुवार को अपने तीन वाटर ट्रीटमेंट प्लांट्स बंद करने पड़े। इससे दिल्ली में जल आपूर्ति प्रभावित हो सकती है। सीएम अरविंद केजरीवाल ने खुद वजीराबाद वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यमुना नदी में जलस्तर बढ़ने के कारण वजीराबाद, चंद्रावल और ओखला वाटर ट्रीटमेंट प्लांट को बंद करना पड़ा है। प्लांट के मशीनों में पानी घुस गया है। इससे दिल्ली में पानी का उत्पादन 25 फीसद कम हो गया है। इसलिए दिल्ली के लोगों को एक-दो दिन पानी की समस्या का सामना करना पड़ सकता हैं। जैसे ही जल स्तर घटेगा, हम मशीनों को सुखाकर दोबारा प्लांट को शुरू कर देंगे। सीएम ने लोगों से अपील भी की है कि जरूरत न हो तो घर से बाहर न निकलें और ज्यादा से ज्यादा वर्क फ्रॉम होम करें। इस दौरान राजस्व मंत्री आतिशी और जल मंत्री सौरभ भारद्वाज भी मौजूद रहे।
वजीराबाद वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का दौरान करने पहुंचे सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पहली बार दिल्ली में यमुना का जल स्तर इतना ऊपर तक आया है। इस समय यमुना का जल स्तर 208.60 मीटर को पार कर गया है। इतना ऊपर तक जल स्तर पहुंचेगा, यह किसी ने सोचा नहीं था। यमुना का जलस्तर बढ़़ने से हमारे वजीराबाद, चंद्रावल और ओखला वाटर ट्रीटमेंट प्लांट को बंद करना पड़ा है। यमुना का पानी प्लांट के पंप और मशीनों में घुस गया है। यमुना का जलस्तर कम होने के बाद प्लांट्स के मशीनों को सुखाया जाएगा। बिना सुखाए मशीनों को चलाते हैं तो करंट आने का खतरा है। मशीनों को सुखाने के बाद प्लांट्स को दोबारा शुरू किया जाएगा।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि तीनों प्लांट्स को बंद होने से दिल्ली में करीब 25 फीसद पानी का उत्पादन कम हो जाएगा। इसके अलावा यमुना के निचले इलाकों में हमारे कई ट्यूबवेल्स चलते थे, पानी भरने की वजह से उनको भी बंद कर दिया गया है। इसलिए दिल्ली में एक-दो दिन तक पानी की काफी किल्लत रह सकती है। मुझे उम्मीद है कि कल शाम तक पानी की पर्याप्त व्यवस्था कर पाएंगे। सीएम ने कहा कि समस्या से ये नहीं है कि जलस्तर घाटे। समस्या ये है कि जलस्तर घटने के साथ ही मशीनों को सुखाना भी पड़ेगा। इसकी हमने पहले से ही सारी तैयारी कर ली है। जैसे ही पानी कम होगा, वैसे ही मशीनों को सुखाने का काम शुरू कर दिया जाएगा, लेकिन दिल्ली की जनता को पानी को लेकर थोड़ी तकलीफ होगी। लोगों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ेगा।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यमुना का पानी तेजी से सड़कों पर भी आ रहा है। मेरी अपील है कि प्रभावित एरिया के लोग अगर ज्यादा जरूरी न हो तो घर से न निकले और ज्यादा से ज्यादा वर्क फ्रॉम होम करें। दिल्ली में बनाए गए राहत केंद्रों में हम सारी सुविधाएं देने की कोशिश कर रहे हैं। सेंट्रल वाटर कमीशन के जो अनुमान आ रहे हैं, उसके अनुसार आज शाम 4:00 बजे तक जल स्तर का अपने पीक पर पहुंच जाएगा। उसके बाद जलस्तर कम होना शुरू होने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा कि यमुना नदी में जलस्तर बढ़ने से आज कई वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट बंद करने पड़े हैं। यमुना किनारे बने वज़ीराबाद वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट का आज मैंने खुद दौरा किया। जैसे ही स्थिति यहाँ सामान्य होगी हम इसे जल्द शुरू करेंगे।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा कि यमुना का जल स्तर लगातार बढ़ रहा है। बढ़ते हुए जल स्तर के कारण यमुना के आसपास की सड़कों पर पानी आ गया है। आपसे अनुरोध है कि इन रास्तों पर न जाएं। जिन आबादी वाले इलाक़ों में पानी भरा है, वहाँ से लोगों को सुरक्षित जगह पहुंचाया जा रहा है। वहाँ रहने वालों से अनुरोध है कि प्रशासन का सहयोग करें। लोगों की जान बचाना सबसे ज़रूरी है। सभी दिल्ली वालों से अपील है कि इस आपातकाल स्थिति में एक-दूसरे का हर संभव सहयोग करें।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर सभी वोलेंटियर, पार्षदों, विधायकों और अन्य सभी लोगों से राहत शिविरों का दौरा करने और हर संभव सहायता प्रदान करने की अपील की है।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा कि यमुना में बढ़ते जल स्तर की वजह से वज़ीराबाद, चन्द्रावल और ओखला वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट बंद करने पड़ रहे हैं। इस वजह से दिल्ली के कुछ इलाक़ों में पानी की परेशानी होगी। जैसे ही यमुना का पानी कम होगा। इन्हें जल्द से जल्द चालू करने की कोशिश करेंगे।
दिल्ली की शराब नीति केस में पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया की जमानत याचिका पर सुनवाई होगी
14 Jul, 2023 12:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । दिल्ली की शराब नीति केस में कथित घोटाले के आरोप में पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया की जमानत याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (सीजेआई) डीवाई चंद्रचूड़ और जस्टिस पीएस नरसिम्हा की बेंच ने सीनियर वकील डॉ। एएम सिंघवी के उल्लेख के बाद मामले को सूचीबद्ध किया है। सिसोदिया की ओर से पेश हुए डॉ। एएम सिंघवी ने सिसोदिया की पत्नी की बीमारी का हवाला देते हुए तत्काल सूचीबद्ध करने की मांग की थी।
शीर्ष अदालत की वेबसाइट पर अपलोड की गई वाद सूची के अनुसार, जस्टिस संजीव खन्ना और जस्टिस बेला एम। त्रिवेदी की पीठ दिल्ली हाईकोर्ट के अलग-अलग आदेशों को चुनौती देने वाली उनकी याचिकाओं पर सुनवाई करेगी। हाईकोर्ट ने इन मामलों में उन्हें जमानत देने से इनकार कर दिया था।
इससे पहले दिल्ली हाईकोर्ट ने शराब नीति केस में सिसोदिया की जमानत याचिका खारिज कर दी थी। सीबीआई के भ्रष्टाचार मामले में कोर्ट ने सुनवाई करते हुए कहा कि सिसोदिया एक पावरफुल इंसान हैं और वे बाहर आएंगे तो गवाहों को प्रभावित कर सकते हैं।
सीबीआई ने 26 फरवरी को शराब घोटाले में कथित भूमिका के लिए मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार कर लिया था। तब से वह हिरासत में हैं। प्रवर्तन निदेशालय ने तिहाड़ जेल में उनसे पूछताछ के बाद 9 मार्च को सीबीआई की प्राथमिकी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में उन्हें गिरफ्तार कर लिया। सिसोदिया ने 28 फरवरी को दिल्ली के उपमुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।
वयस्कों के बीच शादी के लालच में शारीरिक संबंध बनाना दुष्कर्म नहीं : गुजरात हाईकोर्ट
14 Jul, 2023 11:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अहमदाबाद | गुजरात हाईकोर्ट ने दुष्कर्म केस में एक ऐतिहासिक फैसला सुनाया है| फैसले में कहा गया है कि वयस्कों के बीच शादी की लालच में शारीरिक संबंध बनाना दुष्कर्म नहीं है| इसलिए ऐसे मामलों में धारा 376 के तहत केस दर्ज नहीं किया जा सकता| दरअसल अहमदाबाद में रहने वाले अलग अलग राज्यों के महिला और पुरुष ने शारीरिक संबंध बनाए थे| दूसरी बार प्रेमप्रसंग में पड़ी महिला ने दोबारा शादी की लालच में पुरुष के साथ शारीरिक संबंध बनाए| लेकिन जब पुरुष ने शादी से इंकार कर दिया तो महिला ने उसके खिलाफ दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज करवा दी| गुजरात हाईकोर्ट ने इस पर महत्वपूर्ण फैसला सुनाते हुए कहा कि वयस्कों के बीच शादी की लालच में बनाए गए शारीरिक संबंधों को दुष्कर्म नहीं माना जा सकता| कोई भी वयस्क शादी की लालच में यू समर्पण नहीं कर सकता| हाईकोर्ट ने कहा कि दोनों ही वयस्क हैं इसलिए ऐसे मामलों में धारा 376 के तहत दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज नहीं की जा सकती| शारीरिक संबंध बनाने के बाद शादी नहीं होती तो उसके लिए दुष्कर्म की एफआईआर दर्ज नहीं हो सकती|
मुंबई पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल ने नशे के सौदागरों के गिरोह का पर्दाफाश किया
14 Jul, 2023 10:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई। मुंबई पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल ने नशे के सौदागरों के गिरोह का पर्दाफाश किया है। इसका नेटवर्क मुंबई-पुणे और गोवा तक फैला था। इस गिरोह की एक महिला मुंबई से ड्रग्स सप्लाई के लिए रोज रात को पुणे बस या टैक्सी से अकेले जाती और फिर वापस भी आ जाती थी। पुलिस ने मामले मे 7 लोगों को पकड़ कर एमडीएमए और कोकीन भी बरामद किए हैं। इस गिरोह में 2 नाइजीरियन भी शामिल हैं।
मुंबई पुलिस के अनुसार नशे के सौदागरों के इस गिरोह का नेटवर्क मुंबई-पुणे और गोवा तक फैला था और गिरोह की सरगना कोई और नही मुंबई के पॉस इलाके केम्प्स कॉर्नर में रहने वाली पूर्व स्कूल शिक्षिका है। जिसकी पहचान सुकोरिना फर्नांडिस के रुप में हुई है। 58 साल की सुकोरीना पुणे में ड्रग्स डिलीवरी के लिए खुद अकेले बस या टैक्सी से जाती थी, वो भी रात में अकेले जाती और डिलिवरी देकर तुरंत वापस भी आ जाती है।
पुलिस के मुताबिक नशे की तस्करी में सुकोरिना के साथ उसका बेटा भी शामिल था। दोनों मलाड की एक महिला अंजू विजय पॉल उर्फ मेरी आंटी से ड्रग्स लेकर पुणे और गोवा तक सप्लाई करते थे। पुलिस के मुताबिक गुप्त सूचना मिलने के बाद एक साथ कई ठिकानों पर छापा मारकर 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें दो नाइजीरिया के नागरिक भी हैं।
भारतीय वायु सेना के चार राफेल फाइटर जेट बैस्टिल डे पर फ्लाइट पास्ट करेंगे
14 Jul, 2023 09:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस दौरे में फ्रांस के नेशनल डे यानी बैस्टिल डे परेड के मुख्य अतिथि होंगे. ये परेड 14 जुलाई को होना है. भारतीय वायु सेना के चार राफेल फाइटर जेट बैस्टिल डे पर फ्लाइट पास्ट करने वाले हैं.
बता दें कि रक्षा क्षेत्र के लिहाज से पीएम मोदी की इस यात्रा को बेहद खास माना जा रहा है. इस दौरान भारत और फ्रांस के बीच राफेल एम लड़ाकू विमान को लेकर डील होने की संभावना है. भारत अपनी नौसेना के लिए फ्रांस से 26 राफेल-एम यानी मैरीटाइम लड़ाकू विमान खरीदने जा रहा है. ये विमान 5.5 अरब डॉलर (45 हजार करोड़ रुपये) में मिलेंगे. इसके साथ ही 3 स्कॉर्पीन क्लास की पनडुब्बी की डील भी हो सकती है. ये राफेल का समुद्री वर्जन होगा, जो आईएनएस विक्रांत और विक्रमादित्य के लिए आ रहा है.
दिल्ली में बाढ़ का कोई खतरा नहीं - गजेंद्र सिंह शेखावत
14 Jul, 2023 08:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत का कहना है कि दिल्ली में बाढ़ का कोई खतरा नहीं है। केजरीवाल को बाढ़ पर राजनीति नहीं करनी चाहिए।
शेखावत ने एक समाचार चैनल से कहा, हिमाचल में तेज बारिश के कारण पानी का प्रवाह बढ़ा है। हथिनीकुंड बैराज से दिल्ली पानी आने में 44-45 घंटे लगते हैं।
उन्होंने कहा, “दिल्ली सरकार को यह समझना होगा कि हथिनी कुंड एक बैराज है, न कि कोई बांध, जल प्रवाह रोकने की इसकी अपनी एक क्षमता है, जिसका हम पूरा इस्तेमाल कर रहे हैं।” उन्होंने कहा कि आने वाले 24 घंटे में जल स्तर कम होने लगेगा। दिल्ली में बाढ़ का कोई खतरा नहीं है। अभी तेज बारिश का पानी आ रहा है। इससे जल्दी ही राहत मिलेगी।
केजरीवाल ने गृहमंत्री अमित शाह को लिखी थी चिट्ठी
दरअसल, दिल्ली में बाढ़ के संभावित खतरे को देखते हुए सीएम केजरीवाल ने गृह मंत्री अमित शाह को चिट्ठी लिखी थी। उन्होंने शाह से अनुरोध किया था कि संभव हो तो हरियाणा में हथिनी कुंड बैराज से यमुना के लिए पानी सीमित स्तर पर छोड़ा जाए।
केंद्रीय मंत्री ने इस बीच दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ऐसे संवेदनशील मामलों को राजनीति नहीं करने की सलाह भी दी है। उन्होंने कहा, केजरीवास को बाढ़ जैसे मामलों पर राजनीति नहीं करनी चाहिए। वे आईआईटी से पासआउट हैं। उन्हें पता होना चाहिए कि बैराज में पानी स्टोर नहीं हो सकता। दिल्ली में जिस हिसाब से आबादी बढ़ी, उस तरह से ड्रेनेज सिस्टम दुरुस्त नहीं किया गया। इसलिए दिक्कत हो रही है।
वहीं, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा बाढ़ के कारण हुए भारी नुकसान का जायजा लेने हिमाचल प्रदेश जा रहे हैं। वह 14 जुलाई को मंडी पहुंचेंगे। नड्डा मंडी में कई बाढ़ग्रस्त इलाकों का दौरा करेंगे। इसके बाद कुल्लू के लिए रवाना हो जाएंगे। कुल्लू में नड्डा बड़े भूही पंचायत सहित कई जगहों का दौरा करेंगे। वह मनाली में हालात का भी जाएजा लेंगे। जेपी नड्डा के साथ नेता प्रतिपक्ष जयराम और प्रदेश अध्यक्ष राजीव भी साथ रहेंगे।
इस बीच केंद्रीय सूचना प्रसारण और युवा व खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने गुरुवार को गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की। उन्होंने भारी बारिश के चलते बाढ़ से प्रभावित हिमाचल प्रदेश की त्वरित सहायता के लिए उनका शुक्रिया अदा किया। अनुराग ठाकुर ने कहा, प्राकृतिक आपदा की मार झेल रहे हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के कारण काफी नुकसान हुआ है। अब तक लगभग 88 लोगों की दुखद मौत हो चुकी है। सड़कें व पुल नष्ट व ध्वस्त हो चुके हैं। लोगों की व्यक्तिगत, निजी संपत्तियों जैसे घर और दुकानों को भी काफी नुकसान पहुंचा है। इन सभी से उबरने में काफी समय लगेगा।
ठाकुर ने कहा, जहां तक वित्तीय मदद की बात है, तो गृह मंत्रालय ने राज्य सरकार को 180।40 करोड़ की पहली किश्त जारी कर दी है। जिसका लाभ राहत-बचाव व पुनर्वास कार्यों को मिलेगा। केंद्र सरकार ने हिमाचल के हालातों पर पूरी तरह नज़र बनाए रखी है। मैं भी हिमाचल प्रदेश के तीन दिवसीय दौरे पर निकल रहा हूं। वापस आकर गृहमंत्री को ज़मीनी रिपोर्ट सौंपूंगा।
बता दें कि हिमाचल में लैंडस्लाइड और बाढ़ के कारण अब तक लगभग 90 लोगों की मौत हो गई है। हिमाचल के मंत्री रोहित ठाकुर ने बताया कि बारिश के कारण अब तक 4000 करोड़ रुपये की प्रॉपर्टी का नुकसान हो चुका है। इधर, मध्य प्रदेश के विदिशा में लगभग 20 गांवों में बाढ़ जैसे हालात हैं। भारी बारिश से लगभग 25 घर ढह चुके हैं।
चंद्रयान-3 की लॉन्चिंग के लिए काउंटडाउन शुरू
14 Jul, 2023 07:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हैदराबाद । आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्टेशन में चंद्रयान-3 की लॉन्चिंग के लिए काउंटडाउन गुरुवार को दोपहर 1.05 बजे शुरू हो गया। लॉन्चिंग शुक्रवार दोपहर 2:35 बजे सतीश धवन स्पेस सेंटर से होगी। चंद्रयान-3 को अंतरिक्ष में ले जाने के लिए अपग्रेडेड बाहुबली रॉकेट यानी लॉन्च व्हीकल मार्क-3 तैयार है। एमवी-3 का लॉन्चिंग सक्सेस रेट 100 प्रतिशत है। मिशन की सफलता के लिए इसरो के वैज्ञानिक तिरूपति वेंकटचलापति मंदिर पहुंचे। पूजा के लिए वैज्ञानिक चंद्रयान-3 का मिनिएचर मॉडल भी अपने साथ ले गए। चंद्रयान 24-25 अगस्त को चांद पर उतरेगा। अगले 14 दिन रोवर लैंडर के चारों ओर 360 डिग्री में घूमेगा और कई परीक्षण करेगा। रोवर के चलने से पहिए के जो निशान चंद्रमा की सतह पर बनेंगे, उनकी तस्वीर भी लैंडर भेजेगा।
चांद पर राष्ट्रध्वज लगाने वाला चौथा देश बनेगा भारत
भारत चंद्रमा पर राष्ट्रध्वज पहुंचाने वाला चौथा देश बनेगा ही, चांद के दक्षिणी ध्रुव के करीब पहुंचने वाला पहला देश भी होगा। यह वही इलाका है जहां चंद्रयान-1 के दौरान मून इंपैक्ट प्रोब छोड़ा था और इसरो ने पानी होने का पता लगाया था। यहीं चंद्रयान-2 की क्रैश लैंडिंग हुई थी।
इस बार लैंडर में चार ही इंजन, पांचवां हटाया
इस बार लैंडर में चारों कोनों पर लगे चार इंजन (थ्रस्टर) तो होंगे, लेकिन पिछली बार बीचोंबीच लगा पांचवां इंजन हटा दिया गया है। इसके अलावा फाइनल लैंडिंग केवल दो इंजन की मदद से ही होगी, ताकि दो इंजन आपातकालीन स्थिति में काम कर सकें। इसी तरह इस बार ऑर्बिटर नहीं है, लेकिन प्रोपल्शन मॉड्यूल होगा जो लैंडर और रोवर से अलग होने के बाद भी चंद्रमा की परिक्रमा में घूमेगा और चंद्रमा से धरती पर जीवन के लक्षण पहचानने की कोशिश करेगा। भविष्य में इस डेटा का इस्तेमाल अन्य ग्रहों, उपग्रहों और तारों पर जीवन की खोज में हो सकेगा।
भारी बारिश से उत्तराखंड में तबाही .....चारधाम यात्रा रोकी गई
13 Jul, 2023 09:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
503 गांव जिला मुख्यालय से कट गए
देहरादून । उत्तराखंड में मानसून आने के बाद से ही अपना कहर दिखा रहा है। हर दिन प्रदेश के किसी न किसी हिस्से से नुकसान की खबरें आ रही हैं। एक ओर हिमाचल प्रदेश में हालात बदतर हैं, वहीं दूसरी तरफ उत्तराखंड के हालात भी इससे जुदा नहीं है। उत्तराखंड में खराब मौसम के कारण चार धाम यात्रा रोक दी गई है। प्रदेश में जगह-जगह जलभराव, बाढ़ जैसे हालात और पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन के कारण सड़कें बंद होने और बोल्डरों की चपेट में आकर कई लोगों की जान जाने जैसे हादसे लगभग रोजाना ही सामने आ रहे हैं। उत्तराखंड में पिछले 5 दिनों से जारी मूसलाधार बारिश में नदियों का जलस्तर बढ़ा दिया है। जानकारों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ और मानसूनी हवाओं के कारण उत्तर भारत में तबाही का मंजर दिखाई दे रहा है।
उत्तराखंड में बादल फटने, ग्लेशियर टूटने और भूस्खलन के कारण हालात गंभीर हैं। वर्तमान हालात को देखकर फिलहाल चार धाम यात्रा पर ब्रेक लगा हुआ है। केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के मार्ग कई स्थानों पर भूस्खलन होने के कारण बंद हो गए हैं।
चारधाम यात्रा मार्ग बाधित होने के कारण जगह-जगह लगभग 9400 तीर्थयात्री फंसे हुए हैं। बारिश और भूस्खलन ने स्थानीय लोगों के साथ-साथ यात्रियों की परेशानियां भी बढ़ा दी है। जानकारी के अनुसार राज्य में 249 मार्ग अवरुद्ध हैं। चारधाम यात्रा मार्ग पर फंसे हुए तीर्थयात्रियों में कांवड़ यात्री भी शामिल हैं। जिन्हें प्रशासन ने सुरक्षित स्थानों पर ठहराया है। मार्गों पर मलबा आने के कारण प्रदेश भर के लगभग 503 गांव जिला मुख्यालय से कट गए हैं। बड़ी संख्या में पेयजल लाइनें और विद्युत पोल भी क्षतिग्रस्त हुए हैं वही दूरसंचार सेवा पर भी बरसात का कहर टूट पड़ा है। उत्तरकाशी में गंगोत्री और यमुनोत्री राजमार्ग और रुद्रप्रयाग और चमोली में बद्रीनाथ राजमार्ग कई स्थानों पर भूस्खलन से बाधित है।
उत्तरकाशी के खीरगंगा में बाइक से आए लगभग 400 कावड़ यात्री, गंगनानी में 2000 से अधिक यात्री, चमोली में बद्रीनाथ राजमार्ग पर करीब 3000 यात्री फंसे हुए हैं। बद्रीनाथ धाम जा रहे 4000 तीर्थयात्री सुरक्षा की दृष्टि से विभिन्न पड़ावों पर रोके गए हैं।
उत्तरकाशी पुलिस प्रशासन ने गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर पिछले दिनों हुई दुर्घटना के बाद बरसात के दिनों में वाहनों की आवाजाही को लेकर समय निर्धारित कर दिया है। गंगोत्री से वाहनों को शाम पांच बजे के बाद उत्तरकाशी नहीं आने दिया जाएगा। हरसिल से उत्तरकाशी जाने वाले वाहनों का समय छह बजे तक का ही निर्धारित है जबकि भटवाड़ी से उत्तरकाशी आने वाले वाहनों को सात बजे तक ही आने दिया जाएगा। उत्तरकाशी से गंगोत्री जाने वाले वाहनों को साढ़े छह बजे के बाद भटवाड़ी से आगे नहीं दिया जाने दिया जाएगा। गंगोत्री मार्ग अवरुद्ध होने के कारण इस बार कावड़ यात्री गंगोत्री नहीं जा पा रहे हैं। जिस वजह से वह उत्तरकाशी के मणिकर्णिका घाट, जड़ भरत घाट, गंगोली घाट से ही जल भरकर ले जा रहे हैं।
आंध्रप्रदेश में टमाटर किसान की हत्या, टमाटर बेचकर कमाए थे 30 लाख
13 Jul, 2023 08:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अमरावती । आंध्र प्रदेश के अन्नामय्या जिले में एक टमाटर किसान की लूट के लिए हत्या की गई। नरेम राजशेखर रेड्डी (62) की बोडिमल्लादिने गांव में हत्या कर दी गई। पुलिस को आशंका है कि उसकी हत्या मंगलवार की रात उस समय की गई, जब वह दूध देने गांव जा रहा था। हमलावरों ने किसान को रोककर उसके हाथ-पैर बांध दिए और तौलिए से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। गांव से दूर एक खेत में रह रहा किसान दूध देने के लिए गांव जा रहा था। उनकी पत्नी ने पुलिस को बताया कि कुछ अज्ञात लोग टमाटर खरीदने के बहाने खेत में आए थे। जब पत्नी ने उन्हें बताया कि उसका पति गांव गया है, तब वे वहां से चले गए। बताया जा रहा है कि किसान ने हाल ही में कृषि बाजार में टमाटर बेचकर 30 लाख रुपये कमाए हैं। हत्या के तार इससे जुड़े होने की आशंका है। पुलिस इसकी जांच कर रही है कि किसान के पास कोई पैसा था या नहीं।
पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) केशप्पा ने कहा कि मामले को सुलझाने के लिए चार टीमों का गठन किया गया है। पुलिस ने जांच के तहत एक खोजी कुत्ते को तैनात किया। कुत्ता घटनास्थल से होते हुए मृतक के घर तक चला गया। पुलिस को आशंका है कि 3-4 लोगों ने मिलकर हत्या की है। किसान के परिवार में उसकी पत्नी और दो बेटियां हैं। दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है और वे बेंगलुरु में रहती हैं।
मनाली में सड़कें बहाल, 37 इजराइलियों समेत 50 हजार पर्यटकों को बचाया
13 Jul, 2023 07:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सीएम सुक्खू ने राहत व बचाव कार्य में जुटी टीम व प्रशासन को दिया धन्यवाद
शिमला । हिमाचल में राहत व बचाव कार्य के चलते लगभग 50 हजार पर्यटकों को सुरक्षित बचा लिया गया है। इनमें 37 इजराइली भी हैं। इसके लिए सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बचाव टीम और समूचे प्रशासन को धन्यवाद दिया है। मिली जानकारी के अनुसार बचावकर्मियों ने हिमाचल प्रदेश में 50 हजार से अधिक पर्यटकों को निकाला है, इनमें इजरायली भी शामिल हैं और मनाली के लिए सड़क संपर्क बहाल कर दिया गया है, साथ ही कसोल और इसके आसपास में नेटवर्क बहाल करने के प्रयास चल रहे हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने एक ट्वीट में जानकारी दी कि 48 घंटों में बुधवार रात 8 बजे तक हिमाचल प्रदेश में 50 हजार से अधिक पर्यटकों को बचाया गया है। उन्होंने कहा कि मैं अपने प्रशासन और विभिन्न विभागों के कर्मचारियों को धन्यवाद देना चाहता हूं, जिन्होंने हमारी सड़कों, बिजली, पानी की आपूर्ति और नेटवर्क कनेक्टिविटी को बहाल करने के लिए चौबीसों घंटे काम किया है। उन्होंने बताया कि मनाली में नेटवर्क कनेक्टिविटी बहाल कर दी गई है।
सीएम सुक्खू ने कहा कि कसोल में नेटवर्क को बहाल करने के प्रयास चल रहे हैं। अगर मौसम अनुमति देगा, तो गुरुवार तक कुल्लू के कसोल में नेटवर्क पूरी तरह से बहाल कर दिया जाएगा। लाहौल-स्पीति जिले में बर्फ से ढकी चंद्रताल झील में लगभग 250 पर्यटकों को निकालने पर, मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके सहयोगी जगत नेगी और संजय अवस्थी और फ्रंटलाइन कार्यकर्ता और कर्मचारी अथक परिश्रम कर रहे हैं। यहां तक कि रात में भी, शून्य से 10 डिग्री सेल्सियस कम तापमान और 15,000 फीट की ऊंचाई पर ऑक्सीजन की कमी वाली विषम परिस्थितियों में कुंजुम दर्रे पर सड़क को बहाल करने का प्रयास जारी रहा। इससे पहले बुधवार शाम को, भारतीय वायु सेना (आईएएफ) के पायलटों ने हेलीपोर्ट की कमी के कारण पर्यटकों को निकालने के लिए चंद्रताल में उतरने से इनकार कर दिया था।
इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि देश भर के 250 से अधिक पर्यटक चंद्रताल झील में फंसे हुए हैं। उन्हें सुरक्षित बाहर निकालना मेरी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बचाव अभियान की व्यक्तिगत रूप से निगरानी करने और उसे क्रियान्वित करने के लिए दो मंत्रियों - नेगी और अवस्थी को नियुक्त किया है। इधर चौबीसों घंटे बचाव अभियान की निगरानी कर रहे कार्यवाहक पुलिस महानिदेशक सतवंत अटवाल ने कहा, बुधवार शाम को दोनों बचाव दल के साथ चंद्रताल पहुंचे। उन्होंने कहा कि सड़क से बर्फ और अवरोधों को हटाने में लगी पहली जेसीबी मशीन चंद्रताल पहुंच गई, इससे पांच दिनों से सरकार द्वारा स्थापित बचाव शिविरों में ठहरे पर्यटकों को जल्द निकालने की उम्मीद जगी है।
जानकारी के अनुसार पर्यटकों और स्थानीय लोगों को चंद्रताल के आसपास स्थित बातल से भी हटा दिया गया है, जहां इस सप्ताह भारी बर्फबारी हुई थी।
कार्यवाहक डीजीपी ने कहा कि छह इजराइलियों को कुल्लू के मणिकरण में पुलिस चौकी पर लाया गया है और शेष 37 इजराइली बरशैनी में सुरक्षित और स्वस्थ स्थिति में हैं। इसी तरह सुदूर जिले किन्नौर के सांगला, छितकुल और रक्षम में एक विदेशी समेत 95 को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश में भारी से अत्यधिक भारी बारिश हुई है, इससे भूस्खलन और अचानक बाढ़ आ गई है, कई इलाके जलमग्न हो गए हैं और राज्य भर में सड़क नेटवर्क बह गया है। जो अब धीरे-धीरे बहाल हो रहा है।
रास्ता खुलते ही 9 हजार से अधिक तीर्थयात्री पहुंचे अमरनाथ, किए दर्शन
13 Jul, 2023 06:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
श्रीनगर । पवित्र गुफा की ओर जाने वाला रास्ता खुलते ही आज अमरनाथ यात्रा आगे बढ़ी। जानकारी के अनुसार अमरनाथ यात्रा के 12वें दिन 9,000 से अधिक तीर्थयात्रियों ने गुफा मंदिर में पहुंचकर पवित्र शिव लिंग के दर्शन किए, जबकि 9,241 भक्तों का एक और जत्था गुरुवार को जम्मू से कश्मीर घाटी के लिए रवाना हुआ। तीर्थयात्रियों का नया जत्था 306 वाहनों के काफिले में गुरुवार सुबह भगवती नगर यात्री निवास से रवाना हुआ। अधिकारियों ने कहा, “9,241 तीर्थयात्रियों में से 3,206 बालटाल आधार शिविर जा रहे हैं, जबकि 6,035 पहलगाम बेस कैंप की ओर जा रहे हैं। गौरतलब है कि इस साल की अमरनाथ यात्रा 1 जुलाई को शुरू होने के बाद से अब तक 19 तीर्थयात्रियों की प्राकृतिक कारणों से मौत हो चुकी है। यात्री हिमालय गुफा मंदिर तक या तो पारंपरिक पहलगाम मार्ग से पहुंचते हैं, जिसमें 43 किमी की चढ़ाई शामिल होती है या उत्तरी कश्मीर बालटाल बेस कैंप से, जिसमें 13 किमी की चढ़ाई शामिल होती है। पहलगाम मार्ग का उपयोग करने वालों को गुफा मंदिर तक पहुंचने में तीन से चार दिन लगते हैं, जबकि बालटाल मार्ग लेने वाले लोग गुफा मंदिर के अंदर दर्शन करने के बाद उसी दिन आधार शिविर में लौट आते हैं। दोनों मार्गों पर यात्रियों के लिए हेलीकॉप्टर सेवाएं भी उपलब्ध हैं। 62 दिनों तक चलने वाली अमरनाथ यात्रा 31 अगस्त को श्रावण पूर्णिमा उत्सव के साथ समाप्त होगी।
भारी होमवर्क देने वाले शिक्षक पर पॉक्सो का केस दर्ज
13 Jul, 2023 05:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
तुमकुरु । अब छात्रों पर भारी होमवर्क का दबाव डालना भी शिक्षकों को मुश्किल में डाल रहा है। हाल ही में मिली जानकारी के अनुसार राज्य के जिले में छात्रों पर होमवर्क का बोझ डालने और कक्षा में उन्हें प्रताड़ित करने के आरोप में एक शिक्षक के खिलाफ पॉक्सो का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी है। चिक्कनायकनहल्ली पुलिस के अनुसार, एच.एस. गोडेकेरे सरकारी स्कूल से जुड़े गणित के शिक्षक रवि छात्रों को भारी होमवर्क देते थे। इसे बाद यदि वे काम पूरा करने में असफल रहे, तो वह उन्हें कक्षा में प्रताड़ित भी किया करते। सज़ा और यातना सहने में असमर्थ छात्रों ने शिक्षक के बारे में अपने माता-पिता से शिकायत की। उन्होंने उसके दंड और दुर्व्यवहार के डर से स्कूल जाने से भी इनकार कर दिया। इसके बाद माता-पिता ने चिक्कनायकनहल्ली पुलिस से संपर्क किया, जिसने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के प्रावधान के तहत मामला दर्ज किया। मामले में फिलहाल जांच चल रही है। शिक्षकी की गिरफ्तारी भी होन वाली है।
देश के 75 में जिलों बाढ़ का खतरा सबसे ज्यादा
13 Jul, 2023 04:24 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
देश में करीब 72 फीसदी जिले अत्यधिक बाढ़ की घटनाओं के संपर्क में आते हैं लेकिन उनमें से केवल 25 फीसदी में ही स्तर के बाढ़ पूर्वानुमान केंद्र या पूर्व चेतावनी प्रणालियां हैं। एक नई रिपोर्ट में गुरुवार को यह जानकारी दी गई।स्वतंत्र नीति अनुसंधान थिंक टैंक 'द काउंसिल ऑन एनर्जी एनवायरनमेंट एंड वाटर' की रिपोर्ट के मुताबिक, बाढ़ के उच्च जोखिम के बावजूद बाढ़ की प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली (ईडब्ल्यूएस) के मामले में असम, बिहार, उत्तर प्रदेश, ओडिशा और सिक्किम सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाले राज्य हैं।
रिपोर्ट से पता चला है कि हिमाचल प्रदेश ईडब्ल्यूएस की सबसे कम उपलब्धता वाले राज्यों में से एक है। दूसरी ओर, उत्तराखंड अत्यधिक बाढ़ की घटनाओं के संपर्क में है, लेकिन बाढ़ ईडब्ल्यूएस की उच्च उपलब्धता है। हिमाचल अभी बड़े पैमाने पर बाढ़ से जूझ रहा है।रिपोर्ट में कहा गया है कि यमुना के उफान पर आने से दिल्ली भीषण बाढ़ की चपेट में है।
यह अत्यधिक बाढ़ के संपर्क में है और ईडब्ल्यूएस के जरिए इसमें मध्यम स्तर का लचीलापन है। भारत में 66 फीसदी व्यक्ति अत्यधिक बाढ़ की घटनाओं के संपर्क में हैं। हालांकि, उनमें से केवल 33 फीसदी ही बाढ़ की प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली द्वारा कवर किए गए हैं। इसके अलावा 25 फीसदी भारतीय आबादी चक्रवातों और उनके प्रभावों के संपर्क में है। हालांकि, चक्रवात की चेतावनी 100 फीसदी आबादी के लिए उपलब्ध है।जिला स्तर के विश्लेषण से पता चला है कि भारत के 72 फीसदी जिले अत्यधिक बाढ़ की घटनाओं के संपर्क में हैं, लेकिन इन जिलों में से केवल 25 फीसदी में स्तर के बाढ़ पूर्वानुमान केंद्र हैं।