देश (ऑर्काइव)
बिल्डरों को पुनर्जीवन दिया सुप्रीम कोर्ट ने
2 Aug, 2023 11:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि बिल्डर को अपना अकाउंटिंग मेथड चुनने का हक है। उसी के अनुसार आयकर विभाग को कर निर्धारण करना होगा। सरकार की ओर से तर्क दिया गया था, कि सारे बिल्डर प्रोजेक्ट खत्म होने के बाद ही,आयकर जमा करेंगे। जिसके कारण सरकार को नुकसान होगा।
इस पर सुप्रीम कोर्ट ने निर्णय दिया है, कि यदि अकाउंट की दृष्टि से दोनों प्रक्रिया सही हैं।ऐसी स्थिति में बिल्डर जिस माध्यम से अपना एकाउंटिंग तैयार करता है। उसे वैध माना जाएगा।
बिल्डर्स के पास टैक्स एसेसमेंट के दो विकल्प होते हैं।एक, जब प्रोजेक्ट पूरा हो जाता है। तब, उसकी आय की गणना होती है। दूसरा प्रोजेक्ट के प्रतिशत के आधार पर टैक्स की गणना की जाती है।जो बिल्डर प्रोजेक्ट कंपलीशन मेथड के अनुसार अकाउंटिंग कर रहे थे। उसे आयकर विभाग ने गलत बताया था। 2018 में यह मामला राजस्थान हाईकोर्ट गया था। जहां पर बिल्डर्स के पक्ष में फैसला आया था।आयकर विभाग ने राजस्थान हाई कोर्ट के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। जिस में इनकम टैक्स की याचिका को सुप्रीम कोर्ट ने खारिज कर दिया है। राजस्थान हाईकोर्ट के आदेश को बरकरार रखा है।
ठाणे में गर्डर मशीन मजदूरों पर गिरी, 20 की मौत
2 Aug, 2023 10:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
ठाणे । महाराष्ट्र के ठाणे में समृद्धि एक्सप्रेस हाईवे पर सोमवार देर रात हादसा हो गया। शाहपुर के पास सरलांबे में हाईवे पर पुल निर्माण के दौरान एक गर्डर लॉन्चिंग मशीन गिरने से 20 मजदूरों की मौत हो गई है। हाईवे पर रात में निर्माण कार्य चल रहा था। करीब 1:30 बजे गर्डर मशीन 100 फीट की ऊंचाई से नीचे गिर गई। इसके नीचे अब भी कुछ मजदूरों के दबे होने की आशंका है।
एनडीआरएफ के असिस्टेंट कमांडर सारंग कुर्वे ने बताया कि रेस्क्यू का काम सुबह 5:30 बजे से जारी है। दरअसल, गर्डर मशीन का वजन काफी होने से उसे जल्दी से हटाया नहीं जा सका। सुबह करीब 8 बजे क्रेन आने के बाद ही रेस्क्यू काम में तेजी आई। रिपोट्र्स के मुताबिक शाहपुर सब-डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल में 15 शव लाए जा चुके हैं।
इस घटना को लेकर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि मृतकों के परिवार को 5 लाख रुपए मुआवजा दिया जाएगा। यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। यहां पर स्विट्जरलैंड की कंपनी काम कर रही थी। घटना की जांच के निर्देश दिए गए हैं।
दिसंबर 2022 में उद्घाटन के बाद से अब तक समृद्धि एक्सप्रेस वे पर 846 हादसे हुए हैं। इनमें से 105 हादसे जानलेवा थे, जिनमें 100 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। सभी हादसों को मिलाकर 660 लोग घायल हुए हैं। इन हादसों में से 87 हादसे गंभीर श्रेणी के थे, जिनमें 232 लोगों को गंभीर चोटें आईं, 215 सामान्य हादसे थे जिनमें 428 लोगों को हल्की चोटें आईं, जबकि 275 हादसे ऐसे थे जिसमें कोई घायल नहीं हुआ।
जिला जज की निगरानी में चलेंगे महाराष्ट्र के सरकारी स्कूल
2 Aug, 2023 09:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
औरंगाबाद । मुंबई हाईकोर्ट की औरंगाबाद खंडपीठ ने महाराष्ट्र के स्कूलों की दयनीय स्थिति को देखते हुए,भारी नाराजगी जाहिर की। हाईकोर्ट ने जिला जजों की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति के गठन करने का आदेश दिया है।
न्यायमूर्ति रवींद्र बी हुगे और न्यायमूर्ति वाई जी खोबरागडे की खंडपीठ ने सरकारी स्कूल में 18 माह से बिजली आपूर्ति नहीं होने के बाद यह आदेश जारी किया है।
एक जनहित याचिका में महाराष्ट्र के सरकारी स्कूलों की हालात को लेकर यह याचिका दायर की गई थी। जिसमें कहा गया था कि महाराष्ट्र के सरकारी स्कूल बदहाल हैं। पर्याप्त संख्या में शिक्षक नहीं है। स्कूल में लाइट नहीं है। परिसर के अंदर शराब पी जा रही है। टॉयलेट इत्यादि की व्यवस्था भी नहीं है। इसको लेकर हाईकोर्ट ने पूरे महाराष्ट्र के सभी जिलों के सरकारी स्कूलों को जिला जजों की निगरानी में रखा है। सभी जिलों में एक जिला स्तरीय समिति का गठन होगा। जिसके अध्यक्ष जिला जज होंगे। वह सतत स्थिति पर नजर रखेंगे।
चांद की तरफ निकला चंद्रयान-3
2 Aug, 2023 08:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । इसरो के वैज्ञानिकों ने चंद्रयान-3 को पृथ्वी की ऑर्बिट से चांद की तरफ भेजा। इसे ट्रांसलूनर इंजेक्शन कहा जाता है। इससे पहले चंद्रयान ऐसी अंडाकार कक्षा में घूम रहा था, जिसकी पृथ्वी से सबसे कम दूरी 236 किमी और सबसे ज्यादा दूरी 1,27,603 किमी थी। अब 5 अगस्त को ये चंद्रमा की ऑर्बिट में पहुंचेगा और 23 अगस्त को चंद्रमा पर लैंड करेगा।
ट्रांसलूनर इंजेक्शन के लिए बेंगलुरु में मौजूद इसरो के हेडक्वार्टर से वैज्ञानिकों ने चंद्रयान का इंजन कुछ देर के लिए चालू किया। इंजन फायरिंग तब की गई जब चंद्रयान पृथ्वी से 236 किमी की दूरी पर था। इसरो ने कहा- चंद्रयान-3 पृथ्वी के चारों ओर अपनी परिक्रमा पूरी कर चंद्रमा की ओर बढ़ रहा है। इसरो ने अंतरिक्ष यान को ट्रांसलूनर कक्षा में स्थापित कर दिया है। चंद्रयान-3 में लैंडर, रोवर और प्रोपल्शन मॉड्यूल हैं। लैंडर और रोवर चांद के साउथ पोल पर उतरेंगे और 14 दिन तक वहां प्रयोग करेंगे। प्रोपल्शन मॉड्यूल चंद्रमा की कक्षा में रहकर धरती से आने वाले रेडिएशन्स का अध्ययन करेगा। इस मिशन के जरिए इसरो पता लगाएगा कि चांद की सतह पर कैसे भूकंप आते हैं। यह चंद्रमा की मिट्टी का अध्ययन भी करेगा।
नूंह में लगा कर्फ्यू, गुरुग्राम, पलवल और फरीदाबाद में स्कूल-कॉलेज बंद
1 Aug, 2023 11:47 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हरियाणा के नूंह में दो समुदायों में हिंसक झड़प को लेकर प्रशासन अलर्ट है। उपद्रव को देखते हुए शाम को जिला उपायुक्त प्रशांत पंवार ने धारा 144 लागू कर दी। शाम चार बजे के बाद दो अगस्त तक के लिए जिले में इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई। अधिकारियों ने बताया कि किसी भी तरह के अफवाह को फैलने से रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है।नूंह उपद्रव की खबर ने दिल्ली के थोक बाजारों को सहमा दिया है क्योंकि नूंह क्षेत्र से महत्वपूर्ण राजमार्ग निकलते हैं।
ये राजमार्ग राजस्थान, हरियाणा के कुछ हिस्से, आगरा व महाराष्ट्र समेत दक्षिण के राज्यों को जोड़ता है।नूंह हिंसा में कई ट्रकों को निशाना बनाने तथा उसे आग के हवाले किया गया। उपद्रव में कई ट्रक चालकों व सहायकों के गंभीर रूप से घायल होने की बात आ रही है, जिसे देखते हुए आननफानन में दिल्ली के ट्रांसपोर्ट संगठनों ने एडवाइजरी जारी करते हुए व्यावसायिक वाहनों के नूंह से पहले ही रुकने की सलाह दी है।
उल्लेखनीय है कि बीते सोमवार को नूंह में बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद व अन्य हिंदू संगठनों की ओर से निकाली गई ब्रज मंडल क्षेत्र की जलाभिषेक यात्रा के दौरान जमकर बवाल हुआ। नल्हड़ स्थित शिव मंदिर में जलाभिषेक करने के बाद यात्रा गांव सिंगार की ओर जा रही थी, तभी खेड़ला चौक के पास विशेष समुदाय के दो सौ से अधिक लोगों ने हमला बोल दिया।
इन लोगों ने पथराव करने के साथ कई राउंड गोलियां चलाईं। इसमें दो होमगार्ड नीरज और गुरसेवक की मौत हो गई। हमले में 15 से अधिक लोग घायल हो गए। उपद्रवियों ने 30 से अधिक वाहन फूंक दिए। 50 से अधिक निजी और सरकारी वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया। विहिप व बजरंग दल के करीब तीन हजार कार्यकर्ता व श्रद्धालु मंदिर में छिप गए, जो सात घंटे तक यहां फंसे रहे।
पृथ्वी की कक्षा छोड़कर चांद की तरफ बढ़ा चंद्रयान-3
1 Aug, 2023 10:48 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने मंगलवार को चंद्रयान-3 अंतरिक्षयान को पृथ्वी की कक्षा से निकालकर सफलतापूर्वक चांद की कक्षा की तरफ रवाना किया। ISRO ने बयान में कहा कि 'चंद्रयान-3 ने पृथ्वी की कक्षा का चक्कर पूरा कर लिया है और अब यह चांद की तरफ बढ़ रहा है।'
ISRO ने बताया कि ISTRAC (ISRO Telemetry, Tracking and Command Network) सफलतापूर्वक पेरिजी फायरिंग की गई। जिसके बाद अंतरिक्षयान ने चांद की अपनी यात्रा शुरू कर दी है। अगल कदम चांद है। पांच अगस्त 2023 को चंद्रयान-3 अंतरिक्षयान चांद की कक्षा में प्रवेश करेगा। इसके बाद 16 अगस्त तक अंतरिक्षयान चांद की कक्षा में चक्कर लगाएगा।
17 अगस्त को चंद्रमा की सतह से 100 किलोमीटर ऊपर प्रोपल्शन मॉड्यूल से लैंडर अलग होगा। 23 अगस्त को शाम 5.47 बजे चंद्रयान-3 को चांद की सतह पर लैंडिंग करनी है।ISRO ने 14 जुलाई को आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा के सतीश धवन स्पेस सेंटर से दोपहर दो बजकर 35 मिनट पर अपनी महत्वकांक्षी योजना चंद्रयान-3 अंतरिक्षयान को रवाना किया था।
चंद्रयान-3 में लैंडर, रोवर और प्रोपल्शन मॉड्यूल हैं। लैंडर और रोवर चांद के दक्षिण ध्रुव पर उतरेंगे और 14 दिन तक वहां प्रयोग करेंगे। इस मिशन के जरिए ISRO पता लगाएगा कि चांद की सतह पर भूकंप कैसे आते हैं साथ ही चंद्रमा की मिट्टी का अध्ययन भी करेगा।
चेन्नई में वाहन चेकिंग के दौरान बदमाशों ने किया पुलिस एसआई पर हमला
1 Aug, 2023 10:44 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
तमिलनाडु में मंगलवार तड़के चेन्नई के बाहरी इलाके में पुलिस वाहनों की चेकिंग कर रही थी और तभी वाहन चेकिंग के दौरान दो बदमाशों ने एक पुलिस उपनिरीक्षक (एसआई) पर हमला कर दिया, इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की इसमें दो बदमाश मारे गए। पुलिस ने बताया कि दोनों बदमाशों का आपराधिक रिकॉर्ड है।पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि दोनों हिस्ट्रीशीटर के पास छुरे थे और उन्होंने देर रात करीब साढ़े तीन बजे गुडुवनचेरी के पास पुलिस एसआई को घायल कर और इतना ही नहीं उनकी जान लेने की कोशिश की।
आगे अधिकारी ने बताया कि बदमाशों ने एसआई के सिर पर हमला कर रहे थे हालांकि किसी तरह उन्होंने खुद को बचा लिया।इसके बाद जान बचाने के लिए एसआई ने एक युवक पर गोली चला दी। साथ ही वाहनों की जांच कर रहे दल में शामिल पुलिस अधीक्षक मुरुगेसन अपने सहकर्मी की मदद के लिए पहुंचे और उन्होंने दूसरे व्यक्ति पर गोली चला दी।
पुलिस के मुताबिक, एसआई पर हमला करने वाले दो अन्य लोग घटनास्थल से फरार हो गए।उसने बताया कि पुलिस दोनों घायलों को चेंगलपट्टू सरकारी अस्पताल लेकर गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।उसने बताया कि छोटा विनूद और एस रमेश आदतन अपराधी थे और उनके खिलाफ 50 और 20 से अधिक मामले लंबित थे, जिनमें हत्या, हत्या की कोशिश और जबरन वसूली के मामले भी शामिल थे।
समृद्धि एक्सप्रेस-वे पर गर्डर लॉन्चिंग मशीन गिरने से 17 की मौत
1 Aug, 2023 10:33 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महाराष्ट्र में एक भीषण हादसा हो गया। हादसे में 16 लोगों की मौत हो गई। घटना मुंबई के पास ठाणे जिले की है। मौके पर एनडीआरएफ पहुंच गई है। पुलिस ने बताया कि घायलों को अस्पताल पहुंचा दिया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।शाहपुर पुलिस ने बताया कि समृद्धि एक्सप्रेस हाईवे के तीसरे चरण का निर्माण किया जा रहा था। इसी दौरान शाहपुर के पास मंगलवार तड़के एक गर्डर लॉन्चिंग मशीन गिर गई, जिसकी चपेट में आने से 16 लोगों की मौत हो गई। जबकि, तीन लोग घायल हैं।
पुलिस ने बताया कि एंबुलेंस और रहवासियों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। वहीं, पोस्टमॉर्टम के लिए मृतकों के शवों को भी अस्पताल भिजवाया है। जेसीबी और रेस्क्यू टीम ने मोर्चा संभाल लिया है। घटनास्थल को खाली किया जा रहा है।एनडीआरएफ के एक अधिकारी ने बताया कि ठाणे जिले के शाहपुर तहसील में एक पुल के स्लैब पर क्रेन गिर गई थी। एनडीआरएफ की दो टीमें मौके पर पहुंच चुकी हैं। अबतक 14 शवों को बरामद कर लिया गया है। वहीं तीन लोग घायल हैं। आशंका है कि अभी भी छह लोग गर्डर के नीचे फंसे हुए हैं।
रेप पीड़ित बच्ची के अंतिम संस्कार के दौरान भावुक हुए लोग
31 Jul, 2023 08:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कोच्चि । केरल के एर्नाकुलम में बच्ची से रेप के बाद गला दबाकर हत्या कर दी गई। इस बच्ची का अंतिम संस्कार रविवार को किया गया। बच्ची के अंतिम संस्कार में हजारों की भीड़ उमड़ी। अंतिम संस्कार में शामिल हुआ हर कोई बच्ची को अंतिम विदाई देते समय रोता नजर आया। बच्ची की मां का रो-रोकर बुरा हाल था। हिम्मत जुटाकर लोग मां को दिलासा देते नजर आए लेकिन वह भी फफककर रो पड़े। यह ऐसा दृश्य था कि जिसने टीवी पर बच्ची का अंतिम संस्कार देखा, वह भी रो पड़ा। वहीं, केरल पुलिस ने ट्वीट कर कहा कि .....माफ करना बेटी। तुम्हें माता-पिता से मिलाने की हमारी कोशिशें नाकाम रहीं।
जब आरोपी को गिरफ्तार किया गया तब वह नशे की हालत में था और बच्ची उसके साथ नहीं थी। पुलिस ने बताया कि आरोपी शख्स बिहार निवासी हैं, और केरल में मजदूरी का काम करता है।
कोच्चि में दुष्कर्म के बाद एक बच्ची की हत्या करने की घटना से लोगों में काफी रोष है, और वे आरोपी को मौत की सजा देने की मांग कर रहे है।
बच्ची को श्रद्धांजलि देने उसके सहपाठियों की माताएं भी पहुंचीं। बेहद गमगीन माहौल में लोगों के दिलों में घटना को लेकर गुस्सा दिखाई दिया। महिलाओं ने कहा कि आरोपी को जेल में रखकर खाना खिलाने से न्याय नहीं होगा। लोगों ने इतना तक कहा कि अगर सरकार नहीं कर सकती, तब आरोपी को जनता के हवाले कर दीजिए। शुक्रवार को 5 साल की मासूम बच्ची का अपहरण आरोपी ने कर लिया था। बच्ची की रेप के बाद हत्या की और शव बोरे में डालकर डंपिंग ग्राउंड में फेंक दिया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
वार्षिक अमरनाथ यात्रा में सोमवार को 1,550 यात्रियों का सबसे छोटा जत्था हुआ रवाना
31 Jul, 2023 07:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
श्रीनगर । बाबा बर्फानी की वार्षिक अमरनाथ यात्रा के 30वें दिन रविवार को करीब 7,000 तीर्थयात्रियों ने यात्रा की, जबकि 1,550 तीर्थयात्रियों का एक और जत्था सोमवार को घाटी के लिए रवाना हुआ। अधिकारियों ने इसकी जानकारी देकर बताया कि रविवार को यात्रा के 30वें दिन लगभग 7,000 तीर्थयात्रियों ने पवित्र गुफा के अंदर दर्शन किए, जबकि 1,550 तीर्थयात्रियों का एक और जत्था सोमवार को सुरक्षा काफिले में घाटी के लिए रवाना हुआ। 1,550 तीर्थयात्रियों का सोमवार का जत्था 1 जुलाई को यात्रा शुरू होने के बाद से घाटी के लिए रवाना होने वाला सबसे छोटा जत्था है। अधिकारियों ने कहा, जत्थे में 1,165 पुरुष, 354 महिलाएं, सात बच्चे, 19 साधु और पांच साध्वियां शामिल हैं। इस साल की यात्रा के दौरान अब तक 36 तीर्थयात्रियों की मौत हो चुकी है। इस साल की 62 दिवसीय अमरनाथ यात्रा 1 जुलाई को शुरू हुई और 31 अगस्त को रक्षा बंधन के साथ श्रावण पूर्णिमा पर समाप्त होगी।
योग सिखाने आई विदेशी महिला की मौत
31 Jul, 2023 06:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंगेर । बिहार के मुंगेर योग विद्यालय में योग सीखने आई एक विदेशी महिला की मौत हो गई। मृत महिला बुल्गारिया के सोफिया शहर की रहने वाली डेनिएला बोगोमिलोवा मोल्चोव्स्का (46) हैं। पुलिस के मुताबिक, रविवार की सुबह महिला की तबीयत बिगड़ गई थी और वे बेहोश हो गई। महिला को तुरंत इलाज के लिए शहर के निजी अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी मौत हो गई। इस खबर की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने बताया कि मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
इधर, योग विद्यालय के शाश्वतानंद सरस्वती ने बताया कि रविवार को महिला की तबीयत बिगाड़ने पर उन्हें अस्पताल लाया गया था, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी वे यहां आती रही हैं। उन्होंने कहा कि इस बार भी वे जब यहां आई थी, तब पूरी तरह स्वस्थ नजर आ रही थी। विदेशी महिला योग विद्यालय मुंगेर में जीवन कोर्स करने के लिए बिहार योग विद्यालय आई थीं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
श्रावण के चौथे सोमवार को शिवमन्दिरों में लगी भक्तों की लंबी कतारें
31 Jul, 2023 05:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना । सावन का महीना और सोमवार का दिन शिवभक्तों के लिए बहुत ही पावन माना जाता है। आज श्रावण मास के चौथे सोमवार जगह- जगह शिवालयों में भक्तों का तांता लगा हुआ है। सुबह से ही सभी भक्त बाबा का जलाभिषेक कर फरियाद लगा लगा रहे हैं। इसी क्रम में उत्तर बिहार का देवघर कहे जाने वाला मुजफ्फरपुर का बाबा गरीब नाथ मंदिर में जलाभिषेक के लिए भक्तों की काफी भीड़ उमड़ पड़ी है। आम हो या खास सभी बाबा के दर पर अपनी फरियाद लगाने पहुंच रहे हैं। इसी कड़ी में मुजफ्फरपुर (पूर्वी) के अनुमंडल पदाधिकारी ज्ञान प्रकाश और पश्चिमी के बृजेश कुमार भी सुबह दांडी बम ( दंडवत करते हुए) बाबा गरीबनाथ धाम पहुंचे और पूरे परिवार के साथ जलाभिषेक किया और पूजा अर्चना की। बृजेश कुमार ने कहा कि वे पूरे परिवार के साथ बाबा हनुमान के दर्शन करने के बाद जल भरकर बाबा गरीब नाथ के मंदिर जलाभिषेक करने आए है। उन्होंने दंडवत करते मंदिर तक का रास्ता तय किया।
उन्होंने कहा कि दंडवत करते आना मुश्किल जरूर है, लेकिन बाबा सभी मुश्किलों को आसान बनाते हैं। गौरतलब है कि यहां मुजफ्फरपुर का बाबा गरीब नाथ मंदिर मुजफ्फरपुर ही नहीं, बल्की आसपास के कई जिले मे भी खूब प्रसिद्ध है। यहां भगवान शिव के भक्त जलाभिषेक के लिए सारण के पहलेजा घाट से जल उठाकर करीब 70 किलोमीटर की दूरी तय कर बाबा गरीब नाथ मंदिर पहुंचते हैं और जलाभिषेक करते हैं। श्रावण महीने के सोमवार को यहां एक लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा महादेव का जलाभिषेक करते हैं। हालांकि अत्यधिक भीड़ के कारण अर्घ्या के जरिए जलाभिषेक की व्यवस्था जिला प्रशासन द्वारा की गई है।
हरियाणा : भगवा यात्रा पर पत्थरबाजी, कई गाड़ियों में लगाई आग
31 Jul, 2023 04:14 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हरियाणा के नूंह में ब्रज मंडल यात्रा पर समुदाय विशेष के लोगों ने पथराव कर दिया, जिससे कई लोग घायल हो गए। लोगों ने झड़प के दौरान करीब पांच गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए नूंह और हथीन में इंटनेट सेवा को भी बंद कर दिया गया है।खास बात है कि हर साल की तरह इस साल भी बृज मंडल जलाभिषेक यात्रा निकाली गई है।
यात्रा में गुरुग्राम से भी सैकड़ों गाड़ियों में सवार विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता भगवान शिव का जलाभिषेक करने नल हड शिव मंदिर नूह में गए हुए थे।यात्रा में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत संघचालक प्रताप सिंह भी शामिल हैं।यात्रा जैसे ही शिव मंदिर नल हड पहुंच रही थी।
उसी दौरान समुदाय विशेष से जुड़े शरारती तत्वों ने यात्रा पर पथराव शुरू कर दिया और कई गाड़ियों में भी आगजनी और तोड़फोड़ की है। विश्व हिंदू परिषद गुरुग्राम के जिलाध्यक्ष अजीत सिंह का कहना है कि यात्रा पर अचानक हमला किया गया।हालांकि, पुलिस अभी तक इस मामले को लेकर कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है, लेकिन कहीं ना कहीं इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।
इस हादसे में कितने लोग घायल हुए हैं, इसकी जानकारी नहीं है। अभी नूह बाईपास पर जबरजस्त पथराव है, गाड़ियों में तोड़फोड़ और आगजनी हो रही है।
निर्माणाधीन पुलिया के ढहने से 4 बच्चों समेत 5 की मौत
31 Jul, 2023 03:18 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
ओडिशा में इन दिनों हादसों का क्रम लगातार बना हुआ है। सोमवार तड़के भी यहां के रायगड़ा जिले में एक दुर्घटना की चपेट में आकर पांच लोगों की मौत हो गई। इनमें चार बच्चे भी शामिल हैं। हादसा कल्याणसिंहपुर उपरसाजा के पास एक नाले के ऊपर निर्माणाधीन पुलिया के अचानक ढह जाने से हुई।जानकारी के मुताबिक, जिले के कल्याणसिंहपुर उपरसाजा के पास नाले पर पिछले दो महीने से पुलिया की छत पड़ी हुई है।लगातार हो रही बारिश के कारण वर्तमान समय में पुलिया का निर्माण काम रोक दिया गया था।
पुलिया का सेंटरिंग अभी तक नहीं निकला है। नदी के आसपास के लोग स्नान के लिए इसी पुलिया पर निर्भर है।हर दिन की तरह आज भी कुछ लोग एवं बच्चे उक्त पुलिया के नीचे नहा रहे थे। इसी समय अचानक निर्माणाधीन पुलिया का छज्जा भरभरा कर पांच लोगों के ऊपर गिर गया। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना में कुछ लोगों के घायल होने की भी खबर है, लेकिन उनके बारे में विस्तृत जानकारी अभी नहीं मिल पाई है। घटना होने के काफी देर बाद भी कोई प्रशासनिक अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचने से लोगों में तनाव पैदा हो गया है।
एयर इंडिया एक्सप्रेस फ्लाइट में आई तकनीकी खराबी
31 Jul, 2023 01:20 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
154 यात्रियों के साथ त्रिची-शारजाह एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान संख्या 613 को तकनीकी कारणों से तिरुवनंतपुरम हवाई अड्डे पर एहतियाती लैंडिंग करनी पड़ी। फिलहाल, सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।इससे पहले 23 जुलाई को दुबई जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक उड़ान में भी तकनीकी खराबी देखी गई थी। इस कारण फ्लाइट को तिरुवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी। इसके बाद यात्रियों के लिए वैकल्पिक उड़ान की सुविधा दी गई।