देश (ऑर्काइव)
बेटा लड़की लेकर भागा, मॉं और पिता को गांव में निवस्त्र घुमाया
13 Dec, 2023 11:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बेंगलुरु, कर्नाटक के बेलगावी जिले के वंटामुरी गांव में एक मां को इसलिए प्रताड़ित किया गया,कि उसका जवान लड़का एक लड़की को लेकर भाग गया था। लड़की के पिता तथा गांव वालों ने उस लड़के की मां को निर्वस्त्र करके गांव में घुमाया उसके घर में तोड़फोड़ की। बेटे की करनी की सजा मां को दी। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस गांव पहुंची। जहां पर महिला को खंबे से बांधकर रखा गया था। पुलिस ने उसे छुड़ाया और सात आरोपियों को गिरफ्तार किया।पुलिस के अनुसार लड़का और लड़की दोनों एक ही समुदाय के हैं।दोनों आपस में प्यार करते थे।प्रियंका की सगाई किसी और के साथ होने वाली थी। वह अपने प्रेमी के साथ भाग गई। इससे नाराज होकर लड़की के माता-पिता और रिश्तेदारों ने इसका बदला लड़की की मां से को निर्वस्त्र करके मारा पीटा खंबे में बांध दिया। कई घंटे तक प्रताड़ित करते रहे। बेटा करे, मां भरे ,जैसी स्थिति रही।
शक्तिपीठ अंबाजी को राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का निमंत्रण मिला
13 Dec, 2023 10:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बनासकांठा | अयोध्या में प्रभु श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और 22 जनवरी 2024 को प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का आयोजन किया गया है| भारत देश में भगवान श्रीराम की पहचान सबसे ज्यादा और सबसे महत्वपूर्ण रही है| भगवान श्रीराम की यात्रा देश के कई राज्यों में निकली हैं और इसमें सबसे आगे गुजरात रहा है| जिस प्रकार विवाह आमंत्रण रोली-अक्षत के साथ मंदिर पहुंचाए जाते हैं, उसी प्रकार अब अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का देश के बड़े मंदिरों में निमंत्रण दियाजा रहा है| विश्व हिन्दू परिषद के कार्यकर्ताओं ने आज राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव की पत्रिका अक्षत कलश स्वरूप उत्तरी गुजरात स्थित शक्तिपीठ अंबाजी मंदिर में मां अंबे को निमंत्रण दिया| इस अवसर पर मंदिर समेत अंबाजी की गद्दी पर अक्षत कलश की पूजा भी की गई| आगामी 1 जनवरी से 15 जनवरी तक ज्यादा से ज्यादा रामभक्त अयोध्या पहुंचे इसके लिए सभी हिन्दुओं के घर अक्षत पहुंचाने का भी एक महाभियान चलाया जाएगा|
इसरो 2040 तक चंद्रमा पर भारतीय अंतरिक्ष यात्रियों को भेजने की अपनी योजना पर कार्यरत
13 Dec, 2023 09:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
तिरुवनंतपुरम । भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) 2040 तक चंद्रमा पर पहली बार भारतीय अंतरिक्ष यात्रियों को भेजने की अपनी योजना पर जोर-शोर से काम कर रहा है। बेंगलुरु स्थित अंतरिक्ष एजेंसी वर्तमान में देश के पहले मानवयुक्त मिशन गगनयान पर काम कर रही है, जिसका उद्देश्य अंतरिक्ष यात्रियों को पृथ्वी की निचली कक्षा में भेजना और उन्हें सुरक्षित रूप से पृथ्वी पर वापस लाना है।
अंतरिक्ष विभाग के सचिव सोमनाथ ने कहा कि मिशन के लिए चुने गए भारतीय वायु सेना के चार पायलट बेंगलुरु में अंतरिक्ष यात्री प्रशिक्षण सुविधा में प्रशिक्षण ले रहे हैं।
‘मनोरमा ईयरबुक 2024 के लिए एक विशेष आलेख में सोमनाथ ने लिखा, “इसरो का लक्ष्य गगनयान कार्यक्रम के साथ अंतरिक्ष अन्वेषण में अगला कदम उठाना है, जिसमें 2 से 3 भारतीय अंतरिक्ष यात्रियों के एक दल को तीन दिन तक कम पृथ्वी की कक्षा (एलईओ) में भेजने की योजना है, जिसके बाद उन्हें भारतीय जलक्षेत्र में पूर्वनिर्धारित जगह पर सुरक्षित रूप से उतारा जाएगा।
मानवयुक्त अंतरिक्ष मिशन में महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकियों का विकास शामिल है, जिसमें एक मानव-रेटेड (मानवों को सुरक्षित रूप से परिवहन करने में सक्षम) लॉन्च वाहन (एचएलवीएम 3), एक क्रू मॉड्यूल (सीएम) और सर्विस मॉड्यूल (एसएम), और मानव के रहने के अनुकूल एक ऑर्बिटल मॉड्यूल है। एकीकृत एयर ड्रॉप टेस्ट, पैड एबॉर्ट टेस्ट और यान की प्रायोगिक उड़ानों के अलावा दो समान गैर-चालक दल मिशन (जी1 और जी2) मानवयुक्त मिशन से पहले होंगे।
क्रू मॉड्यूल अंतरिक्ष में चालक दल के लिए पृथ्वी जैसे वातावरण वाला रहने योग्य स्थान है और इसे सुरक्षित पुन: प्रवेश के लिए डिजाइन किया गया है। सुरक्षा उपायों में आपात स्थिति के लिए क्रू एस्केप सिस्टम (सीईएस) भी शामिल है।
परीक्षण वाहन (टीवी-डी1) की पहली विकास उड़ान 21 अक्टूबर, 2023 को लॉन्च की गई थी और इसने ‘क्रू एस्केप सिस्टम का सफलतापूर्वक प्रदर्शन किया। इसके बाद क्रू मॉड्यूल को अलग किया गया और बंगाल की खाड़ी से भारतीय नौसेना ने इसे सुरक्षित प्राप्त किया।
सोमनाथ ने कहा, ‘‘इस परीक्षण उड़ान की सफलता बाद के मानव रहित मिशन और 2025 में लॉन्च होने वाले अंतिम मानव अंतरिक्ष मिशन के लिए महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि भारत का पहला सौर अन्वेषण मिशन आदित्य एल1 भी इसरो का एक महत्वपूर्ण मिशन है। यह लैग्रेंज पॉइंट-1 नामक स्थान से सूर्य पर अध्ययन करेगा, जो चंद्र और सौर अनुसंधान दोनों में देश की क्षमता का प्रदर्शन करेगा।
सोमनाथ ने कहा कि अंतरिक्ष यान पृथ्वी से लगभग 15 लाख किमी दूर सूर्य-पृथ्वी लैग्रेंज प्वाइंट-1 (एल-1) की ओर अपने इच्छित पथ पर है, जहां इसे जनवरी 2024 में हेलो कक्षा में स्थापित किया जाएगा।
चंद्रयान-3 मिशन की सफलता पर, उन्होंने इसे ऐतिहासिक उपलब्धि बताया, जिसके चलते प्रधानमंत्री ने 23 अगस्त (चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के पास लैंडिंग) को ‘भारत में राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस घोषित किया।
कुछ महत्वाकांक्षी आगामी मिशन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इनमें लघु उपग्रह प्रक्षेपण यान (एसएसएलवी), पुन: इस्तेमाल वाला प्रक्षेपण यान (आरएलवी) कार्यक्रम, एक्स-रे एस्ट्रोनोमी मिशन एक्सपीओएसएटी (एक्स-रे पोलारिमीटर सैटेलाइट), स्पेस डॉकिंग प्रयोग और एलओएक्स- मीथेन इंजन शामिल हैं।
राम सेतु को राष्ट्रीय स्मारक घोषित करने का मामला कोर्ट में लंबित, दी जानकारी
12 Dec, 2023 05:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
संसद में एक बार फिर राम सेतु का जिक्र हुआ। सरकार ने संसद में बताया कि राम सेतु को राष्ट्रीय स्मारक घोषित करने का मामला कोर्ट में विचाराधीन है। केंद्रीय संस्कृति मंत्री जी किशन रेड्डी ने लोक सभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में यह बात कहीं।
अपने जवाब में उन्होंने यह भी कहा कि राम सेतु को राष्ट्रीय महत्व का घोषित करने का कोई प्रस्ताव फिलहाल लंबित नहीं है। उनसे पूछा गया था कि क्या देश में राम सेतु जैसे समुद्र में स्थित या डूबे हुए स्थलों को राष्ट्रीय स्मारक घोषित करने का अनुरोध भारत सरकार के पास लंबित है।
उन्होंने कहा कि स्मारकों और स्थलों की घोषणा प्राचीन स्मारक और पुरातात्विक स्थल और अवशेष (एएमएएसआर) अधिनियम, 1958 की धारा 4 के तहत की जाती है। केंद्र सरकार दो महीने का समय देकर किसी भी प्राचीन स्मारक को राष्ट्रीय महत्व का घोषित करने के अपने इरादे की अधिसूचना जारी करती है।
2014 के बाद 344 पुरावशेष विदेश से प्राप्त हुए
सरकार ने सोमवार को संसद में बताया कि भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) ने 1976-2023 तक विदेशों से 357 पुरावशेष (एंटीक्विटीज) प्राप्त किए हैं। इसमें से 344 पुरावशेष 2014 के बाद प्राप्त किए गए हैं। केंद्रीय संस्कृति मंत्री जी किशन रेड्डी ने लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में यह जानकारी दी।
उनसे पिछले दस वर्षों के दौरान विदेशों से बरामद तमिलनाडु से संबंधित कलाकृतियों की संख्या के विवरण के बारे में भी पूछा गया था। उन्होंने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि पिछले दस वर्षों के दौरान विदेशों से प्राप्त पुरावशेषों में से आस्ट्रेलिया, सिंगापुर, ब्रिटेन और अमेरिका से प्राप्त 31 पुरावशेष तमिलनाडु के हैं।
पीएम संग्रहालय के लिए 305.36 करोड़ रुपये खर्च किए गए
सरकार ने सोमवार को लोकसभा को बताया कि प्रधानमंत्री संग्रहालय परियोजना के लिए आवंटित बजट 340.33 करोड़ रुपये में से 30 नवंबर तक 305.36 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं।
केंद्रीय संस्कृति मंत्री जी किशन रेड्डी ने भारत के प्रधानमंत्रियों पर आधारित संग्रहालय की मुख्य विशेषताओं और इस परियोजना के लिए आवंटित बजट से किए गए कुल सरकारी खर्च के बारे में एक सवाल के जवाब में यह जानकारी दी। प्रधानमंत्री संग्रहालय का उद्घाटन माननीय प्रधान मंत्री द्वारा 14 अप्रैल, 2022 को किया गया था।
मणिपुर को दहलाने की बड़ी साजिश नाकाम, भारी मात्रा में संदिग्ध आईईडी बरामद
12 Dec, 2023 04:18 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मणिपुर में विद्रोही गुटों द्वारा मणिपुर को दहलाने की एक बड़ी साजिश को सुरक्षाबलों ने मंगलवार को विफल कर दिया। सुरक्षाबलों ने तेंगनौपाल जिले में सेनम और बोंगयांग के बीच भारी मात्रा में छिपाए गए संदिग्ध आईईडी की बरामदग की है। तेंगनौपाल थाने में मामला दर्ज कर आगे की जांच की जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही तुरंत सुरक्षाबलों के अधिकारियों को घटनास्थल की ओर भेजा गया। पूरे इलाके को सुरक्षाबलों ने घेर लिया है।
सूत्रों के मुताबिक, मंगलवार सुबरह करीब 8.30 बजे मोहेर की ओर जाते समय बीएसएफ और एम एंड सी-1 अन्य सुरक्षाबलों के अधिकारियों ने तेंगनुपाल जिले में सेनम और बोंगयांग के बीच सड़क के किनारे भारी मात्रा में छिपाए गए संदिग्ध संदिग्ध वस्तुएं दिखी। इसके तुरंत बाद तेंगनौपाल से केएस-12 को भी मौके पर भेजा गया। एम एंड सी-1 और केएस-12 के सैनिकों ने संयुक्त रूप से तलाशी अभियान चलाया।
इस दौरान सड़क किनारे छिपाए गए आईईडी - 21 टुकड़े पाइप (संदिग्ध विस्फोटक से भरा हुआ), कॉर्डेक्स- करीब 700 मीटर, लचीला तार करीब 300 मीटर, दो कारें और खुदाई के उपकरण मिले। बताया जा रहा है कि यह जगह तेंगनौपाल से करीब 14 किलोमीटर और पलेल से करीब 10 किलोमीटर दूर है। सूत्रों के मुताबिक, घटना की जनकारी मिलते ही सुरक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। पूरे इलाके को सुरक्षाबलों ने घेर लिया है और जांच जारी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दी शरद पवार को उनके 83वें जन्मदिन की बधाई
12 Dec, 2023 11:52 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को राकांपा नेता शरद पवार को उनके 83वें जन्मदिन पर बधाई दी। एक्स पर पोस्ट के जरिए दी बधाई में पीएम मोदी ने स्वास्थ्य की कामना की है। उन्होंने एक्स पर कहा, "श्री शरद पवार जी को उनके जन्मदिन पर मेरी शुभकामनाएं। उन्हें लंबे और स्वस्थ जीवन का आशीर्वाद मिले।"
शरद पवार देश के सबसे अनुभवी विधायकों में से एक हैं। शरद पवार ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री के रूप में कार्य किया है और राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के बावजूद पार्टी लाइनों के नेताओं के साथ मैत्रीपूर्ण संबंध बनाए रखने के लिए जाने जाते हैं।
राकांपा नेता शरद पवार ने 1999 में एनसीपी की स्थापना की। वह 27 साल की कम उम्र में पहली बार विधायक बने। महाराष्ट्र के चार बार मुख्यमंत्री रह चुके हैं रक्षा मंत्री के रूप में भी कार्य किया। वह पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की कैबिनेट में कृषि मंत्री थे।
शरद पवार ने की एनसीपी की स्थापना
कांग्रेस से बाहर होने के बाद शरद पवार ने एनसीपी की स्थापना की। उन्होंने, तारिक अनवर और पीए संगमा ने सोनिया गांधी के विदेशी मूल के मुद्दे पर कांग्रेस कार्य समिति में विद्रोह कर दिया, जिससे पार्टी में विभाजन हो गया। महाराष्ट्र, गोवा, मेघालय और मणिपुर राज्यों में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के बाद एनसीपी ने जल्द ही एक राष्ट्रीय पार्टी की मान्यता हासिल कर ली। हालांकि, इस साल इसने यह टैग खो दिया।
चाणक्य के नाम से भी जाने जाते हैं शरद पवार
शरद पवार ग्रामीण महाराष्ट्र से हैं और राजनीतिक हलकों में उन्हें कभी-कभी 'चाणक्य' भी कहा जाता है। उन्होंने कांग्रेस, शिवसेना और एनसीपी के बीच गठबंधन, महा विकास अघाड़ी के गठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
PM Modi आज करेंगे भारत मंडपम में 'GPAI शिखर सम्मेलन' का उद्घाटन, कई मुद्दों पर होगी चर्चा
12 Dec, 2023 11:29 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम लगभग 5 बजे नई दिल्ली में भारत मंडपम में ग्लोबल पार्टनरशिप ऑन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (जीपीएआई) शिखर सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। जीपीएआई 29 सदस्य देशों के साथ एक बहु-हितधारक पहल है।
इसका उद्देश्य कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से जुड़ी प्राथमिकताओं पर अत्याधुनिक अनुसंधान और व्यावहारिक गतिविधियों में मदद करके एआई पर सिद्धांत और व्यवहार के बीच अंतर को पाटना है। भारत 2024 के लिए जीपीएआई का अध्यक्ष है। 2020 में जीपीएआई के संस्थापक सदस्यों में से एक, जीपीएआई के आगामी सपोर्ट चेयर, और 2024 में जीपीएआई के लिए लीड चेयर के रूप में, भारत 12 से 14 दिसंबर, 2023 तक वार्षिक जीपीएआई शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है।
एआई गेमचेंजर्स अवॉर्ड और इंडिया एक्सपो शामिल हैं।
शिखर सम्मेलन के दौरान एआई और वैश्विक स्वास्थ्य, शिक्षा और कौशल, एआई और डेटा प्रबंधन और एमएल कार्यशाला जैसे विविध विषयों पर कई सत्र आयोजित किए जाएंगे। शिखर सम्मेलन के अन्य आकर्षणों में अनुसंधान संगोष्ठी, एआई गेमचेंजर्स अवार्ड और इंडिया एआई एक्सपो शामिल हैं।
इस शिखर सम्मेलन में देशभर से 50 से अधिक जीपीएआई विशेषज्ञ और 150 से अधिक वक्ता भाग लेंगे। इसके अलावा, इंटेल, रिलायंस जियो, गूगल, मेटा, एडब्ल्यूएस, योटा, नेटवेब, पेटीएम, माइक्रोसॉफ्ट, मास्टरकार्ड, एनआईसी, एसटीपीआई, इमर्स, जियो हैप्टिक, भाषिनी आदि सहित दुनिया भर के शीर्ष एआई गेमचेंजर्स विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे। इसमें युवा एआई पहल के तहत विजेता छात्र और स्टार्ट-अप भी अपने एआई मॉडल और समाधान प्रदर्शित करेंगे।
देशभर में बदला मौसम का मिजाज, पड़ेगी कड़ाके की सर्दी; पहाड़ी इलाकों में होगी बर्फबारी
12 Dec, 2023 11:17 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
राष्ट्रीय राजधानी समेत उत्तर भारत के कई जिलों में मंगलवार सुबह की शुरुआत कड़ाके की ठंड और कोहरे के साथ हुई। दिल्ली में सुबह का तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लखनऊ में सुबह का तापमान 13.8 डिग्री रहा।
मौसम विभाग के अनुसार आज दिल्ली में अधिकतम तापमान 24 और न्यूनतम तापमान 6 डिग्री रहने की उम्मीद है। वहीं, 13 से 15 दिसंबर तक अधिकतम तापमान 23 और न्यूनतम तापमान 6-7 डिग्री के करीब रह सकता है।
हिमाचल के इन इलाकों में होगी बर्फबारी
पहाड़ी इलाकों की बात करें तो आज हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कई जिलों में बारिश और बर्फबारी की उम्मीद जताई जा रही है। मौसम विभाग केंद्र शिमला के मुताबिक, 13 से लेकर 17 दिसंबर तक हिमाचल में मौसम साफ रहने का अनुमान है। शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, चंबा, किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिलों में आज बारिश और बर्फबारी की आशंका है।
मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पॉल ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ बहुत अधिक सक्रिय नहीं है, परिणामस्वरूप इसका असर सिर्फ ऊंचाई वाले क्षेत्रों में देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि इससे पहाड़ों पर हल्की बर्फबारी होगी। जिस वजह से प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में ठंड अपना असर दिखाएगी
कैसा रहेगा एमपी-छत्तीसगढ़ का मौसम?
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग की मानें तो मध्य प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ का असर दिख रहा है। इसके अलावा, उत्तरी ओर से चली रही हवा की वजह प्रदेश में ठंड महसूस की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, आज दिनभर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में ठंडी और शुष्क हवाएं चलेगी।
बिहार में लुढ़केगा पारा
बात करें बिहार की तो मौसम विज्ञानी एसके पटेल ने बताया कि प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान 24-26 और न्यूनतम तापमान 11-15 के बीच रहने की संभावना है। हफ्ते बाद पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से पछुआ से तापमान में अंतर आने के साथ ठंड में वृद्धि की संभावना है। इस दौरान अभी दिन में धूप निकलने के साथ मौसम शुष्क बना रहेगा।
झारखंड को लेकर मौसम विज्ञान केंद्र ने चेतावनी दी कि रांची में न्यूनतम तापमान अगले पांच दिनों में 8-9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। मौसम में तेजी से हुए बदलाव का मुख्य कारण मिचौंग तूफान का ठहराव है।
दक्षिण भारत में कैसा रहेगा मौसम का मिजाज?
बात करें दक्षिण भारत की तो तमिलनाडु-पुडुचेरी और केरल में आज बारिश की आशंका जताई जा रही है। त्रिशूर, मामल्लापुरम, उडुपी, मदुरई जैसे इलाकों में मध्यम से तेज बारिश होने की उम्मीद है।
केरल में 10000 मंदिर, शोभा यात्रा के लिए मात्र 412 हाथी, आधे बीमार
11 Dec, 2023 06:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
त्रिचूर । केरल में लगभग 10000 मंदिर है। यहां की परंपरा के अनुसार जब मंदिर की शोभायात्रा निकाली जाती है। गजराज शोभा यात्रा की शुरुआत करते हैं। लगभग दो सप्ताह पहले गुरुवायूर के पुन्ना थूरकाट्टा में 90 साल के हाथी की मौत हो गई। सालाना शोभा यात्रा में स्वर्णकोलम के बिना धार्मिक यात्रा संपन्न नहीं होती है।
जब से हाथियों को पालतू बनाने में रोक लगी है। उसके बाद से केरल में हाथियों की संख्या में भारी कमी आ गई है। मात्र 412 हाथी यहां पर है।इसमें बुजुर्ग हाथियों की संख्या 50 फ़ीसदी है। इनके ऊपर शोभा यात्रा का बोझ इतना बढ़ गया है,कि बुजुर्ग गजराज इस बोझ को सहन नहीं कर पा रहे हैं। 2022 में यहाँ 434 पालतू हाथी थे। 1 साल के अंदर 22 हाथियों की मौत हो चुकी है। 2018 में यह संख्या 547 थी।
तनाव और गुस्से में हाथी
शोभा यात्रा में काम के तनाव के कारण हाथियों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। महावतों को हाथियों को नियंत्रित करने में परेशानी होती है। हाथियों को समय पर चारा पानी भी नहीं मिल पाता है। अधिकांश हाथियों की उम्र 40 साल से ज्यादा है।नए हाथी वन्य जीव संरक्षण अधिनियम में संशोधन के बाद नहीं मिल पा रहे हैं। जिसके कारण केरल की धार्मिक मान्यताएं प्रभावित हो रहीं हैं।वही शोभा यात्रा के गजराज, काम के बोझ से शोषण का शिकार हो रहे हैं। असमय ही उनकी मौत होने लगी है।
नशामुक्ति केंद्र से भागीं 13 लड़कियों का सफल रेस्क्यू
11 Dec, 2023 05:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सोलन । हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के परवाणू स्थित एक नशामुक्ति केंद्र से उपचाराधीन 13 लड़कियों के भागने की घटना से हड़कंप मच गया। हालांकि विभाग की तत्परता के चलते जंगल से चलाये गये अभियान में उनका रेस्क्यू कर लिया गया। इस संबंध में फिलहाल कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है। जानकारी के अनुसार, परवाणू के खड़ीन गांव के नशामुक्ति केंद्र में कुल 17 लड़कियां उपचाराधीन हैं। शनिवार रात केंद्र की खिड़की के शीशे तोड़कर 17 मे से भागी 13 लड़कियों को नशामुक्ति केंद्र के कर्मचारियों और पुलिस की मदद से तलाश कर वापस केंद्र में भेज दिया गया। इस घटना से एक बार फिर नशामुक्ति केंद्रों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही है। केंद्र में ज्यादातर लड़कियां पंजाब और हरियाणा से भर्ती हैं। दरसअल, पंजाब में नशामुक्ति केंद्रों पर पाबंदी के बाद चलते लोग अब हरियाणा और हिमाचल आ रहे हैं। हालांकि, जब से हिमाचल में नशामुक्ति केंद्र खुले हैं, इनमें मारपीट और नशे के कई मामले सामने आर रहे हैं। बता दें कि परवाणू में एक नशा मुक्ति केंद्र में एक मरीज की मौत हो गई थी और बाद में नशा मुक्ति केंद्र को बंद कर दिया गया। कुछ महीने पहले एक नशा मुक्ति केंद्र में नशा लेते युवकों का वीडियो वायरल हुआ था, जिसे बंद करने के निर्देश दिए गए थे।
बीएसएफ ने जांच के दौरान हेरोइन सहित ड्रोन किया बरामद
11 Dec, 2023 11:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जालंधर । सीमा पार से तस्करी के प्रयास को विफल करते हुए सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने अमृतसर जिले के दाओके गांव से हेरोइन सहित एक पाकिस्तानी ड्रोन बरामद किया है। इस मामले में बीएसएफ के प्रवक्ता ने रविवार को जानकारी दी कि शनिवार की देर शाम को ड्रोन की उपस्थिति के संबंध में विशेष सूचना पर पंजाब पुलिस के साथ गांव के बाहरी इलाके में एक संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया गया था। तलाशी अभियान के दौरान एक खेत से एक ड्रोन / क्वाडकॉप्टर के साथ-साथ प्रतिबंधित हेरोइन जिसका सकल वजन - लगभग 520 ग्राम था, से भरा एक प्लास्टिक कंटेनर बरामद किया गया है। बीएसएफ द्वारा बरामद ड्रोन एक क्वाडकॉप्टर मॉडल - डीजेआई माविक 3 क्लासिक, चीन में बनाया गया है।
हायर एजुकेशन इंस्टीट्यूशंस में छात्रों की संख्या बढ़ी
11 Dec, 2023 10:32 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । उच्च शिक्षा हासिल कर रहे भारतीय छात्रों की संख्या बढ़ गयी है। पहले जहां उच्च शिक्षा के लिए नामांकन कराने वाले छात्रों की संख्या करीब 3.42 करोड़ थी, वहीं अब हायर एजुकेशनल इंस्टीट्यूशंस में छात्रों का कुल दाखिला बढ़ कर 4.32 करोड़ हो गया है। एक रिपोर्ट के मुताबिक महत्वपूर्ण है कि इन छात्रों में करीब दो करोड़ छात्राएं हैं।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के मुताबिक 2014 में उच्च शिक्षा में छात्रों का कुल नामांकन 3.42 करोड़ था। 2021-22 के सर्वे के हिसाब से उच्च शिक्षण संस्थानों में छात्रों का कुल नामांकन या दाखिला बढ़ कर 4.32 करोड़ हो गया है। शिक्षा मंत्री के मुताबिक मौजूदा वर्ष के लिए यह संख्या और भी अधिक हो सकती है। जहां उच्च शिक्षा के क्षेत्र में भारतीय छात्रों की संख्या बढ़ी है वहीं शिक्षा ग्रहण करने के क्षेत्र में लड़कियों की संख्या में भी काफी बढ़ोतरी हुई है। शिक्षा मंत्री ने बताया कि वर्ष 2014 की अपेक्षा आज 31.6 प्रतिशत ज़्यादा छात्राएं पढ़ रही हैं। यह रिपोर्ट उच्च शिक्षा के क्षेत्र में पहले के मुकाबले एक निर्णायक वृद्धि तो दिखती है, लेकिन अभी इसे नामांकन के अपने लक्ष्य तक पहुंचना बाकी है। नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति में 2035 तक उच्च शिक्षा में छात्रों का जीईआर 50 प्रतिशत तक पहुंचाने का लक्ष्य है। इस रिपोर्ट के मुताबिक उच्च शिक्षा में सबसे अधिक नामांकन उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, मध्य प्रदेश, कर्नाटक और राजस्थान जैसे राज्यों में हुआ है। अपने बेहतर प्रदर्शन के कारण ये राज्य उच्च शिक्षा के क्षेत्र में टॉप सिक्स में शामिल हैं। कॉलेज, टेक्निकल कॉलेज, बीटेक, एमबीबीएस समेत अन्य प्रकार की उच्च शिक्षा हासिल कर रहे छात्रों में 79 प्रतिशत छात्र अंडर ग्रेजुएट हैं। वहीं करीब 12 प्रतिशत पोस्ट ग्रेजुएट स्तर के हैं। ग्रेजुएट स्तर पर नामांकन कराने वाले छात्रों में सबसे अधिक कला संकाय के हैं। मंत्रालय के मुताबिक कॉलेजों और विश्वविद्यालयो की संख्या में लगातार वृद्धि भी हो रही है। रिपोर्ट बताती है कि वर्ष 2019-20 की तुलना में उच्च शिक्षण संस्थानों के संसाधनों में वृद्धि देखने को मिली है। 2019-20 में जहां 86 प्रतिशत उच्च शिक्षण संस्थानों के पास ही कंप्यूटर सेंटर थे वहीं 2020-21 में 91 प्रतिशत संस्थानों के पास कंप्यूटर सेंटर थे। 2019-20 में सिर्फ 58 प्रतिशत उच्च शिक्षण संस्थानों के पास स्किल सेंटर थे। 2020-21 में 61 प्रतिशत संस्थानों के पास स्किल सेंटर हो गए। उच्च शिक्षा में भारतीय छात्रों के बढ़ते रुझान का पता इससे भी लगता है कि इस बार ज्वॉइंट एंट्रेंस एग्जामिनेशन (जेईई) के लिए 12.3 लाख उम्मीदवारों ने अप्लाई किया है। यह एक रिकॉर्ड तोड़ संख्या है। इस बार 3.7 लाख ज्यादा छात्रों ने जेईई मेंस के लिए आवेदन किया है। रिपोर्ट के अनुसार आवेदनकर्ताओं में लड़कियों की संख्या भी बढ़ी है।
देश में कोयले का आयात 9 माह में कम हुआ
11 Dec, 2023 09:35 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । वित्त वर्ष 24 के अप्रैल से अक्टूबर के दौरान भारत का कोयला आयात कम हुआ है। जो वित्त वर्ष 23 में इसी समय 154.72 मीट्रिक टन था। आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल-अक्टूबर अवधि में, गैर-कोकिंग कोयले का आयात घटकर 94.53 मीट्रिक टन रह गया है।
पिछले साल की समान अवधि के दौरान 104.41 मीट्रिक टन था। आंकड़ो के मुताबिक चालू वित्त वर्ष के पहले 7 महीनों के दौरान कोकिंग कोयले का आयात थोड़ा बढ़कर 33.74 मीट्रिक टन था। एक साल पहले की अवधि में इसका आयात 32.74 मीट्रिक टन था। एमजंक्शन सर्विसेज लिमिटेड के आंकड़ों के मुताबिक अक्टूबर में आयात करीब 23.59 मीट्रिक टन रहा जबकि पिछले वित्त वर्ष में अक्टूबर में यह 19.04 मीट्रिक टन था।
पांच राज्यों में घने कोहरे के साथ बढ़ेगी ठिठुरन, मौसम विभाग ने किया सर्तक
11 Dec, 2023 08:29 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । आईएमडी ने पांच राज्यों में ठिठुरन के साथ घना कोहरा छाने की चेतावनी जारी की है। गौरतलब है कि साल के आखिरी महीने में उत्तर भारत के हिस्सों में मौसम तेजी से बदल रहा है। सुबह और शाम के वक्त ठंड से कंपकपी बढ़ने लगी है। कई राज्यों में सुबह में कोहरे की धुंध छाई रहती है तो शीतलहर का प्रकोप भी शुरू हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 5 राज्यों में कोहरे का अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि उत्तरी मप्र, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम और मेघालय में अलग-अलग इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। अगर उत्तराखंड की बात करें तो वहां पारा तेजी से लुढ़क रहा है। आईएमडी के मुताबिक, अगले हफ्ते उत्तर भारत के राज्यों में ठिठुरन और बढ़ जाएगी। इसलिए लोगों को पहले से सतर्क रहने के लिए कहा गया है। इधर नई दिल्ली के कई इलाकों में घने कोहरे के कारण सुबह और शाम के वक्त लोगों को आवाजाही में परेशानी हो रही हैं। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, दिल्ली के धौला कुआं इलाके में रविवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक बहुत खराब श्रेणी में दर्ज किया गया। दिल्ली के मुनिरका में भी आज वायु गुणवत्ता सूचकांक बहुत खराब श्रेणी में है।
हालांकि मौसम विभाग ने सोमवार को धुंध छाए रहने की संभावना जताई है। यहां का अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 24 और नौ डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। गौरतलब है कि शून्य और 50 के बीच एक्यूआई को अच्छा 51 और 100 के बीच को संतोषजनक 101 और 200 के बीच को मध्यम, 201 और 300 के बीच को खराब, 301 और 400 के बीच बहुत खराब, 401 और 450 के बीच गंभीर और 450 से ऊपर अति गंभीर माना जाता है। आईएमडी का कहना है कि मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम और मेघालय में कई स्थानों पर सुबह के समय घना कोहरा रहने की संभावना है। 11 दिसंबर से एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय को प्रभावित करने वाला है। इसके चलते अगले 24 घंटों के दौरान तमिलनाडु, केरल और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
इधर जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में इस मौसम की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई। इस दौरान यहां का न्यूनतम तापमान शून्य से 4.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। शुक्रवार की रात तापमान गुरुवार को दर्ज हुए शून्य से 2.4 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले दो डिग्री कम दर्ज किया गया। कश्मीर घाटी में पहलगाम सबसे ठंडा स्थान रहा। मौसम कार्यालय के अनुसार 11 दिसंबर तक आसमान में सामान्यत: बादल छाए रहेंगे लेकिन मौसम शुष्क रहेगा और रात में तापमान में कुछ डिग्री तक की गिरावट आने की संभावना है।
प्रोटीन पाउडर खरीदने के लिए एक्स गर्लफ्रेंड को किया ब्लैक मेल
10 Dec, 2023 08:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। खुद के शौक पूरे करने के लिए एक युवक ने अपनी एक्स गर्लफ्रेंड को ब्लैक मेल करने की कोशिश की। आरोपी ने 19 साल की पूर्व गर्लफ्रेंड को उसकी निजी तस्वीरे इंटरनेट पर वायरल करने की धमकी दी थी। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने हाल ही जिम ज्वाइन किया है। बॉडी बनाने का शौक है। विदेशी प्रोटीन पाउडर खरीदना था। पैसों का संकट था इसलिए उसने अपनी पूर्व गर्लफ्रेंड से पैसे ऐंठने की कोशिश की थी।
पुलिस के अनुसार युवती और उसके पिता से जबरन पैसे ऐंठने की कोशिश करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि इन आरोपियों में एक अभी किशोर है और वह पीड़िता का एक्स बॉयफ्रेंड है। पुलिस के मुताबिक युवती को धमकी देने के लिए अलग सोशल मीडिया अकाउंट बनाया था। पुलिस उपायुक्त (उत्तरी) मनोज कुमार मीणा ने कहा,‘‘19 वर्षीय एक युवती ने नेशनल साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत की जो साइबर थाने को मिली। युवती ने पुलिस को बताया कि उसे एक अज्ञात व्यक्ति से उसके सोशल मीडिया मंचों पर धमकी भरे संदेश मिल रहे हैं।मीणा ने कहा, ‘‘पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी धमकी दे रहा है कि यदि उसने उसे पैसे नहीं दिये तो वह उसकी निजी तस्वीरें सोशल मीडिया पर डाल देगा। पुलिस ने कहा कि आधिकारिक शिकायत मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज की गई और जांच शुरू की गई।