देश (ऑर्काइव)
सिरमौर में बादल फटा......एक ही परिवार के पांच लोग लापता
10 Aug, 2023 05:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
शिमला । हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में बादल फटने के बाद एक ही परिवार के पांच सदस्य लापता हो गए। बादल फटने से यमुना की महत्वपूर्ण सहायक नदी गिरि नदी का जल स्तर बढ़ गया। नदी का पानी आस-पास के रिहायशी इलाकों में घुस रहा है।अधिकारियों ने बताया कि पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र के सिरमौरी ताल में बादल फटने से भारी तबाही हुई है। कुलदीप सिंह का घर मलबे में दब गया और घर में कुछ लोगों के दबे होने की संभावना हो सकती है।उन्होंने कहा कि लगभग 70 परिवार रात में अपना घर छोड़कर राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे सुरक्षित स्थानों पर चले गए हैं।स्थानीय अधिकारियों के मौके पर पहुंचने से पहले ही इलाके के लोगों ने बचाव कार्य शुरू कर दिया। उपमंडलीय मजिस्ट्रेट जी.एस. चीमा ने कहा कि आपदा प्रभावित गांव तक पहुंचने के प्रयास किए जा रहे हैं, क्योंकि मलबा गिरने से राहत और बचाव अभियान में देरी हुई है।
गंगा में बढ़ते जलस्तर पर पूरी तरह अलर्ट रहें : - नीतीश कुमार
10 Aug, 2023 01:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना | बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने अधिकारियों को कहा है कि, गंगा में बढ़ते जलस्तर पर पूरी तरह अलर्ट रहें। मुख्यमंत्री श्री कुमार आज पटना में अटल पथ होते हुये जे०पी० सेतु पहुँचें और गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर का जायजा लिया।मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सड़क मार्ग से पटना के आस-पास भ्रमण के दौरान गंगा नदी के इलाकों की स्थिति को भी देखा और संबंधित अधिकारियों से इसकी जानकारी ली।
मौके पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ,गंगा नदी के किनारे वाले क्षेत्रों में बढ़ते जलस्तर को ध्यान में रखते हुये पूरी तरह अलर्ट रहें और सारी तैयारी पूर्ण रखें। भ्रमण के दौरान वित्त, वाणिज्य कर एवं संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, जल संसाधन तथा सूचना एवं जन सम्पर्क मंत्री संजय कुमार झा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, डॉ० एस० सिद्धार्थ, जिलाधिकारी चन्द्रशेखर सिंह शहीत कई लोग मौजूद थें।
आपको बताते चले कि, बिहार में हर साल बाढ आती है ! इसे लेकरके तैयारी भी होती है बावजूद बिहार में हर साल बाढ तबाही मचाती है ! अनेक घर बेघर हो जाते हैं ! कुछ लोगों की जान भी जाती है !हालांकि सरकार और प्रशासन अपनी तैयारियों जायजा लेते रहती है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का प्रयास होता है जहां तक हो सके बिहार के बाढ़ से लोगों को बचाया जा सके।
जम्मू-कश्मीर में 5 साल में 1002 आतंकी मारे गए
10 Aug, 2023 12:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । जम्मू-कश्मीर में 2018 से 2022 के बीच 5 सालों में 761 आतंकी घटनाओं में 174 आम नागरिकों ने जान गंवाईं। इस दौरान सुरक्षाबलों ने 1002 आतंकियों का खात्मा किया। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने राज्यसभा में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जम्मू-कश्मीर में 2018 से 31 जुलाई, 2023 के बीच सिक्योरिटी फोर्सेज के 319 जवानों ने जान गंवाई। इस दौरान 791 आतंकी घटनाएं हुईं। एनकाउंटर और काउंटर ऑपरेशन के दौरान 35 आम नागरिकों की भी जान गई।
केरल का नाम होगा ‘केरलम’
10 Aug, 2023 11:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
केरल । केरल विधानसभा ने राज्य का नाम आधिकारिक रूप से बदलकर ‘केरलम’ करने का केंद्र से आग्रह करने संबंधी प्रस्ताव बुधवार को सर्वसम्मति से पारित कर दिया। बता दें, यह प्रस्ताव मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने पेश किया। उन्होंने केंद्र सरकार से भारत के संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल सभी भाषाओं में राज्य का नाम बदलकर ‘केरलम’ करने का आग्रह किया। इस प्रस्ताव को कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्षी यूडीएफ (संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा) ने किसी संशोधन या बदलाव का सुझाव दिए बगैर स्वीकार कर लिया। इसके बाद, अध्यक्ष ए एन शमसीर ने हाथ उठाकर दिए गए समर्थन के आधार पर इसे विधानसभा द्वारा सर्वसम्मति से पारित प्रस्ताव घोषित किया।
मुख्यमंत्री ने प्रस्ताव पेश करते हुए कहा कि राज्य को मलयालम में ‘केरलम’ कहा जाता है, लेकिन अन्य भाषाओं में यह अब भी केरल ही है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वतंत्रता संग्राम के समय से ही मलयालम भाषी समुदायों के लिए एकजुट केरल बनाने की आवश्यकता मजबूती से उभरी है। विजयन ने कहा कि संविधान की पहली अनुसूची में हमारे राज्य का नाम केरल लिखा हुआ है।
सिरमौर : बादल फटने से तबाही, एक घर के पांच सदस्य लापता
10 Aug, 2023 10:47 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सिरमौर । हिमाचल प्रदेश में बारिश से राहत मिलने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। विभिन्न क्षेत्रों में बादल फटने की खबर सामने आई है। वहीं, सिरमौर में भी बादल फट गया है। सिरमौर के पांवटा साहिब उपमंडल के सिरमौरी ताल के नजदीक मालगी में बादल फटने से भारी तबाही हुई है।सिरमौरी ताल गांव के तीन घर बादल फटने से आई बाढ़ व मलबे के पानी में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं।
दो घर के लोगों को रेस्क्यू कर लिया गया, जबकि एक घर के 5 सदस्य अभी भी लापता है। प्रशासन और स्थानीय लोगों ने पूरी रात मुश्किलों के बावजूद राहत व बचाव कार्य किया।
जिसके फलस्वरूप मुगलवाला करतारपुर पंचायत के सिरमौरी ताल गांव में 100 से अधिक सदस्यों को उनके घरों में मलबे के बीच से निकालकर रेस्क्यू किया गया।एक घर का मौके पर कोई अता पता नही है। भारी-भरकम कई टन की चट्टानें और मलबे तले घर का कोई नामोनिशान नही रहा है। उक्त घर के सदस्यों का भी फिलहाल कोई पता नही चल पाया है।
आपदा कितनी अधिक है, इस बात का अंदाजा यहां से ही लग जाता है कि राजबन बाबा पत्थर नाथ मंदिर से लेकर सिरमौर गांव तक की तीन-चार किलोमीटर सड़क को बहाल करने में ही एलएनटी मशीनों को पूरी रात मशक्कत करनी पड़ी।सड़क पर बडे़-बडे़ पत्थर, पेड़ और कीचड़ इतना भर गया था कि उसे साफ करना मुश्किल हो रहा था।
बावजूद इसके एनएच पर कार्य कर रही कंपनी की मशीनों के चालकों ने बड़ा दिल दिखाते हुए रात भर सड़क बहाली का कार्य किया। उधर पांवटा साहिब के डीएसपी मानवेंद्र ठाकुर ने बताया कि पूरी रात भर चले राहत व बचाव कार्य में 100 से अधिक लोगों को रेस्क्यू कर लिया गया है। एक घर के 5 लोग अभी भी लापता हैं, जिनकी तलाश के लिए अब दोबारा से रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया गया है।
फ्लाइट से दिल्ली नहीं जा सकेंगे अधिकारी, लग्जरी होटल में ठहरने पर भी रोक
10 Aug, 2023 10:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चंडीगढ़ । सरकारी धन की बर्बादी और अधिकारियों के सैर सपाटे पर यूटी के प्रशासक व पंजाब के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित ने लगाम लगा दी है। प्रशासक ने दिल्ली दौरे पर जाने वाले अधिकारियों की हवाई यात्रा और पांच सितारा होटलों में ठहराव पर रोक लगाने के लिए चंडीगढ़ प्रशासन को आदेश दिया है।
प्रशासक ने सलाहकार धर्मपाल को पत्र लिखकर कहा है कि जिम्मेदार अधिकारी होने के नाते यह हमारा नैतिक कर्तव्य है कि सार्वजनिक धन की बर्बादी न हो और फिजूलखर्ची किसी भी कीमत पर बर्दाश्त न की जाए। उन्होंने कहा कि इस संबंध में चंडीगढ़ प्रशासन के अधिकारियों की ओर से किए जा रहे खर्च से संबंधित एक जानकारी उनके संज्ञान में लाई गई थी। इसमें बताया गया था कि अधिकारी दिल्ली के पांच सितारा होटलों में रुके और कॉमर्शियल उड़ानों में बिजनेस क्लास से यात्रा की।
वर्तमान परिस्थितियों पर गहन विचार करने के बाद यह निर्देश दिए जाते हैं कि अब से दिल्ली के लिए किसी भी हवाई यात्रा की अनुमति नहीं होगी। दिल्ली जाने वाले सभी अधिकारी शताब्दी और वंदे भारत ट्रेनों से यात्रा करेंगे। इसके अलावा अधिकारी यूटी गेस्ट हाउस, पंजाब भवन या हरियाणा भवन में रुकेंगे न कि किसी स्टार होटल में। बहरहाल, राज्यपाल का यह पत्र अधिकारियों के तबके में चर्चा का विषय बना हुआ है।
पिता की पत्नी बनकर बेटी ले रही थी पेंशन का लाभ
10 Aug, 2023 09:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
एटा । उत्तर प्रदेश के एटा में शातिर बेटी अपने पिता की मृत्यु के बाद सालों तक उनकी पेंशन के रुपयों से मौज करती रही। जब जिला प्रशासन ने मामले की जांच की तब लड़की को गिरफ्तार कर लिया गया। मामला कूंचादायम खां मोहल्ला का है। यहां रहने वाले विजारत उल्ला खां 30 नवंबर 1987 को लेखपाल के पद से रिटायर हुए थे। इस दौरान कुछ साल बाद उल्ला खां की बेगम साविया का निधन हो गया। फिर 2 जनवरी 2013 को विजारत का भी निधन हो गया।
लेकिन उनकी बेटी मोहसिना परवेज पत्नी फारूख ने पेंशन प्रपत्रों में खुद को विजारत की बेगम दिखाकर उनकी पेंशन लेना शुरू कर दी। 10 साल तक किसी को भी इसकी भनक नहीं लगी। लेकिन झूठ ज्यादा कभी न कभी पकड़ा ही जाता है। मोहसिना के साथ भी ऐसा ही कुछ हुआ। मामला उपजिलाधिकारी मानवेन्द्र सिंह के संज्ञान में आया। जिसके बाद उन्होंने मामले की जांच का आदेश दिया।
जांच में पाया गया कि मोहसिना ने पेंशन प्रपत्रों में साविया बेगम बनकर शायकीय धन का दुरूपयोग किया है। उपरोक्त मामले में पुलिस ने मोहसिना के विरुद्ध आरोप पत्र दाखिल कर दिया था। महिला लंबे समय से फरार चल रही थी, जिसे पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया।
शिवलिंग को हटाने का फैसले देते ही बेहोश हुए असिस्टेंट रजिस्ट्रार
10 Aug, 2023 08:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कोलकाता । कलकत्ता हाई कोर्ट के जस्टिस जॉय सेनगुप्ता ने मामले में फैसला सुनाया कि विवादित जमीन से शिवलिंग को हटाया जाना चाहिए। लेकिन उस शिवलिंग को बेदखल करने का फैसला दर्ज करते वक्त असिस्टेंट रजिस्ट्रार अचानक बेहोश हो गए। उन्हें कोर्ट के स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। उधर, असिस्टेंट रजिस्ट्रार का हाल देख जस्टिस ने भी अपना फैसला बदल दिया।
कोर्ट सूत्रों के मुताबिक, बेलडांगा स्थित खिदिरपुर निवासी सुदीप पाल और गोविंद मंडल के बीच जमीन के एक टुकड़े को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। कथित तौर पर इसके बाद गोविंदा ने विवादित जमीन पर रातो-रात एक शिवलिंग की स्थापना कर दी। सुदीप ने इसकी शिकायत थाने में की। पुलिस ने मामले की जांच करने का आश्वासन दिया। हालांकि, जब पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की, तब सुदीप ने कलकत्ता उच्च न्यायालय में मामला दायर किया।
याचिकाकर्ता सुदीप पाल के वकील तरुणज्योति तिवारी ने कोर्ट को बताया कि गोविंदा ने जानबूझकर विवादित जमीन पर शिवलिंग स्थापित किया था। पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसकारण कोर्ट को इस मामले में दखल देना चाहिए। गोविंदा के वकील ने कहा, मेरे मुवक्किल ने शिवलिंग की स्थापना नहीं की, बल्कि शिवलिंग स्वयं जमीन से निकला है। दोनों तरफ की बहस सुनने के बाद जस्टिस जॉय सेनगुप्ता ने इस जमीन से हटाने का आदेश दिया। न्यायाधीश के इसी फैसले को रिकॉर्ड करते समय अचानक असिस्टेंट रजिस्ट्रार विश्वनाथ राय बेहोश होकर गिर पड़े। यह देख जस्टिस ने भी अपना फैसला बदलकर कहा कि मामला निचली अदालत में सिविल केस के माध्यम से चलाया जाए।
आतंकवादी ने स्वामी नारायण मंदिर में घुसकर लोगों को बनाया बंधक, हो गई पिटाई
9 Aug, 2023 08:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई । महाराष्ट्र के धुले में एक आतंकवादी को मंदिर में घुसने के दौरान बंधक बना लिया गया। हालांकि पहले उसने लोगों को बंधक बनाने की कोशिश की, लेकिन बाद में उसको भी लोगों की मार खानी पड़ी। लेकिन जब उसकी हकीकत पता चली तो लोग हैरान रह गए। इस दौरान एक युवक आतंकवादी को देखकर इतने गुस्से में भर गया कि उसने उसे जोरदार थप्पड़ जड़ दिया। लड़के के इस अचानक रिएक्शन पर वहां खड़ी पुलिस भी हैरान रह गई। लेकिन जब वहां मौजूद लोगों को उस आतंकवादी की सच्चाई पता चली तो थप्पड़ मारने वाला युवक और अन्य लोग हैरान रह गए। सोशल मीडिया पर इस पूरी घटना का वीडियो वायरल हो रहा है। दरअसल स्वामी नारायण मंदिर में पुलिस मॉक ड्रिल कर रही थी। मंदिर में डमी आंतकवादी मुंह पर कपड़ा बांधे और हाथ में राइफल लेकर घुस आए। इस दृश्य को देखकर मंदिर में मौजूद लोग सहम गए और बच्चे डरकर चीखने लगे। पिता से अपने बच्चों को डरा और रोता हुआ देखा नहीं गया और उसने डमी आतंकी को जोरदार थप्पड़ जड़ दिया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।
गौरतलब है कि वो डमी आतंकवादी एक पुलिसवाला था। यह घटना 6 अगस्त शाम की बताई जा रही है। पुलिसकर्मी मंदिर में आतंकी हमला होने की तैयारी का जायजा लेने के लिए जिस समय मॉक ड्रिल कर रही थी, उस समय बड़ी संख्या में लोग मंदिर में मौजूद थे और इसमें बच्चे भी शामिल थे। आतंकी बंदूक की नोंक पर एक नागरिकों को बंधक बना रहा था जिससे लोग डर गए और बच्चे चीखने लग गए। बच्चों को रोता हुआ देख एक बच्चे का पिता प्रशांत कुलकर्णी आगे आया और उसने आतंकी को गुस्से में जोरदार थप्पड़ जड़ दिया। इस पर पुलिस दंग रह गई और उन्हें पूरी सच्चाई बताई। पुलिस ने लोगों को बताया कि यह एक मॉक ड्रिल है। किसी भी आतंकवादी घटना के समय आम नागरिकों को बचाने लिए अभ्यास किया गया था। इसके बाद युवक का गुस्सा शांत हुआ और अन्य लोगों ने भी राहत की सांस ली।
फेक न्यूज चलाने वाले आठ यू्ट्यूब चैनलों पर सरकार ने लगाई बंदिश
9 Aug, 2023 07:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । फर्जी और संदेहास्पद खबरें चलाने वाले आठ यूट्यूब चैनलों पर सरकार ने बंदिश लगा दी है। हालांकि इसके पहले पीआईबी ने फैक्टचेक किया था, जिसमें खबरें झूटी निकली। इस संबन्ध में सरकार ने कहा कि उसने 8 फेक यूट्यूब चैनल का ‘भंडाफोड़’ किया है, जो समय से पहले लोकसभा चुनाव कराने की घोषणा और इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) पर पाबंदी लगाए जाने जैसी फर्जी खबरें फैलाने में संलिप्त थे। अधिकारियों ने बताया कि यहां सच देखो, कैप्टिल टीवी, केवीएस न्यूज, सरकारी ब्लॉग, अर्न टेक इंडिया, एसपीएन9 न्यूज, एजुकेशनल दोस्त और वर्ल्ड बेस्ट न्यूज पर मौजूद वीडियो को पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) ने फर्जी खबरें फैलाने के लिए ‘फैक्टचेक’ (तथ्यों की पड़ताल) किया। अधिकारियों ने बताया कि वर्ल्ड बेस्ट न्यूज यूट्यूब चैनल के 17 लाख सब्सक्राइबर हैं और इसे 18 करोड़ बार देखा गया है और पाया गया कि यह भारतीय थलसेना के बारे में गलत सूचना फैला रहा था।
उन्होंने कहा कि अन्य चैनल एजुकेशनल दोस्त के 34.3 लाख से अधिक सब्सक्राइबर और 23 करोड़ ‘व्यूज’ के साथ, सरकारी योजनाओं के बारे में गलत जानकारी फैला रहा था, जबकि 48 लाख से अधिक सब्सक्राइबर और 189 करोड़ ‘व्यूज’ के साथ एसपीएन9 न्यूज राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और कई केंद्रीय मंत्रियों के बारे में फर्जी खबरें फैला रहा था। अधिकारियों ने बताया कि 45 लाख से ज्यादा सब्सक्राइबर और 9.4 करोड़ से ज्यादा ‘व्यूज’ वाला चैनल सरकारी ब्लॉग, सरकारी योजनाओं के बारे में फर्जी खबरें फैलाता पाया गया।
बड़ी संख्या में नशेडियों ने शामिल होकर नूंह में हिंसा को दिया अंजाम
9 Aug, 2023 06:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नूंह । पुलिस को जांच में नशेडियों के नूंह हिंसा में शामिल होने के पुख्ता प्रमाण मिले हैं। गिरफ्तार हुए नशेड़ियों व तस्करों की भूमिका की बात सामने आने पर अब और भी कनेक्शन तलाशे जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि हिंसा में साइबर अपराधियों के अलावा सक्रिय नशा तस्कर भी काफी संख्या में शामिल हुए। उन्होंने यहां पर जमकर उत्पात मचाया। नतीजन 31 जुलाई को छह घंटे तक नूंह जलता रहा। इसमें छह लोगों की मौत हुई और 88 घायल हुए। पुलिस अब हिंसा में शामिल आरोपियों की तलाश में जुटी है। पुलिस के अनुसार हिंसा में शामिल 156 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया चुका है। इनमें से 50 के आसपास नशेड़ी व तस्कर बताए जा रहे हैं। गिरफ्तार अधिकांश आरोपियों की उम्र 18 से 25 वर्ष के बीच है। इनमें से अधिकांश नशा करने के आदि हैं। साथ ही ये लोग नशे सामानों की तस्करी भी करते हैं। सूत्रों ने बताया कि पूछताछ में कई आरोपियों ने कबूला है कि हिंसा के दौरान उन्होंने नशा किया था। नशे की हालत में भड़काऊ वीडियो देखने से वह उत्तेजित हो गए। वह गांव व आसपास के युवाओं के बहकावे में आ गए। उनके कहने पर हिंसा में शामिल हुए।
पुलिस द्वारा पूछताछ में गिरफ्तार युवाओं ने यह भी बताया कि हिंसा में शामिल होने से चंद मिनट पहले उन्हें शराब, गांजा, स्मैक आदि नशा करने के लिए दिया गया। इससे उनका आवेश और बढ़ा। सूत्रों के अनुसार नूंह में नशा तस्करी का कारोबार काफी बड़ा हुआ है। राजस्थान से सटा होने व अरावली की ओट में होने के चतले नशा तस्कर नशीले पदार्थों की सप्लाई करते हैं। बीते कुछ दिनों में उनके खिलाफ पुलिस की कार्रवाई बढ़ गई। पुलिस लगातार तस्करों को गिरफ्तार कर रही थी। लिहाजा पुलिस के खिलाफ वह हिंसा में शामिल हुए और आगजनी की। सूत्रों बताते हैं कि पुलिस की गिरफ्त में भी कई आरोपी नशे की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि नशे के आदी हैं। ऐसे में नशा नहीं करने पर उनकी तबीयत बिगड़ सकती है। आरोपी पुलिस पूछताछ में तरह-तरह के बहाने बना रहे हैं।
भूस्खलन के कारण अमरनाथ यात्रा हुई रद्द, पवित्र गुफा के नहीं होंगे दर्शन
9 Aug, 2023 05:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जम्मू । राष्ट्रीय राजमार्ग पर भूस्खलन होने से अमरनाथ यात्रा स्थगित कर दी गई है। मिली जानकारी के अनुसार रामबन जिले में जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर भूस्खलन के कारण रास्ता बंद हो गया है, जिसके चलते जम्मू से श्रीनगर तक अमरनाथ की पवित्र गुफा की वार्षिक तीर्थयात्रा बुधवार को निलंबित कर दी गई। इस बीच, पंथा चौक यात्रा भी स्थगित रहेगी। बताया हा रहा है कि जम्मू के लिए आधार शिविर और यातायात की आवाजाही के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग साफ होने के बाद इसे फिर से शुरू किया जाएगा। जम्मू और कश्मीर यातायात पुलिस ने कहा कि जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग T2 मरोग रामबन में भूस्खलन के कारण अवरुद्ध है। लोगों को सलाह दी जाती है कि वे टीसीयू (यातायात नियंत्रण इकाई) से पुष्टि के बिना एनएच-44 पर यात्रा न करें। इससे पहले, जम्मू क्षेत्र के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक और जम्मू के मंडलायुक्त ने शुक्रवार को स्वतंत्रता दिवस समारोह और शुरू होने वाली बुड्ढा अमरनाथ यात्रा के लिए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। वहीं जम्मू जोन के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) मुकेश सिंह ने मंडलायुक्त जम्मू रमेश कुमार और डीआइजी राजौरी पुंछ रेंज हसीब मुगल के साथ पुलिस और नागरिक प्रशासन के साथ एक सुरक्षा समीक्षा बैठक बुलाई और सुरक्षा परिदृश्य का जायजा लिया।
इस दौरान एडीजीपी जम्मू और मंडलायुक्त को एसएसपी पुंछ विनय कुमार और डीसी पुंछ यासीन मोहम्मद चौधरी ने सुरक्षा और अन्य संबंधित मुद्दों के बारे में जानकारी दी। बाद में, एडीजीपी जम्मू और मंडलायुक्त ने पुंछ के नागरिक समाज के सदस्यों के साथ एक बैठक बुलाई। इस बैठक में प्रमुख वकीलों और निर्वाचित प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सभी वक्ताओं ने अधिकारियों को स्वतंत्रता दिवस समारोह के सुचारू संचालन और यात्रा के शांतिपूर्ण संचालन के लिए सभी सहयोग से अवगत कराया।
लड़कियों से छेड़छाड़ करने वालों को नहीं मिलेगी सरकारी नौकरी
9 Aug, 2023 01:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जयपुर । महिलाओं, लड़कियों और बच्चियों से छेड़छाड़ करने वालों को राजस्थान में अब सरकारी नौकरी नहीं मिलेगी। छेड़छाड़ करने वालों के कैरेक्टर सर्टिफिकेट में इसका उल्लेख किया जाएगा। सर्टिफिकेट खराब होते ही सरकारी नौकरी नहीं मिलेगी। सीएम अशोक गहलोत ने देर रात कानून व्यवस्था की बैठक में अफसरों को आदतन मनचलों के खिलाफ सख्त एक्शन लेने के आदेश दिए हैं।
सीएम अशोक गहलोत ने बैठक में अफसरों से कहा- महिलाओं और कमजोर वर्ग के खिलाफ अपराधों को रोकना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। छेड़छाड़ करने वाले मनचलों का रिकॉर्ड रखा जाए। चरित्र प्रमाण पत्र में छेडछाड़ में लिप्त होने का उल्लेख किया जाए। आदतन मनचलों पर सरकारी नौकरी से अयोग्य घोषित करने तक का एक्शन लिया जाए।
सीएम ने छेड़छाड़ करने वाले मनचलों को सरकारी नौकरी से अयोग्य घोषित करने के आदेश दिए हैं। इसके लिए छेड़छाड़ में शामिल आदतन मनचलों का अलग से रिकॉर्ड रखा जाएगा। ऐसे लोगों के नाम आरपीएससी, कर्मचारी चयन बोर्ड को भेजे जाएंगे। डेटाबेस में ऐसे लोगों के नाम मिलान करके वे अगर नौकरी के लिए अप्लाई करेंगे तो उनके आवेदन ही रिजेक्ट हो जाएंगे। हालांकि, अभी सीएम ने मौखिक आदेश दिए हैं। इसके लिए भर्ती प्रक्रियाओं और सरकारी नौकरी के पात्रता नियमों में बदलाव करना होगा।
सीएम ने छेड़छाड़ करने वाले मनचलों के खिलाफ स्पेशल ऑपरेशन चलाने के आदेश दिए हैं। स्कूल, कॉलेजों और बाजारों में मनचलों पर निगरानी के लिए सिविल ड्रेस में पुलिसकर्मियों को लगाया जाएगा। जिन जगहों पर मनचलों की शिकायतें ज्यादा हैं। वहां पर खास निगरानी रखी जाएगी। स्कूल, कॉलेजों और बाजारों में पॉइंट तय करके वहां निगरानी बढ़ाई जाएगी। जल्द ही प्रदेश भर में मनचलों के खिलाफ बड़ा अभियान चलेगा।
सीएम ने पिछले दिनों ग्रामीण और शहरी ओलिंपिक के उद्घाटन कार्यक्रम में कहा था कि मनचलों का हम परमानेंट इलाज करेंगे। मनचले महिलाओं और बच्चियों को परेशान करते हैंं। हम मनचलों के नाम आरपीएससी और कर्मचारी चयन बोर्ड को भेजेंगे।
नूंह जिले में इंटरनेट सेवा 11 अगस्त तक बंद रहेगी
9 Aug, 2023 12:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । नूंह जिले में एक बार फिर इंटरनेट सेवा पर पाबंदी बढ़ा दी गई है। अब जिले में इंटरनेट सेवा 11 अगस्त तक बंद रहेगी। साथ ही प्रशासन ने नूंह में बुधवार को कर्फ्यू में चार घंटे की ढील देने का फैसला किया है। उधर, पिछले हफ्ते भड़की और बाद में गुरुग्राम तक फैली सांप्रदायिक झड़पों पर सोशल मीडिया पर भड़काऊ बयानों को लेकर हरियाणा पुलिस ने 29 मामले दर्ज किए हैं और सात लोगों को गिरफ्तार किया है।
नूंह हिंसा के बाद जिले में तीन बार इंटरनेट सेवा को बाधित करना पड़ा है। हालांकि हालात अब सामान्य होने लगे हैं। बावजूद इसके इंटरनेट पर पाबंदी जारी रहेगी। मंगलवार को जिला प्रशासन द्वारा मिली जानकारी के मुताबिक, आगामी 11 अगस्त तक जिले में इंटरनेट सेवा बाधित रहेगी।
गत 31 जुलाई की हिंसा के बाद इंटरनेट सेवा जिले में बंद की गई थी, जो चार अगस्त तक थी। इसे 8 अगस्त तक बढ़ा दिया गया था। मंगलवार की रात क्षेत्रवासी इंटरनेट सेवा बहाल होने का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। हालांकि जिला प्रशासन की ओर से निर्णय लिया गया है कि अब आगामी 11 अगस्त तक जिले में इंटरनेट सेवाएं बाधित रहेंगी।
नूंह में बुधवार को कर्फ्यू में ढील दी जाएगी। इसे लेकर जिलाधीश की ओर से आदेश जारी किए गए हैं। सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक लोग आवाजाही कर सकते हैं।
नूंह हिंसा को लेकर हरियाणा पुलिस ने अब तक 113 एफआईआर दर्ज की गई हैं और 305 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही पुलिस 106 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
बता दें कि 31 जुलाई को मुस्लिम बहुल नूंह जिले में विश्व हिंदू परिषद की बृज मंडल जलाभिषेक यात्रा के दौरान दो समूहों के बीच झड़प हो गई थी। हिंसा के दौरान दो होमागार्ड सहित छह लोगों की मौत हो गई थी। साथ ही कई वाहनों में आग लगा दी गई थी।
एपीडा ने हवाई मार्ग से अमेरिका को ताजा अनार की पहली परीक्षण खेप का निर्यात की
9 Aug, 2023 11:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । फलों के निर्यात की संभावनाओं को बढ़ावा देने के लिए, वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय के अधीन कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा), ने हवाई मार्ग से अमेरिका को ताजा अनार की पहली खेप का परीक्षण निर्यात किया है। एपीडा ने अनार की जो पहली खेप अमेरिका को निर्यात की है, उसमें भारत के राष्ट्रीय पादप संरक्षण संगठन (एनपीपीओ) और अमेरिका की एनिमल एंड प्लान्ट हेल्थ इंस्पेक्शन सर्विस (यूएस-एपीएचआईएस), महाराष्ट्र राज्य कृषि विपणन बोर्ड (एमएसएएमबी), आईसीएआर-अनार पर राष्ट्रीय अनुसंधान केंद्र, सोलापुर (एनआरसी-सोलापुर) और अन्य का सहयोग था।
एपीडा के अध्यक्ष अभिषेक देव ने कहा कि अमेरिका में अनार के निर्यात में वृद्धि से अधिक कीमत प्राप्त होगी और किसानों की आय में बढ़ोतरी होगी। अनार के आयातकों से उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली है। अनार का परीक्षण निर्यात एपीडा में पंजीकृत आईएनआई फार्म्स द्वारा किया गया था, जो भारत से फलों और सब्जियों के शीर्ष निर्यातकों में से एक है। इसने किसानों के साथ सीधे काम करके केले और अनार की मूल्य श्रृंखला बनाई है।