देश (ऑर्काइव)
केदारनाथ यात्रा मार्ग पर भूस्खलन.....मलबे में दबने से पांच लोगों की मौत
13 Aug, 2023 11:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
दूहरादून । उत्तराखंड में इन दिनों मौसम का कहर जारी हैं। मौसम विभाग ने राजधानी देहरादून सहित छह जिलों में 14 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। रुद्रप्रयाग जिले में केदारनाथ यात्रा मार्ग पर भारी भूस्खलन हुआ है। यहां भूस्खलन के मलबे में दबने से गुजरात के तीन तीर्थयात्रियों सहित पांच लोगों की मौत हो गई है। बता दें कि मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में उत्तराखंड के छह जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी थी। केदारनाथ यात्रा मार्ग पर फाटा क्षेत्र के तरसाली में भूस्खलन के कारण कार में सवार पांच लोग मलबे में दब गए, लेकिन बारिश के कारण शुक्रवार को उनके शव बरामद किए गए। मृतकों में गुजरात के तीन और हरिद्वार का एक श्रद्धालु शामिल है। पुलिस ने कहा कि पांचवें पीड़ित की पहचान करने के प्रयास जारी है।
देहरादून मौसम विज्ञान केंद्र ने 14 अगस्त तक के लिए टिहरी, देहरादून, पौड़ी, चंपावत, नैनीताल और उधम सिंह नगर जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। बता दें कि केंद्र ने प्रशासन को चेतावनी जारी करते हुए पर्याप्त सावधानी बरतने को कहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बारिश प्रभावित कोटद्वार क्षेत्र का निरीक्षण किया, जहां कुछ दिन पहले भूस्खलन में एक व्यक्ति लापता हो गया था और कई पुल क्षतिग्रस्त हो गए थे, जिससे एक बड़ी आबादी राज्य के बाकी हिस्सों से कट गई थी। धामी के स्थलीय निरीक्षण के दौरान विधानसभा अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक रितु खंडूरी भी उनके साथ मौजूद रहीं। धामी ने पौड़ी के जिलाधिकारी आशीष चौहान को गादीघाटी में क्षतिग्रस्त पुल की मरम्मत पर काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कोटद्वार और भाबर को जोड़ने वाले मालन नदी पर बने वैकल्पिक पुल का भी निरीक्षण किया।
धामी ने कहा कि सरकार का पहला प्रयास राज्य में सामान्य स्थिति बहाल करना है, जो मानसून से बाधित हो गई है। इसके बाद विभिन्न क्षेत्रों में आपदा से हुए नुकसान का आकलन होगा और व्यवस्थाओं में कमियों को दूर किया जाएगा। धामी ने कहा, मौसम विभाग की ओर से राज्य के कई जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। सभी निवासियों और पर्यटकों से अनुरोध है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें। धामी ने कहा कि उन्होंने जिला प्रशासन और एसडीआरएफ को 24 घंटे अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं और वह संबंधित अधिकारियों से संपर्क स्थापित कर हर स्थिति पर नजर भी रख रहे हैं। राज्य में लगातार हो रही बारिश से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। इस वर्ष अत्यधिक बारिश के कारण भूस्खलन, बाढ़ और बादल फटने जैसी प्राकृतिक आपदाओं से राज्य में जान-माल का भारी नुकसान हुआ है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस मानसून के दौरान विभिन्न घटनाओं में अब तक 58 लोगों की जान जा चुकी है, और 37 लोग घायल हुए हैं, जबकि 19 अन्य लापता हैं।
आज से 15 अगस्त तक ......हर घर तिरंगा अभियान
13 Aug, 2023 10:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । स्वतंत्रता दिवस के मौके पर 13 से 15 अगस्त के बीच हर घर तिरंगा अभियान भी चलाया जा रहा है। इसके बाद लोग अपने घर पर तिरंगा फहराएंगे लेकिन ऐसा करने से पहले आपको कुछ खास बातों का ख्याल रखना भी जरूरी है। तिरंगा फहराने के कुछ नियम हैं, जिसे सभी को जानना चाहिए। गलत तरीके से तिरंगा फहराने पर आपको जुर्माना भरना पड़ सकता है। इतना ही नहीं जेल भी हो सकती है।
15 अगस्त को ध्वजारोहण होता है, और 26 जनवरी को तिरंगा फहराया जाता है। ध्वजारोहण और झंडा फहराने के बीच एक बड़ा अंतर है। जब तिरंगे को नीचे से रस्सी के माध्यम से खींचकर फहराया जाता है, तब इस ध्वजारोहण कहते हैं। 26 जनवरी में तिरंगा ऊपर ही बंधा होता है, इस पूरा खोलकर फहराया जाता है। इस झंडा फहराना कहते हैं।
तिरंगा फहराने के कुछ नियम जाने ले:
तिरंगा फहराते समय इसका ध्यान रखें कि यह भीगा न हो और न ही किसी प्रकार की कोई क्षति हुई है। केसरियां रंग हमेशा ऊपर, सफेद रंग बीच में और हरा रंग हमेशा सबसे नीचे की पट्टी में होना चाहिए। झंडा कटा-फटा नहीं होना चाहिए। तभी आप तिरंगा फहरा सकते हैं।
पहले केवल हाथ से बने कपास, पॉलिएस्टर, ऊन, खादी इत्यादि से बने झंडे को बनाने की अनुमति थी लेकिन अब मशीन से भी बने झंडे को फहराने की अनुमति मिल चुकी है। झंडे को पहले सिर्फ दिन के वक्त ही फहराया जा सकता था लेकिन सरकार ने नियम को बदल दिया है। लेकिन अब झंडे को दिन या रात 24 घंटे फहराया जा सकता है। झंडे का आकार आयताकार होना चाहिए। इसकी लंबाई चौड़ाई का अनुपात 3.2 होना चाहिए और अशोक चक्र में 24 तीलियां होनी चाहिए। किसी भी स्थिति में तिरंगा जमीन को नहीं छूना चाहिए। राष्ट्रीय ध्वज से ऊंचा कोई और ध्वज नहीं लगाया जा सकता है। झंडे के किसी भी भाग को जलाने, नुकसान पहुंचाने, मौखिक या शाब्दिक तौर पर इसका अपमान करने पर तीन साल की जेल के साथ जुर्माना या फिर दोनों हो सकते हैं। झंडे पर कुछ लिखा नहीं जा सकता है। तिरंगे को अपने पास पूरे सम्मान के साथ तह लगाकर रखना है। फेंकना और क्षति पहुंचाने की मनाही है। तिरंगे को फहराना हर नागरिक का मौलिक अधिकार है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि कोई झंडे को कार में लगाकर घूम सकता है। ध्वज संहिता के अनुसार, केवल संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों को ही गाड़ी पर तिरंगा लगाने की अनुमति है। एक मोटर कार पर झंडा अकेला प्रदर्शित किया जाता है, तब उस एक डंडे (स्टाफ) से फहराया जाना चाहिए, जिसे या बोनट के सामने बीचो-बीच या कार के सामने दाहिनी ओर मजबूती से लगा हुआ होना चाहिए।
गौरीकुंड में दो और शव हुए बरामद, 16 की नहीं है जानकारी
13 Aug, 2023 09:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रुद्रप्रयाग । गौरीकुंड में आज फिर दो शव मिले हैं, हालांकि अभी 16 लोगों का कोई अता-पता नहीं है। रेस्क्यू टीम यहां लगातार अपना काम कर रही है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि, विगत दिनों गौरीकुंड डाटपुलिया के समीप भारी भू-स्खलन के कारण लापता चल रहे 18 लोगों का आज 9वें दिन भी लगातार घटना स्थल पर जिलाधिकारी के निर्देशन मे खोजबीन का अभियान जारी है। रेस्क्यू टीम ने आज सुबह दो और लोगों के शव बरामद कर लिए हैं, जिनमें एक लड़की व एक महिला का शव है। इनकी शिनाख्त की जा रही है, शेष 16 लापता व्यक्तियों का रेस्क्यू एवं खोजबीन कार्य जारी है। रेस्क्यू एवं खोजबीन टीम में डीडीआरएफ, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, वाईएमएफ, पुलिस, प्रशासन की टीमें शामिल हैं जो लगातार जुटी हुई हैं।
पलामू में दो नक्सल कमांडरों ने एक-दूसरे की जान ली
13 Aug, 2023 08:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची । झारखंड के पलामू जिले में प्रतिबंधित नक्सली संगठन जनमुक्ति परिषद (जेजेएमपी) के दो शीर्ष कमांडरों ने एक-दूसरे की गोली मारकर जान ले ली। इसमें पांच लाख का इनामी गणेश लोहरा और टॉप कमांडर संतोष यादव शामिल हैं। पुलिस ने होटाई के जंगलों से दोनों के शव बरामद कर पीएम के लिए भेज दिए हैं।
बताया जा रहा है कि दोनों कमांडरों के बीच अवैध रूप से वसूली गई रकम के बंटवारे को लेकर विवाद इतना बढ़ा कि दोनों ने एक-दूसरे पर गोलियां बरसाईं। दोनों के शव जंगल में थोड़ी दूरी पर आस-पास मिले। खबर है कि गुरुवार की रात होटाई गांव में सात से आठ की संख्या में हथियारबंद नक्सली पहुंचे। सभी गांव के एक चबूतरे पर बैठे और खाना खाया। सभी ने शराब पीकर जंगल की तरफ गए।
बताया जाता हैं कि जंगल में ही उनका झगड़ा हुआ और इसके बाद परस्पर दो गुटों में बंटे नक्सलियों ने एक-दूसरे पर फायरिंग की। मारे गए नक्सलियों में गणेश लोहरा पर पांच लाख का इनाम था। बताया जा रहा है कि वह पुलिस के सामने सरेंडर करना चाहता था, लेकिन इसके पहले ही मारा गया। उसकी पत्नी अनीता लोहरा पांकी की ताल पंचायत की मुखिया है।
भ्रष्टाचार के खिलाफ भारत में जीरो टॉलरेंस की सख्त नीति : पीएम मोदी
12 Aug, 2023 08:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि भारत में भ्रष्ट्राचार के खिलाफ जीरो टालरेंस की नीति अपनाई है। ताकि गरीबों का शोषण होने से बचाया जा सके। पीएम मोदी शनिवार को कोलकाता में जी-20 भ्रष्टाचार विरोधी मंत्रिस्तरीय बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारत में भ्रष्टाचार के खिलाफ शून्य सहिष्णुता की सख्त नीति है। भ्रष्टाचार का असर गरीबों तथा वंचित तबकों के लोगों पर पड़ता है। भ्रष्टाचार संसाधनों के आवंटन को प्रभावित करता है, बाज़ारों को विकृत करता है। भारत में भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की सख्त नीति है। जी-20 में, हमारे सामूहिक प्रयास भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई में महत्वपूर्ण सहायता कर सकते हैं। भ्रष्टाचार संसाधनों के आवंटन को प्रभावित करता है। भारत एक पारदर्शी और जवाबदेह पारिस्थितिकी तंत्र बनाने के लिए प्रौद्योगिकी और ई-गवर्नेंस का लाभ उठा रहा है। पीएम ने आगे टैगोर के लेखन का उल्लेख किया और लालच के प्रति आगाह किया क्योंकि यह हमें सच्चाई का एहसास करने से रोकता है। उन्होंने प्राचीन भारतीय उपनिषदों का भी उल्लेख किया जो मा गृध के लिए प्रयास करते हैं, जिसका अनुवाद है कोई लालच न हो।
बैठक में पीएम मोदी ने आगे कहा कि भ्रष्टाचार का सबसे अधिक प्रभाव गरीबों पर पड़ता है और उन्होंने कहा कि यह संसाधनों के उपयोग को प्रभावित करता है, बाजारों को विकृत करता है, सेवा वितरण को प्रभावित करता है और अंततः लोगों के जीवन की गुणवत्ता को कम करता है। अर्थशास्त्र में कौटिल्य का जिक्र करते हुए, मोदी ने कहा कि राज्य के संसाधनों को बढ़ाना सरकार का कर्तव्य है। पीएम ने बताया कि भारत में करोड़ों लोगों को उनके बैंक खातों में 360 अरब डॉलर से अधिक की राशि का प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण प्राप्त हुआ है और 33 अरब डॉलर से अधिक की बचत करने में मदद मिली है।
जी-20 बैठक में पीएम ने कहा कि हमारे सरकारी ई-मार्केटप्लेस या पीईएम पोर्टल ने सरकारी खरीद में अधिक पारदर्शिता लाई है। 2018 में आर्थिक अपराधी अधिनियम के अधिनियमन के बारे में बोलते हुए, पीएम मोदी ने कहा कि सरकार आक्रामक रूप से आर्थिक अपराधियों पर कार्रवाई कर रही है और आर्थिक अपराधियों और भगोड़ों से 1.8 बिलियन डॉलर से अधिक की संपत्ति की वसूली हुई उन्होंने धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के बारे में भी बात की, जिसने 2014 से अपराधियों की 12 बिलियन अमेरिकी डॉलर से अधिक की संपत्ति कुर्क करने में मदद की है। इसके अलावा अन्य गतिविधियां भी देश में जारी है, जिससे जनता को लाभ मिल रहा है।
ट्रेन की बिजली गुल होने पर यात्रियों ने टीटीई पर निकाला गुस्सा
12 Aug, 2023 07:44 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । सुहेलदेव सुपरफास्ट एक्सप्रेस में बिजली गुल होने पर यात्रियों ने टीटीई पर जमकर गुस्सा निकाला। जानकारी के अनुसार ट्रेन के दो डिब्बों में बिजली गुल होने के बाद गुस्साए यात्रियों ने हंगामा मचा दिया दिया और टिकट कलेक्टर को ट्रेन के शौचालय में बंद कर दिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना शुक्रवार को हुई जब ट्रेन दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल से गाज़ीपुर जा रही थी। सोशल मीडिया पर इसका वीडियो भी वायरल हो रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आनंद विहार टर्मिनल से रवाना होने के तुरंत बाद ट्रेन के बी1 और बी2 कोच में बिजली गुल हो गई और एसी ने भी काम करना बंद कर दिया। गुस्साए यात्रियों ने घटना की शिकायत टीटीई से की। उन्होंने हंगामा करते हुए टीटीई को टॉयलेट में बंद कर दिया।
सोशल मीडिया पर वायरल पर हो रहे वीडियों में देखा जा सकता है कि ‘कैसे यात्रियों ने बाहर ताला लगाने से पहले टीटीई को शौचालय के अंदर जाने के लिए दबाव डाला हैं। इसी वीडियो में तकनीकी कर्मचारियों को बिजली व्यवस्था में आई समस्या को ठीक करने की कोशिश करते हुए भी देखा जा सकता है। बाद में जब ट्रेन टूंडला स्टेशन पहुंची तो आरपीएफ और रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों को शांत किया और उन्हें आश्वासन दिया कि बिजली गुल होने की समस्या जल्द ही हल कर दी जाएगी। इस दौरान टीटीई को भी बाहर निकाला गया और इंजीनियरों ने बिजली की खराबी को मौके पर ही ठीक किया।
सीआरपीएफ जवान की गोली लगने से मौत, आत्महत्या की आशंका
12 Aug, 2023 06:43 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
श्रीनगर । जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में एक जवान की गोली लगने से मौत हो गई। इसे आत्महत्या बताया जा रहा है, लेकिन अधिकारियों ने जांच के बाद ही पुष्टि करने की बात कही है। जानकारी के अनुसार शनिवार को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के एक जवान की गोली लगने से मौत हो गई। पुलवामा जिले के चेरसू गांव में स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया के गोदाम के पास गोलियों की आवाज सुनने के बाद सीआरपीएफ का एक जवान खून से लथपथ पाया गया। गोली लगने से जवान की मौके पर ही मौत हो गई थी। जवान की पहचान 112 बटालियन के कांस्टेबल अजय कुमार के रूप में की गई है। सूचना के बाद चिकित्सा-कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए जांच की कार्यवाही शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने कहा कि मौत का कारण आत्महत्या प्रतीत होता है, लेकिन मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि जांच कार्यवाही पूरी होने के बाद ही की जा सकती है।
भड़काऊ पोस्ट मामले में एक न्यूज चैनल के एडिटर की हुई गिरफ्तानी
12 Aug, 2023 05:42 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गुरुग्राम । हरियाणा के नूंह और आसपास के जिलों में सांप्रदायिक हिंसा के संबंध में सोशल मीडिया पर कथित भड़काऊ पोस्ट करने पर एक न्यूज चैनल के रेजिडेंट एडिटर को गुरुग्राम पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एक न्यूज चैनल के स्थानीय संपादक मुकेश कुमार को गुरुग्राम साइबर थाना पूर्वी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जबकि संबन्धित न्यूज चैनल ने अपने स्थानीय संपादक मुकेश कुमार की गिरफ्तारी को मीडिया की स्वतंत्रता पर हमला बताया है। हालांकि इसके पहले आरोप लगाया था कि कुछ गुंडों द्वारा उन्हें अगवा किया गया था। जानकारी के अनुसार, मुकेश कुमार की गिरफ्तारी की पुष्टि से पहले दोपहर को न्यूज चैनल के ट्विटर हैंडल से पत्रकार को गुरुग्राम से अगवा करने का ट्वीट किया गया था। पुलिस ने बताया कि 8 अगस्त को मुकेश द्वारा ट्वीट कर आरोप लगाया गया था कि एक विदेशी न्यूज चैनल गुरुग्राम पुलिस कमिश्नर को फोन कर उन पर सांप्रदायिक दंगों को लेकर हिंदुओं के खिलाफ कार्रवाई करने का दबाव बना रहा है। इस दबाव के बाद कहीं से भी हिंदू कार्यकर्ताओं को उठाया जा रहा है। जबकि गुरुग्राम पुलिस ने मुकेश कुमार की पोस्ट को आधारहीन, झूठा और भ्रामक बताया। पुलिस ने कहा कि साइबर अपराध थाने में पत्रकार के खिलाफ आईटी अधिनियम की संबंधित धारा और अन्य धाराओं के तहत एक एफआईआर दर्ज की गई थी। एसीपी (क्राइम) वरुण दहिया ने कहा कि मुकेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है।
न्यूज चैनल ने पहले ट्वीट कर दावा किया था कि उसके स्थानीय संपादक मुकेश कुमार को गुरुग्राम से अगवा कर लिया गया है। चैनल ने दावा किया कि वह संघर्षरत हिंदू कार्यकर्ताओं की मदद के लिए मेवात गए थे। इसमें कहा गया कि गुरुग्राम के सेक्टर-17 में गुंडों ने उनका अपहरण कर लिया। हालांकि, बाद में उसने एक और बयान जारी कर कहा कि गिरफ्तारी की सूचना देने के लिए बयान जारी करने में गुरुग्राम पुलिस को सात घंटे लग गए। चैनल ने गिरफ्तारी को पूरी तरह गलत करार दिया। गौरतलब है कि, मुस्लिम बहुल नूंह जिले में 31 जुलाई को विश्व हिंदू परिषद की ब्रज मंडल शोभा यात्रा पर भीड़ द्वारा हमला करने के बाद साम्प्रदायिक हिंसा भड़क गई थी।
Twitter X ने 23 लाख से भी ज्यादा अकाउंट किए बैन
12 Aug, 2023 05:25 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
एलन मस्क द्वारा संचालित एक्स कॉर्प (पूर्व में ट्विटर) ने भारत में जून-जुलाई महीने में रिकॉर्ड 23,95,495 अकाउंट पर प्रतिबंध लगा दिया है। इसमें ज्यादातर बाल यौन शोषण और गैर-सहमति न्यूडिटी को बढ़ावा देने वाले अकाउंट शामिल है।बता दें, 26 मई से 25 जून के बीच एक्स ने भारत में 5,44,473 अकाउंट पर बैन लगा दिया। माइक्रो-ब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म ने देश में अपने प्लेटफॉर्म पर आतंकवाद को बढ़ावा देने के लिए 1,772 अकाउंट को भी हटा दिया। एक्स ने नए आईटी नियम, 2021 के अनुपालन में अपनी मंथली रिपोर्ट में इस बात की जानकरी दी है।
महीने के पहले दिन पोर्टल पर नहीं आने के कारण रिपोर्ट करीब एक सप्ताह देरी से आई है। मेटा और वाट्सऐप जैसे अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की तरह, एक्स ट्रांसपेरेंसी आमतौर पर महीने के पहले दिन रिपोर्ट पोस्ट करती है।इसके अलावा, 26 जून से 25 जुलाई के बीच, एक्स ने देश में अपने प्लेटफॉर्म पर आतंकवाद को बढ़ावा देने के लिए 1,851,022 अकाउंट पर प्रतिबंध लगा दिया और 2,865 अकाउंट को भी हटा दिया। माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म को अपने शिकायत निवारण तंत्र के माध्यम से एक ही समय सीमा में भारत में यूजर्स से 2,056 शिकायतें प्राप्त हुईं।
भारी भूस्खलन से मंडी-कुल्लू के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात अवरुद्ध, सैकड़ों वाहन फंसे
12 Aug, 2023 01:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मनाली । रात भर हिमाचल प्रदेश में हुई भारी बारिश से हुए बड़े पैमाने पर भूस्खलन के बाद शुक्रवार को मंडी और कुल्लू के बीच चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात अवरुद्ध हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। मंडी जिले के पंडोह के पास हुए भूस्खलन से राजमार्ग बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। प्रभावित क्षेत्र के दोनों ओर सैकड़ों वाहन फंसे रहे। पुलिस ने मंडी से आगे कुल्लू की ओर और कुल्लू से मंडी की ओर वाहनों की आवाजाही रोक दी है।
अधिकारी ने कहा कि कटौला के रास्ते मंडी और कुल्लू के बीच वैकल्पिक सड़क संपर्क भी कामद के पास बड़े पैमाने पर भूस्खलन से बाधित हो गया है। मंडी और कुल्लू के जिला प्रशासन ने आगंतुकों को राजमार्ग की बहाली तक मंडी-कुल्लू मार्ग पर अपनी यात्रा स्थगित करने की सलाह दी है।
सोलन के पास भूस्खलन के कारण चंडीगढ़-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी यातायात बाधित हुआ। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, ऊना, हमीरपुर और बिलासपुर जिलों में भारी वर्षा होने की संभावना है।
धरती के बाद......चांद पर भी एक-दूसरे के दोस्त बनेंगे भारत और रूस
12 Aug, 2023 12:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । रूस ने 11 अगस्त को अपने वोस्तोनी कॉस्मोड्रोम से लूना-25 लैंडर की लांचिंग की। 47 साल बाद रूस चंद्रमा के लिए अपना पहला अंतरिक्ष यान रवाना कर चुका है। इसके पहले भारत ने चंद्रमा पर सॉफ्ट लैंडिंग की उपलब्धि हासिल करने की कोशिश में चंद्रयान-3 को चंद्रमा पर भेजा है। चंद्रमा के लिए रवाना किए गए दोनों मिशन दक्षिणी ध्रुव पर सॉफ्ट लैंडिंग करने वाले हैं। इस तरह भारत और रूस चांद पर एक दूसरे के पड़ोसी होने वाले हैं। ऐसा बताया जा रहा है कि लूना -25 चंद्रमा की सतह पर चंद्रयान-3 से पहले ही लैंड करेगा।
बता दें रूस 1976 के बाद पहली बार चंद्रमा पर अपने लूना-25 यान को भेज रहा है। इस यान का प्रक्षेपण यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी की मदद के बिना किया गया है, जिसमें यूक्रेन पर रूसी आक्रमण के बाद मॉस्को के साथ अपना सहयोग समाप्त कर दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक रूसी अंतरिक्ष यान के 23 अगस्त को चंद्रमा पर पहुंचने की संभावना है। इसी तारीख को भारत का चंद्रयान-3 के चंद्रमा की सतह पर कदम रखने की उम्मीद है।
दोनों ही देशों ने अपने-अपने यान को चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतारने का लक्ष्य निर्धारित किया है, जहां अभी तक कोई भी यान सॉफ्ट लैंडिंग करने में सफल नहीं हो सका है। अभी तक सिर्फ तीन देश, अमेरिका, तत्कालीन सोवियत संघ और चीन चंद्रमा की सतह पर सफल लैंडिंग कर पाए हैं। सब कुछ ठीक रहा तब रूस का लूना 25 और चंद्रयान-3 की दक्षिणी ध्रुव पर मौजूदगी से दोनों देश चांद पर एक दूसरे के पड़ोसी हो जाएंगे।
रूस की अंतरिक्ष एजेंसी रोस्कोस्मोस के प्रमुख यूरी बोरिसोव के मुताबिक, लूना का लैंडर 21 अगस्त को चंद्रमा की सतह पर उतर सकता है। पहले इसके लैंडिंग की तारीख 23 अगस्त बताई गई थी। उन्होंने कहा कि मुझे उम्मीद है कि चंद्रमा पर बेहद सटीक सॉफ्ट लैंडिंग होगी। लूना-25, लगभग एक छोटी कार के आकार का है, जो चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर एक वर्ष तक काम करने के लक्ष्य से बनाया गया है।
लूना-25 मिशन की सफलता महत्वपूर्ण महत्व रखती है, क्योंकि रूसी सरकार का दावा है कि यूक्रेन संघर्ष के कारण पश्चिमी देशों द्वारा लगाए गए प्रतिबंध से रूसी अर्थव्यवस्था को गंभीर नुकसान पहुंचा है। इसके बाद में पहली बार रूस ने अपने दम पर इस अंतरिक्ष मिशन को लांच किया है।
देश भर से कई विशेष अतिथियों को स्वतंत्रता दिवस समारोह में भाग लेने के लिए मिला न्योता
12 Aug, 2023 11:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । इस वर्ष 15 अगस्त को लाल किले पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा स्वतंत्रता दिवस ध्वजारोहण में पूरे देश से लगभग 1,800 विशेष अतिथि शामिल होंगे। इस वर्ष भारत की आजादी के 75 वर्ष पूरे होने पर, वाइब्रेंट विलेज के सरपंच, शिक्षक, नर्स, किसान, मछुआरे, नई दिल्ली में सेंट्रल विस्टा परियोजना के निर्माण में मदद करने वाले श्रम योगी, खादी क्षेत्र के कार्यकर्ता, राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता स्कूल शिक्षक, सीमा सड़क संगठन के कार्यकर्ता और जिन लोगों ने देश के विभिन्न भागों में लागू अमृत सरोवर परियोजनाओं और हर घर जल योजना परियोजनाओं में सहायता और काम किया है, उन्हें इस साल नई दिल्ली में स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने के लिए अपने जीवनसाथी के साथ आमंत्रित किया गया है।
महाराष्ट्र से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (पीएम-किसान) के दो लाभार्थी विशेष अतिथि के रूप में 15 अगस्त, 2023 को ऐतिहासिक लाल किले, दिल्ली में स्वतंत्रता दिवस समारोह के साक्षी बनेंगे। योजना के पचास (50) लाभार्थी, अपने परिवारों के साथ, लगभग 1,800 व्यक्तियों में से हैं, जिन्हें लाल किले से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के राष्ट्र के नाम संबोधन को सुनने के लिए आमंत्रित किया गया है। पूरे भारत में जीवन के सभी क्षेत्रों से लोगों को आमंत्रित करने और समारोहों का हिस्सा बनने की यह पहल सरकार द्वारा जनभागीदारी के अपने दृष्टिकोण के अनुरूप की गई है।
भूस्खलन होने से कालका शिमला हाईवे फिर बंद, एचआरटीसी बस हुई दुर्घटनाग्रस्त
12 Aug, 2023 10:58 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भूस्खलन होने से कालका शिमला एनएच देर रात से फिर बंद हो गया है। इससे हाईवे पर लंबा जाम लगा हुआ है। बताया जा रहा है कि चक्की मोड़ के पास भूस्खलन हुआ है। वहीं कांगू में हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस सड़क धसने के कारण दुर्घटना का शिकार हो गई।जानकारी के अनुसार, बस 31-1315 सुंदरनगर शिमला रूट पर जा रही थी।
रास्ते में कांगू के पास सड़क अचानक क्षतिग्रस्त होने के कारण चार यात्री घायल हो गए और अन्य को मामूली चोटें आईं हैं। बस में कल 12 यात्री सवार थे। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची है।हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के ऑरेंज अलर्ट के बीच शुक्रवार शाम तक 302 सड़कों पर आवाजाही ठप रही। 989 बिजली ट्रांसफार्मर और 47 पेयजल योजनाएं भी बंद हैं।भूस्खलन होने से कालका-शिमला नेशनल हाईवे आठ घंटे बंद रहा।
दोपहर को छोटे वाहनों के बाद शाम को बसों की आवाजाही भी एनएच से शुरू हो गई है।एनएच चंडीगढ़-मनाली पर सुबह और दोपहर को करीब दो घंटों तक छह मील, नौ मील और आठ मील के पास मलबा और चट्टानें आने के चलते यातायात बंद रहा। दोपहर बाद मार्ग बहाल हुआ। मंडी-पठानकोट एनएच अपरोच रोड के नजदीक भूस्खलन से सड़क पर पेड़ व मलबा गिर जाने से करीब एक घंटे तक बंद रहा।
केंद्र से प्याज का 3 लाख मीट्रिक टन बफर स्टॉक जारी करना शुरू
12 Aug, 2023 10:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । उपभोक्ता कार्य विभाग ने इस वर्ष बफर के लिए खरीदे गए 3.00 लाख मीट्रिक टन प्याज से स्टॉक जारी करने का निर्णय लिया है। विभाग के सचिव रोहित कुमार सिंह ने 10 अगस्त, 2023 को नेफेड और एनसीसीएफ के प्रबंध निदेशकों के साथ बैठक की और निपटान के तौर-तरीकों को अंतिम रूप दिया। उन राज्यों या क्षेत्रों के प्रमुख बाजारों को लक्षित करके प्याज के स्टॉक को जारी करने का निर्णय लिया गया, जहां खुदरा कीमतें अखिल भारतीय औसत से ऊपर चल रही हैं और जहां पिछले महीने और वर्ष की तुलना में कीमतों में वृद्धि की दर सीमा स्तर से ऊपर है। ई-नीलामी के माध्यम से निपटान और ई-कॉमर्स प्लेटफार्मों पर खुदरा बिक्री का भी पता लगाया जा रहा है। उपभोक्ताओं को सस्ती कीमतों पर प्याज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निपटान की मात्रा और गति को कीमतों और उपलब्धता स्थितियों के साथ भी समायोजित किया जाएगा।
चालू वर्ष में बफर के लिए कुल 3.00 लाख मीट्रिक टन प्याज की खरीद की गई है, जिसे स्थिति की मांग होने पर और बढ़ाया जा सकता है। दो केंद्रीय नोडल एजेंसियों, अर्थात, नेफेड और एनसीसीएफ ने जून और जुलाई के दौरान महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश से 1.50 लाख मीट्रिक टन रबी प्याज की खरीद की थी। इस वर्ष, भंडारण हानि को कम करने के उद्देश्य से भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र (बीएआरसी) के सहयोग से पायलट आधार पर प्याज का विकिरण भी शुरू किया था। लगभग 1,000 मीट्रिक टन विकिरणित किया गया था और नियंत्रित वातावरण भंडारण में संग्रहीत किया था।
जी20 एजेंडे में आम बात है कि सभी के लिए बेहतर कल की तैयारी कैसे करें: वित्तमंत्री सीतारामन
12 Aug, 2023 09:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । केंद्रीय वित्त और कॉर्पोरेट मामलों की मंत्री निर्मला सीतारामन ने आज कहा कि भारत के जी20 अध्यक्षता एजेंडे में एक आम बात यह है कि सभी के लिए बेहतर कल की तैयारी कैसे करें। वित्त ट्रैक में बड़ी संख्या में परिणाम सामने आए हैं, जिनमें से अधिकांश वर्तमान और उभरती वैश्विक आर्थिक चुनौतियों का समाधान करने में योगदान देंगे। उन्होंने कहा कि भारत द्वारा जी-20 की अध्यक्षता संभालने के बाद 8 महीने से अधिक समय में भारत ने विभिन्न ट्रैक पर बड़ी मात्रा में काम किया है। उन्होंने कहा कि, अब तक हमने यह सुनिश्चित किया है कि भू-राजनीतिक मतभेद अंतरराष्ट्रीय सहयोग के मूल जी20 जनादेश को प्रभावित न करें। केंद्रीय वित्त मंत्री वर्चुअल माध्यम से, वैश्विक अर्थव्यवस्था: चुनौतियां, अवसर और आगे की राह विषय पर संयुक्त रूप से आयोजित सेमिनार में मुख्य वक्तव्य दे रही थीं। आर्थिक मामलों के विभाग, वित्त मंत्रालय और भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा आज मुंबई में भारत के जी-20 प्रेसीडेंसी के फाइनेंस ट्रैक के तत्वावधान में इसे आयोजित किया गया। सितंबर 2023 में जी-20 नेताओं के शिखर सम्मेलन से पहले, अंतर्राष्ट्रीय वित्तीय संरचना (आईएफए) और भारत के जी-20 अध्यक्षता के तहत फ्रेमवर्क वर्किंग ग्रुप के एक भाग के रूप में आयोजित इस संगोष्ठी में तीन सत्र थे: विकास वित्तपोषण 21वीं सदी और वैश्विक सार्वजनिक वस्तुओं के वित्तपोषण के लिए, वैश्विक ऋण कमजोरियों का प्रबंधन और प्रमुख वैश्विक जोखिम: मुद्रास्फीति, वित्तीय स्थिरता और जलवायु परिवर्तन।
वित्त मंत्री ने कहा कि 2023 में भारतीय जी-20 अध्यक्षता का प्राथमिक ध्यान बहुपक्षीय विकास बैंकों (एमडीबी) को मजबूत करना है, ताकि 21वीं सदी की साझा वैश्विक चुनौतियों का समाधान किया जा सके, जिनका वे सामना कर रहे हैं। लेकिन, एमडीबी को अपने मूल विकास अधिदेशों से परे अपने ऋण संचालन का विस्तार करने के लिए दाता और उधार लेने वाले देशों की बढ़ती मांगों का भी सामना करना पड़ रहा है, हालाँकि, एमडीबी वर्तमान में अपने संसाधनों की इस बढ़ती मांग को पर्याप्त रूप से हल करने के लिए तैयार नहीं हैं। जी-20 फाइनेंस ट्रैक में चर्चा का अन्य मुद्दा कमजोर अर्थव्यवस्थाओं में ऋण मुद्दों का बढ़ना है, जो उनके सतत विकास के लिए महत्वपूर्ण आर्थिक जोखिम पैदा करता है। भारतीय जी-20 अध्यक्षता ने वैश्विक ऋण कमजोरियों के प्रबंधन को बहुत महत्व दिया है। वित्त मंत्री ने कहा कि, जी-20 भारतीय अध्यक्षता के तहत, डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे को उत्पादकता बढ़ाने और वित्तीय समावेशन में तेजी लाने की क्षमता को पहचानने के लिए सदस्य देशों के साथ जी-20 चर्चाओं में एकीकृत किया है।