देश (ऑर्काइव)
सुप्रीम कोर्ट ने कृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह मस्जिद विवाद में इलाहाबाद उच्च न्यायालय की रजिस्ट्री को दिए आदेश
4 Oct, 2023 11:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । सुप्रीम कोर्ट ने इलाहाबाद उच्च न्यायालय की रजिस्ट्री को कृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह मस्जिद विवाद के संबंध में आवश्यक जानकारी और दस्तावेज भेजने के लिए एक सख्त आदेश जारी किया, जिसकी सुनवाई वर्तमान में उच्च न्यायालय द्वारा की जा रही है। मस्जिद समिति के वकील ने अदालत को बताया कि भूमि विवाद के संबंध में विभिन्न राहतों के लिए मुकदमा दायर करना हाल ही में बाहरी लोगों द्वारा प्रेरित घटना थी, भले ही विभिन्न धार्मिक समुदाय क्षेत्र में सांप्रदायिक सद्भाव के साथ रह रहे हों। न्यायमूर्ति संजय किशन कौल और न्यायमूर्ति सुधांशु धूलिया की पीठ वर्तमान में मस्जिद समिति द्वारा दायर एक विशेष अनुमति याचिका पर सुनवाई कर रही है, जिसमें कृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह मस्जिद विवाद पर कई मुकदमों को अपने पास स्थानांतरित करने के इलाहाबाद उच्च न्यायालय के मई 2023 के आदेश को चुनौती दी गई है।
अधिवक्ता विष्णु शंकर जैन ने कहा कि आज मैं आपको पृष्ठभूमि बताना चाहता हूं। मथुरा सिविल कोर्ट में हमने धारा 24 सीपीसी के तहत एक आवेदन दायर किया, जिसमें मांग की गई कि कृष्ण जन्मभूमि से संबंधित सभी विवादों को मूल सुनवाई के लिए इलाहाबाद उच्च न्यायालय में स्थानांतरित किया जाए। सुप्रीम कोर्ट ने 30 अक्टूबर का दूसरा रिमाइंडर जारी किया जब रजिस्ट्रार इलाहाबाद हाई कोर्ट को अपनी रिपोर्ट देनी होगी कि कृष्ण जन्मभूमि से संबंधित कितने मामलों को इलाहाबाद हाई कोर्ट में स्थानांतरित करने का आदेश दिया गया है।
सुप्रीम कोर्ट ने इलाहाबाद हाईकोर्ट से केस संबंधी ब्यौरा मांगा था। हाईकोर्ट रजिस्ट्रार से पूछा गया कि इस मामले में कौन-कौन सी याचिकाएं एक साथ जोड़ी जानी हैं। सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई के दौरान संकेत दिया था कि इलाहाबाद हाई कोर्ट ही सारे मामले को सुनेगा। जस्टिस किशन कौल ने टिप्पणी करते हुए कहा कि बेहतर है कि ये मामला हाईकोर्ट ही सुने क्योंकि मामले में कई सारी याचिकाएं दाखिल हैं।
भारत ने 41 कनाडाई डिप्लोमैट्स को देश छोडऩे को कहा
4 Oct, 2023 10:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । भारत ने कनाडा से उनके 41 डिप्लोमैट्स को वापस बुलाने को कहा है। खालिस्तानी आतंकी निज्जर की हत्या पर जारी तनाव के बीच ये फैसला लिया गया है। इन डिप्लोमैट्स को भारत छोडऩे के लिए 10 अक्टूबर की डेडलाइन दी गई है।
डेडलाइन के बाद इन 41 में से जो डिप्लोमैट भारत में रह जाएंगे, उनको मिलने वाली छूट और दूसरे फायदे (डिप्लोमैटिक इम्यूनिटी) बंद कर दिए जाएंगे। कनाडा के भारत में करीब 62 डिप्लोमैट्स काम करते हैं। 10 अक्टूबर के बाद देश में केवल 21 कनाडाई डिप्लोमैट्स ही बचेंगे। डेडलाइन से पहले अगर कनाडा के डिप्लोमैट्स वापस नहीं लौटे तो उनकी इम्यूनिटी खत्म कर दी जाएगा। ऐसे में सबसे पहले जानिए कि डिप्लोमैटिक इम्यूनिटी क्या होती है?
वियना कन्वेंशन में डिप्लोमैटिक रिलेशन्स और विदेश में डिप्लोमैट्स को मिलने वाली सुविधाओं के बारे में बताया गया है। इसके तहत डिप्लोमैट्स पर कोई मुकदमा नहीं चलाया जा सकता और न ही उन्हें गिरफ्तार किया जा सकता है। हालांकि, अगर कोई डिप्लोमैट होस्ट देश के कानून के मुताबिक कोई अपराध करता है तो उसे उसके देश वापस भेजा जाएगा, जहां पर आगे की कार्रवाई होगी। इसके अलावा डिप्लोमैट्स की घर की तलाशी भी नहीं ली जा सकती है। उन्हें किसी भी केस में गवाह नहीं बनाया जा सकता है।
सुप्रीम कोर्ट में कई ट्रस्टों की याचिकाओं पर सुनवाई टली
4 Oct, 2023 09:01 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । सुप्रीम कोर्ट में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और आम आदमी पार्टी समेत कई ट्रस्टों की याचिकाओं पर सुनवाई टल गई है। अब नौ अक्टूबर को मामले की अगली सुनवाई होगी।
सुप्रीम कोर्ट ने पूछा है कि अदालत की कार्यवाही किस चरण में है। याचिकाकर्ता ने रिट पांच महीने की देरी से क्यों दाखिल की। जस्टिस संजीव खन्ना ने कहा कि इस तरह के मामलों में देरी घातक हो सकती है? उन्होंने कहा कि, जहां तक समवर्ती क्षेत्राधिकार का सवाल है, विषय-वस्तु क्षेत्राधिकार और क्षेत्रीय क्षेत्राधिकार अलग-अलग हैं। सामान्यतः हम वहीं हस्तक्षेप करते हैं जहां विषय-वस्तु क्षेत्राधिकार का अभाव होता है। साथ ही, यह ध्यान रखना ज़रूरी है कि इसे दिल्ली से बाहर स्थानांतरित नहीं किया जा रहा है। यह सब दिल्ली में ही है।
दरअसल सोनिया गांधी, प्रियंका, राहुल गांधी, आदमी पार्टी और पांच ट्रस्ट की ओर से दायर याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई की। सभी ने दिल्ली हाईकोर्ट के फैसले को चुनौती दी है। हाईकोर्ट के फैसले पर रोक लगाने की मांग की गई है। हाईकोर्ट ने टैक्स निर्धारण को केंद्रीय सर्कल में ट्रांसफर करने के इनकम टैक्स के फैसले को सही ठहराया था।
26 मई को राहुल गांधी, सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और आम आदमी पार्टी को राहत नहीं मिली थी। दिल्ली हाईकोर्ट ने टैक्स निर्धारण को केंद्रीय सर्कल में ट्रांसफर करने के इनकम टैक्स के फैसले को सही ठहराया था। फेसलैस एसेसमेंट से केंद्रीय सर्किल में केस ट्रांसफर करने के फैसले को चुनौती देने वाली याचिकाएं खारिज कर दी गई थीं।
हाईकोर्ट ने कहा था कि फेसलेस असेसमेंट द्वारा मूल्यांकन करने का कोई मौलिक या निहित कानूनी अधिकार नहीं है। असेसमेंट को कानून के अनुसार और बेहतर समन्वय के लिए ट्रांसफर किया गया है।
जस्टिस मनमोहन और जस्टिस दिनेश कुमार शर्मा की पीठ ने कहा था कि ये ट्रांसफर कानून के अनुसार था। हालांकि, अदालत ने स्पष्ट किया कि उसने गुण-दोष के आधार पर मामले की जांच नहीं की। पक्षकार उचित वैधानिक प्राधिकरण के समक्ष अपनी दलीलें रखने के लिए स्वतंत्र हैं।
कालाकोट जंगल में दो आतंकी ढेर, 48 घंटे से चल रही मुठभेड़
4 Oct, 2023 08:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । भारतीय सुरक्षाबलों ने मंगलवार को दो आतंकियों को राजौरी के कालाकोट जंगल में मार गिराया है। 48 घंटे से चल रही इस मुठभेड़ में तीन पैराकमांडो घायल हुए हैं। भारतीय सुरक्षाबलों को आतंकियों के राजौरी स्थित कालाकोट जंगल में छिपे होने की सूचना मिली थी। इसके बाद आतंकियों की तलाश जंगल में शुरू हो गई। सुरक्षाबलों को करीब आते देख आतंकियों ने फायरिंग शुरू की और फिर जवाबी फायरिंग में दो आतंकी मारे गए। 9 पैरा कमांडो स्पेशल यूनिट के तीन जवान भी चोटिल हुए हैं।
भारतीय सुरक्षा बलों को अभी भी यहां तीन आतंकियों के होने की सूचना है। पूरे इलाके में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। कालाकोट का यह इलाका काफी घने जंगल से घिरा हुआ है। इसमें गुफाएं भी हैं। ऐसे में आतंकियों के लिए यह बेहतर पनाहगाह बन गया है। आतंकियों की तलाश के लिए खोजी कुत्तों और ड्रोन की भी मदद ली जा रही है।
कालाकोट जंगल में 48 घंटे से आपरेशन चल रहा है। भारतीय सेना, सीआरपीएफ और जम्मू और कश्मीर पुलिस के जवान आपरेशन में लगे हुए हैं। तीनों सुरक्षाबलों के आला अधिकारी भी नजर बनाए हुए हैं। गौरतलब है कि करीब 10 दिन पहले ही अनंतनाग के कोकेरनाग में सात दिनों तक आतंकी आपरेशन चला था। इसमें सेना के दो अधिकारी व एक जवान शहीद हो गए थे वहीं जम्मू कश्मीर पुलिस के भी एक डीएसपी ने शहादत दी।
प्रधानमंत्री की गारंटी - टॉप 3 में होगा मध्य प्रदेश
3 Oct, 2023 07:29 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मध्य प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की सरकार के दौरान अर्थात लगभग 18 वर्ष पूर्व मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह हुआ करते थे, उस दौर में प्रदेश विकासशील रफ्तार में टॉप 20 में हुआ करता था। सड़क बिजली एवं पानी की स्थितियों में मध्य प्रदेश का स्थान टॉप 30 में आता था। लेकिन मध्य प्रदेश ने विकास की जिस रफ्तार को पकड़ा है, उस रफ्तार ने प्रदेश को कृषि उत्पादन में पहले स्थान पर पहुंचा दिया है। सड़क, बिजली, पानी में मध्य प्रदेश टॉप टेन में आता है। मध्य प्रदेश ने पिछले 18 वर्षों के अंदर जिस तरह से जीडीपी ग्रोथ के अंतर्गत ऐतिहासिक प्रतिशत हासिल किया है, उसी क्रम में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ग्वालियर में आयोजित एक सभा के दौरान मध्य प्रदेश के विकास को लेकर गारंटी देते हुए कहा कि जल्द ही मध्य प्रदेश टॉप 3 प्रदेशों में से एक होगा।
बीमारू राज्य के बाद टॉप 3 में होगा मध्य प्रदेश - नरेंद्र मोदी ।
देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ग्वालियर में कहा कि हमारी सरकार एमपी को बीमारू राज्य से निकालकर टॉप टेन राज्यों में लेकर लाई है। यहां से हमारा लक्ष्य मध्य प्रदेश को देश के टॉप तीन राज्यों में ले जाने का है। बड़े गर्व के साथ हमें टॉप तीन में पहुंचना है। उन्होंने पूछा कि ये काम कौन कर सकता है? ये गारंटी कौन दे सकता है? पीएम मोदी ने कहा कि ये गारंटी एक जिम्मेदारी नागरिक के नाते आपकी है। आपका एक वोट एमपी को नंबर थ्री पर ले जाएगा। डबल इंजन पर दिया आपका हर वोट एमपी को टॉप थ्री में ले जाएगा।
2021 में देश में चौथे स्थान पर रहा जीडीपी ग्रेड में मध्य प्रदेश ।
जीडीपी ग्रोथ के मामले में कर्नाटक दूसरे नंबर पर रहा। इसकी अर्थव्यवस्था वित्त वर्ष 2012 में 6.06 लाख करोड़ से बढ़कर वित्त वर्ष 2021 में 7.3 प्रतिशत सीएजीआर के साथ 11.44 लाख करोड़ हो गई और कर्नाटक दूसरी सबसे बड़ी राज्य अर्थव्यवस्था बन गया। वित्त वर्ष 2012 में हरियाणा राज्य की जीएसडीपी 2.97 लाख करोड़ थी, लेकिन वित्त वर्ष 2021 में हरियाणा 5.36 लाख करोड़ की जीएसडीपी के साथ तीसरे स्थान पर रहा। राज्य की अर्थव्यवस्था में साल दर साल 6.8 प्रतिशत की वृद्धि हुई। दूसरी ओर, 6.7 प्रतिशत सीएजीआर के साथ मध्य प्रदेश सबसे तेजी से बढ़ते राज्यों की सूची में चौथे स्थान पर है। राज्य की जीडीपी वित्त वर्ष 2012 में 3.16 लाख करोड़ से बढ़कर वित्त वर्ष 2021 में 5.65 लाख करोड़ हो गई। एमपी के बाद आंध्र प्रदेश है, जिसने वित्त वर्ष 2021 में 6.5 प्रतिशत की वार्षिक जीएसडीपी वृद्धि दर दर्ज की, जबकि वित्त वर्ष 2012 में यह 3.79 लाख करोड़ रुपये थी। आंध्र प्रदेश राज्य की सातवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था भी थी।
विश्व की आर्थिक व्यवस्था में हिंदुस्तान पहुंचा पांचवें स्थान पर ।
मध्य प्रदेश की आर्थिक विकास की रफ्तार को देखें तो मध्य प्रदेश वर्ष 2023 में टॉप 10 में दिखाई देता है एवं जीडीपी में भी ऐतिहासिक परिवर्तन करते हुए पांचवे नंबर पर स्थापित है। वहीं दूसरी और वर्तमान स्थिति में वर्ष 2023 के अंतर्गत देश की स्थिति भी आर्थिक व्यवस्था की दृष्टि से पांचवें नंबर पर पहुंच चुकी है ।
वैश्विक इकोनॉमी में भारत का स्थान पांचवा है। भारत से पहले अमेरिका, चीन जापान और जर्मनी के नाम है। दुनिया का सबसे धनवान देश अमेरिका है और इसकी जीडीपी 25.035 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर पर है। दूसरे स्थान पर चीन है जिसकी जीडीपी का साइज 18.321 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर है। इसके बाद जापान का नाम आता है जिसका जीडीपी साइज 4.301 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर है और जर्मनी की जीडीपी 4.031 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर पर आ गई है। भारत की जीडीपी का साइज आज बढ़कर 3.469 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर पर आ गया है।
निरंतर मजबूत हुई मध्यप्रदेश की आर्थिक स्थिति ।
आर्थिक सर्वेक्षण 2022-23 के आँकड़े बताते हैं बेहतर वित्तीय प्रबंधन
मध्यप्रदेश अनुशासन, सर्व समावेशी विकास और कर- संग्रहण में बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। प्रदेश का वित्तीय प्रबंधन अच्छा है। प्रति व्यक्ति आय में भी वृद्धि हुई है। 2022-23 के ऊपर प्रकाश डालें तो स्पष्ट होगा कि आर्थिक और वित्तीय दृष्टि से मध्यप्रदेश में हर क्षेत्र में प्रगति है। राजस्व संग्रहण भी बढ़ा है। पूँजीगत व्यय में भी वृद्धि हुई है। प्रदेश की औद्योगिक विकास दर भी बढ़ी है। प्रदेश की आर्थिक वृद्धि दर अग्रिम अनुमान के अनुसार वर्ष 2022-23 में 16.43 प्रतिशत है। इसके पहले 2021-22 में कोविड की परिस्थतियों के बावजूद यह वृद्धि दर 18.02 प्रतिशत थी। वर्ष 2001-02 में यह मात्र 4.43 प्रतिशत थी। राज्य का सकल घरेलू उत्पाद 13 लाख 22 हजार 821 करोड़ रूपए होने का अनुमान है। यह वर्ष 2001-02 में 71 हजार 594 करोड़ रूपए था। इस प्रकार सकल घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) में तब और अब में 18 गुना से अधिक की वृद्धि हुई है।
सड़क हादसा : ट्रक से जोरदार टक्कर होने के बाद लगी आग, मौत
3 Oct, 2023 03:37 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गलुरु के नागासांद्रा घूमने जा रहा एक परिवार भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गया। एक ट्रक से टक्कर के बाद कार में आग लगने से मां और 2 साल की मासूम बेटी की झुलसकर मौत हो गई, वही पिता और अन्य बेटी की हालत नाजुक बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, घटना मंगलवार सुबह सोमपुरा के पास हुई, जब पीड़ित महेंद्रन अपनी पत्नी सिंधु और दो बेटियों के साथ गाड़ी चला रहे थे। सुबह लगभग 4 बजे महेंद्रन की कार मैसूरु रोड से कनकपुरा रोड की ओर जा रही थी, तभी उनका कार से नियंत्रण खो गया। कार सीधे एक ट्रक से टकराकर दीवार से जा टकराई और देखते ही देखते कार में आग लग गई। जैसे-तैसे पिता और एक अन्य बेटी कार से सुरक्षित निकल गए, लेकिन मां और 2 साल की बच्ची की जान चली गई।
फिलहाल, पिता और बेटी का इलाज अस्पताल में चल रहा है। वहीं, शवों को KIMS अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया है। टक्कर के बाद ट्रक चालक भी नियंत्रण खो बैठा और वाहन सड़क किनारे पलट गया। तलघट्टपुरा ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंच गई है और मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने कहा कि प्रथम दृष्टया से प्रतीत होता है कि महेद्रन को गाड़ी चलाते समय झपकी आ गई थी, जिसके परिणामस्वरूप यह दुर्घटना हुई। पुलिस ने कहा कि दुर्घटना का सटीक कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है। दरअसल, महेंद्रन ने परिवार के साथ नागासांद्रा जाने के लिए कार किराए पर ली थी। वह तमिलनाडु के रहने वाले हैं और बेंगलुरु में राममूर्ति नगर के पास विजिनापुरा में रहते हैं।
केरल में भारी बारिश से बाढ़ के हालात, स्कूल-कॉलेज बंद, येलो अलर्ट जारी
3 Oct, 2023 03:33 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
केरल में इन दिनों भारी बारिश हो रही है, जिसके चलते राज्य के कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। कई इलाके जलमग्न हैं और कई लोगों को राहत कैंपों में रहना पड़ रहा है। प्रशासन ने एहतियातन मंगलवार को स्कूल-कॉलेज बंद रखे हैं। बता दें कि केरल के कोट्टयम, वायकॉम और चंगानासेरी तालुका में बाढ़ जैसे हालात के चलते 17 राहत कैंप बनाए गए हैं, जहां 246 के करीब लोग रह रहे हैं।
केरल के अलपुझा में भी भारी बारिश की वजह से जिला प्रशासन ने शिक्षण संस्थानों को बंद रखने का आदेश दिया है। जिले के चेरथाला और चेंगान्नुर तालुका में राहत कैंप बनाए गए हैं। भारतीय मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि मंगलवार को भी केरल के तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, अलपुझा, कोट्टयम और पथानमथित्ता जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं कुछ जगहों पर भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने कहा है कि इन जिलों में कुछ जगहों पर छह सेंटीमीटर से लेकर 11 सेंटीमीटर तक बारिश हो सकती है।
सैंकड़ों एकड़ फसल बर्बाद
केरल में बीते तीन दिनों से भारी बारिश हो रही है। इस दौरान कई जगह पेड़ उखड़ गए है, सड़क क्षतिग्रस्त हुई हैं और जगह जगह जलभराव हो गया है। हालांकि किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं है। भारी बारिश के चलते फसलों को भारी नुकसान हुआ है और खेतों में खड़ी फसल जलमग्न हो गई है और सैंकड़ों एकड़ फसल बर्बाद हो गई है। आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों से घरों में रहने और चौकन्ना रहने की अपील की है।
सीआरपीएफ की महिला टोली नारी शक्ति का संदेश लेकर आज से शुरू होगा क्रॉस कंट्री अभियान
3 Oct, 2023 11:27 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) मंगलवार को 15 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों से होकर 10,000 किमी की दूरी तय करने वाली एक पूर्ण महिला क्रॉस-कंट्री बाइक रैली शुरू करेगा।
महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के सहयोग से आयोजित होने वाला यह अभियान देश की महिला शक्ति या नारी शक्ति का जश्न मनाने के लिए सीआरपीएफ महिला बाइकर्स के एक समूह यशस्विनी के साथ शुरू होगा। सीआरपीएफ की कुल 150 महिला अधिकारी तीन टीमों में विभाजित होकर क्रॉस-कंट्री अभियान पर निकलेंगी।
स्टैच्यू आफ यूनिटी में एकत्रित होंगी।
75 रायल एनफील्ड बाइकों पर सवार होकर ये टीमें भारत के उत्तरी (श्रीनगर), पूर्वी (शिलांग) और दक्षिणी (कन्याकुमारी) क्षेत्रों से अपनी यात्रा शुरू करेंगी। अभियान दल 31 अक्टूबर, 2023 को होने वाले ग्रैंड फिनाले के लिए गुजरात के एकता नगर (केवडि़या) में स्टैच्यू आफ यूनिटी में एकत्रित होगा।
यात्रा के दौरान रास्ते में कई जिलों में विभिन्न कार्यक्रमों की योजना बनाई गई है, जिसमें बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के लक्षित समूहों जैसे स्कूली बच्चों और कॉलेज की लड़कियों, महिला स्वयं सहायता समूहों, एनसीसी के कैडेटों के साथ बातचीत शामिल है।
पायलट और क्रू मेंबर नहीं कर पाएंगे फ्लाइट में परफ्यूम और डेंटल हाइजीन जैसे प्रोडक्ट का इस्तेमाल
3 Oct, 2023 11:18 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
फ्लाइट के क्रू मेंबर को अब परफ्यूम, दवाओं और डेंटल हाइजीन जैसे प्रोडक्ट का इस्तेमाल करने से रोका जा सकता है। इसका कारण यह है कि इनमें भारी मात्रा में अल्कोहल होता है और उड़ान से पहले या बाद में विमान कर्मियों का किए जाने वाला ब्रेथलाइजर टेस्ट को प्रभावित कर सकता है।
अगर फ्लाइट के क्रू मेंबर इन सभी का इस्तेमाल करते है तो इससे कहीं न कहीं ब्रेथलाइजर टेस्ट पॉजिटिव आ सकता है, जिससे बचने के लिए नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ये प्रस्ताव लाई है।
माउथवॉश/टूथ जेल/परफ्यूम या अल्कोहल पर लगेगी रोक
DGCA ने शराब के सेवन के लिए विमान कर्मियों की मेडिकल जांच की प्रक्रिया में संशोधन करने का प्रस्ताव दिया है।
समाचार एजेंसी ANI के मुताबिक, डीजीसीए द्वारा जारी किए गए ड्राफ्ट में कहा गया है कि 'कोई भी क्रू मेंबर किसी भी दवा/फॉर्मूलेशन का सेवन नहीं करेगा या किसी भी पदार्थ जैसे माउथवॉश/टूथ जेल/परफ्यूम या अल्कोहल युक्त किसी भी प्रोडक्ट का इस्तेमाल नहीं करेगा क्योंकि इससे ब्रेथलाइजर टेस्ट पॉजिटिव हो सकता है।'
कैमरे की निगरानी में होते हैं ऐसे टेस्ट
डीजीसीए प्रमुख ने कहा कि यह केवल एक मसौदा सीएआर (सिविल एविएशन रिक्वायरमेंट्स) है जिसे हितधारकों की टिप्पणियों के लिए सार्वजनिक डोमेन में रखा गया है। जानकारी के लिए बता दें कि नियामक डीजीसीए समेत भारत में एयरलाइंस किसी भी उड़ान से पहले ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट को लेकर काफी सख्त रही हैं। यही कारण है कि ऐसे परीक्षण हमेशा कैमरे की निगरानी में होते हैं।
क्या अब खत्म हो गया भारत का चंद्रयान मिशन?
3 Oct, 2023 11:12 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भारत ने 14 जुलाई 2023 को दोपहर दो बजकर 35 मिनट पर अपना तीसरा चंद्रयान मिशन लॉन्च किया। इस मिशन पर पूरी दुनिया की निगाहें टिकी हुई थी। इसके बाद 23 अगस्त को शाम छह बजकर पांच मिनट पर चंद्रयान-3 ने चांद के दक्षिणी ध्रुव पर सॉफ्ट लैंडिंग कर इतिहास रच दिया।
कई देशों ने भारत को दी बधाई
भारत दुनिया का पहला ऐसा देश बना, जिसने चांद के दक्षिणी ध्रुव पर सॉफ्ट लैडिंग की है। चंद्रयान-3 की इस सफलता पर कई देशों ने भारत को बधाई दी थी।
तीन सितंबर से गहरी नींद में प्रज्ञान
चंद्रयान-3 मिशन के जरिए लैंडर विक्रम और रोवर प्रज्ञान ने चांद की सतह पर लैंड किया। रोवर प्रज्ञान ने 10 दिनों तक अपने काम को बखूबी अंजाम दिया। इसके बाद वह तीन सितंबर को गहरी नींद में सो गया। रोवर प्रज्ञान ने इन 10 दिनों के दौरान कई महत्वपूर्ण डेटा को इसरो के पास भेजा। हालांकि. इसके बाद से अभी तक वह नींद से जागा नहीं, यानी कि उससे इसरो का संपर्क नहीं हो पाया। इससे लोगों के मन में यह सवाल उठने लगे कि क्या भारत का चंद्रयान-3 मिशन अब खत्म हो गया है।
इसरो को उम्मीद, नींद से जागेगा प्रज्ञान
हालांकि, भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) को उम्मीद है कि रोवर नींद से जागेगा और फिर से अपने काम में जुट जाएगा। इसरो ने 22 सितंबर को अपने एक ट्वीट में कहा,
चंद्रयान-3 मिशन: विक्रम लैंडर और प्रज्ञान रोवर के साथ संचार स्थापित करने के प्रयास किए गए हैं, ताकि उनकी जागने की स्थिति का पता लगाया जा सके। फिलहाल उनकी ओर से कोई संकेत नहीं मिले हैं। संपर्क स्थापित करने के प्रयास जारी रहेंगे।
इसरो प्रमुख एस सोमनाथ ने क्या कहा?
इसरो प्रमुख एस सोमनाथ ने 28 सितंबर को गुजरात के गिर सोमनाथ जिले में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि प्रज्ञान रोवर अगर नींद से नहीं जागता है तो भी कोई समस्या नहीं होगी। उसने वह काम कर दिया है, जो उससे हम लोगों ने उम्मीद की थी।
देश की प्रगति, आर्थिक उन्नति के बीच नफरत का बाजार ।
2 Oct, 2023 10:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को ग्वालियर में आयोजित करोड़ों रुपए के विकास कार्यक्रमों का शिलान्यास कर जनता को सौगातें देने के साथ ही संबोधित करते हुए महत्वपूर्ण चर्चा भी की। इस संबोधन में पीएम ने विपक्षी दलों की आज की वर्तमान स्थिति अर्थात देश का विरोध करने की मानसिकता पर प्रहार किया है । पीएम ने विपक्ष के नेता राहुल गांधी के ‘नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान’ वाले बयान पर भी करारा प्रहार किया। मोदी ने बातों-बातों में जाहिर किया कि देश में प्रगति एवं आर्थिक उन्नति जिस तरह से अनवरत रूप से जारी है एवं देश आर्थिक शक्ति एवं प्रगति के मामले में नवीन आयाम लेते हुए विश्व शक्ति के रूप में सामने आ रहा है, विपक्ष इसका विरोध कर देश विरोध कर रहा है।
संदर्भ में प्रधानमंत्री का बयान --
मोदी ने कहा, “इन लोगों का एक ही काम है - ‘देश की प्रगति से नफरत’। अपनी नफरत में ये देश की उपलब्धियों को भी भूल जाते हैं। आज देखिए पूरी दुनिया भारत का डंका बजा रही है। आज दुनिया को भारत में अपना भविष्य दिख रहा है। लेकिन जिनको कुर्सी के सिवा कुछ नहीं दिखता उनको देश का डंका बजाना अच्छा नहीं लगता। भारत 9 वर्षों में दसवें से नंबर से पांचवें नंबर की आर्थिक ताकत बन गया है, पर विकास विरोधी लोग ये सिद्ध करने में जुटे हैं ऐसा हुआ ही नहीं है। सत्ता के भूखे लोगों के पेट में दर्द हो रहा है। विकास विरोधी लोगों को देश ने 6 दशक दिए थे। 60 साल कम नहीं थे। उनके पास भी मौका था, नहीं कर पाए। तब भी मेरी भावनाओं से खेलते थे, आज भी वही खेल खेल रहे हैं। वो आज भी जात-पात को बांटने का पाप कर रहे हैं। वो आज भी घोर भ्रष्टाचारी हो गए हैं। वो पहले भी एक परिवार का गौरवगान करते थे, आज भी एक ही परिवार में भविष्य देखते हैं। इसलिए वो विकास नहीं देख पाते।”
मध्य प्रदेश में डबल इंजन सरकार मतलब विकास की रफ्तार
ग्वालियर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की एवं मध्य प्रदेश में पिछले 15 से अधिक वर्षों से भाजपा की सरकार की जमकर तारीफ की एवं सरकार को डबल इंजन की सरकार की कामयाबी के रूप में जोड़ते हुए आने वाले विधानसभा चुनाव के संदर्भ में नवीन तस्वीर प्रस्तुत की ।
उन्होंने कहा - एमपी में आठ लेन की सड़कें बन रही हैं। क्या 2014 से पहले दिव्यांग शब्द सुना था? उन्हें पहले की सरकारें बेसहारा छोड़ देती थी। हमारी सरकार ने उनकी चिंता की। आज ग्वालियर में दिव्यांगजनों के लिए सौगात मिली है। जिनको किसी ने नहीं पूछा, उनको मोदी पूजता है। इतने सालों तक छोटे किसानों को किसी ने नहीं पूछा, उनको मोदी ने पूछा। हमारे देश में ढाई करोड़ ऐसे हैं, जो मोटा अनाज उगाते हैं। हमारी सरकार मोटे अनाज को दुनियाभर के बाजारों में ले गई। किसान सम्मान योजना, विश्वकर्मा योजना से हमने सबके बारे में सोचा, उन्हें आगे बढ़ाने का हमने सोचा। इनको आगे बढ़ाने की गारंटी मोदी ने ली है। केंद्र सरकार ने ली है। विकास की गारंटी डबल इंजन की सरकार है।
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज इतने विकास काम सामने आए हैं, जो कोई सरकार एक साल में भी नहीं कर सकती। इतनी बार पर्दे खुले कि आप ताली बजाकर थक गए होंगे। मोदी ने कहा कि मेरे परिवारजनों, धरतेरस-दीपावली से पहले मप्र के गरीब सवा दो लाख परिवार आज अपने नए घर में गृहप्रवेश कर रहे हैं। आज कनेक्टिवटी के प्रोग्राम का शुभारंभ हुआ। प्रदेश के युवाओं के लिए हजारों रोजगार के अवसर बनने वाले हैं। ग्वालियर के साथ विदिशा, कटनी, दमोह, नरसिंहपुर, शाजापुर को नए स्वास्थ्य केंद्र मिले। ये केंद्र आयुष्मान योजना के तहत बने हैं। प्रदेश के मेरे परिजनों को बहुत बधाई। साथियों ये इतने सारे काम हैं, ये डबल इंजिन के साझा प्रयासों का फल है। जब दिल्ली और भोपाल में जनता को समर्पित सरकार होती है, तो ये काम तेजी से होते हैं। डबल इंजिन यानी एमपी का डबल विकास। आपका एक वोट मप्र को टॉप तीन में ला सकता है। हर वोट ये सपना साकार करेगा।
19000 करोड़ की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास ।
पीएम मोदी ने ग्वालियर से सुमावली के बीच चलने वाली लोकल ट्रेन का भी शुभारंभ किया । 411 करोड़ की लागत वाली गाड़ी को पीएम ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ग्वालियर और मुरैना के गरीब लोगों को इस ट्रेन से काफी फायदा होगा। ये ट्रेन 38 किमी दूरी तय करेगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंच से रिमोट का बटन दबाकर विकास योजनाओं का शुभारंभ-शिलान्यास-लोकार्पण किया। ग्वालियर में 'प्रधानमंत्री आवास योजना' अंतर्गत 2 लाख से अधिक पीएम आवासों का 'गृह प्रवेशम्' एवं ₹19,000 करोड़ की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया।
देश के साथ-साथ मध्य प्रदेश भी विकास पथ की और अग्रसर - शिवराज सिंह चौहान ।
सीएम शिवराज ने मोदी के स्वच्छता अभियान से प्रेरणा लेते हुए नंबर वन राज्य होने की बात कही। उन्होंने कहा कि मोदीजी के नेतृत्व में प्रदेश ने विकास किया है। ग्वालियर को ही देख लें तो यहां एलिवेटेड रोड, 1000 बिस्तर का अस्पताल, चंबल से पानी, शानदार एयरपोर्ट, शानदार स्टेशन। क्या ये काम कांग्रेस ने किए थे क्या? चारों तरफ विकास की गंगा बह रही है।
शिवराज ने कहा कि देश के साथ प्रदेश भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। हम अब पिछड़े राज्य नहीं है, विकसित राज्य है। मोदीजी के नेतृत्व में ये विकास चलता रहेगा। विकास को आगे बढ़ाने के लिए आप सबका आशीर्वाद चाहिए। सीएम शिवराज ने सबको विकास में सहयोग देने का संकल्प दिलाया।
सीएम शिवराज ने कहा कि मुझे कहते हुए खुशी और गर्व है कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बनी आयुष्मान भारत योजना में मध्यप्रदेश ने सराहनीय कार्य किया है। मध्यप्रदेश में 3 करोड़ 70 लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं, जो देश में सर्वाधिक हैं।
व्हाट्सएप ने 74 लाख से अधिक अकाउंट्स पर लगाया प्रतिबंध
2 Oct, 2023 07:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । मैसेजिंग एप्प व्हाट्सएप ने अगस्त महीने में उन एकाउंट्स पर प्रतिबंध लगाना शुरु कर दिया है, जिनके बारे में शिकायतें मिली हैं। मेटा की स्वामित्व वाली कंपनी ने भारत में रिकॉर्ड 74 लाख से अधिक बैड अकाउंट्स पर प्रतिबंध लगा दिया है। मिली जानकारी के अनुसार कंपनी ने अपनी मासिक अनुपालन रिपोर्ट में बताया कि अगस्त में उसने 74,20,748 अकाउंट्स पर प्रतिबंध लगा दिया। इनमें से लगभग 35,06,905 अकाउंट पर बिना किसी शिकायत के स्वयं संज्ञान लेते हुये बैन लगाया गया। देश में 50 करोड़ से अधिक यूजरों वाले लोकप्रिय मैसेजिंग प्लेटफॉर्म को अगस्त में रिकॉर्ड 14,767 शिकायत रिपोर्ट प्राप्त हुईं, और 71 पर कार्रवाई की गई। कंपनी के अनुसार, रिपोर्ट में यूजरों से प्राप्त शिकायतों और व्हाट्सएप द्वारा की गई कार्रवाई के साथ-साथ उसके प्लेटफॉर्म पर दुरुपयोग से निपटने के लिए व्हाट्सएप की अपनी निवारक कार्रवाइयों का विवरण शामिल है। इसके अलावा, कंपनी को अगस्त में देश में शिकायत अपीलीय समिति से केवल एक आदेश मिला जिसका उसने अनुपालन किया।
जीपीएस पर भरोसा करना पड़ा महंगा, केरल में 2 डॉक्टरों की डूबने से मौत
2 Oct, 2023 06:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कोच्चि । अंधेरा था, भारी बारिश हो रही थी और एक अपरिचित सड़क थी। बेहतर तरीके से रास्ते की पहचना करने के लिए डॉ. अद्वैत ने शनिवार आधी रात के बाद होंडा सिविक कार में जीपीएस चालू कर दिया। जल्द ही वे सड़क के एक पानी से भरे हुए हिस्से पर आ गए और जैसा कि मानचित्र ने सीधे आगे का रास्ता बताया, कार पानी में चली गई। मगर वह एक सड़क नहीं बल्कि एक नदी थी और कार डूबने लगी। डॉ. अद्वैत (29 साल) व उनके सहयोगी डॉ. अजमल आसिफ (29 साल) की मौत हो गई। होंडा सिविक कार में सवार तीन अन्य लोग खुद को किसी तरह बाहर निकालने में कामयाब रहे और उन्हें बचा लिया गया। एक रिपोर्ट के मुताबिक यह घटना आधी रात के करीब केरल के एर्नाकुलम जिले के गोथुरुथ इलाके में हुई। डॉ. अद्वैत शनिवार को 29 साल के हो गए थे और वे पांचों कोच्चि से कोडुंगल्लूर लौट रहे थे, जहां वे जन्मदिन की कुछ खरीदारी के लिए गए थे। ये डॉक्टर कोडुंगल्लूर क्राफ्ट अस्पताल में काम करते थे। उसके वरिष्ठ प्रबंधक अशोक रवि और पुलिस के मुताबिक जीवित बचे लोगों में से एक डॉ. गाजिक थाबसीर ने खुलासा किया कि यह दुर्घटना जीपीएस से उनका रास्ता बदलने के बाद हुई।
उन्होंने बताया कि हम जीपीएस का उपयोग कर रहे थे। मैं गाड़ी नहीं चला रहा था इसलिए मैं पुष्टि नहीं कर सकता कि यह एप्लिकेशन की तकनीकी खराबी थी या मानवीय गलती। रवि ने बताया कि ‘डॉ. अद्वैत का जन्मदिन था, और डॉक्टर हमारे अस्पताल में एक नर्स के साथ जन्मदिन मनाने के लिए कोच्चि गए थे। डॉ. अजमल की मंगेतर भी इसका हिस्सा थीं। मॉनसून के दौरान जीपीएस एल्गोरिदम ड्राइवरों को कम ट्रैफिक वाली सड़कों पर जाने का सुझाव देता है, लेकिन एक्सपर्ट्स का कहना है कि कम व्यस्त सड़कें जरूरी नहीं कि सुरक्षित हों। इसके अलावा किसी को मैप पर यात्रा के तरीके का चुनाव करते समय हमेशा याद रखना चाहिए कि एक चार पहिया वाहन उस तरह नहीं चल सकता जिस तरह बाइक जाती है। डॉ. अजमल त्रिशूर जिले के मूल निवासी थे और डॉ. अद्वैत कोल्लम से थे। जो बच गए उनमें जिस्मॉन और तमन्ना के अलावा डॉ. थाबसीर शामिल हैं, जो क्राफ्ट अस्पताल के कार्डियोलॉजी विभाग में काम करते हैं।
संतान के नामकरण पर दंपत्ति के विवाद पश्चात न्यायालय पहुंचा प्रकरण
2 Oct, 2023 11:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कोच्चि, शिक्षा के अधिकार कानून के बावजूद स्कूल से वंचित संतान के अभिभावकों ने न्यायालय की शरण ली है। मामला केरल की एक दंपत्ति का है जिनके बीच संतान के नामकरण को लेकर विवाद हो गया था। मामला ने तब तूल पकड़ा, जब बेनाम बच्चे के जन्म प्रमाण पत्र को अवांछित बताते हुए स्कूल प्रबंधन ने प्रवेश से इंकार कर दिया। इसे लेकर माता - पिता ने अलग अलग नाम सुझाया जिससे विवाद खड़ा हो गया। मामला केरल हाईकोर्ट पहुंचा जहां अदालत को बच्चे का नामकरण पुण्य बालगंगाधरन नायर करना पड़ा। कोर्ट का कहना है कि बच्चे के कल्याण के लिए नाम बेहद जरूरी है। खास बात है कि बच्चे का नाम रखने की प्रक्रिया में कोर्ट ने माता-पिता की सिफारिश भी माना ।
केरल हाईकोर्ट का कहना था कि पैरेंट्स के बीच जारी विवाद को सुलझाने में समय लगेगा और यह बच्चे के लिए ठीक नहीं है। बच्चे के नाम करण के लिए कोर्ट ने पैरेंस पैट्रिया अधिकार का इस्तेमाल किया। अदालत ने कहा कि इस अधिकार का इस्तेमाल करते समय माता-पिता के अधिकार के बजाय बच्चे के कल्याण को सबसे ऊपर रखा जाता है। बेंच ने कहा कि कोर्ट को बच्चे के नाम का चुनाव करना ही होगा। नाम का चुनाव करते समय बच्चे का कल्याण, सांस्कृतिक विचार, माता-पिता के हित जैसी चीजों का ध्यान रखना होगा।
गौरतलब है कि माता द्वारा बच्चे का नाम पुण्य नायर तथा पिता द्वारा पद्म नायर नामकरण पर रजिस्ट्रार ने माता-पिता दोनों की सहमति को अनिवार्य बताया। माता से अलग हो चुके माता-पिता इस मुद्दे पर एक राय नहीं बना सके। जिस कोर्ट ने कई पहलुओं को ध्यान में रखते हुए बच्चे का नाम पुण्य बालगंगाधरन नायर या पुण्य बी. नायर रखने का फैसला किया।
गणेश विसर्जन के दौरान ध्वनि प्रदूषण फैलाने पर मामला दर्ज
2 Oct, 2023 10:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भदोही । भदोही जिले में 14 डीजे संचालकों के खिलाफ ध्वनि प्रदूषण का मामला दर्ज किया गया है। यह मामला गणेश प्रतिमा विसर्जन और बारावफात के जुलूस में तेज़ आवाज़ से डीजे बजाकर ध्वनि प्रदूषण फैलाने तथा घंटों सड़क जाम करने के आरोप में शहर कोतवाली में दर्ज किया गया। बता दें कि ये जुलूस 28 सितंबर को निकाले गए थे। शनिवार रात जारी एक बयान में पुलिस ने कहा कि गणेश प्रतिमा विसर्जन और बारावफात के जुलूस 28 और 29 सितंबर में डीजे संचालकों ने वाहन की क्षमता से अधिक साउंड बाक्स लगाकर नियमों का उल्लंघन किया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार चौदह डीजे संचालकों और इनके मालिकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। शहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सेठ ने बताया की कटरा पुलिस चौकी इंचार्ज महेश कुमार सिंह की तहरीर पर कुल 14 डीजे संचालकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। 28 सितंबर को गणेश प्रतिमा विसर्जन और बारावफात जुलूस के दौरान वाहनों पर काफी संख्या में बड़े डीजे और वूफर लगाने से बिजली के तार, खम्भे ,और अन्य सरकारी संपत्ति क्षतिग्रस्त हो गई। कई जगह बिजली आपूर्ति और वाई फाई बाधित हुई और सड़क जाम होने से यातायात घंटों बाधित रहा। इसलिए इन डीजे संचालकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।