देश (ऑर्काइव)
Cold Wave Alert: आठ क्षेत्रों का न्यूनतम तापमान माइनस में, पांच दिन बारिश-बर्फबारी के आसार..
17 Jan, 2023 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हिमाचल प्रदेश में शीतलहर बढ़ गई है। तापमान में गिरावट से सुबह-शाम कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है। सोमवार रात को शिमला समेत प्रदेश के छह क्षेत्रों का न्यूनतम तापमान शून्य व आठ का माइनस में दर्ज किया गया है। मैदानी जिलों ऊना, बिलासपुर, मंडी, कांगड़ा और हमीरपुर में सुबह और शाम के समय धुंध छाई रहने से परेशानी बढ़ गई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने प्रदेश के कई भागों में 18 से 22 जनवरी तक बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से मौसम में यह बदलाव आने की संभावना है। वहीं, आज शिमला समेत अन्य भागों में मौसम साफ बना हुआ है। धूप खिलने से ठंड से कुछ राहत मिली है।
शिमला का न्यूनतम तापमान 0.6, सुंदरनगर 0.1, भुंतर 0.1, कल्पा माइनस 4.6, धर्मशाला 2.2, ऊना 0.5, नाहन 5.7, केलांग माइनस 11.0, पालमपुर 1.0, सोलन 1.8, मनाली माइनस 2.2, कांगड़ा 3.0, मंडी 3.2, बिलासपुर 4.0 हमीरपुर 0.8, चंबा 2.3, डलहौजी 1.2, जुब्बड़हट्टी 2.4, कुफरी माइनस 0.3, कुकुमसेरी माइनस 7.2, नारकंडा माइनस 1.1, कसौली 3.6, रिकांगपिओ माइनस 1.9, सेऊबाग माइनस 1.2, धौलाकुआं 5.4, बरठीं 1.2, पांवटा साहिब 7.0 और सराहन में 0.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं, सोमवार को बिलासपुर में अधिकतम तापमान 21.5, ऊना में 19.8, मंडी में 17.9, भुंतर में 17.4, कांगड़ा में 16.8, हमीरपुर में 16.7, धर्मशाला-सोलन-सुंदरनगर में 16.0, नाहन में 14.7, शिमला में 11.4, मनाली में 9.6, कल्पा में 8.8 और केलांग में 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
विदेश मंत्री एस जयशंकर - मोदी सरकार ने विश्वस्तर पर बदली देश की छवि
17 Jan, 2023 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने मंगलवार को पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में जी20 की भारत की अध्यक्षता पर एक बयान दिया। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के पिछले नौ वर्षों में देश की छवि विश्वस्तर पर बदली है।भाजपा संसदीय बोर्ड की सदस्य सुधा यादव ने कांग्रेस नेता राहुल पर झूठे दावे करने का आरोप लगाया और कहा कि गांधी सरकार की कल्याणकारी नीतियों से करोड़ों लोगों के लाभान्वित होने के आंकड़ों को देखे बिना वही मुद्दे उठाते रहते हैं। उन्होंने कहा कि पिछले नौ वर्षों में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, गरीबों और पिछलों पर ध्यान दिया जाना अभूतपूर्व है।
भाजपा उपाध्यक्ष बैजयंत जय पांडा ने बंद कमरे में हुई बैठ के बारे में संवाददाताओं को जानकारी दी। उन्होंने विदेश मंत्री जयशंकर के हवाले से कहा कि पिछले नौ वर्षों में भारत के बारे में दुनिया का नजरिया बदल गया है।उन्होंने कहा, जब कोविड महामारी फैली तो चिंताएं थीं कि भारत एक ऐसा देश होगा जो इसे रोक नहीं पाएगा, लेकिन अब जी20 और दुनिया प्रशंसा कर रही है, क्योंकि इसने यह (भारत) न केवल संकट से निपटा बल्कि अन्य देशों को भी मदद के लिए मदद पहुंचाई। विदेश मंत्री ने कहा, भारत पहले संकट के दौरान दूसरे देशों पर निर्भर था, लेकिन इसने न केवल महामारी की चुनौतियों का सामना किया बल्कि दूसरों की मदद भी की
भारत ने UNSC के फैसले का किया स्वागत..
17 Jan, 2023 08:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने सोमवार को पाकिस्तान स्थित आतंकवादी अब्दुल रहमान मक्की को अपनी आईएसआईएल (दाएश) और अल-कायदा प्रतिबंध समिति के तहत एक वैश्विक आतंकवादी घोषित कर दिया। यूएनएससी के इस कदम पर भारतीय विदेश मंत्रालय ने प्रतिक्रिया देते हुए खुशी जाहिर की है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि हम संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की आईएसआईएल और अल कायदा प्रतिबंध समिति द्वारा लश्कर आतंकवादी अब्दुल रहमान मक्की को ग्लोबल आतंकी घोषित करने के फैसले का स्वागत करते हैं।
गौरतलब है कि अब्दुल रहमान मक्की लश्कर नेता हाफिज सईद का बहनोई भी है। इतना ही नहीं मक्की ने लश्कर के लिए कई भूमिकाएं भी निभाई हैं। इसमें तमाम तरीकों से संगठन के लिए धन जुटाना शामिल है।विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि आतंकवादी संगठनों से क्षेत्र में खतरा अधिक बना हुआ है। यूएनएससी द्वारा की जाने वाली लिस्टिंग और प्रतिबंध इस तरह के खतरों को रोकने और क्षेत्र में आतंकवादी ढांचे को खत्म करने के लिए एक प्रभावी उपकरण हैं।
उन्होंने आगे कहा कि भारत आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। भारत आतंकवाद के खिलाफ विश्वसनीय और अपरिवर्तनीय कार्रवाई करने के लिए अंतर्राष्ट्रीय समुदाय पर दबाव डालता रहेगा। हम किसी भी आतंकी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं करेंगे।विदेश मंत्रालय ने बताया कि भारत ने 2021-22 के दौरान अपने UNSC कार्यकाल के दौरान पाक स्थित आतंकवादियों की एक सूची बनाई थी। 2022 के दौरान भारत ने 1267 आईएसआईएल (दाएश) और अल कायदा प्रतिबंध समिति के तहत 5 नाम पेश किए थे। इनमें अब्दुल रहमान मक्की (एलईटी), अब्दुल रऊफ असगर (जेईएम), साजिद मीर (एलईटी), शाहिद महमूद (एलईटी), तल्हा सईद (एलईटी) का नाम था।
Accident : सलडोगी के पास कार गिरी खाई में तीन लोगों की मौत..
17 Jan, 2023 07:33 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
उत्तराखंड में टिहरी जिले के नरेंद्रनगर में मंगलवार को दर्दनाक हादसा हो गया। आगराखाल-कुसरेला सड़क मार्ग पर सलडोगी के पास एक अल्टो कार खाई में गिर गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई।जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 11.30 बजे की है। कार में तीन लोग ही सवार थे। तीनों लोग आगराखाल से कखील गांव जा रहे थे। तभी सलडोगी के पास अचानक कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ ढालवाला की टीम घटनास्थल पहुंची। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट ने कार में सवार तीन लोगों की मौत की पुष्टि की है। तीनों मृतक टिहरी जिले के रहने वाले थे।
CBI ने सेवानिवृत्त रेलवे अधिकारी के ठिकानों पर मारा छापा..
17 Jan, 2023 06:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सीबीआई ने भुवनेश्वर में रेलवे के एक सेवानिवृत्त प्रधान मुख्य वाणिज्यिक प्रबंधक के परिसर पर छापेमारी के दौरान 17 किलोग्राम सोना और 1.57 करोड़ रुपये नकदी जब्त की। सीबीआई के अधिकारियों ने मंगलवार को छापेमारी की जानकारी दी।एजेंसी ने 1989 बैच के भारतीय रेलवे यातायात सेवा के अधिकारी प्रमोद कुमार जेना के खिलाफ आय के ज्ञात स्रोत से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में तीन जनवरी को मामला दर्ज किया था। बता दें कि प्रमोद कुमार जेना पिछले साल नवंबर में सेवानिवृत्त हुए थे।
सेवानिवृत्त अधिकारी पर कथित तौर पर आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है।अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने भुवनेश्वर में प्रमोद कुमार जेना के परिसरों की तलाशी ली। इस दौरान उन्हें कामयाबी मिली। सीबीआई ने प्रमोद कुमार जेना के ठिकानों से 1.57 करोड़ रुपये से अधिक की नकदी, 17 किलोग्राम सोना और आभूषण बरामद किया है। जिसकी कीमत 8 करोड़ रुपये से 10 करोड़ रुपये के बीच बताई जा रही है। इसके अलावा बैंक और डाक जमा रसीदों के साथ ही 2.5 करोड़ रुपये और बड़ी संख्या में संपत्ति के दस्तावेज जब्त किए हैं।
G20 की पहली स्वास्थ्य कार्य समूह की बैठक कल केरल में..
17 Jan, 2023 01:33 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जी 20 सम्मेलन की पहली स्वास्थ्य कार्य समूह बैठक केरल में होगी। बुधवार से शुरू होने वाली इस दो दिवसीय बैठक का आयोजन तिरुवनंतपुरम (केरल) में होगा। इस दौरान ट्रोइका में पहली बार तीन विकासशील और उभरती अर्थव्यवस्था वाले देश इंडोनेशिया, भारत और ब्राजील दिखाई देंगे।भारत ने बीते एक दिसंबर को जी-20 की अध्यक्षता ग्रहण की। पहली स्वास्थ्य कार्य समूह बैठक में स्वास्थ्य आपातस्थिति, वैक्सीन और डिजिटल स्वास्थ्य को लेकर चर्चा की जाएगी। इस पूरे वर्ष में जी-20 के स्वास्थ्य ट्रैक में चार हेल्थ वर्किंग ग्रुप बैठक आयोजित की जाएंगीं। एक हेल्थ मिनिस्ट्रियल बैठक भी होगी। तिरुवनंतपुरम (केरल), गोवा, हैदराबाद (तेलंगाना) सहित देश के विभिन्न स्थानों पर ये बैठकें आयोजित की जाएंगी।
Corona : कोरोना के XBB1.5 वेरियंट के मामलों में तेजी..
17 Jan, 2023 12:22 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । देश में कोरोना के XBB1.5 वैरियंट के मामले बढ़कर 26 हो गए हैं। यह वही वैरियंट है जो अमेरिका में कोरोना के बढ़ते मामलों के लिए जिम्मेदार है। भारतीय सार्स कोविड 2 जीनोमिक्स कंसोर्टियम (इंसाकाग) ने सोमवार को रिपोर्ट जारी कर यह जानकारी दी है। वायरस के इस स्वरूप से जुड़े मामले 11 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश में मिले हैं। इसमें दिल्ली, महाराष्ट्र और बंगाल भी शामिल हैं।
रिपोर्ट में कहा गया है 14 मामले बीएफ.7 के भी मिले हैं, जो चीन में मामले बढ़ाने के लिए जिम्मेदार है। इसके चार मामले बंगाल, तीन महाराष्ट्र और दो-दो मामले हरियाणा और गुजरात में दर्ज किए गए हैं।उधर दूसरी ओर चौबीस घंटे के दौरान देश में 114 कोरोना के नए मामले सामने आए हैं, जबकि सक्रिय मामलों (एक्टिव केस) में तीस की गिरावट के साथ मरीजों की संख्या घटकर 2,119 रह गई है।
ड्रग कंट्रोलर जनरल आफ इंडिया (डीसीजीआइ) ने वयस्कों के लिए कोरोना वैक्सीन कोवोवैक्स के बूस्टर डोज को मंजूरी दे दी है। जिन्हें कोविशील्ड या कोवाक्सिन की दो डोज दी गई हैं वे बूस्टर डोज के तौर पर इस वैक्सीन को ले सकते हैं। आधिकारिक सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
केरल में फिर अनिवार्य मास्क
केरल सरकार ने सभी सार्वजनिक स्थानों, वाहनों और पूरे राज्य में यात्रा के दौरान लोगों के लिए मास्क अनिवार्य करने का आदेश जारी किया है। 12 जनवरी के एक आदेश में, सरकार ने वाहनों में और सार्वजनिक परिवहन पर पारगमन के दौरान भी मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया था। सरकार ने निर्देश दिया कि कोरोना के प्रसार को रोकने के लिए सभी स्थानों पर सामाजिक दूरी का पालन किया जाए।
मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी गणतंत्र दिवस में होंगे मुख्य अतिथि..
17 Jan, 2023 11:33 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी इस बार गणतंत्र दिवस में मुख्य अतिथि होंगे। भारत और मिस्र के बीच राजनयिक संबंधों के 75 साल पूरे होने के इस महत्वपूर्ण अवसर पर जश्न मनाने के लिए मिस्र के राष्ट्रपति को आमंत्रित किया गया है। दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों के 75 साल पूरे होने पर विदेश मंत्रालय के सचिव औसाफ सईद ने सोमवार को कहा कि इस दौरान दोनों देशों के बीच आपसी गर्मजोशी और दोस्ती मजबूत हुए हैं।
उन्होंने कहा कि 15 अगस्त 1947 को भारत को स्वतंत्रता मिलने के सिर्फ तीन दिन के बाद ही दोनों देशों ने औपचारिक संबंध स्थापित किए थे।उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह को गणतंत्र दिवस के लिए मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया था, जिसका उन्होंने गर्मजोशी से स्वीकार किया। विदेश मंत्रालय के सचिव औसाफ सईद ने कहा, 'पीएम मोदी ने गणतंत्र दिवस के लिए मुख्य अतिथि के लिए राष्ट्रपति सीसी को आमंत्रित किया था, जिसका उन्होंने गर्मजोशी से स्वीकार कर लिया है। हमने इस साल अपनी जी 20 की अध्यक्षता के दौरान मिस्र को अतिथि देश के रूप में आमंत्रित किया है।'
उन्होंने कहा कि यह संतोष और सभ्यता का विषय है कि भारत और मिस्र के बीच संबंध न केवल समय की कसौटी पर खरे उतरे हैं बल्कि आपसी गर्मजोशी, दोस्ती और सद्भावना से और भी मजबूत हुए हैं।'मालूम हो कि मिस्र के राष्ट्रपति इससे पहले भी भारत आ चुके हैं। साल 2015 में उन्होंने पहली बार भारत की यात्रा की थी। सीसी की आगामी भारत यात्रा उनके राष्ट्रपति बनने के बाद तीसरी होगी। इससे पहले दिसंबर में विदेश मंत्री एस जयशंकर ने संसद को बताया था कि इस बार के गणतंत्र दिवस में मुख्य आतिथि के तौर पर मिस्र के राष्ट्रपति को बुलाया गया है और उन्होंने निमंत्रण को स्वीकार कर लिया है।
Weather : उत्तर भारत के कई जिलों में तापमान शून्य के करीब पहुंचा..
17 Jan, 2023 11:20 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लगातार पड़ रही कड़ाके की ठंड के चलते उत्तर भारत के कई शहरों का तापमान शून्य से नीचे चला गया। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, पूर्वी राजस्थान, उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और पश्चिम उत्तर प्रदेश में न्यूनतम तापमान में 1-3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। सबसे कम न्यूनतम तापमान -3.7 डिग्री सेल्सियस राजस्थान के फतेहपुर में दर्ज किया गया। इस बीच मौसम विभाग ने दिल्ली में यलो अलर्ट जारी कर दिया है।
दिल्ली में कल से तीन दिन तक भीषण शीतलहर चलेगी।भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, दो पश्चिमी विक्षोभ 18 और 20 जनवरी को उत्तर पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकते हैं, जिससे शीत लहर की संभावना है। 18 तारीख तक राजस्थान, पंजाब और हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कई हिस्सों में और उसके बाद 19 तारीख को पूर्वी राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में शीत लहर से गंभीर शीत लहर की स्थिति की बहुत संभावना है।
17 से 19 जनवरी के दौरान उत्तर प्रदेश और बिहार के अलग-अलग हिस्सों में शीतलहर की स्थिति रह सकती है। 17 जनवरी की सुबह तक कई इलाकों में न्यूनतम तापमान में लगभग 2 डिग्री सेल्सियस की और गिरावट आ सकती है। इसके बाद 19 से 21 जनवरी के दौरान इसमें 4-6 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होगी।मौसम विभाग ने दिल्ली में अगले छह दिनों के लिए यलो अलर्ट भी जारी किया है। स्काईमेट वेदर के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी महेश पलावत ने कहा कि मंगलवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।
नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव में 19 से 20 जनवरी के दौरान न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होगी।
राजधानी दिल्ली में सोमवार की सुबह सीजन की सबसे सर्द रही। न्यूनतम तापमान सामान्य से छह डिग्री कम 1.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह इस सीजन का ही नहीं बल्कि एक जनवरी, 2021 के बाद यानी दो साल में इस माह का सबसे कम न्यूनतम तापमान है।
मौसम विशेषज्ञ नवदीप दहिया ने दिल्ली के उजवा में न्यूनतम तापमान माइनस 0.5 डिग्री जाने का दावा किया। रविवार को उन्होंने यहां का तापमान माइनस 0.1 डिग्री रहने का दावा किया था। पंजाब के कई जिलों में धुंध के साथ पाला पड़ा। चार जिलों बठिंडा, फरीदकोट, मोगा और फिरोजपुर में न्यूनतम तापमान शून्य के करीब आ गया।
Vaccine: DCGI ने कोवोवैक्स को बाजार में उतारने के लिए दी मंजूरी..
17 Jan, 2023 11:14 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (DCGI) ने कोविड-19 वैक्सीन कोवोवैक्स को वयस्कों के लिए विषम बूस्टर खुराक के रूप में बाजार में उतारने को मंजूरी दे दी है। कोवोवैक्स उन वयस्कों को दी जा सकेगी, जिन्हें कोविशील्ड या कोवाक्सिन की दो खुराक दी गई है। आधिकारिक सूत्रों ने सोमवार को इस बारे में जानकारी दी है।डीसीजीआई की मंजूरी केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) की विषय विशेषज्ञ समिति की सिफारिश के बाद आई है।
सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (SII) में सरकार और नियामक मामलों के निदेशक प्रकाश कुमार सिंह ने हाल ही में बढ़ते हुए COVID-19 महामारी के मद्देनजर 18 वर्ष और उससे अधिक आयु वालों के लिए Covovax विषम बूस्टर खुराक की मंजूरी के लिए DCGI को पत्र लिखा था।एक आधिकारिक सूत्र ने कहा सीडीएससीओ की विषय विशेषज्ञ समिति ने बुधवार को इस मुद्दे पर विचार-विमर्श किया और कोविशील्ड या कोवेक्सिन की दो खुराक लेने वाले वयस्कों के लिए विषम बूस्टर खुराक के रूप में कोवोवैक्स को बाजार में उतारने की सिफारिश की।
डीसीजीआई ने कोवोवैक्स को 28 दिसंबर 2021 को वयस्कों के लिए आपातकालीन स्थितियों में उपयोग के लिए मंजूरी दी थी।इसके अलावा डीसीजीआई ने 9 मार्च, 2022 को 12-17 आयु वर्ग और पिछले साल 28 जून को 7-11 वर्ष की आयु के बच्चों पर कुछ शर्तों के साथ कोवोवैक्स के इमरजेंसी उपयोग के लिए मंजूरी दी थी। बता दें कि कोवोवैक्स को नोवावैक्स से प्रौद्योगिकी हस्तांतरण के माध्यम से निर्मित किया जाता है। इसे यूरोपीय दवा एजेंसी ने सशर्त व्यापार प्राधिकार के लिए मंजूरी दी है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने इसे 17 दिसंबर 2021 को आपात स्थिति में सूचीबद्ध किया था।
Joshimath: 23 और घरों में आई दरारें 849 पहुंची संख्या..
17 Jan, 2023 11:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
देहरादून | जोशीमठ में सबसे निचले हिस्से में बसी जेपी कॉलोनी में भविष्य के खतरों को देखते हुए असुरक्षित घरों को ध्वस्त किया जाएगा। इस संबंध में कंपनी के अधिकारियों को भी बता दिया गया है। डीएम से सर्वे कराकर रिपोर्ट मांगी गई है।सचिव आपदा प्रबंधन डॉ. रंजीत सिन्हा ने बताया, आपदा प्रबंधन विभाग ने विशेषज्ञों की टीम के साथ रविवार को जोशीमठ का दौरा किया था। इस दौरान टीम जोशीमठ के सामने हाथीपांच पर्वत की तरफ भी गई थी। यहां से जोशीमठ के भूगोल को समझने की कोशिश की गई।
देखने में आया कि जेपी कॉलोनी के ऊपर सिंहधार और सुनील की तरफ एक लाइन में नुकसान ज्यादा हुआ है। यहां स्पष्ट दिखाई देता है कि भू-धंसाव की दिशा क्या है। संभव है यहां कभी बड़ी जल धारा बहती होगी।कहा, जेपी कॉलोनी में खतरे को देखते हुए असुरक्षित भवनों को ध्वस्त करने का निर्णय लिया गया है। सीबीआरआई की ओर से सर्वे करने के बाद असुरक्षित घरों को होटलों की तरह वैज्ञानिक तरीके से ध्वस्त किया जाएगा।
बताया, केंद्र सरकार के स्तर पर सीबीआरआई की ओर से भवनों के क्षति का आकलन किया जा रहा है। इसके लिए क्रेक मीटर भी ऐसे भवनों पर लगाए गए हैं। अभी तक 400 घरों का क्षति का आकलन किया जा चुका है। बताया, सीबीआरआई की पांच वैज्ञानिकों के साथ 30 इंजीनियर काम कर रहे हैं।सचिव आपदा प्रबंधन ने बताया, कुछ घरों और जमीन पर आई दरारों में एक से दो मिलीमीटर की वृद्धि हुई है, लेकिन नए घरों में दरारें नहीं आई हैं।
कुछ घरों में हल्की दरारें बढ़ी हैं। दरारों की जांच के लिए क्रेक मीटर लगाए गए हैं। सर्वे में दरार वाले नए घर जुड़ रहे हैं, इसलिए प्रतिदिन इनकी संख्या बढ़ जाती है। इसे नया क्रेक नहीं कहा जा सकता है।सचिव डॉ. सिन्हा ने बताया, दो अन्य होटलों में दरारें आई हैं। सीबीआरआई की ओर से इनकी मॉनीटरिंग की जा रही है। अगर ध्वस्तीकरण की जरूरत हुई तो इन्हें भी पूरी प्रक्रिया अपनाने के बाद ध्वस्त कर दिया जाएगा।
शिव पुराण कथा के लिए मुस्लिम परिवार ने दी 60 एकड़ जमीन
16 Jan, 2023 09:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
औरंगाबाद । महाराष्ट्र के परभणी में हिंदुओं के पांच दिवसीय शिव पुराण कथा के लिए एक मुस्लिम परिवार ने अपनी 60 एकड़ जमीन कथा के लिए आयोजकों को सौंप दी। मुस्लिम परिवार ने खेत में खड़ी हुई फसल को समय के पूर्व ही काट दिया। जिसके कारण उसे लाखों रुपए का नुकसान हुआ। धार्मिक आयोजन को दृष्टिगत रखते हुए शोयब ने अपनी जमीन उपलब्ध कराई। जमीन मालिक के मामा सैयद अब्दुल कादर ने जानकारी दी है कि कुछ माह पहले तीन दिवसीय तबलीग जमात इस्तमा के आयोजन के लिए हिंदू और मुस्लिम परिवारों ने अपनी जमीन आयोजन के लिए दी थी। पहले भी शोएब ने जमात के लिए जमीन उपलब्ध कराई थी। इस बार शिव कथा के लिए जमीन उपलब्ध कराकर वह गौरानवित है।
क्षेत्र के शिवसेना के सांसद संजय जाधव के अनुसार मुस्लिम परिवार ने अपनी खड़ी फसल को नष्ट कर अपनी जमीन शिव पुराण कथा के लिए दी है। हम इसकी सराहना करते हैं। लाखों रुपए के नुकसान के बाद भी जमीन उपलब्ध कराकर उसने सभी का दिल जीत लिया है। सांसद जाधव ने शोएब को धन्यवाद दिया।
एक व्यक्ति ने बाइक में आग लगा दी जोरदार 3 धमाकों से दहला जालंधर
16 Jan, 2023 07:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जालंधर । जिले में थाना मकसूदां क्षेत्र के पंजाबी बाग के समीप एक व्यक्ति ने कॉल करके बाइक में देर रात आग लगा दी। आग के कारण 3 धमाके हुए जिस कारण इलाके के निवासी डरकर सड़कों पर आ गए। मोहल्ला निवासियों ने बताया कि जब वे सड़क पर आए तो देखा कि एक मोटरसाइकिल जल रहा था। कॉल करके व्यक्ति द्वारा आग लगाने की सीसीटीवी फुटेज पुलिस को मिल गई है। सूत्रों के मुताबिक मोटरसाइकिल को आग लगाने के समय वह किसी को कॉल के माध्यम से डरा-धमका रहा था। इस वारदात की जानकारी मोहल्ला निवासियों ने थाना मकसूदां की पुलिस को दी तथा मौके पर थाना मकसूदां के एएसआई केवल सिंह पुलिस पार्टी सहित मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि मोटरसाइकिल को आग लगाने वाले की वीडियो पुलिस को वारदात स्थल के समीप लगे सीसीटीवी कैमरे से मिल गई है तथा मोटरसाइकिल को आग लगाने वाले व्यक्ति की पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा कि वे जल्द ही व्यक्ति की पहचान करके उसके खिलाफ बनती कार्रवाई की जाएगी। मोहल्ला निवासियों ने एसएसपी स्वर्णदीप सिंह से गुहार लगाई है कि वे ऐसे क्राइम करने वालों पर कार्रवाई कर उन्हें जेल भेजे।
दिल्ली-एनसीआर में अभी शीतलहर चलेगी
16 Jan, 2023 05:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । दिल्ली-एनसीआर में अभी शीतलहर चलेगी। राजस्थान के कई शहरों में शून्य पर पारा रहा। कुछ दिनों में पश्चिमी विक्षोभ के कारण शीघ्र ठंड से राहत मिलने के आसार हैं। भारत के उत्तरी और उत्तर-पश्चिम इलाके में रविवार को शीतलहर का कहर जारी रहा जिसके कारण न्यूनतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक की कमी दर्ज की गई। बृहस्पतिवार से शुरू होने वाले पश्चिमी विक्षोभ के कारण कुछ राहत मिलने के आसार हैं लेकिन उससे पहले सर्दी और बढ़ेगी। उत्तर-पश्चिम भारत में राजस्थान के सीकर जिले का फतेहपुर सबसे ठंडा स्थान रहा जहां का न्यूनतम तापमान शून्य से 4.7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। वहीं पंजाब के फरीदकोट में न्यूनतम तापमान शून्य से एक डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि पंजाब राजस्थान हरियाणा दिल्ली और पश्चिमी मध्य प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में रविवार को शीतलहर चलने से सर्दी बहुत ज्यादा बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान के उत्तर-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व के ज्यादातर हिस्सों में न्यूनतम तापमान एक से तीन डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। वहीं पंजाब हरियाणा दिल्ली और दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश में न्यूनतम तापतान तीन से पांच डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज रहा। भारत मौसम विज्ञान विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार थार के रेगिस्तान के पास स्थित चुरू जिले में इस मौसम का सबसे कम तापमान शून्य से 2.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
न्यूनतम तापमान में 4 से 7 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज
मौसम विभाग के अनुसार पंजाब हरियाणा दिल्ली पूर्वी राजस्थान पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तरी-पश्चिमी मध्य प्रदेश में न्यूनतम तापमान में चार से सात डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। उत्तर-पश्चिम के अन्य हिस्सों में खास बदलाव दर्ज नहीं किया गया। मौसम विभाग के अनुसार 17 से 18 जनवरी को भारत के उत्तरी-पश्चिमी और मध्य इलाके में न्यूनतम तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज किए जाने की संभावना है। वहीं राजस्थान पंजाब हरियाणा और दिल्ली में इस दौरान शीतलहर चलने की संभावना है।
कुछ इलाकों में 16 से 18 जनवरी के बीच बर्फ जमने की आशंका
मौसम विभाग के अनुसार हिमाचल प्रदेश पंजाब हरियाणा और राजस्थान के कुछ इलाकों में 16 से 18 जनवरी के बीच बर्फ जमने की आशंका है। कश्मीर में ज्यादातर जगहों पर रात का तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया। श्रीनगर में शनिवार की रात को न्यूनतम तापमान शून्य से 0.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जो शुक्रवार की रात के मुकाबले आधा डिग्री कम था। अधिकारियों ने बताया कि कुपवाड़ा जिले में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। वहीं अनंतनाग जिले के पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 10.9 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा जो पिछली रात के मुकाबले पांच डिग्री कम था। जम्मू-कश्मीर का पहलगाम सबसे ठंडा स्थान रहा।
2।2 फीट तक धंस चुके हैं जोशीमठ के कुछ इलाके राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के सर्वे में सामने आई जानकारी
16 Jan, 2023 11:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
देहरादून । राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के अफसरों ने पिछले दिनों जोशीमठ का ग्राउंड सर्वे किया था। इस सर्वे की रिपोर्ट हैरान करने वाली है। सर्वे रिपोर्ट के अनुसार जोशीमठ के कुछ प्रभावित इलाके करीब 2।2 फीट यानी 70 सेंटीमीटर तक धंस चुके हैं। इससे पहले इसरो की भी एक रिपोर्ट आई थी। इसरो के नेशनल रिमोट सेंसिंग सेंटर की रिपोर्ट में बताया गया था कि बीते 12 दिन में जोशीमठ की जमीन 5।4 सेंटीमीटर धंस गई है।
सैटेलाइट तस्वीरों से पता चलता है कि जोशीमठ शहर 27 दिसंबर से 8 जनवरी के बीच 5।4 सेंटीमीटर धंस गया है। 12 दिनों के अंदर शहर 5।4 सेंटीमीटर नीचे चला गया है। राज्य आपदा प्रबंधन विभाग की ग्राउंड सर्वे करने वाली टीम में शामिल एक वरिष्ठ अधिकारी का कहना है कि जोशीमठ के जेपी कॉलोनी के अंदर बैडमिंटन कोर्ट और उसके आसपास के इलाकों में करीब 70 सेमी तक भूधंसाव नजर आया है। इसके अलावा मनोहर बाग पॉकेट में करीब 7 से 10 सेमी तक धंसाव देखा जा सकता है। अधिकारी के मुताबिक जोशीमठ में जमीन की सतह में बदलाव को रिमोट सेंसिंग के जरिए जाना जा सकता है लेकिन जमीन के नीचे क्या हो रहा है इसकी विस्तृत जांच करने की जरूरत है। जोशीमठ में इसरो रिमोट सेंसिंग करा रहा है लेकिन ये ज्यादातर भूकंप आने के बाद की स्थिति में प्रभावी साबित होता है।
भूवैज्ञानिक एसपी सती ने बताया जोशीमठ के कुछ हिस्सों में कई फीट तक धंसाव देखा गया है जबकि अन्य इलाकों में यह धंसाव कुछ इंच तक है। किसी चीज ने जमीन के धंसने को ट्रिगर किया जो तभी रुकेगा जब कोई बाधा पहुंचेगी या फिर यह चलता रहेगा। किसी चीज ने धंसने की शुरुआत की थी और अनियंत्रित होने पर यह जारी रहेगा। जोशीमठ के रहने वालों ने भी आपदा प्रबंधन दल की इस रिपोर्ट पर मुहर लगा दी है।
स्थानीय निवासी दुर्गा प्रसाद सकलानी का कहना है कि उनका कमरा एक फुट से ज्यादा धंस चुका है जबकि बरामद 2 फुट तक धंस गया है। कमरे और बरामदे के धंसने की वजह से पूरा घर रहने लायक नहीं रह गया है। इसी तरह एक होटल के केयरटेकर चिराग प्रजापति ने बताया कि उनका होटल पिछले 15 दिनों में लगभग 6 इंच तक धंस गया है। पीछे की बिल्डिंग भी उनके होटल की ओर झुल गई है। आपको बता दें कि उत्तराखंड के आपदा प्रबंधन सचिव रंजीत सिन्हा के नेतृत्व में 5-6 जनवरी को आठ सदस्यीय टीम ने फील्ड सर्वे किया था। इस टीम की रिपोर्ट में बताया गया है कि 2 जनवरी की रात जेपी कॉलोनी में जलधारा फटने से जलभराव बढ़ गया था। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि जलप्रवाह ने शायद कुछ भूमिगत खाली जगह बनाई है जो कॉलोनी के ऊपर और नीचे विभिन्न स्थानों में धंसने के रूप में दिखाई दे रही हैं। इससे कई बड़ी दरारें आ गई हैं जो एक मीटर से भी ज्यादा गहरी हैं।