देश (ऑर्काइव)
दलाई लामा ने की भारत के धर्मनिरपेक्ष सिद्धांतों की सराहना...
22 Jan, 2023 01:01 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली : तिब्बती आध्यात्मिक नेता दलाई लामा ने शुक्रवार को भारतीय लोक प्रशासन संस्थान में भारत के धर्मनिरपेक्ष सिद्धांतों की सराहना की। आईआईपीए को संबोधित करते हुए उन्होंने जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के साथ अपनी बैठकों को याद किया और कहा कि भारत, एक लोकतांत्रिक देश और सभी प्रमुख विश्व परंपराएं एक साथ रहती हैं। धर्मनिरपेक्ष सिद्धांत अद्भुत है।
भारत में अपने प्रवास के बारे में बोलते हुए कहा, देश में रहना अद्भुत है..मैं भारत सरकार का अतिथि हूं..मैं इसकी सराहना करता हूं। तिब्बती आध्यात्मिक नेता दलाई लामा ने कहा कि उनकी तिब्बत लौटने की कोई योजना नहीं है क्योंकि वह भारत में पूरी तरह से स्वतंत्र हैं। उन्होंने पहले कहा था कि वह भारत के सबसे लंबे समय तक मेहमान हैं, जो अपने मेजबान को कभी कोई परेशानी नहीं देंगे।
उन्होंने कहा कि हमारे भाइयों और बहनों हम विशेष रूप से कहते हैं कि चूंकि मैं एक शरणार्थी बन गया और इस देश में रहता हूं, इसलिए मैंने भारतीय विचार और तर्क सीखा है। यह ध्यान रखना उचित है कि चीन अगले दलाई लामा के पुनर्जन्म की बहस में अपनी स्थिति मजबूत करना चाहता है। तिब्बत राइट्स कलेक्टिव ने बताया कि भविष्य के दलाई लामा के चयन के दौरान चीन वैश्विक बौद्ध समर्थन भी चाहता है।
CJI चंद्रचूड़ ने किया ऐलान, हिंदी सहित भारतीय भाषाओं में उपलब्ध होंगे सुप्रीम कोर्ट के फैसले...
22 Jan, 2023 12:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली : सुप्रीम कोर्ट के फैसलों की प्रति अब जल्द ही हिंदी सहित देश की अन्य भाषा में उपलब्ध कराई जाएगी। देश के मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड ने शनिवार को बार काउंसिल ऑफ महाराष्ट्र एंड गोवा (बीसीएमजी) की ओर से मुंबई के दादर स्थित योगी सभागृह में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान यह घोषणा की। मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि देश के अंतिम व्यक्ति को सस्ते में व तेजी से न्याय मिले, इसके हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। जब तक हमारे देश के नागरिक को उस भाषा में अदालत के फैसले की जानकारी नहीं मिलेगी जिस भाषा को वह समझता है तब तक न्याय व्यवस्था की सार्थकता साबित नहीं होगी।
उन्होंने कहा कि न्यायालय में तकनीक की मदद से व्यापक बदलाव लाया जा सकता है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से सुप्रीम कोर्ट के फैसले हर भाषा में उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य शुरु है। व्यवस्था को व्यक्ति के लिए बनाया गया है। इसलिए व्यवस्था व्यक्ति के ऊपर नहीं हो सकती है। मुख्य न्यायाधीश चंद्रचूड़ ने अदालत की कार्यवाही के सीधे प्रसारण पर भी जोर दिया और कहा, मेरा मिशन है कि न्यायालय कागज रहित और तकनीक सुगम बने। उन्होंने न्यायपालिका में महिलाओं की हिस्सेदारी बढ़ने की सराहना करते हुए युवा व नए वकीलों को ज्यादा अवसर देने पर जोर दिया। कहा कि मैं रोजाना आधे घंटे युवा वकीलों को सुनता हूं। इससे देश की नब्ज की जानकारी मिलती है।
कार्यक्रम में सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश बीआर गवई व बॉम्बे हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश एसवी गंगापुरवाला ने मुख्य न्यायाधीश चंद्रचूड़ के न्यायिक विवेक की प्रशंसा की। वहीं, एडिशनल सॉलिसिटर जनरल अनिल सिंह ने मुख्य न्यायाधीश के कानूनी पेशे के सफर का परिचय दिया। कार्यक्रम में बार काउंसिल आफ इंडिया के चेयरमैन मनन कुमार मिश्रा, हाईकोर्ट के मौजूदा व पूर्व न्यायमूर्तियों के अलावा बार काउंसिल ऑफ महाराष्ट्र एंड गोवा के चेयरमैन मिलिंग थोबड़े, बीसीएमजी के सचिव प्रवीण रणपिसे सहित बड़ी संख्या में वकील उपस्थित थे।
कोलकाता : शिक्षक भर्ती घोटाले में टीएमसी नेता कुंतल घोष गिरफ्तार...
22 Jan, 2023 12:01 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कोलकाता : प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने लगातार दो दिनों तक पूछताछ के बाद पश्चिम बंगाल शिक्षक भर्ती घोटाले में तृणमूल कांग्रेस की युवा शाखा के सदस्य कुंतल घोष को गिरफ्तार कर लिया है। घोष हुगली से टीएमसी की यूथ विंग के सदस्य हैं, जिनके फ्लैट पर ईडी के अधिकारियों ने शुक्रवार को मामले के सिलसिले में छापा मारा था।
सूत्रों ने बताया कि कुंतल घोष को सबूतों के आधार पर गिरफ्तार किया गया है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि कोलकाता में ईडी के अधिकारियों ने घोष के चिनार पार्क स्थित अपार्टमेंट में रातभर ली गई तलाशी के बाद शनिवार सुबह उन्हें पहले हिरासत में लिया था और फिर बाद में गिरफ्तार कर लिया।
सीबीआई के अनुसार, 2014 और 2021 के बीच पूरे पश्चिम बंगाल में सरकारी स्कूलों में शिक्षकों और कर्मचारियों को नियुक्त करने के लिए टीएमसी नेताओं द्वारा कथित तौर पर 100 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जुटाई गई थी। बंगाल के निजी संचालित कॉलेजों और संस्थानों के संघ के अध्यक्ष तपस मंडल ने सीबीआई द्वारा पूछताछ के दौरान कुंतल घोष पर नौकरी चाहने वालों से पैसे उगाहने का आरोप लगाया था। पिछले साल, राज्य के पूर्व शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी को कक्षा नौ से 12वीं के लिए स्कूल सेवा आयोग की भर्ती में गिरफ्तार किया गया था, जिससे ममता बनर्जी सरकार विपक्ष के निशाने पर आ गई थी। सीबीआई को पिछले साल मई में 2014 और 2021 के बीच पश्चिम बंगाल स्कूल सेवा आयोग (एसएससी) और पश्चिम बंगाल माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा गैर-शिक्षण कर्मचारियों (ग्रुप सी और डी) और शिक्षण कर्मचारियों की नियुक्ति की जांच करने का निर्देश दिया गया था। कथित तौर पर चयन परीक्षा में विफल होने के बाद नौकरी पाने के लिए 5 लाख रुपये से 15 लाख रुपये तक की रिश्वत दी।
G20 के जश्न में शामिल हुए अंतर्राष्ट्रीय विद्यार्थी..
21 Jan, 2023 05:23 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बहुपक्षीय मंच में भारत की अध्यक्षता का जश्न मनाने के लिए शनिवार को यहां आयोजित एक मार्च में G20 देशों के विद्यार्थयों समेत बड़ी संख्या में अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। राजघाट के पास गांधी दर्शन से लेकर लाल किले के चार्ट लाल गोयल हेरिटेज पार्क तक कई स्कूली छात्रों और शिक्षकों ने तिरंगे और गुब्बारे लिए हुए G-20 'विश्व शांति मार्च' में भाग लिया।मार्च में लगभग 120 अंतर्राष्ट्रीय विद्यार्थियों ने भाग लिया। उनका फूलमालाओं और फूलों से स्वागत किया गया।
विद्यार्थियों को रंग-बिरंगे झंडे और तख्तियां लिए विश्व शांति और एकता का संदेश देते देखा गया। इस कार्यक्रम का आयोजन पूर्व केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता विजय गोयल ने किया था।मॉरीशस की रहने वाली और एसएसआर मेडिकल कॉलेज की छात्रा प्रेरणा बहुत खुश थीं। उन्होंने कहा कि इसमें भाग लेना और अद्भुत प्रदर्शन देखना अच्छा रहा। मुझे एसएसआर कॉलेज के माध्यम से आमंत्रण मिला।
कई सांस्कृतिक प्रदर्शन भी आयोजित किए गए और छात्रों ने इनमें भाग लिया।रूस की जूलिया ने कहा कि उन्हें पुरानी दिल्ली घूमने और भारतीय संस्कृति की खोज करने में मजा आया। उन्होंने कहा कि यह शानदार है और हमने पुरानी दिल्ली से घूमते हुए इस कार्यक्रम का आनंद लिया। मुझे लगता है कि G20 की मेजबानी करने के लिए यह सबसे अच्छी जगह है।
हमारे भारतीय मित्र और सहकर्मी इसे लेकर बहुत उत्साहित हैं। हर दिन, वे हमें एक और नए कार्यक्रम में भाग लेने के लिए आमंत्रित करते हैं। हम अगस्त में सांस्कृतिक मंत्रियों के साथ बैठक और अधिक दिलचस्प द्विपक्षीय और बहुपक्षीय कार्यक्रमों की उम्मीद करते हैं।
Blast : नरवाल इलाके में लगातार दो ब्लास्ट,5 घायल..
21 Jan, 2023 01:36 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जम्मू के नरवाल इलाके में लगातार सीरियल ब्लास्ट हुए हैं। इसकी चपेट में आने से पांच से अधिक लोगों के घायल होने की सूचना है। धमाके की सूचना के बाद मौके पर एसएसपी समेत अन्य एजेंसियों के अधिकारी पहुंच गए हैं।गणतंत्र दिवस और राहुल गांधी की यात्रा के चलते जम्मू संभाग में सुरक्षा कड़ी है। पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया है। डीआईजी शक्ति पाठक ने भी पूरे इलाके का दौरा किया। एडीजी पुलिस मुकेश सिंह ने स्थानीय लोगों और पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी ली।
स्थानीय लोगों के मुताबिक नरवाल इलाके के ट्रांसपोर्ट नगर के यार्ड नंबर सात और नौ पर धमाके हुए। पुलिस मौके पर खड़े सभी वाहनों को वहां से हटवा रही है। बताया जा रहा है इलाके में कई जगहों पर बड़ी मात्रा में कबाड़ एकत्र किया गया है।इसके बीच में ही धमाके हुए हैं जिसकी चपेट में आने के कारण ही लोग जख्मी हुए हैं। एडीजी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। धमाके के बाद पूरे इलाके में जांच जारी है।
Weather : दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई इलाकों में ठंड से मिली राहत..
21 Jan, 2023 11:35 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । पिछले कुछ दिनों से शीतलहर से जूझ रहे उत्तर भारत को कड़ाके की ठंड से राहत मिल गई है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई इलाकों में ठंड से फिलहाल थोड़ी राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत में अगले कुछ दिनों तक शीतलहर से राहत रहने वाली है।दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार को ठंड से राहत मिली। हालांकि, शनिवार सुबह से ही दिल्ली-NCR में बादल छाए हुए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-NCR के अलग-अलग इलाकों में दिन भर बादल छाए रहेंगे। इस दौरान हल्की बारिश पड़ने की भी उम्मीद है। वहीं, मौसम विभाग ने रविवार को भी बारिश की संभावना जताई है।वहीं, उत्तर प्रदेश में भी ठंड से राहत है। प्रदेश के कुछ जिलों में आज सुबह से कोहरा दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, यूपी की राजधानी लखनऊ में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री और अधिकतम तापमान 23 डिग्री रह सकता है।
इसके अलावा बिहार के ज्यादातर जिलों में शनिवार और रविवार को मौसम साफ रहेगा।हालांकि, शाम होते ही बिहार के कई जिलों में ठंड का असर दिखाई देगा।उत्तराखंड के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी जारी है। जिसके कारण मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। बता दें कि उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग समेत 2500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
हिमाचल प्रदेश में अभी बर्फबारी का दौर जारी रहेगा। मौसम विभाग की मानें तो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण हिमाचल में अगले कुछ दिनों के दौरान बर्फबारी जारी रहेगी। जिससे तापमान में गिरावट की उम्मीद है। वहीं, जम्मू-कश्मीर के कुछ इलाकों में बारिश और बर्फबारी की उम्मीद है। मौसम विभाग की मानें तो 21 जनवरी को कुछ इलाकों में हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है।
कोहरे कारण घंटों देरी से उड़ रही कई फ्लाइट..
21 Jan, 2023 11:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
देश की राजधानी दिल्ली के कुछ इलाकों में शनिवार सुबह घना कोहरा देखने को मिला। घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी काफी कम रही। दिल्ली में कोहरे का असर उड़ानों पर पड़ा है। कई फ्लाइट देरी से चल रही हैं।दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर यात्रियों को काफी मुसीबतों का सामना करना पड़ा। घने कोहरे के चलते कई फ्लाइट के समय में देरी हुई।
कई यात्रियों को एयरपोर्ट पर ही घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।एक यात्री ने कहा, "मैं पंजाब से आया हूं और मैं लंदन जा रहा हूं। फ्लाइट को सुबह 10.50 बजे रवाना होना था, लेकिन अब यह दोपहर 12.45 बजे रवाना होगी। मुझे उम्मीद है कि मेरी फ्लाइट रद्द नहीं होगी।"
कोहरे के चलते ट्रेनों की रफ्तार भी थम गई है। भारतीय रेलवे ने शनिवार को 363 ट्रेनों को रद्द कर दिया है। 320 ट्रेनों को पूरी तरह से, जबकि 43 ट्रेनों को आंशिक रूप से रद्द कर दिया गया है। जिन ट्रेनों को रद्द किया गया है, उसमें जनशताब्दी, हमसफर के साथ कई सुपरफास्ट और एक्सप्रेस ट्रेनें शामिल हैं।
भारतीय नौसेना में शामिल होगी कलवारी क्साल की सबमरीन Vagir..
21 Jan, 2023 11:07 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई : भारतीय नौसेना की ताकत में लगातार इजाफा हो रहा है। 23 जनवरी 2023 को इंडियन नेवी को आधुनिक कलवारी क्साल की अटैक सबमरीन वागीर मिल जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि भारत में इन पनडुब्बियों का निर्माण मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड मुंबई द्वारा मैसर्स नेवल ग्रुप, फ्रांस के सहयोग से किया जा रहा है। कलवारी श्रेणी की चार पनडुब्बियों को पहले ही भारतीय नौसेना में शामिल किया जा चुका है।कमांडिंग ऑफिसर कमांडर दिवाकर एस ने बताया कि आईएनएस वगीरको तट के साथ-साथ समुद्र में तैनात किया जा सकता है।
ये नौसेना और देश की सभी जरूरतों को पूरा करने के में सक्षम है। ये आत्मनिर्भर भारत बनने की दिशा में एक बड़ा कदम है। ये पांचवीं कलवारी श्रेणी की पनडुब्बी है। उन्होंने कहा कि ये गर्व की बात है कि वागीर का निर्माण पूरी तरह से मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड द्वारा किया गया है। इसके अधिकांश परीक्षण नौसेना और एमडीएल द्वारा एक साथ किए गए है।बता दें कि आईएनएस वागीर को समंदर के अंदर 350 मीटर की गहराई में तैनात किया जा सकता है।
ये स्टेल्थ तकनीकों से लैस है। ये बेहद घातक और पूरी तरह से स्वदेशी पनडुब्बी है। इसमें एंटी-शिप मिसाइलों को भी लगाया गया है। इसकी सबसे बड़ी खासियत ये है कि ये दुश्मन के रडार की पकड़ में नहीं आएगी। ये लंबे समय तक पानी में रह सकती है। आईएनएस वागीर 221 फीट लंबी है। ये पानी के अंदर 50 दिनों तक रह सकती है। इसमें 8 नौसेना अधिकारी और 35 सैनिक तैनात हो सकते हैं।
बर्फबारी से दरारों में पानी रिसने से भूधंसाव की आशंका..
21 Jan, 2023 11:03 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जोशीमठ : शनिवार को भूधंसाव प्रभावित जोशीमठ में मौसम साफ बना रहा है। धूप खिलने से लोगों ने कड़ाके की सर्दी से राहत महसूस की। लेकिन बीते 24 घंटे से आपदा प्रभावित जोशीमठ में जारी बर्फबारी से आमजन की दुश्वारियां बढ़ने के साथ अधिकारियों की चुनौतियां भी बढ़ गई हैं।शुक्रवार को दो होटलों के साथ लाल निशान लगे भवनों के डिस्मेंटलिंग का काम भी रुका रहा।
हालांकि असुरक्षित भवनों के चिह्नीकरण और परिवारों को राहत कैंप में शिफ्ट करने की प्रक्रिया जारी रही। उधर, बर्फबारी से भवनों और भूमि की दरारों में पानी रिसने से भूधंसाव की आशंका गहरा गई है। यदि ऐसा हुआ तो असुरक्षित भवनों के आसपास सुरक्षित भवनों को भी खतरा हो सकता है।बीती गुरुवार रात से ही जोशीमठ क्षेत्र में बारिश और बर्फबारी हो रही है, जो शुक्रवार को दिनभर रुक-रुककर जारी रही।
इसके चलते दो होटलों समेत 20 भवनों की डिस्मेंटलिंग का काम नहीं हो पाया। इसके चलते बदरीनाथ हाईवे पर सीएमपी चेकपोस्ट से मारवाड़ी तिराहे तक यातायात दिनभर सुचारु रहा। डिस्मेंटलिंग के चलते हाईवे के इस हिस्से पर वाहनों की आवाजाही बंद की गई थी।लगातार बर्फबारी से भवनों और भूमि में आई दरारों के अंदर पानी के रिसाव से भूधंसाव की भी आशंका जताई जा रही है। भू विज्ञानी भी बता चुके हैं कि यदि इन दरारों में अधिक पानी का रिसाव हुआ तो यह भूस्खलन का रूप ले सकता है।
यदि ऐसा हुआ तो खाली कराए गए असुरक्षित भवनों के आसपास के क्षेत्र में फिलहाल सुरक्षित भवनों को भी खतरा हो सकता है।प्रशासन इन्हीं खतरों से निपटने के लिए दरारों में मिट्टी भरने का तर्क दे रहा था। जबकि, बर्फ पिघलने से दरारों में भरी मिट्टी भी बह रही है। औली से लगे सुनील क्षेत्र में बर्फबारी का ज्यादा प्रभाव है। यहां असुरक्षित भवनों को बर्फ के पानी से रिसाव का ज्यादा खतरा है, जो पूरे नगर के लिए बड़ी मुसीबत बन सकता है।
Justice Sabina बनीं हिमाचल प्रदेश HC की कार्यवाहक चीफ जस्टिस..
20 Jan, 2023 04:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हिमाचल प्रदेश के मुख्य न्यायाधीश अमजद अहतेशाम सैयद की सेवानिवृत्ति के पश्चात हाईकोर्ट की वरिष्ठम न्यायाधीश सबीना को कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश बनाया गया है। केंद्र सरकार की ओर से इस बाबत अधिसूचना जारी की गई है। इन्हें दूसरी बार हाईकोर्ट का कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश बनने का अवसर मिला है। एक अधिसूचना में केंद्रीय कानून मंत्रालय में न्याय विभाग ने जानकारी दि कि वो 21 जनवरी को मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति अमजद अहतेशाम सैयद की सेवानिवृत्ति के बाद पदभार ग्रहण करेंगी।बता दें कि न्यायमूर्ति सैयद 62 वर्ष की आयु प्राप्त करने पर शुक्रवार को पद छोड़ रहे हैं।
अधिसूचना जारी करते हुए जानकारी दी गई कि भारत के संविधान के अनुच्छेद 223 द्वारा प्रदत्त शक्ति का प्रयोग करते हुए राष्ट्रपति ने हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय की वरिष्ठतम न्यायाधीश न्यायमूर्ति सबीना को उस राज्य के मुख्य न्यायाधीश के कार्यालय के कर्तव्यों का पालन करने के लिए नियुक्त किया है।न्यायाधीश सबीना का जन्म 20 अप्रैल 1961 को हुआ था। इन्होंने पंजाब व हरियाणा हाईकोर्ट के समक्ष वकालत शुरू की थी ।
साल 1986 में इन्हें सर्वसम्मति से पंजाब व हरियाणा हाईकोर्ट बार एसोसिएशन की सह-सचिव चुना गया था। 21 जनवरी 1997 को इन्हें अतिरिक्त जिला न्यायाधीश के तौर पर नियुक्त किया गया था। सितंबर 2004 को इन्हें सत्र न्यायाधीश पदोन्नत किया गया।12 मार्च 2008 को इन्हें पंजाब व हरियाणा हाईकोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त किया गया था। 11 अप्रैल 2016 को इन्हें राजस्थान हाईकोर्ट के लिए स्थानांतरित किया गया था। 8 अक्टूबर 2021 को इन्हें हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट के लिए स्थानांतरित किया गया था। इससे पहले ये कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के तौर पर 25 मई 2022 से 22 जून 2022 तक कार्य कर चुकीं हैं।
पेशाब कांड मामले में एयर इंडिया पर कार्रवाई, DGCA ने लगाया 30 लाख का जुर्माना..
20 Jan, 2023 03:38 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
एयर इंडिया की फ्लाइट में 26 नवंबर 2022 को हुए पेशाब कांड को लेकर DGCA ने सख्ती से कार्रवाई की है। DGCA ने एयर इंडिया पर 30 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। DGCA ने पायलट का लाइसेंस भी तीन माह के लिए सस्पेंड कर दिया है। एयर इंडिया के फ्लाइट सर्विसेस निदेशक पर भी 3 लाख का जुर्माना लगया गया है।26 नवंबर 2022 को एयर इंडिया के विमान में एक बुजुर्ग महिला यात्री के सामने अश्लील हरकत और पेशाब करने के मामले में आरोपित शंकर मिश्रा को दिल्ली पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया जा चुका है।
आरोपित कई दिनों तक फरार चल रहा था। पुलिस ने आरोपित को बेंगलुरु से 7 जनवरी को गिरफ्तार किया था। शंकर मिश्रा ने नशे में धुत्त होकर महिला के साथ गंदी हरकत की थी। इस मामले को लेकर कई नेताओं की प्रतिक्रिया आई थी।बता दें कि एयर इंडिया ने मामले को लेकर आरोपित मिश्रा पर 4 महीनों के लिए बैन भी लगाया है। शंकर मिश्रा अब 4 महीनों तक एयर इंडिया की फ्लाइट में सफर नहीं कर पाएगा।इस मामले के सामने आने के बाद कई नेताओं की ओर से प्रतिक्रियाएं आई थी। सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा था कि यह एक बहुत ही घटिया हरकत है। साथ ही उन्होंने कहा, ''घटनाओं का एक पूरा क्रम दिखाता है कि महिला, जो दावा कर रही है उसमें सच्चाई है।''
बॉम्बे हाईकोर्ट ने बैंक लोन फ्रॉड केस में वेणुगोपाल धूत को दी अंतरिम जमानत..
20 Jan, 2023 12:02 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई । आईसीआईसीआई बैंक लोन घोटाला मामले में वीडियोकॉन समूह के संस्थापक वेणुगोपाल धूत को राहत मिली है। बॉम्बे हाईकोर्ट ने वेणुगोपाल को अंतरिम जमानत दे दी है। बता दें कि सीबीआई ने उन्हें बीते साल दिसंबर में गिरफ्तार किया था।
इससे पहले, वेणुगोपाल ने सीबीआई द्वारा अपनी गिरफ्तारी के खिलाफ हाईकोर्ट ने रिट याचिका दायर की थी। हाईकोर्ट ने इस पर अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था। सीबीआई ने वेणुगोपाल को जमानत दिए जाने का विरोध किया था।
आईसीआईसी बैंक ने 2011 में वीडियोकॉन को 3,250 करोड़ रुपये का लोन दिया था। तब वेणुगोपाल धूत और चंदा कोचर के पति दीपक कोचर के बीच व्यापारिक संबंधों का खुलासा हुआ था। धूत ने चंदा कोचर के पति दीपक कोचर की कंपनी में निवेश किया था। वहीं, कोचर ने इस बात का खुलासा नहीं किया था कि ये लोन वीडियोकॉन को कंसोर्टियम के हिस्से के रूप में दिया गया था, जिसके बाद सीबीआई, ईडी और एसएफआईओ सहित कई एजेंसियों ने जांच की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था।
वेणुगोपाल के अलावा आइसीआइसीआइ बैंक की पूर्व सीईओ एवं प्रबंध निदेशक चंदा कोचर एवं उनके पति दीपक कोचर को भी गिरफ्तार किया गया था।हाईकोर्ट चंदा कोचर और उनके पति दीपक को पहले ही जमानत दे चुकी है। कोर्ट ने कहा था कि दंपति की गिरफ्तारी कानून के अनुसार नहीं है। जमानत मिलने के बाद चंदा कोचर बायकुला जेल से और उनके पति दीपक कोचर आर्थर रोड जेल से 9 जनवरी को रिहा हो गए थे।
पाकिस्तान उच्चायोग में महिला के यौन उत्पीड़न की होगी जांच..
20 Jan, 2023 11:12 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि भारत ने यहां पाकिस्तान उच्चायोग परिसर में महिला प्रोफेसर के यौन उत्पीड़न के आरोपों की जांच करने को कहा है। पंजाब की एक प्रोफेसर ने पिछले हफ्ते यह आरोप लगाया था। बागची ने कहा, हमने देखा है कि पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने भी अपने बयान में इस मुद्दे गंभीरता से गौर करने के लिए कहा है।मेलबर्न के निकट दो हिंदू मंदिरों में तोड़-फोड़ की घटना से जुड़े सवाल पर बागची ने कहा िक हम इन घटनाओं की कड़ी निंदा करते हैं। इस मामले पर हमने ऑस्ट्रेलिया सरकार से उचित कार्रवाई करने के लिए भी कहा है।
मनाली-लेह नेशनल हाईवे बंद,बर्फ की सफेद चादर से ढके पहाड़..
20 Jan, 2023 11:09 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी जारी है। शिमला और मनाली में भारी बर्फबारी हुई, जिससे पर्यटकों की संख्या काफी बढ़ोतरी हुई है। बर्फ का मजा लेने के लिए पर्यटक शिमला के निकट पर्यटन स्थल कुफरी का रुख कर रहे हैं। मनाली में अब तक एक इंच बर्फबारी हुई है। उधर, अटल टनल रोहतांग में एक फीट और सोलंगनाला में 10 इंच बर्फबारी हुई है।वहीं, मनाली-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-003) को बर्फबारी के कारण सभी प्रकार के वाहनों के लिए बंद कर दिया गया है।
दारचा शिंकुला मार्ग भी सभी प्रकार के वाहनों के लिए बंद है। पांगी किलाड़ राजमार्ग (SH-26) सभी प्रकार के वाहनों के लिए बंद है। काजा सड़क (NH-505) ग्राफू से काजा बंद है। स्थानीय लोगों तथा पर्यटकों को हिदायत दी जाती है की बर्फबारी होने पर अनावश्यक यात्रा से बचें।बर्फबारी के चलते यातायात भी प्रभावित हुआ है। कुफरी-गालू-फागू के पास शिमला-ठियोग रोड पर फिसलन है। बर्फबारी की वजह से खिड़की के पास ठियोग-चौपाल मार्ग, नारकंडा के पास ठियोग-रामपुर मार्ग, नारकंडा के पास ठियोग-रामपुर मार्ग बाधित हुआ है।
शीतलहर के कारण उत्तर भारत से चलने वाली कई ट्रेनें लेट..
20 Jan, 2023 11:06 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
उत्तर भारत में शीतलहर में थोड़ी कमी आई है, लेकिन कोहरे की मार ट्रेनों पर जारी है। घने कोहरे की वजह से हर रोज कई ट्रेनें देरी से चल रही है। वहीं, कई ट्रेनों को डायवर्ट किया जा रहा है। भारतीय रेलवे ने शुक्रवार को बताया कि कोहरे के कारण उत्तर रेलवे क्षेत्र में 16 ट्रेनें देरी से चल रही हैं। इनमें बिहार से चलने वाली अधिकतर ट्रेनें हैं। बिहार के दरभंगा, गया, मुजफ्फरपुर और गया से चलने वाली ट्रेनें तय समय से एक घंटे से लेकर चार घंटे तक देरी से चल रही है।
बता दें कि पिछले दिनों देरी से चलने वाली ट्रेनों की संख्या 50 से ऊपर रहती थी। कोहरे के कारण पिछले लगभग एक माह से ट्रेनों के परिचालन पर असर पड़ा है। जनवरी के पहले पखवाड़े में परेशानी ज्यादा रही। राजधानी और शताब्दी जैसी ट्रेनें भी देरी से चल रही थीं। कई ट्रेनें 20 से 24 घंटे की देरी से चल रही थीं।
अब स्थिति सुधर रही है, लेकिन बिहार की तरफ से आने वाली कई ट्रेनें अभी भी देरी से राजधानी के स्टेशनों पर पहुंच रही हैं।
इससे पहले गुरुवार को दरभंगा नई दिल्ली क्लोन एक्सप्रेस और बरौनी-नई दिल्ली क्लोन एक्सप्रेस चार घंटे से ज्यादा देरी से गंतव्य पर पहुंची थी। पुरुषोत्तम एक्सप्रेस, महाबोधि एक्सप्रेस, मालदा टाउन-पुरानी दिल्ली फरक्का एक्सप्रेस, ब्रह्मपुत्र एक्सप्रेस, कटिहार- अमृतसर अमरपाली एक्सप्रेस, रक्सौल-आनंद विहार टर्मिनल सद्भावना एक्सप्रेस भी देरी से अपने गंतव्य पर पहुंची थी।