देश (ऑर्काइव)
एसीएस की अध्यक्षता में पुनर्वास राहत पैकेज को लेकर होगी बैठक..
27 Jan, 2023 01:16 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जोशीमठ में लगातार हो रहे भू-धंसाव को लेकर बढ़ रही चिंताओं के बीच एसीएस की अध्यक्षता में आज बैठक की जाएगी। इसमें प्रभावितों के पुनर्वास राहत पैकेज को लेकर चर्चा की जाएगी। वहीं, सीएम धामी भी जोशीमठ को लेकर समीक्षा बैठक करेंगे। बता दें कि राज्य सरकार केंद्र को अंतरिम राहत पैकेज का प्रस्ताव भेजने की तैयारी कर रही है। यह राहत पैकेज करीब 1500 से 2000 करोड़ का हो सकता है।अभी तक जोशीमठ में 863 भवनों में दरारें दर्ज की गई हैं, जबकि 181 भवनों को पूरी तरह से असुरक्षित घोषित किया जा चुका है।
वहीं, जांच एजेंसियों की रिपोर्ट में सामने आया है कि अब तक करीब 460 जगह जमीन के अंदर 40 से 50 मीटर तक गहरी दरारें मिली हैं। ऐसे में भू-धंसाव से प्रभावित 30 फीसदी क्षेत्र कभी भी धंस सकता है। इसलिए इस क्षेत्र में बसे करीब 4000 प्रभावितों को तुरंत विस्थापित करने के अलावा कोई विकल्प नहीं है। दरारों वाले भवनों को जल्द ध्वस्त करना होगा।सर्वे में पाया गया कि भू-धंसाव वाले क्षेत्र में 2500 मकान हैं, जिनमें रहने वाले 4000 लोग प्रभावित हैं। वहीं, दरारों वाले 30 फीसदी भवन तुरंत ध्वस्त करने की सिफारिश की गई है। जबकि बाकी भवनों की रेट्रोफिटिंग की संभावना तलाशने का भी सुझाव दिया है।
जेएनयू के बाद हैदराबाद यूनिवर्सिटी में हुई डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग..
27 Jan, 2023 12:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
साल 2002 के गुजरात दंगों पर बनी बीबीसी डाक्यूमेंट्री 'इंडिया द मोदी क्वेश्चन' पर विवाद थम नहीं रहा है। जेएनयू के बाद हैदराबाद विश्वविद्यालय परिसर में बीबीसी की विवादित डाक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग की गई। वहीं, इसके जवाब में एबीवीपी ने यूनिवर्सिटी कैंपस में कश्मीरी पंडितों पर बनी 'द कश्मीर फाइल्स' फिल्म दिखाई। विवेक अग्निहोत्री द्वारा निर्देशित बॉलीवुड फिल्म द कश्मीर फाइल्स कश्मीरियों की हत्याओं और पंडितों के पलायन को दिखाती है।बता दें कि, केंद्र सरकार द्वारा डॉक्यूमेंट्री इंडिया द मोदी क्वेश्चन को दिखाए जाने पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर रोक लगा दी गई थी।
गणतंत्र दिवस पर विश्वविद्यालय परिसर में वामपंथी दल स्टूडेंट्स फेडरेशन आफ इंडिया (एसएफआई) ने पीएम पर बनी विवादित डाक्यूमेंट्री दिखाई।इस अवसर पर हैदराबाद विश्वविद्यालय के 400 से अधिक छात्र मौजूद रहे। सोशल मीडिया पर एसएफआई ने एक पोस्ट करते हुए छात्रों की एकता पर बधाई दी और एबीवीपी के हंगामा करने की कोशिशों को नाकाम करार दिया। जिसके बाद एबीवीपी ने भी 'द कश्मीर फाइल्स' की स्क्रीनिंग की।विवादित डॉक्यूमेंट्री की स्क्रींनिंग दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में भी की गई थी। जेएनयू में तो इसको लेकर बवाल भी हुआ। वहां विश्वविद्यालय प्रशासन के विरोध के बावजूद इसकी स्क्रीनिंग की गई थी।
Accident: जीटीबी रोड पर ट्रक से टकराई कार, दो की मौत, पांच घायल..
27 Jan, 2023 11:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
असम के धुबरी जिले के जीटीबी रोड पर हुए एक सड़क हादसे में गुरुवार को दो युवतियों की मौत हो गई। वहीं, घटना में पांच अन्य लोग घायल हो गए। धुबरी पुलिस के मुताबिक, एक कार ट्रक से टकरा गई और जिस समय टक्कर हुई वहां पर दो मोटरसाइकिलें भी सड़क किनारे खड़ी थीं। बताया गया है कि कार सड़क किनारे खड़े ट्रक और दो मोटरसाइकिलों से टकरा गई।पुलिस के अनुसार, कार गौरीपुर की ओर जा रही थी, जिसमें पीड़ित यात्रा कर रहे थे।
पुलिस ने बताया कि एएस-17जे-5224 नंबर का वाहन गौरीपुर की ओर जा रहा था, इसी बीच एक ट्रक और दो मोटरसाइकिलों से टकरा गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मौके पर भीड़ जमा हो गई।स्थानीय लोगों और पुलिस ने घायलों को बाहर निकाला और नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। धुबरी जिले के एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि घायल लोगों को अस्पताल ले जाया गया। लेकिन घायलों में से दो ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
Pariksha Pe Charcha 2023: PM Modi ने छात्रों को दिया सफलता का मंत्र..
27 Jan, 2023 11:43 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पीएम नरेंद्र मोदी की मास्टर क्लास के लिए इस बार पिछले साल की तुलना में दोगुना का पंजीकरण हुआ है।छात्रों से कहा कि आप अच्छा करेंगे तो भी हर कोई आप से नई अपेक्षा करेगा चारों तरफ से दबाव होता है, लेकिन क्या हमें इस दबाव से दबना चाहिए? ऐसे ही आप भी यदि अपनी एक्टिविटी पर फोकस रहते हैं तो आप भी ऐसे संकट से बाहर आ जाएंगे। कभी भी दबाव के दबाव में ना रहें।
परीक्षा पर चर्चा' मेरी भी परीक्षा है और देश के कोटि-कोटि विद्यार्थी मेरी परीक्षा ले रहे हैं..मुझे ये परीक्षा देने में आनंद आता है।पीएम नरेंद्र मोदी परीक्षा पे चर्चा के लिए तालकटोरा स्टेडियम पहुंचे। बच्चों द्वारा तैयार तकनीक पर आधारित मॉडल की प्रदर्शनी का निरीक्षण किया।शिक्षा मंत्रालय के मुताबिक इस बार तकरीबन 38 लाख 80 हजार लोगों ने पंजीकरण कराया है। इनमें 31 लाख 24 हजार छात्र, 5 लाख 60 हजार शिक्षक और 1 लाख 95 हजार अभिभावक शामिल है। पिछली बार साल 2022 की तुलना में आंकडा 15.7 लाख ज्यादा है।
देश के विभिन्न राज्यों में धूमधाम से मनाया गया गणतंत्र दिवस समारोह..
27 Jan, 2023 11:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
विभिन्न राज्यों में गुरुवार को गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने आतंकियों और उनके आकाओं चेतावनी देते हुए कहा कि निर्दोष लोगों के खून के एक-एक कतरे और एक-एक आंसू का पूरा हिसाब लिया जाएगा। उपराज्यपाल जम्मू के मौलाना आजाद स्टेडियम में गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान राष्ट्रध्वज फहराने के बाद उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे।उन्होंने कहा कि सुरक्षाबलों की कोशिशों और उनके बलिदान से आज जम्मू कश्मीर में आतंकी हिंसा ना के बराबर रह गई है।
राजौरी हमले का जिक्र करते हुए कहा कि इस हत्या में लिप्त लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि पिछले साल हमारे सुरक्षा बलों ने 180 आतंकियों को मार गिराया और नागरिक हत्याओं की घटनाओं में 55 प्रतिशत और सुरक्षाबलों की मौत में 58 प्रतिशत की कमी आई है।लखनऊ में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने विधान भवन पर ध्वजारोहण कर गणतंत्र दिवस परेड की सलामी ली व झांकियों का अवलोकन किया। राज्यपाल आनंदीबेन व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के 72 खिलाड़ियों को सम्मानित किया। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अपने आवास पर सीआरपीएफ के जवानों, परिवार एवं सहयोगियों के साथ तिरंगा फहराया।
Weather : उत्तर पश्चिम भारत के राज्यों में हो सकती है बारिश..
27 Jan, 2023 10:37 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
उत्तर पश्चिम भारत के राज्यों में 28 से 30 जनवरी के बीच बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, 28 से उत्तर पश्चिम भारत के राज्यों में बारिश शुरू हो जाएगी। 29 जनवरी को बारिश की गतिविधियों में तेजी आएगी। बारिश का ये सिलसिला 30 जनवरी तक जारी रहेगा।देश की राजधानी दिल्ली में आज (27 जनवरी) आंशिक तौर पर बादल छाए रहने की संभावना है। वहीं, न्यूनतम तापमान 9 डिग्री और अधिकतम तापमान 19 डिग्री दर्ज किया जा सकता है। 28 जनवरी को भी दिल्ली में बादल छाए रहेंगे। 29 जनवरी से बारिश हो सकती है।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आज न्यूनतम तापमान 11 डिग्री और अधिकतम तापमान 24 डिग्री दर्ज किया जा सकता है। सुबह और शाम के समय कोहरा भी छाए रहने की संभावना जताई गई है। लखनऊ में भी 29 जनवरी से बारिश हो सकती है। वहीं, गाजियाबाद में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री और अधिकतम तापमान 22 डिग्री दर्ज किया जा सकता है। गाजियाबद में भी सुबह और शाम के वक्त कोहरा रह सकता है।मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर पश्चिम भारत के अधिकांश हिस्सों में 28 जनवरी तक 3 से 5 डिग्री की गिरावट आएगी। इसके बाद दो दिनों के दौरान तापमान 3 से 5 डिग्री तक बढ़ सकता है।
मध्य प्रदेश में 28 जनवरी तक तापमान में 2 से 4 डिग्री की गिरावट देखी जा सकती है। महाराष्ट्र के इलाकों में 29 जनवरी तक तापमान में कोई बदलाव देखने को नहीं मिलेगा।राजस्थान के पश्चिमी हिस्सों और पंजाब के सुदूर इलाकों में शीतलहर की स्थिति बनी रह सकती है। वहीं, सुबह के समय पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ में घना कोहरा रह सकता है। हिमाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अगले 48 घंटों तक घने कोहरे का पूर्वानुमान है।
सूरत के उधना इलाके में कार शोरूम में लगी भीषण आग..
27 Jan, 2023 09:40 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सूरत | सूरत के उधना इलाके में स्थित एक कार शोरूम में भीषण आग लगने की घटना सामने आई है। आग पर काबू पाने के लिए मौके पर कई दमकल गाड़ियां पहुंची हुई हैं। आग किन कारणों से लगी है, फिलहाल इसको लेकर अभी तक कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
गणतंत्र दिवस पर कोरोना के खिलाफ एक और वैक्सीन इनकोवैक लॉन्च..
26 Jan, 2023 05:38 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गणतंत्र दिवस के मौके पर देश में अपनी तरह का पहली इंट्रानेजल कोविड-19 वैक्सीन इनकोवैक लॉन्च हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया और विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री जितेंद्र सिंह ने इस वैक्सीन को लॉन्च किया। इसे स्वदेशी वैक्सीन निर्माता कंपनी भारत बायोटेक ने बनाया है।बीते शनिवार को कंपनी के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक कृष्णा एला ने गणतंत्र दिवस के मौके पर इसकी लॉन्चिंग को लेकर एलान किया था। गौरतलब है कि पिछले साल दिसंबर में भारत बायोटेक ने घोषणा की थी कि वह इस वैक्सीन को सरकार को 325 रुपये प्रति शॉट और निजी टीकाकरण केंद्रों के लिए 800 रुपये प्रति शॉट के हिसाब से बेचेगी।
नेजल वैक्सीन को भारत बायोटेक ने वॉशिंगटन यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ मेडिसिन (WUSM) के साथ मिलकर बनाया है। भारत बायोटेक ने ही कोरोना की पहली स्वदेशी वैक्सीन कोवैक्सिन भी तैयार की थी। भारत बायोटेक ने नाक से दी जाने वाली इस नेजल वैक्सीन का नाम iNCOVACC रखा है। पहले इसका नाम BBV154 था।
इस वैक्सीन को नाक के जरिए शरीर में पहुंचाया जाता है। शरीर में जाते ही यह वैक्सीन कोरोना के इन्फेक्शन और ट्रांसमिशन दोनों को ब्लॉक करती है।इससे पहले डीजीसीआई ने 6 सितंबर को 18 साल से ज्यादा उम्र वालों को आपातकालीन उपयोग के लिए अपने इंट्रानैजल कोविड-19 वैक्सीन इनकोवैक को मंजूरी दी थी। भारत बायोटेक ने डीजीसीआई से इंट्रानैजल हेट्रोलॉगस बूस्टर के लिए बाजार प्राधिकरण के लिए भी आवेदन किया था। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, बूस्टर के रूप में इस वैक्सीन को दिया जाएगा। हर एक शख्स इसके चार ड्रॉप्स को दिए जाएंगे।
गणतंत्र दिवस परेड में पहली बार महिला सैन्य दल और अग्निवीर हुए शामिल..
26 Jan, 2023 04:06 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
देश आज अपना 74वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। हर बार की तरह इस बार भी परेड और अलग-अलग राज्यों की झांकी निकाली गई, लेकिन यह पहली दफा था कि ये सब राजपथ की जगह कर्तव्य पथ पर हुआ। इस बार के गणतंत्र दिवस समारोह में कई चीजें पहली दफा हुई।राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने पहली बार गणतंत्र दिवस पर देश का नेतृत्व किया। वे पहली बार देश के मुख्य अतिथि और मिस्र के राष्ट्रपति अब्दुल फतह अल-सिसी के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंची।
परेड की शुरुआत पहली बार मिस्र के सैन्य दल द्वारा किया गया। इन सशस्त्र बलों का नेतृत्व कर्नल महमूद मोहम्मद अब्देल ने किया।गणतंत्र दिवस की परेड में पहली बार केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की पूरी महिला टुकड़ी दिखीं। नौसेना सहित कई अन्य सैन्य टुकड़ियों में इस बार महिलाएं शामिल दिखीं। एक महिला अधिकारी के नेतृत्व में नौसेना की टुकड़ी में 3 सैनिक और 6 अग्निवीर दिखे।74वें गणतंत्र दिवस पर देश ने दुनिया की एकमात्र सक्रिय घुड़सवार सेना '61वीं कैवेलरी' रेजिमेंट देखी।
61 कैवेलरी रेजिमेंट में सभी 'स्टेट हॉर्स यूनिट्स' समिलित हैं और इसका नारा 'अश्व शक्ति यशोबल' है।परेड में 75 आर्मर्ड रेजीमेंट के 'अर्जुन' टैंक भी देखा गया। इसका नेतृत्व कैप्टन अमनजीत सिंह ने किया। MBT अर्जुन भारत के रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (DRDO) द्वारा स्वदेशी रूप से विकसित तीसरी पीढ़ी का मुख्य युद्धक टैंक है।गणतंत्र दिवस पर 17 राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और 6 विभिन्न सरकारी मंत्रालयों से 23 झांकियों का प्रदर्शन किया गया।
इन झांकियों के जरिए भारत की सांस्कृतिक विरासत, आर्थिक प्रगति और राष्ट्रीय सुरक्षा को दिखाया गया।यूपी की झांकी में इस बार अयोध्या में मनाई जाने वाली दीपावली को दिखाया गया। वहीं, हरियाणा की झांकी में भगवद गीता पर आधारित प्रदर्शनी दिखाई गई। झांकी में भगवान कृष्ण को अर्जुन के सारथी के रूप में दर्शाया गया।परेड में भारतीय वायु सेना (आईएएफ) ने एक शानदार फ्लाईपास्ट और एयर डिस्प्ले प्रस्तुत किया, जिसमें तीनों सेनाओं के 50 विमान और हेलीकॉप्टर शामिल थे।
इसमें वायु सेना के 45 विमान, नौसेना का एक और थलसेना के चार हेलीकॉप्टर शामिल थे, जिन्होंने अपने करतब और पेशेवर कौशल का प्रदर्शन किया।इस बार सबसे खास बात यह रही की गणतंत्र दिवस के कार्यकर्म में सेंट्रल विस्टा, कर्तव्य पथ और नए संसद भवन के निर्माण से जुड़े श्रमिकों, दूध, सब्जी व रेहड़ी पटरी वालों को सबसे आगे की लाइन में बिठाया गया।गणतंत्र दिवस समारोह में राष्ट्रव्यापी 'वंदे भारतम' नृत्य प्रतियोगिता के माध्यम से चुने गए 479 कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं।
106 पद्म पुरस्कारों की घोषणा, मुलायम सिंह यादव-जाकिर हुसैन और SM कृष्णा को मिला पद्मविभूषण पुरस्कार...
26 Jan, 2023 12:01 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली : 2023 के लिए राष्ट्रपति ने तीन युगल मामलों सहित 106 पद्म पुरस्कारों को प्रदान करने की मंजूरी दी है। सूची में 6 पद्म विभूषण, 9 पद्म भूषण और 91 पद्म श्री शामिल हैं। 19 पुरस्कार विजेता महिलाएं हैं। सूची में विदेशी/NRI/PIO/OCI की श्रेणी के 2 और 7 लोगों को मरणोपरांत पुरस्कार दिया जाएगा। दिवंगत सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव, संगीतकार जाकिर हुसैन, दिवंगत ओआरएस अग्रणी दिलीप महालानबिस और एस एम कृष्णा पद्म विभूषण प्राप्त करेंगे।
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव, संप्रग सरकार में विदेश मंत्री रह चुके एस एम कृष्णा और तबला वादक जाकिर हुसैन सहित छह लोगों को देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण के लिए चुना गया है। डॉक्टर दिलीप महालनाबिस और मशहूर वास्तुकार बालकृष्ण दोशी को मरणोपरांत पद्म विभूषण सम्मान के लिए चुना गया है। अमेरिका स्थित गणितज्ञ श्रीनिवास वर्धन को भी पद्म विभूषण सम्मान के लिए चुना गया है। इस साल देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न के लिए किसी नाम की घोषणा नहीं की गई है।
प्रसिद्ध उद्योगपति कुमार मंगलम बिड़ला, उपन्यासकार एसएल भैरप्पा और लेखिका सुधा मूर्ति सहित नौ लोगों को पद्म भूषण के लिए चुना गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पद्म पुरस्कार पाने वालों को ट्वीट कर बधाई दी। उन्होंने कहा कि भारत के लिए उनके समृद्ध और विविध योगदान और विकास पथ को बढ़ाने के उनके प्रयासों को देश स्वीकार करता है।
राकेश झुनझुनवाला (मरणोपरांत), अभिनेत्री रवीना टंडन, मणिपुर भाजपा अध्यक्ष टी चौबा सिंह सहित 91 लोगों को पद्म श्री सम्मान के लिए चुना गया है। पद्म पुरस्कारों के लिए घोषित नामों में महाराष्ट्र से 12, कर्नाटक और गुजरात से आठ-आठ व्यक्ति शामिल हैं।
ये सम्मान औपचारिक समारोहों में प्रदान किए जाते हैं, जिनका आयोजन आमतौर पर हर साल मार्च या अप्रैल में राष्ट्रपति भवन में किया जाता है।
तेलंगाना में गणतंत्र दिवस परेड पर विवाद, हाईकोर्ट ने दिया आदेश....
26 Jan, 2023 10:01 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
तेलंगाना की के. चंद्रशेखर सरकार को हाईकोर्ट ने गणतंत्र दिवस पर हैदराबाद के परेड ग्राउंड पर पुलिस परेड का आयोजन करने का आदेश दिया है। बता दें कि राज्य सरकार गणतंत्र दिवस के मौके पर राजभवन में ही कार्यक्रम आयोजित करने के पक्ष में थी। दरअसल राज्य सरकार कोरोना प्रतिबंधों के चलते लगातार दूसरे साल राजभवन में ही गणतंत्र दिवस कार्यक्रम आयोजित कराने की तैयारी कर रही थी। हालांकि सरकार के इस कदम के खिलाफ हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की गई।
राज्य सरकार केंद्र सरकार के सर्कुलर का उल्लंघन कर रही है, जिसमें गणतंत्र दिवस पर पूरी तैयारी के साथ सभी राज्यों में पुलिस परेड का आयोजन करने के निर्देश दिए थे, साथ ही इसमें छात्रों की सहभागिता कराने के भी निर्देश थे। कोरोना प्रतिबंधों के चलते तेलंगाना सरकार ने पिछले साल भी गणतंत्र दिवस पर पुलिस परेड का आयोजन नहीं किया था।
दोनों पक्षों में तल्खी का ही असर है कि राज्य सरकार ने अभी तक गणतंत्र दिवस पर पढ़े जाने वाले अभिभाषण को भी राज्यपाल के पास नहीं भेजा है। बजट सत्र की शुरुआत में राज्यपाल द्वारा विधानसभा के दोनों सदनों को संबोधित करने की परंपरा रही है लेकिन तेलंगाना में यह परंपरा भी टूटने वाली है क्योंकि राज्यपाल विधानसभा के दोनों सदनों को संबोधित नहीं करेंगी। तेलंगाना के साथ ही तमिलनाडु में भी राज्य सरकार और राज्यपाल के बीच खींचतान चल रही है।
गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कर्तव्य पथ पर फहराया तिरंगा...
26 Jan, 2023 09:01 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भारत आज अपना 74वां गणतंत्र दिवस मना रहा है और पूरे देश में इसकी धूम दिखाई दे रही है. गणतंत्र दिवस के अवसर पर आज राजधानी दिल्ली में कर्तव्य पथ पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने तिरंगा फहराया. इस दौरान गणतंत्र दिवस समारोह (Republic Day) के लिए मुख्य अतिथि के तौर पर मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी मौजूद रहे. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गणतंत्र दिवस समारोह में देश का नेतृत्व कर रही हैं. कर्तव्य पथ पर परेड की शुरुआत हो चुकी है, इससे पहले पीएम मोदी ने नेशनल वॉर मेमोरियल पहुंचकर शहीदों को नमन किया. गणतंत्र दिवस के मद्देनजर राजधानी में चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा की कड़ी तैनाती कर दी गई है. तो चलिए जानते हैं देश में गणतंत्र दिवस को लेकर कहां कैसी धूम है और कर्तव्य पथ पर क्या-क्या हो रहा है.
गणतंत्र दिवस की परेड में पहली बार अग्निवीर शामिल हुए। लेफ्टिनेंट कमांडर दिशा अमृत के नेतृत्व में 144 युवा नाविकों की नौसेना टुकड़ी ने कर्तव्य पथ पर मार्च किया। इस दौरान टुकड़ी में 3 महिलाएं और 6 पुरुष अग्निवीर शामिल रहे। गणतंत्र दिवस परेड में बीएसएफ के शाही ऊंटों ने दर्शकों का मन मोह लिया। दुनिया में एकमात्र ऊंटों का दस्ता भारत के पास है।गणतंत्र दिवस के मौके पर कर्तव्य पथ पर भारतीय नौसेना और भारतीय वायु सेना की भी झांकी शामिल हुई। कैप्टन सुनील दशरथ के नेतृत्व में 27 एयर डिफेंस मिसाइल रेजिमेंट की आकाश मिसाइल सिस्टम भी परेड में शामिल हुआ। 512 लाइट एडी मिसाइल रेजिमेंट (एसपी) के लेफ्टिनेंट चेतना शर्मा भी मौजूद रहीं। गणतंत्र दिवस की परेड में 861 मिसाइल रेजीमेंट की ब्रह्मोस भी शामिल रही। लेफ्टिनेंट प्रज्वल कला के नेतृत्व में दुनिया ने भारत के इस मिसाइल सिस्टम की ताकत देखी। कर्तव्य दिवस की परेड में K9-वज्र-टी (स्व-चालित) गन सिस्टम ने भी अपनी ताकत दिखाई। ग
णतंत्र दिवस के परेड में 3-लद्दाख स्काउट्स रेजीमेंट के कैप्टन नवीन धाटरवाल के नेतृत्व में क्विक रिएक्शन फाइटिंग व्हीकल की टुकड़ी ने कर्तव्य पथ पर मार्च किया। वाहन आदर्श रूप से लद्दाख, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में सक्रिय सैनिकों के लिए बनाया गया है। परेड में 17 मैकेनाइज्ड इन्फैंट्री रेजिमेंट के नाग मिसाइल सिस्टम का प्रदर्शन किया गया। 17 मैकेनाइज्ड इन्फैंट्री रेजिमेंट का नेतृत्व करने वाले लेफ्टिनेंट सिद्धार्थ त्यागी ने राष्ट्रपति मुर्मू को सलामी दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वॉर मेमोरियल पहुंचकर शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, सीडीएस व तीनों सेना प्रमुख भी उनके साथ मौजूद रहे।
मनी लॉन्ड्रिंग मामले में TMC प्रवक्ता साकेत गोखले को ED ने किया गिरफ्तार...
25 Jan, 2023 06:01 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली : तृणमूल कांग्रेस (TMC) के प्रवक्ता और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के करीबी साकेत गोखले की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। दरअसल, इस बार गोखले को क्राउड फंडिंग से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय(ED) ने भी गिरफ्तार कर लिया है।
बता दें कि इससे पहले गोखले को अहमदाबाद में धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) की आपराधिक धाराओं के तहत गुजरात पुलिस ने हिरासत में लिया गया था, जहां फिलहाल वह न्यायिक हिरासत में बंद है।
सूत्र ने बताया कि प्रवर्तन निदेशालय उसे स्थानीय अदालत में पेश करेगा और रिमांड मांगेगा। गुजरात पुलिस ने गोखले को 29 दिसंबर को क्राउड फंडिंग में कथित दुरुपयोग के मामले में दिल्ली से गिरफ्तार किया था। इससे पहले दिसंबर में, गुजरात पुलिस ने एक पुल ढहने की त्रासदी के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मोरबी यात्रा पर हुए खर्च के बारे में कथित रूप से फर्जी खबर फैलाने के आरोप में उन्हें दो बार गिरफ्तार किया था।
74वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर आज राष्ट्र को संबोधित करेंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू
25 Jan, 2023 11:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 74वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर बुधवार को राष्ट्र को संबोधित करेंगी। राष्ट्रपति भवन के एक बयान के अनुसार, संबोधन शाम सात बजे से ऑल इंडिया रेडियो (एआईआर) के सभी राष्ट्रीय नेटवर्क पर प्रसारित किया जाएगा और दूरदर्शन के सभी चैनलों पर हिंदी और उसके बाद अंग्रेजी में इसे प्रसारित किया जाएगा।वहीं, राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर बुधवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि जबकि केंद्रीय कानून और न्याय मंत्री किरेन रिजिजू विशिष्ट अतिथि होंगे।भारत का चुनाव आयोग हर साल अपने स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाता है।
राष्ट्रीय मतदाता दिवस-2023 का विषय ‘मतदान बेमिसाल, वोट जरूर डालेंगे हम’ है। यह युवा मतदाताओं को समर्पित है। इसका मकसद राजनीति और चुनाव प्रक्रिया में उनकी भागीदारी को बढ़ाने के लिए प्रोत्साहन देना है।11वें मतदाता दिवस पर राष्ट्रपति राष्ट्रीय पुरस्कार भी वितरित करेंगी। इसमें राज्यों से लेकर जिला स्तर तक के चुनाव अधिकारी और कर्मचारी 2022 में हुए चुनावों के दौरान अपने उत्कृष्ट योगदान के लिए पुरस्कृत किए जाएंगे। इसके अलावा आईटी पहलों, सुरक्षा एवं चुनाव प्रबंधन, चुनाव की पहुंच सब तक, मीडिया घरानों,विभिन्न हितधारकों, आयोग के आइकॉन, मंत्रालयों और मतदाता भागीदारी में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वाह करने वालों को भी सम्मानित किया जाएगा।
आरोपी आशीष मिश्रा को मिली अंतरिम जमानत..
25 Jan, 2023 11:23 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखीमपुर खीरी हिंसा मामले में सुप्रीम कोर्ट ने आरोपी आशीष मिश्रा को अंतरिम जमानत दे दी है। सुप्रीम कोर्ट ने मिश्रा को सशर्त 8 हफ्तों के लिए जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया है। सुप्रीम कोर्ट ने आशीष मिश्रा को निर्देश दिया है कि वह अपनी लोकेशन के बारे में कोर्ट को जानकारी दे। साथ ही सर्वोच्च अदालत ने कहा कि आशीष मिश्रा या उसके परिवार ने अगर मामले से जुड़े गवाहों को प्रभावित करने या फिर ट्रायल में देरी करने की कोशिश की तो आशीष मिश्रा की जमानत रद्द कर दी जाएगी।