देश (ऑर्काइव)
स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों पर काम कर रही मोदी सरकार, कृषि मंत्री का बड़ा बयान
5 Dec, 2023 08:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
केंद्रीय कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने मंगलवार को लोकसभा में कहा कि कृषि सुधारों को लेकर स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट संप्रग सरकार के दौरान आई थी लेकिन नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली राजग सरकार ने स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों पर काम करना शुरू कर दिया है। इसके तहत ही न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) उत्पाद लागत से 50 प्रतिशत अधिक तय किया गया है।
किसानों की मांग को लेकर समिति कर चुकी कई बैठकें
केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि केंद्र के तीन कृषि कानूनों (जिन्हें वापस लिया जा चुका है) के खिलाफ किसानों के प्रदर्शन के बाद एमएसपी समेत अनेक मुद्दों पर अध्ययन के लिए समिति का गठन किया गया था जो अब तक 30 से 35 बैठकें कर चुकी है। उन्होंने कहा कि समिति की सिफारिशें अभी नहीं आई हैं। दरअसल लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने पूछा था कि क्या केंद्र ने एमएसपी को कानूनी अधिकार बनाने की किसानों की मांग पर कोई निर्णय लिया है?
इस पर जवाब देते हुए नरेंद्र तोमर ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार ने एमएस स्वामीनाथन के नेतृत्व में आयोग का गठन किया था, लेकिन इसकी रिपोर्ट तब आई जब प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के नेतृत्व में संप्रग सरकार केंद्र में थी। उन्होंने कहा कि मनमोहन सिंह सरकार ने तब आयोग की सिफारिशों पर विचार करने के लिए एक समूह बनाया जिसमें तत्कालीन केंद्रीय कृषि मंत्री शामिल थे।
स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों पर काम कर रही मोदी सरकार
तोमर ने कहा कि स्वामीनाथन आयोग ने 201 सिफारिशें की थीं। उन्होंने कहा कि इनमें से राजग सरकार 100 पर काम कर रही है, लेकिन मुख्य सिफारिश एमएसपी पर थी। स्वामीनाथन ने कहा था कि लागत पर 50 प्रतिशत मुनाफा जोड़कर एमएसपी घोषित की जानी चाहिए। नरेन्द्र मोदी सरकार आई तो आयोग की सिफारिश पर काम शुरू हो गया। आज लागत दर पर 50 प्रतिशत लाभ जोड़कर एमएसपी घोषित की जाती है।
भारत की तरफ से केन्या के कृषि सेक्टर को मिला तोहफा, घोषणा....
5 Dec, 2023 05:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को भारत के दौरे पर आए केन्या राष्ट्रपति विलियम सामोई रुतो के साथ व्यापक बातचीत के बाद केन्या के कृषि क्षेत्र के आधुनिकीकरण के लिए उन्हें 250 मिलियन अमेरिकी डॉलर देने के भारत के फैसले की घोषणा की। रुतो दोनों देशों के बीच समग्र संबंधों का विस्तार करने के उद्देश्य से तीन दिवसीय यात्रा पर सोमवार को यहां पहुंचे।
वार्ता के बाद अपने मीडिया बयान में पीएम मोदी ने कहा कि भारत ने अपनी विदेश नीति में हमेशा अफ्रीका को उच्च प्राथमिकता दी है और पिछले लगभग एक दशक में मिशन मोड पर महाद्वीप के साथ अपने समग्र संबंधों का विस्तार किया है। उन्होंने कहा, "मुझे विश्वास है कि राष्ट्रपति रुटो की भारत यात्रा न केवल द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करेगी बल्कि अफ्रीका के साथ हमारे जुड़ाव को एक नई गति देगी।"
भारत केन्या के कृषि क्षेत्र के आधुनिकीकरण के लिए देगा सहयोग
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत केन्या को उसके कृषि क्षेत्र के आधुनिकीकरण के लिए 250 मिलियन अमेरिकी डॉलर की ऋण सहायता प्रदान करेगा। हिंद-प्रशांत का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि क्षेत्र में भारत और केन्या के बीच करीबी सहयोग साझा प्रयासों को आगे बढ़ाएगा।
'आतंकवाद मानवता के सामने सबसे गंभीर चुनौती'
पीएम मोदी ने कहा कि भारत और केन्या का मानना है कि आतंकवाद मानवता के सामने सबसे गंभीर चुनौती है। उन्होंने आगे कहा कि दोनों पक्षों ने आतंकवाद विरोधी सहयोग बढ़ाने का फैसला किया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि दोनों पक्ष भारत-केन्या आर्थिक सहयोग की पूरी क्षमता का एहसास करने के लिए नए अवसर तलाशना जारी रखेंगे।
आर्थिक सुधारों को लेकर जल्दबाजी में नहीं सरकार
5 Dec, 2023 03:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
विधानसभा चुनावों में विजय पताका लहराने के बाद भाजपा नेतृत्व वाली केंद्र सरकार को राजनीतिक मजबूती तो मिल गई है, लेकिन वह आर्थिक सुधारों को लेकर किसी तरह की जल्दबाजी में नहीं है। संक्षेप में कहें तो अगले आम चुनाव से पहले न तो सार्वजनिक उपक्रमों की सुस्त पड़ी विनिवेश प्रक्रिया में किसी तरह की तेजी दिखेगी और न ही सरकारी बैंकों व बीमा कंपनियों के निजीकरण को लेकर पूर्व में किए गए फैसलों को अमलीजामा पहनाने की कोशिश होगी।
हालांकि पीएम नरेंद्र मोदी ने जिस तरह से महिलाओं, युवाओं, किसानों और गरीबों को अपनी वरीयता में रखा है, उससे बहुत संभव है कि आगामी बजट में इन सभी वर्गों के लिए किसी न किसी योजना का एलान हो सकता है। उधर, वित्त मंत्रालय में अगले अंतरिम बजट को लेकर गतिविधियां तेज होने जा रही हैं।
मोदी सरकार ने इस परंपरा में काफी बदलाव किया है
आमतौर पर सरकार के कार्यकाल के अंतिम वर्ष का बजट सीमित होता है, जिसमें सिर्फ अगले कुछ महीनों के वैधानिक खर्चों के लिए संसद से लेखानुदान की मंजूरी ली जाती है लेकिन मोदी सरकार ने इस परंपरा में काफी बदलाव किया है। वर्ष 2019 के अंतरिम बजट में बहुत सारी घोषणाएं थीं, जिसे बाद में सत्ता में वापस आने के बाद अमल में लाया गया।
पीएम मोदी ने कही थी ये बात
रविवार को राज्य विधानसभा चुनावों के परिणाम आने के बाद पीएम मोदी ने भाजपा मुख्यालय में कहा था कि उनकी सरकार युवाओं, महिलाओं, किसानों और गरीबों की उम्मीदों पर खरी उतरेगी। इस बयान को आगामी बजट में इन चार वर्गों को दी जा रही राहत स्कीमों को आगे बढ़ाने और कुछ नई घोषणाओं से जोड़कर देखा जा रहा है। वैसे इसी पखवाड़े केंद्रीय मंत्रिमंडल ने गरीब वर्ग को मुफ्त में अनाज देने की पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना को पांच वर्षों के लिए बढ़ाकर अपनी मंशा साफ कर दी है।
योजनाओं के एलान में नहीं आएगी पैसे की दिक्कत
सरकार की तरफ से आम जनता को क्या दिया जाएगा, यह तो बाद में पता चलेगा, लेकिन इतना स्पष्ट है कि इस बारे में खजाने के स्तर पर कोई दिक्कत नहीं आने वाली है। जीएसटी संग्रह में लगातार वृद्धि, राजकोषीय घाटे का पूरी तरह से लक्ष्य के मुताबिक रहना और अर्थव्यवस्था में उम्मीद से ज्यादा तेजी की रफ्तार तीन ऐसे कारक हैं जिससे वित्त मंत्रालय कुछ वर्गों को अतिरिक्त संसाधन देने में सक्षम नजर आता है।
जीएसटी संग्रह औसतन 1.66 लाख करोड़ रुपये रहा
चालू वित्त वर्ष में अप्रैल से नवंबर के दौरान जीएसटी संग्रह औसतन 1.66 लाख करोड़ रुपये रहा है। यह वर्ष 2022-23 के अप्रैल-नवंबर के मुकाबले 11.9 प्रतिशत ज्यादा है। वर्ष 2023-24 के शुरुआत में माना गया था कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें खजाना प्रबंधन के समक्ष सबसे बड़ी चुनौती बनेंगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। कुछ महीनों को छोड़ दें तो क्रूड 80-85 डालर प्रति बैरल या इससे भी नीचे रही हैं। प्रत्यक्ष कर संग्रह की स्थिति भी सरकार की उम्मीदों से बेहतर है। पहली छमाही में जीडीपी की वृद्धि दर 7.7 प्रतिशत रहने के बाद उम्मीद है कि पूरे वित्त वर्ष राजस्व संग्रह की स्थिति भी उम्मीद से बेहतर रहेगी।
पुरानी पेंशन पर नया एलान संभव
पुरानी पेंशन स्कीम को लेकर सरकार क्या फैसला करती है, इस पर भी सभी की नजर रहेगी। पूर्व में हिमाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों में पुरानी पेंशन स्कीम को लागू कर कांग्रेस ने इसे एक चुनावी मुद्दा बना दिया था। इसके बाद केंद्र सरकार ने नई पेंशन स्कीम (एनपीएस) को और ज्यादा आकर्षक बनाने पर सुझाव देने के लिए एक समिति गठित की है। वित्त सचिव टीवी सोमानाथन की अध्यक्षता वाली इस समिति की रिपोर्ट के आधार पर केंद्र की तरफ से पेंशन योजनाओं पर कुछ नई घोषणा होने की संभावना है।
आंध्र प्रदेश से आज टकराएगा साइक्लोन मिचौंग, चेन्नई में तूफान ने ली 8 लोगों की जान
5 Dec, 2023 11:52 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चक्रवात ‘मिचौंग’ आज (05-12-23) दक्षिण आंध्र प्रदेश और उत्तरी तमिलनाडु तटों से टकरा सकता है। इस दौरान 90 से 110 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में कई स्थानों पर भारी वर्षा हो रही है। चेन्नई हवाई अड्डे के रनवे पर पानी भर गया है। चेन्नई हवाईअड्डे पर आने और जाने वाली लगभग 70 उड़ानें रद कर दी गईं। 33 उड़ानें चेन्नई से बेंगलुरु डायवर्ट की गई हैं।
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार दोपहर ढाई बजे मिचौंग चेन्नई से करीब 100 किलोमीटर उत्तर-पूर्व और नेल्लोर से 120 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में केंद्रित था। तूफान के पांच दिसंबर की सुबह बापटला के करीब नेल्लोर और मछलीपट्टनम को पार करने की संभावना है।
चक्रवात तूफान को लेकर पल-पल के लाइव अपडेट्स जानें यहां--
टीटीडी विधायक ने जलमग्न इलाकों का लिया जायजा
तेलुगु देशम पार्टी के अध्यक्ष और तिरूपति के विधायक भुमना करुणाकर रेड्डी और नगर आयुक्त हरिथा ने पुलावनी गुंटा और गोलावनी गुंटा क्षेत्रों का जायजा लिया। यह इलाका बारिश के बाद जलमग्न हो चुका है।
इन इलाकों में बनी बाढ़ी की स्थिति
चेन्नई के वेस्ट तांबरम सीटीओ कॉलोनी और सशिवराधन नगर इलाके में बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है, लोग नावों का इस्तेमाल कर रहे हैं।
बाढ़ प्रभावित लोगों से मिले सीएम स्टालिन
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने चक्रवात से प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया और लोगों से बातचीत की। वहीं, उन्होंने चक्रवात प्रभावित लोगों को राहत सामग्री भी वितरित किए।
तूफान की वजह से आठ लोगों की मौत: चेन्नई पुलिस
चक्रवात तूफान की वजह से चेन्नई में अब तक आठ लोगों की मौत हो चुकी है। चेन्नई पुलिस ने यह जानकारी दी है।
गजपति जिले के सभी स्कूल बंद
चक्रवाती तूफान मिचौंग का ओडिशा में भी दिखने वाला है। भारी बारिश के मद्देनजर, गजपति जिले के सभी प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, हाई स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र को 6 दिसंबर तक बंद रखा गया है।
नेल्लोर और मछलीपट्टनम के बीच टकराएगा तूफान
मंगलवार को आंध्र प्रदेश के नेल्लोर और मछलीपट्टनम के बीच पहुंचने की आंशका है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सोमवार को यह जानकारी दी है।
शाह ने सीएम स्टालिन से की बात
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रभावित राज्यों को केंद्र की ओर से हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है। शाह ने मिचौंग के कारण उत्पन्न स्थिति पर सोमवार को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी और पुडुचेरी के मुख्यमंत्री एन. रंगास्वामी से फोन पर बात की। शाह ने कहा कि एनडीआरएफ की पर्याप्त तैनाती पहले ही की जा चुकी है। अतिरिक्त टीमें भी सहायता के लिए तैयार हैं।
ओडिशा के तटीय जिलों में अलर्ट जारी
तूफान को लेकर ओडिशा के तटीय जिलों में भी अलर्ट जारी किया गया है। ओडिशा में सभी तीन बंदरगाहों में दो नंबर खतरे का निशान लगाया गया है। मौसम विभाग ने ओडिशा में मंगलवार को पांच जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। मछुआरों को समुद्र में ना जाने की हिदायत दी गई है।
बाढ़ की वजह से 15000 लोगों का हुआ विस्थापन
चेन्नई के कई निचली इलाकों में बाढ़ का खतरा बना हुआ है। अवदी, तांबरम इलाकों से तकरीबन 15,000 लोगों को निकाला गया है और राहत शिविरों में रखा गया है। चेन्नई में 200 और अन्य बाहरी इलाकों में 100 से अधिक राहत शिविर बनाए गए हैं।
चंद्रयान-3 को लेकर ISRO की एक और बड़ी उपलब्धि....
5 Dec, 2023 11:37 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चंद्रयान-3 का प्रोपल्शन मॉड्यूल (PM) पृथ्वी की कक्षा में लौट गया है। इस सफलतापूर्वक मिशन के बाद इसरो को एक और बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। सोशल मीडिया X (पू्र्व में ट्विटर) में इसरो ने पोस्ट किया, 'चंद्रयान-3 मिशन: सीएच-3 का प्रोपल्शन मॉड्यूल (पीएम) ने एक सफल चक्कर लगाया। एक और अनूठे एक्सीपेरिमेंट में पीएम को चंद्र कक्षा से पृथ्वी की कक्षा में लाया गया।'
बता दें कि अंतरिक्ष यान को 14 जुलाई, 2023 को SDSC, SHAR से LVM3-M4 वाहन पर लॉन्च किया गया था। 23 अगस्त को, विक्रम लैंडर ने चंद्रमा पर अपनी ऐतिहासिक लैंडिंग की और उसके बाद प्रज्ञान रोवर को तैनात किया गया। लैंडर और रोवर को 1 चंद्र दिवस ( पृथ्वी के 14 दिन ) तक लगातार संचालित किया गया। चंद्रयान-3 के मिशन उद्देश्य पूरी तरह से पूरे हो गए हैं।
क्या था चंद्रयान-3 मिशन का उद्देश्य?
चंद्रयान-3 मिशन का प्राथमिक उद्देश्य चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुवीय क्षेत्र के निकट विक्रम और प्रज्ञान का उपयोग करके सॉफ्ट लैंडिंग प्रदर्शित करना था। वहीं, प्रोपल्शन मॉड्यूल (Propulsion Module) का मुख्य उद्देश्य लैंडर मॉड्यूल को जियोस्टेशनरी ट्रांसफर ऑर्बिट (जीटीओ) से अंतिम चंद्र ध्रुवीय गोलाकार कक्षा तक पहुंचाना और लैंडर को अलग करना था। अलग होने के बाद, पीएम में रहने योग्य ग्रह पृथ्वी (SHAPE) पेलोड के स्पेक्ट्रो-पोलरिमेट्री को भी संचालित किया गया।
100 किलोग्राम से अधिक ईंधन की उपलब्धता
प्रारंभिक योजना इस पेलोड को पीएम के मिशन जीवन के दौरान लगभग तीन महीने तक संचालित करने की थी। LVM3 द्वारा सटीक कक्षा इंजेक्शन के परिणामस्वरूप चंद्र कक्षा में एक महीने से अधिक के संचालन के बाद पीएम में 100 किलोग्राम से अधिक ईंधन की उपलब्धता हुई। भविष्य के चंद्र मिशनों के लिए अतिरिक्त जानकारी प्राप्त करने और नमूना वापसी मिशन के लिए मिशन संचालन रणनीतियों को प्रदर्शित करने के लिए पीएम में उपलब्ध ईंधन का उपयोग करने का निर्णय लिया गया। SHAPE पेलोड को जारी रखने के लिए, पीएम को उपयुक्त पृथ्वी कक्षा में फिर से स्थापित करने का निर्णय लिया गया।
क्या होगा इससे फायदा?
इस मिशन योजना को टकराव से बचने को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया था जैसे कि पीएम को चंद्रमा की सतह पर दुर्घटनाग्रस्त होने से रोकना या पृथ्वी के जीईओ बेल्ट में 36000 किमी और उससे नीचे की कक्षाओं में प्रवेश करने से रोकना। योजना के अनुसार, जब भी पृथ्वी अपने दृश्य क्षेत्र में होती है तो SHAPE पेलोड संचालित किया जाता है। इसके अलावा, 28 अक्टूबर, 2023 को सूर्य ग्रहण के दौरान SHAPE पेलोड का एक विशेष ऑपरेशन किया गया था। शेप पेलोड ऑपरेशन आगे भी जारी रहेगा।
Mizoram Chunav Result: मिजोरम में जारी है वोटों की गिनती, किसके सिर सजेगा ताज
4 Dec, 2023 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
Mizoram Chunav Result 2023: मिजोरम विधानसभा चुनाव के लिए वोटों की गिनती शुरू हो गई है। बता दें कि मिजोरम की 40 विधानसभा सीटों पर मिजो नेशनल फ्रंट, जोरम पीपुल्स मूवमेंट, कांग्रेस और भाजपा के बीच कड़ा मुकाबला है। हालांकि, पहले मिजोरम में मतगणना 3 दिसंबर को होनी थी, लेकिन चुनाव आयोग ने 4 दिसंबर तक के लिए मतगणना को स्थगित कर दिया था।मिजोरम में इस बार त्रिकोणीय मुकाबला माना जा रहा है।
त्रिकोणीय मुकाबला
मिजोरम के 40 विधानसभा सीटों पर 7 नवंबर को हुए मतदान के नतीजे आज सामने आएंगे, जिसके लिए वोटों की गिनती सुबह 8 बजे सेहो गई है। राज्यों में मतगणना के लिए सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। इस बार उम्मीद जताई जा रही है कि मिजोरम में मिजो नेशनल फ्रंट (MNF) , जोरम पीपुल्स मूवमेंट (ZPM) और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला होने वाला है। इस बार के विधानसभा चुनाव में कुल 174 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिसमें 18 महिला प्रत्याशी शामिल हैं। 7 नवंबर को हुए मतदान में राज्य के 8.57 लाख मतदाताओं में से 80 फीसदी से ज्यादा ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था।
13 केंद्रों पर सुबह 8 बजे मतगणना शुरू
मिजोरम के अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी एच लियानजेला ने बताया कि कड़ी सुरक्षा के बीच सभी 13 केंद्रों पर सुबह 8 बजे मतगणना शुरू होगी। 13 केंद्रों पर 40 विधानसभा सीट में से प्रत्येक के लिए एक मतगणना हॉल बनाया गया है। सुबह 8 बजे जब गिनती शुरू हो गई है, सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गिनती होगी और फिर इसके बाद ईवीएम में पड़े वोटों की गिनती शुरू होगी।
Assembly Election Result 2023:तेलंगाना में कांग्रेस की प्रचंड जीत ने सबको चौंकाया, क्यों नहीं चला MP, छत्तीसगढ़, राजस्थान में जादू
4 Dec, 2023 06:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
Assembly Election Result 2023: तेलंगाना ने कांग्रेस की इज्जत बचा ली, यहां केसीआर की बीआरएस को पार्टी बड़े अंतर से हरा दिया है। लेकिन बाकी तीनों प्रदेशों में पार्टी को बड़ी हार का सामना करना पड़ रहा है। न तो राजस्थान में गहलोत का जादू चला और न ही मध्य प्रदेश में कमलनाथ कुछ कर पाए। सबसे चौंकाने वाला नतीजा छत्तीसगढ़ का रहा। यहां तो भूपेश बघेल सबसे मजबूत माने जा रहे थे, लेकिन जनता ने यहां भी कांग्रेस के साथ खेला कर दिया।
तीन प्रदेशों में कांग्रेस का सीधा मुकाबला भाजपा से
रविवार को जिन चार प्रदेशों के चुनाव परिणाम जारी हुए, उनमें से तीन प्रदेशों में कांग्रेस का सीधा मुकाबला भाजपा से था। खास बात ये है कि तीनों ही राज्यों में कांग्रेस और भाजपा के बीच कांटे का मुकाबला माना जा रहा था, लेकिन चुनाव परिणाम यह बात ही गलत साबित होती दिखी। तीनों ही राज्यों में भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाते नजर आ रही है। कांग्रेस के लिए सिर्फ तेलंगाना ही अच्छी खबर बनकर आया, जहां के रुझानों ने ये स्पष्ट कर दिया है कि कांग्रेस यहां सरकार बनाएगी। ऐसे में लोगों के जेहन में एक ही सवाल है कि आखिर आखिर कांग्रेस ने तेलंगाना में ऐसा क्या किया जो मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में नहीं कर पाई।
कांग्रेस के नेताओं से मुलाकात कर उन्हें एकजुटता का संदेश
तेलंगाना में कांग्रेस ने चुनाव की मजबूत तैयारी की थी। यहां चुनाव का ऐलान होने से एक साल पहले से ही पार्टी ने चुनाव प्रचार शुरू कर दिया था। खास बात ये थी कि यहां जो भी चुनावी गतिविधि हो रही थी उसकी कमान सीधे कांग्रेस आलकमान ने अपने हाथ में रखी थी। दरअसल तेलंगाना में पिछले चुनाव में कांग्रेस को सिर्फ 6 सीटें मिली थीं, ऐसे में पार्टी इस चुनाव में कोई भी चूक नहीं करना चाहती थी। इसीलिए राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा ने भी कर्नाटक की तरह तेलंगाना में भी लंबा वक्त गुजारा था।
भारत जोड़ो यात्रा
भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी और कांग्रेस के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कांग्रेस के नेताओं से मुलाकात कर उन्हें एकजुटता का संदेश दिया। इसके बाद मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, केसी वेणुगोपाल और पीसीसी अध्यक्ष रेवंत रेड्डी ने दिल्ली में बैठक कर चुनावी रणनीति फाइनल की ताकि तेलंगाना की सत्ता पर कब्जा किया जा सके। भारत जोड़ो यात्रा के अलावा भी प्रदेश में अन्य यात्राएं प्लान की गईं, ताकि जनता तक पहुंचा जा सके. कांग्रेस ने जनता की भावना को समझा और प्रदेश में सर्वे कर सीएम चंद्रशेखर राव को निशाना बनाया। कांग्रेस ने इसके लिए कई चुनावी गानों का भी सहारा लिया।
अतिआत्मविश्वास के कारण डूब गया
छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की चुनावी तैयारी उस तरह नहीं हुई, जिस तरह होनी चाहिए थी। चुनाव प्रचार में भी ये नजर आया। पार्टी के नेताओं ने खास फोकस तेलंगाना, मध्य प्रदेश और राजस्थान पर रखा। इसका कारण सीएम भूपेश बघेल थे, शायद कांग्रेस आलाकमान के मन में उनकी जीत को लेकर कोई शंका नहीं थी, इसीलिए कांग्रेस ने यहां विशेष दिलचस्पी नहीं दिखाई। इससे इतर भाजपा यहां साइलेंट कैपेनिंग से आगे बढ़ती रही। चुनाव प्रचार के अंतिम दिनों में पीएम मोदी ने भी यहां ताबड़तोड़ रैलियां कीं और कांग्रेस को सत्ता से बेदखल कर दिया।
आपसी लड़ाई बनी हार का कारण
राजस्थान में कांग्रेस की आपसी लड़ाई पार्टी को ले डूबी, यहां सीएम अशोक गहलोत और सचिन पायलट के बीच सीएम की कुर्सी की खींचतान ही पार्टी के इस हश्र की प्रमुख वजह मानी जा रही है। राजनीतिक विश्लेषक मान रहे हैं कि पार्टी की गुटबाजी और बागी नेताओं ने भी कहीं न कहीं कांग्रेस का खेल बिगाड़ा है। पार्टी का चुनावी कैंपेन भी यहां उतना दमदार नहीं था, क्योंकि यहां पार्टी ने पूरी तरह से गहलोत पर भरोसा कर उन्हीं के हिसाब से चुनाव प्रचार किया। टिकट बंटवारे में भी गहलोत की ही चली, जो कांग्रेस के हार की वजह बन गई।
गठबंधन दलों की नाराजगी नुकसान का कारण बनी
तेलंगाना में जो कांग्रेस ने किया ठीक वैसा ही काम मध्य प्रदेश में भाजपा ने किया। यहां भाजपा की ओर से एक साल पहले से ही चुनावी तैयारी शुरू कर दी गई थी, लेकिन कांग्रेस ने ऐसा नहीं किया। इसकी वजह कहीं न कही कमलनाथ रहे। इसके अलावा गठबंधन दलों की नाराजगी भी कांग्रेस के लिए नुकसान का कारण बनी। यहां अपनी जीत निश्चित मान रहे कमलनाथ ने चुनाव प्रचार के दौरान इंडिया गठबंधन के सहयोगियों को खूब खरी-खरी सुनाईं। इसका परिणाम ये रहा है कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपने मजबूत उम्मीदवार उतारे और उनके पक्ष में कांग्रेस के खिलाफ के चुनाव प्रचार भी किया। इधर भाजपा लगातार हिंदुत्व कार्ड खेलती रही और सोशल इंजीनियरिंग को भी उसने अपना हथियार बनाया। नतीजतन लड़ाई में कांग्रेस लगातार पिछड़ती रही।
महिला के साथ किया 3.5 करोड़ रुपये घोटाला, आरोपित गिरफ्तार
4 Dec, 2023 04:36 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बंगाल के दार्जिलिंग में एक पादरी को नगालैंड के दीमापुर की एक महिला को 3.5 करोड़ रुपये के मिस्ट्री बाक्स खरीदने का झांसा देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। दरअसल, पादरी ने इस मिस्ट्री बाक्स से महिला की किस्मत बदलने का दावा किया था। दार्जिलिंग के कांतिभिता के न्यू लाइफ चर्च मिनिस्ट्री के पादरी रेवरेंज ट्रिमोथी जोशी लोगों को विभिन्न प्रकार के धोखाधड़ी और घोटालों में फंसाते थे।
पादरी और उनके दोस्तों ने पीडि़त महिला को उसकी किस्मत बदलने के लिए एक मिस्ट्री बाक्स खरीदवाया। इस बाक्स के लिए महिला ने 2019 और 2020 में पादरी द्वारा दिए गए विभिन्न बैंक खातों में 3.5 करोड़ रुपये जमा किए। हालांकि, उस बाक्स में कुछ भी नहीं था, वह एक खाली बाक्स था। महिला की शिकायत पर दीमापुर पुलिस ने पादरी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित पादरी और उसके साथियों का नाम ऐसे कई घोटालों में शामिल है।
मणिपुर के इन क्षेत्रों में 18 दिसंबर तक मोबाइल और इंटरनेट सेवाएं पर रहेगा प्रतिबंध
4 Dec, 2023 04:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मणिपुर सरकार ने रविवार को कुछ क्षेत्रों को छोड़कर पूरे राज्य में 18 दिसंबर तक मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बहाल कर दीं। यह जानकारी एक अधिसूचना में दी गई। अधिसूचना में कहा गया कि कानून-व्यवस्था में सुधार और मोबाइल इंटरनेट प्रतिबंध के कारण लोगों को होने वाली असुविधाओं को ध्यान में रखते हुए, राज्य सरकार ने निलंबन में ढील देने का फैसला किया है।
चंदेल और काकचिंग, चुराचांदपुर और बिष्णुपुर, चुराचांदपुर और काकचिंग, कांगपोकपी और इंफाल पश्चिम, कांगपोकपी और इंफाल पूर्व, कांगपोकपी और थौबल और तेंगनौपाल और काकचिंग जैसे जिलों के बीच दो किमी के दायरे में सेवाएं प्रदान करने वाले मोबाइल टावर अभी प्रतिबंध के दायरे में रहेंगे। राज्य में हिंसा भड़कने के बाद तीन मई से राज्य में मोबाइल इंटरनेट सेवा निलंबित कर दी गई थी।
'चक्रवात मिचौंग' को लेकर सतर्क है केंद्र सरकार, PM मोदी ने देशवासियों को दिया ये संदेश
4 Dec, 2023 02:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चक्रवात मिचौंग को लेकर केंद्र सरकार एक्शन मोड में है। इसको लेकर बीती रात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देशवासियों को संबोधित करते हुए आगाह किया। पीएम ने कहा कि वह राहत और समन्वय के लिए पूर्वी तट पर राज्यों की सरकारों के साथ लगातार संपर्क में हैं।
भाजपा कार्यकर्ताओं से की ये अपील
पीएम ने तमिलनाडु, पुडुचेरी, ओडिशा और आंध्र प्रदेश में भाजपा कार्यकर्ताओं से राहत और बचाव प्रयासों में शामिल होने और स्थानीय प्रशासन का समर्थन करने का भी आग्रह किया।
पीएम मोदी ने कल भाजपा की तीन राज्यों में जीत के बाद विजय रैली को संबोधित करते हुए कहा,
इस उत्साह के बीच एक चक्रवात की संभावना भी मंडरा रही है और इसीलिए, जश्न के इस क्षण में भी मैं देशवासियों को चक्रवात मिचौंग के प्रति सतर्क रहने की सलाह दूंगा।
राज्य सरकारों के संपर्क में हूंः पीएम मोदी
बता दें कि केंद्र सरकार लगातार राज्य सरकारों के संपर्क में है और उन्हें हर संभव सहायता भी प्रदान कर रही है। पीएम ने कहा कि मैं तमिलनाडु, पुडुचेरी, ओडिशा और विशेष रूप से आंध्र प्रदेश के भाजपा कार्यकर्ताओं से राहत करने में शामिल होने की अपील करता हूं।
हमारा देश हमारी पार्टी से बड़ा : PM Modi
पीएम मोदी ने कहा कि ये एक समर्पित भाजपा नेता के मूल मूल्य हैं। हमारे लिए, हमारा देश हमारी पार्टी से बड़ा है। हमारे देशवासी किसी और से बड़े हैं। सभी के प्रयासों से, हम अपना लक्ष्य हासिल कर सकते हैं। मुझे अपनी आने वाली पीढ़ियों पर भरोसा है। भारत विकास और प्रगति की राह पर आगे बढ़ता रहेगा।
पीएम ने कहा कि वह चुनाव परिणामों पर नजर नहीं रख सके, क्योंकि वह देश के पूर्वी तट पर चक्रवात की स्थिति की निगरानी में व्यस्त थे।
आंध्र के सीएम से की बात
इससे पहले, पीएम मोदी ने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी से बात की और चक्रवात मिचौंग से निपटने की तैयारियों का जायजा लिया। पीएम मोदी ने शीर्ष अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया कि राज्य को सभी मदद दी जाए।
चेन्नई के कई हिस्सों में भारी बारिश
इस बीच, चक्रवात 'माइचौंग' के तट के करीब पहुंचने से चेन्नई के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई। बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गहरा दबाव रविवार को चक्रवाती तूफान 'माइचौंग' में तब्दील हो गया और 5 दिसंबर की दोपहर के दौरान 80-90 की अधिकतम निरंतर हवा की गति के साथ नेल्लोर और मछलीपट्टनम के बीच दक्षिण आंध्र प्रदेश तट को पार करने की संभावना है।
भारतीय वायुसेना का ट्रेनर एयरक्राफ्ट हुआ दुर्घटनाग्रस्त, दो की मौत
4 Dec, 2023 11:48 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
तेलंगाना में भारतीय वायुसेना के एक ट्रेनर एयरक्राफ्ट के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर है। घटना तेलंगाना के मेदक जिले की है। हादसे के वक्त विमान में एक ट्रेनर पायलट और एक ट्रेनी पायलट मौजूद थे। हादसे में दोनों पायलटों की मौत हो गई है।
वायुसेना के अधिकारियों ने बताया कि तेलंगाना के डिंडीगुल स्थित एयर फोर्स एकेडमी से सुबह के समय ट्रेनर विमान ने उड़ान भरी थी। जिसके बाद सुबह 8.55 बजे यह विमान हादसे का शिकार हो गया। हादसे का शिकार हुआ विमान Pilatus PC 7 Mk II एयरक्राफ्ट था। वायुसेना ने बताया कि ट्रेनर विमान रुटीन उड़ान पर था। हादसे में दोनों पायलट गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिसके चलते उनकी मौत हो गई। हादसे में किसी आम नागरिक या संपत्ति को नुकसान नहीं हुआ है। वायुसेना ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं।
PM Modi राजकोट किले में छत्रपति शिवाजी महाराज की मूर्ति का अनावरण करेंगे
4 Dec, 2023 11:38 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
देश में हुए पांच विधानसभा चुनाव में चार के चुनाव परिणाम आ चुके हैं। इनमें तीन राज्यों में भाजपा ने जीत अख्तियार की है। इसी क्रम में विधानसभा चुनाव के बाद आज पीएम महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग का दौरा करेंगे।
पीएमओ द्वारा जारी एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, पीएम मोदी राजकोट किले में छत्रपति शिवाजी महाराज की मूर्ति का अनावरण करेंगे। गौरतलब है आज महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग किले में नौसेना दिवस मनाया जाएगा। इस किले की नींव सन् 1664 में मराठा राजा शिवाजी महाराज ने सिंधुदुर्ग जिले के मालवन तालुका के पास अरब सागर में एक द्वीप पर रखी थी।
एक्स पर एएनआई के पोस्ट के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 4 दिसंबर को महाराष्ट्र का दौरा करेंगे। वह शाम करीब 4:15 बजे प्रधानमंत्री महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग पहुंचेंगे और राजकोट किले में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इसके बाद पीएम सिंधुदुर्ग में 'नौसेना दिवस 2023' समारोह के कार्यक्रम में भाग लेंगे। प्रधानमंत्री तारकरली समुद्र तट, सिंधुदुर्ग से भारतीय नौसेना के जहाजों, पनडुब्बियों, विमानों और विशेष बलों के 'ऑपरेशनल प्रदर्शन' को भी देखेंगे।
रक्षा मंत्रालय ने दी प्रतिक्रिया
रक्षा मंत्रालय ने प्रदर्शन लोगों को भारतीय नौसेना द्वारा किए गए बहु-डोमेन अभियानों के विभिन्न पहलुओं को देखने का अवसर प्रदान करते हैं। इसमें कहा गया, "यह जनता के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति नौसेना के योगदान को उजागर करता है, साथ ही नागरिकों के बीच समुद्री जागरूकता की भी शुरुआत करता है।
तेजी से बढ़ रहा चक्रवाती तूफान मिचौंग; स्कूल और दफ्तर बंद, तमिलनाडु के कई जिलों में रेड अलर्ट
4 Dec, 2023 11:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में 'मिचौंग चक्रवात' का खतरा मंडरा रहा है। मौसम विभाग ने चक्रवात मिचौंग के मद्देनजर तमिलनाडु और पुडुचेरी के कई स्थानों पर सोमवार को भारी बारिश और तूफान की चेतावनी जारी की है। आज ये तूफान तमिलनाडु के तट से टकरा सकता है। राज्य सरकारों ने अपने- अपने इलाकों में सभी सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए अपनी टीमों का अलर्ट कर दिया है।
साउथ सेंट्रल रेलवे ने कैंसिल की सैकड़ों ट्रेन
मौसम विभाग के अलर्ट, के बाद आंध्र प्रदेश, पुडुचेरी और तमिलनाडु के स्कूलों को भी बंद कर दिया गया है और साथ ही किसी को भी समुद्री इलाकों के आस-पास जाने से मना कर दिया गया है। साथ ही, प्राइवेट कंपनियों को वर्क फ्रॉम होम करने का आदेश दिया गया है। चक्रवात की स्थिति को देखते हुए साउथ सेंट्रल रेलवे ने भी 144 ट्रेनें कैंसिल कर दी हैं।
पीएम मोदी ने जताया मदद का भरोसा
प्रधानमंत्री मोदी भी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और लगातार राज्य सरकारों के संपर्क में है। जानकारी के मुताबिक, पीएम मोदी ने तमिलनाडु, पुडुचेरी, ओडिशा और आंध्र प्रदेश में बीजेपी कार्यकर्ताओं से राहत और बचाव प्रयासों में शामिल होने और स्थानीय प्रशासन की मदद करने की अपील की है। सरकार ने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई. एस. जगन मोहन रेड्डी से बात की और उन्हें हर संभव मदद का आश्वासन भी दिया है।
यहां पढ़ें लाइव अपडेट्स
भारी बारिश के बाद तमिलनाडु के चेन्नई शहर में भारी बारिश के कारण गंभीर जलजमाव के बीच, अलंदूर में थिल्लई गंगा नगर सबवे को बंद कर दिया गया है। कई इलाकों में भी भारी जलभराव देखा गया है।
चेन्नई के क्षेत्रीय मेट्रोलॉजी निदेशक बालचंद्रन का कहना है, "चक्रवात माइचौंग चेन्नई के पूर्व-उत्तर पूर्व से लगभग 100 किमी दूर है। पिछले 6 घंटों में, यह 10 किमी/घंटा की गति से आगे बढ़ा है और इसके आगे बढ़ने की उम्मीद है। उत्तर-पश्चिम दिशा में, आज दोपहर 4 बजे तक चक्रवाती तूफान के तीव्र होने की आशंका है।"
तमिलनाडु के कनाथूर पुलिस ने कहा, "तेज हवाओं के साथ भारी बारिश के बीच, आज सुबह चेन्नई के ईस्ट कोस्टल रोड, कनाथूर इलाके में एक नवनिर्मित दीवार गिर गई। इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक झारखंड के रहने वाले हैं। कनाथूर पुलिस मामले की जांच कर रही है।"
बंगाल की खाड़ी में अगले 24 घंटों में बनेगा चक्रवाती मिचौंग तूफान, कहां-कहां होगी बारिश; IMD का अलर्ट
3 Dec, 2023 12:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बंगाल की खाड़ी में बन रहा कम दबाव का क्षेत्र शनिवार को डीप डिप्रेशन में बदल गया। भारत मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार को अगले 24 घंटे में यह चक्रवाती तूफान मिचौंग में बदल जाएगा। IMD के मुताबिक, 3 दिसंबर तक तूफान के तट के करीब आने के कारण चेन्नई शहर में भारी से बहुत भारी बारिश होगी जो 4 दिसंबर को भी जारी रहेगी।
वहीं, 3 और 4 दिसंबर के लिए आगामी चक्रवात मिचौंग के मद्देनजर उत्तरी तटीय तमिलनाडु के निवासियों के लिए येलो अलर्ट पहले ही जारी किया जा चुका है। वहीं, मौसम के मिजाज से अगले दो दिनों में मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में गरज के साथ बारिश होने की उम्मीद है। पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव बना रहेगा, जो पश्चिमी हिमालय क्षेत्र और आसपास के मैदानी इलाकों को प्रभावित करेगा।
कहां-कहां होगी बारिश?
उत्तरी तटीय तमिलनाडु और पुडुचेरी के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। 4 दिसंबर को छिटपुट या भारी वर्षा होने के संभावना है।
तटीय आंध्र प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होगी। 3 तारीख को दक्षिणी तटीय आंध्र प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा और 4 तारीख को तटीय आंध्र प्रदेश और यानम में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा और अत्यधिक भारी वर्षा होगी।
वहीं, 5 और 6 दिसंबर को उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है।
ओडिशा में 4 से 6 दिसंबर के दौरान अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ दक्षिण तटीय और आसपास के दक्षिण आंतरिक ओडिशा में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। 5 दिसंबर को इसी क्षेत्र में अलग-अलग जगहों पर बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
कहां-कहां है IMD का ऑरेंज अलर्ट?
तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 3 और 4 दिसंबर को भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। IMD ने यहां के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश और यानम के लिए भी मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया। हालांकि, 4 और 5 दिसंबर को भारी वर्षा होगी।
ओडिशा में 5 दिसंबर को भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। यहां के लिए भी IMD का ऑरेंज अलर्ट जारी।
रायलसीमा में अलग-अलग स्थानों पर 3 और 4 दिसंबर को भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। यहां के लिए भी ऑरेंज अलर्ट जारी।
बिहार में बढ़ी ठंड
बिहार की राजधानी पटना सहित 25 शहरों का तापमान लुढ़का है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान में उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी रहेगी। पटना सहित अधिसंख्य भागों में कोहरे व धुंध का प्रभाव बना रहेगा। बीते 24 घंटों के दौरान भभुआ, औरंगाबाद, रोहतास और गया जिले के कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा दर्ज की गई, जबकि पटना सहित शेष भागों में बादल छाए रहे। सुबह के समय पटना व आसपास इलाकों में कोहरा का प्रभाव बना रहा।
पंजाब और हरियाणा में गिरा तापमान
पंजाब के कई जिलों में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण अचानक ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, आज दिन में गुनगुनी धूप खिलेगी। तापमान की बात करें तो अधिकतम 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री दर्ज किया जाएगा। वहीं, हरियाणा की कई जिलों में बारिश हुई है, जिससे राज्य में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो से तीन दिन बारिश की संभावना है।
हिमाचल में बर्फबारी
हिमाचल के कुछ हिस्सों में बर्फबारी तेज हो गई है। आज प्रदेश में अधिकतर स्थानों पर मौसम के साफ रहने का अनुमान है। शिमला में अधिकतम 17 और न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जाएगा। रोहतांग, शिंकुला और बारालाचा में एक फीट, केलंग में तीन इंच और नारकंडा में हल्का हिमपात हुआ। शिमला, कुफरी व मशोबरा में ओलावृष्टि हुई।
करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी का मामला आया सामने, तीन सहकारी बैंकों के घोटाले की जांच करेगी CBI
3 Dec, 2023 12:07 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कर्नाटक के तीन सहकारी बैंकों में हुई करोड़ो रुपये के घोटाले की जांच अब सीबीआइ करेगी। मुख्यमंत्री सिद्दरमैया ने शनिवार को कहा कि सरकार ने श्री गुरु राघवेंद्र सहकारी बैंक लिमिटेड, वशिष्ठ क्रेडिट सौहार्द सहकारी लिमिटेड और गुरु सार्वभौम सौहार्द क्रेडिट सहकारी लिमिटेड के घोटाले की जांच को सीबीआइ को सौंपने की मंजूरी दे दी है।
सरकारी आदेश में कहा गया है कि सीबीआइ के अधिकारी सहकारी बैंकों के प्रबंधन बोर्ड के निदेशकों, मुख्य कार्यकारी अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा की गई करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी की जांच करेगी। आदेश में बैंक के संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से कागजात और रिकार्ड सीबीआइ को सौंपेने को कहा गया है।
सीएम सिद्दरमैया ने कहा कि हजारों जमाकर्ताओं ने बच्चों की शादी, घर खरीदने और भविष्य के लिए जीवन भर की बचत बैंक में निवेश की थी। बैंकरों की धोखाधड़ी के कारण सभी अपने भविष्य के प्रति चिंतित हो गए हैं।