पंजाब
पाकिस्तान के पंजाब में तबाही मचाती बाढ़, करतारपुर साहिब कॉरिडोर डूबा, गुरुग्रंथ साहिब की रक्षा प्राथमिकता बनी
28 Aug, 2025 11:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गुरदासपुर : रावी नदी में आई बाढ़ का पानी पाकिस्तान के नारोवाल जिले में घुस गया। कुछ ही देर में करतारपुर साहिब कॉरिडोर पानी में डूब गया। गुरुद्वारा दरबार साहिब परिसर का बड़ा हिस्सा पूरी तरह डूबा हुआ था। हालांकि गुरुग्रंथ साहिब पूरी तरह सुरक्षित है। दिल्ली सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के पूर्व अध्यक्ष परमजीत सिंह सरना ने कहा कि गुरुद्वारे का ग्राउंड फ्लोर पूरी तरह से पानी में डूब गया है। ग्राउंड फ्लोर में वह जगह भी शामिल है जहां गुरु नानक देव जी का निधन हुआ था। लंगर हॉल, परिक्रमा और आवासीय क्वार्टर भी पानी में डूब गए हैं।
परमजीत सिंह सरना ने कहा कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब का 'प्रकाश (स्थापना)' गुरुद्वारे की पहली मंजिल पर किया जाता है। यह जमीन से लगभग 12 फीट ऊपर है। श्री गुरु ग्रंथ साहिब का 'स्वरूप' (पवित्र ग्रंथ) सुरक्षित है।
पानी निकालना मुश्किल
परमजीत सिंह सरना ने कहा कि इस तरह की बाढ़ आखिरी बार 1975/1980 के आसपास देखी गई थी। इस बार रावी नदी के उफान ने गुरुद्वारे के ग्राउंड फ्लोर को पूरी तरह से डुबो दिया है। उसने पूछा गया कि गुरुद्वारा दरबार साहिब के प्रबंधन के लिए जिम्मेदार प्रोजेक्ट मैनेजमेंट यूनिट ने बचाव अभियान शुरू किया है? तो उन्होंने कहा कि वे ऐसा कहते हैं, लेकिन सच्चाई यह है कि पानी को निकालना मुश्किल होगा जब तक कि यह स्वाभाविक रूप से कम न हो जाए।
फंसे लोगों को निकाला गया
दिल्ली सरकार के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि गुरुद्वारा करतारपुर साहिब में श्री गुरु ग्रंथ साहिब का 'स्वरूप' सुरक्षित है। उन्होंने बताया कि उन्हें जानकारी मिली है कि आठ लोगों को गुरुद्वारे से निकालकर नारोवाल भेजा गया है।
फिलहाल बंद रहेगा करतारपुर साहिब गुरुद्वारा
पाकिस्तानी सेना ने कहा है कि उसने तीर्थयात्रियों, कर्मचारियों और निवासियों को निकालने के लिए एक 'बड़ा बचाव अभियान' शुरू किया है। नावों को सेवा में लगाया गया और सैकड़ों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। जब तक हालात सामान्य नहीं हो जाते, तब तक करतारपुर साहिब कॉरिडोर बंद रहेगा।
जत्थेदार ने मांगी रिपोर्ट
गुरुद्वारा दरबार साहिब पंजाब के गुरदासपुर जिले में डेरा बाबा नानक इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट (ICP) से 4.5 किलोमीटर दूर है। यह इलाका पाकिस्तान के लाहौर में पड़ता है। अकाल तख्त के कार्यवाहक जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गरगाज ने पाकिस्तान सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (PSGPC) से गुरुद्वारे को हुए नुकसान पर रिपोर्ट भेजने को कहा है। उन्होंने PSGPC को पाकिस्तान इवैक्यूई ट्रस्ट प्रॉपर्टी बोर्ड के साथ मिलकर नुकसान का आकलन करने का निर्देश दिया है। करतारपुर कॉरिडोर परियोजना प्रबंधन इकाई के प्रमुख सैफुल्लाह खोखर ने कहा कि गुरुद्वारा दरबार साहिब सहित पूरा करतारपुर कॉरिडोर परिसर बाढ़ के पानी में डूब गया है। फंसे हुए लोगों को नावों और एक हेलीकॉप्टर से बचाया जा रहा है, जिनमें से ज़्यादातर करतारपुर परियोजना प्रबंधन इकाई के कर्मचारी हैं ।
अंतिम दर्शन को उमड़ी भीड़, बलाैंगी में हुआ जसविंदर भल्ला का अंतिम संस्कार
23 Aug, 2025 05:31 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मोहाली (पंजाब)। पंजाबी सिनेमा और कॉमेडी के स्तंभ जसविंदर सिंह भल्ला का अंतिम संस्कार आज बलौंगी श्मशानघाट में किया गया। भल्ला को अंतिम श्रद्धांजलि देने कलाकार एम्मी विर्क, नीरू बाजवा, बीनू ढिल्लों, गिप्पी ग्रेवाल, निम्रत खैरा और हंसराज हंस भी पहुंचे हैं। बलबीर सिद्धू और डीसी कोमल मित्तल भी उन्हें नमन करने पहुंचे। उनके अंतिम दर्शन के लिए प्रशंसक उनके आवास पर पहुंच रहे हैं। अभिनेत्री नीरू बाजवा भी भल्ला को नमन करने पहुंचीं। भल्ला को श्रद्धांजलि देते समय विधायक गज्जन माजरा भावुक हो गए।
दोराहा में जन्मे थे भल्ला
जसविंदर भल्ला का जन्म 4 मई 1960 को लुधियाना के दोराहा में हुआ था। भल्ला ने पंजाब एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी (पीएयू) से बीएससी और एमएससी की डिग्री ली और बाद में मेरठ यूनिवर्सिटी से पीएचडी की। 1989 में वे पीएयू के एक्सटेंशन एजुकेशन विभाग में शिक्षक के रूप में जुड़े और 2020 में बतौर प्रोफेसर सेवानिवृत्त हुए। शिक्षा के साथ-साथ उन्होंने कला और हास्य की दुनिया में भी कदम रखा। 1988 में उनके ऑडियो सीरीज ‘छनकाटा 88’ ने उन्हें पंजाब के घर-घर में पहुंचा दिया। चाचा चतर सिंह, एडवोकेट ढिल्लों जैसे किरदारों ने लोगों को इतना हंसाया कि ये नाम उनकी पहचान बन गए।
1998 में फिल्म ‘दुल्ला भट्टी’ से उन्होंने बड़े पर्दे पर डेब्यू किया। इसके बाद उन्होंने माहौल ठीक है, जीजा जी, मेल करा दे रब्बा, पावर कट, कैरी ऑन जट्टा, जट्ट एंड जूलियट, जिन्ने मेरा दिल लुटेया जैसी सुपरहिट फिल्मों में अपने अलग अंदाज से दर्शकों को खूब हंसाया। उनके निधन पर फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कलाकारों ने दुख जताया। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि जसविंदर भल्ला की कॉमेडी व हंसी पंजाबियत के रंग से जुड़ी थी। भल्ला जी का अचानक दुनिया से चले जाना बेहद दुखद है। छनकटाओं के बंद होने से मन दुखी है, वाहेगुरु उन्हें अपने चरणों में स्थान दें। चाचा चतरा हमेशा हमारे दिलों में रहेंगे। गायक-अभिनेता गिप्पी ग्रेवाल ने कहा कि कैरी ऑन जट्टा-4 उन्हीं का आइडिया था। उनकी बात अब अधूरी रह गई। जस्सी गिल ने कहा कि नए कलाकारों को भल्ला जी ने हमेशा सहारा दिया। अपने डायलॉग तक देकर नए कलाकारों की मदद करते थे।
पंजाब में बाढ़ पर सरकार सख्त, मंत्रियों को भेजा ग्राउंड पर, राहत कार्यों की समीक्षा
23 Aug, 2025 02:07 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चंडीगढ़: पंजाब में बाढ़ से उत्पन्न हालातों से निपटने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में सरकार पूरी तरह एक्शन मोड में काम कर रही है। जहां कई राज्यों में संकट के समय सरकारें बैठकें करती रह जाती हैं, वहीं मान सरकार ने ज़मीनी हकीकत को समझते हुए तुरंत एक्शन लिया। न सिर्फ 2 करोड़ रुपये की राहत राशि जारी की गई, बल्कि 8 कैबिनेट मंत्रियों को फील्ड में उतारकर यह साबित कर दिया कि यह सरकार केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं, बल्कि ज़मीन पर उतरकर लोगों के दुःख-दर्द में भागीदार बनती है। इसी बीच मान सरकार ने स्पेशल गिरदावरी के भी आदेश दे दिए हैं।
पिछले तीन सालों में बाढ़ से बचाव के लिए 276 करोड़ रुपये का जो बुनियादी ढांचा तैयार किया गया, उसका असर आज दिख रहा है। यह योजनाएं अब सिर्फ कागज पर नहीं, बल्कि संकट के समय लोगों को सुरक्षा देने में सफल साबित हो रही हैं। यह इस बात का संकेत है कि मान सरकार ने आपदा को केवल राहत तक सीमित नहीं रखा, बल्कि रोकथाम और तैयारी को भी प्राथमिकता दी।
बांध का निरीक्षण करने पहुंचे
तरनतारन और फिरोजपुर में जल संसाधन मंत्री बरिंदर कुमार गोयल और मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर खुद सतलुज किनारे धुस्सी बांध का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याएं सुनीं, उन्हें तुरंत राहत दी और भरोसा भी दिलाया कि सरकार उनके साथ खड़ी है। इसी तरह हरदीप सिंह मुंडिया सुल्तानपुर लोधी पहुंचे और डॉक्टर बलबीर सिंह ने कपूरथला के प्रशासन के साथ बैठक कर राहत कार्यों की समीक्षा की।
मंत्री ने कही ये बात
उन्होंने कहा कि मान सरकार का ये दृष्टिकोण केवल प्रशासनिक नहीं, बल्कि मानवीय है। जब भारी बारिश के कारण बाढ़ के हालात बने तो सरकार उनके साथ खड़ी थी। यह सरकार कैमरों के सामने राहत बांटने वाली नहीं, बल्कि कैमरों से दूर ज़मीन पर काम करने वाली है। यही फर्क उसे बाकी सरकारों से अलग करता है। विपक्ष जो केवल बयानबाज़ी में व्यस्त है, उसके मुकाबले मान सरकार ने दिखा दिया कि जनसेवा नारे से नहीं, काम से होती है।
आज पंजाब के लोग खुद कह रहे हैं, सरकार वहीं होती है, जो संकट में सबसे आगे खड़ी दिखे। मान सरकार ने बाढ़ प्रभावितों के लिए जो किया, वह सिर्फ राहत नहीं, बल्कि भरोसे की एक नई इमारत है। यह राजनीतिक नहीं, मानवीय नेतृत्व का उदाहरण है। ऐसे समय में जब कई सरकारें जनता से दूर होती जा रही हैं, मान सरकार ने एक बार फिर जनता के दिल में अपनी जगह मजबूत की है। इसलिए पंजाब के लोग आज कह रहे हैं, ऐसी सरकार होना गर्व की बात है।
LPG टैंकर में धमाका: भीषण आग से 2 की मौत, 20 घायल, कई लापता
23 Aug, 2025 12:28 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चंडीगढ़ : पंजाब के होशियारपुर-जालंधर मार्ग पर देर रात बड़ा हादसा हुआ है। यहां एक एलपीजी टैंकर में आग लगने से दो लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि आग तेजी से फैल गई और मंडियाला अड्डा क्षेत्र के आसपास लगभग 15 दुकानों और चार से पांच आवासीय घरों को अपनी चपेट में ले लिया। पुलिस के अनुसार, यह घटना रात करीब 10 बजे हुई। सूचना पाकर मौके पर पुलिस और प्रशासन के अफसर पहुंचे। 20 से ज्यादा लोग अस्पताल में भर्ती हैं। कई लापता हैं। मरने वालों का आंकड़ा बढ़ सकता है।
जिला उपायुक्त आशिका जैन और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मलिक तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्य की निगरानी की। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि टैंकर किसी अन्य वाहन से टकराने के बाद आग की चपेट में आ गया।
20 लोग अस्पताल में
अफसरों ने बताया कि आग बुझाने के लिए तुरंत दमकल गाड़ियां और एंबुलेंस मौके पर भेजी गईं। सिविल सर्जन पवन कुमार ने कहा कि दो व्यक्तियों को होशियारपुर सिविल अस्पताल में मृत अवस्था में लाया गया, जबकि 18 से 20 घायलों को भर्ती किया गया। वहीं गंभीर रूप से जले पांच से छह मरीजों को दूसरे चिकित्सा संस्थान में स्थानांतिरत किया गया है।
इंडस्ट्रियल इलाके में मचा हड़कंप
शुरुआती जानकारी के अनुसार, एक कार की टैंकर से टक्कर हुई। टक्कर के बाद आग लगी और फिर धमाका हो गया। डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने बताया कि फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस और पंजाब पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई। माना जा रहा है कि गैस टैंकर के सड़क हादसे के बाद गैस लीक हो गई। यह एक इंडस्ट्रियल इलाका है, इसलिए कुछ प्रवासी मजदूर भी घायल हो सकते हैं। पंजाब के मंत्री रवजोत सिंह ने घटनास्थल और अस्पताल का दौरा किया। उन्होंने पीड़ित परिवारों को सरकार की तरफ से मदद करने का वादा किया।
क्या बोले पंजाब के मंत्री
मंत्री रवजोत सिंह ने कहा कि हालात इतने खराब हैं कि कुछ कहा नहीं जा सकता। बहुत ही दुखद हादसा हुआ है। अभी यह नहीं पता कि कितने लोग लापता हैं। लोग कह रहे हैं कि एक टैंकर ने एक कार को टक्कर मार दी, जिसके बाद गैस लीक होने से धमाका हो गया। आग बहुत तेजी से फैल गई है।
इंदिरा गांधी हत्याकांड के आरोपी की बेटी की सियासी पारी शुरू, तरणतारण सीट से उतरीं मैदान में
22 Aug, 2025 04:59 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चंडीगढ़: पंजाब की तरन तारन विधानसभा सीट के उपचुनाव में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। गुरुवार को बीबी अमृत कौर मलोया ने स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में अपनी उम्मीदवारी का ऐलान किया। बीबी अमृत कौर, पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या करने वाले बेअंत सिंह की बेटी और पंजाब के सांसद सरबजीत सिंह खालसा की बहन हैं। सरबजीत सिंह खालसा अकाली दल (वारिस पंजाब दे) से जुड़े एक प्रमुख नेता हैं और फिलहाल फरीदकोट से सांसद हैं। तरन तारन की सीट हाल ही में खाली हुई थी, जिसके बाद यहां राजनीतिक हलचल बढ़ गई है।
अमृत कौर के मैदान में उतरने से दिलचस्प हुआ मुकाबला
बता दें कि अकाली दल (वारिस पंजाब दे) की अगुवाई खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह के पिता तरसेम सिंह कर रहे हैं। उन्होंने भी इस उपचुनाव में अपने उम्मीदवार उतारने का ऐलान किया है। इस बीच, पार्टी ने पहले मशहूर मानवाधिकार कार्यकर्ता परमहजीत कौर खालरा को चुनाव लड़ने का न्योता दिया था, लेकिन उन्होंने इसे ठुकरा दिया। बीबी अमृत कौर के मैदान में आने से तरन तारन उपचुनाव अब और दिलचस्प हो गया है, क्योंकि यह मुकाबला कई सियासी दलों और स्वतंत्र उम्मीदवारों के बीच होने जा रहा है।
मां भी लड़ चुकी हैं चुनाव
अमृत कौर की मां भी लोकसभा चुनाव लड़ चुकी है। बिमल कौर ने 1989 में लोकसभा चुनाव लड़ा था। वो रोपड़ से चुनाव लड़ी थी। उन्होंने इस चुनाव में जीत हासिल की थी। वहीं, बेअंत सिंह के पिता बाबा सुच्चा सिंह ने भी 1989 में बठिंडा से चुनाव लड़ा था और वो भी सांसद बने थे। बता दें कि तरनतारन उपचुनावों को लेकर अभी तक तारीखों की घोषणा नहीं हुई है। पूर्व विधायक डॉ. कश्मीर सिंह के देहांत के बाद ये सीट खाली हो गई थी। ऐसे में उम्मीद लगाई जा रही है कि आने वाले महीनों में यहां चुनाव हो सकते हैं।
Uppall Farm Girl ने कहा – गलती इंसान से होती है, मंगेतर को किया माफ, लोग बोले 'शॉकिंग'
22 Aug, 2025 04:32 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चंडीगढ़: सोशल मीडिया पर वायरल हुए पंजाब की मशहूर ट्रैक्टर वाली लड़की के एमएमएस प्रकरण में अब नया मोड़ आ गया है। पंजाब की मशहूर ट्रैक्टर गर्ल और इंफ्लुएंसर उप्पल फार्म की लड़की ने अपने मंगेतर और उसके परिवार को माफ कर दिया है। दोनों परिवारों के बीच आपसी बातचीत के बाद समझौता हो गया है। लड़की ने साफ कहा है कि यह पूरा मामला कुछ ग़लतफ़हमियों की वजह से खड़ा हुआ था, जिन्हें अब दूर कर लिया गया है। उसने सभी पेजों और चैनलों से अपील की है कि वे इस मामले से जुड़ा कोई भी कंटेंट अब आगे शेयर न करें, ताकि दोनों परिवार शांति से आगे बढ़ सकें।
बोली- अब कानूनी कार्रवाई नहीं की जाएगी
साथ ही, उन्होंने इस कठिन समय में समर्थन देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया है। लड़की ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस मामले को लेकर अब कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की जाएगी। इस तरह, सोशल मीडिया पर चर्चा में रहे इस विवाद का शांतिपूर्ण समाधान हो गया है और दोनों परिवार अब आपसी समझ के साथ आगे बढ़ने को तैयार हैं। लड़की ने इंस्टाग्रम पर पोस्ट डालकर ये जानकारी दी है। आइए जानते हैं उसने इस पोस्ट में और क्या क्या लिखा है...
इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर दी सफाई
उसने इंस्टा पर लिखा है कि दूसरे पक्ष ने तहे दिल से माफ़ी मांगी है और हर अफ़वाह को दूर किया है। बिना किसी राजनीतिक दबाव के, हमारे दोनों परिवारों ने आपसी समझौता कर लिया है। मैं उन सभी लोगों का तहे दिल से शुक्रिया अदा करना चाहता हूँ जिन्होंने इस मुश्किल घड़ी में मेरा साथ दिया और मेरा साथ दिया। आपकी मदद मेरे लिए बहुत मायने रखती है, आप सभी का शुक्रिया। साथ ही, मैं उन सभी का भी तहे दिल से शुक्रिया अदा करना चाहता हूँ जिन्होंने इस मुश्किल घड़ी में हमारा साथ दिया—यह वाकई मेरे लिए बहुत मायने रखता है। अब जब दोनों परिवारों के बीच आपसी सहमति से मामला सुलझ गया है, तो मैं सभी पेजों और चैनलों से अनुरोध करता हूँ कि कृपया हमारी सामग्री को आगे शेयर न करें। आपका सहयोग हमें शांति से आगे बढ़ने में मदद करेगा। हमारे साथ खड़े रहने के लिए एक बार फिर धन्यवाद।
पंजाब पुलिस बनाम बीजेपी: काफिला रोके जाने पर फूट पड़ा विरोध, जाखड़ ने किया सड़क पर धरना
22 Aug, 2025 01:08 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अबोहर/फिरोजपुर/फाजिल्का(पंजाब)। पंजाब के अबोहर में शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे पुलिस ने पंजाब भाजपा प्रदेशाध्य सुनील जाखड़ का काफिला रोक लिया, जिसके बाद सुनील जाखड़, पूर्व मंत्री सुरजीत ज्याणी समेत सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता व नेता सड़क पर धरना लगा कर बैठ गए। रवीवार को अबोहर के गांव रायपुरा में पुलिस ने कैंप लगाकर बैठे भाजपा नेताओं को हिरासत में लिया था। इसके बाद सुनील जाखड़ ने एलान किया था कि वे शुक्रवार को खुद अबोहर के गांव रायपुरा में कैंप लगाने के लिए पहुंचेंगे।
सुनील जाखड़ सुबह करीब 10 बजे अपने निवास से काफिले सहित गांव रायपुरा के लिए रवाना हुए लेकिन उन्हें रायपुरा जाने से पहले ही सीतो रोड पर काला टिब्बा टोल प्लाजा के निकट पुलिस ने रोक लिया। जिला पुलिस ने वहां थ्री लेयर बेरिकेड लगा रखे थे। जिला के एसएसपी गुरमीत सिंह ने इस मौके पर कहा कि हालात न बिगड़े, इसलिए यह नाकाबंदी की गई है।
फाजिल्का में भाजपा नेता काका कंबोज को पुलिस ने हिरासत में लिया
फाजिल्का में पंजाब पुलिस ने भाजपा के जिला प्रधान सुखविंदर सिंह काका कंबोज को हिरासत में लिया है। सुखविंदर सिंह काका का कहना है कि वह लोग अपनी पार्टी के आदेश पर लोगों की भलाई के लिए कैंप लगाया हुआ था। कैंप में सभी गरीब लोग आए हुए थे किसी भी व्यक्ति से कोई पैसा भी नहीं लिया जा रहा था, लेकिन वहां पर पंजाब पुलिस के अधिकारी पहुंचे और उन्हें जबरन हिरासत में ले लिया। उन्होंने लोगों से कहा कि वे उनकी भलाई के काम वास्ते जेल में भी जाने को तैयार है। पुलिस उन्हें अपने साथ गाड़ी में बैठ कर ले गई। भाजपा सदस्यों और लोगों ने पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
"सिद्धू का प्यार वाला वीडियो वायरल, इंग्लैंड में पत्नी संग नजर आए मस्त अंदाज में"
21 Aug, 2025 05:08 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चंडीगढ़: पूर्व क्रिकेटर और कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू इन दिनों अपनी पत्नी से साथ इंग्लैंड घूमने आए है। सिद्धू ने सोशल मीडिया पर अपनी छुट्टियों की जानकारी साझा करते हुए लिखा था कि टेकिंग हर फॉर ए हॉलिडे। सिद्धू ने अब एक वीडियो शेयर किया है जिसमें वो अपनी पत्नी नवजोत कौर के साथ इंग्लैंड में घूमते हुए दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने इस रील में अंग्रेजी गाना 'आई लव यू सो मच' भी लगाया है। इस वीडियो में सिद्धू पीले रंग के कुर्ते पजामे और काले रंग के कोट में नजर आ रहे हैं। वहीं उनकी पत्नी सफेद रंग की टीसर्ट और स्वेटर में नजर आ रही है। सिद्धू ने इस रील में लोकेशन भी बताई है। ये वीडियो इंग्लैंट कोट्सवोल्ड्स गांव का है। सिद्धू इस वीडियो में पत्नी के साथ सड़कों पर घूमते और एक-दूसरे के साथ क्वालिटी टाइम बिताते हुए नज़र आ रहे हैं।
राजनीति से बनाई है दूरी
बता दें कि नवजोत सिंह सिद्धू अपनी पत्नी नवजोत कौर के कैंसर से उबरने के बाद भी राजनीति से दूरी बनाए हुए हैं। अपनी पत्नी नवजोत कौर के कैंसर से जंग जीतने के बाद, सिद्धू अपनी पत्नी के साथ फिर से सक्रिय राजनीति में शामिल होने के संकेत दे दिए थे। लेकिन इसके बावजूद वो राजनीति से दूर हैं। उन्होंने पिछले साल पत्नी नवजोत कौर के साथ प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए सिद्धू ने 'नोनी के कैंसर के सफर' के बारे में बताया था। उन्होंने कैंसर से बचाव के तरीके भी बताए तए। उन्होंने स्वस्थ जीवन शैली जीने के महत्व पर जोर दिया था।
शेयर किए थे टिप्स
सिद्धू और उनकी पत्नी ने कैंसर से उबरने के टिप्स साझा करने की पेशकश भी की थी। उन्होंने कहा कि उनका मानना था कि अगर वह अपने परिवार का प्रबंधन नहीं कर सकते, तो वह दुनिया के साथ न्याय नहीं कर पाएंगे। अमृतसर के पूर्व सांसद ने कहा कि उनके आस-पास हर कोई परिवार की तरह है। पहले उनका ध्यान अपनी पत्नी की देखभाल पर था। सिद्धू ने कहा था कि मुझे जो भी कर्तव्य सौंपा जाएगा उसे निभाऊंगा। मेरी सक्रिय राजनीति में वापसी के बारे में आलाकमान को फैसला लेना है।
"भारी बारिश से पंजाब बेहाल, फ्लड गेट खुलते ही 7 जिलों में पानी-पानी"
21 Aug, 2025 04:55 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पंजाब। पंजाब में भारी बारिश हो रही है। आगे भी मौसम खराब रहेगा, जिससे सूबे में बाढ़ का खतरा बरकरार है। वहीं मौसम विभाग ने शुक्रवार से पांच दिन तक कई जगहों पर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। शनिवार को भारी से बेहद भारी बारिश अलर्ट है। बुधवार को को लुधियाना में 23.0 एमएम, पटियाला में 14.4 एमएम, फिरोजपुर में 14.0 एमएम, रूपनगर में 42.0 एमएम, एसबीएस नगर में 6.5 एमएम, फाजिल्का में 5.0 एमएम की बारिश दर्ज की गई।
हिमाचल प्रदेश में हो रही जोरदार बारिश व बादल फटने की घटनाओं के चलते पंजाब के छह जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। पानी की बढ़ती आमद के कारण लगातार दूसरे दिन भाखड़ा और पौंग बांधों से पानी छोड़ा गया जिसका असर फिरोजपुर, तरनतारन, होशियारपुर, गुरदासपुर, पठानकोट, फाजिल्का और कपूरथला जिलों में साफ दिखाई दिया। सैकड़ों गांवों में पानी भर गया है। इससे फसलों को काफी नुकसान हुआ है।
वहीं, पाकिस्तान में बांध टूटने से फिरोजपुर में बीएसएफ की चौकी डूब गई है। चौकी चारों ओर से पानी से घिर गई है। बीएसएफ जवान मिट्टी के बैग लगाकर पानी रोकने का प्रयास कर रहे हैं। पाकिस्तान की तरफ से टूटे बांध का पानी गट्टी राजोके व टेंडी वाला गांवों में भर गया है। यहां अरबी, मिर्च और धान की फसल नष्ट हो गई है। ग्रामीण मंगल सिंह व गुरदेव सिंह ने कहा कि वर्ष 2023 वाले हालात बनते जा रहे हैं। उस समय भी पाकिस्तान की तरफ से बाढ़ आई थी। इस बीच, डिप्टी कमिश्नर दीपशिखा शर्मा ने गांव धीरा घारा व आले वाला के साथ लगते सतलुज दरिया के बांध का निरीक्षण किया और सिंचाई विभाग के अधिकारियों को मिट्टी के बैग लगाकर बांध के कमजोर हिस्से को मजबूत करने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि एसडीएम अपने-अपने इलाके में दरिया के किनारे बसे गांव पर पूरी नजर रखे हुए हैं।
खतरे के निशान से 14 फीट नीचे है पानी
भाखड़ा के डैम के फ्लड गेट 24 घंटों से अधिक खुले रहने के बावजूद डैम के जलस्तर में एक फीट की वृद्धि दर्ज की गई है। गोबिंदसागर झील में पानी की आमद 58,671 क्यूसेक दर्ज की गई है जिससे भाखड़ा बांध का जलस्तर 1666 फीट के पास जा पंहुचा जो खतरे के निशान से 14 फीट दूर है। भाखड़ा डैम से टर्बाइनों के माध्यम से 36 हजार और फ्लड गेटों से सात हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। एसडीएम नंगल ने भाखड़ा बांध से बुधवार को कुल 43 हजार क्यूसेक पानी छोड़ने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि हालात नियंत्रण में हैं।
पौंग बांध से 65,846 क्यूसिक पानी छोड़ा
पौंग बांध की महाराणा प्रताप झील से बुधवार को 65,846 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। निचले क्षेत्रों में जलस्तर बढ़ने की वजह से ब्यास नदी के आसपास के इलाकों में बाढ़ के खतरे को लेकर प्रशासन ने पहले ही अलर्ट जारी कर दिया गया है। लोगों से नदी के किनारों से दूर रहने की अपील की जा रही है। डीसी होशियारपुर अशिका जैन ने अधिकारियों को हर समय अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। बीबीएमबी के अधिकारियों ने बताया कि हर तरह की स्थिति पर लगातार 24 घंटे दिन रात के समय बीबीएमबी प्रबंधन के सहित जिलाधीश होशियारपुर, जिलाधीश कांगड़ा के अलावा स्थानीय सिविल प्रशासन के द्वारा भी पल पल की निगरानी रखी जा रही है।
स्वां नदी में बाढ़ से आवाजाही बंद, कीरतपुर–मनाली हाईवे भी धंसा
नंगल में स्वां नदी में पानी आने से एलगरां पुल धंस गया जिससे आवाजाही बंद हो गई है। इस पुल का प्रयोग करते हुए नूरपुरबेदी से नंगल व उपमंडल के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों के अलावा हिमाचल का संपर्क बाधित हो गया है। एसडीएम सचिन पाठक ने लोगों से अपील की है कि प्रशासन के आदेशों का कड़ाई से पालन करें। वहीं, कीरतपुर-मनाली मुख्य मार्ग पर कल्याणपुर क्षेत्र के पास सड़क का बड़ा हिस्सा धंस गया है। यहां बड़ा हादसा हो सकता है।
"पढ़ने आया था भारत, लौट गया लाश बनकर – जिम्बाब्वे छात्र की हत्या से सनसनी"
21 Aug, 2025 04:47 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पंजाब। पंजाब में जिम्बाब्वे के छात्र की मौत हुई है। पंजाब के बठिंडा के तलवंडी साबो स्थित गुरु काशी यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाला जिविया लीराय के साथ कुछ दिन पहले यूनिवर्सिटी के ही सुरक्षा कर्मी ने अपने साथियों साथ मिलकर हमला कर बुरी तरह मारपीट की थी। जिविया लीराय गुरु काशी यूनिवर्सिटी से बीएससी की पढ़ाई कर रहा था। उसके साथ मारपीट के बाद एम्स अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। जहां उसने वीरवार को उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। छात्र पर 12 अगस्त को हमला हुआ था, तब से वह अस्पताल में मौत और जिंदगी के बीच जंग लड़ रहा था।
वहीं इस मामले में अब तक पुलिस ने सात आरोपियों की गिरफ्तार कर लिया है। अन्य दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है। वहीं जिविया लीराय गुरु काशी यूनिवर्सिटी से रेडियोलॉजी और इमेजिंग टेक्नोलॉजी में विज्ञान स्नातक (बीएससी रिट) की पढ़ाई कर रहा था। हमलावरों ने उसपर हमला कर बुरी तरह घायल किया था। उसके नाक- मुंह और सिर पर गंभीर चोटें आई थी।
जिम्बाब्वे के छात्र जिविया लीराय पर गुरु काशी विश्वविद्यालय के सुरक्षा गार्ड दिलप्रीत सिंह निवासी गांव हस्सू जिला सिरसा हरियाणा ने अपने साथियों के साथ मिलकर हमला किया था। 12 अगस्त को गुरु काशी यूनिवर्सिटी में कार चेक करते समय आरोपी दिलप्रीत सिंह की उक्त छात्र लीराय के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी, जिसके चलते आरोपी दिलप्रीत सिंह ने अपने साथी लवप्रीत सिंह निवासी गांव हस्सू जिला सिरसा हरियाणा, मंगू सिंह और मनप्रीत सिंह निवासी गांव फतेहगढ़ नौ आबाद के साथ मिलकर उक्त छात्र पर लाठी-डंडों, बेसबॉल बैट और तेजधार हथियारों से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था।
आरोपी हमला करने के लिए स्कोडा कार में आए थे। जब उक्त आरोपियों ने जिम्बाब्वे के छात्र को गंभीर रूप से घायल कर दिया तो वो जब कार पर सवार होकर भागने लगे तो कार सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश की और अब तक सात की गिरफ्तारी हो चुकी है।
'ट्रैक्टर वाली लड़की' का MMS हुआ वायरल – मंगेतर पर लगे गंभीर आरोप
21 Aug, 2025 01:20 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जालंधर: सोशल मीडिया पर 'उप्पल फार्म' नाम से मशहूर लड़की के कई आपत्तिजनक वीडियो सामने आने के बाद इंटरनेट पर सनसनी मच गई। ये वीडियो लोगों के बीच तेजी से वायरल हुए और जब इसकी असलियत सामने आई तो हर कोई दंग रह गया। जानकारी के अनुसार, प्रभ नाम का युवक लंबे समय से उसके आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल कर रहा था। इन वीडियो के सामने आने के बाद पूरा मामला खुला। प्रभ पीड़ित लड़की का मंगेतर भी बताया जा रहा है। पीड़िता ने खुद सामने आकर अपना दर्द बयां किया। वहीं पीड़िता ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर स्टोरी डाल कर कहा कि मुझे किसी का भी नाम लेकर बदनाम न किया जाए। मेरा किसी भी यादविंदर नाम के युवक से कोई भी रिलेशन नहीं था। मैं जग्गा नाम के शख्स के जरिए उस से जरूर मिली थी। मेरी आम दोस्तों की तरह उस के साथ दोस्ती थी।
25 फरवरी से शुरू हुआ सिलसिला
उसने बताया कि यह सिलसिला 25 फरवरी से शुरू हुआ था। तब से लगातार उसे ब्लैकमेल किया जा रहा था। इस दौरान वह डिप्रेशन से भी गुज़री। हाल ही में इन वीडियो के वायरल होने के बाद मामला और तूल पकड़ गया। लड़की ने यह भी खुलासा किया कि लड़के वालों ने उसके घर आकर हंगामा किया और अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं होने दी। इंस्टाग्राम अकाउंट 'मिट्टी' पर दिए इंटरव्यू के क्लिप्स में लड़की ने बताया कि उसे नशीला पदार्थ खिलाकर उसके कई अश्लील वीडियो बनाए गए और बाद में उन्हें इंटरनेट पर वायरल कर दिया गया। इससे न केवल लड़की बल्कि उसका पूरा परिवार गहरे सदमे में है।
महिला आयोग ने लिया संज्ञान
इस मामले में पंजाब महिला आयोग ने संज्ञान लेते हुए बड़ी कार्रवाई की है। आयोग की चेयरपर्सन राज लाली गिल ने कहा कि यह घटना बेहद शर्मनाक है और दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। आयोग ने संबंधित अधिकारियों और पुलिस से पूरी रिपोर्ट तलब की है और जल्द से जल्द जांच पूरी करने के निर्देश दिए हैं। आयोग ने कहा कि हम ऐसे मामलों को बहुत गंभीरता से लेते है और यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि पंजाब में महिलाओं के अधिकार, सम्मान और स्थिति की रक्षा की जाए। आयोग ने स्थानीय पुलिस को पत्र लिखकर 22 अगस्त तक जांच की पूरी स्थिति रिपोर्ट देने को कहा है, जिसमें वीडियो प्रसारित करने वाले अपराधियों के खिलाफ की गई कार्रवाई भी शामिल है। मामले की पुलिस जांच जारी है।
हुसैनीवाला में बाढ़ का पानी BSF चौकी तक पहुंचा, कई गांवों में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू
20 Aug, 2025 04:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चंडीगढ़ ( पंजाब )। पहाड़ी राज्य हिमाचल में लगातार हो रही बारिश की वजह से पंजाब के बांधों से पानी छोड़ा जा रहा है। वहीं पंजाब में बुधवार को कई जिलों में बारिश हो रही है। मोगा, कपूरथला, जालंधर और फिरोजपुर में बारिश के चलते जगह-जगह पानी भर गया है। ऐसे में पंजाब में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। फिरोजपुर के हुसैनीवाला बॉर्डर पर बनी सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की निगरानी चौकी में सतलुज दरिया और पाकिस्तान की तरफ से आ रहा पानी घुसने लगा है। पानी ने बीएसएफ की चौकी को चारों तरफ घेर लिया है। धीरे-धीरे पानी का स्तर बढ़ता जा रहा है। इसे देख गांव के लोग भी भयभीत हैं। बीएसएफ भी अपनी चौकी को बचाने में जुटी है।
फिरोजपुर में सतलुज दरिया का जलस्तर बढ़ने के कारण सीमावर्ती गांव पानी की चपेट में आने लगे हैं। जलस्तर काफी बढ़ गया है। इस मौके पर डिप्टी कमिश्नर दीपशिखा शर्मा ने कहा कि उन्हें पानी के बढ़ने की सूचना मिलने पर उन्होंने सीमावर्ती गांव का दौरा किया है। उन्होंने मनरेगा की लेबर लगाकर मिट्टी के बैग भी बांध के किनारे किनारे लगाए जा रहे हैं ताकि पानी गांव के अंदर ना घुस सके। ग्रामीणों की मांग है कि दरिया के बीच बांध के साथ-साथ नोचें बनाई जाए। इसे बनाने के लिए सिंचाई विभाग के अधिकारियों को आदेश दिए गए हैं। डीसी ने कहा कि जिला प्रशासन बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों के साथ खड़ा है। प्रत्येक प्रबंध किए हुए हैं । हर सुविधा का ख्याल रखा है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि वह हौंसला बनाए रखें जिला प्रशासन और लोग मिलकर इस प्रकार की स्थिति का सामना करेंगे।
हिमाचल में लगातार हो रही भारी बारिश की वजह से भाखड़ा डैम के पीछे बनी गोबिंद सागर झील के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। मंगलवार को 65617 क्यूसेक पानी की आमद के साथ ही भाखड़ा डैम का जलस्तर 1665.06 फीट तक पहुंच गया। इसके बाद बीबीएमबी मैनेजमेंट ने दोपहर करीब तीन बजे सीजन में पहली बार बांध के चारों फ्लड गेट खोल दिए। तीन घंटे तक करीब इन गेटों को तीन फीट तक खोलकर रखा गया। इस दौरान करीब 11130 हजार क्यूसेक पानी फ्लड गेटों से निकाला गया और टर्बाइनों के माध्यम से 32171 क्यूसेक पानी छोड़ा गया।
एसडीएम नंगल सचिन पाठक ने कहा कि भाखड़ा डैम के चारों फ्लड गेट मात्र जांच के लिए खोले गए थे। इस दौरान नंगल डैम से नंगल हाईडल नहर में 12500, श्री आंनदपुर साहिब हाईडल नहर में 10150 क्यूसेक और सतलुज दरिया में 20650 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। एसडीएम ने कहा कि सतलुज दरिया किनारे पर बसे ग्रामीण क्षेत्रों के खेत पानी से काफी दूर हैं। लोगों को दहशत में आने की जरूरत नहीं है। किसी भी विपरीत परिस्थिति से निपटने के लिए प्रशासन ने इंतजाम किए हुए हैं।
पंजाब में बाढ़ के हालात को देखते हुए नदी और नालों की दिन-रात कड़ी निगरानी शुरू कर दी गई है। बाढ़ प्रभावित पांच जिलों होशियारपुर, तरनतारन, कपूरथला, फिरोजपुर और फाजिल्का में विशेष ध्यान दिया जाएगा। रोस्टर सिस्टम को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए हैं। जल स्रोत मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने मंगलवार को सभी बाढ़ प्रभावित जिलों के डीसी और अन्य अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बाढ़ से 14 हजार एकड़ से ज्यादा क्षेत्र प्रभावित है। सरकार की तरफ से लोगों को रेस्क्यू करने के साथ ही मदद भी पहुंचाई जा रही है। बैठक के दौरान गोयल ने सभी नदियों पर नजर रखने के साथ ही बांधों के जलस्तर की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं।
राहत शिविरों की व्यवस्था करने के निर्देश
बाढ़ प्रभावित आबादी के लिए राहत शिविर, भोजन और चिकित्सीय सहायता जैसी आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की जाए। उन्होंने बाढ़ के चलते उत्पन्न हो रही स्थिति का लगातार आकलन करने और रोकथाम उपायों को तेज करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी प्रभावित क्षेत्रों में तालमेल बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और जल संसाधन विभाग के बीच निरंतर संचार व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
चंडीगढ़ हाईकोर्ट को उड़ाने की धमकी, रजिस्ट्रार को ई-मेल, सुरक्षा एजेंसियां सतर्क
20 Aug, 2025 04:32 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चंडीगढ़। चंडीगढ़ के सेक्टर-1 स्थित पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इसके बाद चंडीगढ़ पुलिस अलर्ट हो गई है। पुलिस की तरफ से हाईकोर्ट की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। वहीं हाईकोर्ट परिसर में गहन तलाशी भी ली जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। पुलिस अधिकारी दल बल के साथ मौके पर पहुंचे हैं।
हाइकोर्ट को इससे पहले भी 22 मई को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। बुधवार को एक बार फिर से बम से उड़ाने की धमकी मिली है। बताया जा रहा है कि ईमेल के जरिये यह धमकी दी गई है। पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना के बाद मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, बम स्क्वायड और ऑपरेशन सेल की टीम पहुंची है। हाइकोर्ट परिसर में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि सर्च के दौरान कुछ संदिग्ध बरामद नहीं हुआ है। हालांकि पुलिस टीमें चप्पे चप्पे को खंगाल रही है।
लगभग तीन महीने पहले 22 मई को पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। हाईकोर्ट बार एसोसिएशन को बम की धमकी संबंधी अलर्ट मिला था। इस अलर्ट की जानकारी मिलते ही हाईकोर्ट बार एसोसिएशन की ओर से सभी वकीलों से सतर्क रहने की अपील की गई थी। जानकारी के अनुसार रजिस्ट्रार को धमकी भरा ई-मेल आया है। कुछ समय पहले भी बम से उड़ाने की एक मेल आई थी, लेकिन सर्च के दौरान कुछ नहीं मिला था। हालांकि पुलिस विभाग ने हाईकोर्ट परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी है। हाईकोर्ट में आने जाने वाले लोगों की भी तलाशी ली जा रही है।
पंजाब को 530 करोड़ की ग्रांट, सीमावर्ती इलाकों के विकास को मिलेगी रफ्तार
20 Aug, 2025 04:23 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चंडीगढ़ (पंजाब)। केंद्र सरकार पंजाब पर मेहरबान हुई है। केंद्र ने पंजाब को 530 करोड़ रुपये की स्पेशल ग्रांट जारी की है, जिससे प्रदेश में सभी विकास कार्य रफ्तार पकड़ेंगे। कैपिटल एक्सपेंडिचर के तहत यह राशि जारी की है जिससे सरकार भवनों के निर्माण, मशीनरी की खरीद समेत अन्य विकास परियोजनाओं को आगे बढ़ा पाएगी। कोरोना के समय से ही विकास को गति देने के लिए केंद्र ने सभी राज्यों को यह ग्रांट जारी करना शुरू किया था और अब वर्ष 2025-26 के लिए पंजाब को यह ग्रांट जारी की गई है। राज्य को पिछले साल 2269 करोड़ रुपये की ग्रांट मिली थी। उस हिसाब से अभी यह ग्रांट कम है लेकिन राज्य को उम्मीद है कि इस वित्तीय वर्ष में आगे भी केंद्र की तरफ से और ग्रांट जारी की जाएगी।
मुख्यमंत्री भगवंत मान भी कई बार केंद्र के समक्ष स्पेशल ग्रांट जारी करने का मुद्दा उठा चुके हैं। विशेषकर बॉर्डर जिलों के लिए सूबा सरकार केंद्र से विशेष पैकेज जारी करने की मांग कर रही है। वर्ष 2020-21 में कोरोना के समय राज्य को 296 करोड़ की ग्रांट मिली थी। अगर एक साल को छोड़ दें तो उसके बाद इस ग्रांट में बढ़ोतरी होती गई है।
हाल ही में 15वें वित्त आयोग के तहत केंद्र ने ग्रामीण नगर निकायों को 1110 करोड़ रुपये की ग्रांट भी जारी की थी, ताकि गांवों में भी विकास कार्य को गति मिल सके। पंजाब में इस समय सड़कों का निर्माण कार्य चल रहा है। साथ ही खेल मैदान तैयार करने का भी काम जारी है। इसके अलावा लोगों की सुविधा के लिए नए भवन बनाने का काम भी चल रहा है। ग्रांट से इन सभी परियोजनाओं में सरकार को फायदा होगा।हालांकि केंद्र ने ग्रामीण विकास निधि (आरडीएफ) का 6 हजार करोड़ रुपये का बकाया जारी नहीं किया है। राज्य पिछले काफी समय से केंद्र के समक्ष यह मामला उठा रहा है।
पंजाब को मिलेगा बॉर्डर एरिया डेवलपमेंट फंड
केंद्र सरकार ने पंजाब के लिए बॉर्डर एरिया डेवलपमेंट फंड को मंजूरी दे दी है, जिससे बॉर्डर एरिया के गांवों में विकास कार्य शुरू किए जा सकते हैं। गृह मंत्रालय ने 15 राज्यों व 2 केंद्र शासित प्रदेशों के लिए 6839 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। इसमें पंजाब के गुरदासपुर और पठानकोट के 107 गांव शामिल हैं। जहां इस राशि से सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। ऑपरेशन सिंदूर के बाद ही प्रदेश के बॉर्डर एरिया के लिए केंद्र से विशेष ग्रांट जारी करने की मांग की जा रही थी। केंद्र ने विशेष ग्रांट का एलान तो नहीं किया लेकिन अब बॉर्डर एरिया डेवलपमेंट फंड को मंजूरी दे दी है। इससे पहले संसद में भी यह मामला उठाया गया था। अब केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने सांसद में लिखित जवाब में बताया है कि केंद्र सरकार ने बॉर्डर एरिया डेवलपमेंट प्रोग्राम के तहत वर्ष 2025-26 से 2028-29 तक राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के लिए 6839 करोड़ रुपये की राशि मंजूर की गई हैं।
मनी लॉन्ड्रिंग घोटाला: स्पेशल CBI जज सुधीर परमार के खिलाफ जांच बंद, मिली क्लीन चिट
20 Aug, 2025 01:03 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चंडीगढ़: 400 करोड़ रुपए के मनी लॉन्ड्रिंग घोटाले में फंसे और ईडी (ED) द्वारा गिरफ्तार किए गए निलंबित स्पेशल सीबीआई जज सुधीर परमार को बड़ी राहत मिली है। विभागीय समिति की जांच में परमार को क्लीन चिट दी गई है। हालांकि, जांच अधिकारी की रिपोर्ट को अभी हाईकोर्ट प्रशासन ने स्वीकार नहीं किया है। परमार पर कथित रूप से ईडी और सीबीआई मामलों में रियल एस्टेट डेवलपर्स को फायदा पहुंचाने के लिए पक्षपात और कदाचार के आरोप लगे थे।
सूत्रों के अनुसार, जांच अधिकारी निडरभव गिल, जिला एवं सत्र न्यायाधीश (जालंधर) ने अपनी रिपोर्ट में परमार के खिलाफ गंभीर आरोप साबित नहीं पाए। यह रिपोर्ट हाईकोर्ट को सौंपी गई है, जिसे अब विजिलेंस डिसिप्लिनरी कमेटी द्वारा जांचा जाएगा। उसके बाद ही रिपोर्ट पूर्ण न्यायालय के समक्ष रखी जाएगी। जांच प्रक्रिया 19 अक्टूबर 2024 को हरियाणा सिविल सेवा नियमों के तहत शुरू की गई थी। यदि हाईकोर्ट प्रशासन इस रिपोर्ट को स्वीकार कर लेता है तो यह हरियाणा विजिलेंस ब्यूरो के लिए एक बड़ा झटका होगा, क्योंकि ब्यूरो ने ही परमार के खिलाफ कदाचार की कार्रवाई शुरू की थी।
सुधीर परमार को अप्रैल 2023 में निलंबित किया गया
गौरतलब है कि सुधीर परमार को अप्रैल 2023 में निलंबित किया गया था। इसके बाद उन्हें 10 अगस्त से 2 नवंबर 2023 तक जेल में भी रहना पड़ा। उन पर आरोप था कि उन्होंने कुछ रियल एस्टेट कंपनियों के खिलाफ चल रहे मामलों में कथित रूप से आरोपियों को लाभ पहुंचाने की कोशिश की थी। अब जबकि विभागीय जांच अधिकारी ने परमार को क्लीन चिट दे दी है, अंतिम फैसला हाईकोर्ट प्रशासन के हाथ में है। अगर क्लीन चिट स्वीकार हो जाती है, तो न केवल परमार की छवि सुधरेगी बल्कि यह ईडी और हरियाणा विजिलेंस की कार्यवाही पर भी सवाल खड़े करेगा। आने वाले दिनों में इस मामले पर हाईकोर्ट प्रशासन का रुख सभी की नजरों में होगा।
राशिफल 22 जुलाई 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
किसान अब उन्नत तकनीक की ओर अग्रसर, पैडी ट्रांसप्लांटर विधि से धान रोपाई
मध्यप्रदेश पुलिस का नशे के विरुद्ध सख्त प्रहार
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम सामाजिक न्याय की सबसे बड़ी गारंटी : खाद्य मंत्री राजपूत
अपनी मेहनत और समर्पण से बड़वानी बन रहा देश में कृषि, उद्यमिता एवं नवाचार का उदाहरण : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
निर्वाचन तैयारियां एवं स्वीप गतिविधियां तेज
मुख्यमंत्री डॉ. यादव से मिले पारस डिफेंस एंड स्पेस टेक्नोलॉजीस कम्पनी के पदाधिकारी
सिक्किम टनल हादसा: मृतक मजदूरों के परिजनों को मुआवजे का ऐलान
विपक्ष के प्रदर्शन के बीच पुलिस की कार्रवाई, राहुल-अखिलेश हिरासत में
