महाराष्ट्र
दोस्त की शादी में खुशी बना गम, युवक की हार्ट अटैक से मौत की आशंका
8 Apr, 2026 05:06 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महाराष्ट्र। आज के समय में हार्ट अटैक के मामले दिन ब दिन बढ़ते जा रहे हैं. ताजा मामला महाराष्ट्र के चंद्रपुर शहर से सामने आया है, जहां एक शादी समारोह के दौरान खुशियों का माहौल अचानक मातम में बदल गया. जानकारी के मुताबिक, 25 साल के अल्पेश दहागांवकर अपने दोस्त की शादी में शामिल होने पहुंचे थे. शादी में डीजे की धुन पर सभी लोग नाच-गाना कर रहे थे और माहौल पूरी तरह उत्साह से भरा हुआ था. इसी दौरान अल्पेश भी डांस कर रहे थे, तभी अचानक वह जमीन पर गिर पड़े. शुरुआत में वहां मौजूद लोगों को लगा कि शायद वह मजाक कर रहे हैं या थकान की वजह से गिर गए हैं. लेकिन कुछ ही देर में जब उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी तो लोगों को स्थिति की गंभीरता का एहसास हुआ. इसके बाद तुरंत उन्हें गोंडपिपरी के सामान्य अस्पताल ले जाया गया।
डॉक्टरों ने अल्पेश को मृत घोषित किया
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उनकी जांच की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. डॉक्टरों ने अल्पेश को मृत घोषित कर दिया. प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, उनकी मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई होने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, सटीक कारण का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
परिवार और दोस्तों पर दुखों का पहाड़ टूटा
इस घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और जो माहौल कुछ देर पहले तक खुशी से भरा हुआ था, वह अचानक गम में बदल गया. परिवार और दोस्तों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. अल्पेश की अचानक मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर है और लोग इस घटना से स्तब्ध हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि अल्पेश पूरी तरह स्वस्थ नजर आते थे, ऐसे में उनकी अचानक मौत ने सभी को हैरान कर दिया है।
‘अब इस्लामाबाद की प्रतिष्ठा...’—सीजफायर पर Sanjay Raut की टिप्पणी
8 Apr, 2026 02:50 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महाराष्ट्र। ईरान महायुद्ध के 40वें दिन सीजफायर की घोषणा की गई. अमेरिका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप की डेडलाइन खत्म होने से डेढ़ घंटे पहले दो हफ्ते का सीजफायर घोषित किया गया. दोनों तरफ से हमले अब रुक गए हैं. ट्रंप ने कहा कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और फील्ड मार्शल आसिम मुनीर की अपील पर उन्होंने हमले के टाल दिया. इस पर शिवसेना यूबीटी के राज्यसभा सांसद संजय राउत की प्रतिक्रिया सामने आई है।
सीजफायर का श्रेय पाकिस्तान को मिल रहा- संजय राउत
संजय राउत ने कहा, "सीजफायर का श्रेय पाकिस्तान को मिल रहा है. ये भारत के लिए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए बहुत ही शर्मिंदा करने वाली बात है. पाकिस्तान को हम हमेशा कंगाल देश कहते हैं. जब पाकिस्तान की मध्यस्थता की बात सामने आ गई तो विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा था कि ये 'दलाल राष्ट्र' है और हम दलाली नहीं करते. अच्छी बात है, आप दलाली नहीं करते लेकिन इतना बड़ा देश है, आप अपनी भूमिका स्पष्ट नहीं कर पाए।"
सीजफायर से जुड़ी बड़ी बातें
होर्मुज से गुजरने के लिए ईरान-ओमान फीस वसूलेंगे
फीस वसूली से ईरान नुकसान की भरपाई करेगा
सीजफायर की शर्तों में होर्मुज की फीस भी शामिल
सीजफायर से पहले ट्रंप ने 2 लोगों को फोन किया था
ट्रंप ने पाकिस्तान के आर्मी चीफ मुनीर से बात की थी
इजरायल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू को ट्रंप ने फोन किया था
पाकिस्तानी PM शहबाज की जगह आर्मी चीफ मुनीर को फोन किया
सीजफायर के पांच किरदार
डॉनल्ड ट्रंप- राष्ट्रपति, अमेरिका
अब्बास अराघची- विदेश मंत्री, ईरान
शहबाज शरीफ- प्रधानमंत्री, पाकिस्तान
आसिम मुनीर- आर्मी चीफ, पाकिस्तान
शी जिनपिंग- राष्ट्रपति, चीन
अब इस्लामाबाद की प्रतिष्ठा बढ़ेगी- संजय राउत
इसके आगे उन्होंने कहा, "लेकिन उसी दलाल राष्ट्र को प्रसिडेंट ट्रंप बोलते हैं थैंक्यू पाकिस्तान. इस युद्ध से पूरा विश्व सदमे में आया. अब इस्लामाबाद में शांति वार्ता चलेगी और वर्ल्ड मैप पर पाकिस्तान को महत्व मिलेगा. जिस इस्लामाबाद में आप ऑपरेशन सिंदूर पर झंडा फहराने वाले थे. तीनों देशों ने पाकिस्तान को थैंक्स कहा है. अब इस्लामाबाद की प्रतिष्ठा बढ़ेगी और इसके लिए पीएम मोदी जिम्मेदार हैं।
ट्रंप, नेतन्याहू थक गए लेकिन ईरान नहीं थका- संजय राउत
इस युद्ध से ट्रंप भी थक चुके हैं. ईरान जैसे राष्ट्र ने ट्रंप को थकाया है. ट्रंप की बॉडी लैंग्वेज देखिए. नेतन्याहू भी थक चुके हैं. गल्फ के सभी राष्ट्र थक चुके हैं लेकिन ईरान नहीं थका है।
महाभियोग प्रस्ताव गिरा, संजय राउत बोले- BJP कभी भी कुछ भी कर सकती है
7 Apr, 2026 02:21 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महाराष्ट्र। CEC को हटाने की मांग वाला प्रस्ताव खारिज होने पर शिवसेना यूबीटी के सांसद संजय राउत ने कहा कि अभी के जो मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार हैं, उनको एक टास्क दिया गया है कि पश्चिम बंगाल को बीजेपी की झोली में डालनी है. ये टास्क इसलिए दिया है क्योंकि लोकतांत्रिक माध्यम से बीजेपी पश्चिम बंगाल कभी भी नहीं जीत सकती. शिवसेना यूबीटी सांसद ने कहा कि जिस ज्ञानेश कुमार ये टास्क दिया गया है, अगर उनके खिलाफ महाभियोग चलाने की बात होगी तो सरकार जरूर उनको बचाएगी. सरकार ऐसे लोगों को हमेशा बचाती आई है जो लोकतंत्र की हत्या करते हैं।
ममता बनर्जी शेरनी हैं- संजय राउत
इसके आगे उन्होंने कहा कि अब बंगाल में देखेंगे कि जो बीजेपी और सरकार की सुपारी लेकर काम कर रहे हैं, वो चुनाव आयोग कहां तक सफल होता है. राउत ने कहा, "मुझे पूरा विश्वास है कि बंगाल की जनता बीजेपी के इरादों को कभी सफल नहीं होने देगी. संजय राउत ने कहा कि ममता बनर्जी शेरनी हैं और वो महिला सरकार से लड़ रही है. उनकी हर बात को हम समर्थन देंगे।" बता दें कि सोमवार (6 अप्रैल) को राज्यसभा के सभापति और लोकसभा के स्पीकर ने मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने के लिए विपक्षी सांसदों की तरफ से लाए गए प्रस्ताव को खारिज कर दिया।
ईरान से डर गए ट्रंप- संजय राउत
ईरान युद्ध पर अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा कि मंगलवार की रात को ईरान में हमारा काम पूरा हो जाएगा. उनके इस बयान के बाद दुनिया की नजर अमेरिका के अलगे कदम पर टिकी है. इस पर उन्होंने कहा कि महासत्ता कहलाने वाले ये लोग ईरान से डर गए हैं. ईरान जिस तरह से लड़ रहा है, चुनौती को स्वीकार कर रहा है, पीछे नहीं हट रहा है और ट्रंप की थू-थू हो रही है तो ये उनके (ट्रंप) मन का डर है।
अशोक खरात मामले में जांच तेज, दो महिला पुलिस अफसरों पर भी शक
7 Apr, 2026 01:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महाराष्ट्र। नासिक में खुद को 'गॉडमैन' बताने वाले अशोक खरात उर्फ 'कैप्टन' के मामले में जांच तेज होती जा रही है. जानकारी के मुताबिक, खरात का बेटा हर्षवर्धन एक बार फिर विशेष जाँच दल (SIT) के संपर्क में आया है. आज खरात के बेटे के साथ-साथ खरात की बेटी से भी पूछताछ की जाएगी. वहीं, अशोक खरात की पुलिस हिरासत का आज आखिरी दिन है और उसे कल बुधवार (8 अप्रैल) को स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा।
इस मामले में जहां एक ओर खरात के बेटे और बेटी से पूछताछ हो रही है, वहीं उसकी पत्नी कल्पना अब तक फरार है और उसकी तलाश जारी है. महिलाओं के यौन शोषण और आर्थिक अनियमितताओं के आरोपों को लेकर SIT जांच कर रही है और संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं. आज शाम (7 अप्रैल) को SIT इस मामले पर जानकारी देगी. सूत्रों के अनुसार, इस मामले में एक भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी के बाद अब दो अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के भी जांच के दायरे में आने की संभावना है।
कुछ पुलिस अधिकारी भी जांच के दायरे में
बताया जा रहा है कि दो महिला पुलिस अधिकारी एक पुलिस उपायुक्त (DCP) और दूसरी सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) रैंक की खरात के संपर्क में थीं. यह भी आशंका जताई जा रही है कि पसंदीदा पोस्टिंग के लिए उन्होंने खरात का सहारा लिया था. साथ ही, उनके बीच किसी तरह के आर्थिक लेन-देन की भी जांच हो सकती है. गौर हो कि नासिक के सरकारवाड़ा पुलिस थाने में खरात के 10 से अधिक केस दर्ज हैं, जिनमें से 8 यौन उत्पीड़न और दो धोखाधड़ी से संबंधित मामले हैं. इसके अलावा एसआईटी को फोन कॉल के जरिए अशोक खरात के खिलाफ 100 से ज्यादा शिकायतें मिली हैं. वहीं, 31 मार्च को अशोक खरात की पत्नी समेत पांच लोगों के खिलाफ एक भूस्वामी से 4 करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया था।
‘कोलकाता तक मिसाइल’ बयान पर प्रियंका चतुर्वेदी की दो टूक प्रतिक्रिया
7 Apr, 2026 01:04 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महाराष्ट्र। पाकिस्तान ने हाल ही में भारत के कोलकाता शहर पर मिसाइल अटैक की धमकी दी थी. मीडिया के सामने आकर पाकिस्तान के डिफेंस मिलिस्टर ख्वाजा आसिफ ने कहा था कि उनकी मिसाइल कोलकाता तक पहुंच सकती है, जबकि उनके देश से कोलकाता की दूरी 2000 किलोमीटर के करीब है. पाकिस्तान के ऐसे बयान के बाद से भारत में विपक्षी दल मोदी सरकार से सवाल कर रहे हैं. इसी कड़ी में शिवसेना यूबीटी की सीनियर नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी की भी प्रतिक्रिया आई है। प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा, "पाकिस्तान का कहना है कि उनकी एक मिसाइल कोलकाता तक भी जा सकती है. यह एक गंभीर विषय है और इसपर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री एस जयशंकर और गृह मंत्री अमित शाह को जवाब देना चाहिए।"
पाकिस्तान को दो टूक जवाब देना जरूरी
शिवसेना यूबीटी की नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने आगे कहा, "बंगाल चुनाव के बीच में जिस तरीके से माहौल बनाया जा रहा है, यह चुनाव बीजेपी के लिए प्रतिष्ठा का मुद्दा बन चुका है. ऐसे में उनके लिए पाकिस्तान को दो टूक जवाब देना जरूरी है. यही अपेक्षा देश के पीएम, डिफेंस मिनिस्टर और होम मिनिस्टर से करती हूं।"
क्या थी ख्वाजा आसिफ की गीदड़भभकी?
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने हाल ही में कहा था कि अगर इस बार भारत कोई 'फॉल्स फ्लैग ऑपरेशन' करने की कोशिश करता है तो इंशाअल्लाह हम उसे कोलकाता तक ले जाएंगे. इस धमकी को दोहराता हुए ख्वाजा आसिफ ने कहा 'दोबारा भारत ने ऐसी हरकत की तो पहले तो 200-250 किलोमीटर तक हम गए थे लेकिन इस दफा कोलकाता तक पहुंचकर आएंगे।'
पति के नाम भावुक संदेश लिखकर महिला ने की आत्महत्या, नागपुर की घटना
6 Apr, 2026 03:27 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नागपुर | महाराष्ट्र के नागपुर जिले से एक बेहद भावुक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक विवाहिता ने मायके में फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली. मृतका की पहचान मयूरी मेंढे के रूप में हुई है. घटना कोराडी के महादुला इलाके की है, जिसने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है. आत्महत्या से पहले लिखी गई एक चिट्ठी में मयूरी ने अपने पति के प्रति गहरा प्यार जताते हुए अपने मन के दर्द को बयां किया है.प्राप्त जानकारी के मुताबिक, पिछले कुछ समय से मयूरी और उसके पति के बीच लगातार विवाद चल रहा था, जिससे वह मानसिक तनाव में थी. करीब एक महीने पहले वह मायके आ गई थी. इस दौरान उसने कई बार पति से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन न उठाने से वह और ज्यादा निराश हो गई. इसी मानसिक स्थिति में उसने यह कठोर कदम उठा लिया.
परिवार गया था बाहर, तभी मयूरी ने लगाई फांसी
घटना के दिन परिवार के सदस्य घर से बाहर गए हुए थे. जब वे रात में लौटे तो दरवाजा अंदर से बंद मिला. काफी देर तक आवाज देने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिलने पर दरवाजा तोड़ा गया, जहां मयूरी फंदे से लटकी मिली. उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
मृतका के परिजनों ने पति पर लगाए आरोप
मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि पति के मानसिक प्रताड़ना के कारण ही मयूरी ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया. उनका कहना है कि लगातार तनाव और उपेक्षा के चलते वह गहरे डिप्रेशन में चली गई थी. पुलिस ने मौके से सुसाइड नोट बरामद कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. फिलहाल कोराडी पुलिस स्टेशन में आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया गया है. पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की जांच कर रही है.
बारामती चुनाव में आरोप-प्रत्यारोप तेज, उद्धव गुट का कांग्रेस पर निशाना
6 Apr, 2026 03:21 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई | महाराष्ट्र में महाविकास आघाड़ी (MVA) में सब कुछ ठीक नहीं है. उद्धव ठाकरे की शिवसेना यूबीटी और कांग्रेस के बीच तल्खी बढ़ती जा रही है. अब उद्धव ठाकरे की शिवसेना यूबीटी के मुखपत्र सामना में कांग्रेस को 'कुढ़ने वाला' और 'मतलबी' कहा गया है. सामना में ठाकरे गुट ने लिखा, 'विधान परिषद के आगामी चुनाव के लिए उद्धव ठाकरे जो नाम देंगे, उसे हमारा समर्थन रहेगा, ऐसी भूमिका शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) द्वारा लिए जाने के कारण महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल नाराज हो गए. उनका कहना है कि ‘चर्चा होनी चाहिए. हमारा दल MVA में दूसरे नंबर पर है.'सामना में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पर कटाक्ष करते हुए लिखा गया, 'हां, यह सच है कि चर्चा होनी चाहिए, लेकिन कांग्रेस पार्टी में चर्चा किससे होनी चाहिए? राज्यसभा चुनाव के समय राज्य का कांग्रेस नेतृत्व कोई भी निर्णय लेने की स्थिति में नहीं था. वो भी शिवसेना की तरह राज्यसभा चुनाव लड़ना चाहते थे, लेकिन हाईकमान ने शरद पवार की उम्मीदवारी को समर्थन दिया, ऐसे में प्रदेश अध्यक्ष को दिल्ली जाकर अपने हाईकमान से कुछ सवाल पूछने चाहिए.'
छोटे दलों का सम्मान करने की सलाह
सामना में कांग्रेस को छोटे दलों को सम्मान देने की सलाह दी गई है. इसमें लिखा है, 'लोकसभा में कांग्रेस को 100 सीटें मिलीं और राहुल गांधी सम्मान के साथ विपक्ष के नेता बने. इसमें महाराष्ट्र द्वारा जीती गईं 30 सीटों की बड़ी भूमिका है. 48 में से 30 सीटें MVAने जीतीं और उसमें13 सीटें कांग्रेस ने जीतीं. राज्य के क्षेत्रीय दलों को महत्व दिया जाए तो कांग्रेस को भी अच्छी सफलता मिलती है. यही लोकसभा के परिणामों में देखने को मिला, लेकिन ‘13’ सीटों की सफलता के कारण कांग्रेस द्वारा विधानसभा चुनाव में आखिरी समय तक जरूरत से ज्यादा खींचतान करने का खामियाजा गठबंधन को भुगतना पड़ा.इसमें कहा गया है कि शिवसेना (UBT) कांग्रेस का राष्ट्रीय स्तर पर साथ देगी, लेकिन कांग्रेस को क्षेत्रीय दलों का इस्तेमाल केवल सहयोगी बैसाखियों के रूप में नहीं करना चाहिए. कांग्रेस को क्षेत्रीय दलों को भी समान भागीदार के रूप में सम्मान देना ही चाहिए, क्योंकि क्षेत्रीय दल स्थानीय मुद्दों के लिए लाउडस्पीकर की तरह हैं. केंद्र की चाह रखने वालों को प्रादेशिक दलों को मिलनेवाले ‘अवसर’ की ओर उन्हें लालची नजरों से नहीं देखना चाहिए.
आतंकी साजिश पर बड़ा खुलासा: हमाज सिद्दीकी मुंबई से पकड़ा गया
6 Apr, 2026 03:14 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुबंई | दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने महाराष्ट्र एटीएस (ATS) के साथ मिलकर एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. दिल्ली पुलिस ने महाराष्ट्र एटीएस के साथ मिलकर कार्रवाई करते हुए मुंबई के कुर्ला इलाके से 18 वर्षीय हमाज सिद्दीकी को गिरफ्तार किया है. हमाज सिद्धीकी पर दिल्ली में बम धमाकों की साजिश रचने का गंभीर आरोप है. इस गिरफ्तारी के बाद हमाज के पिता जलालुद्दीन सिद्दीकी मीडिया के सामने आए और अपना पक्ष रखा है.जलालुद्दीन ने कहा कि उनका बेटा पिछले तीन साल से PUBG ऑनलाइन गेम का आदी हो गया था. उन्होंने बताया कि पिछले कुछ महीनों से वह कुछ अनजान लोगों से फोन पर दो-दो घंटे तक बातें किया करता था, लेकिन उन्हें कभी नहीं लगा कि मामला इतना बड़ा हो जाएगा. जलालुद्दीन ने कहा कि उनका बेटा बिल्कुल निर्दोष है और उसकी कोई गलती नहीं है, उसे इस मामले में केवल फंसाया जा रहा है.
पढ़ाई में बेहद होशियार है हमाज- जलालुद्दीन
जलालुद्दीन ने कहा कि हमाज पढ़ाई में बहुत होशियार है और वह इस साल 12वीं की परीक्षा देने वाला था. उन्होंने भावुक होते हुए बताया कि उन्होंने कर्ज लेकर अपने बेटे को पढ़ाया है. जलालुद्दीन ने कहा कि उनका परिवार बहुत ही गरीब है, उनकी पत्नी को कैंसर है और वे किराए के घर में रहकर जैसे-तैसे अपना गुजारा कर रहे हैं.
हमाज के पिता ने पुलिस की कार्रवाई पर उठाए सवाल
जलालुद्दीन ने कहा कि उनके पास दिल्ली जाकर अपने बेटे से मिलने तक के पैसे नहीं हैं और अब वे इसके लिए पैसे इकट्ठा करने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिस दिन यह कार्रवाई हुई, उस दिन वह अपने भांजे के अंतिम संस्कार में गए हुए थे.
घर की तलाशी के दौरान पुलिस को कुछ नहीं मिला- जलालुद्दीन
जलालुद्दीन ने कहा कि घर की तलाशी के दौरान पुलिस को कुछ भी संदिग्ध बरामद नहीं हुआ है. जलालुद्दीन ने कहा कि पुलिस ने केवल दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं, जिनमें से एक उनका खुद का है और दूसरा उनके बड़े बेटे का है. उन्होंने कहा कि हमाज़ अभी सिर्फ 18 साल का है.
Shaina NC ने UCC विरोध पर साधा निशाना, कहा- फैलाया जा रहा भ्रम
4 Apr, 2026 01:12 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महाराष्ट्र। शिवसेना नेता शाइना एनसी ने ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड की ओर से यूसीसी का विरोध किए जाने पर तीखी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि लोगों को भड़काना और गलत नैरेटिव सेट करना अब नहीं चलेगा।
गुजरात में यूसीसी लगाए जाने के खिलाफ ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के बयान पर शाइना एनसी ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड को यह सोचना चाहिए कि यूसीसी बिल आखिर क्या है. सिर्फ लोगों को भड़काना और गलत नैरेटिव सेट करना अब नहीं चलेगा।"
वहीं, मालदा हिंसा में एआईएमआईएम मोफक्करुल इस्लाम की गिरफ्तारी पर शिवसेना नेता शाइना एनसी ने कहा, "एआईएमआईएम जैसी पार्टियां सिर्फ लोगों को गुमराह करती हैं और उनका मकसद कभी भी शांति कायम करना नहीं रहा है. इस संदर्भ में, जब पुलिस कार्रवाई करती है और उन्हें गिरफ्तार करती है, तो यह इस आधार पर होगा कि उनके खिलाफ सबूत मौजूद हैं. वैसे भी, कानून-व्यवस्था राज्य का विषय है और यह पहली बार नहीं है कि पश्चिम बंगाल में लोग कानून को अपने हाथों में ले रहे हैं।"
घुसपैठ पर सीएम योगी के बयान का समर्थन करते हुए शाइना एनसी ने कहा, "मुख्यमंत्री ने बिल्कुल सही कहा है कि घुसपैठिए देश को अस्थिर करते हैं. इसलिए घुसपैठियों को बाहर करना हमारा फर्ज बनता है. कुछ लोग अपने वोटबैंक के लिए घुसपैठियों को शरण देते हैं।"
शिवसेना नेता ने आगे कहा, "कांग्रेस ने हमेशा घुसपैठियों का समर्थन किया है और अल्पसंख्यक समुदाय को गुमराह करके राजनीति की है. उसकी यह वोटबैंक की राजनीति लंबे अरसे से चली आ रही है. 2014 के बाद पहली बार है कि साफ-स्वच्छ चुनाव प्रक्रिया चल रही है. नक्सलवाद और आतंकवाद को खत्म किया जा रहा है।"
राघव चड्ढा के मामले में शिवसेना नेता ने कहा, "अरविंद केजरीवाल और उनके लोगों का एजेंडा बिल्कुल स्पष्ट है. वे सरकार के खिलाफ बोलने वालों को बढ़ावा देते हैं और जो देश को पहले रखते हैं, उन्हें बाहर का दरवाजा दिखाते हैं. राघव चड्ढा के बयान राष्ट्रहित में थे. आम आदमी पार्टी ने जो कार्रवाई उनके खिलाफ की है, उससे पार्टी में असुरक्षा की स्थिति दिखाई देती है।"
बारामती उपचुनाव पर सियासी हलचल, Sunetra Pawar-Uddhav Thackeray की बातचीत
4 Apr, 2026 12:03 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महाराष्ट्र। बारामती विधानसभा सीट पर उपचुनाव को लेकर अब राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है. जानकारी के अनुसार इस चुनाव के लिए उपमुख्यमंत्री और एनसीपी अध्यक्ष सुनेत्रा पवार सोमवार (6 अप्रैल) को अपना नामांकन दाखिल करेंगी. वहीं निर्विरोध चुनाव को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है। ऐसी जानकारी सामने आ रही है कि उपचुनाव के लिए उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने उद्धव ठाकरे को फोन किया है. साथ ही उनकी तरफ से बारामती विधानसभा उपचुनाव में समर्थन देने का अनुरोध किया गया है।
कांग्रेस से भी समर्थन की मांग- सूत्र
बताया जा रहा है इस सीट को निर्विरोध जीतने के लिए उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार द्वारा कांग्रेस के नेताओं से भी समर्थन की मांग की जाएगी. ऐसी जानकारी सामने निकलकर आ रही है. बता दें कि उपचुनाव को निर्विरोध कराने के लिए राष्ट्रवादी कांग्रेस के प्रयास जारी हैं। सुनेत्रा पवार सोमवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगी, इस दौरान राष्ट्रवादी कांग्रेस के नेता और मंत्री मौजूद रहेंगे. नामांकन प्रक्रिया के दौरान महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी उपस्थित रहेंगे.यह उपचुनाव पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन के बाद कराया जा रहा है।
अजित पवार के निधन के बाद खाली हुई थी सीट
महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री और दिवंगत नेता अजित पवार बारामती सीट से विधायक थे. प्लेन हादसे में मारे जाने के बाद यह सीट खाली हो गई है. उनकी जगह अब उनकी पत्नी राज्य की उपमुख्यमंत्री बन गई हैं. वहीं वह बारामती सीट से उनकी जगह चुनाव लड़ने को तैयार हैं। अजित पवार का बारामती सीट पर लंबे समय तक दबदबा रहा और वे यहां से आठ बार विधायक चुने गए थे, जिससे यह सीट राजनीतिक रूप से बेहद अहम मानी जाती है. इस उपचुनाव को लेकर दिलचस्प बात यह है कि शरद पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी (एसपी) ने इस सीट पर अपना उम्मीदवार न उतारने का फैसला किया है. हालांकि, उसकी सहयोगी कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि वह चुनाव को एकतरफा नहीं होने देगी।
Nitesh Rane के बयान से सियासी बवाल, टिप्पणी पर बढ़ा विवाद
4 Apr, 2026 09:26 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महाराष्ट्र। सरकार में मंत्री नीतेश राणे शुक्रवार (3 अप्रैल) को मुंब्रा में छत्रपति शिवाजी महाराज की पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित अभिवादन एवं माल्यार्पण कार्यक्रम में शामिल हुए. इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा है. इस बीच उन्होंने एक बार फिर ऐसा बयान दिया जो फिर चर्चा का विषय बन गया. बीजेपी नेता नीतेश राण ने मुस्लिम समुदाय को लेकर कहा कि मैं छाती ठोककर कहता हूं कि मैं किसी गोल टोपी और दाढ़ी वालों की वजह से विधायक नहीं बना हूं. मैं जो विधायक बना हूं, वह हमारे हिंदू समाज ने मुझे चुनकर यहां विधायक के रूप में खड़ा किया है।
'हिंदू समाज को डराना-धमकाना नहीं'
मंत्री नितेश राणे ने आगे कहा कि हमारे हिंदू समाज को धमकाना-डराना नहीं. तुम अगर हमारा तीसरा डोला (आंख) खोलोगे तो शुक्रवार को तुम्हारा सिलेंडर भी ऊपर नहीं आएगा, इतनी सावधानी बरतना. उन्होंने आगे कहा कि अच्छी तरह से सावधानी बरतना. क्योंकि हमारे इस हिंदू राष्ट्र में, हमारे हिंदू समाज ने आशीर्वाद देकर हमें यहां बिठाया है. उन्होंने आगे कहा कि मैं जो मंत्रालय में बैठता हूं या यहां तुम्हारी सभा में आया हूं, वह विधायक या मंत्री के रूप में नहीं बल्कि एक हिंदू के रूप में तुम सबसे बात करने और तुम्हें ताकत देने के लिए आया हूं. इसलिए तुम निश्चिंत रहो।
हमें वोटों की चिंता नहीं है- नीतेश राणे
बीजेपी नेता ने आगे कहा कि हमें वोटों की चिंता नहीं है. अगर उनके पाँच वोट कम होंगे, तो हमारे हिंदू समाज के पचास वोट हमें मिलेंगे, इसकी चिंता मत करो. हमें अच्छी तरह पता है कि हमारे हिंदू समाज की ताकत क्या है।
उन्होंने अंत में कहा कि यह किसी के पिता का मुंब्रा नहीं है. यह हमारे हिंदू राष्ट्र की मुंब्रा देवी हैं. इसलिए हमें यहां सभा आयोजित करने, हमारे भगवाधारी मुंब्रा में जाकर हमारी इस हिंदू भूमि पर छत्रपति शिवाजी महाराज का जयघोष करने के लिए किसी की अनुमति की आवश्यकता नहीं है।
परीक्षा के बाद फोन किया, फिर छात्रा की मौत से सनसनी
3 Apr, 2026 11:43 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महाराष्ट्र। नांदेड़ जिले के विष्णुपुरी से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां ग्रामीण तकनीकी महाविद्यालय के हॉस्टल में 19 साल की एक छात्रा का शव फासी के फंदे से लटका हुआ मिला. यह घटना बुधवार की सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है. इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। हिमायतनगर तालुका के वाघी गांव की रहने वाली मृतका की पहचान सानिका खांडे के रूप में हुई है, जो कॉलेज में इलेक्ट्रॉनिक्स एवं दूरसंचार शाखा के द्वितीय वर्ष में पढ़ रही थी. उसका भाई भी उसी क्लास में पढ़ रहा था. घटना वाले दिन महाविद्यालय में आंतरिक परीक्षाएं चल रही थी. सानिका की परीक्षा बुधवार सुबह 8 से 9:30 बजे तक हुई थी. परीक्षा खत्म होने के बाद वह अपनी दोस्त के साथ हॉस्टल चली गई।
हॉस्टल में मिला शव
जानकारी के मुताबिक, सानिका हॉस्टल जाने के बाद अपने चाचा को फोन करके बताया कि परीक्षा अच्छी गई. इसके बाद दोनों दोस्त एक साथ टहलने चली गई. कुछ समय बाद दोस्त दोपहर का खाना खाने चले गए और जब वह वापस लौटे, तो उन्होंने हॉस्टल में सानिका का शव लटका हुआ पाया. घटना की सूचना मिलते ही कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी मच गई. कॉलेज स्टाफ ने तुरंत शव को नीचे उतारा और सरकारी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि सानिका एक बेहद होशिययार और मेहनती छात्रा के रूप में जानी जाती थी. उसका सपना इंजीनियर बनने का था. उसकी अचानक मौत से उसके दोस्तों और कॉलेज के शिक्षकों में गहरा शोक का माहौल है।
कॉलेज प्रशासन पर लगे आरोप
इस घटना के बाद परिजनों ने कॉलेज प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए. उनका आरोप है कि घटना के बाद परिवार को तुरंत सूचित नहीं किया गया. साथ ही उनका यह भी आरोप है कि कॉलेज स्टाफ ने परिजनों को सूचित किए बिना शव को नीचे उतारकर अस्पताल पहुंचाया. इस वजह से इस मामले में संदेह का माहौल बन गया है। ग्रामीण पुलिस ने इस घटना को आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है. हालांकि, सानिका खांडे की आत्महत्या का कारण अभी तक साफ नहीं हो पाया है. इस घटना ने हॉस्टल में छात्रों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ट्रैफिक जाम कराने वालों पर एक्शन, ड्राइवर और ठेलेवाले पर केस दर्ज
3 Apr, 2026 10:27 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई। ट्रैफिक बाधित करने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस द्वारा दो जगहों पर कार्रवाई को अंजाम दिया गया है. पुलिस ने पहली कार्रवाई मुंबई एयरपोर्ट पर की है. वहीं दूसरी कार्रवाई भांडुप में ठेलेवाले पर की है. पहली कार्रवाई में मुंबई एयरपोर्ट के अराइवल पर गलत तरीके से कार पार्क कर ट्रैफिक में बाधा और खतरा पैदा करने के मामले में एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन ने एक चालक के खिलाफ FIR दर्ज की है. आरोपी पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 285 के तहत कार्रवाई की गई है.
गश्त के दौरान पुलिस ने एयरपोर्ट पर की कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक, यह मामला 1 अप्रैल 2026 की शाम करीब 6:45 बजे का है, जब एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन में तैनात पुलिस कांस्टेबल आरती निवृत्ती कुळसुंगे गश्त पर थीं. इस दौरान वह छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-1 (विले पार्ले पूर्व) के अराइवल एरिया में पहुंचीं. गश्त के दौरान पुलिस टीम को एक कार (MH-05-DK-4238) सड़क के बीचों-बीच खड़ी मिली, जिससे यातायात बाधित हो रहा था और आम लोगों की सुरक्षा को खतरा उत्पन्न हो रहा था.
पुलिस ने चालक से की पूछताछ
पूछताछ में चालक ने अपनी पहचान सद्दाम हुसैन अब्दुल हमीद (33), निवासी ठाणे पश्चिम के रूप में बताई. पुलिस ने उसे मौके पर ही समझाया कि इस तरह सार्वजनिक सड़क पर वाहन खड़ा करना कानूनन अपराध है और इससे लोगों की जान को खतरा हो सकता है. इसके बाद मौके पर पंचों की मौजूदगी में स्थिति का पंचनामा किया गया, जिसमें पाया गया कि वाहन गलत तरीके से पार्क कर ट्रैफिक में बाधा डाली जा रही थी. एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन ने आरोपी चालक के खिलाफ BNS की धारा 285 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
भांडुप में सब्जी बेचने वाले पर FIR दर्ज
मुंबई के भांडुप इलाके में सार्वजनिक सड़क पर हाथगाड़ी लगाकर सब्जी बेचने और यातायात में बाधा उत्पन्न करने के मामले में भांडुप पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया है. आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 285 के तहत कार्रवाई की गई है. पुलिस के मुताबिक बुधवार को सुबह करीब 11:15 बजे भांडुप पुलिस की टीम इलाके में गश्त कर रही थी. इस दौरान टीम टेंभीपाड़ा रोड स्थित वैभव चौक पहुंची, जहां एक संकरी सड़क के किनारे लकड़ी की हाथगाड़ी पर सब्जी बेचते हुए एक व्यक्ति को देखा गया।
हादसे की आशंका के बीच की गई कार्रवाई
जांच में पाया गया कि हाथगाड़ी सड़क पर इस तरह खड़ी की गई थी, जिससे वाहनों और पैदल यात्रियों की आवाजाही में बाधा उत्पन्न हो रही थी और हादसे की आशंका बनी हुई थी. पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान राजेश बेचालाल गुप्ता (38), निवासी भांडुप पश्चिम के रूप में बताई. उसने स्वीकार किया कि वह सड़क किनारे हाथगाड़ी लगाकर सब्जी बेच रहा था. पुलिस ने मौके पर पंचों की मौजूदगी में पंचनामा किया और आरोपी को हिरासत में लेकर पुलिस स्टेशन लाया गया. इसके बाद उसके खिलाफ BNS की धारा 285 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक सड़कों पर अतिक्रमण कर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
शराब के नशे में पत्नी ने किया हमला, पति घायल, केस दर्ज
3 Apr, 2026 10:22 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई। जोगेश्वरी इलाके में घरेलू विवाद का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने ही पति पर चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया. बताया जा रहा है कि महिला शराब का सेवन करती थी. इस मामले में अंबोली पुलिस थाने में केस दर्ज किया गया है. पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता मोहम्मद रफीक अब्दुल कुरैशी (39), जो पेशे से प्लंबर हैं और जोगेश्वरी पश्चिम के यादव नगर इलाके में रहते हैं. पति के मुताबिक शराब पीने को लेकर पत्नी से बहस हुई जिसके बाद उसने उनके ऊपर हमला कर दिया।
पति ने पत्नी पर लगाया ये आरोप
पति ने आरोप लगाया कि 31 मार्च 2026 की रात करीब 10 बजे जब वह घर पहुंचे तो उनकी पत्नी सबा कुरैशी (30) नशे की हालत में घर में सो रही थी. रफीक के मुताबिक, जब उन्होंने पत्नी से रोज शराब पीकर आने को लेकर सवाल किया, तो वह भड़क गई और गाली-गलौज करने लगी. उन्होंने जब उसे समझाने की कोशिश की, तो सबा ने उन्हें घर से बाहर निकलने के लिए कहा और धमकी देने लगी. आरोप है कि इसी दौरान सबा ने घर में रखे सब्जी काटने वाले चाकू से रफीक पर हमला कर दिया. महिला के पति रफीक ने पुलिस को इसकी शिकायत देते हुए अपनी पत्नी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पति का पैर और हाथ में आईं गंभीर चोटें
इस हमले में रफीक के दाहिने पैर और बाएं हाथ पर चोटें आईं और पैर में गंभीर जख्म हो गया. घायल रफीक ने जोगेश्वरी पूर्व स्थित ट्रॉमा केयर अस्पताल में इलाज कराया, जिसके बाद अंबोली पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धाराओं 118(1), 351(2) और 352 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है. पुलिस द्वारा जल्द ही महिला के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
हाई स्पीड ट्रक की टक्कर से टेम्पो पलटा, 8 की जान गई
2 Apr, 2026 11:29 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महाराष्ट्र। जालना जिले में नागपुर-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बुधवार, 1 अप्रैल को तेज रफ्तार ट्रक ने एक टेम्पो को टक्कर मार दी. इस दुर्घटना में आठ महिला श्रमिकों की मौत हो गई और तीन अन्य व्यक्ति घायल हो गए. यह घटना एक्सप्रेसवे पर सफाई का काम पूरा करने के बाद महिलाओं के एक समूह के घर लौटने के दौरान घटी।
पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘टेम्पो में चालक समेत कुल 11 लोग सवार थे. जैसे ही वाहन चलने वाला था, मुंबई की ओर जा रहे तेज रफ्तार एक ट्रक ने उसे कडवांची गांव में पीछे से टक्कर मार दी.” उन्होंने बताया कि सात महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई और एक अन्य महिला ने जालना के सरकारी अस्पताल में दम तोड़ दिया।
सामने आए मृतक महिलाओं के नाम
मृतकों की पहचान अलकाबाई अदमाने (45), लक्ष्मीबाई मदन (35), मीणा अदमाने (45), कंचन अदमाने (50), ताराबाई चौधरी (60), कडुबाई मदन (55) और सुमन अदमाने (70) के रूप में की गई है. ये सभी जालना तहसील की निवासी हैं. फिलहाल आठवीं महिला की पहचान नहीं हो पाई है और तीन घायल व्यक्तियों का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।
मृतकों के परिवार को 5 लाख मुआवजे का ऐलान
पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत एक मामला दर्ज किया. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आठ व्यक्तियों की मौत पर दुख व्यक्त करते हुए इस घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताया और मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।
राशिफल 22 जुलाई 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
किसान अब उन्नत तकनीक की ओर अग्रसर, पैडी ट्रांसप्लांटर विधि से धान रोपाई
मध्यप्रदेश पुलिस का नशे के विरुद्ध सख्त प्रहार
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम सामाजिक न्याय की सबसे बड़ी गारंटी : खाद्य मंत्री राजपूत
अपनी मेहनत और समर्पण से बड़वानी बन रहा देश में कृषि, उद्यमिता एवं नवाचार का उदाहरण : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
निर्वाचन तैयारियां एवं स्वीप गतिविधियां तेज
मुख्यमंत्री डॉ. यादव से मिले पारस डिफेंस एंड स्पेस टेक्नोलॉजीस कम्पनी के पदाधिकारी
सिक्किम टनल हादसा: मृतक मजदूरों के परिजनों को मुआवजे का ऐलान
विपक्ष के प्रदर्शन के बीच पुलिस की कार्रवाई, राहुल-अखिलेश हिरासत में
