बिहार-झारखण्ड
रांची के सबसे बड़े अस्पताल के डायरेक्टर को मिली जान की धमकी
12 Aug, 2025 10:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जल-जंगल और प्राकृतिक खनिज संसाधनों से संपन्न झारखंड राज्य की कहानी भी अजीबोगरीब है. झारखंड अक्सर सकारात्मक से ज्यादा अपनी नकारात्मक घटनाओं को लेकर पूरे देश में सुर्खियों में रहता है. इन दिनों झारखंड में धमकी देने का ट्रेंड शुरू हो गया है. पहले राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर इरफान अंसारी को जान से मारने की धमकी मिली. इसके बाद रांची के सांसद संजय सेठ को जान से मारने की धमकी मिली थी.
अभी यह मामला ठंडा भी नहीं हुआ था. इसी बीच झारखंड राज्य के सबसे बड़े अस्पताल रिम्स के डायरेक्टर डॉक्टर राजकुमार को फोन पर धमकी मिली है. उनके फोन पर चंदन कुमार नाम के व्यक्ति के द्वारा धमकी देते हुए कहा गया कि बहुत बड़ा डायरेक्टर बना रहे हो, 15 दिनों के अंदर तुम्हें जूते से मार-मार कर इस रांची शहर से बाहर कर दूंगा. रुक जा 15 दिन में तुझे तुम्हारी औकात दिखाता हूं.
रिम्स डायरेक्टर को मिली धमकी
रिम्स डायरेक्टर के द्वारा बताया गया कि ‘जिस चंदन कुमार नामक व्यक्ति के द्वारा उन्हें फोन पर धमकी दी जा रही थी. वह उनसे पूर्व में मिल चुका है. वह रांची में एक निजी अस्पताल का संचालन करता है’. डॉ. राजकुमार ने बताया कि ‘जब उन्हें डायरेक्टर पद से हटाने वाला प्रकरण चल रहा था, तब वह मेरी मदद करने की बात कहकर मिला था. लेकिन जब उसने रिम्स के कई कार्यों में दखल देने की कोशिश की और कुछ गलत तरीके से काम कराने की कोशिश की तब उन्होंने उससे मिलना या फोन उठाना बंद कर दिया था’.
उन्होंने बताया कि ‘चंदन कुमार द्वारा बनाए जा रहे दबाव और ट्रांसफर पोस्टिंग को नियम संगत नहीं बताते हुए ऐसा करने से इनकार करने के बाद चंदन कुमार बौखला गया. वह उन्हें व्हाट्सएप पर कॉल कर अनाब सनाब बोलते हुए धमकी भरे लहजे में कहा कि बहुत सम्मान कर लिया. अब तुम्हें 15 दिनों के अंदर जूते से मार-मार कर रांची शहर से बाहर कर दूंगा. बहुत बड़ा डायरेक्टर बनता है, 15 दिनों के अंदर तुम्हें तुम्हारी औकात दिखा दूंगा’.
एफआईआर दर्ज, जांच में जुट
रिम्स अस्पताल के डायरेक्टर को व्हाट्सएप कॉल पर चंदन कुमार नामक व्यक्ति के द्वारा धमकी दिए जाने से संबंधित मामले को लेकर रांची के बरियातू थाना में एफआईआर दर्ज कराई गई. थाना में दर्ज हुई हाई प्रोफाइल शिकायत के बाद प्रशासन की टीम पूरे प्रकरण की जांच में जुट गई है.
रिम्स डायरेक्टर पहले भी रहे हैं चर्चा में
बता दे कि राज्य के सबसे बड़े अस्पताल रिम्स के डायरेक्टर डॉ राजकुमार उसे वक्त भी चर्चा में आए थे, जब 18 अप्रैल 2025 को रिम्स के डायरेक्टर पद से डॉक्टर राजकुमार को बर्खास्त किया गया था. इस फैसले के खिलाफ डॉक्टर राजकुमार झारखंड हाईकोर्ट पहुंचे थे और रिम्स शासी परिषद द्वारा, उन्हें बर्खास्त किए जाने के आदेश को निरस्त करने से संबंधित याचिका दायर की गई थी. इसके बाद झारखंड हाईकोर्ट ने सुनवाई करते हुए ,रिम्स अस्पताल के डायरेक्टर डॉक्टर राजकुमार को उनके पद से हटाने से संबंधित आदेश पर 28 अप्रैल 2025 को सुनवाई करते हुए तत्काल रोक लगा दी थी. इसके बाद पुनः 29 अप्रैल 2025 को रिम्स अस्पताल के डायरेक्टर पद पर डॉ राजकुमार बहाल हुए थे.
पटना मौसम केंद्र की चेतावनी—13 अगस्त तक झमाझम बरसात
12 Aug, 2025 10:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार में मानसून पूरी तरह एक्टिव है। मौसम विभाग ने 12 अगस्त से 17 अगस्त तक पूरे बिहार में बारिश का अलर्ट जारी किया है। मंगलवार को पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीवान, सारण, गोपालगंज, सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, शिवहर, समस्तीपुर, सुपौल्, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया, कटिहार के अधिकांश स्थानों पर बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं बक्सर, भोजपुर रोहतास, कैमूर, औरंगाबाद, अरवल, पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय, जहानाबाद, भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर, और खगड़िया में अनेक स्थानों पर बारिश के आसार हैं।
19 जिलों में बारिश और वज्रपात का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग केंद्र के अनुसार, बिहार 19 जिलों में बारिश और वज्रपात का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इनमें तिरहुत, मिथिला, कोसी, सीमांचल के जिले शामिल हैं। वहीं बाकी के जिलों में बारिश और वज्रपात का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
दोपहर 12 बजे से पटना में झमाझम बारिश
पटना में दोपहर 12 बजे से झमाझम बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने आज पटना में कई जगह बारिश का अलर्ट जारी किया था। सुबह हल्की धूप निकली थी। काफी देर तक धूप छांव का खेल जारी रहा। लेकिन, दोपहर में तेज बारिश होने लगी। कुछ ही देर में कई इलाकों में जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो गई।
जमशेदपुर सहित 3 जिलों में 776 घरों पर बिजली विभाग की छापेमारी
12 Aug, 2025 10:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जमशेदपुर। बिजली विभाग ने सोमवार को कोल्हान के तीनों जिलों में बड़े बकायेदारों और बिजली चोरों के खिलाफ छापेमारी और जांच अभियान चलाया। जमशेदपुर के बिजली महाप्रबंधक के आदेश पर यह अभियान चलाया गया।
जमशेदपुर एरिया बोर्ड के महाप्रबंधक ने बताया कि कोल्हान के घाटशिला, मानगो, जमशेदपुर, चाईबासा, चक्रधरपुर, सरायकेला, आदित्यपुर क्षेत्रों में कुल 776 घरों में छापेमारी की गई। इनमें से 77 लोगों के खिलाफ विभिन्न थानों में बिजली चोरी के मामले दर्ज किए गए। आरोपियों से 14 लाख 68 हजार 702 रुपये जुर्माने के रूप में वसूले गए। बिजली
महाप्रबंधक ने बताया कि जमशेदपुर सर्किल के जमशेदपुर, आदित्यपुर, घाटशिला और मानगो डिवीजन में कुल 366 घरों में छापेमारी की गई, जिनमें से 42 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। जबकि आरोपियों से 10 लाख 94 हजार 846 रुपये जुर्माने के रूप में वसूले गए।
इसी तरह, चाईबासा अंचल के चाईबासा, चक्रधरपुर, सरायकेला में 432 घरों में छापेमारी की गई। 35 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई, जिनमें से 3 लाख 73 हज़ार 856 रुपये जुर्माने के तौर पर वसूले गए। बिजली महाप्रबंधक अजीत कुमार ने बताया कि छापेमारी जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे बकाया बिजली बिल का भुगतान करें ताकि वे कानूनी कार्रवाई से बच सकें।
रांची में स्वतंत्रता दिवस पर वीरता और सेवा पदक का वितरण
12 Aug, 2025 09:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची। स्वतंत्रता दिवस पर मोरहाबादी मैदान में इस बार राज्य के 43 पुलिस अधिकारी, जवान विभिन्न पदकों से अलंकृत होंगे। ये पदक गत वर्ष 2024 में 26 जनवरी व 15 अगस्त को केंद्र से घोषित हुए थे। पुलिस मुख्यालय ने सोमवार को सभी पदक व उसे पाने वालों की सूची जारी कर दी है और उन्हें 13 अगस्त तक एसएसपी रांची के सामने अपनी उपस्थिति दर्ज कराने का निर्देश दिया गया है। अलंकरण समारोह में ये नामित दारोगा स्तर से उपर के अधिकारी सेरेमोनियल ड्रेस या वर्किंग ड्रेस, पीक कैप, सैप ब्राउन, क्रास बेल्ट में रहेंगे। वहीं, अन्य पुलिस पदाधिकारी-कर्मी नियमित पुलिस वर्किंग यूनिफॉर्म में शामिल होंगे।
इन्हें मिलेंगे पदक
विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक: दारोगा अमीर तांती (झारखंड जगुआर, 26 जनवरी 2024 को)।
वीरता के लिए पदक (26 जनवरी 2024 को): ओमप्रकाश तिवारी (एसडीपीओ तोरपा, वर्तमान में डीएसपी जैप-2 टाटीसिलवे), इंस्पेक्टर दिग्विजय सिंह (खूंटी, वर्तमान रांची जिला), दारोगा रौशन कुमार सिंह (खूंटी, वर्तमान रांची जिला), सिपाही अनूप लकड़ा (खूंटी), पुलिस इंस्पेक्टर राजीव कुमार (रांची), सिपाही कृष्णा उरांव (रांची), सिपाही विनय टेटे (रांची), दारोगा विक्रांत कुमार (खूंटी), हवलदार नारायण मांझी (खूंटी), हवलदार फबियानुस तिर्की (खूंटी), हवलदार अमित कुमार (जैप-7 हजारीबाग), सिपाही अनिल उरांव (जैप-7 हजारीबाग), सिपाही बाबुराम बास्की (जैप-7, हजारीबाग), अनुराग राज (तत्कालीन एएसपी अभियान खूंटी, वर्तमान में सीआरपीएफ), आइपीएस ऋषभ कुमार झा (एसपी एटीएस, तत्कालीन एसडीपीओ तोरपा), दीपक कुमार (एसडीपीओ बसिया, वर्तमान में एसटीएफ), दारोगा सदानंद सिंह (गुमला), सिपाही याकुब सुरीन (गुमला), सिपाही अशोक कुमार (गुमला), बिजेंद्र कुमार मिश्रा (तत्कालीन एएसपी अभियान गुमला, वर्तमान सीआरपीएफ), सिपाही रंजीत कुमार (गुमला), सिपाही असगर अली (गुमला) व सिपाही एसके सिकंदर (गुमला)।
15 अगस्त 2024 को आवंटित वीरता के पुलिस पदक: आईपीएस दीपक कुमार पांडेय (तत्कालीन सीनियर डीएसपी अभियान लोहरदगा, वर्तमान में एसपी), दारोगा विश्वजीत कुमार सिंह (लोहरदगा, वर्तमान में रांची), सिपाही गोपाल गंझू (लोहरदगा), एएसआई सच्चिदानंद सिंह (चतरा), हवलदार उमेश सिंह (चतरा), सिपाही सुभाष दास (चतरा) व सिपाही रवींद्र टोप्पो (चतरा)।
सराहनीय सेवा के लिए पुलिस पदक (15 अगस्त 2024 को आवंटित): सिपाही रणधीर कुमार सिंह (जैप-6 जमशेदपुर), सिपाही विमल कुमार क्षेत्री (जैप-1, रांची), महिला हवलदार सलोमी मिंज (जैप-10, होटवार रांची), हवलदार संजय उरांव (आईआरबी-5, गुमला), महिला सिपाही हेमा रानी कुल्लू (जैप-10 होटवार रांची), महिला सिपाही रेखा कुमारी (जैप-10 होटवार रांची), सिपाही संजीव कुमार गुप्ता (गुमला), चालक हवलदार ऋतुराज (एसटीएफ रांची), हवलदार राजेंद्र राम (एसटीएफ रांची), हवलदार अरुण उरांव (एसटीएफ रांची) व आयुध हवलदार संजय कुमार (एसटीएफ रांची)।
असाधारण आसूचना कुशलता पदक 2022 को आवंटित : दारोगा रोहित कुमार रजक, विशेष शाखा रांची।
हजारीबाग में भूस्खलन का कहर, मलबे में दबे रास्ते
11 Aug, 2025 07:14 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
झारखंड : झारखंड के कई जिलों में लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब पहाड़ों पर भी दिखने लगा है। हजारीबाग जिले के प्रसिद्ध बभनबे पहाड़ का एक हिस्सा सोमवार को तेज बारिश के कारण भूस्खलन से भरभराकर गिर गया। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिछले कई दिनों से जारी मूसलाधार बारिश ने पहाड़ की मिट्टी को कमजोर कर दिया था, जिसके चलते चट्टानें दरक कर नीचे आ गईं। इस दौरान आसपास के क्षेत्र में अफरा तफरी मच गई। पहाड़ का गिरते हुए का एक वीडियो भी सामने आया है। तस्वीरों को देखकर अनुमान लगाया जा सकता है कि मंजर कैसा रहा होगा। जिस वक्त पहाड़ गिर रहा था, वहां से कुछ दूरी पर दो बाइक में तीन से चार युवक सड़क पर खड़े हुए थे। युवकों ने पहाड़ के गिरते हुए का वीडियो अपने मोबाइल फोन पर कैद कर लिया। लाइव रिकॉर्ड वीडियो में एक दम से पहाड़ भरभराकर गिरते हुए।
जिला प्रशासन ने घटना के बाद लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर पहाड़ों की तलहटी में बसे घरों और जर्जर मकानों में रह रहे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने का निर्देश दिया गया है। मौसम विभाग ने भी अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है, जिससे भूस्खलन का खतरा और बढ़ सकता है।
अपील : पहाड़ों की तरफ से जाने से बचें
बारिश के मौसम को देखते हुए प्रशासन ने लोगों आम लोगों को सलाह दी है कि वो ऐसे वक्त में पहाड़ों की तरफ जाने से बचें। क्योंकि बारिश में पहाड़ों में मिट्टी का कटाव बढ़ जाता है, जिसकी वजह से पहाड़ों के गिरने का खतरा और अधिक बढ़ जाता है।
अमेरिका में बिहार संस्कृति का जलवा, गूंजा ‘आइए न हमरा बिहार में’
11 Aug, 2025 07:09 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना : अमेरिका के टेनेसी राज्य के नैशविले डाउनटाउन में इंडियन एसोसिएशन ऑफ नैशविले की ओर से आयोजित स्वतंत्रता दिवस परेड में इस साल एक नया रंग देखने को मिला। पहली बार, बिहार एंड झारखंड एसोसिएशन ने इस परेड में हिस्सा लिया और अपनी संस्कृति का शानदार प्रदर्शन किया। यह परेड "आइए ना हमारा बिहार" गाने के साथ शुरू हुई। दो मील तक चली इस परेड में बिहार और झारखंड के लोगों ने भोजपुरी और मैथिली गीतों पर खूब डांस किया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, सभी में गजब का उत्साह था, जो देखते ही बन रहा था।
बिहार की गौरवमयी संस्कृति का प्रदर्शन
इस परेड में बिहार के लोगों ने अपनी गौरवशाली विरासत को दर्शाया। उन्होंने नालंदा विश्वविद्यालय, बोधगया, चाणक्य, और डॉ. राजेंद्र प्रसाद जैसे महापुरुषों की झाँकियाँ और पोस्टर लिए हुए थे। बच्चों ने सीता माता और डॉ. राजेंद्र प्रसाद का रूप धारण कर लोगों का मन मोह लिया। 'अमर उजाला' को यह जानकारी देते हुए संगठन से जुड़ीं बिहार की नीलम पांडेय ने कहा कि बिहार एसोसिएशन के इस ऐतिहासिक कदम का श्रेय इंडियन एसोसिएशन के अध्यक्ष विकास जैन और संयुक्त सचिव मीनू सैनी को जाता है, जिन्होंने बिहार एंड झारखंड एसोसिएशन को परेड में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया।
यह उत्साह देखते ही बन रहा था
इंडियन एसोसिएशन ऑफ नैशविले की संयुक्त सचिव मीनू सैनी ने कहा, "बिहार एंड झारखंड एसोसिएशन का उत्साह देखते ही बन रहा था।" कुशीनगर के विधायक पी.एन. पाठक भी इस परेड में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और उन्होंने बिहार के लोगों के साथ बैनर पकड़कर उनका हौसला बढ़ाया। इंडियन एसोसिएशन ऑफ नैशविल पिछले दो दशकों से स्वतंत्रता दिवस का आयोजन कर रहा है, लेकिन परेड की शुरुआत 2024 में हुई। इस साल की परेड में लगभग 30 संगठनों ने भाग लिया, जिनमें भारत के कई राज्यों और भारतीय सांस्कृतिक संस्थाओं के प्रतिनिधि भी शामिल थे।
बिहार-झारखंड की संस्कृति दिखाने में रहे आगे
इस सफल आयोजन के पीछे इंडियन एसोसिएशन ऑफ नैशविले के सदस्यों उर्वशी लाल, भावी तुर्किया, जयदीप पुरकायस्थ, सिल्वाकुमार मुनुस्वामी, अरुण पॉल, सुरेन गुप्ता और बबलू चाको का भी बड़ा योगदान रहा। बिहार एसोसिएशन की तरफ से आलोक पांडेय, राकेश शर्मा, गुंजन सिन्हा, अनुराग शगुन, राजेश कुमार, ज्योति मोहन, डॉली कुमारी, प्रीति पाठक और स्वाति किरण ने परेड का आयोजन किया। बिहार एसोसिएशन का मुख्य उद्देश्य बिहार और झारखंड के लोगों को एक मंच पर लाना और अपनी समृद्ध संस्कृति को दुनिया के सामने लाना है। इस कार्यक्रम में इंडियन एसोसिएशन की यूथ प्रेसिडेंट अनिका पांडेय के काम की भी काफी सराहना हुई। कुशाग्र सिंह ने ड्रोन से पूरे कार्यक्रम का वीडियो रिकॉर्ड किया, जबकि दर्श सिंह ने फोटोग्राफी की।
सोलर हाउस वेयरहाउस में लगी भीषण आग
11 Aug, 2025 07:03 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना। पटना के बाईपास थाना क्षेत्र में एनएच-30 के पास स्थित सोलर हाउस वेयरहाउस में भीषण आग लग गई। इस घटन में किसी के हताहत होने की खबर तो नहीं है लेकिन इस आगजनि में वेयरहाउस में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक होने की बात बताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, आग लगने के समय वेयरहाउस में कुछ लोग मौजूद थे, लेकिन सभी सुरक्षित बाहर निकल आए। दमकल विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने में जुटी रही। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आसपास के इलाकों को खाली करा लिया गया है। फ़िलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। हालांकि शार्ट सर्किट के चलते आग लगने का अनुमान जताया गया है। पुलिस व दमकल विभाग आग लगने की जांच में जुटे हैं।
बिहार के 19 जिलों के लिए अलर्ट जारी, 48 घंटे होगी मूसलाधार बारिश
11 Aug, 2025 07:02 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना। एक बार फिर बिहार में बारिश अपना रौद्र रूप दिखाने वाली है। दरअसल मौसम विभाग ने अगले 48 तक तक मूसलाधार बारिश होने का अनुमान जताया है। उत्तर बिहार में आंधी-तूफान के साथ मूसलाधार बारिश की चेतावनी है, जबकि दक्षिण बिहार में रुक-रुककर भारी बारिश होगी। बताया गया है कि 12 और 13 अगस्त को भारी बारिश, बाढ़ और वज्रपात का खतरा है। मौसम विभाग ने राज्य के 19 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए मूसलाधार बारिश, 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं और बिजली गिरने की चेतावनी दी है। मौसम विभाग के अनुसार शिवहर, दरभंगा, मधुबनी, सीतामढ़ी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, सहरसा, शेखपुरा, बांका, लखीसराय, वैशाली, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, पश्चिम चंपारण और पूर्व चंपारण में 12 एवं 13 अगस्त को भारी बारिश और वज्रपात की संभावना है। कटिहार में पिछले 24 घंटों में 140 मिमी, नालंदा में 70 मिमी, शेखपुरा और बांका में 65 मिमी और पटना में 57 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
अब सीआईएसफ की तर्ज पर बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस बल करेगी काम
11 Aug, 2025 06:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना। बढ़ते अपराध को देखते हुए अब बिहार में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस बल को सीआईएसएफ के तर्ज पर काम करने की जिम्मेदारी सौंपी जा रही है। यह बल औद्योगिक क्षेत्रों, बड़े-बड़े संस्थानों, हवाई अड्डों और जल्द शुरू होने वाली पटना मेट्रो परियोजना की सुरक्षा संभालेगा। राज्य सरकार का लक्ष्य है कि बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस बल को हर उस स्थान पर तैनात किया जाए जहां सुरक्षा के लिए विशेष कौशल और त्वरित कार्रवाई की आवश्यकता होती है। पुलिस मुख्यालय का दावा है कि यह पहल बिहार को सुरक्षा के मामले में देश के अग्रणी राज्यों की कतार में खड़ा कर देगी। पुलिस मुख्यालय का ये भी मानना है कि इस कदम से न केवल संवेदनशील स्थानों की निगरानी व्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि राज्य में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को भी नई गति मिलेगी। बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस बल को ऐसे स्थानों पर तैनात किया जाएगा जहां सुरक्षा की आवश्यकता सबसे अधिक है। इसमें बड़े औद्योगिक क्षेत्र, प्रमुख सरकारी प्रतिष्ठान, हवाई अड्डे और पटना मेट्रो के सभी स्टेशन व डिपो शामिल हैं। सीआईएसएफ की तरह यह बल भी हाई-टेक उपकरणों और आधुनिक प्रशिक्षण से लैस होगा। पुलिस मुख्यालय के एडीजी (आधुनिकीकरण) सुधांशु कुमार के अनुसार, पटना, मुजफ्फरपुर, गया और बेगूसराय जिलों में नए भवन, कंट्रोल सेंटर और विशेष इकाइयों के कार्यालयों के लिए भूमि अधिग्रहण का कार्य पूरा कर लिया गया है। इन जिलों में जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा। उन्होंने बताया कि भवन निर्माण के साथ आवश्यक उपकरण, तकनीकी संसाधन और संचार सुविधाओं को उन्नत किया जा रहा है। बेहतर ढांचा मिलने से पुलिस बल की तैनाती, अपराध नियंत्रण और आपातकालीन सेवाओं की दक्षता में सुधार होगा।
जन्माष्टमी महोत्सव पर इस साल अंतरराष्ट्रीय रंग बिखेरेगा पटना का इस्कॉन मंदिर
11 Aug, 2025 04:58 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना। इस साल जन्माष्टमी के अवसर पटना का इस्कॉन मंदिर भव्य और दो दिवसीय धार्मिक आयोजन का साक्षी बनने जा रहा है. इस्कॉन मंदिर के प्रवक्ता नंद गोपाल दास ने इस बात की जानकारी देते हुए कहा कि आगामी 16 अगस्त को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का मुख्य आयोजन इस्कॉन मंदिर होगा, जबकि 17 अगस्त को ‘प्रभुपाद आविर्भाव महोत्सव’ मनाया जाएगा. दोनों दिनों में मंदिर परिसर को आकर्षक सजावट, आध्यात्मिक कार्यक्रमों और भक्तिमय वातावरण से भरपूर रखा जाएगा. 16 अगस्त की रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण का विशेष महाभिषेक होगा, जो इस आयोजन का मुख्य आकर्षण रहेगा. इस महाभिषेक में 251 चांदी के कलश और पवित्र शंखों का उपयोग किया जाएगा. इसके साथ ही भगवान की दिव्य लीलाओं का भी मंचन भी किया जाएगा. इस अवसर पर भक्तों के लिए 501 प्रकार के पकवानों का महाभोग तैयार किया जाएगा. यह प्रसाद भगवान श्रीकृष्ण को अर्पित करने के बाद भक्तों में वितरित होगा. इस दौरान इस्कॉन मंदिर के भक्तों द्वारा सुमधुर नाम-संकीर्तन, भव्य आरती और भक्ति संगीत प्रस्तुत किया जाएगा. वृंदावन और मायापुर से भगवान के विशेष वस्त्र मंगवाए गए हैं, जिनसे श्रीकृष्ण का श्रृंगार होगा. यहीं से कीर्तन मंडली भी आ रही है, जो 2 दिन के इस भव्य कार्यक्रम में भगवान का भजन करेगी. इतना ही नहीं इस साल रसिया, यूक्रेन, इंग्लैंड, दक्षिण और अफ्रीका सहित आठ देशों से फूल मंगाए जा रहे हैं और इन फूलों से बांके बिहारी का दरबार सजाया जाएगा. साथ ही कई देशों से भी भक्त इस आयोजन में भाग लेने आ रहे हैं. इन अंतरराष्ट्रीय भक्तों के आगमन से कार्यक्रम की भव्यता और आध्यात्मिक ऊर्जा में और भी वृद्धि होगी. विदेशी भक्त पारंपरिक कीर्तन और भक्ति नृत्य भी प्रस्तुत करेंगे, जिससे पूरे परिसर में भक्तिमय माहौल होगा. होने वाली भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए इस साल सुरक्षा व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया गया है. मंदिर परिसर के बाहर मौर्या लोक और जीपीओ तक बैरिकेडिंग लगाने की योजना है. इसके लिए बुधवार को प्रशासन और मंदिर समिति के बीच बैठक भी निर्धारित है. पुरुष और महिला भक्तों के लिए अलग-अलग कतारें बनाई जाएंगी. जिससे भीड़ का प्रबंधन बेहतर तरीके से किया जा सके. साथ ही बड़ी संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं, ताकि सामाजिक तत्वों के हरकतों की मॉनिटरिंग हो सके. भक्तों को अंदर जाकर दर्शन करने के बाद तुरंत बाहर निकलने की प्रक्रिया अपनानी होगी. किसी को भी मंदिर परिसर में अधिक समय तक रुकने की अनुमति नहीं दी जाएगी. मंदिर परिसर में मंदिर के वॉलिंटियर्स रहेंगे, जो भक्तों की सुविधा का ध्यान रखेंगे.
रक्षा बंधन पर नीतीश सरकार का गिफ्ट: महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा
9 Aug, 2025 11:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार : रक्षाबंधन के दिन महिलाओं के लिए बिहार सरकार ने खास तोहफा दिया है। दरअसल 9 अगस्त को रक्षा बंधन है और उस दिन पूरे बिहार में महिलाएं अपने भाइयों को राखी बंधने के लिए घर से बाहर निकलेंगी। इसको देखते हुए बिहार सरकार ने महिलाओं के लिए दो दिनों के लिए बस का किराया फ्री कर दिया है। रक्षा बंधन के दिन महिलाएं बिना किराया दिए यात्रा कर सकेंगी। यह सुविधा उन्हें अपने भाइयों को राखी बांधने के लिए मायके जाने-आने में मदद मिलेगी।
इस संबंध में जानकारी देते हुए बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) के प्रशासक अतुल कुमार वर्मा ने बताया कि यह निर्णय भाई-बहन के रिश्ते को सम्मान देने और महिलाओं को त्योहार के दिन विशेष सुविधा देने के उद्देश्य से लिया गया है। यह सुविधा सभी श्रेणियों की बसों साधारण, डीलक्स और वोल्वो में लागू रहेगी। इसके अलावा राजधानी पटना में संचालित पिंक बस सेवा में भी महिलाएं मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। यह बसें मुख्यतः सगुना मोड़ से गांधी मैदान और गांधी मैदान से एम्स तक संचालित होती हैं।
त्योहार के दौरान बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए बीएसआरटीसी ने अतिरिक्त बसें चलाने का फैसला भी किया है, जिससे महिलाओं को किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े। साथ ही, सभी चालकों और परिचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे महिलाओं की यात्रा के दौरान विशेष सावधानी बरतें और इस योजना को कड़ाई से लागू करें। परिवहन निगम ने यात्रियों से अपील की है कि वे इस पहल का पूरा लाभ उठाएं और रक्षाबंधन को सुरक्षित, सहज और यादगार बनाएं। बसों में सफर करने के लिए महिलाओं और छात्राओं को कोई शुल्क नहीं देना होगा। यह सुविधा 9 अगस्त (शनिवार) सुबह 6 बजे से 10 अगस्त (रविवार) देर शाम तक लागू रहेगी।
मतदाता सूची में 65 लाख का अंतर, बिहार चुनाव आयोग ने दी वजह
9 Aug, 2025 10:01 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार : बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान प्रारूप मतदाता सूची में 65 लाख नामों का अंतर दर्ज किया गया है। चुनाव आयोग (ECI) ने शुक्रवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इस अंतर की वजह स्पष्ट की। आयोग के अनुसार, कुल आठ करोड़ मतदाताओं के लिए नामांकन प्रपत्र वितरित और डाउनलोड किए गए थे, जिनमें से 7.24 करोड़ प्रपत्र ही बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) द्वारा संग्रहित किए जा सके।
आयोग ने बताया कि शेष मतदाताओं के फॉर्म इसलिए नहीं मिले क्योंकि वे अन्य राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों में मतदाता बन गए थे, या अस्तित्व में नहीं पाए गए, या 25 जुलाई तक फॉर्म जमा नहीं किया, या किसी कारणवश मतदाता के रूप में पंजीकरण के इच्छुक नहीं थे।
आंकड़ों में स्पष्ट हुआ अंतर
चुनाव आयोग के मुताबिक, 65 लाख के इस अंतर में 22 लाख मृतक, 36 लाख स्थायी रूप से बिहार से बाहर चले गए या उपलब्ध नहीं हुए, जबकि शेष सात लाख ऐसे थे जिनके नाम कई स्थानों पर दर्ज थे। आयोग का कहना है कि SIR का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र मतदाता छूटे नहीं और कोई भी अपात्र मतदाता सूची में शामिल न हो।
दावा और आपत्ति दर्ज कराने की अवधि जारी
आयोग ने बताया कि वास्तविक पात्र मतदाता एक अगस्त से एक सितंबर 2025 के बीच दावा और आपत्ति की अवधि में अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वा सकते हैं। अभी तक किसी भी राजनीतिक दल ने प्रारूप मतदाता सूची को लेकर कोई दावा या आपत्ति दर्ज नहीं कराई है। हालांकि एक अगस्त को प्रारूप सूची प्रकाशित होने के बाद से अब तक आयोग को मतदाताओं से सीधे 6,257 दावे और आपत्तियां मिली हैं।
‘कोई पात्र मतदाता नहीं छूटेगा’
चुनाव आयोग ने एक बार फिर दोहराया है कि बिहार की अंतिम मतदाता सूची में किसी भी पात्र मतदाता को बाहर नहीं रखा जाएगा और किसी भी अपात्र नाम को शामिल नहीं किया जाएगा। आयोग ने दावा किया कि दैनिक आधार पर वितरित, संग्रहित और डिजिटाइज किए गए प्रपत्रों का डेटा और ग्राफ सार्वजनिक किया जा रहा है, जिससे प्रक्रिया की पारदर्शिता बनी रहे।
पटना में संभव हुई जटिल स्पाइन सर्जरी, लाखों की लागत वाला इलाज अब राज्य में ही
9 Aug, 2025 09:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
डॉ. महेश प्रसाद की टीम ने रचा इतिहास, सी7-टी1 जंक्शन सर्जरी में मिली सफलता
पटना
बिहार के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल पटना मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल (PMCH) में शुक्रवार को चिकित्सा इतिहास का नया अध्याय जुड़ गया। यहां पहली बार गर्दन और रीढ़ की हड्डी के जंक्शन (सर्वाइकोथोरैसिक सी7-टी1) की एंटीरियर सर्वाइकल एप्रोच से सर्जरी सफलतापूर्वक की गई। केवल तीन टांकों वाले छोटे चीरे से की गई इस जटिल सर्जरी को ऑर्थोपेडिक और स्पाइन सर्जन डॉ. (प्रो.) महेश प्रसाद और उनकी टीम ने अंजाम दिया।
जमुई जिले के सिकंदरा निवासी 45 वर्षीय अनिक पासवान (बदला हुआ नाम) एक भीषण सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उनकी गर्दन के निचले हिस्से की हड्डी टूट गई थी, जो शरीर का अत्यंत संवेदनशील और जटिल क्षेत्र है। हादसे के 10–12 दिन बाद जब मरीज पीएमसीएच पहुंचे, तब उनके हाथों में ताकत नहीं थी और पैर बिल्कुल काम नहीं कर रहे थे।
डॉ. महेश प्रसाद ने बताया कि ऑपरेशन के दौरान पहले स्पाइनल कॉर्ड पर पड़े दबाव को हटाया गया, फिर खिसकी हुई हड्डी को सही स्थिति में लाकर आगे से प्लेट लगाकर फिक्स किया गया। यह पीएमसीएच में पहली ऐसी सर्जरी है, जो अब तक निजी अस्पतालों में लाखों रुपये खर्च कर ही हो पाती थी।
एनेस्थिसिया विभाग के एचओडी डॉ. सुदामा प्रसाद ने कहा कि यह केस उनकी टीम के लिए भी बेहद चुनौतीपूर्ण था। उन्होंने डॉ. अजय कुमार और पूरी टीम के योगदान की सराहना की।
सर्जरी में डॉ. राकेश चौधरी के मार्गदर्शन में सीनियर रेजिडेंट और पीजी छात्रों की टीम ने अहम भूमिका निभाई। टीमवर्क और विशेषज्ञता के दम पर यह ऑपरेशन पूरी तरह सफल रहा और मरीज की हालत अब बेहतर है।
गर्भगृह में प्रवेश को लेकर झारखंड में सियासी घमासान, भाजपा का पुलिस पर हमला
8 Aug, 2025 09:47 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
देवघर।
देवघर स्थित विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम मंदिर में नियमों का उल्लंघन कर गर्भगृह में जबरन प्रवेश करने के आरोप में भाजपा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे, सांसद मनोज तिवारी समेत कई लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई है।
यह मामला पांडा धर्म रक्षिणी सभा के पूर्व महामंत्री कार्तिक नाथ ठाकुर की लिखित शिकायत पर बाबा मंदिर थाना में दर्ज हुआ। आरोप है कि 2 अगस्त की शाम सांसद दुबे अपने समर्थकों के साथ मंदिर के निकास द्वार से भीतर घुस गए और इस दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की भी हुई।
एफआईआर में सांसद दुबे के अलावा कनिष्कांत दुबे, सदरी दुबे और अभयानंद झा के नाम भी शामिल हैं। इन पर धार्मिक परंपराओं के उल्लंघन, सरकारी कार्य में बाधा और अव्यवस्था फैलाने जैसी धाराएं लगाई गई हैं।
सांसद दुबे का जवाब
निशिकांत दुबे ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा— "मुझ पर पहले से 51 केस दर्ज हैं। यह मामला सिर्फ इसलिए दर्ज हुआ क्योंकि मैंने पूजा की। शनिवार को मैं खुद थाने जाकर गिरफ्तारी दूंगा।"
भाजपा का पलटवार
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने इस कार्रवाई को राजनीति से प्रेरित बताते हुए झारखंड पुलिस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कुछ अधिकारी नीचता की हद पार कर साजिश रच रहे हैं, लेकिन वर्दी स्थायी नहीं होती, कर्म और नीयत ही पहचान होती है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बिहार दौरे पर शाह का बड़ा बयान: घुसपैठियों से नौकरी छीनने का खेल
8 Aug, 2025 06:13 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को बिहार के सीतामढ़ी में माता जानकी मंदिर का भूमिपूजन किया। सीएम नीतीश कुमार शिलान्यास व भूमि पूजन में उनके साथ रहे। शाह ने सीतामढ़ी से अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाई। इस दौरान केंद्रीय गूह मंत्री अमित शाह लालू प्रसाद पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी और लालू लालू एंड कंपनी पार्लियामेंट में ऑपरेशन सिंदूर का विरोध कर रही है। मैं पूछने आया हूं मिथिलांचल वालों से कि मोदी जी को आतंकवादी को जवाब देना चाहिए या नहीं चाहिए? ऑपरेशन सिंदूर करना चाहिए या नहीं चाहिए? लालू एंड कंपनी को मालूम नहीं है कि नरेंद्र मोदी की सरकार है, भारतीय जनता पार्टी और एनडीए की सरकार है। यहां पर देश की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने का किसी को अधिकार नहीं है।
राहुल गांधी को दी नसीहत
इतना ही नहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राहुल गांधी पर भी जमकर बोला। उन्होंने कहा कि राहुल जी, बंद कीजिए वोट बैंकों की राजनीति। मतदाता पुनरीक्षण पहली बार नहीं हो रहा। आपके परनाना नेहरु जी ने पहली बार किया था। 2003 अंतिम बार हुआ था। पहले से ही बिहार चुनाव हारने का बहाना तैयार कर रहे हैं।
गुंडई और अपहरण-फिरौती के अलावा और क्या किया
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लालू प्रसाद यादव के बाद तेजस्वी यादव पर भी जमकर भड़ास निकाली। उन्होंने कहा कि मैं आज यहां तेजस्वी यादव से पूछने आया हूं कि आपके पिताजी और माताजी का कई साल शासन रहा। गुंडई करने और अपहरण-फिरौती के अलावा मिथिलांचल के विकास के लिए दोनों ने क्या किया? मैंने तो मोदीजी की ओर से अपने पाई-पाई का हिसाब दे दिया है। अगर उन दोनों ने कुछ किया हो तो यहीं मैदान में आकर जवाब दीजिए। यहां आने के बाद मां जानकी का आशीर्वाद भी लेलीजिएगा, आपका उद्धार होगा।
माओवाद की समाप्ति के बाद अब बस्तर का सर्वांगीण विकास होगा: मंत्री राम विचार नेताम
अम्बिकापुर में विकास को नई रफ्तार
ड्रोन के साथ अपने हौसलों को उड़ान दे रही हैं सरूपी मीणा
अल्पविराम की अवधारणा जीवन और कार्य के संतुलन के लिये अत्यंत आवश्यक : अर्गल
चिन्हारी योजना से सशक्त हो रही छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति
