बिहार-झारखण्ड
साइबर क्राइम और तस्करी पर पुलिस का शिकंजा, 6 महीने में 1,684 अपराधी गिरफ्तार
15 Aug, 2025 03:56 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
झारखंड : झारखंड पुलिस ने छह महीने में 1200 साइबर अपराधियों और 484 मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह जानकारी शुक्रवार को पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अनुराग गुप्ता ने दी।
डीजीपी गुप्ता ने कहा कि प्रदेश में साइबर अपराध और अवैध नशा कारोबार के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अवैध अफीम की खेती पर रोक लगाने के लिए प्रतिबद्ध है। पिछले छह महीने में 27,000 एकड़ में लगी अफीन की फसल को नष्ट किया गया है। उन्होंने यह जानकारी राज्य पुलिस मुख्यालय में आयोजित 79वें स्वतंत्रता दिवस समारोह को संबोधित करते हुए दी।
डीजीपी ने कहा, झारखंड पुलिस ने 27,000 एकड़ भूमि पर अफीम की फसल नष्ट की, जनवरी से जून के बीच 484 मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। तस्करों के पास से 34 करोड़ रुपये की कीमत के नशीले पदार्थ जब्त किए गए हैं। इसी अवधि में 700 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया, इसके अलावा प्रतिबिंब ऐप के माध्यम से 474 अन्य साइबर अपराधियों को भी पकड़ा गया है।
महिला शक्ति कमांडो बल का गठन
डीजीपी गुप्ता ने बताया कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए ‘महिला शक्ति कमांडो’ बल का गठन किया गया है, साथ ही एक महिला हेल्पलाइन नंबर भी शुरू किया गया है। डीजीपी ने यह भी कहा कि राज्य से नक्सलवाद को खत्म करने के लिए पुलिस ने जंग छेड़ दी है। इस दौरान 17 नक्सली मुठभेड़ों में मारे गए, 197 गिरफ्तार किए गए और 10 ने आत्मसमर्पण किया।
15 अगस्त के मौके पर बिहार सरकार ने दिया बड़ा उपहार, PT प्रतियोगी परीक्षा सस्ता हुई
15 Aug, 2025 01:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य के युवाओं को डबल गिफ्ट दिया है। उन्होंने राज्य में आयोजित सभी प्रकार की प्रतियोगी परीक्षाओं का आवेदन शुल्क घटाकर मात्र 100 रुपये कर दिया है, साथ ही मेन्स एग्जाम का शुल्क भी माफ कर दिया गया है। यह जानकारी मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया के माध्यम से साझा की।
युवाओं को सरकारी नौकरी के अधिक अवसर
उन्होंने अपने एक्स पर कहा, राज्य के युवाओं को सरकारी नौकरी और रोजगार के अधिक अवसर प्रदान करने तथा उनका भविष्य सुरक्षित करने के लिए सरकार ने यह ठोस कदम उठाए हैं। इसी दिशा में अब प्रतियोगी परीक्षाओं के शुल्क में बड़ी राहत देने का एक और निर्णय लिया गया है।
राज्यस्तरीय सरकारी नौकरी हेतु सभी आयोगों यानी, बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC), बिहार कर्मचारी चयन आयोग (BSSC), बिहार तकनीकी सेवा आयोग (BTSC), बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC), केन्द्रीय सिपाही चयन परिषद (CCSB) आदि द्वारा आयोजित प्रारंभिक (PT) प्रतियोगी परीक्षाओं के शुल्क में एकरूपता लाकर अभ्यर्थियों को बड़ी छूट देने का निर्णय लिया गया है।
मुख्य परीक्षा मुफ्त
अब प्रारंभिक (PT) प्रतियोगी परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए मात्र 100 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। वहीं प्रारंभिक परीक्षा पास कर मुख्य परीक्षा (Mains) में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को कोई शुल्क नहीं देना होगा। इस कदम से लाखों युवाओं को लाभ मिलेगा और राज्य में अधिक से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी तथा रोजगार मिलने में मदद मिलेगी।
महागठबंधन प्रत्याशी पर हमला, ड्राइवर गंभीर घायल; पुलिस ने किया गिरफ्तार
15 Aug, 2025 01:03 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार : महागठबंधन नेता और पूर्व विधायक प्रत्याशी राजमंगल प्रसाद पर जानलेवा हमला हो गया। हालांकि वे सुरक्षित बच गए, लेकिन उनके ड्राइवर के सिर पर चाकू से गंभीर चोट आई है।
घटना राजेपुर थाना क्षेत्र के भड़कुड़वा गांव की है। जानकारी के अनुसार पिपरा विधानसभा के सीपीएम प्रत्याशी राजमंगल प्रसाद मेहसी प्रखंड में जनसंपर्क अभियान के बाद लौट रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी भड़कुड़वा बांध के पास पहुंची, चार–पांच अज्ञात हमलावरों ने रास्ता रोककर हमला कर दिया। हमलावरों ने पिस्टल लहराते हुए उन्हें निशाना बनाने की कोशिश की लेकिन स्थानीय ग्रामीणों की सूझबूझ से एक हमलावर को मौके पर ही पकड़ लिया गया। हमले में ड्राइवर रविकिशन कुमार घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
राजेपुर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान भड़कुड़वा गांव निवासी अर्जुन सहनी के रूप में हुई है। बाकी फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार किया जाएगा। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।
रात के सन्नाटे में हुई हत्या, नौकरी से लौट रहे युवक पर चली गोलियां
15 Aug, 2025 12:57 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सुपौल : सुपौल जिले के जदिया थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात अपराधियों ने बाइक सवार एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना बघेली-कुपाड़ी मोड़ के पास एनएच-327 ई मुख्य मार्ग पर हुई, जब बाइक से घर लौट रहे युवक को अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां मार दीं। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने गंभीर रूप से घायल युवक को स्थानीय लोगों के सहयोग से आनन-फानन में अनुमंडलीय अस्पताल त्रिवेणीगंज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान जदिया थाना क्षेत्र के कोरियापट्टी गांव निवासी भागवत पासवान के पुत्र 32 वर्षीय सुबोध पासवान के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि सुबोध अपने परिवार का इकलौता पुत्र था और अररिया के एक चिप्स फैक्ट्री में सेल्समैन के रूप में काम करता था। गुरुवार देर रात वह काम खत्म कर अररिया से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान बघेली-कुपाड़ी मोड़ के पास घात लगाए बैठे बदमाशों ने उस पर गोली चला दी। गोली लगने से वह सड़क पर गिर गया और बदमाश मौके से फरार हो गए। बता दें कि सुबोध के परिवार में उनकी पत्नी, एक पुत्र और तीन पुत्रियां हैं। अचानक हुई इस घटना से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इधर वारदात की सूचना मिलते ही त्रिवेणीगंज एसडीपीओ विभाष कुमार, सर्किल इंस्पेक्टर सुनील कुमार और जदिया थानाध्यक्ष राजीव कुमार पुलिस टीम के साथ अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर आवश्यक सुराग जुटाने की कोशिश शुरू कर दी है। एसडीपीओ विभाष कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।
पूर्णिया की अनोखी परंपरा: स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले रात में तिरंगा फहराना
15 Aug, 2025 12:54 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पूर्णिया : पूरा देश जहां 15 अगस्त की सुबह तिरंगा फहराकर आजादी का जश्न मनाता है, वहीं बिहार के पूर्णिया जिले की कहानी सबसे अलग है। यहां 15 अगस्त का इंतजार नहीं किया जाता, बल्कि 14 अगस्त की रात 12 बजे ही तिरंगा फहरा दिया जाता है। इस अनोखी परंपरा से जुड़ी एक गहरी और भावुक कहानी है, जो 1947 के गौरवशाली इतिहास को आज भी जिंदा रखे हुए है। यह बात साल 1947 की है, जब भारत को आजादी मिली थी। उस वक्त पूर्णिया के स्वतंत्रता सेनानी रामेश्वर प्रसाद सिंह, रामनारायण साह और शमशुल हक अपने साथियों के साथ मिलकर आजादी की खबर का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे।
जैसे ही 14 अगस्त की आधी रात को 12 बजकर 1 मिनट पर रेडियो पर भारत की आजादी की घोषणा हुई, इन वीर सपूतों ने उसी वक्त भट्टा बाजार स्थित झंडा चौक पर जोश और जुनून के साथ तिरंगा फहरा दिया। तब से यह परंपरा हर साल निभाई जाती है और यह स्थान देश के उन चुनिंदा जगहों में से एक बन गया है, जहां रात में ध्वजारोहण होता है। यह परंपरा सिर्फ पूर्णिया में ही नहीं, बल्कि पूरे देश में बाघा बॉर्डर की तरह एक अद्वितीय पहचान बन चुकी है।
हर साल की तरह इस साल भी रात के 12 बजकर 1 मिनट पर यह ध्वजारोहण किया गया। स्वतंत्रता सेनानी रामेश्वर प्रसाद सिंह के पोते विपुल प्रसाद सिंह का कहना है कि यह परंपरा हमारे उन पूर्वजों की याद दिलाती है, जिन्होंने हमें आजादी दिलाने के लिए अपना सब कुछ न्योछावर कर दिया था। यह एक ऐसा क्षण है, जो पूरे देश को भावुक कर देता है और हमें अपनी आजादी की कीमत का एहसास दिलाता है।
वहीं समाजसेवी अनिल चौधरी ने कहा कि हमारे वीर सपूतों ने अपनी कुर्बानियां देकर देश को आजाद किया। कितनी माताओं के मांग का सिंदूर मिट गया। कितनी बहनों ने अपने भाइयों को खो दिया, तब जाकर देश आजाद हुआ। स्वतंत्रता सेनानियों ने हमें यह अवसर प्रदान किया है, हर वर्ष रात के 12 बजकर एक मिनट पर हम झंडा फहराते हैं। पूरे भारतवर्ष में एक बाघा बॉर्डर पर और दूसरा पूर्णिया के झंडा चौक पर ही रात्रि में झंडा फहराया जाता है। इस मौके पर शहर के कई गणमान्य लोग, जैसे सदर विधायक विजय खेमका, नगर निगम मेयर विभा कुमारी, भाजपा नेता सह अधिवक्ता दिलीप कुमार दीपक, वार्ड पार्षद नवल जायसवाल सहित अन्य लोग मौजूद थे।
दरभंगा का वोटर लिस्ट घोटाला, 655 नामों का डुप्लीकेट रिकॉर्ड पकड़ा गया
14 Aug, 2025 01:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
दरभंगा: बिहार में चल रहे वोटर लिस्ट पुनरीक्षण (SIR) में बड़ा खुलासा हुआ है। इस खुलासे के बाद दरभंगा में हड़कंप मच गया है। बताया जाता है दरभंगा सदर विधानसभा क्षेत्र के एक इलाके में एक ही व्यक्ति का नाम कई मतदान केंद्रों पर दर्ज है। पता चला है कि एक ही समुदाय के 655 लोगों के नाम कई मतदान केंद्रों पर अलग अलग EPIC नंबर से दर्ज हैं। एक व्यक्ति तो ऐसा पाया गया है जिसका नाम चार से पांच बूथों पर दर्ज है।
सदर विधानसभा क्षेत्र के मो. मुन्ना पिता मो जहूर इनका IPIC नंबर IAG2986040 है। इनका नाम प्लस टू मुकुन्दी चौधरी उच्च विद्यालय के भाग संख्या 116 पर दर्ज है। यहां मुन्ना की उम्र 55 साल दर्ज है। फिर मुन्ना का नाम प्राथमिक विद्यालय नरकटिया भाग संख्या 256 है जबकि इनका इपिक नंबर IAG1750942 है। यहां इनका उम्र 60 बताया गया है।
इसी तरीके से मो. रहमतुल्लाह का इपिक नंबर IAG2330652 है। इनका नाम प्राथमिक विद्यालय नरकटिया भाग संख्या 622 पर दर्ज है, यहां इनकी उम्र 29 बताई गई है। जबकि रहमतुल्लाह का नाम दूसरे बूथ मध्य विद्यालय कालीस्थान के भाग संख्या 24 पर भी दर्ज है, जिसका इपिक नंबर IAG2248797 है। यहां उनकी उम्र 24 साल दर्ज है।
शबनम प्रवीण का नाम प्राथमिक विद्यालय नरकटिया में 489 में इपिक नंबर IAG2619237 है, जिनकी उम्र 26 दर्ज है। दूसरे बूथ सामुदायिक भवन महतो टोला में सीरियल नंबर 237 पर भी दर्ज यहां भी इनकी उम्र 26 साल दर्ज है। इसी तरीके से सदर विधानसभा में ही केवल 655 लोगों का नाम कई बूथों पर दर्ज होने की शिकायत भाजपा के BLA 1 लक्ष्मण कुमार की तरफ से जिला निर्वाचन पदाधिकारी को 655 लोगों की सूची के साथ शिकायत दर्ज कराई गई है।
भाजपा के BLA1 लक्ष्मण कुमार ने दरभंगा के जिला निर्वाचन पदाधिकारी का 655 लोगों की सूची देते हुए पत्र में कहा है कि सदर विधानसभा में एक ही लोगों के नाम कई जगहों पर दर्ज है। इसकी जांच कर हटाने की मांग की है।
गैंगरेप-छेड़छाड़ मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग का दखल, पुलिस को निर्देश
14 Aug, 2025 01:37 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची/नई दिल्ली: राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने झारखंड के दो अलग-अलग मामलों में स्वत: संज्ञान लिया है। इसे लेकर राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने झारखंड के पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखकर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
पहली घटना मेदिनीनगर की
पहली घटना झारखंड के मेदिनीनगर की है। इस मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि मेदिनीनगर, झारखंड से आई एक चिंताजनक मीडिया रिपोर्ट में मेले से लौट रही लड़की के अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। रिपोर्ट के अनुसार स्टेशन रोड ओवरब्रिज के पास कुछ आरोपियों ने पीड़िता का अपहरण कर निर्जन स्थान पर यह जघन्य अपराध किया।
राष्ट्रीय महिला आयोग ने लिया स्वतः संज्ञान
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने झारखंड के पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखकर सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, त्वरित एवं निष्पक्ष जांच, तथा पीड़िता को निःशुल्क चिकित्सीय व मनोवैज्ञानिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
दूसरी घटना साहिबगंज की
दूसरी घटना झारखंड के साहिबगंज की है। इसे लेकर एनसीडब्ल्यू ने 'एक्स' पोस्ट में कहा कि साहिबगंज, झारखंड से आई मीडिया रिपोर्ट में सखी वन स्टॉप सेंटर में रह रही नाबालिग लड़की द्वारा जिला बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया गया है। इस मामले में विजया रहाटकर ने झारखंड के पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखकर त्वरित व निष्पक्ष जांच कराने तथा आरोप सही पाए जाने पर आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। दोनों मामलों में राष्ट्रीय महिला आयोग ने पुलिस महानिदेशक को तीन दिनों के भीतर कार्रवाई करके रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए हैं।
गांव की मिट्टी और लोग, हेमंत सोरेन ने महसूस किया बचपन का अपनापन
14 Aug, 2025 01:24 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रामगढ़ः नेमरा गांव के रास्तों पर चलते हुए, किसानों से मिलते हुए, जल-जंगल-जमीन के मुद्दों पर बोलते हुए — हर जगह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन में पिता शिबू सोरेन की विरासत जीवित दिखाई देती है। हेमंत सोरेन का प्रकृति से गहरा लगाव है। यह लगाव केवल शब्दों में नहीं, बल्कि उनके जीवनशैली और नीतियों में साफ़ दिखाई देता है। गांव के प्राकृतिक वातावरण में पले-बढ़े मुख्यमंत्री आज भी अपने व्यस्त राजनीतिक जीवन में प्रकृति के साथ समय बिताना नहीं भूलते। इसी क्रम में बुधवार को मुख्यमंत्री अपने पैतृक गांव नेमरा में सादगीपूर्ण अंदाज में गांव की गलियों और पगडंडियों पर घूमते हुए नजर आए। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से बातचीत की और उनकी समस्याओं एवं सुझावों को सुना।
बेटे में झलकती है पिता की परछाई
हेमंत सोरेन को लोग सिर्फ राज्य का मुख्यमंत्री नहीं, बल्कि अपने पिता दिशोम गुरु दिवंगत शिबू सोरेन की परछाई के रूप में भी देखते हैं। चाहे ग्रामीण इलाकों का दौरा हो, गरीब और वंचितों की समस्याएं सुनना हो या जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाना, हर कार्य में गुरुजी की सोच और आदर्श साफ़ झलकते हैं। जनसेवा, सरल स्वभाव और लोगों से गहरे जुड़ाव की वही विरासत, जिसे गुरुजी ने दशकों तक निभाया, आज मुख्यमंत्री अपने कार्यों से आगे बढ़ा रहे हैं। मुख्यमंत्री के व्यक्तित्व में वही सादगी, वही संघर्ष और वहीं अटूट समर्पण झलकता है, जिसने गुरुजी को लोगों के दिलों में अमर कर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके जीवन का हर कदम पिता की सीख और आशीर्वाद से प्रेरित है। "गुरुजी ने सिखाया कि राजनीति का अर्थ केवल सत्ता नहीं, बल्कि जनता की सेवा और अधिकारों की रक्षा है।"
जल, जंगल और जमीन से है गहरा जुड़ाव
मुख्यमंत्री ने कहा कि जल, जंगल और जमीन राज्य की पहचान और अस्तित्व का आधार हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार इन तीनों संसाधनों के संरक्षण और संवर्धन को अपनी प्राथमिकता में रखकर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि यह केवल प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा का विषय नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक सुरक्षित और समृद्ध झारखंड बनाने का संकल्प है।
गांव और प्रकृति से जुड़ी हैं बचपन की यादें
मुख्यमंत्री का बचपन गांव की गोद में बीता, जहां सुबह की ठंडी हवा, खेतों की हरियाली और नदी की कलकल ध्वनि उनका रोज़ का साथी था। इसी वातावरण में पला-बढ़ा मन आज भी प्रकृति की गोद में सुकून पाता है। मुख्यमंत्री का सपना है कि झारखंड आने वाली पीढ़ियों के लिए भी उतना ही हरा-भरा, स्वच्छ और जीवनदायी बना रहे जितना यह आज है। वे मानते हैं कि विकास तभी सार्थक है, जब वह पर्यावरण और स्थानीय संस्कृति के साथ तालमेल बिठाए। मुख्यमंत्री का मानना है कि जल, जंगल और जमीन केवल प्राकृतिक संसाधन नहीं, बल्कि झारखंड की आत्मा हैं। ये लोकगीतों, त्योहारों और पारंपरिक रीति-रिवाजों में रचे-बसे हैं। इसलिए, इनके संरक्षण को सांस्कृतिक संरक्षण के रूप में भी देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि गांव का विकास राज्य के सर्वांगीण विकास की बुनियाद है और हमारी सरकार ग्रामीण बुनियादी सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
फोन और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद
गांव के खुले आंगन, मिट्टी की महक और अपनत्व से भरे वातावरण में रहते हुए भी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की प्राथमिकता जनता की सेवा ही है। इन दिनों अपने पैतृक गांव नेमरा में रहकर एक साथ पुत्र धर्म और राज्य धर्म का निर्वहन कर रहे हैं। एक ओर जहां वे दिवंगत पिता दिशोम गुरु शिबू सोरेन के श्राद्ध कर्म की स्थानीय परंपराओं और रीति-रिवाजों का निर्वाह कर रहे हैं वहीं राज्य के विकास और प्रशासनिक कार्यों के प्रति पूरी तरह सक्रिय हैं। गांव के सादगीपूर्ण माहौल में रहते हुए वे लगातार विभिन्न विभागों से प्राप्त फाइलों और प्रस्तावों पर निर्णय ले रहे हैं। अधिकारियों से फोन और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की कोताही न हो और योजनाओं का गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन निर्धारित टाईमलाईन से किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि ग्रामीण इलाकों से लेकर शहरी क्षेत्रों तक, जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहते हुए उनके समाधान में पूरी तत्परता बरती जाए।
कांग्रेस नेताओं ने सीएम से मुलाकात की
मुख्यमंत्री से आज नेमरा स्थित पैतृक आवास में मंत्री इरफान अंसारी, दीपिका पाण्डेय, शिल्पी नेहा तिर्की, झारखंड प्रदेश प्रभारी के. राजू, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और विधायक प्रदीप यादव ने मुलाकात की।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से आज फिल्म निर्माता- निर्देशक प्रकाश झा ने मुलाकात की। मौके पर उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिजनों को इस विकट दुःख को सहन करने शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। पैतृक गांव में "कुड़मालि भाखी चारि आखड़ा" के सदस्यों ने मुलाकात कर उनके प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की। इस अवसर पर संगठन के वरिष्ठ सदस्यों ने गुरुजी के जीवन, विचारों और समाज के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि गुरुजी ने सदैव शिक्षा, सेवा और एकता का संदेश दिया। उनका मार्गदर्शन और प्रेरणा हमेशा समाज को दिशा देता रहेगा। सभा में उपस्थित लोगों ने गुरुजी की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
निर्मला देवी पर डबल वोटर कार्ड का आरोप, तेजस्वी बोले– कार्रवाई होनी चाहिए
13 Aug, 2025 04:32 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर की मेयर निर्मला देवी को चुनाव आयोग ने नोटिस भेजा है। नोटिस में निर्मला देवी को 16 अगस्त शाम पांच बजे तक जवाब देने को कहा गया है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया था कि निर्मला देवी और उनके दोनों देवरों के एक ही विधानसभा सीट पर दो-दो EPIC नंबर से वोटर कार्ड बने हुए हैं। माना जा रहा है कि तेजस्वी यादव की ओर से मामले को उठाए जाने के तत्काल बाद चुनाव आयोग ने ऐक्शन लिया है। तेजस्वी यादव ने आज सुबह बताया था कि निर्मला देवी मुजफ्फरपुर में बीजेपी की बड़ी नेता हैं। जो शायद इस बार बीजेपी के टिकट पर विधानसभा चुनाव भी लड़ सकती हैं। उन्होंने कहा था कि एक ही विधानसभा क्षेत्र में इनकी दो-दो EPIC आईडी है। दोनों EPIC आईडी में उम्र भी अलग-अलग है। तेजस्वी ने बताया कि निर्मला देवी के साथ उनके दो देवरों के भी दो-दो EPIC आईडी हैं।
आपके पसंद की स्टोरी
20 मिनट में बैंक लूटकर ऐसे फरार हुए कि पुलिस की 20 टीमें ढूंढ रहीं, 15 करोड़ की लूट में खाली हाथ पुलिस
बरमुडा ट्रायंगल के रहस्य से हट गया पर्दा, 100 साल में 50 जहाज और 20 विमान हुए लापता, वैज्ञानिक ने बता दी वजह
अमित शाह, शिवराज, योगी, धामी ... सीएम से लेकर मंत्री तक, हर घर तिरंगा यात्रा में फहराया झंडा, देखें तस्वीरें
22 साल के बाद टाटा की इस आइकॉनिक SUV की हो रही है वापसी, नए अवतार में नई खूबियों के साथ प्रीमियम लुक
उन्होंने बताया कि बूथ नंबर 257 निर्वाचन क्षेत्र मुजफ्फरपुर पर निर्मला देवी और उनके दोनों देवरों के वोटर कार्ड बने हुए हैं। दूसरा बूथ नंबर 153 निर्वाचन क्षेत्र मुजफ्फरपुर में ही इन तीनों का दूसरे EPIC नंबर से वोटर कार्ड बना हुआ है। बूथ नंबर 153 वाले EPIC नंबर में निर्मला देवी की उम्र 48 साल है, जबकि बूथ नंबर 257 वाले EPIC नंबर में उम्र 45 साल है।
चुन्नू सिंह के गायब होने पर कांग्रेस में हलचल, पुलिस ने दर्ज किया मामला
13 Aug, 2025 04:19 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना: कांग्रेस की छात्र इकाई एनएसयूआई के राष्ट्रीय महासचिव और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के करीबी चुन्नू सिंह के लापता होने की खबर सामने आई है। उनके भाई ने पाटलिपुत्र थाने में उनकी गुमशुदगी की सूचना दी है। पिछले 24 घंटे से उनका कोई पता नहीं चल पा रहा है और उनके चारों मोबाइल फोन स्विच ऑफ आ रहे हैं।
राहुल गांधी के करीबी हैं चुन्नू सिंह
चुन्नू सिंह को राहुल गांधी के युवा थिंक टैंक में गिना जाता है और वह उनके बेहद करीबी माने जाते हैं। उनके लापता होने से कांग्रेस कार्यकर्ताओं और उनके परिजनों में चिंता का माहौल है।
पुलिस आखिरी लोकेशन की तलाश में
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश में जुट गई है। फिलहाल, पुलिस उनके मोबाइल फोन के आखिरी लोकेशन का पता लगाने की कोशिश कर रही है। पुलिस का कहना है कि वे हर संभव तरीके से चुन्नू सिंह का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं।
बिहार की बबिता मुखिया की हवेली पर ED की छापेमारी, चर्चा में ‘लिकर क्वीन’
13 Aug, 2025 04:10 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुजफ्फरपुर: जिले में प्रवर्तन निदेशालय की टीम ने सकरा प्रखंड के विष्णुपुर बघनगरी पंचायत की राष्ट्रपति से पुरस्कृत मुखिया बबीता कुमारी के आवास पर छापेमारी की। यह कार्रवाई अवैध शराब तस्करी और उससे अर्जित काले धन की जांच के तहत की जा रही है। सुबह लगभग 6 बजे चार SUV में सवार होकर ED की टीम मुखिया के घर पहुंची और घर को चारों ओर से घेर लिया। मौके पर तैनात स्थानीय पुलिस ने क्षेत्र में आवाजाही रोक दी। किसी भी बाहरी व्यक्ति को घर के भीतर जाने या बाहर आने की अनुमति नहीं दी गई।
मुखिया पति पर पहले से दर्ज हैं कई केस
सकरा प्रखंड के विष्णुपुर बघनगरी पंचायत की मुखिया बबीता कुमारी अयोध्या में राम मंदिर के उद्घाटन समारोह के लिए गोबर का दिया बनाकर चर्चा में आई थी। बाद के दिनों में उन्हें कचरा प्रबंधन और विष्णुपुर बघनगरी पंचायत को प्लास्टिक मुक्त करने को लेकर राष्ट्रपति से पुरस्कार भी मिला था। सूत्रों के अनुसार, मुखिया के पति बबलू मिश्रा और उनके भाई का नाम जिले के कुख्यात शराब तस्करों में शामिल है। इनके खिलाफ पुलिस और आबकारी विभाग में कई केस दर्ज है। आरोप है कि अवैध शराब कारोबार से इन्होंने पिछले कुछ वर्षों में करोड़ों की संपत्ति इकट्ठा की और उस धन को जमीन-जायदाद, आलीशान मकान और बैंक खातों में लगाया।
दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक सबूत खंगाल रही टीम
ED के अधिकारी घर में मौजूद दस्तावेजों, बैंक पासबुक, प्रॉपर्टी डीड, चेकबुक, इनकम टैक्स रिटर्न और वित्तीय लेन-देन के रेकॉर्ड की गहन जांच कर रहे हैं। इसके साथ ही मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस भी जब्त किए जा रहे हैं ताकि डिजिटल ट्रांजेक्शन और नेटवर्क कनेक्शन की जानकारी जुटाई जा सके। इस कार्रवाई की खबर फैलते ही इलाके में सैकड़ों लोग जमा हो गए। लोग दूर से खड़े होकर हालात पर नजर रख रहे हैं। कई लोग इसे जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई मान रहे हैं।
पिछले एक साल में कई बड़ी छापेमारियां
बिहार में शराबबंदी कानून लागू होने के बाद भी अवैध शराब कारोबार पर पूरी तरह अंकुश नहीं लग पाया है। पिछले एक साल में ED और पुलिस ने संयुक्त रूप से मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, समस्तीपुर और दरभंगा में कई छापेमारियां कीं, जिनमें करोड़ों रुपये की संपत्ति कुर्क की गई थी। अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई भी उसी सिलसिले का हिस्सा है और आने वाले दिनों में कई और जगह छापेमारी की संभावना है।
अधिकारिक बयान का इंतजार
ED के अधिकारियों ने अभी तक इस कार्रवाई पर कोईआधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। जांच पूरी होने के बाद प्रेस विज्ञप्ति जारी की जाएगी, जिसमें बरामद दस्तावेजों और संपत्ति के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी।
पश्चिमी सिंहभूम में नक्सलियों और सुरक्षाबलों की जबरदस्त मुठभेड़, एक की मौत
13 Aug, 2025 12:47 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चाईबासा: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम के मनोहरपुर और गोईलकेरा थाना क्षेत्र के सीमावर्ती इलाकों में बुधवार सुबह सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में एक नक्सली के मारे जाने और कई अन्य के घायल होने की खबर है। खबर लिखे जाने तक सुरक्षाबलों की ओर से नक्सली के मारे जाने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
हथियार बरामद, सर्च अभियान जारी
वनपोसैता और रोंगों के बीच हुई इस मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबलों ने मौके से हथियार भी बरामद किए हैं। मुठभेड़ खत्म होने के बाद भी सुरक्षाबल पूरे इलाके में सघन सर्च अभियान चला रहे हैं, ताकि अन्य नक्सलियों का पता लगाया जा सके। बताया जा रहा है कि यह मुठभेड़ सुबह हुई थी। हालांकि, अभी तक मारे गए नक्सली की पहचान नहीं हो पाई है। सुरक्षाबल लगातार इस इलाके में नक्सलियों के खिलाफ अभियान चला रहे हैं।
यहां याद दिला दें कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा है कि 31 मार्च 2026 से पहले देश से नक्सलवाद को जड़ से उखाड़ दिया जाएगा। शाह के इसी बयान के बाद देश के कुछ चुनिंदा राज्यों में बचे नक्सलियों के सफाये का कार्य चल रहा है। सुरक्षाबल लगातार ऑपरेशन चलाकर उनका खात्मा करने में लगी है।
81% पद खाली: हाईकोर्ट ने झारखंड सरकार को चेताया, 30 सितंबर तक कार्रवाई करने को कहा
13 Aug, 2025 12:39 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची: झारखंड हाईकोर्ट ने राज्य की जेलों में 81 प्रतिशत से अधिक पद रिक्त रहने पर सख्त रुख अपनाया है। कोर्ट ने राज्य के मुख्य सचिव को निर्देश दिया है कि सभी खाली पदों पर 30 सितंबर 2025 तक नियुक्ति की जाए। अदालत ने अगली सुनवाई से पूर्व इस संबंध में स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करने का भी निर्देश दिया है। मामले की अगली सुनवाई 7 अक्टूबर को होगी।
झारखंड की जेलों में खाली पदों पर हाईकोर्ट का आदेश
चीफ जस्टिस तरलोक सिंह चौहान और जस्टिस राजेश शंकर की खंडपीठ ने मंगलवार को यह आदेश जेल सुधार और मॉडल जेल मैनुअल से संबंधित स्वत: संज्ञान जनहित याचिका पर सुनवाई के दौरान दिया। अदालत ने राज्य सरकार और एमिकस क्यूरी की दलीलें सुनीं और रिक्तियों के मुद्दे को गंभीर बताते हुए तत्काल कार्रवाई पर जोर दिया।
क्या जानकारी दी गई अदालत को
सुनवाई के दौरान एमिकस क्यूरी अधिवक्ता मनोज टंडन ने अदालत को बताया कि लंबे समय से जेल सुधार के मामले पर सुनवाई हो रही है। जुलाई 2023 में यह तथ्य सामने आया था कि राज्य की जेलों में 81 प्रतिशत पद खाली हैं। उस समय अदालत ने पदों को शीघ्र भरने का आदेश दिया था, लेकिन सरकार की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
पिछली सुनवाई में सरकार से पूछे गए थे सवाल
अदालत को यह भी बताया गया कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के तहत जेल व्यवस्था में सुधार और मॉडल जेल मैनुअल तैयार करने की दिशा में कार्य होना आवश्यक है। इस पर पिछली सुनवाई में खंडपीठ ने सरकार से पूछा था कि इस मामले में क्या प्रगति हुई है। सरकार ने जानकारी दी थी कि अदालत के निर्देश के बाद मॉडल जेल मैनुअल तैयार कर लिया गया है।
झारखंड हाईकोर्ट ने लिया है स्वतः संज्ञान
गौरतलब है कि जेल सुधार और मॉडल जेल मैनुअल का मुद्दा झारखंड हाईकोर्ट ने स्वत: संज्ञान में लिया था, जिसका उद्देश्य राज्य की जेलों में सुविधाओं, सुरक्षा और प्रबंधन में सुधार लाना है। अदालत ने स्पष्ट किया है कि पदों की भारी कमी जेल प्रशासन और कैदियों के अधिकारों पर प्रतिकूल असर डाल रही है, इसलिए इसे जल्द से जल्द दूर किया जाना आवश्यक है।
सड़क हादसे में ट्रक चालक घायल, हाईवा चालक फरार
12 Aug, 2025 05:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार: मुजफ्फरपुर जिले के गरहा थाना क्षेत्र स्थित एनएच-57 पर बिहारी चौक के पास मंगलवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। इंदौर से सिलिगुड़ी जा रही 30 टन प्याज लदी ट्रक आगे चल रहे बालू लदे हाईवा से पीछे से टकरा गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और चालक राकेश पटेल (निवासी अनूपपुर, मध्यप्रदेश) का बायां पैर स्टेयरिंग में फंसकर टूट गया। उपचालक बाबूलाल पटेल भी घायल हो गया। हादसे के बाद दोनों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से ट्रक से बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, डायवर्जन पर हाईवा चालक ने अचानक ब्रेक लगाया, जिससे पीछे से आ रही प्याज लदी ट्रक टकरा गई। घटना के बाद हाईवा चालक मौके से फरार हो गया। हादसे के चलते एनएच-57 पर करीब 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिसे क्रेन और जेसीबी की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रक हटाकर खाली कराया गया।
गरहा थाना प्रभारी आशीष ठाकुर ने बताया कि हादसे में ट्रक चालक का पैर टूट गया है और उपचालक को भी चोटें आई हैं। दोनों मध्यप्रदेश के निवासी हैं। हाईवा चालक फरार है, मामले की जांच जारी है।
ट्रेन, फ्लाइट और बस से सीधे पहुंच सकेंगे पुनौरा धाम
12 Aug, 2025 04:34 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
माता सीता की जन्मस्थली पुनौरा धाम को देशभर से जोड़ने की तैयारी हो रही है. पुनौरा धाम को सड़क और रेल के साथ ही हवाई मार्ग से सीधे कनेक्ट किया जाएगा. माता सीता की जन्मस्थली पुनौरा धाम में भव्य मंदिर का निर्माण कार्य शुरू करने को लेकर शिलान्यास कर दिया गया है. इस योजना को तीन साल में पूरा कराने का प्लान है
पुनौरा को सड़क और रेल के साथ ही हवाई मार्ग से सीधे इस स्थान को संपर्कता प्रदान करने की कवायद शुरू कर दी है. हाल ही में हुए शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी तीनों माध्यमों से इस पवित्र धाम को सीधा संपर्क प्रदान करने की कार्ययोजना का उल्लेख किया है.
तीन से ज्यादा एनएच से साधी कनेक्टिविटी
इसके लिए पुनौरा धाम को तीन से ज्यादा एनएच से साधे जोड़ा जाएगा. इस योजना के तहत 13 हजार 186 करोड़ की लागत से बन रहा राम-जानकी मार्ग सबसे महत्वपूर्ण है. यह सड़क की मदद से सीधे अयोध्या से पुनौराधाम जुड़ जाएगा. इस सड़क को रामायण सर्किट का सबसे महत्वपूरण हिस्सा माना जा रहा है. यह सड़क अयोध्या से सीवान-मशरक-शिवहर होते हुए सीतामढ़ी से भिट्ठा मोड़ होते हुए नेपाल चली जाएगी.
हवाई मार्ग से जोड़ने की तैयारी
इस ऐतिहासिक स्थल को राजधानी पटना के साथ-साथ देश के सभी प्रमुख स्थानों से जोड़ने की कवायद शुरू हो गई है. सड़क और रेल के साथ इस ऐतिहासिक स्थान को हवाई मार्ग से सीधे कनेक्ट किये जाने की चर्चा तेज हो गई है. हाल में शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने तीनों मध्यमों से इस धाम को सीधी संपर्क प्रदान करने की कार्ययोजना का उल्लेख किया है.
रेल संपर्क के लिए भी प्रयास तेज
रेल मार्ग से पुनौराधाम को सीधे कनेक्ट करने के लिए राज्य सरकार ने केंद्रीय रेल मंत्रालय निवेदन किया है. हाल में इसे लेकर मुख्य सचिव अमृतलाल मीणा ने रेलवे बोर्ड को पत्र भी लिखा है.दरभंगा-सीतामढ़ी-नरकटियागंज रेलखंड का 256 किलोमीटर लंबा दोहरीकरण कार्य 4,080 करोड़ रुपये की लागत से चल रहा है, जिसका शिलान्यास हाल ही में प्रधानमंत्री ने किया था. इसके अलावा सीतामढ़ी से शिवहर तक 28 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन को मंजूरी मिल चुकी है, जिसकी लागत 566 करोड़ रुपये है. इस रेल लाइन से पुनौरा धाम मंदिर महज डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर होगा, जिससे श्रद्धालुओं के लिए रेल यात्रा और सुविधाजनक हो जाएगी.
माओवाद की समाप्ति के बाद अब बस्तर का सर्वांगीण विकास होगा: मंत्री राम विचार नेताम
अम्बिकापुर में विकास को नई रफ्तार
ड्रोन के साथ अपने हौसलों को उड़ान दे रही हैं सरूपी मीणा
अल्पविराम की अवधारणा जीवन और कार्य के संतुलन के लिये अत्यंत आवश्यक : अर्गल
