छत्तीसगढ़
पत्रकार के परिवार पर प्राणघातक हमला, मां, पिता और भाई की हत्या
10 Jan, 2025 06:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र के खड़गवा चौकी इलाके में जमीन विवाद को लेकर एक पत्रकार के परिवार पर घातक हमला किया गया। इस हमले में पत्रकार की मां, पिता और भाई की बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना ने पूरे इलाके में सनसनी मचा दी है, और स्थानीय पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, पत्रकार के परिवार के सदस्य जमीन के विवाद को लेकर एक दूसरे से भिड़ गए थे। विवाद इतना बढ़ा कि हमलावरों ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इस हमले में पत्रकार के मां, पिता और भाई की मौके पर ही हत्या कर दी गई। परिवार के अन्य सदस्य किसी प्रकार से हमले से बचने में सफल रहे, लेकिन यह घटना इलाके में शोक की लहर लेकर आई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
गौ माता की हत्या और तस्करी के खिलाफ सर्व हिंदू समाज का प्रदर्शन
10 Jan, 2025 05:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आज गौ माता की हत्या और गौ तस्करी के बढ़ते मामलों के विरोध में सर्व हिंदू समाज ने बड़ा प्रदर्शन किया। घड़ी चौक पर हजारों की संख्या में हिंदू समाज के लोग, संत, समाजसेवी, युवा और महिलाएं एकत्रित हुए। इसके बाद प्रदर्शनकारी अंबेडकर चौक में चक्काजाम करने के बाद एसपी कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में शामिल समाज के प्रतिनिधियों ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने अपने हाथों में झंडे और बैनर लेकर गौ माता की सुरक्षा के लिए अपनी आवाज बुलंद की। इस दौरान पूरा क्षेत्र गौ माता की जय और गौ हत्या बंद करो के नारों से गूंज उठा। सर्व हिंदू समाज ने प्रशासन को चेतावनी दी कि अगर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो यह आंदोलन और उग्र रूप धारण करेगा। आंदोलन में संतों और धर्माचार्यों की अगुवाई थी, जिन्होंने गौ माता की सुरक्षा को हर हिंदू की नैतिक जिम्मेदारी बताया। हिंदू संगठन के पदाधिकारियों ने अपराधियों के खिलाफ सख्त सजा की मांग की और गौ तस्करी रैकेट के खिलाफ विशेष अभियान चलाने की आवश्यकता जताई। पुलिस अधीक्षक ने प्रदर्शनकारियों से मुलाकात की और उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया।
चार दिन पहले हत्या की साजिश रची, 60 किमी दूर फेंके मोबाइल ताकि पुलिस को कर सके गुमराह
10 Jan, 2025 05:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जगदलपुर: पत्रकार मुकेश चंद्राकर की हत्या भले ही 1 जनवरी की रात को हुई हो, लेकिन मुख्य साजिशकर्ता सुरेश चंद्राकर और उसके भाई रितेश और दिनेश ने चार दिन पहले ही इसकी साजिश रच ली थी। इस पूरे प्रकरण में सुरेश चंद्राकर की योजना खुद को इससे अलग दिखाने की थी, ताकि सड़क भ्रष्टाचार को लेकर मुकेश से विवाद के चलते उस पर शक न हो। 1 जनवरी की रात जब मुकेश की हत्या हुई, तो वह तय योजना के मुताबिक जगदलपुर में था। इसके बाद भी पुलिस की विशेष जांच टीम SIT ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस AI के साथ ओपन सोर्स इंटेलिजेंस टूल CHATGPT का इस्तेमाल कर सुरेश के इस घटना में शामिल होने के सबूत जुटाए हैं।
ओएसआईएनटी एक ऐसा टूल है, जिसका इस्तेमाल राष्ट्रीय खुफिया एजेंसी भी करती है, जिसमें कई माध्यमों से जानकारी जुटाई जा सकती है। एसआईटी के मुताबिक सुरेश ने 27 दिसंबर को बैंक से बड़ी रकम भी निकाली थी, ताकि इस पैसे का इस्तेमाल हत्या, सबूत छिपाने और भागने में किया जा सके।
100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए
एसआईटी की रिपोर्ट में यह बात सामने आई है। यह पहली बार है जब पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों, डिजिटल और भौतिक साक्ष्यों से साक्ष्य जुटाए हैं। इसके अलावा फोरेंसिक जांच टीम ने चट्टानपारा में दो बार क्राइम सीन को रीक्रिएट कर साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस को भ्रमित करने के लिए 60 किमी दूर फेंके मोबाइल
पुलिस को भ्रमित करने के लिए आरोपी मुकेश के दोनों चालू फोन को घटनास्थल से 60 किमी दूर नेलसनार नाले में ले गए और पत्थर से तोड़कर नाले में फेंक दिया। हत्या में प्रयुक्त चार वाहन, मिक्सर मशीन, लोहे की रॉड और अन्य हथियार बरामद किए गए हैं। सुनियोजित हत्या, ताकि कभी सच सामने न आए। एसआईटी ने अपनी रिपोर्ट सार्वजनिक करते हुए कहा कि पत्रकार मुकेश ने सुरेश चंद्राकर के भ्रष्टाचार को उजागर किया था, इसलिए आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से उसकी हत्या की है।
शक न हो
आरोपियों ने साजिश रचते समय छोटी-छोटी बातों का भी ध्यान रखा, ताकि किसी को उन पर शक न हो और हत्याकांड का कभी खुलासा न हो। 1 जनवरी को जिस दिन हत्या हुई, मुख्य साजिशकर्ता सुरेश चंद्राकर और दिनेश चंद्राकर जगदलपुर के लिए रवाना हो गए।
मोबाइल ठिकाने लगाया
हत्या करने की जिम्मेदारी रितेश और सुपरवाइजर मुकेश रामटेके को दी गई थी। मुकेश की हत्या के बाद ही सुरेश और दिनेश योजना के मुताबिक रात 8 से 10 बजे के बीच वापस लौटे। इसके बाद दिनेश, रितेश और मुकेश ने मिलकर मुकेश के शव को सेप्टिक टैंक में फेंक दिया और हथियार और मुकेश के मोबाइल को भी ठिकाने लगा दिया।
रिमांड पर जेल में बंद
इसके बाद सुरेश हैदराबाद और रितेश दिल्ली भाग गया, जिन्हें दिल्ली और हैदराबाद से गिरफ्तार किया गया। दिनेश और महेंद्र को बीजापुर से गिरफ्तार किया गया। चारों आरोपियों को 15 दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान पहुंचे रायपुर, 'मोर आवास मोर अधिकार' और कई योजनाओं की देंगे सौगात
10 Jan, 2025 03:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर: केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज छत्तीसगढ़ के दौरे पर हैं, रायपुर पहुंचने पर एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उनका स्वागत किया. इस दौरान उपमुख्यमंत्री अरुण साव, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, सांसद बृजमोहन अग्रवाल भी मौजूद रहे, जिसके बाद सभी एक साथ जैन मंदिर के लिए रवाना हुए.
इन कार्यक्रमों में होंगे शामिल
मंत्री शिवराज सिंह चौहान प्रधानमंत्री आवास योजना कार्यक्रम में शामिल होंगे. दोपहर का समय पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में आरक्षित किया गया है. दोपहर 02:35 बजे वे नगपुरा हेलीपैड के लिए रवाना होंगे, और दोपहर 03:10 से 04:15 बजे तक कुम्हारी के मिनी स्टेडियम में "किसान मेला" सहित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे. इसके बाद शाम 05:15 बजे शिवराज सिंह चौहान भोपाल के लिए रवाना होंगे.
विकास कार्यों की देंगे सौगात
जानकारी के अनुसार कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिवराज सिंह चौहान शामिल होंगे, जहां वे 'मोर आवास मोर अधिकार' सहित पीएम जनमन के कई आवास और प्रधानमंत्री आवास योजना के ग्रामीण हितग्राहियों को सौगात देंगे। इसके साथ ही ग्राम पंचायतों को सामग्री वितरण, उत्कृष्ट कार्य करने वाले ग्रामीण राजमिस्त्री प्रशिक्षार्थियों, व्यक्तिगत शौचालय के हितग्राहियों को प्रोत्साहन राशि, जनपद पंचायतों और स्वयंसेवी संगठनों को पुरस्कृत, स्वच्छता किट वितरण, स्वच्छाग्रही स्वच्छता समूह का सम्मान, ड्रोन दीदियों को प्रमाण पत्र वितरण, समूहों को बैंक लिंकेज और डेमो चेक वितरण तथा लखपति दीदियों को प्रमाण पत्र वितरण सहित स्वामित्व योजना अधिकार अभिलेखों का वितरण किया जाएगा।
दिग्गज नेता रहेंगे मौजूद
इस कार्यक्रम में अति विशिष्ट अतिथि विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, विशिष्ट अतिथि वन मंत्री केदार कश्यप, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जयसवाल, विधायक जगदलपुर किरण देव सिंह, सांसद दुर्ग विजय बघेल, विधायक दुर्ग शहरी गजेंद्र यादव, विधायक दुर्ग ग्रामीण ललित चंद्राकर, विधायक वैशाली नगर राकेश सेन, विधायक अहिवारा डोमनलाल कोर्सेवाड़ा और विधायक साजा ईश्वर साहू होंगे.
उपमुख्यमंत्री अरुण साव भारतीय वॉटर वर्क्स एसोसिएशन के 57वें वार्षिक अधिवेशन का उद्घाटन करेंगे
10 Jan, 2025 02:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर: उपमुख्यमंत्री अरुण साव शुक्रवार को इंडियन वाटर वर्क्स एसोसिएशन के 57वें वार्षिक अधिवेशन का उद्घाटन करेंगे। छत्तीसगढ़ को दूसरी बार अधिवेशन की मेजबानी का खिताब मिला है। इसका आयोजन 10 जनवरी से 12 जनवरी तक राजधानी रायपुर में एयरपोर्ट के पास स्थित जैनम मानस भवन में किया गया है। इंडियन वाटर वर्क्स एसोसिएशन के 57वें वार्षिक अधिवेशन में देश भर के 400 ख्यातिप्राप्त जल विशेषज्ञ और अनुभवी इंजीनियर शामिल होंगे।
इस बार अधिवेशन का आयोजन वाटर-360 डिग्री थीम पर किया गया है। अधिवेशन में जल में नई तकनीक को शामिल करने, अपशिष्ट जल उपचार और सतत प्रबंधन पर जोर दिया जाएगा। अधिवेशन का समापन 12 जनवरी को होगा।
महिला के घर से जेवर गायब, जांच में जुटी पुलिस
10 Jan, 2025 01:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिलासपुर । घर में परिवार के सदस्यों की उपस्थित में सोने-चांदी के जेवर चोरी हो गई। इस दौरान पीडि़त महिला की दो बेटियां घर पर मौजूद थीं। जेवर की कीमत 90 हजार रुपए है। पीडि़त महिला की शिकायत पर सिरगिट्टी पुलिस ने अपराध दर्ज किया है। सिरगिट्टी पुलिस ने बताया कि गणेश नगर नयापारा निवासी फिरंतीन बाई साहू कपड़ा बेचने का काम करती है। बीते 5 जनवरी को पड़ोसी पुष्पा निषाद के परिवार में दशगात्र कार्यक्रम में बलौदा बाजार में होना था। पीडि़ता कार्यक्रम में शामिल होने चली गई। घर में उसकी दो बेटियां कामनी साहू, डिंडेश्वरी साहू थी। 5 जनवरी को दोपहर 1 बजे रिश्तेदार की एक लडक़ी घर आई और शाम 4 बजे चली गई। कुछ समय बाद महिला की बेटी कामनी साहू कमरे में गई तो आलमारी का लॉकर खुला हुआ था और सोने का नेकलेस, माला, कान का एक सेट, अंगूठी, सांई लाकेट, नथ, लाकेट, गोल दोना चोरी हो गई थी। जिसकी कीमत 90 हजार रुपए है
अलग-अलग कार्रवाई में भारी मात्रा में देशी मदिरा बरामद, 6 आरोपी गिरफ्तार
10 Jan, 2025 12:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिलासपुर । पचपेड़ी, सरकन्डा और रतनपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान चलाकर भारी मात्रा में शराब बरामद किया है। अलग अलग ठिकानों पर कार्रवाई के दौरान कई लीटर कच्ची महुआ शराब का जखीरा जब्त किया है। पुलिस टीम ने कार्रवाई के दौरान देशी महुआ शराब जब्त कर कुल 6 आरोपियों को जेल दाखिल कराया है।
यहां बरामद हुआ 12 लीटर कच्ची शराब
पचपेढ़ी पुलिस के अनुसार पुलिस कप्तान रजनेश सिंह के आदेशानुसार क्षेत्र मे नशे के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस पेट्रोलिंग को जानकारी मिली कि थाना क्षेत्र के मचहा गांव में शिवकुमार पटेल शराब की अवैध बिक्री कर रहा है। जानकारी के बाद रेड कार्यवाही को अंजाम दिया गया। आरोपी शिव कुमार पटेल के कब्जे से 45 पाव यानी 12 लीटर से अधिक मात्रा में देशी कच्ची शराब बरामद किया गया।आरोपी को गिरफ्तार कर जेल दाखिल कराया गया है।
27 लीटर शराब का जखीरा जब्त
पचपेढी थाना प्रभारी ने बताया कि पेट्रोलिंग पार्टी ने मुखबीर की सूचना पर सोन गांव स्थित रामकुमार गोड़ के ठिकाने पर धावा बोला। आरोपी लक्ष्मीराम गोड के घर से करीब 27 लीटर से अधिक मात्रा में कच्ची महुआ शराब बरामद किया गया। विधिवत कार्रवाई कर रामकुमार गोड को न्यायालय के हवाल कर जेल दाखिल कराया गया है।
तीन आरोपियों से 65 पाव देशी मदिरा जब्त
सरकन्डा पुलिस ने तीन अलग अलग ठिकानों में कार्रवाई के दौरान करीब 65 पाव देशी शराब जब्त किया है। गिरफ्तार दो महिला समेत तीन आरोपियों को जेल दाखिल कराया है। सरकन्डा पुलिस के अनुसार मोपका निवासी मेवालाल वर्मा के ठिकाने से 35 पाव देशी प्लेन शराब बरामद किया गया। चांटीडीह निवासी संतोष उर्फ अशोक यादव के घर से 15 पाव देशी प्लेन शराब जब्त हुआ। साथ ही चिंगराजपारा में कार्रवाई के दौरान शशिबाई खटिक से 15 पाव देशी प्लेन शराब जब्त किया है । तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमाण्ड पर जेल दाखिल कराया गया है।
रतनपुर में 23 लीटर शराब बरामद
रतनपुर पुलिस ने ग्राम सलखा धनुवारपारा निवासी शुकमति बाई धनुहार के ठिकाने पर धावा बोला। पुलिस टीम ने छानबीन के दौरान घर की बा?ी से पन्नी में कुल 23 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त किया है। आबकारी एक्ट के तहत कार्यवाही कर महिला को न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है।
सिटी बसों के संचालन पर हाईकोर्ट में पीआईएल, प्लानिंग के लिए सरकार ने समय मांगा, सुनवाई 10 दिन आगे बढ़ी
10 Jan, 2025 11:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिलासपुर। प्रदेश में संचालित इंटर सिटी और सिटी बसों की स्थिति को लेकर हाईकोर्ट ने मंगलवार को हुई सुनवाई में शासन से जवाब मांगा। शासन की ओर से अतिरिक्त महाधिवक्ता यशवंत सिंह ने कार्ययोजना तैयार करने के लिए समय मांगा, जिसे हाईकोर्ट ने स्वीकार करते हुए अगली सुनवाई की तारीख 17 जनवरी निर्धारित की।
जनहित याचिका पर सुनवाई
हाईकोर्ट ने प्रदेश में खस्ताहाल सिटी बसों और अंतर नगरीय बस सेवाओं की दुर्दशा पर स्वत: संज्ञान लेते हुए जनहित याचिका दर्ज की थी। इस मामले में पहले हुई सुनवाई के दौरान कोर्ट ने पूछा था कि जर्जर हो चुकी बसों की समस्या का समाधान कैसे किया जाएगा। उस समय शासन की ओर से कहा गया था कि केंद्र सरकार की पीएमई योजना के तहत इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध कराई जाएंगी, जो दिसंबर से बिलासपुर सहित अन्य शहरों में चलेंगी।
कोर्ट के सवाल और शासन की दलीलें
मंगलवार को मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा की खंडपीठ में सुनवाई के दौरान अतिरिक्त महाधिवक्ता ने बताया प्रदेश में 4604 बसों को स्थायी परमिट जारी किए गए हैं। कोर्ट ने पूछा कि यह संख्या केवल कागजों पर है या वास्तव में बसें चल रही हैं। इस पर जवाब दिया गया कि ये बसें वास्तव में संचालित हो रही हैं। जर्जर बसों और उनका टैरिफ तय करने की प्रक्रिया पर कोर्ट ने शासन से स्पष्ट योजना प्रस्तुत करने को कहा। कोर्ट ने स्क्रैप हो चुकी बसों के निपटान पर भी सवाल किया।
शासन की नई योजना
अतिरिक्त महाधिवक्ता ने बताया कि सिटी बसों के लिए शासन की नई योजना के तहत इलेक्ट्रिक बसें इसी वर्ष के अंत तक चलाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि बस संचालन को व्यवस्थित करने और पुराने वाहनों के निपटान के लिए कार्ययोजना तैयार की जा रही है।
अगली सुनवाई
कार्ययोजना तैयार करने के लिए शासन द्वारा मांगे गए समय को स्वीकार करते हुए हाईकोर्ट ने अगली सुनवाई के लिए 17 जनवरी की तारीख तय की है।
मेयर की लॉटरी निकली ओबीसी के नाम, कई दावेदार सामने आए, नए चेहरों पर भी दांव लगा सकती है कांग्रेस-भाजपा
10 Jan, 2025 10:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिलासपुर । नगर निगम बिलासपुर में महापौर का पद इस बार अतिरिक्त पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए आरक्षित हो गया है। आरक्षण प्रक्रिया के तहत प्रदेश के नगरीय निकायों के महापौर पदों का निर्धारण राजधानी रायपुर में लॉटरी के माध्यम से हुआ। 2014 के बाद यह दूसरी बार है जब बिलासपुर का महापौर पद पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित किया गया है।
इस आरक्षण के कारण कांग्रेस और भाजपा, दोनों दलों के कई सामान्य वर्ग के दावेदारों के समीकरण बिगड़ गए हैं। पिछली बार यह सीट सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित थी। इस बार ओबीसी वर्ग के लिए आरक्षित होते ही पिछड़ा वर्ग से जुड़े नेताओं में उत्साह की लहर दौड़ गई है।
अब तक चार बार सामान्य वर्ग और तीन बार पिछड़ा वर्ग को मौका मिला है। केवल एक बार 2010 में महिला वर्ग को आरक्षण दिया गया। इस बार महापौर पद पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित होने से भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों में नए और पुराने चेहरों के बीच प्रतिस्पर्धा तेज हो गई है। भाजपा से विनोद सोनी, रामदेव कुमावत, पूजा विधानी और शैलेन्द्र यादव जैसे नाम चर्चा में हैं। वहीं कांग्रेस से प्रमोद नायक, त्रिलोक श्रीवास, लक्की यादव, विनोद साहू और शेख नजीरुद्दीन संभावित दावेदारों में शामिल हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि विधानसभा और लोकसभा चुनावों में नए चेहरों को मौका देने की रणनीति नगर निगम चुनाव में भी अपनाई जा सकती है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दल पुराने पार्षदों के साथ-साथ नए चेहरों पर भी दांव लगा सकते हैं।
नगर निगम के 70 वार्डों में लगभग 4.99 लाख वोटर हैं, जिनमें 50त्न से अधिक ओबीसी वर्ग के हैं। इस सामाजिक संरचना के कारण पिछड़ा वर्ग से महापौर प्रत्याशी तय करने से चुनाव अभियान तक, दोनों ही प्रमुख दलों कांग्रेस और भाजपा को सधी हुई रणनीति से काम लेना पड़ेगा। बिलासपुर नगर निगम की सीमा वृद्धि के बाद यह दूसरा चुनाव है, लेकिन विस्तार के बाद महापौर का पद जनता पहली बार सीधे चुनेगी। अरपापार क्षेत्र में 22 वार्ड और करीब डेढ़ लाख मतदाता हैं। माना जा रहा है कि इन्हीं वार्डों के वोट मेयर चुनाव का नतीजा तय करेंगे। महापौर के लिए चुने जाने वाले प्रत्याशी को आउटर वार्डों की समस्याओं का सामना करना पड़ेगा। बढ़ते शहरी क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं की कमी से जनता नाराज है।
महापौर पद का पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित होना राजनीतिक और सामाजिक दोनों दृष्टियों से महत्वपूर्ण है। इस आरक्षण ने जहां नए चेहरों के लिए संभावनाएं बढ़ाई हैं, वहीं पुराने दावेदारों के लिए चुनौती पेश की है। आगामी चुनाव में दोनों दलों की रणनीति और मतदाताओं की भूमिका निर्णायक होगी।
आरक्षण के बाद चुने गए महापौर
1995: पद सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित हुआ, राजेश पांडेय बने महापौर।
2000: ओबीसी से स्व. उमाशंकर जायसवाल बने महापौर।
2010: महिला वर्ग से वाणी राव (कांग्रेस) ने जीत दर्ज की।
2015: किशोर राय (भाजपा) पिछड़ा वर्ग से महापौर बने।
2020: सामान्य वर्ग से रामशरण यादव (कांग्रेस) महापौर बने।
सन् 2010 और 2015 में महापौर जनता के वोटों से चुने गए थे, जबकि शेष तीन बार पार्षदों ने चुनाव किया था।
ऑपरेशन यात्री सुरक्षा: रेलवे सुरक्षा बल की बड़ी कार्रवाई 19 अपराधी गिरफ्तार
10 Jan, 2025 09:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिलासपुर । यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए रेलवे सुरक्षा बल (क्रक्कस्न), दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने 2025 में ऑपरेशन यात्री सुरक्षा की शुरुआत की है। इस विशेष अभियान का उद्देश्य यात्रियों से जुड़े अपराधों, जैसे सामान चोरी और पाकेटमारी, को रोकना और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई करना है। अभियान के तहत बिलासपुर, रायपुर और नागपुर रेल मंडलों को विशेष निर्देश दिए गए हैं। पिछले वर्ष की घटनाओं का गहन विश्लेषण कर अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए स्पेशल टास्क फोर्स का गठन किया गया है साथ ही, रेलवे सुरक्षा बल की गुप्तचर शाखाओं को भी सक्रिय किया गया है। हाल ही में, बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग और गोंदिया जैसे प्रमुख स्टेशनों पर एक सप्ताह के भीतर 19 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। ये आरोपी मोबाइल चोरी और पाकेटमारी जैसे अपराधों में शामिल पाए गए है। गिरफ्तार आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए शासकीय रेलवे पुलिस (त्रक्रक्क) को सौंपा गया है। रेलवे सुरक्षा बल के इस प्रयास से यात्री राहत महसूस कर रहे हैं। यह अभियान यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरे जोश और समर्पण के साथ जारी रहेगा।
स्वामी आत्मानंद स्कूल तखतपुर में एसिड अटैक, छात्र गंभीर रूप से झुलसा
10 Jan, 2025 08:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिलासपुर। जिले के स्वामी आत्मानंद स्कूल तखतपुर में एक बेहद गंभीर घटना सामने आई है, जहां प्रैक्टिकल के दौरान एक छात्र ने दूसरे छात्र पर एसिड डाल दिया। इससे छात्र बुरी तरह झुलस गया और उसके गर्दन और पीठ पर फफोले पड़ गए। इस घटना के बाद स्कूल प्रबंधन की लापरवाही भी उजागर हुई है, क्योंकि घायल छात्र को अस्पताल ले जाने के बजाय स्कूल से छुट्टी दे दी गई। मामला कक्षा 11 के विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों के रसायन शास्त्र के प्रैक्टिकल के दौरान हुआ। इस दौरान स्कूल के ही एक शिक्षक के भतीजे ने जानबूझकर दूसरे छात्र के ऊपर एसिड डाल दिया। इससे छात्र की चीखों से बाकी स्टाफ भी वहां पहुंचे, लेकिन स्कूल प्रशासन ने घायल छात्र को अस्पताल भेजने की बजाय उसे छुट्टी दे दी। छात्र के घर पहुंचने के बाद पालकों ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ले जाकर इलाज कराया। घायल छात्र के पिता पंकज भारती बेनेट ने बताया कि उनके बेटे के ऊपर विद्यालय के एक शिक्षक के भतीजे ने जानबूझकर एसिड डाला और इसकी सूचना देने के बजाय उन्हें छुट्टी दे दी गई। घर आने के बाद बेटे ने पूरी घटना बताई, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। प्राचार्य मौसमी रॉबिंसन ने बताया कि एसिड की जगह फिनोल क्रिस्टल का प्रयोग किया गया था, जो एसिडिक प्रतिक्रिया करता है। घायल छात्र का इलाज जारी है और छात्र को 20 तारीख तक विद्यालय से निष्कासित कर दिया गया है। इस घटना के बाद जिला शिक्षा अधिकारी टीआर साहू ने बीईओ कामेश्वर बैरागी को घटना की जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। यह मामला गंभीर है, क्योंकि यदि एसिड छात्र के चेहरे या आंख में पड़ता तो उसकी आंखों की रोशनी जा सकती थी या चेहरा बुरी तरह से झुलस सकता था।
श्रम मंत्री देवांगन ने 41 हजार से अधिक श्रमिकों के बैंक खाते में 23.22 करोड़ रूपए अंतरित किए
9 Jan, 2025 11:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन आज नवा रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सनिर्माण कर्मकार मंडल कार्यालय में 41 हजार से अधिक श्रमिकों के बैंक खाते में 23.22 करोड़ रूपए डीबीटी के माध्यम से अंतरित की। विष्णु देव की सरकार में प्रदेश के श्रमिकों और उनके परिवार के सदस्यों को लगातार योजनाओं का लाभ तेजी से मिल रहा है। 37 हजार से अधिक निर्माण श्रमिकों को 14.83 करोड़ रूपए एवं 4928 असंगठित क्षेत्र के कर्मकारों को राशि रूपए 8.39 करोड़ रूपए, 28 श्रमिकों को पेंशन एवं दीदी ई-रिक्शा सहायता योजना के तहत अनुदान राशि दिया जा रहा है। इस तरह कुल 41 हजार से अधिक श्रमिकों को 23.22 करोड़ रूपए डीबीटी के माध्यम से अंतरित किए गए। इस अवसर पर सचिव सह श्रमायुक्त श्रीमती अलरमेल मंगई डी, अपर आयुक्त श्रम एस. एल. जांगड़े सहित श्रमिक उपस्थित थे।
अब तक 398 करोड़ 22 लाख रूपए की राशि की जा चुकी है जारी
कार्यक्रम के दौरान श्रम मंत्री ने मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना के अंतर्गत चंगोराभाटा निवासी झम्मन यादव को एक लाख रूपए की सहायता राशि का चेक, मुख्यमंत्री नोनी सक्तिकरण सहायता योजना के तहत फाफाडीह रायपुर निवासी रेणु मिश्रा एवं उदिया सोसायटी टाटीबंद की दीपा साहू को 20-20 हजार रूपए का चेक, दीदी ई-रिक्शा सहायता योजना के अंतर्गत कुशालपुर रायपुर निवासी श्रीमती रेश्मी बाई, प्रोफेसर कॉलोनी रायपुर की लता देवांगन, कोटा रायपुर की हेमलता साहू एवं सड्डू रायपुर की भुवनेश्वरी साहू को एक-एक लाख रूपए की चेक प्रदाय किया गया।
इस अवसर पर श्रम मंत्री देवांगन ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव की सरकार में प्रदेश के श्रमिकों और उनके परिवार के सदस्यों को लगातार योजनाओं का लाभ तेजी से मिल रहा है। श्रम विभाग के तीनों मंडल-छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सनिर्माण कर्मकार मंडल, संगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल एवं श्रम कल्याण मंडल के माध्यम से योजनाओं का सफल क्रियान्वयन हो रहा है। इसी का परिणाम है की जनवरी से नवम्बर 2024 तक श्रमिकों को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से 375 करोड़ रूपए अंतरित किये जा चुके हैं। श्रम विभाग के तीनों मंडल के अंतर्गत श्रमिकों के हित में विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही है। इसमें मिनीमाता जतन योजना, मुख्यमंत्री श्रमिक औजार सहायता योजना, मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना, मुख्यमंत्री नोनी बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना, निर्माण श्रमिकों के बच्चे हेतु उत्कृष्ट खेल प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना, मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना, मुख्यमंत्री श्रमिक सियान सहायता योजना, निर्माण श्रमिकों के बच्चों हेतु निःशुल्क गणवेश एवं पुस्तक कॉपी सहायता योजना, मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक आवास सहायता योजना संचालित की जा रही है।
पहाड़ी कोरवा बंधन ने किया जमाने से कदम मिलाने का आगाज, पक्के मकान से बदली जिंदगी
9 Jan, 2025 11:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा समुदाय से आने वाले बंधन ने पक्के मकान में रहने का सपना पूरा कर लिया है। बंधन का कहना है, आज दुनिया आगे बढ़ रही है। हमें भी जमाने से कदम मिलाना होगा, और इसकी शुरुआत पक्के मकान से हो रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सरकार ने हमें और हमारे जैसे कई परिवारों को मुख्यधारा से जोड़ने की पहल की है। प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई) के तहत उन्हें यह मकान मिला है, जिससे उनकी जिंदगी में बड़ा बदलाव आया है।
बंधन ने बताया कि मेहनत-मजदूरी करने वाले लोगों के लिए अपने मकान का सपना देखना कभी असंभव लगता था। लेकिन, सरकार की योजनाओं ने यह सपना साकार किया है। प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत उन्हें घर के साथ-साथ पानी, बिजली और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाएं मिली हैं। उन्होंने बताया कि वे अधिकारियों की मदद से पीएमएवाई के तहत आवेदन किया। 2023-24 में उन्हें मकान निर्माण की स्वीकृति मिली और देखते ही देखते उनका सुंदर घर बनकर तैयार हो गया। पुराने कच्चे मकान में उन्हें बरसात में पानी टपकने और दीवारों की सीलन जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता था। लेकिन अब, पक्के मकान में यह सारी समस्याएं समाप्त हो गई हैं।
बंधन ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का धन्यवाद करते हुए कहा कि गरीबों के उत्थान के लिए सरकार जो योजनाएं लेकर आई है, उनसे हमें बड़ी राहत मिली है। मैं अपने सगे-सम्बंधियों और पड़ोसियों को भी इन योजनाओं के लाभ के बारे में बताता हूं, ताकि वे भी अपने सपनों को पूरा कर सकें। पहाड़ी कोरवा समुदाय के बंधन का पक्का घर बनने का सपना पूरा होना सरकार की विकास योजनाओं और समाज के कमजोर वर्गों को सशक्त बनाने की दिशा में उठाए गए महत्वपूर्ण कदमों का प्रमाण है।
रात 1 बजे के बाद ऑनलाइन खाना ऑर्डर करने पर रोक, ऑनलाइन खाना ऑर्डर करने के नियम तय
9 Jan, 2025 11:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में अब रात 1 बजे के बाद ऑनलाइन खाना नहीं मिलेगा। एसएसपी डॉ. लाल उम्मेद सिंह ने सिविल लाइन स्थित सी-4 बिल्डिंग के मीटिंग हॉल में ऑनलाइन फूड सप्लाई के संचालकों, प्रबंधकों, आउटलेट प्रभारियों और वितरकों की बैठक में यह व्यवस्था की। इसके साथ ही कुछ अन्य गतिविधियों को भी बंद करने को कहा गया है। अपने कर्मचारियों और डिलीवरी ब्वॉय की पुलिस जांच और सत्यापन में सहयोग के लिए उनकी आईडी समेत पूरी जानकारी संबंधित थानों में जमा करने और आउटलेट की जानकारी देने को कहा गया है।
संस्थाओं को निर्देश दिए गए हैं कि वे आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को नौकरी पर न रखें और उन्हें रखने से पहले कर्मचारियों का चरित्र सत्यापन अनिवार्य रूप से कराएं और डिलीवरी ब्वॉय द्वारा उपयोग किए जाने वाले वाहनों के संबंध में भी पुलिस को जानकारी दें। एसएसपी डॉ. लाल उम्मेद सिंह ने ऑनलाइन शॉपिंग साइट्स के संचालकों, प्रबंधकों और फूड सप्लायरों के साथ बैठक की।
चाकू आते ही पुलिस को दें सूचना
रायपुर में पुलिस आए दिन चाकूबाजी करने वालों को पकड़ रही है। पूछताछ में पता चला है कि बदमाशों द्वारा ऑनलाइन चाकू मंगाए जा रहे हैं। इसको देखते हुए एसएसपी ने ऑनलाइन शॉपिंग साइट्स के संचालकों और प्रबंधकों के साथ बैठक की। इस दौरान कहा गया कि ग्राहकों को किसी भी तरह का चाकू न दिया जाए। चाकू, नशे से संबंधित सामग्री और अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं को कोड के अनुसार अपने पास रखने और पुलिस की मौजूदगी में खोलने को कहा गया। जिन ग्राहकों को पूर्व में चाकू डिलीवर किए गए हैं, उनके बारे में जानकारी की गई।
पुलिस का मानना है कि शातिर अपराधी इसका फायदा उठा रहे हैं। ऑनलाइन शॉपिंग साइट्स के हेड ऑफिस को ई-मेल के जरिए निर्देश दिया गया है कि चाकू, धारदार हथियार, पिस्तौल जैसे दिखने वाले हथियार और नशे से संबंधित सामग्री को प्रतिबंधित करें और डिलीवर न करें।
मत्स्य पालन से आर्थिक समृद्धि, सालाना आय 5.5 लाख रुपए
9 Jan, 2025 10:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा मछुआरों तथ मत्स्य पालक कृषकों की आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाने के लिए कई रियायतें दी जा रही है। मत्स्य पालन को प्रोत्साहित करने के लिए अनुसूचित जनजाति वर्ग और महिलाओं को 60 प्रतिशत तक अनुदान भी प्रदान किया जा रहा है, जिससे इस वर्ग के लोग भी मछली पालन को अपनाकर अपनी आर्थिक स्थिति को सुढृढ़ कर रहे है।
दंतेवाड़ा जिले के ग्राम मैलावाड़ा के प्रगतिशील कृषक जयराम कश्यप ने मत्स्य पालन के माध्यम से अपनी आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करते हुए अन्य कृषकों के लिए प्रेरक बन गए है। पारंपरिक खेती से सीमित आय प्राप्त करने वाले जयराम ने 2017 में अपनी पुश्तैनी भूमि पर तालाब बनाकर मत्स्य पालन शुरू किया। उन्होंने मत्स्य विभाग के मार्गदर्शन में इन योजनाओं का लाभ उठाते हुए अपनी सवा एकड़ भूमि पर तालाब का निर्माण कराया और 2023-24 में 25 डिसमिल भूमि में पौंड-लाइनर भी स्थापित किया।
जयराम कश्यप ने सघन मत्स्य पालन तकनीक अपनाते हुए रोहू, कतला, मृगल और कॉमन कॉर्प जैसी उन्नत नस्लों का पालन किया। उनके पौंड-लाइनर में सारंगी (फंगाल) जैसी मछलियों के बीजों को तैयार किया जाता है। तालाबों में ऑक्सीजन की सतत आपूर्ति और वैज्ञानिक तरीकों से मछलियों की बेहतर देखभाल की जाती है। कश्यप को मत्स्य पालन से सालाना साढ़े पांच लाख रुपये का मुनाफा हो रहा है, जो कि उनके कृषि आय से कई गुना अधिक है। उनके दोनों पुत्र इस व्यवसाय में सहयोग कर रहे हैं। स्थानीय बाजार में मछलियों की अधिक मांग के कारण उनकी मछलियां आसानी से बिक जाती हैं।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ राज्य में मत्स्य पालन को प्रोत्साहन देने के लिए मछुआरों को तालाब निर्माण, उपकरण, परिपूरक आहार और मत्स्य बीजों के लिए अनुदान प्रदान किया जा रहा है। जयराम कश्यप ने बताया कि वे अपने तालाब के पास कुक्कुट शेड बनाकर आय के स्रोतों को और बढ़ाने के लिए प्रयासरत् है। छत्तीसगढ़ सरकार की योजनाओं और जयराम कश्यप जैसे प्रगतिशील किसानों के प्रयासों ने दंतेवाड़ा जिले में मत्स्य पालन को एक आकर्षक और स्थायी व्यवसाय बना दिया है। यह सफलता क्षेत्र के अन्य किसानों को भी मत्स्य पालन के प्रति प्रेरित कर रही है।
डॉ. मोहन सरकार की बड़ी उपलब्धि, UCC विधेयक पारित; क्या अब आसान होगा आम लोगों का जीवन?
मां योजना का विस्तार: 6 महीने में 30 हजार से ज्यादा लोगों ने लिया दूसरे राज्यों में मुफ्त उपचार का लाभ
जेडीए का बड़ा कदम: नागरिक सेवा केन्द्र में फॉलोअप शिविर, लोगों को मिलेगी त्वरित राहत
Vedanta ऑयल एंड गैस विवाद में नया मोड़, DGH ने मांगा भारी जुर्माना
देश में UCC लागू करने वाले राज्यों की सूची में शामिल हुआ मध्य प्रदेश, विधानसभा से बिल पास
राहुल गांधी का बड़ा विरोध प्रदर्शन, पीएम आवास के बाहर रातभर धरने का ऐलान
कांग्रेस नेताओं का प्रदर्शन, राहुल गांधी के साथ सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध
हत्या से पहले रची गई थी पूरी योजना? केतन केस में नए खुलासे
जेल से बाहर आते ही बनाई गैंगस्टर स्टाइल रील, रीवा पुलिस ने दबोचकर उतारा 'बॉस' का भूत
1930 हेल्पलाइन पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश, साइबर सुरक्षा पर सरकार सख्त
