छत्तीसगढ़
बिना नंबर प्लेट के दौड़ रहे ट्रैक्टर, प्रशासन और खनिज विभाग मौन, रेत माफिया मजे में
15 Jan, 2025 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिलासपुर: शहर से सटी अरपा नदी में सुबह से रात तक अवैध खनन जारी है। रेत माफियाओं की मौज-मस्ती जारी है, वहीं सरकार को राजस्व का चूना लग रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रेत माफिया कई जगहों पर अवैध खनन कर रहे हैं।
नदी की संरचना हो रही प्रभावित
खनिज विभाग और प्रशासन के अधिकारी दिखावे के लिए एक-दो बार कार्रवाई करते हैं। अवैध खनन के कारण नदी की संरचना प्रभावित हो रही है। साथ ही रेत माफियाओं के बढ़ते प्रभाव के कारण सरकार को भी राजस्व का भारी नुकसान हो रहा है। रेत माफियाओं के इस नेटवर्क में स्थानीय और बाहरी दोनों तरह के लोग शामिल हैं, जो आसानी से नदी से रेत निकालकर बेच देते हैं।
रेत से भरे बिना नंबर के ट्रैक्टर दौड़ रहे
अरपा नदी में अवैध रेत खनन का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शहर के आसपास स्थित नदी से सुबह से रात तक रेत का अवैध उत्खनन जारी है। रेत से भरे बिना नंबर के ट्रैक्टर और हाइवा शहर की सड़कों पर खुलेआम दौड़ रहे हैं, जबकि प्रशासन और खनिज विभाग कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा है। खनिज विभाग के अधिकारी स्टाफ की कमी का हवाला देकर कार्रवाई करने से बचते हैं। जिससे रेत माफियाओं के हौसले बुलंद हैं और अवैध खनन का कारोबार दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है।
सॉफ्टवेयर का काम अंतिम चरण में
खनिज अधिकारी रमाकांत सोनी: रेत घाटों का ठेका इस बार ऑनलाइन किया जाएगा। सॉफ्टवेयर का काम अंतिम चरण में है। घाटों के ठेके के संबंध में शासन से कोई निर्देश नहीं मिले हैं। शासन से निर्देश मिलते ही जिले के रेत घाटों के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
मिशन अमृत 2.0 के तहत माना में पेयजल योजना का काम तेज होगा, उपमुख्यमंत्री ने किया निरीक्षण
15 Jan, 2025 08:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर। माना नगर पंचायत में मिशन अमृत 2.0 के तहत बन रही जल प्रदाय योजना का काम अब तेजी से पूरा होगा। सोमवार को उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने अधिकारियों के साथ कार्यस्थल का दौरा कर काम का जायजा लिया। उन्होंने पेयजल योजना का काम जल्दी पूरा करने और अच्छे से करने के निर्देश दिए। यह योजना माना के लगभग 4,000 घरों तक नल से शुद्ध पानी पहुंचाने के लिए बनाई जा रही है। इस पर 44.38 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं और अब तक 30% काम पूरा हो चुका है। इसे सितंबर 2025 तक पूरा करने का लक्ष्य है। माना में 840 किलोलीटर और 650 किलोलीटर की दो पानी टंकियां बनाई जा रही हैं। इनका काम 85% और 75% तक हो चुका है। वहीं, जलापूर्ति के लिए 66 किमी की पाइपलाइन बिछाई जानी है, जिसमें से 34 किमी पाइपलाइन का काम पूरा हो गया है। इस मौके पर विधायक मोतीलाल साहू, रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह और नगर निगम आयुक्त अबिनाश मिश्रा भी मौजूद थे।
सट्टा रैकेट के मुख्य सरगना सुधीर गुप्ता को पुलिस ने किया गिरफ्तार, सौ करोड़ से ज्यादा की लेन-देन का खुलासा
15 Jan, 2025 07:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सरगुजा: जिले में पुलिस ने बड़े सट्टा रैकेट का पर्दाफाश करते हुए इसके मुख्य सरगना सुधीर गुप्ता को गिरफ्तार किया है। सुधीर गुप्ता समेत सटोरियों के गिरोह का तार महादेव सट्टा एप से जुड़ा था, और यह रैकेट कई बैंकों में खोले गए सैकड़ों खातों के माध्यम से संचालित हो रहा था। अब तक पुलिस ने करीब सौ करोड़ से अधिक के लेन-देन का खुलासा किया है। पुलिस को जानकारी मिली थी कि सटोरिए सरगुजा के एक कमरे में अपना ऑफिस बनाकर सट्टा चला रहे थे। पुलिस ने छापेमारी के दौरान चार सटोरियों को गिरफ्तार किया था, लेकिन सुधीर गुप्ता मौके से फरार हो गया था।
पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में बैंक पासबुक, ATM कार्ड, मोबाइल फोन, क्यूआर कोड, नगद राशि, हवाला के पैसे में उपयोग किए गए नोट और अन्य सामग्री बरामद की थी। इसके बाद एसपी के निर्देश पर सीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष टीम ने सुधीर गुप्ता को गिरफ्तार किया। पुलिस ने खुलासा किया कि आरोपी सट्टा खिलवाने के लिए फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल कर विभिन्न बैंकों में खाता खोलते थे और यूपीआई सेवाओं जैसे फोन पे, पेटीएम और गूगल पे के जरिए लेन-देन करते थे।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पुलिस ने 73 मोबाइल, 234 एटीएम कार्ड, 78 चेकबुक, 81 पासबुक, 77 सिम कार्ड, 8 बार कोड स्कैनर, 13 आधार कार्ड की छायाप्रति, 4 पैन कार्ड की छायाप्रति और अन्य महत्वपूर्ण सामग्री बरामद की। इसके अलावा, कमरे से नगद राशि 154,100 रुपये भी जब्त की गई। जब्त की गई वस्तुओं की कुल कीमत 20 लाख रुपये के आसपास बताई जा रही है। पुलिस की कार्रवाई में अर्जुन गुप्ता नामक एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, जो आरोपियों के साथ मिलकर फर्जी बैंक खातों के जरिए सट्टा रैकेट चला रहा था। पुलिस का कहना है कि इस रैकेट के और भी बड़े नेटवर्क का खुलासा किया जा सकता है।
बेहतर भविष्य के निर्माण के लिए एकाग्रता और कठिन परिश्रम जरूरी: मंत्री रामविचार नेताम
15 Jan, 2025 06:58 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
xरायपुर : आदिम जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि बेहतर भविष्य के निर्माण के लिए एकाग्रता और कठिन परिश्रम जरूरी है। विद्यार्थी जीवन में संयम के साथ ईमानदारी और लगन से परिश्रम करते है, तो सफलता अवश्य मिलती है। उन्होंने कहा कि सभी के साथ अपने बच्चे के बेहतर भविष्य के निर्माण का सपना जुड़ा होता है। विद्यार्थियों को भी अपने माता-पिता तथा रिश्ते-नातेदारों के सपने को साकार करने के लिए शांत मन से अर्जुन की भांति केवल चिड़िया के नेत्र को केन्द्र में रखकर लक्ष्य को भेदने का प्रयास करना चाहिए। इस प्रयास में राज्य सरकार भी हर संभव सहयोग प्रदान कर रही है। उक्त बातें आज राजधानी रायपुर के सड्डू स्थित प्रयास आवासीय विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में कही।
मंत्री नेताम ने लगभग 34 लाख रूपए की लागत से निर्मित 40 सीटर नवादिम कम्प्यूटर लैब का उद्घाटन किया। इससे विद्यार्थियों को इंटरनेट के माध्यम से प्रतियोगी परीक्षाओं के तैयारी के लिए सहायता मिलेगी। इस अवसर पर मंत्री नेताम ने नववर्ष की सौगात के रूप में वहां अध्ययनरत विद्यार्थियों को इंग्लिश डिक्शनरी प्रदान की और बच्चों से चर्चा कर उनकी पढ़ाई-लिखाई के बारे में जानकारी ली।
मंत्री नेताम ने कहा कि पढ़ाई का उद्देश्य सिर्फ नौकरी नहीं होना चाहिए, बल्कि शिक्षा लेकर औरों को भी रोजगार देने की होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आज आवासीय विद्यालयों में सरकार शैक्षणिक वातावरण के साथ-साथ बेहतर सुविधाएं प्रदान कर रही है। यहां रहने वाले विद्यार्थी हजारों बच्चों में चयन करके शिक्षा के लिए यहां लाया जाता है। विद्यार्थियों को भी अपने मंजिल को ध्यान में रखकर आगे बढ़ना चाहिए।
कार्यक्रम को रायपुर ग्रामीण के विधायक मोतीलाल साहू ने भी सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान दौर में आधुनिक स्तर की पढ़ाई करने की जरूरत है। सफलता के लिए हमें शिक्षा के तकनीकी पहलुओं के साथ कदम से कदम मिलाकर चलना राज्य सरकार कमजोर वर्ग के बच्चों को उच्चतर शिक्षा प्रदान करने निरंतर प्रयास कर रही है। विद्यार्थियों को भी अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए कठिन परीश्रम के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
गौरतलब है कि राज्य सरकार प्रयास विद्यालय के माध्यम से प्रदेश के संपूर्ण अनुसूचित क्षेत्र सहित गैर अनुसूचित क्षेत्र में स्थित नक्सल प्रभावित जिले के आदिवासी उपयोजना क्षेत्र के विद्यार्थियों को कक्षा 9वीं से 12वीं तक शालेय शिक्षा के साथ-साथ इंजीनियरिंग मेडिकल, राष्ट्रीय प्रतिभा खोज, एनटीएसई, सीए, सीएस, सीएमए, क्लैट इत्यादि प्रवेश परीक्षाओं की कोचिंग प्रदान कर इन विद्यार्थियों के स्वयं के प्रतिभा के बल पर प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हेतु योग्य बनाने का प्रयास किया जा रहा है। राजधानी रायपुर के सड्डू स्थित प्रयास आवासीय विद्यालय में 884 विद्यार्थी अध्ययनरत है। यहां पढ़ाई के साथ-साथ इंजीनियरिंग तथा मेडिकल की प्रतियोगी परीक्षा हेतु निःशुल्क कोचिंग भी प्रदान की जाती है।
इस वर्ष आयोजित छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में 06 अभ्यर्थियों ने सफलता पाई है, जो पहले प्रयास विद्यालय में रह कर पढ़ाई कर चुके हैं। इसी प्रकार यहां 9वीं, 10वीं के शिक्षा के साथ विद्यार्थियों को एनटीएसई, ओलंपियाड, गणित एवं विज्ञान पहेली की तैयारी कराई जा रही है, ताकि इससे इंजीनियरिंग एवं मेडिकल (नीट) की बेसिक तैयारी कराई जा सके। इसी तरह 11वीं, 12वीं के विद्यार्थियों को जेईई (मेंस/एडवांस) की तैयारी कराई जा सके। वर्तमान में 173 विद्यार्थियांें को जेईई मेंस और 61 विद्यार्थियों को एनडीए प्रवेश परीक्षा की तैयारी कराया जा रहा है।
प्रयास विद्यालय का 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा का परिणाम लगभग शत्-प्रतिशत रहा है। वर्ष 2024 में 10वीं में 174 विद्यार्थी में से 123 विद्यार्थी उत्तीर्ण रहे। इनमें 74 विद्यार्थी 90 प्रतिशत से भी अधिक अंक अर्जित किए। वहीं कक्षा 12वीं में 95 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए तथा जेईई मेंस में 62 विद्यार्थी क्वालीफाई हुए तथा इन 62 विद्यार्थियों में 33 विद्यार्थियों ने जेईई एडवांस क्वालीफाई किया। इसी तरह यहां के विद्यार्थियों ने आईआईटी में 05, एनआईटी में 04 तथा ट्रिपल आईटी में 09 विद्यार्थी ने प्रवेश प्राप्त करने में सफलता पाई है।
इस अवसर पर आदिम जाति कल्याण विभाग के आयुक्त पी.एस. एल्मा, अपर संचालक संजय गौड़, प्रयास आवासीय विद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी अरविन्द जायसवाल, वार्ड पार्षद सुशीला धींवर सहित छात्र-छात्राएं व कर्मचारी उपस्थित थे।
जमीन विवाद पर जीजा ने साले की की हत्या, कोर्ट ने सुनाई आजीवन कारावास की सजा
15 Jan, 2025 06:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जांजगीर चांपा: जिले में एक गंभीर अपराध सामने आया है, जिसमें जमीन विवाद के चलते जीजा ने अपने साले की हत्या कर दी। यह घटना बलौदा थाना क्षेत्र के राम नगर इलाके में हुई। जानकारी के अनुसार, लक्ष्मी नारायण चक्रधारी 1 दिसंबर 2023 को अपने दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जांजगीर से बलौदा गए थे। इस दौरान उनके जीजा राजकुमार प्रजापत ने टांगी से वार कर लक्ष्मी नारायण की हत्या कर दी। मृतक और आरोपी के बीच भूमि संबंधी विवाद था, जिसके कारण यह हत्या हुई। इस मामले में जिला एवं सत्र न्यायाधीश शक्ति सिंह राजपूत ने आरोपी राजकुमार प्रजापत को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही, 5 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया है। यह फैसला इलाके में चर्चाओं का विषय बना हुआ है।
ब्रेकिंग: पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा और बेटे हरीश गिरफ्तार
15 Jan, 2025 06:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर: छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा और बेटे हरीश कवासी को गिरफ्तार कर लिया. यह गिरफ्तारी ईडी दफ्तर में उनसे तीसरी बार पूछताछ के दौरान हुई. सूत्रों के मुताबिक लखमा को शाम तक कोर्ट में पेश किए जाने की संभावना है।
इससे पहले ईडी के अधिकारियों ने उनसे दो बार 8-8 घंटे तक पूछताछ की थी. दफ्तर में घुसने से पहले लखमा ने कहा कि, आज मुझे पूछताछ के लिए बुलाया गया था. इसलिए आया हूं. देश कानून से चलता है, अगर वे मुझे कानून के मुताबिक बुलाएंगे तो मैं 25 बार आऊंगा. लखमा ने कहा कि, ईडी के अधिकारी जो भी सवाल पूछेंगे मैं उसका जवाब दूंगा. मैं उनका सम्मान करूंगा. ईडी के अधिकारियों ने कवासी को आज सीए के साथ पूछताछ के लिए बुलाया था. लेकिन वे अकेले ही ईडी दफ्तर पहुंचे. लखमा ने बताया कि, उनका सीए बाहर गया हुआ है, इसलिए वे नहीं आए हैं।
जिले में आयोजित विराट दंगल में पहलवानों ने दिखाया दमखम
15 Jan, 2025 05:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कोरबा, कोरबा जिले में मकर संक्रांति के अवसर पर पूर्वांचल विकास समिति ने विराट दंगल कार्यक्रम आयोजित किया। जिसमें छत्तीसगढ़ सहित अन्य प्रदेशों से पहुंचे पहलवान ने अपना दमखम दिखाया। प्रदेश के वाणिज्य उद्योग और श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने विराट दंगल का शुभारंभ किया।इस दौरान छत्तीसगढ़, उत्तरप्रदेश, बिहार, हरियाणा, पंजाब, मध्यप्रदेश से कई पहलवान जोर आजमाइश पहुंचे,
शाम 5:00 बजे तक चले इस दंगल को देखने के लिए आसपास के शहरवासी बड़ी संख्या में जुटे। मकर संक्रांति के अवसर पर पूर्वांचल समिति के द्वारा पहली बार इस तरह के विराट दंगल का आयोजन कर देश की पुरानी परंपरा को यादगार बनाने के किए गए कार्य की सराहना समाज के सभी लोगों द्वारा की गई। कार्यक्रम को प्रदेश के वाणिज्य, उद्योग और श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने संबोधित किया। कार्यक्रम समाप्ति के पश्चात पहलवानों को उनके प्रदर्शन के लिए नगद राशि से सम्मानित किया गया।
भाटापारा में भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर मारपीट, हुआ जमकर हंगामा
15 Jan, 2025 05:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बलौदाबाजार: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले से बड़ी खबर है। भाटापारा में एक कार्यक्रम से पहले कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच जमकर बवाल हुआ। दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच जमकर लात-घूंसे और धक्का-मुक्की हुई। बीच-बचाव करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
मामला कुछ यु
बताया जा रहा है कि उद्घाटन प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष शिवरतन शर्मा को करना था, लेकिन कार्यक्रम में उनकी मौजूदगी को लेकर विवाद बढ़ गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना था कि स्थानीय विधायक, नगर परिषद अध्यक्ष और कांग्रेस पार्षदों को जानबूझकर नहीं बुलाया गया, जिससे कार्यक्रम में उनकी मौजूदगी को लेकर असंतोष फैल गया।
हाथापाई और खूब लात-घूंसे चले
दोनों पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि हाथापाई और लात-घूंसे तक चलने की नौबत आ गई। वहां मौजूद पुलिस कर्मियों ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों के बीच मामला शांत कराया, लेकिन बीच-बचाव करने में पुलिस कर्मियों को भी पसीना बहाना पड़ा। यहां भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। खबर लिखे जाने तक बवाल जारी था और कार्यक्रम शुरू नहीं हुआ था।
बिजली उपभोक्ताओं के लिए जल्द ही 'बिजली मित्र बॉट' सेवा शुरू होगी
15 Jan, 2025 04:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन के आह्वान से प्रेरित होकर छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड उपभोक्ता सेवाओं का विस्तार करते हुए अपने लगभग 64 लाख उपभोक्ताओं के लिए ‘बिजली मितान बॉट’ की सुविधा शुरू कर रही है। वितरण कंपनी के प्रबंध निदेशक भीम सिंह कंवर ने सभी उपभोक्ताओं से इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है। श्री कंवर ने बिजली कर्मचारियों से अपील की है कि वे उपभोक्ताओं को इस नई सुविधा के संबंध में समुचित जानकारी दें और उन्हें इसका लाभ उठाने के लिए प्रेरित करें।
व्हाट्सएप बॉट का उपयोग करने के लिए आपको Hi लिखकर बिजली कंपनी के व्हाट्सएप बॉट नंबर 9425551912 पर भेजना होगा, जबकि वेब बॉट का उपयोग करने के लिए आपको वितरण कंपनी की वेबसाइट cspdcl.co.in पर जाना होगा। प्रथम चरण में उपभोक्ता बिजली मितान बॉट के माध्यम से बिजली आपूर्ति, ट्रांसफार्मर खराब होने और बिजली दुर्घटना से संबंधित शिकायत आसानी से दर्ज करा सकते हैं, साथ ही इस बॉट के माध्यम से उसकी स्थिति भी जान सकते हैं। यदि उपभोक्ता अपनी बकाया राशि, पिछले बिल और पिछले भुगतान की जानकारी जानना चाहता है तो वह 'बिजली मितान बॉट' के माध्यम से भी जान सकता है। कुछ उपभोक्ता बिल न मिलने की शिकायत करते हैं, वे भी अब इस बॉट के माध्यम से आसानी से बिल की पीडीएफ कॉपी यहां से डाउनलोड कर सकते हैं। प्रधानमंत्री सूर्याघर मुफ्त बिजली योजना की विस्तृत जानकारी भी इस बॉट के माध्यम से प्राप्त की जा सकती है।
निकट भविष्य में यह बिजली मितान बॉट बिजली बिल भुगतान, मोबाइल नंबर पंजीकरण, नए बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन, लोड परिवर्तन, नाम परिवर्तन, टैरिफ जानकारी, बिजली चोरी की रिपोर्ट करने की सुविधा, स्मार्ट मीटर से संबंधित जानकारी के साथ-साथ कई अन्य प्रकार की उपभोक्ता सेवाएं जैसी सुविधाएं प्रदान करेगा।
व्हाट्सएप बॉट का उपयोग कैसे करें
सबसे पहले बिजली कंपनी के व्हाट्सएप बॉट नंबर 9425551912 को अपनी संपर्क सूची में सेव करें। सेव करने के बाद Hi लिखकर ऊपर दिए गए नंबर पर भेज दें। इसके बाद आपको भाषा (हिंदी/अंग्रेजी) का चयन करना होगा। भाषा का चयन करने के बाद जिस नंबर से आप चैट कर रहे हैं, उससे रजिस्टर्ड उपभोक्ता संख्या दिखने लगेगी, आपको उस उपभोक्ता संख्या का चयन करना है जिसकी जानकारी आप प्राप्त करना चाहते हैं। इसके बाद बॉट में उपलब्ध उपभोक्ता सेवाओं की सूची दिखने लगेगी, इसके बाद आपके इनपुट के आधार पर बॉट उपभोक्ता सेवाओं की जानकारी आपको उपलब्ध करा दी जाएगी। ऐसे उपभोक्ता जिनका उपभोक्ता नंबर मोबाइल नंबर से रजिस्टर्ड नहीं है, वे अपना मोबाइल नंबर मोर बिजली ऐप, कंपनी की वेबसाइट (cspdcl.co.in), कॉल सेंटर 1912 और अपने बिजली कार्यालय के माध्यम से रजिस्टर करा सकते हैं।
CGPSC घोटाला: भर्ती परीक्षाओं की CBI जांच की मांग उठी, पूर्व CM भूपेश बघेल की बेटी की नियुक्ति पर भी उठे सवाल, मुख्यमंत्री को सौपा ज्ञापन
15 Jan, 2025 03:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर: सीजीपीएससी घोटाले की तेजी से बढ़ रही सीबीआई जांच के बाद अब भूपेश के कार्यकाल में हुई सभी नियुक्तियां भी सवालों के घेरे में हैं. इसलिए अब पिछली सरकार में हुई सभी भर्ती परीक्षाओं की जांच की मांग उठने लगी है. भाजपा नेता उज्ज्वल दीपक ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर कांग्रेस कार्यकाल में हुई सभी भर्ती परीक्षाओं की जांच की मांग की है. मुख्यमंत्री से मुलाकात में उज्ज्वल ने कहा है कि पिछली सरकार ने प्रदेश के युवाओं के साथ धोखा किया है. युवा व्यापमं और पीएससी के जरिए हुई नियुक्तियों पर संदेह कर रहे हैं. ऐसे कई उदाहरण मिले हैं, जिसमें अधिकारियों और नेताओं के बच्चों के चयन में पक्षपात किया गया है।
उज्ज्वल दीपक ने 2018 से 2023 तक हुई सभी भर्ती परीक्षाओं और नियुक्तियों की सीबीआई जांच की मांग की है. उन्होंने मुख्यमंत्री से 2021-2022 का रिजल्ट रद्द करने और सभी नियुक्तियों को भी रद्द करने की मांग की है. साथ ही सीजीपीएससी के तत्कालीन अध्यक्ष, परीक्षा नियंत्रक और भ्रष्टाचार में चयनित अधिकारियों का नार्को टेस्ट कराने की भी मांग की है। उज्ज्वल दीपक ने कहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की बेटी का चयन 2019 में वाणिज्य उच्च शिक्षा विभाग द्वारा सहायक प्राध्यापक के पद पर हुआ है। उनकी नियुक्ति की भी जांच होनी चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि सभी भर्ती परीक्षाओं को वर्तमान सीबीआई जांच में शामिल किया जाए और नए सिरे से जांच कराई जाए। मुख्यमंत्री ने कहा है कि वे इस मामले पर विचार करेंगे।
छत्तीसगढ़ सीजीपीएससी घोटाला मामला में गोयल के बेटे-बहू समेत 5 आरोपियों की रिमांड खत्म, सीबीआई आज कोर्ट में करेगी पेश
15 Jan, 2025 02:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर: छत्तीसगढ़ के सबसे चर्चित पीएससी घोटाला मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है. इस मामले की जांच सीबीआई कर रही है. जहां सीबीआई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 7 लोगों को गिरफ्तार किया है. जिसमें से पांच आरोपियों की रिमांड आज खत्म हो रही है. सीबीआई इन आरोपियों को कोर्ट में पेश करेगी. आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद सीबीआई इन आरोपियों से आगे की पूछताछ के लिए रिमांड बढ़ाने की मांग कर सकती है. कोर्ट ने साहिल सोनवानी, शशांक और भूमिका को जेल भेज दिया है. नितेश, ललित गणवीर को भी जेल भेजा गया है, सीबीआई तमन सोनवानी, श्रवण गोयल को भी पेश कर सकती है. शशांक-भूमिका पहले गिरफ्तार हुए एसके गोयल के बेटे और बहू हैं.
क्या है सीजीपीएससी घोटाला?
सीजीपीएससी की 2019 से 2022 तक की भर्ती में कुछ उम्मीदवारों के चयन को लेकर विवाद चल रहा है. ईओडब्ल्यू और अर्जुन्दा पुलिस ने भ्रष्टाचार-अनियमितता के आरोप में केस दर्ज किया है. पीएससी ने 2020 में 175 और 2021 में 171 पदों के लिए परीक्षा आयोजित की थी। इन भर्तियों को लेकर विवाद ज्यादा है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि तत्कालीन चेयरमैन सोनवानी ने मनमाने तरीके से कांग्रेस नेताओं और नौकरशाहों के बच्चों समेत अपने रिश्तेदारों को नौकरी दिलाई है।
टामन सिंह सोनवानी के बेटे और भतीजे को जेल
छत्तीसगढ़ पीएससी घोटाला मामले में नया अपडेट सामने आया है। मामले में 5 आरोपियों को 2 दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इनमें पूर्व सीजीपीएससी चेयरमैन टामन सिंह सोनवानी के बेटे नितेश सोनवानी, भतीजे साहिल सोनवानी और बजरंग पावर के संचालक श्रवण कुमार गोयल के बेटे शशांक गोयल, बहू भूमिका कटियार और तत्कालीन परीक्षा नियंत्रक ललित गणवीर शामिल हैं। सभी आरोपी 2 दिन रायपुर सेंट्रल जेल में रहेंगे। सोमवार को कोर्ट में पेशी के बाद सीबीआई को इन आरोपियों की 15 जनवरी तक की रिमांड मिल गई है।
सीबीआई ने पहले इन्हें हिरासत में लिया था
सीबीआई ने छत्तीसगढ़ पीएससी घोटाला मामले में बड़ी कार्रवाई की है। सीबीआई ने पूर्व चेयरमैन तमन सोनवानी के भतीजे समेत तीन लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था। इसके बाद सीबीआई ने इन्हें कोर्ट में पेश किया। जहां से तमन सोनवानी के भतीजे साहिल के अलावा शशांक गोयल और भूमिका कटियार को गिरफ्तार किया गया है। बेटे की गिरफ्तारी से शशांक की मां कोर्ट में बेहोश हो गई। अब सीबीआई तीनों आरोपियों से पूछताछ के लिए कोर्ट से रिमांड मांगेगी। मालूम हो कि शशांक-भूमिका पहले गिरफ्तार किए गए एसके गोयल के बेटे और बहू हैं।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग में होगी भर्ती
15 Jan, 2025 01:49 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर खाद्य और औषधि प्रशासन के अधीन परीक्षण प्रयोगशालाओं में 33 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। वित्त विभाग ने इन पदों के लिए मंजूरी प्रदान कर दी है। इनमें औषधि परीक्षण प्रयोगशाला के लिए 16 और खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला के लिए 17 पदों पर भर्ती का रास्ता साफ हो गया है। खाद्य एवं औषधि सुरक्षा से जुड़े कार्यों में प्रभावी निगरानी और परीक्षण के लिए सक्षम कर्मचारियों की आवश्यकता को देखते हुए वित्त विभाग ने भर्ती के लिए स्वीकृति दी है। इन रिक्त पदों को भरने से प्रयोगशाला के काम-काज में तेजी आएगी। वहीं नागरिकों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री और औषधियों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सकेंगी।
ऋण वसूली एजेंट के द्वारा दुर्व्यवहार करने पर कार्यवाही करने कलेक्टर ने लिखा जिला पुलिस अधीक्षक को पत्र
15 Jan, 2025 12:40 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कोरबा, कोरबा जिला कलेक्टर अजीत कुमार वसंत ने कोरबा जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी को पत्र लिखा है कि विभिन्न माइक्रो फायनेन्स कंपनी, बैंक से ऋण लेने वाली महिलाओं के द्वारा समय सीमा में ऋण का भुगतान नहीं करने पर संबंधित माइक्रो फायनेंन्स/बैंक के एजेंट द्वारा ऋण वसूली के दौरान बलपूर्वक कार्यवाही एवं अपमानजनक व्यवहार करने पर संबंधितों के विरुद्ध कानूनी तथा प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की जाए।
कलेक्टर ने पत्र में उल्लेख किया विभिन्न माइक्रो फाइनेंस कंपनी, बैंक एजेंट के द्वारा लोन लेने वाली महिलाओं से दुर्व्यवहार करने की उनके विरुद्ध शिकायत प्राप्त हो रही है। फ्लोरा मैक्स कंपनी से ठगी की शिकार एवं विभिन्न माइक्रो फाइनेंस कंपनी/बैंक से ऋण लिए महिलाओं के द्वारा समय सीमा में ऋण का भुगतान नहीं करने पर संबंधित माइक्रो फाइनेंस/बैंक के एजेंट द्वारा ऋण वसूली के दौरान बलपूर्वक कार्यवाही एवं अपमानजनक व्यवहार/दुर्व्यवहार करने की शिकायत प्राप्त हो रही है। जिससे वसूली प्रक्रिया के दौरान उन्हें अनुचित तनाव या अपमान का सामना करना पड़ रहा है। ऋण वसूली एजेंट द्वारा किया जाने वाला ऐसा कृत्य शासकीय तथा आर.बी.आई. के दिशा निर्देशों के प्रतिकूल है।
अतः ऐसी शिकायत प्राप्त होने पर संबंधित के विरूद्ध आवश्यक वैधानिक कार्यवाही तथा प्रतिबंधात्मक कार्यवाही करना सुनिश्चित करें।
थोड़ी सी मदद ने सीखा दिया जीना, प्रधानमंत्री स्वनीधि योजना स्ट्रीट वेंडरों के लिए साबित हुआ मील का पत्थर
15 Jan, 2025 11:35 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भिलाई। विषम परिस्थिति कई बार आदमी को जीना सीखा देती है। तीन वर्ष पहले आए कोरोना आपदा ने कई लोगों का रोजगार छिना तो कई को नौकरी गवानी पड़ी। ऐसे में प्रधानमंत्री स्वनीधि योजना स्ट्रीट वेंडरों के लिए मील का पत्थर साबित हुआ। रिसाली निगम क्षेत्र की बात करे तो दो सौ से अधिक लोगों का परिवार बिखरने से बच गया। पहले 10 हजार और 20 हजार, 50 हजार की ऋण स्वरूप मदद से कई स्ट्रीट वेंडरों ने स्वरोजगार स्थापित किया। आयुक्त मोनिका वर्मा ने बताया कि निगम क्षेत्र में वेंडिग क्षेत्र घोषित नहीं है। इसके बाद भी मुख्य मार्गो की स्थिति शाम के वक्त चैपाटी जैसे हो जाती है। ऐसे ही स्ट्रीट वेंडरों को योजना का लाभ दिलाने का प्रयास किया और रिसाली अपने लक्ष्यों को पूरा कर पाया। फास्ट फुड के व्यापारी चुम्मन साहू बताता है कि पहले वह महज 3 से 4 हजार कमाता था। स्वनीधि के तहत मिले तीन चरणों में ऋण से अब वह हर माह बैंक में भविष्य के लिए पैसे संजो रहा है। चैमीन, चिकन व एग रोल से ही कुछ घंटे के व्यवसाय में 10 हजार तक की बचत कर रहा है। प्रदेश के नगरीय निकाय में रिसाली ऐसा निकाय है जहां स्लम क्षेत्र में पॉश कालोनी की तर्ज पर चैपाटी बनाया गया है। यहां स्ट्रीट वेंडरों को ऋण उपलब्ध कराया गया है। साथ ही उनकी दशा पहले से बेहतर है।
शिक्षा,स्वास्थ्य, संस्कृति और समाज के विकास में हो रहा है काम-केदार कश्यप
15 Jan, 2025 10:37 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कोरबा, वन एवं जलवायु परिवर्तन, जलसंसाधन, कौशल विकास तथा सहकारिता मंत्री छत्तीसगढ़ शासन केदार कश्यप कोरबा विकासखंड अंतर्गत ग्राम देवपहरी में गौ-मुखी सेवाधाम द्वारा आयोजित तिल लाडू ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिता में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने वन विभाग और जल संसाधन विभाग के अंतर्गत लाखो रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास और भूमिपूजन किया। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि छत्तीसगढ़ की सरकार लगातार विकास कार्यों को बढ़ावा देने की दिशा में कार्य कर रही है। आज हुए शिलान्यास और भूमिपूजन से इस क्षेत्र में नए कार्यों की सौगात मिल रही है। इससे क्षेत्र के ग्रामीणों को लाभ मिलेगा। उन्होंने तिल लाडू कप के आयोजन स्थल पर कहा कि गौ-मुखी सेवा धाम द्वारा ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों के कल्याण के लिए कार्य किया जा रहा है। शिक्षा से जोड़कर उन्हें निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं दी जा रही है। संस्कृति से जोड़ते हुए समाज के विकास में जोड़ने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमे अपने पूर्वजों के दिखाए हुए रास्ते में चलना चाहिए। उन्होंने संस्था के कार्य को सराहते हुए सहयोग करने की बात कही। इस दौरान मंत्री श्री कश्यप ने रस्साकशी, कबड्डी, तीरंदाजी के विजेताओं का सम्मान किया। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित भी किया। इस दौरान बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया। देवपहरी में वन विभाग अंतर्गत पाँच करोड़ 89 लाख के विभिन्न कार्यों का शिलान्यास किया गया। जिसमें कोरबा, केंदई, पसरखेत, जटगा, चैतमा, करतला वन परिक्षेत्र के अंतर्गत वन मार्ग, रपटा, जल स्त्रोत, पुलिया, वॉच टॉवर, आवास निर्माण सहित वन्य जीव संरक्षण की दिशा में अनेक कार्य आदि शामिल है। इसी तरह जलसंसाधन विभाग अंतर्गत 17 कार्य 7633.62 लाख रुपए के विभिन्न कार्यों का शिलान्यास और भूमिपूजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, संस्था के पदाधिकारी और जलसंसाधन विभाग, वन विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
राशिफल 22 जुलाई 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
किसान अब उन्नत तकनीक की ओर अग्रसर, पैडी ट्रांसप्लांटर विधि से धान रोपाई
मध्यप्रदेश पुलिस का नशे के विरुद्ध सख्त प्रहार
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम सामाजिक न्याय की सबसे बड़ी गारंटी : खाद्य मंत्री राजपूत
अपनी मेहनत और समर्पण से बड़वानी बन रहा देश में कृषि, उद्यमिता एवं नवाचार का उदाहरण : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
निर्वाचन तैयारियां एवं स्वीप गतिविधियां तेज
मुख्यमंत्री डॉ. यादव से मिले पारस डिफेंस एंड स्पेस टेक्नोलॉजीस कम्पनी के पदाधिकारी
सिक्किम टनल हादसा: मृतक मजदूरों के परिजनों को मुआवजे का ऐलान
विपक्ष के प्रदर्शन के बीच पुलिस की कार्रवाई, राहुल-अखिलेश हिरासत में
