छत्तीसगढ़
पीएम से सवाल पूछने के लिए छत्तीसगढ़ के छात्र सबसे ज्यादा उत्सुक
17 Jan, 2025 04:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर: फरवरी-मार्च से विद्यार्थियों की परीक्षाएं शुरू होंगी। इससे पहले विद्यार्थियों को प्रेरित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक बार फिर 'परीक्षा पे चर्चा' कार्यक्रम में विद्यार्थियों के सवालों का सीधे जवाब देंगे। इस बार प्रश्न पूछने के मामले में छत्तीसगढ़ के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने रिकॉर्ड बनाया है। छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य बन गया है, जहां से सबसे ज्यादा प्रश्न पूछे गए हैं। बता दें कि इसके लिए विद्यार्थियों और शिक्षकों से 14 जनवरी तक प्रश्न मांगे गए थे। राज्यों को कक्षा 6वीं से 12वीं तक के बच्चों की पंजीकृत संख्या के आधार पर प्रश्न पूछने का लक्ष्य दिया गया था।
ओडिशा दूसरे स्थान पर, फिर गुजरात
छत्तीसगढ़ को दिए गए लक्ष्य के मुकाबले उपलब्धि करीब 200 फीसदी रही। इसके लिए समग्र शिक्षा की ओर से ज्यादा से ज्यादा प्रश्न पूछने के लिए इस कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। प्रश्न पूछने वालों में छत्तीसगढ़ पहले, ओडिशा दूसरे और गुजरात तीसरे स्थान पर है। बता दें कि हर साल की तरह इस साल भी पीएम मोदी परीक्षा को उत्सव की तरह मनाने और विद्यार्थियों में इससे जुड़े तनाव को दूर करने के लिए स्कूली बच्चों, शिक्षकों और अभिभावकों से सीधे संवाद करेंगे। यह कार्यक्रम 29 जनवरी को सुबह 11 बजे भारत मंडपम, प्रगति मैदान, नई दिल्ली में आयोजित किया जा रहा है। इसमें देशभर से छात्र वर्चुअली शामिल होंगे।
छात्रों की सहभागिता के लिए सचिव ने लिखा पत्र
'परीक्षा पे चर्चा' कार्यक्रम में सहभागिता के लिए सचिव ने सभी कलेक्टरों को पत्र लिखकर आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कलेक्टरों से कहा है कि यह वह समय है जब हम सभी परीक्षा को उत्सव के रूप में मनाते हैं। छात्रों को पढ़ाई के लिए प्रेरित करें।
प्रोजेक्टर लगाकर बच्चों को दिखाया जाएगा कार्यक्रम
कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दूरदर्शन नेशनल चैनल, दूरदर्शन समाचार, दूरदर्शन भारत, यूट्यूब और अन्य निजी चैनलों के माध्यम से देखा जा सकेगा। इसके लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, आयुक्त नगर निगम और जिला शिक्षा अधिकारी को समन्वय स्थापित कर कार्यक्रम का प्रचार-प्रसार करने को कहा गया है।
रायपुर: 2 से 3 डिग्री तक गिर सकता है तापमान, बढ़ेगी ठंड
17 Jan, 2025 02:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर: राजधानी समेत प्रदेश में ठंड का उतार-चढ़ाव जारी है। शुक्रवार से अगले तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान में फिर 2 से 3 डिग्री की गिरावट आएगी। इससे फिर ठंड बढ़ेगी। मौसम में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव के कारण लोग वायरल बुखार, सर्दी-खांसी से पीड़ित हो रहे हैं। डॉक्टरों के अनुसार जब तक मौसम ऐसा ही रहेगा, हर कोई बीमार पड़ता रहेगा। गुरुवार को राजधानी में न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2.6 डिग्री ज्यादा रहा। वहीं अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री रहा। यह सामान्य से एक डिग्री ज्यादा रहा। पेंड्रा रोड, जगदलपुर और उत्तरी छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों को छोड़कर प्रदेश में रात का तापमान सामान्य से ऊपर चल रहा है। यही स्थिति दोपहर के तापमान की भी है।
इस बार जनवरी में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में इतना उतार-चढ़ाव हो रहा है कि लोगों की तबीयत बिगड़ रही है। कभी बंगाल की खाड़ी में सिस्टम बनने तो कभी पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश में मौसम बदल रहा है। अच्छी बात यह है कि इस बार जनवरी में राजधानी में बारिश नहीं हुई है। पिछले कुछ सालों में जनवरी में बारिश का ट्रेंड रहा है। बारिश से धूल तो बह जाती है, लेकिन बच्चे और बड़े बीमार पड़ जाते हैं। बारिश से न केवल दिन का बल्कि रात का तापमान भी काफी गिर जाता है। लोगों को यह भी समझ नहीं आता कि पहले रेनकोट पहनें या गर्म कपड़े। इस बार यह दुविधा नहीं है।
कई अफसरों ने भी कमाया पैसा सोनवानी के साथ, CBI ने 7 आरोपियों के खिलाफ पेश की चार्जशीट
17 Jan, 2025 02:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर: छत्तीसगढ़ के रायपुर में पीएससी का पेपर पूर्व सीजीपीएससी अध्यक्ष टामन सिंह सोनवानी और परीक्षा नियंत्रक आरती वासनिक ने लेन-देन के जरिए लीक किया था. इस खेल में एक सिंडिकेट काम कर रहा था. फिलहाल आरती वासनिक की भूमिका जांच के दायरे में है. इसलिए उन्हें गिरफ्तार नहीं किया गया है. जांच में इनपुट मिलने के बाद उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा. इस मामले में सीबीआई ने रिकॉर्ड चार दिनों में पांच लोगों के खिलाफ चालान पेश किया. इस घोटाले की जांच के बाद सीबीआई ने पूर्व सीजीपीएससी अध्यक्ष टामन सिंह सोनवानी, उनके भतीजे नितेश, बेटे साहिल, उप परीक्षा नियंत्रक ललित गणवीर, कारोबारी श्रवण गोयल, उनके बेटे शशांक और बहू भूमिका गोयल (कटियार) को आरोपी बनाया है, जिन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है. गुरुवार को सीबीआई के विशेष न्यायाधीश की अदालत में उक्त सभी लोगों के खिलाफ 465 पन्नों की चार्जशीट पेश की गई.
लीक किया था पेपर
चार्जशीट में बताया गया है कि किस तरह पीएससी के तत्कालीन अधिकारियों ने अपने पद का दुरुपयोग कर लेन-देन कर अपने रिश्तेदारों और करीबियों को फायदा पहुंचाने के लिए पेपर लीक किया। 30 जनवरी को कोर्ट में पेश चार्जशीट पर बचाव और अभियोजन पक्ष अपनी दलीलें पेश करेंगे। बता दें कि सीजीपीएससी में 2019 से 2022 तक की भर्ती में कुछ अभ्यर्थियों के चयन को लेकर विवाद है। 2020 में 175 और 2021 में 171 पदों के लिए परीक्षा आयोजित की गई थी।
इस फर्जीवाड़े के बाद दुर्ग जिले के अर्जुन्दा थाने में मामले की एफआईआर दर्ज की गई थी। इसके बाद ईओडब्ल्यू और एसीबी ने एफआईआर दर्ज की थी। इसमें सीजीपीएससी के पूर्व अध्यक्ष टामन सिंह ने अपने बेटे नितेश, बड़े भाई के बेटे साहिल, बहू निशा कोसले, बहन की बेटी सुनीता जोशी और नेताओं और अफसरों के रिश्तेदारों का पीएससी में चयन कराया था।
45 लाख रुपए की रिश्वत का जिक्र
सीबीआई ने अपनी चार्जशीट में बताया है कि तमन सिंह सोनवानी की पत्नी द्वारा संचालित एनजीओ को 45 लाख रुपए की रिश्वत दी गई। कारोबारी श्रवण गोयल पर आरोप है कि उन्होंने अपने बेटे शशांक और बहू भूमिका को नौकरी दिलाने के लिए सोनवानी के करीबी एनजीओ को सीएसआर फंड से 45 लाख रुपए दिए। इस संबंध में दस्तावेजी साक्ष्य और संदेह के घेरे में आए अन्य लोगों के नाम भी शामिल किए गए हैं।
पंडित जवाहर लाल नेहरू उत्कर्ष योजना अंतर्गत कक्षा छठवीं में प्रवेश हेतु चयन परीक्षा 23 मार्च को
17 Jan, 2025 01:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जगदलपुर। पंडित जवाहर लाल नेहरू उत्कर्ष योजना (यथा संशोधित 2021) अंतर्गत वर्ष 2025-26 में कक्षा छठवीं में प्रवेश हेतु चयन परीक्षा 23 मार्च 2025 (दिन रविवार) दोपहर 12 बजे से 02 बजे तक लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। पंडित जवाहर लाल नेहरू उत्कर्ष योजना का उद्देश्य अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति के ग्रामीण प्रतिभावान छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना और नई सोच के साथ बेहतर कैरियर चयन का अवसर प्रदान करते हुए प्रतिस्पर्धा बनाना तथा बर्हिमुखी व्यक्तित्व विकास के लिए अवसर प्रदान करना है। इसके अंतर्गत छ.ग. राज्य के अंतर्गत चयनित उत्कृष्ट प्राइवेट स्कूलों में प्रवेश कराया जाता है, एवं शाला का पूर्ण शुल्क शासन द्वारा वहन किया जाता है। योजनान्तर्गत कक्षा 12 वीं तक अध्ययन की सुविधा होती है।
योजना के तहत छात्रों के चयन का मापदण्ड-पात्रता शर्तें-विद्यार्थी छत्तीसगढ़ का मूल निवासी हो,विद्यार्थी छत्तीसगढ़ राज्य में मान्य अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति वर्ग का हो। इस हेतु सक्षम प्राधिकारी द्वारा स्थाई जाति प्रमाण धारक हो। विद्यार्थी छत्तीसगढ़ में संचालित किसी मान्यता प्राप्त संस्था में कक्षा 5वीं में नियमित रूप से अध्ययनरत हो तथा कक्षा 4थीं की परीक्षा में 60 प्रतिशत से अधिक अंक या समकक्ष ग्रेड प्राप्त करने वाले विद्यार्थी चयन परीक्षा में शामील होने के पात्र होंगे।पिता-पालक की आय समस्त स्रोतों से वार्षिक आय 2.50 लाख से अधिक न हो। निर्धारित प्रपत्र में पालक का स्वघोषणा पत्र होना चाहिए।योजना अंतर्गत विद्यार्थियों का चयन पूर्णतः ग्रामीण क्षेत्र में स्थित विद्यालयों में अध्ययनपरत विद्यार्थियों से किया जायेगा, अर्थात ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत तथा नगर पंचायत क्षेत्र के विद्यालयों से कक्षा 4थीं उत्तीर्ण करने वाले छात्र ही योजना का लाभ लेने हेतु पात्र होंगे। नगर पालिका तथा नगर निगम क्षेत्र में स्थित विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थी योजना का लाभ लेने हेतु पात्र नहीं होंगे।
योजना अंतर्गत सीट का निर्धारण- राज्य अंतर्गत छात्र-छात्रा जिस जिले का मूल निवासी हो (सक्षम प्राधिकारी के हस्ताक्षर से जारी निवास प्रमाण पत्र के आधार पर) उसी जिले में आवेदन करने की पात्रता होगी मूल निवास जिले से भिन्न जिले में किये गये आवेदन स्वीकार्य योग्य नहीं होगा। कक्षा 6वीं में प्रवेश हेतु - कक्षा 5वीं के स्तर का विज्ञान, गणित, अंग्रेजी, हिन्दी एवं पर्यावरण पर आधारित 100 ऑब्जेक्टिव टाइप प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रत्येक खंड में 20-20 अंक के प्रश्न रहेंगे,इस हेतु 120 मिनट का समय होगा।प्रश्न पत्र एवं उत्तर पुस्तिका एक है,अतः छात्र उत्तर पुस्तिका में उत्तर भरकर-अंकित कर उत्तर पुस्तिका परीक्षक को वापस करेंगें।
निर्धारित आवेदन पत्र में विद्यार्थी आवेदन कर सकेंगे। विद्यार्थी द्वारा आवेदन पत्र शाला में जमा करने की अंतिम तिथि 14 फरवरी (दिन शुक्रवार) संध्या 05 बजे तक, शाला प्रमुख द्वारा विद्यार्थी के आवेदन का परीक्षण एवं विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालय को अग्रेषण दिनांक 20 फरवरी (दिन गुरुवार) विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा समस्त आवेदन पत्रों की सूची तैयार कर सहायक आयुक्त आदिवासी विकास कार्यालय में कार्यालयीन समय में 25 फरवरी तक जमा करने की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। आवेदन पत्र का अग्रेषण शाला प्रमुख द्वारा किया जाएगा। शाला प्रमुख द्वारा आवेदन के अग्रेषण के पूर्व यह सुनिश्चित किया जाएगा कि विद्यार्थी समस्त योग्यता यथा शैक्षणिक योग्यता, स्थाई जाति, निवास एवं आय संबंधी शर्ते पूर्ण करता है। अधूरे आवेदन स्वीकार्य योग्य नहीं है।समस्त आवेदन पत्र विद्यालय में 14 फरवरी (दिन शुक्रवार) को संध्या 5 बजे तक जमा किये जा सकेंगे।
अवैध रूप से पाए जाने पर 7.20 लिटर विदेशी मदिरा जप्त
17 Jan, 2025 12:33 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गौरेला पेंड्रा मरवाही। आबकारी वृत्त पेंड्रा की टीम द्वारा रात्रि गस्त के द्वारा मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर मरवाही जनपद के ग्राम मेढ़ुका के बुधराम सिंह गोंड़ के आधिपत्य में केवल मध्य प्रदेश राज्य में विक्रय हेतु वैध विदेशी मदिरा कुल 40 नग मात्रा 7.20 बल्क लिटर मदिरा बरामद किया गया। जप्त मदिरा में ब्लूचिप व्हिस्की, ओल्ड मॉन्क रम, मैकडॉवेल दव 01 रम एवं गोवा व्हिस्की शामिल है, जो केवल मध्यप्रदेश में विक्रय हेतु वैध है। आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर 15 जनवरी बुधवार को न्यायिक रिमांड लेकर जेल दाखिल किया गया है। जप्ती की कार्रवाई आबकारी उप निरीक्षक तुलेश कुमार देशलहरे, मुख्य आरक्षक प्रकाश सिंह, सुधीर मिश्रा एवम् आबकारी आरक्षक इंद्रभान राठौर, शुभम रजक द्वारा की गई।
घरेलू गैस सिलेंडर के दुरुपयोग पर खाद्य विभाग की कार्यवाही
17 Jan, 2025 11:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महासमुंद। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार खाद्य विभाग की संयुक्त जांच दल द्वारा बुधवार को विकासखंड बसना अंतर्गत ग्राम अंसुला में पिलानिया स्टोर्स की जांच की गई। जांच में पिलानिया स्टोर्स के संचालक राजकुमार अग्रवाल द्वारा अपने किराना स्टोर में घरेलू गैस सिलेंडर का अवैध रूप से भण्डारण किये जाने के कारण द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय व वितरण विनियमन) आदेश 2000 का उल्लंघन किये जाने के कारण 47 नग घरेलू गैस सिलेंडर, जिसमें से 14.2 किग्रा. का 43 नग भरे हुए एवं 2 नग खाली तथा 5 किग्रा. के 2 नग खाली सिलेंडर की जप्ती की कार्यवाही की गई तथा उक्त घरेलू गैस सिलेंडर को गैस एजेंसी पिथौरा की सुपुर्दगी में दिया गया है।
इसी प्रकार एक अन्य जांच में खाद्य एवं आबकारी विभाग के संयुक्त जांच दल द्वारा विकासखंड बसना अंतर्गत अंतरा परिसरार अंसुला नाला, ग्राम पंचायत अंसुला में अवैध रूप से घरेलू गैस सिलेण्डरों का महुआ शराब बनाने में उपयोग करते हुए पाया गया। मौके पर 7 नग घरेलू गैस सिलेंडर, जिसमें 1 नग भरा हुआ, 1 नग खाली, 5 नग आधा भरा हुआ, 5 नग रेगुलेटर, 5 नग एकल बर्नर चूल्हा, 4 हॉस पाईप तथा 9 नग गंजा बर्तन जप्त किया गया। जप्त गैस सिलेंडर को गैस एजेंसी पिथौरा की सुपुर्दगी में दिया गया। उक्त जांच एवं जप्ती की कार्यवाही हरीश सोनेश्वरी, सहायक खाद्य अधिकारी, अनुविभाग-सरायपाली, अविनाश दुबे, खाद्य निरीक्षक, विकासखंड-सरायपाली तथा विवेक कुमार, खाद्य निरीक्षक, विकासखंड पिथौरा एवं आबकारी विभाग के अधिकारियों द्वारा किया गया।
तेरा मेरा छोड़कर जिताऊ उम्मीदवार को टिकट वितरण पार्टी की प्राथमिकता : संतोष पांडे
17 Jan, 2025 10:32 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
राजनांदगांव । भारतीय जनता पार्टी द्वारा नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारी को लेकर एक आवश्यक बैठक का आयोजन जिला भाजपा कार्यालय में किया गया जिसमें संगठन प्रभारी अवधेश चंदेल एवं लाभचंद बाफना तथा सांसद संतोष पांडे एवं पूर्व सांसद अभिषेक सिंह का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। इस अवसर पर प्रमुख रूप से प्रदेश चुनाव प्रभारी खूबचंद पारख भी उपस्थित थे। सर्वप्रथम बैठक का विधिवत शुभारंभ भारत माता एवं पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया गया। तत्पश्चात नवनियुक्त जिला अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत ने अपने उद्बबोधन में आगामी नगरीय निकाय चुनाव एवं त्रि स्तरीय पंचायत चुनाव में सभी को मिलजुल कर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का आवाहन किया तथा सभी 16 मंडल अध्यक्षों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। बैठक में सांसद संतोष पांडे ने कहा कि सभी को समन्वय करके संतुष्ट करना और वार्ड के निवासियों के लिए सर्वसम्मति से पार्षद, पंच, सरपंच एवं महापौर पद का प्रत्याशी का चयन करना हम सब की जवाबदारी है, इसमें तेरा मेरा को छोड़कर पार्टी के हित में कार्य करने से सफलता तय होगी, उन्होंने कहा कि भाजपा के संगठन चुनाव के समयबध्य ढंग से संपन्न हुए हैं,जो संगठन की विशेषता है। पूर्व सांसद अभिषेक सिंह ने भी कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार करते हुए कहा कि पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ताओं ने विधानसभा एवं लोकसभा चुनाव जीताने में अपना पसीना बहाया है, अब इन छोटे कार्यकर्ताओं को नेता बनाने एवं निचले स्तर तक पार्टी की योजनाओं को पहुंचाने का अवसर यह चुनाव है। इस चुनाव में योग्य एवं सही कार्यकर्ता का चुनाव कर टिकट वितरण से पार्टी का जनाधार निश्चित रूप से बढ़ेगा। सभी की सामूहिक जवाबदारी है कि हम एकजुट होकर पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़े। संगठन प्रभारी अवधेश चंदेल ने भी नगर निगम चुनाव एवं पंचायत चुनाव के संबंध में बूथ स्तर पर जीत के मंत्र दिए और कहा कि पिछले 5 वर्षों में कांग्रेस की भूपेश सरकार का भय एवं आतंक का माहौल था,जिसके जिला अध्यक्ष के कुख्यात कारनामे जग जाहिर थे, अब वर्तमान में विष्णु देव साय का सुशासन चल रहा है जिसके तहत 70 लाख बहनों को महतारी वंदन योजना का लाभ दिया जा रहा है और छत्तीसगढ़ सरकार ने किसानों को 2 वर्ष का बोनस भी दिया,साथ ही एक मुफ्त 3100 में धान खरीदी की व्यवस्था भी की जा रही है। अवधेश चंदेल ने कहा कि सभी को अनुभव के साथ मेहनत और विश्वसनीयता के साथ जनता का विश्वास हासिल करना है और मतदाता सूची का अवलोकन जरूर करें तथा सूचीबद्ध मतदाताओं से संपर्क कर उनका विश्वास हासिल करें। विशेष रूप से पधारे लाभचंद बाफना ने कहा कि 15 वर्षों तक डॉ रमन सिंह ने प्रदेश को विकास की ऊंचाइयों तक पहुंचा उनके कार्यकाल को जनता को जरूर बताएं और 5 वर्षों तक भूपेश सरकार ने छत्तीसगढ़ के युवाओं को महादेव एप और शराब के भ्रष्टाचार में डुबो दिया और विगत एक वर्षों में विष्णुदेव साय सरकार के सुशासन को और उनकी योजनाओं को भी जनता तक पहुंचाएं तो भाजपा की जीत पक्की होगी। प्रदेश चुनाव अधिकारी खूबचंद पारख ने सभी नवनियुक्त मंडल अध्यक्षों को मार्गदर्शन देते हुए कहा कि उनके जीवन का स्वर्णिम अवसर आया है इसलिए वे सभी इस चुनाव में गंभीरता के साथ लग जाए और स्थानीय मुद्दों को उजागर करें पिछली सरकार की कमियों को बताएं और लगातार मतदाताओं से संपर्क में रहे,बूथ जीतने के लिए सभी कार्यकर्ता जी जान से जुट जाएं तो चुनाव में भाजपा का परचम जरूर फहराएगा। कार्यक्रम का सफल संचालन जिला महामंत्री रविंद्र वैष्णव ने किया एवं आभार प्रदर्शन नव नियुक्त महामंत्री सौरभ कोठारी ने किया। इस अवसर पर प्रमुख रूप से प्रदेश महामंत्री भरत वर्मा, पूर्व जिला अध्यक्ष रमेश पटेल, संतोष अग्रवाल, विनोद खांडेकर, सुरेंद्र सिंह बन्नोआना, राजेंद्र गोलछा, नीलू शर्मा,एमडी ठाकुर, शशिकांत द्विवेदी, चंद्रिका डडसेना, शिव वर्मा,मूलचंद लोधी, गिन्नी चावला, संजय लोहिया, पूर्णिमा साहू, किरण साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष गीता साहू, कैलाश शर्मा, लीलाधर साहू,सावन वर्मा,आलोक बिंदल, रघुवीर वाधवा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।
प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर मनमोहक रकसगंडा वॉटरफॉल
17 Jan, 2025 09:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सूरजपुर। सूरजपुर जिले का रकसगंडा वॉटरफॉल प्राकृतिक सुंदरता का एक ऐसा अद्भुत उदाहरण है, जो हर किसी को अपने आकर्षण से मोहित कर लेता है। जिला मुख्यालय सूरजपुर से लगभग 120 किलोमीटर की दूरी पर, ओडगी विकासखंड के नवगई गांव में स्थित यह जलप्रपात रेण नदी पर बना हुआ है। यह क्षेत्र मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश की सीमा से सटा हुआ है, जहां प्रकृति ने अपनी कलात्मक छवि प्रस्तुत की है।
रकसगंडा वॉटरफॉल न केवल एक पर्यटन स्थल है, बल्कि यह स्थान प्रकृति प्रेमियों और उन लोगों के लिए आदर्श है, जो अपनी भागदौड़ भरी जिंदगी से कुछ पल सुकून के तलाश में रहते हैं। घने वनों और जलप्रपात की मधुर ध्वनि के बीच बिताए गए पल हर किसी के लिए यादगार बन जाते हैं। करीब 50 फीट की ऊंचाई से गिरता जल, जब पत्थरों के समूह के बीच से बहता है, तो उसकी कलकल ध्वनि और मनमोहक दृश्य एक अद्वितीय अनुभव कराते हैं। घने जंगलों के बीच स्थित यह वॉटरफॉल न केवल पर्यटकों के लिए एक शानदार पिकनिक स्थल है, बल्कि उनकी आत्मा को शांति और सुकून भी प्रदान करता है।
रकसगंडा वॉटरफॉल की खासियत इसके आसपास की अद्भुत भू-आकृति है। यहां विभिन्न संरचनाओं में फैले विशाल पत्थरों का समूह देखने लायक है। इन पत्थरों के बीच से बहती रेण नदी की धारा ऐसा प्रतीत कराती है मानो प्रकृति ने खुद इसे अपनी कलाकारी से सजाया हो। ठंड के मौसम में यह स्थान और भी आकर्षक हो जाता है, जब यहां बड़ी संख्या में पर्यटक पिकनिक मनाने और प्रकृति के करीब समय बिताने पहुंचते हैं।
त्यौहारों, छुट्टियों एवं नए साल के अवसर पर रकसगंडा वॉटरफॉल पर्यटकों से गुलजार रहता है। दूर-दूर से लोग अपने परिवार और दोस्तों के साथ यहां के मनोरम दृश्यों का आनंद लेने आते हैं। यहां की प्राकृतिक सुंदरता, शांत वातावरण और बहते पानी की मधुर ध्वनि हर किसी को सुकून का एहसास कराती है।
डॉ रमन सिंह ने कार्यकर्ताओं से छेरी छेरा में विकास के लिए कार्यकर्ताओं से संघर्ष मांगा*
17 Jan, 2025 08:34 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
राजनांदगांव। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत के नेतृत्व में आज सैकड़ो कार्यकर्ता रायपुर भाजपा कार्यालय में क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल तथा संगठन मंत्री पवन साय एवं स्पीकर हाउस में विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह को धन्यवाद देने पहुंचे।
स्पीकर हाउस में खचाखच भारी हाल में डॉक्टर रमन सिंह ने पूर्व अध्यक्ष रमेश पटेल के कार्यकाल की प्रशंसा करते हुए उनका सम्मान किया तत्पश्चात पूर्व जिला अध्यक्ष संतोष अग्रवाल एवं सचिन बघेल का भी गमछा पहनकर सम्मान किया और अपने उद्बोधन में उन्होंने नवनियुक्त अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत एवं महामंत्री सौरभ कोठारी को आने वाले समय में बेहतरीन टीम बनाने और बेहतरीन पारी खेलने का आव्हान किया। डॉ रमन सिंह ने कहा कि 15 वर्षों तक राजनांदगांव का समुचित विकास हुआ परंतु विगत 5 वर्षों में कांग्रेस की सरकार ने राजनांदगांव के साथ सौतेला व्यवहार किया और विकास कार्य ठप हो गए अब छत्तीसगढ़ में डबल इंजन की सरकार है और आज मकर संक्रांति के शुभ अवसर पर भाजपा में संगठन परिवर्तन की ओर है मकर संक्रांति के दिन सूर्य दक्षिणायन से उत्तरायण की ओर आता है,ऐसे ही समय की दृष्टि से संगठन भी परिवर्तन करता है। डॉ रमन सिंह ने कहा कि आज छत्तीसगढ़ की पारंपरिक उत्सव छेरी छेरा का भी शुभ दिन है। और राजनांदगांव के विकास के लिए वे सभी कार्यकर्ताओं से छेरा छेरी के रूप में कुछ मांगना चाहते हैं, उन्होंने कहा कि राजनांदगांव के विकास के लिए मुझे भाजपा के पार्षद, महापौर, पंच, सरपंच और जनपद तथा जिला पंचायत अध्यक्ष बनाने में अपना योगदान दे ताकि डबल इंजन की सरकार के साथ राजनांदगांव एवं पूरे संसदीय क्षेत्र का समुचित विकास हम कर सकें।
नव नियुक्त अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत ने डॉ रमन सिंह का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एक छोटे से कार्यकर्ता को उन्होंने मौका दिया है, तो मैं विश्वास दिलाता हूं कि कार्यकर्ताओं के हित में काम करूंगा और वे विकास तथा जन सेवा के कार्यों को महत्व देंगे, इस अवसर पर उन्होंने अटल बिहारी वाजपेई के सपनों को साकार करने का भी आश्वासन दिया, अंत में आभार प्रदर्शन नव नियुक्त जिला महामंत्री सौरभ कोठारी ने किया। कार्यक्रम का सफल संचालन भागचंद गीड़िया ने किया। इस अवसर पर विशेष रूप से उपस्थित पूर्व सांसद अभिषेक सिंह का भी स्वागत सम्मान किया गया।
आयुर्वेद चिकित्सा महाविद्यालय में 2516 बच्चों का स्वर्णप्राशन
16 Jan, 2025 11:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : बच्चों के व्याधिक्षमत्व, पाचन शक्ति, स्मरण शक्ति, शारीरिक शक्तिवर्धन एवं रोगों से बचाव के लिए शासकीय आयुर्वेद महाविद्यालय चिकित्सालय, रायपुर में बुधवार को 2516 बच्चों को स्वर्णप्राशन कराया गया। विभिन्न रोगों से रोकथाम एवं इम्युनिटी बढ़ाने के लिए 179 बच्चों को पांच दवाईयों से बने बाल रक्षा किट भी वितरित किए गए। आयुर्वेद महाविद्यालय चिकित्सालय के कौमारभृत्य विभाग द्वारा हर पुष्य नक्षत्र तिथि में शून्य से 16 वर्ष के बच्चों को स्वर्णप्राशन कराया जाता है। स्वर्णप्राशन के साथ ही डॉ. लवकेश चंद्रवंशी ने बच्चों के स्वास्थ्य का परीक्षण किया।
शासकीय आयुर्वेद महाविद्यालय चिकित्सालय परिसर में आयुष विभाग की संचालक सुश्री इफ्फत आरा, प्राचार्य प्रो. डॉ. जी.आर. चतुर्वेदी, चिकित्सालय अधीक्षक प्रो. डॉ. प्रवीण कुमार जोशी और कौमारभृत्य विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. नीरज अग्रवाल के निर्देशन में स्वर्णप्राशन कराया गया। महाविद्यालय के कौमारभृत्य विभाग की व्याख्याता डॉ. सत्यवती राठिया तथा स्नातकोत्तर एवं स्नातक छात्र-छात्राएं हर महीने इसमें महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।
अनियंत्रित कार सड़क किनारे पलटी, दो युवक गंभीर रूप से घायल
16 Jan, 2025 09:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जांजगीर चांपा: सारागांव थाना क्षेत्र के ग्राम कमरीद में तेज रफ्तार के कारण एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार संजय महंत (25) और रामरतन यादव (24) अपनी कार से बाराद्वार से ग्राम कमरीद जा रहे थे। तेज रफ्तार के कारण कार का चालक नियंत्रण खो बैठा, जिससे कार पेड़ से टकराने के बाद तीन से चार बार पलटी खाते हुए सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। हादसे में दोनों युवकों को गंभीर चोटें आई हैं। घायलों को 108 एंबुलेंस सेवा के पायलट अरुण साहू और ईएमटी महेंद्र यादव ने तत्काल बीडीएम अस्पताल में भर्ती कराया है। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, 2.60 लाख रुपये के गांजे के साथ तस्कर गिरफ्तार
16 Jan, 2025 08:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जगदलपुर: बोधघाट थाना अंतर्गत रेलवे स्टेशन से पुलिस टीम ने एक अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर को 2 लाख 60 हजार रुपए के गांजा के साथ गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। बोधघाट थाना प्रभारी लीलाधर राठौर ने बताया कि सूचना मिली थी कि विशाखापट्टनम-किरंदुल पैसेंजर ट्रेन से एक दुबला पतला युवक उतरकर प्लेटफॉर्म पर संदिग्ध अवस्था में घूम रहा है और उसके बैग में गांजा है।
थाना प्रभारी बोधघाट लीलाधर राठौर के नेतृत्व में टीम रेलवे स्टेशन पहुंची और घेराबंदी कर आनंद शर्मा पुत्र नंदलाल शर्मा उम्र 20 वर्ष निवासी मुरैना मध्य प्रदेश को पकड़ा। उसके पास रखे तीन बैग की तलाशी लेने पर 26 किलो गांजा मिला। बरामद गांजे की कीमत 2 लाख 60 हजार रुपए बताई जा रही है। आरोपी युवक को बोधघाट में एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
छत्तीसगढ़ में किसानों की आय बढ़ने का लाभ ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री सहित पूरी अर्थव्यवस्था को : मुख्यमंत्री साय
16 Jan, 2025 07:26 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : अविभाजित मध्यप्रदेश में मुझे दो बार विधायक रहने का मौका मिला, इस दौरान मैंने 8 साल की विधायकी मोटरसाइकिल में की। लोगों से मिलना, उनकी समस्याओं को सुनना, अपने विधानसभा क्षेत्र का दौरा सब कुछ मोटरसाइकिल में ही किया। तब से अब तक बहुत परिवर्तन हो गया है। छत्तीसगढ़ में किसानों की आय बढ़ने का लाभ ऑटोमोबाइल उद्योग सहित पूरी अर्थव्यवस्था को मिल रहा है। इसका असर हर क्षेत्र में दिख रहा है। राज्य में ऑटो सेक्टर भी तेजी से बढ़ रहा है। आज यातायात के साधनों की संख्या बहुत बढ़ गई है। इसलिए सुरक्षित यातायात के लिए सड़क पर वाहन चलाते हुए ट्रैफिक नियमों का पालन करना आवश्यक है। यातायात नियमों की जानकारी हम सभी को होनी चाहिए। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर के साइंस कालेज ग्राउण्ड में आयोजित राडा ऑटो एक्सपो 2025 का उद्घाटन करते हुए यह बात कही।
मुख्यमंत्री साय ने ऑटो एक्सपो 2025 के आयोजन की प्रशंसा करते हुए कहा कि पिछले साल ऑटो एक्सपो में 10 हजार से ज्यादा वाहन बिके थे। इस साल भी वाहनों के लाईफ टाईम रोड टैक्स पर एकमुश्त 50 प्रतिशत की छूट दिए जाने का निर्णय राज्य सरकार द्वारा लिया गया है। इस निर्णय के बाद मुझे लगता है ऑटो एक्सपो में वाहनों की बिक्री का आंकड़ा 20 हजार तक पहुंच जाएगा। मुख्यमंत्री ने एक्सपो ने आयोजकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह बहुत अच्छी बात है कि ऑटो एक्सपो के आयोजन में हर तरह की जरूरतों की अलग-अलग श्रेणियों के वाहनों को एक जगह पर खरीदा जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा प्रदेश में अन्नदाताओं को धान का सबसे ज्यादा दाम मिल रहा है। इसका असर हर क्षेत्र में दिख रहा है। राज्य में ऑटो सेक्टर भी तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले साल 24 लाख 72 हजार किसानों ने 145 लाख मीट्रिक टन धान का विक्रय किया था। इस वर्ष यह आंकड़ा भी रिकॉर्ड पार कर जाएगा। इस साल 27 लाख से ज्यादा पंजीकृत किसानो से लगभग 160 लाख मीट्रिक टन धान का उपार्जन संभावित है।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह ने कहा कि एक समय था जब छत्तीसगढ़ को आर्थिक रूप से पिछड़ा राज्य माना जाता था। आज अपनी 25 वर्ष की यात्रा में छत्तीसगढ़ अपने पैरों पर खड़ा है। 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर पर किसानों से धान की खरीदी छत्तीसगढ़ सरकार कर रही है। किसान के घर में खुशहाली आने से सभी की प्रगति होती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केन्द्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी की पहल पर सड़कों का जाल छत्तीसगढ़ में बिछाया जा रहा है। बहुत तेजी से छत्तीसगढ़ में सड़कों का निर्माण हो रहा है। दूसरी ओर एक्सीडेंट्स भी बढ़ रहे हैं, इसे रोकना हम सभी के लिए जरुरी है। हमें सड़क पर चलते वक्त सभी नियमों का पालन और सुरक्षा के उपाय जरुर अपनाने चाहिए।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि ऑटोमोबाइल कनेक्टिविटी का सबसे अहम जरिया हैं। छत्तीसगढ़ में किसानों के खाते में सीधे पैसा आने से छत्तीसगढ़ में ऑटोसेक्टर बहुत तेजी से आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में 50 प्रतिशत रोड टैक्स में लाइफटाइम की छूट का लाभ बड़ी संख्या में मध्यमवर्गीय परिवारों को मिलेगा। वाहनों की बिक्री के साथ जीवन की सुरक्षा भी बहुत जरूरी है। लोगों को जागरूक कर के ही हम सड़क सुरक्षा को लागू कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने ऑटो एक्सपो में होंडा एसपी 125 और ऑडीक्यु 7 वाहनों को लांच किया और सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहे लोगों को सम्मानित भी किया। मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर ऑटो एक्सपो में सड़क सुरक्षा पोस्टर का विमोचन किया। इस अवसर पर रोड सेफ्टी के लिए रायपुर ऑटोमोबाइल डीलर एसोसिएशन द्वारा 5 लाख की राशि सीएसआर के तहत दी गयी। मुख्यमंत्री ने ऑटो एक्सपो के पहले कस्टमर को वाहन की चाबी भी सौंपी।
इस अवसर पर विधायक राजेश मूणत,विधायक मोतीलाल साहू, पूर्व विधायक राजकमल सिंघानिया, परिवहन सचिव एस. प्रकाश, अतिरिक्त परिवहन आयुक्त डी. रविशंकर, राडा के अध्यक्ष रविन्द्र भसीन, छत्तीसगढ़ चैम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष अमर परवानी, मनीष राज सिंघानिया सहित राडा के सदस्यगण व आमजन उपस्थित थे।
वाहन चलाते समय यातायात नियमों का करें अवश्य पालन - मुख्यमंत्री साय
16 Jan, 2025 07:23 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : प्रदेश में मनाये जा रहे 36वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के दौरान आज मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हेलमेट लगाकर बाईक चलाते हुए प्रदेशवासियों को हेलमेट लगाने और यातायात के नियमों के नियमों का पालन करने का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री साय ने आज राजधानी रायपुर के रोहणीपुरम गोल चौक पहॅुंचकर बाईक रैली में हिस्सा लिया। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों के साथ साथ चार पहिया वाहन चालकों से भी यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। इस दौरान साय ने हरी झण्डी दिखाकर भव्य बाईक रैली को रवाना भी किया। रैली के दौरान स्वंयसेवी संस्थाओं ने नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से यातायात नियमों का पालन करने से होने वाले फायदों के बारे में भी लोगों को जागरूक किया गया।
मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर कहा कि मनुष्य का जीवन अत्यंत अनमोल है। मनुष्य के अपने परिवार और समाज के प्रति दायित्व होते हैं, जिनका उनको निर्वहन करना होता है। उन्होंने कहा कि हम सभी अपने अपने परिवार के लिए अनमोल हैं जिसकी जगह कोई अन्य कभी नहीं ले सकता। इसलिए स्वयं को और अपने परिवार के सदस्यों को सुरक्षित रखना हमारा कर्तव्य है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वाहन चलाते समय हम सभी को यातायात नियमों का पालन जरूर करना चाहिए। दो पहिया वाहन चलाते समय सिर पर हेलमेट अवश्य ही पहनना चाहिए और कार चलाते समय सीट बेल्ट भी लगाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने सड़क दुर्घटनाओं में हर वर्ष हो रही मौतों पर चिंता जताते हुए इसे देश व राज्य की क्षति बताया है। उन्होंने कहा कि यह दुर्घटनाएं यातायात के नियमों का पालन नहीं करने से होती है। मुख्यमंत्री साय ने कहा सीमित रफ्तार में वाहन चलाने से वाहन पर बेहतर नियंत्रण होने से दुर्घटना होने की संभावना बहुत कम हो जाती है। उन्होंने कहा कि कभी भी नशे का सेवन कर वाहन नहीं चलाना चाहिए। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों को यातायात के नियमों का पालन करने का संदेश दिया ताकि अपने जीवन के साथ-साथ दूसरे लोगों का जीवन भी सुरक्षित रहें और पारिवारिक एवं सामाजिक जिम्मेदारियों का पूरी तरह से निर्वहन किया जा सके।
उल्लेखनीय है कि 36वां राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 31 जनवरी 2025 तक मनाया जा रहा है। इसके तहत रायपुर यातायात पुलिस द्वारा लोगों को सुरक्षित वाहन चलाने के लिए जरूरी नियमों के बारे में जानकारी दी जा रही है। रोचक तरीके से सड़क सुरक्षा-जीवन रक्षा की थीम पर बैनर-पोस्टर लगाकर लोगों को यातायात नियमों की जानकारी दी जा रही है। पुलिस और प्रशासन ने इस पूरे अभियान के लिए अलग-अलग दिनों पर अलग-अलग जगहों पर विभिन्न कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों में वाहन चालकों, स्थानीय नागरिकां और छात्र-छात्राओं के पालकों की सहभागिता भी सुनिश्चित की जा रही है। इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लाल उम्मेद सिंह सहित पुलिस और परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारीगण व बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
निःस्वार्थ कर्म से ही जीवन सफल होगा: राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा
16 Jan, 2025 07:22 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा तिल्दा विकासखंड के ग्राम सगुनी में निषाद समाज द्वारा आयोजित गुहाराम निषाद जयंती में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने राम भक्त गुहा राज को नमन करते हुए कहा कि निःस्वार्थ कर्म ही जीवन को सद्गति दिला सकता है। रामायण के पात्र निषाद राज, शबरी, जटायु आदि के कार्यों से हमे प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने सगुनी के निषाद समाज भवन के आहाता निर्माण के लिए 5 लाख रुपए तथा खैरखूँट निषाद समाज भवन में शौचालय निर्माण के लिए 2 लाख रुपए देने की घोषणा की।
मंत्री वर्मा ने कहा कि राम के चरित्र को जीवन के सभी रुपों में देखा जा सकता है। भगवान श्रीराम ने मानव जीवन मे अनेक कार्यों से समाज के लिए आदर्श प्रस्तुत किया है। उनके आदर्शों को कोई भी आत्मसात कर समाज और जीवन को अच्छा बना सकता है। सफल जीवन के लिए निःस्वार्थ कर्म महत्वपूर्ण है। राम के भक्त और सेवक गुहा राज निःस्वार्थ कर्म करने के प्रेरणा स्त्रोत है। आज के समय मे मानवता की सेवा ही परम धर्म है। उन्होंने नव जीवन मे प्रवेश करने वाले वर-वधु को आशीर्वाद देने के साथ-साथ प्रतिभावान बच्चों को सम्मानित भी किया। कार्यक्रम में निषाद समाज के प्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।
राशिफल 22 जुलाई 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
किसान अब उन्नत तकनीक की ओर अग्रसर, पैडी ट्रांसप्लांटर विधि से धान रोपाई
मध्यप्रदेश पुलिस का नशे के विरुद्ध सख्त प्रहार
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम सामाजिक न्याय की सबसे बड़ी गारंटी : खाद्य मंत्री राजपूत
अपनी मेहनत और समर्पण से बड़वानी बन रहा देश में कृषि, उद्यमिता एवं नवाचार का उदाहरण : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
निर्वाचन तैयारियां एवं स्वीप गतिविधियां तेज
मुख्यमंत्री डॉ. यादव से मिले पारस डिफेंस एंड स्पेस टेक्नोलॉजीस कम्पनी के पदाधिकारी
सिक्किम टनल हादसा: मृतक मजदूरों के परिजनों को मुआवजे का ऐलान
विपक्ष के प्रदर्शन के बीच पुलिस की कार्रवाई, राहुल-अखिलेश हिरासत में
