छत्तीसगढ़
व्यवहार न्यायालय बगीचा में राष्ट्रीय लोक अदालत सम्पन्न, 430 प्रकरणों का हुआ निराकरण
9 Mar, 2025 08:26 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जशपुरनगर : बगीचा न्यायालय में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी / तालुका विधिक सेवा समिति बगीचा अध्यक्ष कामिनी वर्मा की अध्यक्षता में सफलतापूर्वक किया गया। इस अवसर पर पक्षकारों के बीच समझाइश कराकर और राजीनामे के आधार पर 41 लंबित प्रकरण एवं प्री-लिटिगेशन के 389 प्रकरणों का निराकरण किया गया। तालुका विधिक सेवा समिति बगीचा अध्यक्ष कामिनी वर्मा ने बताया कि माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश / अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जशपुर जिला जशपुर छ०ग० मन्सूर अहमद व सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जशपुर जिला जशपुर (छ०ग०) के निर्देशानुसार राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया।
इस दौरान न्यायालय में लंबित 41 प्रकरण, बैंक के 29 प्रकरण, ट्रैफिक चालान 335 प्रकरण, आबकारी अधिनियम के कुल 25 प्रकरण इस प्रकार कुल 430 प्रकरणों का निराकरण किया गया। इस अवसर पर पक्षकारों से बकाया राशि बैंक द्वारा राशि 17,66,670/- रुपये की वसूली की गयी। नेशनल लोक अदालत आयोजित किए जाने से न्यायालयों में लंबित प्रकरणों में कमी आई।
नेशनल लोक अदालत में चेक बाउंस के प्रकरणों का निपटारा प्रस्तुत प्रकरण थाना कांसाबेल क्षेत्र के हैं जिसमें प्रार्थी द्वारा आरोपी के विरूद्ध वर्ष 2022 में 50 हजार रुपये का मामला प्रस्तुत किया गया जिसमें पक्षकारगण वर्ष 2022 से लगातार न्यायालय में उपस्थित होते रहें। इसी दौरान पीठासीन अधिकारी एवं उनके अधिवक्तागण द्वारा प्रकरण में राजीनामा की चर्चा किये जाने पर पक्षकारगण आपस में राजीनामा होकर प्रकरण की कार्यवाही समाप्त किया गया।
मारपीट के मामले का निराकरण एक ऐसा ही मामला थाना बगीचा क्षेत्र का है, जहां प्रार्थी और आरोपी एक ही गांव के रहने वाले हैं। आरोपी द्वारा किसी बात को लेकर प्रार्थी के साथ अश्लील गाली गलौज कर मारपीट की थी, जिसके पश्चात प्रार्थी द्वारा थाना में आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने पर वर्ष 2022 में मामला न्यायालय में समक्ष पहुंचा था। चूंकि पक्षकारगण एक ही गांव के होने के कारण पीठासीन अधिकारी द्वारा आपस में राजीनामा कराकर उनके मध्य की कटुता एवं दुश्मनी को समाप्त कर आपसी प्रेम एवं भाईचारे पूर्वक रहने की सलाह देते हुए प्रकरण की कार्यवाही समाप्त किया गया। राजीनामा होने से उनके मध्य आपसी शत्रुता समाप्त होने के साथ-साथ समय, धन एवं श्रम की बचत होने की बात कही।
नेशनल लोक अदालत में आसानी से मिलता है न्याय-तालुका विधिक सेवा समिति बगीचा अध्यक्ष कामिनी वर्मा ने बताया कि लोक अदालत लोगों को शीघ्र एवं सस्ता न्याय उपलब्ध कराने का एक सशक्त माध्यम एवं विवादों को आपसी समझौते के आधार पर सुलझाने के लिए वैकल्पिक मंच है। न्यायालय में लंबित प्रकरणों में राजीनामा के आधार पर पक्षकारों के मध्य राजीनामा के आधार पर अधिक व्यक्ति को लाभान्वित किया जाना होता है। पक्षकारों के मध्य आपसी सुलह होने से उनके मध्य आपसी सद्भाव उत्पन्न होता है व शत्रुता समाप्त होकर समय, धन एवं श्रम की भी बचत होती है तथा उनके मध्य लंबे समय से चल रहे विवाद हमेशा के लिए भी समाप्त हो जाता है। नेशनल लोक अदालत में आदेश/अवार्ड का फल पक्षकार को तत्काल मिलता है। नेशनल लोक अदालत को सफल बनाने हेतु पीठासीन अधिकारी, अधिवक्ता संघ बगीचा के अधिवक्तागण लोक अदालत खंडपीठ के सदस्य रामाधार गुप्ता एवं धनेश्वर यादव तथा विभिन्न विभागों से आए हुए अधिकारी, कर्मचारीगण उपस्थित रहे एवं न्यायालयीन कर्मचारियों का भी सराहनीय सहयोग रहा।
पुलिस ट्रेनिंग के दौरान सब इंस्पेक्टर अभ्यर्थी की मौत, परिवार सदमे में
9 Mar, 2025 08:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर। राजधानी रायपुर के चंदखुरी पुलिस ट्रेनिंग अकादमी में ट्रेनिंग के दौरान एक सब इंस्पेक्टर अभ्यर्थी की मौत हो गई। दौड़ के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उसे अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान 29 वर्षीय राजेश कोसरिया के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, राजेश कोसरिया की मां उसे पुलिस की वर्दी में देखना चाहती थीं, लेकिन इस दर्दनाक घटना ने उनका सपना अधूरा छोड़ दिया। बताया जा रहा है कि राजेश का नाम 10 मार्च को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के हाथों नियुक्ति पत्र पाने वाले अभ्यर्थियों की सूची में शामिल था। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने इस मामले की जांच की मांग की है। उनका कहना है कि मौत की सही वजह सामने आनी चाहिए। इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
15 सुत्रीय मांगो को लेकर बिजली कर्मचारी संघ ने प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी कर किया धरना प्रदर्शन
9 Mar, 2025 03:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कोरबा स्थानीय और मुख्यालय स्तर पर लंबित 15 सुत्रीय मांगो को लेकर बिजली कर्मचारी संघ ने प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए धरना प्रदर्शन किया। सीएसईबी-पश्चिम पॉवर प्लांट में उत्पादन कार्यालय के बाहर कर्मचारियों ने प्रबंधन के खिलाफ अपनी मांगो को लेकर चेयरमैन के नाम मुख्य अभियंता को ज्ञापन सौंपा। बिजली कर्मचारी चाहते हैं, कि पुरानी पेंशन व्यवस्था को फिर से बहाल किया जाए, तीन प्रतिशत तकनीकी भत्ता देने के साथ ही तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों की रुकी हुई पदोन्नती प्रक्रिया को बहाल किया जाए।
नगरीय निकाय और त्रि-स्तरीय पंचायती चुनाव के समापन के बाद विभिन्न संगठन अपनी मांगो को लेकर सरकार पर दबाव बनाने लगे है। पहले आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगो को लेकर धरना प्रदर्शन किया और अब बिजली कर्मचारी संघ ने प्रबंधन और सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करना शुरु कर दिया है। सीएसईबी-पश्चित पॉवर प्लांट के भीतर उत्पादन कार्यालय के बाहर 15 सुत्रीय मांगो को लेकर बिजली कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। स्थानीय और मुख्यालय स्तर पर उनकी मांगे शामिल है, जिसमें मुख्य रुप से पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करना, इंजीनियरों की तर्ज पर तकनीकी भत्ता प्रदान करना, तृतीय व चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों की रुकी हुई पदोन्नती प्रक्रिया को बहाल किये जाने की मांग के साथ ही और भी कई मांगे बिजली कर्मचारियों की है।
अपनी मांगो को लेकर उनके द्वारा नारेबाजी की गई फिर चेयरमैन के नाम मुख्य अभियंता को ज्ञापन सौंपा। बिजली कर्मचारियों का आरोप लगाते हुए कहना है, कि प्रबंधन विभागीय विद्यालयों में भर्ती प्रक्रिया को बंद कर धीरे-धीरे विद्यालयों में ताला लगाने की कोशिशें में जुटा हुआ है, जिस पर तत्काल रोक लगना चाहिए। इतना ही नहीं कर्मचारियों के बच्चों के लिए एक कॉलोनी परिसर में सीबीएसई पैटर्न का नया विद्यालय बनवाना चाहिए ताकी उन्हें अच्छी शिक्षा मिल सके। मांगो को लेकर प्रबंधन ने ध्यान नहीं दिया तो कर्मचारियों ने आंदोलन करने की बात कही है।
कटघोरा जनपद पंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष ने संभाला पदभार
9 Mar, 2025 03:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कोरबा कोरबा जिलान्तर्गत जनपद पंचायत कटघोरा के नवनिर्वाचित अध्यक्ष झुलबाई गोविंद सिंह कंवर, उपाध्यक्ष ममता दामोदर राठौर सहित 15 जनपद सदस्यों ने जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों की उपस्थिति में कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर सभी जनप्रतिनिधियों ने नगर के समग्र विकास का संकल्प लिया और जनसुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया।
कार्यभार ग्रहण समारोह जनपद पंचायत कटघोरा के सभागार में आयोजित हुआ। जहां मुख्य कार्यपालन अधिकारी यशपाल सिंह ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्यों को विधिवत रूप से पदभार ग्रहण कराया और उन्हें पुष्प गुच्छ भेंट कर शुभकामनाएँ दीं। इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष पवन गर्ग, जिला महामंत्री संतोष देवांगन, मंडल अध्यक्ष अभिषेक गर्ग सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मंच पर उपस्थित रहे।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद अध्यक्ष झुलबाई गोविंद सिंह कंवर ने कहा, “अब हम सभी जनप्रतिनिधियों की यह जिम्मेदारी है कि नगर के विकास कार्यों को धरातल पर उतारें। नगरवासियों के सुझाव और मार्गदर्शन हमारे लिए बेहद महत्वपूर्ण होंगे। हमें विश्वास है कि सभी जनप्रतिनिधि अपने दायित्वों को पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएंगे।”
उन्होंने यह भी कहा कि उनका प्रमुख उद्देश्य कटघोरा को एक विकसित और आदर्श नगर के रूप में स्थापित करना है। इसके लिए अधोसंरचना निर्माण, जनसुविधाओं का विस्तार और विभिन्न विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
इस अवसर पर मंच पर गोविंद सिंह कंवर, जिला मंत्री संजय शर्मा, मंडल महामंत्री राजेंद्र टंडन, मंडल कोषाध्यक्ष अजय धनोंदिया, पूर्व पार्षद देवेंद्र देवांगन सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।कार्यक्रम में जनपद पंचायत के अधिकारी और कर्मचारीगण भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन खगेश कुमार निर्मलकर ने किया।
भारतीय महिला टीम ने जीता एशियन कबड्डी चैंपियनशिप, कटघोरा की संजू देवी भी विजेता टीम में शामिल
9 Mar, 2025 02:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कोरबा कोरबा जिलान्तर्गत कटघोरा कॉलेज से संजू देवी का भारतीय महिला कबड्डी टीम के सदस्य के रुप में 6वां एशियन कबड्डी चैंपियनशिप, तेहरान, ईरान 2025 (वीमेन) के लिये चयन हुआ था जहां अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के दिन भारतीय महिला कबड्डी टीम ने अपना परचम लहराया है। उन्होंने एशियन चैंपियनशिप जीत ली हैं।
जानकारी के अनुसार शासकीय मुकुटधर पांडेय महाविद्यालय कटघोरा की बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा संजू देवी ने अपनी लगन, कठिन परिश्रम से कबड्डी (महिला) परिक्षेत्र, विश्वविद्यालयीन जोनल, अखिल भारतीय, खेलो इंडिया में सफलता पूर्वक सफल होकर भारतीय महिला कबड्डी टीम में अपनी जगह बनाई थी। कबड्डी के 27 वर्ष के इतिहास में प्रथम बार छत्तीसगढ़ की किसी महिला का चयन भारतीय टीम में हुआ था। उन्होंने न केवल अपने महाविद्यालय बल्कि उच्च शिक्षा विभाग और पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है। भारतीय महिला कबड्डी टीम की सफलता सहित उसके चयन पर डॉ. मदनमोहन जोशी प्राचार्य, राजकुमारी मरकाम क्रीड़ा अधिकारी, डॉ. पूनम ओझा, डॉ. शिवदयाल पटेल कार्यक्रम अधिकारी राष्ट्रीय सेवा योजना, तिलक राम आदित्य, नूतन पाल कुर्रे, डॉ. प्रिंस कुमार मिश्रा, डॉ. धरमदास टंडन, प्रेमनारायण वर्मा, यशवंत जायसवाल, शैलेन्द्र ओट्टी, भुनेश्वर कुमार, धर्मेंद्र, प्रतिमा कंवर, राकेश आजाद, गंगाराम पटेल, संजय लहरे, कुमकुम सिंह, नम्रता पटेल, मानसी साहू, दरक्शाखान, खुशनुमा परवीन, दीपक रजक, डॉ. कल्पना शांडिल्य, कीर्ति मरकाम, क्रान्तिकुमार दीवान, चंचल वैष्णव, मनहरण श्याम, बालाराम साहू, सविता, कंचन देवी, विकास कुमार, देवेंद्र, महिपाल आदि ने हर्ष व्यक्त किया है।
विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह द्वारा महिला पुलिस थाने का उद्घाटन, जिले को मिला पहला महिला थाना
8 Mar, 2025 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
राजनांदगांव: महिला दिवस पर जिले में पहले महिला थाने का शुभारंभ हुआ। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने फीता काटकर नए महिला थाने का उद्घाटन किया। जिले में नया महिला थाना खुलने से महिला आवेदक अपनी समस्याएं आसानी से और बिना झिझक के रख सकेंगी। एसपी मोहित गर्ग ने नए थाने की प्रभारी की जिम्मेदारी सब इंस्पेक्टर गीतांजलि सिन्हा को दी है। महिला संबंधी अपराधों की गंभीरता से जांच कर कार्यवाही को अंजाम तक पहुंचाने और महिलाओं की विशेष सुनवाई के साथ उन्हें न्याय दिलाने के लिए महिला थाने की शुरुआत की गई है। महिला थाने में 1 प्रभारी, 2 महिला प्रधान आरक्षक, 3 महिला आरक्षक और 1 नगर सैनिक की तैनाती की गई है।
इस नए थाने का उद्देश्य महिलाओं की शिकायतों की बेहतर तरीके से सुनवाई करना और अपराधों को दर्ज करना है। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला अधिकारी/कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। जिसके बाद महिला दिवस के अवसर पर डॉ. रमन सिंह ने महिला सम्मान और सशक्तिकरण के लिए महिला थाने से महिला बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
सरकारी मेडिकल ऑफिसर के नाम ‘फर्जी डॉक्टर’ लिखने मामला, लिखा शब्द वायरल होते ही स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप
8 Mar, 2025 06:35 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
धमतरी: छत्तीसगढ़ के धमतरी के कुरुद-मगरलोड ब्लॉक में चल रहे एमएमयू (मोबाइल मेडिकल यूनिट) में कार्यरत मेडिकल ऑफिसर डॉ. वैभव सिन्हा के ओपीडी स्लिप में नाम के आगे फर्जी डॉक्टर लिख दिया गया है। इस घटना से आहत डॉ. वैभव सिन्हा ने थाने के साथ ही स्वास्थ्य मंत्री से भी शिकायत की है। उन्होंने एमएमयू के एरिया प्रोजेक्ट मैनेजर अनुराग साहू पर जानबूझकर ओपीडी स्लिप पर फर्जी डॉक्टर लिखवाने का आरोप लगाया है।
कहा- डॉक्टर की गरिमा को ठेस पहुंची
डॉ. वैभव सिन्हा ने कहा कि एरिया मैनेजर अनुराग साहू ने द्वेष भावना से यह कृत्य किया है। घटना 3 मार्च की है। इससे उनकी छवि धूमिल हुई है। एक जिम्मेदार डॉक्टर की गरिमा को भी ठेस पहुंची है। उन्होंने इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है। डॉ. सिन्हा ने कहा कि उन्होंने अपने निष्कासन का मैसेज भी ग्रुप में वायरल कर दिया है। जबकि उच्चाधिकारियों ने इस मामले में कोई स्पष्टीकरण या जानकारी तक नहीं मांगी है।
छुट्टी को लेकर हुआ था विवाद
डॉ. वैभव सिन्हा ने बताया कि कुछ माह पहले एरिया प्रोजेक्ट मैनेजर अनुराग साहू से छुट्टी को लेकर उनका विवाद हुआ था। चैट में विवाद के दौरान उनके साथ दुर्व्यवहार भी किया गया था। इसी छुट्टी को लेकर दुर्भावनावश इस तरह का कृत्य किया गया है। डॉ. वैभव सिन्हा ने इसकी शिकायत मगरलोड थाने में भी की है। शिकायत पत्र में कई गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं। डॉ. सिन्हा ने मामले की शिकायत छत्तीसगढ़ डॉक्टर फेडरेशन से भी की है और न्याय की गुहार लगाई है। एरिया प्रोजेक्ट मैनेजर अनुराग साहू ने बताया कि फॉन्ट संबंधी तकनीकी त्रुटि के कारण फर्जी डॉक्टर शब्द बना था। यह मेरी आईडी से बना था, इसलिए मैंने डॉ. वैभव सिन्हा से माफी मांगी और बाद में इसे हटा दिया। बार-बार फॉन्ट में आ रही त्रुटि के संबंध में उच्च कार्यालय में भी शिकायत की गई है।
शराब भट्टी मामले में छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का सख्त रुख, स्थान की नियमित मानिटरिंग हो और होली पर किसी प्रकार की समस्या
8 Mar, 2025 05:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिलासपुर: सिरगिट्टी मुख्य मार्ग पर स्थित शराब भट्टी के मामले में शुक्रवार को हुई सुनवाई में नगर निगम बिलासपुर के कमिश्नर ने शपथ पत्र प्रस्तुत किया। हाईकोर्ट ने निर्देश दिया कि इस स्थान की नियमित निगरानी की जाए और होली के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो। साथ ही अगली सुनवाई की तिथि 2 अप्रैल तय की है। सिरगिट्टी-तारबाहर क्षेत्र में स्थित यह शराब भट्टी शासकीय नियमों का उल्लंघन कर संचालित की जा रही है। यह दुकान अंडर ब्रिज के पास स्थित है, जहां शाम के समय शराबियों का जमावड़ा रहता है, जिससे स्थानीय निवासियों और महिलाओं को परेशानी होती है।
सड़क पर जाम की स्थिति बनी रहती है
नागरिकों द्वारा इस भट्टी को हटाने की मांग को लेकर कई बार ज्ञापन सौंपा गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। शराबियों की गतिविधियों से सड़क पर जाम की स्थिति बनी रहती है। कोर्ट ने पूर्व में आबकारी विभाग को इस शराब भट्टी को अन्यत्र शिफ्ट करने के निर्देश दिए थे।
अगली सुनवाई 2 अप्रैल को
शुक्रवार की सुनवाई में चीफ जस्टिस ने कहा कि कोर्ट अभी भी मामले की निगरानी करता रहेगा। प्रशासन और पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी हालत में यातायात बाधित न हो। साथ ही नगर निगम के अधिकारियों को भी नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। अब इस मामले की अगली सुनवाई 2 अप्रैल को होगी।
जनहित याचिका के रूप में दर्ज
हाईकोर्ट ने स्वप्रेरणा से संज्ञान लेकर मामले को जनहित याचिका के रूप में दर्ज किया था। प्राथमिक सुनवाई में कोर्ट ने पाया था कि यह शराब भट्टी न केवल अंडर ब्रिज के पास है, बल्कि मंदिर और रिहायशी इलाकों के भी करीब है, जो सरकारी नियमों का उल्लंघन है। पिछली सुनवाई में चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा ने नगर निगम कमिश्नर को हर शाम मौके का निरीक्षण करने के आदेश दिए थे। कोर्ट ने सख्त टिप्पणी करते हुए पूछा था कि क्या सरकार का एकमात्र उद्देश्य राजस्व अर्जित करना है। शुक्रवार को चीफ जस्टिस की डिवीजन बेंच में हुई सुनवाई में नगर निगम कमिश्नर का हलफनामा अधिवक्ता आशीष तिवारी ने पेश किया। इसमें निगम द्वारा किए जा रहे लगातार निरीक्षण और सफाई कार्य का जिक्र किया गया, जिससे हाईकोर्ट संतुष्ट नजर आया।
B.Ed प्रशिक्षित सहायक शिक्षक एक बार फिर अनिश्चितकालीन धरने पर, रायपुर के तूता धरना स्थल पर बैठे, लगा रहे न्याय की गुहार
8 Mar, 2025 12:46 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर: छत्तीसगढ़ के बर्खास्त 2,897 बीएड प्रशिक्षित सहायक शिक्षक एक बार फिर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठ गए हैं. हाईकोर्ट के फैसले के बाद इन शिक्षकों को नौकरी से बाहर कर दिया गया है. अब ये शिक्षक अपनी नौकरी बचाने और न्याय की मांग को लेकर नवा रायपुर के टूटा धरना स्थल पर डटे हुए हैं।
क्या है पूरा विवाद?
10 दिसंबर 2024 को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने बड़ा फैसला देते हुए कहा था कि सहायक शिक्षक के पद के लिए सिर्फ डीएड डिग्रीधारी ही पात्र होंगे. इस फैसले के बाद 2,897 बीएड धारक सहायक शिक्षकों की नियुक्ति रद्द कर दी गई थी. इनमें से 56 शिक्षक ऐसे हैं जिन्होंने दूसरी सरकारी नौकरी छोड़कर इस पद पर ज्वाइन किया था. कोर्ट ने सरकार को 15 दिन के अंदर भर्ती प्रक्रिया पूरी करने का आदेश दिया, जिससे इन शिक्षकों का भविष्य अंधकारमय हो गया।
शिक्षकों की मुख्य मांगें
मांग का ब्योरा- बीएड धारकों को नौकरी से न हटाया जाए, समायोजन किया जाए. नौकरी से बर्खास्तगी का आदेश रोका जाए- समाधान दिए बिना नौकरी से बर्खास्तगी का आदेश रद्द किया जाए। कमेटी की समय सीमा तय की जाए- कमेटी की समय सीमा तय की जाए ताकि फैसला लंबित न रहे। न्याय और सम्मान- सालों की मेहनत ऐसे बर्बाद न हो, न्याय और सम्मान दिया जाए।
धरना स्थल पर गुस्साए शिक्षक
धरना स्थल पर बैठे एक शिक्षक ने कहा, "सरकार ने खुद हमारी भर्ती की, अब कोर्ट के फैसले की आड़ में हमें बाहर निकाल रही है। आखिर इसमें हमारी गलती है या उनकी? जब हाई पावर कमेटी बनी थी तो फैसला जल्दी आ जाना चाहिए था, लेकिन हम अभी भी इंतजार कर रहे हैं।"
एक अन्य शिक्षक ने कहा, "हमारे लिए परिवार चलाना मुश्किल हो गया है। अगर हमारी नौकरी छीननी ही थी तो पहले क्यों दी गई? तानों के डर से हमें घर से बाहर निकलने में भी शर्म आती है।"
समिति की सुस्ती से शिक्षक नाराज
सरकार ने शिक्षकों की मांगों पर विचार करने के लिए एक समिति बनाई थी, लेकिन महीनों बीत जाने के बाद भी कोई फैसला नहीं आया है। यही वजह है कि अब शिक्षक भी समिति की सुस्ती से नाराज हैं। वे चाहते हैं कि सरकार इस पर जल्द फैसला ले, ताकि उनका भविष्य सुरक्षित हो सके।
आरंभिक लड़ाई का संकल्प
शिक्षकों ने साफ कर दिया है कि वे अब आर-पार की लड़ाई लड़ने के लिए तैयार हैं। जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जातीं, तब तक विरोध खत्म नहीं होगा। गुरुवार को भी कई शिक्षकों ने विधानसभा की ओर जाने वाली सड़क पर तख्तियां लेकर विरोध प्रदर्शन किया और वहां से गुजर रहे नेताओं का ध्यान अपनी मांगों की ओर खींचा।
छत्तीसगढ़ में गुलाबी ठंड का दौर जारी, अब गर्मी का आक्रमण शुरू होगा
8 Mar, 2025 12:18 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ में इन दिनों मौसम में बदलाव का दौर जारी है। रात और सुबह के समय ठंड, तो दिन भर गर्मी लग रही है। नमी हवाओं की वजह से प्रदेश कई शहरों में गुलाबी ठंड है। हालांकि बीते दिनों की तुलना में अब गर्मी शुरू होगी। न्यूनतम तापमान और अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है। आज शनिवार को प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। वहीं शुक्रवार को प्रदेश में सबसे गर्म जनांदगांव रहा है। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में दर्ज किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, अब प्रदेश में तापमान में बदलाव का दौर शुरू हो गया है। न्यूनतम तापमान और अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होगी। दूसरी ओर सरगुजा संभाग में बीते दिनों की तुलना में ठंड बढ़ गई है। पहाड़ों से आ रही नमी हवाओं की वजह से क्षेत्र में ठंड बढ़ने लगी है, लेकिन अब रात का पारा बढ़ने ठंड गायब हो जाएगी। वहीं मैदानी इलाकों में तापमान सामान्य है। नमी हवाओं की वजह से आउटर, रात और सुबह के समय ठंडी लग रही है।
आज शनिवार को नमी की मात्रा 31 प्रतिशत बताया जा रहा है। इसके वजह से प्रदेश में गुलाबी ठंड है। हालांकि अब दिन और रात का पारा बढ़ने से ठंड गायब हो जाएगी, फिर गर्मी का दौर शुरू होगा। मौसम एक्सपर्ट ने बताया कि प्रदेश में अगले चार दिनों में न्यूनतम तापमान में तीन से पांच डिग्री तक बढ़ोतरी होगी। वहीं अधिकतम तापमान दो से चार बढ़ने की संभावना है। बीते दिनों की तुलना में दिन का पारा तीन डिग्री तक बढ़ गया है। आगामी दिनों में तेज धूप के साथ भीषण गर्मी पड़ सकती है।
मौसम एक्सपर्ट ने बताया कि एक नए पश्चिमी विक्षोभ 9 मार्च से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है। वहीं आज राजधानी में मौसम साफ रहेगा। यहां अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। शुक्रवार को प्रदेश में सबसे गर्म राजनांदगांव रहा है। यहां सर्वाधिक दिन का पारा 36.7 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 7.9 डिग्री दर्ज किया गया है।
नारायणपुर में नक्सली हमले में मजदूर की मौत, दूसरा मजदूर गंभीर रूप से जख्मी
8 Mar, 2025 12:11 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के छोटे डोंगर थाना क्षेत्र में आमदई माइंस के रास्ते पर नक्सलियों की बिछाई गई प्रेशर आइईडी में हुए विस्फोट की चपेट में आकर शुक्रवार को एक मजदूर की मौत हो गई। एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया है।
आइईडी पर पैर पड़ते ही हुआ धमाका
पुलिस ने बताया कि धमाका शुक्रवार सुबह 10:30 बजे के आसपास हुआ। गांव के मजदूर दिलीप कुमार बघेल और हरेंद्र नाग माइंस जा रहे थे। प्रेशर आइईडी पर मजदूरों का पैर आ गया और जोर का धमाका हुआ।
धमाके में दोनों के पैर के चीथड़े उड़ गए। अन्य मजदूरों ने इसकी जानकारी तत्काल पुलिस को दी। पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया। नारायणपुर जिला अस्पताल में दिलीप बघेल की मौत हो गई।
नक्सलियों के 70 फीट ऊंचे स्मारक को जवानों ने किया ध्वस्त
सुरक्षा बल ने बीजापुर जिले में शुक्रवार को 70 फीट ऊंचे नक्सली स्मारक को ध्वस्त किया है। पुजारी कांकेर अग्रिम सुरक्षा शिविर के समीप ग्राम तामिलभट्टी के जंगल में नक्सलियों ने स्मारक का निर्माण किया था।
70 लाख महिलाओं को मिलेगी 13वीं किस्त: महतारी वंदन योजना पर CM साय का वुमेन-डे तोफहा
8 Mar, 2025 12:10 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर शनिवार को रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में महतारी वंदन सम्मेलन और महिला मड़ई का आयोजन किया गया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय प्रदेश की करीब 70 लाख महिलाओं को महतारी वंदन योजना की 13वीं किश्त जारी करेंगे। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को मानदेय भुगतान के लिए सम्मान सुविधा प्रणाली का शुभारंभ करेंगे। प्रताड़ित और परेशान महिलाओं के लिए डिजिटल सुविधा भी शुरू की जाएगी, जिसके तहत वे ऑनलाइन और मोबाइल एप के जरिए शिकायत दर्ज करा सकेंगी। बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान के पोर्टल इंफ्रा पोर्टल और स्थापना पोर्टल का भी शुभारंभ किया जाएगा।
सीएम ने कहा- महिलाओं के सशक्तीकरण से ही समृद्ध राज्य संभव
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि विकसित राज्य के संकल्प को साकार करने के लिए महिलाओं की भागीदारी सबसे जरूरी है। इसे ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने महतारी वंदन योजना जैसी ऐतिहासिक पहल की है, जिससे प्रदेश की लाखों महिलाओं को आर्थिक संबल मिला है और वे स्वावलंबन की ओर अग्रसर हो रही हैं। यह योजना महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य, आर्थिक स्वावलंबन और नेतृत्व के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
कामकाजी महिला छात्रावास
महिलाओं के लिए बजट 2025-26 में कई विशेष प्रावधान किए गए हैं। कामकाजी महिलाओं को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश भर में सात कामकाजी महिला छात्रावासों के लिए 79 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। प्रदेश में महिला स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है।
सहकारिता के क्षेत्र में ला रही हैं क्रांति
इन समूहों की महिलाएं वर्तमान में कृषि, उद्यमिता, कुटीर उद्योग और सहकारिता क्षेत्र में क्रांति ला रही हैं। उन्होंने समाज के प्रत्येक व्यक्ति से महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए समानता, सम्मान और सुरक्षा का माहौल बनाने की अपील की। सशक्त महिला ही सशक्त परिवार, समाज और राष्ट्र का निर्माण कर सकती है।
बीजेपी कार्यालय में पार्षदों की बैठक: सूर्यकांत बने नए चेयरमैन, राठौड़ चुने गए निर्विरोध
7 Mar, 2025 11:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर: छत्तीसगढ़ रायपुर नगर निगम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पार्षद दल की बैठक आज 7 मार्च को एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक में रायपुर नगर निगम के नए अध्यक्ष पद के लिए सूर्यकांत राठौर को प्रत्याशी घोषित किया गया। यह निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया है। इस बार रायपुर नगर निगम में भाजपा के 60, कांग्रेस के 7 और 3 निर्दलीय (रायपुर नगर निगम अध्यक्ष) पार्षद हैं। हाल ही में एक निर्दलीय पार्षद ने भाजपा में शामिल होने पर सहमति जताई थी। इसके बाद भाजपा पार्षदों की संख्या 61 हो गई है। बहुमत के कारण भाजपा की ओर से सिर्फ एक नामांकन पत्र दाखिल किया गया। जबकि कांग्रेस की ओर से कोई प्रत्याशी नहीं उतारा गया। इसके कारण पीठासीन अधिकारी के समक्ष सूर्यकांत राठौर के नाम की घोषणा की गई। सूर्यकांत राठौर निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं।
निगम चुनाव प्रक्रिया
आज 7 मार्च को नगर निगम में अध्यक्ष पद के लिए नामांकन और चुनाव प्रक्रिया पूरी हुई। दोपहर 12 बजे अध्यक्ष पद के लिए चुनाव की प्रक्रिया शुरू हुई। कांग्रेस ने भाजपा प्रत्याशी सूर्यकांत राठौर के खिलाफ कोई प्रत्याशी नहीं उतारा। इस कारण सूर्यकांत राठौर निर्विरोध निर्वाचित हुए।
सूर्यकांत राठौर बने नए अध्यक्ष
बैठक में सभी पार्षदों ने सूर्यकांत राठौर के नाम पर सहमति जताई। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने भी इस निर्णय का समर्थन किया। भाजपा के पास बहुमत होने के कारण कांग्रेस ने सूर्यकांत राठौर के खिलाफ कोई प्रत्याशी नहीं उतारा और राठौर अध्यक्ष निर्वाचित हुए।
ऐप के माध्यम से सट्टा खिलाने वाले 26 सटोरिए गिरफ्तार, महादेव’ और ‘रेड्डी अन्ना’ ऐप से लगवाते थे सट्टा
7 Mar, 2025 05:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर: रायपुर पुलिस ने सट्टेबाजों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र के पुणे से 26 सट्टेबाजों को गिरफ्तार किया है। ये सभी आरोपी 'महादेव' और 'रेड्डी अन्ना' एप के जरिए आईपीएल मैचों पर सट्टा लगाते थे। पुलिस ने इन आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कोर्ट में पेश किया है।
तीन मध्य प्रदेश और एक उत्तर प्रदेश के आरोपी शामिल
पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह ने बताया कि छत्तीसगढ़ में आईपीएल सट्टे पर यह अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई है। गिरफ्तार आरोपियों में तीन मध्य प्रदेश और एक उत्तर प्रदेश का है, जबकि बाकी 22 आरोपी छत्तीसगढ़ के विभिन्न शहरों के हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से 11 लैपटॉप, 98 मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, वाईफाई डिवाइस, तीन रजिस्टर, 30 पासबुक, नौ चेकबुक, 81 एटीएम कार्ड और 50 सिम कार्ड जब्त किए हैं।
30 करोड़ रुपये से ज्यादा के लेन-देन के मिले सबूत
जांच में पाया गया कि जब्त लैपटॉप और मोबाइल फोन में 30 करोड़ रुपये से ज्यादा के लेन-देन की जानकारी मिली है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए दो-तीन पैनल संचालक आरोपी दुबई भी जा चुके हैं। वर्ष 2024 के आईपीएल क्रिकेट मैच के दौरान एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट की टीम द्वारा अब तक 9 मामलों में कुल 57 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इससे पहले भी रायपुर पुलिस ने सट्टेबाजों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। दुर्ग पुलिस ने राजधानी रायपुर से आकर अमलेश्वर थाना क्षेत्र के एक गांव में जुआ खेलते 12 लोगों को रंगे हाथ पकड़ा।
मामूली विवाद के चलते पिता-पुत्र ने खुलेआम की फायरिंग, केस दर्ज
7 Mar, 2025 03:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर: रायपुर के तेलीबांधा इलाके में रविवार को हवाई फायरिंग की घटना से लोग दहशत में आ गए। उद्योग भवन के सामने हुए इस विवाद में पिता-पुत्र ने खुलेआम फायरिंग की। सूचना मिलते ही एसएसपी और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। घटना की खबर मिलते ही एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह, एडिशनल एसपी लखन पटले, एडिशनल एसपी क्राइम संदीप मित्तल और डीएसपी संजय सिंह समेत कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
शिकायत के बाद आरोपियों की तलाश शुरू
पीड़ित मदनजीत सिंह ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। शिकायत दर्ज होते ही क्राइम ब्रांच प्रभारी परेश पांडे की टीम आरोपियों की तलाश में जुट गई।
पुलिस ने चार घंटे में किया गिरफ्तार
पुलिस ने सुराग जुटाकर आरोपी जसपाल रंधावा और उसके पिता हरप्रीत सिंह उर्फ लाली सिंह को गिरफ्तार कर लिया। दोनों से पूछताछ जारी है और फायरिंग के पीछे की वजह जानने की कोशिश की जा रही है।
शहर में बढ़ती गोलीबारी की घटनाएं चिंता का विषय
हाल के दिनों में रायपुर में हवाई फायरिंग और अवैध हथियारों का इस्तेमाल बढ़ रहा है। पुलिस प्रशासन कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठा रहा है।
राशिफल 16 मई 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
सफलता की इबारत: वाटरशेड योजना ने बदली किसान छबी लाल की तकदीर
मध्यप्रदेश पुलिस की नशे के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही
सम्राट विक्रमादित्य अंतर्राष्ट्रीय सम्मान के लिए 20 मई तक नामांकन आमंत्रित
कोसमी में सफल बोर खनन से दूर हुआ जल संकट, ग्रामीणों के चेहरे खिले!
सुशासन तिहार बना भरोसे और राहत का माध्यम
उज्जैन की जनता सिंहस्थ संबंधी कार्यों में सहयोग कर पेश कर रही हैं नई मिसाल : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
आदि उत्सव जनजातीय गौरव, संस्कृति और उद्यमिता का है अदभुत संगम : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
शीघ्र ही होगा जीवनदायिनी तांदुला नदी का कायाकल्प
पायलट एवं फॉलो गाड़ियों का उपयोग बंद कर दिया सादगी
