छत्तीसगढ़
राज्यपाल डेका ने संयुक्त सचिव को भारतीय प्रशासनिक सेवा में पदोन्नत होने पर बधाई दी
13 Mar, 2025 09:17 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : राज्यपाल रमेन डेका से आज यहां राजभवन में राज्यपाल की संयुक्त सचिव हिना अनिमेष नेताम ने भेंट की। राज्यपाल ने नेताम को भारतीय प्रशासनिक सेवा में पदोन्नत होने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। ज्ञात्वय है कि हिना अनिमेष नेताम की हाल ही में राज्य प्रशासनिक सेवा से भारतीय प्रशासनिक सेवा में 2016 बैच में पदोन्नति हुई है।
छत्तीसगढ़ में दिल्ली पुलिस की कार्रवाई: 25 करोड़ की नकदी और जेवरात चुराने वाला चोर भिलाई से गिरफ्तार
13 Mar, 2025 05:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भिलाई: करोड़ों रुपए की चोरी के आरोपी लोकेश श्रीवास को गिरफ्तार करने दिल्ली पुलिस भिलाई पहुंची। दिल्ली पुलिस ने जैसे ही लोकेश श्रीवास का नाम लिया, भिलाई पुलिस के होश उड़ गए। लोकेश ने दिल्ली ही नहीं बल्कि छत्तीसगढ़ के भिलाई, बिलासपुर और दुर्ग जैसे जिलों में भी चोरी की कई वारदातों को अंजाम दिया है। लोकेश इतना शातिर है कि दिल्ली में 25 करोड़ रुपए के जेवर और नकदी चुराने के बाद वह प्लास्टिक सर्जरी कराकर अपना चेहरा बदलने की योजना बना रहा था। हालांकि भिलाई पुलिस ने दिल्ली पुलिस के साथ मिलकर उसे भिलाई के स्मृति नगर से गिरफ्तार कर लिया। चोरी के पैसों से खरीदे गए सामान जब्त: पुलिस ने लोकेश के पास से चोरी के पैसों से खरीदे गए टीवी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान जब्त किए हैं। गिरफ्तारी के बाद बुधवार शाम को पुलिस ने उसे ट्रांजिट रिमांड पर लेकर दिल्ली भेज दिया।
दिल्ली में हुई थी बड़ी चोरी
वैशाली नगर थाना प्रभारी अमित अंडानी (दिल्ली पुलिस एक्शन) ने बताया कि दिल्ली पुलिस की टीम 10 मार्च को भिलाई पहुंची थी। पिछले महीने दिल्ली के चांदनी चौक में थोक कपड़ा दुकानों से 10 लाख रुपए नकद और लाखों रुपए का सामान चोरी हुआ था। इस चोरी में लोकेश श्रीवास का फुटेज सामने आया था। यह पहली बार नहीं है जब लोकेश ने दिल्ली में चोरी की हो। इससे पहले भी उसने दिल्ली की एक बड़ी ज्वेलरी शॉप से 25 करोड़ रुपए की चोरी की थी।
फिल्मी स्टाइल में की थी चोरी
लोकेश श्रीवास ने सितंबर 2023 में दिल्ली की एक ज्वेलरी शॉप से 25 करोड़ रुपए से ज्यादा की चोरी की थी। उसने इस चोरी को फिल्मी स्टाइल में अंजाम दिया था। वह सबसे पहले बगल की बिल्डिंग से ज्वेलरी शॉप की छत पर गया। रात होने और दुकान बंद होने के बाद उसने छत का दरवाजा तोड़ा और अंदर घुस गया। इसके बाद उसने ज्वेलरी शॉप के स्ट्रांग रूम में बड़ा छेद किया और वहां से 30 किलो सोना, हीरे के गहने और नकदी लेकर फरार हो गया।
छत्तीसगढ़ में भी चोरी कर चुका है आरोपी
लोकेश श्रीवास छत्तीसगढ़ के कवर्धा का रहने वाला है। पुलिस ने उसे भिलाई के स्मृति नगर इलाके से गिरफ्तार किया है। इससे पहले भी वह इसी इलाके से पकड़ा गया था। पिछली बार गिरफ्तारी के बाद वह जमानत पर रिहा हुआ था। वैशाली नगर थाना पुलिस ने दिल्ली पुलिस के साथ कोहका स्थित एक घर में दबिश देकर लोकेश को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ की गई, जिसमें उसने चोरी की बात कबूल कर ली। लोकेश श्रीवास की गिरफ्तारी से एक बार फिर चोरी के उसके शातिर तरीकों का खुलासा हुआ है। पुलिस का कहना है कि वह बड़ी चोरी करने के लिए प्लास्टिक सर्जरी कराने की योजना बना रहा था, लेकिन समय रहते उसे पकड़ लिया गया।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने छत्तीसगढ़ रेलवे के विकास कार्यों पर की बात, 37 हजार करोड़ रुपये की 25 परियोजनाओं पास
13 Mar, 2025 04:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर: रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने लोकसभा में छत्तीसगढ़ में रेलवे के विकास कार्यों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि राज्य में 37,018 करोड़ रुपये की लागत से 2,731 किलोमीटर लंबाई की 25 रेल परियोजनाओं पर काम चल रहा है। इनमें से 882 किलोमीटर का काम पूरा हो चुका है। यह जानकारी रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल के सवाल के जवाब में दी गई। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने पिछले पांच वर्षों में छत्तीसगढ़ में स्वीकृत रेल परियोजनाओं, उनकी प्रगति, परियोजनाओं के लंबित होने के कारणों और नई ट्रेनों की संभावनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी मांगी थी। रेल मंत्री ने बताया कि वर्ष 2009-14 की तुलना में 2014-24 के दौरान नई रेल लाइनों के चालू होने में 15 गुना वृद्धि हुई है। वर्ष 2009-14 में केवल 32 किलोमीटर रेल लाइन बिछाई गई थी, जबकि 2014-24 में 999 किलोमीटर रेल लाइन चालू हुई। रेलवे बजट आवंटन भी 2009-14 में 311 करोड़ रुपये प्रति वर्ष से बढ़कर 2024-25 में 6,922 करोड़ रुपये हो गया है, जो 22 गुना वृद्धि दर्शाता है।
समस्याओं के समाधान के लिए रेलवे द्वारा उठाए गए कदम
रेल मंत्री ने कहा कि रेलवे परियोजनाओं की प्रगति भूमि अधिग्रहण, वन अनुमोदन, राज्य सरकार की लागत साझाकरण, सार्वजनिक उपयोगिता सेवाओं का हस्तांतरण, कानूनी और जलवायु परिस्थितियों जैसी कई बाधाओं पर निर्भर करती है। इन चुनौतियों से निपटने के लिए रेल मंत्रालय ने कई कदम उठाए हैं जैसे-
परियोजनाओं को प्राथमिकता देना।
बजट आवंटन में वृद्धि करना।
निगरानी तंत्र को मजबूत करना।
राज्य सरकारों के साथ समन्वय करना।
राज्य में नई ट्रेनों की मांग
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने रायपुर से जबलपुर, इंदौर, हैदराबाद और जयपुर के लिए नई ट्रेनों की मांग की है। इस पर रेल मंत्री ने कहा कि यात्रियों की मांग, परिचालन व्यवहार्यता और नेटवर्क की जरूरतों के आधार पर नई ट्रेनों का संचालन किया जाता है। उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षों में छत्तीसगढ़ से 8 नई ट्रेनें शुरू की गई हैं और 8 सेवाओं का विस्तार किया गया है।
अदृश्य शक्तियों का भय ऐसा, ग्रामीणो ने नहीं मनाई दहशत में 150 सालों से होली
13 Mar, 2025 03:24 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कोरबा: कोरबा जिले में एक ऐसा गांव है जहां लोग होली के रंगों से डरते हैं. होलिका दहन को लेकर यहां दहशत का माहौल रहता है। इस गांव में करीब 150 सालों से होली नहीं मनाई गई है। गांव वालों के मन में एक अदृश्य शक्ति का डर बसता है। उन्हें डर है कि अगर होली मनाई गई तो गांव में कोई बड़ी विपत्ति आ सकती है। यह नजारा कोरबा जिला मुख्यालय से 35 किलोमीटर दूर स्थित खरहरी गांव का है। जहां पूरे देश में होली के त्योहार को लेकर उत्साह है, वहीं इस गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। गांव वाले आज भी अंधविश्वास से जुड़े नियमों का पालन कर रहे हैं जो उन्हें विरासत में मिले हैं. हैरान करने वाली बात यह है कि गांव की साक्षरता दर 76% है, फिर भी यहां के लोग बुजुर्गों की बातों पर आंख मूंदकर चलते आ रहे हैं।
150 साल पुरानी घटना का असर आज भी कायम है
गांव के बैगा टिकैत राम और ग्रामीण समारिन बाई का कहना है कि गांव के बुजुर्ग कहते हैं कि इस गांव में होली न मनाने की परंपरा उनके जन्म से काफी पहले से शुरू हुई है। करीब 150 साल पहले जब बाहरी लोगों ने गांव में होलिका दहन किया तो गांव में अंगारे बरसने लगे। घरों में आग लग गई और रंग फेंके जाने से गांव में महामारी फैल गई। इस घटना में कई लोगों की जान चली गई। उस दिन से ही बुजुर्गों ने गांव में होली खेलने पर रोक लगा दी। आज भी बुजुर्ग ही नहीं बल्कि बच्चे भी होली खेलने से परहेज करते हैं। पूर्वजों की परंपरा का पालन कर रहे युवा गांव निवासी 11वीं के छात्र नमन चौहान का कहना है कि वह पढ़े-लिखे हैं, लेकिन फिर भी वह अपने पूर्वजों की परंपरा का पालन कर रहे हैं। उन्हें डर है कि अगर वह गांव में होली खेलेंगे तो किसी तरह का नुकसान हो सकता है। होली न मनाने के पीछे एक और मान्यता है। कहा जाता है कि देवी मड़वारानी ने सपने में आकर गांव वालों से कहा था कि गांव में न तो होली का त्योहार मनाया जाए और न ही होलिका दहन किया जाए। अगर कोई ऐसा करता है तो यह बहुत बड़ा अपशकुन होगा।
आधुनिकता और परंपरा के बीच टकराव
मान्यता चाहे जो भी हो, लेकिन बुजुर्गों द्वारा बनाए गए इस नियम से आज की पीढ़ी भी काफी प्रभावित है। गांव के युवा भले ही पढ़े-लिखे हैं, लेकिन वे अपनी परंपराओं और मान्यताओं को तोड़ने का जोखिम नहीं उठाना चाहते। इस तरह खरहरी गांव आज भी होली के रंगों से दूर है और अपनी अनूठी परंपरा को संजोए हुए है।
शराब घोटाला मामले में ईडी ने पूर्व आबकारी मंत्री लखमा के खिलाफ 3773 पेज की चालान रिपोर्ट पेश की
13 Mar, 2025 03:14 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर: शराब घोटाले में जेल भेजे गए पूर्व आबकारी मंत्री और कोंटा से कांग्रेस विधायक कवासी लखमा के खिलाफ ईडी ने बुधवार को विशेष कोर्ट में 3773 पेज का चालान पेश किया। इसमें डिस्टलरी संचालक समेत 11 अन्य लोगों के नाम भी शामिल हैं। 86 पेज के सारांश में मामले का ब्योरा दिया गया है। बताया जाता है कि आबकारी नीति बदलने में कवासी लखमा की अहम भूमिका रही है। उसे शराब घोटाले की जानकारी थी और इस घोटाले से अर्जित अवैध वसूली से उसे हर महीने 1.50 करोड़ रुपए मिलते थे। आरोप है कि दस्तावेजों पर दस्तखत करने के एवज में कवासी लखमा 50 लाख रुपए तक वसूलता था। यह रकम सिंडिकेट से जुड़े लोगों द्वारा विभिन्न माध्यमों से पहुंचाई जाती थी। अब इस मामले की सुनवाई 22 मार्च को होगी।
21 जनवरी को लखमा को जेल भेजा गया
ईडी ने शराब घोटाले में कवासी लखमा को 15 जनवरी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया था और 21 जनवरी तक पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया था। यह अवधि पूरी होने के बाद उसे फिर कोर्ट में पेश किया गया। इसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
सिंडिकेट का अभिन्न अंग
ईडी के विशेष लोक अभियोजक के अनुसार लखमा शराब सिंडिकेट का अभिन्न अंग था। कवासी लखमा को 2019 से 2022 के बीच शराब घोटाले से अर्जित अपराध की आय से हर महीने 1.5 करोड़ रुपये मिल रहे थे। एजेंसी ने दावा किया कि वह अचल संपत्तियों के निर्माण में लखमा द्वारा अर्जित अपराध की आय के उपयोग से संबंधित साक्ष्य एकत्र करने में सफल रही। यह इनपुट मिलने पर छापेमारी और तलाशी के बाद गिरफ्तारी की गई।
घोटाले में 21 आरोपी
ईडी द्वारा पेश चालान में कुल 21 लोगों को आरोपी बनाया गया है। इसमें कवासी लखमा, अनवर ढेबर, अनिल टुटेजा, त्रिलोक सिंह ढिल्लों, छत्तीसगढ़ डिस्टिलर, वेलकम डिस्टिलर, टॉप सिक्योरिटी, ओम साईं बेवरेज, दिशिता वेंचर, नेस्ट जेन पावर, भाटिया वाइन मर्चेंट और सिद्धार्थ सिंघानिया के नाम शामिल हैं।
लखमा पर ये हैं आरोप
कवासी लखमा पर आरोप है कि उन्होंने मामले की पूरी जानकारी न होने के बावजूद शराब की खरीद-फरोख्त के अवैध और अनाधिकृत संचालन को रोकने के लिए कोई प्रयास नहीं किए। उन पर नीति परिवर्तन में अहम भूमिका निभाने का भी आरोप है। जिसके चलते राज्य में एफएल-10ए लाइसेंस की शुरुआत हुई। सरकार के एफएल-10ए लाइसेंस से लाइसेंस धारकों को विदेशी शराब के क्षेत्र में पैसा कमाने की अनुमति मिल गई।
सड़क हादसा: बस की जोरदार टक्कर से बाइक सवार युवक घायल, अस्पताल में भर्ती
13 Mar, 2025 01:02 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिलासपुर पथरिया मोड़ के पास बस ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को गंभीर हालत में स्वास्थ्य केंद्र तखतपुर लाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद बिलासपुर सिम्स अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम समडील नवापारा निवासी मुस्कान लश्कर उम्र 26 वर्ष अपने साथी हेमेंद्र मेहर पिता परदेसी मेहर उम्र 25 वर्ष के साथ बाइक पर बैठकर मुंगेली की ओर जा रहे थे तभी पथरिया मोड़ के पास विपरीत दिशा से आ रही बस ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
वहीं, टक्कर जबरदस्त थी कि बाइक दो टुकड़ों में बंट गई। आसपास के लोगों की मदद से दोनों युवकों को गंभीर स्थिति में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बिलासपुर सिम्स रेफर कर दिया है।
पानी की किल्लत होगी दूर, बिलासपुर नगर निगम का विशेष इंतजाम, तीन बार होगी जलापूर्ति
13 Mar, 2025 12:20 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में होली के त्यौहार पर शहरवासियों को पानी की किल्लत नहीं होगी। इसके लिए नगर निगम ने विशेष व्यवस्था की है। होली के दिन शुक्रवार को तीन बार पानी की सप्लाई की जाएगी। आमतौर पर सुबह और शाम को पानी की सप्लाई होती है, लेकिन इस बार दोपहर डेढ़ बजे भी नलों में पानी आएगा।
शहर में नहीं होगी पानी की किल्लत
नगर निगम आयुक्त ने पानी की अधिक जरूरत को देखते हुए इसके लिए जल विभाग को निर्देश जारी किए हैं। जल विभाग की टीमें सप्लाई व्यवस्था पर नजर रखेंगी, ताकि किसी भी क्षेत्र में पानी की किल्लत न हो। गौरतलब है कि रंगों के त्यौहार होली पर लोग दिनभर एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाते हैं। इसके चलते पानी की खपत बढ़ जाती है।
होली को लेकर सीआईएसएस सतर्क, तैनात रहेंगे डॉक्टर
होली त्यौहार के दौरान सीआईएसएस में स्वास्थ्य सेवाएं सुदृढ़ बनाए रखने के लिए बैठक हुई। डॉ. रमणेश मूर्ति ने आपातकालीन सेवाओं के लिए डॉक्टरों और स्टाफ को दिशा-निर्देश दिए। बैठक में सभी चिकित्सा एवं सहायक कर्मचारियों से सम्पर्क बनाये रखने, दवाओं का पर्याप्त स्टॉक रखने तथा आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए विशेष व्यवस्था करने की बात कही गई। बैठक में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लाखन सिंह, नर्सिंग अधीक्षक, सभी विभागाध्यक्ष, नर्सिंग स्टाफ, तकनीशियन, वार्ड बॉय तथा हाउसकीपिंग स्टाफ मौजूद रहे।
किसानों के लिए वरदान साबित होगी एग्रीस्टैक योजना, कृषि विभाग द्वारा पंजीयन कार्य जारी, कृषकों से जल्द से जल्द पंजीयन कराने की अपील
12 Mar, 2025 11:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अम्बिकापुर : किसानों को सरकारी योजनाओं का सीधा और पारदर्शी लाभ दिलाने के उद्देश्य से एग्रीस्टैक योजना के तहत कृषक पहचान पत्र (कृषक आईडी) बनाएं जा रहे हैं। पंजीयन के माध्यम से कृषि भूमि धारक की पहचान को भूमि स्वामित्व के साथ जोड़कर सत्यापित किए जा रहे हैं, जिससे किसान बिना किसी बाधा के शासन के हितग्राही मूलक विभिन्न योजनाओं कालाभ प्राप्त कर सकें।
कृषकों को मिलेगा शासन की योजनाओं का लाभ
एग्रीस्टैक के तहत पंजीकृत किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, पीएम फसल बीमा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी), उर्वरक अनुदान, प्रधानमंत्री सिंचाई योजना जैसी केंद्र सरकार की योजनाओं के अलावा मृदा स्वास्थ्य कार्ड, कृषि ऋण योजना, मुख्यमंत्री किसान सहायता योजना, कृषि मशीनीकरण जैसी राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ भी मिलेगा। इसके साथ ही, आईसीसीसी, राष्ट्रीय पेस्ट सर्विलांस सिस्टम, बीज ट्रेसिबिलिटी प्रणाली और किसान कॉल सेंटर जैसी उन्नत डिजिटल सेवाएं भी किसानों के लिए सुलभ होंगी।
पंजीयन हेतु प्रशिक्षण और कार्य की प्रगति
जिले में कृषक पंजीयन को गति देने के लिए 6 नवंबर 2024 को राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनरों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इसके बाद 3 दिसंबर 2024 को जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनरों द्वारा तहसीलदार, नायब तहसीलदार, पटवारी, कृषि विभाग के अधिकारियों सहित अन्य संबंधित कर्मचारियों को संयुक्त कलेक्टर राम सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में प्रशिक्षित किया गया।
अब तक 22,878 किसानों का पंजीयन पूरा
जिले में पीएम किसान योजना के तहत 90 हजार 525 किसानों के पंजीयन का लक्ष्य रखा गया है। जिले में अब तक 22हजार 878 किसानों का पंजीयन पूरा हो चुका है। शेष किसानों के पंजीयन के लिए शिविरों का आयोजन कर कार्य किए जा रहे हैं। प्रशासन का लक्ष्य है कि जल्द से जल्द सभी पात्र किसानों का पंजीयन कर उन्हें योजनाओं का सीधा लाभ दिलाया जाए।
जिला प्रशासन द्वारा कृषकों से अपील
कलेक्टर विलास भोसकर ने किसानों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द अपना पंजीयन कराएं, जिससे उन्हें केंद्र एवं राज्य सरकार की सभी योजनाओं का लाभ मिल सके। इसके लिए किसान अपने नजदीकी तहसील, ग्राम पंचायत या कृषि कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।
होली के अवसर पर अम्बेडकर अस्पताल में 24 घंटे जारी रहेगी आपात चिकित्सा सेवा
12 Mar, 2025 08:09 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल और स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल के दिशानिर्देश पर होली के त्योहार को ध्यान में रखते हुए अम्बेडकर अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने की व्यवस्था की गई है। अस्पताल अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर ने डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ, पैरामेडिकल स्टाफ और अन्य संबंधित विभागों को अलर्ट मोड में रहने के लिए निर्देशित किया है।
होली के दौरान किसी भी प्रकार की दुर्घटना या आपातकालीन चिकित्सा स्थिति के संभावित मामलों को देखते हुए आपात चिकित्सा सेवाओं को चौबीसों घंटे चालू रखने के निर्देश दिए गए हैं। होली के दिन 14 मार्च को शासकीय अवकाश होने के कारण ओपीडी (बाह्य रोगी विभाग) बंद रहेगा, लेकिन इमरजेंसी सेवाएं पूर्ववत 24 घंटे उपलब्ध रहेंगी।
आपात चिकित्सा सेवाओं को लेकर विशेष प्रबंध
आपातकालीन वार्डों में जीवन रक्षक दवाओं और आवश्यक संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। मेडिकल स्टाफ को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता दी जा सके। सभी डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ को इमरजेंसी ड्यूटी के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया गया है। मरीजों को समय पर इलाज मिल सके, इसके लिए ट्रॉमा और इमरजेंसी यूनिट को विशेष रूप से सशक्त किया गया है।
सुरक्षा व्यवस्था भी होगी चाक-चौबंद
अस्पताल परिसर में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए सुरक्षा गार्ड और बंदूकधारी गार्ड तैनात किए गए हैं। सिक्योरिटी सुपरवाइजर को विशेष सतर्कता बरतने और सुरक्षा स्टाफ को चौकसी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। आपात स्थिति में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस से समन्वय किया गया है।
डीकेएस अस्पताल तक एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध
गंभीर मरीजों को आवश्यकतानुसार चिकित्सा सुविधा प्रदान करने के लिए डीकेएस अस्पताल स्थित सुपर स्पेश्यलिटी विभाग में भेजने की प्रक्रिया को तेज और सुगम बनाने के लिए अम्बेडकर अस्पताल से डीकेएस अस्पताल तक एम्बुलेंस सेवा 24 घंटे सक्रिय रहेगी। अस्पताल प्रशासन ने सभी नागरिकों से आग्रह किया है कि होली का त्योहार सावधानीपूर्वक मनाएं और किसी भी आकस्मिक चिकित्सा स्थिति में घबराए बिना अस्पताल की आपातकालीन सेवाओं का लाभ उठाएं।
इस बार भी होली पर बाहरी गुलाल को टक्कर देंगी ग्रामीण महिलाएं, बढ़ाएंगी स्वावलंबन की दिशा में बड़ा कदम
12 Mar, 2025 08:08 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बेमेतरा : इस बार होली को लेकर बिहान समूह से जुड़े महिलाओं के द्वारा हर्बल गुलाल तैयार किया गया है । स्व सहायता समूह की स्वरोजगार से जुड़ी महिलाएं दिन-रात हर्बल गुलाल तैयार करने में लगी है। इस गुलाल को लगाने से जहां चेहरे पर कोई साइड इफेक्ट नहीं होता है । महिला स्वयं सहायता समूह के जरिए तैयार किए जा इन हर्बल गुलाल और हर्बल रंग की कई विशेषताएं हैं । इसमें फूलों के रंग का इस्तेमाल किया जाता है । इतना ही नहीं गुलाल और रंग में महक के लिए भी फूलों का ही इस्तेमाल किया जाता है. इसमें किसी भी तरह का केमिकल नहीं मिलाया जाता है, जो नुकसान करें। यही वजह है कि इस गुलाल और रंग की डिमांड ज़िले सहित आसपास के ज़िलो में से भी आ रही है। वहीं, महिलाओं को घर बैठे स्वरोजगार भी उपलब्ध हो रहा है ।
बेमेतरा ज़िले के ब्लॉक साजा ग्राम पंचायत महीदही जय मां सिद्धि महिला स्व-सहायता समूह की महिलायें भी हर्बल गुलाल बनाने में जुट हैं । समूह की सचिव श्रीमती पार्वती साहू ने बताया कि पिछले साल होली में 30 किलो हर्बल गुलाल महिलाओं ने बनाया ।जिसकी काफ़ी माँग रही।उन्होंने कहा कि पिछले,20 और 50 रुपए के हर्बल गुलाल के पैकेट बनाए थे। इस बार समूह की महिला सदस्यों ने हर्बल गुलाल ज़्यादा बनाए जाने का लक्ष्य रखते हुए 95 किलो हर्बल गुलाल बनाया गया है। इस बार 50 और 110 रुपये का पैकेट बनाया गया है। उन्होंने बताया कि पालक,लालभाजी, हल्दी.जड़ी, बुटी व फूलों से हर्बल गुलाल बनाने का कार्य कर रही ।
इसके अलावा मंदिरों फूलों के बाजार से निकलने वाली इस्तेमाल किए हुए फूल पत्तियों को सुखाकर प्रोसेसिंग यूनिट में पीसकर गुलाल तैयार किया जाता है। गुलाब, गेंदे, स्याही फूल के साथ चुकंदर, हल्दी, आम और अमरूद की हरी पत्तियां को भी प्रोसेस किया जाता है।
महिलाओं ने बताया कि एक किलो हर्बल गुलाल बनाने में करीब 75 रुपये खर्च आ रहा है। गुलाल को बनाने में वे पालक, चुकंदर, सिंदूर आदि का उपयोग करती है। इस गुलाल के प्रयोग से किसी तरह का त्वचा को नुकसान नहीं होगा। इसलिए क्षेत्र के लोग भी इसमें रुचि दिखा रहे हैं। हमारा प्रयास है कि लोगों को हर्बल गुलाल के फायदे को समझाएं ताकि लोग इन्हें अपनाएं।
महिला स्व सहायता समूह द्वारा इस वर्ष की होली के लिए पालक,लालभाजी, हल्दी. फूलों से हर्बल गुलाल बना रही है। उनके द्वारा वर्तमान मे पीला, संतरा, लाल एवं चंदन रंग के गुलाल का निर्माण किया जा रहा है, जिसका विक्रय स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा कलेक्ट्रेट सहित अन्य स्थानों पर स्टॉल लगाकर किया जा रहा है ।
दयाराम का सपना हुआ साकार, प्रधानमंत्री आवास के तहत मकान बनने से परिवार में आई खुशियां
12 Mar, 2025 08:07 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
उत्तर बस्तर कांकेर : प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) गरीब और बेघर परिवार के लोगों का सपना साकार कर रही है, जो पक्के आवास की सिर्फ कल्पना ही कर सकते थे। जिला मुख्यालय से लगभग 30 किलोमीटर की दूरी पर विकासखण्ड दुर्गूकोंदल के ग्राम पंचायत हाटकोंदल निवासी दयाराम इन्हीं में से एक हैं, जिन्होंने अपनी मेहनत और प्रधानमंत्री आवास योजना की मदद से अपने परिवार के लिए एक नए और पक्के मकान का सपना साकार किया है।
हितग्राही दयाराम ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2024-25 में आवास स्वीकृति मिली। पहले दो कमरे के कच्चे मकान में रहते थे, जहां बरसात के दिनों में जीवन-यापन करने में अनेक प्रकार की कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। उन्होंने बताया कि मिट्टी एवं खपरैल का घर होने के कारण बारिश के दिनों में पानी का टपकना, जमीन में सीलन आने के साथ जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा भी बना रहता था। लेकिन प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत राशि मिलने से अपने लिए एक नया पक्का और सुरक्षित मकान बना लिया है। इस नए मकान में उनका परिवार अब खुशी-खुशी जीवन व्यतीत कर रहा है। उन्हांने अपने नए पक्का मकान के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारत सरकार की महत्वपूर्ण योजना प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) गरीब परिवारों के लिए एक वरदान साबित हो रही है। योजना का लाभ प्राप्त कर पक्का मकान बनने एवं निवास करने से हितग्राही दयाराम एवं उनके परिवार बेहद संतुष्ट हैं।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास मेला का आयोजन
12 Mar, 2025 08:06 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अम्बिकापुर : जिले के जनपद पंचायत उदयपुर के ग्राम पंचायत पलका में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास मेला का आयोजन किया गया। आवास मेले में सेक्टर की 6 ग्राम पंचायत सलका, खोडरी, केशगंवा, पंडरीपानी, सोनतराई एवं पलका के कुल 4 सौ 17 हितग्राही शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर विलास भोसकर एवं जिला पंचायत सीईओ विनय अग्रवाल ने हितग्राहियों से आवास निर्माण समय पर पूर्ण करने हेतु प्रेरित किया। साथ ही, तय समय-सीमा में आवास पूर्ण कर चुके 25 हितग्राहियों को उपहार भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही उन्होंने पात्र सभी हितग्राहियों को तय समय-सीमा में आवास निर्माण पूर्ण करने हेतु शपथ दिलाई।
वहीं कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ द्वारा ग्राम पंचायत पलका की महिला हितग्राही एतवारो के प्रधानमंत्री आवास का गृह प्रवेश कराया गया। साथ ही समय सीमा में आवास निर्माण पूर्ण करने के लिए उपहार भेंटकर सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य प्रधानमंत्री आवास योजना के सभी पात्र हितग्राहियों को शीघ्र आवास निर्माण के लिए प्रेरित करना है। जिससे हर परिवार को जल्द से जल्द अपना पक्का आवास मिल सके।
कार्यक्रम में जनपद सीईओ वेद प्रकाश गुप्ता, एपीओ स्वेच्छा सिंह, डीसी आवास शशांक सिंह, एई आवास रुबिना खान, एसडीओ आरईएएस शैलेंद्र भारती, मनरेगा पीओ सुनील मिश्रा, बीसी आवास भुनेश्वर सिंह उईके, तकनीकी सहायक शैलेष मिश्रा सहित संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
जनपद पंचायत महासमुंद में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सदस्यों को शपथ दिलाई गई
12 Mar, 2025 08:05 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महासमुंद : जनपद पंचायत महासमुंद के प्रांगण में नव-निर्वाचित अध्यक्ष/ उपाध्यक्ष/जनपद सदस्यों का प्रथम सम्मिलन का आयोजन किया गया, उक्त सम्मिलन में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत महासमुंद बी.एस. मंडावी द्वारा समस्त नव निर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाया गया। इस अवसर पर अध्यक्ष दिशा रामस्वरूप दीवान एवं उपाध्यक्ष हुलसी जितेन्द्र चन्द्राकर ने शपथ ली। जनपद सदस्यों में दसरी बाई ध्रुव, योगेश्वरी साहू, गजल विक्रम महिलांग, अंजली खैरवार, प्रियंका लवेश ढीढी, विष्णु साहू, विजय लक्ष्मी जांगडे, संगीता राहुल चन्द्राकर, सुधा योगेश्वर कौंदकेरा, महेन्द्र साहू, संतोष कुमार साहू, नीता तुलाराम साहू, निधि लोकेश चन्द्राकर, पुष्पा बाई रूपलाल ध्रुव, सृष्टी मोहित ध्रुव, रूपकुमारी खिलावन सिंह ध्रुव, अश्वनी हूमन दीवान, रोशन कुमार पटेल, सुषमा टण्डन, धनेश गायकवाड़, तिजन गब्बर साहू, बलविन्दर सिंह सीटू एवं कौशिल्या ठाकुर द्वारा पंचायती राज अधिनियम के तहत शपथ दिलाया गया।
उक्त आयोजित गरिमामय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ऐतराम साहू, विशिष्ट अतिथि पूनम चन्द्राकर पूर्व राज्यमंत्री, डॉ. विमल चोपड़ा पूर्व विधायक, नरेन्द्र गिरी सांसद प्रतिनिधि, दिग्विजय साहू, प्रशांत श्रीवास्तव पूर्व सदस्य राज्य युवा आयोग, देवीचन्द राठी पार्षद, महेन्द्र सिक्का, मुन्नालाल साहू सर्व समाज जिला संरक्षक, मोहित ध्रुव, आनंद साहू, डिगेश्वरी चन्द्राकर, वीणा चन्द्राकर सरपंच खरोरा, प्रिती धीवर सरपंच बेलसोंडा, रिखीराम साहू सरपंच मोंगरा, साजन यादव, शत्रुहन चेलक, संदीप घोष एवं जनपद पंचायत के अधिकारी/कर्मचारी, उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत निःशुल्क हृदय रोग जांच शिविर का सफल आयोजन
12 Mar, 2025 08:04 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महासमुंद : महासमुंद जिले के विकासखंड बसना स्थित अग्रवाल नर्सिंग होम में 07 मार्च को राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत जन्मजात हृदय रोग एवं आरएचडी (रूमेटिक हार्ट डिजीज) से प्रभावित 0 से 18 वर्ष के बच्चों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में नारायणा हृदयालय एम.एम.आई. हॉस्पिटल, रायपुर के वरिष्ठ पीडियाट्रिक कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. किंजल बक्शी एवं उनकी विशेषज्ञ टीम द्वारा ईको कार्डियोग्राफी मशीन से जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार शिविर के दौरान जिले के समस्त स्कूलों एवं आंगनबाड़ियों में चिरायु दलों द्वारा पूर्व-चिन्हित संभावित हृदय रोग से ग्रसित बच्चों को विकासखंड कार्यालय के सहयोग से शिविर स्थल लाया गया। कुल 80 बच्चों की निःशुल्क ईको व अन्य महत्वपूर्ण जांच कराई गई, जिनमें से 45 बच्चों को उच्च स्तरीय चिकित्सा संस्थान में निःशुल्क सर्जरी हेतु चिन्हांकित किया गया। इनमें से तीन बच्चों की गंभीर स्थिति को देखते हुए तत्काल नारायणा हृदयालय एम.एम.आई. हॉस्पिटल, रायपुर में भर्ती कराया गया।
इस शिविर का आयोजन नारायणा हृदयालय एम.एम.आई. हॉस्पिटल रायपुर के सहयोग से किया गया। शिविर को सफल बनाने में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पी. कुदेशिया, जिला कार्यक्रम प्रबंधक नीलू घृतलहरे एवं विकासखंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. नारायण साहू के कुशल निर्देशन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जिले के सभी चिरायु दलों के चिकित्सक, फार्मासिस्ट, एएनएम और लैब टेक्नीशियन भी इस शिविर में सक्रिय रूप से उपस्थित रहे। इस शिविर के माध्यम से जिले के कई जरूरतमंद बच्चों को निःशुल्क उन्नत चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई, जिससे उन्हें एक स्वस्थ जीवन जीने का अवसर मिलेगा। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत इस प्रकार के शिविर आगे भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक बच्चों को समय पर इलाज मिल सके।
स्वसहायता समूह द्वारा तैयार हर्बल गुलाल को मिला कांकेर के बाजार में स्थान
12 Mar, 2025 08:03 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
उत्तर बस्तर कांकेर : राष्ट्रीय़ ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के तहत गठित महिला स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पाद हर्बल गुलाल उनकी आय का जरिया बन गया है। रंगों के पर्व होली में अब रसायनयुक्त रंग एवं गुलाल की जगह हर्बल रंग-गुलाल स्थान लेने लगा है, जिससे वे न सिर्फ पर्यावरण और स्वास्थ्य की सुरक्षा में भी अपना योगदान दे रही हैं, अपितु उन्हें जीविकोपार्जन का सशक्त माध्यम भी मिल गया है। समूह द्वारा निर्मित हर्बल रंग-गुलाल अब कांकेर के पुराना बस स्टैण्ड के समीप मुख्य मार्ग पर स्थित सी-मार्ट एवं कलेक्टर कार्यालय परिसर में खरीदा जा सकेगा। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरेश मंडावी ने बताया कि कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के मार्गदर्शन में जिले के विकासखण्ड कांकेर, दुर्गूकोंदल, नरहरपुर एवं भानुप्रतापपुर में गठित 06 महिला स्वसहायता समूह की 45 महिला सदस्यों द्वारा प्राकृतिक रंग हर्बल गुलाल बनाया जा रहा है। इस हर्बल गुलाल की विशेषता यह है कि इसके प्राकृतिक पदार्थ जैसे पालक भाजी, धनिया के पत्ते, पलाश के फूल, गैंदे के फूल, हल्दी, मेहंदी की पत्ती, धंवई के फूल, चुकंदर, सिंदूर के बीज एवं अरारोट का आटा का उपयोग गुलाल तैयार करने में किया जाता है। चूंकि समूह द्वारा बनाये गये उत्पाद में शुद्धता शत-प्रतिशत होती है एवं विश्वसनीय होती है।
उन्होंने बताया कि गत वर्षों से जिले में बिहान योजना से जुड़े समूहों द्वारा हर्बल गुलाल बनाया जा रहा है, यह केमिकल फ्री होने के कारण इस गुलाल को काफी पसंद किया जा रहा है। इससे त्वचा में किसी भी प्रकार का साईड इफेक्ट नहीं होता है। विकासखण्ड भानुप्रतापपुर की भारती साहू, धनेश्वरी दुग्गा और विकासखण्ड कांकेर के ग्राम सिंगारभाट की शोभा प्रसाद द्वारा हर साल हर्बल गुलाल बनाया जाता है। समूह सदस्यों द्वारा इस वर्ष कुल 287 किलोग्राम हर्बल गुलाल उत्पादित कर 195 किलोग्राम 200 रूपए प्रतिकिलो की दर से 39 हजार रूपए का विक्रय किया गया है, जिसमें 19 हजार 220 रूपए का शुद्ध लाभ प्राप्त हो चुका है। इसके अलावा समूह द्वारा निर्मित हर्बल गुलाल शासकीय कार्यालयों में स्टॉल लगाकर एवं हाट-बाजार के माध्यम से विक्रय किया जा रहा है।
राशिफल 16 मई 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
सफलता की इबारत: वाटरशेड योजना ने बदली किसान छबी लाल की तकदीर
मध्यप्रदेश पुलिस की नशे के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही
सम्राट विक्रमादित्य अंतर्राष्ट्रीय सम्मान के लिए 20 मई तक नामांकन आमंत्रित
कोसमी में सफल बोर खनन से दूर हुआ जल संकट, ग्रामीणों के चेहरे खिले!
सुशासन तिहार बना भरोसे और राहत का माध्यम
उज्जैन की जनता सिंहस्थ संबंधी कार्यों में सहयोग कर पेश कर रही हैं नई मिसाल : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
आदि उत्सव जनजातीय गौरव, संस्कृति और उद्यमिता का है अदभुत संगम : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
शीघ्र ही होगा जीवनदायिनी तांदुला नदी का कायाकल्प
पायलट एवं फॉलो गाड़ियों का उपयोग बंद कर दिया सादगी
