छत्तीसगढ़
नगर पालिका परिषद जशपुर के नवनिर्वाचित अध्यक्ष और पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न
16 Mar, 2025 11:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की गरिमामयी उपस्थिति में नगर पालिका परिषद, जशपुरनगर के नवनिर्वाचित अध्यक्ष अरविंद भगत एवं 20 वार्डों के पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह आज स्वामी आत्मानंद शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर जशपुर में सम्पन्न हुआ।इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को बधाई और शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि नगर की स्वच्छता, सुव्यवस्था और समृद्धि सुनिश्चित करने के लिए पार्षदगण अपनी पूरी ऊर्जा और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें। नागरिकों की अपेक्षाओं पर खरा उतरना ही आपकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी होगी।
नगर विकास की दिशा में प्रभावी कार्य करने का आह्वान
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नवनिर्वाचित पार्षदों से स्वच्छता, बुनियादी सुविधाओं और स्मार्ट शहर निर्माण की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन और नागरिकों के सहयोग से जशपुरनगर को एक आदर्श नगर बनाया जाएगा। शपथ ग्रहण के उपरांत विशिष्ट अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में सरगुजा क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष गोमती साय, विधायक रायमुनी भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, सरगुजा संभाग आयुक्त नरेंद्र दुग्गा, आईजी अंकित गर्ग, कलेक्टर रोहित व्यास, पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह, सहित कई गणमान्य व्यक्ति, अधिकारीगण, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर में विमान उड़ान प्रशिक्षण का शुभारंभ किया, एनसीसी कैडेट्स का बढ़ाया उत्साह
16 Mar, 2025 10:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज जशपुर जिले के आगडीह हवाई पट्टी में 3 सीजी एयर स्क्वाड्रन एनसीसी रायपुर के कैडेट्स से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कैडेट्स के अनुभव सुने और जशपुर में पहली बार शुरू हुए विमान उड़ान प्रशिक्षण को एक ऐतिहासिक पहल बताया। उन्होंने कहा कि जशपुर अब केवल पर्यटन और प्राकृतिक सौंदर्य का केंद्र नहीं, बल्कि विमानन प्रशिक्षण का नया हब भी बन रहा है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को हर क्षेत्र में करियर निर्माण के लिए आवश्यक संसाधन और अवसर प्रदान करने के लिए संकल्पबद्ध है। अब युवा पायलट बनने का भी सपना साकार कर सकते हैं, जिसके लिए सरकार हर संभव सहायता उपलब्ध कराएगी।
मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर माइक्रो लाइट एयर स्क्वाड्रन विमान का अवलोकन किया और उसकी तकनीकी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कैडेट्स को जशपुर के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण करवाया जाए, ताकि वे जिले के प्राकृतिक सौंदर्य और जैव विविधता से परिचित हो सकें। उन्होंने यह भी बताया कि जशपुर में काजू, चाय पत्ती, नाशपाती और सेब की खेती बड़े पैमाने पर हो रही है, जिससे यहां की कृषि को नया आयाम मिला है।
पहली बार जशपुर में विमान उड़ान प्रशिक्षण, 100 कैडेट्स को मिलेगा अवसर
जशपुर जिले में 7 मार्च 2025 से कैडेटों को सुबह विमान उड़ाने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस प्रशिक्षण के दौरान विमान आकाश में उड़ान भरने के बाद सुरक्षित लैंड करता है, जिससे कैडेट्स को व्यावहारिक अनुभव मिलता है। रायपुर से बाहर पहली बार जशपुर जिले में इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया है, जिससे कैडेट्स में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।
ट्विन-सीटर SW-80 विमान से दी जा रही ट्रेनिंग
आगडीह हवाई पट्टी की लंबाई 1200 मीटर और चौड़ाई 25 मीटर है। यहां सिंगल इंजन ट्विन-सीटर वायरस SW-80 विमान से कैडेट्स को प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जो 20,000 फीट की अधिकतम ऊंचाई तक उड़ सकता है। हालांकि, फिलहाल प्रशिक्षण के लिए 1,000 फीट की ऊंचाई तक ही उड़ान संचालित की जा रही है।
कमांडिंग ऑफिसर ने बताया कि एनसीसी एयर विंग के "सी" सर्टिफिकेट में उच्च ग्रेडिंग प्राप्त करने वाले कैडेट्स सीधे एयरफोर्स इंटरव्यू के लिए पात्र माने जाते हैं, जिससे यह प्रशिक्षण उनके सुनहरे भविष्य की नींव रखता है।
कैडेट्स का उत्साह – "एयरफोर्स पायलट बनने का सपना साकार होगा"
प्रशिक्षु नितेश प्रजापति ने बताया कि जशपुर का स्वच्छ और खूबसूरत वातावरण उड़ान प्रशिक्षण के लिए बहुत उपयुक्त है। उन्होंने कहा,
"मेरा सपना एयरफोर्स पायलट बनने का है, और यह प्रशिक्षण मुझे उस दिशा में आगे बढ़ने में मदद करेगा।"
इसी तरह प्रांशु चौहान ने बताया कि जशपुर में एयर ट्रैफिक साफ-सुथरा रहता है, जिससे उड़ान में कोई बाधा नहीं आती। रनवे भी पूरी तरह से क्लियर रहता है, जिससे प्रशिक्षण बिना किसी रुकावट के संचालित हो रहा है। उन्होंने कहा, "प्राकृतिक सुंदरता के बीच प्रशिक्षण लेना हमारे लिए हमेशा यादगार रहेगा।"
इस अवसर पर सरगुजा आदिवासी विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष गोमती साय, विधायक रायमुनी भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, सरगुजा कमिश्नर नरेंद्र कुमार दुग्गा, आईजी अंकित गर्ग, कलेक्टर रोहित व्यास, एसएसपी शशि मोहन सिंह, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित थे।
रायगढ़ को विकास की राह पर आगे ले जाने के लिए निरंतर कार्य करेंगे : वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी
16 Mar, 2025 10:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : रायगढ़ जिला पंचायत के नव निर्वाचित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सदस्यों का प्रथम सम्मिलन एवं शपथ ग्रहण समारोह नगर निगम ऑडिटोरियम, पंजरी प्लांट में संपन्न हुआ। इस अवसर पर वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
वित्त मंत्री चौधरी ने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि जनता ने जो भरोसा आप पर जताया है, उस पर खरा उतरने के लिए एक टीम के रूप में कार्य करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि रायगढ़ जिले में विकास को गति देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए मंत्री चौधरी ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में बीते सवा साल में किसानों को 1 लाख करोड़ रुपये की राशि विभिन्न योजनाओं के तहत अंतरित की गई है। हाल ही में धान खरीदी के अंतर की राशि के रूप में 12 हजार करोड़ रुपये किसानों को दिए गए, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था में तेजी आई है। महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख माताओं और बहनों को प्रतिमाह 1,000 रुपये की सहायता दी जा रही है। सरकार ने आवास निर्माण को प्राथमिकता देते हुए 18 लाख नए आवासों की मंजूरी दी है, जिनका निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर है।
मंत्री चौधरी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने रामलला दर्शन योजना के माध्यम से अयोध्या और बनारस के दर्शन की सुविधा उपलब्ध कराई है। हाल ही में प्रयागराज कुंभ में छत्तीसगढ़ पवेलियन की स्थापना कर राज्य के श्रद्धालुओं को लाभ पहुंचाया गया।
रायगढ़ में विकास की नई इबारत
वित्त मंत्री चौधरी ने रायगढ़ के विकास कार्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जिले में 35 करोड़ रुपये की लागत से नालंदा परिसर का निर्माण प्रारंभ हो चुका है। इतवारी बाजार के सौंदर्यीकरण, ऑक्सीजोन और आदर्श मंडी का कार्य प्रगति पर है। शहर की सड़कों को आधुनिक स्वरूप दिया जा रहा है। केलो परियोजना की नहरों के निर्माण के लिए 100 करोड़ रुपये का बजट जारी किया गया है, साथ ही 291 करोड़ रुपये की अतिरिक्त प्रशासनिक स्वीकृति भी प्रदान की गई है। अन्य विकास कार्यों में सपनई डैम का विस्तार, घरघोड़ा-रायगढ़ और कसडोल-रायगढ़ सड़क निर्माण, रायगढ़ में फिजियोथेरेपी कॉलेज, पुसौर में नर्सिंग कॉलेज, कला एवं संगीत महाविद्यालय, हार्टिकल्चर कॉलेज की स्थापना शामिल हैं।
इस अवसर पर नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष शिखा रविन्द्र गबेल, उपाध्यक्ष दीपक सिदार एवं सभी नव निर्वाचित जिला पंचायत सदस्यों ने पंचायती राज अधिनियमों के तहत अपने दायित्वों का निर्वहन करने की शपथ ली।
इस महत्वपूर्ण समारोह में रायगढ़ के लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया, नगर निगम महापौर जीवर्धन चौहान, जिला पंचायत उपाध्यक्ष सारंगढ़ अजय नायक, कलेक्टर कार्तिकेया गोयल, पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल, अपर कलेक्टर रवि राही सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
प्रधानमंत्री सूर्यघर-मुफ्त बिजली योजना से बिजली बिल हुआ शून्य
16 Mar, 2025 10:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी ऊर्जा नीति के तहत प्रधानमंत्री सूर्यघर-मुफ्त बिजली योजना देशभर में लोगों को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित कर रही है। इस योजना का लाभ लेकर राजनांदगांव के अनुपम नगर निवासी रमेश एम. चावडा ने अपने घर की छत पर 3 किलोवाट क्षमता का रूफटॉप सोलर प्लांट स्थापित किया है। उन्होंने बताया कि 1.90 लाख रुपए की लागत वाले इस प्लांट के लिए केंद्र सरकार से 78 हजार रुपए की सब्सिडी मिली, जिससे उनके लिए यह प्लांट लगाना आसान हो गया।
चावडा बताते हैं कि रूफटॉप सोलर प्लांट के चलते उनके बिजली बिल में भारी कमी आई है। इतना ही नहीं, नेट मीटरिंग प्रणाली के तहत अतिरिक्त बिजली ग्रिड में भेजकर आय अर्जित करने का अवसर भी मिला। यानी, जितनी बिजली उनके घर में खपत होती है, उससे अधिक बिजली उत्पादन होने पर वह अतिरिक्त बिजली सरकार को बेच सकते हैं, जिससे न केवल उनका बिजली बिल शून्य हो गया बल्कि कुछ अतिरिक्त आय भी हो रही है।
चावडा ने प्रधानमंत्री सूर्यघर-मुफ्त बिजली योजना की सराहना करते हुए कहा कि यह योजना न केवल बिजली बिल बचाने में मददगार है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान दे रही है। इससे कोयला और पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता कम हो रही है, और ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा मिल रहा है।
इस योजना के तहत सरकार 30 हजार से 78 हजार रुपए तक की सब्सिडी प्रदान कर रही है। 3 किलोवाट से अधिक क्षमता वाले प्लांट पर अधिकतम 78 हजार रुपए तक का अनुदान मिलता है। इसके अलावा, यदि उपभोक्ता को बाकी राशि के लिए आर्थिक सहायता की जरूरत हो, तो सरकार 7 प्रतिशत ब्याज दर पर बैंक ऋण की सुविधा भी प्रदान कर रही है।
योजना का लाभ लेने के लिए उपभोक्ताओं को
PMSuryaGhar.gov.in
वेबसाइट या PMSuryaGhar मोबाइल ऐप पर पंजीकरण करना होगा। इसके बाद, वेब पोर्टल पर सूचीबद्ध अधिकृत वेंडर का चुनाव कर, बिजली विभाग के सहयोग से आवेदन पूरा किया जाता है। वेंडर द्वारा प्लांट लगाने और डिस्कॉम द्वारा नेट मीटर स्थापित करने के बाद, सरकार की ओर से सब्सिडी सीधे उपभोक्ता के खाते में जमा कर दी जाती है।
प्रधानमंत्री सूर्यघर-मुफ्त बिजली योजना के तहत छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश में लाखों परिवारों को सौर ऊर्जा से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। यह योजना न केवल घर-घर मुफ्त बिजली उपलब्ध कराने का मार्ग प्रशस्त कर रही है, बल्कि आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को भी साकार कर रही है।
चावडा का कहना है कि सभी नागरिकों को इस योजना का लाभ उठाकर अपने घरों में सौर ऊर्जा संयंत्र लगवाना चाहिए। इससे बिजली पर खर्च कम होगा, पर्यावरण सुरक्षित रहेगा और देश की ऊर्जा आत्मनिर्भरता बढ़ेगी।
बस्तर पंडूम 2025 : स्थानीय लोककला एवं सांस्कृतिक परंपरा को बढ़ावा देने छत्तीसगढ़ शासन की अभिनव पहल
16 Mar, 2025 09:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सुकमा : छ.ग. शासन मुख्य सचिव कार्यालय महानदी भवन, मंत्रालय का पत्र क्र./ 106 /ओ.एस.डी./ मु.स.का./ 2025 नवा रायपुर अटल नगर दिनांक 24.02.2025 द्वारा जनजाति बाहुल्य बस्तर संभाग की स्थानीय कला एवं सांस्कृतिक परंपरा से परिपूर्ण बस्तर अंचल के लोककला, शिल्प, तीज-त्यौहार, खानपान, बोली-भाषा, रीति-रिवाज, वेश-भूषा, आभूषण, वाद्ययंत्र, पारंपरिक नृत्य, गीत-संगीत, लोकनाट्य, पेयपदार्थों के मूल स्वरूप को संरक्षण संवर्धन एवं कला समूहों के सतत् विकास तथा जनजातीय कलाकारों को प्रोत्साहित एवं सम्मानित करने के उद्देश्य से बस्तर पंडूम 2025 का आयोजन किया जा रहा है। कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के निर्देशन तथा मार्गदर्शन में सुकमा जिले में बस्तर पंडूम 2025 का आयोजन किया जाएगा।
विकासखंड स्तरीय बस्तर पंडुम प्रतियोगिता का आयोजन 17 मार्च से 19 मार्च तक सभी विकासखंडों में किया जाएगा। प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए सर्व एसडीएम (सुकमा/कोंटा/छिंदगढ़) को नोडल अधिकारी और सर्व जनपद सीईओ को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है तथा उनके सहयोग के लिए संबंधित मंडल संयोजक और खंड स्त्रोत समन्वयक की ड्यूटी लगाई गई है।
विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता के पश्चात विजयी प्रतिभागियों के जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 21 मार्च से 23 मार्च तक जिला मुख्यालय सुकमा में किया जाएगा। प्रतियोगिता के सुचारू क्रियान्वयन के लिए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी नम्रता जैन को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
अरुण साव ने भूपेश बघेल से OBC वर्ग से माफी मांगने की कही बात, 9 जिला पंचायतों पर ओबीसी वर्ग से पर दिया ये बयान
15 Mar, 2025 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर: छत्तीसगढ़ के 33 में से 31 जिलों में जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव संपन्न हो चुके हैं. जहां 13 अनारक्षित सीटों पर ओबीसी वर्ग को सबसे ज्यादा मौका मिला है. जबकि इससे पहले कांग्रेस और पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने जिला पंचायत आरक्षण प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा था कि ओबीसी अध्यक्ष बनने के लिए तरस रहे हैं. अब डिप्टी सीएम अरुण साव ने भूपेश बघेल से माफी मांगने को कहा है. जबकि भूपेश बघेल कह रहे हैं कि डिप्टी सीएम अरुण साव को माफी मांगनी चाहिए.
छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव के बाद जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर भी बीजेपी ने कब्जा कर लिया है. छत्तीसगढ़ के 33 में से 31 जिलों में जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव हो चुके हैं. 33 में से 20 जिला पंचायत अनुसूचित जनजाति और जाति के लिए आरक्षित हैं. वहीं, बाकी 13 अनारक्षित जिला पंचायतों में से 12 पर चुनाव हुए हैं, जिसमें बीजेपी ने 9 जिला पंचायतों में ओबीसी वर्ग के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष बनाए हैं. जबकि रायपुर में अनारक्षित और सुकमा में आरक्षित में चुनाव होना बाकी है।
जिला पंचायतों पर ओबीसी दबाव: इससे पहले जब भाजपा सरकार ने जिला पंचायत में आरक्षण की सूची जारी की थी, तब पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने कहा था कि छत्तीसगढ़ में करीब 50% आबादी ओबीसी वर्ग से है, जहां उन्हें आरक्षण न देना भाजपा की सोच हो सकती है। एक अन्य ट्वीट में उन्होंने कहा था कि अब छत्तीसगढ़ में पिछड़ा वर्ग के लोग जिला पंचायत अध्यक्ष बनने के लिए तरसेंगे। पिछड़ा वर्ग को पूरे प्रदेश में सिर्फ एक जिले में, अधिकतम दो में आरक्षण मिलेगा। आज इस पर डिप्टी सीएम अरुण साव ने कहा कि भूपेश बघेल को ओबीसी वर्ग से माफी मांगनी चाहिए। भाजपा सरकार में 9 जिला पंचायत अध्यक्ष ओबीसी वर्ग से हैं। कांग्रेस सरकार में ओबीसी के साथ अन्याय हुआ। भूपेश को ओबीसी हितों की बात करना शोभा नहीं देता। भूपेश बघेल और कांग्रेस ने ओबीसी में भ्रम और भड़काने का काम किया।
इस पर पलटवार करते हुए पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि डिप्टी सीएम अरुण साव गलत बात कह रहे हैं। मैंने कहा था कि एक भी जिला पंचायत ओबीसी के लिए आरक्षित नहीं है। यह नहीं कहा था कि हम एक भी सीट नहीं जीतेंगे। ओबीसी की इतनी बड़ी आबादी है, वे जीतेंगे ही, लेकिन क्या सरकार ने उन्हें आरक्षण दिया?
यह सही है कि जिला पंचायत आरक्षण में ओबीसी को अलग से आरक्षण नहीं दिया गया। लेकिन भाजपा सरकार ने 9 जिला पंचायतों में अध्यक्ष/उपाध्यक्ष का पद ओबीसी को देकर इस वर्ग को खुश किया है। जबकि आरक्षण के समय कांग्रेस ने भाजपा सरकार को ओबीसी विरोधी बताया था। ऐसे में अब सवाल यह है कि क्या कांग्रेस के पास ओबीसी के मुद्दे पर राज्य सरकार को घेरने की कोई नई रणनीति है या नहीं?
64 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण, तेलंगाना से मिले सभी, 16 महिला नक्सली भी शामिल
15 Mar, 2025 08:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़: नक्सलियों को लेकर इस समय बड़ी खबर सामने आ रही है. छत्तीसगढ़ के 64 नक्सलियों ने तेलंगाना में पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया है. भद्राद्री कोटागुडेम जिले में नक्सलियों ने सरेंडर किया है. कोटागुडेम एसपी ऑफिस में मल्टी जोन आईजी की मौजूदगी में 64 माओवादियों ने पुलिस के सामने सरेंडर किया है. इनमें कई कैडर के माओवादी मौजूद हैं. ये नक्सली बस्तर संभाग के सुकमा और बीजापुर जिले की अलग-अलग बटालियन के सदस्य बताए जा रहे हैं. सरेंडर करने वाले नक्सलियों में 16 महिलाएं भी शामिल हैं. इन नक्सलियों ने एक साथ मुख्य सड़क पर लौटने का फैसला किया है।
पिछले तीन महीने में करीब 122 नक्सलियों ने सरेंडर किया है. इनमें डीवीसीएम, एसीएम, जन मिलिशिया सदस्य, पार्टी सदस्य, पीपीसीएम की 16 महिलाओं समेत कुल 64 नक्सली मुख्यधारा में शामिल हुए हैं. राज्य सरकार ऐसे नक्सलियों को पुनर्वास योजना के तहत हर तरह से मदद कर रही है. तेलंगाना पुलिस ने सभी सरेंडर करने वाले नक्सलियों को 25-25 हजार रुपये की नकद प्रोत्साहन राशि प्रदान की है. प्रेस कॉन्फ्रेंस में रेंज आईजी चंद्रशेखर रेड्डी, एसपी रोहित राज, भद्राचलम एएसपी और अन्य अधिकारी शामिल हुए।
छत्तीसगढ़ में मची होली की धूम, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने इस अंदाज में मनाइ होली
15 Mar, 2025 07:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर: छत्तीसगढ़ में होली की धूम मची हुई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, डिप्टी सीएम अरुण साव समेत कई नेताओं ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने परिवार के साथ होली खेली। रंगों के त्योहार पर भाईचारे और सौहार्द की अपील की गई।
छत्तीसगढ़ में होली की धूम, नेताओं ने दी शुभकामनाएं
प्रदेश में बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी होली के रंग में सराबोर हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ट्विटर पर शुभकामनाएं दी।
सीएम साय ने अपने पैतृक गांव में मनाई होली
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने पैतृक गांव बगिया में रंग और गुलाल के साथ होली मनाई। उन्होंने भगवान राधा-कृष्ण की पूजा कर खुशहाली की कामना की।
बृजमोहन अग्रवाल ने दी शुभकामनाएं
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने ट्विटर पर पोस्ट कर प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं दी।
डिप्टी सीएम अरुण साव और विजय शर्मा का संदेश
डिप्टी सीएम अरुण साव ने लिखा कि होली प्रेम और सौहार्द का त्योहार है। डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने सामाजिक समरसता का संदेश दिया।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने खेली होली
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने परिवार के साथ होली खेलते हुए फोटो शेयर कर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह का संदेश
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने होली को सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की।
ओपी चौधरी, दीपक बैज और चरण दास महंत की शुभकामनाएं
मंत्री ओपी चौधरी ने रायगढ़ में होली मनाई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत ने प्रेम और उत्साह के साथ होली मनाने का संदेश दिया।
छत्तीसगढ़ में वक्फ बोर्ड की संपत्तियों की अवैध बिक्री, माफिया-कारोबारियों का बड़ा जाल
15 Mar, 2025 01:11 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ में भू माफियाओं का अजीबो गरीब कारनामा सामने आया है. यहां माफिया-कारोबारियों ने मिलकर दस्तावेजों में गड़बड़ी कर वक्फ बोर्ड की ही करोड़ों की जमीन बेंच दी है. ये सभी जमीनें अल्लाह को दान दी गई थी, लेकिन बोर्ड की जानकारी के बगैर बेच दी गई. ये सभी जमीनें बगैर वक्फ बोर्ड की जानकारी में बेंची गई है. अब बोर्ड इसके रजिस्ट्री को निरस्त कराने की तैयारी में जुटा है.
ऐसे हुआ खुलासा
छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड के मुताबिक, माफिया-कारोबारियों द्वारा जगदलपुर, अंबिकापुर, रायपुर, बिलासपुर में वक्फ जमीन की सौदेबाजी की गई है. इसका खुलासा तब हुआ, जब बोर्ड द्वारा सभी जिलों से प्रापर्टी की डिटेल मांगी गई. दस्तावेजों के आधार पर बोर्ड की जमीनों के रिकॉर्ड खंगाले गए. इसमें पता चला कि कुछ प्रॉपर्टी को 30 से 40 साल पहले तो कुछ को हाल ही में बेच दिया गया है. जिनकी अनुमानित कीमत 500 करोड़ रुपये के आस-पास है.
जानिए क्या बोले वक्फ बोर्ड के चेयरमैन
छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड के चेयरमैन सलीम राज ने मीडिया से बातचीत के दौरान बताया, "वक्फ का मतलब अल्लाह के नाम पर दान देना होता है, ये दान समाज कल्याण के लिए दिया जाता है. इन संपत्तियों को बेचने के बारे में सोचना भी गुनाह माना जाता है, लेकिन दान पर दी गई जमीनों को बेच दिया."
छसत्तीगढ़ में वक्फ की 5000 करोड़ की संपत्ति
एक रिपोर्ट के मुताबिक, छत्तीसगढ़ में लगभग 5000 करोड़ रुपये की संपत्तियां वक्फ बोर्ड के अधीन हैं. इन संपत्तियों में मस्जिदें, कब्रिस्तान, मदरसे, और अन्य धार्मिक स्थल शामिल हैं. इसमें से करीबन 500 करोड़ से ऊपर की प्रॉपर्टी अवैध तरीके से बिकी है, उसकी रजिस्ट्री भी हुई है. अब बोर्ड की तरफ से सभी संबंधित रजिस्ट्रार को पत्र लिखा गया है कि ये सारी वक्फ प्रॉपर्टी थी. इसकी रजिस्ट्री भी नहीं की जा सकती. पूरी तरह से फर्जी तरीके से वक्फ की प्रॉपर्टी की सौदेबाजी की गई है.
मैनपाट में आग लगने से व्यापारियों को भारी नुकसान, दुकानें जलकर राख
15 Mar, 2025 12:49 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ के प्रमुख पर्यटन स्थल मैनपाट के टाइगर पाइंट पर एक दर्जन झोपड़ीनुमा दुकानों में आग लगने की घटना के बाद दुकानें जलकर राख हो गई। आग की लपटें पास के जंगल तक भी पहुंचने लगी थी। हालांकि, समय रहते आग पर काबू पा लिया गया था। इस घटना में दुकानदारों को बड़ा नुकसान हुआ है।
बता दें, मैनपाट टाइगर पाइंट काफी मशहूर पर्यटन स्थल है और यहां आने वाले सैलानियों के लिए लोगों ने झोपड़ीनुमा दुकानें खोलकर रखी थी। इन दुकानों में सैलानियों के लिए खाने-पीने के सामानों की बिक्री की जाती थी। कुछ दुकानों में होटल भी संचालित की जाती थी।
कैसे लगी आग?
होली की रात लगभग 12 बजे अचानक इन दुकानों में आग लग गई। दुकानें लकड़ी की थीं इसलिए आग तेजी से फैल गई और एक-एक कर सभी दुकानें जलकर राख हो गई।
हालांकि, आग लगने की सूचना पर दुकानदार, स्थानीय लोग और कमलेश्वरपुर पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई थी। लेकिन आग इतनी भयानक थी कि खड़े होकर देखने के अलावा और कोई उपाय नहीं था।
झोपड़ीनुमा दुकानों में लगी आग धीरे-धीरे जंगल की ओर बढ़ने लगी थी। लेकिन समय रहते आग को नियंत्रित कर लिया गया था। इस घटना में राजाराम यादव, अनिल यादव, जमुना यादव, कैलाश यादव, बिंदा यादव, सुमेद यादव, गोस्वामी यादव, सोनू यादव, शिवकुमार यादव की दुकानें जल गई हैं।
क्यों मशहूर है मैनपाट टाइगर पाइंट?
ऐसी आशंका जताई जा रही है कि होली के दिन असमाजिक तत्वों द्वारा दुकानों में आग लगाई गई है। अब दुकानदारों के सामने नए सिरे से झोपड़ियों को तैयार करने की चुनौती होगी। बता दें, मैनपाट का टाइगर पाइंट झरना और हरे-भरे जंगल के लिए मशहूर है।
रायपुर में भैसासुर खार से मिला नरकंकाल, हत्या में शामिल पांच गिरफ्तार
15 Mar, 2025 12:38 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर। आरंग इलाके के ग्राम कोसमखुंटा स्थित भैसासुर खार में पिछले दिनों मिले नरकंकाल का मामला पुलिस ने सुलझा लिया। मृतक की शिनाख्त नाबालिग धनेंद्र साहू के रुप में हुई। पुलिस ने प्रेम प्रसंग को लेकर धनेंद्र की हत्या में शामिल मंदिर हसौद क्षेत्र के रीवा गांव निवासी 20 वर्षीय सागर सिन्हा, 20 वर्षीय टेमिन उर्फ चुनिया ध्रुव,19 वर्षी राहुल ध्रुव और 23 वर्षीय कुलेश्वर ध्रुव को गिरफ्तार कर लिया।
आरंग पुलिस के मुताबिक 23 फरवरी को अनुसुईसा साहू ने थाने सूचना दर्ज कराई थी कि उसका बेटा धनेंद्र साहू व पुत्री बस में बैठकर जा रहे थे। इसी दौरान आरंग क्षेत्र के लखोली बस स्टैंड ओवरब्रीज के पास धनेंद्र ने बस से उतरकर बहन को कहा कि चलो मैं आ रहा हूं। इसके बाद से वह लापता था।
पुलिस ने की खोजबीन तो मिला नरकंकाल
शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी का केस दर्जकर जांच शुरु की। पांच मार्च को ग्राम कोसमखुंटा स्थित भैसासुर खार के पास एक नरकंकाल मिलने पर पुलिस वहां पहुंची। जांच के दौरान मृतक की शिनाख्त मूलत: महासमुंद जिले के बिहाझर, बागबहरा निवासी 16 वर्षीय धनेंद्र साहू के रुप में होने पर हत्या का केस दर्ज कर पुलिस ने शंका के आधार पर लखौली, मंदिर हसौद निवासी सागर सिन्हा को पकड़ा।
कड़ाई से पूछने पर उसने अपने महिला मित्र टेमिन उर्फ चुनिया ध्रुव समेत दो अन्य साथी राहुल ध्रुव एवं कुलेश्वर ध्रुव के साथ मिलकर धनेंद्र साहू की हत्या कर शव को खार में फेंकना कबूल किया।
सागर सिन्हा ने बताया कि मृतक टेमिन उर्फ चुनिया ध्रुव से प्रेम करता था जबकि वह टेमिन को चाहता था। कई बार मना करने पर भी धनेंद्र नहीं माना और वह टेमिन से लगातार बातचीत करता रहा। तब परेशान होकर उसने हत्या की योजना बनाई।
योजना के अनुसार 19 फरवरी को टेमिन उर्फ चुनिया से मृतक धनेंद्र साहू को कॉल करके बुलाया। 23 फरवरी को धनेंद्र जब रायपुर से महासमुंद अपनी बहन के साथ बस से जा रहा था इसी दौरान लखौली बस स्टैंड के पास उतरकर वह टेमिन के बताए स्थान पर पहुंचा।
चाकू से ताबड़तोड़ हमला
पहले से घात लगाकर बैठे सागर सिन्हा और उसके दो साथी धनेंद्र साहू को बाइक में बैठाकर कोसमखुंटा लेकर गए और वहां पर चाकू से ताबड़तोड़ हमलाकर उसे मौत के घाट उतार दिए। पकड़े जाने के डर से शव को खार में फेंककर सभी भाग निकले थे। पुलिस ने आरोपितों को गिरफ्तार करने के साथ उनके कब्जे से घटना में इस्तेमाल दो मोबाइल, बाइक, एक चाकू बरामद कर लिया।
राज्यपाल ने प्रदेशवासियों को होली पर्व की दी शुभकामनाएं
13 Mar, 2025 11:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : रंगों के पर्व होली के अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका ने प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। राज्यपाल ने इस पावन अवसर पर सभी नागरिकों के जीवन में सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की है। उन्होंने कहा कि होली रंगों का त्यौहार है, यह लोगों के जीवन में उल्लास का रंग भर देता है और खुशहाली लाता है। यह त्यौहार, सांस्कृतिक एकता को मजबूती प्रदान करने तथा समाज में भाई-चारे एवं समरसता की भावना को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि रंगों के इस पर्व को लोग आपस में मिल-जुल कर मनाएं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल से जोरा नाला कंट्रोल स्ट्रक्चर से इंद्रावती नदी में जल प्रवाह सुनिश्चित
13 Mar, 2025 11:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर जोरा नाला कंट्रोल स्ट्रक्चर में जल प्रवाह को नियंत्रित कर इंद्रावती नदी की मुख्य धारा में पानी छोड़ा गया है। ओडिशा सरकार की सहमति के बाद स्ट्रक्चर में रेत की बोरियां डालकर पानी का प्रवाह सुनिश्चित किया गया, जिससे इंद्रावती नदी में जल स्तर में वृद्धि हुई है।
मुख्यमंत्री साय के निर्देश पर जल संसाधन मंत्री केदार कश्यप ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल से इंद्रावती नदी के जल संकट के समाधान हेतु चर्चा की। इस पर केंद्रीय मंत्री ने छत्तीसगढ़ एवं ओडिशा के मुख्यमंत्रियों को समस्या के निराकरण हेतु आवश्यक निर्देश दिए। जिसके परिणामस्वरूप उड़ीसा राज्य की सहमति से जोरा नाला कंट्रोल स्ट्रक्चर को अस्थायी रूप से एक फीट ऊंचा किया गया, जिससे इंद्रावती नदी के जल प्रवाह में सुधार हुआ।
इसके अतिरिक्त, इंद्रावती नदी के अपस्ट्रीम और डाउनस्ट्रीम में जमा रेत को हटाने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है, जिसे अप्रैल के पहले सप्ताह तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इस संबंध में कलेक्टर हरिस एस के मार्गदर्शन में अपर कलेक्टर सी.पी. बघेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग और जल संसाधन विभाग के ईई वेद पांडेय ने स्थानीय किसानों को जिला कार्यालय के प्रेरणा सभा कक्ष में पूरी जानकारी दी।
इंद्रावती नदी और जोरा नाला की समस्या
इंद्रावती नदी का उद्गम ओडिशा राज्य के कालाहांडी जिले के रामपुर धुमाल गांव से हुआ है। यह नदी 534 किलोमीटर की यात्रा के बाद गोदावरी नदी में मिलती है। नदी का कैचमेंट एरिया 41,665 वर्ग किलोमीटर है, जिसमें ओडिशा में 7,435 वर्ग किमी, छत्तीसगढ़ में 33,735 वर्ग किमी और महाराष्ट्र में 495 वर्ग किमी शामिल हैं।
ओडिशा राज्य की सीमा पर ग्राम सूतपदर में इंद्रावती नदी दो भागों में बंट जाती है। एक भाग इंद्रावती नदी के रूप में 5 किमी बहकर ग्राम भेजापदर के पास छत्तीसगढ़ में प्रवेश करता है, जबकि दूसरा भाग जोरा नाला के रूप में 12 किमी बहते हुए शबरी (कोलाब) नदी में मिल जाता है। पहले जोरा नाला का पानी इंद्रावती में आता था, लेकिन धीरे-धीरे इसका बहाव बढ़ने से इंद्रावती का जल प्रवाह कम हो गया।
समस्या गंभीर होने पर दिसंबर 2003 में ओडिशा और छत्तीसगढ़ के प्रमुख अभियंताओं की बैठक में जोरा नाला के मुहाने पर जल विभाजन के लिए कंट्रोल स्ट्रक्चर बनाने का निर्णय लिया गया। यह स्ट्रक्चर ओडिशा सरकार द्वारा बनाया गया, जिसकी डिज़ाइन केंद्रीय जल आयोग (CWC) ने तैयार की। निर्माण के बाद भी जोरा नाला में अधिक पानी जाने से छत्तीसगढ़ को ग्रीष्म ऋतु में औसतन 40.71% और ओडिशा को 59.29% जल प्रवाह मिला।
राज्य सरकार की पहल से समाधान की दिशा में प्रगति
इंद्रावती नदी में न्यूनतम जल प्रवाह सुनिश्चित करने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार ने कई प्रयास किए। 6 जनवरी 2021 को ओडिशा और छत्तीसगढ़ के जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने संयुक्त निरीक्षण किया। इस निरीक्षण में कंट्रोल स्ट्रक्चर के अपस्ट्रीम में जलभराव रोकने के लिए रेत और बोल्डर हटाने तथा जोरा नाला के घुमाव को सीधा करने का अनुरोध किया गया।
वर्ष 2018 के बाद इंद्रावती नदी में सतत जल प्रवाह कम होने की समस्या बनी हुई थी। अब राज्य सरकार के प्रयासों से ओडिशा सरकार का सहयोग प्राप्त हुआ है, जिससे नदी के जल प्रवाह को संतुलित करने के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। इससे इंद्रावती नदी में जल प्रवाह बढ़ेगा और किसानों को सिंचाई के लिए पानी की बेहतर उपलब्धता सुनिश्चित होगी।
भारत की राष्ट्रपति माननीय द्रोपदी मुर्मु के छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने मंत्रालय महानदी भवन में उच्च स्तरीय बैठक ली
13 Mar, 2025 11:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : छत्तीसगढ़ विधानसभा के रजत जयंती वर्ष के अवसर पर भारत की राष्ट्रपति माननीय द्रोपदी मुर्मु के छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने मंत्रालय महानदी भवन में उच्च स्तरीय बैठक ली। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस बैठक में मुख्य सचिव ने सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
राज्यपाल डेका को मुख्यमंत्री साय ने दी होली की शुभकामनाएं
13 Mar, 2025 09:19 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : राज्यपाल रमेन डेका से आज राजभवन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भेंट कर होली की शुभकामनाएं दीॅ और राज्य हित से जुड़े विषयों पर चर्चा की। डेका ने भी उन्हें होली की शुभकामनाएं दीं। राज्यपाल डेका को मुख्यमंत्री साय ने राजकीय गमछा पहनाकर सम्मानित किया।
राशिफल 16 मई 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
सफलता की इबारत: वाटरशेड योजना ने बदली किसान छबी लाल की तकदीर
मध्यप्रदेश पुलिस की नशे के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही
सम्राट विक्रमादित्य अंतर्राष्ट्रीय सम्मान के लिए 20 मई तक नामांकन आमंत्रित
कोसमी में सफल बोर खनन से दूर हुआ जल संकट, ग्रामीणों के चेहरे खिले!
सुशासन तिहार बना भरोसे और राहत का माध्यम
उज्जैन की जनता सिंहस्थ संबंधी कार्यों में सहयोग कर पेश कर रही हैं नई मिसाल : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
आदि उत्सव जनजातीय गौरव, संस्कृति और उद्यमिता का है अदभुत संगम : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
शीघ्र ही होगा जीवनदायिनी तांदुला नदी का कायाकल्प
पायलट एवं फॉलो गाड़ियों का उपयोग बंद कर दिया सादगी
