उत्तर प्रदेश
क्यूआर कोड स्कैन करते ही खुलेंगे महाकुंभ सुरक्षा के चार डिजिटल दरवाजे
3 Jan, 2025 09:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महाकुंभनगर । महाकुंभ में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए बेहद पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। इनमें डिजिटल तकनीक का भी भरपूर इस्तेमाल किया जा रहा है। पहली बार श्रद्धालुओं को महाकुंभ के दौरान सोशल मीडिया के माध्यम से पल पल की अपडेट मिलेगी। श्रद्धालु अपनी बात सेकेंडों में बड़े पुलिस अफसरों से लेकर पूरे महकमे तक पहुंचा पाएंगे। महाकुंभ पुलिस ने सुरक्षा के चार ऐसे डिजिटल दरवाजे बनाए हैं, जिनके माध्यम से यह सबकुछ पल भर में किया जा सकेगा। बस आपको क्यूआर कोड स्कैन करना होगा। ऐसा करते ही श्रद्धालु तुरंत सुरक्षा तंत्र के साथ जुड़ जाएंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर देश दुनिया से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं। विशेष तौर पर सुरक्षा को लेकर व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।
महाकुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं की डिजिटल सुरक्षा का पूरा इंतजाम किया गया है। महाकुंभ के एक जिम्मेदार अधिकारी ने बताया कि पहली बार यहां चार प्रकार के ऐसे क्यूआर कोड जारी किए गए हैं, जिन्हें स्कैन करते ही महाकुंभ सुरक्षा के चार डिजिटल दरवाजे खुल जाएंगे। ये दरवाजे एक्स, फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब होंगे। इनके रास्ते सुरक्षित महाकुंभ की पूरी तैयारी योजनाबद्ध तरीके से कर ली गई है। महाकुंभ पुलिस ने चार ऐसे क्यूआर कोड तैयार किए हैं, जिन्हें स्कैन करते ही श्रद्धालु सोशल मीडिया पर पुलिस के साथ जुड़ जाएंगे। इनमें एक्स, फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब के लिए अलग अलग क्यूआर कोड बनाए गए हैं। जैसे किसी ने एक्स वाले क्यूआर कोड को स्कैन किया तो वह तुरंत कुम्भ मेला पुलिस के पेज पर ले जाएगा। यहां आप हर पल की अपडेट तो पाएंगे ही, साथ में मैसेज करके किसी भी प्रकार की समस्या की सूचना दे सकेंगे।
वरिष्ठ अधिकारी आपके मैसेज पाते ही अलर्ट हो जाएंगे। एक्स की ही तरह ही ये सुविधा इंस्टाग्राम और यूट्यूब के साथ साथ फेसबुक पर भी उपलब्ध रहेगी। महाकुंभ में डिजिटल आंखें 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहेंगी। जिससे जुड़कर श्रद्धालुओं को सुरक्षा संबंधी हर अपडेट मिलती रहेगी। यहां लोगों की सुविधा के मद्देनजर कमिश्नरेट प्रयागराज हैंडल और महाकुंभ मेला हैंडल उपलब्ध रहेंगे। सुरक्षा और नई नई अपडेट के लिए इन्हे स्कैन किया जा सकता है। सुरक्षा के साथ साथ इस पर जनता की राय भी ली जाएगी। साथ ही आपातकालीन सूचनाएं भी यहां अपडेट की जाती रहेंगी।
महाकुंभ की सुरक्षा में सेंध, अवैध तरीके से ठहरा विदेशी पकड़ा गया
3 Jan, 2025 08:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
प्रयागराज । संगम नगरी प्रयागराज में आयोजित होने वाले महाकुंभ की सुरक्षा में सेंध लगने का मामला सामने आया है। दरअसल, मेला क्षेत्र में एक रूसी नागरिक अवैध तरीके से घूमते हुए पकड़ा गया। जांच में पता चला कि वीजा अवधि खत्म होने के बाद भी वह पिछले चार महीने से चोरी-छिपे देश में रह रहा था। उसने मेला क्षेत्र के सेक्टर 15 स्थित कैंप में ठिकाना बना रखा था। पुलिस ने उसे वापस भेज दिया है। जांच पड़ताल में विदेशी ने अपना नाम आंद्रे पॉफकॉप और खुद को रूस का बताया। दस्तावेजों की पड़ताल में मालूम हुआ कि उसके वीजा की अवधि सितंबर में ही एक्सपायर हो चुकी है। यह भी पता चला कि वह सेक्टर 15 में ही स्थित श्रद्धालुओं के रेनबो कैंप में ठहरा था। पिछले 15 दिनों से वह यहां रह रहा था। पूछताछ के बाद उसे कमिश्नरेट पुलिस को सौंप दिया गया। विस्तृत जांच पड़ताल के बाद आरोपी को विदेशिक पंजीकरण कार्यालय ले जाया गया। इसके बाद वहां से उसके निर्वासन के संबंध में कार्रवाई आगे बढ़ाते हुए उसे वापस भेज दिया गया। गौरतलब है कि तीन दिन पहले भी यहां तीन विदेशी पकड़े गए थे। हालांकि बाद में दस्तावेज प्रस्तुत किए थे, जिसके बाद उन्हें छोड़ दिया गया था।
हजारीबाग में पत्नी से विवाद के बाद कुएं में कूदा व्यक्ति, बचने गए व्यक्तियो की डूबने से मौत
2 Jan, 2025 02:01 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हजारीबाग: झारखंड के हजारीबाग जिले में एक व्यक्ति को कुएं से बचाने के प्रयास में चार लोगों की जान चली गई। पुलिस के मुताबिक, घटना हजारीबाग जिले के चारही इलाके में हुई। घटना में 5 लोगों की मौत हुई। इनमें 4 लोग वह हैं, जो व्यक्ति को कुएं से बचाने की कोशिश कर रहे थे। सुंदर कर्मली का अपनी पत्नी रूपा देवी के साथ घरेलू विवाद हुआ। जिसके बाद कर्मली ने गुस्से में आकर मोटरसाइकिल सहित कुएं में छलांग लगा दी।
बिशनगढ़ के SDPO ने बताया कि सुंदर को बचाने के लिए एक-एक कर 4 लोग कुएं में उतरे। लेकिन सभी की जान चली गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शवों को बाहर निकाला और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। मृतकों की पहचान राहुल कर्मली, विनय कर्मली, पंकज कर्मली और सूरज भुइयां के रूप में हुई। सुरक्षा के लिए कुएं को ढक दिया गया है और उसके पास जाने पर रोक लगा दी गई है। घटना पूरे इलाके में शोक और चिंता का विषय बनी हुई है।
प्रशांत किशोर 2 जनवरी से BPSC अभ्यर्थियों के समर्थन में शुरू करेंगे भूख हड़ताल
2 Jan, 2025 01:44 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना: जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर बिहार पब्लिक सर्विस कमीशन (BPSC) के अभ्यर्थियों की चिंताओं का समाधान करने की मांग को लेकर आज से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करेंगे. दरअसल, प्रशांत किशोर ने यह फैसला 13 दिसंबर को आयोजित 70वीं BPSC प्रारंभिक परीक्षा में कथित अनियमितताओं का विरोध करने वाले अभ्यार्थियों के बीच बढ़ती अशांति के बाद लिया है.
इससे पहले किशोर ने बिहार सरकार को 48 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए उन छात्रों की मांगों पर ध्यान देने का आग्रह किया था, जो परीक्षा रद्द करने और नए सिरे से आयोजित करने की मांग कर रहे हैं. जन सुराज प्रमुख प्रशांत किशोर ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि अगर छात्रों के साथ अन्याय होता है, तो हम पूरी ताकत से उनके साथ खड़े होंगे.
बता दें कि 13 दिसंबर, 2024 को आयोजित संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा में पटना के बापू भवन परीक्षा केंद्र पर प्रश्न पत्र लीक होने की अफवाह फैल गई थी. जिसके बाद सैकड़ों उम्मीदवारों ने विरोध दर्ज कराने के लिए परीक्षा का बहिष्कार भी किया था. इसके बाद BPSC ने बापू परीक्षा परिसर में फिर से परीक्षा आयोजित करने का आदेश दिया. दूसरी तरफ छात्र पूरी परीक्षा को रद्द करने की मांग को लेकर पटना के गर्दनीबाग में धरने पर बैठ गए थे.
जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने रविवार को पटना के गांधी मैदान में छात्र संसद का आयोजन किया गया था. इसके लिए लिए प्रशासन ने उनको अनुमति नहीं दी थी. इसके बाद छात्र मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च करने लगे. प्रदर्शन कर रहे छात्रों को हटाने के लिए पुलिस द्वारा बल प्रयोग किया गया. पुलिस ने लाठी चार्ज और वाटर कैनन का प्रयोग किया था. पुलिस ने रविवार को पटना के गांधी मैदान में विरोध प्रदर्शन के बाद किशोर सहित 700 व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
आरिफ मोहम्मद खान बने बिहार के नए राज्यपाल, राजभवन में ली शपथ
2 Jan, 2025 01:23 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना: आरिफ मोहम्मद खान ने 2 जनवरी, 2025 दिन गुरुवार 11 बजे राजभवन में आयोजित एक समारोह में बिहार के राज्यपाल के रूप में शपथ ली. पटना हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति के विनोद चंद्रन ने खान को पद की शपथ दिलाई. समारोह के बारे में समारोह में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के अलावा राज्य के अन्य मंत्री भी शामिल हुए. इससे पहले मोहम्मद आरिफ मोहम्मद खान केरल के राज्यपाल थे. 24 दिसंबर, 2024 को केंद्र सरकार ने बिहार समेत कई राज्यों के राज्यपालों को बदल दिया था. केरल के राज्यपाल की जिम्मेदारी संभाल रहे आरिफ मोहम्मद खान को बिहार का नया राज्यपाल बनाया गया. जबकि बिहार के राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर को केरल का राज्यपाल नियुक्त किया गया.
कौन हैं आरिफ मोहम्मद खान, जानिए
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर के बरवाला गांव में पैदा हुए आरिफ मोहम्मद खान ने छात्र जीवन से ही राजनीति में कदम रखा था. उन्होंने अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत तब की जब वे बुलंदशहर से अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय पढ़ाई करने गए. वे पहले एएमयू के महासचिव बने और फिर अध्यक्ष के तौर पर अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय छात्र संघ का नेतृत्व किया. वह 1977 में 26 साल की उम्र में कांग्रेस की टिकट पर बुलंदशहर की सियाना सीट से विधायक चुने गए. 1980 में कानपुर से सांसद बने. 8वीं, 9वीं और 12वीं लोकसभा के दौरान फिर से बहराईच निर्वाचन क्षेत्र से संसद पहुंच चुके हैं.
बिहार में 26 साल बाद मुस्लिम राज्यपाल
आरिफ मोहम्मद खान से पहले मुस्लिम समाज से एआर किदवई बिहार के राज्यपाल रहे थे. उनका कार्यकाल 14 अगस्त 1993 से 26 अप्रैल 1998 तक रहा था. एआर किदवई भी उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे.
बिहार के पूर्णिया में शख्स ने पुलिस से मांगी मदद, पत्नी की अय्याशियों और ससुरालवालों से परेशान
2 Jan, 2025 12:50 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पूर्णिया: पूर्णिया जिले का एक पति भी अपनी पत्नी और उसके दोस्तों द्वारा की जा रही प्रताड़ना से तंग आकर अब उच्च अधिकारियों से इंसाफ की गुहार लगा रहा है. पति का आरोप है कि वो लगातार पैसों की डिमांड और पत्नी की अय्याशियों से परेशान है. उसने यह भी आरोप लगाया कि उसके ससुराल वाले उसकी प्रॉपर्टी और होटल पर कब्जा करने की साजिश कर रहे हैं और उसे घर से निकाल दिया गया है. जबकि सास और साला घर पर कब्जा कर चुके हैं.
रिश्ते में खटास का कारण
पति के इन आरोपों के बाद पत्नी ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि 24 साल पहले उसके पति की x-गर्लफ्रेंड उसकी जिंदगी में वापस आ गई है. उसी वजह से उसे प्रताड़ित किया जा रहा है. पत्नी का यह भी कहना है कि उसके पति की जिंदगी में किसी अन्य महिला का आना ही उनके रिश्ते में खटास का कारण बना है. इस मामले में अब तक दोनों की शादी को 17 साल हो चुके हैं और उनके दो बच्चे भी हैं. शादी के इतने साल बाद दोनों के बीच झगड़ा होने पर यह सवाल उठता है कि कौन सच बोल रहा है और कौन झूठ? हालांकि, दोनों ही पक्षों का दावा है कि उनके पास आरोपों के पुख्ता सबूत हैं.
प्रताड़ना का मामला किया दर्ज
पत्नी ने पति के खिलाफ महिला थाना में प्रताड़ना का मामला दर्ज करवा लिया है, जबकि पति ने एक बार फिर घर बसा लेने की उम्मीद में पुलिस परिवार परामर्श केंद्र का दरवाजा खटखटाया है. जानकारी के अनुसार, दोनों ने 17 साल पहले अपने घरवालों से झगड़कर लव मैरिज की थी. मामले की जांच में पुलिस जुट गई है. हालांकि, यह घटनाएं समाज में बढ़ती घरेलू हिंसा और ससुराल वालों की ओर से पति-पत्नी के रिश्तों में खलल डालने की प्रवृत्तियों को उजागर कर रही हैं. इससे यह भी प्रतीत होता है कि सामाजिक ताना-बाना कमजोर हो रहा है, और वैवाहिक जीवन में ससुराल वाले अक्सर विलेन के रूप में सामने आ रहे हैं.
महाकुम्भ 2025-आपदा प्रबंधन के लिए योगी सरकार ने बनाया मास्टर प्लान
2 Jan, 2025 12:41 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महाकुम्भ नगर । मानवता की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत के रूप में विख्यात महाकुम्भ 2025 को आपदा मुक्त संपन्न करने के लिए योगी सरकार ने पूरी ताकत झोंक दी है। किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने और उससे निपटने के लिए पूरी तरह प्रशिक्षित और सक्षम फोर्स को तैनात कर दिया गया है। इसी क्रम में अब क्विक रिस्पॉन्स के साथ ही जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए इंसिडेंट रिस्पॉन्स सिस्टम (आईआरएस) का गठन किया गया है। इसके तहत, मंडल, जनपद और मेला स्तर पर जिम्मेदारियां निर्धारित की गई हैं। मेला क्षेत्र के अंतर्गत किसी भी आपात स्थिति या आपदा के घटित होने पर रिस्पांसिबिल टीम तत्काल क्रियाशील हो जाएगी।
मण्डलायुक्त, प्रयागराज एवं अध्यक्ष, प्रयागराज मेला प्राधिकरण को रिस्पॉन्सिबल अधिकारी बनाया गया है। वहीं, पुलिस आयुक्त, प्रयागराज को सुरक्षा अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है। इसी तरह, जनपद स्तर पर जिला मजिस्ट्रेट, प्रयागराज एवं अध्यक्ष, डीडीएमए, प्रयागराज को इंसिडेंट कमाण्डर, अपर जिलाधिकारी को डिप्टी इंसिडेंट कमाण्डर और डीसीपी नगर, प्रयागराज को सुरक्षा अधिकारी नियुक्त किया गया है। मेला क्षेत्र के लिए मेला अधिकारी को इंसिडेंट कमाण्डर मेला क्षेत्र नियुक्त किया गया है। सहायक मेला अधिकारी को उप इंसिडेंट कमाण्डर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, कुंभ मेला को सुरक्षा अधिकारी, एसडीएम सेक्टर को इसिडेंट कमाण्डर मेला सेक्टर और एडिशनल एसपी-डिप्टी एसपी, सेक्टर को सुरक्षा अधिकारी मेला सेक्टर निर्धारित किया गया है। इन सभी का मुख्य कार्य आपदा की स्थिति में तुरंत क्रियाशील होना होगा।
प्रमुख सचिव पी गुरुप्रसाद की ओर से इसकी अधिसूचना जारी कर दी गई है। जारी अधिसूचना के अनुसार, महाकुम्भ 2025, प्रयागराज के सुचारू संचालन के लिए मेले के आयोजन के दौरान किसी भी आपदा पर त्वरित, कुशल एवं प्रभावी गति से कार्यवाही सुनिश्चित किए जाने के लिए संगठनातमक संरचना के अनुसार प्रत्येक हितधारक, उत्तरदाता की भूमिकाओं और जिम्मेदारियों को स्पष्ट किए जाने के उद्देश्य से इंसिडेंट रिस्पॉन्स सिस्टम को महाकुम्भ मेला जनपद क्षेत्र के लिए गठित किया गया है। मेला क्षेत्र के अन्तर्गत किसी आपात स्थिति अथवा आपदा के घटित होने पर यह रिस्पांसिबिल टीम क्रियाशील रहेगी।
कटिहार में बच्चे पर भेड़िये का हमला, उग्र हुए ग्रामीणो ने पीट-पीट कर उतरा मौत के घाट
2 Jan, 2025 12:40 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कटिहार: बिहार के कटिहार में पिछले कुछ दिनों से एक भेड़िये ने इलाके में खौफ फैल रखा था. लोग भेड़िये के आतंक से इतने खौफजदा थे कि उन्होंने घर से निकलना भी बंद कर दिया था. भेडिये ने गांव में रहने वाले लोगों का जीना हराम कर रखा था. आए दिन एक भेड़िये लोगों पर हमला कर रहा था, जिसमें करीब एक दर्जन लोग घायल हो चुके थे. ऐसे ही एक भेड़िये का आजमनगर थाना क्षेत्र के लोगों ने काम तमाम कर दिया है.
आजमनगर थाना क्षेत्र के कन्हरिया कुशहा दियारा इलाके में गांववालों ने एक भेड़िये को पीट-पीटकर मौत के घात उतार दिया. दरअसल, 12 साल का जाकिर हुसैन खेत को जानवरों और पक्षियों से बचाने के लिए गया था. इसी दौरान एक भेड़िये ने उस पर हमला कर दिया. जाकिर की चीख-पुकार सुनकर पास के खेत में काम कर रहे है किसान हैदर अली दौड़ कर उसे बचाने पहुंच गए, लेकिन भेड़िया ने उन पर भी हमला कर दिया.
गांववालों ने भेड़िये को मौत के घात उतारा
इसी बीच दोनों लोगों के चीखने की आवाज सुनकर आसपास के खेतों में काम करने वाले लोग और गांववाले तुरंत मौके पर पहुंच गए और उन्होंने मिलकर भेड़िये को पकड़ लिया. भेड़िये को पकड़ने के बाद सभी ने उसको पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया. भेड़िये के हमले में जाकिर हुसैन और किसान हैदर अली बुरी तरह से घायल हो गए हैं. जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
भेड़िये ने दो लोगों पर हमला किया
घायल हैदर अली ने बताया कि 12 साल का जाकिर शाम के समय खेत में पक्षी भगाने गया था. इसी दौरान एक भेड़िये ने उस पर हमला कर दिया. चीख-पुकार सुनकर मैं बचाने के लिए मौके पर पहुंचा, लेकिन भेड़िये ने मेरे ऊपर भी हमला कर दिया. भेड़िये ने मेरे चेहरे पर नुकीले दांतों हमला किया था, जिसमें मुझे कई जगह चोट आई हैं. वहीं, स्थानीय प्रतिनिधियों की माने तो इस इलाके के खेत खलिहानों में आए दिन जंगली जानवर खासतौर से गीदड़ और आदमखोर भेड़िया देखे जा सकते हैं, जो अकेले बच्चे और आदमी को देखकर हमला कर देते है. स्थानीय लोगों ने जंगली जानवरों को जल्द पकड़ने की वन विभाग से मांग की है.
'मंईयां सम्मान योजना' के तहत 56 लाख महिलाओं के खाते में 2,500 रुपये ट्रांसफर, 6 जनवरी को होगा कार्यक्रम
2 Jan, 2025 12:28 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
झारखंड में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अगले हफ्ते ‘मंईयां सम्मान योजना’ की नई किस्त जारी करेंगे. इस योजना से राज्य की करीब 56 लाख महिलाओं को फायदा होगा. सरकार की ओर से इस योजना के जरिए हर महिला के खाते में सीधे 2,500 रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे. ‘मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना’ की शुरुआत 6 जनवरी को राजधानी रांची के नामकुम के खोजा टोली मैदान से की जाएगी. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इस दिन दोपहर 1 बजे के करीब इस समारोह की शुरुआत करेंगे. इस दौरान करीब 56 लाख महिलाओं के खाते में दिसंबर से बढ़ी हुई 2500 रुपये राशि ऑनलाइन ट्रांसफर की जाएगी.
मनमोहन सिंह के निधन से टाला था कार्यक्रम
राज्य सरकार पहले अपनी इस अहम ‘मंईयां सम्मान योजना’ समारोह का आयोजन दिसंबर में ही करने वाली थी. लेकिन पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन के बाद 7 दिन के राजकीय शोक की वजह से इसे 6 जनवरी तक के लिए टाल दिया गया. पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार इसे 28 दिसंबर से शुरू किया जाना था. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पिछले महीने ही कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की और प्रमुख अधिकारियों को सुचारू क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे. अगस्त में शुरू की गई इस अहम योजना के जरिए 18 से 50 साल की आयु की महिलाओं को शुरू में 1,000 रुपये दिए गए, जिससे राज्य की करीब 55 लाख महिलाओं को लाभ मिला.
सोरेन ने चुनाव के दौरान किया था वादा
हालांकि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विधानसभा चुनाव के दौरान दिसंबर से महिलाओं को यह सम्मान राशि एक हजार से बढ़ाकर 2,500 रुपये करने का वादा किया था. विधानसभा चुनाव की घोषणा से एक दिन पहले सोरेन कैबिनेट ने दिसंबर से 1,000 की जगह 2,500 रुपये बढ़ाने का ऐलान किया था. माना जा रहा है कि रांची में आयोजित की जाने वाले इस समारोह में राज्यभर से करीब 3 लाख महिलाओं के शामिल होने की संभावना है. इसके लिए महिला बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग ने सभी जिलों को पहले से ही पैसा उपलब्ध करा दिया है.
सरकार को चाहिए 7,300 करोड़ रुपये
राज्य सरकार इस संबंध में पिछले महीने ही ट्रायल कर चुकी है. सरकार ने 26-27 दिसंबर को टेस्ट के तौर पर हर जिले से 100 से 200 महिलाओं के खाते में पैसे ट्रांसफर किए थे. सरकार ने अपनी इस योजना के लिए 6,391 करोड़ रुपये की व्यवस्था कर ली है. जारी वित्तीय वर्ष में ‘मंईयां सम्मान योजना’ के लिए बजट में कोई प्रावधान नहीं किया गया था. फिर दूसरे मद के जरिए फंड का इंतजाम किया गया. अब चूंकि सम्मान राशि 1,000 से बढ़ाते हुए 2,500 रुपये कर दी गई है तो ऐसे में राज्य सरकार का बोझ बढ़ गया है और उसे वर्तमान वित्तीय वर्ष 31 मार्च, 2025 तक 7,300 करोड़ रुपये की व्यवस्था करनी होगी.
पिता के संग मिल बेटे ने की मां और चार बहनों की हत्या
2 Jan, 2025 11:39 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ । राजधानी लखनऊ में सुबह एक होटल में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की हत्या कर दी गई। इस घटना में आरोपी व्यक्ति को पुलिस ने मौके पर से ही गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) (मध्य लखनऊ) रवीना त्यागी ने कहा कि घटना नाका क्षेत्र में स्थित होटल शरनजीत में हुई। त्यागी ने बताया, आरोपी की पहचान अरशद (24) के रूप में हुई जिसने अपने ही परिवार के पांच सदस्यों की कथित तौर पर हत्या कर दी। इस घटना के बाद स्थानीय पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे घटनास्थल से ही पकड़ लिया।
पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान आलिया (नौ), अलशिया (19), अक्सा (16), रहमीन (18), सभी अरशद की बहनें और अस्मा (आरोपी युवक की मां) के रूप में हुई है। त्यागी ने बताया कि 24 वर्षीय अरशद आगरा का रहने वाला है और प्रारंभिक पूछताछ से पता चला कि उसने घरेलू विवाद के कारण इस घटना को अंजाम दिया। उन्होंने कहा कि फॉरेंसिक टीम को साक्ष्य एकत्रित करने के लिए घटनास्थल पर भेजा गया है और इस मामले की विस्तृत जांच शुरू की गई है। घटनास्थल पर पहुंचे संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध एवं मुख्यालय) बबलू कुमार ने संवाददाताओं को बताया कि फॉरेंसिक टीम साक्ष्य संग्रह करने के लिए सक्रियता के साथ जांच कर रही है और वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। उन्होंने कहा, ‘‘होटल के कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है और किसी भी तथ्य के सामने आते ही, उसे मीडिया के साथ साझा किया जाएगा।’’ उन्होंने बताया कि, ‘‘बरामद किए गए शवों में किसी की कलाई पर चोट है तो किसी के गले पर चोट है। चोट के इन निशानों, गवाहों के बयानों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर हम इस मामले की विस्तृत जांच करेंगे।’’ अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, अरशद पर ही अपनी मां और 4 बहनों के कत्ल का आरोप है। घटना को अंजाम देने के दौरान उसका पिता भी था। 24 साल का अरशद उत्तर प्रदेश के ही आगरा जिले के कुबेरपुर, तेहड़ी बगियार के इस्लाम नगर का रहने वाला है। आरोपी अरशद को हत्या वाले घटनास्थल से ही गिरफ्तार किया गया है।
बार-बार चालान होने पर निरस्त हो ड्राइविंग लाइसेंस: योगी
2 Jan, 2025 10:38 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नव वर्ष के पहले दिन बुधवार को उप्र राज्य सड़क सुरक्षा परिषद की बैठक ली। उन्होंने सभी विभागों को सड़क सुरक्षा से संबंधित आवश्यक निर्देश दिए। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि जनपदीय सड़क सुरक्षा समिति जिलाधिकारी की अध्यक्षता में पांच जनवरी तक हर हाल में बैठक संपन्न कर लें। छह से 10 जनवरी तक सभी स्कूलों-कॉलेजों में सड़क सुरक्षा नियमों से संबंधित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि महाकुम्भ में बेहतर यातायात व्यवस्था के लिए पीआरडी व होमगार्डों की संख्या बढ़ाई जाए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में हर वर्ष हो रही 23-25 हजार मौतें देश व राज्य की क्षति है। यह दुर्घटनाएं जागरूकता के अभाव में होती हैं। सड़क सुरक्षा माह सिर्फ लखनऊ तक सीमित न रहे, बल्कि इसे प्रदेश के सभी 75 जनपदों में सुचारू रूप से संपन्न कराया जाए। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त भी हर माह जनपदों में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा की बैठक हो, जिसमें पुलिस अधीक्षक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, नगर आयुक्त, आरटीओ, पीडब्ल्यूडी के अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी आदि उपस्थित रहें। जनपद स्तर पर हुए कार्यों की प्रोग्रेस को लेकर हर तीसरे महीने शासन स्तर पर मूल्यांकन किया जाए।
उन्होंने कहा कि उन जनपदों व स्थलों को चिह्नित करें, जहां अधिक दुर्घटनाएं संभावित हैं। इसके लिए कारणों का पता करते हुए इसके समाधान की कार्ययोजना बनाई जाए। नाबालिग ई-रिक्शा व अन्य वाहनों का संचालन न कर पाएं, इस पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। ई-रिक्शा के रजिस्ट्रेशन की कार्रवाई सुचारू रूप से की जाए। सड़कों पर अनिवार्य रूप से साइनेज लगाए जाएं, जिससे लोगों को आवागमन में भी सहूलियत हो सके। उन्होंने कहा कि ओवरलोडिंग कतई बर्दाश्त नहीं है। इसे स्टॉर्टिंग पॉइंट पर ही रोका जाए। एक्सप्रेस व हाइवे पर लोडेड वाहन भी खड़े रहते हैं, जो दुर्घटना का कारण बनते हैं। इन वाहनों को क्रेन के माध्यम से हटवाया जाए। हेलमेट, सीट बेल्ट तथा सड़क सुरक्षा के अन्य मानकों को अपनाने के लिए जागरूकता कार्यक्रम चलाकर प्रेरित किया जाए।
उन्होंने कहा कि किसी वाहन का बार-बार चालान होने पर लाइसेंस, परमिट निरस्तीकरण आदि की कार्रवाई की जानी चाहिए। इस कार्रवाई को अनिवार्य रूप से फॉस्टैग से जोड़ा जाए। सूचना, परिवहन व सड़क सुरक्षा से जुड़े विभागों की तरफ से अपील करने वाली होर्डिंग लगाई जाए। इसे सभी 75 जनपदों, 350 तहसीलों, 1500 थानों व सभी नगर निकायों के बाहर भी लगाया जाए। राहगीरों, आमजन को जागरूक किया जाए कि दुर्घटना को देखकर भागें नहीं, बल्कि घायलों को गोल्डेन ऑवर के अंदर समीप के हॉस्पिटल या ट्रॉमा सेंटर में पहुंचाएं। एंबुलेंस का रिस्पॉन्स टाइम न्यूनतम करें।
स्कूलों-कॉलेजों में रोड सेफ्टी क्लब की तर्ज पर प्रत्येक जनपद में रोड सेफ्टी पार्क बनाए जाएं। रोड सेफ्टी अवेयरनेस कार्यक्रमों से स्कूली बच्चों को जोड़ते हुए यातायात नियम से जुड़े विषयों पर नाटक, संगीत, कविता, निबंध, संगोष्ठी, भाषण, सामान्य ज्ञान प्रतियोगिताएं कराई जाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि परिवहन निगम के बसों के ड्राइवरों की नियमित स्वास्थ्य जांच अनिवार्य रूप से कराई जाए। बसों की फिटनेस का भी ध्यान रखा जाए। हर निकायों में वेंडिंग जोन बनाकर रेहड़ी-पटरी वालों को स्थापित किया जाए। सड़कों पर कहीं भी अवैध स्टैंड न लगे, उनके लिए स्पेस बनाया जाए। ध्वनि प्रदूषण पर रोक लगाने के लिए बाइकों में से मोडिफाई साइलेंसर व हॉर्न को प्रतिबंधित किया जाए। अवैध रूप से बसों का संचालन दुर्घटना का कारण बनता है। गैर अनुबंधित बसों का पंजीकरण कर उन्हें निर्धारित रूट प्रदान किया जाए। इससे कनेक्टिविटी बेहतर होगी, साथ ही आमजन को भी सुविधा मिलेगी।
न्यू ईयर पार्टी के लिए नहीं मिले चार हजार रुपए, तो 8वीं के छात्र ने फंदा लगाकर दी जान
2 Jan, 2025 09:36 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ । राजधानी लखनऊ में 8वीं के एक छात्र ने फंदा लगाकर जान दे दी। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक बच्चे ने यह खौफनाक कदम न्यू ईयर पार्टी के लिए घर से रुपये न मिलने के कारण उठाया है। राजधानी के मानक नगर स्थित आरडीएसओ सेक्शन में तैनात इंजीनियर उमेश कुमार का बेटा पुनीत कक्षा 8 का छात्र था। उमेश ने बताया कि जब वह कार्यालय चले गये, उसके बाद पुनीत को कुछ कपड़े खरीदने थे और न्यू ईयर पार्टी मनानी थी। जिसके लिए उसने अपनी मां रेनू से चार हजार रुपये की मांग की। उन्होंने बताया कि रेनू बेटे को 15 सौ रुपये दे रही थी, लेकिन पुनीत नाराज हो गया और कमरे में चला गया।
उन्होंने बताया की कुछ देर बाद रेनू बेटे को देखने गई, तो उसके कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था, आवाज देने और दरवाजा पीटने पर भी जब पुनीत ने जवाब नहीं दिया तो थकहार कर रेनू न दरवाजा तोड़ दिया। बेटे को फंदे से लटकता देख मां के होश उड़ गये और वह जोर-जोर से रोने लगी। हालांकि इसी बीच स्थानीय लोग भी घर पर पहुंच गये और पुनीत को फंदे से उतारकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी।
दो अक्टूबर 2025 तक यूपी को गरीबी मुक्त बनाने का लक्ष्य
2 Jan, 2025 08:34 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ । मुख्यमंत्री योगी की गरीबी मुक्त प्रदेश के लिए महत्वाकांक्षी योजना ‘जीरो पावर्टी’ अभियान ने रफ्तार पकड़ ली है। मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव की लगातार समीक्षा के बाद अति गरीब परिवारों का सर्वेक्षण और सत्यापन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, ताकि इन्हें योजनाओं का लाभ देकर गरीबी रेखा से ऊपर लाया जा सके।
गौरतलब है कि दो अक्टूबर 2025 तक प्रदेश गरीबी मुक्त राज्य बनाने की सरकार की प्रतिबद्धता है। सरकार प्रदेश में 15 लाख अति गरीब परिवारों को चिन्हित करने के लिए पंचायत सहायक, रोजगार सेवक, बीसी सखी, और स्वयं सहायता समूहों (एस.एच.जी.) की मदद से सर्वेक्षण कराया जा रहा है। इन परिवारों में आवासहीन, कच्चे मकानों में रहने वाले, भूमिहीन, और दिहाड़ी मजदूरी करने वाले परिवारों को प्राथमिकता दी जा रही है। सर्वेक्षण पूरा होने के बाद इन परिवारों के रिकॉर्ड का सत्यापन ग्रामस्तरीय समितियों द्वारा किया जाएगा।
इस महत्वाकांक्षी योजना में डिजिटल तकनीक का पूरा उपयोग किया जा रहा है। मॉप-अप मोबाइल ऐप के माध्यम से सर्वेक्षण और सत्यापन कार्य किया जा रहा है। इसमें संबंधित परिवारों का आधार, बैंक खाता विवरण, और लाभार्थी का फोटोग्राफ अपलोड किया जा रहा है। सर्वेक्षण प्रक्रिया के बाद, ग्रामस्तरीय समिति के सदस्य, जिनमें ग्राम प्रधान, पूर्व प्रधान, विद्यालय के हेडमास्टर, स्वयं सहायता समूह की अध्यक्ष, आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता शामिल हैं वे चयनित लाभार्थियों की पुष्टि करेंगे। चयन प्रक्रिया में पांच में से न्यूनतम तीन सदस्यों का अभिमत आवश्यक होगा। चयन प्रक्रिया को और पारदर्शी बनाने के लिए सभी रिकॉर्ड मॉप-अप ऐप और जीरो पावर्टी पोर्टल पर उपलब्ध कराए जाएंगे।
सरकार की इस योजना में सरकारी फंड के अलावा कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) फंड का भी उपयोग किया जाएगा। चिन्हित परिवारों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने के लिए विभिन्न कंपनियों और संगठनों से सहयोग लिया जाएगा। पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि 2 अक्टूबर, 2025 तक प्रदेश को गरीबी मुक्त बनाने का लक्ष्य रखा है। इस अभियान के तहत ग्रामीण स्तर पर कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों को शत-प्रतिशत सफलता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। इस योजना का उद्देश्य है कि प्रदेश के सबसे गरीब परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ देकर उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया जाए।
शीतलहरी ने बढ़ाई कनकनी, नीचे गिरा तापमान
1 Jan, 2025 08:54 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
धनबाद।धनबाद में मौसम का मिजाज बदल गया है। शीतलहरी ने कनकनी बढ़ा दी है।धनबाद का न्यूनतम तापमान चार डिग्री नीचे गिर गया। न्यूनतम तापमान 10 डिग्री रहा। इससे ठंड बढ़ गई। अगले दो दिनों बाद धनबाद को ठंड से राहत मिलेगी। मंगलवार को सुबह से ही धनबाद में बादल छाए हुए थे। बादलों की वजह से ठंड बढ़ गई। दोपहर 12 बजे के बाद धीरे-धीरे धूप निकली तो राहत मिली। शाम ढलने के बाद एक बार फिर से शीतलहरी ने अपना प्रकोप दिखाना शुरू कर दिया। नए साल का जश्न मनाने निकले लोगों के उत्साह में ठंड ने खलल डालने का काम किया। हवाओं की रफ्तार की वजह से कनकनी बढ़ गई। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार अगले दो दिनों में धनबाद को ठंड से राहत मिलेगी। पांच जनवरी तक न्यूनतम तापमान बढ़कर 13-14 डिग्री तक पहुंच जाएगा। इससे ठंड से राहत मिलेगी।एक जनवरी को धनबाद में सुबह कुहासा
छाया रहेगा। सुबह दस बजे तक धूप निकलेगी और नए साल का स्वागत करने
निकले लोगों को मौसम का साथ मिलेगा।न्यूनतम तापमान 10 रहने की वजह से ठंड का भी अहसास होगा। हल्की कनकनी भी लगेगी। नए साल पर पिकनिक स्पॉट पर साफ मौसम में भीड़ जुटेगी।
राहे में हाथियों के झुंड ने जमकर मचाया उत्पात
1 Jan, 2025 07:52 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची। दुलमी गांव और सोनाहातू प्रखंड की जामुदाग पंचायत के हेसाहातू और मगनडीह गांव में सोमवार की रात हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया। हाथियों में खेत में लगी सब्जी और धान की फसल को रौंद डाला। हाथियों ने जिन किसानों की फसल को नुकसान पहुंचाया है उनमें फागूराम महतो, बोलाई अहीर, डोमिनी देवी, तिलक महतो, सैनाथ अहीर, देवेंद्रनाथ महतो, पूर्णिमा देवी, धनेश्वर कोइरी, बुद्धेश्वर मेहता, धनु कोइरी, गिरधर महतो आदि शामिल हैं। वहीं 40 हाथियों का झुंड क्षेत्र में प्रवेश करने से ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है। हाथियों का झुंड सोमवार की रात उत्पात मचाने के बाद बांस वन जंगल में जमा है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों को भगाने की मांग की है। हाथियों के उत्पात की सूचना पर पंचायत समिति सदस्य रूप कुमार साहू, गांव जाकर किसानों से क्षति की जानकारी ली और वन विभाग से मुआवजा देने की मांग रखी।
राशिफल 05 जुलाई 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
जश्न में फायरिंग पड़ी भारी, बिहार में BJP विधायक को कोर्ट ने सुनाई सजा
गुजरात में पीएम मोदी बोले- सेमीकंडक्टर सेक्टर में दुनिया का भरोसा जीत रहा भारत
चंदौसी: शिक्षिका की मौत के बाद वकील पर FIR, सुसाइड नोट बना अहम सबूत
जनता को जल्द इंसाफ दिलाने की दिशा में बिहार सरकार का अहम निर्णय
जमीन विवाद में गर्भवती महिला पर हमले से दो अजन्मे बच्चों की मौत, इलाके में आक्रोश
बटाला फायरिंग केस: धमकी और गोलियों से दहला इलाका, जांच जारी
कथित चंदा चोरी केस में बड़ा खुलासा: चार्टर्ड प्लेन से सिंडिकेट के आका, ट्रेन से ले जाया गया रामलला का सोना!
मानसून सत्र की तारीखों का ऐलान: 20 जुलाई से 13 अगस्त तक चलेगा संसद का सत्र
क्या कानून बचा सकता है एक्स्ट्रा-मैरिटल अफेयर के आरोपी पति को? सुप्रीम कोर्ट ने दिया अहम फैसला
