उत्तर प्रदेश
वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर: झारखंड में जल्द 450 रुपये में मिलेगा सब्सिडी वाला LPG सिलेंडर
6 Jan, 2025 01:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
झारखंड में जल्द 450 रुपये में सब्सिडी वाला LPG सिलेंडर मिल सकता है। रविवार को इस बारे में झारखंड के वित्त मंत्री और कांग्रेस नेता राधाकृष्ण किशोर ने संकेत दिए। उन्होंने कहा कि इंडिया ब्लॉक राज्य में उपभोक्ताओं को सब्सिडी वाले LPG सिलेंडर देने पर फैसला करेगा। वर्तमान में झारखंड के प्रमुख शहरों में घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत 860 रुपए है। विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस ने वादा किया था कि यदि वे सत्ता में आए तो सभी नागरिकों को रियायती दर पर गैस सिलेंडर मुहैया कराएंगे। पार्टी राज्य में झामुमो के नेतृत्व वाले गठबंधन का हिस्सा है।
मंत्री किशोर ने संवाददाताओं को बताया कि 450 रुपए में LPG सिलेंडर उपलब्ध कराने का आह्वान इंडिया ब्लॉक ने किया है। यह वादा एक राजनीतिक दल- कांग्रेस, जिससे मैं भी जुड़ा हूं, ने किया था। लेकिन अंतिम फैसला केवल गठबंधन द्वारा ही लिया जा सकता है। उन्होंने बताया कि झारखंड सरकार केंद्र सरकार से बकाया 1.36 लाख करोड़ रुपए वसूलने के लिए कानूनी कार्रवाई करने पर विचार कर रही है। यह बकाया राशि लंबे समय से लंबित है।
किशोर ने कहा, 'पूर्व मुख्य सचिव सुखदेव सिंह ने 2021 में एक विस्तृत रिपोर्ट सौंपी थी, जिसमें केंद्र से बकाया राशि का भुगतान करने का आग्रह किया गया था। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी केंद्र सरकार को पत्र लिखा था, लेकिन आज तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है।' इसके अलावा, उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा लॉन्च किए गए 'अबुआ पोर्टल' मोबाइल एप के बारे में बताया, जिसके जरिए राज्य बजट 2025-26 के लिए जनता के सुझाव मांगे जा रहे हैं। सुझाव देने की अंतिम तारीख 17 जनवरी है। हालांकि, एप लॉन्च के पहले ही दिन 23 सुझाव प्राप्त हुए। पिछले वर्ष, 721 सुझाव प्राप्त हुए थे, और 27 को अंतिम बजट में शामिल किया गया था।
कांग्रेस नेता किशोर ने कहा कि ये प्रयास राज्य सरकार की केंद्र से बकाया राशि हासिल करने की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं और उम्मीद जताई कि समय पर निर्णय लिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार आगामी बजट के लिए विभिन्न विशेषज्ञों से राय लेने के लिए 16 जनवरी से दो दिवसीय कार्यशाला आयोजित करेगी।
चक्रधरपुर-चाईबासा मार्ग पर सवारी गाड़ी का एक्सीडेंट, दर्जनों लोग घायल
6 Jan, 2025 01:23 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चक्रधरपुर। चक्रधरपुर-चाईबासा मुख्य मार्ग पर बोडदा पुल की रेलिंग में एक सवारी गाड़ी टकरा गई। इससे गाड़ी के ऊपर बैठा युवक पुलिया के नीचे गिर पड़ा। इस कारण उक्त युवक की स्थिति गंभीर है। इस सड़क दुर्घटना से वाहन में सवार दर्जनों लोग घायल हैं। सभी घायलों का चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल में इलाज चल रहा है। सभी लोग सवारी गाड़ी पर सवार होकर चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन जा रहे थे। जहां से ट्रेन पकड़कर मजदूरी करने के लिए गुजरात जाने की योजना थी, लेकिन बोडदा पुल पर गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस दुर्घटना में तीन लोगों का पैर टूट गया है।
तेज रफ्तार में थी गाड़ी
बताया जाता है कि चक्रधरपुर के चांदमारी निवासी प्रेम राम वाहन चला रहा था। चालक ने बताया कि गाड़ी तेज रफ्तार में थी, जिसके कारण कंट्रोल से बाहर हो गई। दुर्घटना से वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। इधर सूचना मिलते ही चक्रधरपुर थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और वाहन चालक को हिरासत में लेकर जांच पड़ताल करते हुए आगे के कार्रवाई में जुट गई।
पटना के आलमगंज में मिला 500 साल पुराना शिव मंदिर, श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़
6 Jan, 2025 01:17 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना: पटना में भी अब खुदाई के दौरान एक सालों पुराना शिव मंदिर मिला है. यह खूबसूरत भव्य मंदिर जमीन के नीचे था, जो कि सालों से कचरे का ढेर से ढक चुका था. जमीन किसी मठ के नाम पर छोड़ी गई थी. मंदिर के बारे में अंदाजा लगाया जा रहा है कि ये 15वीं शताब्दी का हो सकता है जो कि लगभग 500 साल पुराना मंदिर का अवशेष है. यह मंदिरनुमा आकृति है, जिसमें एक शिवलिंग और दो पदचिह्न पाए गए हैं. आश्चर्य की बात यह है कि स्थानीय लोगों ने अधिकारी के आने से पहले ही इस स्थल की खुदाई की और साफ-सफाई करने के बाद यहां पूजा-पाठ शुरू कर दिया.
खास धातु से बना है मंदिर
यह मंदिर आलमगंज थाना क्षेत्र के नारायण बाबू की गली के पास खुदाई के दौरान मिला. रविवार दोपहर को वहां की जमीन अचानक से धंसने लगी. लोगों ने जब वहां सफाई की तो उन्हें पुराने मंदिर का ऊपरी हिस्सा दिखाई दिया. जमीन की और खुदाई करने पर करीब पांच फुट ऊंचा मंदिर निकला. इस मंदिर के अंदर काले पत्थर का एक चमकदार शिवलिंग भी स्थापित था. मंदिर के स्तंभों पर सुंदर नक्काशी भी देखी गई.
मंदिर के बारे में स्थानीय लोगों ने बताया कि यह मंदिर किसी खास धातु का है. इससे लगातार पानी निकल रहा है. कितना भी कपड़े से पोछों वह रिसता ही रहता है. चिकने काले पत्थर का मंदिर है. उसी मंदिर में शिवलिंग और पदचिह्न हैं. जैसे ही लोगों ने मंदिर को देखा जयकारे लगाने लगे. स्थानीय लोगों ने बढ़चढ़कर मिट्टी निकालने का काम किया. लोगों ने कहा कि मंदिर कितना साल पुराना होगा यह हमें नहीं पता लेकिन इसकी बनावट बता रही है कि ये प्राचीन शिव मंदिर है. पहले यहां पर कचरा फेंका जाता था.
पूजा-अर्चना का सिलसिला जारी
जमीन के भीतर मिली मंदिरनुमा आकृति में शिवलिंग और दो पदचिह्नों की खोज से इस स्थल का ऐतिहासिक महत्व बढ़ गया है. हालांकि, इस मंदिर के अवशेषों के पुरातन होने या इसके सही समय की पहचान के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. यह मंदिर कितने साल पुराना है, इस पर अभी भी संशय बना हुआ है. मगर, यह जगह अब एक धार्मिक स्थल बन चुकी है और यहां पूजा-अर्चना का सिलसिला जारी है. लोगों ने आपसी सहयोग से मंदिर की सफाई और जीर्णोद्धार का काम शुरू कर दिया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि वे इस प्राचीन मंदिर को फिर से अपने पुराने स्वरूप में लाएंगे.
पटना में प्रशांत किशोर गिरफ्तार, वैनिटी वैन को DTO ने जब्त किया
6 Jan, 2025 01:08 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना: पटना में पिछले 4 दिनों से अनशन पर बैठे जन सुराज प्रमुख प्रशांत किशोर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. कोर्ट में पेश होने के बाद उन्हें जमानत मिल गई है. इसके साथ ही उनकी चर्चित वैनिटी वैन को भी DTO ने जब्त किया. प्रशांत किशोर की गिरफ्तारी के बाद वैनिटी वैन को परिवहन विभाग के अधिकारी ले कर गए. पूरे अनशन के दौरान प्रशांत किशोर की ये वैनिटी वैन खूब चर्चा में थी.
हालांकि से किस कारण से जब्त किया गया है, इस बारे में पुलिस या फिर DTO किसी के भी तरफ से कोई जानकारी सामने नहीं आई है. विरोध प्रदर्शन के दौरान उनके प्रदर्शन से ज्यादा उनकी वैनिटी वैन के काफी चर्च थे. जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुए थे. विरोध प्रदर्शन के दौरान उनके प्रदर्शन से ज्यादा उनकी वैनिटी वैन के काफी चर्चे थे. जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुए थे. इस वैनिटी वैन में बेड, गद्देदार सोफा, एसी, पंखा और अन्य सभी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं. इस वैनिटी वैन में आधुनिक वॉशरूम भी है.
वैनिटी वैन के सवाल पर भड़के पीके
एक मीडिया चैनल को दिए इंटरव्यू के दौरान जब पत्रकार ने प्रशांत किशोर से वैनिटी वैन के बारे में सवाल पूछा तो, इस प्रशांत किशोर आग बबूला हो गए. इसके साथ ही वे मीडिया पर ही सवाल खड़े करने लगे. उन्होंने कहा कि जिसको वैनिटी वैन देखनी हो वो जाकर देख आए. इसके पहले वे बाकी सवालों का नॉर्मल जवाब दे रहे थे. लेकिन जैसे ही वैनिटी वैन का सवाल आया तो वे भड़क गए थे.
तेजस्वी ने साधा था निशाना
प्रशांत किशोर की वैनिटी वैन न सिर्फ आम लोगों में चर्चा का विषय थी, बल्कि नेताओं ने भी इस पर सवाल खड़े किए थे. तेजस्वी यादव ने निशाना साधते हुए कहा कि वैनिटी वैन में तो एक्टर-एक्ट्रेस बैठते हैं. प्रशांत किशोर का कौन प्रोड्यूसर है? यह सब को पता है.
झारखंड में NIA की छापेमारी में माओवादी संगठन से जुड़े दस्तावेज और नकदी बरामद
6 Jan, 2025 12:55 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सिंहभूम: सिंहभूम जिले में राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (NIA) ने नक्सलवाद से जुड़े एक मामले में बड़े पैमाने पर छापेमारी की है. यह कार्रवाई नक्सल संगठन भाकपा (माओवादी) से जुड़े मामलों में की गई. जिसमें कई स्थानों पर आपत्तिजनक सामग्री और धन की बरामदगी की गई है. रविवार को जारी किए गए एक आधिकारिक बयान में बताया गया कि NIA ने शनिवार को नौ स्थानों पर छापेमारी की है जिसमे नकदी और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज़ समेत मोबाइल फोन, सिम कार्ड, मेमोरी कार्ड जैसी वस्तुएं बरामद की गई हैं.
छापेमारी में बरामद सामग्रियां
NIA द्वारा किए गए इस ऑपरेशन में 10,50,000 रुपये की नकदी, एक वॉकी-टॉकी, एक सैमसंग टैबलेट, एक पावर बैंक, एक रेडियो सेट, एक लेवी वसूली रसीद और जिलेटिन की छड़े बरामद की गईं. इन सामग्रियों को झारखंड के हुसिपी और राजभासा गांवों के बीच स्थित जंगलों में छिपाकर रखा गया था, और ये सभी वस्तुएं आरोपी राजेश देवगम के खुलासे के बाद बरामद की गईं. इन सामग्रियों में कुछ चीजें CPI (माओवादी) के सदस्य मिसिर बेसरा से जुड़ी हुई थीं, जिनके पास से कुछ व्यक्तिगत सामान जैसे ‘नेक बैंड’, टाइटन चश्मा और अन्य वस्तुएं मिलीं.
NIA जांच की शुरुआत
मामला मार्च 2024 में झारखंड के चाईबासा जिले के टोंटो पुलिस थाने में दर्ज हुआ था. इस मामले में 5 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था, जो माओवादी गतिविधियों में शामिल थे. बाद में जुलाई में NIA ने मामले की जांच शुरू की और सख्त कार्रवाई की योजना बनाई. NIA का मानना है कि इन सामग्रियों का उपयोग माओवादी संगठन द्वारा वित्तीय लेन-देन और अवैध कार्यों में किया जा रहा था.
माओवादी नेटवर्क को समाप्त करने की योजना
इस छापेमारी से यह स्पष्ट है कि NIA नक्सलवाद और आतंकवाद से जुड़े मामलों में कठोर कार्रवाई कर रही है और इन अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए पूरी ताकत से काम कर रही है. NIA ने अपने अभियान में यह संदेश दिया है कि माओवादी नेटवर्क को पूरी तरह से समाप्त करने के लिए वह किसी भी हद तक जाएगी. इसके साथ ही यह कार्रवाई यह भी दर्शाती है कि सुरक्षा एजेंसियां अब अधिक चौकस और तैयार हैं, ताकि नक्सलवादी गतिविधियों को पहले से ही रोका जा सके.
झारखंड की झांकी होगी खास, गणतंत्र दिवस पर रतन टाटा को श्रद्धांजलि
6 Jan, 2025 12:46 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गणतंत्र दिवस 2025 को खास बनाने के लिए झारखंड सरकार ने विशेष तैयारी की है. गणतंत्र दिवस के मौके पर दिल्ली में आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम में झारखंड समेत 15 राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों की झांकियां का चयन हुआ है. देश की दिल्ली के कर्तव्य पथ पर देशवासियों को इस बार झारखंड की अनूठी संस्कृति, झारखंड के पारंपरिक नृत्य के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में नारी शक्ति के बढ़ते कदम वाली झांकी झारखंड राज्य के तरफ से देखने को मिलेगी.
झांकी में रतन टाटा को दी जाएगी श्रद्धांजलि
इसी के साथ ही झारखंड की झांकी में देश और दुनिया के बड़े उद्योगपतियों में शुमार रतन टाटा को श्रद्धांजलि भी दी जाएगी. 26 जनवरी को दिल्ली में आयोजित होने वाली गणतंत्र दिवस परेड के लिए केंद्र सरकार ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से झांकियों का प्रारूप मांगा था. विभिन्न चरणों की चयन प्रक्रिया के बाद केवल 15 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की झांकी का दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम में प्रदर्शन के लिए चयन हुआ है, जिसमें झारखंड भी शामिल है.
संस्कृति और नारी शक्ति की झलक
गणतंत्र दिवस परेड 2025 में प्रदर्शित होने वाली झारखंड की झांकी के प्रारूप को काफी सराहा गया है. नई दिल्ली में जनवरी 2025 तक सभी चयनित राज्यों की झांकियों को तैयार कर लेना है और 23 जनवरी 2025 को रिहर्सल भी किया जाना है. लगातार तीसरी बार कर्तव्य पथ पर झारखंड की झांकी देखने को मिलेगी. इस बार की झांकी में ढाणी संस्कृति को झारखंड की ओर से प्रस्तुत किया जाएगा. यहां की पारंपरिक नृत्य शिक्षा में नारी शक्ति के बढ़ते कदम की झलक भी झांकी में नजर आएगी.
राज्य सरकार की तैयारियां पूरी
इस झांकी को तैयार करने की तारीख 19 जनवरी रखी गई है. झारखंड की झांकी को लेकर राज्य सरकार ने अपनी तैयारी कर ली है. लगातार तीसरी बार गणतंत्र दिवस परेड में झारखंड की झांकी का चयन होने से प्रदेश के लोग काफी खुश हो गए हैं. अब वह लोग बस अपने राज्य की झांकी को देखने के लिए इंतजार कर रहे हैं.
लेंटर गिरने से 3 वर्षीय मासूम की मौत
6 Jan, 2025 11:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हाथरस । नगला मलू में लेंटर गिरने से नीचे दबकर 3 वर्षीय मासूम बच्ची दीक्षा पुत्री मानवेन्द्र गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन आनन फानन में गंभीर रूप से घायल 3 वर्षीय मासूम बच्ची को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डॉक्टरों ने मासूम बच्ची को मृत घोषित कर दिया। बच्ची की मौत के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया।
झूठी लूट की सूचना देने वाला फाइनेंस कर्मी पकड़ा
6 Jan, 2025 10:13 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अलीगढ़। थाना टप्पल क्षेत्र के अलीगढ़-पलवल हाईवे पर एक फाइनेंस कर्मी ने शराब के नशे में कार और मोबाइल लूटे जाने की झूठी सूचना पुलिस को दे दी। लूट की सूचना पर पुलिस प्रशासन में हड़कम्प मच गया और पुलिस फाइनेंस कर्मी को थाने ले आई और पूछताछ शुरू कर दी। पता चला कि गोंडा निवासी सौरभ पुत्र संतोष की कार उसके जीजा मथुरा के थाना सुरीर के गांव सिकंदरपुर निवासी विक्रम ले गए थे। वह कार से अपने रिश्तेदार की पत्नी का हाल जानने जीवन ज्योति अस्पताल गए थे। इसी दौरान अग्रसेन चौराहे पर फाइनेंस कर्मी मिल गए। कार की एक दो किस्तें जमा नहीं होने पर कार में सवार महिलाएं बीच रास्ते में उतार दीं और जबरन कार ले गए। कार स्वामी से कहा कि कार को मडराक के यार्ड में खड़ा करा दिया जाएगा। बौनेर तिराहे पर उसी कार में फाइनेंस कर्मियों ने शराब पी। इस बीच कार स्वामी फाइनेंस कर्मियों की तलाश करते हुए बौनेर पहुंचे। कार स्वामी को देख कर फाइनेंस कर्मी हड़बड़ा कर भागने लगे। स्वामी कार ले गए। इन्हीं में से एक फाइनेंस कर्मी ने पुलिस को लूट की झूठी सूचना दे दी। इस पर पुलिस ने कार को लोधा में रोक लिया। लूट की झूठी सूचना देने वाले फाइनेंस कर्मी थाना बन्ना देवी क्षेत्र के युवक को पुलिस ने पकड़ लिया है।
धोखाधड़ी और जालसाजी में फंसे पति-पत्नी
6 Jan, 2025 09:10 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अलीगढ़ । थाना गोंडा के गांव पीपली खुर्द निवासी एक व्यक्ति ने गांव निवासी एक फौजी और उसकी पत्नी पर जालसाजी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप लगाया कि पति-पत्नी ने दानपत्र की गई जमीन जालसाजी से उसे बेच दी है। पीपली खुर्द गांव निवासी ज्ञान सिंह के अनुसार फौजी रोहिताश से छह बीघा जमीन का बैनामा 18 अगस्त 2021 को कराया था। तभी से वह खेतों को जोत-बो रहा है। बाद में पता चला कि जिस जमीन का बैनामा उन्होंने कराया है उसे रोहिताश अपनी पत्नी के नाम 11 फरवरी 2020 को दानपत्र कर चुका है। फौजी के पास उनका डेबिट कार्ड है, इससे फौजी ढाई लाख रुपये निकाल चुका है। उन्होंने पति-पत्नी पर षड़यंत्र कर धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया। कहा कि तीन नवंबर को वह अपने खेत में बुवाई करने पहुंचे तो आरोपी ने दंपती ने गाली-गलौज करते हुए पीटा।
यूपी-बिहार में ठंड से 10 लोगों की मौत
6 Jan, 2025 08:07 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी के कारण पूरे उत्तर भारत में ठंड का असर तेज हो रहा है। पिछले 24 घंटे में उत्तर प्रदेश में ठंड से 8 लोग और बिहार में 2 लोगों ने जान गंवाई।
देश के 14 राज्यों में लगातार दूसरे दिन घना कोहरा देखने को मिल रहा है। विजिबिलिटी घटने के कारण दिल्ली में रविवार को 160 फ्लाइट लेट हुईं। 7 कैंसिल भी हुईं। वहीं, 60 से ज्यादा ट्रेनें भी निर्धारित समय पर नहीं पहुंचीं। दिल्ली में 3 दिनों में कुल 900 से ज्यादा फ्लाइट्स प्रभावित हुईं।
राजस्थान और मप्र में ठंड से फिलहाल राहत है। राजस्थान के कुछ जिलों में बारिश की संभावना है। वहीं, मप्र में 2 दिन बाद सर्दी बढऩे की संभावना है। कई जिलों में तापमान 2 से 3 डिग्री गिर सकता है। मौसम विभाग ने कश्मीर और चिनाब घाटी में भारी बर्फबारी का अनुमान जताया है। वहीं, हिमाचल प्रदेश के भी 7 जिलों में भारी बर्फबारी के आसार हैं।
मुस्लिम बनकर दी महाकुंभ में एक हजार हिदुओं को उड़ाने की धमकी
5 Jan, 2025 07:29 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
प्रयागराज। प्रयागराज महाकुंभ में बम ब्लास्ट की धमकी देने वाले को गिरफ्तार कर लिया गया है। यूपी पुलिस ने शनिवार को उसे बिहार के पूर्णिया से दबोचा। आरोपी 11वीं का छात्र है। उसने नसर पठान नाम की आईडी बनाकर महाकुंभ में ब्लास्ट की धमकी दी थी। पूछताछ में आरोपी छात्र ने बताया कि उसने दोस्त को फंसाने के लिए ऐसा किया।
आरोपी छात्र हिंदू है उसने बताया कि उसका कुछ दिन पहले दोस्त से झगड़ा हो गया। उसे फंसाने के लिए फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाया और धमकी भरा पोस्ट शेयर कर दिया। यूपी पुलिस की टीम उसे प्रयागराज लेकर आ गई है। एटीएस उससे पूछताछ कर रही है। आरोपी छात्र ने बताया कि 31 दिसंबर को इंस्टाग्राम पर उसने नसर पठान नाम की आईडी बनाकर उससे धमकी दी थी। धमकी में लिखा था- ऑल ऑफ यू, तुम सब अपराधी हो। महाकुंभ में बम ब्लास्ट करेंगे। एक हजार हिंदुओं को मारेंगे। उसी दिन विपिन गौर नाम युवक ने पोस्ट के स्क्रीनशॉट को डायल-112 यूपी पुलिस को टैग करते हुए शेयर किया। इसके बाद यूपी पुलिस सक्रिय हो गई थी।
लखनऊ के यूपी-112 मुख्यालय के ऑपरेशन कमांडर अरविंद कुमार नैन ने पुलिस महानिदेशक अभिसूचना (लखनऊ), अपर पुलिस महानिदेशक कानून एवं व्यवस्था (लखनऊ), अपर पुलिस महानिदेशक सुरक्षा (लखनऊ), अपर पुलिस महानिदेशक एटीएस (लखनऊ) और एसएसपी कुंभ को पत्र भेजा और जांच करने को कहा।
महाकुंभ मेला कोतवाली थाने में अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। आरोपी को पकड़ने के लिए तीन टीमें बनाई गईं। सर्विलांस, आईपी एड्रेस ट्रेस करने पर पता चला कि जिस नंबर से यह आईडी बनाई गई है। वह बिहार के पूर्णिया जिले के भवानीपुर शहीदगंज का है। फिर टीमें बिहार पहुंचीं। बिहार पुलिस की मदद से आरोपी छात्र को पकड़ लिया है।
ऑटोरिक्शा चालक की मौत मामले में, तीन लोग गिरफ्तार
5 Jan, 2025 05:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सिंहभूम । झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के सोनारिया इलाके में ऑटोरिक्शा चालक की हत्या में कथित तौर पर शामिल तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि 30 वर्षीय व्यक्ति की पुरानी रंजिश के चलते गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान एकत्र साक्ष्यों के आधार पर पुलिस की एक टीम ने दो आरोपियों को डोबो पुल के पास से गिरफ्तार किया, जबकि एक अन्य को एक मंदिर के पास से पकड़ा गया। कौशल ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के पास से एक पिस्तौल, कारतूस, दो मोबाइल फोन और एक बिना पंजीकरण वाला दोपहिया वाहन बरामद किया है।
झोला छाप डॉक्टर दुष्कर्म नहीं कर पाया तो महिला का चाकू से पेट फाड़ डाला
5 Jan, 2025 04:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पूर्णिया। दुष्कर्म में असफल एक झोला छाप डॉक्टर ने महिला का चाकू से पेट फाड़ डाला। जिससे उसकी आंत बाहर निकल आई। परिजनों ने उसे पूर्णिया के निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना केनगर के काझा नहर के समीप की बताई जा रहा। केनगर थानाध्यक्ष नवदीप गुप्ता ने बताया कि आरोपी का महिला के घर आना-जाना था। मामला दर्ज कर पुलिस अनुसंधान में जुट गयी है।
महिला के पिता ने बताया कि आरोपी गांव में ही झोलाछाप डॉक्टर के रूप में काम करता है। गुरुवार संध्या उनकी लड़की काझा बाजार शाक-सब्जी खरीदने आई थी। बाजार में आरोपी उसे मिला और बाइक पर घर छोड़ने की बात कह उसे साथ लेकर चल पड़ा। काझा नहर के समीप जब वह पहुंचा तो वह घर की ओर नहीं जाकर उत्तर दिशा में एक खेत की ओर मुड़ गया। महिला ने ऐसा करने से मना भी किया, परन्तु वह नहीं माना। खेत ले जाकर उसने दुष्कर्म की नीयत से महिला को जमीन पर पटक दिया।
महिला ने उसका जमकर विरोध किया। दुष्कर्म में असफल होने पर चाकू निकाल आरोपी ने महिला का पेट फाड़ दिया, जिससे उसकी आंत बाहर निकल आई। आरोपी ने महिला का गला काटने की भी कोशिश की, लेकिन महिला ने हाथों से चाकू की वार को रोक लिया। जिससे उसका हाथ भी घायल हो गया। शोर मचाने पर लोगों को आता देख आरोपी वहां से भाग गया। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने पहले तो महिला को जीएमसीएच में भर्ती कराया, जहां से उसे भागलपुर रेफर किया गया। भागलपुर से महिला को पटना रेफर किया गया। आखिरकार पूर्णिया के एक प्राइवेट सर्जन के अस्पताल में उसे भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोह के पांच सदस्य गिरफ्तार
5 Jan, 2025 04:10 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
प्रयागराज। प्रयागराज पुलिस ने ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए यह पांचों बिहार के गिरोह के लिए हैंडलर का काम करते थे। गांव के लोगों का खाता खुलवाने के नाम पर आधार कार्ड ले लेते थे।
इसके बाद उन अकाउंट और आधार कार्ड के जरिए खोले गए खातों में ठगी की रकम ट्रांसफर करवाते थे। आधार कार्ड, खाते की डिटेल मुहैया कराने पर गैंग के लीडर से मोटी रकम हासिल करते थे। पकड़े गए आरोपियों के पास से पुलिस ने 32 नए एटीएम, 41 पासबुक, 23 चेकबुक, 7 पैन कार्ड, 4 कोटक महिन्द्रा बैंक का भरा हुआ फार्म व 20 कूटरचित आधार कार्ड बरामद किए हैं।
सहायक पुलिस आयुक्त के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वह गांव के लोगों को बैंक खता खुलवाने के बदले पैसे देने का लालच देकर उनसे आधार कार्ड ले लेते थे। उनमें कूटरचना कर फर्जी आधार कार्ड बनाकर कई बैंकों में खाता खुलवाते थे। उन खातों को बिहार में साइबर ठगी करने वाले गिरोह को महंगे दाम में बेचा करते थे। पकड़े गए आरोपियों में आलोक राज कुर्मी पुत्र महेन्द्र प्रसाद, सुखवेन्द्र कुमार पुत्र बनारस प्रसाद कुर्मी, निखिल शुक्ला पुत्र दुर्गा प्रसाद, संदीप कुमार सरोज पुत्र लाल बहादुर सरोज, मो मुकीम सलमान पुत्र मो मोईन शामिल हैं। पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
यूपी में पर्यटन के साथ हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में भी आया बूम
5 Jan, 2025 03:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ । उत्तर प्रदेश में पर्यटन के साथ हॉस्पिटैलिटी सेक्टर भी बूम पर है। हॉस्पिटैलिटी और इससे जुड़े सेक्टर्स में लगातार रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं। पर्यटकों की बढ़ती संख्या के नाते स्वाभाविक रूप से उत्तर प्रदेश सर्वाधिक लाभान्वित राज्य है। ग्लोबल हायरिंग इनडीड की एक रिपोर्ट के अनुसार 2023 में टूरिज्म और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर की रिक्तियों में 50 फीसद की वृद्धि देखी गई। अगले कुछ वर्षों तक इसमें 24 फीसद तक की और वृद्धि संभव है। इसका स्वाभाविक लाभ अयोध्या, वाराणसी, ब्रज और जेवर आदि और इनके आसपास के शहरों को मिलेगा। मसलन, राम मंदिर के निर्माण का मार्ग प्रशस्त होने के बाद से ही अयोध्या हॉस्पिटैलिटी सेक्टर का पसंदीदा स्थल बन कर उभरा है। कई नामचीन ब्रांड वहां होटल बनाने को लालायित हैं। ताज सहित दो दर्जन से अधिक होटलों के निर्माण को मंजूरी मिल चुकी है। स्थानीय होटल भी अपनी क्षमता के अनुसार अपनी प्रॉपर्टी के विस्तार और बेहतरी में लगे हैं। अयोध्या तो इसका उदाहरण मात्र है। पर्यटकों की पसंद की अन्य जगहों पर भी कमोबेश यही स्थित है। एशिया का सबसे बड़ा जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट भी तेजी से हॉस्पिटैलिटी सेक्टर के पसंदीदा स्थल के रूप में उभरा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा तो पर्यटन को स्थानीय लोगों से जोड़कर इसे जन उद्योग बनाने की है। इसीलिए वह प्रयागराज के महाकुंभ और मकर संक्रांति से लेकर करीब महीने भर तक गोरखनाथ मंदिर परिसर में चलने वाले खिचड़ी मेले तथा ऐसे ही अन्य अवसरों के लिए कह चुके हैं कि स्थानीय लोग पर्यटकों, श्रद्धालुओं की सेवा सत्कार से इसे ब्रांड बनाएं। सरकार अपनी ओर से इस बाबत जो संभव है, वह कर रही है। प्रदेश में हॉस्पिटैलिटी और टूरिज्म के सेक्टर में निवेशकों को आकर्षित करने के लिए योगी सरकार अयोध्या, लखनऊ, वाराणसी सहित प्रदेश के अन्य बड़े शहरों में होटल्स के निर्माण में कुछ और छूट देने की भी सोच रही है। जगह के मानकों को लेकर कुछ छूट दी भी गई है। होम स्टे को भी प्रोत्साहन दिया जा रहा है।
राशिफल 05 जुलाई 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
जश्न में फायरिंग पड़ी भारी, बिहार में BJP विधायक को कोर्ट ने सुनाई सजा
गुजरात में पीएम मोदी बोले- सेमीकंडक्टर सेक्टर में दुनिया का भरोसा जीत रहा भारत
चंदौसी: शिक्षिका की मौत के बाद वकील पर FIR, सुसाइड नोट बना अहम सबूत
जनता को जल्द इंसाफ दिलाने की दिशा में बिहार सरकार का अहम निर्णय
जमीन विवाद में गर्भवती महिला पर हमले से दो अजन्मे बच्चों की मौत, इलाके में आक्रोश
बटाला फायरिंग केस: धमकी और गोलियों से दहला इलाका, जांच जारी
कथित चंदा चोरी केस में बड़ा खुलासा: चार्टर्ड प्लेन से सिंडिकेट के आका, ट्रेन से ले जाया गया रामलला का सोना!
मानसून सत्र की तारीखों का ऐलान: 20 जुलाई से 13 अगस्त तक चलेगा संसद का सत्र
क्या कानून बचा सकता है एक्स्ट्रा-मैरिटल अफेयर के आरोपी पति को? सुप्रीम कोर्ट ने दिया अहम फैसला
