मध्य प्रदेश
राष्ट्रीय डेंगू दिवस पर प्रदेशवासी लें जल जमाव रोकने का संकल्प : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
16 May, 2025 07:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 'राष्ट्रीय डेंगू दिवस' के अवसर पर कहा है कि स्वस्थ मध्यप्रदेश के संकल्प को साकार करने के लिए स्वच्छता, जागरूकता और समय पर उपचार ही हमारा सबसे कारगर हथियार है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शुक्रवार को सोशल मीडिया 'एक्स' पर प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे डेंगू का मुकाबला करने के लिए स्वच्छता को अपनाएं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सभी नागरिक एकजुट होकर यह प्रण लें कि अपने आस-पास कहीं पर भी जल जमाव नहीं होने देंगे। साथ ही मच्छरों से बचाव और डेंगू के लक्षण व इलाज के प्रति समाज को जागरूक करेंगे, क्योंकि बचाव ही डेंगू का उपचार है।
भोपाल रेल मंडल द्वारा रेलवे स्टेशनों पर भारतीय सेना के शौर्य को समर्पित तिरंगा यात्रा एवं देशभक्ति आयोजन
16 May, 2025 06:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल मंडल द्वारा भारतीय सेना के अद्वितीय पराक्रम ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता को गौरवान्वित करने हेतु एक भव्य श्रृंखला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्टेशनों एवं रेलवे कार्यालयों को तिरंगे की रोशनी से सजाया गया तथा विभिन्न ऑडियो-वीडियो माध्यमों से देशभक्ति गीतों का प्रसारण कर यात्रियों और कर्मचारियों में राष्ट्रभक्ति का संचार किया गया।
भोपाल, रानी कमलापति एवं इटारसी रेलवे स्टेशनों को तिरंगी रोशनी से सजाकर वातावरण को देशभक्ति से ओतप्रोत किया गया। वहीं, भोपाल मंडल के पाँच प्रमुख स्टेशनों – भोपाल, रानी कमलापति, संत हिरदाराम नगर, नर्मदापुरम एवं गुना – पर वीडियो स्क्रीन के माध्यम से तथा अन्य स्टेशनों पर उद्घोषणा प्रणाली द्वारा देशभक्ति गीतों का प्रसारण किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को भारतीय सेना के अदम्य साहस का अनुभव कराया जा सके।
आज प्रातः 8 बजे, मंडल कार्यालय भोपाल से एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया, जो रेलवे कॉलोनी हबीबगंज स्थित सामुदायिक भवन तक उत्साहपूर्वक सम्पन्न हुई। इस गरिमामय अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक श्री देवाशीष त्रिपाठी, अपर मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती रश्मि दिवाकर, वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी, वरिष्ठ मंडल अभियंता (समन्वय), वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता (सामान्य) सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी, आरपीएफ कर्मी, स्काउट एवं गाइड के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
इसी क्रम में, भोपाल मंडल के इटारसी, गुना तथा बीना स्टेशन पर स्थानीय रेलकर्मियों के सहयोग से ‘तिरंगा रैली’ का आयोजन किया गया, जिसमें देशभक्ति के जयघोषों के साथ राष्ट्रप्रेम की भावना को जीवंत किया गया। वहीं, भोपाल रेलवे स्टेशन पर भोपाल रेलवे सांस्कृतिक अकादमी द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक ने उपस्थित यात्रियों एवं आमजनों को भारतीय सेना के शौर्य एवं त्याग से अवगत कराते हुए गहरी प्रेरणा प्रदान की।
रेलवे प्रशासन द्वारा भारतीय सेना के शौर्य और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की वीरगाथा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए बहुआयामी प्रयास किए जा रहे हैं। इन आयोजनों के माध्यम से जहां एक ओर सेना के वीर सपूतों को श्रद्धांजलि अर्पित की जा रही है, वहीं दूसरी ओर समाज में राष्ट्रभक्ति की भावना को जागृत करने का प्रयास किया जा रहा है।
रेल प्रशासन का यह संकल्प है कि भारतीय सेना के गौरव को सम्मानित करने के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे, ताकि प्रत्येक नागरिक राष्ट्र के प्रति अपना योगदान देने हेतु प्रेरित हो सके।
बिलखारिया में भीषण कार दुर्घटना, तीन युवक घायल, दो अस्पताल में भर्ती
16 May, 2025 06:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। थाना बिलखारिया क्षेत्र के बंजारा बस्ती निवासी 18 वर्षीय मोहित कलावत ने एक सड़क हादसे की रिपोर्ट दर्ज कराई है, जिसमें वह स्वयं और उसके तीन साथी शामिल थे। घटना शुक्रवार देर रात लगभग 2 बजे की है, जब चारों युवक – मोहित कलावत, ऋषि शर्मा, आदित्य तोमर और जतिन – बलेनो कार (MP04 EA 3189) से ट्रांसपोर्ट नगर, कोटा रोड से बायपास चौराहा की ओर जा रहे थे।
कार को ऋषि शर्मा चला रहा था, जो अत्यधिक तेज गति से वाहन चला रहा था। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार के चलते कार का संतुलन बिगड़ गया और वाहन डिवाइडर से टकराकर पुलिया के नीचे गिर गई। हादसे में मोहित कलावत को हल्की चोटें आईं, जबकि चालक ऋषि शर्मा और आदित्य तोमर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जतिन को मामूली चोटें आईं।
बताया जा रहा है कि कार गुरप्रीत सिंह नामक व्यक्ति की है, जो ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना खजूरी सड़क भोपाल पुलिस द्वारा पेट्रोल फेंककर आग लगाने वाले तीन आरोपियो को 48 घंटे के अंदर किया गिरफ्तार
16 May, 2025 05:46 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी एवं थाना खजूरी सड़क भोपाल पुलिस द्वारा पेट्रोल फेंककर आग लागने वाले तीन आरोपियों को 48 घंटे के अंदर गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की।
घटना का विवरण-
भोपाल: थाना खजूरी सडक जिला भोपाल में दिनांक 13/05/2025 को फरियादी रवि धनगर पिता चैनसिंह धनगर उम्र-27 साल निवासी-ग्राम लखापुर थाना खजूरी सड़क भोपाल ने रिपोर्ट किया कि मैं उक्त लिखाये पते पर रहता हू, तथा बैरागढ में बर्तन की दूकान में काम करता हूँ, आज दिनांक 13/05/2025 को रात्रि करीब 12 बजे की बात है में अपने घर पर था कि मेरा छोटा भाई आशीष फिल्म देखकर सीहोर से अपने घर आया और मुझे बताया कि रास्ते मे घर आते समय सूरज के ढाबे के पास उसे प्रवीण और सौरभ मिले जो दोनो शराब के नशें में थे और मेरे साथ बत्तमिजी कर हाथ मुक्कों से मारपीट किये और मोटर साइकल की चाबी अपने रख लेना बताया तो फिर मै भाई आशीष और चाचा के लड़का अतुल को लेकर उन दोनो को समझाने के लिए सूरज के ढाबे के पास पहुचा तो वहां प्रवीण और सौरभ रोड पर खड़े मिले जिनको मैने पास जाकर कहा कि तूमने मेरे भाई को क्यों मारा और मोटर साइकल की चाबी क्यों ली तो इसी बात पर नाराज होकर मुझे मां बहन गंदी गंदी गाली देने लगे मैंने गाली देने से मना किया तो प्रवीण ने हाथ में रखी प्लास्टिक की बोतल जिसमे पेट्रोल जैसा पदार्थ था मेरे ऊपर फेंका जो मेरी छाती पर गिरा तो मैं दूर भागा माचिस की जलती हुई तीली मेरे ऊपर फेंक दी जिससे मेरे कपडो ने आग पकड़ ली मुझे आशीष और अतुल ने बचाया। पेट्रोल की आग से मेरी छाती जल गई कि रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 140/2025 धारा 296, 118(1),351(2),3(5) BNS का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। दिनांक 15/05/25 को घायल रवि धनगर के मरणासन्स एवं पूरक कथन लिये गये जिसने उक्त तीनो आरोपी प्रवीण मेवाड़ा, प्रताप मेवाड़ा एवं सौरभ मालवीय द्वारा जान से मारने की नियत से पेट्रोल फेंककर आग लगाना बताया प्रकरण में धारा 109 BNS का इजाफा किया गया।
घटना की गंभीरता को संज्ञान में लेते हुये वरिष्ठ अधिकारियो द्वारा तत्काल आरोपी की पतारसी हेतु थाना प्रभारी के निर्देशन में एक टीम गठित की गई जिसमें उनि बनवारीलाल, सउनि महेन्द्र सिंह, आर 3490 मिथुन वर्मा, आर 161 जितेन्द्र सूपे, आर 3519 वीरेन्द्र चौकसे, आर 3491 सुभाष नरोलिया, आर 4834 गौतम मानकर, आर 3908 हरीश मेवाड़ा, आर 1869 गोविंदा धुर्वे को आरोपीगणो की पतारसी हेतु लगाया गया उक्त टीम द्वारा त्वरित कार्यवाही कर आरोपीगणो के घर एवं खेत व गांव में तलाश किया जो नही मिले बाद मुखविर द्वारा उज्जैन जाने की सूचना प्राप्त होने पर उज्जैन जाकर तलाश की गई जो नही मिले । पुन: मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई तीनो आरोपी ग्राम इटखेड़ीछाप के पास कोलास नदी के पास बबूल की झाड़ीयों के पीछे छिपे हुये हैं की सूचना पर मुखविर के बताये स्थान से पकड़ा जिन्होने अपना अपना नाम (1) प्रवीण मेवाड़ा, (2) प्रताप मेवाड़ा, (3) सौरभ मालवीय बताये जिनसे पृथक-पृथक पूछताछ करने पर अपना अपना जुर्म स्वीकार किये उक्त तीनो आरोपीगणो से पेट्रोल की बॉटल जप्त की गई एवं गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय पेश किया गया।
उक्त प्रकरण में आरोपीगणो को गिरफ्तार करने में थाना प्रभारी थाना खजूरी सड़क भोपाल श्री नीरज वर्मा, उनि बनवारीलाल, सउनि महेन्द्र सिंह, आर 3490 मिथुन वर्मा, आर 161 जितेन्द्र सूपे, आर 3519 वीरेन्द्र चौकसे, आर 3491 सुभाष नरोलिया, आर 4834 गौतम मानकर, आर 3908 हरीश मेवाड़ा, आर 1869 गोविंदा धुर्वे द्वारा तत्काल प्रभाव से संयुक्त कार्यवाही कर आरोपी को गिरफ्तार करने में सराहनीय भूमिका रही।
संदिग्धों पर शिकंजा: आरपीएफ ने यात्रियों की सुरक्षा को बनाया सर्वोच्च प्राथमिकता
16 May, 2025 04:53 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि: संदिग्ध गतिविधियों पर आरपीएफ की सख्त कार्रवाई
भोपाल: मंडल रेल प्रबंधक श्री देवाशीष त्रिपाठी के मार्गदर्शन में भोपाल मंडल में यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। रेलवे सुरक्षा बल द्वारा स्टेशन परिसरों में संदिग्ध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जा रही है तथा आवश्यकतानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
इसी क्रम में, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त श्री प्रशांत यादव के निर्देशन में आरपीएफ टीम ने भोपाल रेलवे स्टेशन पर संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त एक व्यक्ति के विरुद्ध कार्रवाई की। दिनांक 16 मई 2025 को प्रातः 6:00 बजे, प्लेटफॉर्म क्रमांक 02 पर आरक्षक आरिफ खान ने एक युवक को संदिग्ध स्थिति में घूमते हुए पकड़ा, जिसकी नीयत यात्री सामान की चोरी प्रतीत हुई।
पूछताछ में उक्त व्यक्ति की पहचान रफीक (आयु 20 वर्ष) के रूप में हुई। उसके पास कोई वैध यात्रा टिकट अथवा पहचान पत्र उपलब्ध नहीं था। घटना स्थल पर कोई प्रत्यक्ष शिकायतकर्ता नहीं होने के बावजूद, संदिग्ध गतिविधियों और रेलवे परिसर की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आरपीएफ ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय रेलवे अधिनियम की धारा 145 (अशांति फैलाना) एवं धारा 137 (बिना टिकट यात्रा) के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ कटारिया ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को लेकर रेलवे पूरी तरह से सतर्क है। स्टेशन परिसरों में हर प्रकार की संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। उन्होंने यात्रियों से भी अपील की कि यदि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि को देखें, तो तत्काल इसकी सूचना नजदीकी रेलवे स्टाफ या आरपीएफ को दें, ताकि आवश्यक कार्रवाई तत्काल सुनिश्चित की जा सके।
रेल प्रशासन यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं निर्बाध यात्रा अनुभव प्रदान करने के लिए संकल्पबद्ध है।
धीरेंद्र शास्त्री के कथित आपत्तिजनक बयान पर शहडोल कोर्ट की सख्ती, तलब किए गए
16 May, 2025 04:25 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
शहडोल: बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर एवं कथावाचक पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री एक बयान को लेकर विवादों में घिरते नजर आ रहे हैं। महाकुंभ-2025 के दौरान प्रयागराज में दिए गए उनके बयान कि- 'हर व्यक्ति को महाकुंभ में आना चाहिए, जो नहीं आएगा वह पछताएगा और देशद्रोही कहलाएगा' ने अब उन्हें कोर्ट में ला खड़ा किया है। इस बयान को असंवैधानिक और भड़काऊ बताते हुए पंडित धीरेंद्र शास्त्री को नोटिस जारी किया गया है।
न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी शहडोल ने उन्हें 20 मई 2025 को सुबह 11 बजे कोर्ट में उपस्थित होने का आदेश दिया है। अधिवक्ता संघ शहडोल के पूर्व अध्यक्ष संदीप कुमार तिवारी ने इस बयान पर आपत्ति जताते हुए पहले सोहागपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। जब कोई कार्रवाई नहीं हुई तो मामला पुलिस अधीक्षक तक पहुंचा और अंत में 3 मार्च 2025 को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट शहडोल के समक्ष आपराधिक शिकायत दर्ज कराई गई। कोर्ट ने मामले को गंभीरता से लिया है।
सार्वजनिक मंच से भड़काऊ बयान
तिवारी कहते हैं कि अगर सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणियों पर एफआईआर दर्ज हो सकती है तो सार्वजनिक मंच से भड़काऊ बयान देने वालों पर कार्रवाई क्यों नहीं हो सकती। सीधी जिले में कथावाचक के खिलाफ टिप्पणी करने पर तो तुरंत एफआईआर दर्ज कर ली गई, लेकिन खुद धीरेंद्र शास्त्री के बयान पर चुप्पी दोहरे मापदंड की ओर इशारा करती है।
कर्नल सोफिया पर टिप्पणी से गरमाई सियासत, विजय शाह के खिलाफ दर्ज शिकायत पर आज सुनवाई
16 May, 2025 03:35 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल: मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री विजय शाह की मुश्किलें कम नहीं हो रही हैं. कर्नल सोफिया पर विवादित बयान देने के बाद वे कानूनी शिकंजे में फंस गए हैं. आज इस मामले की सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होनी है. विजय शाह ने जब कर्नल सोफिया पर विवादित टिप्पणी की थी, तब मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने विजय शाह के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया था. विजय शाह ने जब इस आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी, तो सुप्रीम कोर्ट ने भी इस पर रोक लगाने से साफ इनकार कर दिया. सुप्रीम कोर्ट ने लगाई थी फटकार कल CJI बीआर गवई ने हाईकोर्ट के आदेश में दखल देने से इनकार कर दिया था. इसके साथ ही उन्होंने मंत्री कुंवर विजय सिंह को भी फटकार लगाई थी. मंत्री विजय शाह ने सुप्रीम कोर्ट से तत्काल सुनवाई की मांग की थी, जिसे खारिज करते हुए आज (16 मई) की तारीख दी गई थी. सुप्रीम कोर्ट ने विजय शाह को फटकार लगाते हुए कहा था- राज्य के कैबिनेट मंत्री जैसे संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति को बहुत सोच-समझकर बोलना चाहिए. आपसे ऐसे बयान की उम्मीद नहीं की जा सकती। आप मंत्री होकर ऐसी भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं? क्या यह आपको शोभा देता है?
जबलपुर हाईकोर्ट के आदेश पर एफआईआर दर्ज
बता दें कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद एमपी सरकार में मंत्री विजय शाह ने कर्नल सोफिया को 'आतंकवादियों की बहन' कहा था। उनके बयान पर एमपी हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाते हुए भारतीय दंड संहिता की धारा 152, 196 (1)(बी) और 197 (1)(सी) के तहत मामला दर्ज करने का आदेश दिया था।
विजय शाह ने मांगी माफी
मामला गंभीर होने के बाद मंत्री विजय शाह ने भी अपने बयान के लिए माफी मांगी। उन्होंने कहा कि मैं सपने में भी कर्नल सोफिया के बारे में गलत नहीं सोच सकता। सोफिया ने जाति और धर्म से ऊपर उठकर देश की सेवा की है। मैं उन्हें सलाम करता हूं। अगर मैंने जोश में आकर कुछ गलत कहा है तो उसके लिए माफी मांगता हूं।
इस्तीफे के लिए बढ़ रहा दबाव
विजय शाह का यह बयान राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा का विषय बन गया है। एमपी सरकार पर विजय शाह को मंत्री पद से हटाने का दबाव है। खबरों की मानें तो मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने विजय शाह से मुलाकात की थी। लेकिन, उन्होंने इस्तीफा देने से साफ इनकार कर दिया है। अब सबकी निगाहें सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई पर टिकी हैं।
देशविरोधी नारेबाजी पर बवाल: करणी सेना ने युवक को पीटा, पुलिस के हवाले किया
16 May, 2025 03:27 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
इंदौर
मध्य प्रदेश के इंदौर में करणी सेना ने देशविरोधी नारेबाजी करने वाले एक युवक की जमकर धुनाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। मामला गांधी नगर क्षेत्र का है, जहां मेट्रो प्रोजेक्ट में कार्यरत एक कर्मचारी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल वीडियो में युवक 'पाकिस्तान जिंदाबाद' के नारे लगाते, भारत के खत्म होने और प्रधानमंत्री के खिलाफ अपशब्द कहता नजर आ रहा है। इस वीडियो के सामने आने के बाद श्री राजपूत करणी सेना ने तुरंत एक्शन लेते हुए युवक को पकड़कर थाने पहुंचाया।
करणी सेना के प्रदेश संगठन मंत्री दिग्विजय सिंह सोलंकी के नेतृत्व में कार्यकर्ता गांधी नगर पहुंचे और मौके पर मौजूद मेट्रो प्रोजेक्ट कर्मचारी मोहम्मद जावेद पिता किताब अंसारी को पकड़ लिया। सेना ने पहले उसे जमकर धुनाई की और फिर पुलिस थाने ले जाकर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
करणी सेना का कहना है कि ऐसे तत्व जो खुलेआम देश के खिलाफ नारे लगाते हैं, उन्हें बख्शा नहीं जाना चाहिए। संगठन मंत्री सोलंकी ने कहा, “देश का अपमान करने वालों को समाज में कोई स्थान नहीं मिलना चाहिए। हम किसी भी कीमत पर ऐसी हरकतों को सहन नहीं करेंगे।” करणी सेना ने प्रशासन से मांग की है कि जावेद अंसारी जैसे तत्वों को सार्वजनिक प्रोजेक्ट्स में कार्य करने की अनुमति नहीं दी जाए और ऐसे लोगों के खिलाफ राष्ट्रद्रोह जैसी कड़ी धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाए।
पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जब जावेद के घर की तलाशी ली, तो वहां से गांजे की पुड़िया भी बरामद हुई। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और वीडियो की जांच के साथ अन्य डिजिटल साक्ष्य भी एकत्रित किए जा रहे हैं।
गांधी नगर टीआई अनिल यादव के मुताबिक, मामले में आरोपी जावेद के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वीडियो में दिख रहे और वीडियो बना रहे उसके अन्य साथियों की तलाश की जा रही है। जिन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव इंदौर में मानव निर्मित एवं टेक्सटाइल एक्सपो का करेंगे उद्घाटन
16 May, 2025 03:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल: प्रदेश में मानव निर्मित रेशों, होम टेक्सटाइल और तकनीकी वस्त्रों की निर्यात संभावनाओं को तलाशने और उन्हें बढ़ावा देने के उद्देश्य से 16 मई को इंदौर में टेक्सटाइल एक्सपो का आयोजन किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शाम 5 बजे सेमिनार का उद्घाटन करेंगे। सेमिनार का आयोजन राज्य सरकार और मानव निर्मित एवं तकनीकी वस्त्र निर्यात संवर्धन परिषद (मैटेक्सिल) के संयुक्त तत्वावधान में होटल मेरियट में किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव टेक्सटाइल नीति, रणनीतियों और निर्यात को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार द्वारा किए गए प्रयासों पर विशेष संबोधन देंगे।
प्रमुख सचिव औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन श्री राघवेंद्र कुमार सिंह प्रदेश की टेक्सटाइल नीति और नई पहलों पर प्रस्तुतीकरण देंगे। साथ ही भारत टेक्स 2026 के संबंध में जानकारी दी जाएगी। विशेषज्ञ टेक्सटाइल पार्कों की संभावनाओं, निर्यात वृद्धि रणनीतियों और क्षेत्रीय निवेश अवसरों पर अपने विचार रखेंगे।
संजीव कुमार झा होंगे मध्यप्रदेश के नए मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी
16 May, 2025 10:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मध्यप्रदेश को नया मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मिलने जा रहा है। 1996 बैच के आईएएस अधिकारी संजीव कुमार झा को इस पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। झा वर्तमान में राजस्व मंडल (रेवेन्यू बोर्ड) में सदस्य के रूप में पदस्थ हैं। भारत निर्वाचन आयोग ने राज्य शासन द्वारा भेजे गए प्रस्ताव पर मुहर लगा दी है। संजीव कुमार झा की नियुक्ति के साथ ही यह तय हो गया है कि वर्तमान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुखवीर सिंह की प्रशासन में वापसी होगी। सुखवीर सिंह 1997 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और उन्होंने अगस्त 2024 में पदभार संभाला था। वे लगभग साढ़े आठ महीने तक इस पद पर रहे।
बताया जा रहा है कि सुखवीर सिंह की पदस्थापना के कुछ ही समय बाद राज्य शासन ने निर्वाचन आयोग को फेरबदल का प्रस्ताव भेजा था, जिस पर अब सहमति मिल गई है। संजीव कुमार झा को भी रेवेन्यू बोर्ड में अगस्त 2024 में ही भेजा गया था, और अब उनकी भी मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रूप में वापसी हो रही है।
अवैध कॉलोनियों पर चला प्रशासन का बुलडोजर, भोपाल में जमीन कब्जा मुक्त
16 May, 2025 09:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह के निर्देश पर तहसील हुजूर क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों और शासकीय भूमि पर अतिक्रमण के विरुद्ध जिला प्रशासन की सख्त कार्रवाई जारी है। राजस्व विभाग, पुलिस, नगर निगम और प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है। गुरुवार को की गई कार्रवाई के तहत मिलेनियम कॉलेज द्वारा शासकीय भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। इसके अलावा ग्राम छावनी पठार स्थित करीब तीन एकड़ की बेशकीमती शासकीय भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया।
इसी क्रम में ग्रीनवुड फार्म नामक अवैध कॉलोनी में चल रहे निर्माण कार्य को ध्वस्त किया गया। साथ ही बरखेड़ा नाथू क्षेत्र के मयूरी गार्डन और रॉयल रिसोर्ट में किए जा रहे अवैध निर्माणों को भी तोड़ा गया। इसके अतिरिक्त ग्राम कोड़िया में लगभग पांच एकड़ शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त किया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा और अवैध कॉलोनियों का निर्माण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे सभी मामलों में कठोर और निरंतर कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अवैध कॉलोनियों से प्लॉट या निर्माण खरीदने से पहले पूरी जांच-पड़ताल करें और अधिकृत दस्तावेजों को ही आधार बनाएं।
आज फिर बरसेंगे बादल: मध्य प्रदेश के 21 जिलों में मौसम अलर्ट, कल से बढ़ेगी गर्मी
16 May, 2025 08:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मध्य प्रदेश में हवाओं के साथ नमी का आगमन लगातार जारी है, जिसके चलते विभिन्न जिलों में बारिश का दौर बना हुआ है।शुक्रवार को इंदौर, उज्जैन समेत 21 जिलों में बारिश हो सकती है, जबकि भोपाल, ग्वालियर में गर्मी का असर रहेगा।मौसम विभाग ने 17 मई से उत्तरी हिस्से के जिलों में हीट वेव यानी, गर्म हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है।
आज इन जिलों में अलर्ट
शुक्रवार को जिन जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट है, उनमें इंदौर, उज्जैन, रतलाम, झाबुआ, अलीराजपुर, बड़वानी, धार, देवास, खरगोन, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, उमरिया, रीवा, मऊगंज शामिल हैं।
खजुराहो का 43 डिग्री पार पारा
इससे पहले गुरुवार को भी प्रदेश में तेज आंधी, बारिश और गर्मी वाला मौसम रहा। सिवनी में 9 घंटे में डेढ़ इंच से ज्यादा पानी गिर गया। वहीं पचमढ़ी में पौन इंच बारिश दर्ज की गई। उज्जैन, टीकमगढ़, धार, मंडला में भी बारिश हुई। बैतूल, झाबुआ, रतलाम, उज्जैन, बुरहानपुर, छिंदवाड़ा, हरदा, अलीराजपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, बालाघाट, रायसेन, नर्मदापुरम और इंदौर जिलों में रात के समय मौसम बदला रहा। जबकि कई शहरों में गर्मी का असर देखने को मिला। खजुराहो में 43.4 डिग्री, नौगांव में 42.7 डिग्री, शिवपुरी-रीवा में 42 डिग्री, सतना में 41.6 डिग्री, गुना में 41.3 डिग्री, सीधी में 41.2 डिग्री और उमरिया में पारा 40 डिग्री दर्ज किया गया। पचमढ़ी में सबसे कम 32.2 डिग्री सेल्सियस रहा। बड़े शहरों की बात करें तो ग्वालियर सबसे गर्म रहा। यहां पारा 43 डिग्री दर्ज किया गया। भोपाल में 37.3 डिग्री, इंदौर में 36.4 डिग्री, उज्जैन में 37 डिग्री और जबलपुर में पारा 38.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
एमएसएमई इकाइयों को सक्षम बनाने के लिए ट्रेड रिसीवेबल्स डिस्काउंटिंग विषय पर कार्यशाला हुई
15 May, 2025 11:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : एमएसएमई इकाईयों को सपोर्ट करने के लिए ट्रेड्स यानि टीआरईडीएस प्लेटफार्म पर राज्य शासन के विभागों एवं सार्वजनिक उपक्रमों को खरीददारों के रूप में आन-बोर्डिंग के लिए गुरूवार को पंचानन भवन में संबंधित अधिकारियों को प्रशिक्षित किया गया। भारत सरकार द्वारा स्थापित ट्रेंड रिसीवेबल्स डिसकाउंटिंग सिस्टम स्थापित किया गया है। यह सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों को व्यापार प्राप्तियों के लिए वित्त पोषण जैसी सुविधा देने वाला मंच है। कार्यशाला में सभी विभागों और सार्वजनिक उपक्रमों के अधिकारी उपस्थित थे।
एक दिवसीय कार्यशाला में बताया गया कि भारत सरकार की अधिसूचना के अंतर्गत पंजीकृत सभी कंपनिया, जिनका कारोबार 250 करोड़ रूपये से अधिक है और सभी केन्द्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यमों को भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा स्थापित ट्रेंड्स प्लेटफार्म पर आन-बोर्ड अथवा पंजीयन करवाने के निर्देश दिए गए है। विभागों तथा सार्वजनिक उपक्रमों को इस प्लेटफार्म से जोड़ने का उद्देश्य एमएसएमई तथा स्टार्ट-अप्स को उनके देयकों का समय पर भुगतान करना है जिससे उनकी नकद तरलता बनी रहे।
ट्रेड रिसीवेबल्स डिस्काउंटिंग सिस्टम सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों को बिल डिस्काउंटिंग के माध्यम से उनके द्वारा प्रदाय की गयी वस्तुओं और सेवाओं के लिए तत्काल भुगतान की सुविधा देता है, जो कार्यशील पूंजी के प्रवाह को सक्षम बनाता है। जब कोई विक्रेता ट्रेड रिसीवेबल्स डिस्काउंटिंग सिस्टम प्लेटफॉर्म पर इनवॉइस अपलोड करता है, तो यह स्वीकृति के लिए खरीदार के पास जाता है। जब यह इनवॉइस किसी खरीदार द्वारा स्वीकृत कर ली जाती है, तो ये इनवॉइस नीलामी में जाता है तथा वित्तीय संस्थान विभिन्न छूट की दरों को उद्धृत कर सकता है। अगले कार्य दिवस में राशि विक्रेता को प्रदाय कर दी जाएगी। इसके बाद खरीदार फाइनेंसर को भुगतान करेगा। ट्रेड रिसीवेबल्स डिस्काउंटिंग सिस्टम प्लेटफॉर्म ऑपरेटर Payment and Settlement Systems Act, 2007 के अंतर्गत रिजर्व बैंक ऑफ़ इण्डिया के द्वारा अधिकृत हैं। प्रतिभागियों को ट्रेडस से जुड़े तीन विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण दिया गया। इस अवसर पर एमएसएमई विभाग की उप सचिव सुरूही खान एवं संयुक्त संचालक पंकज दुबे भी उपस्थित थे।
प्रदेश के हर गांव में उपलब्ध कराएंगे सिंचाई की सुविधा : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
15 May, 2025 11:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि ये मध्यप्रदेश के विकास का दौर है। विकास के प्रकाश से प्रदेश का कोई कोना वंचित नहीं रहेगा। विकास के कामों में धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। प्रदेश में जल संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों के साथ-साथ सिंचाई सुविधाओं का विकास भी हमारी सरकार कर रही है। प्रदेश के हर गांव में हमारी सरकार सिंचाई की स्थाई सुविधा उपलब्ध कराएगी। नदी जोड़ो अभियान में हम इसी दिशा में बढ़ रहे हैं। दो बड़ी नदी जोड़ो परियोजनाओं पर काम प्रारंभ हो चुका है। तीसरी नदी जोड़ो परियोजना के लिए हम महाराष्ट्र सरकार के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव गुरुवार को रीवा जिले की सिरमौर विधानसभा क्षेत्र के दिव्यगवां में विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमि-पूजन तथा जल गंगा संवर्धन अभियान में जनसंवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दिव्यगवां में शासकीय बिरसा मुंडा महाविद्यालय (लागत करीब 6 करोड़ रुपये) सहित कुल 50.73 करोड़ रुपये की लागत वाले 5 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं 2 कार्यों का भूमि-पूजन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जल गंगा संवर्धन अभियान में रीवा जिले में करीब 7 करोड़ रूपए की लागत से निर्मित 501 नए खेत तालाबों का लोकार्पण भी किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यह विकास यज्ञ है, रुकेगा नहीं, थमेगा नहीं। उन्होंने क्षेत्रीय ग्रामीणों से अपील की कि वे सभी विकास के कामों में सरकार का सहयोग करें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बैकुंठपुर में नया कॉलेज भवन बनाने, चौखंडी में सांदीपनी विद्यालय बनाने, जनपद पंचायत जवां को नगर परिषद बनाए जाने, सिंचाई योजना के अंतर्गत जनपद पंचायत जवां के कुछ चयनित ग्राम समूहों को आपस में नहरों से जोड़ने और यहां स्टॉप डेम निर्माण के लिए राशि मंजूर करने की घोषणा के अलावा इसी जनपद क्षेत्र के प्रस्तावित 3 ग्राम समूहों की एक पृथक ग्राम पंचायत बनाने की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री ने उस कॉलेज का कियालोकार्पण जिसे उच्च शिक्षा मंत्री के रूप में किया था स्वीकृत
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उच्च शिक्षा को और बेहतर एवं गुणवत्तापरक बनाने के लिए हमारी सरकार पूरी ताकत से काम कर रही है। उन्होंने हर्ष जताते हुए बताया कि उच्च शिक्षा मंत्री के रूप में उन्होंने दिव्यगवां में कॉलेज मंजूर किया था और आज उसी कॉलेज का वे बतौर मुख्यमंत्री लोकार्पण कर रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इस कॉलेज में 3 हजार विद्यार्थी पढ़ रहे हैं, जिसमें 80 प्रतिशत बेटियां हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि बहनों और बेटियों के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार कोई कसर नहीं रखेगी। इनकी पढ़ाई-लिखाई के लिए जितनी जरूरत, उतने विद्यालय और महाविद्यालय खोले जाएंगे। उन्होंने कहा कि बच्चों की पढ़ाई लिखाई, कॉपी किताबें, गणवेश, साईकल, लैपटॉप, स्कूटी देने के अलावा हमारी सरकार विद्यार्थियों की बेहतर कोचिंग की व्यवस्था भी कर रही है।
501 नए खेत तालाबों से रीवा जिले का बढ़ेगा सिंचाई रकबा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए संकल्पित है। मध्यप्रदेश देश का इकलौता राज्य है, जहां तीन बड़ी नदी परियोजना पार्वती-कालीसिंध-चंबल (पीकेसी), केन-बेतवा लिंक और तापी बेसिन मेगा रीचार्ज परियोजना पर काम हो रहा है। वर्षा जल के संरक्षण के लिए प्रदेश में जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत विकास कार्य हो रहे हैं। इसी अभियान में रीवा में लोकार्पित किये गये 501 नए खेत तालाबों से जिले का सिंचाई रकबा बढ़ेगा और फसलों की पैदावार बढ़ेगी। प्रदेश सरकार विकास के सभी संकल्पों को अक्षरश: पूरा कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में दुग्ध उत्पादन 9 प्रतिशत से बढ़ाकर 20 प्रतिशत करने लिए हमारी सरकार गौपालन को बढ़ावा दे रही है। डॉ. भीमराव अम्बेडकर कामधेनु योजना हम गौ पालकों को अनुदान देंगे। पशुपालकों को प्रोत्साहन देने के लिए अब गाय का दूध सरकार खरीदेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कामधेनु योजना में किसान 25 गाय से लेकर अधिकतम 200 गाय तक पाल सकते हैं। इसके लिए पात्र हितग्राहियों को 25 प्रतिशत तक का अनुदान भी सरकार देगी।
राम वन गमन पथ और श्रीकृष्ण पाथेय विकसित कर बनायेंगे तीर्थ क्षेत्र
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सरकार ने तय किया है कि प्रदेश में जहाँ-जहाँ भगवान श्रीराम के चरण पड़े हैं, वहाँ-वहाँ सरकार श्रीराम वन गमन पथ विकसित कर इन्हें तीर्थ क्षेत्र बनाएगी। इसी प्रकार जहाँ-जहाँ भगवान श्रीकृष्ण की लीलाएं हुईं, वहाँ-वहाँ श्रीकृष्ण पाथेय बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि चित्रकूट का भी विकास किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उपस्थित जनसमूह को विकास के लिए संकल्प दिलाते हुए कहा कि देश ने बीते दिनों में भारतीय सेनाओं का जो शौर्य और पराक्रम देखा है उससे पूरे देशवासी बेहद गौरवान्वित हैं। हमें हमारी सेनाओं और जवानों पर नाज है।
विंध्य क्षेत्र के विकास के लिए कोई कसर नहीं रखेगी सरकार
उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने इस मौके पर कहा कि शासकीय बिरसा मुंडा महाविद्यालय के नए भवन सहित क्षेत्र को आज ढेरों सौगातें मिली हैं। उन्होंने कहा कि यह विकास को तरजीह देने वाली सरकार है। रीवा जिले सहित पूरे विंध्य क्षेत्र के विकास के लिए हमारी सरकार कोई कसर नहीं रखेगी।
रीवा सांसद जनार्दन मिश्र ने क्षेत्रीय बघेली बोली में संबोधित कर मुख्यमंत्री डॉ. यादव को रीवा क्षेत्र में नए राष्ट्रीय राजमार्गों का निर्माण होने के लिए आभार ज्ञापित किया। विधायक सिरमौर दिव्यराज सिंह ने क्षेत्रीय विकास से जुड़ी विभिन्न प्रकार की मांगे मुख्यमंत्री डॉ. यादव के समक्ष रखीं। कार्यक्रम में रीवा जिले के विधायक त्योंथर सिद्धार्थ तिवारी, विधायक मनगवां इंजीनियर नरेंद्र प्रजापति, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल, पूर्व विधायक श्यामलाल द्विवेदी, के.पी. त्रिपाठी, वीरेंद्र गुप्ता, डॉ. राजेंद्र मिश्रा, राजेश पांडेय सहित स्थानीय जनप्रतिनिधिगण और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।
नेशनल लोक अदालत में 14 हजार से अधिक बिजली प्रकरणों में दी गयी 4 करोड़ की छूट
15 May, 2025 10:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बताया है कि गत दिनों आयोजित नेशनल लोक अदालत में बिजली से संबंधित 14 हजार 864 प्रकरणों का आपसी समझौते से निराकरण कर 4 करोड़ रुपये से अधिक की छूट दी गयी है।
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कम्पनी क्षेत्र में 7 हजार 227 प्रकरणों का निराकरण करते हुए विद्युत उपभोक्ताओं को एक करोड़ 66 लाख 27 हजार रुपये की छूट प्रदान की गयी है। कम्पनी के खाते में 9 करोड़ 76 लाख रुपये का राजस्व भी जमा कराया गया। पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कम्पनी क्षेत्र में 5 हजार 363 प्रकरण निराकृत हुए हैं। इनमें बिजली उपभोक्ताओं को एक करोड़ 46 लाख रुपये की छूट दी गयी है। कम्पनी को लगभग 8 करोड़ का राजस्व प्राप्त हुआ है। इसी तरह पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कम्पनी के जिलों में 2 हजार 274 प्रकरणों का निराकरण कर करीब 98 लाख रुपये की छूट बिजली उपभोक्ताओं को दी गयी है। कम्पनी को लगभग 4 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है।
मंत्री तोमर ने बताया है कि कम्पनियों द्वारा वितरण केन्द्र स्तर तक लोक अदालत के लिए प्रभावी तैयारी की गई थी। लोक अदालत में विद्युत अधिनियम-2003 की धारा-135 के तहत दर्ज बिजली चोरी एवं अनियमितताओं के प्रकरणों में समझौता किया गया। प्री लिटिगेशन के माध्यम से निराकरण के लिए निम्नदाब श्रेणी के समस्त घरेलू, कृषि, 5 किलोवॉट तक के गैर घरेलू एवं 10 अश्व शक्ति भार तक के औद्योगिक उपभोक्ताओं को छूट प्रदान की गई। प्री लिटिगेशन स्तर सिविल दायित्व की राशि पर 30 प्रतिशत एवं ब्याज की राशि पर 100 प्रतिशत की छूट मिली, जबकि लिटिगेशन स्तर के प्रकरणों में आंकलित सिविल दायित्व की राशि पर 20 प्रतिशत एवं ब्याज की राशि पर 100 प्रतिशत छूट की तैयारी की गई थी।
चाय की दुकान पर लेते ही पकड़ा गया घूस, लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई
ग्रेनेड हमले और टारगेट किलिंग की साजिश फेल, दिल्ली-NCR से दो संदिग्ध पकड़े गए
डिटॉक्स वाटर पीने से पहले जान लें इसके साइड इफेक्ट
राजनीति पर पप्पू यादव का विवादित बयान, महिलाओं को लेकर कही बड़ी बात
दीपिका पादुकोण फिर बनने वाली हैं मां? मैटरनिटी लुक्स ने बढ़ाई हलचल
पहलगाम बरसी से पहले गरजी इंडियन आर्मी, पाकिस्तान को सख्त संदेश
BRTS हटने के बाद भी नहीं सुधरी इंदौर की ट्रैफिक व्यवस्था, हाई कोर्ट नाराज
