मध्य प्रदेश
सरकारी खर्च पर MBBS? MP में अब एक साल की सेवा अनिवार्य और ₹10 लाख जुर्माने का जोखिम
23 Jul, 2025 08:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल: मध्य प्रदेश में सरकारी खर्चें पर मेडिकल की पढ़ाई करने के लिए मेधावी छात्र-छात्राओं पर सरकार ने एक महत्वपूर्ण शर्त लगा दी है. सभी मेधावी छात्र-छात्राओं को सरकार की यह शर्त पूरी करनी होगी. ऐसा न करने पर छात्र-छात्राओं को पढ़ाई में लगने वाली पूरी फीस सरकार को लौटानी होगी. राज्य सरकार ने तय किया है कि अब मुख्यमंत्री मेधावी विद्यार्थी योजना (MMVY) के तहत सरकारी और प्राइवेट मेडिकल कॉलेजों में दाखिला लेने वाले छात्र-छात्राओं की पूरी फीस सरकार भरेगी, लेकिन बदले में ऐसे सभी स्टूडेंट्स को एमबीबीएस के बाद 5 सालों तक ग्रामीण क्षेत्र के अस्पतालों में नौकरी करनी होगी.
यदि शर्त न मानी तो लौटना होगा पैसा
राज्य सरकार ने इस शर्त को शैक्षणिक सत्र 2025-26 से लागू कर दिया है. दरअसल, मुख्यमंत्री मेधावी विद्यार्थी योजना में राज्य सरकार मेडिकल जैसे प्रोफेशनल कोर्स करने वाले स्टूडेंट्स की पूरी फीस सरकार भरती है. अब मेडिकल की पढ़ाई करने पर स्टूडेंट्स किसी प्राइवेट या सरकारी कॉलेज से पढ़ाई करता है तो भी उसे 5 साल ग्रामीण क्षेत्र के अस्पताल में अपनी सेवाएं देनी होंगी. ऐसा न करने पर स्टूडेंट्स को पढ़ाई पर खर्च हुई पूरी फीस की राशि राज्य सरकार को देना होगा.
कराएगी सरकार
इसके लिए अब राज्य सरकार प्राइवेट मेडिकल कॉलेज में दाखिला लेने वाले छात्रों से भी बॉड साइन कराएगी. यदि कोई स्टूडेंट्स पढ़ाई के बाद 5 साल के स्थान पर ढाई साल ही ग्रामीण क्षेत्र में सेवा देगा तो उसे आधी फीस वापस करनी होगी. हालांकि, राज्य सरकार ने यह भी तय किया है कि मेधावी विद्यार्थी योजना में उन्हीं स्टूडेंट्स को इस योजना का लाभ दिया जाएगा, जिनकी नीट यूजी में रैंक 1.5 लाख से ऊपर है. यानी यदि इससे नीचे की रैंक है तो योजना का लाभ नहीं मिल सकेगा.
गांवों में डॉक्टर्स नहीं जाना चाहते हैं
उधर, सरकारी मेडिकल कॉलेज से पढ़कर निकलने वाले डॉक्टर्स को बांड के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में पदस्थ किया जाता है, लेकिन डॉक्टर्स ग्रामीण क्षेत्रों में सेवाएं देना ही नहीं चाहते. राज्य सरकार ने एमबीबीएस करने वाले 1977 और पीजी करने वाले 876 डॉक्टर्स को प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों के सरकारी हॉस्पिटल में भेजने के आदेश जारी किए थे.
इन्हें 15 दिन में हॉस्पिटल में ज्वाइन करने के आदेश दिए गए, लेकिन 280 डॉक्टर्स ही ग्रामीण क्षेत्रों में सेवाएं देने पहुंचे. बाकी डॉक्टर्स ने ज्वाइनिंग ही नहीं दी. अब बॉंड का उल्लंघन करने वाले डॉक्टर्स पर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है. उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल के मुताबिक इनके खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं.
प्रदेश में विशेषज्ञों के आधे से ज्यादा पद खाली
दरअसल, मध्य प्रदेश के सरकारी हॉस्पिटल्स में डॉक्टर्स की भारी कमी है. प्रदेश में 5449 स्वीकृत पदों में से 3948 पद खाली हैं और सिर्फ 1495 स्पेशलिस्ट ही काम कर रहे हैं. हालांकि प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल के मुताबिक डॉक्टर्स की कमी को पूरा करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं. इसके लिए भर्ती की जा रही है.
विजय शाह के खिलाफ एक और मोर्चा – SC पहुंची नई याचिका, SIT जांच पर फिर आज़माइश
23 Jul, 2025 07:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल: एयर स्ट्राइक के बाद कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर बयान देकर विवादों में घिरे मंत्री विजय शाह की एक बार फिर मुश्किल बढ़ने वाली है. विजय शाह के खिलाफ कांग्रेस नेता जया ठाकुर ने सुप्रीम कोर्ट में एक और याचिका दायर की है. अपनी इस याचिका में जया ठाकुर ने मंत्री विजय शाह को पद से हटाने की मांग की है. जया ठाकुर के तरफ से लगाई गई अपील में कहा गया है कि मंत्री विजय शाह ने जिस तरह का बयान दिया है. वह संविधान के अनुच्छेद 164 (3) के तहत ली गई शपथ का उल्लंघन है. अपील में मंत्री के खिलाफ क्वो-वारंटो रिट जारी करने की मांग की गई है, ताकि मंत्री को पद से हटाया जा सके.
विजय शाह मामले की जांच पर उठाए सवाल
मध्य प्रदेश कांग्रेस नेत्री जया ठाकुर की तरफ से वकील वरुण ठाकुर ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की. वकील वरुण ठाकुर ने बताया कि "विजय शाह मामले में सुप्रीम कोर्ट में पिछली सुनवाई 28 मई को हुई थी. इस सुनवाई के दौरान शाह मामले की जांच के लिए गठित एसआईटी ने कोर्ट से विवादित बयान के वीडियो की जांच के लिए समय मांगा था. उन्होंने कहा कि एसआईटी का यह रवैया संदेह पैदा करता है.
वहीं इस मामले में सरकार ने अभी तक मंत्री विजय शाह से इस्तीफा नहीं लिया था. इसको लेकर मेरे पक्षकार जया ठाकुर की तरफ से कोर्ट के सामने इस मामले पर सवाल उठाया गया. सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने नई याचिका प्रस्तुत करने के लिए कहा था. इसके बाद नई याचिका प्रस्तुत की गई है.
यह है पूरा मामला
पाकिस्तान पर की गई एयर स्ट्राइक के बाद मध्य प्रदेश के जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह ने 11 मई को महू के रायकुंडा गांव में एक कार्यक्रम में विवादित बयान दिया था. मामला गर्माने के बाद मंत्री विजय शाह को बीजेपी संगठन ने कड़ी फटकार लगाई. इसके बाद मंत्री ने मांफी मांगी. उधर मंत्री के बयान को लेकर हाईकोर्ट ने स्वतः संज्ञान देते हुए विजय शाह के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए. हाईकोर्ट के आदेश के खिलाफ मंत्री विजय शाह 14 कई को सुप्रीम कोर्ट पहुंचे, लेकिन सुनवाई नहीं हो सकी.
उधर 14 मई को मंत्री के खिलाफ इंदौर के मानपुर थाने में एफआईआर दर्ज की गई. 19 मई को सुप्रीम कोर्ट ने मामले की सुनवाई करते हुए जांच के लिए एसआईटी गठित करने के आदेश दिए. एसआईटी ने जांच रिपोर्ट पेश करने के लिए जुलाई तक का समय मांगा था.
विजय शाह ने मांगी तीन बार मांफी, कुर्सी बची
विजय शाह इस मामले को लेकर 3 बार मांफी मांग चुके हैं. आखिरी मांफी उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर मांगी. इसमें उन्होंने कहा कि मेरा आशय किसी भी धर्म जाति या समुदाय को ठेस पहुंचाने या आहत करने का नहीं था. भूल वश अपने द्वारा कहे शब्दों के लिए मैं पूरी तरह भारतीय सेना, बहन कर्नल सोफिया कुरैशी से क्षमा प्रार्थी हूं.
वज़न में फुटबॉल से भी बड़ा गर्भाशय — ऑपरेशन ने बढ़ाई इस महिला की उम्मीद
23 Jul, 2025 06:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
विदिशा : विदिशा मेडिकल कॉलेज ने फिर इतिहास रचते हुए चिकित्सा क्षेत्र में अलग पहचान बनाई. महिला के 3.7 किलो वजनी गर्भाशय की सफल सर्जरी कर डॉक्टर्स ने नई ज़िंदगी दी. ये गर्भाशय सामान्य से 60 गुना भारी था. हाई-रिस्क हिस्टेरेक्टॉमी ऑपरेशन कर डॉक्टर्स ने अपनी क्षमता को फिर साबित किया.
डॉक्टर्स की समर्पित टीम से जटिल ऑपरेशन
मेडॉकल कॉलेज प्रबंधन के अनुसार 38 वर्षीय महिला के गर्भाशय की टोटल एब्डोमिनल हिस्टेरेक्टॉमी (Total Abdominal Hysterectomy) सर्जरी की गई. इस जटिल ऑपरेशन को कुशलतापूर्वक अंजाम देने वाली विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम की सफलता से कॉलेज प्रबंधन खुश है. प्रबंधन का कहना है कि विदिशा जैसे ज़िले में भी जटिल से जटिल चिकित्सा प्रक्रिया संभव हैं, बशर्ते समर्पित टीम हो और नेतृत्व सक्षम हो.
गंभीर बीमारी से जूझ रही थी महिला
विदिशा मेडकल कॉलेज के डीन डॉ. मनीष निगम ने बताया "ये महिला पिछले काफी समय से तेज पेट दर्द, भारीपन, और बार-बार यूरिन आने जैसी समस्याओं से जूझ रही थी. जांच के बाद पता चला कि उसके गर्भाशय में कई बड़े फाइब्रॉइड्स (गांठें) विकसित हो चुके थे, जिससे गर्भाशय का आकार अत्यधिक बढ़ चुका था. ऐसे मामलों में जब दवाएं और अन्य इलाज विकल्प काम नहीं करते तो हिस्टेरेक्टॉमी ही एकमात्र और स्थायी समाधान है. महिला की स्थिति को ध्यान में रखते हुए टोटल एब्डोमिनल हिस्टेरेक्टॉमी का निर्णय लिया गया, जिसमें गर्भाशय को पूरी तरह शरीर से हटा दिया जाता है."
टीम वर्क ने रचा सफलता का इतिहास
इस जटिल सर्जरी को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में स्त्री रोग विभाग और निश्चेतना विभाग की टीमों की प्रमुख भूमिका रही. स्त्री रोग विभाग से डॉ. आरती शर्मा (एसोसिएट प्रोफेसर), डॉ. प्राची कुशवाह, डॉ. सुरभि, डॉ. आरती डबास, डॉ चंद्रकांत (एसोसिएट प्रोफेसर), डॉ.आकाश वर्मा, डॉ. शाम्भवी ने टीम भावना के साथ कार्य करते हुए मरीज की सर्जरी को सुरक्षित और सफल बनाया. अस्पताल प्रबंधन का दावा है कि अब ऐसे जटिल मामलों को संभालने में भी उनकी टीम सक्षम है. महिला की स्थिति अब स्थिर है और वह तेजी से स्वस्थ हो रही है.
डॉ. अभिषेक बने भोपाल मंडल के नए वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त
23 Jul, 2025 04:57 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। रेलवे सुरक्षा बल, भोपाल मंडल के नवनियुक्त वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त डॉ. अभिषेक ने औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण कर लिया है। वे IRPFS के UPSC-2014 बैच के अधिकारी हैं एवं इससे पूर्व दक्षिण रेलवे के तिरुचिरापल्ली मंडल में इसी पद पर कार्यरत थे।
पदभार ग्रहण के उपरांत उन्होंने मंडल रेल प्रबंधक श्री देवाशीष त्रिपाठी से शिष्टाचार भेंट की तथा आरपीएफ अधिकारियों के साथ बैठक कर यात्री सुरक्षा, ACP रोकथाम, अनधिकृत वेंडिंग एवं रेल अपराधों की निगरानी को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
भोपाल मंडल में उनके नेतृत्व से रेल सुरक्षा व्यवस्था को नई गति और सुदृढ़ता मिलने की आशा है।
90% नंबर से लेकर पटवारी-आर्मी सेलेक्शन तक, किताबों ने बदल डाली किस्मत
23 Jul, 2025 04:22 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
ग्वालियर: शहर में हाल ही में एक ऐसी पहल सामने आई है, जिसने सैकड़ों छात्रों की ज़िंदगी में नई दिशा दी है। यह कहानी उन किताबों से शुरू होती है जिन्हें अक्सर हम पुराना समझकर रद्दी में बेच देते हैं। मगर किसी ने इन्हीं किताबों में संभावनाएं देखीं और यहीं से एक बदलाव की शुरुआत हुई।
जरुरतमंद छात्रों को मिल रहा सहारा
कई युवाओं के मन में यह सवाल उठता है कि जिन छात्रों को पढ़ने की ललक है, लेकिन साधन नहीं, उनके लिए क्या किया जा सकता है? इसी सोच के साथ कुछ युवाओं ने मिलकर एक ऐसा कदम उठाया जो अब जरूरतमंद छात्रों के लिए एक मजबूत सहारा बन चुका है। उन्होंने ठाना कि हर छात्र को पढ़ाई का हक है, चाहे उसकी आर्थिक स्थिति कुछ भी हो।
पहले दोस्तों और रिश्तेदारों से मांगी किताबें
अंकित शर्मा ने इस सपने को साकार करने के लिए अपने दोस्तों और रिश्तेदारों के घर-घर जाकर पुरानी किताबें मांगनी शुरू कीं। शुरुआत में लोग हिचकिचाए, लेकिन जब उन्हें अंकित की सोच और मकसद का पता चला तो दिल खोलकर सहयोग किया। धीरे-धीरे उन्होंने करीब 3,000 किताबें इकट्ठा कर लीं। वर्ष 2019 में शहर के शासकीय टकसाल स्कूल में पहली निःशुल्क लाइब्रेरी की नींव रखी गई, जहां स्कूल की किताबों के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की किताबें भी उपलब्ध थीं। इससे अनेक छात्र यहां पढ़ने आने लगे।
सोशल मीडिया पर कैंपन चलाकर की अपील
इस पुस्तकालय का नाम ‘स्वामी विवेकानंद पुस्तकालय’ रखा गया, जिससे प्रेरणा अंकित को स्वयं विवेकानंद की किताबों से मिली। अंकित कहते हैं कि वे चाहते थे कि सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले बच्चों को एक सकारात्मक माहौल मिले, जहां उन्हें पढ़ने की जगह, जरूरी किताबें और संसाधन मिलें। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से एक कैंपेन चलाकर लोगों से अपील की कि किताबों को रद्दी में बेचने की बजाय लाइब्रेरी को दान दें।
कौन कौन सी किताबें मिल रहीं
स्वामी विवेकानंद पुस्तकालय में स्कूली पाठ्यक्रम, नीट, इंजीनियरिंग, UPSC, पटवारी सहित कई प्रतियोगी परीक्षाओं की किताबें उपलब्ध हैं। इसके अलावा साहित्य, धार्मिक ग्रंथ, गीता प्रेस की किताबें, नोट्स और कई भाषाओं की पुस्तकें भी यहां रखी गई हैं। छात्रों की सुविधा के लिए लाइब्रेरी में इंटरनेट वाई-फाई और एसी जैसी आधुनिक सुविधाएं भी मौजूद हैं।
तीसरी लाइब्रेरी खोलने की तैयारी
इस प्रयास की सफलता के बाद अंकित शर्मा ने 2023 में ग्वालियर के गोलपहाड़िया क्षेत्र में ‘डॉ. भीमराव अंबेडकर पुस्तकालय’ की शुरुआत की। अब वे तीसरी लाइब्रेरी खोलने की तैयारी कर रहे हैं और उनका सपना है कि ऐसी लाइब्रेरियां पूरे मध्य प्रदेश में शुरू की जाएं। अंकित की इस पहल से कई छात्रों को सफलता मिली है। यहां पढ़ने वाली नेहा बघेल ने हाल ही में 12वीं की परीक्षा में 90 प्रतिशत अंक प्राप्त किए, वहीं एक अन्य छात्र जितेंद्र बघेल आर्मी के रूप में चयनित हुआ। इसके अलावा दो और छात्रों का चयन पटवारी परीक्षा में हुआ है। ये सफलताएं दर्शाती हैं कि यह पुस्तकालय न सिर्फ किताबें देता है, बल्कि छात्रों के सपनों को पंख भी देता है।
कृषि मंत्री के इलाके में किसानों की ये हालत! बूढ़ा किसान अकेले जोत रहा जमीन
23 Jul, 2025 04:10 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सीहोर: महाराष्ट्र के बाद एमपी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह वीडियो कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के क्षेत्र का है। यहां एक बुजुर्ग किसान खुद से खेत जोत रहा है। किसान यहां का पूर्व सरपंच भी रहा है। सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद कई सवाल उठ रहे हैं। किसान के पास कोई ट्रैक्टर और बैल नहीं है।
अमरोद गांव का है मामला
जानकारी के अनुसार केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के गृह जिले सीहोर के अंतर्गत आने वाले ग्राम तज अमरोद में 90 वर्षीय किसान मदर इंडिया की याद दिला रहा है। किसान के पास खेती करने के लिए न ट्रैक्टर और न बैल है। जिसके चलते मजबूर किसान ने खुद खेत में जुताई कर दी।
तीन एकड़ है किसान के पास जमीन
बताया गया है कि किसान अमर सिंह के पास तीन एकड़ जमीन है लेकिन उसके पास ट्रैक्टर और बैल नहीं है। संसाधनों के अभाव में किस ने देसी तकनीक अपनाते हुए साइकिल के पहिए से हल तैयार किया है और खेत में खुद ही जुताई करते हैं, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सीहोर: चकाचक कुर्ता पहनकर बुजुर्ग किसान बैल की जगह खुद से जोत रहा खेत!
कांग्रेस ने साधा निसाना
वहीं, मामले को लेकर कांग्रेस ने भी हमला बोला है वीडियो पोस्ट करते हुए कांग्रेस ने कहा कि किसान समृद्धि की झूठे नारों की कड़वी सच्चाई देखिए। केंद्रीय कृषि मंत्री के गृह क्षेत्र में खुद किसान जुताई कर रहा है।
किसान रहे हैं सरपंच
स्थानीय लोगों के मुताबिक किसान अमर सिंह 1989 से 1994 तक सरपंच रहे हैं। वहीं, वीडियो आने के बाद प्रशासन के अधिकारियों ने कुछ कहा नहीं है। वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि अभी नवभारत टाइम्स.कॉम नहीं करता है।
24 जुलाई को अचारपुरा में होंगे विकास कार्यों की शुरुआत, CM करेंगे भूमि-पूजन
23 Jul, 2025 03:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि राज्य सरकार प्रदेश के युवाओं के रोजगार के लिए संकल्पित है. इस दिशा में राज्य सरकार द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं. गुरुवार यानी 24 जुलाई को भोपाल जिले के औद्योगिक क्षेत्र अचारपुरा में पांच औद्योगिक इकाइयों का भूमि-पूजन किया जाएगा. मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उन्होंने हाल ही में स्पेन और दुबई की यात्रा में अनेक निवेशकों को मध्यप्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित किया है.
सीएम यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में 2025 उद्योग और रोजगार वर्ष है. गांव से लेकर शहरों तक समृद्धि लाना, स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाना और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए निर्णायक भूमिका निभा कर मध्यप्रदेश ने नए औद्योगिक युग की शुरुआत की है.
पांच इकाइयों का होगा भूमि-पूजन
आपको बता दें कि प्रदेश में रोजगार बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. यादव 24 जुलाई को अचारपुरा औद्योगिक क्षेत्र में 12.88 हेक्टेयर में 400 करोड़ से अधिक निवेश और करीब 1500 व्यक्तियों को रोजगार देने वाली 5 इकाइयों का भूमि-पूजन करेंगे. इनमें गारमेंट सेक्टर में गोकुलदास एक्सपोर्टस, टेक्सटाइल सेक्टर में इंडो एकॉर्ड अप्पेरल्स, हाई टेक इलेक्ट्रानिक में एसेडस प्राइवेट लिमिटेड, फार्मा सेक्टर में सिनाई हेल्थ केयर और कृषि उपकरण में समर्थ एग्रीटेक इकाइयां शामिल हैं.
हॉस्टल की थाली में जहर समान खाना, ग्वालियर की बच्चियां पहुंचीं शिकायत लेकर कलेक्ट्रेट
23 Jul, 2025 02:47 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
ग्वालियर: मध्य प्रदेश सरकार आदिवासी छात्रों के लिए कई योजनाएं और सुविधाएं चला रही है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे कोसों दूर है। इसका ताजा उदाहरण ग्वालियर में सामने आया, जहां शारदा विहार स्थित पीएमए आदिवासी छात्रावास में रहने वाली 20 से अधिक छात्रा अपने ही हॉस्टल की दयनीय स्थिति का खुलासा करने कलेक्ट्रेट आईं। छात्राओं ने न केवल खराब भोजन और गंदगी की शिकायत की, बल्कि अधीक्षिका पर जातिगत भेदभाव और धमकी देने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए।
गुणवत्ताहीन भोजन परोसा जा रहा
छात्राओं का कहना है कि उन्हें गुणवत्ताहीन भोजन परोसा जाता है, जिसमें कई बार कीड़े तक पाए जाते हैं। साफ-सफाई की स्थिति भी बेहद खराब है। टीकमगढ़ से आई एक छात्रा ने बताया कि साल भर से वे खराब भोजन और अस्वच्छ वातावरण में रहने को मजबूर हैं। छात्राओं ने अधीक्षिका राखी शर्मा पर आरोप लगाया कि वे बार-बार शिकायत करने के बावजूद उन्हें डांटकर भगा देती हैं। कहती हैं कि तुम्हारे घर में भी ऐसा खाना नहीं मिलता होगा। विरोध करने पर वे कहती हैं कि उनकी पहुंच ऊपर तक है, कोई उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकता।
नाइट वॉचमैन है एचआईवी ग्रस्त
एक और गंभीर आरोप हॉस्टल में तैनात महिला नाइट वॉचमैन को लेकर लगाया गया। छात्राओं का कहना है कि उस महिला का पति एचआईवी ग्रसित है और बेटे की भी इसी कारण मृत्यु हो चुकी है। छात्राओं को आशंका है कि कहीं वह महिला स्वयं भी एचआईवी पॉजिटिव न हो। उन्होंने मेडिकल जांच की मांग की है ताकि डर और भ्रम दूर हो सके।
पांच बार दे चुकी है आवेदन
छात्राओं ने बताया कि वे यह शिकायत पहली बार नहीं कर रही हैं। इससे पहले भी पांच बार आवेदन दे चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस बार जब मीडिया ने जनजाति कल्याण विभाग के प्रभारी सहायक आयुक्त राजेश वर्मा से सवाल किया तो वे कैमरे से बचते नजर आए।
वार्डन के व्यवहार से खुश नहीं
छात्राओं की बातों में उनकी पीड़ा साफ झलकती है। ममता और चांदनी नामक छात्राओं ने मीडिया के सामने वार्डन के व्यवहार और खराब व्यवस्थाओं को लेकर खुलकर बात की। हालांकि प्रशासन ने जांच का आश्वासन दिया है, लेकिन यह देखना बाकी है कि इस बार छात्राओं की आवाज सुनी जाएगी या फिर एक और आवेदन सरकारी फाइलों में गुम हो जाएगा।
बीना रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई, ट्रेन में सफर कर रहा था हथियार तस्कर
23 Jul, 2025 02:16 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सागर जिले के बीना जंक्शन पर जीआरपी पुलिस ने सोमवार को श्री गंगानगर एक्सप्रेस ट्रेन से उतरे एक रेल यात्री के पास से भारी मात्रा में धारदार हथियार बरामद किए हैं। पुलिस ने उसके बैग की तलाशी ली तो उसमें 25 तलवारें, 5 फरसे और 8 हैंड पंच (पच) पाए गए। आरोपी के पास इन हथियारों के संबंध में कोई वैध दस्तावेज या लाइसेंस नहीं था।
जीआरपी थाना बीना के प्रधान आरक्षक महेंद्र सिंह (क्रमांक 652) और आरक्षक अविनाश प्रजापति (क्रमांक 357) प्लेटफॉर्म ड्यूटी पर तैनात थे। इस दौरान उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति भारी मात्रा में हथियार लेकर ट्रेन से यात्रा कर रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने स्टेशन पर एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका, जो एक बड़ा बैग लेकर प्लेटफॉर्म पर जा रहा था।
पूछताछ में उसकी पहचान इंद्रपाल सिंह पिता जय मल सिंह (40 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर 17, गुरु गोविंद सिंह वार्ड, सागर (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई। वह अमृतसर से सागर की ओर श्री गंगानगर एक्सप्रेस से यात्रा कर रहा था। बैग की तलाशी लेने पर हथियारों का जखीरा मिला, जिसके संबंध में आरोपी कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने आरोपी को तत्काल हिरासत में लेकर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया और उसे न्यायालय में पेश कर वैधानिक कार्रवाई की।
हथियार कहां से आए, क्यों ला रहा था - जांच जारी
थाना प्रभारी, जीआरपी बीना ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि हथियार कहां से लाए गए थे, इन्हें कहां ले जाया जा रहा था और इनका उद्देश्य क्या था। पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि इस व्यक्ति का किसी संगठित गिरोह या अवैध गतिविधियों से कोई संबंध तो नहीं है।
इस घटना ने रेल सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर खामियों को उजागर कर दिया है। सवाल यह उठ रहा है कि जब आरोपी इतनी बड़ी संख्या में धारदार हथियार लेकर अमृतसर से बीना तक की यात्रा कर सका, तो न ट्रेन में कोई जांच हुई और न ही स्टेशन पर उसे रोका गया। यह घटना रेलवे में चेकिंग और निगरानी के दावों की पोल खोलती है।
तेज रफ्तार का कहर: ग्वालियर में श्रद्धालुओं पर चढ़ी कार, 4 की जान गई
23 Jul, 2025 02:03 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
ग्वालियर : ग्वालियर में सावन के पवित्र महीने में कांवड़ यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं के साथ बड़ा हादसा हो गया. देर रात करीब 1 बजे तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे जा रहे कांवड़ियों को टक्कर मार दी. इस हादसे में चार कांवड़ियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया है. हादसा कंपू थाना क्षेत्र के शीतला माता रोड तिराहे के पास हुआ. ये इलाका ग्वालियर-शिवपुरी लिंक रोड (आगरा-मुंबई नेशनल हाइवे) से सटा हुआ है.
कांवरिये भदावना से कांवर भरकर वापस अपने गांव की ओर लौट रहे थे. तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें रौंद दिया. घटना से गुस्साए लोगों ने कार में तोड़फोड़ कर दी. लोगों का गुस्सा देख आरोपी कार चालक मौके से भाग निकला. वहीं पुलिस ने कार को अपने कब्जे में ले लिया है और कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज करके उसकी तलाश शुरू कर दी है.
दरअसल, ग्वालियर में घाटीगांव थाना क्षेत्र के सीडना गांव के रहने वाले पूरन उर्फ बकीला बंजारा, दिनेश बंजारा, रमेश बंजारा, छोटू बंजारा, प्रहलाद बंजारा, बाबा गोसाई और अन्य 7 लोग मंगलवार की सुबह गांव से कावंर भरने भदावन के लिए निकले थे. सभी 12 लोग एक ही परिवार के सदस्य थे. जबकि कांवड़ियों के समूह में एक अन्य ग्रामीण भी शामिल था.
पलट गई कार, चालक फरार
कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि टक्कर मारने के बाद वह खुद भी सड़क किनारे पलट गई. टक्कर इतनी तेज थी कि घटनास्थल पर ही तीन कांवरिया पूरन उर्फ बकीला, रमेश और दिनेश की दर्दनाक मौत हो गई. जबकि छोटू बंजारा, प्रहलाद और बाबा गोसाई गंभीर रूप से घायल हो गए. इसके अलावा समूह में चल रहे अन्य सात लोगों को मामूली चोट आई.
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और गंभीर रूप से घायल तीनों लोगों को इलाज के लिए जयारोग्य अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर भर्ती कराया गया. जहां इलाज के दौरान घायल छोटू ने दम तोड़ दिया. इससे पहले हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने कार को घेर लिया और उसमें तोड़फोड़ कर दी. लोगों का गुस्सा बढ़ता देख कार चालक मौके से भाग निकला. कार मालिक का नाम राहुल बाथम निवासी पारदी मोहल्ला की बताया जा रहा है. फिलहाल पुलिस ने कार को जप्त कर लिया है और कार चालक की तलाश शुरू कर दी है.
सीएसपी ग्वालियर हिना खान ने बताया, ‘दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. घायलों को अस्पताल पहुंचाया. फिलहाल आरोपी ड्राइवर की तलाश की जा रही है.’ मृतक के परिजन विनोद कुमार ने बताया कि हमारे बच्चे कांवड़ भरने गए थे, लेकिन क्या पता था कि ऐसा हादसा हो जाएगा. उन्होंने सरकार से मांग की कि दोषी को जल्द पकड़कर कड़ी सजा दी जाए और पीड़ित परिवारों की आर्थिक मदद की जाए.
विदिशा में प्यार बना जुनून: प्रेमी ने महिला और उसकी मासूम बच्ची की कर दी हत्या
23 Jul, 2025 11:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
विदिशा: प्यार जब पागलपन बन जाए, तो उसका अंजाम कितना भयानक हो सकता है, इसका उदाहरण सोमवार रात विदिशा जिले के गंजबासौदा में देखने को मिला. वार्ड क्रमांक 8 के एक किराए के मकान में एक व्यक्ति ने अपनी प्रेमिका और उसकी ढाई साल की मासूम बच्ची की बेरहमी से हत्या कर दी. यह हादसा सिर्फ एक झगड़े की परिणति नहीं था, यह प्रेम के नाम पर किया गया वह अपराध था, जिसने पूरे शहर को सन्न कर दिया.
रात में हुआ विवाद, सुबह मिली लाशें
मृतक महिला पिछले कुछ महीनों से अनुज उर्फ राजा विश्वकर्मा के साथ किराए के मकान में रह रही थी. बताया जा रहा है कि रात में दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखा विवाद हुआ. गुस्से में आकर अनुज ने पहले ढाई साल की बच्ची का गला दबाया, फिर महिला की भी हत्या कर दी. सुबह जब मकान मालिक को कुछ संदेह हुआ, तो उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी.
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, हिरासत में आरोपी
सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी, एसडीओपी शिखा भलावी और विदिशा से पहुंची विशेष टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की. घटनास्थल से कुछ पेपर नोट भी मिले, जिसमें आरोपी ने अपने अपराध को स्वीकारते हुए लिखा था कि वह महिला से विवाह करना चाहता था, लेकिन वह अब किसी और के संपर्क में थी.
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे ने बताया कि "सुबह पुलिस को सूचना मिली थी कि 31 वर्षीय महिला की हत्या हुई है. हत्या उसके साथ रहने वाले राजा उर्फ अनुज विश्वकर्मा ने की है. दरअसल, यह महिला अपने पति को छोड़ इस शख्स के साथ कुछ महीनों से रह रही थी. महिला के दो बच्चे थे, एक लगभग तीन साल और दूसरी 7 वर्ष की बच्ची है. जहां प्रेमी अनुज ने छोटी बच्ची की गला दबाकर हत्या कर दी. इसके बाद महिला को भी मार डाला.
मामले में पुलिस को अन्य सबूत भी मिले हैं. आरोपी ने कुछ नोट लिखकर छोड़े हैं. जिसमें उसने कहा कि वह इस महिला से शादी करना चाह रहा था, लेकिन वह किसी और के साथ जाना चाह रही थी. इसलिए उसने हत्या की. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है. जहां आरोपी ने हत्या करने की बात स्वीकार कर ली है.
ई-रिक्शा चालकों को बड़ा झटका, भोपाल के व्यस्त इलाकों में प्रतिबंध लागू
23 Jul, 2025 11:20 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
राजधानी भोपाल की स्कूलों के बाद आज से शहर के 12 व्यस्ततम और अहम वीवीआईपी जगहों पर ई-रिक्शा चलाने और पार्किंग पर प्रतिबंध है। दरअसल 27 जून को हुई जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में ई-रिक्शा चलाने पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया था।
पहले 7 दिन दी जाएगी समइाइश
इन सभी मार्गों को भोपाल ट्रैफिक पुलिस ने दो पैमानों पर तय किया है। पहला ये कि इन सभी मार्गो पर नगर सेवा बाहन पहले से संचालित है। दूसरा यह कि इन सड़कों पर ई-रिक्शा की ज्यादा संख्या होने के कारण ट्रैफिक जाम के हालात बनते हैं। दो दिन पहले ई-रिक्शा से स्कूली छात्र-छात्राओं के परिवहन पर भोपाल कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने प्रतिबंध लगाया था। ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि अगले सात दिनों तक प्रतिबंधित मार्गों पर ई-रिक्शा चलाने और पार्क करने वाले चालकों को समइाइश दी जाएगी। इसके बाद चालान होंगे।
यहां ई-रिक्शा व उसकी पार्किंग प्रतिबंधित
राजभवन से पॉलिटेक्निक चौराहा
पॉलिटेक्निक चौराहा से स्टेट हैंगर
बोट क्लब
हमीदिया रोड-अल्पना से भोपाल टॉकीज
अपेक्स बैंक से रोशनपुरा
लिंक रोड-1 बोर्ड ऑफिस चौराहा से अपेक्स बैंक तक
काटजू अस्पताल तिराहा से रंगमहल तिराहा तक
वन्दे मातरम से 10 नंबर स्टॉप तक
10 नंबर से नेशनल अस्पताल तक
10 नंबर से साढ़े 10 नंबर तक
सेंटर प्वाइंट से रोशनपुरा तक
जीजी फ्लाईओवर
"दुनिया में बिखर रही MP के फूलों की खुशबू, किसानों को मिल रही बड़ी कमाई"
23 Jul, 2025 09:25 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
इंदौर: कभी आलू, प्याज, गेहूं और सोयाबीन के लिए पहचान रखने वाला मालवा अंचल अब फूलों की खुशबू से महक रहा है. इंदौर समेत मध्य प्रदेश के कई जिलों में बड़े पैमाने पर फूलों की खेती हो रही है. यहां के किसान अब पारंपरिक खेती से व्यवसायिक खेती की तरफ अग्रसर हो गए हैं. फूलों की खेती से किसानों की अच्छी कमाई भी हो रही है. मध्य प्रदेश अब देश में फूल उत्पादन में तीसरे स्थान पर पहुंच चुका है.
इंदौर में 5000 हेक्टेयर पहुंचा फूलों का रकबा
प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के तेजाजी नगर, रालामंडल, हरसोला, कैलोद और करताल जैसे क्षेत्रों में फूलों की खेती का रकबा अब 4768 हेक्टेयर से बढ़कर लगभग 5000 हेक्टेयर तक पहुंच चुका है. यहां गेंदा, गुलाब, जरबेरा, सेवंती, ग्लैडुलस और रजनीगंधा जैसे फूलों की खेती जोरों पर है. इन फूलों की मांग देश के बड़े शहरों के अलावा विदेशों में भी लगातार बढ़ रही है. इस वजह से यहां का किसान इन फूलों की खेती की तरफ तेजी से बढ़ रहा है और लाभ कमा रहा है.
गुलाब के कट फ्लावर की विदेशों तक पहुंच
इंदौर के गुलाब, गेंदा, मोगरा, कांगड़ा और जूही के फूल अहमदाबाद, सूरत, कानपुर, लखनऊ, जयपुर और कोटा जैसे शहरों में बड़े पैमाने पर भेजे जा रहे हैं. इसके अलावा गुना में पैदा होने वाला गुलाब को जयपुर, दिल्ली, मुंबई के अलावा पेरिस और लंदन में भी एक्सपोर्ट किया जा रहा है. इससे क्षेत्र के किसानों को सीधा फायदा मिल रहा है और फूलों की खेती को एक नया बाजार मिल गया है.
चार सालों में दोगुना हुआ फूलों का उत्पादन
2021-22 में फूलों का उत्पादन जहां 37,648 टन था. वहीं 2024-25 में यह बढ़कर 5 लाख 12,914 टन तक पहुंच गया है, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है. इससे फूल के उत्पादन में भी वृद्धि हुई है. इस साल 86,294 टन फूलों का उत्पादन हुआ. प्रदेश में फूलों की प्रति हेक्टेयर उत्पादकता 15.01 मैट्रिक टन है जो काफी बेहतर मानी जाती है. जलवायु और मिट्टी की अनुकूलता, साथ ही सिंचाई सुविधाओं में सुधार ने किसानों को पारंपरिक फसलों की बजाय फूलों की खेती की ओर प्रेरित किया है. सीमांत और छोटे किसान अपनी पारंपरिक खेती के स्थान पर उद्यानिकी फसलों का उत्पादन कर रहे हैं और दुगना मुनाफा कमा रहे हैं.
मध्य प्रदेश उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक इंदौर में फूलों की खेती का रकबा इस प्रकार है-
फूल रकबा
गेंदा 24,214 हेक्टेयर
गुलाब 4,502 हेक्टेयर
सेवंती 17,009 हेक्टेयर
ग्लैड्यूलस 1,058 हेक्टेयर
रजनीगंधा 263 हेक्टेयर
अन्य फूल 11,227 हेक्टेयर
ग्वालियर में तैयार होगी हाईटेक फ्लोरीकल्चर नर्सरी
प्रदेश में फूल उत्पादन को और अधिक वैज्ञानिक तरीके से बढ़ावा देने के लिए ग्वालियर में 13 करोड़ रुपए की लागत से एक हाईटेक फ्लोरीकल्चर नर्सरी विकसित की जा रही है. यहां फूलों की उन्नत किस्में तैयार की जाएंगी, किसानों को प्रशिक्षण दिया जाएगा और उत्पादन में नवीन तकनीकों पर शोध होगा. सरकार का लक्ष्य कुल उद्यान फसलों में 33 फीसदी से अधिक फूलों की खेती को स्थान दिलाना है.
रसगुल्ले लेकर पहुंचा तांत्रिक, महिला का रेप कर लूटी जूलरी; फिर मारी गोली
22 Jul, 2025 06:48 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कटनीः घर की परेशानियों और झाड़-फूंक के चक्कर में पड़ी एक महिला को अपनी जान देकर कीमत चुकानी पड़ी। तंत्र-मंत्र का जाल फैलाने वाले तांत्रिक का दिल महिला पर आ गया। घर में अकेली पाकर महिला से दुष्कर्म किया और बाद में गोली मारकर हत्या कर दी। इतना ही नहीं तांत्रिक घर में रखे सोने-चांदी के गहने लूटकर गायब हो गया। कटनी के दशरमन में हुई इस वारदात का पुलिस ने खुलासा कर आरोपी को पकड़ा है।
पुलिस से मिली जानकारी अनुसार कटनी जिले के दशरमन गांव निवासी महिला (52) का पति जबलपुर की आर्डिनेंस फैक्टरी में कार्यरत हैं। गांव में महिला अकेली रहती थी। पारिवारिक समस्याओं और बीमारियों से तंग आकर महिला ने झांड-फूंक का सहारा लिया। जानकारी लेने के बाद उसे सिहौरा के खितौला गांव के एक तांत्रिक शैलेंद्र कुमार पाण्डेय की जानकारी मिली थी।
रेप कर कनपटी में मारी गोली
तांत्रिक के संपर्क में आने के बाद उसने झाड़-फूंक कराई थी। बीते शुक्रवार को तांत्रिक उसके घर आया था। तांत्रिक की नियत महिला पर खराब हो गई थी। उसने महिला से शारीरिक संबंध बनाने का प्रयास किया। महिला ने विरोध किया तो उसने जबरन दुष्कर्म किया। जब महिला ने उसे कानूनी का डर दिखाया तो तांत्रिक शैलेंद्र पाण्डेय ने देसी तमंचे से महिला को गोली मार दी। महिला को तड़पता छोड़ उसने पूरे घर की तलाशी ली और सोने चांदी के जेवर, नकदी, सोना सहित करीब 12 लाख रुपये की लूट कर फरार हो गया था।
तांत्रिक का महिला के घर आना-जाना था
पुलिस सूत्रों के अनुसार तांत्रिक शैलेंद्र पाण्डेय का मृतक महिला के घर आना-जाना था। वह कई दफा पहले भी उसके घर जा चुका था। पूर्व में पूजा-पाठ और झाड़-फूंक कर चुका था। शुक्रवार को भी वह इसी सिलसिले में महिला के घर पहुंचा था। वह रसगुल्ले लेकर पहुंचा था। इस दौरान तांत्रिक ने महिला से शारीरिक संबंध बनाने का प्रयास किया। महिला ने इसका विरोध किया तो उसने जबरदस्ती महिला से दुष्कर्म किया। महिला उसकी करतूत को अपने पति और पुलिस के सामने न बता दे इसलिए देशी तमंचे से गोली मार दी।
खमरिया फैक्टरी में कार्यरत है महिला का पति
तांत्रिक की हवस और फिर दरिंदगी का शिकार बनी महिला का पति जबलपुर की आर्डिनेंस फैक्टरी में कार्यरत है। वह अपडाउन करता है। इसी बात का तांत्रिक शैलेंद्र पांडे ने फायदा उठाया। वह महिला के घर में झाड़ फूंक कर उसकी परेशानियों को दूर करने का प्रलोभन देकर उसके घर आने-जाने लगा था। महिला तांत्रिक पर भरोसा करने लगी थी। उसे नहीं मालूम था कि तांत्रिक शैलेंद्र उस पर गलत नजर रखता है।
बता दें कि महिला की उम्र 52 साल थी, जबकि तांत्रिक उससे करीब आधी उम्र का 27 साल का है। पुलिस उससे अन्य वारदात में शामिल होने को लेकर कई एंगल से पूछताछ कर रही है। अंदेशा जताया जा रहा है कि वह पहले भी इस तरह की वारदात तो नहीं कर चुका है।
एमपी में गजब का हुआ कमाल! विदिशा में पुलिस ने 8 से 10 साल पहले मरे लोगों पर केस दर्ज किया
आरोपी ने गुनाह कबूला
पुलिस की साइबर सेल ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने देसी कट्टे से हत्या करने और अलमारी से जेवरात लूटने की बात कही। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने लूट के गहने बरामद किए हैं। इसमें सोने की चेन, चार कंगन, एक हार, मंगलसूत्र, अंगूठी और सोने का बिस्किट बरामद हुआ है।
दमोह: लापता बेटे की घर वापसी, लेकिन घायल हालत में; पुलिस के लिए रहस्य
22 Jul, 2025 06:11 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
दमोह। दमोह जिले की दमयंती नगर में रहने वाले नायब तहसीलदार धनीराम का तीन दिन से लापता बेटा रोहित सोमवार रात अपने घर पहुंचा। उसके गले में गंभीर घाव के निशान थे, जिससे उसे इलाज के लिए तुरंत जिला अस्पताल लाया गया। जहां, प्राथमिक उपचार के बाद उसे जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। परिजनों ने घायल रोहित के दोस्त मोनू ठाकुर पर आरोप लगाए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है
घायल रोहित के पिता धनीराम गौड़ ने बताया कि वह अनूपपुर जिले के कोतमा में नायब तहसीलदार के पद पर पदस्थ हैं। उनकी पत्नी ने फोन पर बताया कि 19 जुलाई की रात करीब 8 बजे रोहित कार लेकर घर से घूमने निकला था। रात 12 बजे तक वह घर नहीं लौटा। फोन करने पर उसने बताया कि वह जबलपुर नाके पर है। रात 1 बजे तक उससे बात होती रही, लेकिन 2 बजे उसका फोन बंद हो गया और फिर कोई संपर्क नहीं हो पाया। 20 जुलाई की रात करीब ढाई बजे फिर बेटे से बात हुई। उसने बताया कि वह उज्जैन में है, लेकिन लोकेशन मांगे जाने पर वह राहतगढ़ के पास था। पूछने पर उसने बताया कि वह मोनू के साथ आया है और अब वापस लौट रहा है, लेकिन उस दिन वह घर नहीं पहुंचा।
पुलिस के अनुसार, सोमवार रात जब रोहित घर लौटा तो उसके गले पर चोट के गंभीर निशान थे। इसके बाद परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। पिता ने बताया कि बेटे की गुमशुदगी की रिपोर्ट पहले ही चौकी में दर्ज करवा दी गई थी। उसे चोट कैसे लगी, इस बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं है। रोहित ने बस इतना बताया कि वह राहतगढ़ के पास खड़ा था तभी दो-तीन लोग आए और उन्होंने उस पर हमला कर दिया, जिससे उसे गंभीर चोट लगी।
कोतवाली टीआई मनीष कुमार ने बताया कि घायल युवक ने कुछ अज्ञात लोगों द्वारा हमला किए जाने की बात कही है। फिलहाल, उसे इलाज के लिए जबलपुर रेफर किया गया है और मामले की जांच जारी है। वहीं, घायल की मां ने रोहित के दोस्त मोनू ठाकुर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि मोनू आपराधिक प्रवृत्ति का युवक है, वह पहले भी किसी मामले में फरार चल रहा था। उन्हें संदेह है कि बेटे के साथ यह घटना उसी ने करवाई है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि हमला किसने किया। टीआई का कहना है कि मोनू ठाकुर से पूछताछ की जाएगी, तभी आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
बंगाल में तेज रफ्तार, तमिलनाडु में भी बढ़ा मतदान प्रतिशत
दतिया अस्पताल में हंगामा, नकाबपोश बदमाशों ने अटेंडर को पीटा
विश्व पुस्तक दिवस पर सीएम मोहन यादव का संदेश—किताबों से बढ़ेगा ज्ञान और संस्कार
फर्ज सर्वोपरि: वोट देने के लिए विदेश से स्वदेश लौटे सुपरस्टार अजित कुमार।
ऊर्जा क्षेत्र में बड़ा कदम, हैदराबाद से नागपुर तक पाइपलाइन का ऐलान
संकटमोचक बने जडेजा: 77/5 के स्कोर से उबारकर राजस्थान को दिलाई रोमांचक जीत
TMC की पूर्व सांसद नुसरत जहां से ED की पूछताछ, हाउसिंग फ्रॉड केस में घिरीं
