मध्य प्रदेश
बारिश के बीच नदी में उतरा युवक गायब, 12 घंटे से SDRF का सर्च ऑपरेशन जारी
26 Jul, 2025 07:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
शिवपुरीः जिले में पिछले दो दिनों से झमाझम बारिश का दौर जारी है। इस दौरान लोगों की लापरवाही के चलते कई हादसे सामने आ रहे हैं। ऐसा ही एक हादसा जिले के रन्नौद कस्बे से सामने आया। गांव से निकलने वाली बसेड़ी नदी में नहाने गया 25 वर्षीय युवक सोनू जाटव लापता हो गया। देर रात तक जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने रन्नौद थाना पहुंचकर गुमशुदगी की सूचना दी। युवक के गायब होने की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर पहुंचने के साथ ही मामले की जानकारी एसडीईआरएफ को दी गई। शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे एसडीईआरएफ की रेस्क्यू टीम नदी पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू की गई।
अभियान चला लेकिन नहीं मिला
टीम ने नदी के अलग-अलग हिस्सों में सर्चिंग अभियान चलाया। लेकिन अंधेरा होने तक युवक का कोई सुराग नहीं लग सका। अंधेरा होने के कारण शुक्रवार शाम को सर्चिंग अभियान स्थगित कर दिया गया है। पुलिस और रेस्क्यू टीम अब शनिवार को सुबह से ही सर्च ऑपरेशन चला रही है। खबर लिखे जाने तक कोई सुराग नहीं मिला है।
अटल सागर मड़ीखेड़ा डैम के छह गेट खोले गए
शिवपुरी शहर सहित अंचलभर में बारिश का सिलसिला जारी है। दो दिन से लगातार रुक-रुककर बारिश हो रही है। बीती रात को शिवपुरी में बहुत तेज बारिश हुई। तेज हवा के साथ झमाझम बारिश हुई। इस बारिश से शहर व जिले की नदी-नाले से लेकर रपटे उफान पर हैं। वहीं जिले की बारिश का आंकड़ा भी 795.31 मिमी पर पहुंच गया है। जिले में सिंध नदी पर बने अटल सागर मड़ीखेड़ा डैम के शनिवार को सुबह आठ बजे छह गेट खोल दिए गए। यहां पर सुबह से ही छह गेट खोलकर पानी निकाला जा रहा है। मड़ीखेड़ा डैम के 6 गेट खोलकर 1500 क्यूमेक पानी निकाला। जिले की सिंध, पार्वती सहित अन्य नदियों में भी पानी का बहाव तेज चल रहा है।
सागर में एक बेहद दर्दनाक घटना एक ही परिवार के चार लोगों ने की सामूहिक आत्महत्या
26 Jul, 2025 01:39 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले से सनसनीखेज खबर सामने आई है, जहां एक ही परिवार के चार सदस्यों ने सामूहिक आत्महत्या कर ली। दो लोगों की मौत घर पर ही हो गई, वहीं दो लोगों की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हो गई। अभी तक आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
मनोहर के भाई ने पुलिस को दी सूचना
सागर जिले के खुरई पुलिस थाना क्षेत्र के टीहर ग्राम में शुक्रवार यानी 25 जुलाई की देर रात एक ही परिवार के 4 सदस्यों ने आत्महत्या कर ली। जानकारी के मुताबिक मनोहर लोधी (45 साल), मां फूलरानी (70 साल), बेटी शिवानी (18 साल) और अनिकेत (16 साल) गांव के खेत में बने एक मकान रह रहे थे। मनोहर की पत्नी कुछ दिनों पहले मायके गई थी. मनोहर के भाई ने शुक्रवार देर रात उल्टियां करने की आवाज सुनी तो वहीं घर की ऊपरी मंजिल से नीचे आया तो उसने देखा कि पूरा परिवार उल्टियां कर रहा है।यह सारी जानकारी उसने फौरन पुलिस को दी और इसके बाद ग्रामीणों की मदद से सभी को अस्पताल पहुंचाया जाए। मनोहर की मां और बेटे की मौत घर पर ही गई, जिन्हें डॉक्टर्स ने अस्पताल में मृत घोषित किया।वहीं मनोहर की बेटी ने अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में दम तोड़ दिया और मनोहर की मौत अस्पताल में हुई।
क्या है घटना की वजह?
अभी तक आत्महत्या की वजह साफ नहीं हो पाई है। मनोहर के भाई नंदराम ने बताया कि परिवार की आत्महत्या का क्या कारण है? अभी तक इसका पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
क्या है आत्महत्या का पूरा मामला?
दरअसल मनोहर लोधी अपने खेत में बने मकान में परिवार के साथ रहते थे। उनकी पत्नी कुछ दिनों पहले मायके गई हुई थीं, जिससे वह घर पर मौजूद नहीं थीं। शुक्रवार रात करीब एक बजे ऊपरी मंजिल पर रहने वाले मनोहर के भाई नंदराम ने नीचे से उल्टियों की आवाजें सुनी। जब वह नीचे पहुंचे, तो देखा कि घर के सभी चारों सदस्य उल्टियां कर रहे हैं। उन्होंने तुरंत अन्य परिजनों को सूचना दी और पुलिस को बुलाया।
इलाज के दौरान चारों की गई जान
भाई नंदराम ने बताया कि चारों को ग्रामीणों की मदद से तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक फूलरानी और अनिकेत की मौत हो चुकी थी। बेटी शिवानी ने खुरई अस्पताल में जाते जाते दम तोड़ दिया, जबकि मनोहर को जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही मौत हो गई थी। पुलिस ने मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं किया है और जांच जारी है। अब सवाल ये उठता है कि आत्महत्या की वजह क्या रही होगी? फिलहाल स्थानीय लोगों से पूछताछ के बाद भी आत्महत्या के पीछे की कोई ठोस वजह सामने नहीं आई है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है. वहीं इस मामले में परिवार में पहले से किसी भी विवाद के बारे में भी परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है।
सुबह 11 से शाम 5 तक हर दिन एक मंत्री बीजेपी मुख्यालय में कार्यकर्ता से होगा आमने-सामने
26 Jul, 2025 12:21 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। मध्य प्रदेश बीजेपी कार्यशैली में सुधार और संगठन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बदलाव किया है। पार्टी संगठन की ओर से निर्देश दिया गया है कि राज्य सरकार में प्रत्येक मंत्री एक दिन प्रदेश मुख्यालय में बैठक करेंगे और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। कार्यालय में लोगों से मुलाकात करेंगे। इसके साथ ही अलग-अलग मुद्दों पर सरकार का पक्ष रखेंगे।
बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष भी मुलाकात करेंगे
भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद हो पाए, इसके लिए प्रदेश भाजपा कार्यालय में हर दिन एक मंत्री की ड्यूटी लगाई गई है। जहां मंत्री प्रदेश भाजपा कार्यालय में बैठकर लोगों से मुलाकात करेंगे और सरकार का पक्ष रखते हुए प्रमुख विषयों में चर्चा करते दिखाई देंगे। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी 2 दिन प्रदेश भाजपा कार्यालय में बैठकर कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे।
कार्यकर्ताओं से होगा सीधा संवाद
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने निर्देश दिए हैं कि हर रोज एक मंत्री भाजपा कार्यालय में बैठकर कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। इसके साथ ही सरकार का पक्ष रखते हुए अपनी बात कहेंगे। वही बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल भाजपा कार्यालय में सोमवार और मंगलवार को प्रदेश कार्यालय में बैठेंगे, जहां कार्यकर्ताओं से चर्चा करते दिखाई देंगेv भारतीय जनता पार्टी में कई साल पहले ऐसे नियम बनाए गए थे, जो एक बार फिर देखने को मिल रहे हैं।
पार्टी के कामकाज में भी जुटेंगे मंत्री
बीजेपी पार्टी पदाधिकारी की बैठक करते हुए भाजपा की प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने यह बात रखी कि मंत्रियों को सरकार के कामकाज के साथ पार्टी के कामकाज में भी जुड़ना चाहिए। जिससे पार्टी को और मजबूती मिलेगी. इसके साथ ही यदि कोई मंत्री हर रोज बैठेगा,जिससे वह सरकार का पक्ष मजबूती से रखते दिखाई देगा। हालांकि जवाबदार व्यक्ति कार्यालय में बैठने से कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद होता है।
MP: खुदाई में निकला प्राचीन शिवलिंग, मस्जिद के पास मिलने से बढ़ी चर्चा
26 Jul, 2025 11:35 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
mp news: मध्यप्रदेश के विदिशा जिले के गंजबासौदा में एक प्राचीन शिवलिंग मिला है। घटना गंजबासौदा से करीब 18 किमी. दूर स्थित उदयपुर गांव का है। जैसे ही गांव में खुदाई के दौरान शिवलिंग नजर आया तो पूरे गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और शिवलिंग को मिट्टी से बाहर निकलवाया।
मस्जिद के पास खुदाई में मिला शिवलिंग
गंजबादासौदा से लगभग 18 किलोमीटर दूर स्थित उदयपुर गांव में चौखंडी वाली मस्जिद के पास खुदाई का काम चल रहा था इसी दौरान खुदाई में एक प्राचीन शिवलिंग मिला है। जिसकी सूचना रहवासियों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को जानकारी दी। प्रशासनिक अधिकारी पुरातत्व विभाग के साथ मौके पर पहुंचे और शिवलिंग को पूरी तरह मिट्टी से बाहर निकाला। शिवलिंग काफी प्राचीन है और इसकी ऊंचाई करीब 3 फीट है।
16वीं शताब्दी का है शिवलिंग
पुरातत्व विभाग के अधिकाकारी रामनिवास शुक्ला ने बताया कि यह शिवलिंग 16वीं-17वीं शताब्दी का है। इसकी ऊंचाई लगभग 3 फीट है। जिस स्थान पर शिवलिंग मिला है वहां निजाम नामक व्यक्ति अपने भवन का निर्माण करवा रहा था। इसी दौरान शिवलिंग दिखाई दिया। जिसे सुरक्षित मिट्टी से निकलवाया गया है। गांव के लोगों की मांग है कि जिस स्थान पर शिवलिंग निकला है उसे वहीं पर सुरक्षित रखवाया जाए और मंदिर का निर्माण कराया जाए।
मध्य प्रदेश में 5 वरिष्ठ अधिकारियों पर कार्रवाई, सरकार के सख्त रुख से हलचल
26 Jul, 2025 10:31 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
MP PWD- मध्यप्रदेश में 5 बड़े अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए हैं। इससे प्रशासकीय हल्कों में हड़कंप सा मचा है। राज्य के लोक निर्माण विभाग यानि पीडब्लूडी के अधिकारियों पर ये कार्रवाई की जा रही है। विभाग के मुख्य अभियंताओं की अलग अलग टीमों के औचक निरीक्षण में अनियमिताएं सामने आने पर अधिकारियों पर कार्रवाई की जा रही है। पीडब्लूडी की 7 टीमों ने करीब 3 दर्जन निर्माण कार्यों का जायजा लिया था। इस दौरान गड़बड़ी पाई जाने पर विभागीय अधिकारियों ने छह ठेकेदारों को भी ब्लेक लिस्ट करने के निर्देश दिए हैं।
प्रदेश में लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने और उसमें सुधार के लिए माह में दो बार औचक निरीक्षण किया जाता है। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के निर्देश पर यह सख्ती की जा रही है। विभाग के मुख्य अभियंताओं की अलग अलग टीम मौके पर औचक निरीक्षण के लिए पहुंचती है और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता परखती है।
23 जुलाई को इसी क्रम में मुख्य अभियंताओं के 7 दलों ने 35 कार्यों का औचक निरीक्षण किया। नर्मदापुरम, सिवनी, ग्वालियर, खरगोन, सीधी, उज्जैन और सागर जिलों में इस दौरान रैंडम आधार पर चयनित कर निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया गया।
मुख्य अभियंताओं की टीम से प्राप्त प्रतिवेदनों की मप्र सड़क विकास निगम के प्रबंध संचालक भरत यादव की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान कई कार्यों में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। ऐसे में 5 वरिष्ठ अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए और कई अन्य को कारण बताओ नोटिस जारी किए।
लाड़ली बहनों को भाईदूज पर तोहफा, सरकार ने किया 1500 रुपए देने का ऐलान
26 Jul, 2025 09:28 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
MP News: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव शुक्रवार को गुना जिले के बीनागंज में कुंभराज सिंचाई परियोजना की धन्यवाद सभा में शामिल हुए। सभा को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि इस साल दिवाली के बाद भाईदूज से लाड़ली बहनों को 1500 रुपए दिए जाएंगे।\
भाईदूज से लाड़ली बहनों को मिलेंगे 1500 रुपए
सीएम डॉ मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 4 करोड़ नए मकान दिए जा रहे हैं। साथ ही लाड़ली बहना योजना (Ladli Behna Yojana) के तहत दिवाली के बाद भाई दूज पर 1500 रुपए दिए जाएंगे। जिसे साल 2028 तक बढ़ाकर 3 हजार रुपए तक किया जाएगा।
गुना की तारीफ हुई
सीएम डॉ मोहन यादव ने गुना की सांस्कृतिक विविधता का जिक्र करते हुए कहा कि ये जिला दो विशिष्ट क्षेत्री संस्कृतियों का संगम है। एक तरफ ग्वालियर-चंबल की ठाएं-ठाएं वाली संस्कृति, दूसरी ओर मालवा की मीठी बोली का प्रभाव है।
कांग्रेस पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने बीनागंज में गौशाला के लिए 12 लाख और स्वास्थ्य सहायता के लिए 5 लाख रुपए की आर्थिक मदद की घोषणा की। साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि 55 साल तक किसानों को सिंचाई के लिए तरसाने के लिए कांग्रेस जिम्मेदार है। भाजपा सरकार ने पिछले 20 वर्षों में सिंचाई का रकबा 7 लाख से बढ़ाकर 55 लाख हेक्टेयर किया है। साथ ही उन्होंने कहा कि गुना का गुलाब और धनिया स्पेशल है।
MP विधानसभा में नई पाबंदियाँ, अब नहीं कर सकेंगे नारेबाजी और प्रदर्शन
26 Jul, 2025 08:24 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
MP Vidhansabha मध्यप्रदेश में विधायकों पर बड़ी पाबंदी लगाई गई है। प्रदेश के सभी विधायकों पर विधानसभा परिसर में नारेबाजी करने या प्रदर्शन आदि करने पर रोक लगा दी गई है। विधानसभा सचिवालय ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। विधानसभा परिसर में विधायकों के धरना प्रदर्शन, नारेबाजी पर पाबंदी का यह आदेश विधानसभा के प्रमुख सचिव एपी सिंह ने जारी किया है। इस संबंध में 10 जुलाई को पत्र लिखा गया जोकि प्रदेशभर के विधायकों को प्रेषित किया जा चुका है। इधर कांग्रेस ने इसका विरोध किया है। विधायकों के प्रदर्शन, नारेबाजी पर रोक को पार्टी ने तुगलकी फरमान करार दिया है।
मध्यप्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र 28 जुलाई से शुरू हो रहा है। सत्र के संबंध में विधानसभा सचिवालय ने सभी विधायकों को एक पत्र भेजा है। इसमें विधायकों के विधानसभा परिसर में नारेबाजी या धरना प्रदर्शन आदि करने पर रोक लगाने की बात कही गई है। विधानसभा अध्यक्ष के स्थायी आदेश 94(2) का हवाला देते हुए कहा गया है कि विधायक विधानसभा परिसर में नारेबाजी और प्रदर्शन नहीं करें।
विधायकों से सुरक्षा के लिए व्यवस्था में सहयोग करने की अपेक्षा
विधानसभा सचिवालय के प्रमुख सचिव एपी सिंह के हस्ताक्षर से यह पत्र 10 जुलाई को सभी विधायकों को भेजा गया है। पत्र में विधायकों से सुरक्षा के लिए व्यवस्था में सहयोग करने की अपेक्षा की गई है।
पीकेसी के साथ कुंभराज वृहद सिंचाई परियोजना से गुना जिले के खेत होंगे सिंचित : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
25 Jul, 2025 11:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश नदियों का मायका है। हमारे यहां कोई ग्लेशियर नहीं हैं, लेकिन सघन वन और जलराशि उपलब्ध है। प्रदेश का कोई भी गांव, कोई भी खेत पानी से वंचित न रहे इसके लिए हमारी सरकार ने प्रदेश में तीन बड़ी नदी जोड़ो परियोजनाओं पर काम शुरू किया है। पार्वती-कालीसिंध-चंबल नदी जोड़ो परियोजना इन्हीं में से एक है। गुना जिले को पीकेसी के साथ-साथ कुंभराज वृहद सिंचाई परियोजना का भी बड़ा लाभ मिलेगा इससे यहां के गांव-गांव और खेत-खेत तक पानी पहुंचेगा। यह परियोजना गुना जिले की तस्वीर बदल देगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार को गुना जिले की चाचौड़ा विधानसभा क्षेत्र के बीनागंज में पीकेसी नदी लिंक परियोजना के लिए जिलेवासियों द्वारा आयोजित आभार सभा को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ . यादव ने करीब 5138 करोड़ रूपए की लागत वाली कुंभराज वृहद सिंचाई परियोजना का लोकार्पण किया। इस परियोजना से गुना जिले की 30 हजार हेक्टेयर से अधिक कृषि भूमि को बारहमासी सिंचाई सुविधा उपलब्ध हो गई है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गुना जिले के समग्र विकास के लिए कुल 175.76 करोड़ रूपए की लागत से विभिन्न श्रेणी के 604 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंच से ग्राम बीनागंज के राजेश खंडेलवाल की बेटी के लीवर ट्रांसप्लांट के लिए 4 लाख रुपए देने की घोषणा की। बेटी के इलाज के लिए सरकार द्वारा एक लाख रूपए पहले ही दिए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने श्रीमती ममता विश्वकर्मा को 1 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने बीनागंज में गौशाला के संपूर्ण विकास के लिए 12 लाख रुपए देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर लगी प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कन्या पूजन एवं दीप प्रज्जवलन कर कार्यक्रम का विधिवत् शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव का भगवान गणेश की गोबर से निर्मित प्रतिमा भेंटकर स्वागत किया गया। क्षेत्रीय बहनों ने श्रावण मास पर मुख्यमंत्री को दो बड़ी राखियां भेंट की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंच से लाड़ली लक्ष्मी योजना, राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन सहित अन्य शासकीय योजनाओं के चिन्हित हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित किए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने चाचौड़ा के दर्शनीय स्थलों पर केंद्रित एक मार्गदर्शिका का भी विमोचन किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में 2003 तक विपक्षी दल की सरकार थी और उस दौर में किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिला। तब की सरकार ने किसानों को बूंद-बूंद पानी के लिए तरसाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सिंचाई का रकबा 55 लाख हेक्टेयर तक पहुंच गया है। गुना के गुलाब और धनिया में यहां के किसानों की कड़ी मेहनत की खुशबू आती है। गुना जिला मालवा और चंबल का दरवाजा है। उन्होंने कहा कि किसी जमाने में चंबल में दस्यु संकट चरम पर था। हमारी सरकार बनने पर डाकुओं का सफाया कर दिया गया। अगर 50 साल पहले दस्यु समस्या का हल निकल जाता, तो इस अंचल का अत्यधिक विकास होता। पार्वती, कालीसिंध और चंबल नदी योजना बाबा महाकाल का आशीर्वाद हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश में नदी जोड़ो परियोजना का कार्य जारी है। पार्वती-कालीसिंध-चंबल नदी लिंक परियोजना से चंबल और मालवा के 13 जिलों को लाभ मिलेगा इससे राजस्थान के भी 13 जिले लाभान्वित होंगे। विपक्षी दल की सरकारों ने पीकेसी परियोजना का विरोध किया और कई सालों तक अटकाए रखा। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में समस्या का हल निकाला गया। पीकेसी की सहायक कुंभराज वृहद सिंचाई परियोजना से अब गुना जिले की हर तहसील, हर गांव और खेत में सिंचाई जल और पेयजल का लाभ भी मिलेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में 4 करोड़ गरीबों को पक्का मकान मिल चुका है। प्रधानमंत्री मोदी के पास अपना कोई मकान नहीं, लेकिन वे करोड़ों लोगों के मकान बनवा रहे हैं। गरीब-जरूरतमंदों को आयुष्मान भारत के अलावा नि:शुल्क राशन योजना का लाभ मिल रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सावन का महीना चल रहा है, बहनों को 250 रुपए का शगुन मिलेगा। प्रदेश की लाड़ली बहनों को इसी साल दीपावली से 1500 रुपए हर माह भेजे जाएंगे। लाड़ली बहनें अगर फैक्ट्री में काम करेंगी, तो उन्हें प्रोत्साहन स्वरूप 14 हजार रुपए मेहनताना दिलवाएंगे। युवाओं को भी रोजगार के लिए फैक्ट्री में काम करने पर सरकार 5000 रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत हम केन्द्र सरकार के साथ मिलकर पात्र किसानों को कुल 12 हजार रुपए दे रहे हैं, जिसमें 6 हजार रूपये केन्द्र से एवं 6 हजार राज्य सरकार की ओर से दिए जा रहे हैं। किसानों को बिजली बिल से मुक्ति दिलाने के लिए प्रदेश में सोलर पॉवर से चलित सिंचाई पंप बांटे जा रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार विरासतों का हरसंभव तरीके से संरक्षण करते हुए प्रदेश को विकास की धारा से जोड़ रही है। प्रदेश में विकास का क्रम लगातार जारी है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में गंभीर घायलों और गरीब जरूरतमंदों को एयर एम्बुलेंस का लाभ मिल रहा है। राहवीर योजना के माध्यम से सड़क दुर्घटना में घायल लोगों की सहायता करने और अस्पताल पहुंचाने पर मदद करने वाले राहवीर को 25 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारी सरकार ने दूध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए गौपालकों को अनुदान देने की शुरुआत की है। गौशालाओं के लिए प्रति गाय अनुदान 20 रुपए से बढ़ाकर 40 रुपए कर दिया गया है। हम भगवान श्रीकृष्ण से जुड़े सभी स्थलों को धाम के रूप में विकसित करेंगे।
जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि पार्वती-कालीसिंध-चंबल (पीकेसी) नदी लिंक परियोजना एक अकल्पनीय कार्य है। इसकी लागत 72 हजार करोड़ की है। परियोजना से चंबल और मालवा अंचल के 13 जिले लाभान्वित होंगे। 6 लाख हेक्टेयर कृषि भूमि सिंचित होगी। उन्होंने कहा कि 40 लाख आबादी को इस परियोजना से लाभ मिलेगा। प्रदेश में सिंचाई का रकबा कभी 7 लाख हेक्टेयर था, जो अब बढ़कर 55 लाख हेक्टेयर हो गया है। आज लोकार्पित कुंभराज वृहद सिंचाई परियोजना से 30 हजार हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी। इसकी लागत 5 हजार करोड़ से अधिक है। उन्होंने बताया कि केन-बेतवा लिंक नदी जोड़ो परियोजना 44 हजार 605 करोड़ की योजना है और इससे एक लाख 11 हजार हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी। परियोजना से से 103 मेगावॉट बिजली पैदा होगी और करीब 44 लाख लोगों को शुद्ध पेयजल मिलेगा। तीसरी बड़ी नदी परियोजना तापी मेगा रिचार्ज परियोजना 19 हजार करोड़ की है। इससे प्रदेश के दो जिले खंडवा और बुरहानपुर लाभान्वित होंगे। यह विश्व की पहली भू-जल रीचार्ज परियोजना है।
कार्यक्रम को खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण तथा गुना जिले के प्रभारी मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का हृदय से आभार कि दोनों व्रिज आपद्वय के संयुक्त मार्गदर्शन में प्रदेश को इतनी बड़ी परियोजना की सौगात मिली।
चाचौड़ा विधायक श्रीमती प्रियंका मीणा ने कहा कि ईआरसीपी-पीकेसी परियोजना देश की सबसे बड़ी परियोजना है। जिसे अब मध्यप्रदेश की भूमि पर साकार किया जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. यादव के सहयोग से यह 5 हजार करोड़ रूपए की यह बड़ी परियोजना पूर्ण होने जा रही है। कुंभराज वृहद सिंचाई परियोजना का लाभ 4 जिलों को मिलेगा। इससे किसानों को सिंचाई और उद्योगों के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध होगा।
कार्यक्रम में राजगढ़-ब्यावरा के लोकसभा सांसद रोडमल नागर, विधायक पन्नालाल शाक्य, जिला पंचायत अध्यक्ष अरविंद धाकड़, जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिकरवार, राहुल कोठारी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधिगण तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रीय किसान बंधु एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे।
एमपी ट्रांसको के सर्किल मुख्यालयों में हर माह होगी नॉलेज शेयरिंग वर्कशॉप
25 Jul, 2025 10:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मध्यप्रदेश पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) द्वारा अपने वृत यानि सर्किल स्तर के मुख्यालयों में प्रत्येक माह सभी संकायों के इंजीनियरों एवं लेखा अधिकारियों के लिए नॉलेज शेयरिंग वर्कशॉप आयोजित की जा रही है। इन वर्कशॉप का उद्देश्य तकनीकी ज्ञान, अनुभव और कार्यप्रणाली को साझा कर परस्पर सीख की संस्कृति को बढ़ावा देना है। इसी क्रम में नॉलेज शेयरिंग वर्कशॉप का पहला सत्र गत दिवस प्रशासनिक भवन, बिजली नगर कॉलोनी गोविंदपुरा, भोपाल में संपन्न हुआ।
पहले सत्र में अतिरिक्त मुख्य अभियंता राजेश शांडिल्य द्वारा पॉवर कम्युनिकेशन, ओपीजीडब्ल्यू (OPGW), फोटे आदि तकनीकी विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई। वहीं कार्यपालन अभियंता अतुल नाबर ने पारेषण लाइनों, टॉवर, मोनोपोल इत्यादि से जुड़े अपने तकनीकी अनुभव साझा किए। वर्कशॉप में भोपाल मुख्यालय के अधिकारी, तकनीकी कर्मचारी सहित जबलपुर मुख्यालय के मुख्य अभियंता राजेश द्विवेदी और ट्रांसको के विभिन्न संकायों के अधिकारी-कर्मचारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए। साथ ही निर्माण कार्य से जुड़ी विभिन्न कंपनियों के इंजीनियरों ने भी वर्कशॉप में भागीदारी की।
यह पहल एमपी ट्रांसको द्वारा तकनीकी सशक्तिकरण एवं नॉलेज मैनेजमेंट को संस्थागत रूप देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उद्योग-व्यापार और वैश्विक संबंधों को नई ऊंचाई प्रदान करेगा ब्रिटेन से मुक्त व्यापार समझौता: मुख्यमंत्री डॉ. यादव
25 Jul, 2025 10:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भारत और यूनाइटेड किंगडम (ब्रिटेन) के बीच हुए मुक्त व्यापार समझौते यानि फ्री ट्रेड एग्रीमेंट-FTA की उल्लेखनीय उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का हार्दिक अभिनंदन किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में गरीब, किसान, युवाओं के साथ-साथ समूचा भारत गौरवान्वित हो रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने ब्रिटेन के साथ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट को लेकर जो करार किया है, यह न केवल उद्योग, व्यापार और रोजगार की दृष्टि से, बल्कि वैश्विक संबंधों की दृष्टि से भी भारत को नई ऊंचाईयों पर लेकर जाएगा। भारत सरकार के "मेक इन इंडिया" और "वोकल फॉर लोकल" जैसे अभियानों से वैश्विक स्तर पर मिला विस्तार देश की बढ़ती प्रतिष्ठा का अतुलनीय उदाहरण है। उन्होंने कहा कि हम सभी को एफटीए के स्वर्णिम अवसर का लाभ उठाते हुए आगे बढ़ने का संकल्प लेना चाहिए। मध्यप्रदेश को भी भविष्य में ब्रिटेन के साथ हुए इस मुक्त व्यापार समझौते का भरपूर लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि नये मुक्त व्यापार समझौते से मध्यप्रदेश को कृषि सेक्टर, टेक्सटाइल, फार्मास्यूटिकल्स, सर्विस सेक्टर, एविएशन सेक्टर, लेदर इंडस्ट्री, प्लास्टिक एवं इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर सहित मैन्युफैक्चरिंग एवं इंडस्ट्रियल ग्रोथ में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शुक्रवार को मीडिया को जारी संदेश में यह विचार व्यक्त किए।
प्रधानमंत्री मोदी ने बढ़ाया विश्व में भारत का मान-सम्मान : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
25 Jul, 2025 10:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि आज हमारे देश के लिए बेहद गर्व का दिन है। हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश की सेवा में एक और ऐतिहासिक मील का पत्थर स्थापित किया है। उन्होंने भूतपूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी को पीछे छोड़ते हुए देश के सबसे लंबे समय (4078 दिन) तक लगातार कार्यरत दूसरे प्रधानमंत्री बनने का गौरव हासिल कर लिया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यह केवल एक व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि भारत की महान लोकतांत्रिक परम्पराओं से ओत-प्रोत परिपक्वता, सुदीर्घ विकास यात्रा और जनविश्वास की एक सशक्त अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने न केवल देश के भीतर अभूतपूर्व परिवर्तन देखे, बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी बड़ी खूबी से अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराई है। मैं मध्यप्रदेश की सम्पूर्ण जनता की ओर से प्रधानमंत्री मोदी को इस उपलब्धि के लिए हृदय से बधाई देता हूं और कामना करता हूं कि वे दीर्घायु हों और इसी तरह देश का नेतृत्व करते हुए नये-नये कीर्तिमान स्थापित करते रहें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कुशल एवं दूरदर्शी नेतृत्व में हमारा भारत विश्वगुरु बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मीडिया को जारी संदेश में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बधाई देता हूं कि उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर भारत का पक्ष न केवल सशक्त तरीके से रखा, बल्कि कई ऐतिहासिक उपलब्धियां भी हासिल की हैं। प्रधानमंत्री मोदी भारत के एकमात्र ऐसे प्रधानमंत्री हैं, जिन्हें आजादी के बाद देश के लोगों ने सर्वोच्च पद से सम्मानित करके अपने आप को गौरवान्वित किया है। देश की जनता ने प्रधानमंत्री मोदी को देश और दुनिया के सामने भारत का मान-सम्मान बढ़ाने का अवसर दिया है। आज एक और नया रिकार्ड प्रधानमंत्री मोदी के साथ जुड़ा है, वे देश के दूसरे ऐसे प्रधानमंत्री हो गए हैं जो 4078 दिन तक न केवल प्रधानमंत्री के रूप में काम कर रहे हैं, बल्कि उनके कार्यकाल में भारत ने मान-सम्मान और कई उपलब्धियां हासिल की हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारत, आजादी के समय विश्व की 15वीं अर्थव्यवस्था था। जब प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यभार संभाला, तब भारत की अर्थव्यवस्था 11वें नंबर पर थी। प्रधानमंत्री मोदी ने मात्र 11 साल के अंदर ही भारत को चौथी अर्थव्यवस्था में बदल दिया है और जब तक उनकी कार्यकाल अवधि पूर्ण होगी, तब तक भारत विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारत दुनिया का ऐसा एकमात्र देश बना, जो देश के दुश्मनों को अपने यहां भी और दुश्मनों को उनके घर में घुसकर मारने में भी सक्षम हुआ है। पहले दुनिया के सिर्फ दो देश इजरायल और अमेरिका ही ऐसा काम कर पाते थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधामनंत्री मोदी के कार्यकाल में भारत ने कई क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। प्रधानमंत्री मोदी के कार्य करने का अपना तरीका है। उन्होंने देश को डिजिटल नेटवर्क से जोड़ा। भारत डिजिटल पैमेंट के मामले में दुनिया का अग्रण्य होने जा रहा है। दूसरे विकसित देशों में भी ऐसा नहीं होता है कि चाय वाले के यहां चाय पियो और डिजिटल पैमेंट कर दो। सब्जी, फल वाले सब्जी और फल खरीदो और डिजिटल पैमेंट कर दो। ऐसे कई नवाचार करते हुए गरीब वर्ग के लिए भी पूरे देश में मोदी के नेृतृत्व में एकमात्र सरकार है जो देश की 80 करोड़ से अधिक लोगों को नि:शुल्क खाद्यान्न देकर उनके खाने-पीने और रहने की चिंता दूर कर रही है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान कार्ड के तहत 60 साल तक के गरीब व्यक्तियों का पांच लाख रूपए तक का नि:शुल्क इलाज और 70 साल की आयु वाले सभी समाज/वर्गों के व्यक्तियों को नि:शुल्क इलाज की सुविधा देकर प्रधानमंत्री मोदी ने एक नहीं अनेक प्रकार से भारत की जनता का मान-सम्मान बढ़ाया है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आज 4078 दिन पूर्ण करने पर में प्रधानमंत्री मोदी जी को बधाई देता हूं और उम्मीद करता हूं कि वे इसके बाद का रिकार्ड भी तोड़ेंगे और वर्ष 2029 में फिर एक बार देश का नेतृत्व करेंगे। आइए, हम सब मिलकर उनके दीर्घायु होने और उनके माध्यम से भारत के सुशासन की कामना करें।
राज्यपाल पटेल ने दिव्यांग बालिकाओं के साथ किया सह-भोज
25 Jul, 2025 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा है कि जीवन में सफलता और आगे बढ़ने के लिए निरंतर सीखते रहना चाहिए। राज्यपाल बहुदिव्यांग बालिकाओं से उनके शिक्षकों के माध्यम से राजभवन के सभा कक्ष जवाहर खण्ड में आत्मीय चर्चा कर रहे थे। राज्यपाल पटेल से सौजन्य भेंट करने के लिए आनंद सर्विस सोसायटी की मूकबधिर बहुदिव्यांग बालिकाएं शुक्रवार को इंदौर से राजभवन आईं थीं। इस अवसर पर राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव के.सी. गुप्ता भी मौजूद थे।
निरंतर सीखने और आगे बढ़ने के लिए किया प्रेरित
राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने दिव्यांग बालिकाओं से उनके मार्ग दर्शकों के माध्यम से परिचय प्राप्त किया। उनके जीवन की कठिनाईयों और सफलताओं को जाना। उनको निरंतर सीखने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी। दिव्यांग बालिकाओं के साथ बालिका सुगुरदीप कौर वासु के संघर्ष और सफलता की कहानी पर आधारित वीडियो फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया। उन्होंने दिव्यांग बालिकाओं और शिक्षकों के साथ सह-भोज भी किया।
राजभवन भ्रमण के अनुभव किए साझा
राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने सभी बालिकाओं से राजभवन भ्रमण के अनुभव जाने और सामूहिक चित्र भी खिंचवाया। बालिकाओं ने सांकेतिक भाषा में ऐतिहासिक राजभवन परिसर और विशेष रूप से आर्ट गैलेरी भ्रमण के सुखद अनुभव साझा किए। उन्होंने राज्यपाल के प्रति मुलाकात, सह-भोज करने और राजभवन भ्रमण का अवसर देने के लिए आत्मीय आभार जताया।
राज्यपाल को स्व-रचित कलाकृतियां की भेंट
राज्यपाल मंगुभाई पटेल से भेंट के अवसर पर मूकबधिर बहुदिव्यांग बालिका सुदिव्या गोले और वैष्णवी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया। उन्हें सुकिरण विश्वकर्मा और अन्य बालिकाओं ने स्वयं द्वारा सृजित पैंटिंग और कलाकृतियां भेंट की।
राज्यपाल ने देखी बहुदिव्यांग गुरदीप पर बनी फिल्म
राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने बालिकाओं के साथ मध्यप्रदेश वाणिज्य कर विभाग में कार्यरत मूकबधिर बहुदिव्यांग शासकीय सेवक सुगुरदीप के जीवन और संघर्षों पर आधारित लघु फिल्म को देखा। उन्होंने उपस्थित बालिकाओं से गुरदीप के जीवन के संघर्षों और सफलताओं से प्रेरणा लेने और निरंतर सीखते हुए आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने गुरदीप के परिजनों, संस्था के शिक्षकों और प्रतिनिधियों के समर्पण की प्रशंसा की।
इस अवसर पर राज्यपाल के अपर सचिव उमाशंकर भार्गव, संस्था की को-फाउंडर और संचालक मोनिका पुरोहित, सचिव ज्ञानेन्द्र पुरोहित, गुरदीप की माताजी सीमा मंजीत कौर, शिक्षिका मृणालिनी शर्मा और बालिकाएं उपस्थित रही।
प्रदेश में मिशन अंकुर के मैदानी कार्यकर्ताओं का दो वर्षीय कार्यकाल पूर्ण
25 Jul, 2025 09:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मध्यप्रदेश में बुनियादी साक्षरता और संख्या ज्ञान के लिए संचालित मिशन अंकुर कार्यक्रम के कुशल संचालन के लिए अगस्त-2023 से जिलों में कार्यरत निपुण प्रोफेशनल्स फैलोज़ का विदाई समारोह शुक्रवार को भोपाल के राज्य शिक्षा केन्द्र में आयोजित हुआ। संचालक राज्य शिक्षा केन्द्र हरजिन्दर सिंह ने विगत दो वर्षों में एफएलएन फैलोज़ द्वारा जिलों में किये गये कार्यों के लिये धन्यवाद दिया और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
प्रदेश में स्कूल शिक्षा विभाग की सहयोगी संस्था सेंट्रल स्क्वायर फांउडेशन के साथ विभाग ने देश दुनिया के उत्कृष्ट शैक्षिक संस्थानों से शिक्षित उर्जावान युवाओं को टीआईएसएस मुंबई के सहयोग से प्रदेश के विभिन्न जिलों में मिशन अंकुर के कुशल संचालन के लिए तैनात किया था। इन युवा निपुण प्रोफेशनल्स ने पिछले दो वर्षों में ज़िलों में अधिकारियों तथा शिक्षकों के साथ मिलकर कक्षा 1, 2 और 3 के बच्चों के लिए बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। निपुण प्रोफेशनल्स का मध्यप्रदेश के ज़िलों में दो वर्षीय कार्यकाल 31 जुलाई 2025 को पूरा हो रहा है।
संचालक राज्य शिक्षा केन्द्र ने इन युवाओं द्वारा प्रदेश के नौनिहालों की शैक्षिक नींव को मजबूती प्रदान करने और किये गये कार्यों के लिये इन्हें प्रमाण-पत्र और स्मृति-चिन्ह भेंट किये। कार्यक्रम में 52 जिलों में कार्यरत सभी निपुण प्रोफ़ेशनल्स के साथ ही सहयोगी संस्थाओं सेंट्रल स्क्वायर फाउंडेशन की वरिष्ठ परियोजना लीडर सुविशाखा तिवारी और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम के प्रारंभ में अपर संचालक राजीव तोमर ने मिशन अंकुर के बारे में जानकारी दी।
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को दिया गया तकनीकी प्रशिक्षण
25 Jul, 2025 09:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : भास्कराचार्य राष्ट्रीय अंतरिक्ष उपयोग एवं भू-सूचना विज्ञान संस्थान द्वारा शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के लिए एक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से तकनीकी प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। इस प्रशिक्षण में विभाग के चारों वर्टिकल — पीडब्ल्यूडी (बी/आर), एमपीआरडीसी, एमपीबीडीसी तथा पीडब्ल्यूडी (भवन) — से कार्यपालन यंत्री, अधीक्षण यंत्री, मुख्य अभियंता और प्रमुख अभियंता स्तर के अधिकारी शामिल हुए।
लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के मार्गदर्शन में विभाग द्वारा भास्कराचार्य संस्थान के सहयोग से आई.टी. आधारित कई मॉड्यूल तैयार किए जा रहे हैं इनमें सड़क निर्माण के साथ-साथ तालाब निर्माण के लिए उपयुक्त स्थानों का तकनीकी विश्लेषण कर सूची प्राप्त करने की व्यवस्था शामिल है।
प्रशिक्षण में बताया गया कि हाल ही में वृक्षारोपण की मॉनिटरिंग भी सैटेलाइट के माध्यम से की जाएगी, जिससे पर्यावरणीय कार्यक्रमों की पारदर्शिता और प्रभावशीलता में वृद्धि होगी। इसके अतिरिक्त, सड़क निर्माण की परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने के लिए भी बीआईएसएजी-एन द्वारा एक विशेष तकनीकी मॉड्यूल विकसित किया गया है।
अधिकारियों को यह भी बताया गया कि विभाग की सभी संपत्तियों (असेट्स) को पीएम गतिशक्ति पोर्टल पर किस प्रकार प्रभावी रूप से मैप किया जा सकता है। संस्थान के वरिष्ठ अधिकारियों ने जानकारी दी कि भविष्य में परिक्षेत्रीय स्तर पर कार्यशालाओं का आयोजन कर सभी अधिकारियों को इन तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा जिससे विभागीय कार्यों में तकनीकी नवाचारों का समुचित उपयोग सुनिश्चित हो सके।
स्वस्थ प्रदेश से ही बनाएंगे समृद्ध प्रदेश : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
25 Jul, 2025 09:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि नर की सेवा में ही नारायण की सेवा है। प्रदेश के नागरिकों के स्वास्थ्य की देखभाल हमारी सरकार की जिम्मेदारी है। स्वस्थ प्रदेश के जरिए ही हम मध्यप्रदेश को समृद्ध प्रदेश बनाएंगे। उन्होंने कहा कि नागरिकों को सहज, सुलभ, सस्ती, तत्परतापूर्ण और गुणवत्तायुक्त स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना ही सरकार की प्राथमिकता है। गरीब कल्याण के संकल्प की सिद्धि के लिए हम वचनबद्ध होकर आगे बढ़ रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जिन मशीनों का लोकार्पण हुआ है, यह हमारे लिए सिर्फ मशीनों का नहीं, बल्कि सेवा, संवेदना और अपने वचनों के प्रति समर्पण भाव का भी विस्तार है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार को शासकीय गांधी चिकित्सा महाविद्यालय, भोपाल से सम्बद्ध हमीदिया अस्पताल में नव स्थापित सीटी स्कैन एवं एमआरआई मशीन के लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा इन मशीनों के लोकार्पण से प्रदेश के सबसे बड़े शासकीय चिकित्सालय को चिकित्सा जांच की अत्याधुनिक सुविधा स्थायी रूप से उपलब्ध हो गई है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ती जा रही हैं। हमीदिया अस्पताल में नई एमआरआई मशीन का लोकार्पण हुआ है। यह कष्ट के समय में जीवनदान के समान है। इससे जांच में तेजी आएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सभी शासकीय अस्पतालों में आधुनिक मशीनों द्वारा मरीजों की जांच के लिए कार्य कर रही है। सभी अस्पतालों में मरीजों के लिए सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं। यह नागरिकों के स्वास्थ्य के प्रति सरकार की सजगता और प्रतिबद्धता को दर्शाता है। मध्यप्रदेश में पीपीपी मॉडल पर मेडिकल कॉलेजों के साथ अस्पताल भी शुरू किए जा रहे हैं। देश में अपनी तरह का यह पहला मॉडल है, जहां मेडिकल कॉलेजों की स्थापना के लिए इच्छुक निवेशकों/संस्थाओं को 25 एकड़ जमीन मात्र एक रुपये में उपलब्ध कराई जा रही है। अब तक प्रदेश में 4 मेडिकल कॉलेजों को भूमि आवंटित की जा चुकी है। राज्य सरकार सभी क्षेत्रों में विकास के लिए कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश के सभी सरकारी अस्पतालों को उच्च स्तरीय जांच सुविधाओं और आधुनिक उपकरणों से लैस किया जा रहा है ताकि आमजन को सस्ती, सुलभ और समुचित स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त हो सकें। उन्होंने बताया कि शासकीय गांधी चिकित्सालय महाविद्याय और हमीदिया अस्पताल अपनी वर्षों पुरानी साख और सेवाभाव के साथ अब नई तकनीकों से भी सुसज्जित हो गया है। सीटी स्कैन और एमआरआई मशीन की स्थापना से मरीजों को जटिल स्वास्थ्य जांचों के लिए अब कहीं और भटकने की आवश्यकता नहीं होगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि गंभीर मरीजों के लिए सरकार ने एयर एंबुलेंस और हेली सेवा की भी शुरुआत की है, जिससे कई मरीजों को समय पर चिकित्सा उपलब्ध करवाकर उनकी जीवन रक्षा संभव हो सकी है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार केवल नीतियों के निर्माण से नहीं, बल्कि उनके प्रभावी क्रियान्वयन से ही आता है और यह कार्य राज्य सरकार द्वारा दृढ़ संकल्प के साथ किया जा रहा है।
प्रदेश के शासकीय अस्पतालों में दिनों-दिन बढ़ रही है क्षमता और गुणवत्तायुक्त स्वास्थ्य सेवाएं
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमीदिया अस्पताल में स्थापित अत्याधुनिक सीटी स्कैन और एमआरआई मशीन के लोकार्पण से यहां रोजाना लगभग 2 हज़ार ओपीडी (बाहरी) और 1500 आईपीडी (आंतरिक) मरीज लाभान्वित होंगे। इससे गरीब भाई-बहनों को बड़ी सुविधा मिल गई है। अब वे भी महंगे टेस्ट और उपचार करा सकेंगे। उन्होंने बताया कि प्रदेश में वर्तमान में 17 मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहे हैं। उज्जैन में प्रदेश की पहली मेडिसिटी एवं मेडिकल कॉलेज का भूमि-पूजन सहित विक्रम उद्योगपुरी में देश का सबसे बड़ा मेडिकल डिवाइस पार्क भी बन रहा है। प्रदेश के 50 जिला और 3 सिविल अस्पतालों में सीटी स्कैन सेवाएं मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि एमबीबीएस की 2,575 और पीजी की 1,357 सीटें शासकीय कॉलेजों में उपलब्ध हैं। प्रदेश में वर्तमान में शासकीय और निजी मिलाकर कुल 40 मेडिकल कॉलेज, 308 नर्सिंग कॉलेज और 800 हेल्थ वेलनेस सेंटर संचालित हैं। उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत मध्यप्रदेश में अब तक 4 करोड़ 37 लाख से अधिक आयुष्मान निरामयम् कार्ड बनाए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल किसी व्यक्ति को एक घंटे के भीतर निकटतम अस्पताल पहुंचाकर उसके प्राण बचाने में योगदान देने वाले व्यक्ति को सरकार राहवीर योजना के तहत 25 हजार रुपये देगी। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने देहदान और अंगदान करने वालों को सम्मानित करने का निर्णय भी लिया है।
इस अवसर खेल एवं युवक कल्याण तथा सहकारिता मंत्री विश्वास कैलाश सारंग, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्यमंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल, विधायक रामेश्वर शर्मा, महापौर मालती राय, नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, प्रमुख सचिव लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा संदीप यादव, जीएमसी डीन डॉ. कविता सिंह, सहित चिकित्सा शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, मेडिकल कॉलेज के सभी डॉक्टर्स और जनप्रतिनिधिगण भी उपस्थित थे।
बड़ी खबर: यूपी बोर्ड 10वीं का परिणाम अब बस आने ही वाला है
सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला: अमित जोगी की सजा पर लगी रोक
कृष्णानगर में पीएम मोदी का वार, बोले- 4 मई को बीजेपी की जीत तय
बंगाल चुनाव में SIR पर घमासान, सियासत गरमाई
पुदीने और नींबू का कमाल: हीटवेव के दौरान शरीर को रिफ्रेश रखने के सबसे आसान उपाय
समर स्किन केयर: भीषण गर्मी में भी बरकरार रहेगी चेहरे की चमक, बस अपनाएं ये आसान टिप्स
