मध्य प्रदेश
भगवान गणेश, मां दुर्गा और महालक्ष्मी की प्रतिमाएं मिट्टी से ही निर्मित हों : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
4 Aug, 2025 09:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा संचालित ‘माटी गणेश–सिद्ध गणेश’ अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भगवान गणेश के पूजन से व्यक्ति को ज्ञान, बुद्धि और रिद्धि-सिद्धि की प्राप्ति होती है। भगवान गणेश सबके मनोरथ पूर्ण करें। कृपावंत भगवान का शुभाशीष हम सब पर बरसे और हमारे प्रदेश में सुख-समृद्धि का सतत् संचार हों। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जन अभियान परिषद के पदाधिकारियों से कहा कि भगवान गणेश, नवरात्रि में मां दुर्गा और दीपावली पर्व पर महालक्ष्मी की प्रतिमाएं भी मिट्टी से ही निर्मित हो। इसके लिये जागरूकता अभियान भी चलाएं। उन्होंने कहा कि मिट्टी की प्रतिमाएं मिट्टी में ही समाहित हो जाती हैं, इससे पर्यावरण को कोई नुकसान नहीं होता। इस अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना और गणेश चतुर्थी पर्व पर जन-जन को पवित्र माटी और गौमाता के गोबर से निर्मित गणेश प्रतिमाओं के उपयोग को प्रोत्साहित करना है, ताकि जल स्रोतों की स्वच्छता बनी रहे और प्राकृतिक संतुलन भी अक्षुण्ण रहे।
पर्यावरण संरक्षण की नवाचारी पहल है "माटी गणेश-सिद्ध गणेश अभियान"
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अभियान में निहित संकल्पना पर केन्द्रित एक सचित्र पोस्टर का विमोचन भी किया। परिषद् द्वारा पर्यावरण संरक्षण की नवाचारी पहल करते हुए 'माटी गणेश-सिद्ध गणेश अभियान चलाया जायेगा। इस अभियान में पर्यावरण हितैषी संस्थान नर्मदा समग्र द्वारा प्रशिक्षण के माध्यम से प्रदेश के सभी 313 विकासखण्ड में परिषद् के नेटवर्क से जुड़ी नवांकुर सखियों को प्रशिक्षित किया जायेगा। प्रशिक्षित सखियों द्वारा पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से अपने ग्रामों में स्थानीय महिलाओं को प्रेरित-प्रशिक्षित कर मिट्टी की 10 लाख गणेश प्रतिमाओं की घर-घर स्थापना करायी जायेगी। अभियान का लक्ष्य 10 लाख गणेश प्रतिमाओं का निर्माण कर 25 लाख लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करना है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अभियान के संकल्पना गीत एवं पोस्टर का विमोचन भी किया।
कार्यक्रम में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष मोहन नागर भी उपस्थित थे। सभी ने संकल्प लिया कि इस वर्ष घरों में केवल मिट्टी और गौमाता के गोबर से बनी गणेश प्रतिमाएं ही स्थापित की जाएंगी और इन प्रतिमाओं का विसर्जन भी नितांत प्राकृतिक तरीके से ही किया जाएगा।
म.प्र. जन अभियान परिषद के कार्यपालक निदेशक डॉ. बकुल लाड़ ने बताया कि परिषद् ने नर्मदा समग्र संस्था के साथ "माटी गणेश-सिद्ध गणेश" अभियान की नई पहल की है। परिषद् के प्रशिक्षित नेटवर्क द्वारा अपने ग्राम की महिलाओं को मिट्टी के गणेश भगवान की प्रतिमा बनाने के लिए प्रेरित और प्रशिक्षित किया जायेगा, जिससे 'माटी गणेश-सिद्ध गणेश' घर-घर विराजित और विसर्जित होंगे। इससे पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरुकता बढ़ेगी।
जनता के बीच आपकी उपस्थिति भय नहीं, विश्वास का प्रतीक बने : राज्यपाल पटेल
4 Aug, 2025 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि पुलिस के लिए जितना जरूरी कानून व्यवस्था बनाए रखना है, उतना ही जरूरी जनहितैषी छवि को पुख्ता बनाना भी है। इसलिए जरूरी है कि "जनता के बीच आपकी उपस्थिति विश्वास का प्रतीक बने।" राज्यपाल पटेल भारतीय पुलिस सेवा के 77वें परिवीक्षाधीन प्रशिक्षु अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे।
राजभवन में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल के प्रमुख सचिव डॉ. नवनीत मोहन कोठारी और डी.जी.पी. के प्रिन्सिपल स्टाफ ऑफिसर विनीत कपूर भी मौजूद रहे। भारत भ्रमण के तहत इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में मित्र राष्ट्र भूटान, नेपाल और मालदीव के अधिकारी भी शामिल हुए।
राज्यपाल पटेल ने कहा कि पुलिस सेवा एक बड़ी जिम्मेदारी है, जिसमें अनुशासन, ईमानदारी, निष्पक्षता, संवेदनशीलता और जनसेवा समाहित है। पुलिस को आम जनता कानून व्यवस्था के रक्षक और न्याय दिलाने वाले के रूप में देखती है। उन्होंने कहा कि आई.पी.एस. अधिकारी के रूप में मिलने वाली शक्तियां और विशेषाधिकार समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति की सेवा के साधन हैं। इसलिए अपने सेवा काल में हमेशा जनसेवा को ही केंद्र में रखें।
साइबर अपराधों में कमी लाना महत्वपूर्ण जिम्मेदारी
राज्यपाल पटेल ने कहा कि साइबर अपराध वर्तमान समय की बड़ी चुनौतियों में से एक है। इसमें कमी लाना आप सबकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इसके लिए सतत जन जागरूकता और जन संवाद के नवाचार किया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जब भी दूरस्थ क्षेत्रों में जाएं तो गरीब, वंचित और कमजोर वर्गों के प्रति आत्मीय और संवेदनशील रहें। अपनी शिक्षा और मेधा का उपयोग जनता की सेवा में करें।
राज्यपाल पटेल का प्रशिक्षु अधिकारी नारायण उपाध्याय ने पौधा भेंट कर स्वागत किया। उपाध्याय ने भारत भ्रमण के तहत विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों की विस्तार से जानकारी भी दी। प्रशिक्षु अधिकारी सुनीपा मनोचा और राहुल आर. अतराम ने स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया। आभार प्रशिक्षु अधिकारी सुसुषमा सागर ने माना। संचालन ए.आई.जी. ट्रेनिंग सुश्रद्धा जोशी ने किया। राज्यपाल के अपर सचिव उमाशंकर भार्गव, विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी अरविंद पुरोहित और प्रशिक्षु अधिकारी उपस्थित थे।
सेमरिया की लोकप्रिय नगर परिषद अध्यक्ष का निधन , अंतिम विदाई में उमड़ा जनसैलाब
4 Aug, 2025 03:57 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल/रीवा: मध्यप्रदेश के रीवा जिले की सेमरिया नगर परिषद की अध्यक्ष रानी विश्वकर्मा का बुधवार को दिल्ली में निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार थीं और दिल्ली के एक अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
रानी विश्वकर्मा के निधन की खबर से सेमरिया नगर सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके निवास पर परिजन, समर्थक और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में एकत्रित हो गए हैं। पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक, उनका अंतिम संस्कार आज ही सेमरिया में किया जा रहा है।
जनप्रिय जनप्रतिनिधि थीं रानी विश्वकर्मा
रानी विश्वकर्मा सेमरिया नगर परिषद की एक सक्रिय और लोकप्रिय अध्यक्ष थीं। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने नगर विकास, स्वच्छता और जनहित के कई कार्यों में उल्लेखनीय योगदान दिया। स्थानीय जनता में उन्हें एक संवेदनशील और मेहनती नेता के रूप में याद किया जाता है।
नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
उनके निधन पर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है। बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, मध्यप्रदेश के डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा और पूर्व प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा सहित कई नेताओं ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर शोक संदेश साझा किए और शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
शोक में डूबा सेमरिया क्षेत्र
रानी विश्वकर्मा की असामयिक मृत्यु से सेमरिया और आसपास के क्षेत्र में भारी शोक है। नगर परिषद कार्यालय पर झंडा झुका दिया गया है और सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं। प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी उनके निवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
पंडित धीरेंद्र शास्त्री पर आरोप लगाने वाले प्रोफेसर की बढ़ीं मुश्किलें, जेल जाने की आशंका
4 Aug, 2025 03:55 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छतरपुर: बागेश्वर धाम का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें कुछ महिलाओं को एंबुलेंस में भरकर भेजा जा रहा था। पुलिस ने महिलाओं को रोका तो उन्होंने कहा कि जबरदस्ती भेजा रहा है। साथ ही मारने की धमकी मिल रही है। वहीं, धाम की तरफ से जवाब आया था कि यहां लगातार चोरी की घटनाएं घट रही थी। ऐसे में कुछ लोगों को चिह्नित किया गया था। इनको इनके घर भेजा जा रहा था। इसे लेकर लखनऊ यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर रविकांत ने आरोप लगाया है कि वहां महिलाओं की तस्करी हो रही है। इसके बाद प्रोफेसर के खिलाफ पुलिस में शिकायत हुई है।
प्रोफेसर ने यह लगाया आरोप
लखनऊ यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर रविकांत ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा कि नॉन बायोलॉजिकल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा घोषित छोटा भाई धीरेन्द्र शास्त्री धर्म की आड़ में महिला तस्करी कर रहा है!इसकी गहन जांच करवाकर दोषी पाए जाने पर धीरेन्द्र को फांसी होनी चाहिए।
आरोपों पर बागेश्वर बाबा की आई सफाई
वहीं, इन आरोपों पर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की सफाई आई है। उन्होंने कहा है कि अनवरत रूप से कुछ साजिशकर्ता लगे हुए हैं, जो धाम के लिए कुछ न कुछ उपद्रव करते रहते हैं। हम हिंदुओं को एक करने में जुटे हैं। किसी ने हमारे बारे में कुछ कहा है। उनके खिलाफ बागेश्वर धाम जन समिति के लोगों ने एफआईआर करवाई है। हमारे ऊपर लोग कितने भी आरोप लगाते रहें, हम सनातनी परंपरा के लिए ही रहेंगे। अभी और भी लोग बहुत कुछ कहेंगे। चाहे कुछ भी हो, हम संकल्प से नहीं डिकेंगे।
प्रोफेसर के खिलाफ पुलिस में शिकायत
वहीं, प्रोफेसर रविकांत के खिलाफ बागेश्वर धाम जन समिति ने बमीठा थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। रविवार देर रात यह एफआईआर करवाई गई है। उनके खिलाफ बीएनएस की धारा 353 (2) लगाई गई है। यह झूठी अफवाह और भावनाओं को आहत करने के केस में लगता है। मामले में दोषी करार दिए जाने पर इसमें तीन साल तक की सजा का प्रावधान है। अभी मामले की जांच की जा रही है। हालांकि इसमें तुरंत गिरफ्तारी नहीं होती है।
हालांकि वायरल वीडियो में जो महिलाएं आरोप लगा रही थीं, उनका कहना था कि हमलोग यहां पेशी के लिए आए थे। लेकिन जबरदस्ती धाम से हमें भेजा जा रहा है। पुलिस ने भी तस्करी के आरोपों को खारिज कर दिया है।
सतना केंद्रीय जेल में कैदी के पास मिला कीपैड मोबाइल फोन, जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
4 Aug, 2025 11:53 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सतना: मध्य प्रदेश के सतना जिले के केंद्रीय जेल में उस समय हड़कंप मच गया जब एक कैदी के पास एक कीपैड मोबाइल बरामद हुआ. कैदी के संदिग्ध अवस्था में पाए जाने के बाद जेल प्रहरी ने जब उसकी तलाशी ली, तो उसके पास से मोबाइल मिला. आजीवन कारावास की सजा काट रहे कैदी के पास से मोबाइल मिलना जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है कि इतनी चाक-चौबंद सुरक्षा के बावजूद कैदी के पास मोबाइल कैसे पहुंचा. जेल अधीक्षक ने मामले की जांच की बात कही है.
गश्ती के दौरान बरामद हुआ मोबाइल
मामला शनिवार की सुबह करीब 10 बजे का है. जेल प्रहरी सुंदरलाल बंसल जेल में गश्त कर रहे थे. इसी दौरान उन्हें एक कैदी संदिग्ध अवस्था में नजर आया. सुंदरलाल को उस पर शक हुआ तो उन्होंने उससे पूछताछ शुरू की. इस दौरान कैदी काफी घबरा गया और सकपकाने लगा. जेल प्रहरी का शक और गहरा गया और उन्होंने जब उसकी तलाशी ली, तो उसके पास से एक चाइनीज कंपनी का चालू हालत में पुराना कीपैड मोबाइल मिला. जेल प्रहरी ने मोबाइल जब्त करते तत्काल मामले की सूचना जेल अधीक्षक को दी.
हत्या और आर्म्स एक्ट में मिली है उम्र कैद की सजा
बंदी की पहचान जगन्नाथ पिता दुलीचंद यादव (उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम कांटी, जिला छतरपुर) के रूप में हुई है, जिसे 2012 में सत्र न्यायालय छतरपुर द्वारा हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी. मोबाइल बरामदगी की जानकारी मिलते ही जेल अधीक्षक लीना कोष्टा ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए.
मोबाइल फोन को मध्य प्रदेश जेल नियमावली 1968 के नियम 570 और कारागार अधिनियम 1894 की धारा 42 के तहत निषिद्ध वस्तु मानते हुए जब्त कर लिया गया है. जेल के चारों ओर हाई सिक्योरिटी कैमरे और चौकसी के बावजूद मोबाइल का अंदर पहुंचना चिंता का विषय है.
'जेल प्रहरी की भी होगी जांच'
इस मामले को लेकर सतना जेल अधीक्षक लीना कोष्टा ने बताया कि "मोबाइल को जब्त करके संबंधित थाना प्रभारी पुलिस थाना कोलगंवा को भेजकर कैदी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. उसके खिलाफ विभागीय स्तर की जांच की जा रही है.
मामले की जानकारी मुख्यालय भोपाल, रेंज डीआईजी जबलपुर सहित संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी गई है. साथ ही जेल प्रहरी के खिलाफ भी जांच की जाएगी, अगर वो दोषी पाया जाता है उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. मोबाइल जेल के अंदर कैसे पहुंचा इसकी सघनता से जांच की जाएगी."
श्मशान में बसा शिवधाम! रीवा में भोलेनाथ का चमत्कारी शिवलिंग बढ़ता है अपने आप
4 Aug, 2025 10:49 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रीवा: देशभर में शिव के अनेकों धाम स्थापित है. प्रत्येक शिवधामों की अलग-अलग कथाए हैं. जिस प्रकार से सभी शिव धाम एक दूसरे से भिन्न है, ठीक उसी प्रकार से इन शिवधामों की चमात्कारिक घटनाएं भी एक दूसरे से एकदम अलग हैं. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार महादेव को श्मशान काफी प्रिय है. भारत कि भूमि में कई ऐसे शिवधाम हैं, जो श्मशान में स्थापित हैं, फिर वह चाहे काशी विश्वनाथ धाम हो या फिर बरेली के मरघट का महादेव मंदिर हो, उज्जैन का चक्रतीर्थ श्मशान घाट में बना शिवधाम ही क्यों न हो इन शिव धामों के चमत्कारिक किस्से इन्हें और भी अलौकिक बनाते हैं.
विंध्य की धरती ऋषि मुनियों की तपोभूमि
अब बात करते हैं ऐतिहासिक विंध्य के धरती की. इस क्षेत्र को ऋषि मुनियों की तपोभूमि भी कहा जाता है. विंध्य की पर्वतमालाएं, नदियां और वनक्षेत्र आज भी उन दिव्य अनुभवों के साक्षी हैं. यहां हर दिशा में कोई न कोई चमत्कारी धाम या रहस्यमयी कथा जीवंत है. इन स्थलों से जुड़ी लोकगाथाएं और चमत्कार आज भी श्रद्धालुओं के लिए आस्था का केंद्र बनी हुई हैं. ईटीवी भारत आपको ऐसे ही एक दिव्य और चमत्कारिक शिवधाम के बारे में बताने जा रहा है. जिसे सुनकर आप दंग रह जाएंगे.
अनोखा छतुरिया नाथ शिवधाम
हम बात कर रहे हैं शिव के उस अलौकिक छतुरिया नाथ शिव धाम की जो रीवा शहर से केवल 10 किलोमीटर दूर रांची झारखण्ड नेशनल हाइवे में स्थित है. यह गुढ़ विधानसभा क्षेत्र के उमरी गांव में मौजूद है. इस अनोखे छतुरिया नाथ शिव धाम का सीधा कनेक्शन उस रौरियानाथ महादेवालय प्राचीन शिवधाम से जुड़ा है. बीते कुछ माह पूर्व ही रौरियानाथ शिवधाम की अद्भुत कहानी उसकी दिव्यता, भव्यता और मंदिर की चमात्कारिक घटनाओं के साथ ही अनसुलझे रहस्य की कहानी ईटीवी भारत ने आप से साझा की थी.
महंत के पूर्वजों ने कराया था छतुरियानाथ शिवधाम का निर्माण
इस धाम के महंत रामाचार्य पाठक के अनुसार "उनके पूर्वजों ने ही रौरियानाथ महादेवालय का निर्माण 9वीं शताब्दी के आस पास कराया था. रौरियानाथ धाम मंदिर कर्चुली कालीन का है और पंचायतन पद्धति का यह मंदिर नाथ संप्रदाय से जुड़ा है. मंदिर के महंत के अनुसार पूर्वजों ने इसका जन सहयोग से सृजन किया था. अब अगर बात करें रौरियानाथ शिव मंदिर से ठीक 1 किलोमीटर की दूरी पर उमरी गांव में स्थित छतुरिया नाथ शिव धाम की, तो यहां स्थापित शिव मंदिर का निर्माण भी महंत रामाचार्य पाठक के पूर्वजो ने ही करवाया था.
शिव ने महंत के बाबा को दिया था स्वप्न
इस शिवधाम का कोई उल्लेख न तो किसी ग्रंथ में है और न ही इसका लिखित कोई प्रमाण है, लेकिन महंत रामाचार्य पाठक के अनुसार "छतुरियानाथ शिव धाम का निर्माण अब से लगभग 150 से 200 वर्ष पूर्व हुआ था. इस मंदिर का निर्माण उनके बाबा छत्ते पाठक ने करावाया था. महंत रामाचार्य के पूर्वज कई पीढ़ियों से शिव के उपासक हैं. स्वयं शिव ने बाबा छत्ते पाठक को स्वप्न दिया और खेत में स्थित श्मशान घाट के पास तालाब में शिवलिंग के होने की जानकारी देते हुए शिवलिंग को बाहर निकालकर उसे मंदिर में स्थापित करने के लिए कहा था. महंत के पूर्वजों ने जब तालाब में जाकर खोजबीन शुरू की तो, उन्हें एक छोटे आकार की दिव्य शिवलिंग प्राप्त हुई. जिसका वजन लगभग 1 से 2 किलो के आसपास था."
शिवलिंग का हर वर्ष बढ़ता है आकार
श्मशान घाट पर स्थित तालाब से प्राप्त हुई शिवलिंग को महंत के पूर्वजों ने काशी विश्वनाथ धाम की तरह ही उसी श्मशान में स्थापित करने की योजना बनाई. छोटे से आकार का एक मंदिर का निर्माण करवाया और विधिवत पूजा अर्चना के साथ दिव्य शिवलिंग को मंदिर में स्थापित किया. महंत रामाचार्य पाठक का दावा है की तालाब से प्राप्त हुई छोटे आकार की शिवलिंग का वजन और आकार हर वर्ष लगातार बढ़ रहा है, जो किसी चमत्कार से कम नहीं है. तालाब से प्राप्त हुई शिवलिंग का वजन उस वक्त 1 से 2 किलो वजनी था, मगर वर्तमान में इस दिव्य शिवलिंग का वजन लगभग 25 से 30 किलो है.
सैकड़ों वर्ष पूर्व पठार क्षेत्र हुआ करता था उमरी गांव का इलाका
महंत रामाचार्य पाठक का कहना है की "जिस स्थान पर यह अलौकिक शिवलिंग विराजित है. कभी यह सम्पूर्ण इलाका पठार क्षेत्र हुआ करता था. श्मशान वाले भगवान शिव के इस धाम में कई ऐसी मुर्तियां स्थापित हैं, जो प्राचीनकाल की है. इनमे से एक मूर्ती पंच गौरी की है, जो के 6वीं शताब्दी की है. जबकि एक मूर्ती में शार्दुल पक्षी की आकृति बनी हुई है. जिसकी सवारी देवताओं द्वारा की जाती थी और यह मूर्ती 11वीं शताब्दी की है. इस पक्षी का वर्णन भी धर्मिक ग्रंथों में पाया जाता है.
संकट के समय ग्रामीणों की रक्षा करते हैं श्मशान मे विराजे शिव
महंत रामाचार्य बताते हैं कि "जब गांव के लोगों को किसी प्रकार संकट या रोग घेरता है, तब वह इसी श्मशान वाले शिव के शरण आते हैं. जिसके बाद स्वयं-भू अपने भक्तों के कष्ट हर लेते है. इस दिव्य स्थल पर कई चमत्कारिक घटना भी हो चुकी है. कई वर्ष पूर्व गांव का एक व्यक्ति कालरा की बीमारी से ग्रसित था. जब उसे मरणाशन हालत में शिव की चौखट पर लाकर लेटाकर कुएं का पानी पिलाया गया, तो वह बीमार व्यक्ति एक दम से स्वस्थ हो गया."
गांव में फैली थी हुलकी नाम की बीमारी
इसी तरह से एक बार उमरी गांव में हुलकी नाम की महामारी फैल गई, जिसे डायरिया कहा जाता है. इस बीमारी का प्रकोप इतना बढ़ा की लोगों की मृत्यु तक होने लगी. जिसके चलते पूरा गांव खाली हो गया. इसके बाद डायरिया के प्रकोप से बचने के लिए लोगों ने श्मशान वाले शिव की आराधना की. जिसके बाद उमरी गांव के लोगों को गंभीर बीमारी से निजात मिला. तभी से इस दिव्य शिव धाम की मान्यता और भी बढ़ गई.
श्मशान वाले शिव की आराधना से सभी मनोकामनाऐं होती है पूरी
महंत रमाचार्य पाठक बताते हैं की इस दिव्य स्थान में आकर श्मशान वाले शिव की आराधना करने वाले हर भक्तों की सभी मनोकामनाऐं पूर्ण होती है. श्रावणमास का महीना, महशिवरात्री पर्व या नागपंचमी का अवसर हो प्रत्येक मौके पर इस श्मशान वाले शिव धाम मे विशेष पूजा अर्चना की जाती है."
उज्जैन में राहुल गांधी पर बरसे मुख्यमंत्री मोहन यादव, बहनों से बंधवाई राखियां और गाना गाया, ट्रेनों की सौगात दी.
4 Aug, 2025 09:47 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
उज्जैन: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 2 दिवसीय दौरे पर उज्जैन पहुंचे. यहां उन्होंने करोड़ों के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया. साथ ही मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में बैडमिंटन खिलाड़ियों और मेघावी छात्र छात्राओं का सम्मान किया. इसके अलावा उन्होंने कर्मशील बहनों से राखी बंधवाई और उनके लिए एक हजारों में मेरी बहना है गाना गाया. वहीं एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर जमकर बरसे और उनके बयानों पर प्रतिक्रिया दी. सीएम ने उज्जैन से 3 नई ट्रेनों की सौगात दी.
सीएम ने राहुल गांधी को लिया आड़े हाथ
उज्जैन में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा. उन्होंने कहा, "हमारे हाथ में फहराने वाला तिरंगा आपसे अपील करता है मर्यादा में रहो. देश के लोकतंत्र की जड़ों को कमजोर मत करो. आपके ऐसे कदम से दुश्मन की छाती फूलती है. पाकिस्तान में बल्ले बल्ले होती है. ऐसा पाप मत करो वरना ऊपर भी जगह नहीं मिलेगी. सेना पर, ऑपरेशन सिंदूर पर प्रश्न उठाते हो. न्यायालय को सेना को चुनाव आयोग को तक नहीं मानते हो. जब किसी को नहीं मानते तो लोकतंत्र में आते ही क्यों हो. अब तो नेता प्रतिपक्ष जैसी व्यवस्था में भी आप नहीं बच पा रहे हो."
खिलाड़ियों, मेघावी छात्रों का किया सम्मान
नानाखेड़ा स्टेडियम में आयोजित 58वीं जूनियर स्टेट लेवल बैडमिंटन चैंपियनशिप के समापन पर मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों का सम्मान किया. 50 करोड़ रुपए की लागत से एस्ट्रो तरफ और पैविलियन बनाने की घोषणा की. मुख्यमंत्री ने शहर के एक निजी होटल में सिटी प्रेस क्लब द्वारा आयोजित कार्यक्रम में 50 से अधिक पत्रकारों के बच्चों, मेधावी छात्र छात्राओं को सम्मानित किया.
सीएम ने 3 ट्रेनों को दिखाई हरी झंडी
उज्जैन से मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए 3 ट्रेनों की शुरुआत की. उन्होंने जबलपुर-रायपुर, रीवा-पुणे(हड़पसर), भावनगर टर्मिनस-अयोध्या एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई. इस दौरान केंद्रीय रेलवे मंत्री अश्विनी वैष्णव, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री सीएम साय, केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मंडाविया भी जुड़े और दोनों प्रदेशों को बड़ी सौगात दी. साथ ही मुख्यमंत्री ने उज्जैन शहर के कालिदास अकादमी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सिंहस्थ 2028 के विकास कार्यों के लिए 155 करोड़ की लागत से बनने वाले शहर में 08 पूल, 2 सड़कों के निर्माण के लिए भूमिपूजन किया.
बहनों के लिए मुख्यमंत्री ने गाना गाया
रविवार सुबह मुख्यमंत्री ने एक निजी फैक्ट्री में काम करने वाली कर्मशील महिलाओं बहनों से राखी बंधवाई. इस दौरान उन्होंने कहा, "4000 कर्मशील बहनों के लिए हॉस्टल सुविधा भी कर रहे है, जिससे दूर से आने वाली बहनों को यहीं रहकर काम करने में सुरक्षा सुविधा महसूस होगी." इसके अलावा मुख्यमंत्री ने शहर के पंवासा एक निजी होटल व गांव तालोद में भी बहनों से राखी बंधवाई. इस दौरान उन्होंने बहनों के लिए एक हजारों में मेरी बहना है गाना गाया और वादा किया 07 अगस्त को रक्षाबंधन के लिए 250 रुपए जारी करेंगे. साथ ही कहा दीपावली के बाद आने वाली किश्त 1250 की जगह 1500 आने लगेगी.
सीएम ने शोक संवेदना व्यक्त की
मुख्यमंत्री ने सांदीपनि आश्रम के पुजारी रूपम व्यास के निधन पर श्रद्धांजलि दी. इसके अलावा सीएम जगदीश जोशी के निवास पर पहुंचकर स्वर्गीय राम जानकी जोशी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित किए. गांव छायन पहुंचकर जिला पंचायत सदस्य शोभाराम मालवीय के काका के निवास पहुंचकर दिवंगत कचरूलाल मालवीय के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर परिवारों को शोक संवेदना व्यक्त की.
विकास की राह पर हम सबको साथ लेकर बढ़ रहे हैं आगे: मुख्यमंत्री डॉ. यादव
3 Aug, 2025 11:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि विकास का प्रकाश सभी तक पहुंचे, हमारी सरकार इसी मंशा से काम कर रही है। विकास की हर एक बात पर और तरक्की की राह पर हम सबको साथ लेकर तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उज्जैन में 155 करोड़ रुपए लागत के विकास कार्यों से शहर की तस्वीर बदलेगी। इन निर्माण कार्यों से शहर की बड़ी आबादी को स्थाई लाभ मिलेगा। इन निर्माण कार्यों से वर्ष 2028 में होने वाले सिंहस्थ महाकुंभ में लाखों श्रद्धालुओं को आवागमन में भी आसानी होगी। उन्होंने कहा कि यह तो सिर्फ बानगी है, विकास की पूरी फिल्म अभी बाकी है। प्रदेश में चहुंओर विकास के काम हो रहे हैं। देश के साथ-साथ हमारा अपना मध्यप्रदेश भी बदल रहा है। विकास की बयार से प्रदेश का हर कोना निखर रहा है। उज्जैन जिले में हो रहे विकास कार्यों का विस्तार से जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के नवनिर्माण में हम सबका सहयोग लेकर आगे बढ़ते रहेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविवार को कालीदास अकादमी में उज्जैन शहर में विभिन्न प्रकार के निर्माण कार्यों के भूमिपूजन एवं लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दीप प्रज्ज्वलन एवं कन्यापूजन कर लगभग 155 करोड़ रुपए की लागत वाले 8 नवीन सेतुओं और दो नवीन मार्गों के निर्माण कार्य का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया।
कार्यक्रम में बहनों ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव को विशाल राखी भेंट की। उन्होंने सभी बहनों का आभार जताया और कहा कि हमारी सरकार बहनों का मान-सम्मान बढ़ाने में कोई कमी नहीं रखेगी। बहनों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए हम नवाचारों के जरिए आगे बढ़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम के दौरान तिरंगा लहराकर आने वाले स्वतंत्रता दिवस का उल्लास व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हमारी नई पीढ़ी को स्वतंत्रता का महत्व बताने और जन-जन को आजादी पर्व से जोड़ने के लिए केन्द्र सरकार के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश में "हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता : स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग" अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान 2 अगस्त से 15 अगस्त तक तीन चरणों में चलाया जायेगा। इस दौरान प्रदेश में विभिन्न प्रकार की गतिविधियां होंगी। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के रंग, हम अपने घर, अपने परिवेश की स्वच्छता और शुचिता के संग मनाएंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और दूरदर्शिता से देश का मान-सम्मान बढ़ा है। उन्होंने देश को विकास की एक नई ऊर्जा से भर दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हाल ही में चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर ने पाकिस्तान को पस्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि विधायिका, न्यायपालिका एवं चुनाव आयोग ने गणतांत्रिक राष्ट्र भारत में लोकतंत्र को दिनों-दिन और समृद्ध बनाया है। परंतु कुछ विरोधी लोग सदैव लोकतांत्रिक परम्पराओं और व्यवस्थाओं पर उंगली उठाते हैं, देश ऐसे विरोधी लोगों को बर्दाश्त नहीं करेगा।
विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा एवं विधायक सतीश मालवीय ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव मानवता की सेवा को ही अपना परम धर्म मानते हैं। उनके नेतृत्व में प्रदेश में विकास का एक नया दौर प्रारंभ हुआ है। इस अवसर पर महापौर मुकेश टटवाल, नगर निगम की सभापति सुकलावती सहित अन्य जन प्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा में 7 सहायक कंपनियां करेंगी काम
3 Aug, 2025 10:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : प्रदेश में नगर वाहन सेवा समेत अंतरशहरी बस सेवा को सुगम बनाने के लिये मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा प्रदेश में जल्द ही शुरू किये जाने के प्रयास परिवहन विभाग द्वारा किये जा रहे है। इसके लिये प्रदेश में राज्य स्तरीय कम्पनी के साथ 7 सहायक कंपनियां गठित की गई हैं। मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा योजना को राज्य शासन द्वारा अप्रैल 2025 में स्वीकृति दी जा चुकी है।
कंपनियों का गठन
प्रदेश में राज्य स्तरीय कंपनी मध्यप्रदेश यात्री परिवहन एवं अधोसंरचना लिमिटेड कंपनी का गठन रजिस्ट्रार ऑफ कंपनी एक्ट में 3 जुलाई 2025 को पंजीयन के साथ हो गया है। मुख्यमंत्री राज्य स्तरीय कंपनी के अध्यक्ष होंगे। परिवहन मंत्री एवं मुख्य सचिव उपाध्यक्ष होंगे। राज्य स्तरीय कंपनी के अधीन राज्य शासन के द्वारा लिये गये निर्णयों के अनुसार 7 सहायक कंपनी सम्पूर्ण प्रदेश में रहेगी। वर्तमान में इंदौर, उज्जैन, भोपाल, जबलपुर, सागर, रीवा और ग्वालियर में कार्य कर रही सिटी बस कंपनी के शेयर होल्डिंग में परिवर्तन करते हुए इन सातों शहरों की नवगठित कंपनिया बनाई गई है। मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के अंतर्गत सभी संभागों में वैज्ञानिक पद्धति से ट्रैफिक सर्वे करते हुए नये सिरे से नवीन बस रूट निर्धारण और इन रूट्स पर बस फ्रिक्वेंसी के निर्धारण कार्य तेजी से किया जा रहा है। इस क्रम में उज्जैन एवं इंदौर संभाग का ट्रैफिक सर्वे और रूट निर्धारण का कार्य अंतिम चरण में है। जबलपुर एवं सागर संभाग में सर्वे कार्य जारी है। इसके बाद भोपाल, नर्मदापुरम, रीवा, शहडोल, ग्वालियर तथा चंबल संभाग के रूट्स सर्वेक्षण का कार्य भी किया जाएगा।
अधोसंरचना का कार्य पीपीपी मॉडल पर होगा
मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा में वर्तमान निजी बस ऑपरेटर्स को पारदर्शी प्रक्रिया के साथ शासन नियंत्रित बस कंपनी द्वारा अनुबंधित कर कंपनी के सुपरविजन में बस संचालित होंगी। इस योजना में प्रत्येक जिले में बस डिपो, अत्याधुनिक बस स्टेंड और बस स्टॉप का निर्माण पीपीपी (पब्लिक प्राईवेट पार्टनरशीप) मॉडल में किया जाएगा। उज्जैन एवं इंदौर रूट सर्वे कार्य अंतिम चरण होने से इन बस कंपनी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिलेवार बस ऑपरेटर्स से सलाह कर रूट निर्धारण के संबंध में आवश्यक सलाह मशविरा कर सकेंगे।
संदीप सोनी को अतिरिक्त प्रभार
उज्जैन सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विस लिमिटेड के सीईओ का अतिरिक्त प्रभार संदीप सोनी को सौपा गया है। संदीप सोनी वर्तमान में मुख्य कार्यपालन अधिकारी उज्जैन प्राधिकरण भी हैं।
क्षेत्रीय सहायक कम्पनी
प्रदेश की 7 क्षेत्रीय सहायक कम्पनी अपनी क्षेत्राधिकार के जिलों में सिटी बस सेवा और अंतरशहरी बस सेवा के संचालन की जिम्मेदारी का निर्वहन करेंगी। प्रदेश में लम्बे समय से शहरी और अंतरशहरी बस सेवा की आवश्यकता महसूस की जा रही है। इन बस सेवाओं में इस बात का ख्याल रखा जाएगा कि यात्रियों को आरामदायक, सुरक्षित और किफायती दर पर निर्धारित समय पर बस सेवा उपलब्ध हो सकें।
लाड़ली बहनों को रक्षाबंधन पर शगुन के रूप में दी जायेगी 250 रूपये अतिरिक्त राशि : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
3 Aug, 2025 10:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश की महिलाएं मेरी बहने हैं यह मेरा मान है, सम्मान है, बहनों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं आए इसके लिए मध्यप्रदेश सरकार कृत संकल्पित है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आगामी 07 अगस्त को लाड़ली बहनों के खातों में 250 रुपए की अतिरिक्त राशि रक्षाबंधन के शगुन के रूप में दी जायेगी, जो रक्षाबंधन पर भाई की तरफ से छोटा सा उपहार है। यह राशि प्रतिमाह मिलने वाली 1250 रुपए से अतिरिक्त होगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उज्जैन की बेस्ट लाइफ स्टाइल कंपनी में वर्तमान में 1500 बहनों को रोजगार मिल रहा है। आने वाले समय में 4 हजार बहनों को रोजगार मिलेगा। इसके लिए सरकार कंपनी को नवीन जगह दे रही है, जहां बहनों के लिए आवासीय सुविधा भी उपलब्ध होंगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविवार को बेस्ट लाइफस्टाइल कंपनी उज्जैन में कार्यशील बहनों द्वारा आयोजित रक्षाबंधन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रतिभा सिंटेक्स भी 7 हजार से अधिक बहनों को रोजगार दे रही है और यह बहने अपनी कार्य कुशलता से ऐसे उत्पाद बना रही हैं, जो सीधे अमेरिका को निर्यात किया जा रहा है। कंपनी ने 11 लाख यूनिट कपड़े बनाकर अमेरिका को निर्यात किये है, आने वाले समय में यह कंपनी 20 लाख यूनिट बनाकर निर्यात करेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा एकसी कर्मशील बहनों के चरणों में प्रणाम है, बहनें मेरे लिए सब कुछ है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उज्जैन के कपड़ा मिलो से पहले में 5 हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिलता था, वर्तमान में 20 हजार से अधिक लोगों को रोजगार प्रदान किया जा रहा है और आने वाले समय में यह संख्या लगातार बढ़ती जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा की उद्योग धंधे उज्जैन में आ रहे हैं। निवेशक हमारे प्रदेश के प्रति आकर्षित हो रहे हैं, निवेश कर रहे हैं हमें रोजगार भी उपलब्ध करा रहे हैं। यह देश-विदेश में हमारे लिए सम्मान की बात है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बहने हमारे लिए ईश्वर की एक सौगात है। त्यौहारों का राजा रक्षाबंधन है, इस त्यौहार में बहने अपने भाइयों के लिए सब कुछ निछावर कर देती है। प्यार, सम्मान, दुलार और दूसरे परिवार में जाकर उनका सम्मान भी बढ़ाती है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हम सभी बहनों को इस बात का भी ध्यान रखना है कि यह कंपनी लगातार कार्य करती रहे और इस कंपनी में अपने समर्पण के साथ काम करें। इस कंपनी से हमें रोजगार मिलता है जीवन यापन का साधन मिल रहा है तो हमें भी समर्पण के साथ काम करना चाहिए। मध्यप्रदेश सरकार इस कंपनी की बहनों को 5 हजार रूपये प्रदान कर रही है ऐसी भी और कई योजनाएं मध्यप्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही है। आने वाले समय में मध्यप्रदेश सरकार और बेहतर काम करने के लिए प्रयासरत है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव कंपनी की बहनों ने राखी बांधी और तिलक लगाया। मुख्यमंत्री ने बहनों को उपहार प्रदान किए।
इस अवसर पर विधायक अनिल जैन कालूखेड़ा, नगर निगम सभापति कलावती यादव, जनप्रतिनिधि, अधिकारी सहित हजारों की संख्या में लाड़ली बहने उपस्थित रही।
भारतीय त्यौहारों की बात ही निराली है, हमारे उत्सव हमारी संस्कृति के जीवंत उत्सव हैं: राज्य मंत्री गौर
3 Aug, 2025 10:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंखयक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर ने कहा है कि भारतीय त्यौहारों की बात ही निराली है, हमारे उत्सव हमारी संस्कृति के जीवंत उत्सव होते हैं। सावन वह ऋतु है, जिसमें प्रकृति स्वयं नृत्य करती है। यह महीना केवल बारिश का नहीं है, यह शिव की भक्ति, नारी की शक्ति और प्रकृति की भव्यता का संगम है। राज्यमंत्री गौर रविवार को अयोध्या नगर में तीज उत्सव समारोह में हजारों की संख्या में उपस्थित नारी शक्ति को संबोधित कर रही थी। उन्होंने कहा कि सावन तो जैसे नारी का ही महीना है, जिसमें वह घर को सजाती है, समाज को जोड़ती है और परंपरा को अगली पीढ़ी तक सौंपती है। नारी सिर्फ घर की नहीं, हमारी संस्कृति की संरक्षक भी हैं। उन्होंने कहा कि "नारी जब परंपरा निभाती है, तो पीढ़ियाँ संस्कार सीखती हैं। सच पूछिए तो… स्त्री की यही आस्था, हमारी सनातन संस्कृति की असली शक्ति है।
राज्यमंत्री गौर ने कहा कि मुझे आज बहुत प्रसन्नता है कि बड़ी संख्या में आप सावन महोत्सव मनाने के लिए आए। यह जरूर कहना चाहूंगी उत्सव के साथ कुछ संकल्प लेने की हमको आवश्यकता है। सामाजिक एकता परिवार की खुशहाली और स्वस्थ जीवन से जुड़ने का काम भी करें। मैं सभी बहनों से कहना चाहूंगी कि सावन के महीने में सभी को एक पेड़ जरूर लगाना है। दूसरा यह कि विवाह और हमारे त्यौहार में गाए जाने वाले गीत अपने घर की बेटी और बेटी स्वरूप बहू को जरूर सिखाएंगे।
सावन उत्सव में तीन हजार से अधिक महिलाएं उपस्थित थी। उत्सव स्थल पर स्टाल लगाए, डांस, संगीत, रैंप वाक, झूलों का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बहनों को पुरस्कृत किया गया।
नानाखेड़ा स्टेडियम में 50 करोड़ की लागत से बनाए जाएंगे एस्ट्रो टर्फ और पेवीलियन : मुख्यमंत्री डॉ यादव
3 Aug, 2025 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि उज्जैन में बैडमिंटन प्रति अच्छा वातावरण बन रहा है। उज्जैन के नानाखेड़ा स्टेडियम का विकास 11:45 करोड रुपए की लागत से किया गया है। आने वाले समय में यहां 50 करोड़ रुपए की लागत से एस्ट्रो टर्फ और पेवीलियन बनाए जाने की मंजूरी सरकार द्वारा दी गई है। यहां सिंथेटिक ट्रेक भी बनाया जाएगा। स्टेडियम में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजन भी किए जाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आगामी सिंहस्थ 2028 महापर्व के अंतर्गत विक्रम उद्योगपुरी में 1000 एकड़ जमीन उद्योगों की स्थापना के लिए आवंटित की गई है, आने वाले समय में 1000 एकड़ जमीन और दी जाएगी। विकास के मामलों में अब उज्जैन पीछे नहीं रहेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविवार को नानाखेड़ा स्टेडियम में आयोजित जी एच रायसोनी मेमोरियल 58 वीं मध्यप्रदेश राज्य जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप 2025 के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने सफल आयोजन के लिए आयोजनकर्ताओं को अपनी ओर से शुभकामनाएं दीं।
जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष वैभव यादव ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का शाल और श्रीफल भेंट कर स्वागत किया और एसोसिएशन के सदस्यों ने स्मृति चिन्ह भेंट किया।
पुरस्कार वितरण
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बैडमिंटन चैंपियनशिप के विजेताओं और उपविजेताओं को पुरस्कार वितरण किये। चैंपियनशिप के फाइनल में जीते खिलाड़ी मिक्स्ड डबल अंडर 17 कन्हैया शर्मा, कृतिका पाठक, मिक्स्ड डबल्स अंडर 19 ओम पटेल, कीर्ति तिवारी, बॉयज सिंगल अंडर 17 मेदांश शर्मा, बॉयज सिंगल अंडर 19 नैवेद्य तोंडे, गर्ल्स सिंगल अंडर 17 नित्या जादौन, बॉयज डबल अंडर 19 देव कुमावत, अंगद मुछाल, गर्ल्स डबल अंडर 19 आस्था शर्मा, कीर्ति तिवारी, गर्ल्स सिंगल अंडर 19 माही पवार, बॉयज डबल्स अंडर 17 शौर्य मिश्रा, अथर्व सक्सेना, गर्ल्स डबल अंडर 17 नित्या जादौन, नाविका सोमानी को ट्राफी प्रदान की गई।
इस दौरान विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, महापौर मुकेश टटवाल, नगर निगम सभापति कलावती यादव सहित एसोसिएशन के राजेंद्र भारती, संजय अग्रवाल, राजेश धाकड़, अश्विन गुप्ता और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एवं नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि अंडर 19 के यहां के जो विनर हैं वे गोवा में बेस्ट ज़ोन चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई हुए हैं, जो मध्यप्रदेश की टीम का नेतृत्व करेंगे। आभार प्रदर्शन एसोसिएशन के सचिव अनुराग शर्मा ने किया।
भारतीय रेलवे गढ़ रही है नए-नए कीर्तिमान : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
3 Aug, 2025 09:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में नया भारत विश्व में अपनी अलग पहचान बना रहा है। प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन और रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव के नेतृत्व में रेलवे नए कीर्तिमान गढ़ रहा है। भावनगर से अयोध्या नई एक्सप्रेस ट्रेन की शुरुआत अत्यंत सुखद है। इससे भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण के साथ संबंध का स्मरण भी हो रहा है। प्रभु श्रीराम और श्रीकृष्ण से ही दुनियाभर में भारत की पहचान बनी हुई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविवार को जबलपुर-रायपुर एक्सप्रेस और रीवा-पुणे (हडपसर) एक्सप्रेस के शुभारंभ कार्यक्रम में उज्जैन से वर्चुअली शामिल हुए और संबोधित किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नई ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश आज रेल कनेक्टिविटी के मामले में छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र से सीधे जुड़ रहा है। जबलपुर-रायपुर एक्सप्रेस और रीवा-पुणे (हडपसर) एक्सप्रेस के शुभारंभ से यात्रियों के साथ व्यापार-व्यवसाय और पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा मिलेगा। बघेलखंड अंचल के रीवा में टाइगर सफारी और मैहर शक्तिपीठ की मां शारदा देवी के दर्शन सुलभ हो पाएंगे। इसी प्रकार संस्कारधानी जबलपुर और भेड़ाघाट आने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी। भारतीय रेलवे ने गत 11 वर्ष में उल्लेखनीय प्रगति की है। इलेक्ट्रिफिकेशन का शतप्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 2025-26 में 2 लाख 65 हजार करोड़ के बजट का प्रावधान रखा गया है। जबलपुर-रायपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस से पड़ोसी राज्य के साथ कनेक्टिविटी और बढ़ जाएगी।
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का रेलवे के साथ भावनात्मक जुड़ाव है। यह देश के गरीब और मध्यम वर्ग के लिए आवागमन का प्रमुख साधन है। प्रधानमंत्री मोदी के विजन से केंद्र सरकार ने 10-11 वर्ष में रेलवे को आधुनिक बनाने के लिए संकल्प के साथ कार्य किए हैं। नई ट्रेनों की शुरुआत, आधुनिक कोच निर्माण और रेलवे स्टेशनों का जीर्णोद्धार रेलवे के अभूतपूर्व कार्य हैं। रीवा से पुणे की कनेक्टिविटी बढ़ रही है। जबलपुर और रायपुर के बीच नई ट्रेन से जनजातीय अंचल को लाभ मिलेगा। गत 11 साल में 34 हजार किलोमीटर नए रेलवे ट्रैक बनाए हैं। प्रतिदिन 12 किलोमीटर ट्रैक बिछाया जा रहा है और 1300 स्टेशनों का नव निर्माण किया जा रहा है, यह दुनियाभर के विकसित देशों में अपने आप में अलग स्थान रखता है। वंदेभारत जैसी नई ट्रेन चलाई जा रही हैं। देश में 8 अमृत भारत एक्सप्रेस शुरू की जा चुकी हैं, इसमें वंदेभारत जैसी सुविधाएं कम किराये पर दी जा रही है। नमो भारत, आसपास के दो शहरों की कनेक्टिंग ट्रेन हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने रेलवे की सूरत बदलने का संकल्प लिया है। वैष्णव ने कहा कि पोरबंदर से राजकोट नई ट्रेन जल्द शुरू करेंगे। राणावाद स्टेशन पर नई कोच मेंटेनेंस फैसिलिटी विकसित करेंगे।सारडिया से बांसजालिया नई रेल लाइन बिछाएंगे। मुंबई से अहमदाबाद के बीच जल्द ही बुलेट ट्रेन की भी शुरुआत होगी। यह ट्रेन मात्र 2 घंटे 13 मिनट में गंतव्य तक पहुंचेगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का माना आभार
केंद्रीय रेल मंत्री वैष्णव ने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार मानते हुए कहा कि उनका सहयोग रेल नेटवर्क के विस्तार में निरंतर प्राप्त हो रहा है। डबल इंजन की सरकार होने से कोई भी प्रकल्प अधिक समय लंबित नहीं रह पाता है। नए रेल संचालन के शुभारंभ कार्यक्रम में अनेक मंत्रीगण, जनप्रतिनिधि और नागरिक प्रत्यक्ष और वर्चुअल रूप से शामिल हुए।
प्रारंभ हुई नई रेल सेवाओं से 4 राज्यों मध्यप्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र और गुजरात के मध्य बेहतर रेल कनेक्टिविटी स्थापित होगी, जिसका इन चारों राज्यों के नागरिकों को परिवहन और व्यापार-वाणिज्य की दृष्टि से प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। जबलपुर से रायपुर, रीवा से पुणे और भावनगर से अयोध्या के लिए नई एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन प्रारंभ होने से रेल नेटवर्क के विस्तार में नया आयाम जुड़ा है।
लाड़ली बहनों के आशीर्वाद से तेजी से हो रहे प्रदेश में विकास कार्य
3 Aug, 2025 09:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि आज मैं जहां भी हूं बाबा श्रीमहाकाल और आप सभी लाड़ली बहनों के आशीर्वाद से हूं। लाड़ली बहनों के आशीर्वाद से प्रदेश में विकास के सभी कार्य तेजी से हो रहे हैं। सनातन संस्कृति के सभी त्यौहार हमें जोड़ने का कार्य करते हैं और पारिवारिक संबंध मजबूत करते हैं। रक्षाबंधन के त्यौहार पर जब बहनों के साथ भांजे भांजी का घर में आगमन होता है तो घर की रौनक और भी बढ़ जाती है। रक्षा-सूत्र केवल धागा नहीं एक संकल्प है बहन की रक्षा का, सहयोग का और स्वप्नों को साकार करने का। भगवान कृष्ण को द्रौपदी ने रक्षा-सूत्र बांधा, भगवान श्रीकृष्ण ने राखी का मान रखना सिखाया। भगवान श्रीकृष्ण ने सभी कर्तव्यों में बहन द्रौपदी की हर समय, हर परिस्थिति में रक्षा की। भगवान शिव की शक्ति माता पार्वती भी प्रकृति को कष्ट होने पर माँ कालिका का रूप लेकर कष्टों का निवारण करती हैं। इसी प्रकार लाड़ली बहनें भी प्रदेश और समाज के सभी कष्टों का निवारण करती हैं। बहनों, बुआ और बेटियों से ही पारिवारिक, सामाजिक और आर्थिक समृध्दि होती है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव उज्जैन स्थित रघुनंदन गार्डन में रविवार को लाड़ली बहनों द्वारा आयोजित रक्षाबंधन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से दुश्मनों को यह बता दिया कि हम बहनों के सिंदूर की रक्षा के लिए कृत-संकल्पित हैं। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बहनों का सशक्तिकरण करने के लिए लखपति दीदी और ड्रोन दीदी आदि योजनाएं संचालित की जा रही हैं। दुनिया के सभी देशों में केवल भारत ही है जहां त्यौहार को रिश्तों से जोड़कर सामूहिक जीवन जीने की शैली सिखाते हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार बहनों के जीवन में समृध्दि लाने के लिए कार्य कर रही है। राज्य सरकार बहनों के उत्थान के लिए सदैव कार्य करती रहेगी। लाड़ली बहनाओं को वर्तमान में 1250 रुपए की राशि प्रदान की जा रही है उसे बढ़ाकर भाईदूज से 1500 रूपये किये जाएंगे। बहनों को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए शासन द्वारा संपूर्ण मदद की जा रही है। राज्य सरकार की ओर से कारखानों में कार्य करने वाली हर बहन को 5 हजार रुपए की राशि दस वर्ष तक प्रदान की जा रही है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम की शुरुआत लाड़ली बहनों को झूला झुलाकर की। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलन कर कन्या-पूजन भी किया गया। इस अवसर पर कन्याओं को स्कूल बैग और पुस्तकें भेंट की गई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने लाड़ली बहनों पर पुष्प वर्षा की और उनसे राखी बंधवाई। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव को लाड़ली बहनों ने हस्तनिर्मित बड़ी राखी भेंट की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम में लाड़ली बहनों का आभार ‘’फूलों का तारों का, सबका कहना है; एक हजारों में मेरी बहना है’’ गीत गाकर प्रकट किया।
रक्षाबंधन कार्यक्रम में बडी संख्या में लाड़ली बहनें, महापौर मुकेश टटवाल, सभापति कलावती यादव, संजय अग्रवाल, रवि सोलंकी, पार्षदगण व अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारीगण उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पत्रकारों के मेधावी बच्चों का किया सम्मान
3 Aug, 2025 09:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि उज्जैन भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा की शिक्षा स्थली रही है। यहां अध्ययन का अलग ही महत्व है। उन्होंने कहा कि वे उज्जैन में पहली बार पत्रकारों के मेधावी बच्चों के सम्मान के कार्यक्रम में उपस्थित होकर गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने मेधावी बच्चों से खूब पढ़ने और उज्जैन के साथ ही मध्यप्रदेश और देश का नाम रौशन करने की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविवार को सिटी प्रेस क्लब उज्जैन द्वारा आयोजित समारोह में पत्रकारों के 50 से अधिक मेधावी बच्चों का सम्मान करने के बाद संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बच्चों को पुष्पमाला पहनाई और सम्मान पत्र प्रदान किया।
कार्यक्रम को सिटी प्रेस क्लब अध्यक्ष शैलेंद्र कुल्मी ने संबोधित करते हुए इस अवसर को पत्रकारों और उनके परिवार को संबल बताया। इंदौर के वरिष्ठ पत्रकार राजेश चेलावत ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अल्प समय में प्रदेश में जो विकास कार्य प्रारंभ किए हैं, वह अद्वितीय हैं। उन्होंने कहा कि आज के युग में शिक्षित होने के साथ-साथ प्रशिक्षित होना भी आवश्यक है और जब पत्रकारों के बच्चे उच्च शिक्षा प्राप्त कर आगे बढ़ते हैं, तो यह पूरी पत्रकार बिरादरी का सम्मान होता है।
कार्यक्रम में नगर निगम सभापति कलावती यादव, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, संजय अग्रवाल, पूर्व विधायक राजेंद्र भारती, मुकेश यादव, रवि सोलंकी, दिनेश जाटवा उपस्थित रहे।
स्व-सहायता समूह से जुड़कर बदली जिंदगी की तस्वीर
मध्यप्रदेश में गेहूं खरीदी लक्ष्य 78 से बढ़कर 100 लाख मीट्रिक टन हुआ
माताओं-बहनों को सर्वोपरि रखने की है हमारी संस्कृति : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
रेल चिकित्सालय में स्वास्थ्य शिविर, पोषण पर विशेष फोकस
सुभेंदु सरकार की पहली प्रतिक्रिया: ‘हम पर हमला हुआ, कार तोड़ी गई’
पूर्व सेवा गणना पर बड़ा फैसला, हाई कोर्ट की डबल बेंच ने दिया झटका
मतदान के बीच बंगाल में बवाल: मुर्शिदाबाद से सिलीगुड़ी तक झड़प, तोड़फोड़ और आगजनी की खबरें
BJP सांसद का हमला: मल्लिकार्जुन खरगे का ‘दिमागी संतुलन बिगड़ा’
नहर किनारे वीडियो शूटिंग के दौरान हादसा, इलाके में मातम
