मध्य प्रदेश
IAS मंजूषा राय के मामले में SDM आदित्य जैन को भोपाल कोलार से हटा दिया
8 Aug, 2025 12:29 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। भोपाल की IAS मंजूषा राय के घर पर JCB से तोड़फोड़ के मामले में SDM आदित्य जैन के खिलाफ एक्शन लिया गया है। SDM आदित्य जैन को भोपाल कोलार से हटाकर उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण में विभाग में भेज दिया गया है। वह 2016 बैच की आईएएस अधिकारी हैं, जो राज्य प्रशासनिक सेवा से पदोन्नत हुई हैं। वहीं, इस सिलसिले में कोलार के एसडीएम आदित्य जैन को हटा दिया गया है। दानिशकुंज स्थित उनके मकान के विवाद में कोर्ट ने 13 अगस्त तक स्टे दे दिया है। अगली सुनवाई तक दूसरा पक्ष मौजूदा मकान को कोई नुकसान नहीं पहुँचा सकेगा।
शिवपुरी में हैंडपंप से पानी भरने को लेकर हुए विवाद में ले ली महिला की जान, जहर देने का आरोप
8 Aug, 2025 11:33 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
शिवपुरी: हैंडपंप से पानी भरने के दौरान पड़ोसियों के बीच हुए विवाद में एक पक्ष ने दूसरे पक्ष की एक महिला को उसके घर में घुसकर मारा-पीटा और फिर उसको जहर पिला दिया. महिला को उसके परिजन उपचार के लिए रन्नौद स्वास्थ्य केंद्र लेकर गए, जहां से उसे कोलारस रेफर कर दिया गया. कोलारस पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई. पुलिस ने फिलहाल महिला का पोस्टमार्टम करवा कर केस दर्ज कर लिया है. पीएम के बाद मृतका के स्वजनों ने गांव में उसके शव को रखकर प्रदर्शन भी किया. घटना के बाद से आरोपी फरार हैं.
शिवपुरी के रन्नौद थानांतर्गत ग्राम पांडेपुर का मामला, महिलाओं में पानी भरने को लेकर विवाद
जानकारी के अनुसार रन्नौद थानांतर्गत ग्राम पांडेपुर में बुधवार की शाम विमला(40 साल) पत्नी रामसिंह केवट गांव के हैंडपंप पर पानी भर रही थी. इसी दौरान गांव के रघुवीर चंदेल के परिवार की महिलाएं भी पानी भरने पहुंच गईं. दोनों पक्ष की महिलाओं में पानी भरने को लेकर विवाद हो गया जो मारपीट तक जा पहुंचा. रघुवीर पक्ष के लोगों ने विमला को मारना-पीटना शुरू कर दी. जब महिला के बेटी उसको बचाने के आई तो आरोपितों ने उसके साथ भी मारपीट की.
मृतका के परिजनों ने गांव में शव के रखकर किया प्रदर्शन
आरोप है कि आरोपितों विमला को जबरन जहर पिला दिया. हालत बिगड़ने पर उसे उपचार के लिए ले जाया गया, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई. पीएम के उपरांत स्वजनों ने गांव में शव का अंतिम संस्कार करने के बजाय गांव के रास्ते पर शव रखकर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया.इस मामले में कृषि उपज मंडी समिति अध्यक्ष जय किशन मांझी का कहना था कि अगर मामले में आरोपितों के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं की जाएगी तो अंतिम संस्कार भी नहीं किया जाएगा. मौके पर पहुंचे रन्नौद थाना प्रभारी अरविंद चौहान ने मृतका के परिजनों को उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर शव का अंतिम संस्कार कराया.
पुलिस ने उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर कराया अंतिम संस्कार
मामले में रन्नौद थाना प्रभारी अरविंद चौहान ने कहा, "शव का पोस्टमार्टम कराकर मर्ग कायम कर लिया है. जांच के दौरान स्वजनों के बयानों व तथ्यों के आधार पर आरोपितों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी."
मछली को क्यों पसंद है खटाई....ड्रग्स कांड के बाद हथियार तस्करी में आया नान खटाई का नाम
7 Aug, 2025 08:07 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। राजधानी भोपाल में ड्रग्स कनेक्शन सामने निकलने के बाद तमाम आरोपों में मछली परिवार घिर चुका है। ताजा मामला निकाल कर सामने आया है जिसमें मछली परिवार का करीबी गौरव चौहान उर्फ नान खटाई का नाम हथियार तस्करी में सामने आया है। दरअसल यासीन मछली जब गिरफ्तार हुआ था उसने कई सनसनी खेज खुलासे किए थे यासीन के खुलासे के बाद ही हथियार तस्करी का मामला भी खुल गया था। यासीन की निशानदेही पर पड़काया भूरी हथियार के साथ गिरफ्तार हुआ था।भूरी की निशानदेही पर दो अन्य भी गिरफ्तार हुए। ड्रग्स कांड के बाद भोपाल पुलिस सिर्फ हथियार तस्करों की कुंडली निकालने में लगी हुई है।
भोपाल पुलिस गौरव चौहान उर्फ नान खटाई की तलाश में जोरो से जुटी है।लेकिन अब तक वह फरार चल रहा है। क्राइम ब्रांच के सूत्रों ने बताया कि क्राइम ब्रांच ने कई तस्करों की कुंडली बना रखी है। लेकिन उसमें सबसे बड़ा नाम नान खटाई का है।पुलिस सूत्र बता रहे है कि यासीन ने पुलिस को बताया था कि उसने नान खटाई को 2 पिस्टल दी थी।हालांकि नान खटाई को जानने वाले लोग बताते है कि वह 24 घंटे हथियार लेकर चलता है।नानखटाई पहले भी पुलिस की गिरफ्त में आ चुका है लेकिन राजनीतिक रसूख के चलते वह छूट जाता था अब भोपाल पुलिस ने खटाई का पुख्ता इंतजाम कर दिया है।पुलिस के पास नान खटाई के तस्करी में शामिल होने के पुख्ता सबूत है।
अब आपको बताते है कि नान खटाई मछली परिवार का कितना है करीबी - ड्रग्स माफिया यासीन मछली ओर जिहादी सारिक नान खटाई के सबसे खास है।नान खटाई के पास सारिक के पूरे काले कारनामे है। सारिक और यासीन को भोपाल में जो भी गुंडागर्दी करनी होती थी वह नान खटाई से करवाया करता था। नान खटाई अपना रुतबा दिखने के लिए भोपाल के क्लबों में भी जाया करता था।बीते कुछ महीनों पहले नान खटाई ने एक क्लब में जमाकर हंगामा किया इतना ही नहीं नान खटाई ने लड़कों को बुलाया और एक क्लब के मालिक को बंदूक की नोक पर चमका दिया।
ये मामला बहुत सुर्खियों में आया लेकिन क्लब मालिक ने खुद ही इस मामले को खत्म कर दिया।खटाई ड्रग्स,और लड़कियों का काफी शौकीन है आए दिन वह नई नई लड़कियों के साथ दिखाई देता था। बताया तो यह भी जाता है कि वह सेक्स रैकेट भी चलता है।लड़कियों को यासीन के इशारे पर ड्रग्स कराना खटाई का काम था।खटाई अपना रुतबा दिखाने के लिए आए दिन सोशल मीडिया पर अपनी हथियारों के साथ फोटो डाला करता था।हथियार दिखाकर लोगों को मारना पीटना उसका आए दिन का काम है। लेकिन जैसे ही ड्रग्स कांड का खुलासा हुआ खटाई ने सभी सोशल प्लेटफॉर्म से अपने फोटो डिलीट कर दिए।
लॉकोपायलट का तनावमुक्त रहना यात्रियों की सुरक्षित यात्रा की कुंजी –रनिंग स्टाफ एवं फैमिली सेमीनार का सफल आयोजन
7 Aug, 2025 07:14 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। यात्रियों की सुरक्षित और समयबद्ध यात्रा सुनिश्चित करने के लिए सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं – हमारे रनिंग स्टाफ यानी ट्रेन चलाने वाले लोको पायलट और सहायक लोको पायलट। यदि ये कर्मचारी मानसिक रूप से स्वस्थ, सजग और तनावमुक्त हों, तो यात्रा न सिर्फ सुगम होती है, बल्कि सुरक्षित भी। इसी उद्देश्य से पश्चिम मध्य रेलवे, भोपाल मंडल द्वारा आज बीना लोको लॉबी में रनिंग स्टाफ एवं उनके परिजनों के लिए एक विशेष सेफ्टी एवं फैमिली सेमीनार का आयोजन किया गया।
इस आयोजन में लगभग 140 रनिंग कर्मचारी अपने परिवारजनों सहित उपस्थित हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता (टीआरओ) श्री सचिन शर्मा ने की, जिनकी प्रेरणादायक उपस्थिति में संवाद, सलाह और सहयोग की सकारात्मक ऊर्जा देखने को मिली।
कार्यक्रम के प्रथम सत्र में सुरक्षा से जुड़ी विषयों पर केंद्रित सेमीनार आयोजित हुआ, जिसमें SPAD एवं माइक्रो स्लीप की रोकथाम, मानसून सुरक्षा सावधानियाँ, शंटिंग व रोलिंग डाउन प्रक्रिया में सावधानी, लोको में आग लगने की स्थिति में कार्यवाही, असिस्टिंग लोको वर्किंग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। विशेषज्ञों द्वारा रनिंग स्टाफ को इन मुद्दों पर जरूरी सलाह दी गई ताकि वे गाड़ी संचालन के दौरान सतर्कता बरतते हुए यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकें।
दूसरे सत्र में एक संवादात्मक पारिवारिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि श्री सचिन शर्मा एवं विशिष्ट अतिथि सहायक मंडल मेडिकल अधिकारी/बीना डॉ. अनिमेष राठौर ने कर्मचारियों और उनके परिजनों से संवाद किया। डॉ. राठौर ने संतुलित आहार, नियमित दिनचर्या एवं मानसिक स्वास्थ्य बनाए रखने के उपाय साझा किए। उन्होंने विशेष रूप से इस बात पर बल दिया कि स्वस्थ शरीर और तनावमुक्त मन ही बेहतर कार्यक्षमता की नींव होते हैं।
परिवारों को कार्यक्रम से जोड़ने हेतु रनिंग स्टाफ की पत्नियों के लिए एक रोचक क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें सही उत्तर देने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। बच्चों के लिए भी उपहार वितरित किए गए, जिससे पारिवारिक माहौल में उत्साह और आनंद का संचार हुआ।
रेल प्रशासन का यह प्रयास दर्शाता है कि एक तनावमुक्त कर्मचारी ही सुरक्षा के उच्चतम मानकों को सुनिश्चित कर सकता है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से भारतीय रेलवे न केवल कर्मचारियों का मनोबल बढ़ा रहा है, बल्कि यात्रियों की यात्रा को और अधिक सुरक्षित और सुखद बनाने की दिशा में भी निरंतर कार्य कर रहा है।
रक्षाबंधन पर यात्रियों को विशेष सुविधा – रानी कमलापति-रीवा स्पेशल ट्रेन में अतिरिक्त कोच जोड़े गए अतिरिक्त 304 सीटों की वृद्धि
7 Aug, 2025 07:10 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। रक्षाबंधन पर्व पर परिजनों से मिलने की योजना बना रहे यात्रियों के लिए रेलवे प्रशासन ने एक और महत्वपूर्ण पहल की है। यात्रियों की अत्यधिक मांग और भीड़ को ध्यान में रखते हुए गाड़ी संख्या 01661 रानी कमलापति-रीवा एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन में 2 अतिरिक्त स्लीपर श्रेणी कोच एवं 2 अतिरिक्त वातानुकूलित तृतीय श्रेणी कोच जोड़े गए हैं।
इस अतिरिक्त कोच वृद्धि से अब अधिक यात्रियों को कंफर्म सीटें मिल रही हैं। विशेष रूप से भोपाल से रीवा की ओर जाने वाली अन्य नियमित ट्रेनों में प्रतीक्षा सूची में फंसे यात्री अब इस स्पेशल ट्रेन में कंफर्म टिकट लेकर यात्रा कर सकते हैं। यह सुविधा रक्षाबंधन जैसे महत्वपूर्ण पर्व के दौरान यात्रियों को राहत देने के उद्देश्य से दी गई है।
यह स्पेशल ट्रेन रानी कमलापति से शुक्रवार, 08 अगस्त 2025 को रात 19:35 बजे प्रस्थान करेगी और विदिशा, बीना, सागर, दमोह, कटनी मुड़वारा, मैहर और सतना होते हुए सुबह 06:20 बजे रीवा पहुंचेगी।
रेल प्रशासन यात्रियों से अपील करता है कि वे इस सुविधा का लाभ उठाएं और यात्रा से पूर्व गाड़ियों की समय-सारिणी एवं ठहराव की जानकारी के लिए अधिकृत स्रोतों जैसे रेल मदद 139 या NTES ऐप का उपयोग करें।
अमृत और वंदे भारत कोच फैक्ट्री का शिलान्यास 10 अगस्त को, रक्षा मंत्री करेंगे उद्घाटन
7 Aug, 2025 07:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल: मेक इन एमपी की दिशा में सीएम मोहन यादव को बड़ी सफलता मिली है। वंदे और अमृत भारत जैसी ट्रेनों के कोच अब मध्य प्रदेश में बनेंगे। भारत सरकार की बड़ी कंपनी बीईएमल अब रायसेन में अपना प्लांट लगा रही है। 1800 करोड़ रुपए से शुरू हो रही इस परियोजना की नींव देश के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह रखेंगे। इस प्रोजेक्ट से प्रदेश के हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा। साथ ही प्रदेश की सूरत बदल जाएगी।
बीईएमएल रायसेन में लगाएगी प्लांट
दरअसल, भारत सरकार की बड़ी कंपनियों में से एक भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड (बीईएमएल) प्रदेश में बड़ा प्रोजेक्ट शुरू करने जा रही है। इस प्रोजेक्ट के तहत देश की प्रीमियम ट्रेनों वंदे भारत, अमृत भारत और मेट्रो कोच का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना की लागत 1800 करोड़ रुपए है। इस प्रोजेक्ट को ब्रह्मा (BRAHMA) नाम दिया गया है। इस कंपनी से प्रदेश के हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा। यह प्रोजेक्ट आत्मनिर्भर भारत की ओर एक बड़ा और अहम कदम है।
रायसेन के उमरिया जिले में लग रही फैक्ट्री
गौरतलब है कि बीईएमएल इस प्रोजेक्ट की स्थापना रायसेन जिले के गांव उमरिया में कर रही है। इस प्रोजेक्ट में 5000 लोगों को प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलेगा। खास बात है कि यह पहला मौका है जब इस प्रकार के रेलवे कोच निर्माण की सुविधा मध्यप्रदेश को मिलने जा रही है। यह राज्य को देश के रेलवे प्रोडक्शन मैप पर अहम स्थान दिलाएगा। जानकारी के मुताबिक, इस प्रोजेक्ट के लिए उमरिया गांव की तहसील गौहरगंज में 148 एकड़ जमीन का आवंटन किया जा चुका है। इस प्रोजेक्ट की दूरी ओबैदुल्लागंज से 4 किमी, एनएच-46 से एक किमी और भोपाल एयरपोर्ट से 50 किमी है।
शुरुआत में 125-200 कोचों का निर्माण
बीईएमएल इस क्षेत्र में 1800 करोड़ रुपये की लागत से वंदे भारत, अमृत भारत, मेट्रो कोच का निर्माण करेगी। शुरुआत में कंपनी सालाना 125-200 कोचों का निर्माण करेगी। 5 साल के अंदर इनकी संख्या 1100 कोच होगी। इस प्रोजेक्ट से भोपाल और रायसेन क्षेत्र में बड़े पैमाने पर छोटे उद्योगों का निर्माण होगा। ये उद्योग आने वाले समय में बीईएमएल को प्रोडक्शन का मटेरियल बनाकर सप्लाई करेंगे।
वैश्विक कदम साबित होगा
गौरतलब है कि भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड (बीईएमएल) का यह नया प्रोजेक्ट आत्मनिर्भर भारत की दिशा में अहम कदम है। इस कंपनी का प्रोजेक्ट ब्रह्मा (BRAHMA) भारत का नेक्स्ट-जेन रेल मैन्युफैक्चरिंग हब है। यह केवल एक संयंत्र नहीं, बल्कि एक दृष्टिकोण है। यह आत्मनिर्भर भविष्य के लिए तैयार और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी प्रोजेक्ट है। बीईएमएल लिमिटेड रक्षा मंत्रालय के तहत ‘शेड्यूल ए’ की कंपनी है। यह रक्षा, रेल, खनन और निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
राजनीतिक रसूख के आगे बेबस जंगल! BJP नेता के करीबी पर अवैध शिकार का आरोप
7 Aug, 2025 06:20 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छतरपुर : मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के चंदला विधानसभा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें कुछ लोग एक जंगली जानवर को गाड़ी पर लाद कर ले जा रहे हैं। फिर उसे काटने के बाद उसके मांस को आपस में बांटते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो वीभत्स है हम आपको दिखा नहीं सकते हैं।
दरअसल, इस पूरे मामले में बीजेपी के राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार के खास माने जाने वाले सुनील अहिरवार का नाम सामने आ रहा है। सुनील बीजेपी का जनपद सदस्य है। उसने कुछ लोगों के साथ मिलकर एक जंगली सूअर का शिकार किया और बाद में उसके मांस को काटकर आपस में बांट लिया। वीडियो वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है। वन विभाग की टीम ने मरे हुए जानवर का अवशेष एकत्र कर फॉरेंसिक लैब में जांच के लिए भेज दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह एक जंगली सूअर था। जिसका शिकार किया गया था। लोगों का कहना है कि वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री के क्षेत्र में ही वन्य जीव सुरक्षित नहीं हैं तो बाकी जगहों का क्या हाल होगा।
जांच के बाद होगी सख्त कार्रवाई
इस पूरे मामले में जब छतरपुर जिले के डीएफओ सर्वेस सोनवानी से बात की गई तो उन्होंने कहा कि मामला उनके संज्ञान में है। एक टीम मौके पर पहुंची है और जानवर के बालों एवं अन्य अवशेषों को जब्त कर लिया है। उन्हें लैब भेज दिया गया है जांच के बाद अगर यह बात सिद्ध होती है कि यह अवशेष जंगली सूअर का है तो सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में जब एनबीटी ने पर्यावरण राज्य मंत्री से बात करने की कोशिश की लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। सोशल मीडिया पर सुनील अहिरवार के साथ मंत्री दिलीप अहिरवार का कई फोटो भी वायरल है।
धाम में दर्शन नहीं, मौत का दीदार... कुबेरेश्वर हादसों का केंद्र क्यों बन रहा है?
7 Aug, 2025 04:25 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सीहोर: कुबेरेश्वर धाम में कांवड़ यात्रा के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु आए थे। कांवड़ यात्रा खत्म हो गई है लेकिन बीते तीन दिनों में कुबेरेश्वर धाम में सात श्रद्धालुओं की मौत हो गई है। ये मौतें अव्यवस्था की वजह से हुई है। वहां आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हैं। वहीं, तंत्र और कुबेरेश्वर धाम प्रबंधन का कहना है कि उम्मीद से अधिक भीड़ आ गई।
अब तक सात मौतें हुई
कुबेरेश्वर धाम में गुरुवार को भी दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई है। यूपी के गोरखपुर के रहने वाले 22 वर्षीय उपेंद्र गुप्ता की मौत हार्ट अटैक से हुई है। इसके बाद एक अन्य श्रद्धालु की मौत हुई। रायपुर के 57 वर्षीय दिलीप सिंह की मौत हो गई। बुधवार को गुजरात के पंचवल के 50 वर्षीय चतुर सिंह और रोहतक के 65 वर्षीय ईश्वर सिंह की मौत हो गई है। साथ ही पांच अगस्त को राजकोट की जसवंती बेन और फिरोजाबाद की संगीता गुप्ता की मौत हो गई थी।
उम्मीद लिए आए थे कुबेरेश्वर धाम
मरने वाले सभी श्रद्धआलु भक्ति के कुबेरेश्वर धाम आए थे। वहीं, खराब व्यवस्था ने इनसे इनकी जिंदगी छीन ली है। इनके शव को जिला अस्पताल के पीएम हाउस में रखा गया है। परिजन शव को आकर ले जाएंगे।
भीड़ नियंत्रित नहीं हो पाई
कांवड़ यात्रा के लिए लाखों की संख्या में वहां श्रद्धालु जमा हुए थे। भोपाल-इंदौर हाईवे पर घंटों लोग जाम की समस्या से जूझते रहे। लेकिन प्रशासन के सारे दावे फेल हो गए। भीड़ नियंत्रित नहीं हो पाई। पानी, भोजन और सफाई जैसी बुनियादी सुविधाएं भी नहीं थीं। पंडित प्रदीप मिश्रा ने कहा था कि उम्मीद से ज्यादा भीड़ आ गई। यह कुंभ जैसा उत्सव होता है।
गर्मी ने बढ़ाई मुसीबत
दरअसल, एमपी में बारिश अभी नहीं हो रही है। उमस वाली भीषण गर्मी पड़ रही है। इसकी वजह से श्रद्धालुओं की परेशानी बढ़ गई। गर्मी, भूख और थकान से वे परेशान थे। गुजरात, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान और मध्य प्रदेश से लगातार श्रद्धालु आ रहे थे। लेकिन, वहां शौचालय, पीने का पानी, सुरक्षा और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कोई व्यवस्था नहीं थी।
सिस्टम कम पड़ गया
एक टीवी चैनल से बात करते हुए कैबिनेट मंत्री गोविंद राजपूत ने माना कि भीड़ उम्मीद से ज्यादा बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि सिस्टम कम पड़ रहा है। मैं प्रशासन से नियंत्रण लेने और यह सुनिश्चित करने का आग्रह करता हूं कि ऐसी त्रासदी दोबारा न हो।
मौतों की जिम्मेदारी कौन लेगा
इसे लेकर राजनीति भी हो रही है। कांग्रेस के पूर्व मंत्री राजेंद्र सिंह ने कहा कि आस्था विफलता को सही नहीं ठहराती। पंडित प्रदीप मिश्रा रुद्राक्ष बांटें या न बांटे, यह उनकी मर्जी है। लेकिन मौतों की जिम्मेदारी कौन लेगा।
पानी और शौचालय
वहीं, एक भक्त ने कहा कि वहां न तो पानी और न ही शौचालय की व्यवस्था थी। उन्होंने हमसे खाने के पैसे लिए। समिति ने कुछ नहीं कहा। महिलाओं को धक्का दिया गया। बुजुर्ग गिर रहे थे। पुलिस बस देख रही थी।
जम जम बेकरी पर छापा, 9 क्विंटल टोस्ट जब्त कर प्रशासन ने की सीलिंग कार्रवाई
7 Aug, 2025 04:03 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
खरगोन: लाइसेंस सस्पेंड किए जाने के बावजूद बेकरी संचालित करना भारी पड़ गया। टीम ने भारी मात्रा में टोस्ट जब्त कर बेकरी पर ताला जड़ दिया है। मध्य प्रदेश के खरगोन जिला मुख्यालय स्थित जमजम बेकरी को विभिन्न अनियमिताओं के चलते सील कर नौ क्विंटल टोस्ट जब्त किए गए हैं।
कलेक्टर के निर्देश पर कार्रवाई
खरगोन के मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी एच एल अवास्या ने बताया कि जिला कलेक्टर भव्या मित्तल के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने करीम नगर स्थित जमजम बेकरी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान टीम ने खाद्य पदार्थ पाम तेल, मैदा और टोस्ट का नमूना संग्रहित कर जांच हेतु भोपाल स्थित प्रयोगशाला में भेजा है।
नौ क्विंटल टोस्ट जब्त
बेकरी में खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम 2006, नियम 2011 के प्रावधानों के तहत पैकेजिंग एवं लेबलिंग में अनियमितता पाए जाने एवं खाद्य लाइसेंस निरस्त होने पर भी संचालन किये जाने पर 9 क्विंटल टोस्ट जब्त कर परिसर को सील कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि पूर्व में बेकरी का निरीक्षण किए जाने पर विभिन्न अन-हाइजीनिक कंडीशंस और अनियमितता पाई गई थी। बेकरी संचालक को सेक्शन 32 के तहत नोटिस दिया गया था, लेकिन उसके निर्धारित अवधि में जवाब नहीं देने पर उसका लाइसेंस निरस्त कर दिया था। लाइसेंस निरस्त होने के बावजूद बेकरी को संचालित किए जाने पर टीम द्वारा छापा मार कार्यवाही की गई। उन्होंने बताया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित संचालक के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम 2006 नियम 2011 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। सैंपल की रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
भोपाल: पेट्रोल भरवाने के विवाद में LLB छात्र की चाकू से गोदकर हत्या
7 Aug, 2025 03:52 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल: बाइक में पहले पेट्रोल डलवाने के लिए हुआ पंगा युवक के लिए जानलेवा साबित हुआ है। यह मामला भोपाल के अयोध्या नगर के पास का है। यहां पर मिनाल के गेट नंबर 3 के सामने तीन बदमाशों ने एक छात्र की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि मृतक छात्र अपने दोस्त के साथ पहले से खड़ा था।
आरोपियों की पहचान नहीं
पुलिस के अनुसार आरोपियों की पहचान नहीं हो पाई है। लेकिन मृतक की उम्र 22 वर्षीय संस्कार बघेले है जो कि इंदौर का रहने वाला था। संस्कार एक प्राइवेट कॉलेज से बीए एलएलबी कर रहा था। वह मंगलवार को घूमने के इरादे से भोपाल आया था।
पहले पेट्रोल के लिए हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि वह अयोध्या नगर में रहने वाले दोस्त अनमोल के घर ठहरा था। बुधवार सुबह पांच बजे वह चाय पीने बाइक से रेलवे स्टेशन के लिए रवाना हुए थे, इसी दौरान पेट्रोल भरवाने के लिए मिनाल गेट नंबर तीन के पड़ोस में बने पेट्रोल पंप पर रुक गए। इसी समय बाइक पर सवार तीन युवक भी उनके पीछे पहुंचे। उन्होंने अपनी गाड़ी संस्कार की बाइक के बाजू में खड़ी कर दी। तीनों युवकों ने पेट्रोल पंप कर्मचारी पर पहले अपनी बाइक में पेट्रोल डालने का दबाव बनाया। इसका संस्कार और अनमोल ने विरोध किया।
इसी पर आगबबूला हो गए आरोपी
यह सुनकर तीनों आरोपी उग्र हो गए और दोनों दोस्तों पर हमला किया। बचने के लिए दोनों दोस्त मिनाल गेट नंबर तीन की तरफ भागे और सड़क पार करने की कोशिश की। इसी बीच आरोपियों ने संस्कार को जमीन पर गिरा दिया। उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। एक युवक ने चाकू निकालकर संस्कार के सीने में घोंप दिया। घायल संस्कार को दोस्त ने इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि जहां हत्या की गई वहां सीसीटीवी कैमरे नहीं थे।
एमपी में स्टांप शुल्क में 400% बढ़ोतरी, किराए और प्रॉपर्टी एग्रीमेंट हुए महंगे
7 Aug, 2025 11:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
Stamp duty in MP- मध्यप्रदेश में स्टांप शुल्क में जबर्दस्त बढ़ोत्तरी कर दी गई है। प्रदेश विधानसभा में यह वृद्धि की गई। विधानसभा में प्रस्तुत भारतीय स्टांप मध्यप्रदेश संशोधन विधेयक के अंतर्गत 400 प्रतिशत तक शुल्क बढ़ाया गया। विपक्षी कांग्रेस विधायकों ने स्टांप शुल्क बढ़ाने का विरोध किया और विधानसभा में खासा हंगामा किया। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि एक तरफ तो कहा जाता है कि हम टैक्स नहीं बढ़ा रहे हैं वहीं दूसरी तरफ शुल्क में ऐसी बढ़ोत्तरी की जा रही है। उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने संशोधन का बचाव करते हुए बताया कि स्टांप शुल्क में बढ़ोत्तरी सोच-समझकर ही की गई है। हालांकि शुल्क वृद्धि के विरोध में कांग्रेस विधायकों ने सदन में जमकर नारेबाजी की और वॉकआउट कर दिया। इसके बाद विधानसभा की कार्यवाही भी अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई।
एमपी में रेंट-प्रॉपर्टी एग्रीमेंट महंगा हो गया है। बुधवार को विधानसभा में 8 विधेयक चर्चा के बाद पारित किए गए। सदन में पेश किए गए भारतीय स्टांप मध्यप्रदेश संशोधन विधेयक का कांग्रेस ने जोरदार विरोध किया। विपक्षी विधायकों ने स्टांप शुल्क बढ़ाने को अनुचित बताते हुए सदन में नारेबाजी की और बाद में वॉकआउट किया।
कांग्रेस विधायकों ने कहा कि स्टांप ड्यूटी बढ़ाने से आम लोगों पर बोझ बढ़ेगा। स्टांप संशोधन विधेयक पर चर्चा के दौरान नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने पूछा कि जो लोग स्टांप ड्यूटी भरते हैं क्या उनसे अभिमत लिया। विधायक बाला बच्चन ने कहा कि इस विधेयक से आम लोगों की जेब खाली हो जाएगी।
प्रदेश के वित्त मंत्री व उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने संशोधन के बारे में कहा कि शुल्क बहुत सोच-समझकर बढ़ाया गया है। एससी-एसटी और ओबीसी वर्ग के लिए एफिडेविट पूरी तरह मुफ्त रखा गया है।
दिल्ली में सिंधिया से मिले एमपी के पूर्व मंत्री, सियासी हलचल तेज
7 Aug, 2025 10:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
Deepak Joshi- मध्यप्रदेश के एक पूर्व मंत्री दिल्ली जाकर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से मिले। बीजेपी के पूर्व सीएम कैलाश जोशी के पुत्र दीपक जोशी ने सिंधिया से यह मुलाकात की। 2 साल पहले वे पार्टी छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गए थे लेकिन 9 माह पहले बीजेपी में लौट आए थे। पूर्व मंत्री दीपक जोशी ने तत्कालीन सीएम शिवराज सिंह चौहान से अनबन के कारण पार्टी छोड़ी थी हालांकि उन्हीं के समक्ष वे दोबारा भगवा दल में आए। उनके केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से दिल्ली जाकर मुलाकात करने से प्रदेश में सियासी अटकलें तेज हो गई हैं। दोनों नेताओं ने अपने एक्स हेंडल पर इस मुलाकात की तस्वीरेें साझा की हैं।
पूर्व मंत्री दीपक जोशी ने 6 मई 2023 को बीजेपी छोड़कर कांग्रेस का दामन थाम लिया था। वे खातेगांव से कांग्रेस की टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़े लेकिन बीजेपी के आशीष शर्मा से 12542 वोटों से हार गए। हार के बाद कांग्रेस से भी दीपक जोशी का मोहभंग हो गया। 9 माह पहले बुधनी उपचुनाव के दौरान उन्होंने बीजेपी जॉइन कर ली।
मोहन यादव का तोहफा: रक्षाबंधन पर लाड़ली बहनों को मिलेंगे 1500 रुपए
7 Aug, 2025 09:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल: मध्य प्रदेश में रक्षाबंधन त्योहार के 2 दिन पहले प्रदेश भर की एक करोड़ 26 लाख बहनों को मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव 1250 रुपए की नियमित राशि के अलावा 250 रुपए का विशेष शगुन भी देंगे. मोहन सरकार ने लाड़ली बहनों के खाते में इस बार 1500 रुपए की राशि देने का ऐलान किया था. जिसमें 250 रुपए की अतिरिक्त राशि राखी के त्योहार के सौगात के तौर पर होगी. ये लाड़ली बहना योजना की 27वीं किश्त है. जानिए कब लाड़ली बहनों के खाते में आएंगे 3 हजार.
जानिए लाड़ली बहनों के खाते में कब कितनी लक्ष्मी बरसेगी?
लाड़ली बहना योजना में हर महीने की 10 तारीख को राशि ट्रांसफर की जाती है लेकिन इस बार राखी का त्योहार होने की वजह से मोहन सरकार 7 अगस्त को लाड़ली बहनों के खाते में इस योजना की राशि ट्रांसफर कर देगी. 7 अगस्त को सीएम डॉ मोहन यादव राजगढ़ जिले के नरसिंहगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में ये राशि ट्रांसफर करेंगे.
'लाड़ली बहनों को छोटा सा उपहार'
सीएम डॉ मोहन यादव ने कहा कि "मध्य प्रदेश सरकार महिलाओं को अपना मान-सम्मान मानती है. इसलिए वह उनके कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है. हमारी सरकार महिलाओं के सर्वांगीण विकास के लिए संकल्पित है." उन्होंने कहा है कि "250 रुपए का शगुन लाड़ली बहनों को उनके भाई की तरफ से छोटा सा उपहार है. खास बात ये है कि 250 रुपये की यह राशि हर महीने मिलने वाली 1250 रुपये से अतिरिक्त होगी." सीएम डॉ मोहन यादव ने कहा कि "बहनों की सुरक्षा और सहयोग के लिए उनका भाई हमेशा तत्पर है."
इस तरह लगातार बढ़ती जाएगी राशि
मध्य प्रदेश में मोहन सरकार हर वर्ष इस राशि में बढ़ोत्तरी करेगी. जिसमें साल 2028 तक महिलाओं को 3 हजार रुपये हर महीने मिलने लगेंगे. इस योजना के तहत महिला सशक्तिकरण और उनके कल्याण के लिए सरकार हर महीने 1500 करोड़ रुपये से ज्यादा उनके खातों में ट्रांसफर कर रही है. प्रदेश सरकार दीपावली के बाद आने वाली भाईदूज पर सभी लाड़ली बहनों को 1250 रुपये से बढ़ाकर हर महीने 1500 रुपये देगी.
01 लाख 24 हजार 701 स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को मिला 20 प्रतिशत छूट का लाभ
6 Aug, 2025 11:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने अपने कार्यक्षेत्र के अंतर्गत 01 लाख 24 हजार 701 स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को उनके मासिक विद्युत बिल में सोलर ऑवर (टाइम ऑफ डे) छूट का लाभ देते हुए जुलाई 2025 में कुल 1 करोड़ 8 लाख 59 हजार 082 रूपये की रियायत दी है। दिन के टैरिफ में स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए यह सभी छूट अथवा प्रोत्साहन की गणना सरकारी सब्सिडी (यदि कोई हो) को छोड़कर की जा रही है। स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं, जिनमें घरेलू, गैर घरेलू, सार्वजनिक जल कार्य और स्ट्रीट लाइट और निम्नदाब औद्योगिक उपभोक्ता शामिल हैं, के लिए 'सोलर ऑवर' सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक की अवधि के दौरान उपभोग की गई ऊर्जा के लिए ऊर्जा प्रभार की सामान्य दर पर 20 प्रतिशत की छूट, 10 किलोवाट तक स्वीकृत लोड/अनुबंध मांग वाले उपभोक्ताओं को, दी जा रही है।
कंपनी के प्रबंध संचालक क्षितिज सिंघल ने बताया है कि कंपनी ने स्मार्ट मीटरिंग पहल में माह जुलाई 2025 के दौरान 1 लाख 24 हजार 701 उपभोक्ताओं को यह छूट दी है। कंपनी कार्यक्षेत्र के भोपाल में कुल 1 लाख 16 हजार 736 स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं ने 1 करोड़ 44 हजार तथा ग्वालियर में कुल 7 हजार 965 स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं ने कुल 8 लाख 14 हजार रूपये की बिजली बिल में छूट का लाभ उठाया है। कंपनी द्वारा स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को उनकी खपत के आधार पर सोलर ऑवर छूट के तहत 50 रूपये से लेकर 12 हजार 160 रूपये तक की छूट दी गई है।
प्रबंध संचालक ने आमजन एवं उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपने परिसर में स्मार्ट मीटर लगाने में सहयोग करें और स्मार्ट मीटर लगवाने से न घबराएं। स्मार्ट मीटर उनके लिए हर तरह से फायदेमंद है और स्मार्ट मीटर की सटीक रीडिंग और बिलिंग के साथ ही कार्यप्रणाली में भी किसी प्रकार की गड़बड़ी की कोई गुंजाइश नहीं है।
कंपनी ने भोपाल क्षेत्रांतर्गत कुल 1 लाख 16 हजार 736 उपभोक्ताओं में हरदा सर्किल के कुल 7 उपभोक्ताओं को 2 हजार 174 रूपए, राजगढ़ के 26 उपभोक्ताओं को 4 हजार 706 रूपए, भोपाल ग्रामीण के 6 हजार 970 उपभोक्ताओं को 5 लाख 11 हजार 994 रूपए, रायसेन के 15 उपभोक्ताओं को 12 हजार 074 रूपए, बैतूल के 63 उपभोक्ताओं को 21 हजार 312 रूपए, विदिशा के 966 उपभोक्ताओं को 58 हजार 532 रूपए, सीहोर के 2 हजार 418 उपभोक्ताओं को 1 लाख 50 हजार 892 रूपए, नर्मदापुरम के 18 हजार 091 उपभोक्ताओं को 14 लाख 17 हजार 160 रूपए और भोपाल शहर वृत्त के 88 हजार 180 उपभोक्ताओं को 78 लाख 65 हजार 444 रूपए की दिन के टैरिफ में छूट दी है। इसी प्रकार कंपनी ने ग्वालियर क्षेत्रांतर्गत कुल 7 हजार 965 स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं में शिवपुरी सर्किल के कुल 3 उपभोक्ताओं को 644 रूपए, मुरैना के 2 उपभोक्ताओं को 1,095 रूपए, अशोक नगर के 4 उपभोक्ताओं को 1,906 रूपए, दतिया के 6 उपभोक्ताओं को 2,152 रूपए, गुना के 90 उपभोक्ताओं को 6,738 रूपए, ग्वालियर ग्रामीण के 2,208 उपभोक्ताओं को 1 लाख 92 हजार 432 रूपए और ग्वालियर शहर वृत्त के 5,652 उपभोक्ताओं को 6 लाख 9 हजार 819 रूपए की दिन के टैरिफ में छूट दी है।
उल्लेखनीय है कि स्मार्ट मीटर से बिजली उपभोक्ताओं को ऊर्जा की खपत को ट्रैक करने और ऊर्जा की बचत करने में मदद मिलती है। स्मार्ट मीटर बिजली की खपत को सटीक रूप से मापता है, जिससे बिल में कोई गलती नहीं होती। ऐप के जरिए मोबाइल पर रियल-टाइम डेटा देखकर ऊर्जा की खपत को नियंत्रित किया जा सकता है। उपभोक्ताओं को ऊर्जा की गुणवत्ता के बारे में जानकारी मिलती है, जिससे ऊर्जा की खपत को बेहतर बनाया जा सकता है। उपभोक्ता ऊर्जा की खपत को ऑनलाइन मोबाइल एप के द्वारा किसी भी समय कहीं से भी देख सकते हैं। स्मार्ट मीटर ऊर्जा की खपत को कम करने में सहायक होकर पर्यावरण पर पड़ने वाला प्रभाव को भी कम करता है।
कर्तव्य भवन से प्रशासनिक तंत्र को मिलेगी नई ऊर्जा : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
6 Aug, 2025 11:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा नई दिल्ली में कर्तव्य भवन के उद्घाटन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री मोदी का अभिनन्दन किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि विकसित भारत के लिए संकल्पित यशस्वी प्रधानमंत्री मोदी द्वारा कर्तव्य पथ पर कर्तव्य भवन-3 के उद्घाटन से देश के प्रशासनिक तंत्र को नई ऊर्जा मिलेगी। निश्चित ही यह कर्तव्य भवन सुशासन और जनसेवा की भावनाओं को बल प्रदान करेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कर्तव्य भवन अमृतकाल के भारत को विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। यह नए भारत का सशक्त कर्तव्य भवन सिद्ध होगा।
धार्मिक पहचान पर विवाद, BJP ने कांग्रेस सरकार को घेरा
UP में जयंती पर कार्यक्रम, बहुगुणा को दी गई श्रद्धांजलि
मिडिल ईस्ट में हलचल: खामेनेई के बेटे को लेकर फैली खबरों का सच
पुलिस भर्ती पर सवाल: क्यों नहीं टिक पा रहे युवा ट्रेनिंग में?
Instagram फॉलोइंग पर विवादित बयान, फिल्म इंडस्ट्री में चर्चा तेज
‘आशिकी 2’ का जादू बरकरार, श्रद्धा का पुराना बयान बना हेडलाइन
