मध्य प्रदेश
उज्जैन से होने वाला प्रसारण आकाशवाणी के इतिहास में लिखेगा नई इबारत : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
26 Nov, 2025 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि यह आकाशवाणी का उज्जैन केन्द्र है, ऐसा सुनने की हसरत अब जाकर पूरी हुई है। आकाशवाणी का भवन तैयार था, परंतु प्रसारण की मंजूरी के कारण अटका था। मंजूरी मिलने के मात्र 6 माह में उज्जैन के आकाशवाणी केंद्र से प्रसारण प्रारम्भ हो गया है। यह प्रदेश का 20वां आकाशवाणी केन्द्र है। इस केंद्र से निकले एक-एक शब्द उज्जैन और सिंहस्थ की प्रतिष्ठा होंगे। आकाशवाणी के कार्यक्रम, इसकी प्रस्तुति गांव-गांव तक उज्जैन और सिंहस्थ की महिमा पहुंचाएगी। मुझे विश्वास है कि आकाशवाणी अपना यह दायित्व, पूर्ण निष्ठा के साथ निभाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मनोरंजन के साथ आकाशवाणी ने समाज सेवा और जन-जागरूकता में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उज्जैन से होने वाला प्रसारण आकाशवाणी के इतिहास में नई इबारत लिखकर चार चांद लगाएगा। यहां रोजाना सुबह 5.55 बजे से प्रारंभ होकर रात 11 बजे तक लगातार प्रसारण जारी रहेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार को उज्जैन में आकाशवाणी उज्जैन के लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण राज्यमंत्री डॉ. एल. मुरुगन भी उपस्थित थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उज्जैन जिले को भी सौगातें दी। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम से उज्जैन जिले के लिए करीब 179 करोड़ की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इसमें 55 करोड़ 27 लाख की लागत से महाराजवाड़ा में तैयार सांदीपनि स्कूल का एवं 30 करोड़ 21 लाख की लागत से उज्जैन रेलवे ओवर ब्रिज का लोकार्पण शामिल है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 50 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विभिन्न मार्गों के निर्माण और उन्नयन कार्य, 32 करोड़ 69 लाख रुपये की लागत से शासकीय धनवंतरी आयुर्वेदिक महाविद्यालय में 250 सीटर बालक और बालिका छात्रावास का निर्माण, 8 करोड़ 37 लाख की लागत से रेप्टाइल पार्क एवं स्नेक पार्क तथा करीब 3 करोड़ की लागत से हाईटेक नर्सरी के निर्माण कार्य का भूमिपूजन भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्जैन आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति से उपचार और इसके प्रचार-प्रसार के मामले में सिरमौर है, इसलिए उज्जैन में आयुर्वेद का एम्स बनाने की दिशा में भी हम केन्द्र सरकार को अपना प्रस्ताव भेजेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नगरवासियों को आकाशवाणी केंद्र के शुभारंभ की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उज्जैन के लिए एक महत्वपूर्ण क्षण हैं। यहां के लोगों के कान अपने आकाशवाणी केंद्र की आवाज सुनने को तरस गए थे। यह स्वप्न प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण राज्यमंत्री डॉ. एल. मुरुगन के प्रयासों से पूरा हो रहा है। उज्जैन की हवा में बाबा महाकाल की भक्ति और शक्ति निरंतर रहती है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उज्जैन भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षा स्थली रही है। उज्जैन के कण-कण में सम्राट विक्रमादित्य का गौरव महसूस होता है। वे आज भी हमारे आदर्श हैं। यह आकाशवाणी केन्द्र उज्जैन के लिए देववाणी और महालोक वाणी बनेगा। उन्होंने कहा कि 2028 में सिंहस्थ आने वाला है। युवाओं, कलाकारों ने अपनी तैयारियां कर ली हैं। उज्जैन में भगवान श्रीकृष्ण का शिक्षा आश्रम है। राज्य सरकार श्रीकृष्ण से जुड़े सभी लीला स्थलों को तीर्थ के रूप में विकसित करेगी। एक दिसंबर को पूरे प्रदेश में धूमधाम से गीता जयंती मनाई जाएगी।
सोने पर सुहागा सिद्ध होगा उज्जैन स्टेशन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आकाशवाणी ने कला-संस्कृति, शिक्षा-स्वास्थय, जनजागरुकता और कृषि समेत हर क्षेत्र के संरक्षण और संवर्धन में अपना अद्वितीय योगदान दिया है। आकाशवाणी ने रंगकर्मियों और विभिन्न कलाधर्मियों को भी सुनहरा मंच दिया है। वर्ष 2028 में सिंहस्थ महाकुंभ जैसे विराट महा-आयोजन की तैयारी हम कर रहे हैं। ऐसे में आकाशवाणी उज्जैन का शुरू होना सोने पर सुहागा सिद्ध होगा। स्थानीय प्रसारण के जरिये देश-विदेश के करोड़ों श्रद्धालु और पर्यटक बाबा महाकाल की नगरी के वैभव का आंखों देखा हाल सुन पाएंगे। उन्होंने बताया कि सिंहस्थ महाकुंभ को यूनेस्को की सूची में भी शामिल किया गया है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उज्जैन शहर से कनेक्टिविटी, ट्रैफिक की सुगमता के लिए सड़कों का चौड़ीकरण, उन्नयन हम युद्ध स्तर पर कर रहे हैं। उज्जैन नगरी और बाबा महाकाल की महिमा श्रद्धालुओं को रोचक तरीके से पहुंचाने के लिए रुद्रसागर पर वाटर स्क्रीन प्रोजेक्शन एवं म्यूजिकल फाउंटेन-शो की शुरुआत भी हमने की है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आकाशवाणी उज्जैन सिंहस्थ के जीवंत प्रसारण (Live Telecast) का इतिहास लिखेगा और यहां से प्रसारित होने वाले कार्यक्रम उदाहरण बनेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उज्जैन में स्वास्थ्य सुविधाओं का भी तीव्र विस्तार किया जा रहा है। हमारी सरकार यहां मेडिकल टूरिज्म हब बना रही है। इसी कड़ी में मेडिसिटी का निर्माण हो रहा है। हमने लक्ष्य रखा है कि सिंहस्थ 2028 से संबंधित सभी अवंसरचनात्मक एवं प्रबन्धात्मक कार्य वर्ष 2027 के अंत तक पूरे कर लेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सिंहस्थ से पहले उज्जैन में सड़कों के चौड़ीकरण सहित कई प्रकार के अधोसंरचना विकास कार्य जारी हैं। विकास में सब का योगदान होना चाहिए। हम सभी विकास कार्यों के संकल्पों में साथ हैं। उन्होंने उज्जैनवासियों को मंच से अपने पुत्र के शुभविवाह में आने का आमंत्रण दिया।
मालवी बोली में भी होगा समाचारों का प्रसारण : केन्द्रीय राज्यमंत्री डॉ. मुरूगन
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण राज्यमंत्री डॉ. एल. मुरुगन ने हिंदी भाषा में संबोधित करते हुए कहा कि आज से आकाशवाणी उज्जैन अपने द्वारा बनाए कार्यक्रमों का प्रसारण प्रारंभ कर रही है। यह एक फुल फ्लेश आकाशवाणी केन्द्र है। मध्यप्रदेश में उज्जैन को मिलाकर अब आकाशवाणी के 20 केंद्र संचालित हो रहे हैं। उज्जैन केंद्र युवाओं के रोजगार और प्रसारण कौशल के प्रशिक्षण के माध्यम बनेगा। साथ ही यह मालवा की संस्कृति, लोक कलाओं, स्थानीय व्यंजनों एवं स्थानीय बोलियों को नई पहचान दिलाएगा। आकाशवाणी केंद्र से मालवी बोली में समाचारों का प्रसारण भी किया जाएगा।
इस अवसर पर कौशल विकास एवं रोजगार राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं उज्जैन जिले के प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, विधायक सतीश मालवीय, जिला पंचायत अध्यक्ष कमला कुंवर, महापौर उज्जैन मुकेश टटवाल, संजय अग्रवाल, आकाशवाणी के महानिदेशक राजीव कुमार जैन, आकाशवाणी के रीजनल मैनेजर यशवंत चिवंडे, आकाशवाणी भोपाल के कार्यक्रम प्रभारी राजेश भट्ट, आकाशवाणी उज्जैन की कार्यक्रम प्रभारी अनामिका चक्रवर्ती, कृष्ण दास, सहित जनप्रतिनिधि, नागरिक एवं आकाशवाणी परिवार के सदस्य उपस्थित थे।
Madhya Pradesh Weather Update: राजगढ़ में तापमान 5.2°C, भोपाल में मौसम कैसा रहेगा?
26 Nov, 2025 06:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल | मध्य प्रदेश में कई जिलों में तापमान अब तक के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया है. मौसम विभाग के अनुसार मध्य प्रदेश में तापमान में काफी गिरावट आई है. राजगढ़ में 5.2 डिग्री सेल्यिसय तापमान रिकॉर्ड किया गया, जो 84 सालों में नवंबर का सबसे ठंडा तापमान है. मध्य प्रदेश में शीतलहर की वजह से भोपाल, इंदौर, उज्जैन और ग्वालियर जैसे बड़े शहरों समेत 20 से ज्यादा जिलों में अलर्ट जारी किया गया है |
मध्य प्रदेश मौसम विभाग के अनुसार रात का तापमान मौसम के हिसाब से 4-6 डिग्री सेल्यिसय कम हो गया है, जिससे लोगों के लिए मुश्किल हालात बन गए हैं. मध्य प्रदेश के मौसम के अनुमान में चेतावनी दी गई है कि मध्य भारत में आने वाली ठंडी उत्तरी हवाएं आने वाले दिनों में भी इन ठंडक को बनाए रखेंगी. इस बीच, सर्दियों के मौसम में पॉल्यूटेंट के जमीन के पास फंस जाने से मध्य प्रदेश की एयर क्वालिटी खराब हो गई है |
जानें कैसा रहा भोपाल का मौसम
मध्य प्रदेश में आज के मौसम के हिसाब से भोपाल में रात का तापमान 8-10 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया, जबकि इंदौर में नवंबर की सबसे ठंडी रातों में से एक रात लगभग 12 डिग्री सेल्लियस रही. जबलपुर और ग्वालियर में रात का सबसे कम तापमान 9-10 डिग्री सेल्सियस के करीब बताया गया है, जो नॉर्मल रीडिंग से काफी कम है |
मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार दिन में अधिकतम तापमान 28-29 डिग्री सेल्यिसय के आसपास रहेगा, जो नॉर्मल लेवल से लगभग 0.6 डिग्री सेल्यिलस कम है |मध्य प्रदेश के लिए मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, अगले तीन दिनों में पूरे मध्य प्रदेश में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी. पश्चिमी मध्य प्रदेश सबसे ज्यादा ठंड से प्रभावित है, जहां कई इलाकों में कड़ाके की ठंड से लेकर बहुत शीत लहर की स्थिति बनी हुई है |
एयर क्वालिटी का हाल, कोहरे की चेतावनी
मध्य प्रदेश का AQI अभी 173 है, जिसे अनहेल्दी कैटेगरी में रखा गया है, जिसमें PM2.5 का लेवल 91 µg/m³ है. मध्य प्रदेश की एयर क्वालिटी अलग-अलग शहरों में अलग-अलग है. ग्वालियर में 145 AQI (सेंसिटिव ग्रुप के लिए अनहेल्दी), भोपाल में 98 (मॉडरेट), और इंदौर में 85 (मॉडरेट) रिकॉर्ड किया गया, पीथमपुर (335 AQI) और मंडीदीप (321 AQI) जैसे इंडस्ट्रियल इलाकों में एयर क्वालिटी की हालत बहुत खराब है. मध्य प्रदेश में सुबह के समय कम टेम्परेचर की वजह से हल्का से मीडियम कोहरा बनने की चेतावनी दी गई है, जिससे विज़िबिलिटी कम हो जाएगी |
VIT यूनिवर्सिटी में मेस विवाद के बाद कार्रवाई तेज, उच्च शिक्षा मंत्री ने बनाई तीन सदस्यीय जांच समिति
26 Nov, 2025 06:33 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सीहोर। सीहोर में स्थित VIT यूनिवर्सिटी में छात्रों के प्रदर्शन के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है. अब इस मामले पर उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने संज्ञान लिया है. जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है. जांच समिति 3 दिनों के भीतर रिपोर्ट सौंपेगी. छात्रों ने आरोप लगाया है कि दूषित खाना और पानी की वजह से बच्चे बीमार हो रहे हैं. विश्वविद्यालय प्रबंधन से शिकायत के बाद भी उनकी सुनवाई नहीं हुई।
समिति में कौन-कौन हैं?
मध्य प्रदेश निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग, भोपाल द्वारा गठित जांच समिति में 3 सदस्य हैं. इसमें शासकीय हमीदिया कला एवं वाणिज्य कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर अनिल शिवानी (अध्यक्ष), शासकीय मोतीलाल विज्ञान कॉलेज के प्राध्यापक प्रोफेसर संजय दीक्षित (सदस्य) और शासकीय गांधी चिकित्सा कॉलेज के प्राध्यापक डॉक्टर डॉ. लोकेंद्र दवे (सदस्य) हैं।
‘झूठी अफवाह फैलाई जा रही हैं’
विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार केके नायर ने छात्रों के दावों को झूठा बताया है. उन्होंने कहा है कि सोशल मीडिया के माध्यम से झूठी अफवाह फैलाई जा रही है. छात्रों ने झूठ कहा है की प्रदूषित पानी और प्रदूषण खाना मिल रहा है, ये सही नहीं है. कॉलेज प्रबंधन पानी की समय-समय पर जांच करता है. उन्होंने आगे कहा कि कुछ बच्चों को हमने कहा है जो दूसरे राज्यों से हैं वह रुकना चाहते हैं तो रह सकते हैं, उनकी व्यवस्था की जा रही है. 8 दिसंबर तक कॉलेज में अवकाश घोषित किया गया है।
छात्रों ने विरोध जताते हुए कैंपस में आगजनी की
VIT कैंपस का माहौल देर रात बेहद तनावपूर्ण हो गया. आक्रोशित छात्रों ने हॉस्टल ब्लॉक और प्रशासनिक विंग के बाहर जमकर हंगामा किया. छात्रों ने परिसर के कुछ हिस्सों में आग भी लगा दी, जिसके चलते कैंपस में अफरा-तफरी मच गई. कॉलेज प्रशासन के रवैये और गंभीर आरोपों ने स्थिति को और अधिक विस्फोटक बना दिया है. इसी दौरान कैंपस में खड़ी एक बस में भी आग लगा दी गई. बताया जा रहा है कि कुछ छात्रों की तबीयत काफी बिगड़ी है और उनमें पीलिया के लक्षण पाए गए हैं. छात्रों की संख्या लगभग दो दर्जन बताई जा रही है. यूनिवर्सिटी में हुए इस हंगामे के वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
मजदूर की दर्दनाक मौत, भोपाल में बीड़ी ना देने पर की गई पथराव से हत्या
26 Nov, 2025 04:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल | भोपाल के गौतम नगर इलाके में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां महज बीड़ी ना देने के विवाद में एक मजदूर की हत्या कर दी गई. घटना बुधवार सुबह करीब 5 से 6 बजे के बीच थाने से लगभग 100 मीटर की दूरी पर हुई. मृतक की पहचान 50 वर्षीय सुरेश कुशवाहा के रूप में हुई है, जो मजदूरी करता था और गौतम नगर थाने के पास फुटपाथ पर सोया करता था|
बीड़ी मांगने पर हुआ था विवाद
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी कार्तिक राठौर का मंगलवार को जन्मदिन था. देर रात वह सुरेश के पास पहुंचा और बीड़ी मांगी. इसी दौरान दोनों में बहस हो गई. सुबह आरोपी दोबारा मौके पर आया और आसपास पड़े पत्थर से सुरेश का सिर कुचल दिया. इतना ही नहीं, कुछ समय बाद यह सुनिश्चित करने के लिए कि वह जिंदा न बचा हो, वह फिर लौटा और दोबारा पत्थर मारकर उसकी हत्या कर दी |
स्थानीय लोगों ने दी पुलिस को सूचना
स्थानीय लोगों द्वारा सड़क किनारे खून से लथपथ शव मिलने की सूचना पर गौतम नगर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की गई. एफएसएल टीम, डॉग स्क्वॉड और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस को आरोपी तक पहुंचने में ज्यादा समय नहीं लगा. तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने कुछ ही घंटों में कार्तिक राठौर को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया है. पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल पत्थर और अन्य साक्ष्य भी जब्त किए हैं |
एडिशनल डीसीपी जोन-3 शालिनी दीक्षित ने जानकारी दी कि मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस की त्वरित कार्रवाई से इस ब्लाइंड मर्डर का खुलासा कुछ ही घंटों में हो गया है |
मंदसौर में किसानों का अनोखा प्रदर्शन: प्याज की अर्थी निकालकर जताया विरोध
26 Nov, 2025 04:09 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मंदसौर में किसानों की परेशानी एक बार फिर खुलकर सामने आई है। मंदसौर प्याज प्रदर्शन सोमवार (24 नवंबर) को धमनार गांव में तब सुर्खियों में आया जब किसानों ने प्याज के बेहद कम दामों के विरोध में एक अनोखा तरीका अपनाया। मंडियों में प्याज की कीमत 1 से 2 रुपये प्रति किलो पहुंच जाने से नाराज किसानों ने प्याज की अर्थी सजाकर उसकी अंतिम यात्रा निकाली, जिससे ग्रामीणों और राहगीरों का ध्यान इस मुद्दे पर गया।
अंतिम यात्रा में बैंड-बाजों के साथ “रघुपति राघव राजा राम, प्याज के दाम दो भगवान” गीत बजाया गया। किसानों ने भगवान से भी उचित भाव दिलाने की गुहार लगाई। श्मशान भूमि पर प्याज की अर्थी को मुखाग्नि दी गई और इसके बाद किसानों ने धुंधड़का तहसीलदार रोहित सिंह राजपूत को राष्ट्रपति व राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। इस अनोखे प्रदर्शन ने किसानों की बेबसी और बढ़ती आर्थिक समस्याओं को एक बार फिर उजागर कर दिया।
किसानों का कहना है कि पिछले साल नवंबर में जहां प्याज 25 से 30 रुपये प्रति किलो बिक रही थी, वहीं इस वर्ष कीमतें गिरकर सिर्फ 1–2 रुपये रह गई हैं। हालात इतने खराब हैं कि कई किसान फसल पर रोटावेटर चलाने को मजबूर हैं, ताकि वे समय पर अगली फसल की बुवाई कर सकें। उनकी मेहनत, लागत और समय—सब व्यर्थ जा रहे हैं।
इस मंदसौर प्याज प्रदर्शन के जरिए किसानों ने सरकार से प्याज का समर्थन मूल्य तय करने और निर्यात तुरंत शुरू करने की मांग की है। किसानों का कहना है कि उचित दाम मिल जाएँ तो उनकी आर्थिक स्थिति सुधर सकती है और उन्हें फसल बर्बाद करने की नौबत नहीं आएगी।
भोपाल रेलवे स्टेशन पर तकनीकी अपडेट, ट्रेनों की लाइव लोकेशन अब होगी आसानी से उपलब्ध
26 Nov, 2025 03:23 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल | भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक अहम फैसला लिया है, जिसके तहत अब भोपाल रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों की लाइव लोकेशन की जानकारी चार घंटे पहले उपलब्ध कराई जाएगी. इसका सीधा फायदा रोजाना यात्रा कर रहे 60 हजार से ज्यादा यात्रियों को होगा. नए नियम लागू होने के बाद यात्रियों को पहले से ही ट्रेन का समय और प्लेटफॉर्म के बारे में जानकारी मिल जाएगी |
130 ट्रेनों की लाइव जानकारी चार घंटे पहले मिलेगी
भोपाल रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को ट्रेनों की जानकारी देने का सिस्टम बदल गया है. स्टेशन पर रोजाना करीब 60 हजार से ज्यादा यात्रा कर रहे यात्रियों को अब 130 ट्रेनों की लाइव जानकारी चार घंटे पहले ही मिल जाएगी. बता दें कि रेलवे ने ऑटोमैटिक पैसेंजर इनफार्मेशन सिस्टम (APIS) को नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम (NTES) से लिंक कर दिया है. इससे ट्रेन कहां है, किस प्लेटफॉर्म पर, कितनी समय आएगी और अपने निर्धारित समय से कितनी लेट है? सभी के बारे में पता चल जाएगा. इसकी जानकारी स्टेशन में लगे 15 डिस्प्ले बोर्ड डिजिटल स्क्रीन और घोषणा प्रणाली पर अपने आप अपडेट हो जाएगी |
यात्री गलत जानकारी से बचेंगे
पहले यात्रियों को ट्रेनों की समय और प्लेटफॉर्म के बारे में कन्फर्म जानकारी नहीं मिल पाती थी. जिससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था. ऐसे में कभी-कभार जल्दी बाजी के चक्कर में भगदड़ मचने की संभावना भी बढ़ जाती थी. नए नियम लागू होने के बाद अब मैनुअल अपडेट खत्म होने से यात्रियों को गलत जानकारी नहीं मिलेगी |
अयोध्या में ध्वजारोहण को बाबा बागेश्वर ने बताया ऐतिहासिक, बोले—“मुगलों की छाती पर भगवा लहराया”
26 Nov, 2025 02:25 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
शिवपुरी। शिवपुरी में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के दुसरे दिन बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने अयोध्या में राम मंदिर के शिखर पर लहराई भगवा धर्म ध्वजा के क्षणों को याद करते हुए कथा आयोजन में आए सभी भक्तों को शुभकामनाएं दी. उन्होंने कहा कि हिंदुत्व के गर्व, राम मंदिर की पूर्णता और राष्ट्रवादी भावनाओं से पूरी तरह सराबोर हो गया है।
अयोध्या में राम मंदिर शिखर पर लहराई धर्म ध्वजा
पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने अपने उद्बोधन की शुरुआत अयोध्या में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राम मंदिर पर धर्म ध्वजा फहराने के ऐतिहासिक क्षण का उल्लेख करते हुए की. उन्होंने इसे हिंदूपरक विचारधारा की विजय और सनातन संस्कृति की पुनर्स्थापना का प्रतीक बताया है. उन्हाेंने मुगल आक्रांताओं पर प्रहार करते हुए शास्त्री ने कहा कि “मुगलों की छाती पर भगवा लहराया है, कब्र से उठकर देख ले बाबर, मंदिर वहीं बनाया है.” उन्होंने आगे कहा कि जहां कभी हरे झंडे की योजना बनाई जाती थी, आज वहां भगवा लहरा रहा है. मथुरा जन्मभूमि विवाद पर उन्होंने स्पष्ट घोषणा करते हुए कहा कि “कृष्ण लला हम आयेंगे, माखन मिश्री खाएंगे, जिन्हें दिक्कत हो वो खिसक लें।
तात्या टोपे के बलिदान को याद करके धरा को नमन किया
तात्या टोपे के बलिदान को याद करते हुए उन्होंने शिवपुरी की ऐतिहासिक धरा को नमन किया. शास्त्री ने कहा कि अंग्रेजों के विरुद्ध उनका साहस और संघर्ष आज भी प्रेरणा देता है, लेकिन कुछ ‘जयचंदों’ के कारण उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ा. उन्होंने कहा कि तात्या टोपे ने शिवपुरी की पावन भूमि पर फांसी को चूमकर अपने प्राण त्याग दिए. पंडित शास्त्री के संबोधन के दौरान सभा स्थल पर जय श्रीराम और हिंदू जागरण के नारे गूंजते रहे, जिसने पूरे वातावरण को उत्साह और आस्था से भर दिया।
VIT में अशांति: छात्रों का आरोप मेस में मिल रहा है घटिया खाना, VIT में 30 नवंबर तक अवकाश
26 Nov, 2025 01:23 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सीहोर। सीहोर स्थित VIT इंस्टीट्यूट कैंपस में बुधवार की रात हड़कंप मच गया. हॉस्टल में खराब खाने और दूषित पानी की वजह से कई छात्रों की तबीयत बिगड़ने की जानकारी सामने आई है. सूत्रों के मुताबिक तीन छात्रों की मौत की गंभीर सूचना भी मिल रही है, हालांकि प्रशासन की ओर से अब तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. छात्रों का आरोप है कि मामले को दबाने के लिए कॉलेज प्रबंधन उन पर तरह-तरह का दबाव बना रहा है. शिकायत करने वाले छात्रों को धमकाया जा रहा है और विरोध करने वालों के साथ मारपीट तक की घटनाएं सामने आई हैं. इन आरोपों के चलते छात्रों में भारी रोष देखने को मिला।
देर रात तनावपूर्ण हुआ कैंपस का माहौल
कैंपस का माहौल देर रात बेहद तनावपूर्ण हो गया. आक्रोशित छात्रों ने हॉस्टल ब्लॉक और प्रशासनिक विंग के बाहर जमकर हंगामा किया. छात्रों ने परिसर के कुछ हिस्सों में आग भी लगा दी, जिसके चलते कैंपस में अफरा-तफरी मच गई. कॉलेज प्रशासन के रवैये और गंभीर आरोपों ने स्थिति को और अधिक विस्फोटक बना दिया है. इसी दौरान कैंपस में खड़ी एक बस में भी आग लगा दी गई. बताया जा रहा है कि कुछ छात्रों की तबीयत काफी बिगड़ी है और उनमें पीलिया के लक्षण पाए गए हैं. छात्रों की संख्या लगभग दो दर्जन बताई जा रही है. यूनिवर्सिटी में हुए इस हंगामे के वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
रात भर जारी रहा छात्रों का प्रदर्शन
जानकारी के अनुसार इंदौर-भोपाल हाईवे पर कोठरी के पास स्थित VIT यूनिवर्सिटी में छात्रों का यह प्रदर्शन रात भर जारी रहा. छात्रों ने हंगामे के दौरान कॉलेज की बसों को निशाना बनाया और आगजनी की है. बताया जा रहा है कि घटना के बाद ABVP के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे है. हालांकि इस गंभीर मामले पर रात में न तो VIT प्रबंधन और न ही प्रशासन ने कोई आधिकारिक बयान जारी किया।
घटना के बाद जारी हुआ प्रेस नोट
घटना के बाद प्रेस नोट जारी हुआ है. इसमें लिखा है कि आज दिन में छात्रों के प्रतिनिधियों ने बताया कि लंबे समय से पानी और खाने की खराब गुणवत्ता की शिकायत की जा रही थी, लेकिन सुनवाई न होने के कारण उनका गुस्सा फूट पड़ा. छात्रों ने बताया कि गंदे पानी और घटिया खाने की वजह से उनकी तबीयत बार-बार बिगड़ रही है. घटना की जानकारी मिलते ही अनुविभागीय अधिकारी राजस्व आष्टा, एसडीओपी आष्टा सहित आष्टा, जावर, पार्वती और कोतवाली थाने से पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंच गया. अधिकारियों ने छात्रों से चर्चा करते हुए उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया. वर्तमान में कॉलेज और हॉस्टल परिसर की स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है. परिसर में पर्याप्त पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
हंगामे के बाद 30 नवंबर तक अवकाश घोषित
हंगामे को देखते हुए VIT कॉलेज प्रबंधन ने 30 नवंबर तक अवकाश घोषित कर दिया है. विस्तार न्यूज़ की टीम ने बस स्टैंड में जाकर छात्रों से बातचीत की, जहां उन्होंने बताया कि कई महीनों से समस्याएं बढ़ती जा रही थीं और बीती रात हालात बेकाबू हो गए।
मध्य प्रदेश में डिजिटल अरेस्ट की पहली मौत: भोपाल में अधिवक्ता ने ठगों के डर में जान दी
26 Nov, 2025 11:37 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल | मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में डिजिटल अरेस्ट की आड़ में एक दर्दनाक मामला सामने आया है. साइबर ठगों की झूठी आतंकी फंडिंग धमकी से घबराकर शहर के एक वरिष्ठ अधिवक्ता (वकील) ने आत्महत्या कर ली. यह प्रदेश में डिजिटल अरेस्ट के चलते सामने आई पहली मौत बताई जा रही है. जानकारी के मुताबिक साइबर ठगों ने अधिवक्ता शिवकुमार वर्मा को पहलगाम आतंकी हमले में फंडिंग करने का झूठा आरोप लगाकर प्रेशर बनाया था. इस मानसिक दबाव के चलते अधिवक्ता ने आत्मघाती कदम उठा लिया |
बताया जा रहा है कि अपने सुसाइड नोट में अधिवक्ता वर्मा ने लिखा है कि पहलगाम हमले के आतंकियों को फंडिंग से उनका नाम जोड़ा जा रहा है. इस देशद्रोही कहलाने की बदनामी को वे बर्दाश्त नहीं कर सकते. यह पूरा मामला जहांगीराबाद थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है. पुलिस ने केस दर्ज कर साइबर ठगों की तलाश शुरू कर दी है |
डिजिटल अरेस्ट से 68 लाख की ठगी
भोपाल में बढ़ते साइबर डिजिटल अरेस्ट के मामलों में एक मामला हाल ही में शहर के शहपुरा इलाके से आया था जहां रिटायर्ड बैंक मैनेजर के साथ डिजिटल अरेस्ट करके 68 लाख रुपये की ठगी कर ली. आरोपियों ने वीडियों कॉल करके पुलिस की वर्दी पहनकर खुद को भोपाल पुलिस बता कर वारदात को अंजाम दिया था |
आरोपियों ने रिटायर्ड बैंककर्मी को चार करोड़ के फ्रॉड मामले में जेल भेजने की धमकी दी और कहा की उनकी बहन को भी जान का खतरा है. इसके बाद दयाराम देशमुख घबरा गए और पूरी घटना अपनी पत्नी को बताई. इस मामले में आरोपियों ने उनको एक कमरे में डिजिटल अरेस्ट करके रखा. सुरक्षा का भारोसा दिलाते हुए दयाराम से आरोपियों ने 68 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए|
छिंदवाड़ा का गजब सरकारी अस्पताल, दो नर्सों ने की महीला की डिलीवरी, पेट में छोड़ा कपड़ा
26 Nov, 2025 11:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छिंदवाड़ा: चांदामेटा के सिविल अस्पताल में बड़ी लापरवाही सामने आई है. आरोप है कि डिलीवरी के दौरान डॉक्टरों ने उसके पेट में कपड़ा छोड़ दिया. जब महिला अपने घर पहुंची तो कुछ दिन के बाद ही उसके पेट में दर्द होने लगा. वह लगातार बीमार रहने लगी. पहले तो उन्हें लगा कि डिलीवरी के बाद कोई बीमारी या फिर कमजोरी की वजह से ऐसा हो रहा होगा. लेकिन जब एक निजी डॉक्टर के पास जांच कराने पहुंचे तो कारण जानकर हैरान हो गए.
महिला के पेट में कपड़ा, मुश्किल से बची जान
इटावा के कैलाश साहू ने बताया कि, ''उनकी पत्नी देविका साहू की डिलीवरी चांदामेटा के सरकारी सिविल अस्पताल में हुई थी. डिलीवरी के बाद उनकी पत्नी ज्यादातर बीमार रहने लगी और कुछ दिन बाद शरीर में सूजन भी आ गई. जब उन्होंने छिंदवाड़ा के एक निजी अस्पताल में इसकी जांच कराई तो पता चला कि महिला के पेट में कपड़ा है. महिला का ऑपरेशन कर कपड़ा बाहर निकाल दिया गया है. इसके बाद मुश्किल से पीड़ित देविका की जान बच पाई है.
डिलीवरी के दौरान छूटा होगा कपड़ा
निजी अस्पताल में पीड़ित महिला का इलाज कर रही डॉक्टर कंचन दुबे ने बताया कि, ''महिला को जब उनके अस्पताल में लाया गया था तो वह गंभीर थी और शरीर में तेजी से इंफेक्शन फैल रहा था. जब जांच की गई तो पता चला कि प्राइवेट पार्ट के पास कपड़ा फंसा हुआ है, जिसकी वजह से पीरियड के दौरान आने वाले ब्लड में भी बदबू आ रही थी. महिला का ऑपरेशन कर दिया गया है, महिला खतरे से बाहर है.''
जिम्मेदारों ने कही जांच करने की बात
सिविल अस्पताल चांदामेटा की मेडिकल ऑफिसर डॉक्टर रेणुका सिंह ने बताया कि, ''महिला की दूसरी डिलीवरी थी और डिलीवरी के दौरान कोई भी दिक्कत नहीं थी. इसलिए दो नर्सों में डिलीवरी कराई थी. दोनों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है. इस मामले में विस्तृत जांच भी की जा रही है, जिसके बाद विधिवत कार्रवाई भी की जाएगी.''
सीएम हेल्पलाइन में शिकायत, कार्रवाई करने की मांग
पीड़िता के पति कैलाश साहू ने अस्पताल के द्वारा की गई लापरवाही की शिकायत सीएम हेल्पलाइन में भी कार्रवाई करने के लिए की है. उनका कहना है कि सरकारी अस्पताल में व्यवस्थाओं की भी कमी होती है. उनकी पत्नी के साथ इलाज में इतनी बड़ी लापरवाही बरती गई. अगर समय रहते वे निजी अस्पताल में न पहुंचते तो पत्नी की जान जा सकती थी.
रायसेन में बच्ची से दरिंदगी, मोहन यादव ने SP पंकज पाण्डेय को हटाया, आज मंडी में नीलामी बंद
26 Nov, 2025 10:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायसेन: गौहरगंज थाना क्षेत्र में 21 नवंबर को 6 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म की वारदात हुई थी. घटना के बाद से 23 साल का आरोपित सलमान फरार है. घटना को 100 घंटे से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन अब तक पुलिस आरोपी को नहीं पकड़ सकी है. मामले को तूल पकड़ते हुए देख मुख्यमंत्री मोहन यादव ने रात 8:15 बजे पीएचक्यू में डीजीपी, डीआईजी, इंटेलिजेंस, पुलिस कमिश्नर भोपाल समेत उच्च अधिकारियों की बैठक ली.
रायसेन एसपी पंकज पांडे को हटाया
इस दौरान रायसेन में बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी जताई. साथ ही चक्काजाम पर पुलिस की ढीली कार्रवाई से भी वह नाराज दिखे. मामले में एक्शन लेते हुए सीएम मोहन यादव ने रायसेन एसपी पंकज पांडे को हटाकर मुख्यालय अटैच करने के निर्देश दिए हैं. आज बुधवार को घटना के विरोध में मंडीदीप और औबैदुल्लागंज मंडी में नीलामी बंद रहेगी. वही रायसेन में हुई घटना के बाद मिसरोद में हुए चक्का जाम के मामले में मिसरोद टीआई को भी हटा दिया गया है.
कड़ाके की ठंड में परिजन और ग्रामीणों का धरना प्रदर्शन
घटना के विरोध में कड़ाके की ठंड के बीच युवतियों और महिलाएं धरने से नहीं उठ रही हैं. वहीं विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल समेत अन्य हिंदू संगठन बीते 4 दिन से अपना विरोध जता रहे हैं. सोमवार को गुस्साए लोगों की पुलिस से झड़प हो गई थी. रविवार को सुल्तानपुर, औबेदुललागंज समेत आसपास के बाजार बंद रहे.
सोमवार को लोगों के विरोध के चलते मंडीदीप में नेशनल हाईवे बंद होने से करीब 14 किलोमीटर का लंबा जाम लगा गया था. मंडीदीप से भोपाल की ओर 11 मील और औबेदुल्लागंज की ओर नाहर फैक्ट्री तक दोनों लेन में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं थी. इधर, लाठीचार्ज के बाद मौके पर पुलिस के बड़े अधिकरी मौके पर पहुंचे. उन्होंने प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की. प्रदर्शनकारी आरोपी को जल्द से जल्द पकड़ने का पुलिस पर दबाव बना रहे हैं. वही पुलिस ने मामला बढ़ता देख लाठीचार्ज शुरू कर दिया. लेकिन इससे मामला और बिगड़ गया. हालांकि बाद में वरिष्ठ अधिकारियों की समझाइश के बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए थे. प्रदर्शन में स्थानीय विधायक सुरेंद्र पटवा भी शामिल हुए. उनके जाने के बाद भीड़ उग्र हो गई थी.
मुख्यमंत्री ने भोपाल पुलिस कमिश्नर से किया जवाब तलब
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की कानून व्यवस्था को लेकर हुई समीक्षा बैठक में बीजेपी के अलावा एडीसी इंटेलिजेंस भोपाल के पुलिस कमिश्नर और अन्य अधिकारी मौजूद थे. मुख्यमंत्री ने बैठक के द्वारा रायसेन के मामले को लेकर आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर कड़ी नाराजगी जताई. मुख्यमंत्री ने मंडीदीप में चक्का जाम को लेकर पुलिस की ढीली कार्रवाई पर भी नाराजगी जाहिर की. उधर राजधानी भोपाल में हो रही लगातार अपराधी के वारदातों को लेकर मुख्यमंत्री ने भोपाल पुलिस कमिश्नर से जवाब तलब किया.
सड़कों पर दिखाई देनी चाहिए पुलिस
मुख्यमंत्री ने राजधानी भोपाल में हुई एक-एक वारदातों को लेकर पुलिस कमिश्नर से जानकारी मांगी. बैठक में मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए की आपराधिक वारदातों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस सड़कों पर दिखाई देनी चाहिए. पुलिस की अगस्त और पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि किसी भी मामले में ढीलाई को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. अधिकारी भी फील्ड में जाए और निरीक्षण करें लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए.
चार दिन में भी पुलिस नहीं पकड़ पाई आरोपी को
रायसेन जिले के गौहरगंज में 6 साल की बच्ची से दुष्कर्म के मामले में आरोपी की गिरफ्तारी पुलिस पिछले चार दिन में भी नहीं कर पाई. इसकी विरोध में लोगों ने हाईवे पर जाम कर दिया. इसके बाद 35 किलो मीटर लंबा जाम लग गया. जाम से नेशनल हाईवे 46 पर यातायात पूरी तरह से थम गया. उधर पीड़ित बच्ची का इलाज राजधानी भोपाल में चल रहा है पिछले दिनों केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी पीड़ित परिवार से मिलने अस्पताल पहुंचे थे.
6 साल की बच्ची से दुष्कर्म
घटना गौहरगंज थाना क्षेत्र की है. शुक्रवार रात को आरोपी सलमान ने 6 साल की बच्ची को लॉलीपॉप का लालच दिया और उसे अपने साथ जंगल में सुनसान जगह ले गया, जहां उसके साथ दरिंदगी की घटना को अंजाम दिया. वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया. परिजन घायल हालत में बच्ची को ओबेदुल्लागंज अस्पताल लेकर गए. हालत गंभीर होने पर उसे इलाज के लिए भोपाल एम्स में भर्ती कराया गया है. जहां बच्ची की हालत स्थिर बताई जा रही है. बताया जा रहा है कि ओबेदुल्लागंज अस्पताल में बच्ची को रेफर करने के लिए 2 घंटे तक एंबुलेंस नहीं मिली थी. जिस पर जिला चिकित्सा अधिकारी ने ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर को हटा दिया है. पुलिस ने आरोपी पर 20 हजार रुपए का इनाम भी रखा है.
मध्यप्रदेश के कई जिलों में छाए बदल, रात का तापमान बढ़ा; अगले चार दिन शीतलहर से राहत
26 Nov, 2025 09:14 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। मध्यप्रदेश (Madhya Pradesh) में इस बार नवंबर ने ही सर्दी (Winter) के हालात बिगाड़ दिए। लगातार 15 दिन चली शीतलहर (Cold Wave) ने लोगों को दिसंबर जैसा मौसम नवंबर में ही महसूस करा दिया। राहत की बात यह है कि अब अगले चार दिन शीतलहर का असर नहीं रहेगा। प्रदेश कई जिलों में बदल छाए रहे। साइक्लोनिक सर्कुलेशन (Cyclonic Circulation) के असर से प्रदेश में लगातार तीसरे दिन बादल छाए रहे। इससे दिन के तापमान में गिरावट आई है। मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि बादलों के कारण दिन ठंडा हुआ है, लेकिन रात का तापमान अभी स्थिर रहेगा।
हिमाचल, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में सामान्य से पहले हुई बर्फबारी का सीधा असर मध्यप्रदेश पर पड़ा। बर्फीली हवा की मार से भोपाल में 1931 के बाद सबसे लंबी 15 दिन शीतलहर चली। रात का तापमान भी गिरकर 5.2°C तक पहुंच गया, जो नवंबर का रिकॉर्ड न्यूनतम है। फिलहाल हवा का रुख बदलने से उत्तर की ठंडी हवा का प्रवाह रुक गया है। इसी कारण पिछले तीन दिनों से प्रदेश में कहीं भी शीतलहर नहीं चली। यही स्थिति अब चार दिन और बने रहने की उम्मीद है। हालांकि, दिसंबर के पहले सप्ताह से ठंड फिर करवट ले सकती है।
खुशियों की बारिश : CM आज इंदौर-उज्जैन में, 1.52 लाख किसानों के खाते में भावांतर की राशि करेंगे जारी !
26 Nov, 2025 09:02 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
MP News: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज इंदौर और उज्जैन के दौरे पर रहेंगे. सीएम यादव भोपाल में जल कीड़ा केंद्र पर बड़ी झील भोपाल में आयोजित 45वीं जूनियर नेशनल चैंपियनशिप एवं 8वीं इंटर स्टेट चैंपियनशिप में शामिल होंगे. वहीं सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर आयोजित यूनिटी फॉर रन यात्रा में भी भाग लेंगे. इसके अलावा गांधी चौक स्थित महादेव मंदिर के कार्यक्रम के दौरान रोड शो में भी होगा.
किसानों के खातें में आएगी भावांतर की राशि
इंदौर में आयोजित भावांतर किसान सम्मेलन में मुख्यमंत्री शामिल होंगे और प्रदेश के 1.52 लाख किसानों के खाते में 253 करोड़ रुपये की राशि अंतरित करेंगे. इसके बाद वे उज्जैन स्थित आकाशवाणी केंद्र के आगमन व आकाशवाणी केंद्र के उद्घाटन कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे. सीएम सांदीपनि विद्यालय महाराजवाड़ा के लोकार्पण कार्यक्रम में उपस्थिति देंगे. साथ ही राष्ट्रीय धमतरी आयुर्वेदिक महाविद्यालय में छात्रावास निर्माण के भूमि पूजन में शामिल होंगे. इसके अलावा रेलवे ओवरब्रिज के लोकार्पण सहित अन्य भूमि पूजन कार्यक्रमों में भी मुख्यमंत्री हिस्सा लेंगे.
रायसेन में 6 साल की मासूम से दरिंदगी, आक्रोशित भीड़ ने बाजार बंद कर किया प्रदर्शन
26 Nov, 2025 08:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायसेन: मध्य प्रदेश के रायसेन जिले (Raisen District) में छह साल की बच्ची (Six Year Old Girl) के साथ हुए दुष्कर्म (Rape) के विरोध में भारी गुस्सा फैल गया है. आरोपी सलमान खान (Salman Khan) उर्फ नजर घटना के तीन दिन से फरार है, और उसकी गिरफ्तारी की मांग को लेकर सोमवार का दिन प्रदर्शन के नाम रहा. रायसेन जिला मुख्यालय (District Headquarters) के बाजार (Market) पूरी तरह बंद रहे.
वहीं, गौहरगंज, ओबेदुल्लागंज, मंडीदीप, सुल्तानपुर, सिलवानी में भीड़ में लोग सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. जिले के उद्योगिक शहर ओबेदुल्लागंज और मंडीदीप में प्रदर्शन इतना व्यापक था कि भोपाल तक के 35 किमी के रास्ते में जाम की स्थिति बन गई. इससे वाहन चालकों और दूरदराज के यात्रियों को किस तरह भारी दिक्कत का सामना करना पड़ा.
प्रदर्शन के करीब 5 घण्टे बाद शाम को पुलिस ने राजमार्ग जाम कर बैठे प्रदर्शनकारियों पर लाठियां भांजकर उन्हें हटाया. वहीं, गौहरगंज थाने के बाहर बीते 48 से धरने पर बैठी लड़कियों एवं महिलाओं का प्रदर्शन जारी है. उनका कहना है कि आरोपित की गिरफ्तारी तक वे नहीं हटेंगी. देर श्याम स्थानीय विधायक सुरेंद्र पटवा भी उन्हें मनाने पहुंचे लेकिन इन महिलाओं ने थाने के सामने से हटने से मना कर दिया.
पंडित दीनदयाल उपाध्याय के नाम पर भोपाल के कटारा-बर्रई में बनेगा बड़ा स्पोर्ट्स स्टेडियम : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
25 Nov, 2025 11:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार गरीब, किसान, महिला एवं युवा कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री मोदी की प्रेरणा और विजन के अनुरूप वर्ष-2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य प्राप्त करने के लिए राज्य सरकार विकास और सुशासन की गतिविधियां जारी रखते हुए हरसंभव सहयोग और योगदान दे रही है। इसी क्रम में हुजूर विधानसभा क्षेत्र के श्यामा प्रसाद मुखर्जी नगर (कोलार) में आज 194 करोड़ रुपए लागत के विकास और जनकल्याण के तीन बड़े कार्य भोपालवासियों को समर्पित किए जा रहे हैं। इसमें कटारा-बर्रई क्षेत्र में नवनिर्मित सांदीपनि विद्यालय का लोकार्पण, कोलार में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी मल्टी स्पोर्ट्स स्टेडियम का लोकार्पण और अमृत 2.0 के अंतर्गत अधोसंरचना निर्माण कार्य का शुभारंभ शामिल है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंगलवार को महान राष्ट्र नायक, प्रखर राष्ट्रवादी, श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम से सुशोभित मुखर्जी नगर (कोलार) के बंजारी क्षेत्र में आयोजित विकास पर्व कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कोलार क्षेत्र में आधुनिक खेल परिसर 9 एकड़ भूमि पर 11 करोड़ 50 लाख रुपए की लागत से तैयार किया गया है। इस खेल परिसर से भोपाल और आसपास के युवाओं को ट्रेनिंग और प्रैक्टिस की सुविधा मिलेगी और खेलों के प्रति युवाओं का रुझान बढ़ेगा। आधुनिक खेल स्टेडियम भविष्य के चैंपियंस का लॉन्च पैड बनेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार मलखंब, कबड्डी, घुड़सवारी जैसे हमारे पारंपरिक खेलों को प्रोत्साहित कर रही है। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में स्पोर्ट्स स्टेडियम का निर्माण करवाया जा रहा है, जिससे खिलाड़ियों की प्रतिभा निखर कर सामने आ सके और वे राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मध्यप्रदेश का नाम रोशन करें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश के खिलाड़ी वॉटर स्पोर्ट्स, शूटिंग, हॉकी, क्रिकेट, घुड़सवारी, मलखम्ब जैसे खेलों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। राज्य सरकार द्वारा राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में प्रदेश के पदक विजेता खिलाड़ियों को राजपत्रित पदों पर शासकीय नौकरी भी दी जा रही है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि 29 करोड़ रुपए की लागत से कटारा-बर्रई में नवनिर्मित सांदीपनि विद्यालय से क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिकतम शिक्षा सुविधा और संसाधन उपलब्ध होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि आज 155 करोड़ रुपए की लागत से अमृत 2.0 परियोजना के विभिन्न कार्यों का शुभारंभ किया जा रहा है। इसमें 700 किलोमीटर का सीवेज नेटवर्क, 171 एमएलडी के 9 सीवेज उपचार संयंत्रों का निर्माण और 1 लाख 21 हजार घरेलू सीवेज कनेक्शन का संयोजन शामिल है। यह पूरी परियोजना चार पैकेज में क्रियान्वित होगी। इन कार्यों के पूर्ण होते ही भोपाल का सीवेज नेटवर्क 60 प्रतिशत तक बढ़ जाएगा और उपचार क्षमता में भी वृद्धि होगी, जो भोपाल शहर में वर्ष 2040 की आवश्यकता का 85 प्रतिशत है। अमृत 2.0 परियोजना के पूर्ण होने से भोपाल की लगभग 7 लाख आबादी सीधे लाभान्वित होगी और यह परियोजना 3 वर्ष में पूर्ण कर ली जाएगी।
कटारा-बर्रई को मिलेगी स्टेडियम की सौगात
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने हुजूर विधानसभा क्षेत्र के कटारा-बर्रई (वार्ड नं. 85) में पंडित दीनदयाल उपाध्याय के नाम से बड़ा स्पोर्ट्स स्टेडियम बनाने की घोषणा की। उन्होंने श्यामा प्रसाद मुखर्जी नगर (कोलार) में 16 एकड़ भूमि पर नया दशहरा मैदान बनाने एवं कोलार में बेहतर कानून व्यवस्था के लिए कजलीखेड़ा में नया थाना बनाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में गुंडे-बदमाशों पर नकेल कसने के लिए सरकार सख्त कार्यवाही कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहाकि भोपाल शहर के प्रमुख मार्गों पर महापुरुषों के नाम पर 7 भव्य द्वार तैयार किए जाएंगे। सरकार के सफलतम दो वर्ष पूर्ण होने पर 13 दिसम्बर को इन्दौर-सीहोर मार्ग पर भव्य विक्रमादित्य द्वार का भूमिपूजन किया जाएगा। भोपाल में बनने वाला एक द्वार राजा भोज को समर्पित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एक शिक्षाविद, जनसंघ के संस्थापक और राष्ट्र के भविष्य दृष्टा थे। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने धारा 370 के देश के लिए अनुचित बताया था। डॉ. मुखर्जी ने राष्ट्रहित में मंत्री पद त्याग कर कश्मीर में आंदोलन और लाल चौक पर तिरंगा फहराने का निर्णय लिया था।
खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश में समग्र विकास की नई धारा को आगे बढ़ाया है। शहरों के अधोसंरचना विकास, शालेय शिक्षा और खेल को समान महत्व देते हुए कोलार क्षेत्र में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और सांदीपनि विद्यालय के साथ 155 करोड़ रूपए से अधिक लागत की सीवेज लाइन की सौगात भी मिल रही है। स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव लगातार प्रदेश में किसी न किसी स्थान पर सांदीपनि विद्यालय की सौगात दे रहे हैं। इसी क्रम में आज भोपाल के कटारा-बर्रई स्थित सांदीपनि विद्यालय का लोकार्पण हुआ है। प्रदेश सरकार द्वारा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए शिक्षा, उनके कौशल उन्नयन के साथ उद्योगों में रोजगार के लिए भी व्यवस्था की जा रही है।
हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रदेश के गरीब, किसान सहित हर वर्ग के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। श्यामा प्रसाद मुखर्जी नगर में स्पोर्ट्स काम्पलेक्स का शुभारंभ क्षेत्र के युवाओं के लिए अनुपम सौगात है। यहां खिलाड़ियों के लिए 18 प्रकार के खेलों के अभ्यास की व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम में पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण (राज्यमंत्री) कृष्णा गौर, भोपाल महापौर मालती राय, विधायक भगवान दास सबनानी तथा बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एवं नागरिक उपस्थित थे।
बांकुरा रैली: पीएम मोदी का टीएमसी पर हमला, 'निर्मम सरकार' को बताया महिला विरोधी
