राजस्थान
हरियाणा के नूंह जिले में मस्जिद के गड्ढे को लेकर झगड़े में घायल मजीद की मौत
11 Mar, 2025 12:13 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नूंह: हरियाणा के नूंह जिले के बिछोर थाना क्षेत्र के सिंगार गांव के खेड़ाबास में 2 मार्च को दो पक्षों के बीच हुए झगड़े में घायल हुए 55 वर्षीय मजीद की इलाज के दौरान दिल्ली ट्रामा सेंटर में मौत हो गई. पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. मजीद के परिजनों ने बताया कि 2 मार्च को मजीद नमाज पढ़ने जा रहे थे, तभी मस्जिद के गड्ढे को लेकर दूसरे पक्ष के लोगों ने उन पर लाठी, डंडों और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया. इस हमले में मजीद गंभीर रूप से घायल हो गए. शोर सुनकर जब परिजन पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गई. घायल मजीद को पहले नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, फिर दिल्ली ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया. पुलिस को झगड़े की शिकायत दी गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने उल्टा उनके खिलाफ ही मुकदमा दर्ज कर दिया और उनकी शिकायत पर कोई ध्यान नहीं दिया.रविवार देर शाम मजीद की मौत के बाद पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया. पीड़ित पक्ष ने बताया कि पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही एसआईटी गठित कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा. परिजनों ने मांग की है कि उनके खिलाफ दर्ज मुकदमे को रद्द किया जाए और मजीद के हत्यारों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए. मजीद के पांच बच्चे हैं, जिनके सिर से हमेशा के लिए पिता का साया उठ गया. बिछोर थाना प्रभारी जगबीर सिंह ने बताया कि हत्या सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है और एसपी साहब ने कई टीमें गठित की हैं. आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
चंडीगढ़ में तेज रफ्तार पोर्शे कार ने दो टू-व्हीलर को मारी टक्कर, एक युवक की मौत
11 Mar, 2025 12:07 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चंडीगढ़. सिटी ब्युटीफुल में एक बार फिर से तेज रफ्तार कार का कहर देखने को मिला है. यहां पर बीती रात को एक लग्जरी कार पोर्शे ने दो टू-व्हीलर को टक्कर मार दी, जिससे युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लड़कियां घायल हुई. पुलिस ने आरोपी कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है.
दरअसल, चंडीगढ़ के सेक्टर चार में पेट्रोल पंप के पास यह हादसा हुआ. यहां पर पोर्श कार ने पहले एक स्कूटी को उड़ाया और फिर दूसरी स्कूटी को टक्कर मार दी. हादसे में बाइक सवार अंकित (24) की मौत हो गई. अंकित नयागांव में परिवार के साथ रहता था और मूल रूप से उत्तराखंड का रहने वाला है. मंगलवार को अंकित का जन्मदिन था और पूरे परिवार ने पार्टी का इंतजाम किया हुआ था. दोस्तों और परिवार के साथ जश्न मनाने की तैयारी थी, लेकिन किसी को नहीं पता था कि यह अंकित की आखिरी रात होगी. घटना के दौरान अंकित का शरीब दो हिस्सों में बंट गया. परिवार के सदस्यों ने रोते हुए बताया कि चंडीगढ़ में एक लग्जरी गाड़ी की तेज रफ्तार ने उनके भाई की जान ले ली. यह गाड़ी सेक्टर 21 निवासी संजीव की है, जो एक बिजनेसमैन हैं और प्रॉपर्टी डीलर का काम करता है.
बताया जा रहा है कि पोर्श गाड़ी बहुत तेज रफ्तार में राजभवन की तरफ जा रही थी. पहले कार ने एक स्कूटी को टक्कर मारी, फिर अनियंत्रित होकर एक्टिवा सवार दो युवतियों को चपेट में ले लिया और फिर खंभे से टकरा गई. घायल दोनों युवतियों को 16 अस्पताल में भर्ती कराया गया है. एक्टिवा गाड़ी के आगे इंजन में फंस गई और गाड़ी एक्टिवा को घसीटते हुए काफी दूर ले गई. घटना के दौरान गाड़ी के इंजन में फंसी एक्टिवा के दो टुकड़े हो गए.
पोर्श कार ने पहले एक स्कूटी को उड़ाया और फिर दूसरी स्कूटी को टक्कर मार दी.
पुलिस ने मौके से पोर्श चालक को गिरफ्तार कर गाड़ी को कब्जे में ले लिया है। सेक्टर 3 थाना पुलिस ने पोर्श चालक के खिलाफ लापरवाही, तेज रफ्तारी और सड़क हादसे की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. जांच में पता चला कि पोर्श गाड़ी सेक्टर 21 निवासी संजीव के नाम पर है. घायल युवतियों की पहचान सोनी और गुरलीन के रूप में हुई है.
गुरुग्राम में एक क्लास में 20 से ज्यादा बच्चे नहीं, नए नियमों से बढ़ेगा शिक्षा की गुणवत्ता
10 Mar, 2025 06:14 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हरियाणा के गुरुग्राम में चल रहे प्ले स्कूलों के लिए राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (एनसीपीसीआर) ने नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं. इन नियमों के तहत अब हर क्लास में अधिकतम 20 बच्चे ही बैठ सकते हैं. इसके अलावा एक शिक्षक और एक केयरटेकर की मौजूदगी अनिवार्य होगी. एनसीपीसीआर का मकसद इन नियमों से बच्चों की सुरक्षा और शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाना है.
गुरुग्राम के सभी प्ले स्कूलों को 20 मार्च तक अपना रजिस्ट्रेशन अपडेट कराना होगा. इसमें नए नियमों के तहत एडमिशन से जुड़ी सभी जानकारी देनी होगी. साथ ही नियमों के अनुपालन की जानकारी के लिए आवश्यक दस्तावेज जमा करने होंगे. अगर कोई भी स्कूल निर्धारित समय सीमा तक रजिस्ट्रेशन नहीं करवाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
नियम कड़े और अनिवार्य
सभी प्ले स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए परिसर में अब सीसीटीवी कैमरे लगाने होंगे. सभी स्टाफ और कर्मचारियों का पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य होगा, जिससे किसी भी अपराधिक रिकॉर्ड वाले व्यक्ति की नियुक्ति न हो. इन नियमों के तहत स्कूलों को जमीन के मालिकाना हक का रिकॉर्ड, बिल्डिंग लेआउट प्लान, फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट, चार्टर्ड अकाउंटेंट रिपोर्ट और ट्रस्ट/समिति रजिस्ट्रेशन के कागज जमा कराने होंगे.
इन मामलों पर स्कूल के प्रिंसपल्स का कहना है कि वो भी इससे सहमत हैं कि क्लास में बच्चों की संख्या का काम होना जरूरी है. खास तौर पर प्ले स्कूल में. क्योंकि वो बहुत छोटे बच्चे होते हैं और उनकी देखभाल बड़ों के मुकाबले ज्यादा करनी होती है. साथ ही उन्हें कुछ भी सिखाने के लिए अधिक समय देना होता है.
अंबाला एयरबेस से उड़ान भरने के बाद पंचकूला में क्रैश हुआ IAF का जगुआर विमान
10 Mar, 2025 06:09 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हरियाणा के पंचकूला में भारतीय वायुसेना का जगुआर लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है. बताया जा रहा है कि विमान ने प्रशिक्षण उड़ान के लिए अंबाला एयरबेस से उड़ान भरी थी. समय रहते पायलट विमान से बाहर निकलने में सफल रहा है. भारतीय वायुसेना के अधिकारी ने कहा कि घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं.
जानकारी के मुताबिक, हादसे का शिकार हुआ लड़ाकू विमान पहाड़ी क्षेत्र मोरनी के बालदवाला गांव के नजदीक गिरा है. घटना के बाद आसपास के गांव में अफरा-तफरी मच गई. फाइटर जेट का पायलट पैराशूट के जरिए सुरक्षित नीचे उतर गया. घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई है.
घटना को लेकर वायुसेना ने जारी किया बयान
घटना को लेकर भारतीय वायुसेना ने बयान जारी किया है. वायुसेना ने कहा है कि एक जगुआर विमान आज नियमित प्रशिक्षण उड़ान के दौरान अंबाला में सिस्टम में खराबी आने के कारण दुर्घटनाग्रस्त हो गया है. पायलट ने विमान को सुरक्षित रूप से बाहर निकलने से पहले जमीन पर किसी भी बस्ती से दूर ले गया. दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए भारतीय वायुसेना ने जांच के आदेश दे दिए हैं.
शिवपुरी में क्रैश हुआ था मिराज
बता दें कि इससे पहले मध्य प्रदेश के शिवपुरी में एयरफोर्स का फाइटर प्लेन क्रैश हो गया है. घटना शिवपुरी जिले के बहरेटा सानी गांव की थी जहां लड़ाकू विमान क्रैश हुआ था. विमान के जमीन पर गिरने के बाद उसमें आग लग गई थी. हालांकि, समय रहते पायलट पैराशूट के जरिए खुद को निकालने में सफल रहा था. इसके बाद उसने फोन करके हादसे की जानकारी अपने साथियों को दी थी. हादसा वायुसेना के मिराज-2000 लड़ाकू विमान के साथ हुआ जो कि एक ट्रेनर विमान था.
कुछ सालों में क्रैश की कई घटनाएं
एक तरफ वायुसेना खुद को अपग्रेड करने और ताकतवर बनाने में जुटी है, लेकिन दूसरी ओर उसे लगातार इस तरह के हादसों का भी सामना करना पड़ रहा है. वायुसेना अपने कई विमानों को लेटेस्ट तकनीकों से लैस भी कर रहा था. पिछले कुछ सालों में वायुसेना को इस तरह के कई हादसों का सामना करना पड़ा है. अधिकतर हादसों में विमान पूरी तरह से जलकर नष्ट हो गए हैं.
कैथल में रॉन्ग साइड गाड़ी चला रहा युवक पकड़ा, दावा किया तहसीलदार होने का
10 Mar, 2025 05:54 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कैथल ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करना अब सरकारी अधिकारियों को भी महंगा पड़ रहा है. कैथल ट्रैफिक पुलिस ने सोमवार को ढांड तहसीलदार अचिन का 500 रुपये का चालान काट दिया. तहसीलदार रेलवे फाटक पर रॉन्ग साइड से निकलने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन ट्रैफिक पुलिस ने उन्हें रोक लिया. चालान भरने के बाद ही उनकी गाड़ी छोड़ी गई. तहसीलदार अचिन अपनी गाड़ी से रेलवे फाटक के पास पहुंचे और रॉन्ग साइड से निकलने लगे. मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिस ने तुरंत उन्हें रोककर चालान काट दिया. नियमों के अनुसार, चालान ऑनलाइन भरने के बाद ही उनकी गाड़ी छोड़ी गई.
रेलवे फाटक पर अक्सर लोग ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए रॉन्ग साइड से निकलने की कोशिश करते हैं. इससे न सिर्फ यातायात बाधित होता है, बल्कि हादसों का भी खतरा बना रहता है. इसी को देखते हुए सोमवार को ट्रैफिक एसएचओ राजकुमार राणा की अगुवाई में पुलिस टीम ने वहां कार्रवाई शुरू की. पुलिस ने कई लोगों को नियमों का उल्लंघन करते हुए पकड़ा, जिनमें ढांड तहसीलदार अचिन भी शामिल थे.
पहले भी कर चुके हैं सख्त कार्रवाई
कैथल ट्रैफिक पुलिस इससे पहले भी कई प्रभावशाली लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर चुकी है. कुछ समय पहले ट्रैफिक एसएचओ राजकुमार राणा ने सीआईडी डिस्ट्रिक्ट इंचार्ज के बेटे का 17,000 रुपये का चालान काटा था. इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हलचल मच गई थी. ट्रैफिक एसएचओ और एक सब-इंस्पेक्टर के बीच बहस भी हो गई थी.
सख्ती से सुधर रहा है ट्रैफिक
ट्रैफिक पुलिस की लगातार सख्ती से आम जनता में भी जागरूकता बढ़ रही है. अब न केवल आम नागरिक बल्कि प्रशासनिक अधिकारी भी नियमों का पालन करने को मजबूर हो रहे हैं. कैथल ट्रैफिक पुलिस ने साफ कर दिया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह सरकारी अधिकारी ही क्यों न हो. ट्रैफिक एसएचओ राजकुमार राणा ने कहा कि रेलवे फाटक पर नियमों की अनदेखी से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए पुलिस इस इलाके में विशेष निगरानी कर रही है. उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें और सुरक्षित यात्रा करें.
ट्रैफिक एसएचओ राजकुमार राणा ने बताया, तहसीलदार की गाड़ी रेलवे फाटक की ओर से रॉन्ग साइड से आ रही थी. जैसे ही उन्हें रुकवाया तो उन्होंने अपना परिचय दिया. अपनी रैंक बताई. उनका चालान काटा गया. मौके पर ही ढांड तहसीलदार अचिन ने अपना चालान भर दिया.
फरीदाबाद के किसान तेजपाल को गेंदे की खेती में लाखों का नुकसान, 18 सालों से कर रहे थे खेती
10 Mar, 2025 02:47 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
फरीदाबाद के नवादा गांव में रहने वाले किसान तेजपाल इस बार गेंदे की खेती से नाखुश हैं. वे पिछले 18 सालों से खेती कर रहे हैं और उत्तर प्रदेश के एतबारपुर के मूल निवासी हैं. उन्होंने नवादा गांव में डेढ़ किला जमीन पट्टे पर लेकर गेंदे के फूलों की खेती की है. खेती का पूरा खर्चा खुद उठाते हैं और इसी से अपने परिवार का गुजारा करते हैं, लेकिन इस बार उन्हें उतना मुनाफा नहीं हो रहा जितनी उम्मीद थी.
तेजपाल बताते हैं कि सबसे पहले खेत की जुताई करनी पड़ती है, फिर खाद डालनी होती है. लेकिन खाद आसानी से नहीं मिलती. कई बार उन्हें ब्लैक में महंगे दामों पर खाद खरीदनी पड़ती है, जिससे खेती की लागत बढ़ जाती है. उन्होंने बताया कि वे पट्टे पर खेती कर रहे हैं और जमीन के मालिक को सालाना 40 हजार रुपये प्रति किला देना पड़ता है.
फूलों के दाम नहीं मिलने से परेशान किसान
तेजपाल का कहना है कि इस बार मंडी में गेंदे के फूल का दाम बहुत कम रहा. वे अपने फूल दिल्ली की गाजीपुर मंडी और छतरपुर मंडी लेकर जाते हैं. वहां फूल 10 से 15 रुपये किलो में बिक रहे हैं, जबकि उन्हें कम से कम 30 से 35 रुपये किलो मिलना चाहिए, तभी कुछ मुनाफा होगा.
खेती में मेहनत और खर्चा दोनों ज्यादा है. मजदूरों की दिहाड़ी भी महंगी है. फूल तोड़ने के लिए मजदूर लगानी पड़ती हैं, जो एक दिन में करीब 30 किलो फूल तोड़ती हैं और 400 रुपये दिहाड़ी लेती हैं. इस तरह मजदूरी, खाद और पट्टे का खर्च निकालना मुश्किल हो रहा है.
तेजपाल कहते हैं कि खेती करना अब पहले जैसा फायदेमंद नहीं रहा, जितना खर्चा लगा रहे हैं. उतना मुनाफा नहीं मिल रहा. उन्होंने सरकार से मांग की है कि खाद की उपलब्धता सही की जाए और फूलों के उचित दाम मिलें ताकि किसानों को खेती में नुकसान न उठाना पड़े.
हरियाणा के पंचकूला में भारतीय वायुसेना का जगुआर लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त
7 Mar, 2025 10:44 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हरियाणा के पंचकूला में भारतीय वायुसेना का जगुआर लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है. बताया जा रहा है कि विमान ने प्रशिक्षण उड़ान के लिए अंबाला एयरबेस से उड़ान भरी थी. समय रहते पायलट विमान से बाहर निकलने में सफल रहा है. भारतीय वायुसेना के अधिकारी ने कहा कि घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं.
जानकारी के मुताबिक, हादसे का शिकार हुआ लड़ाकू विमान पहाड़ी क्षेत्र मोरनी के बालदवाला गांव के नजदीक गिरा है. घटना के बाद आसपास के गांव में अफरा-तफरी मच गई. फाइटर जेट का पायलट पैराशूट के जरिए सुरक्षित नीचे उतर गया. घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई है.
घटना को लेकर वायुसेना ने जारी किया बयान
घटना को लेकर भारतीय वायुसेना ने बयान जारी किया है. वायुसेना ने कहा है कि एक जगुआर विमान आज नियमित प्रशिक्षण उड़ान के दौरान अंबाला में सिस्टम में खराबी आने के कारण दुर्घटनाग्रस्त हो गया है. पायलट ने विमान को सुरक्षित रूप से बाहर निकलने से पहले जमीन पर किसी भी बस्ती से दूर ले गया. दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए भारतीय वायुसेना ने जांच के आदेश दे दिए हैं.
शिवपुरी में क्रैश हुआ था मिराज
बता दें कि इससे पहले मध्य प्रदेश के शिवपुरी में एयरफोर्स का फाइटर प्लेन क्रैश हो गया है. घटना शिवपुरी जिले के बहरेटा सानी गांव की थी जहां लड़ाकू विमान क्रैश हुआ था. विमान के जमीन पर गिरने के बाद उसमें आग लग गई थी. हालांकि, समय रहते पायलट पैराशूट के जरिए खुद को निकालने में सफल रहा था. इसके बाद उसने फोन करके हादसे की जानकारी अपने साथियों को दी थी. हादसा वायुसेना के मिराज-2000 लड़ाकू विमान के साथ हुआ जो कि एक ट्रेनर विमान था.
कुछ सालों में क्रैश की कई घटनाएं
एक तरफ वायुसेना खुद को अपग्रेड करने और ताकतवर बनाने में जुटी है, लेकिन दूसरी ओर उसे लगातार इस तरह के हादसों का भी सामना करना पड़ रहा है. वायुसेना अपने कई विमानों को लेटेस्ट तकनीकों से लैस भी कर रहा था. पिछले कुछ सालों में वायुसेना को इस तरह के कई हादसों का सामना करना पड़ा है. अधिकतर हादसों में विमान पूरी तरह से जलकर नष्ट हो गए हैं.
चंडीगढ़ में कलेक्टर रेट्स बढ़ने पर प्रॉपर्टी कंसलटेंट संगठन का विरोध
6 Mar, 2025 04:13 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चंडीगढ़. पंजाब और हरियाणा की राजधानी चंडीगढ़ में कलेक्टर रेट्स को लेकर अलग-अलग संगठन जल्द ही प्रशासन के खिलाफ सड़कों पर उतरेंगे. अब जमीन की खरीद फरोख्ट पर रजिस्ट्री करवाने के लिए लोगों को और जेब ढीली करनी होगी. चार साल चंडीगढ़ में रेट्स में बदलवा किया गया है. हालांकि, इसका विरोध भी शुरू हो गया है.
न्यूज़ 18 से बातचीत में चंडीगढ़ के प्रॉपर्टी कंसलटेंट संगठन के प्रधान कमल गुप्ता ने बताया कि प्रशासन की नीतियों के कारण चंडीगढ़ की हालत खराब हो रही है. चंडीगढ़ में चार साल बाद प्रशासन ने कलेक्टर रेट्स में बड़ा बदलाव किया है. खासकर गाँव के इलाकों में कृषि भूमि की कीमत तीन से चार गुना तक बढ़ गई है, जबकि सेक्टर-1 से 12 में रेट डेढ़ गुना तक बढ़ाए गए हैं. इससे पहले 2021 और 2017 में कलेक्टर रेट्स संशोधित किए गए थे.
कमल गुप्ता ने बताया कि आवासीय कलेक्टर रेट्स दोगुने कर दिए गए हैं. मार्केट पहले ही धीमी चल रही थी, अब ऐसा लग रहा है कि काम रुक जाएगा. कमर्शियल रेट्स पहले ही ज्यादा थे. सेक्टर-17, 34 आदि के रेट्स घटाने की मांग की जा रही थी. अब प्रॉपर्टी बेचना मुश्किल हो जाएगा. प्रशासन लगातार जनता विरोधी फैसले ले रहा है. जल्द ही एसोसिएशन की तरफ से प्रदर्शन किया जाएगा. उनके मुताबिक, पहले ही कमर्शियल चीजों के रेट्स बहुत ज्यादा बढ़े हुए थे और हम मांग कर रहे थे कि इन्हें घटाया जाए, लेकिन प्रशासन ने और बढ़ा दिए हैं. अब हालात यह हो गए हैं कि जिनके एग्रीमेंट हुए हैं, वे फंस चुके हैं क्योंकि 1 अप्रैल से कलेक्टर रेट्स में इजाफा होने पर उन्हें ज्यादा पैसे देने पड़ेंगे, जिससे लोग परेशान हो चुके हैं.
सेक्टर-1 से 12 तक के एरिया की प्रॉपर्टी का कलेक्टर रेट डेढ़ गुना बढ़ा दिया गया है. इसी तरह, औद्योगिक क्षेत्र के फेज-1 और 2 में कमर्शियल प्लॉट का कलेक्टर रेट प्रति गज 62 हजार से बढ़ाकर 83 हजार रुपये कर दिया गया है, जबकि फेज-3 के कलेक्टर रेट्स भी पहली बार तय किए गए हैं. हालांकि, यहां पर कुछ विकास नहीं हुआ है. उधर, कोयला डिपो, शहरवासियों और व्यापारियों ने विरोध जताया है. लोहा बाजार, लकड़ी बाजार, ट्रांसपोर्ट क्षेत्र का कलेक्टर रेट 92,664 रुपये से बढ़ाकर 98,800 रुपये प्रति वर्ग गज कर दिया गया है, जिससे फ्लैट मालिकों पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ेगा. जिन रिहायशी प्लॉटों को नर्सिंग होम, अस्पताल आदि में परिवर्तित किया गया है, उनका 25 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क चार्ज किया जाएगा, जबकि व्यावसायिक उपयोग में परिवर्तित औद्योगिक क्षेत्र में 5 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क चार्ज किया जाएगा.
अन्य मंजिलों का क्या रेट होगा
इसके अलावा, फर्स्ट फ्लोर 4,050 रुपये से बढ़ाकर 10,220 रुपये प्रति वर्ग फीट, सेकेंड फ्लोर 3,645 रुपये से बढ़ाकर 9,140 रुपये प्रति वर्ग फीट, थर्ड फ्लोर 3,280 रुपये से बढ़ाकर 7,900 रुपये प्रति वर्ग फीट कर दिया गया है. सेक्टर-14 से 37 एरिया में 10 मरले की कोठी का पंजीकरण 3.70 करोड़ रुपये तय किया गय है. अब इसका विरोध हो रहा है.
अर्जुन मंडल का सपना: धान से बनी मूर्तियाँ देश-विदेश में पहुंचे
6 Mar, 2025 04:03 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
फरीदाबाद के अर्जुन मंडल एक अनोखी कला में माहिर हैं. वे धान के दानों से खूबसूरत मूर्तियाँ बनाते हैं, जिनमें न तो किसी तरह का रंग इस्तेमाल होता है और न ही केमिकल. खास बात यह है कि ये मूर्तियाँ केवल मूंग के धागे से बाँधकर बनाई जाती हैं. इससे धान खुलता नहीं और इसकी प्राकृतिक सुंदरता बनी रहती है. यह कला पूरी तरह से प्राकृतिक है और पानी में भीगने के बाद भी मूर्तियों को कोई नुकसान नहीं होता.
अर्जुन मंडल मूल रूप से उड़ीसा के रहने वाले हैं और इस कला में निपुण हैं. उन्होंने बताया, मैं धान के दानों को एक-एक कर जोड़ता हूँ और धागे से कसकर बाँधता हूँ. इसमें किसी भी तरह का गोंद या केमिकल नहीं लगाया जाता. एक मूर्ति बनाने में चार से पाँच दिन का समय लगता है.
सरकारी सम्मान भी मिल चुका है
अर्जुन की इस अनोखी कला के कारण उन्हें सरकारी सम्मान भी मिल चुका है. उनके पिता को 2010 और 2014 में राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया था. यह परंपरागत कला अर्जुन को विरासत में मिली है और वे इसे आगे बढ़ाने के लिए मेहनत कर रहे हैं.
17 कारीगर कर रहे हैं काम
अर्जुन के पास कुल 17 कारीगर हैं जो इस कला में निपुण हैं. वे भगवान की विभिन्न मूर्तियाँ बनाते हैं, जिनकी कीमत 700 रुपये तक होती है. अर्जुन बताते हैं कि इस धान की मूर्ति को धोया भी जा सकता है, फिर भी यह खराब नहीं होती. यह न तो सड़ती है और न ही टूटती है क्योंकि इसे बाँधने की खास तकनीक अपनाई जाती है.
देश-विदेश तक पहुँचाने का सपना
अर्जुन ने 12वीं तक पढ़ाई की है और अपनी इस कला को आगे बढ़ाने के लिए मेहनत कर रहे हैं. वे चाहते हैं कि यह परंपरागत कला ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुँचे. उनका सपना है कि एक दिन उनकी बनाई मूर्तियाँ देश-विदेश में भी मशहूर हों. उनकी इस अनोखी कला ने कई लोगों का ध्यान आकर्षित किया है और अब वे इसे बड़े स्तर पर पहुँचाने की तैयारी कर रहे हैं.
बालसमंद नहर में मिली युवती की लाश, हत्या के आरोप में युवकों की गिरफ्तारी की मांग
5 Mar, 2025 01:41 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बालसमंद नहर में करीब चार महीने पहले 20 साल की युवती का शव मिला था। मृतका के परिजनों ने उसके साथ रहने वाले युवकों पर सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या कर शव को नहर में फेंकने के आरोप लगाए थे। मामला कई दिनों तक उछला था।
नहीं हुआ सामूहिक दुष्कर्म, हत्या की बात भी निकली झूठी
पुलिस ने शव के पोस्टमार्टम के बाद विसरा और अन्य सैंपल जांच के लिए फोरेंसिक लैब में भेजे थे। सैंपलों की रिपोर्ट अब आ चुकी है। युवती के साथ कोई सामूहिक दुष्कर्म नहीं हुआ और न ही उसकी हत्या की गई थी। पानी में डूबने से युवती की मौत हुई थी। पुलिस अब रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाएगी।
9 नवंबर 2024 में मिला था शव
जानकारी अनुसार कैमरी रोड स्थित एक कॉलोनी में रहने वाली 20 साल की युवती डाबड़ा चौक के पास एक निजी कंपनी के ऑफिस में काम करती थी। 8 नवंबर की सुबह वह आठ बजे घर से काम पर जाने के लिए निकली थी। रोजाना शाम को वह शाम छह बजे घर पहुंच जाती थी, लेकिन उस दिन वह घर नहीं पहुंची। अगले दिन 9 फरवरी की शाम को उसका शव बालसमंद नहर में मिला था। उसके बाद अगले दिन स्वजन सिविल अस्पताल में सीएमओ कार्यालय के बाहर एकित्रत हुए और शव लेने से इनकार कर दिया था।
पुलिस ने गुमशुदगी की दर्ज की थी शिकायत
उस समय युवती के भाई ने बताया था कि आठ नवंबर को घर न पहुंचने के बाद बहन के पास फोन किया था। उसने बताया था कि वह अपनी सहेली के साथ है और पीएलए मार्केट जा रही है। उसके बाद बहन का फोन बंद आने लगा। अपने स्तर पर बहन की तलाश की तो उसका कहीं कोई अता-पता नहीं चला। जब बहन का पता नहीं चला तो आजाद नगर थाना पुलिस को सूचना दी। वहां पर मौजूद पुलिस कर्मचारियों ने अर्बन एस्टेट थाना में भेज दिया था। यहां पर पुलिस ने गुमशुदगी की शिकायत दर्ज की। नौ नवंबर की रात आठ बजे बहन का शव बालसमंद नहर में मिलने की सूचना मिली।
मृतका के भाई ने साथ पढ़ने वाले युवक पर लगाया था गंभीर आरोप
मृतका के भाई ने आरोप लगाया था कि जब बहन पढ़ती थी तो उसके साथ पढ़ने वाला युवक काफी समय से उस पर शादी करने का दबाव बना रहा था। साजिश के तहत बहन की सहेली ने उसको पीएलए ले गए। उसके बाद शादी का दबाव बनाने वाले युवक और उसके साथी मेरी बहर के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और बाद में उसकी हत्या करने के बाद शव को बालसमंद नहर में फेंक दिया। स्वजन आरोपित की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े थे। संगठनों ने उसके बाद लगातार दो दिन तक प्रदर्शन किए और बाद में पुलिस से मिले आश्वासन के बाद स्वजनों ने शव उठाया था।
मधुमक्खियों और वन्य जीवों से निपटने के लिए हरियाणा विधानसभा में सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा
5 Mar, 2025 01:17 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हरियाणा विधानसभा Haryana Assembly की सुरक्षा तैयारियों संबंधी बैठक में पिछले दिनों सचिवालय में मधुमक्खियों के हमले संबंधी घटनाक्रम को पूरी गंभीरता से लिया गया। विधानसभा का बजट सत्र सात मार्च से आरंभ होने वाला है।
बजट सत्र में भागीदारी के लिए पूरी सरकार, विधायक, प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी और दर्शक दीर्घा में सैकड़ों लोग आने वाले हैं। मधुमक्खियों समेत अन्य वन्य जीवों के किसी भी तरह से हमले से निपटने के लिए समुचित तैयारियां करने के आदेश विधानसभा स्पीकर हरविन्द्र कल्याण ने सुरक्षा अधिकारियों को दिए हैं।
3 राज्यों के अधिकारियों के साथ हुई बैठक
हरियाणा, पंजाब और केंद्रशासित राज्य चंडीगढ़ के अधिकारियों के साथ सुरक्षा संबंधी बैठक में विधानसभा स्पीकर हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि सुरक्षा में किसी तरह की चूक स्वीकार नहीं की जाएगी। इसके लिए सुरक्षा अधिकारी अभी से अपनी तैयारियां पूरी कर लें। बैठक में पिछले विधानसभा सत्रों में सुरक्षा में हुई चूक से सबक लेकर तैयारियां करने पर चर्चा हुई। बैठक में सभी मंत्रियों, विधायकों, अधिकारियों और प्रेस प्रतिनिधियों से अनुरोध किया गया कि वे विधान भवन में मोबाइल फोन ना लाएं। यदि यह लाना बहुत आवश्यक हो तो उसे साइलेंट मोड पर रखें।
परिसर में प्रदर्शन की नहीं होगी अनुमति
बैठक में बताया गया कि विधानसभा परिसर के बाहर किसी भी प्रकार के रोष प्रदर्शन की अनुमति नहीं रहेगी। स्पीकर ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि इसके लिए पूरी तैयारी रखें। बैठक में तय हुआ है कि सत्र के दौरान किसी भी आम या खास को हथियार के साथ प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। इसके लिए विधानसभा सचिवालय की ओर से विधायकों को अलग से एक पत्र लिखा जा रहा है। चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से सत्रावधि के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट की अलग तैनाती होगी। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि विधानसभा सत्र की कार्यवाही देखने के लिए बड़ी संख्या में स्कूल और कॉलेजों के विद्यार्थियों के दल के आने की संभावना है। इसके मद्देनजर आवश्यक प्रबंध करने की जरूरत है।
बैठक में ये लोग रहे मौजूद
बैठक में हरियाणा की गृह विभाग की प्रतिनिधि अधिकारी गीता भारती, पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर, सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक के मकरंद पांडुरंग, एडीजीपी (सीआईडी) सौरभ सिंह, आईजीपी (सुरक्षा) पंकज नैन, यूटी चंडीगढ़ के एसएसपी (सुरक्षा) सुमेर प्रताप सिंह, चंडीगढ़ की एसपी गीतांजलि खंडेलवाल, यूटी चंडीगढ़ के एसडीएम (सी) नवीन कुमार, सीआईएसएफ सहायक कमांडेंट मधु रावत, हरियाणा विधानसभा के सचिव डॉ. सतीश कुमार और पंजाब विधानसभा के सचिव राम लोक खटाना ने सुरक्षा संबंधी तैयारियों पर जरूरी सुझाव दिए।
पलवल में गौरक्षकों ने ट्रक ड्राइवर और हेल्पर के साथ की मारपीट, नहर में फेंका गया
4 Mar, 2025 05:41 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हरियाणा के पलवल जिले में कथित गौरक्षकों ने दो युवकों के साथ मारपीट की और फिर उन्हें नहर में फेंक दिया. इनमें से एक की मौत हो गई. पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी. इस मामले में 11 लोगों को आरोपी बनाया गया है जिनमें से अभी केवल 5 की ही गिरफ्तारी हो पाई है. आरोपियों ने पलवल जिले में 22 फरवरी को एक ट्रक को रोका था. उन्हें गाय की तस्करी का शक था. यह ट्रक मवेशियों को लेकर राजस्थान से लखनऊ जा रहा था. लेकिन रात के कारण ड्राइवर रास्ता भटक गया था और हरियाणा के पलवल से गुजर रहा था. ऐसे में बाइक सवार लोग आए और ट्रक ड्राइवर और हेल्पर को बुरी तरह पीटा. इतना ही नहीं फिर नहर में भी फेंक दिया.
मृत समझकर नहर में फेंका
आरोपियों ने उन्हें नहर में इसलिए फेंक दिया क्योंकि उन्हें लगा कि ड्राइवर और हेल्पर की मौत हो गई. ट्रक ड्राइवर बालकिशन सुरक्षित तैरकर बाहर निकल गया. उसी ने आगे पुलिस को घटना की जानकारी दी जिसके बाद पुलिस हरकत में आई. लेकिन हेल्पर संदीप का शव बीते रविवार को नहर से बरामद किया गया. पलवल के डीसीपी (क्राइम) मनोज वर्मा ने मंगलवार को बताया कि आरोपियों की पहचान देवराज, निखिल, नरेश, पवन और पंकज के रूप में हुई है जो कि पलवल, गुरुग्राम और नूहं के रहने वाले हैं.
गंभीर चोटों के कारण संदीप की मौत
संदीप का पोस्टमार्टम कराया गया है जिससे यह जानकारी सामने आई है कि उसे काफी गंभीर चोटें आई थीं. ड्राइवर ने गाय को ले जाने से जुड़ा दस्तावेज दिखाया है और उसका सत्यापन किया जा रहा है. वहीं जानकारी सामने आने पर आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने इनाम की भी घोषणा की थी. हरियाणा में गौरक्षकों द्वारा किसी पर हमला करने की यह पहली घटना नहीं है. ऐसी घटनाएं हरियाणा में होती रही हैं.
सोनीपत में दलित युवक को पीटने की घटना, वीडियो वायरल होने के बाद समाज में हड़कंप
4 Mar, 2025 04:14 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हरियाणा के सोनीपत में सोमवार (3 मार्च) को कथित तौर पर एक दलित युवक को पीटे जाने की घटना सामने आई है. ये घटना सोनीपत जिले के धनाना गांव की है. सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो भी वायरल हो रहा है. वीडियो में कुछ बदमाशों द्वारा युवक को अर्धनग्न कर पीटते हुए देखा जा सकता है.
इस घटना को लेकर वाल्मीकि आश्रम-गोहाना में सोमवार को दलित समाज की पंचायत आयोजित की गई, जिसमें समाज के लोगों ने पुलिस प्रशासन पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है. साथ ही पुलिस प्रशासन को 2 दिन का अल्टीमेटम भी दिया है. यह घटना करीब 15 दिन पहले की है. घटना के समय धनाना गांव का रहने वाला मोनू हथवाला रोड पर गया था, जहां कुछ बदमाशों ने उसे पकड़ लिया और चोरी का आरोप लगाकर बुरी तरह से पीटा. वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि दो लोग उसके हाथ-पैर पकड़े हुए हैं, जबकि अन्य उसे लाठी-डंडों से पीट रहे हैं. आरोपी युवक पीड़ित को आपत्तिजनक शब्द भी कह रहे हैं. पीड़ित युवक मोनू बार-बार छोड़ने की गुहार लगा रहा है, लेकिन बदमाशों ने उस पर चोरी का आरोप लगाते हुए उसकी बेरहमी से पिटाई की.
15 दिन बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
दलित समाज की पंचायत ने पुलिस पर लापरवाही करने का आरोप लगाया है. इस घटना को लेकर मोनू और उसके परिवार ने बरोदा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन 15 दिन बीत जाने के बावजूद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई.
दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग
सोनीपत पुलिस की कथित निष्क्रियता को लेकर वाल्मीकि समाज ने सोमवार को गोहाना में पंचायत बुलाई, जिसमें प्रशासन को दो दिन का अल्टीमेटम दिया गया. समाज के लोगों ने कहा कि यदि दोषियों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया तो वे बड़ा आंदोलन करेंगे. पीड़ित मोनू का कहना है कि उस पर चोरी का झूठा आरोप लगाकर जबरन जुर्म कबूल करवाने की कोशिश की गई. वह अपनी बेगुनाही साबित करना चाहता है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहा है.
पुलिस ने की शांति बनाए रखने की अपील
सोनीपत पुलिस के प्रवक्ता रविंद्र सिंह का कहना है कि इस मामले की जांच जारी है.आरोपियों की पहचान कर जल्द ही उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है.
हरियाणा: हिमानी नरवाल मर्डर केस में बड़ा खुलासा, बॉयफ्रेंड ने किया कत्ल
3 Mar, 2025 12:56 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हरियाणा के हिमानी मर्डर केस में पुलिस की शुरुआती जांच में बड़ा खुलासा हुआ है. हिमानी का कत्ल उसके बॉयफ्रेंड ने किया था. वारदात के बाद वह दिल्ली फरार हो गया था. पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया है. उससे पूछताछ जारी है. हिमानी की एक मार्च को हत्या कर दी गई थी. वह कांग्रेस पार्टी की सक्रिय कार्यकर्ता थी. काफी पैसे दिए, फिर भी ब्लैकमेलिंग... हिमानी का क्यों किया मर्डर? कातिल बॉयफ्रेंड ने बताई वजह
हरियाणा के रोहतक में कांग्रेस कार्यकर्ता हिमानी नरवाल मर्डर केस में बड़ा खुलासा हुआ है. हिमानी की हत्या उसी के बॉयफ्रेंड ने की थी. वारदात के बाद वह दिल्ली फरार हो गया था. पुलिस ने आरोपी बॉयफ्रेंड को दिल्ली से गिरफ्तार किया है. शुरुआती जांच में हत्यारे ने हत्या किए जाने का जुर्म कुबूल किया है. उसने हत्या किए जाने के बारे में भी बताया है. जांच में पता चला है कि आरोपी हिमानी के साथ काफी समय से रिलेशनशिप में था. पुलिस आरोपी से हत्या किए जाने के बारे में पता कर रही है. प्रारंभिक जांच में ब्लैकमेल करने की बात भी सामने आई है. आरोपी ने कुबूल किया है कि वह हिमानी को काफी पैसे भी दे चुका था. इसके बावजूद वह बार-बार और अधिक पैसे की डिमांड कर रही थी. जानकारी के मुताबिक, आरोपी की पहचान सचिन के रूप में हुई है. वह रोहतक का रहने वाला है.
घर में की थी हत्या, सूटकेस में बंद कर फेंका
रोहतक पुलिस ने आरोपी को वारदात के 36 घंटे बाद दिल्ली से गिरफ्तार किया है. आरोपी ने हिमानी नरवाल की हत्या उसी के मकान में की थी. हिमानी विजयनगर स्थित किराए के मकान में रहती थी. उसके साथ उसकी मां और भाई भी रहता था. लेकिन वारदात वाले दिन दोनों नजफगढ़ गए हुए थे और हिमानी घर पर अकेली थी. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी सचिन ने हिमानी को उसी के घर में हत्या की, फिर उसके शव को एक सूटकेस में बंदकर उसे घर से 800 मीटर की दूरी पर सांपला बस स्टैंड के समीप फ्लाईओवर के पास फेंक दिया था.
कांग्रेस की थी सक्रिय कार्यकर्ता
हिमानी नरवाल कांग्रेस पार्टी से जुड़ी हुई थी. वह वकालत की पढ़ाई कर रही थी. हिमानी 2024 के हरियाणा विधानसभा चुनाव में सक्रिय रही थी. परिजनों के मुताबिक, हिमानी की शादी को लेकर उसके लिए लड़के की तलाश की जा रही थी. इधर, पुलिस की शुरूआती जांच में हिमानी का अफेयर सामने आया है और कातिल उसी का बॉयफ्रेंड है. पुलिस पूरी घटना का आज खुलासा करेगी. हिमानी नरवाल की हत्या के बाद कांग्रेस ने इसके लिए एसआईटी गठित कर घटना की जांच की मांग की थी. हिमानी कांग्रेस पार्टी के कार्यक्रमों के अलावा सामजिक संगठनो के आयोजनों में भी बढ़चढ़ कर हिस्सा लेती थी.
पूर्व मुख्यमंत्री ने उठाया था कानून व्यवस्था पर सवाल
हिमानी की हत्या पर हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री दीपेन्द्र सिंह हुड्डा ने दुख जताया था, उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि ‘रोहतक में कांग्रेस की सक्रीय कार्यकर्ता हिमानी नरवाल की बर्बर हत्या का समाचार बेहद दुखद और स्तब्ध करने वाला है. एक लड़की की इस तरह हत्या होना और उसका सूटकेस में शव मिलना, बेहद दुखदाई और आघात पहुंचाने वाला है. यह घटना अपने आप में प्रदेश की कानून व्यवस्था पर बदनुमा धब्बा है. इस हत्याकांड की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच हो और सरकार पीड़िता के परिवार को जल्द से जल्द न्याय और दोषियों को कठोर सजा दिलाए.
फरीदाबाद के गांव पाली में गुजरात ATS की छापेमारी, दो हैंड ग्रेनेड बरामद
3 Mar, 2025 12:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हरियाणा के फरीदाबाद के गांव पाली इलाके में गुजरात ATS की टीम पहुंची, जहां किसी खास संगठन से जुडे़ युवक की निशानदेही ATS टीम पहुंची थी. वहीं ATS की टीम ने एक मकान से दो हैंड ग्रेनेड बरामद किए गए हैं. सूत्रों के मुताबिक रविवार की शाम के समय गुजरात ATS और फरीदाबाद पुलिस की गाड़ियां पाली इलाके में पहुंची. इस दौरान भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा. गुजरात एटीएस की टीम ने गुजरात से एक युवक को गिरफ्तार किया था, जिससे पूछताछ के दौरान फरीदाबाद के लिए कुछ इनपुट मिला था. इसके बाद गुजरात एटीएस उसे यहां लेकर आई. बताया जा रहा है कि गिरफ्तार युवक का नाम अब्दुल रहमान है, जिसकी उम्र लगभग 19 साल है. गिरफ्तार शख्स अब्दुल रहमान उत्तर प्रदेश के फैजाबाद के गांव मिल्कीपुर रहने वाला बताया जा रहा है. अब्दुल रहमान के किसी आतंकवादी संगठन से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है.
3-4 घंटे तक चली जांच
गुजरात एटीएस की टीम करीब 3 से 4 घंटे तक फरीदाबाद के पाली इलाके में जांच करती रही. इलाके की छानबीन के दौरान युवक की निशानदेही पर टीम को मौके से दो हैंड ग्रेनेड बरामद हुए. युवक किस संगठन से जुड़ा था और किस मामले में युवक को एटीएस ने पकड़ा है. इसकी कोई जानकारी स्थानीय पुलिस की ओर से नहीं दी गई है.
पुलिस भी रही मौजूद
इस मामले में फरीदाबाद पुलिस के कर्मचारी भी गुजरात एटीएस के साथ पाली इलाके में मौजूद रहे. इस दौरान उस इलाके में किसी भी सिविलियन को आने-जाने की इजाजत नहीं दी गई. जब इस मामले की जानकारी के लिए फरीदाबाद पुलिस के प्रवक्ता यशपाल सिंह से बात की गई तो उन्होंने इस मामले में कुछ भी बताने से इनकार कर दिया. गुजरात एटीएस युवक को अपने साथ ही वापस ले गई. इसके अलावा एटीएस युवक की निशानदेही पर बरामद दोनों हैंड ग्रेनेड को भी अपने साथ ले गई.
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की बड़ी पहल: मुख्यधारा में लौटे युवाओं को स्वास्थ्य सुरक्षा और नई उम्मीद
जैव उर्वरक और नील-हरित काई के उपयोग को बढाएं-कृषि उत्पादन आयुक्त निगार
क्षीर धारा अभियान का मुख्य उद्देश्य पशुपालकों की आय में वृद्धि और गोवंश का स्वास्थ्य सुरक्षित रखना है : मंत्री पटेल
राज्यमंत्री कृष्णा गौर ने किया 4 लेन सीसी सड़क निर्माणकार्य का भूमि-पूजन
पुष्पा ने लिखी आत्मनिर्भरता की नई कहानी
अपनी ज़िम्मेदारी निभाएं और अपनी बेटियों को सर्वाईकल कैंसर के खतरे से बचाएं
खिवनी अभयारण्य बनेगा वन्यजीव संरक्षण और इको-टूरिज्म का आदर्श मॉडल : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
प्रधानमंत्री मोदी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को पूर्ण कर रहा है मध्यप्रदेश: मुख्यमंत्री डॉ. यादव
लोकतंत्र का महापर्व: बंगाल में 91.40% मतदान, तमिलनाडु में टूटा रिकॉर्ड
