राजस्थान
अनिल विज ने केजरीवाल पर तंज करते हुए कहा 'जहां-जहां पैर पड़े संतन के, वहीं-वहीं बंटाधार'
21 Mar, 2025 08:09 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा पंजाब उप चुनाव को लेकर की जा रही बयानबाजी पर तंज कसते हुए कहा कि जहां-जहां पैर पड़े संतन के वहीं-वहीं बंटाधार. शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए विज ने कहा कि केजरीवाल का दिल्ली में बंटाधार हो चुका है और अब पंजाब का बंटाधार करने के लिए केजरीवाल पंजाब में विराजमान हो गए हैं. उन्हें नहीं लगता कि भगवंत मान की सरकार पंजाब में ज्यादा दिन रह पाएगी.
विधानसभा में कैबिनेट मंत्री अनिल विज और कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा के बीच तीखी तकरार को लेकर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि हुड्डा बिना आधार के मुद्दे उठाते हैं, पढ़कर नहीं आते लेकिन उन्हें जवाब तो देना पड़ेगा.
उन्होंने कहा कि भूपेंद्र हुड्डा डेमोक्रेसी की प्रथा में विश्वास नहीं रखते, यही कारण है कि जब हम विपक्ष में थे, वह तब भी किसी को बोलने नहीं देते थे और उठा उठा कर सदस्यों को बाहर फेंकते थे.
कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व पर उठाया सवाल
विपक्ष का नेता न चुनने पर कैबिनेट मंत्री अनिल विज बोले, यह कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व पर प्रश्न चिह्न है कि वह फैसला लेने में सक्षम नहीं है.
कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने कांग्रेस द्वारा अब तक हरियाणा में विपक्ष का नेता न चुने जाने को लेकर भी अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व पर प्रश्न चिह्न है कि वह फैसला लेने में सक्षम नहीं है. यही कारण है कि वह छह महीने में यह भी फैसला नहीं ले पाए कि हरियाणा विधानसभा में उनका लीडर कौन होगा?
उन्होंने कहा कि जिस तरीके से इन्हें हर प्रदेश से उखाड़ कर फेंका जा रहा है, उससे उनके फैसला लेने की क्षमता छिन्नभिन्न हो गई है. यही कारण है कि यह फैसला नहीं ले पा रहे और पर्याप्त संख्या होने के बावजूद भी सदन को विपक्ष का नेता नहीं मिला.
पहली बार इतना बेहतरीन बजट पेश किया गया है: विज
हरियाणा की भाजपा हाईकमान ने प्रदेश के मंत्रियों को अपने-अपने जिलों में प्रेस कांफ्रेंस करने के लिए कहा है. इस पर जब मंत्री अनिल विज से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि हरियाणा में पहली बार इतना बेहतरीन बजट पेश किया गया है, जिसमें सर्वांगीण विकास को मध्य नजर रखते हुए 2 लाख करोड़ से ज्यादा का बजट पेश किया गया है.
इस दौरान विज ने जमकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में इससे बेहतरीन बजट पेश नहीं हो सकता है.
पश्चिम बंगाल में कानून व्यवस्था फेल
पश्चिम बंगाल में सड़कों पर भारी मात्रा में आधार कार्ड मिलने के बाद से राजनीतिक गरमा गई है. इसे लेकर हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी सरकार को घेरते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में कानून व्यवस्था पूरी तरह से फेल है और वहां हर तरह के गैरकानूनी काम होते हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल की सरकार किसी भी व्यवस्था को नहीं मानती है.
कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने कहा कि पश्चिम बंगाल में बांग्लादेश से आने वाले लोगों की भी बहुत बड़ी संख्या है. पश्चिम बंगाल में हर तरह की अनियमितता हो रही है. विज ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता इस समय त्राहि माम, त्राहि माम कर रही है और जब भी पश्चिम बंगाल में चुनाव आएंगे पश्चिम बंगाल की जनता इस सरकार को उखाड़ कर फेंक देगी और वहां पर भी प्रजातांत्रिक भारतीय जनता पार्टी की सरकार को बनाएगी.
राष्ट्रपति के गोद लिए गांव में हुआ बड़ा घोटाला, पूर्व सरपंच की गिरफ्तारी
20 Mar, 2025 09:12 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नूंह. हरियाणा के नूंह जिले की ग्राम पंचायत रोजका मेव में 25 करोड़ रुपए के घोटाले के आरोपी पूर्व सरपंच दीन मोहम्मद उर्फ धोना को गिरफ्तार कर लिया गया है. बुधवार को उन्हें जिला कोर्ट में पेश किया गया, जहां कोर्ट ने उन्हें 2 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया.
नारनौल पुलिस ने दीन मोहम्मद को तावडू क्षेत्र से गिरफ्तार किया और कोर्ट में पेश किया. अब देखना है कि पुलिस 2 दिन की रिमांड में उनसे क्या जानकारी निकाल पाती है. नूंह के तत्कालीन जिला उपायुक्त धीरेंद्र खडगटा ने एचएसआईआईडीसी के अधिकारियों, बैंक अधिकारियों, जिला राजस्व अधिकारी और रोजका मेव की पूर्व महिला सरपंच खातुनी और सरपंच प्रतिनिधि दीन मोहम्मद पर धोखाधड़ी और गबन के आरोप में पुलिस कार्रवाई के आदेश दिए थे. इसके बाद दीन मोहम्मद को निलंबित कर दिया गया था.
ग्राम पंचायत की वर्तमान सरपंच नाहिदा ने बताया कि दीन मोहम्मद ने 35 करोड़ रुपए का रिकॉर्ड अभी तक नहीं दिया है और पंचायत के 20 खाते खुलवाए थे, जिनमें 35 करोड़ रुपए का फर्जीवाड़ा किया गया. शिकायतकर्ता हाजी अर्जुन ने कहा कि राष्ट्रपति द्वारा गांव रोजका मेव को गोद लेने के बाद करीब 55 करोड़ रुपए का घोटाला हुआ था. घोटाला उजागर होने के बाद दीन मोहम्मद को पद से निलंबित कर दिया गया और मामला दर्ज किया गया.
अब देखना है कि 25 करोड़ के घोटाले के अलावा 35 करोड़ रुपए के रिकॉर्ड की जांच में क्या निकलता है. इस मामले में कई आरोपियों की पहले ही गिरफ्तारी हो चुकी है. दीन मोहम्मद उर्फ धोना अपने रसूखों की वजह से कई साल से बचता आ रहा था, लेकिन अब ईद शायद जेल में मनेगी.
हरियाणा में बनेगा पहला आईआईटी, केंद्र सरकार ने दी सैद्धांतिक मंजूरी
20 Mar, 2025 06:02 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हरियाणा में जल्दी प्रदेश का पहला इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलाजी (आईआईटी) बनने जा रहा है। केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने हरियाणा में आईआईटी के निर्माण संबंधी प्रस्ताव को सैद्धांतिक मंजूरी प्रदान कर दी है।अब हरियाणा सरकार इस प्रस्ताव को सिरे चढ़ाने के लिए उपयुक्त तथा अनुकूल जमीन की व्यवस्था करेगी। हरियाणा में जमीन मिलना काफी चुनौतीपूर्ण काम है। राज्य में तीन केंद्रीय मंत्रियों मनोहर लाल, कृष्णपाल गुर्जर और राव इंद्रजीत समेत भाजपा के पांच सांसद हैं।
पांच सांसद कांग्रेस के हैं। ऐसे में मनोहर लाल के करनाल, कृष्णपाल गुर्जर के फरीदाबाद, राव इंद्रजीत के गुरुग्राम, चौधरी धर्मबीर सिंह के भिवानी-महेंद्रगढ़ और नवीन जिंदल के कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र में से किसी एक में आईआईटी की स्थापना होनी तय है।
IIT के लिए जरूरत पड़ेगी 300 एकड़ जमीन
केंद्र का पत्र मिलने के बाद तकनीकी शिक्षा विभाग के निदेशक की तरफ से प्रदेश के सभी जिला उपायुक्तों को पत्र लिखकर कम से कम 300 एकड़ जमीन आईआईटी के लिए चिन्हित करने को कह दिया गया है। हरियाणा में पहले भी कई बड़ी परियोजनाएं जमीन के अभाव में सिरे नहीं चढ़ सकी हैं। आईआईटी की इस बड़ी परियोजना के लिए एक ही स्थान पर 300 एकड़ जमीन की जरूरत पड़ेगी। अलग-अलग स्थानों पर जमीन का चयन कर प्रदेश सरकार द्वारा प्रस्ताव बनाकर केंद्र को भेजा जाएगा। इसके बाद केंद्रीय मानव संसाधन मंत्रालय की टीम द्वारा हरियाणा का दौरा कर किसी एक जमीन पर प्रोजेक्ट को स्वीकृति दी जाएगी। यह विभाग धर्मेंद्र प्रधान का है, जो कि विधानसभा चुनाव में हरियाणा के प्रभारी भी रहे हैं।
कुरुक्षेत्र में बनने की संभावना अधिक
संभावना जताई जा रही है कि केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने धर्मेंद्र प्रधान को आईआईटी के लिए राजी किया है। मनोहर लाल करनाल से सांसद हैं, जबकि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी कुरुक्षेत्र से सांसद रह चुके हैं और कुरुक्षेत्र जिले की लाडवा विधानसभा सीट से विधायक हैं। नायब सैनी करनाल से भी विधायक रह चुके हैं। हालांकि, राज्य के पांचों भाजपा सांसद अपने-अपने क्षेत्र में आईआईटी के लिए कोशिश करते नजर आएंगे, लेकिन संभावना है कि करनाल अथवा कुरुक्षेत्र में कहीं आईआईटी का तोहफा दिया जा सकता है। केंद्र में अपनी मजबूत पकड़ के चलते केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर भी इस प्रोजेक्ट को लपक लें तो कोई हैरानी नहीं होगी। गुरुग्राम समेत इन सभी क्षेत्रों में जमीन काफी महंगी है। भिवानी क्षेत्र में जमीन की उपलब्धता अधिक रहती है, इस बात का फायदा धर्मबीर सिंह उठाने का कोई मौका नहीं छोड़ेंगे।
हरियाणा के हयातपुर में दिनदहाड़े व्यापारी की हत्या, दो अन्य घायल
19 Mar, 2025 10:13 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हरियाणा के गांव हयातपुर में मंगलवार (18 मार्च) को दिनदहाड़े बाइक सवार दो अज्ञात हमलावरों ने 45 वर्षीय व्यापारी को उसके कार्यालय में घुसकर गोलियों से भून डाला. फायरिंग में व्यापारी के साथ दफ्तर में बैठे दो अन्य व्यक्ति भी घायल हो गए. पूरी वारदात कार्यालय में लगे सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई. पुलिस को हत्या के पीछे व्यापारिक रंजिश नजर आ रही है. सेक्टर 10 थाने में एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
पुलिस के अनुसार मृतक व्यापारी की पहचान गांव हयातपुर निवासी बलजीत यादव के रूप में हुई है. बलजीत का झज्जर जिले में ईंट भट्ठा और शराब का ठेका था. मंगलवार (18 मार्च) शाम को हयातपुर गांव में एक व्यापारी के ऑफिस में दो शूटर बाइक पर पहुंचे. उस समय बलजीत अपने ऑफिस में चार अन्य व्यक्तियों के साथ बैठा थे. दोनों हमलावर उसके कार्यालय में घुसे और उसके तुरंत बाद गोलियां चला दीं.
फायरिंग के बाद बाइक पर हुए फरार
इसके बाद हमलावर बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए. फायरिंग में बलजीत गंभीर रूप से घायल हुए, सात ही रविंदर और राम भी गोली लगने से जख्मी हो गए. गंभीर रूप से घायल व्यापारी को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.
इसलिए हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि जिला झज्जर में शराब का ठेका लेने को लेकर यह विवाद हुआ और गोलीकांड किया गया. मृतक का हयातपुर में क्रेन सर्विस का कारोबार भी था. कुछ दिन पहले मृतक का पोता भी छत से गिरकर घायल हो गया था, जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है. बलजीत नियमित रूप से अपने पोते के साथ अस्पताल में रहता था. मंगलवार को ही अपने दफ्तर आया था, तभी यह घटना घटी.
आरोपियों को पकड़ने की कोशिश जारी
वहीं घटना को लेकर डीसीपी पश्चिम करण गोयल ने देर रात बताया कि मामले की जांच की जा रही है. सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. आरोपियों को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं.
हरियाणा के बजट में महिलाओं के लिए 2100 रुपये मासिक अनुदान, कृषि योजनाओं पर फोकस
19 Mar, 2025 05:33 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हरियाणा सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट 2025 को लेकर प्रदेश में उत्साह देखने को मिल रहा है. शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और कृषि जैसे क्षेत्रों में किए गए प्रावधानों पर आम जनता ने अपनी राय रखी. खासतौर पर छात्राओं और शिक्षकों ने शिक्षा क्षेत्र को मिले फंडिंग पर संतोष जताया.
बजट से शिक्षा को मिला संबल
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्रिंसिपल डॉ. देशराज बाजवा का मानना है कि यह बजट हर वर्ग के लिए लाभदायक है, लेकिन इसमें महिलाओं और छात्राओं के लिए विशेष योजनाएं जोड़ी गई हैं.
कॉलेज की छात्रा निशा ने सरकार के इस फैसले की सराहना करते हुए कहा, “इस बार की बजट घोषणाएं छात्राओं के लिए बहुत लाभकारी हैं. हमें छात्रवृत्ति और प्रोत्साहन राशि मिलेगी, जिससे हम अपनी पढ़ाई जारी रख सकेंगी.
शिक्षकों ने भी जताई खुशी
राजनीतिक शास्त्र विभाग की शिक्षिका अमनीत कौर का कहना है कि “कोई भी राज्य तभी आगे बढ़ सकता है, जब वहां का बजट मजबूत और संतुलित हो.” उन्होंने बताया कि इस बार शिक्षा के साथ-साथ बागवानी और महिला कल्याण को भी प्राथमिकता दी गई है.
प्रिंसिपल अनुपमा आर्य ने इसे “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के सपने की ओर एक कदम” बताया और कहा कि “राजकीय महाविद्यालयों में छात्राओं के लिए विशेष योजनाएं लागू की जा रही हैं, जो भविष्य में शिक्षा के स्तर को और ऊंचा करेंगी.”
महिलाओं और किसानों को राहत
बजट में महिलाओं के लिए 2100 रुपए प्रति माह अनुदान योजना भी रखी गई है, जिससे गृहणियों और कामकाजी महिलाओं को आर्थिक सहारा मिलेगा. बजट में कृषि क्षेत्र के लिए भी कुछ नई योजनाएं पेश की गई हैं. मुकेश कुमार, जो कृषि से जुड़े हैं, ने कहा, “अगर सरकार इस तरह की योजनाओं का विस्तार करे, तो और भी ज्यादा लोगों को फायदा मिलेगा.”
जनता की राय – बजट में और क्या हो सकता था?
हालांकि, कुछ लोगों का मानना है कि सरकार को बेरोजगारी और स्वास्थ्य सेवाओं पर और ध्यान देना चाहिए था. लेकिन फिर भी, आम जनता का मानना है कि यह बजट प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.
हरियाणा के मुख्यमंत्री ने किसानों को 60 करोड़ रुपये का लाभ देने के लिए वित्त मंत्री से की अपील
18 Mar, 2025 09:23 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हरियाणा सरकार ने केंद्र सरकार से फसल अवशेष प्रबंधन में इस्तेमाल होने वाले 10 कृषि उपकरणों पर जीएसटी में छूट की मांग की है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को केंद्रीय वित्त एवं कॉर्पोरेट कार्य मंत्री निर्मला सीतारमण व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखा है।
केंद्रीय मंत्रियों को लिखे पत्र में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी कहा कि हरियाणा के किसान देश के अन्न भंडार में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। पिछले कुछ वर्षों में पराली दहन एक महत्वपूर्ण समस्या के रूप में उभरी है, जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। हरियाणा के किसान फसल अवशेष प्रबंधन में नई मशीनों का इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने अगले वर्ष 2025 के लिए पराली की कार्य योजना तैयार की है। जिसमें फसल अवशेष प्रबंधन मशीनों की खरीद पर लगभग 200 करोड़ रुपये का अनुदान दिए जाने का प्रावधान है। इन मशीनों की खरीद पर कुल 500 करोड़ रुपये का खर्च आने की संभावना है, जिसमें लगभग 60 करोड़ रुपये किसानों पर जीएसटी (12% की दर से) के रूप में अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।
सीएम नायब सैनी ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों से भारत सरकार व राज्य सरकार की ओर से फसल अवशेष प्रबंधन के लिए मशीनों पर अनुदान प्रदान किया जा रहा है। जिससे 2023 की तुलना में पिछले वर्ष पराली जलाने की घटनाओं में 39% की कमी दर्ज की गई।
सैनी ने इन मशीनों की खरीद पर जीएसटी छूट मांगी
सीएम सैनी ने रोटावेटर , डिस्क हैरो , कल्टीवेटर , जीरो ड्रिल , सुपरसीडर , स्ट्रॉ बेलर , हैरेक , स्लेशर , रीपर बाइंडर व ट्रैक्टर माउंटेड स्प्रे पंप की खरीद में किसानों को जीएसटी में छूट देने की मांग की है। मुख्यमंत्री का कहना है कि अगर केंद्र सरकार यह छूट प्रदान करती है तो किसानों को इन तकनीकों और मशीनों के अधिक उपयोग के लिए प्रोत्साहित किया जा सकेगा और फसल अवशेषों के जलने से होने वाले वायु प्रदूषण पर रोकथाम लग सकेगी।
हरियाणा के पूर्व कृषि मंत्री के बेटे गगनदीप के घर पर फायरिंग, दो आरोपी गिरफ्तार
18 Mar, 2025 06:48 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हरियाणा के पूर्व कृषि मंत्री जसविंद्र सिंह संधू के बेटे गगनदीप के घर पर फायरिंग हुई है। फायरिंग करने वाले दो हमलावर थे, जोकि नशे के आदी बताए जा रहे हैं, जिनको काबू करके पुलिस के हवाले कर दिया गया है। हमले की वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जबकि पूर्व मंत्री का बेटा हमले में बाल-बाल बच गया। मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। हमलावरों ने गगनदीप के भाई के कहने पर वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस को दी शिकायत में पूर्व कृषि मंत्री के बेटे व गांव गुमथला गढू के पूर्व सरपंच गगनदीप ने बताया कि रविवार को उनके घर के बाहर दो युवक हुड़दंग कर रहे थे, जिसकी सूचना उनके वाहन चालक ने दी। इसके बाद घर के दरवाजे बंद कर दिए गए। कुछ समय बाद इन युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इनमें से एक युवक ने दीवार को फांदकर अंदर घुस देसी पिस्टल से फायरिंग कर दी। उन्होंने कमरा बंद कर जान बचाई। इसी बीच हमलावर फरार हो गए, जिनकी तलाश करते हुए सोमवार को उन्होंने हमलावर काबू कर पुलिस को सौंप दिए।
गगनदीप के भाई से हुई थी हमलावरों की मुलाकात
जांच अधिकारी सिंगारा ने बताया कि दोनों हमलावरों ने पूछताछ में माना कि वे नशे के आदी हैं। दोनों हमलावरों की मुलाकात गगनदीप के रिश्ते में भाई हरकिरत से पंजाब के नशा मुक्ति केंद्र में हुई थी, जहां पर हमलावरों को उसने बताया कि उसका भाई उनसे रंजिश रखता है। दोनों ने नशा मुक्ति केंद्र से बाहर आने के बाद अपने दोस्त को दिया वादा निभाने के लिए गगनदीप के घर पर हमला कर दिया। आरोपियों की पहचान सुखजोत वासी क्योड़ा जिला होशियारपुर व जसंवत वासी जिला कपूरथला, पंजाब के रूप में हुई है। दोनों हमलावारों को अदालत में पेश करने उपरांत जेल में भेज दिया गया है।
हरियाणा में महिलाओं को हर महीने 2100 रुपये देने की घोषणा, 5000 करोड़ रुपये का फंड प्रावधान
17 Mar, 2025 06:16 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चंडीगढ़: हरियाणा में महिलाओं को हर महीने 2100 रुपये मिलेंगे. CM नायब सिंह सैनी ने बजट में ऐलान किया. इसके लिए बजट में 5,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है. सीएम में बजट पेश करने के दौरान कहा कि प्रदेश में महिलाओं को प्रति माह ₹2100/- की आर्थिक सहायता देने की ‘लाडो लक्ष्मी योजना’ शुरू होगी. सीएम सैनी ने सोमवार को राज्य विधानसभा में वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 2.05 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया. सैनी ने कहा कि उन्हें राज्य के बजट के संबंध में विभिन्न वर्गों से लगभग 11,000 सुझाव मिले हैं.
सरकार ने अभी लाडो लक्ष्मी योजना का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी नहीं किया है. योजना का लाभ उठाने के लिए हरियाणा सरकार के अंत्योदय सरल पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराना होगा. योजना का लाभ उठाने के लिए आपको हरियाणा की स्थायी निवासी होना चाहिए. परिवार की सालाना आय 1,80,000 रुपये से अधिक न हो. अगर आपने अभी तक बीपीएल कार्ड नहीं बनवाया है तो लाडो लक्ष्मी योजना के लिए आवेदन नहीं कर पाएंगे. बीपीएल में रजिस्ट्रेशन कराते समय अंत्योदय सरल पोर्टल की यूजर आईडी और पासवर्ड से लॉगिन करना होगा. योजना का लाभ उठाने के लिए परिवार पहचान पत्र होना जरूरी है.
हरियाणा में बनेगा ‘भविष्य विभाग’
हरियाणा में ‘भविष्य विभाग’ नाम से एक नया विभाग बनाया जाएगा. सैनी ने कहा कि बजट में 2025-26 के लिए 2,05,017.29 करोड़ रुपये के खर्च का अनुमान जताया गया है. उन्होंने कहा कि पिछले 10 साल में हरियाणा सरकार ने ई-शासन पर बहुत जोर दिया है. उनकी सरकार ने चुनाव घोषणा पत्र के 217 वादों में 19 को पूरा किया है. सीएम सैनी ने कहा, इस दिशा में मेरा प्रस्ताव हरियाणा एआई मिशन स्थापित करने का है. विश्व बैंक ने 474 करोड़ रुपये की सहायता देने का भरोसा दिया है.
हरियाणा के सोनीपत में भाजपा नेता सुरेंद्र जवाहरा की गोली मारकर हत्या, जमीनी विवाद में मौत
15 Mar, 2025 06:24 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हरियाणा के सोनीपत में होली के दिन एक भाजपा नेता मुंडलाना मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र जवाहरा की गोली मारकर हत्या कर दी गई. उन पर तीन गोलियां चलाई गई. बताया जा रहा है कि इस हत्या की वारदात को जमीनी विवाद के चलते अंजाम दिया गया है. सुरेंद्र को उनके पड़ोसी ने गोली मारी, जिसके साथ उनका जमीनी विवाद चल रहा था. इसी रंजिश में पड़ोसी ने सुरेंद्र जवाहरा की हत्या कर दी.
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया. अब सदर थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. पुलिस ने तीन टीमों का गठन किया है. जल्दी ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा. मामले को लेकर मृतक की पत्नी कमला का बयान भी दर्ज कर लिया गया है. अब पुलिस हत्या की असल वजह जानने की कोशिश कर रही है. ये घटना शुक्रवार रात साढ़े 9 बजे की है, जब जवाहरा गांव में पड़ोसी ने मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र जवाहरा को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया. सुरेंद्र ने अपने पड़ोसी से उनकी बुआ के नाम की जमीन खरीदी थी.
आरोपी ने माथे और पेट में मारी गोली
मृतक के जमीन खरीदने के बावजूद पड़ोसी मृतक सुरेंद्र को जमीन पर कदम न रखने की चेतावनी दे रहा था. इसी विवादित जमीन की बुआई करने पर गुस्साए पड़ोसी ने बीती रात 3 गोलियां मारकर सुरेंद्र की हत्या कर दी. सुरेंद्र ने पहले अपने परिवार और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ धूमधाम से होली मनाई. इसके बाद जब वह घर आए, तब पड़ोसी ने इस वारदात को अंजाम दिया. इस दौरान सुरेंद्र अपनी जान बचाने के लिए एक दुकान में घुस गए थे.
ये भी हो सकती है हत्या की वजह
सुरेंद्र के माथे और पेट में गोली लगी. हत्या करने के बाद आरोपी फरार हो गए. इसके बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई. सुरेंद्र को लहूलुहान हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें चेक किया और मृत घोषित कर दिया. जमीनी विवाद के साथ-साथ उनकी हत्या की एक और वजह बताई जा रही है. कहा जा रहा है कि उनकी पत्नी ने साल 2022 में सरपंच का चुनाव लड़ा था. हालांकि वह मामूली अंतर से हार गई थी, लेकिन इस दौरान कृष्ण सरपंच उनका विरोधी बन गया था. कृष्ण के साथ भी उनका एक विवाद था, जिसको लेकर कहा जा रहा है कि सुरेंद्र की हत्या की एक वजह ये विवाद भी हो सकता है.
नूंह में शहाबुद्दीन मर्डर केस: मुख्य आरोपी नफीस गिरफ्तार
14 Mar, 2025 06:05 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नूंह: हरियाणा के नूंह जिले में करीब 4 महीने पहले सदर थाना क्षेत्र के रानीका गांव में हुए मर्डर केस में शहाबुद्दीन की झगड़े के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई थी और इस मामले में पुलिस ने 17 लोगों को नामजद किया था, जिनमें से चार आरोपियों की गिरफ्तारी पहले ही हो चुकी है. अब सीआईए नूंह पुलिस ने मुख्य आरोपी नफीस को गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस उसे रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है ताकि हत्या में इस्तेमाल किए गए लाठी-डंडे आदि बरामद किए जा सकें. इस बात की जानकारी सीआईए नूंह प्रभारी जंगशेर ने मीडिया को दी है. मृतक शहाबुद्दीन भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष और जिला प्रमुख जान मोहम्मद का जीजा था. जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने इस मामले में हत्या सहित अन्य संगीन धाराओं में 17 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की थी. पीड़ित हामिद ने पुलिस को बताया कि 14 अक्टूबर 2024 को उनके पिता शहाबुद्दीन जंगल में अपने खेतों में पानी भर रहे थे. तभी इंजन बंद हो गया. जब उनके पिता ने इंजन के पास जाकर देखा तो कुछ लोग इंजन से चीजें खोलकर चुरा रहे थे. जैसे ही उन्होंने इसका विरोध किया, वे लड़ाई-झगड़े पर उतर आए. तभी वहां लगभग दो दर्जन लोग इकट्ठा हो गए और उन्होंने उनके पिता को जमीन पर पटक कर लाठी-डंडों और फरसा से बेरहमी से मारा. इस घटना का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था.
जंगल में काम कर रहे लोगों को जब इसकी जानकारी मिली तो वे सब उसे बचाने पहुंचे. पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी. उनके पिता को नूंह के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया. हामिद ने बताया कि उनके पिता को फरीदाबाद, मानेसर सहित कई अस्पतालों में इलाज के लिए ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान फरीदाबाद में उनकी मौत हो गई.
नफीस इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी था
सीआईए प्रभारी जंगशेर ने बताया कि नफीस इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी था. इससे पहले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. घटना के दिन तीन बाइक पर सवार होकर करीब नौ लोग आए थे, जिन्होंने शहाबुद्दीन की बेरहमी से पीट-पीट कर हत्या कर दी थी. पहले गिरफ्तार किए गए आरोपियों से दो बाइक और लाठी-डंडे बरामद किए जा चुके हैं. अब मुख्य आरोपी नफीस को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे रिमांड पर लेने की तैयारी की जा रही है ताकि एक बाइक और लाठी-डंडे आदि की रिकवरी की जा सके. कुल मिलाकर, जिले के इस चर्चित हत्याकांड में सीआईए नूंह पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. अब मुख्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है और बाकी बचे आरोपियों को भी जल्द ही पकड़ लिया जाएगा.
हरियाणा के कैथल में पुलिस एनकाउंटर में ईनामी बदमाश अनूप उर्फ फैजल मारा गया
14 Mar, 2025 05:56 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कैथल: हरियाणा के कैथल के पूंडरी में सलामत स्वीट पर फायरिंग मामले का मुख्य आरोपी अनूप उर्फ फैजल की सुबह 2 बजे राजौंद में जींद मार्ग पर मुठभेड़ हुई, जिसमें आरोपी की मौत हो गई. पुलिस को इनपुट मिली थी कि आरोपी अनूप उर्फ फैजल राजौंद में है, तो पुलिस ने कार्रवाई के लिए टीम भेजी. जैसे ही आरोपी जींद मार्ग पर नहर के पास पहुंचा, पुलिस ने उसे पकड़ने की कोशिश की.
अनूप ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए उस पर फायरिंग की. जवाबी कार्रवाई में आरोपी को तीन गोलियां लगीं और अस्पताल ले जाते वक्त उसकी मौत हो गई. इस कार्रवाई में कैथल की CIA टीम और राजौंद पुलिस की टीम शामिल थी. कैथल SP राजेश कालिया भी मौके पर पहुंचे और पूरा जायजा लिया. सीन ऑफ क्राइम टीम मौके पर पहुंचकर सबूत इकट्ठा किए हैं. जानकारी के अनुसार, आरोपी अनूप उर्फ फैजल की पहले भी 2015-16 में झज्जर पुलिस के साथ मुठभेड़ हुई थी, जिसमें पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी को टांग में गोली लगी थी. आरोपी पर 5 हजार रुपये का इनाम था. पाई, झज्जर, पूंडरी और यमुनानगर में गोली चलाने का आरोपी था, जिसमें झज्जर और यमुनानगर मामलों में हत्या की गई थी. आरोपी जोगा हजवाना और मिपा नरड़ गैंग से जुड़ा था और उस पर हरियाणा के कई जिलों में मामले दर्ज हैं. कैथल एसपी राजेश कालिया ने बताया कि कुछ दिन पहले एक शख्स विदेश गया था, जो कि रंगदारी मांगता था. तफ्तीश में पता चला कि कुल चार लोग थे जो वसूली कर रहे थे. हमें गुप्त सूचना मिली थी और फिर टीम ने सर्च ऑपरेशन में पता चला कि अनुज ने हमारी टीम पर फायरिंग की और फिर बाद में मुठभेड़ में उसे ढेर कर दिया गया.
पानीपत में तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार भाई-बहन को मारी टक्कर, दोनों की मौत
13 Mar, 2025 04:01 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पानीपत: हरियाणा के पानीपत में तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है. आए दिन तेज रफ्तार के कारण किसी न किसी की जान जा रही है. बुधवार शाम को फिर पानीपत में तेज रफ्तार के कारण भाई-बहन की जान चली गई.
दरअस, बिहोली गांव में रूहल फैक्ट्री के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक पर जा रहे भाई-बहन को टक्कर मार दी, जिससे होली से 24 घंटे पहले दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों की पहचान शीला और संदीप, निवासी किवाना गांव के रूप में हुई है. संदीप अपनी बहन शीला को ससुराल गोयला गांव से मायके ले जा रहा था. जैसे ही वे गोयला गांव से बाइक पर सवार होकर बिहोली गांव के पास पहुंचे, नशे में धुत्त कार चालक ने उनकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी.
टक्कर लगने से दोनों भाई-बहन उड़ते हुए खेतों में जा गिरे. कार चालक मौके पर कार छोड़कर फरार हो गया. पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है. गांव के सरपंच ने बताया कि कार में कई युवक सवार थे और सभी नशे में धुत्त थे. 35 वर्षीय संदीप की करीब डेढ़ साल पहले शादी हुई थी और अभी कोई बच्चा भी नहीं था.
सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पानीपत के सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. जांच अधिकारी ने बताया कि परिजनों के बयानों के आधार पर अज्ञात कार चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया गया है.
शराब पीकर गाड़ी चलाने के आरोप
पानीपत पुलिस के जांच अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि संदीप अपनी बहन को ससुराल से मायके लेकर आ रहा था. इस दौरान रास्ते में कार ने टक्कर मार दी. मृतकों के चचेरे भाई चैनपाल सिंह ने बताया कि कार चालक और साथ में युवकों ने शराब पी थी औऱ हुड़दंग मचा रहे थे. उन्होंने बताया कि गाड़ी चलाने वाले आरोपी मौके से फरार हो गए थे. बहन की उम्र 50 साल के करीब थी.
विधानसभा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने की वक्फ बोर्ड के कब्जे वाली जमीनों की जांच की घोषणा
13 Mar, 2025 03:49 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हरियाणा में वक्फ बोर्ड के कब्जे वाली गांवों की शामलात जमीनों की जांच होगी. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विधानसभा में इसकी घोषणा की है. सीएम ने कहा कि पूरे हरियाणा में किसी भी गांव की शामलात देह की भूमि जो वक्फ बोर्ड के नाम की गई, उसकी जांच कराई जाएगी.
रोहतक-गोहाना रोड पर स्थित पीर बोधी भूमि के संबंध में चिंता जताए जाने के बाद सैनी ने यह घोषणा की. सैनी ने सदन में कहा, हम पूरे हरियाणा में इसकी जांच कराएंगे… अगर किसी भी गांव की शामलात देह भूमि (साझा उद्देश्यों के लिए इस्तेमाल की जाने वाली गांव की भूमि) कहीं भी वक्फ बोर्ड को हस्तांतरित की गई है, तो उसकी गहन जांच कराई जाएगी.
सीएम सैनी ने विधानसभा में क्या कहा?
पीर बोधी मामले का जिक्र करते हुए सैनी ने कहा, पीर बोधी मामले की जांच के लिए रोहतक मंडल आयुक्त की अध्यक्षता में एक कमेटी बनाई जाएगी. करनाल मंडल आयुक्त और रोहतक उपायुक्त इस कमेटी के सदस्य होंगे. कमेटी मामले से जुड़े सभी तथ्यों और अभिलेखों की जांच करेगी.
सीएम ने कहा, कांग्रेस विधायक बीबी बत्रा द्वारा उठाए गए पीर बोधी मुद्दे को सरकार ने गंभीरता से लिया है. प्रारंभिक जांच में पता चला है कि 1967-68 में यह जमीन शामलात देह की जमीन थी. 1990 में केंद्र सरकार ने इस जमीन को पंजाब वक्फ बोर्ड के नाम पर अधिसूचित कर दिया. इसके बाद इस जमीन को कब्रिस्तान के तौर पर दर्ज किया गया और अब यह वक्फ बोर्ड के नाम पर है.
हरियाणा में नगर निकाय चुनाव परिणाम: क्या बीजेपी के ट्रिपल इंजन का दम दिखेगा?
12 Mar, 2025 04:46 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हरियाणा विधानसभा चुनाव के बाद अब बारी जाटलैंड के शहरी निकायों की है. प्रदेश के 40 नगर निकाय के मेयर और पार्षद के लिए बुधवार को नतीजे घोषित किए जा रहे हैं. हरियाणा के 8 नगर निगम में मेयर और वार्ड पार्षद के साथ 32 नगर पालिका और नगर पंचायत के अध्यक्ष और वार्ड सदस्यों के लिए चुनाव हुए हैं. इसके अलावा अंबाला और सोनीपत नगर निगम में मेयर उपचुनाव के नतीजे आएंगे. ऐसे में देखना है कि हरियाणा में ट्रिपल इंजन की सरकार बनेगी या फिर बीजेपी के विजयरथ को कांग्रेस रोकने में सफल रहेगी.
हरियाणा के नगर निकाय चुनाव के लिए रविवार को मतदान हुए थे, जिसमें 46 फीसदी लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया. पानीपत की नगर निगम को छोड़कर बाकी सभी जगह दो मार्च को वोटिंग हुई थी, जबकि पानीपत में 9 मार्च को वोट डाले गए हैं. अभी तक आधी से ज्यादा नगर निगमों पर बीजेपी का कब्जा था. ऐसे में सबसे ज्यादा साख बीजेपी की दांव पर लगी है, तो कांग्रेस के लिए भी अपनी प्रतिष्ठा को बचाए रखने की चुनौती है.
हरियाणा की इन नगर निकाय के नतीजे
हरियाणा में गुरुग्राम, मानेसर, फरीदाबाद, हिसार, रोहतक, करनाल, यमुनानगर, अंबाला, सोनीपत और पानीपत नगर निगम सीटें हैं, जहां पर मेयर और पार्षद को चुनाव होना है. इसके अलावा पांच नगर परिषद सीटें है, अंबाला सदर, पटौदी जटौली मंडी, थानेसर, सिरसा और सोहना नगर परिषद सीटें हैं. नगर पालिका सीटें-करनाल, इस्माइलाबाद, कुरुक्षेत्र, रोहतक, बराड़ा, बवानी खेडा, लोहारू, सिवानी, जाखल मंडी, नारनौंद, जुलाना, कलायत, सीवन, पूंडरी, इंद्री, नीलोखेडी, अटेली, कनीना, तावडू, हथीन, कलानौर, खरखौदा और रादौर जैसी सीटें शामिल हैं.
नगर निकाय में कितने उम्मीदवार?
प्रदेश के 10 नगर निगमों में मेयर (महापौर) के पद के लिए 43 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिसमें गुरुग्राम और अम्बाला नगर निगमों में बीजेपी और कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर है. इसी प्रकार 5 नगर परिषदों के प्रधान पद के लिए कुल 27 उम्मीदवार मैदान में हैं. इसके अलावा 23 नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए 151 उम्मीदवार चुनाव मैदान किस्मत आजमा रहे हैं. इसके अलावा नगर निगम,नगर परिषद और नगर पालिका के वार्ड पार्षद के लिए चुनाव हुए हैं, जिसमें कई सीटें पर एक कैंडिडेट होने से निर्विरोध चुने गए हैं
नगर निगम, फरीदाबाद, वार्ड नंबर 36, नगर निगम, गुरुग्राम वार्ड नंबर 22, नगर निगम, करनाल वार्ड नंबर 8 और 11 नगर निगम, यमुनानगर वार्ड नंबर 9 शामिल है. इसी प्रकार नगर परिषद अंबाला सदर वार्ड नंबर 24 एवं नगर परिषद, थानेसर वार्ड नंबर 7 और 32 में भी प्रत्याशी निर्विरोध चुन लिए गए हैं. इनके अलावा नगरपालिकाओं में 17 वार्ड सदस्य निर्विरोध चुने गए हैं.
कांग्रेस और बीजेपी के बीच फाइट
नगर निकाय चुनाव का मुख्य मुकाबला कांग्रेस और बीजेपी के बीच है. बीजेपी और कांग्रेस सभी सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे हैं. बीजेपी ने मेयर पद के लिए छह महिलाओं को उतारा है, तो कांग्रेस ने चार महिलाओं पर दांव खेला है. बीजेपी ने गुरुग्राम सीट से राजरानी मल्होत्रा, पानीपत से कोमल सैनी, करनाल से रेणु बाला, फरीदाबाद से प्रवीण जोशी, अंबाला से शैलजा सचदेवा और यमुनानगर से सुमन बहमनी मेयर प्रत्याशी हैं.
वहीं, कांग्रेस ने गुरुग्राम से सीमा पाहुजा, अंबाला से अमीषा चावला, फरीदाबाद में लता रानी और यमुनानगर में किरण देवी को मेयर का उम्मीदवार बनाकर उतारा है. भाजपा का तीन नगर निगमों में मेयर पद के लिए अपने ही बागियों से मुकाबला है, जो पाला बदलते हुए कांग्रेस का दामन थामकर उतरे हैं. गुरुग्राम से कांग्रेस की मेयर प्रत्याशी सीमा पाहुजा भी पहले भाजपा में थीं, लेकिन विधानसभा चुनाव में गुरुग्राम से टिकट नहीं मिलने पर पाला बदल लिया. अब उनका मुकाबला भाजपा की राजरानी मल्होत्रा से है.
कांग्रेस के रोहतक से मेयर प्रत्याशी सूरजमल किलोई ने पिछले विधानसभा चुनाव में कलानौर से टिकट न मिलने पर भाजपा छोड़ दी थी. उनका मुकाबला भाजपा उम्मीदवार राम अवतार वाल्मीकि से है. करनाल में 2014 में पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के खिलाफ चुनाव लड़ चुके कांग्रेस प्रत्याशी मनोज वधवा बाद में भाजपा में शामिल हो गए थे, लेकिन पिछले लोकसभा चुनाव में टिकट नहीं मिलने पर फिर कांग्रेस में शामिल हो गए. अब उनका मुकाबला यहां से भाजपा की दो बार की मेयर रेणु बाला से है.
किस सीट पर किससे हो रही फाइट?
मानेसर में पहली बार नगर निगम का चुनाव हुए हैं. मेयर पद के लिए 4 उम्मीदवार हैं. बीजेपी के सुंदर लाल, कांग्रेस के नीरज यादव, विजय सिंह और डॉ. इंद्रजीत सिंह निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़े. मानेसर के 20 वार्डों में पार्षद पद के लिए 167 उम्मीदवार मैदान में थे. जाटलैंड में मेयर पद के 5 उम्मीदवार हैं, रोहतक में मेयर पद के लिए बीजेपी से राम अवतार वाल्मीकि, कांग्रेस से सूरजमल किलोई, इनेलो से सूरज, आप से अमित खटक और दीपक सिंह निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में हैं. पिछले चुनाव में बीजेपी के मनमोहन गोयल मेयर बने थे.
रोहतक के 22 वार्डों में पार्षद पद के लिए 121 उम्मीदवार मैदान में हैं. हिसार में मेयर पद के 7 उम्मीदवार हैं. बीजेपी के प्रवीण पोपली, कांग्रेस के कृष्ण कुमार सिंगला, होशियार सिंह, गुरप्रीत सिंह, सुरेंद्र कुमार और मीरा निर्दलीय उम्मीदवार किस्मत आजमा रही हैं. पहले कांग्रेस की शकुंतला राजलीवाला मेयर थीं. हिसार के 20 वार्डों में पार्षद पद के लिए 116 उम्मीदवार थे. मुख्य मुकाबला BJP के प्रवीण पोपली और कांग्रेस के कृष्ण सिंगला के बीच है.
करनाल नगर निगम में मेयर पद के लिए 4 उम्मीदवार किस्मत आजमा रहे हैं. बीजेपी से रेणु बाला गुप्ता, कांग्रेस से मनोज कुमार वधवा, मुकेश रघुवंशी और यश देव निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रही. 2019 के चुनाव में रेणु बाला गुप्ता मेयर बनी थीं. करनाल में कुल 20 वार्ड हैं. 2 वार्ड में BJP के उम्मीदवार निर्विरोध चुन लिए गए, जिसके बाद 18 वार्ड में 92 उम्मीदवार मैदान में है. पानीपत नगर निगम में मेयर पद के लिए चार और 26 वार्डों में पार्षद पद के लिए 103 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं.
किसका क्या दांव पर लगा है?
प्रदेश के 10 नगर निगम में से 6 नगर निगमों पर अभी तक बीजेपी का कब्जा था. इसके अलावा दो नगर निगम पर कांग्रेस और एक पर हरियाणा जन चेतना पार्टी की मेयर थीं. मानेसर नगर निगम में पहली बार चुनाव हो रहे हैं. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने खुद हर नगर निगम में जाकर जनसभाएं की हैं और दूसरे दलों के असंतुष्ट नेताओं को बीजेपी में शामिल कराया है. ऐसे में सीएम नायब सैनी की साख दांव पर लगी है.
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर की प्रतिष्ठा करनाल, केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर फरीदाबाद और केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह गुरुग्राम और मानेसर नगर निगमों में बीजेपी उम्मीदवारों की जीत की है. हरियाणा सरकार के करीब एक दर्जन मंत्रियों को शहरी निकाय चुनाव में भाजपा उम्मीदवारों को जिताने की मशक्कत की है.
वहीं, हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी बीके हरिप्रसाद का लिटमस टेस्ट होगा. विधानसभा चुनाव के बाद उन्हें हरियाणा का प्रभारी बनाया गया है, जिस वजह से उनकी पहली परीक्षा है. कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा का फोकस सिर्फ रोहतक नगर निगम के चुनाव पर है, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की साख दांव पर लगी हैं. कांग्रेस महासचिव कुमारी सैलजा, कैप्टन अजय सिंह यादव और रणदीप सिंह सुरजेवाला की शहरी निकाय चुनाव में ज्यादा रुचि नहीं ली, लेकिन कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी उदयभान के लिए भी खुद को साबित करने की चुनौती है. ऐसे में देखना है कि बीजेपी और कांग्रेस में किसका पलड़ा भारी रहता है?
हरियाणा में बीजेपी का जलवा, मानेसर छोड़कर सभी नगर निगमों में जीती पार्टी
12 Mar, 2025 04:33 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हरियाणा के 10 नगर निगमों में से 9 पर बीजेपी को जीत मिली है. वहीं मानेसर में निर्दलीय उम्मीदवार की जीत हुई है. कांग्रेस सभी 10 नगर निगमों में हार गई है. मानेसर के अलावा पानीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद, अंबाला, यमुनानगर, हिसार, करनाल, रोहतक, सोनीपत नगर निगमों में बीजेपी को जीत मिली. इसके अलावा पांच नगर परिषदों और 23 नगर पालिकाओं में भी वोटों की गिनती जारी है. ज्यादातर जगहों पर बीजेपी आगे चल रही है.
निकाय चुनाव रिजल्ट से जुड़े अपडेट्स
कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा के गढ़ रोहतक में बीजेपी की बड़ी जीत हुई है. यहां मेयर का चुनाव बीजेपी ने जीता है. हालांकि पहले से ही यहां पर बीजेपी का सिटिंग मेयर है.
कांग्रेस विधायक और पहलवान विनेश फोगाट के विधानसभा क्षेत्र जुलाना के नगर पालिका में चेयरमैन पद पर बीजेपी की जीत हुई है.
मानेसर में निर्दलीय उम्मीदवार की जीत हुई है.
10 नगर निगम समेत 42 निकायों की काउंटिंग
हरियाणा में 10 नगर निगम समेत 42 निकायों की काउंटिंग सुबह 8 बजे शुरू हुई. नगर निगमों, परिषदों और नगर पालिकाओं में महापौर/अध्यक्ष और वार्ड सदस्यों के लिए 2 मार्च को मतदान हुआ था. मतगणना स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए .
आठ नगर निगमों हिसार, रोहतक, गुरुग्राम, पानीपत, फरीदाबाद, यमुनानगर, करनाल और मानेसर में मेयर के साथ वार्ड पार्षदों के लिए वोटों की गिनती हुई. 2 नगर निगमों, सोनीपत और अंबाला में सिर्फ मेयर के लिए काउंटिंग हुई. हरियाणा के अधिकांश नगर निकायों के लिए मतदान 2 मार्च को हुआ था, जबकि पानीपत नगर निगम के लिए 9 मार्च को अलग से मतदान हुआ था.
मतगणना के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम
गुरुग्राम पश्चिम बीसीपी करण गोयल ने कहा कि मतगणना के लिए सभी व्यवस्थाएं की गईं. 36 वार्ड हैं जिन्हें 6-6 वार्ड में बांटा गया. 6 ARO के अधीन 6 मतगणना केंद्र थे, सभी पर सख्त ड्यूटी लगाई गई. पार्किंग की व्यवस्था भी की गई. काफी फोर्स तैनात की गई. अगर मतगणना के बाद कोई विजय जुलूस निकालता है तो उसके लिए भी हर इलाके में SHO, ACP तैनात किए गए हैं.
हरियाणा में 2 मार्च को हुई थी वोटिंग
हरियाणा में 2 मार्च को वोटिंग हुई थी. कुल 3 लाख 19 हजार वोटर्स में से 53.4 फीसदी लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था. अंबाला और सोनीपत में महापौर पद के उपचुनाव हुए, जबकि 21 नगर समितियों में अध्यक्ष और वार्ड सदस्यों के चुनाव भी कराए गए थे. हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का दावा है कि भाजपा नगर निकाय चुनावों में भी बड़ी जीत दर्ज करेगी.
मेयर पद के लिए कुल पांच उम्मीदवार मैदान में हैं, लेकिन मुख्य मुकाबला बीजेपी और कांग्रेस के बीच माना जा रहा है. कड़ी टक्करके बीच अब यह देखना दिलचस्प होगा कि जीत आखिर किसकी होती है.
मतगणना स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए धारा 163 लागू कर दी गई है. जिला निर्वाचन अधिकारियों ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं, ताकि मतगणना प्रक्रिया शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके.
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की बड़ी पहल: मुख्यधारा में लौटे युवाओं को स्वास्थ्य सुरक्षा और नई उम्मीद
जैव उर्वरक और नील-हरित काई के उपयोग को बढाएं-कृषि उत्पादन आयुक्त निगार
क्षीर धारा अभियान का मुख्य उद्देश्य पशुपालकों की आय में वृद्धि और गोवंश का स्वास्थ्य सुरक्षित रखना है : मंत्री पटेल
राज्यमंत्री कृष्णा गौर ने किया 4 लेन सीसी सड़क निर्माणकार्य का भूमि-पूजन
पुष्पा ने लिखी आत्मनिर्भरता की नई कहानी
अपनी ज़िम्मेदारी निभाएं और अपनी बेटियों को सर्वाईकल कैंसर के खतरे से बचाएं
खिवनी अभयारण्य बनेगा वन्यजीव संरक्षण और इको-टूरिज्म का आदर्श मॉडल : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
प्रधानमंत्री मोदी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को पूर्ण कर रहा है मध्यप्रदेश: मुख्यमंत्री डॉ. यादव
लोकतंत्र का महापर्व: बंगाल में 91.40% मतदान, तमिलनाडु में टूटा रिकॉर्ड
