राजस्थान
हरियाणा में शराब के ठेकों पर हुई लूट, क्रेटा कार में आए बदमाशों ने 2.53 लाख रुपये लूटे
28 Mar, 2025 08:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पानीपत. हरियाणा के पानीपत में लूट की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. वीरवार देर रात, क्रेटा सवार नकाबपोश बदमाशों ने गन पॉइंट पर जीटी रोड सेक्टर 29 और समालखा पट्टीकल्याण के पास हरित पेट्रोल पंप के साथ शराब के दो ठेकों पर करीब 2.53 लाख रुपये की लूट की.
जानकारी के अनुसार, करीब 20 मिनट में बदमाशों ने दो लूट की वारदातों को अंजाम दिया. सेक्टर 29 औद्योगिक थाना और समालखा थाना समेत सीआईए की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है. वारदात देर रात करीब 10 बजे की है. सेक्टर 29 में जीटी रोड पर राजू कादियान एंड कंपनी का शराब का ठेका है.
रात को सेल्समैन निंबरी गांव का विक्रम ठेके पर था. रात करीब 10 बजे एक क्रेटा कार ठेके के आगे आकर रुकी. उसमें से दो नकाबपोश बदमाश उतरे और पिस्तौल के बल पर विक्रम से 1.03 लाख रुपये लूट कर ले गए. विक्रम ने इसकी जानकारी ठेकेदार को दी. सेक्टर 29 औद्योगिक थाना और सीआईए की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने जीटी रोड पर नाके लगाकर वाहनों की जांच की. सेक्टर 29 थाना प्रभारी सुभाष ने बताया कि पुलिस को ठेके पर पैसे छीनने की सूचना मिली है और जांच जारी है. दीपक, एसएचओ समालखा, ने भी बताया कि लूट मामले की जांच की जा रही है.
दिल्ली-चंडीगढ़ हाईवे पर 64 दिन में 121312 चालान! ट्रैफिक नियमों का पालन नहीं किया तो कटेगा चालान
28 Mar, 2025 08:36 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चंडीगढ़. दिल्ली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर ट्रैफिक नियमों को तोड़ने वालों के धड़ाधड़ चालान कट रहे हैं. हरियाणा पुलिस ने दिल्ली चंडीदढ़ नेशनल हाईवे 44 पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से अब तक यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 1 लाख 21 हजार 312 वाहनों के चालान किए हैं. इन कैमरों से आपराधिक गतिविधियों पर भी नजर रखी जाती है ताकि कानून व्यवस्था को बनाए रखा जा सके.
दरअसस, सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने और यातायात नियमों के पालन को लेकर हरियाणा के डीजीपी शत्रुजीत कपूर ने 25 जनवरी को करनाल से अभियान की शुरुआत की थी.
इसके तहत करनाल एक कंट्रोल रूम बनाया गया है, जिससे दिल्ली चंडीगढ एनएच-44 पर अंबाला बॉर्डर से लेकर सोनीपत के कुंडली बॉर्डर तक 19 स्थानों पर 128 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. इनमें से 9 स्थानों पर ऑटोमेटिक नंबर प्लेट रिकॉग्निशन (एएनपीआर) कैमरे और 12 स्थानों पर सर्विलांस कैमरे लगाए गए हैं. एएनपीआर कैमरों को हरियाणा पुलिस के इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम से जोड़ा गया है, ताकि वाहनों का पूरा इतिहास मिल सके. इस राजमार्ग से गुजरने वाले सभी वाहनों पर इन सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जा रही है और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के ऑटोमेटिक तरीके से चालान किए जाते हैं.
डीजीपी शत्रुजीत कपूर ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य यातायात नियमों का उल्लंघन नियंत्रित करना, अपराध संबंधी मामलों की जांच में सहयोग करना, वाहनों की निगरानी करना और हॉटलिस्ट वाहनों की खोजबीन करके उनके अलर्ट जारी करना है. इस पूरे प्रोजेक्ट को मौजूदा यातायात प्रबंधन व्यवस्था के साथ जोड़ा गया है जिसे समय-समय पर अपग्रेड किया जाएगा. उन्होंने बताया कि करनाल में स्थापित किए गए नियंत्रण कक्ष से हॉटलिस्ट वाहनों जैसे- चोरी किए गए या आपराधिक गतिविधियों में शामिल वाहनों का डेटा भी जोड़ा गया है जिसे समय-समय पर अपडेट किया जाता है. ये वाहन जैसे ही एनएच-44 से गुजरते हैं, इसका अलर्ट संबंधित पुलिस थाने में जाता है.
डीजीपी कपूर ने बताया कि एनएच-44 पर 72 एएनपीआर, 38 सर्विलांस और 18 एविडेंस कैमरे लगाए गए हैं. ये कैमरे अत्याधुनिक तकनीक से लैस हैं. इन कैमरों के शुरू होने से यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों में सुरक्षा की भावना को भी बल मिलेगा क्योंकि कैमरों के माध्यम से आपराधिक गतिविधियों में शामिल वाहनों, चोरी किए गए वाहनों आदि के बारे में अलर्ट नियंत्रण कक्ष में स्वतः ही पहुंच जाएगा, जिसकी सूचना आवश्यकतानुसार पुलिस थानों में भी भेजी जाएगी. डीजीपी कपूर ने बताया कि हरियाणा में अब तक 12 जिलों में इस प्रकार के कैमरे इंस्टॉल किए गए हैं, जिनमें यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, अंबाला, पानीपत, रोहतक, पंचकूला, गुरुग्राम, मेवात, कैथल, फरीदाबाद और सोनीपत शामिल हैं.
सड़क हादसों में आई कमी
गौरतलब है कि वर्ष 2023 की अपेक्षा वर्ष 2024 में सड़क हादसों में 657 की कमी दर्ज की गई है. इसके साथ ही, वर्ष 2023 की तुलना में वर्ष 2024 में सड़क दुर्घटनाओं में 279 कम लोगों की मृत्यु हुई है और 432 लोग कम घायल हुए हैं. घातक सड़क दुर्घटनाओं के मामलों में भी कमी देखी गई है, वर्ष 2023 में जहां कुल 4652 मामले सामने आए थे वहीं इस वर्ष ये घटकर 4389 रह गए हैं जो पिछले वर्ष की तुलना में 5.65 प्रतिशत कम हैं. वर्ष 2024 में हरियाणा पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा के 2366 जागरूकता अभियान चलाए गए जिनके माध्यम से 3 लाख 16 हजार 414 बच्चों और अन्य लोगों को जागरूक किया गया. इसी प्रकार हरियाणा पुलिस ने प्रदेश में लेन ड्राइविंग की पालना सुनिश्चित करने के लिए समय-समय पर अभियान चलाए जाते हैं जिसके तहत लेन ड्राइविंग नियमों का उल्लंघन करने वाले 3,86,266 वाहन चालकों के चालान किए गए हैं.
डीजीपी की अपील
डीजीपी ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा एक महत्वपूर्ण विषय है. आमजन को सड़कों को सुरक्षित बनाने में अपना सहयोग देना चाहिए और वाहनों को निर्धारित गति सीमा में ही चलाना चाहिए. हरियाणा पुलिस द्वारा आमजन को यातायात नियमों के बारे में जागरूक करने के लिए अनेक प्रकार की प्रतियोगिताएं और गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं, लोग उसमें भागीदारी सुनिश्चित करें. उन्होंने कहा कि वाहन चलाते समय लोग मोबाइल फोन आदि का भी इस्तेमाल न करें. व्यक्ति की जरा सी लापरवाही न केवल उनके स्वयं के लिए बल्कि दूसरे व्यक्तियों के लिए भी जानलेवा साबित हो सकती है.
पंचकूला में नशे में धुत गाड़ी चालक की मेडेसिन शॉप में घुसने से दो की मौत
28 Mar, 2025 05:37 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पंचकूला: हरियाणा के पंचकूला में गुरुवार दोपहर करीब 3:00 बजे सेक्टर 1 माजरी चौक में एक अनियंत्रित गाड़ी मेडेसिन शॉप में दुकान में घुस गई, जिससे दो लोगों की मौत हो गई. हादसे में दुकान के मालिक और एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई.
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि गाड़ी तेज रफ्तार में थी और दुकान के अंदर घुस गई, जिससे दुकानदार और एक अन्य व्यक्ति को गंभीर चोटें आईं. हादसे के बाद सेक्टर 5 थाना पुलिस, डायल 112 और सेक्टर 2 चौकी पुलिस मौके पर पहुंची. बताया जा रहा है कि एक व्यक्ति गाड़ी के बीच फंस गया था, जिसे पास खड़े लोगों ने मशक्कत के बाद बाहर निकाला.
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि गाड़ी चालक नशे में था और हादसे के बाद फरार हो गया. सेक्टर 5 थाना के जांच अधिकारी प्रवीण ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक तेज रफ्तार गाड़ी दुकान के अंदर घुस गई और इस हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिन्हें पंचकूला के सेक्टर 6 अस्पताल में भर्ती कराया गया. पुलिस ने बताया कि गाड़ी चालक की तलाश की जा रही है.
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गाड़ी तेजी से आकर दुकान में घुस गई और इस दौरान गाड़ी चालक ने मेडिकल स्टोर के बुजुर्ग मालिक और एक अन्य व्यक्ति को टक्कर मार दी. हादसे के बाद गाड़ी चालक गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया और मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को पंचकूला के सेक्टर 6 अस्पताल में भर्ती कराया.
इस हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिन्हें पंचकूला के सेक्टर 6 अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन उपचार के दौरान ही मेडिकल स्टोर मालिक और एक अन्य व्यक्ति ने दम तोड़ दिया. गाड़ी चालक की लापरवाही के चलते दो लोगों की जान चली गई. अब इस मामले की जांच सेक्टर 5 थाना पुलिस और सेक्टर 2 चौकी पुलिस कर रही है और फरार गाड़ी चालक की तलाश जारी है.
नायब सरकार का बड़ा फैसला, हरियाणा में ईद को गजेटेड छुट्टी लिस्ट से हटाया
27 Mar, 2025 06:35 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हरियाणा सरकार ने ईद के गजेटेड छुट्टी को चेंज करके रिस्ट्रिक्टेड हॉलीडे कर दिया है. सरकार ने फाइनेंशियल ईयर की क्लोजिंग का हवाला देते हुए ये बदलाव किए जाने की बात कही है. इसको लेकर मुख्य सचिव ने की ये आदेश सभी विभागों को जारी किया गया है. हालांकि हरियाणा सरकार ने साफ किया है कि मुस्लिम समुदाय से जुड़े लोग इस दिन अवकाश ले सकते हैं.
हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने आदेश जारी कर कहा कि दिनांक 26.12.2024 को जारी सरकारी अधिसूचना में आंशिक संशोधन करते हुए यह अधिसूचित किया जाता है कि ईद-उल-फितर, 31 मार्च 2025 को राजपत्रित अवकाश के स्थान पर प्रतिबंधित अवकाश के रूप में किया जाता है. उन्होंने अपने आदेश में कहा कि ऐसा इसलिए किया गया है क्योंकि 29 और 30 मार्च 2025 सप्ताहांत अवकाश के दिन हैं और 31 मार्च वित्तीय वर्ष 2024-2025 का अंतिम दिन है. यह पत्र सभी विभागों को जारी किया गया है.
क्या होता है रिस्ट्रिक्टेड हॉलीडे?
रिस्ट्रिक्टेड हॉलीडे या प्रतिबंधित अवकाश एक वैकल्पिक अवकाश (आरएच) होता है जिसका कर्मचारी खुद चयन कर सकते हैं कि वे लेना चाहते हैं या नहीं. रिस्ट्रिक्टेड हॉलीडे एक प्रकार का अवकाश ही होता है जिसे कर्मचारियों के पास यह चुनने का विकल्प होता है कि वे अवकाश लेना चाहते हैं या नहीं.
ईद के दिन खुले रहेंगे सरकारी दफ्तर
हरियाणा सरकार के इस आदेश के बाद अब राज्य के सभी सरकारी दफ्तर ईद के दिन खुले रहेंगे. हालांकि कुछ लोगों को इस दिन छुट्टी लेने की इजाजत है. हरियाणा में बेशक ईद को गजेटेड छुट्टी की लिस्ट से हटा दिया गया है लेकिन मुस्लिम समुदाय के लोग इस दिन छुट्टी ले सकते हैं.
क्यों किया गया बदलाव?
ईद-उल-फितर पूरे भारत में 31 मार्च को मनाई जाएगी, जो वित्तीय वर्ष 2024-25 का अंतिम दिन भी है. हालांकि भारतीय रिजर्व बैंक ने भी 31 मार्च के अवकाश को रद्द कर दिया है. यह कहा गया है कि यह वित्तीय वर्ष का अंतिम दिन है. अगले वित्तीय वर्ष के लिए वित्तीय बदलाव करने की समय सीमा भी है.
बिट्टू बजरंगी का विवादित बयान, रामजीलाल सुमन का सिर काटने पर इनाम देने की बात, FIR दर्ज
27 Mar, 2025 06:29 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हरियाणा में साल 2023 में हुए नूह मेवात दंगों के आरोपी राजकुमार पांचाल उर्फ बिट्टू बजरंगी एक बार फिर अपने विवादित बयान के चलते पुलिस के निशाने हैं. इस बार बिट्टू ने समाजवादी पार्टी के सांसद रामजीलाल सुमन का सिर काटकर लाने वाले को इनाम देने का ऐलान किया है. बिट्टू ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया है. इसके बाद पुलिस हरकत में आ गई और मामला दर्ज किया है. पुलिस का कहना है कि बिट्टू ने भड़काऊ बयान वाला वीडियो फेसबुक पर पोस्ट किया. इसमें उसने कहा, मैं सभी हिंदू भाइयों से अपील करता हूं कि जो भी समाजवादी पार्टी के नेता सांसद रामजीलाल सुमन की गर्दन कटेगा, उसको गौ रक्षा बजरंग दल फोर्स की ओर से उचित इनाम दिया जाएगा.
यह वीडियो गौ रक्षक बजरंग फोर्स के राष्ट्रीय अध्यक्ष बिट्टू बजरंगी का है. जिस पर सारन थाने में एफआईआर दर्ज की गई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. बिट्टू का ये वीडियो ऐसे समय आया है जब वो धार्मिक आयोजन करने जा रहे हैं. इस पूरे मामले को लेकर एसीपी जितेश कुमार ने बताया कि बिट्टू बजरंगी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है.
लोगों को भड़काने वाला वीडियो: एसीपी
एसीपी ने यह भी कहा कि जिस तरीके का वीडियो सोशल मीडिया पर बिट्टू बजरंगी ने डाला है, वो कहीं ना कहीं लोगों को भड़काने और आपसी भाईचारे के बीच विद्रोह फैलाने वाला है. जैसे ही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, संज्ञान लेते हुए उच्च अधिकारियों के निर्देश पर बिट्टू बजरंगी खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. आगे कार्रवाई की जा रही है.
रामजीलाल ने क्या कहा था?
बता दें कि बीते दिनों समाजवादी पार्टी सांसद रामजीलाल सुमन ने राज्यसभा में कहा था, भारतीय मुसलमान बाबर को आदर्श नहीं मानते. वो पैगंबर मुहम्मद और सूफी परंपराओं का पालन करते हैं. मैं पूछना चाहता हूं कि बाबर को यहां कौन लाया? इब्राहिम लोदी को हराने के लिए राणा सांगा ने ही बाबर को आमंत्रित किया था. इसलिए अगर मुसलमानों को बाबर का वंशज कहा जाता है तो हिंदू गद्दार राणा सांगा के वंशज होने चाहिए. हम राणा सांगा की आलोचना क्यों नहीं करते?
फरीदाबाद में घर में घुसे दो पशु, महिला दो घंटे तक अलमारी में रही बंद
27 Mar, 2025 03:52 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
दिल्ली से सटे फरीदाबाद में बुधवार को एक घर के बेडरूम में अचानक से गाय और सांड घुस आए. उन्हें देख वहां मौजूद महिला इतना डर गई कि उसने खुद को अलमारी में बंद कर दिया. घर पर उस वक्त कोई नहीं था. फिर जैसे ही महिला की सास घर वापस लौटी तो देखा कि कमरे में दो पशु बेड पर चढ़े हुए हैं. सास ने यह देखते की शोर मचाना शुरू कर दिया. शोर सुनकर आस-पास के लोग भी वहां आ पहुंचे.
पशुओं को भगाने के लिए उन पर पानी फेंका गया और पटाखे चलाए गए. लेकिन फिर भी वो बाहर नहीं निकले. इसके बाद वहां कुत्ते लाए गए. कुत्तों ने भौंकना शुरू किया तो पशु बाहर निकल गए. तब जाकर सभी ने राहत की सांस ली. बाद में फिर महिला भी अलमारी से बाहर निकली. वो दो घंटे तक अलमारी में बंद थी.
मामला फरीदाबाद की डबुआ कॉलोनी का है. यहां राकेश साहू अपनी मां, पत्नी और बच्चों के साथ रहते हैं. इस समय बच्चे रिश्तेदार के यहां गए हुए हैं. बुधवार को सुबह राकेश की माता जी किसी काम से घर से बाहर गई थी, घर का दरवाजा खुला रह गया. राकेश की पत्नी पूजा कर रही थी तभी गाय उनके घर में घुस गई . गाय के पीछे ही एक सांड भी आ गया. दोनों पशु बेडरूम तक पहुंच गए और बिस्तर पर चढ़ गए. डर के मारे राकेश की पत्नी ने खुद को अलमारी में बंद कर लिया. कुछ देर बाद जब राकेश की मां लौटीं तो उन्होंने देखा कि घर में पशु घुसे हुए हैं. जिसके बाद उन्होंने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी.
सभी लोग इकट्ठा होकर दोनों पशुओं को निकालने के लिए प्रयास करने लगे, लेकिन इतनी भीड़ देखकर पशु घर से बाहर नहीं निकल रहे थे. इसके बाद उन पर पानी डालने से लेकर पटाखे चलाने तक की सभी तरकीब अपनाई गई, लेकिन पशु बाहर नहीं निकले.
ऐसे बाहर निकले दोनों पशु
दूसरी तरफ राकेश की पत्नी जो कि खुद को अलमारी में बंद किए हुए थी वह भी बेहद परेशान हो गई. जब कोई तरीका काम नहीं आया तब एक पड़ोसी अपने पालतू कुत्ते को लेकर वहां पहुंचा और जब कुत्ते ने भौंकना शुरू कर तो एक-एक कर दोनों पशु घर से बाहर निकल गए.
सांड ने मारी थी टक्कर
कुछ दिन पहले नगर निगम के पूर्व कर्मचारी को सांड ने टक्कर मारी थी, जिसके चलते उनके सिर पर चोट लगी और कई दिन तक उपचाराधीन रहने के बाद उनकी मौत हो गई. जनवरी में पंजाब हरियाणा हाईकोर्ट ने भी नगर निगम फरीदाबाद को आदेश दिया था कि अगले 30 दिनों में शहर को आवारा पशुओं से मुक्त किया जाए, लेकिन नगर निगम अधिकारियों पर इसका कोई असर नहीं हुआ.
नूंह में डीसी काफिले की पीसीआर वैन 250 फीट गहरी खाई में गिरी, हादसा टला
26 Mar, 2025 05:51 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हरियाणा के नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका उपमंडल से मंगलवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई. अरावली पहाड़ी क्षेत्र के रवा गांव में अवैध खनन की शिकायत मिलने के बाद जिला उपायुक्त विश्राम मीणा निरीक्षण के लिए पहुंचे थे. इस दौरान उनके काफिले में शामिल एक पुलिस पीसीआर वैन का ब्रेक फेल हो गया, जिसके बाद गाड़ी 250 फीट गहरी खाई में जा गिरी.
250 फीट गहरी खाई में गिरने से गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है, लेकिन राहत की बात ये रही कि कोई जनहानि नहीं हुई. पुलिस ड्राइवर ने समय रहते गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचा ली, जिसके चलते एक बड़ा हादसा होने से टल गया. पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक डीसी विश्राम मीणा को नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका उपमंडल में राजस्थान की सीमा से सटे रवा गांव में अरावली पहाड़ी क्षेत्र में अवैध खनन की शिकायतें मिली थीं. इन शिकायतों की जांच और निशानदेही के लिए डीसी ने खनन विभाग, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और पुलिस विभाग के अधिकारियों के साथ एक संयुक्त निरीक्षण का फैसला किया.
गाड़ी के ब्रेक फेल हो गए थे
इस काफिले में पुलिस की पीसीआर वैन भी शामिल थी, जो सुरक्षा और सहायता के लिए मौजूद थी. जब निरीक्षण पूरा होने के बाद काफिला वापस लौट रहा था. उसी दौरान फिरोजपुर झिरका थाने की पीसीआर वैन को ड्राइवर बैक कर रहा था. इसी बीच अचानक गाड़ी के ब्रेक फेल हो गए. ढलान वाली सड़क पर गाड़ी को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन खड़ी चढ़ाई और तकनीकी खराबी के चलते गाड़ी डिसबैलेंस हो गई.
250 फीट गहरी खाई में गिरी
इस दौरान ड्राइवर और आसपास मौजूद लोगों ने गाड़ी को रोकने की पूरी कोशिश की, लेकिन उसे रोका नहीं जा सका. ड्राइवर ने अपनी जान बचाने के लिए गाड़ी से छलांग लगा दी और पीसीआर वैन करीब 250 फीट गहरी खाई में जा गिरी. खाई में गिरने के बाद पीसीआर वैन पूरी तरह चकनाचूर हो गई. वहीं पुलिस विभाग ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए वाहन की तकनीकी जांच शुरू कर दी है. ताकि ये पता लगाया जा सके कि ब्रेक फेल होने की वजह क्या थी.
अधिकारियों को निर्देश दिया गया
फिरोजपुर झिरका उपमंडल के कई गांव, जो राजस्थान की सीमा से सटे हैं. लंबे समय से अवैध खनन की चपेट में हैं. स्थानीय लोगों और पर्यावरण कार्यकर्ताओं की ओर से बार-बार शिकायतें मिलने के बाद प्रशासन ने इस पर कार्रवाई शुरू की है. डीसी विश्राम मीणा ने निरीक्षण के दौरान खनन स्थलों की निशानदेही की और संबंधित विभागों को सख्त निर्देश दिए कि अवैध गतिविधियों पर रोक लगाई जाए. प्रशासन के मुताबिक यह एक दुर्भाग्यपूर्ण हादसा था, लेकिन गनीमत रही कि कोई घायल नहीं हुआ. पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि आगे इस तरह की घटनाओं से बचने के लिए वाहनों की नियमित जांच की जाए.
हरियाणा में फैमिली आईडी में उम्र की गलती, पति ने सरकारी दफ्तरों में की कई बार शिकायत
26 Mar, 2025 05:40 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हरियाणा के महेंद्रगढ़ में एक पति इन दिनों सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रहा है. पति का कहना है कि फैमिली आईडी में उसकी पत्नी की उम्र 125 साल दिखाई गई है. इस गलती को ठीक करवाने के लिए वो सरकारी दफ्तरों के कई चक्कर काट चुका है, मगर पत्नी की DOB सही नहीं की गई. इस कारण उसे सरकारी योजनाओं का लाभ लेने और अन्य कार्यों में दिक्कत आ रही है.
हरियाणा सरकार ने प्रदेश में फैमिली आईडी को मुख्य दस्तावेजों में शामिल किया हुआ है. प्रदेश सरकार द्वारा शुरू की गई विभिन्न योजनाओं का लाभ पहुंचाने के अलावा बिजली का नया कनेक्शन लेने सहित अन्य किसी भी योजना को शुरू करने के लिए फैमिली आईडी मांगी जाती है. उसी आईडी के डेटा से ही योजनाओं का लाभ मिलता हैय वृद्धा अवस्था पेंशन भी फैमिली आईडी में 60 साल की उम्र पूरी हो जाने के बाद से शुरू होती है.
पत्नी की उम्र पति से दोगुनी
नारनौल में मोहल्ला खड़खड़ी के रहने वाले श्याम सुंदर अपनी फैमिली आईडी को लेकर परेशान हैं. श्याम सुंदर ने बताया कि उनकी फैमिली आईडी में उसकी उम्र 60 साल दर्ज है, जिसके तहत उनका जन्म 17 मई 1965 दर्शाया गया है. वहीं, इसी आईडी में उनकी पत्नी की उम्र 125 साल दर्ज है. उनकी पत्नी का जन्म 1 जनवरी 1900 दर्ज है.
काफी जगह हो रही परेशानी
उन्होंने बताया कि इस आईडी में गलत जानकारी होने के कारण उन्हें काफी जगह परेशानी होती है. कोई भी सरकारी योजना का वे सही से लाभ नहीं ले पा रहे हैं. उसने अपनी और अपनी पत्नी की एक ही फैमिली आईडी बनवाई हुई है, उनके बच्चों की फैमिली आईडी अलग है.
अधिकारियों के काटे कई चक्कर
उन्होंने बताया कि वह अपनी फैमिली आईडी को ठीक करवाने के लिए कई बार डीआरडीए में संबंधित अधिकारियों के चक्कर लगा चुके हैं, मगर उनकी आईडी में हुई त्रुटी ठीक ही नहीं हो रही. फैमिली आईडी में गलती होने के प्रदेश के रोहतक समेत अन्य जिलों में ऐसे कई मामले आ चुके हैं.
सरकार का कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट को ऑफर : कैश, प्लॉट या सरकारी नौकरी का चुनाव
26 Mar, 2025 11:46 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी की अध्यक्षता में मंगलवार (25 मार्च) को कैबिनेट बैठक हुई. इस दौरान की अहम फैसले लिए गए. बैठक में सरकार ने कांग्रेस विधायक और रेसलर विनेश फोगाट को सिल्वर मेडल के इनाम के बदले 3 विकल्प दिए हैं. विनेश को 4 करोड़ कैश, प्लाट या फिर सरकारी नौकरी का ऑफर दिया गया है. दरअसल सरकार ने पेरिस ओलंपिक में सिल्वर मेडल मुकाबले तक पहुंचने के बाद विनेश का सम्मान करने की घोषणा की थी. हालांकि फाइनल में मैच में 100 ग्राम बढ़े वजन की वजह से विनेश मुकाबला नहीं खेल पाई थी.
हरियाणा सरकार ने विनेश फोगाट को पेरिस ओलंपिक में रजत पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के बराबर लाभ देने की घोषणा की थी. सिल्वर मेडल की नीति के तहत 3 तरह के लाभ मिलते हैं. इनमें नकद पुरस्कार के रूप में 4 करोड़ रुपए, ग्रुप ए OSP नौकरी, और HSVP का प्लाट. चूंकि विनेश फोगाट अब विधायक हैं, ऐसे में उक्त तीनों लाभ में से वो क्या लेना चाहती हैं, इसलिए उनसे विकल्प के बारे में पूछा जाएगा.
बैठक में लिए गए अन्य फैसले
हरियाणा फैसला किया कि अब आत्मनिर्भर कपड़ा नीति 2022-25 की अवधि को बढ़ाकर 18 दिसंबर, 2026 तक किया जाएगा.
कैपिटल इन्वेस्टमेंट सब्सिडी योजना के तहत सेंक्शन किए जाने प्रोजेक्ट की संख्या पर कैपिंग को हटाने का भी निर्णय हुआ. इस नीति में पहले ये प्रावधान था कि 86 प्रोजेक्टों को मंजूरी दी जाएगी, जबकि अब इस सीमा को हटा दिया गया है.
करदाताओं की बकाया राशि की वसूली के लिए ‘हरियाणा एकमुश्त निपटान योजना 2025’ के संशोधित प्रारूप को मंजूरी दी गई. इस योजना को 23 जनवरी को हुई मंत्रिमंडल की बैठक में मंजूरी दी गई थी, लेकिन हितधारकों के कुछ सुझाव मिलने के बाद उचित संशोधन किए गए.
नई योजना का प्रस्ताव छोटे करदाताओं को लाभ देने के लिए किया गया है. इस योजना के तहत, 10 लाख रुपए तक के बकाया टैक्स पर एक लाख रुपए की छूट मिलेगी. यह योजना 180 दिनों तक लागू रहेगी.
सरकारी विभागों की तर्ज पर नगर निकायों में ग्रुप ए, बी, सी और डी के पदों के वर्गीकरण को मंजूरी दी गई.
ग्रुप ए और बी के बराबर के सभी पद अब हरियाणा लोक सेवा आयोग (एचपीएससी) के माध्यम से भरे जाएंगे. जबकि ग्रुप सी और डी के पद हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (एचएसएससी) के माध्यम से भरे जांएगे. इस निर्णय से निकायों के कर्मचारियों को अन्य सरकारी विभागों के कर्मचारियों की तरह अनेक लाभ मिलेंगे, जिनमें पदोन्नति में आरक्षण आदि शामिल.
हरियाणा मिल्क प्लांट एसोसिएशन और मिल्क प्लांट मालिकों पर दुग्ध सेस के भुगतान में देरी होने पर 2 प्रतिशत चक्रवृद्धि ब्याज प्रति माह की दर से यानी 24% जुर्माना लगता था. ऐसे उनके अनुरोध को मानते हुए सरकार ने निर्णय लिया है कि अब दुग्ध सेस के भुगतान में देरी होने पर जुर्माने की राशि पर 12 प्रतिशत की दर से साधारण ब्याज लगेगा.
बैठक में हरियाणा मुर्रा भैंस और अन्य दुधारू पशु नस्ल नियम, 2002 में संशोधन को मंजूरी दी गई.
सभी निकायों को स्टेट फाइनेंस कमिशन के तहत विकास कार्यों के लिए 587 करोड़ रुपए की राशि भी जारी की गई.
इसके अलावा ऑनलाइन माध्यम से शहरी स्थानीय निकाय विभाग की वेबसाइट और अन्य पोर्टल का भी शुभारंभ किया गया,
सरकार ने गत 17 मार्च को प्रस्तुत किए गए राज्य बजट 2025-26 स्थानीय सरकारों को आर्थिक स्वतंत्रता देते हुए अपने स्तर पर आमदनी के नए तरीके और व्यवस्था बनाने की पहल की.
सरकार ने नगर निगम के मेयर का मानदेय बढ़ाकर 30 हजार रुपए किया है. सीनियर डिप्टी मेयर का मानदेय बढ़ाकर 25,000 रुपए, डिप्टी मेयर का मानदेय बढ़ाकर 20,000 रुपये और पाषर्दों का मानदेय बढ़ाकर 15,000 रुपए किया गया. इसके साथ ही नगर परिषद और नगर पालिकाओं के अध्यक्षों और सदस्यों के मानदेय में भी उल्लेखनीय वृद्धि की गई है.
पति ने हत्या के बाद गड्ढे में छिपाई लाश, 3 महीने बाद मिली बीवी के आशिक की डेड बॉडी
25 Mar, 2025 02:17 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
24 दिसंबर 2024 को हरियाणा के एक फिजियोथेरेपिस्ट की हत्या कर दी गई थी. पुलिस तभी से इस हत्याकांड को सुलझाने की कोशिश कर रही थी. अब जाकर पुलिस को कामयाबी मिली है. हालांकि, हत्याकांड का मास्टमाइंड अभी फरार है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा. मामला रोहतक जिले का है. यहां तीन महीने से लापता मस्तनाथ संस्थान के फिजियोथेरेपिस्ट जगदीप (45) का शव सोमवार देर शाम चरखी दादरी जिले के पैंतावास कलां गांव स्थित कालूवाला जोहड़ से बरामद किया गया है. जगदीप को जमीन में 7 फीट से अधिक गहरा गड्ढा खोदकर खड़ा ही दफनाया गया था. पुलिस ने शव को बरामद कर चौंकाने वाला खुलासा किया है. पुलिस के अनुसार, रोहतक की बाबा मस्तनाथ यूनिवर्सिटी में कार्यरत जगदीप का 3 माह पहले जनता कॉलोनी से 4 युवकों ने अपहरण कर लिया. इसके बाद पैंतावास कलां में ले जाकर जिंदा ही गड्ढे में गाड़ दिया. पुलिस ने गांव के दो युवकों हरदीप और धर्मपाल को हिरासत में लिया है. मुख्य आरोपी जिसकी पत्नी के साथ अवैध संबंध बताए जा रहे हैं, वह अभी फरार है. उसकी पुलिस तलाश कर रही है. उसकी गिरफ्तारी के बाद हत्याकांड को लेकर और भी कई खुलासे हो सकते हैं.
जगदीप के साथ पत्नी के आपत्तिजनक फोटो
पुलिस सूत्रों के अनुसार, जगदीप रोहतक की जनता कॉलोनी में एक महिला के मकान में किराए पर कमरा लेकर रहता था. मूल रूप से वो झज्जर का रहने वाला था. रोहतक में रहते हुए उसकी पहचान जनता कॉलोनी की एक महिला से हुई, जिसकी शादी चरखी दादरी के पैंतावास कलां गांव में हुई थी. दोनों के बीच अवैध संबंध बन गए. इस बात की जानकारी महिला के पति को लगी.
वह रोहतक पहुंचा और जगदीप का मोबाइल चेक किया. उसमें पत्नी के साथ उसकी तस्वीरें देखीं. गुस्से में उसने हत्या की योजना बना ली. इसके बाद वह अपने गांव पैंतावास कलां लौटा और हत्या के लिए अपने साथी हरदीप, धर्मपाल और एक अन्य को साथ मिला लिया. इसके बाद अपहरण कर हत्या को अंजाम दिया.
मोबाइल लोकेशन से मिली अहम जानकारी
जगदीप 24 दिसंबर को आखिरी बार यूनिवर्सिटी गया था. जब एक माह तक सुराग नहीं मिला तो ताऊ ईश्वर ने 3 फरवरी को शिवाजी कॉलोनी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई. जांच में सामने आया कि 24 दिसंबर की शाम चार युवक जगदीप को जनता कॉलोनी स्थित किराए के मकान से हाथ-पैर बांधकर गाड़ी में डालकर ले गए थे.
एक बच्ची का पिता था जगदीप
पुलिस ने मौके से मोबाइल फोन का डंप डेटा उठाया तो पैंतावास कलां के युवकों की लोकेशन सामने आई. पुलिस ने गांव के दो युवकों को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की. दोनों ने वारदात कबूल ली. उनकी निशानदेही पर पुलिस उस जगह पहुंची, जहां जगदीप को जिंदा ही गाड़ा गया था. फिलहाल, मुख्य आरोपी की तलाश की जा रही है. उधर, उस महिला से भी पूछताछ जारी है, जिससे जगदीप के अवैध संबंध थे. जगदीप खुद भी शादीशुदा था और उसी 7 साल की बेटी भी है. जगदीप की हत्या के बाद अब मां-बेटी अकेली रह गई हैं.
दीपक हुड्डा की पत्नी ने थाने में की कुटाई, पति पर लगाए सनसनीखेज आरोप
25 Mar, 2025 02:13 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हिसार की पूर्व वर्ल्ड चैंपियन बॉक्सर स्वीटी बूरा ने अपने पति भारतीय कबड्डी टीम के पूर्व कप्तान दीपक हुड्डा से महिला थाने में मारपीट कर दी. पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इसके बाद स्वीटी बूरा ने अपने पति पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने हिसार एसपी पर भी निशाना साधा है. स्वीटी ने कहा है, ‘ दीपक हुड्डा को लड़कों में इंटरेस्ट है. यह सब बातें मुझे बाद में पता चलीं. मुझे जानबूझकर हिंसात्मक दिखाया जा रहा है, जबकि दीपक हुड्डा ही मुझसे मारपीट करता था.’
स्वीटी बूरा ने कहा है कि ‘दीपक ने मुझे वीडियो दिखाने के लिए बुलाया था. वीडियो के शुरू और आखिरी का हिस्सा गायब है, जिसमें दीपक मुझे गंदी-गंदी गालियां दे रहा है.’ स्वीटी ने बताया, ‘बाद में मुझे पैनिक अटैक आया, वह हिस्सा भी गायब कर दिया. थाने का वीडियो सार्वजनिक होने का मतलब यह है कि इस केस में दीपक के साथ हिसार एसपी मिले हुए हैं. दोनों को फांसी की सजा होनी चाहिए.’
एसपी ने की वीडियो में छेड़छाड़- स्वीटी
स्वीटी बूरा ने कहा है कि हिसार एसपी दीपक हुड्डा के साथ मिले हुए हैं. उन्होंने रविवार (23 मार्च) को मीडिया से कहा था कि थाने में जो घटनाक्रम हुआ है, उसका वीडियो सामने आना चाहिए. उनका आरोप है कि हिसार एसपी ने वीडियो को तोड़-मरोड़ कर पेश किया है. उससे पहले और उस दौरान जो बातें हुईं, उस वीडियो में नहीं दिखाई गईं. उनका कहना है कि जो उनपर इल्जाम लगाए जा रहे हैं, जो वीडियो मेरा चैनल व सोशल मीडिया पर चल रहा है मैं उसके बारे में बताने के लिए लाइव आई हूं.’
FIR में मामा और पापा का नाम झूठा- स्वीटी
स्वीटी बूरा ने मीडिया को बताया कि उनके पापा और मामा का नाम भी दीपक हुड्डा ने एफआईआर में लिखवाया हुआ है, जबकि वायरल वीडियो में ही दिख रहा है कि मेरे पापा और मामा तो दीपक के पास तक नहीं गए. वह कहती हैं कि उनके मामा तो उसे ही रोक रहे हैं कि ये सब नहीं करना. इसके बावजूद दीपक हुड्डा ने झूठा मेडिकल करवाया और उनके मामा और पिता का नाम एफआईआर में लिखवाया.
स्वीटी का कहना है कि उन्होंने कोई चोट दीपक को नहीं मारी, जबकि मेडिकल में उसमें चोट का जिक्र किया है.स्वीटी बूरा ने हाथ जोड़कर कहा कि ‘अगर मैं इतनी बूरी हूं तो मेरा पति मुझे तलाक क्यों नहीं देता. मैं तो सिर्फ उससे तलाक ही मांग रही हूं. मैंने उससे कुछ नहीं मांगा. कोई इंसान अगर इतना बुरा होगा तो उसके साथ क्यूं रहना चाहेगा. कोई साथ रहना तभी चाहता है जब वह अच्छा होता है.’
ये है दोनों के बीच विवाद
स्वीटी और दीपक की शादी 3 साल पहले हुई थी. स्वीटी ने पति दीपक पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने के मामले में एफआईआर दर्ज करवाई थी. स्वीटी ने आरोप लगाया था कि पति ने उनके साथ मारपीट की. शादी में एक करोड़ और फॉर्च्यूनर देने के बावजूद उन्हें कम दहेज के लिए प्रताड़ित किया. दीपक ने भी स्वीटी और उनके परिवार पर संपत्ति हड़पने के साथ जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया था. उन्होंने रोहतक में शिकायत दी थी. दीपक का कहना था कि स्वीटी ने सोते हुए उनका सिर फोड़ा. उन पर चाकू से हमला किया. इस मामले में दोनों के रोहतक में केस दर्ज हैं. स्वीटी और दीपक इस वक्त बीजेपी नेता हैं. दीपक ने महम सीट से पिछला विधानसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन चुनाव हार गए थे.
नोएडा-गाजियाबाद से फरीदाबाद तक जाम से मिलेगी निजात, 20 साल से रुका FNG एक्स्प्रेसवे का काम होगा पूरा
24 Mar, 2025 07:59 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
दिल्ली से सटे नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद वालों के लिए खुशखबरी है. लोगों को इन तीन शहरों का सफर करने में घंटों लग जाते हैं, वो भी सिर्फ जाम की वजह से. लेकिन अब यह टेंशन जल्द ही खत्म होने वाली है. 20 साल से रुके FNG एक्सप्रेसवे का रुका हुआ काम जल्द ही पूरा हो सकता है. इसके निर्माण के लिए हरियाणा सरकार ने हरि झंडी दिखा दी है.
इतना ही नहीं एफएनजी एक्सप्रेसवे का नक्शा भी पास हो गया है. जल्द ही इस पर काम शुरू कर दिया जाएगा. नोएडा-गाजियाबाद से रोजाना करीब एक लाख लोग रोजगार के चक्कर में फरीदाबाद आते-जाते हैं. फरीदाबाद-नोएडा के बीच यमुना होने के कारण अभी कोई सीधी सड़क नहीं है. ऐसे में लोगों को नोएडा आने-जाने के लिए सड़क मार्ग से दिल्ली कालिंदीकुंज से जाना पड़ता है. इस मार्ग पर सुबह शाम आए दिन जाम लग जाता है. वाहन घंटों जाम में फंसे रहते हैं.
हरियाणा बॉर्डर पर रुका था काम
जाम से छुटकारा पाने के लिए करीब 20 साल पहले एफएनजी की योजना नोएडा प्राधिकरण की ओर से तैयार किया गया था. हालांकि, इसे अमल में नहीं लाया गया था. उतर प्रदेश सरकार ने अपनी सीमा पर इसके लिए सड़क का निर्माण काफी हद तक कर चुकी है, लेकिन हरियाणा के बार्डर में यह काम रुका हुआ था. अब हरियाणा सरकार ने एफएनजी एक्सप्रेसवे के लिए हरी झंडी दिखा दी है. हरियाणा सरकार ने इसके लिए बजट भी जारी करने जा रही है.
ट्रैफिक कंट्रोल में मिलेगी काफी मदद
हरियाणा की सीमा पर गांव लालपुर के पास यमुना नदी के ऊपर 600 मीटर लंबा पुल बनाना प्रस्तावित है. इस पर आने वाली लागत हरियाणा और यूपी 50-50 फीसदी वहन करेंगे. इस एक्सप्रेसवे की स्थापना से यातायात को नियंत्रित किया जा सकेगा और फरीदाबाद से गाजियाबाद की दूरी कम होगी. एफएनजी एक्सप्रेसवे शुरू होने से व्यापारियों और कारोबारियों को अपने सामान लाने-ले जाने में भी आसानी होगी.
नेशनल हाईवे-9 से होगी कनेक्टिविटी
एक्सप्रेसवे बनने के बाद से इसमे एक बेहतर कनेक्टिवटी भी बनेगी, जो फरीदाबाद के लोगों को गाजियाबाद से जोड़ देगी. यह सड़क नोएडा के एनएच 9 पर छिजारसी कट तक बनाए जा रहे हैं, इसलिए एफएनजी से आने वाले वाहन सीधे NH-9 से जुड़ जाएंगे.
बहादुरगढ़ में मकान ब्लास्ट, महिला और दो बच्चों सहित 4 की जलकर मौत, जांच शुरू
24 Mar, 2025 07:47 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हरियाणा के झज्जर में एक बड़ा हादसा हो गया, जहां बहादुरगढ़ में शनिवार को एक मकान में जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद मकान में आग लग गई. इस घटना में चार लोगों की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई. मरने वालों में एक महिला, एक पुरुष और दो बच्चे बताए जा रहे हैं, जो एक ही परिवार के सदस्य थे. यही नहीं हादसे में एक शख्स गंभीर रूप से घायल भी हो गया, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
घायल शख्स का रोहतक के पीजीआई अस्पताल में इलाज चल रहा है. पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक ये घटना शनिवार 6:30 बजे के करीब की है, जहां मकान में जोरदार धमाका हुआ और आग लग गई. आग लगने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. तुरंत दमकल विभाग को जानकारी दी गई. दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग को काबू में किया गया.
AC के कंप्रेसर फटने से हुआ हादसा?
मकान में लगी आग में चार लोग झुलस गए, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई. चारों के शव बरामद किए हैं. इनमें दो 10 साल के बच्चे थे, एक महिला और पुरुष शामिल था. बताया जा रहा है कि ये हादसा एयर कंडीशनर (AC) के कंप्रेसर फटने की वजह से हुआ है. हालांकि अभी ऐसी आशंका जताई जा रही है, लेकिन हादसे की असल वजह सामने नहीं आई है. मौके पर फॉरेंसिक टीम भी पहुंची और घटना वाली जगह से सैंपल जुटाए. घायल शख्स का नाम हरिपाल सिंह बताया जा रहा है. पुलिस ने ये भी बताया कि घर में मौजूद एयर कंडीशनर डैमेज हालत में मिला है. अब पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. इस मामले की जांच जा रही है.
एक परिवार के सदस्य थे चारों मृतक
बहादुरगढ़ के डीसीपी मयंक मिश्रा ने कहा, “यह सिलेंडर ब्लास्ट नहीं है. यह धमाका बेडरूम के अंदर हुआ है. ब्लास्ट से पूरा घर प्रभावित हुआ है. चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है. चारों मृतक परिवार के सदस्य थे. फोरेंसिक टीम ब्लास्ट के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है. सिलेंडर सही सलामत है, लेकिन हम अभी भी साफतौर पर नहीं कह सकते कि ये हादसा एसी ब्लास्ट की वजह से हुआ. पहले जांच की जाएगी. तब असल कारण का पता चलेगा.”
यज्ञ में बासी भोजन पर गुस्से का विरोध, सुरक्षा गार्डों की गोलीबारी
22 Mar, 2025 07:17 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हरियाणा के कुरुक्षेत्र में यज्ञ के दौरान फायरिंग की घटना सामने आई है. गोली लगने से एक युवक घायल हुआ है. कार्यक्रम स्थल पर पत्थरबाजी और लाठियां भी चली हैं. एक युवक के सिर में पत्थर लगा है. यज्ञ में अलग-अलग राज्यों से ब्राह्मण बुलाए गए थे. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, यज्ञ में शामिल हुए ब्राह्मणों पर लाठियां भांजी गई हैं. बाबा के बाउंसर पर गोलियां चलाने का आरोप है. घटना के पीछे बासी भोजन को लेकर हुआ विवाद बताया जा रहा है.
यज्ञ के दौरान गोली लगने से घायल होने वाले का नाम नाम आशीष बताया जा रहा है, जो उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ का रहने वाला है. उसकी जांघ में गोली लगी है. वही, दूसरा युवक प्रिंस है, जिसके सिर पर पत्थर लगा है. वह लखीमपुर खीरी का रहने वाला बताया गया है. घटना कुरुक्षेत्र के केशव पार्क में आयोजित महायज्ञ में सुबह की है. यज्ञ में आए ब्राह्मणों पर बाउंसरों द्वारा फायरिंग की गई, जिसमें एक ब्राह्मण गंभीर रूप से घायल हो गया. यज्ञ स्थल पर तोड़फोड़ भी की गई है.
ब्राह्मणों को दिया बासी खाना
मिली जानकारी के अनुसार, यज्ञ में शामिल ब्राह्मणों को बासी भोजन परोसा गया, जिसका उन्होंने विरोध किया. लगातार हो रहे विरोध के चलते सुबह आयोजकों के सुरक्षा गार्डों और ब्राह्मणों के बीच बहस हो गई. देखते ही देखते माहौल गरमा गया और गार्डों ने गुस्से में फायरिंग कर दी. इस हमले में लखनऊ से आए आशीष नामक ब्राह्मण को गोली लग गई. घायल को तुरंत एलएनजेपी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.
बाब के बाउंसरों ने कराया बवाल!
केशव पार्क में 18 मार्च से 1008 कुंडीय शिव-शक्ति महायज्ञ आरंभ हुआ था. इसमें देश भर से 1500 से ज्यादा ब्राह्मणों को बुलाया गया था. इन ब्राह्मणों के ठहरने और खाने-पीने की व्यवस्था यज्ञ के आयोजकों ने की. ब्राह्मणों का आरोप है कि पहले दिन ने बाबा के सुरक्षा गार्ड (बाउंसर) उनके साथ किसी न किसी बात को लेकर परेशान कर रहे थे. कभी भी किसी के साथ मारपीट कर देते थे. कोई घूमता दिखाई देता तो उसे भी थप्पड़ या डंडा मार देते थे. यह यज्ञ 27 मार्च तक चलना है. इसमें बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल, पूर्व मंत्री सुभाष सुधा, राम विलास शर्मा, सीएम नायब सैनी की धर्मपत्नी सुमन सैनी, पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल समेत पार्टी के नेता शिरकत कर चुके हैं.
कौन हैं यज्ञ कराने वाले स्वामी हरिओम?
अपने आपको यज्ञ सम्राट कहने वाले स्वामी हरिओम स्वामी हरिओम ने 108 यज्ञ करवाने का संकल्प लिया हुआ है. कुरुक्षेत्र के थीम पार्क में यह 102 वां महायज्ञ था, जिसमें यज्ञ करवाने के लिए बुलाए गए ब्राह्मणों पर गोलियां चलाने से विघ्न पड़ गया. इससे पहले भी स्वामी दो बार कुरुक्षेत्र के इसी केशव पार्क में यज्ञ कर चुके हैं. पहले यज्ञ में बरसात के पानी से यज्ञ कुंड डूब गए थे और जलधारा से विघ्न पड़ा था. उसके बाद दूसरे यज्ञ में अग्निकांड होने से यज्ञ में विघ्न हुआ था. वहीं, अब तीसरे महायज्ञ में गोलीकांड से विघ्न पड़ गया.
सेना की वर्दी में रहते हैं बाउंसर
विश्व कल्याण हेतु महायज्ञ करवाने का दावा करने वाले स्वामी हरिओम अपने साथ बाउंसर लेकर चलते हैं, जो उनके साथ भारतीय सेना की वर्दी में तैनात रहते हैं. यह असली है या नकली है यह भी संदेह के घेरे में है. कुरुक्षेत्र में स्वामी जी संघ से जुड़े शिक्षा विभाग में सेवारत एक कर्मचारी के निवास पर आकर अक्सर रुकते हैं. यह कर्मचारी सरकारी सेवा में आने से पहले गीता निकेतन आवासीय विद्यालय में अपनी सेवाएं दे चुका है.
पानीपत में गोली मारकर जेजेपी नेता रविंद्र मिन्ना की हत्या, अपराधियों की तलाश जारी
22 Mar, 2025 02:53 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हरियाणा के पानीपत में जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) नेता रविंद्र मिन्ना की गोली मारकर हत्या कर दी गई है. इस वारदात को विकास नगर में अंजाम दिया गया है. बताया जा रहा है कि मिन्ना के सिर में गोली मारी गई है. फायरिंग में दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिनको अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अभी तक हमलावरों का पता नहीं चल सका है.
साल 2014 के विधानसभा चुनाव में जननायक जनता पार्टी ने रविंद्र मिन्ना को पानीपत शहर सीट से टिकट दिया था. हालांकि, उनका टिकट काटकर बाद में भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी रोहिता रेवड़ी को समर्थन दे दिया था. इसके साथ ही रविंद्र भी भाजपा में शामिल हो गए थे. हालांकि, कुछ समय बाद उन्होंने भारतीय जनता पार्टी को अलविदा कहकर फिर से जेजेपी का दामन थाम लिया था.
14 मार्च को भाजपा नेता सुरेंद्र की हत्या हुई थी
हरियाणा में इस साल नेताओं की हत्या से जुड़ा ये तीसरा बड़ा मामला है. इसी महीने 14 मार्च को भाजपा नेता सुरेंद्र जवाहर की हत्या हुई थी. इस वारदात को सोनीपत जिले के जवाहरा गांव में अंजाम दिया गया था. भाजपा नेता और मुंडलाना मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र जवाहर की हत्या उनके पड़ोसी ने गोली मारकर की थी. इस वारदात के बाद ये बात सामने आई थी कि हत्याकांड को जमीन विवाद के चलते अंजाम दिया गया.
24 जनवरी को बसपा नेता हरबिलास की हत्या
भाजपा नेता के मर्डर से पहले 24 जनवरी को बसपा नेता हरबिलास रज्जूमाजरा की हत्या कर दी गई थी. उन्हें अंबाला के नारायणगढ़ में आहलूवालिया पार्क के पास गोली मारी गई थी. हमलावरों ने उनकी कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी, जिससे उनकी छाती में 5 गोलियां लगी थीं. इस हमले में उनके दो साथी भी घायल हुए थे.
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की बड़ी पहल: मुख्यधारा में लौटे युवाओं को स्वास्थ्य सुरक्षा और नई उम्मीद
जैव उर्वरक और नील-हरित काई के उपयोग को बढाएं-कृषि उत्पादन आयुक्त निगार
क्षीर धारा अभियान का मुख्य उद्देश्य पशुपालकों की आय में वृद्धि और गोवंश का स्वास्थ्य सुरक्षित रखना है : मंत्री पटेल
राज्यमंत्री कृष्णा गौर ने किया 4 लेन सीसी सड़क निर्माणकार्य का भूमि-पूजन
पुष्पा ने लिखी आत्मनिर्भरता की नई कहानी
अपनी ज़िम्मेदारी निभाएं और अपनी बेटियों को सर्वाईकल कैंसर के खतरे से बचाएं
खिवनी अभयारण्य बनेगा वन्यजीव संरक्षण और इको-टूरिज्म का आदर्श मॉडल : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
प्रधानमंत्री मोदी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को पूर्ण कर रहा है मध्यप्रदेश: मुख्यमंत्री डॉ. यादव
लोकतंत्र का महापर्व: बंगाल में 91.40% मतदान, तमिलनाडु में टूटा रिकॉर्ड
