राजनीति
लालू यादव के बयान से बिहार के राजनीतिक गलियारों में हलचल
17 Mar, 2025 08:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना। होली के मौके पर लालू प्रसाद यादव के बयान ने एक बार फिर बिहार के राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। दरअसल मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के महागठबंधन में लौटने को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि लालू प्रसाद यादव के बयान और राज्य में बढ़ते हिंदुत्व के माहौल के चलते नीतीश कुमार एक बार फिर महागठबंधन में वापसी करेंगे। कहा तो ये भी जा रहा है कि भाजपा ये नहीं चाहती है कि नीतीश अपने बेटे निशांत को राजनीति के मैदान में उतारें लेकिन नीतीश ने अब अपनी राजनीतिक विरासत बेटे के हवाले करने का मन बना लिया है। यह एक बड़ी वजह मानी जा रही है और अंदरखाने खबर यही है कि एक बार फिर नीतीश कुमार पलटी मार सकते हैं। वहीं होली के अवसर पर लालू प्रसाद यादव द्वारा दिए गए बयान के कारण महागठबंधन में नीतीश कुमार के भविष्य को लेकर बहस छिड़ गई है। बिहार में भाजपा और उसके सहयोगी दल हिंदुत्व के एजेंडे को आगे बढ़ा रहे हैं। नीतीश कुमार पहले भी कई बार अपना राजनीतिक रुख बदल चुके हैं। इसलिए बिहार में अभी से इसकी खूब चर्चा शुरू हो गई है।
क्या कहा लालू ने ?
राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने कहा कि हम सब पुरानी बातें भूलकर एक साथ मिलकर नई शुरुआत करें और प्रेम-प्रेम की भावना से समाज को आगे बढ़ाएं। लालू प्रसाद यादव का यह बयान अप्रत्यक्ष रूप से राजनीतिक रूप से संकेत देने वाला बयान है। विशेषकर, लालू प्रसाद यादव और नीतीश कुमार पहले भी सामाजिक न्याय के लिए एक साथ आए थे। लालू प्रसाद यादव के एक ही वाक्य से बिहार के राजनीतिक रंग दिखने लगे हैं। विश्लेषक कह रहे हैं कि यह लालू प्रसाद की ओर से नीतीश कुमार को महागठबंधन में शामिल होने का सीधा प्रस्ताव है। नीतीश कुमार प्रगतिशील राजनीति करते हैं, जबकि उनकी सहयोगी भाजपा हिंदुत्व के एजेंडे को और मजबूत कर रही है। इसलिए इस स्थिति में लालू प्रसाद यादव ने यह सांकेतिक पेशकश की है। कुछ महीने पहले लालू यादव ने कहा था कि नीतीश कुमार के लिए दरवाजे बंद नहीं हुए हैं बल्कि राजद के दरवाजे उनके लिए हमेशा खुले हैं।
अपने वोट की कीमत समझकर सत्ता की मास्टर चाबी खुद करें हासिल
16 Mar, 2025 11:11 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ। बहुजन समाजवादी पार्टी की सुप्रीमो मायावती ने कांशीराम की जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की और बसपा शासनकाल के दौरान की उपलब्धियों को गिनाया। उन्होंने अन्य दलों के दावों को खोखला बताया और बसपा से अपनी ताकत पहचानकर सत्ता हासिल करने का आह्वान किया। बता दें कांशीराम का जन्म 15 मार्च 1934 को हुआ था और उन्होंने 14 अप्रैल 1984 को बसपा की स्थापना की थी।
शनिवार को कांशीराम की जयंती पर मायावती ने एक्स पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने देशभर के बसपा कार्यकर्ताओं को धन्यवाद दिया जिन्होंने कांशीराम को याद किया और उनके मिशन को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। मायावती ने कांशीराम के सामाजिक परिवर्तन और आर्थिक मुक्ति के आंदोलन को मजबूत करने की अपील की। मायावती ने कहा कि बहुजन समाज गरीबी, बेरोजगारी, शोषण, अत्याचार, पिछड़ेपन, जातिवाद, सांप्रदायिक हिंसा जैसी समस्याओं से जूझ रहा है। इन समस्याओं से मुक्ति पाने के लिए उन्हें अपने वोट की ताकत को समझना होगा। उन्हें सत्ता की चाबी खुद हासिल करनी होगी। यही कांशीराम का संदेश है।
बसपा सुप्रीमो ने कहा कि बहुजन समाज को अपार गरीबी, बेरोजगारी, शोषण, अत्याचार, पिछड़ेपन, जातिवाद, सांप्रदायिक हिंसा व तनाव आदि के त्रस्त जीवन से मुक्ति के लिए अपने कीमती वोट की ताकत को समझकर अपना उद्धार खुद कर सत्ता की मास्टर चाबी हासिल करने की जरूरत है, यही आज के दिन का उच्च संदेश है। मायावती ने यूपी की जनता को याद दिलाया कि बसपा सरकार ने बहुजनों का विकास किया और उनके अच्छे दिन लाए।
उन्होंने कहा कि बसपा का नेतृत्व काम करने में विश्वास रखता है, सिर्फ़ बातें नहीं करता। दूसरी पार्टियों के दावे झूठे और छलावा हैं। उन्होंने कहा कि यूपी की विशाल आबादी को अनुभव है कि बसपा का आयरन लेडी नेतृत्व कथनी में कम व करनी में ज़्यादा यकीन रखता है और अपने शासनकाल में बहुजनों का सर्वांगीण विकास करके उनके अच्छे दिन लाकर दिखाए भी हैं, जबकि दूसरी पार्टियों की सरकारों की अधिकतर बातें व दावे हवा हवाई व छलावा हैं।
धनखड़ 17 मार्च से फिर संभालेंगे राज्यसभा की अध्यक्षता: रमेश
16 Mar, 2025 10:10 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने शनिवार को उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से मुलाकात की। रमेश ने मुलाकात के बाद एक्स पर लिखा कि उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ स्वस्थ हो रहे हैं और 17 मार्च से राज्यसभा की कार्यवाही की अध्यक्षता पुनः संभालने के लिए तैयार हैं।
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ को हृदय संबंधी समस्याओं के कारण 9 मार्च को दिल्ली स्थित एम्स में भर्ती किया गया था। हाल ही में उन्हें एम्स से छुट्टी मिली है। डॉक्टर ने उन्हें आराम करने की सलाह दी थी।
लालू के लाल ने सिपाई को दी धमकी कहा -ठुमका लगाओ, नहीं तो सस्पेंड कर देंगे
16 Mar, 2025 09:08 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
तेजप्रताप ने पुलिसकर्मी को लगवाए ठुमके तो भड़की बीजेपी -जेडीयू
पटना। पटना में होली के मौके पर लालू के बड़े लाल तेज प्रताप का एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें वो एक सिपाही को गाने पर नाचने के लिए कह रहे हैं। साथ ही चेतावनी दे रहे हैं कि अगर तुमने आज ठुमका नहीं लगाया तो सस्पेंड कर दिए जाओगे।
इसके बाद वर्दी पहने हुए पुलिसकर्मी डांस करने लगता है। इस घटना के बाद सियासत तेज हो गई है। जेडीयू और बीजेपी ने आरजेडी और तेज प्रताप यादव पर तीखा हमला किया है।
बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि राजद की संस्कृति कानून की अवहेलना करना, संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों का मजाक उड़ाना, संविधान का बार-बार अपमान करना और लोगों का मनोबल गिराना है। आरजेडी में रहे लोगों की विचारधारा और मूल्य कभी नहीं बदलेंगे।
बीजेपी नेता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि तेज प्रताप यादव ने अपने बॉडीगार्ड को नाचने के लिए कहा, साथ ही कहा कि अगर वह ऐसा नहीं करेंगे तो उसे सस्पेंड कर दिया जाएगा. हालांकि तेजप्रताप के पास किसी को निलंबित करने की शक्ति और अधिकार नहीं है। यह नीतीश कुमार की सरकार है, जंगल राज नहीं. ऐसी भाषा का प्रयोग दुर्भाग्यपूर्ण है। राजद नेताओं का विकास नहीं हुआ है।
जेडीयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि जंगलराज खत्म हो गया है, लेकिन लालू यादव के लाल एक पुलिसकर्मी को धमका रहे हैं कि अगर वह (पुलिसकर्मी) उनके निर्देश (नाचने) का पालन नहीं करेगा तो उसे क्या परिणाम भुगतने होंगे. बिहार अब बदल चुका है. तेजस्वी यादव हों, तेज प्रताप यादव हों या लालू यादव के परिवार के कोई भी सदस्य हों- उन्हें यह समझने की जरूरत है कि इस बदलते बिहार के माहौल में ऐसी हरकतों के लिए कोई जगह नहीं है।
तेज प्रताप यादव के वीडियो पर कांग्रेस सांसद तारिक अनवर ने कहा कि मैं इस बारे में क्या कहूं?... हर कोई अपने तरीके से होली मनाता है।
बिहार चुनाव के सवाल पर तेजस्वी ने कहा -
16 Mar, 2025 08:06 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
ए टू जेड सभी टीम आ जाएं, चाहें तो ट्रंप और पुतिन को भी बुला लें..., कुछ नहीं होने वाला... महागठबंधन की सरकार बनेगी।
पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के सवाल पर आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि बीजेपी की ए टीम, बी टीम, सी टीम, डी टीम, ई टीम, एफ टीम... ए टू जेड सभी टीम आ जाएं. चाहें तो ट्रंप और पुतिन को भी बुला लें, कुछ नहीं होने वाला। उन्होंने कहा कि जनता मालिक है, हम जो भी हैं जनता की वजह से हैं, मुझे अपनी जनता पर पूरा भरोसा है कि इस बार महागठबंधन की सरकार बनेगी।
बिहार में इसी वर्ष के अंत में चुनाव हैं. इसको लेकर राजनीतिक गलियारों में सियासत तेज है। इस बीच आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने मीडिया से बातचीत दौरान कहा कि बिहार की जनता ने मन बना लिया है कि वह नीतीश सरकार से मुक्ति पाना चाहती है. साथ ही कहा कि चुनाव आयोग विपक्ष के सवालों पर गंभीर नहीं है. चुनाव आयोग ने लोकसभा चुनाव में जीती हुई सीटों को हरवा दिया. उन्होंने कहा कि हम नीतीश कुमार के साथ इसलिए आए थे, क्योंकि वो हमारे (आरजेडी के) 10 लाख नौकरियां देने के एजेंडे को पूरा करेंगे।
तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में भाजपा का कोई चेहरा नहीं है। बिहार समाजवादियों का प्रदेश है, हमने बड़े-बड़े आंदोलन यहां देखे हैं, हम देश को जोड़ना चाहते हैं, हम महात्मा गांधी के विचारों पर चलने वाले लोग हैं। लेकिन भाजपा के पास हिंदू-मुस्लिम, मंदिर-मस्जिद के अलावा कोई एजेंडा नहीं है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार बैगेज हैं, उन्हें कभी हमने ढोया कभी बीजेपी ने ढोया... उन्हें अब कोई भी सीएम के पद पर देखना नहीं चाहता।
आरजेडी नेता ने कहा कि तेजस्वी यादव के रहते हुए नीतीश कुमार से गठबंधन नहीं होगा, अब सीधे चुनाव होगा. हम नीतीश कुमार की सेहत को लेकर चिंतित रहते हैं, हम उनकी उम्र को लेकर टिप्पणी करना नहीं चाहते। उन्होंने कहा कि नीतीश कब किसी को क्या बोल दें कोई नहीं जानता. उनकी मैमोरी फिक्स हो चुकी है।
तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार के बेटे के राजनीति में आने को लेकर कहा कि लोकतंत्र में सभी का स्वागत है, जितने नौजवान हैं उन्हें पॉलिसी मेकिंग में होना ही चाहिए। उन्होंने कहा कि हमने उन्हें सीएम बनाया था, न कि उन्होंने हमें डिप्टी सीएम बनाया। उन्होंने कहा कि हमारे पास विजन है, हमने 17 महीने काम करके दिखाया है. मैंने नौकरियों का प्रपोजल बनाया था, हमने युवाओं को नौकरी दी. हमारे पास कई विभाग थे, हम 50 हजार करोड़ का निवेश लेकर आए, हमने रोड-पुल-पुलिया दिया। हमने जो किया हम वही कहेंगे. नीतीश कुमार जो कहते थे कि असंभव है हमने उसे संभव करके दिखाया।
बिहार विधानसभा चुनाव: चिराग पासवान ने कहा-मैं मौसम वैज्ञानिक का सुपुत्र हूं सही.....
15 Mar, 2025 05:43 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार विधानसभा चुनाव इस साल के अंत में होने वाले हैं और इसे लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। आरोप-प्रत्यारोप, वार-पलटवार का दौर जारी है। इसी बीच केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने एक इंटरव्यू के दौरान कहा है कि वह “मौसम वैज्ञानिक” के सुपुत्र हैं और उनके पास सही कैलकुलेशन रहता है। उन्होंने कहा, “मैं गठबंधन में हूं और पूरी निष्ठा से हूं।”
चिराग पासवान से सवाल पूछा गया कि वे किस पार्टी का मुख्यमंत्री देखना चाहेंगे—बीजेपी का या जेडीयू का? इस पर चिराग पासवान ने कहा, “हम लोग मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अगुवाई में चुनाव लड़ने जा रहे हैं। मेरी कुछ नीतियों को लेकर उनसे असहमति थी और इसी कारण 2020 में हम अलग हो गए थे लेकिन फिलहाल बिहार में एनडीए पांच पार्टियों के गठबंधन में पूरी ईमानदारी से शामिल हैं।”
सीट बंटवारे पर क्या बोले चिराग पासवान?
केंद्रीय मंत्री का कहना है कि बिहार के लोगों को जातिवाद से ऊपर उठने की जरूरत है। उन्होंने कहा, “मैंने इस दिशा में काम किया, जिसका असर पिछले चुनाव में भी देखने को मिला था।” सीटों से जुड़े सवाल पर चिराग पासवान से पूछा गया तो उन्होंने कहा, “लोकसभा चुनाव में हमारी पार्टी का सिर्फ एक सांसद था, फिर भी हमें पांच सीटें दी गई थीं। हम उस विश्वास पर खरे उतरे और पांचों सीटें जीतकर पीएम मोदी को सौंप दी थीं। ऐसे में मुझे भरोसा है कि जितनी मेरी इच्छा है उतनी सीटें मुझे जरूर मिलेंगी।”
एक अन्य सवाल के जवाब में चिराग पासवान ने कहा, “मैं तो ‘मौसम वैज्ञानिक’ (पूर्व केंद्रीय मंत्री राम विलास पासवान) का सुपुत्र हूं, कैलकुलेशन करना मेरी रगों में है। यह सब मैंने बचपन से ही देखा और सीखा है। किसी राजनीतिक दल का नेतृत्व करना एक बड़ी जिम्मेदारी है।”
पंडित धीरेंद्र शास्त्री के “हिंदू राष्ट्र” वाले बयान पर चिराग पासवान ने कहा, “अगर कोई धर्मगुरु ऐसी बातें कह रहा है तो कहने दीजिए। हमारी सरकार, हमारे प्रधानमंत्री और हमारे मुख्यमंत्री ऐसी बातें नहीं कर रहे हैं।”
असम में पुलिस अकादमी उद्घाटन में बोले अमित शाह, मोदी सरकार ने असम को शांत किया
15 Mar, 2025 05:14 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को असम के डेरगांव में लचित बरफुकन पुलिस अकादमी का उद्घाटन किया. इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधा. शाह ने कहा कि मोदी सरकार ने अशांत असम को शांत किया. यहां बुनियादी ढांचे का विकास किया और पूर्वोत्तर राज्य के युवाओं के लिए रोजगार सुनिश्चित किया.
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि असम में पुलिस पहले आतंकवादियों से लड़ने के लिए थी, लेकिन अब यह लोगों की मदद के लिए है. इसके कारण पिछले तीन साल में दोषसिद्धि दर 5 फीसदी से बढ़कर 25 फीसदी हो गई है. यह जल्द ही राष्ट्रीय औसत को पार कर जाएगी.
उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों के दौरान असम में 10,000 से अधिक युवा हथियार डालकर मुख्यधारा में शामिल हो गए हैं और राज्य में शांति लौट आई है. शाह ने कहा कि मोदी सरकार असम में हाल ही में आयोजित व्यावसायिक सम्मेलन में प्रस्तावित पांच लाख करोड़ रुपये के निवेश के अलावा तीन लाख करोड़ रुपये की बुनियादी ढांचा परियोजनाएं लाएगी. लचित बरफुकन पुलिस अकादमी अगले पांच वर्ष में शीर्ष अकादमी बन जाएगी, जिसमें विभिन्न चरणों में कुल 1050 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा.
कांग्रेस के डंडे भी खाए और जेल की रोटी भी
डेरगांव में लाचित बरफुकन पुलिस अकादमी के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि मैंने असम में कांग्रेस सरकार के डंडे भी खाए और जेल की रोटी भी खाई. मैं विद्यार्थी काल में असम आया था. हितेश्वर सैकिया असम के मुख्यमंत्री थे. 7 दिनों तक मैंने असम के जेल की रोटी भी खाई है. पूरे देश से लोग असम को बचाने आए. आज मैं असम सरकार को बधाई देना चाहता हूं. आज असम विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है.
हिंदी भाषा थोपे जाने का विरोध जताते हुए जनसेना पार्टी प्रमुख पवन कल्याण ने साधा DMK पर निशाना
15 Mar, 2025 02:05 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
आंध्र प्रदेश: आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और जनसेना पार्टी के प्रमुख पवन कल्याण ने तमिलनाडु पर भाषा नीति को लेकर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु के नेता हिंदी भाषा का विरोध करते हैं, लेकिन तमिल फिल्मों को हिंदी में डब करके मुनाफा कमाने से नहीं कतराते। उनके इस बयान पर डीएमके ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।
पवन कल्याण ने क्या कहा?
दरअसल, पवन कल्याण ने अपनी पार्टी के स्थापना दिवस के मौके पर भाषण देते हुए कहा कि तमिलनाडु में हिंदी भाषा को थोपने का विरोध किया जाता है। लेकिन वहां के फिल्म निर्माता अपनी फिल्मों को हिंदी में डब करके मुनाफा कमाते हैं। अगर उन्हें हिंदी नहीं चाहिए तो वे बॉलीवुड से पैसे लेने से क्यों नहीं कतराते? यह कैसा तर्क है? उन्होंने यह भी कहा कि भारत की एकता के लिए तमिल समेत सभी भाषाओं की जरूरत है।
उन्होंने आगे सवाल उठाया कि तमिलनाडु हिंदी भाषी राज्यों से आए कामगारों का स्वागत करता है। लेकिन हिंदी भाषा को खारिज करता है। तमिलनाडु में उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल के लाखों लोग काम कर रहे हैं। राज्य को हिंदी भाषी राज्यों से राजस्व भी मिलता है, लेकिन वे हिंदी अपनाने को तैयार नहीं हैं। यह विरोधाभास क्यों? क्या इस मानसिकता में बदलाव नहीं आना चाहिए?
डीएमके ने किया पलटवार
डीएमके प्रवक्ता डॉ. सैयद हफीजुल्लाह ने पवन कल्याण की टिप्पणियों को 'तथ्यों से परे' बताया। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु ने कभी किसी को हिंदी सीखने से नहीं रोका। हमारा विरोध केवल जबरन थोपे जाने के खिलाफ है। भाषा नीति और व्यावसायिक निर्णय अलग-अलग चीजें हैं। डीएमके नेताओं ने यह भी कहा कि पवन कल्याण तमिलनाडु की भाषा नीति को ठीक से नहीं समझते हैं।
भाजपा का समर्थन
इस बीच, भाजपा ने पवन कल्याण के बयान का समर्थन किया है। भाजपा नेता विक्रम रंधावा ने कहा कि हिंदी हमारी राष्ट्रीय भाषा है और सरकार इसे पूरे देश में बढ़ावा देना चाहती है। इसे दक्षिण भारत में भी मजबूती से लागू किया जाना चाहिए।
भाषा विवाद और राष्ट्रीय शिक्षा नीति
पवन कल्याण का बयान ऐसे समय में आया है जब केंद्र सरकार और डीएमके के बीच 'तीन भाषा फार्मूले' को लेकर विवाद चल रहा है। केंद्र सरकार ने हाल ही में तमिलनाडु की समग्र शिक्षा योजना के तहत 2,152 करोड़ रुपये की राशि रोक दी थी क्योंकि राज्य ने नई शिक्षा नीति (एनईपी) को लागू करने से इनकार कर दिया था। तमिलनाडु हमेशा से 'तीन भाषा नीति' का विरोध करता रहा है और इसे हिंदी थोपने की कोशिश मानता है। वहीं, केंद्र सरकार का तर्क है कि इस नीति से युवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर रोजगार पाने में मदद मिलेगी।
हरियाणा निकाय चुनाव में बीजेपी की जीत को पीएम मोदी ने बताया ऐतिहासिक
14 Mar, 2025 10:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। पीएम नरेन्द्र मोदी ने हरियाणा नगर निकाय चुनावों में बीजेपी की जीत को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि ये परिणाम सीएम नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली राज्य सरकार के विकास कार्यों में लोगों के अटूट विश्वास की अभिव्यक्ति है। हरियाणा विधानसभा चुनाव में जीत की हैट्रिक लगाने के छह महीने से भी कम समय में सत्तारूढ़ बीजेपी ने बुधवार को राज्य में हुए नगर निगम चुनावों में भारी जीत दर्ज करते हुए महापौर की दस में से नौ सीटों पर कब्जा कर लिया है।
पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट में कहा कि हरियाणा निकाय चुनाव में बीजेपी को मिली ऐतिहासिक जीत के लिए हरियाणा के मेरे परिवारजनों का बहुत-बहुत आभार। उन्होंने कहा कि यह जीत नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में चल रही सरकार के विकास कार्यों के प्रति जनता-जनार्दन के अटूट विश्वास की अभिव्यक्ति है। मैं प्रदेश के लोगों को भरोसा दिलाता हूं कि हम उनकी उम्मीदों और आकांक्षाओं को पूरा करने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। मोदी ने कहा कि इस विजय में पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं के कठिन परिश्रम की बड़ी भूमिका रही है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं की तारीफ भी की।
स्टालिन के कदम के बाद उठे सवाल, क्या राज्य सरकारें रुपये के चिह्न में बदलाव कर सकती
14 Mar, 2025 09:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । देश में भाषा को लेकर चल रही बहस में तमिलनाडु ने आग में घी डालने का काम कर दिया है। तमिलनाडु की स्टालिन सरकार ने अपने राज्य बजट के लोगो के रूप में आधिकारिक भारतीय रुपये के प्रतीक रुपया को तमिल अक्षर ரூ से बदल दिया है। ऐसा पहली बार हुआ है जब देश में किसी राज्य ने रुपये के चिह्न को बदल दिया हो। यह बात सीएम स्टालिन द्वारा राज्य का बजट पेश करने से पहले सामने आई है।
खास बात है कि स्टालिन के कदम को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं। यह उस समय में हुआ है जब आधिकारिक संचार और दस्तावेजीकरण में क्षेत्रीय भाषाओं का उपयोग विवाद का विषय रहा है। अब सवाल है कि क्या राज्य के पास इस तरह रुपये के चिह्न में बदलाव करने का अधिकार है।
रुपये के चिह्न में बदलाव का यह देश में अपनी तरह का पहला मामला है। इससे पहले किसी भी राज्य की ओर से इस तरह का कदम नहीं उठाया गया है। हालांकि, केंद्र की तरफ से रुपये के चिह्न में बदलाव को लेकर कोई स्पष्ट निर्देश नहीं हैं। इसके बाद साफतौर पर यह नहीं कहा जा सकता है कि तमिलनाडु सरकार की तरफ से यह कदम कानून का उल्लंघन है।
यदि रुपये को राष्ट्रीय चिह्न के रूप में मान्यता मिली होती, तब इसमें किसी तरह का बदलाव करने का अधिकार सिर्फ केंद्र के पास रहता। राष्ट्रीय चिह्न की सूची में रुपये का चिह्न नहीं है। राष्ट्रीय चिह्न में बदलाव के संबंध में भारतीय राष्ट्रीय चिन्ह (दुरुपयोग की रोकथाम) एक्ट 2005 बना हुआ है। बाद में इस कानून को 2007 में अपडेट किया जा चुका है। एक्ट के सेक्शन 6(2)(एफ) में इस बात का भी जिक्र किया गया है कि सरकार राष्ट्रीय प्रतीकों की डिजाइन में बदलाव कर सकती है।
कानून के जानकारों के अनुसार जरूरत पड़ने पर केंद्र सरकार के पास राष्ट्रीय चिह्न में हर वहां बदलाव करने की शक्ति है जिसे वे आवश्यक समझती है। एक्ट के तहत सिर्फ राष्ट्रीय चिह्न के सिर्फ डिजाइन में बदलाव किया जा सकता है पूरा डिजाइन नहीं बदला जा सकता है। हालांकि, कई जानकार का मानना है कि केंद्र सरकार के पास सिर्फ राष्ट्रीय प्रतीक के डिजाइन में बदलाव करने की ताकत नहीं है बल्कि वहां पूरा राष्ट्रीय प्रतीक भी बदल सकती है। इसके पीछे कारण है कि भारतीय राष्ट्रीय चिन्ह (दुरुपयोग की रोकथाम) एक्ट 2005 में ऐसा कोई प्रावधान नहीं है जो सरकार को इसतरह बदलाव करने से रोकता है।
लोकसभा में गूंजी औरंगजेब की कब्र को नष्ट करने की मांग, शिवसेना सांसद ने उठाया मुद्दा
13 Mar, 2025 09:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महाराष्ट्र लोकसभा: महाराष्ट्र की राजनीति में औरंगजेब को लेकर हंगामा जारी है। औरंगजेब की तारीफ करने पर सपा नेता और विधायक अबू आजमी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। अब औरंगजेब विवाद की गूंज लोकसभा में भी सुनाई देने लगी है। शिवसेना पार्टी के सांसद नरेश म्हास्के ने बुधवार को लोकसभा में मांग की कि महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर के खुल्दाबाद में स्थित मुगल बादशाह औरंगजेब की कब्र को नष्ट कर दिया जाना चाहिए।
25 फीसदी स्मारक और कब्र मुगल-अंग्रेजों की- सांसद
लोकसभा के शून्यकाल के दौरान शिवसेना के नरेश म्हास्के ने कहा कि भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) द्वारा संरक्षित 3,691 स्मारकों और कब्रों में से 25 फीसदी मुगल और ब्रिटिश अधिकारियों की हैं। इन सभी ने भारत की संस्कृति और परंपराओं के खिलाफ काम किया। शिवसेना सांसद नरेश म्हास्के ने कहा कि औरंगजेब ने छत्रपति संभाजी की हत्या की और हिंदू मंदिरों को लूटा और नष्ट किया।
औरंगजेब की कब्र को संरक्षित करने की क्या जरूरत है? - सांसद
शिवसेना सांसद नरेश म्हस्के ने लोकसभा में कहा कि औरंगजेब, जिसने नौवें और दसवें सिख गुरुओं की भी हत्या की थी, की महाराष्ट्र के खुल्दाबाद में एक कब्र है जिसे एएसआई द्वारा संरक्षित किया गया है। सांसद ने कहा- "औरंगजेब जैसे क्रूर व्यक्ति की कब्र को संरक्षित करने की क्या जरूरत है? औरंगजेब और भारत के खिलाफ काम करने वाले सभी लोगों के स्मारकों को नष्ट कर दिया जाना चाहिए।"
सीएम फडणवीस ने क्या कहा?
इससे पहले महाराष्ट्र की सतारा सीट से भाजपा सांसद और मराठा राजा छत्रपति शिवाजी महाराज के वंशज उदयनराजे भोसले ने छत्रपति संभाजीनगर जिले में स्थित औरंगजेब की कब्र को हटाने की मांग की थी। इस बारे में बात करते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, "हम सभी ऐसा चाहते हैं, लेकिन आपको इसे कानून के दायरे में करना होगा, क्योंकि यह एक संरक्षित स्थल है। इस स्थल को कुछ साल पहले कांग्रेस के शासन के दौरान एएसआई के संरक्षण में दिया गया था।"
सीएम सिद्धारमैया ने डिलिमिटेशन की प्रक्रिया के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का समर्थन किया
13 Mar, 2025 08:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बेंगलुरु। कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया ने तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन द्वारा जनसंख्या आधारित डिलिमिटेशन की प्रक्रिया के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का समर्थन किया। उन्होंने इस मुद्दे पर ऐक्शन की जरुरत पर जोर दिया। वहीं कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने पार्टी आलाकमान की सलाह पर सावधानीपूर्वक कदम उठाने की बात कही है। बेंगलुरु में सिद्धारमैया से एक प्रतिनिधिमंडल मिला और जनसंख्या आधारित डिलिमिटेशन के खिलाफ एकजुट होने पर चर्चा की। इस दौरान स्टालिन ने फोन पर सिद्धरामैया से बात की और कर्नाटक से एक संयुक्त रणनीति बनाने के लिए वरिष्ठ कांग्रेस नेता को नामांकित करने की अपील की। कर्नाटक सरकार ने बयान जारी कर कहा कि कर्नाटक तमिलनाडु के साथ है और यह प्रक्रिया गैर-लोकतांत्रिक है क्योंकि इसे सभी राज्यों की सहमति के बिना किया जा रहा है।
सीएमओ के बयान के मुताबिक सिद्धारमैया ने कांग्रेस पार्टी की ओर से कहा कि वे केंद्र सरकार के ऐसे सभी कदमों की निंदा करते हैं जो कर्नाटक के हितों के खिलाफ हों, लोकतंत्र को कमजोर करे और संविधान के संघीय सिद्धांतों के खिलाफ हो। सीएम स्टालिन के मुताबिक प्रस्तावित संयुक्त कार्रवाई समिति में केरल, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और पंजाब जैसे राज्यों के प्रतिनिधि शामिल हो सकते हैं। इस समिति की पहली बैठक 22 मार्च को चेन्नई में होनी वाली है।
लोकसभा में बुधवार को डीएमके सदस्य डी एम काथीर आनंद ने कहा कि प्रस्तावित डिलिमिटेशन प्रक्रिया उन प्रगतिशील राज्यों जैसे तमिलनाडु को नुकसान पहुंचाएगी, जिन्होंने जनसंख्या वृद्धि को नियंत्रित किया है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि वह केवल जनसंख्या के बजाय राज्यों की आर्थिक प्रदर्शन, प्रति व्यक्ति आय, बुनियादी ढांचे में सुधार जैसे महत्वपूर्ण मानकों को ध्यान में रखते हुए यह प्रक्रिया करे।
वहीं, बीजेपी के सदस्य निशिकांत दुबे ने भी इस मुद्दे को उठाया और पश्चिम बंगाल की सीमाओं से भारतीय सीमा में घुसपैठ करने वाले बांगलादेशी नागरिकों के संदर्भ में चिंता जताई। उन्होंने मांग की कि केंद्र सरकार जब डिलिमिटेशन करे तो इन घुसपैठियों को बाहर रखा जाए।
विनेश फोगाट ने विधानसभा में कहा- मैं यहां पर दुख और गर्व दोनों से भरी हूं
13 Mar, 2025 07:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। कुश्ती संघ से प्रतिबंध हट गया जिससे खेल मंत्रालय के फैसले पर अब राजनीति होने लगी है। कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने इस फैसले को षड्यंत्रों के खत्म होने से जोड़ा है तो वहीं आंदोलन करने वालीं विनेश फोगाट फिर हमलावर हो गई हैं। फोगाट का कहना है कि हमने खेल को बचाने के लिए संघर्ष किया था, लेकिन सरकार ने फिर से खेल को बृजभूषण जैसे इंसान के हवाले कर दिया।
पहलवान से नेता बनीं विनेश फोगाट ने हरियाणा विधानसभा में कहा कि मैं यहां पर दुख और गर्व दोनों से भरी हुई हूं। कई विधायकों और मंत्रियों का कहना है कि उनकी सरकार ने खेल के लिए बहुत कुछ किया। मैं दुख के साथ कहती हूं कि हमने दो साल तक सड़कों पर संघर्ष किया। हम कुश्ती के खेल को बचाने के लिए लड़े, लेकिन अब दो साल पहले आपकी पार्टी ने खेल को फिर से उन्हीं के हाथों में सौंप दिया।
जुलाना सीट से कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट ने सीधे तौर पर बृजभूषण शरण सिंह का नाम नहीं लिया, लेकिन इशारा उनकी ओर ही था। दरअसल कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष संजय सिंह हैं, जो बृजभूषण के करीबी हैं। फोगाट ने विधानसभा से निकलकर भी इस पर बात की। उन्होंने कहा कि संजय सिंह तो कुश्ती महासंघ में एक डमी है। असली कमान तो अब भी बृजभूषण के पास ही है। करीब दो साल से कुश्ती महासंघ पर बैन लगा था, जिसे इसी सप्ताह हटा दिया गया है। मंत्रालय ने गवर्नेंस का मसला बताते हुए महासंघ को 24 दिसंबर, 2023 को निलंबित कर दिया था। इसके बाद चुनाव हुए तो बृजभूषण पर रोक लगा दी गई। यह भी कहा गया है कि बृजभूषण और उनका कोई करीबी फेडरेशन के इलेक्शन से दूर रहेगा। बृजभूषण और उनके परिवार के लोग इस इलेक्शन से दूर रहे, लेकिन उनके करीबी संजय सिंह उतरे। उन्हें कुश्ती संघ का अध्यक्ष चुना गया।
बता दें बजरंग पूनिया, विनेश फोगाट और साक्षी मलिक ने बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोप लगाते हुए दिल्ली में धरना दिया था। इस मामले में बीजेपी के पूर्व सांसद के खिलाफ एफआईआर तक दर्ज है और ट्रायल चल रहा है। हालांकि बृजभूषण अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को खारिज करते रहे हैं। उनका कहना है कि खेल में उनकी ताकत और ईमानदारी को देखते हुए कुछ लोगों ने उनके खिलाफ साजिश रची है।
संसदीय कार्य मंत्री महीपाल ढांडा ने विनेश फोगाट से कहा कि हम आपका किसी पार्टी की नेता के तौर पर सम्मान नहीं करते। आपके सम्मान की वजह है कि देश का मान आपने बढ़ाया है, लेकिन इसका यह मतलब नहीं है कि आप कुछ भी कहें। इस पर विनेश फोगाट ने कहा कि हमने किसी पार्टी के चलते बृजभूषण के खिलाफ संघर्ष नहीं किया। हमारी कोशिश थी कि खिलाड़ियों की आवाज उठाएं और खेल की रक्षा की जाए, लेकिन आज उस खेल को उन्हीं के हाथों में सौंप दिया गया है, जिनसे खेल को खतरा है। इस दौरान विनेश फोगाट ने हरियाणा सरकार से अपील की कि वे खिलाड़ियों के लिए कदम उठाएं।
कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने होली के मौके पर बड़ा बयान, कहा- जिन लोगों को होली के रंगों से परेशानी है, वे वे देश छोड़कर चले जाएं
13 Mar, 2025 06:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय निषाद ने होली के मौके पर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि जिन्हें होली के रंगों से दिक्कत है, उन्हें देश छोड़ देना चाहिए. संजय निषाद ने यह भी साफ किया कि उनकी पार्टी निषाद समाज को एकजुट करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है और निषाद पार्टी बीजेपी में रहते हुए भी अपनी पहचान बनाए रखेगी. उन्होंने यह भी कहा कि उनकी पार्टी समाज के हित में काम करती रहेगी. इसके अलावा उन्होंने आगामी चुनाव को लेकर दावा किया कि उनकी पार्टी निषाद समाज का समर्थन कर बीजेपी को मजबूत करने की इच्छा के साथ आगे बढ़ेगी, वहीं अस्थिरता फैलाने वाली किसी भी रणनीति को नाकाम किया जाएगा।
होली और जुमे की नमाज पर बयान
होली और जुमे की नमाज एक ही दिन पड़ रही है, इस पर उन्होंने कहा, "जुमे की नमाज पढ़ने वाले गले मिलते हैं और होली मनाने वाले भी गले मिलते हैं. दोनों ही गले मिलने और खुशियां बांटने के त्योहार हैं. कुछ राजनेता हैं जो हमें गले नहीं लगने देना चाहते, वे इसमें जहर घोलते हैं, यह उन लोगों के लिए एक संदेश है." उन्होंने कहा, "आज एक खास वर्ग इतने सारे रंगों का इस्तेमाल करता है, रंग-बिरंगे कपड़े पहनता है, घरों को इतने सारे रंगों से रंगता है। वह वर्ग कभी रंगों से परहेज नहीं करता, लेकिन ये नेता हैं जो अलग तरह के रंग का जहर घोलकर काम करना चाहते हैं।"
"खुशियां बांटने का है त्योहार"
होली की खुशी पर उन्होंने कहा, "जब किसी देश की अर्थव्यवस्था सुधरती है, तो खुशियां अपने आप आ जाती हैं। वैसे भी भारतीय संस्कृति में त्योहार खुशियां बांटने का होता है। त्योहार लोगों के जीवन में खुशियां लाने और एक-दूसरे को गले लगाने का होता है। त्योहार ऐसा अवसर होता है जब हम एक-दूसरे को गले लगाकर छोटी-छोटी कड़वाहटों को दूर करते हैं। यह सौभाग्य है कि हमारे जैसे लोग भारत में पैदा हुए, हम हर त्योहार पर एक-दूसरे को गले लगाते हैं और एक-दूसरे के साथ खुशियां बांटते हैं।"
नीतीश कुमार और राबड़ी देवी के बीच तीखी बहस देखने को मिली
13 Mar, 2025 11:41 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना। बिहार विधान परिषद में बुधवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के बीच तीखी बहस देखने को मिली। इस दौरान राबड़ी देवी ने नीतीश कुमार को महिला विरोधी करार दिया और उनके बयानों पर कड़ी आपत्ति जताई।
पूर्व सीएम राबड़ी देवी ने सदन में कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार की महिलाओं का अपमान किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि नीतीश कुमार भांग पीकर सदन में आते हैं और अनाप-शनाप बयान देते हैं। राबड़ी ने यह भी कहा कि 2005 से पहले बिहार में महिलाओं के कपड़े पहनने को लेकर नीतीश का बयान अपमानजनक है। राबड़ी ने कहा, कि नीतीश कुमार कहते हैं कि 2005 में जब उनकी सरकार आई तो महिलाओं ने कपड़े पहनने शुरू किए, तो क्या इससे पहले उनके घर की महिलाएं निर्वस्त्र रहती थीं?
इस पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राबड़ी देवी के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उनकी सरकार ने 2005 से अब तक बिहार में काफी विकास कार्य किए हैं। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि राजद शासन में बिहार में कुछ भी काम नहीं हुआ था। नीतीश ने कहा, कि हमने बिहार में विकास किया, पहले की सरकारों ने सिर्फ वोट की राजनीति की। हमने हिंदू-मुसलमान के झगड़े को खत्म किया और लोगों के लिए काम किया।
राबड़ी देवी के समर्थन में राजद नेता तेजस्वी यादव ने भी नीतीश कुमार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार का अब समय पूरा हो चुका है और उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए। तेजस्वी ने यह भी आरोप लगाया कि नीतीश सदन में महिलाओं पर अनावश्यक इशारे करते हैं। तेजस्वी ने कहा, राबड़ी देवी जब बिंदी लगाती हैं, तो नीतीश कुमार इशारा करके पूछते हैं कि बिंदी क्यों लगाई? ऐसे वीडियो भी बाहर आने चाहिए। बिहार की जनता देख रही है कि सरकार किस तरह चल रही है।
राजद ने किया वॉकआउट
राबड़ी देवी के बयान के बाद राजद विधायकों ने सदन से वॉकआउट कर दिया और बाहर नारेबाजी शुरू कर दी। विपक्ष ने नीतीश कुमार से माफी की मांग की और कहा कि उनका बयान महिलाओं का अपमान है। बिहार की राजनीति में यह विवाद तूल पकड़ता नजर आ रहा है।
कोयंबटूर में गरजे पीएम मोदी: DMK ने छीना महिलाओं का हक, अब जनता सिखाएगी सबक
CM मोहन यादव की सौगात: अब मिनटों में होगा भोपाल से रामराजा सरकार का दर्शन
महिला आरक्षण पर संग्राम: पीएम मोदी के संबोधन को खरगे ने बताया 'चुनावी भाषण'
द्वारका में पुलिस और लगरपुरिया गैंग के बीच मुठभेड़, दो शूटर गिरफ्तार
होर्मुज जलडमरूमध्य में तनाव: ईरानी नौसेना ने दो भारतीय जहाजों पर की फायरिंग
समय से पहले 'जून' का अहसास: देश में गर्मी ने तोड़े रिकॉर्ड
इंदौर मेट्रो: ट्रैक तैयार, सेफ्टी क्लीयरेंस ओके, बस 'महुर्त' का इंतजार
