राजनीति
चुनाव आयोग का ऐलान: बिहार विधानसभा चुनाव में तैनात होंगे 320 आईएएस
29 Sep, 2025 08:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। चुनाव आयोग (ईसीआई) ने बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव और कुछ राज्यों में उपचुनावों के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक (सामान्य, पुलिस और व्यय) तैनात करने का फैसला लिया है। आयोग ने विभिन्न राज्यों में सेवाएं दे रहे कुल 470 अधिकारियों को केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में नियुक्त करने का फैसला किया है। इनमें भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 320 अधिकारी, भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 60 अधिकारी और भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) के 90 अधिकारी शामिल हैं। इसके अलावा, आईआरएएस, आईसीएएस जैसी सेवाओं से अधिकारी इसमें शामिल हैं।
आयोग के मुताबिक, ये सभी अधिकारी बिहार में होने वाले विधानसभा आम चुनाव और जम्मू-कश्मीर, राजस्थान, झारखंड, तेलंगाना, पंजाब, मिजोरम और ओडिशा में होने वाले उपचुनावों के लिए नियुक्त किए जा रहे हैं। चुनाव आयोग ने एक प्रेस नोट में बताया, बिहार विधानसभा चुनाव और कुछ राज्यों में उपचुनाव के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षकों (सामान्य, पुलिस और व्यय) की तैनाती होगी। आयोग संविधान के अनुच्छेद 324 और प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 20बी के तहत प्रदत्त शक्तियों के तहत निर्वाचन क्षेत्रों में चुनाव की निगरानी के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त करता है। पर्यवेक्षक नियुक्ति से लेकर चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक आयोग की देखरेख, नियंत्रण और अनुशासन में कार्य करते हैं।
पर्यवेक्षक यह सुनिश्चित करने की महत्वपूर्ण और गंभीर जिम्मेदारी निभाते हैं कि चुनाव निष्पक्ष, तटस्थ और विश्वसनीय हों, जो हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्था की नींव है। वे आयोग की आंख और कान होते हैं और समय-समय पर रिपोर्ट देते रहते हैं। पर्यवेक्षक आयोग को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और समावेशी चुनाव कराने में मदद करते हैं और साथ ही मतदाताओं की जागरूकता और भागीदारी बढ़ाने में योगदान देते हैं।
पर्यवेक्षकों का मुख्य उद्देश्य उन क्षेत्रों की पहचान कर ठोस सुझाव देना है जिनमें सुधार की जरूरत है। अपनी वरिष्ठता और प्रशासनिक सेवाओं के अनुभव के आधार पर सामान्य और पुलिस पर्यवेक्षक चुनाव के निष्पक्ष संचालन में आयोग की सहायता करते हैं और क्षेत्र स्तर पर चुनाव प्रक्रिया के प्रभावी प्रबंधन की निगरानी करते हैं। व्यय पर्यवेक्षक उम्मीदवारों के चुनाव खर्च की निगरानी करते हैं। जारी प्रेस नोट में आगे कहा गया, चुनाव आयोग ने बिहार विधानसभा चुनाव और जम्मू-कश्मीर (बडगाम एवं नगरोटा), राजस्थान (अन्ता), झारखंड (घाटसिला), तेलंगाना (जुबली हिल्स), पंजाब (तारण-तारन), मिजोरम (डम्पा) और ओडिशा (नुआपाड़ा) में होने वाले उपचुनावों के लिए विभिन्न राज्यों में तैनात 470 अधिकारियों को केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में तैनात करने का निर्णय लिया है।
BJP-RSS के निशाने पर है लद्दाख, राहुल गांधी ने हिंसा में चार लोगों की मौत को बताया हत्या
28 Sep, 2025 09:28 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर हमला करते हुए रविवार को कहा कि लद्दाख के लोग, परंपरा और संस्कृति इनके निशाने पर हैं। कांग्रेस नेता ने प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा में चार लोगों के मारे जाने को ‘हत्या’ करार देते हुए कहा कि सोच समझकर लद्दाख की संस्कृति, परंपरा और वहां के लोगों की ‘हत्या’ की जा रही है। उन्होंने कहा कि लोगों की आवाज दबाई जा रही है इसलिए ही सोनम वांग्चुक को गिरफ्तार करके जेल भेजा गया है।
राहुल गांधी ने कहा “लद्दाख के अद्भुत लोग, संस्कृति और परंपराएं भाजपा और आरएसएस के निशाने पर हैं। लद्दाखियों ने आवाज़ उठाई। भाजपा ने जवाब में चार युवकों की हत्या कर दी और सोनम वांग्चुक को जेल में डाल दिया।” उन्होंने आगे कहा “हत्या बंद करो। हिंसा बंद करो। धमकी बंद करो। लद्दाख को आवाज़ दो। उन्हें छठी अनुसूची दो।”
‘वोकल फोर लोकल’ को खरीदारी का मंत्र बना दीजिए, त्योहारों से पहले PM की जनता से अपील
28 Sep, 2025 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लोगों से स्वदेशी वस्तुओं की खरीदारी करने की अपील करते हुए रविवार को कहा कि ‘वोकल फोर लोकल’ को खरीदारी का मंत्र बनाकर आने वाले त्योहारों को और भी खास बनाया जा सकता है। पीएम मोदी ने अपने मासिक रेडियो प्रसारण कार्यक्रम ‘मन की बात’ में कहा, ‘एक संकल्प लेकर आप अपने त्योहारों को और खास बना सकते हैं। अगर हम ठान लें कि इस बार त्योहार सिर्फ स्वदेशी चीजों से ही मनाएंगे, तो देखिएगा, हमारे उत्सव की रौनक कई गुना बढ़ जाएगी।
उन्होंने जो देते हुए कहा कि ‘वोकल फोर लोकल’ को खरीदारी का मंत्र बना दीजिए। ठान लीजिए, हमेशा के लिए, जो देश में तैयार हुआ है, वही खरीदेंगे। जिसे देश के लोगों ने बनाया है, वही घर ले जाएंगे। जिसमें देश के किसी नागरिक की मेहनत है, उसी सामान का उपयोग करेंगे। जब हम ऐसा करते हैं, तो हम सिर्फ कोई सामान नहीं खरीदते, हम किसी परिवार की उम्मीद घर लाते हैं, किसी कारीगर की मेहनत को सम्मान देते हैं, किसी युवा उद्यमी के सपनों को पंख देते हैं।
उन्होंने कहा ‘त्योहारों पर हम सब अपने घर की सफाई में जुट जाते हैं लेकिन स्वच्छता सिर्फ घर की चारदीवारी तक सीमित न रहे। गली, मोहल्ला, बाजार, गांव हर जगह पर सफाई हमारी जिम्मेदारी बने।’ प्रधानमंत्री ने कहा ‘हमारे यहां यह पूरा समय ‘उत्सवों का समय’ रहता है और दीवाली एक प्रकार से महा-उत्सव बन जाता है’ मैं आप सबको आने वाली दीपावली की भी बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूं, लेकिन साथ-साथ फिर से दोहराऊँगा हमें आत्मनिर्भर बनना है, देश को आत्मनिर्भर बनाकर के ही रहना है और उसका रास्ता स्वदेशी से ही आगे बढ़ता है।’
संघ प्रमुख भागवत ने किया आरएसएस के पथ संचलन का निरीक्षण
28 Sep, 2025 08:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नागपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक मोहन भागवत ने शनिवार को संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में स्वयंसेवकों के वार्षिक पथ संचलन का निरीक्षण किया। इस अवसर पर महाराष्ट्र के सीएम देवेन्द्र फडणवीस और राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले भी मौजूद थे।
वैसे तो पारंपरिक रूप से आरएसएस का पथ संचलन विजयादशमी या दशहरा के अवसर पर होता है, लेकिन इस साल इसे त्योहार से कई दिन पहले निकाला। इस अवसर पर भागवत ने संघ प्रार्थना की ऑडियो रिकॉर्डिंग जारी की। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक संघ प्रमुख भागवत ने कहा कि संघ प्रार्थना भारत माता के प्रति भक्ति, प्रेम और समर्पण की अभिव्यक्ति है। यह इस बात की प्रार्थना है कि हम देश को क्या दे सकते हैं और फिर ईश्वर से प्रार्थना है कि वह हमें देश की सेवा करने में मदद करें।
भड़के थरुर ने दिया जवाब-सचिन तेंदुलकर की सेंचुरी और मकबूल हुसैन की पेंटिंग है इडली
28 Sep, 2025 07:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। दक्षिण भारत का मशहूर डोसा और इडली को बेकार बताने पर कांग्रेस नेता शशि थरूर भड़क गए। उन्होंने इसे मानव सभ्यता का शानदार उपहार बताते हुए कहा कि इडली मकबूल हुसैन की पेंटिंग और सचिन तेंदुलकर की सेंचुरी से कम नहीं है। ये अहसास सिर्फ इसे खाने और इसके स्वाद चखने वाले ही जान सकते हैं।
दरअसल एक्स पर एक यूजर ने इडली को ‘भाप से बनी पछतावा’ और डोसा को बेहतर बताया था। इसी बात से थरूर नाराज हो गए। यह सारा मामला 26 सितंबर को एक पोस्ट से शुरू हुआ, जब अनघा ने एक पोस्ट में शिकायत की, ‘क्यों हमेशा इडली और डोसा ही क्यों, क्या इस देश में कोई और नाश्ता नहीं है? इस पर जवाब देते हुए मोलुट्टी ने मजाकिया लहजे में कहा, डोसा? कोई शब्द नहीं बस सम्मान! इडली तो भाप से बनी पछतावा है।यह टिप्पणी सोशल मीडिया पर वायरल हो गई और यूजर्स ने इस पर अपनी-अपनी राय देनी शुरू कर दी। कुछ ने डोसा की तारीफ की, तो कुछ ने इडली को अपना पसंदीदा बताया। फिर शशि थरूर ने भी इडली-डोसा की इस बहस में कूदते हुए एक लंबी पोस्ट लिख डाली, जिसमें उन्होंने इडली के समर्थन में ढेर सारे तर्क दिए।
थरूर ने लिखा, साफ है कि इन्होंने कभी अच्छी इडली नहीं चखी। एक सच्ची शानदार इडली एक बादल की तरह, एक फुसफुसाहट की तरह, मानव सभ्यता की पूर्णता का एकदम सटीक सपना है। यह चावल और दाल का एक नाजुक, वजनहीन टुकड़ा है, जो भाप से इतना हल्का और फूलदार बनता है कि जीभ पर पिघल जाए। सही चटनी और सांभर के साथ, यह बीथोवेन की सिम्फनी, टैगोर के संगीत, मकबूल हुसैन की पेंटिंग और सचिन तेंदुलकर की सेंचुरी के समान है। इसे ‘पछतावा’ कहना आत्मा, स्वाद, और दक्षिण भारतीय संस्कृति के सबसे बड़े योगदानों की कद्र न करना है।
थरूर की इस पोस्ट के साथ उन्होंने एक तस्वीर भी शेयर की, जिसमें वे पारंपरिक वेशभूषा में एक रसोई में खड़े होकर इडली बनाने की प्रक्रिया में व्यस्त हैं। पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। मोलुट्टी ने जवाब देते हुए लिखा, ‘सर, आपने इडली को एक दिव्य कला के रूप में ऊंचा कर दिया। इसे पढ़ने के बाद मुझे दोबारा इडली खानी पड़ेगी ताकि भावनात्मक रूप से इसे प्रोसेस कर सकूं।
आप सभी तैयार रहें फिर कोई न कोई भारत-विरोधी बयान जरुर आएगा
28 Sep, 2025 06:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी विदेश यात्रा पर गए, बीजेपी ने कसा तंज
नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी विदेश यात्रा पर रवाना हो गए हैं। उनकी इस यात्रा को लेकर बीजेपी ने सवाल खड़े कर दिए हैं। इस बीच कांग्रेस ने कहा कि राहुल गांधी साउथ अमेरिका की यात्रा पर गए हैं। इस यात्रा में वह चार देशों के छात्रों, राजनैतिक नेताओं और बिजनेस लीडर्स से मुलाकात करेंगे।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कहा कि राहुल गांधी दक्षिण अमेरिका की यात्रा पर गए हैं। उन्होंने शुक्रवार से अपनी यात्रा शुरू की थी। उनकी यह यात्रा एक सप्ताह की है। इस दौरान वह साउथ अमेरिका के चार देशों ब्राजील, कोलंबिया, पेरू और चिली में लोगों से मुलाकात करेंगे। राहुल गांधी की इस यात्रा पर बीजेपी ने सवाल उठाए हैं।
बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि राहुल गांधी एक बार फिर से विदेश चले गए हैं। हमेशा की तरह इसके बाद उनकी संदिग्ध लोगों से मुलाकातों की खबरें सामने आ सकती हैं। आप सभी तैयार रहें और फिर, कहीं से, यहां से, वहां से, सामने के दरवाज़े से, खिड़की से या रोशनदान से, कोई न कोई भारत-विरोधी बयान जरुर आएगा। इसलिए, आप सभी इस पर कड़ी नज़र रखें।
बता दें राहुल गांधी की विदेश यात्राओं को लेकर सत्ता पक्ष लगातार सवाल उठाता रहा है। उनकी यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है, जब वह काफी समय से बिहार में चुनावी रण संभाले हुए थे और बीजेपी के ऊपर वोट चोरी को लेकर तीखे हमले बोल रहे थे। बीजेपी की सांसद कंगना रनौत ने राहुल की यात्रा को लद्दाख से भी जोड़ने की कोशिश की उन्होंने लिखा- जब भी राहुल गांधी देश से बाहर होते हैं, कुछ न कुछ होता है।
हालांकि राहुल गांधी की एक सांसद के रूप में पिछली कुछ यात्राएं अघोषित थी, लेकिन उनकी यह दक्षिण अमेरिका की यात्रा नेता प्रतिपक्ष के रूप में हैं। इसमें उनका प्रोटोकॉल की किसी केंद्रीय मंत्री के बराबर है। ऐसे में इस यात्रा में उनके जनता के एक व्यापक वर्ग से मिलने की उम्मीद है।
कांग्रेस सांसद शशि थरूर को मिलेगा फायदा, समिति अध्यक्ष के रूप में कार्यकाल बढ़ेगा
27 Sep, 2025 11:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। संसदीय स्थायी समितियों का कार्यकाल मौजूदा एक वर्ष से बढ़ाकर दो वर्ष किया जा सकता है। सरकार कार्यकाल बढ़ाने वाले विपक्ष के सुझाव पर विचार कर रही है ताकि विधेयकों और नीतिगत मामलों की गहन और विस्तृत जांच की जा सके।
समितियों का कार्यकाल इसी महीने खत्म हो रहा है और इस समय अध्यक्ष को बदलने की संभावना भी नहीं दिख रही है। सरकार अगर कार्यकाल बढ़ाने वाले सुझाव को मान जाती है तो यह कदम राजनीतिक रूप से बेहद अहम होने वाला है।
कांग्रेस सांसद शशि थरूर हो सकता है फायदा?
दरअसल, इससे कांग्रेस सांसद शशि थरूर को एक बड़ा फायदा हो सकता है। वैसे भी उनकी अपनी पार्टी के साथ मतभेदों की चर्चा आम है, ऐसे में केंद्र अगर समितियों का कार्यकाल बढ़ा देती है तो उनका कार्यकाल भी बढ़ जाएगा क्योंकि थरूर को पिछले साल 26 सितंबर को विदेश मामलों की स्थायी समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था और कार्यकाल विस्तार से वह दो और वर्षों तक अध्यक्ष पद पर रह सकते हैं।
कितनी हैं संसद समितियां?
वर्तमान में 24 स्थायी समितियां हैं, जिनमें से प्रत्येक में 31 सदस्य होते हैं। इसमें से 21 लोकसभा से और 10 राज्यसभा से हैं। प्रत्येक समिति किसी विशिष्ट मंत्रालय या विभाग की कार्यवाही, बजट और नीतियों की निगरानी करती है।
अध्यक्षों का नामांकन लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा के सभापति की ओर से किया जाता है, जबकि सदस्यों का चयन राजनीतिक दलों से प्राप्त नामांकन के आधार पर किया जाता है।
स्थायी समितियों का हर साल पुनर्गठन किया जाता है और नए सदस्यों के आने से अक्सर समितियों की निरंतरता बाधित होती है। ऐसी चुनौतियों को देखते हुए, विपक्षी सदस्य विधेयकों, रिपोर्टों और मुद्दों की गहन जांच के लिए समितियों के कार्यकाल में विस्तार की मांग कर रहे हैं।
कांग्रेस बोली – राहुल गांधी की चार देशों की यात्रा, लोकतंत्र और युवाओं पर फोकस
27 Sep, 2025 07:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी इस वक्त दक्षिण अमेरिका के दौरे पर हैं। यहां वे 4 देशों में जाकर राजनीतिक नेताओं, यूनिवर्सिटी के छात्रों और बिजनेस जगत के लोगों से मिलेंगे। कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने इस संबंध में जानकारी दी।
पवन खेड़ा ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, 'लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी दक्षिण अमेरिका की यात्रा पर हैं। वे चार देशों में राजनीतिक नेताओं, विश्वविद्यालय के छात्रों और व्यापार जगत के लोगों से मिलेंगे।'
ओवरसीज कांग्रेसियों ने किया स्वागत
राहुल गांधी इसके पहले अप्रैल में अमेरिका गए थे। उसके बाद से ये उनकी विदेश यात्रा की नई शुरुआत है। बोस्टन लॉगन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहुंचते ही राहुल गांधी का इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के सदस्यों ने स्वागत किया। इस दौरान ओवरसीज कांग्रेस के चीफ सैम पित्रोदा भी वहां मौजूद रहे।
बोस्टन में भी राहुल गांधी ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाया। उन्होंने प्रवासी भारतीयों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत का चुनाव आयोग कॉम्प्रमाइज हो चुका है। उन्होंने महाराष्ट्र चुनाव का उदाहरण दिया और कहा कि इलेक्शन सिस्टम में कुछ बुनियादी खामियां हैं।
राहुल ने कहा, 'महाराष्ट्र में जितने लोग हैं, उनसे ज्यादा लोगों ने वोट दिया और यह सच है। चुनाव आयोग ने शाम 5:30 बजे हमें एक आंकड़ा दिया और दो घंटे बाद 7:30 बजे 65 लाख लोगों ने वोट दे दिया, जो असंभव है।' भाजपा ने इसे लेकर राहुल की आलोचना की है और उन पर राष्ट्रीय संस्थाओं का अपमान करने का आरोप लगाया है।
भाजपा ने तेज की चुनावी तैयारियां, 45 दिग्गजों को सौंपी बिहार में जीत की जिम्मेदारी
27 Sep, 2025 06:32 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार विधानसभा चुनाव की घोषणा से पहले ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी चुनावी तैयारियों को तेज कर दिया है। पार्टी ने चुनाव प्रभारी और सह-प्रभारियों की घोषणा के साथ ही 45 वरिष्ठ नेताओं की विशेष टीम को बिहार भेज दिया है। इन नेताओं को विधानसभा चुनाव में अहम जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
पटना में अमित शाह के साथ हुई NDA की अहम बैठक
शुक्रवार (26 सितंबर, 2025) को पटना में आयोजित एनडीए की रणनीतिक बैठक में गृह मंत्री अमित शाह, बिहार चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, सह-प्रभारी सी.आर. पाटिल और केशव प्रसाद मौर्य, बिहार प्रभारी विनोद तावड़े समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। बैठक में ‘मिशन बिहार फतह’ की रूपरेखा तय की गई और सभी 45 प्रवासी नेताओं को जिम्मेदारियां सौंपकर अलग-अलग लोकसभा क्षेत्रों में भेजा गया।
बूथ से लेकर लोकसभा स्तर तक मजबूत नेटवर्क
भाजपा की रणनीति इस बार बूथ स्तर से लेकर विधानसभा और लोकसभा तक संगठनात्मक ढांचा मजबूत करने की है। देशभर से बुलाए गए 45 नेताओं को हर लोकसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी दी गई है। आने वाले हफ्तों में विधानसभा स्तर पर भी नेताओं की तैनाती की जाएगी। इन नेताओं का उद्देश्य केवल प्रचार नहीं बल्कि स्थानीय कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना और एनडीए गठबंधन की हर सीट पर जीत सुनिश्चित करना है।
इन नेताओं को सौंपी गई जिम्मेदारी
छत्तीसगढ़ से सांसद संतोष पांडेय, विजय बघेल और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडेय को जिम्मेदारी दी गई है। दिल्ली से सांसद रमेश बिधूड़ी, कमलजीत शाहरावत और केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा को तैनात किया गया है। गुजरात से सांसद देवूसिंह चौहान, मितेश पटेल और विधायक अमित ठाकरे शामिल हैं।
हरियाणा से पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल, जम्मू-कश्मीर से सांसद युगल किशोर शर्मा, झारखंड से सांसद मनीष जयसवाल, कालीचरण सिंह, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष रविंद्र राय और पूर्व सांसद सुनील सिंह को जिम्मेदारी मिली है। ओडिशा से सांसद अनंत नायक भी इस सूची में शामिल हैं।
मध्य प्रदेश से मंत्री प्रह्लाद पटेल, गजेंद्र सिंह पटेल, बी.डी. शर्मा, अनिल फिरोजिया, विश्वास सारंग, पूर्व सांसद के.पी. सिंह यादव और अरविंद सिंह भदौरिया को जिम्मेदारी दी गई है।
उत्तर प्रदेश से सांसद सतीश गौतम, राजकुमार चाहर, संगम लाल गुप्ता, पूर्व सांसद विनोद सोनकर, पूर्व मंत्री सतीश चंद्र द्विवेदी, नेता उपेंद्र तिवारी और विधायक शलभ मणि त्रिपाठी को जिम्मेदारी दी गई है। राजस्थान से नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ भी प्रवासी टीम में शामिल हैं।
विधानसभा स्तर पर जल्द होगी नई नियुक्तियां
भाजपा आने वाले हफ्तों में विधानसभा स्तर पर भी प्रवासी नेताओं की नियुक्ति करने जा रही है। पार्टी का लक्ष्य स्थानीय संगठन को सक्रिय कर हर सीट पर एनडीए के लिए जीत सुनिश्चित करना है।
ओडिशा में मोदी का मेगा गिफ्ट पैकेज, ₹60,000 करोड़ की परियोजनाओं से बदलेगा राज्य का चेहरा
27 Sep, 2025 03:32 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
झारसुगुड़ा (ओडिशा): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को ओडिशा के झारसुगुड़ा दौरे के दौरान राज्य को ₹60,000 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने दूरसंचार, रेलवे, उच्च शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास और ग्रामीण आवास जैसे कई क्षेत्रों में योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया।
यह राज्य में भाजपा सरकार बनने के बाद पीएम मोदी का सातवां दौरा है। 12 जून 2024 को मोहन चरण माझी के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद से प्रधानमंत्री लगभग हर दो-तीन महीने में ओडिशा का दौरा कर रहे हैं। झारसुगुड़ा पहुंचने पर राज्यपाल डॉ. हरिबाबू कंभमपति और मुख्यमंत्री माझी ने पीएम का स्वागत किया।
97,500 से अधिक 4G टावरों का लोकार्पण
राष्ट्रीय संचार अवसंरचना को मजबूती देने के लिए पीएम मोदी ने स्वदेशी तकनीक से बने 97,500 से अधिक मोबाइल 4G टावरों का उद्घाटन किया। लगभग ₹37,000 करोड़ की लागत वाली यह परियोजना देशभर में डिजिटल कनेक्टिविटी को नई ऊंचाई देगी।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने ब्रह्मपुर और उधना (सूरत) के बीच चलने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जिससे पर्यटन और रोजगार को नई गति मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा, “प्रधानमंत्री का ध्यान हमेशा ओडिशा के विकास पर रहा है। उनके मार्गदर्शन में राज्य तेजी से प्रगति कर रहा है।”
"भाजपा गरीबों की सरकार है" – पीएम मोदी
जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “ओडिशा आज डबल इंजन की सरकार की रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। भाजपा सरकार गरीबों की सेवा और उन्हें सशक्त बनाने के लिए समर्पित है। हम दलितों, पिछड़ों और आदिवासियों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर ज़ोर दे रहे हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “आज BSNL का नया अध्याय शुरू हो गया है। स्वदेशी 4G सेवाओं का शुभारंभ हो गया है। हमारा संकल्प है भारत को आत्मनिर्भर बनाना – चिप से लेकर जहाज़ तक हर क्षेत्र में देश को स्वदेशी बनाना हमारा लक्ष्य है।”
कांग्रेस पर भी साधा निशाना
प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा, “2014 में जब आपने हमें सेवा का अवसर दिया, तब हमने देश को कांग्रेस के लूटतंत्र से बाहर निकाला। आज भाजपा सरकार में देश में दोगुनी बचत और दोगुनी कमाई का दौर चल रहा है। जब कांग्रेस सत्ता में थी, तब 2 लाख रुपये तक की सालाना आमदनी पर भी टैक्स देना पड़ता था, लेकिन अब ₹12 लाख तक की आय पर कोई टैक्स नहीं देना पड़ता।”
जनसभा के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने झारसुगुड़ा में रोड शो में भी हिस्सा लिया, जहां उन्हें देखने के लिए भारी भीड़ उमड़ी।
बीजेपी को सत्ता में आने से रोकेंगे, बायसी से सरवर को जिताने की अपील - ओवैसी
27 Sep, 2025 03:21 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले एआईएमआईएम (AIMIM) ने सीमांचल क्षेत्र में अपना दूसरा प्रत्याशी घोषित कर दिया है। असदुद्दीन ओवैसी ने पूर्णिया जिले की बायसी विधानसभा सीट से गुलाम सरवर को मैदान में उतारा है। इससे पहले पार्टी ने पूर्वी चंपारण की ढाका सीट से राणा रणजीत सिंह को टिकट दिया था।
बायसी सीट से फिर मैदान में उतरे गुलाम सरवर
गुलाम सरवर इससे पहले भी बायसी से चुनाव लड़ चुके हैं। 2015 में एआईएमआईएम के टिकट पर उन्होंने करीब 16 हजार वोट हासिल किए थे। वहीं 2020 के चुनाव में उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में किस्मत आजमाई और करीब 5 हजार वोट पाकर चौथे स्थान पर रहे।
बायसी सीट पर 2020 में एआईएमआईएम के सैयद रुकनुद्दीन अहमद ने जीत दर्ज की थी, लेकिन बाद में वे आरजेडी में शामिल हो गए थे। इस बार भी इस सीट पर त्रिकोणीय मुकाबले के आसार हैं, क्योंकि एनडीए और महागठबंधन ने अभी अपने प्रत्याशी घोषित नहीं किए हैं।
ओवैसी बोले – बीजेपी को सत्ता में आने से रोकेंगे
असदुद्दीन ओवैसी अपनी "सीमांचल न्याय यात्रा" के तहत शुक्रवार को बायसी पहुंचे और नुक्कड़ सभाओं को संबोधित किया। उन्होंने जनता से गुलाम सरवर को जिताने की अपील की। ओवैसी ने कहा, “एआईएमआईएम इस बार मजबूती से चुनाव लड़ेगी और बीजेपी को सत्ता में आने से रोकेगी।”
उन्होंने महागठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा, “हमने गठबंधन में शामिल होने की इच्छा जताई थी, लेकिन जगह नहीं मिली। अब सभी जानते हैं कि बिहार में बीजेपी की बी-टीम कौन है।”
गठबंधन में शामिल होने का प्रयास रहा नाकाम
एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान ने महागठबंधन में शामिल होने के लिए आरजेडी नेता तेजस्वी यादव को पत्र लिखा था और मीडिया के माध्यम से भी संदेश भेजा। पार्टी ने गठबंधन में छह सीटों की मांग की थी, लेकिन जवाब न मिलने पर उसने अकेले चुनाव लड़ने का फैसला किया।
ढाका सीट से हिंदू प्रत्याशी राणा रणजीत मैदान में
बायसी से पहले ओवैसी मई 2025 में ही पूर्वी चंपारण की ढाका सीट से राणा रणजीत सिंह को टिकट दे चुके हैं। मुस्लिम केंद्रित राजनीति करने वाली एआईएमआईएम ने यहां एक हिंदू उम्मीदवार को उतारा है। राणा रणजीत राजपूत समाज से आते हैं और क्षेत्र में जोर-शोर से प्रचार कर रहे हैं।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि ओवैसी की यह रणनीति एनडीए और महागठबंधन दोनों के समीकरणों को चुनौती दे सकती है।
सीमांचल में ‘आई लव मोहम्मद’ विवाद पर सियासी संग्राम, चुनावी समीकरणों पर असर तय
27 Sep, 2025 03:01 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले सीमांचल का सियासी पारा तेजी से चढ़ गया है। अररिया जिले के जोगबनी में हाल ही में भड़के ‘आई लव मोहम्मद’ विवाद ने अब राजनीतिक रंग ले लिया है। इस मुद्दे पर बीजेपी, आरजेडी और कांग्रेस आमने-सामने हैं और एक-दूसरे पर ध्रुवीकरण की राजनीति का आरोप लगा रहे हैं।
बीजेपी: "सौहार्द ही विकास का असली मॉडल"
बीजेपी प्रवक्ता प्रभाकर मिश्रा ने शुक्रवार (27 सितंबर) को इस विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जोगबनी में हुई आगजनी और दुकानों में लूट की घटनाएं गंभीर हैं और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर इस मामले में एआईएमआईएम सांसद असदुद्दीन ओवैसी की संलिप्तता पाई जाती है तो कार्रवाई की जाएगी। मिश्रा ने कहा, "बिहार में आपसी सौहार्द और भाईचारा बना रहना चाहिए क्योंकि यही विकास का असली मॉडल है। विपक्षी दल जानबूझकर धार्मिक मुद्दों को हवा दे रहे हैं ताकि चुनावी फायदा उठा सकें।"
आरजेडी: "बीजेपी का एजेंडा सिर्फ दो समुदायों को भिड़ाना"
आरजेडी नेता मृत्युंजय तिवारी ने पलटवार करते हुए कहा कि हर चुनाव में बीजेपी का एजेंडा हिंदू-मुस्लिम करना होता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे किसी के बहकावे में न आएं और शांति बनाए रखें। तिवारी ने आरोप लगाया, "बीजेपी उत्तर प्रदेश की सांप्रदायिक राजनीति की आग को अब बिहार में फैलाना चाहती है। आरजेडी रोजगार, सिंचाई और शिक्षा जैसे मुद्दों पर बात कर रही है, जबकि बीजेपी सिर्फ धर्म के नाम पर राजनीति कर रही है।"
कांग्रेस: "नफरत फैलाने वालों की देश में नहीं कोई पूछ"
कांग्रेस प्रवक्ता राजेश राठौर ने कहा कि भारत की असली ताकत मोहब्बत और भाईचारा है, न कि नफरत और हिंसा। उन्होंने कहा, "जो लोग नफरत की बात करते हैं, उनकी देश में कोई पूछ नहीं। देश वही लोगों को सम्मान देता है जो एकता और भाईचारे का संदेश देते हैं। आज पूरा भारत कह रहा है – ‘आई लव यू भारत’, ‘आई लव यू इंडिया’, ‘आई लव यू हिंदुस्तान’ और यही भावना देश में अमन-चैन की गारंटी है।"
सीमांचल के समीकरणों पर असर तय
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि मुस्लिम बहुल सीमांचल क्षेत्र में इस विवाद और उस पर आए बयानों का सीधा असर चुनावी समीकरणों पर पड़ सकता है। बीजेपी जहां घुसपैठ और धार्मिक पहचान को मुद्दा बनाकर अपनी स्थिति मजबूत करना चाहती है, वहीं आरजेडी विकास और सामाजिक न्याय के मुद्दों को केंद्र में रखकर मैदान में उतर रही है।
महिलाओं की अस्मिता पर सियासी जंग, बयानबाजी से गरमाई राजनीति
27 Sep, 2025 10:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को लेकर दिए गए मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के बयान को लेकर कांग्रेस नेता भी तीखी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। पलटवार में भी विवादित बयान दे रहे हैं। विवादित बयानों के लिए अक्सर चर्चा में रहने वाले पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि भाजपा में खाल में छुपे भेड़िए भाई और बहन के रिश्ते को कलंकित कर रहे हैं। वे रिश्तों का महत्व नहीं समझते हैं। उनके बयान से कांग्रेस ही नहीं बल्कि देश की महिलाएं नाराज हैं। मुझे उनका पुतला जलाने आना पड़ रहा हैं। यदि वे सामने होते तो महिलाएं जिंदा जला देतीं।
मंत्री वर्मा ने कहा कि जनता किस तरह के लोगों को चुनकर भेजती है। जनता को यह समझना चाहिए। जिन पर खुद कई केस चल रहे हैं। उन्हें भाई-बहन के रिश्ते का भान नहीं है। इस पवित्र रिश्ते को वे कलंकित कर रहे हैं।
बता दें कि शाजापुर में मंत्री विजयवर्गीय ने राहुल गांधी पर टिप्पणी करते हुए कहा था कि हमारे नेता प्रतिपक्ष अपनी बहन को चौराहे पर चुंबन करते हैं। ये संस्कारों का अभाव है। हम उस संस्कृति के लोग हैं, जहां बहन के घर का पानी तक नहीं पीते। मेरे पिताजी घर से पानी का लोटा तक लेकर जाते थे। उनके इस बयान से कांग्रेस नाराज है और अब मंत्री विजयवर्गीय के खिलाफ कांग्रेसी कई स्थानों पर प्रदर्शन कर रहे हैं।
पटना में प्रियंका गांधी का बड़ा बयान, 2000 महिलाओं से कहा – नीतीश सरकार को हराना होगा
26 Sep, 2025 06:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री और सांसद प्रियंका गांधी दूसरी बार बिहार दौरे पर आ चुकी हैं। पटना के प्रदेश कांग्रेस कार्यालय सदाकत आश्रम में वह 2000 महिलाओं के संवाद किया। इन महिलाओं में मनरेगा मजदूर, जीविका दीदी, आंगनबाड़ी सेविकाएं, आशा वर्कर, वकील और डॉक्टर महिलाएं शामिल थी। प्रियंका गांधी वाड्रा ने महिलाओं से अपील करते हुए कह कि इस चुनाव में आपको सीएम नीतीश कुमार और भाजपा की सरकार को हराना होगा। उन्होंने एनडीए सरकार की मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना पर भी हमला बोला।
प्रियंका गांधी ने कहा कि इस योजना को चुनावी लालच करार देते हुए सरकार की मंशा पर सवाल उठाया और कहा कि चुनाव से ठीक पहले इन्हें महिलाओं की याद क्यों आ गई? पिछले 20 साल से सरकार में कौन है? इन बीस साल में महिलाओं के लिए इन्होंने क्या किया? पिछले 20 साल तक नीतियां किसने बनाईं? तो फिर पिछले 20 साल में आपको 10,000 रुपये क्यों नहीं दिए? सरकार ने यह भी नहीं बताया कि यह राशि हर महीने मिलेगी या नहीं। यह भी क्यों नहीं बताया कि अब आपकी कीमत सिर्फ 10,000 रुपये रह गई है?
महिला मतदाताओं को भ्रमित करने और लुभाने की एक साजिश है
प्रियंका गांधी ने आगे कहा कि सरकार ने अभी तो राशि की घोषणा कर दी है, क्या ये राशि हर महीने दी जाएगी? किसको दी जाएगी? क्या उन्होंने कुछ बताया है? या सिर्फ वोट के समय महिलाओं को पैसे का लालच देकर मतदान करवाना इनका मकसद है? यह सब महिला मतदाताओं को भ्रमित करने और लुभाने की एक साजिश है। लेकिन, महिलाएं अब सब समझती हैं और अब झूठे वादों में नहीं आने वालीं हैं। अपने संबोधन के बाद वह मोतिहारी के लिए रवाना हो गईं। यहां अपनी पहली चुनावी सभा को संबोधित करेंगी।
मोतिहारी में जनसभा को करेंगी संबोधित
पटना में संवाद के बाद प्रियंका गांधी शुक्रवार दोपहर मोतिहारी पहुंचेंगी। पुलिस लाइन में उनका हेलीकॉप्टर उतरेगा। वहां से वह बंद गाड़ी में गांधी मैदान स्थित सभा स्थल जाएंगी, जहां वे कांग्रेस की ‘हर घर अधिकार रैली’ को संबोधित करेंगी। इस रैली में 20 हजार से ज्यादा महिलाओं के शामिल होने का दावा किया गया है।
बिहार विधानसभा चुनाव से पहले तेज प्रताप की नई पार्टी का ऐलान, सियासी माहौल गरमाया
26 Sep, 2025 06:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक हलचल बनी हुई है. चुनाव से पहले ठीक पहले एक और नई पार्टी का जन्म हो गया है. राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और पार्टी से निष्कासित तेज प्रताप यादव ने आज शुक्रवार को ‘जन शक्ति जनता दल’ के नाम से नई पार्टी बनाने का ऐलान कर दिया. कांग्रेस ने नई पार्टी के गठन पर कहा कि हर किसी को चुनाव लड़ने का अधिकार है.
पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव ने नई पार्टी के चुनाव चिन्ह जारी करते हुए कहा कि हम लोग बिहार के संपूर्ण विकास के लिए लंबी लड़ाई लड़ने को तैयार हैं.
नई पार्टी का नाम और चुनाव चिन्ह भी जारी
तेज प्रताप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी नई पार्टी ‘जन शक्ति जनता दल’ का पोस्टर साझा किया, जिसमें उन्होंने खुद को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में दिखाया. साथ ही पार्टी के चुनाव चिह्न के रूप में ब्लैकबोर्ड को दर्शाया गया है.
नई पार्टी पर क्या बोली कांग्रेस
बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले एक और राजनीतिक दल के ऐलान के बाद सियासी हलचल बढ़ गई है. हालांकि कांग्रेस के प्रवक्ता राजेश राठौड़ ने तेज प्रताप की नई पार्टी पर कहा, “लोकतंत्र में हर किसी को चुनाव लड़ने का अधिकार है.”
तेज प्रताप को उनकी नई पार्टी के लिए शुभकामना देते हुए राजेश राठौड़ ने कहा, “तेज प्रताप यादव को बहुत-बहुत शुभकामनाएं. बिहार विधानसभा चुनाव 2 विचारधाराओं के बीच का चुनाव होता है. गांधी की विचारधारा को ही जीत मिलनी है.”
हालांकि, चुनाव आयोग से जुड़े सूत्रों का कहना है कि उन्हें अब तक इस नाम की किसी पार्टी के रजिस्ट्रेशन और उसे चुनाव चिह्न आवंटित किए जाने की कोई जानकारी नहीं है. इससे पहले तेज प्रताप ने अगस्त में दावा किया था कि उनकी अगुवाई में 5 बेहद छोटी राजनीतिक पार्टियों का एक गठबंधन तैयार हो गया है. बिहार में करीब 2 महीने में विधानसभा चुनाव कराए जाने हैं.
चार पीढ़ियों के गवाह समीर अंजान बोले- आज की पीढ़ी भावनाओं को 'झूठा' और 'प्रैक्टिकल' होना सही मानती है।
35वें दिन भी 'धुरंधर' की दहाड़: 1.70 करोड़ की कमाई के साथ कलेक्शन पहुंचा 1121 करोड़ के पार
भोपाल में प्रदर्शन पर कड़ा एक्शन, CM हाउस के आसपास धरना बैन
कासिमाबाद में मातम: घर जाने की तैयारी कर रहा था बेटा, अस्पताल से आई मौत की खबर।
अवैध धर्मांतरण का सीरियाई कनेक्शन: एटीएस खंगाल रही है 100 करोड़ की फंडिंग का सच
हत्या की गुत्थी सुलझी—नौकर के मोबाइल ने उगला खौफनाक सच
तमिलनाडु की राजनीति में नया मोड़, क्या अभिनेता बनेगा अगला नेता? आज होगा फैसला
