देश
दिल्ली के नए सीएम पर सस्पेंस! क्या नया चेहरा लेगा कमान?
10 Feb, 2025 09:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
दिल्ली विधानसभा चुनाव में परचम लहराने के बाद अब भाजपा में नए मुख्यमंत्री के चयन की कवायद तेज हो गई है। इसी कड़ी में पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने रविवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की।
भाजपा ने दिल्ली के विधानसभा चुनाव में हर क्षेत्र और हर समुदाय के बीच अच्छी बढ़त हासिल की है। इसलिए, उसके पास मुख्यमंत्री पद के संभावित उम्मीदवारों की एक बड़ी सूची है।
विभिन्न राज्यों में अपने मुख्यमंत्रियों को चुनने में पार्टी के विकल्पों को अक्सर बड़े राजनीतिक संदेश के रूप में देखा जाता है। ऐसे में राजनीतिक जानकारों का मानना है कि दिल्ली भी कोई अपवाद नहीं होगा।
इन नेताओं के नाम सबसे आगे?
आम आदमी पार्टी (आप) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल को हराने वाले जाट समुदाय के नेता प्रवेश वर्मा का नाम चर्चा में है। इसके अलावा सतीश उपाध्याय, विजेंद्र गुप्ता, आशीष सूद और पवन शर्मा जैसे संगठन के अनुभवी नेताओं के नाम की भी चर्चा है। लेकिन, यहां समझने वाली बात यह है कि भाजपा हमेशा चौंकाने वाले निर्णय लेने के लिए जानी जाती है। वह कम चर्चित नेताओं को भी आगे बढ़ाती रही है।
दिल्ली की अगली सीएम कोई महिला होगी?
भाजपा के एक नेता ने कहा कि पार्टी का शीर्ष नेतृत्व राजनीतिक समीकरणों के आधार पर पूर्वांचल की पृष्ठभूमि वाले किसी व्यक्ति के नाम पर विचार कर सकता है। यही नहीं, वह सिख समुदाय से आने वाले नेता पर भी विचार कर सकता है। आवश्यकता हुई तो शीर्ष नेतृत्व किसी महिला के नाम को आगे बढ़ा सकता है।
अन्य राज्यों जैसे चौंकाने वाले नाम आएंगे सामने?
मध्य प्रदेश, राजस्थान और ओडिशा को लेकर पार्टी ने जो निर्णय लिए, वो किसी से छिपे नहीं हैं। ऐसे में पिछले अनुभव को देखते हुए इस मामले में अटकलों के लिए बहुत कम गुंजाइश बचती है।
भाजपा ने मध्य प्रदेश में मोहन यादव, राजस्थान में भजनलाल शर्मा और ओडिशा में मोहन चरण माझी को चुना। इससे राजनीतिक विश्लेषक हैरान रह गए थे। भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा है कि मुख्यमंत्री पर फैसला पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व लेगा।
भारतीयों के साथ गलत व्यवहार न हो ये सुनिश्चित किया जा रहा है: जयशंकर
9 Feb, 2025 11:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। अमेरिका में कथित रूप से अवैध रूप से रह रहे भारतीयों के डिपोर्टेशन से देश में बड़ा विवाद पैदा हो गया है। भारतीय नागरिकों ने दावा किया है कि उनके हाथ-पैरों में बेड़ियां बांधकर उन्हें सैन्य विमान से वापस भेजा गया। विपक्ष ने संसद में यह मुद्दा उठाते हुए मांग की है कि केंद्र सरकार इस मुद्दे को अमेरिका के साथ सुलझाए। इससे चलते विदेश मंत्री एस जयशंकर को सरकार की ओर मोर्चा संभालना पड़ा। वह राज्यसभा में आए और उन्होंने सभी सवालों का जवाब दिया। जयशंकर ने कहा, अमेरिका द्वारा निर्वासन का आयोजन और क्रियान्वयन इमीग्रेशन एंड कस्टम इंफोर्समेंट (आईसीई) अथॉरिटी द्वारा किया जाता है। आईसीई विमान द्वारा डिपोर्टेशन के लिए जिस एसओपी (मानक संचालन प्रक्रिया) का इस्तेमाल करता है वो 2012 से प्रभावी है। इसके तहत संयम बरतने का प्रावधान है। हमें आईसीई द्वारा सूचित किया गया है कि महिलाओं और बच्चों के लिए कोई प्रतिबंध नहीं है।
जयशंकर ने कहा कि केंद्र सरकार डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन से बात कर रही है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि भारतीयों के साथ गलत व्यवहार न हो। उन्होंने कहा कि यदि कोई देश अपने नागरिकों को अवैध रूप से विदेश में रहते हुए पाता है तो उसे उन्हें वापस लेना होगा। जयशंकर ने कहा, मैं दोहराता हूं कि पांच फरवरी को अमेरिका द्वारा भेजी गई उड़ान के लिए पिछली एसओपी में कोई बदलाव नहीं हुआ है। सबसे पहले, इमीग्रेशन एंड कस्टम इंफोर्समेंट (आईसीई) अथॉरिटी पर एक नजर डालते हैं। रिपोर्ट के अनुसार, आईसीई होमलैंड सुरक्षा विभाग (डीएचएस) की दो प्रमुख एजेंसियों में से एक है। अमेरिकी सीमा शुल्क एवं सीमा सुरक्षा (सीबीपी) डीएचएस की दूसरी प्रमुख एजेंसी है, जो अवैध रूप से सीमा पार करने की कोशिश करने वालों को गिरफ्तार करती है। डीएचएस अमेरिका में इमीग्रेशन को लागू करने के लिए जिम्मेदार है। सीबीपी जहां सीमा पर ध्यान केंद्रित करती है, वहीं आईसीई उन लोगों को हटाने का काम करती है जो अवैध रूप से देश में हैं। डिपोर्टेशन तब होता है जब कोई इमीग्रेशन जज निष्कासन का अंतिम आदेश सुनाता है। इसके बाद अवैध आप्रवासी को वाणिज्यिक विमान या आईसीई उड़ान के माध्यम से मेक्सिको के साथ दक्षिण-पश्चिमी सीमा पर स्थित किसी एक स्थान पर ले जाया जाता है। इसके बाद अवैध आप्रवासियों को कुछ दिनों तक यहां रखा जाता है। बता दें कि बुधवार को डोनाल्ड ट्रंप की अवैध अप्रवासियों पर कार्रवाई के तहत 104 भारतीय नागरिकों को लेकर अमेरिकी वायुसेना का एक विमान अमृतसर में उतरा। डिपोर्ट किए गए लोगों में से अधिकांश पंजाब, हरियाणा और गुजरात से थे।
गौतम अडाणी ने बेटे की शादी पर स्वास्थ्य, शिक्षा और कौशल विकास के लिए किया 10 हजार करोड़ का दान
9 Feb, 2025 10:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अहमदाबाद | अडाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी के छोटे बेटे जीत और दिवा शाह का विवाह संपन्न हो गया है| अरबपति बिजनेसमैन अडाणी ने न सिर्फ विवाह समारोह को सादा रखा बल्कि 10 हजार करोड़ रुपए का दान भी दिया है। उनके दान का एक बड़ा हिस्सा स्वास्थ्य देखभाल, शिक्षा और कौशल विकास पर खर्च किया जाएगा। अडाणी समूह का यह प्रयास समाज के सभी वर्गों को सस्ती कीमतों पर विश्व स्तरीय अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों की सुविधाएं प्रदान करने पर केंद्रित है। इसके अलावा, रोजगार क्षमता के साथ-साथ 12 स्कूलों और उन्नत वैश्विक कौशल अकादमियों के नेटवर्क तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा। उल्लेखनीय है गौतम अडाणी के छोटे बेटे जीत अडानी ने पेनसिल्वेनिया यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की है। वह 2019 में अदानी ग्रुप में शामिल हुए। उन्होंने रणनीतिक वित्त, पूंजी बाजार और जोखिम और शासन नीति की देखभाल करने वाले ग्रुप सीएफओ के रूप में अपना करियर शुरू किया। जीत अदानी एयरपोर्ट्स व्यवसाय के साथ-साथ अदानी डिजिटल लैब्स के प्रमुख हैं। गौतम अडाणी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बेटे जीत की विवाह की तस्वीरें शेयर की हैं। इसके साथ ही उन्होंने करीबी लोगों को न्योता न देने के लिए माफी भी मांगी है| गौतम अडाणी ने लिखा- परमपिता परमेश्वर के आशीर्वाद से जीत और दिवा विवाह के बंधन में बंध गए हैं| शादी अहमदाबाद में पारंपरिक रीति-रिवाज और परिवार के सदस्यों के बीच शुभ मंगल के साथ हुई। यह एक छोटा और निजी समारोह था, इसलिए इच्छा के बावजूद सभी शुभचिंतकों को आमंत्रित न कर पाने के लिए मैं क्षमा चाहता हूं। मैं पुत्री दिवा और जीत के लिए आप सभी के प्यार और आशीर्वाद की कामना करता हूं। विवाह से पहले अडाणी ग्रुप ने मंगल सेवा शुरू की थी| इसके तहत हर साल 500 नवविवाहित दिव्यांग महिलाओं को आर्थिक सहायता दी जाएगी| इससे वे शादी के बाद अपना जीवन स्वाभिमान और आत्मविश्वास के साथ शुरू करने में सक्षम होंगी। अडानी ग्रुप की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक उन्हें नई जिंदगी शुरू करने के लिए हर साल 10 लाख रुपये दिए जाएंगे| जीत अडाणी ने 25 नवविवाहित दिव्यांग महिलाओं और उनके पतियों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की और उन्हें वित्तीय सहायता प्रदान की।
कोलकाता में तीन लोग हथियार और गोला-बारूद के साथ गिरफ्तार
9 Feb, 2025 09:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कोलकाता । पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में पुलिस विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने बुर्राबाजार इलाके से तीन लोगों को गिरफ्तार कर उनके पास से हथियार और गोला-बारूद बरामद किया है।
पुलिस अधिकारी ने इसकी जानकारी दी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि कार से जा रहे तीन लोगों को रोककर और कार की तलाशी के दौरान उसमें से हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया। पुलिस ने मामले में तीनों लोगों को गिरफ्तार किया। ये तीनों उत्तर प्रदेश निवासी हैं। पुलिस अधिकारी ने कहा, कार से नौ एमएम की एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल, सात एमएम की एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल, चार मैगजीन और गोला-बारूद बरामद किया गया। तीनों लोग उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं और उन्हें शस्त्र अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया है।
बुलेट ट्रेन के निर्माणाधीन स्टेशन पर लगी आग, दमकल जवानों ने काफी मशक्कत के बाद काबू पाया
9 Feb, 2025 08:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अहमदाबाद | शहर में बुलेट ट्रेन के निर्माणाधीन स्टेशन पर आग लगने से अफरातफरी मच गई| हांलाकि इस घटना में कोई जानहानि नहीं हुई| घटनास्थल पर पहुंचे फायर ब्रिगेड की टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया| आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चला है| मिली जानकारी के मुताबिक साबरमती बुलेट ट्रेन स्टेशन पर आग सुबह करीब 6.30 बजे के आसपास लगी| घटना की सूचना मिलते ही आग पर काबू पाने के लिए दमकल की 14 गाड़ियां मौके पर भेजी गईं| कुछ मिनट बाद आग पर काबू पा लिया गया। शुरुआती स्तर पर आग लगने का कारण पता नहीं चल पाया है| आग लगने के बाद प्रोजेक्ट के लिए जिम्मेदार एजेंसी नेशनल हाई स्पीड रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (एनएचएसआरसीएल) ने एक बयान जारी कर निर्माण स्थल के एक हिस्से की छत की शटरिंग में आग लगने की जानकारी दी| बयान में कहा गया है कि अस्थायी शटरिंग कार्य के दौरान वेल्डिंग से निकली चिंगारी को आग लगने का संभावित कारण माना जा रहा है। इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है| आग लगने का ठोस कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि अस्थायी शटरिंग कार्य के दौरान वेल्डिंग की चिंगारी से आग लगी होगी।
भाजपा के दिल्ली में प्रदर्शन को महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम शिंदे ने पीएम मोदी के गारंटियों का बताया जादू
8 Feb, 2025 04:02 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
दिल्ली की राजनीति में कई महीनों से चल रहे गर्माहट के बाद अब दिल्ली में भाजपा की सरकार बनना लगभग तय माना जा रहा है। इसी बीच दिल्ली में भाजपा के अच्छे प्रदर्शन को लेकर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री सीएम एकनाथ शिंदे ने बयान दिया है। शिंदे भाजपा के अच्छे प्रदर्शन का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिया है।
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शनिवार को विधानसभा चुनाव में पार्टी के प्रदर्शन का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटियों को दिया। साथ ही उन्होंने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि दिल्ली में झूठ की हार हुई है।
पीएम के गारंटियों का जादू
एकनाथ शिंदे ने दिल्ली में पार्टी के इस प्रदर्शन को लेकर कहा कि यह प्रधानमंत्री मोदी की गारंटियों का जादू है। उन्होंने कहा झूठ की हार हुई है और मतदाता सत्य के साथ खड़े हैं। साथ ही शिंदे ने कहा कि मतदाताओं ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पिछले सप्ताह पेश किए गए केंद्रीय बजट पर भी अपना फैसला सुनाया है।
दिल्ली की जनता ने भाजपा पर जताया विश्वास
शिवसेना के प्रमुख शिंदे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि महाराष्ट्र के बाद दिल्ली के मतदाताओं ने भी भाजपा के नेतृत्व में अपना विश्वास जताया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के विकास में आने वाली बाधाएं दूर हो गई हैं।
मतदाताओं ने केजरीवाल को सिखाया सबक
शिंदे ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि मतदाताओं ने अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी को भी सबक सिखाया है, जिसने संविधान के खतरे में होने का झूठा दावा किया था। बता दें कि शिंदे ने पिछले सप्ताह दावा किया था कि दिल्ली चुनाव के लिए आप के मौजूदा विधायक शिवसेना के संपर्क में हैं, लेकिन वोटों के विभाजन से बचने के लिए उन्हें मैदान में नहीं उतारा गया क्योंकि उनकी पार्टी ने भाजपा को समर्थन देने की घोषणा की है।
भारत के चुनाव आयोग (ईसीआई) द्वारा अपनी वेबसाइट पर खबर लिखे जाने तक जारी मतदान आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली की कुल 70 विधानसभा सीटों में से भाजपा ने 28 सीटें जीती हैं और 20 पर आगे चल रही है, जबकि आप ने 13 सीटें जीती हैं और 9 पर आगे चल रही है।
देश के इस राज्य में भूकंप के झटके महसूस किए गए, जान बचाकर इधर-उधर भागे लोग
8 Feb, 2025 02:55 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
केरल: केरल के इस हिस्से में शनिवार को भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप के झटके केरल के उत्तरी कासरगोड जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में शनिवार तड़के आए। हालांकि बताया जा रहा है कि भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए हैं। पुलिस ने यह जानकारी दी है और बताया है कि किसी तरह के नुकसान की कोई खबर नहीं है। वेल्लारीकुंड पुलिस ने ग्रामीणों के हवाले से बताया कि मालोम, राजापुरम, कोन्नाक्कड़ और आसपास के इलाकों में कुछ सेकंड के लिए भूकंप के झटके महसूस किए गए और लोग अपने घरों को छोड़कर बाहर भागने लगे।
लोग ने बताया आँखो-देखा हाल
एक पुलिस अधिकारी ने कहा, "लोगों ने कहा कि उन्होंने अपने गांव में भूकंप के झटके महसूस किए और जमीन के नीचे से कुछ अप्राकृतिक आवाजें भी सुनीं।" पुलिस ने आगे कहा कि इन इलाकों में कुछ लोगों ने बताया कि भूकंप के झटकों के कारण उनके फोन टेबल से नीचे गिर गए और उनके घर में रखी खाट भी हिल गई। पुलिस ने कहा कि जिला प्रशासन के अधिकारी जल्द ही इस गांव का दौरा करेंगे और विस्तृत जांच करेंगे और उसके बाद जो भी जानकारी मिलेगी उसे साझा किया जाएगा।
मुंबई पुलिस ने सात बांग्लादेशी घुसपैठियों को किया गिरफ्तार
8 Feb, 2025 02:01 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई। मुंबई में शुक्रवार को चार महिलाओं समेत सात बांग्लादेशी घुसपैठियों को गिरफ्तार किया गया। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि ये घुसपैठिए 2020 से अवैध रूप से देश में रह रहे थे। पुलिस ने गिरफ्तार बांग्लादेशियों की पहचान 26 वर्षीय सोहांग अशीर मुल्ला, 26 वर्षीय जाहिदुल इस्लाम इमुल, 25 वर्षीय नोयाम अफजल हुसैन शेख, 23 वर्षीया अलामिन शेख, 24 वर्षीया अलाम तुतुल, 35 वर्षीया तावमिना अख्तर राजू और 35 वर्षीया सलमा मोकसाद अली के रूप में की है।
ये सभी चेंबुर में माहुल में रह रहे थे। सातों ने स्वीकार किया कि वे सभी बांग्लादेश से हैं और मार्च 2020 से बिना वैध दस्तावेज के रह रहे थे। सभी के विरुद्ध विदेशी अधिनियम, पासपोर्ट अधिनियम आदि के तहत मामला पंजीकृत किया गया है। आरसीएफ थाना के अधिकारी ने कहा कि आगे की जांच की जा रही है।
केरल में जाली दस्तावेज के साथ बांग्लादेशी दंपती गिरफ्तार
केरल में जाली दस्तावेज के आधार पर कई वर्षों से रहने वाली दंपती को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने कहा कि 38 वर्षीय दशरथ बनर्जी और उसकी पत्नी 33 वर्षीया मारी बीबी एडावानकड क्षेत्र में स्वयं को भारतीय नागरिक बताकर रह रहे थे। नजारक्कल पुलिस ने ऑपरेशन क्लीन पहल के तहत तलाशी अभियान के दौरान दंपती को गिरफ्तार किया। जाली आधार, मतदाता पहचान पत्र उन्होंने बंगाल में बनवाए थे।
बांग्लादेशी अभिनेत्री मेहर अफरोज शान को पुलिस ने हिरासत में लिया
बांग्लादेश की अंतरिम सरकार की आलोचक रहीं प्रसिद्ध अभिनेत्री और पार्श्व गायिका मेहर अफरोज को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। हिरासत में लिए जाने का कारण अभी नहीं बताया गया है। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त रेजाउल करीम मोलिक ने कहा कि उनके संबंध में कुछ जानकारियां मिली थीं। यह पूछे जाने पर कि कि क्या उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा, उन्होंने कहा कि हमने अभी कोई फैसला नहीं लिया है।
घर को लगाई आग
मेहर अफरोज ने फिल्म क्रिहनोपोक्खो के लिए सर्वश्रेष्ठ महिला पार्श्व गायिका का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीता था। प्रदर्शनकारियों के एक समूह ने जमालपुर में मेहर अफरोज के पैतृक घर को गुरुवार शाम आग लगा दी। यह घर उनके पिता इंजीनियर मोहम्मद अली का था, जिन्होंने अतीत में अवामी लीग के लिए नामांकन मांगा था। उनकी मां बेगम ताहुरा अली 1996-2001 और 2009-2014 तक महिलाओं के लिए आरक्षित सीट से सांसद रहीं।
यूनुस सरकार ने की शांति की अपील
इस बीच, मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने शुक्रवार को शांति का आह्वान किया और नागरिकों से अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना के परिवार और अवामी लीग के नेताओं की संपत्तियों पर हमलों को खत्म कर तुरंत कानून और व्यवस्था बहाल करने का आग्रह किया। कहा कि उनकी संपत्तियों पर हमला उन्हें अंतरराष्ट्रीय ध्यान आकर्षित करने में मदद करता है।
प्रतिबंधित इस्लामी संगठन हुए सक्रिय
सरकार हसीना और उनके समर्थकों पर मुकदमा चलाने की प्रक्रिया में है और दुनिया हमारे साथ है, जबकि कानून-व्यवस्था की यह स्थिति दुनिया को गलत संदेश देगी। वहीं, पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया की अध्यक्षता वाली बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी ने देश की मौजूदा स्थिति पर चिंता व्यक्त की है।
कहा कि अगर मौजूदा स्थिति को प्रभावी ढंग से प्रबंधित नहीं करती है तो देश और सरकार दोनों की स्थिरता को गंभीर खतरे का सामना करना पड़ेगा। इस बीच बांग्लादेश में कई प्रतिबंधित इस्लामी संगठन बेहद सक्रिय हो गए हैं।
राहुल गांधी के बयान पर बवाल, भाजपा और आरएसएस ने जताई कड़ी आपत्ति
8 Feb, 2025 10:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
झारसुगुड़ा। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ ओडिशा में एफआईआर दर्ज की गई है। ओडिशा के झारसुगुड़ा पुलिस थाने में राहुल गांधी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 152 और 197 (1) (डी) के तहत मामला दर्ज किया गया है। राहुल गांधी पर कथित तौर पर "जानबूझकर राष्ट्र-विरोधी" बयान देने का आरोप लगाया गया है। यह भी कहा गया कि इससे हर भारतीय नागरिक आहत हुआ है।
भाजपा नेताओं ने दर्ज कराई शिकायत
एफआईआर के मुताबिक 7 फरवरी को रात साढ़े 11 बजे शिकायत दर्ज कराई गई है। सरबहाल के रहने वाले 42 वर्षीय राम हरि पुजारी ने यह शिकायत दर्ज कराई है। इसमें भाजपा, भाजपा युवा मोर्चा, आरएसएस, बजरंग दल और झारसुगुड़ा जिले के भाजपा विधिक प्रकोष्ठ के सदस्यों ने आरोप लगाया है कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी जानबूझकर राष्ट्र विरोधी बयान दे रहे हैं। इससे प्रत्येक भारतीय आहत है।
पुलिस ने जांच की शुरू
एफआईआर में कहा गया है कि राहुल गांधी के बयान ने अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की सीमाओं को पार कर दिया है। भारतीय राज्य के खिलाफ अपनी लड़ाई की घोषणा करके उन्होंने जानबूझकर लोगों के बीच विध्वंसक गतिविधियों और विद्रोह को उकसाया है। यह भी कहा गया है कि इन बयानों से भारत की संप्रभुता और अखंडता को कमजोर किया है। उधर, शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
राहुल गांधी के इस बयान पर मचा बवाल
राहुल गांधी ने 15 जनवरी को दिल्ली के कोटला रोड पर कांग्रेस पार्टी के नए मुख्यालय के उद्घाटन के दौरान भाषण दिया था। इस दौरान सांसद राहुल गांधी ने कहा, कि आरएसएस की विचारधारा की तरह हमारी विचारधारा भी हजारों साल पुरानी है और यह हजारों सालों से आरएसएस की विचारधारा से लड़ रही है।
यह मत सोचिए कि हम निष्पक्ष लड़ाई लड़ रहे हैं। इसमें कोई निष्पक्षता नहीं है। अगर आपको लगता है कि हम भाजपा या आरएसएस नामक राजनीतिक संगठन से लड़ रहे हैं तो आप समझ नहीं पाए हैं कि क्या हो रहा है? भाजपा और आरएसएस ने हमारे देश की हर संस्था पर कब्जा कर लिया है। अब हम भाजपा, आरएसएस और भारतीय राज्य से ही लड़ रहे हैं।"
88 सौ करोड़ की योजना से बदलेगी युवाओं की तकदीर, कौशल विकास 4.0 को मिली मंजूरी
8 Feb, 2025 09:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
युवाओं को पढा़ई के साथ रोजगार से जोड़ने में जुटी केंद्र सरकार अब उन्हें भविष्य की जरूरत के हिसाब से तैयार करेगी और उनका कौशल विकास भी होगा। इसके लिए सरकार ने कौशल विकास की पहले से चल रही तीन स्कीमों के नए चरण का एलान किया है। जिस पर कुल 88 सौ करोड़ रुपए खर्च होंगे। इनमें सबसे अधिक छह हजार करोड़ अकेले कौशल विकास योजना 4.0 पर खर्च होंगे।
सरकार ने इसके साथ ही 2047 के विकसित भारत के लक्ष्य को देखते हुए कौशल विकास की मैपिंग करने के लिए एक मास्टर प्लान तैयार करने को भी मंजूरी दी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुवाई में शुक्रवार को हुई कैबिनेट की बैठक में पिछले सालों में कौशल विकास को लेकर उठाए गए कदमों पर भी विस्तृत चर्चा की गई।
नेशनल अप्रेटिंसशिप प्रोग्राम पर खर्च होंगे 1942 करोड़
कैबिनेट के फैसलों की जानकारी देते हुए सूचना व प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि इसके साथ ही नेशनल अप्रेटिंसशिप प्रोग्राम को रफ्तार देने की मंजूरी दी गई है। जिस पर 1942 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इसी तरह पिछले क्षेत्रों में स्किल से जुड़े कार्यक्रमों को संचालित करने के लिए जन शिक्षण संस्थान को 858 करोड़ रुपये की राशि दी गई है। यह राशि देशभर के 307 जन शिक्षण संस्थानों पर खर्च होगी।
कौशल विकास स्कीम से 1.60 करोड़ लोग जुड़े
कौशल विकास से जुड़े सवालों का जवाब देते हुए वैष्णव ने कहा कि उद्योगों की मांग और जरूरत को देखते ही कौशल विकास से जुड़े प्रोग्राम चलाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 2015 से अब तक करीब 1.60 करोड़ लोगों को कौशल विकास स्कीम से जोड़ा गया है। इसके साथ ही 39 लाख लोगों को नेशनल अप्रेंटिसशिप प्रमोशन स्कीम का लाभ दिया गया है।
नया रेलवे जोन बनेगा
कौशल को लेकर सरकार का जोर इसलिए भी है क्योंकि नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत 2025 तक स्कूलों और कॉलेजों में पढ़ने वाले 50 प्रतिशत छात्रों को कौशल विकास से जोड़ने की सिफारिश की गई है। कैबिनेट के इसके साथ ही राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के कार्यकाल को तीन सालों के लिए और बढ़ाने की मंजूरी दे दी है। वहीं रेलवे में साउथ कोस्ट नाम से एक नया रेलवे जोन बनाने को भी मंजूरी दी है।
अब सभी भारतीय बैंक इस्तेमाल करेंगे "बैंकडॉटइन" डोमेन, ग्राहकों को मिलेगा लाभ
8 Feb, 2025 09:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
साइबर ठगी और अपराध को रोकने के लिए आरबीआई ने सभी बैंकों के लिए अलग से डोमेन लाने का फैसला किया है। शुक्रवार को आरबीआई के गवर्नर संजय अग्रवाल ने कहा कि बढ़ता साइबर अपराध चिंता का विषय है और इस प्रकार के अपराध को रोकने के लिए बैंकडाटइन नामक डोमेन लॉन्च किया जा रहा है।
दरअसल, बैंकडाटइन डोमेन का इस्तेमाल सिर्फ भारतीय बैंक ही कर सकेंगे। इस सुविधा की शुरुआत इस साल अप्रैल से की जा रही है। सिर्फ बैंक की तरफ से ही इस डोमेन का इस्तेमाल करने से ग्राहकों को बैंकों के मेल या मैसेज को पहचानने में आसानी होगी। अभी ग्राहकों इस बात को लेकर असमंजस में रहते हैं कि कौन से असली लिंक है या कौन से नकली।
बैंकों के लिए होगा अलग डोमेन
बता दें कि अभी साइबर अपराधी किसी बैंक के डोमेन आईडी में अति सूक्ष्म फेरबदल कर नकली आईडी बना देते हैं। कई बैंक डॉटकोडॉटइन का इस्तेमाल करते हैं तो कुछ बैंक डॉटकॉम डोमेन तो कुछ डॉटइन का इस्तेमाल करते हैं। साइबर अपराधी इसका भी फायदा उठाते हैं।
ग्राहकों के लिए पहचान होगी आसान
वर्तमान में ग्राहक इतने ध्यान से किसी बैंक के डोमेन को नहीं देखते हैं, लेकिन जब सभी बैंक डॉटइन डोमेन का इस्तेमाल करेंगे तो ग्राहकों को फर्जी डोमेन और असली डोमेन को पहचानने में दिक्कत नहीं होगी।
आरबीआई गवर्नर ने यह भी कहा इसी तर्ज पर बैंकों के अलावा अन्य वित्तीय संस्थाओं के लिए फिनडॉटइन डोमेन की शुरुआत की जाएगी ताकि पूरे वित्तीय सेक्टर में डिजिटल सुरक्षा को पुख्ता किया जा सके। बैंकडॉटइन डोमेन के पंजीयन की जिम्मेदारी इंस्टीट्यूट फार डेवलपमेंट एंड रिसर्च इन बैंकिंग टेक्नोलाजी (आईडीआरबीटी) पर होगी।
विशेषज्ञों के मुताबिक कई बार बैंक की साइट पर जाने के लिए गूगल में सर्च करने पर एक ही बैंक के दो-तीन डोमेन से लिंक दिखने लगते हैं। साइबर फ्राड ठगी के लिए इस प्रकार की साइट बनाते हैं। ऐसे में ग्राहक असमंजस में आकर गलत लिंक पर क्लिक कर देता है और ठगी का शिकार हो जाता है।
चुनाव आयोग पर राहुल गांधी बड़ा हमला, कहा- चुनाव में धांधली की गई, दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस
7 Feb, 2025 01:46 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
दिल्ली: लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, शिवसेना यूबीटी सांसद संजय राउत और एनसीपी-एससीपी सांसद सुप्रिया सुले ने दिल्ली में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव आयोग पर हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग पर गंभीर सवाल हैं। महाराष्ट्र चुनाव में धांधली हुई है। वहीं, राहुल गांधी के बगल में बैठे संजय राउत ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की अंतरात्मा मर चुकी है। ये अतिरिक्त 39 लाख मतदाता कहां जाएंगे? ये बिहार जाएंगे। इनमें से कुछ दिल्ली चुनाव में देखे गए हैं। ये अब बिहार और फिर यूपी जाएंगे।
राहुल गांधी ने कहा, 'हम इस टेबल पर महाराष्ट्र में पिछला चुनाव लड़ने वाले पूरे विपक्ष का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। हम चुनाव के बारे में कुछ जानकारी लेकर आने वाले हैं। हमने मतदाताओं और वोटिंग लिस्ट के विवरण का अध्ययन किया है। हमारी टीमें काम कर रही हैं और हमें कई अनियमितताएं मिली हैं।'
राहुल गांधी ने कहा कि वोटर लिस्ट में कई खामियां हैं। 5 महीने में 7 लाख मतदाता जोड़े गए। चुनाव से पहले इतने मतदाता कैसे जुड़ गए। वहीं चुनाव आयुक्त के चयन की प्रक्रिया में भी बदलाव किया गया है। राहुल गांधी ने कहा, 'विधानसभा चुनाव 2019 से लोकसभा 2024 के बीच 5 साल में 32 लाख मतदाता जुड़े। लेकिन, लोकसभा 2024 से विधानसभा चुनाव के बीच 5 महीने की अवधि में 39 लाख मतदाता जुड़े। सवाल यह है कि ये मतदाता कौन हैं? दूसरा मुद्दा यह है कि महाराष्ट्र में राज्य की कुल मतदाता आबादी से अधिक मतदाता क्यों हैं? किसी तरह अचानक महाराष्ट्र में मतदाता बना दिए गए।' राहुल गांधी ने कहा कि हम चुनाव आयोग से कह रहे हैं कि हमें विसंगतियां मिल रही हैं। हमें महाराष्ट्र के मतदाताओं के नाम और पते वाली मतदाता सूची चाहिए। हमें लोकसभा चुनाव की मतदाता सूची चाहिए। हमें विधानसभा चुनाव की मतदाता सूची चाहिए क्योंकि हम समझना चाहते हैं कि ये नए नाम क्या हैं। कई मतदाता ऐसे हैं जिनके नाम हटा दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि एक बूथ के मतदाताओं को दूसरे बूथ में स्थानांतरित कर दिया गया है। इनमें से अधिकांश मतदाता दलित समुदाय, आदिवासी समुदाय और अल्पसंख्यक समुदाय से आते हैं। हमने चुनाव आयोग से बार-बार अनुरोध किया है। उन्होंने हमें कोई जवाब नहीं दिया है। विपक्ष के नेता ने संसद भवन में यह बात कही है। चुनाव आयोग ने कोई जवाब नहीं दिया है। अब उनके जवाब न देने का एकमात्र कारण यह है कि उन्होंने जो किया है उसमें कुछ गड़बड़ है। मैं कोई आरोप नहीं लगा रहा हूं। मैं यहां स्पष्ट रूप से आंकड़े पेश कर रहा हूं।
वायुसेना के लड़ाकू विमान बार-बार क्रैश क्यों हो रहे? इन 3 रिपोर्ट्स में समझिए वजह
7 Feb, 2025 01:08 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
वायुसेना का मिराज-200 फाइटर जेट मध्य प्रदेश के शिवपुरी में देखते ही देखते आग का गोला बन गया. रक्षा विभाग के मुताबिक फाइटर विमान ने ग्वालियर एयरबेस से उड़ान भरी थी, जो कुछ ही दूर जाने के बाद दुर्घटना का शिकार हो गया. विभाग का कहना है कि अब जांच के बाद यह पता चल पाएगा कि आखिर फाइटर जेट आग का गोला क्यों बन गया?
भारत में हर साल औसतन 7 फाइटर जेट हवा में ही आग का गोला बन जा रहा है. ये आंकड़े 2017 से 2022 के बीच की है. सवाल उठ रहा है कि आखिर ऐसी क्या वजह है जो उड़ने के साथ ही विमान आग का गोला बन जा रहा है?
4 साल में 4 फाइटर सिर्फ एमपी में क्रैश
2021 में मध्य प्रदेश के भिंड में मिराज क्रैश कर गया. इस हादसे को लेकर संसद में भी सवाल उठा था. 2023 में मध्य प्रदेश के मुरैना में दो विमान क्रैश हो गया. एक सुखोई तो दूसरा मिराज का था. इस हादसे में पायलट को भी अपनी जान गंवानी पड़ गई.
अब 2025 में मध्य प्रदेश के शिवपुरी में फाइटर जेट हवा में ही आग का गोला बन गया. हालांकि, इस हादसे में पायलट और को-पायलट सुरक्षित बच गए. दोनों का इलाज ग्वालियर के अस्पताल में चल रहा है.
कहा जा रहा है कि अब पूरे हादसे की वायुसेना कोर्ट ऑफ इन्कॉयरी कराएगी. इसके बाद हादसे के असल कारणों का पता चल सकेगा.
आग का गोला क्यों बन रहे फाइटर प्लेन?
दिसंबर 2024 में रक्षा मामलों की संसदीय समिति ने एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार की है. इस रिपोर्ट में 2017 से लेकर 2022 तक के सभी हादसों की रिपोर्ट को संलग्न किया गया है. रिपोर्ट में कहा गया है कि वायुसेना ने कारणों का पता लगा लिया है और उचित कार्रवाई भी कर दी है.
रिपोर्ट के मुताबिक हादसे की एक बड़ी वजह ह्यूमन एरर (मानवीय भूल) है. रक्षा विभाग ने इस भूल को भी दो भागों में विभाजित किया है. इसके तहत एक भूल सर्विस और एक एयर क्रू में बांटा गया है.
करीब 60 फीसद हादसे मानवीय भूल की वजह से हुई है. 2017-2022 तक 19 हादसे विमान में बैठे पायलट के मानवीय गलती की वजह से हुई. वहीं एक विमान सर्विस विभाग के ह्यूमन एरर की वजह से आग का गोला बन गया.
20 फीसद हादसे टेक्निकल कारणों से हुए. टेक्निकल कारण क्या थे, इसका उल्लेख संसदीय समिति की रिपोर्ट में नहीं है. एक हादसा पक्षी की वजह से हो गया. वहीं दो बार फाइटर जेट बाहरी डैमेज के कारण नीचे गिरा.
2019 में फाइटर जेट के हादसे की न्यायिक जांच को लेकर वकील अलख आलोक ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की थी, जिसे खारिज करते हुए तत्कालीन चीफ जस्टिस रंजन गोगोई ने कहा था कि हम 3 या 3.5 पीढ़ी के मिराज का उपयोग कर रहे हैं. इसका दुर्घटनाग्रस्त होना तय है.
यानी हादसे के लिए विमान का पुराना होना भी एक मु्ख्य वजह है. हालांकि, सरकार या रक्षा स्तर पर इसको लेकर अब तक कोई टिप्पणी नहीं की जाती है.
इतना ही नहीं, कैग ने 2015 की अपनी रिपोर्ट में एयरक्रू और इंजीनियरों की कमी को भी रेखांकित किया था. कैग का कहना था कि वायुसेना को जितने एयरक्रू की जरूरत है, उतने एयरक्रू उनके पास नहीं है.
हैवानियत की हदें पार, तीन शिक्षकों ने 13 वर्षीय छात्रा से किया रेप; तीनों आरोपी गिरफ्तार
7 Feb, 2025 12:59 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कृष्णागिरी। तमिलनाडु में हैवानियत की हदें पार करने का एक मामला सामने आई है। राज्य के कृष्णागिरी जिले के एक सरकारी मिडिल स्कूल में तीन शिक्षकों ने 13 वर्षीय छात्रा का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया।
तीनों आरोपी गिरफ्तार
कृष्णागिरी कलेक्टर के अनुसार, तीनों आरोपी शिक्षकों को यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (POCSO) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है।
उन्हें जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) द्वारा निलंबित भी किया गया है।
कलेक्टर ने कहा कि आरोपी शिक्षकों को 15 दिनों के लिए पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। सभी से पूछताछ की जा रही है।
लड़की डर के चलते 3 जनवरी से स्कूल नहीं गई थी, जिसके बाद स्कूल के अधिकारियों ने उसके घर जाकर व्यक्तिगत रूप से जांच की। पीड़िता को आवश्यक परामर्श दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
अधिकारियों ने कहा कि पता लगा कि बच्ची प्रभावित हुई है। स्कूल के शिक्षकों के मार्गदर्शन पर, लड़की के माता-पिता ने बरगुर ऑल वूमेन पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस स्टेशन की सिफारिश के आधार पर, पीड़िता के माता-पिता ने बाल सुरक्षा अधिकारी से संपर्क किया।
इसके बाद पीड़िता को आवश्यक परामर्श दिया गया है। जिला बाल सुरक्षा अधिकारी और पुलिस मामले की जांच कर रहे हैं।
उत्तर भारत में सर्दी का प्रकोप, हिमाचल और राजस्थान में शीतलहर का अलर्ट
7 Feb, 2025 10:36 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
दिल्ली-एनसीआर में सूरज देवता दिन में जमकर चमकर रहे हैं। हालांकि दिन में चल रही ठंडी हवाओं ने ठंड अभी तक बरकरार रखी है। वहीं, मौसम विभाग के मुताबिक यूपी में आज हल्का कोहरा छाएगा। अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में व्यापक वर्षा हो सकती है। हिमाचल प्रदेश और उत्तरी राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में शीत लहर की स्थिति होने की संभावना है। हिमाचल और कश्मीर के ऊपरी इलाकों में बर्फबारी की संभावना है।
आज अरुणाचल प्रदेश में भारी वर्षा होने की संभावना
एक पश्चिमी विक्षोभ (डब्ल्यूडी) को पश्चिम अफगानिस्तान और उसके पड़ोस पर एक चक्रवाती परिसंचरण के रूप में देखा जाता है और एक और ताजा डब्ल्यूडी 8 फरवरी से उत्तर पश्चिम भारत को प्रभावित करने की उम्मीद है। 6-7 फरवरी को अरुणाचल प्रदेश और उत्तर-पूर्व असम में छिटपुट हल्की वर्षा/बर्फबारी की गतिविधि होने की संभावना है, 7 फरवरी को अरुणाचल प्रदेश में छिटपुट भारी वर्षा होने की संभावना है।
हिमालय क्षेत्र में होगी बर्फबारी
एक और पश्चिमी विक्षोभ के परिणामस्वरूप 8-11 फरवरी तक पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में छिटपुट हल्की वर्षा/बर्फबारी की गतिविधि होने की संभावना है।जहां तक पारे के स्तर की बात है, इस अवधि के दौरान भारत में अधिकतम तापमान सामान्य के करीब या उससे ऊपर रहेगा, जबकि गुजरात और आसपास के क्षेत्रों में सामान्य से कम तापमान होगा और गुरुवार के बाद मध्य और पूर्वी भारत में इसका विस्तार होगा। इस अवधि के दौरान भारत के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी ऊपर रहेगा।
यूरोपीय जलवायु एजेंसी ने गुरुवार को बताया कि ला नीना विकसित होने के बावजूद इस वर्ष की जनवरी दुनियाभर में सबसे गर्म रिकार्ड की गई, जबकि ला नीना के प्रभाव से वैश्विक तापमान में कमी आती है। ऐसा तब हुआ है जब 2024 दुनियाभर में सबसे गर्म वर्ष रहा और पहली बार औद्योगिक काल से पूर्व के स्तर से वैश्विक तापमान में औसत वृद्धि 1.5 डिग्री सेल्सियस रही।
वैश्विक तापमान में वृद्धि 1.5 डिग्री से ऊपर रही
कोपरनिकस क्लाइमेट चेंज सर्विस (सी3एस) के अनुसार, जनवरी-2025 में औसत तापमान 13.23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो पिछली सबसे गर्म जनवरी (2024) से 0.09 डिग्री अधिक था और 1991-2020 के औसत से 0.79 डिग्री अधिक था। विज्ञानियों ने यह भी पाया कि जनवरी में धरती का तापमान औद्योगिक काल से पूर्व के स्तर से 1.75 डिग्री सेल्सियस से अधिक था। पिछले 19 महीनों में से 18 में वैश्विक तापमान में वृद्धि 1.5 डिग्री से ऊपर रही है।
'जनवरी-2025 एक और आश्चर्यजनक महीना है, जिसमें ट्रोपिकल पैसिफिक क्षेत्र में ला नीना की स्थिति विकसित होने और वैश्विक तापमान पर उनके अस्थायी कूलिंग इफेक्ट के बावजूद पिछले दो वर्षों के दौरान दर्ज किए गए रिकॉर्ड तापमान जारी रहा।'' ला नीना ऐसी स्थिति है, जिसमें मध्य प्रशांत महासागर की सतह का जल सामान्य से अधिक ठंडा हो जाता है, जिससे विश्वभर का मौसम प्रभावित होता है।
पाक के ऊपर स्थित एक पश्चिमी विक्षोभ के कारण तापमान में बड़ी गिरावट आई
आइएमडी ने गुरुवार को बताया कि उत्तरी पाकिस्तान के ऊपर स्थित एक पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर भारत में तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। यह प्रणाली धीरे-धीरे पूर्व की ओर बढ़ रही है, जिससे इस क्षेत्र में मौसम प्रभावित हो रहा है।
दिल्ली के तापमान में -2.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज
आइएमडी की वैज्ञानिक सोमा राय के मुताबिक -''वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान और उससे जुड़ी ट्रफ के ऊपर है। यह धीरे-धीरे पूर्व की ओर बढ़ रहा है। वहां कल बहुत बारिश हुई थी। इससे पूरे उत्तर पश्चिम भारत में तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई है। दिल्ली के तापमान में -2.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है।''
भक्ति में डूबा केदारनाथ: कपाट खुलते ही फूलों की बारिश, CM धामी ने कराई विशेष पूजा
डीएम का सख्त आदेश: कक्षा 8 तक के सभी निजी और सरकारी स्कूल सुबह 7:30 से खुलेंगे।
बीजेपी का मिशन 2026: तावड़े की 'सीक्रेट' मीटिंग और कार्यकर्ताओं को वैचारिक धार।
सुरक्षा चाक-चौबंद: चारधाम यात्रा में 7000 पुलिसकर्मी और हाईटेक सर्विलांस
आज का पंचांग
मृत्यु के बाद भी नहीं मिलती मुक्ति! गरुड़ पुराण में बताए गए भयावह दंड
