देश
ईडी ने TMC विधायक को धर दबोचा, भर्ती घोटाले की जांच में नया मोड़
25 Aug, 2025 03:25 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में टीएमसी विधायक जीवन कृष्ण साहा के आवास पर ईडी के अधिकारियों ने छापा मारा और उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने स्कूल शिक्षकों की भर्ती में कथित अनियमितताओं की जांच के सिलसिले में ये एक्शन लिया है।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने इस संबंध में बताया कि जैसे ही विधायक को छापेमारी की जानकारी मिली, उन्होंने कथित तौर पर परिसर की चारदीवारी फांदकर अपने घर से भागने की कोशिश की।
अधिकारी कर रहे विधायक से पूछताछ
रिपोर्ट अनुसार, एक अधिकारी ने बताया कि जैसे ही विधायक ने भागने की कोशिश की। इस दौरान विधायक का पीछा किया गया और हमारे अधिकारियों ने उन्हें पास के इलाके में पकड़ लिया। अब हमारे अधिकारी उनसे पूछताछ कर रहे हैं।
ईडी के अधिकारी का कहना है कि कथित स्कूल शिक्षक भर्ती घोटाले के सिलसिले में बीरभूम जिले के एक व्यक्ति द्वारा किए गए धन लेन-देन की सूचना के आधार पर छापेमारी की गई।
साहा की पत्नी से भी हुई पूछताछ
वहीं, एक अधिकारी ने इस संबंध में बताया कि बीरभूम जिले का यह व्यक्ति आज सुबह ईडी टीम के साथ साहा के घर गया था। केंद्रीय जांच एजेंसी ने इससे पहले घोटाले के सिलसिले में साहा की पत्नी से पूछताछ की थी।
पहले CBI ने किया था गिरफ्तार
गौरतलब है कि सीबीआई ने कथित स्कूल भर्ती घोटाले के सिलसिले में अप्रैल 2023 में टीएमसी विधायक जीवन कृष्ण साहा को गिरफ्तार किया था। इसी साल मई में उन्हें जमानत मिली थी।
ध्यान देने वाली बात है कि प्रवर्तन निदेशालय कथित घोटाले के धन शोधन पहलू की जांच कर रहा है, जबकि सीबीआई इससे जुड़े आपराधिक संबंधों की जांच कर रही है।
इंडिगो फ्लाइट डायवर्ट, असम सीएम भी थे सवार; यात्रियों की चिंता बढ़ी
25 Aug, 2025 02:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। डिब्रूगढ़ से गुवाहाटी जाने वाली इंडिगो की एक फ्लाइट को खराब मौसम के कारण रविवार को अगरतला डायवर्ट करना पड़ा था। इस प्लेन में असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा भी तैनात थे। मौसम में सुधार होने के बाद प्लेन को अगरतला से रवाना कर दिया गया है।
असम के मुख्यमंत्री कार्यालय ने इस संबंध में एक बयान भी जारी किया था। इसमें कहा गया था कि खराब मौसम के कारण सीएम हिमंता बिस्वा सरमा की फ्लाइट को अगरतला डायवर्ट किया गया। बता दें कि इंडिगो ने भी गुवाहाटी में खराब मौसम पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए यात्रियों के लिए एक एडवाइजरी जारी की थी।
असम के सीएम थे सवार
दरअसल डिब्रूगढ़ से इंडिगो की फ्लाइट गुवाहाटी के लिए रवाना हुई थी। इसी फ्लाइट से असम के सीएम हिमंता बिस्वा सरमा भी जा रहे थे। लेकिन गुवाहाटी में मौसम काफी खराब था। लिहाजा स्थिति को देखते हुए फ्लाइट को अगरतला डायवर्ट कर दिया गया।
इंडिगो की तरफ से कहा गया कि लगातार हो रही बारिश और गरज के कारण उड़ानें प्रभावित हो रही हैं। मौसम विभाग ने भी गुवाहाटी शहर और आसपास के क्षेत्रों के लिए 7 दिनों का मौसम पूर्वानुमान जारी किया था। इसमें 24 अगस्त 2025 के लिए गुवाहाटी में 14:30 बजे से 20:30 बजे तक बादल छाए रहने और गरज के साथ बारिश होने की प्रबल संभावना जताई गई थी।
क्रू मेंबर्स की सूझबूझ ने जीता दिल, सोशल मीडिया पर जमकर हो रही तारीफ
25 Aug, 2025 01:12 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। नई दिल्ली से बेंगलुरु जा रही जा रहे एक एअर इंडिया के विमान में अचानक एक महिला यात्री की तबीयत बिगड़ गई। इस स्थिति को विमान में मौजूद क्रू मेंबर ने जो फैसला लिया, उसके वजह से अब उनकी जमकर तारीफ हो रही है।
दरअसल, इसी विमान में यात्रा कर रहे एक यात्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस मामले का जिक्र किया है। यात्री ने पोस्ट में बताया कि विमान में उनकी सीट के पीछे वाली सीट पर बैठी एक महिला की तबीयत अचानक खराब हो गई। उसके नाक से लगातार खून निकलने लगा। इसके बाद पायलट और क्रू मेंबर द्वारा त्वरित चिकित्सा प्रक्रिया शुरू की गई, जो सराहनी है।
महिला को विमान में ही पहुंचाई गई मेडिकल सुविधा
बता दें कि मारियो दा पेन्हा नाम के एक यात्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि आज रात नई दिल्ली से बेंगलुरु जाने वाली मेरी एअर इंडिया की उड़ान संख्या एआई 2807 में एक बेहद चिंताजनक चिकित्सकीय स्थिति देखने को मिली। उन्होंने लिखा कि मेरे पीछे वाली सीट पर बैठी एक महिला की नाक से लगातार और बहुत अधिक खून निकलने लगा।
उन्होंने कहा कि इसकी जानकारी होते ही फ्लाइट अटेंडेंट ने तुरंत एक्शन लिया और उसके शुरुआती सहायता प्रदान की गई। इस दौरान सर्जिकल दस्ताने पहने के साथ उन्होंने महिला की मदद की। किसी तरीके से स्थिति को कंट्रोल में लिया गया। यात्री ने कहा कि स्टाफ द्वारा सलीके से सर्जिकल दस्ताने को मेडिकल कचरे के बैग में रखा गया।
फ्लाइट समय से 16 मिनट पहले पहुंची
यात्री ने अपने पोस्ट में दावा किया है कि महिला को जल्दी मेडिकल सुविधा मुहैया हो सके, इसको देखते हुए पायलट ने थोड़ी तेजी दिखाई। विमान बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर निर्धारित समय से 16 मिनट पहले उतरा। विमान के वहां पहुंचने से पहले ही चिकित्सक वहां मौजूद था, जिसने महिला को तुरंत सहायता पहुंचाई।
विमान में यात्रा कर रहे दा पेन्हा ने इस मदद के लिए एअर इंडिया के चालक दल और बेंगलुरु हवाई अड्डे के कर्मचारियों की सराहना की है। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि उड़ानों में सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बहुत धैर्य और कौशल की आवश्यकता होती है। जिसमें अधिकांश अनदेखी अक्सर देखने को मिलती है। हालांकि, एअर इंडिया और हवाई अड्डे के कर्मचारियों द्वारा आज रात की घटना से निपटने के तरीके के लिए आभार और सम्मान का एक नोट है। मुझे आशा है कि महिला जल्द ही ठीक हो जाएगी।
ईकोफ्रेंडली पहल: 51 हजार सोयाबीन से सजे गणपति बप्पा के अनोखे दर्शन
25 Aug, 2025 11:05 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सागर/बीना: 27 अगस्त से गणेशोत्सव का पर्व शुरू होने जा रहा है. ऐसे ही सागर जिले के बीना के एक स्थानीय मूर्ति कलाकार अशोक साहू पिछले 38 सालों से पर्यावरण को ध्यान में रखकर केवल एक ही इको फ्रेंडली गणेश प्रतिमा बना रहे हैं. इस बार भी उन्होंने करीब सोयाबीन की 51 हजार बड़ी से 21 किलो वजन की 7 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा को तैयार किया है.
छह माह में तैयार हुई प्रतिमा
73 वर्षीय मूर्तिकार अशोक साहू ने बताया कि, ''प्रतिमा को बनाने के लिए 21 किलो सोयाबीन की बड़ी का उपयोग किया गया है. जिन्हें छलनी से घिस कर चौकोर किया गया. बाद में प्रतिमा के करीब 60-65 अलग-अलग हिस्सों को फेविकोल की मदद से बिना सपोर्ट के तैयार किया गया. जिन्हें बाद में एक प्रतिमा को मूर्त रूप दिया गया है.'' उन्होंने बताया कि, ''प्रतिमा को बनाने में करीब 6 माह का समय लगा है. जिसकी स्थापना सर्वोदय चौक स्थित श्री कौशल किशोर देव राम जानकी साहू समाज मंदिर में की जाएगी.''
प्रतिमा में नहीं हुआ कलर का उपयोग
मूर्तिकार अशोक साहू ने बताया, ''प्रतिमा बनाने में सोयाबीन की बड़ी एवं फेविकोल का उपयोग किया गया है. इन्हीं के उपयोग से प्रतिमा के अलावा कपड़े, सिंहासन, हार, मुकुट, वाहन चूहा आदि सभी सोयाबीन की बड़ी से तैयार किए गए हैं. कलर की जगह सुनहली का उपयोग किया गया है. जिससे प्रतिमा विसर्जन के बाद नदी के जीव जंतु को नुकसान नहीं होगा.''
इस बार 38 वीं प्रतिमा को दिया अंतिम रूप
मूर्तिकार अशोक साहू ने बताया कि, ''अन्य तरह की प्रतिमाओं से प्रदूषण बढ़ने का खतरा रहता है, इसलिए इको फ्रेंडली गणेश प्रतिमा तैयार की है. इस तरह की प्रतिमा का जब विसर्जन किया जाता है तो वह पूरी तरह से नदी तालाब में समा जाती है और इसमें जो तत्व रहते हैं जो जलीय जंतुओं का आहार बन जाते हैं. इस बार जो प्रतिमा बनाई गई है वह 38वीं है.''
उन्होंने बताया कि, ''वह पूर्व में बूंदी, दाल, मखाना, नमकीन सेब, मक्का, धनिया, साबूदाना, लड्डू, चना, गरी, मूंगफली, नारियल एवं मुरमुरा सहित अन्य वस्तुओं से प्रतिमाओं का निर्माण कर चुके है. जो आकर्षण का केंद्र तो रही साथ ही पर्यावरण को सुरक्षित रखने का भी प्रयास किया गया.''
उत्तर प्रदेश: बुलंदशहर सड़क हादसे में 8 की मौत, 50 घायल, सीएम योगी ने जताया शोक
25 Aug, 2025 10:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बुलंदशहरः बुलंदशहर में बड़ा सड़क हादसा हुआ है. एनएच 34 पर अरनिया क्षेत्र के घटाल गांव के पास एक ट्रैक्टर ट्रॉली को पीछे से कंटेनर ने टक्कर मार दी. ट्रैक्टर ट्रॉली श्रद्दालुओं से भरी थी. इस हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई. वहीं, करीब 50 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं. मौके पर डीएम, एसएसपी समेत जिले के कई आलाअधिकारी पहुंच गए हैं. पुलिस टीम घायलों को अस्पताल भिजवा रही है. वहीं, मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे जा रहे हैं. बताया जा रहा है कि सभी ट्रैक्टर से राजस्थान के गोगामड़ी जा रहे थे. सभी जाहरपीर की धार्मिक यात्रा पर निकले थे. वहीं, सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त कीं है. सीएम ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख व घायलों को 50-50 हज़ार की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है. इसके साथ ही सीएम ने ज़िला प्रशासन को भी घायलों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं.
पुलिस के मुताबिक हादसा बीती रात करीब 1.30 बजे के आसपास हुआ. अलीगढ़ बॉर्डर एनएच 34 पर एक ट्रैक्टर पर सवार करीब 60-61 लोग होकर कासगंज जिले से राजस्थान जा रहे थे. इस दौरान पीछे तेज रफ्तार से आ रहे कंटेनर ने ट्रैक्टर ट्राली में टक्कर मार दी जिससे ट्रैक्टर पलट गया और बड़ी संख्या में लोग घायल हो गए. इस हादसे में 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को ट्रैक्टर से निकालना शुरू किया. पुलिस घायलों को अस्पताल भेज रही है. करीब 50 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं. मौके पर जिले के एसएसपी दिनेश कुमार सिंह और डीएम भी पहुंच गए हैं. पुलिस टीम दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को मौके से हटवा रही है.
वहीं, एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि रात्रि एक डेढ़ बजे के करीब हादसा हुआ. श्रद्धालु ट्रैक्टर ट्राली में जा रहे थे, पीछे से कंटेनर ने टक्कर मार दी. इस दुखद हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई है. उनके मुताबिक हादसे के दौरान ट्रॉली पर 60-65 लोग सवार थे. सभी घायलों का इलाज करवाया जा रहा है. मौके पर जिलधिकारी बुलंदशहर तमाम आलाधिकारी मौके पर मौजूद हैं. कई अफसर अस्पताल में घायलों का हालचाल लेने पहुंच रहे हैं. इन अस्पतालों में चल रहा घायलों का इलाजः पुलिस ने घायलों को कैलाश खुर्जा, सीएचसी जटिया व सीएचसी मुनि अस्पताल प्राथमिक उपचार हेतु भेजा. इनमें से गम्भीर घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया है. वर्तमान में 10 घायलों का मेडिकल कॉलेज अलीगढ़ व 10 घायलों का जिला अस्पताल बुलन्दशहर और अन्य 23 घायलों का कैलाश अस्पताल खुर्जा में इलाज चल रहा है. घायलों में 2 लोगों की स्थिति गम्भीर बनी हुई है. अन्य की स्थिति सामान्य हो रही है. पुलिस ने ट्रक कब्जे में ले लिया है. ट्रक का रजिस्ट्रेशन हरियाणा के नंबर पर है. ट्रक धान की भूसी लादकर जा रहा था. वहीं, मंडलायुक्त मेरठ मण्डल मेरठ डॉ हृषिकेश भास्कर यशोद व पुलिस उप महानिरीक्षक श्री कलानिधि नैथानी एवं जिलाधिकारी श्रुति तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री दिनेश कुमार ने घायलों का कैलाश हॉस्पिटल में हालचाल जाना.
हादसे में इनकी हुई मौत1. ईयू बाबू (40 वर्ष) 2. रामबेटी पत्नी सोरन सिंह3. चांदनी (12)4.घनीराम (40 वर्ष) 5. मोक्षी (40 वर्ष) 6. शिवांश (06 वर्ष) 7. योगेश (50 वर्ष) 8. विनोद (45 वर्ष) (नोट सभी कासगंज जिले के रहने वाले थे)
ये हुए घायलः रघुवीर, हरिसिंह, प्रिंस, मूलचन्द, दिव्या, शकुंतला, पातीराम, मुस्कान समेत करीब 50 लोग हादसे में घायल हो गए. इनमें से 39 को गंभीर चोटें आईं हैं. इन सभी घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है.
मुंबई: लालबागचा राजा के दर्शन से पहले ही बंधा श्रद्धालुओं का जनसैलाब
25 Aug, 2025 09:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई: भगवान गणेश के आगमन का उत्सव शुरू हो गया है. सबसे ज्यादा धूम मुंबई में देखने को मिल रही है. मुंबई के कई मंडलों में भगवान गणेश के आगमन समारोह शुरू हो गए हैं और प्रथम दर्शन भी हो चुके हैं. इसी कड़ी में मुंबई के प्रसिद्ध लालबागचा राजा का प्रथम दर्शन समारोह रविवार (24 अगस्त) को आयोजित किया गया.
इस अवसर पर भक्तों की भारी भीड़ देखी गई. हालांकि इस मंडल में अन्य मंडलों की तरह भगवान गणेश का आगमन समारोह नहीं होता, फिर भी प्रथम दर्शन समारोह बड़े उत्साह और धूमधाम से आयोजित किया जाता है.
लालबागचा राजा की झलक: हर साल गणेश चतुर्थी से दो दिन पहले लालबागचा राजा सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडल द्वारा लालबागचा राजा की पहली झलक दिखाई जाती है.
आज शाम गणेश भक्तों को लालबागचा राजा के पहले दर्शन हुए. हर साल की तरह इस साल भी लालबागचा राजा का मनमोहक रूप देखने को मिला, जिसे देखकर लोग भाव विभोर हो गए. इस साल लालबाग में जामनगर के वनतारा की थीम बनाई गई है. साथ ही, दक्षिण भारत के तिरुपति बालाजी मंदिर का दृश्य भी बनाया गया है. हर साल की तरह इस साल भी लालबागचा राजा का यह रूप देखने लायक है.
बता दें कि पिछले कई वर्षों तक दिवंगत प्रसिद्ध कला निर्देशक नितिन चंद्रकांत देसाई के द्वारा लालबागचा राजा की सजावट की जाती थी.
1934 में शुरू हुआ गणेशोत्सव: हर साल की तरह इस साल भी लालबागचा राजा सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडल बुधवार 27 अगस्त से शनिवार 6 सितंबर 2025 तक बड़े उत्साह के साथ बप्पा का उत्सव मनाएगा.
इस बीच, लालबागचा राजा पूरी दुनिया में प्रसिद्ध हैं. लालबागचा राजा सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडल ने 1934 में गणेशोत्सव की शुरुआत की थी. इस साल लालबागचा राजा का 92वां साल है. लाखों गणेश भक्त लालबागचा राजा के दर्शन के लिए आते हैं.
गर्भवती को जेसीबी से पार कराया गया नाला, प्रशासनिक लापरवाही पर उठे सवाल
25 Aug, 2025 08:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पन्ना: जेसीबी से गर्भवती प्रसूता को नालापार पार करने का चौकाने वाला मामला सामने आया है. पन्ना के ग्राम दुर्गापुर में गर्भवती प्रसूता को जेसीबी की सामने वाली बकेट में बिठाकर बहते नाले को पार कराया गया है और दूसरी तरफ 108 एंबुलेंस खड़ी थी. दरअसल, पन्ना जिले में पिछली रात से हो रही झमाझम बारिश के कारण नदी नाले उफान पर हैं. इसी के बाद अजयगढ़ विकासखंड के ग्राम पंचायत नयागांव के ग्राम दुर्गापुर से ये मामला सामने आया है.
जेसीबी से गर्भवती को क्यों कराना पड़ा नाला पार?
दरअसल, ग्राम दुर्गापुर में बिलगाड़ी नाला उफान पर होने के कारण है आवागमन बाधित था और प्रसव पीड़ा के कारण गर्भवती महिला दूसरी तरफ फंसी हुई थी. एंबुलेंस गांव तक तो पहुंच गई थी पर नाली पर तेज बहाव होने के कारण दूसरी तरफ खड़ी रही. बाद में मदद के लिए सरपंच द्वारा जेसीबी बुलवाई गई और जेसीबी की सामने वाली बकेट में गर्भवती प्रसूता को बिठाकर बहता हुआ नाला पार कराया गया. इसके बाद जच्चा बच्चा को उप स्वास्थ्य केंद्र अजयगढ़ पहुंचाया गया, जहां पर दोनों स्वस्थ हैं.
कई गांवों से टूट जाता है संपर्क
नयागांव सरपंच कौशल किशोर लोधी ने बताया, '' करीब 3:00 बजे की घटना है. बिलगाड़ी नाला उफान पर था, जिसके कारण आवागमन पूरी तर बाधित था. नाला उफान पर होने के कारण कई गांवों से संपर्क कट जाता है. पोखरा निवासी पुष्पा लोधी प्रसव पीड़ा के कारण नाले की दूसरी तरफ थी और एंबुलेंस दुर्गापुर की तरफ खड़ी हुई थी. तुरंत जेसीबी को बुलाया गया और जेसीबी की मदद से पुष्पा लोधी को एंबुलेंस तक पहुंचाया गया.''
बरसात में बच्चे नहीं जा पाते स्कूल
नयागांव सरपंच कौशल किशोर ने बताया, '' बरसात के कारण स्कूली बच्चे स्कूल नहीं जा पाते हैं क्योंकि तीन-चार गांव से संपर्क टूट जाता है. क्योंकि बिलगाड़ी नाला उफान पर आ जाता है. इसलिए आवागमन पूरी तरह बंद हो जाता है. इसी वजह से सिद्धपुर पोखरा गांव का संपर्क टूट जाता है. यह नाला कम ऊंचाई पर बना हुआ है. इस कारण हल्की बारिश में ही नाले के ऊपर से पानी बहने लगता है, जिससे बच्चे स्कूल नहीं जा पाते हैं.''
श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति की गिरफ्तारी पर कांग्रेस नेता थरूर ने जताई चिंता
24 Aug, 2025 12:31 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद शशि थरुर ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि रानिल विक्रमसिंघे के ऊपर जो आरोप लगाए गए हैं वह मामूली प्रतीत होते हैं। गिरफ्तारी के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी सेहत चिंता का विषय है। थरूर ने लिखा, श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे को मामूली आरोपों में हिरासत में लिए जाने को लेकर चिंतित हूं। उनकी स्वास्थ्य समस्याओं के कारण पहले ही उन्हें जेल अस्पताल ले जाया जा चुका है।
बता दें कि श्रीलंकाई मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार रानिल विक्रमसिंघे को सरकारी धन के दुरुपयोग के मामले में गिरफ्तार किया गया है। उनकी गिरफ्तारी लंदन के एक निजी खर्च को सरकारी धन से पूरा करने के आरोपों को लेकर हुई है। विक्रमसिंघे 6 बार श्रीलंका के प्रधानमंत्री रह चुके हैं। 2022 में आर्थिक संकट के दौरान जब राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे देश छोड़कर भाग गए तो विक्रमसिंघे ने ही देश की कमान संभाली थी। उन्हें देश को आर्थिक संकट से निकालने का श्रेय भी दिया जाता है। बाद में 2024 में जब चुनाव हुए तो विक्रमसिंघे, अनुरा कुमारा दिसानायके से चुनाव हार गए।
थरूर ने इसे श्रीलंका का आंतरिक मामला बताते हुए कहा, मैं इस बात का पूरा सम्मान करते हुए कि यह श्रीलंका का आतंरिक मामला है, बस श्रीलंकाई सरकार से यह आग्रह करना चाहता हूं कि वह बदले की राजनीति का त्याग करें और अपने पूर्व राष्ट्रपति के साथ सम्मान और गरिमा के साथ पेश आएँ, देश के प्रति उनकी दशकों की सेवा के बाद वह इसके तो हकदार हैं ही। बता दें, इससे पहले वरिष्ठ श्रीलंकाई पत्रकार वेंकट नारायण ने भी पूर्व श्रीलंकाई राष्ट्रपति की गिरफ्तारी को हस्यास्पद बताया था। उन्होंने कहा कि यह हास्यास्पद है। रानिल ने अपनी गिरफ्तारी के ठीक पहले कहा था, “मैंने अपने लिए कुछ नहीं किया। मैंने सिर्फ श्रीलंका के लिए काम किया है। और आप सभी मुझे जानते हैं। मुझे गिरफ्तार करना दर्शाता है कि राष्ट्रपति अनुरा दिसानायके किस तरह के प्रशासन का नेतृत्व कर रहे हैं।
भारत यात्रा के बीच ग्रीस की सौडा खाड़ी में डाला तमाल युद्धपोत ने लंगर
24 Aug, 2025 11:29 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। वैश्विक स्तर पर जारी उथल-पुथल के बीच भारतीय नौसेना अपने जंगी बेड़े को लगातार मजबूत बनाने में लगी हुई है। जिसमें एक ओर पिछले जुलाई महीने की शुरुआत में रूस से उसे मिला आईएनएस तमाल युद्धपोत भारत पहुंचने की अपनी यात्रा में ग्रीस की सौडा खाड़ी में डाले गए बंदरगाह पड़ाव को पूरा कर आगे बढ़ गया है। वहीं, दूसरी ओर बल का ही एक अन्य पोत आईएनएस कदमत ने भी इंडोनेशिया के सुरबाया में अपना तीन दिवसीय बंदरगाह प्रवास सफलता के साथ संपन्न कर लिया है। नौसेना ने बताया कि तमाल भारत में अपने घरेलू बंदरगाह तक पहुंचने के रास्ते में एशिया के मित्र देशों के बंदरगाह का दौरा करेगा। जिससे खासतौर पर समुद्री कूटनीति को बढ़ावा मिलेगा और तमाम देशों के साथ भारत के द्विपक्षीय नौसैन्य संबंध भी मजबूत होंगे।
नौसेना ने कहा, तमाल का ग्रीस के बंदरगाह पर पहुंचने का निर्णय भारत के साथ उसके संबंधों को दिए जाने वाले महत्व और भारत-ग्रीस के बीच बढ़ते रक्षा सहयोग को सशक्त करने के प्रयासों का प्रमाण है। जिसकी मदद से दोनों नौसेनाओं को आपस में सर्वोत्तम कार्य प्रणालियों को साझा करने व संयुक्त सहयोग के लिए भावी अवसरों का लाभ उठाने का मौका मिलेगा। सौडा खाडी में तमाल 19 से 22 अगस्त तक रुका था। इसके बाद उसने हेलेनिक नौसेना की रूसेन श्रेणी की गश्ती नौका एचएस रिटोस के साथ एक अभ्यास में शिरकत की थी। बंदरगाह पर पहुंचने पर युद्धपोत के चालक दल ने हेलेनिक और नाटो अधिकारियों के साथ बातचीत की। साथ ही सौडा स्थित ग्रीस नौसेना के अड्डे, आयुध सुविधा और स्थानीय समुद्री संग्रहालय का दौरा किया। क्रेते में द्वितीय विश्व युद्ध के कब्रिस्तान में चालक चल ने श्रद्धांजलि भी अर्पित की।
वहीं, इंडोनेशिया के अपने प्रवास में नौसेना के कदमत पोत ने दोनों देशों के बीच मौजूद दोस्ती के मजबूत संबंध, विश्वास और दोनों नौसैन्य बलों के बीच आपसी संचालनीयता और रणनीतिक सामंजस्य को साफ तौर पर प्रदर्शित किया है। पोत के चालक दल ने विभिन्न प्रकार की व्यावसायिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लिया। कदमत की ये यात्रा क्षेत्र में भारतीय नौसेना की एक स्वैच्छिक सुरक्षा भागीदार के रूप में बनी हुई प्रतिबद्धता और दोनों देशों के बीच साझा विजन के तहत समूचे समुद्र में बनी हुई दीर्घावधि साझेदारी की झलक भी प्रस्तुत करती है।
100 लोगों से संपर्क......अब उपराष्ट्रपति चुनाव के बाद मिल सकता है बीजेपी को नया बॉस
24 Aug, 2025 09:27 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अपने अगले राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के उम्मीदवार के नाम पर अंतिम निर्णय के करीब पहुंच गई है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) नेताओं और संभावित उम्मीदवारों के साथ गहन विचार-विमर्श कर रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, भाजपा 9 सितंबर को उपराष्ट्रपति चुनाव के बाद और बिहार विधानसभा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा से पहले इसका ऐलान कर सकती है। एक रिपोर्ट के अनुसार, कई कारणों से विलंबित चयन अब करीब पूरा होने वाला है।
रिपोर्ट में बताया गया हैं कि बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं और उसके वैचारिक मूल संगठन, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने नामों के लिए सुझाव मांगने के लिए करीब 100 प्रमुख हस्तियों से संपर्क हुआ है। परामर्श में पूर्व भाजपा अध्यक्ष, वरिष्ठ केंद्रीय मंत्री और भाजपा या आरएसएस से जुड़े इसतरह के नेता शामिल हैं, जो पहले प्रमुख संवैधानिक पदों पर रह चुके हैं। सूत्रों के अनुसार, पार्टी अपने वरिष्ठ मंत्रियों और मुख्यमंत्रियों से संपर्क कर रही है ताकि पार्टी के अगले अध्यक्ष के बारे में उनकी राय ली जा सके।
जातिगत समीकरणों, लोकप्रियता और राजनीतिक विचारों को ध्यान में रखा जा रहा है। उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए उम्मीदवार के नाम की घोषणा में भी इसी तरह की प्रतिक्रिया प्रक्रिया अपनाई गई है। इस प्रक्रिया से जुड़े सूत्रों ने बताया कि पार्टी ने 86 प्रमुख नेताओं से संपर्क किया है ताकि उनसे प्रतिक्रिया ली जा सके जिससे उन्हें अगला कदम उठाने में मदद मिल सके। जिन नेताओं से बात की गई, उनमें से कुछ कैबिनेट के प्रमुख मंत्री भी हैं।
तकनीकी रूप से, प्रक्रिया में देरी कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, गुजरात और हरियाणा जैसे प्रमुख राज्यों में अध्यक्षों के नामों की घोषणा में देरी के कारण हुई है। अभी तक, दिल्ली, मुंबई, पंजाब और मणिपुर में भी नए अध्यक्षों की घोषणा होनी बाकी है। पार्टी के संविधान के अनुसार, राष्ट्रपति चुनाव में आगे बढ़ने के लिए पार्टी को 36 में से कम से कम 19 राज्यों में अध्यक्षों की घोषणा करनी होगी।
व्यापार समझौते पर बातचीत जारी, लेकिन कुछ मुद्दों पर ‘लक्ष्मण रेखा’खींचकर अड़ा भारत
24 Aug, 2025 08:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। भारत इन दिनों एक विचित्र भू-राजनीतिक परिदृश्य से घिरा हुआ है। जिसमें एक ओर चीन के साथ एलएसी विवाद की समाप्ति के बाद संबंधों को फिर से पटरी पर लाने की कोशिशें हो रही हैं। तो दूसरी ओर अमेरिका के साथ 50 फीसदी पारस्परिक टैरिफ को लेकर तनाव की स्थिति बनी हुई है। लेकिन इन सबके बीच शीर्ष राजनीतिक नेतृत्व देश के रुख को हर स्तर पर स्पष्ट करने में लगा हुआ है। शनिवार को विदेश मंत्री डॉ.एस.जयशंकर ने राजधानी में आयोजित किए गए ‘ईटी-वर्ल्ड लीडर्स फोरम’में इस संबंध में मोर्चा संभाला। सबसे पहले उन्होंने अमेरिकी टैरिफ और भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापार समझौते को लेकर बातचीत चल रही है। जिसका अभी तक फिलहाल कोई नतीजा नहीं निकला है। दोनों बड़े देश हैं, जिसमें संवाद पर रोक नहीं रहती है। वहीं, किसी ने भी ये नहीं कहा कि बातचीत बंद है। ऐसा भी नहीं है कि वहां कोई कट्टी है। लेकिन मामले में हमारी एक लक्ष्मण रेखा है, जिससे जुड़े मुद्दों पर सरकार किसी तरह का कोई समझौता करने के लिए तैयार नहीं है। जयशंकर का ये बयान रूस से कच्चे तेल की खरीद पर नाराज अमेरिका द्वारा भारत पर जुर्माने के तौर पर लगाए गए 25 फीसदी अतिरिक्त टैरिफ के 27 अगस्त को लागू होने की डेडलाइन से करीब चार दिन पहले दिया गया है। उधर, अमेरिकी व्यापार वार्ताकारों की 25 से 29 अगस्त की नई दिल्ली यात्रा रोक दी गई है।
उन्होंने 50 फीसदी टैरिफ को अनुचित और अविवेकपूर्ण करार देते हुए कहा, लक्ष्मण रेखा का संबंध प्राथमिक रूप से देश के किसानों के हितों और छोटे उत्पादकों से जुड़ा है। बतौर केंद्र सरकार के रूप में हम अपने किसानों और मझौले उत्पादकों के हितों की रक्षा करने के लिए न केवल प्रतिबद्ध हैं। बल्कि दृढ़ संकल्पित भी हैं। ऐसा कुछ नहीं है जिस पर हम कोई समझौता कर सकें। लेकिन अमेरिकी सरकार की कुछ मांगें साफ तौर पर हमारी लक्ष्मण रेखा को लांघ रही हैं। ये ऐसे क्षेत्र हैं, जिनका संबंध देश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था से है। बताते चलें कि अमेरिका चाहता है कि उसके कृषि, मुर्गीपालन और डेयरी उत्पादों के लिए भारत अपना बाजार खोले। जिसके लिए देश तैयार नहीं है। इसके पीछे की सबसे बड़ी वजह अमेरिका द्वारा जीएम पद्वति से तैयार किए गए मक्का, सोयाबीन को भारत में निर्यात करने की है। जीएम फसलें पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक हैं। पीएम मोदी ने स्वतंत्रता दिवस को दिए अपने भाषण में भी कहा था कि मोदी किसानों, मछुआरों और जीव-जंतुओं के खिलाफ किसी भी हानिकारक नीति के विरूद्ध दीवार बनकर खड़ा है।
भारत की तेल खरीद को यूक्रेन युद्ध में रूस का ईंधन बढ़ाने वाले अमेरिका-यूरोप के तर्क पर विदेश मंत्री ने निशाना साधते हुए कहा, भारत की तेल खरीद राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय हितों की पूर्ति करती है। देश के पास स्वतंत्र निर्णय लेने की क्षमता है, हम ऐसे निर्णय लेते हैं जो राष्ट्रीय हित में हैं। ये हास्यास्पद है कि जो लोग अमेरिकी प्रशासन में व्यापार समर्थक के तौर पर काम करते हैं। वो बाकी देशों पर व्यापार करने का आरोप लगा रहे हैं। अगर आपको भारत और उसके परिष्कृत अन्य उत्पादों को खरीदने में परेशानी है तो आप उन्हें मत खरीदिए। इसके लिए कोई आपको मजबूर भी नहीं करेगा। यूरोप खरीदता है, अमेरिका खरीदता है। इसलिए अगर आपको ये पसंद नहीं है तो आप न खरीदें। उन्होंने पश्चिम के विवादित तर्क का जिक्र करते हुए कहा कि रूस से यूरोप का कुल व्यापार भारत की तुलना में कई गुना अधिक है। ऐसे में जब लोग कहते हैं कि भारत, रूस से तेल खरीदकर उसे यूक्रेन युद्ध को बढ़ावा देने के लिए ईंधन यानी धन मुहैया करा रहा है। तो यूरोप के खजाने के पैसे से क्या हो रहा है? अगर आप ऊर्जा की बात करते हैं। तब भी वो हमसे आगे हैं। भारत का रूस को निर्यात बढ़ा है। लेकिन ये उतना भी नहीं है जितना बताया जा रहा है। जयशंकर ने ये भी साफ किया कि भारत को अपने राष्ट्रीय हित में निर्णय लेने का पूरा अधिकार है और उसे ही सामरिक स्वायत्तता कहते हैं।
केरल इकाई के भाजपा उपाध्यक्ष के बयान से विवाद, जीतने के लिए जम्मू-कश्मीर से भी लोगों को लेकर आएंगे
23 Aug, 2025 06:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
तिरुवनंतपुरम। विपक्ष द्वारा चुनाव आयोग पर उठाए जा रहे सवालों के बीच केरल इकाई के भाजपा उपाध्यक्ष ने नया दावा करके विवाद पैदा कर दिया है। बी.गोपालकृष्णन ने दावा किया कि बीते साल के लोकसभा चुनाव में जीत सुनिश्चित करने के लिए अन्य राज्यों से मतदाताओं को त्रिशूर में स्थानांतरित किया था। गोपालकृष्णन ने भविष्य के चुनावों के लिए भी इसी नीति को अपनाने की बात कही। उन्होंने कहा, जिन निर्वाचन क्षेत्रों में हम जीतना चाहते हैं, वहां हम जम्मू-कश्मीर से भी लोगों को लेकर आएंगे। हम उन्हें एक साल के लिए बसाएंगे और यह सुनिश्चित करने वाले हैं, कि वे मतदान प्रक्रिया में भाग लें। इसमें कोई संदेह नहीं है, हम भविष्य में भी ऐसा जरूर करने वाले है। पत्रकारों ने पूछा की बाहर से आने वाले कई लोगों के मकान मालिकों का कहना है कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं है? इसका जवाब देकर गोपालकृष्णन ने कहा कि यह गलतफहमी केवल इक्का-दुक्का मामलों में सामने आई है। यह गंभीर मुद्दा नहीं है।
इस दौरान भाजपा उपाध्यक्ष ने दावा किया कि त्रिशूर में किसी भी प्रकार का फर्जी मतदान नहीं हुआ है। उन्होंने कहा, फर्जी मतदान का मतलब है, किसी मृत व्यक्ति के नाम पर मतदान करवाना या फिर एक व्यक्ति द्वारा दो बार मतदान करना। इसमें ऐसा कुछ भी नहीं है। उन्होंने विपक्षी पार्टियों द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर तंज कसते हुए कहा कि राज्य में यूडीएफ और एलडीएफ ने भाजपा को हराने के लिए कई क्षेत्रों में सांठगांठ की है। अगर उस व्यवहार में किसी को नैतिकता की चिंता नहीं है, तब हमारे इस दृष्टिकोण में भी हमें नैतिकता की कोई दुविधा नजर नहीं आती है।
गोपालकृष्णन के बयान के बाद जारी विवाद को स्पष्ट कर भाजपा के राज्य सचिव एम टी रमेश ने कहा कि कानून के तहत अगर भारत का कोई भी व्यक्ति किसी स्थान पर 6 महीने से अधिक समय तक रहता है, तब वह वहां की मतदाता सूची में पंजीकरण करा सकता है। उन्होंने कहा, त्रिशूर में केवल त्रिशूर के निवासियों का ही पंजीकरण किया गया है, फर्जी वोट माकपा और कांग्रेस ने डाले हैं।
दोनों नेताओं के बयानों के बाद राज्य में बवाल खड़ा हो गया है। केंद्र में पहले से ही चल रहे वोट चोरी के आरोपों के बीच बयान ने उन आरोपों को नई हवा दे दी है। बता दें त्रिशूर लोकसभा सीट पर 2024 में भाजपा उम्मीदवार सुरेश गोपी जीतकर 74,682 वोटों से जीते थे।
कोल्हापुर में दो गुटों के टकराव में 10 लोग घायल
23 Aug, 2025 06:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कोल्हापुर। महाराष्ट्र के कोल्हापुर में दो गुटों के टकराव में 10 लोग घायल हुए है। यह घटना सिद्धार्थनगर इलाके में हुई। इस घटना में कई लोग घायल हो गए। यह घटना तब हुई जब राजेबगस्वर फुटबॉल क्लब की 31वीं सालगिरह मनाने के लिए आयोजन हुआ था। इसके लिए बैनर, पोस्टर्स और साउंड सिस्टम लगाए गए थे। इन चीजों ने स्थानीय लोगों में गुस्सा भर दिया। लोगों का आरोप था कि इन चीजों से परेशानी हो रही है।
जब स्थानीय लोगों ने आयोजन का विरोध किया, तब झगड़ा बढ़ गया। रात 10 बजे तक, दोनों तरफ से भारी संख्या में पथराव हुआ। दो कारों को आग लगा दी गई, जबकि ऑटो और खड़ी कारों सहित लगभग आठ से नौ वाहनों में तोड़फोड़ की गई। घटनास्थल पर मौजूद चश्मदीदों ने बताया कि पत्थरों से गाड़ियों के शीशे टूट गए थे और मलबा अंदर बिखरा हुआ था। हंगामे के दौरान सड़क किनारे का पार्किंग क्षेत्र पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया था।
जानकारी मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए 200 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया। अधिकारियों ने बताया कि यह झड़प दोनों समूहों के बीच एक गलतफहमी का परिणाम थी। एसपी कोल्हापुर ने लोगों से शांत रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि मैं सभी से अनुरोध करता हूं कि अफवाहों पर ध्यान न दें। हालात ठीक हैं। यह घटना अचानक हुई। उन्होंने दोनों समूहों के नेताओं ने भी अनुरोध किया है कि ऐसा कोई संदेश न फैलाया जाए। मैं उन सभी से अनुरोध करता हूं कि वे अफवाहों से प्रभावित न हों। फिलहाल मामले में किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।
चीन का पुल हादसा: स्टील का तार टूटा, मौत की नींद सोए 12 मजदूर
23 Aug, 2025 05:23 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रेलवे पुल बना मजदूरों की कब्र, 16 में से 12 की मौत, 4 की तलाश जारी
चीन में निर्माणाधीन रेलवे पुल ढहने से 12 मजदूरों की मौत हो गई और चार लापता हैं। सरकारी मीडिया के अनुसार यह हादसा येलो नदी पर किंघई प्रांत में हुआ जहाँ पुल का स्टील का तार टूट गया। पुल पर काम कर रहे 16 मजदूरों में से 12 की जान चली गई। डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। चीन में एक प्रमुख नदी पर निर्माणाधीन रेलवे पुल के ढहने से 12 मजदूरों की मौत हो गई और चार अन्य लापता हो गए। सरकारी मीडिया रिपोर्टों में जारी तस्वीरों में पुल का एक बड़ा हिस्सा गायब दिखाई दे रहा है। पुल के डेक (सतह) का एक मुड़ा हुआ हिस्सा नीचे येलो नदी में लटक रहा है।
स्टील का तार टूटने से हुआ हादसा
शुक्रवार तड़के लगभग तीन बजे जब जब काम चल रहा था तो स्टील का तार टूट गया। उस दारौन किंघई प्रांत में मौजूद पुल पर 16 मजदूर मौजूद थे।
लाशों की तलाश में लगाए गए हेलीकॉप्टर और रोबोट
लापता लोगों की तलाश में नावों, हेलीकॉप्टर और रोबोट का इस्तेमाल किया जा रहा है। पुल 1.6 किलोमीटर लंबा है और इसका डेक (ऊपरी सतह) नीचे नदी की सतह से 55 मीटर ऊपर है।
'मुझे लगा स्टेशन है' – संसद परिसर में घुसने वाले युवक का अजीब बयान
23 Aug, 2025 02:10 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
संसद भवन की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में तब आ गई जब शुक्रवार को एक व्यक्ति ने संसद भवन में पेड़ पर चढ़कर घुसने की कोशिश की, लेकिन सुरक्षा कर्मियों ने समय रहते उस शख्स को पकड़ लिया था. हालांकि, दिल्ली पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर कुछ पूछताछ के बाद छोड़े जाने की बात कही है. सूत्रों के अनुसार, राम कुमार बिंद मानसिक रूप से अस्वस्थ है और उसका इलाज चल रहा है. पूछताछ के दौरान उसने बताया कि उसे लगा जैसे वह जगह रेलवे स्टेशन है और भीतर से ट्रेन की आवाजें आ रही थीं, इसलिए वह पेड़ पर चढ़ गया.
राम कुमार बिंद के पिता दिल्ली आ रहे हैं. राम कुमार को उनके पिता के साथ भेज दिया जाएगा. संसद भवन की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है. सूत्रों के मुताबिक एक व्यक्ति ने रेल भवन की तरफ से एक पेड़ का सहारा लेकर संसद की सुरक्षा दीवार पार कर ली. बताया जा रहा है कि यह घटना सुबह करीब 6:30 बजे की है जब वह व्यक्ति पेड़ पर चढ़कर दीवार के ऊपर से संसद परिसर में कूद गया.
पर दिल्ली पुलिस ने क्या कहा?
जिसके बाद संदिग्ध गतिविधि को देखते हुए सीआईएसएफ ने शख्स को हिरासत में लिया. सीआईएसएफ ने इस व्यक्ति को रेल भवन के पास से हिरासत में लिया. दिल्ली पुलिस पकड़े गए शख्स के दस्तावेजों को वेरीफाई कर रही है. इस मामले पर दिल्ली पुलिस ने कहा कि संसद भवन की सुरक्षा में कोई सेंध नहीं लगी है.
दिल्ली पुलिस ने जानकारी दी है कि शुक्रवार को सुबह लगभग 5:50 बजे CISF और दिल्ली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक युवक को संसद परिसर की दीवार फांदने की कोशिश करते हुए पकड़ा गया. आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी 20 वर्षीय राम कुमार बिंद के रूप में की गई है. पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में शख्स मानसिक रूप से अस्थिर लग रहा है.
आत्मनिर्भर बिजली की ओर कदम, शहर में तेजी से बढ़ रहा सोलर ट्रेंड
LDA का बड़ा फैसला: पुनर्विकास नीति से बदलेगा शहर का चेहरा
नरेंद्र मोदी ने काशी विश्वनाथ धाम में पूजा कर काशीवासियों का किया अभिवादन
गंगा एक्सप्रेसवे बना रोजगार का हब, स्थानीय युवाओं को मिलेगा फायदा
गौर ग्रीन एवेन्यू में आग का कहर, रहवासियों में दहशत, फायर ब्रिगेड सक्रिय
NEET काउंसिलिंग विवाद में बड़ा फैसला, दोषियों पर गिरी गाज
बंगाल में 9 बजे तक 18.39% वोटिंग, छपरा में भाजपा कार्यकर्ता से मारपीट के बाद तनाव
भ्रष्टाचार पर सरकार सख्त, इंदौर के PWD अफसर पर गिरी गाज
