देश
SI की निर्मम हत्या: घर के सामने ईंटों से कुचला गए हुड़दंगी, हरियाणा में हत्याकांड से हड़कंप मचा
7 Nov, 2025 08:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । हरियाणा(Haryana) के हिसार(Hisar) में एक सनसनीखेज वारदात(sensational incident) सामने आई है। यहां हुड़दंग का विरोध करने पर हरियाणा पुलिस(Haryana Police) के एक सब इंस्पेक्टर रमेश(Sub Inspector Ramesh) की ईंट व डंडों से पीट-पीटकर हत्या(lynching) कर दी। गुरुवार रात 12 बजे ये वारदात हुई। मृतक की पहचान 57 साल के रमेश कुमार के रूप में हुई है। लंबे समय से पुलिस विभाग में तैनात थे और अगले साल जनवरी में उन्हें रिटायर होना था। वारदात की सूचना पा कर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए हिसार के सिविल अस्पताल में भिजवाया गया है।
रात को गली में युवक कर रहे थे गाली गलौज
सब इंस्पेक्टर रमेश कुमार एडीजीपी ऑफिस में 10 साल से तैनात थे। वह ढाणी श्यामलाल की गली नंबर-3 में परिवार के साथ रहते थे। गुरुवार रात 10:30 बजे कुछ युवक गली में हुड़दंग और गाली गलौज कर रहे थे। शोर शराबा होने पर सब इंस्पेक्टर रमेश घर से बाहर निकले और उन्होंने युवकों को हुड़दंग करने से रोका। उस समय तो युवक चल गए लेकिन एक घण्टे बाद कार व दोपहिया वाहनों पर आए।
उन्होंने रमेश के घर के सामने गाली गलौज करना शुरू कर दिया। रमेश ने उन्हें रोका तो उन्होंने डंडों व ईंटों से हमला कर दिया। रमेश घायल होकर गिर गए। चीख पुकार सुनकर परिवार के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और हमलावरों का पीछा किया, लेकिन वे भागने में कामयाब हो गए।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दे रही दबिश
नई सब्जी मंडी चौकी इंचार्ज राजबाला ने कहा कि परिजनों के बयान पर कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस की अलग-अलग टीमें दबिश दे रही हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा। वहीं, इस वारदात से हरियाणा में कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस अफसर की सरेआम हत्या हो जाती है तो आम जनता की सुरक्षा कैसे होगी? हरियाणा के नए डीजीपी ओपी सिंह ने कार्यभार संभालने के बाद कई बार बयान दिया है कि हरियाणा में बदमाशों की खैर नहीं है, लेकिन अब उनके अफसर तक सुरक्षित नहीं हैं।
NIA-ATS की संयुक्त कार्रवाई: तहरीक-ए-तालिबान से जुड़े ओसामा को पकड़ा
6 Nov, 2025 11:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नेशनल इंवेस्टिेगेशन एजेंसी (NIA) के इनपुट पर एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) ने राजस्थान मौलवी ओसामा उमर को गिरफ्तार किया है. एटीएस का दावा है कि ओसामा प्रतिबंधित अफगानिस्तान के आतंकवादी संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) से जुड़ा है. आरोपी पिछले करीब 4 साल से आतंकवादी संगठन से जुड़ा था. ATS ने आरोपी को जयपुर से पकड़ा है. दावा किया जा रहा है कि आरोपी जिहाद के लिए चार लोगों का ब्रेन वॉश करके उनको कट्टर बना रहा था.
एटीएस की गिरफ्त में आए सांचौर के मौलवी ओसामा उमर का संबंध अफगानिस्तान के आतंकी संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) से था. ओसामा 4 साल से संगठन के टॉप कमांडर के संपर्क में था. ATS ने 4 दिन पूछताछ के बाद मामला दर्ज कर मौलवी को गिरफ्तार कर लिया है. पकड़े गए चार अन्य संदिग्धों को भी ओसामा आतंकी संगठन से जुड़ने के लिए दबाव बना रहा था.
टीटीपी के टॉप कमांडरों से करता था संपर्क
ATS की पूछताछ में सामने आया कि ओसामा इंटरनेट कॉलिंग से आंतकी टॉप कमांडरों से संपर्क करता था. मौलवी देश के बाहर भागने की फिराक में था और दुबई के रास्ते वो अफगानिस्तान जाने की प्लानिंग कर रहा था. वहीं, ATS आईजी विकास कुमार ने बताया कि पिछले दिनों राजस्थान एटीएस ने 4 जिलों में छापेमारी कर 5 लोगों को पकड़ा था. पकड़ा गया ओसामा उमर, मसूद पंडीपार बाड़मेर का, मोहम्मद अयूब पीपाड़ जोधपुर का, मोहम्मद जुनेद बागोर मोहल्ला करौली का और बसीर रामसर बाड़मेर का रहने वाला है.
क्या होता है कट्टरवाद?
यदि कोई व्यक्ति कट्टरवाद की तरफ बढ़ता है तो उसे दूर करने की प्रक्रिया को डीरेडिकलाइन कहा जाता है. एटीएस ने एक टीम बना रखी है, जिसमें एटीएस के साथ-साथ उदारपंची लोग, गर्म की व्याख्या करने वाले रामुचित लोग और समाज के कुछ गणमान्य शामिल होते हैं. ये लोग रेडिकलाइज (कट्टरवाद) व्यक्ति की काउंसलिंग करते हैं. उसे कट्टरवाद से दूर करने का प्रयास करते हैं और सही दिशा की ओर ले जाते हैं और एटीएस की फील्ड की टीम लगातार निगरानी रखती हैं और समय-समय पर फिर यहां कमेटी के सामने लाकर उसकी विचारधारा को परखती है. ऐसे व्यक्ति का रिकॉर्ड रखा जाता है.
700 रुपये की कॉफी, 100 रुपये का पानी! सुप्रीम कोर्ट ने मल्टीप्लेक्स की कीमतों पर उठाए सवाल
6 Nov, 2025 08:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अगर आप भी मल्टीप्लेक्स में फिल्म देखते हुए पॉपकॉर्न या एक बोतल पानी खरीदने से पहले अपना बजट देखते हैं, तो यह खबर आपके लिए है. देश की सबसे बड़ी अदालत सुप्रीम कोर्ट ने मल्टीप्लेक्स में बिकने वाले खाने-पीने की चीजों की आसमान छूती कीमतों पर सख्त नाराज़गी जताई है. कोर्ट ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि अगर सिनेमाघरों ने अपनी मनमानी कीमतें कम नहीं कीं, तो एक दिन सारे हॉल खाली हो जाएंगे और लोग फिल्में देखना बंद कर देंगे.
700 रुपये में कॉफी कौन पीता है-जस्टिस
जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस संदीप मेहता की पीठ इस मामले की सुनवाई कर रही थी. दरअसल, यह पूरा मामला कर्नाटक हाई कोर्ट के एक फैसले से जुड़ा है, जिसमें मल्टीप्लेक्स टिकट की कीमत 200 रुपये तक सीमित करने का आदेश दिया गया था. सुनवाई के दौरान जस्टिस नाथ ने मल्टीप्लेक्स मालिकों की तरफ से पेश हुए वरिष्ठ वकील मुकुल रोहतगी से सीधे सवाल किया, “आप एक पानी की बोतल के लिए 100 रुपये और कॉफी के लिए 700 रुपये लेते हैं. ये क्या तरीका है?”
कोर्ट का कहना था कि सिनेमा का आनंद हर वर्ग के लोगों को मिलना चाहिए, यह केवल अमीरों तक सीमित नहीं रहना चाहिए. जस्टिस नाथ ने आगे कहा कि सिनेमा इंडस्ट्री पहले ही मुश्किल दौर से गुजर रही है, ऐसे में अगर दाम किफायती नहीं रखे गए, तो दर्शक दूर हो जाएंगे.
वकील ने दिया ताज होटल का उदाहरण
मल्टीप्लेक्स एसोसिएशन का पक्ष रखते हुए रोहतगी ने दलील दी कि कीमतों को तय करने का अधिकार उन्हें है. उन्होंने सवाल उठाया, “ताज होटल भी कॉफी के लिए 1000 रुपये लेता है, क्या आप वहां भी दाम तय करेंगे?” इस पर जस्टिस नाथ का जवाब निर्णायक था. उन्होंने कहा, “ताज होटल में हर कोई नहीं जाता. सिनेमा मनोरंजन का एक ज़रिया है, इसे आम जनता की पहुंच में रहना चाहिए.” जब रोहतगी ने कहा कि लोग सामान्य सिनेमाघरों में जा सकते हैं, तो जस्टिस नाथ ने तल्खी से कहा कि अब देश में ‘सामान्य मल्टीप्लेक्स’ लगभग बचे ही नहीं हैं.
कर्नाटक हाई कोर्ट के फैसले पर क्या हुआ?
कर्नाटक हाई कोर्ट ने अपने एक आदेश में मल्टीप्लेक्सों को निर्देश दिया था कि वे बेचे गए हर टिकट का रिकॉर्ड रखें और ग्राहकों की पहचान का ब्योरा लें, ताकि रिफंड की स्थिति में आसानी हो. सुप्रीम कोर्ट ने फिलहाल हाई कोर्ट के पहचान पत्र और रिकॉर्ड रखने की शर्तों पर रोक लगा दी है.
लेकिन, कोर्ट ने यह स्पष्ट किया कि हाई कोर्ट द्वारा टिकट की कीमत 200 रुपये तक सीमित करने का फैसला उन्हें ‘उचित’ लगता है. सुप्रीम कोर्ट की यह टिप्पणी मल्टीप्लेक्स उपभोक्ताओं के लिए एक बड़ी राहत और उम्मीद की किरण बनकर आई है.
सट्टेबाजी ऐप केस: सुरेश रैना और शिखर धवन की 11 करोड़ की संपत्ति जब्त
6 Nov, 2025 07:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के तहत पूर्व क्रिकेटर शिखर धवन और सुरेश रैना का खिलाफ एक्शन लेते हुए उनकी 11.14 करोड़ रुपए की संपत्तियां अस्थायी रूप से जब्त कर ली है।
ईडी को जांच में पता चला है कि दोनों पूर्व क्रिकेटरों ने विदेशी कंपनियों के साथ कॉन्ट्रैक्ट कर अवैध सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म 1xBet को प्रमोट किया।
धवन और रैना की संपत्ति जब्त के आदेश
सूत्रों के अनुसार, 1xBet नामक ऑनलाइन सट्टेबाजी साइट के खिलाफ मामले में धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत धवन की 4.5 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति और रैना के 6.64 करोड़ रुपये के म्यूचुअल फंड को कुर्क करने का एक अस्थायी आदेश जारी किया गया है।
1xBet के लिए दोनों पूर्व क्रिकेटरों ने प्रचार
जांच एजेंसी की जांच में पाया गया है कि दोनों पूर्व क्रिकेटरों ने 1xBet और उसके सहयोगियों के प्रचार के लिए "जानबूझकर" विदेशी संस्थाओं के साथ विज्ञापन समझौते किए थे।
युवराज सिंह और रॉबिन उथप्पा से भी हो चुकी है पूछताछ
ईडी ने इस जांच के तहत इन दोनों के अलावा युवराज सिंह और रॉबिन उथप्पा जैसे अन्य पूर्व क्रिकेटरों, अभिनेता सोनू सूद, उर्वशी रौतेला, मिमी चक्रवर्ती (तृणमूल कांग्रेस की पूर्व सांसद) और अंकुश हाजरा (बंगाली अभिनेता) से भी पूछताछ की है।
कुराकाओ में पंजीकृत, 1xBet को पोर्टल द्वारा सट्टेबाजी उद्योग में 18 सालों के अनुभव के साथ एक विश्व स्तर पर मान्यता प्राप्त सट्टेबाज बताया गया है।
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की दिल्ली से वृंदावन तक पैदल यात्रा शुरू
6 Nov, 2025 06:58 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बाबा बागेश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा है कि वे मुसलमानों के खिलाफ नहीं हैं। वे केवल हिंदू समाज में व्याप्त जातिवाद को खत्म करने के लिए, देश में हिंदू राष्ट्र स्थापित करने और हिंदू समाज में एकता स्थापित करने के लिए दिल्ली से वृंदावन तक की पैदल यात्रा कर रहे हैं। उनकी इस यात्रा में हजारों लोगों के शामिल होने की संभावना है। इसमें स्वामी रामदेव, अनिरुद्धाचार्य और रामभद्राचार्य सहित कई बड़े संत शामिल हैं। यह यात्रा सात नवंबर को दिल्ली के छतरपुर मंदिर से शुरू होगी और 16 नवंबर को वृंदावन में समाप्त होगी। उन्होंने आम लोगों को भी इसमें शामिल होने की अपील की है।
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने दिल्ली में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि हिंदू समाज का सबसे बड़ा दुश्मन जातिवाद है। जब तक हिंदू आपस में जातियों में उलझा और बंटा रहेगा, देश कभी हिंदू राष्ट्र नहीं बन सकता। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी की जातीय पहचान से उन्हें कोई परेशानी नहीं है, लेकिन वे जातियों के नाम पर अहंकार पालने के खिलाफ हैं। यह अहंकार एक हिंदू को दूसरे हिंदू से दूर और अलग करता है, यह अहंकार समाप्त होना चाहिए। शास्त्री ने स्पष्ट किया कि यह यात्रा किसी के खिलाफ नहीं है और राजनीति से इसका दूर-दूर तक कोई संबंध नहीं है। वे केवल हिंदू समाज को एकजुट करने के लिए यात्रा निकाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो भी राजनीतिक दल या संगठन अपने को हिंदू समझता है या हिंदुओं के लिए काम करता है, उसके सभी सदस्य इस यात्रा में शामिल हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने भाजपा, कांग्रेस, सपा, बसपा सहित सभी बड़े राजनीतिक दलों में इस यात्रा में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है।
प्याज निर्यात पर भारत की पाबंदी: बांग्लादेश में आम जनता परेशान, सरकारी कदम पर सवाल
6 Nov, 2025 06:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बांग्लादेश में प्याज के दाम आसमान छूने लगे हैं. बाजारों में कुछ ही दिनों में कीमते दोगुनी हो गई है और आम लोगों की रसोई का बजट पूरी तरह गड़बड़ हो गया है. राजधानी ढाका समेत देश के कई शहरों जैसे चिटगांव, राजशाही और खुलना के बाजारों में प्याज 110 से 120 टका प्रति किलो बिक रही है.
कुछ ही दिन पहले यही प्याज 60 टका किलो मिल रही थी. खुदरा दुकानदारों का कहना है कि थोक बाजार से ही दाम बढ़े हुए मिल रहे हैं, इसलिए मजबूरन उन्हें भी महँगा बेचना पड़ रहा है. आइए जानते हैं प्याज की इस आसमान छूती कीमत की आखिर वजह क्या है?
भारत से ने रोका प्याज, सप्लाई पर पड़ा असर
बांग्ला की एक खबर के मुताबिक इस समय प्याजा का घरेलू स्टॉक खत्म होने के करीब है और ऊपर से भारत से प्याज आयात भी रोक दिया गया है. दरअसल, भारत सरकार ने घरेलू कीमतों को नियंत्रित करने के लिए प्याज के निर्यात पर रोक लगा दी थी जिसका सीधा असर बांग्लादेशी बाजारों पर पड़ा. चिटगांव और राजशाही के आयातकों का कहना है कि जब तक भारत से आयात फिर शुरू नहीं होता या नई फसल बाजार में नहीं आती, तब तक दाम और बढ़ सकते हैं.
कंज्यूमर एसोसिएशन ऑफ बांग्लादेश का कहना है कि कीमतों में ये तेजी पूरी तरह जायज नहीं है. संगठन का आरोप है कि कुछ व्यापारी आर्टिफिशियल क्राइसिस यानी कृत्रिम कमी दिखाकर दाम बढ़ा रहे हैं ताकि सरकार जल्द से जल्द आयात की अनुमति दे दे.
किसानों को फसल आने में देर
देश के कुछ हिस्सों में इस बार रबी सीजन की प्याज की फसल देर से तैयार हो रही है. हर साल अक्टूबर के बीच तक फसल कट जाती थी, लेकिन इस बार देर हो रही है. आयातकों और व्यापारियों का मानना है कि अगर सरकार तुरंत आयात की अनुमति देती है, तो अगले ही दिन बाजार में राहत दिख सकती है. वहीं, विशेषज्ञों का कहना है कि असली समाधान है बाजार पर सख्त निगरानी और जरूरत पड़ने पर समय पर आयात.
बिहार चुनाव में बढ़ा तनाव, विजय सिन्हा के काफिले पर हमला — डिप्टी सीएम ने दी सख्त चेतावनी
6 Nov, 2025 04:31 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखीसराय। बिहार के उपमुख्यमंत्री और लखीसराय निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार विजय कुमार सिन्हा की कार को RJD समर्थकों ने घेर लिया। इस दौरान गाड़ी पर चप्पलें फेंकी और “मुर्दाबाद” के नारे लगाते हुए उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। वहीं मौके पर पुलिसकर्मी मौजूद रहे डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने कहा “ये राजद के गुंडे हैं। सत्ता में आ रही है एनडीए, इसलिए इनके छाती पर बुलडोजर चलेगा। गुंडे मुझे गांव में जाने नहीं दे रहे हैं। विजय सिन्हा जीतने वाले हैं उन्होंने मेरे पोलिंग एजेंट को भगा दिया और उसे वोट नहीं देने दिया, उनकी गुंडागर्दी देखिए. यह खोरियारी गांव के 404 और 405 बूथ नंबर है”।
SP को बताया कायर
उन्होंने कहा “ये गांव वाले अपने संस्कार का परिचय दे रहे हैं, इस सड़क का टेंडर हो गया है, काम शुरू हो गया है। ये तो बहाना है, ये RJD-कांग्रेस की गुंडई का प्रकटीकरण है, इसी से आप अंदाजा लगा सकते हैं कि स्थिति क्या है। उन्होंने मेरे पोलिंग एजेंट को धमकाया और सुबह 6.30 बजे ही उसे भगा दिया, वे मतदाताओं को बाहर नहीं आने दे रहे हैं।” इसके साथ ही विजय सिन्हा ने जिले के एसपी को कायर कहा, क्योंकि एसपी ने कहा कि सब कुछ शांतिपूर्वक चल रहा था।
एसपी से फोन पर की बात
विजय कुमार सिन्हा ने एसपी से फोन पर बात की और कहा, “मैं गांव में हूं। भीड़ बढ़ती जा रही है. यहां स्पेशल फ़ोर्स भेजो. मैं यहीं धरने पर बैठूंगा। एसपी बहुत कमजोर और कायर है। वे उप-मुख्यमंत्री को अंदर नहीं जाने दे रहे हैं. गाड़ी पर पत्थर और गोबर फेंके हैं,” इस मामले को लेकर लखीसराय SP अजय कुमार ने कहा कि हम जब सुबह पहुंचे थे। तो सब कुछ शांतिपूर्वक चल रहा था अब जब वे (विजय कुमार सिन्हा) आए, तो अचानक विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया हम अभी इसकी जांच कर रहे हैं।
राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ का 150वां वर्ष, भाजपा करेगी भव्य कार्यक्रम
6 Nov, 2025 10:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। राष्ट्रीय गीत के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में देश भर में 150 महत्वपूर्ण स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में सामूहिक रूप से वंदे मातरम गाया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सात नवंबर को दिल्ली के इंदिरा गांधी स्टेडियम में ऐसे ही एक कार्यक्रम में भाग लेंगे।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने बुधवार को पार्टी मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी इस उपलब्धि को उत्सव के रूप में मनाने की योजना बना रही है।
चुघ ने कहा कि इस अवसर को मनाने के लिए सात नवंबर से 26 नवंबर (संविधान दिवस) तक देश भर में कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सात नवंबर को 150 महत्वपूर्ण स्थानों पर वंदे मातरम गाया जाएगा, जिसके बाद स्वदेशी उत्पादों के उपयोग की शपथ ली जाएगी
भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़ ने आइजी स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के शामिल होने की जानकारी साझा की। गुरुग्राम में मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए धनखड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दिल्ली के इंदिरा गांधी स्टेडियम में वंदे मातरम गीत के गायन में भाग लेंगे।
उपराष्ट्रपति और पीएम मोदी के साथ साईं बाबा जन्मोत्सव
6 Nov, 2025 09:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पुट्टपर्थी। पुट्टपर्थी में श्री सत्य साई बाबा का जन्म शताब्दी समारोह 13 से 24 नवंबर तक आयोजित किया जा रहा है। इसमें करीब 140 देशों के भक्त एकत्रित होंगे। इस कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी भाग लेंगे।
उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री भी होंगे शामिल
समारोह में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के लिए नि:शुल्क भोजन और ठहरने की व्यवस्था की जा रही है। इसमें अस्थायी आश्रय भी शामिल हैं। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम स्थल का भी समारोह के लिए पुनर्विकास किया जा रहा है।
श्री सत्य साई सेंट्रल ट्रस्ट के प्रबंध न्यासी आरजे रत्नाकर ने बताया कि भक्त इस अवसर का उपयोग साई मिशन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराने के लिए कर रहे हैं। इसका सार 'सभी से प्रेम करो, सभी की सेवा करो है।
यह 2011 में बाबा की महासमाधि के बाद सबसे बड़ा आयोजन
रत्नाकर ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने 19 नवंबर को शताब्दी समारोह के तहत श्री सत्य साई हिल व्यू स्टेडियम में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने की सहमति दी है। यह 2011 में बाबा की महासमाधि के बाद सबसे बड़ा आयोजन है। 23 नवंबर भक्तों के लिए सबसे प्रतीक्षित दिन है।
44वां दीक्षांत समारोह 22 नवंबर को आयोजित होगा
सत्य साई उच्च शिक्षा संस्थान का 44वां दीक्षांत समारोह 22 नवंबर को आयोजित होगा। इसके मुख्य अतिथि उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन होंगे। केंद्र सरकार ने बाबा के सम्मान में एक स्मारक डाक टिकट और एक स्मारक 100 रुपये का सिक्का जारी करने पर सहमति दी है जो 19 नवंबर को प्रधानमंत्री मोदी द्वारा जारी किए जाने की संभावना है।
उत्तर भारत में सर्द हवाओं के साथ हिमालय में बर्फबारी का सिलसिला जारी
6 Nov, 2025 08:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में पहाड़ों पर हिमपात और मैदानी क्षेत्रों में वर्षा से ठंड बढ़ गई है। कई जगहों पर न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे चला गया है।
सोनमर्ग, गुरेज, दूधपथरी, कुपवाड़ा में हुई बर्फबारी
जम्मू-कश्मीर में मंगलवार शाम से बुधवार तड़के तक विख्यात पर्यटन स्थल गुलमर्ग समेत घाटी के ऊपरी इलाके सोनमर्ग, गुरेज, दूधपथरी, कुपवाड़ा के फरकिन टॉप इलाके में बर्फबारी हुई।
जम्मू के इन इलाकों में भी हुई बर्फबारी
जम्मू संभाग के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल नत्था टॉप में बर्फबारी हुई। सैलानियों का तांता लग गया है। कारगिल व लेह के खरदोंगला, जंगला और शिंकुला सहित ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी हुई। द्रास की तरफ जोजिला सुरंग क्षेत्र में 1-2 इंच तक बर्फ जमा हो गई है।
बदरीनाथ, केदारनाथ में बिछी बर्फ की चादर
उत्तराखंड में बदरीनाथ, केदारनाथ व हेमकुंड साहिब समेत हिमालय की चोटियों में बर्फ की सफेद चादर बिछ गई। साथ ही आसपास के निचले क्षेत्रों में हल्की वर्षा के दौर होते रहे। मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहा।
हिमाचल प्रदेश के इन जिलों में हुआ हिमपात
हिमाचल प्रदेश के रोहतांग, बारालाचा, शिंकुला, कुंजुम व धौलाधार में हिमपात हुआ है। लाहुल स्पीति के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी हल्का हिमपात हुआ। हिमपात के कारण मनाली-लेह व दारचा-जांस्कर मार्ग हिमपात के कारण सुबह बंद हो गए थे, जिन्हें शाम को बहाल कर दिया गया।
लाहुल स्पीति जिले में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे चला गया है। मंगलवार रात से बुधवार सुबह तक कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 2.2 डिग्री, ताबो में माइनस 1.8 डिग्री और केलंग में माइनस 0.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश में होगी बारिश
अगले 24 घंटे के दौरान, अंडमान व निकोबार द्वीपसमूह और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना है। उत्तर तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, केरल, मणिपुर, मिजोरम और नागालैंड में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में कहीं-कहीं हल्की बारिश संभव है। उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के अधिकांश भागों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट की संभावना है।
महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और गुजरात के कुछ इलाकों में छह नवंबर तक आंधी-तूफान के साथ तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। हिमाचल, उत्तराखंड, मेघालय,त्रिपुरा, मइपुर और मिजोरम में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
आज हरियाणा पंजाब में हो सकती है बारिश
दिल्ली- एनसीआर में इन दिनों ठंड महसूस की जा रही है। दूसरी तरफ प्रदूषण से भी लोगों का बुरा हाल है। मौसम विभाग ने गुरुवार को दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया है। बारिश से दिल्ली में प्रदूषण के स्तर कमी आने की संभावना है।
खुले रूप से कूड़ा ले जाने वाले वाहनों पर ₹20,000 का चालान
5 Nov, 2025 11:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
Delhi: दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने वर्ष 2025 के शुरुआती 10 महीनों में पिछले वर्ष 2024 के मुकाबले 16 फीसदी ज्यादा चालान किए गए हैं। इनमें सबसे ज्यादा चालान प्रदूषण फैलाने वाले 7,12132 वाहनों के किए गए। इनके पास वैध प्रदूषण प्रमाण पत्र नहीं था। पिछले वर्ष ऐसे 5,98136 वाहनों का चालान किया गया था।
दिल्ली पुलिस की ट्रैफिक यूनिट की ओर से मिलें डाटा को देखे तो वर्ष 2024 में वर्ष 2023 के मुकाबले 61.2 फीसदी ज्यादा चालान किए गए। वर्ष 2023 में जहां 232020 चालान किए गए हैं वहीं वर्ष 2024 में कुल 598136 चालान किए गए। बिना प्रदूषण के चलने वाले वाहन का 10 हजार रुपये का चालान होता है। खुले रूप से कूड़ा ले जाने वाले वाहनों को 20 हजार का चालान होता है। डंपर में खुले रूप से कूड़ा आदि ले जाने वाले 204 वाहनों का गत 19 दिनों में चालान किया गया है। इस साल अभी तक कुल 1103 चालान किए गए हैं। आंकड़ों के अनुसार 10 व 15 वर्ष पुराने वाहनों को भी जब्त करने की प्रक्रिया जारी है।
एक अक्तूबर से दो नवंबर तक 1 वाहनों जब्त किया गया है। इस वर्ष में अभी तक कुल 19,479 वाहनों को जब्त किया गया है। वर्ष 2024 में कुल 11,916 जबकि वर्ष 2023 में 528 वाहनोें को जब्त किया गया था।
महिलाओं पर अत्याचार के आरोप वाले 52 उम्मीदवार
5 Nov, 2025 08:33 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
Bihar Elections 2025: बिहार विधानसभा चुनाव के तहत दूसरे चरण में 122 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। पहले चरण में कल 121 सीटों पर मतदान होगा। इस दौरान दूसरे चरण की बात करें, तो इस चरण में 1302 उम्मीदवार मैदान में फाइट कर रहे हैं। इन उम्मीदवारों के बैक ग्राउंड से पता चलता है कि 32 फिसदी उम्मीदवारों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
प्रशांत किशोर अपने सभी जन सभाओं में एक बात हमेशा दोहराते हैं। पीके कहते हैं कि आप लोग जन सुराज के उस उम्मीदवार को वोट मत दीजिए, जो आपको पसंद नहीं हो। साथ ही वो ये भी कहते हैं कि आपको किसी अन्य पार्टी का उम्मीदवार पसंद हो, तो उसे वोट दीजिए। लेकिन किसी भी अपराधी और भ्रष्टाचारी को वोट मत दीजिए। सवाल उठता है कि पीके ये बातें क्यों कहते हैं? सियासी जानकारों की मानें, तो प्रशांत किशोर को पता है कि बीजेपी, जेडीयू, आरजेडी और अन्य दलों की ओर से जो लोग उम्मीदवार बनाए गए हैं, वे अपराधी हैं। और उन पर कई तरह क्रिमिनल केस चल रहे हैं। पहले चरण के प्रचार का शोर थमने के बाद अब दूसरे चरण की तैयारी शुरू है। इस बीच एक एडीआर की रिपोर्ट ने सियासी हलचल मचा दी है।
उम्मीदवारों के ऊपर मामले
बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के उम्मीदवारों के बारे में ( एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स) एडीआर की ओर से एक रिपोर्ट पेश की गई है। इस ताजा रिपोर्ट में बताया गया है कि दूसरे चरण के चुनाव में उतरे उम्मीदवारों में से एक तिहाई उम्मीदवार पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। रिपोर्ट के मुताबिक दूसरे चरण में कुल 1302 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। 1297 प्रत्याशियों ने जो शपथ पत्र दाखिल किया है। उसके मुताबिक हलफनामे अस्पष्ट होने के कारण इसे रिपोर्ट में शामिल नहीं किया है। जिनके रिपोर्ट का विश्लेषण नहीं हो पाया है। उसमें जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार मंटू सिंह, धीरेंद्र अग्रवाल, इकरामूल हक और आरजेडी के अबू दोजाना और निर्दलीय उम्मीदवार रीतु जायसवाल का नाम शामिल है।
एडीआर की रिपोर्ट
एडीआर की रिपोर्ट बताती है कि 1297 उम्मीदवारों में से 415 उम्मीदवार यानी 32 फिसदी के ऊपर आपराधिक मामले घोषित किए गए हैं। उनमें से 341 पर यानी 26 फिसदी पर गंभीर आपराधिक मामले, जिसमें अपहरण, हत्या, हमला, भ्रष्टाचार और चुनाव में रिश्वत देने जैसे अपराध शामिल हैं। गंभीर अपराधों की श्रेणी में उन मामलों को रखा जाता है, जिसमें पांच वर्ष और उससे अधिक की सजा होती है। जो गैर जमानती हैं।
महिलाओं पर अत्याचार
रिपोर्ट के मुताबिक हत्या और महिलाओं पर अत्याचार से जुड़े मामले भी 19 उम्मीदवारों पर दर्ज हैं। 19 उम्मीदवारों ने अपने ऊपर हत्या (IPC 302/303) से संबंधित मामले घोषित किए हैं। उसके अलावा 79 प्रत्याशियों ने हत्या के प्रयास का मामला अपने ऊपर बताया है। सबसे बड़ी बात ये है कि 52 उम्मीदवारों ने अपने ऊपर महिलाओं पर किए गए अत्याचार से जुड़ा विवरण पेश किया है। इनमें से तीन उम्मीदवार बलात्कार के गंभीर आरोप भी झेल रहे हैं। इस चरण यानी की दूसरे चरण में 526 उम्मीदवार करोड़पति हैं। उन्होंने अपनी घोषित संपत्ति 344 करोड़ रुपये बताई है। 48 प्रतिशत उम्मीदवार स्नातक पास हैं, जबकि 9 उम्मीदवार असाक्षर हैं।
आर्मी चीफ उपेंद्र द्विवेदी बोले- अकेले सुरक्षित नहीं कोई भी देश, साझा इनोवेशन ही सुरक्षा कवच
5 Nov, 2025 07:44 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली: सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी (Upendra Dwivedi) ने मंगलवार को कहा कि जटिल खतरों (Complex Threats) की दुनिया में कोई भी देश अकेला सुरक्षित नहीं है और साझा रक्षा नवाचार ही सबसे मजबूत ढाल है. रक्षा क्षेत्र के थिंक टैंक भारत शक्ति (Think Tank Bharat Shakti) की ओर से आयोजित ‘इंडिया डिफेंस कॉन्क्लेव 2025’ में अपने संबोधन में उन्होंने यह भी कहा कि भारत की ‘ढाई मोर्चों की चुनौती’ और ‘ऑपरेशन सिंदूर (Operation Sindoor) के बाद के सशक्तीकरण’ से सशस्त्र बलों (Armed Forces) को क्रमिक विकास और नई सैन्य प्रणालियों के समावेश में अधिक लचीलापन प्राप्त हुआ है.
वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों, रक्षा विशेषज्ञों, उद्योग प्रतिनिधियों की भागीदारी वाले सम्मेलन को संबोधित करते हुए अपने 20 मिनट के संबोधन में उन्होंने युद्ध की बदलती प्रकृति, दक्षता विकास, रक्षा अनुसंधान और विकास में निवेश और उभरती प्रौद्योगिकियों का लाभ उठाने की आवश्यकता पर जोर दिया.
जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने कहा, ‘युद्ध का भविष्य किसी एक क्षेत्र या सिद्धांत से परिभाषित नहीं होगा, बल्कि इस बात से परिभाषित होगा कि हम विचारों को कितनी निर्णायक रूप से स्थायी क्षमताओं में बदलते हैं.’ उन्होंने कहा कि अवधारणा से क्षमता तक की यात्रा वास्तव में ‘निर्भरता से प्रभुत्व की ओर, भविष्य की तैयारी से उसे प्राप्त करने की ओर’ की यात्रा है.
सेना प्रमुख ने कहा, ‘इस हॉल में उपस्थित मेरे सहित सभी नेताओं के लिए, अवधारणाएं हमें प्रेरित करती हैं, क्षमताएं हमारी रक्षा करती हैं. यह नेतृत्व ही है, जो यह सुनिश्चित करता है कि एक व्यक्ति दूसरे जैसा बने.’ उन्होंने रणनीतिक साझेदारियों को ‘अवसरों का सेतु’ बताया. सेना प्रमुख ने कहा कि जहां अनुसंधान एवं विकास उन चीज़ों का निर्माण करता है, जिन्हें कोई बना सकता है, वहीं रणनीतिक साझेदारी उन चीज़ों का विस्तार करती है, जिन तक कोई पहुंच सकता है.
उन्होंने कहा, ‘जटिल खतरों से भरी दुनिया में, कोई भी देश अकेले सुरक्षित नहीं रह सकता. साझा रक्षा नवाचार सबसे मज़बूत ढाल है. कुछ प्रौद्योगिकियां हमें कभी भी आसानी से नहीं मिल जाएंगी. ज़रूरत है साझा लाभ और स्थानीय नियंत्रण की शर्तों के तहत सहयोग करने की.’ सेना प्रमुख ने उदाहरण देते हुए कहा कि ब्रह्मोस और के9 वज्र इसके ज्वलंत उदाहरण हैं. उन्होंने कहा कि किसी भी अनुसंधान एवं विकास के लिए सबसे महत्वपूर्ण है ‘शून्य से एक तक’ का प्रयास.
उन्होंने कहा, ‘एक बार जब यह शून्य से एक और एक से सौ हो जाता है, तो यह और भी आसान हो जाता है, क्योंकि इसके लिए प्रतिकृति, संशोधन और उन्नयन की आवश्यकता होती है. इसलिए शून्य से एक तक पहुंचने पर हमें ध्यान केंद्रित करने की आवश्यकता है, यदि ऐसा नहीं होता है, तो हमें इसे कहीं बाहर से प्राप्त करने की आवश्यकता है.’
कोच्चि में पहली बार तैनात होगा नौसेना का जहाज इक्शाक! ब्लू वॉटर नेवी बनने की दिशा में भारत का बड़ा कदम
5 Nov, 2025 06:43 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली: केरल के कोच्चि नेवल बेस (Kochi Naval Base) पर पहली बार नौसेना का कोई जहाज तैनात होने जा रहा है. भारतीय नौसेना का सबसे नया सर्वे पोत ‘इक्शाक’, दक्षिणी नेवल कमांड में तैनात रहेगा. एक लंबे समय से केरल में किसी जहाज को तैनात करने की मांग चल रही थी. गुरुवार (6 नवंबर) को नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश त्रिपाठी की मौजूदगी में एक सैन्य समारोह में ‘इक्शाक’ सर्व वेसल को कोच्चि बेस को सौंपा जाएगा. संस्कृत के शब्द इक्शाक का अर्थ है ‘गाइड’.
नौसेना के प्रवक्ता कैप्टन विवेक मधवाल (Captain Vivek Madhwal) के मुताबिक, इक्शाक (Ikshak) के इंडियन नेवी (Indian Navy) में शामिल होने से देश की हाइड्रोग्राफिक सर्वेक्षण क्षमताएं काफी बढ़ जाएंगी. कोलकाता के गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स (GRSI) लिमिटेड की ओर से निर्मित, इक्शाक भारत की जहाज निर्माण में बढ़ती आत्मनिर्भरता का एक शानदार उदाहरण है, जिसमें 80 प्रतिशत स्वदेशी कंटेंट है. ये SVL क्लास का तीसरा सर्वेक्षण जहाज है.
मिर्जापुर में दर्दनाक हादसा, एक्सप्रेस ट्रेन की टक्कर से छह यात्रियों ने तोड़ा दम
5 Nov, 2025 12:19 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मिर्जापुर। कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में बड़ा हादसा हो गया. चुनार रेलवे स्टेशन पर कुछ यात्री रेलवे ट्रैक पार करते हुए कुछ यात्री चोपन-प्रयागराज एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गए। इस हादसे में 6 यात्रियों की मौत की जानकारी सामने आई है। वहीं, कुछ यात्री घायल भी हुए हैं घटना के बाद स्टेशन में अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे पर CM योगी आदित्यनाथ ने दुख जताते हुए राहत-बचाव कार्य के तेज करने के निर्देश दिए हैं।
रेलवे ट्रैक पार करते समय एक्सप्रेस की चपेट में आए यात्री
मिर्जापुर के चुनार रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर दर्दनाक हादसा हो गया। जानकारी के मुताबिक चोपन से पैसेंजर ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर पहुंची। ट्रेन में भीड़ ज्यादा होने की वजह से कुछ यात्री प्लेटफॉर्म पर न उतरकर दूसरी तरफ ट्रैक पर उतर गए। जब यात्री रेलवे ट्रैक क्रॉस कर रहे थे उसी समय चोपन-प्रयागराज एक्सप्रेस ट्रेन उस ट्रैक पर आ रही थी। जब तक कोई कुछ समझ पाता. ट्रेन सामने से आई यात्री उसकी चपेट में आ गए। ट्रेन की चपेट में आने से 6 यात्रियों की मौत हो गई है, जबकि कई घायल हो गए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही GRP और RPF की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
किसानों के लिए खुशखबरी, 9 मई तक कर सकेंगे स्लॉट बुकिंग, खरीदी जारी
हीटवेव का कहर जारी, 10 राज्यों में अलर्ट, IMD ने जारी की चेतावनी
मध्य प्रदेश में 'सूर्यदेव' के तेवर तल्ख: 44 डिग्री के पार पहुंचा पारा, 22 जिलों में 'लू' का अलर्ट
AAP की नींव में संघर्ष, केजरीवाल बोले- 9 किलो तक कम हो गया था वजन
पुलिस ऑपरेशन सफल, 47 माओवादी सरेंडर, भारी मात्रा में हथियार बरामद
